Showing posts with label Oudh Gymkhana Club Lucknow. Show all posts
Showing posts with label Oudh Gymkhana Club Lucknow. Show all posts

Wednesday, February 20, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में विशाल सिन्हा और अनुपम बंसल पर भरोसा करने की बजाये गुरनाम सिंह को जिमखाना क्लब के चुनाव में हरा देने वाले सुरेश अग्रवाल जैसे बाहरी व्यक्ति से चुनावी मदद लेने का काम करके जगदीश अग्रवाल ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की चुनावी लड़ाई में अपने आपको बड़ी मुसीबत में फँसा लिया है क्या ?

लखनऊ । जगदीश अग्रवाल की सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में वोट पाने के लिए लखनऊ के अवध जिमखाना क्लब के प्रेसीडेंट सुरेश अग्रवाल की मदद लेने की कोशिश ने गुरनाम सिंह के लिए खासी फजीहत वाली स्थिति बना दी है । उल्लेखनीय है कि अवध जिमखाना क्लब के पिछले दिनों हुए चुनाव में गुरनाम सिंह को सुरेश अग्रवाल से खासी तगड़ी वाली हार मिली थी । इस पृष्ठभूमि में, सुरेश अग्रवाल के गुरनाम सिंह के डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में दिलचस्पी लेने की कोशिश को गुरनाम सिंह के लिए बड़ी फजीहत वाली बात बना दी है । मजे की बात यह है कि सुरेश अग्रवाल अवध जिमखाना क्लब के प्रेसीडेंट होने के साथ-साथ रोटरी के एक पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर भी हैं । ऐसे में यह भी एक दिलचस्प नजारा है कि रोटरी का एक पूर्व गवर्नर लायंस के एक पूर्व गवर्नर की फजीहत करने के लिए सक्रिय हो रहा है; और इस नजारे में तड़के वाली बात यह है कि यह सब गुरनाम सिंह के 'चेलों' की देखरेख में हो रहा है । जगदीश अग्रवाल को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनवाने की जिम्मेदारी जिन विशाल सिन्हा व अनुपम बंसल ने ली हुई है, उन्हें गुरनाम सिंह के 'चेलों' के रूप में ही देखा/पहचाना जाता है । लगता है कि जगदीश अग्रवाल को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में जीत दिलवाने के लिए गुरनाम सिंह, विशाल सिन्हा और अनुपम बंसल से मिल रहे समर्थन पर भरोसा नहीं रह गया है, और इसलिए अपनी उम्मीदवारी के लिए वह सुरेश अग्रवाल के रूप में बाहर से मदद जुटा रहे हैं - और उन सुरेश अग्रवाल के रूप में, जिनकी उपस्थिति गुरनाम सिंह के लिए फजीहत की स्थिति बनाती है ।
गुरनाम सिंह के नजदीकियों को इस मामले में जगदीश अग्रवाल से भी ज्यादा गुस्सा विशाल सिन्हा व अनुपम बंसल पर आ रहा है; उनका मानना/कहना है कि इन दोनों ने जगदीश अग्रवाल को अपने समर्थन में सुरेश अग्रवाल जैसे बाहरी व्यक्ति को डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में क्यों 'लाने' दिया है ? समझा जाता है कि विशाल सिन्हा व अनुपम बंसल डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति से गुरनाम सिंह को 'चुपचाप' तरीके से आउट करना चाहते हैं, और इसके लिए वह एक तरफ तो गुरनाम सिंह की भूमिका को सीमित कर दे रहे हैं, और दूसरी तरफ गुरनाम सिंह के बाहर के विरोधियों को डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में भूमिका निभाने का मौका दे रहे हैं । इस संदर्भ में, डिस्ट्रिक्ट के लोग एक पुरानी घटना को भी कारण मान रहे हैं - जिसमें गुरनाम सिंह के बेटे और अनुपम बंसल के बीच मार-पिटाई हो गई थी, जिसे लेकिन गुरनाम सिंह ने दबाव डाल कर रफादफा करवा दिया था । इनके नजदीकियों को ही लगता है कि अनुपम बंसल उस समय तो अपमान का घूँट पीकर चुप रहने के लिए मजबूर हो गए थे, लेकिन अब उन्हें बदला लेने का मौका मिल रहा है और वह विशाल सिन्हा के साथ मिलकर गुरनाम सिंह को डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में अप्रासंगिक व गैरजरूरी बनाने की मुहिम में जुट गए हैं । जगदीश अग्रवाल ने अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए सुरेश अग्रवाल की जो सेवाएँ ली हैं, उससे गुरनाम सिंह की फजीहत होने की बात को समझते हुए भी - विशाल सिन्हा व अनुपम बंसल उस पर जिस तरह से आँखें बंद किए हुए हैं, उससे यही समझा जा रहा है कि डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में गुरनाम सिंह की फजीहत को इन दोनों की भी अनुमति है ।
