Showing posts with label ICAI Board of Studies. Show all posts
Showing posts with label ICAI Board of Studies. Show all posts

Thursday, September 26, 2019

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की परीक्षा प्रणाली की खामियों के खिलाफ छात्रों के आंदोलन को प्रवीन शर्मा व पूजा बंसल से मिली मदद के चलते इंस्टीट्यूट प्रशासन अपने जिद्दी रवैये को छोड़ आखिरकार घुटने टेकने के लिए मजबूर हुआ

नई दिल्ली । दोपहर बाद तेजी से बदलते घटनाचक्र में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट के प्रशासन को अंततः आंदोलनकारी छात्रों के सामने घुटने टेकने के लिए मजबूर होना पड़ा और इंस्टीट्यूट की परीक्षा प्रणाली में सुधार के सुझाव तैयार करने के लिए छह सदस्यीय कमेटी के गठन की उसकी घोषणा के साथ छात्रों का आंदोलन समाप्त हुआ । इस मामले में निर्णायक भूमिका नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल की कार्यकारी चेयरपरसन रहीं पूजा बंसल के वीडियो संदेश ने निभाई । पूजा बंसल ने करीब पौने सात मिनट के अपने वीडियो संदेश में परीक्षा प्रणाली को लेकर इंस्टीट्यूट प्रशासन के ढीले-ढाले रवैये को जिस तथ्यात्मक तरीके से तथा सुबूतों के साथ प्रस्तुत किया, उसके बाद इंस्टीट्यूट प्रशासन के लिए मुँह छिपाने का कोई मौका नहीं बचा । दोपहर तक अपनी परीक्षा प्रणाली को चाक-चौबंद बताने का दावा करने वाला इंस्टीट्यूट प्रशासन पूजा बंसल का वीडियो संदेश सामने आने के बाद यू-टर्न लेने को मजबूर हुआ और तेजी से हरकत में आया - जिसका नतीजा रहा कि शाम तक उसने छह सदस्यीय कमेटी के गठन की घोषणा भी कर दी ।
परीक्षा प्रणाली में सुधार की माँग करते चार्टर्ड एकाउंटेंट छात्रों के आंदोलन ने कई मजेदार किस्म के दृश्य 'दिखाए' । आंदोलनकारी छात्रों की माँग पर काउंसिल सदस्यों के कुछ भी कहने से बचने/छिपने के खासे मनोरंजक दृश्य देखे गए । छात्रों का आंदोलन इंस्टीट्यूट प्रशासन के जिद्दी रवैये के खिलाफ था, लेकिन वह यह देख कर हैरान रह गए कि कई चार्टर्ड एकाउंटेंट नेताओं, यहाँ तक की काउंसिल के सदस्यों तक ने इंस्टीट्यूट प्रशासन के '(बिन)भाड़े के टट्टुओं' का रोल निभाना शुरू कर दिया और तरह तरह की बातें करके छात्रों के आंदोलन को बदनाम व कमजोर करने की मुहिम में जुट गए । 'प्रोफेशन के हित में सबका हित' जैसा नारा लगा कर नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल का चेयरमैन बनने की हसरत रखने वाले एक नेताजी का रवैया तो बहुत ही मजेदार रहा - मोदी, केजरीवाल व राहुल गांधी से जुड़े किसी भी मुद्दे का ज्ञान तो इन्हें तुरंत प्राप्त हो जाता है, और यह फौरन बकैती करने लगते हैं; लेकिन प्रोफेशन से जुड़े मामलों में इनके ज्ञान में कीड़े पड़ जाते हैं । आंदोलन के तीसरे दिन भी महाशय कह रहे हैं कि अभी वह मामले को देखेंगे और समझेंगे, तब इस पर अपनी राय व्यक्त करेंगे । इन जैसे लोगों के लिए फजीहत की बात यह रही कि यह लोग तो इंस्टीट्यूट की तरफ से छात्रों के आंदोलन को बदनाम करने तथा खत्म करवाने की मुहिम में जुटे हुए थे, लेकिन इंस्टीट्यूट प्रशासन ने छात्रों की बात मान ली और इन्हें घर/घाट कहीं का न छोड़ा । 
चार्टर्ड एकाउंटेंट छात्रों का मनोबल बनाये रखने के साथ-साथ उनके आंदोलन को अराजक न होने देने में तथा 'व्यवस्थित' रखने में यूँ तो कई लोगों का सहयोग रहा - लेकिन प्रवीन शर्मा ने जैसी जो भूमिका निभाई, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए, वह कम ही होगी । इंस्टीट्यूट प्रशासन के (बिन)भाड़े के टट्टुओं ने प्रवीन शर्मा को घेरने तथा उन्हें बदनाम करने के लिए प्रयास तो खूब किए, लेकिन प्रवीन शर्मा ने न तो आपा खोया और न मैदान छोड़ा - वास्तव में यह उन्हीं का नेतृत्व था कि छात्रों का आंदोलन न तो अराजक हुआ, और न कमजोर पड़ा और उसे मीडिया में खूब तवज्जो मिली । माहौल को निरंतर गर्माता देख निर्णायक चोट पूजा बंसल ने की । नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के पिछले टर्म में सेक्रेटरी, वाइस चेयरपरसन तथा कार्यकारी चेयरपरसन रहीं पूजा बंसल ने अपने वीडियो संदेश में समस्या को जिस प्रखरता से प्रस्तुत किया और इंस्टीट्यूट प्रशासन के लापरवाहीपूर्ण व गैरजिम्मेदार रवैये को तथ्यों के साथ उद्घाटित किया, उसके बाद इंस्टीट्यूट प्रशासन के सामने छात्रों की माँग पर घुटने टेकने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा । इंस्टीट्यूट प्रशासन ने परीक्षा प्रणाली में आवश्यक सुधार के लिए सुझाव देने हेतु पीसी जैन, जस्टिस अनिल दवे, वेद जैन, अमरजीत चोपड़ा, गिरीश आहुजा तथा राकेश सहगल की सदस्यता वाली कमेटी के गठन की घोषणा की है । इस घोषणा को आंदोलनकारी छात्रों की एक बड़ी जीत के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है ।

Tuesday, September 24, 2019

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के छात्रों की फीस पर मौज-मजा करने वाले काउंसिल के सदस्य इंस्टीट्यूट की परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए प्रयास करने की बात तो छोड़िये, आज जब छात्र सड़क पर उतर कर आंदोलन करने को मजबूर हुए हैं - तब उनका समर्थन करने से भी मुँह छिपाते फिर रहे हैं

नई दिल्ली । इंस्टीट्यूट की सेंट्रल व रीजनल काउंसिल के जो सदस्य चुनाव के समय जिन चार्टर्ड एकाउंटेंट्स छात्रों पर गिद्धों की तरह झपटते हैं, उन्होंने इंस्टीट्यूट की परीक्षा प्रणाली में सुधार की माँग करते आंदोलनकारी छात्रों के साथ 'हम आपके हैं कौन' जैसा रवैया अपनाया हुआ है । उनसे भी बुरा रवैया कोचिंग मालिकों व टीचर्स का है, जो चुनाव के समय तो उम्मीदवारों के 'दलाल' की भूमिका निभाने में बढ़चढ़ कर भाग लेते हैं, लेकिन परीक्षा प्रणाली में सुधार की माँग करते छात्रों के साथ खड़े होने में जिनकी नानी मर रही है । कुछेक टीचर्स जरूर छात्रों की माँग और उनके आंदोलन के साथ खड़े हैं, लेकिन वह कुछेक ही हैं । इंस्टीट्यूट मुख्यालय के सामने चल रहा छात्रों का आंदोलन वास्तव में इस बात का पुख्ता सुबूत बना है कि इंस्टीट्यूट की व्यवस्था पूरी तरह सड़-गल चुकी है, और इससे भी बड़ी बात यह है कि जो लोग इंस्टीट्यूट में व्यवस्था बनाने