गुरनाम सिंह की फजीहत करते हुए सुरेश अग्रवाल की मदद लेने की जगदीश अग्रवाल की कार्रवाई को विशाल सिन्हा व अनुपम बंसल की भले ही अनुमति हो - लेकिन उनके अपने खेमे के दूसरे लोगों को यह बात पसंद नहीं आ रही है । दरअसल गुरनाम सिंह उम्र और बीमारी के दबाव के चलते आज भले ही ज्यादा सक्रिय न रह गए हों, लेकिन डिस्ट्रिक्ट में उनके समर्थकों व शुभचिंतकों की कोई कमी नहीं है । उनके समर्थकों व शुभचिंतकों को यह बात पसंद नहीं आ रही है कि गुरनाम सिंह की राजनीतिक विरासत पर कब्जा करने में लगे विशाल सिन्हा व अनुपम बंसल - गुरनाम सिंह के जीते जी उन्हें 'राजनीतिक' रूप से 'मार' देने की कोशिश कर रहे हैं, और जगदीश अग्रवाल इसके लिए 'मौका' बना रहे हैं । जगदीश अग्रवाल ने अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में वोट जुटाने के लिए सुरेश अग्रवाल जैसे बाहरी और गुरनाम सिंह विरोधी व्यक्ति की मदद लेने का जो काम किया है, उससे उनके अपने समर्थकों के बीच यह सवाल पैदा हो रहा है कि जगदीश अग्रवाल को डिस्ट्रिक्ट के अपने समर्थकों पर यह भरोसा नहीं रह गया है कि वह उन्हें सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का चुनाव जितवा देंगे ? इस तरह की बातों और चर्चाओं से लगता है कि डिस्ट्रिक्ट के अपने समर्थक नेताओं पर भरोसा करने की बजाये सुरेश अग्रवाल जैसे बाहरी व्यक्ति से चुनावी मदद लेने का काम करके जगदीश अग्रवाल ने अपने आपको बड़ी मुसीबत में फँसा लिया है । जगदीश अग्रवाल के नजदीकियों का ही कहना/बताना है कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में सुरेश अग्रवाल की मदद से जगदीश अग्रवाल का फायदा होना तो दूर, बड़ा नुकसान पहुँचने का खतरा और पैदा हो गया है ।

Saturday, June 16, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में हार का बदला लेते हुए केएस लूथरा ने जीमखाना क्लब के चुनाव में गुरनाम सिंह को जो पटखनी दी है, उसके चलते गुरनाम सिंह खेमे के सामने बीएन चौधरी, पराग गर्ग और जगदीश अग्रवाल में से उम्मीदवार चुनने की चुनौती गंभीर हो गई है

लखनऊ । विशाल सिन्हा जिस तरह से बीएन चौधरी की उम्मीदवारी की बात करते करते पराग गर्ग की उम्मीदवारी की बात करने लगे हैं, और जगदीश अग्रवाल भी जिस तरह से विशाल सिन्हा के समर्थन का नाम लेकर अपनी उम्मीदवारी की चर्चा चला रहे हैं, उससे लोगों को लगने लगा है कि विशाल सिन्हा ने अगले लायन वर्ष में उम्मीदवारी के नाम पर अपनी जेब भरने का अच्छा इंतजाम कर लिया है । उल्लेखनीय है कि गुरनाम सिंह खेमे की तरफ से हालाँकि अभी तक बीएन चौधरी का नाम ही 'क्लियर' है, और गुरनाम सिंह तरह तरह की कोशिशों के जरिये उनकी उम्मीदवारी के लिए सहमति बनाने का प्रयास कर रहे हैं । बीएन चौधरी की उम्मीदवारी पर सहमति बनाने के प्रयासों के बीच विशाल सिन्हा ने लेकिन पराग गर्ग की उम्मीदवारी की बात चलाई हुई है । इसी 'बात' का नतीजा है कि जो पराग गर्ग कुछ समय पहले तक गुरनाम सिंह की बड़ी खिलाफत और आलोचना किया करते थे, आज उन्हीं गुरनाम सिंह के पक्ष में खड़े नजर आ रहे हैं । समझा जा रहा है कि पराग गर्ग के इस हृदय परिवर्तन के पीछे मुख्य कारण विशाल सिन्हा का उन्हें उम्मीदवारी के बाबत दिया गया आश्वासन ही है । विशाल सिन्हा के नजदीकियों का ही कहना है कि विशाल सिन्हा ने पराग गर्ग को समझाया है कि गुरनाम सिंह भले ही बीएन चौधरी की उम्मीदवारी के पक्ष में सहमति बनाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सहमति बनेगी नहीं और चुनाव लड़ने के लिए बीएन चौधरी तैयार होंगे नहीं; इसलिए उनके खेमे में उम्मीदवार की बैकेंसी खाली ही समझिये - जिसे भरने का मौका पराग गर्ग को ही मिलेगा । यानि अभी पराग गर्ग गुरनाम सिंह खेमे के अतिरिक्त खिलाड़ी हैं, जिन्हें मुख्य खिलाड़ी के 'आउट' होने पर ही खेलने का मौका मिलेगा । पराग गर्ग ने लगता है कि इस 'स्थिति' को स्वीकार कर लिया है ।