की बात करने का दिखावा भी करते हैं, उनकी रुचि भी व्यवस्था को ठीक करने में नहीं है । मजे की बात है कि काउंसिल के कई सदस्य हैं, जो सोशल मीडिया में दिन-रात मोदी, केजरीवाल, राहुल गांधी तो करते रहेंगे - लेकिन मजाल है कि इंस्टीट्यूट की अव्यवस्था पर कभी एक भी शब्द लिख/बोल दें । दरअसल यही कारण है कि वर्षों से उत्तर पुस्तिकाओं की उचित तरीके से जाँच करने की माँग को लगातार अनदेखा किया जा रहा है । इंस्टीट्यूट की प्रशासनिक व्यवस्था में परीक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर कभी-कभार सुझाव तो माँगे/लिए/दिए गए हैं, लेकिन मामला उससे आगे नहीं बढ़ा है - और समस्या व शिकायत जहाँ की तहाँ ही बनी हुई है ।
चार्टर्ड एकाउंटेंट छात्रों की बड़ी छोटी सी माँग है कि वह यदि अपनी उत्तर पुस्तिका की जाँच से संतुष्ट नहीं हैं, तो उन्हें अपनी उत्तर पुस्तिका का पुनर्मूल्यांकन करवाने का अधिकार मिले । उल्लेखनीय है कि देश के सभी बड़े कॉलिजों/विश्वविद्यालयों तथा परीक्षा बोर्डों में छात्रों को अपनी उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन करवाने का अधिकार प्राप्त है । लेकिन इंस्टीट्यूट प्रशासन लगातार इस जिद पर अड़ा हुआ है कि उसके यहाँ एक बार उत्तर पुस्तिका की जाँच हो गई, तो फिर उसमें दिए गए नंबर ही मान्य होंगे तथा उत्तर पुस्तिका का कोई पुनर्मूल्यांकन नहीं होगा । दरअसल पिछले वर्षों में जिन कुछेक छात्रों ने आरटीआई कानून का इस्तेमाल करके और या अन्य तरीकों से अपनी उत्तर पुस्तिकाओं को और उसके हुए मूल्यांकन को देखा है, वह यह देख कर हैरान रह गए कि उनके सही उत्तरों को भी गलत बता दिया गया है, जिसके चलते उनके नंबर कम रह गए और वह फेल हो गए । इंस्टीट्यूट प्रशासन लेकिन न तो इस पर कोई कार्रवाई करने के लिए तैयार होता है, और न ही यह सुनिश्चित करने के लिए राजी होता और न कोई प्रयास करता है कि आगे से ऐसा नहीं होगा । इंस्टीट्यूट प्रशासन के इस रवैये के चलते चार्टर्ड एकाउंटेंट छात्र वर्षों से 'ठगे' जा रहे हैं और शिकार बन रहे हैं ।
दुर्भाग्य की बात यह है कि छात्रों की इस बेहद उचित व सामान्य सी माँग को पूरा करने/करवाने में किसी की दिलचस्पी नहीं है । इंस्टीट्यूट की राजनीति में कामयाब होने के लिए छात्रों की क्लासेस में जाकर अपना थोबड़ा दिखाने और भाषण पेलने के मौके बनाने की तिकड़में लगाने वाले और जीएमसीएस में फैकल्टी लगने/लगाने के जुगाड़ में लगे रहने वाले लोगों की तरफ से इंस्टीट्यूट की परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए प्रयास करने की बात तो छोड़िये, आज जब छात्र सड़क पर उतर कर आंदोलन करने को मजबूर हुए हैं - तब उनका समर्थन करने से भी वह मुँह छिपाते फिर रहे हैं । यह हाल तब है जबकि मीटिंग्स के नाम पर देश के पर्वतीय व पर्यटनीय क्षेत्रों व विदेशी दौरों का तथा दूसरे मौज-मजों का काउंसिल सदस्यों का खर्च छात्रों से मिलने वाली फीस से जुटता है । छात्रों और उनके हितों के साथ काउंसिल सदस्यों द्वारा किए जाने वाले विश्वासघात का यह प्रसंग चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के लिए एक सबक भी है । जो आज चार्टर्ड एकाउंटेंट्स हैं, वह यदि इस बात का ध्यान रखें कि वह कभी छात्र भी थे और इसके चलते चुनाव के समय वोट मांगने आने वाले उम्मीदवारों को वह जरा कर्रे से लें, तो काउंसिल सदस्यों की बेशर्मी और निर्लज्जता पर लगाम लग सकेगी और तब छात्रों के साथ न्याय हो सकेगा ।

Thursday, January 4, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के नॉर्दर्न रीजन में स्टूडेंट कन्वेंशन करवाने को लेकर नितिन कँवर की आड़ में बोर्ड ऑफ स्टडीज के चेयरमैन अतुल गुप्ता द्वारा चली गई चाल ने नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के सत्ता खेमे को भी विभाजन किया, जिसके चलते मीटिंग स्थगित करने की नौबत आई

नई दिल्ली । चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट की बोर्ड ऑफ स्टडीज कमेटी के चेयरमैन अतुल गुप्ता ने निकासा चेयरमैन नितिन कँवर को शिखंडी की तरह इस्तेमाल करके स्टूडेंट कन्वेंशन को नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल की अनुमति दिलवाने की जो चाल चली, उसके चलते रीजनल काउंसिल के सत्ता खेमे में ही फूट पड़ गई है - जिसका नतीजा यह देखने में आया कि सत्ता खेमे में अगले वर्ष चेयरमैन बनने की तैयारी कर रहे पंकज पेरिवाल ने ही काउंसिल की मीटिंग का बहिष्कार कर दिया । पंकज पेरिवाल की अनुपस्थिति के कारण मीटिंग में सत्ता खेमे की 'ताकत' और घट गई, जिसके चलते उसके प्रस्तावों के पास होने की संभावना भी घट गई - फलस्वरूप फजीहत से बचने के लिए चेयरमैन राकेश मक्कड़ ने मीटिंग ही स्थगित कर दी । मीटिंग स्थगित करने के उनके फैसले से पहले स्टूडेंट कन्वेंशन के लिए काउंसिल की अनुमति लेने का प्रस्ताव और बजट पास करने का प्रस्ताव फेल हो ही चुका था । उल्लेखनीय है कि नितिन कँवर द्वारा तैयार किया गया स्टूडेंट कन्वेंशन का प्रस्ताव अनाप-शनाप और महँगे बजट के कारण पहले से ही रीजनल काउंसिल के बहुमत सदस्यों के निशाने पर है; लेकिन जब से यह बात सामने आई है कि स्टूडेंट कन्वेंशन नितिन कँवर से भी ज्यादा सेंट्रल काउंसिल सदस्य अतुल गुप्ता की 'जरूरत' है, तब से स्टूडेंट कन्वेंशन को लेकर सत्ता खेमे में भी विभाजन हो गया है । नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के सत्ता खेमे के सदस्य दरअसल इस बात पर भड़के हुए हैं कि बोर्ड ऑफ स्टडीज के चेयरमैन के रूप में अतुल गुप्ता पहले तो अनाप-शनाप व महँगे बजट को लेकर राकेश मक्कड़ व नितिन कँवर की गर्दन दबोचने में विरोधी खेमे के सदस्यों के सुर में सुर मिला रहे थे, लेकिन अब वह राकेश मक्कड़ व नितिन कँवर की खुशामद में लगे हुए हैं । गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले अतुल गुप्ता के इस रवैये को लेकर सत्ता खेमे के सदस्यों के बीच ही जिस तरह की नाराजगी पैदा हुई है, उसके कारण स्टूडेंट कन्वेंशन को लेकर रीजनल काउंसिल में वास्तव में अब किसी को भी दिलचस्पी नहीं रह गई है । 