पराग गर्ग के लिए लेकिन इससे भी बड़ी समस्या जगदीश अग्रवाल की सक्रियता है । जगदीश अग्रवाल का दावा है कि गुरनाम सिंह खेमे की तरफ से उन्हें उम्मीदवार बनाने का भरोसा दिया गया है । उनकी तरफ से दावा किया गया है कि इसीलिए उन्हें प्रदीप अग्रवाल के काफी विरोध के बावजूद अगले लायन वर्ष में रीजन चेयरमैन का पद दिया गया है । उल्लेखनीय है कि प्रदीप अग्रवाल, जगदीश अग्रवाल के क्लब के ही वरिष्ठ सदस्य हैं और गुरनाम सिंह के बड़े खास हैं । प्रदीप अग्रवाल और जगदीश अग्रवाल की बिलकुल भी नहीं बनती है और दोनों ही एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश करते देखे जाते रहे हैं । इसी नाते से प्रदीप अग्रवाल ने एड़ीचोटी का जोर लगाया हुआ था कि जगदीश अग्रवाल को एके सिंह की टीम में कोई महत्त्वपूर्ण पद न मिले; उन्हें जब पता चला कि जगदीश अग्रवाल को एके सिंह की टीम में रीजन चेयरमैन बनाया जा रहा है, तो उन्होंने गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा के आगे बड़ा रोना-धोना मचाया - लेकिन उनकी नहीं सुनी गई और जगदीश अग्रवाल को रीजन चेयरमैन बनाया गया । जगदीश अग्रवाल की तरफ से सुनने को मिला है कि गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा ने प्रदीप अग्रवाल की बात इसीलिए नहीं सुनी है, क्योंकि उन्हें जगदीश अग्रवाल को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार बनाना है, और उन्हें लगता है कि रीजन चेयरमैन का पद उनकी उम्मीदवारी में मदद करेगा । जगदीश अग्रवाल की सक्रियता और उनकी तरफ से सुनी जा रही बातों ने पराग गर्ग की उम्मीदवारी को संदेहास्पद बना दिया है ।
विशाल सिन्हा के नजदीकियों का कहना/बताना है कि विशाल सिन्हा तो पराग गर्ग को उम्मीदवार बनाना चाहते हैं, लेकिन उनके खेमे के ही कुछेक पूर्व गवर्नर्स पराग गर्ग की उम्मीदवारी के समर्थन में नहीं हैं । केएस लूथरा खेमे की तरफ से बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी घोषित हो जाने के चलते गुरनाम सिंह खेमा उम्मीदवार को लेकर अपने खेमे में फूट को अफॉर्ड नहीं कर सकता है; समझा जाता है कि इसीलिए गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा ने जगदीश अग्रवाल को भी सक्रिय होने के लिए कहा है । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के इस वर्ष हुए चुनाव में गुरनाम सिंह खेमा मामूली अंतर से जीता तो है, लेकिन जीत का अंतर इतना मामूली रहा है कि अगले वर्ष भी जीत हासिल होने का उसे भरोसा नहीं है । लखनऊ के जीमखाना क्लब के चुनाव में गुरनाम सिंह को जो खासी बुरी हार का सामना करना पड़ा है, उसने भी गुरनाम सिंह खेमे के नेताओं की हवा टाइट करने का काम किया है । दरअसल गुरनाम सिंह के प्रेसीडेंट पद के उम्मीदवार हो जाने के चलते जीमखाना क्लब का इस बार का चुनाव लायन राजनीति की खेमेबाजी का शिकार हो गया; गुरनाम सिंह और उनकी टीम को जितवाने के लिए गुरनाम सिंह खेमे के लोग लगे, तो उन्हें हरवाने के लिए केएस लूथरा और उनके समर्थकों ने कमर कसी । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव की हार का बदला लेते हुए केएस लूथरा ने जीमखाना क्लब के चुनाव में गुरनाम सिंह की ऐसी घेराबंदी की कि गुरनाम सिंह खुद तो चारों खाने चित्त हुए ही, उनकी टीम के बाकी दस उम्मीदवारों को भी हार का सामना करना पड़ा ।
जीमखाना क्लब के चुनाव में गुरनाम सिंह और उनकी टीम को मिली करारी पराजय के चलते सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव के संदर्भ में केएस लूथरा के उम्मीदवार के रूप में बीएम श्रीवास्तव के 'भाव' जहाँ बढ़े नजर आ रहे हैं, वहाँ गुरनाम सिंह खेमा बीएन चौधरी, पराग गर्ग और जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी में 'वजन' देखने/टटोलने के काम में ही उलझा हुआ है । इस उलझन में भी लेकिन विशाल सिन्हा की 'निकल पड़ी' है, क्योंकि उन्हें तो तीन तीन संभावित उम्मीदवारों से पैसे ऐंठने का मौका मिल गया है ।