उल्लेखनीय है कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट के पाँचों रीजंस में नॉर्दर्न रीजन ही अकेला रीजन बचा रह गया है, जहाँ स्टूडेंट कन्वेंशन नहीं हो सकी है । इंस्टीट्यूट में अतुल गुप्ता इसी नॉर्दर्न रीजन का प्रतिनिधित्व करते हैं । स्टूडेंट कन्वेंशन बोर्ड ऑफ स्टडीज का एक महत्त्वपूर्ण आयोजन होता है । ऐसे में, अतुल गुप्ता के लिए शर्मनाक स्थिति यह बनी है कि बोर्ड ऑफ स्टडीज के चेयरमैन होते हुए उनके अपने ही रीजन में स्टूडेंट कन्वेंशन नहीं हो पा रही है । अतुल गुप्ता वैसे तो बड़े जुगाड़ु व्यक्ति के रूप में देखे/पहचाने जाते हैं, और जिसके चलते चारों दिशाओं में उनका डंका बजता हुआ सुनाई देता है । लेकिन अपने ही रीजन में, स्टूडेंट कन्वेंशन न करवा पाने के रूप में - अपने ही 'घर' में जो 'मार' पड़ रही है, वह उनकी तमाम उपलब्धियों पर भारी पड़ रही है, और इस बात ने उन्हें सेंट्रल काउंसिल सदस्यों के बीच बेहद शर्मिंदगी की स्थिति में ला दिया है । नितिन कँवर ने अपने नजदीकियों को ही बताया है कि इस शर्मिंदगी से बचने के लिए अतुल गुप्ता किसी भी तरह से स्टूडेंट कन्वेंशन कर लेने के जुगाड़ में लगे हैं । नितिन कँवर के अनुसार, अतुल गुप्ता तो एक मौके पर इस बात के लिए भी राजी हो गए थे कि नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल को किनारे रख कर - बोर्ड ऑफ स्टडीज व निकासा मिल कर स्टूडेंट कन्वेंशन का आयोजन कर लें । नितिन कँवर ने ही लोगों को बताया है कि अतुल गुप्ता स्टूडेंट कन्वेंशन करने के लिए जुगाड़ बैठाने हेतु उनकी खुशामद में लगे हुए हैं । मजे की बात यह है कि अभी कुछ ही दिन पहले अतुल गुप्ता लोगों के बीच नितिन कँवर की बदतमीजियों का रोना रोते फिर रहे थे और बता रहे थे कि कैसे नितिन कँवर ने उन्हें भी अपनी बदतमीजी का शिकार बना लिया है ।
नितिन कँवर द्वारा की गई बदतमीजी का शिकार होने के बाद से ही अतुल गुप्ता उनसे बुरी तरह खफा चल रहे थे, किंतु अब जब अपने ही रीजन में स्टूडेंट कन्वेंशन करवाने की जरूरत उनके सामने आ पड़ी तो अतुल गुप्ता ने पलटी मारी और वह नितिन कँवर की खुशामद में लग गए । अतुल गुप्ता का समर्थन मिला तो नितिन कँवर और ज्यादा जोशोखरोश के साथ स्टूडेंट कन्वेंशन के लिए रीजनल काउंसिल की अनुमति लेने की कोशिशों में जुट गए । अनाप-शनाप और महँगे बजट के नाम पर हो रहे विरोध को देखते हुए नितिन कँवर ने बजट को 35 लाख से घटा कर करीब 25 लाख का भी कर लिया, लेकिन विरोधियों की आपत्तियां जहाँ की तहाँ ही बनी हुई हैं । उन्हें 25 लाख का बजट भी ज्यादा लग रहा है । उनका कहना है कि स्टूडेंट कन्वेंशन में जितने स्टूडेंट्स आते हैं, उतने स्टूडेंट्स के लिए आठ/दस लाख में बढ़िया तैयारी की जा सकती है । विरोधियों का आरोप है कि स्टूडेंट्स की ज्यादा संख्या और कई चीजों के खर्च को बढ़ा-चढ़ा कर दिखा कर नितिन कँवर कन्वेंशन के नाम पर दरअसल अपनी और अपने साथियों की जेबें भरने का इंतजाम कर रहे हैं । पिछले वर्ष हुए घाटे का उदाहरण सामने रख कर विरोधियों का कहना है कि अनाप-शनाप खर्चों के कारण काउंसिल का बजट गड़बड़ाता है, और फिर जरूरी काम तक करना मुश्किल हो जाता है । विरोधियों का कहना है कि नितिन कँवर और काउंसिल में पदाधिकारी उनके साथी एक तरफ तो पैसे की कमी का रोना रोते हुए लाइब्रेरीज बंद करने के प्रयास कर रहे हैं, और दूसरी तरफ कन्वेंशन के नाम पर पैसा लुटाने/बहाने की योजना बना रहे हैं ।
बोर्ड ऑफ स्टडीज के चेयरमैन के रूप में अतुल गुप्ता के रवैये पर भी रीजनल काउंसिल के अधिकतर सदस्यों को हैरानी है । उनका कहना है कि रीजनल काउंसिल के पदाधिकारियों की लूट-खसोट पर अतुल गुप्ता पहले तो ऐतराज करते थे, लेकिन अब उन्होंने जिस तरह से न सिर्फ चुप्पी साध ली है बल्कि उनके समर्थक भी बन गए हैं, उसके चलते रीजनल काउंसिल के 'लुटेरे' पदाधिकारियों के हौंसले और बढ़ गए हैं । रीजनल काउंसिल के अधिकतर सदस्यों का कहना है कि अतुल गुप्ता क्यों नहीं नितिन कँवर और उनके साथी पदाधिकारियों को समझाते कि कन्वेशन के नाम पर फालतू पैसा बहाने की बजाए यदि लाइब्रेरीज को सुचारू रूप से चलाने का काम किया जायेगा, तो स्टूडेंट्स का ज्यादा फायदा होगा । इस तरह की बातों से लग रहा है कि स्टूडेंट कन्वेंशन के नाम पर नितिन कँवर और अतुल गुप्ता जिस तरह पुराने बैर-भाव भूल कर गले मिल रहे हैं, उसके चलते दोनों को ही अलग अलग मोर्चों पर फजीहत का शिकार होना पड़ रहा है ।

Monday, December 18, 2017

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की बोर्ड ऑफ स्टडीज कमेटी के चेयरमैन अतुल गुप्ता निकासा के साथ मिल कर स्टूडेंट कन्वेंशन करने की कोशिशों के चलते नितिन कँवर द्वारा की गई बदतमीजी की बात को भूल कर उन्हें 'पटाने' में लगे

नई दिल्ली । चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट की बोर्ड ऑफ स्टडीज कमेटी के चेयरमैन अतुल गुप्ता को आजकल नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में निकासा चेयरमैन नितिन कँवर की खुशामद में जिस तरह से जुटना पड़ रहा है, उसने नॉर्दर्न रीजन के काउंसिल सदस्यों तथा आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स सदस्यों के बीच मजेदार नजारा प्रस्तुत किया हुआ है । नजारा मजेदार इसलिए बना है क्योंकि अभी कुछ ही दिन पहले नितिन कँवर ने अतुल गुप्ता के साथ जमकर बदतमीजी की थी, जिसके बाद से अतुल गुप्ता उनसे बुरी तरह खफा चल रहे थे - किंतु अब अचानक से अतुल गुप्ता ने पलटी मारी है और वह नितिन कँवर की खुशामद में लगे दिख रहे हैं । नितिन कँवर स्वाभाविक रूप से इस स्थिति को एंज्यॉय कर रहे हैं, और अपने साथियों के बीच अतुल गुप्ता के बदले व्यवहार और रवैये को लेकर चटखारे ले रहे हैं । नितिन कँवर द्वारा की गई बदतमीजी को भूलने तथा उनके प्रति अपना रवैया बदलने के लिए अतुल गुप्ता को मजबूर करने का कारण बना है - स्टूडेंट कन्वेंशन का स्थगित होना । उल्लेखनीय है कि स्टूडेंट कन्वेंशन के नाम पर निकासा चेयरमैन के रूप में नितिन कँवर और नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन के रूप में राकेश मक्कड़ द्वारा अनाप-शनाप खर्चे का हिसाब बना लेने के कारण रीजनल काउंसिल में स्टूडेंट कन्वेंशन का बजट पास नहीं हो सका और कन्वेंशन होने का मामला लटक गया । नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के वाइस चेयरमैन विवेक खुराना ने इस मुद्दे पर विरोधी खेमे के सदस्यों का समर्थन करके चेयरमैन राकेश मक्कड़ और उनके गिरोह के सदस्यों को जो जोरदार पटखनी दी, उसकी 'चोट' बोर्ड ऑफ स्टडीज के चेयरमैन अतुल गुप्ता तक पर पड़ी है ।
मजे की बात यह रही कि पहले तो बोर्ड ऑफ स्टडीज के चेयरमैन के रूप में अतुल गुप्ता ने भी अनाप-शनाप बजट को लेकर राकेश मक्कड़ व नितिन कँवर की गर्दन दबोचने में विवेक खुराना व विरोधी खेमे के सदस्यों की मदद की थी; किंतु अब अतुल गुप्ता को राकेश मक्कड़ व नितिन कँवर की खुशामद में लगना पड़ रहा है । हद की बात यह हुई कि इंस्टीट्यूट के मुख्यालय में छात्रों के लिए हुए टेलैंट हंट कार्यक्रम में अतुल गुप्ता ने राकेश मक्कड़ व नितिन कँवर तथा उनके साथियों को ही विश्वास में लिया, तथा विवेक खुराना और विरोधी खेमे के सदस्यों को पूछा तक नहीं । नितिन कँवर ने ही लोगों को बताया है कि अतुल गुप्ता स्टूडेंट कन्वेंशन करने के लिए जुगाड़ बैठाने हेतु उनकी खुशामद में लगे हुए हैं । दरअसल इंस्टीट्यूट के पाँचों रीजंस में नॉर्दर्न रीजन ही अकेला रीजन बचा रह गया है, जहाँ स्टूडेंट कन्वेंशन नहीं हो सकी है । इंस्टीट्यूट में अतुल गुप्ता इसी नॉर्दर्न रीजन का प्रतिनिधित्व करते हैं । स्टूडेंट कन्वेंशन बोर्ड ऑफ स्टडीज का एक महत्त्वपूर्ण आयोजन होता है । ऐसे में, अतुल गुप्ता के लिए शर्मनाक स्थिति यह बनी है कि बोर्ड ऑफ स्टडीज के चेयरमैन होते हुए उनके अपने ही रीजन में स्टूडेंट कन्वेंशन नहीं हो पा रही है । नितिन कँवर के अनुसार, इस शर्मिंदगी से बचने के लिए अतुल गुप्ता इस जुगाड़ में हैं कि नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल को किनारे रख कर - बोर्ड ऑफ स्टडीज व निकासा मिल कर स्टूडेंट कन्वेंशन का आयोजन कर लें । नितिन कँवर के अनुसार, अतुल गुप्ता ने तो स्टूडेंट कन्वेंशन के लिए 19/20 जनवरी की तारीख भी तय कर ली है । इसी चक्कर में, इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य अतुल गुप्ता पिछले दिनों नितिन कँवर द्वारा की गई बदतमीजी की बात को भूल कर आजकल उन्हीं को 'पटाने' में लगे हुए हैं ।
अतुल गुप्ता के स्टूडेंट कन्वेंशन के लिए जुगाड़ लगाने की कोशिशों ने काउंसिल सदस्यों के बीच एक नए विवाद को भी जन्म दे दिया है । उल्लेखनीय है कि नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन राकेश मक्कड़ और उनके संगी-साथियों ने जब रीजनल काउंसिल की संस्तुति के बिना स्टूडेंट कन्वेंशन करने की तैयारी की थी, तब इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य संजीव चौधरी ने बड़ा बबाल मचाया था और तर्क दिया था कि रीजनल काउंसिल की संस्तुति के बिना स्टूडेंट कन्वेंशन करना इंस्टीट्यूट के नियमों का मजाक बनाना होगा । संजीव चौधरी द्वारा मचाए गए बबाल के कारण इंस्टीट्यूट के सेक्रेटरी वी सागर को मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा और तब राकेश मक्कड़ व नितिन कँवर को अपनी मनमानी छोड़कर रीजनल काउंसिल की मीटिंग बुलाने के लिए मजबूर होना पड़ा, जिसमें उनके द्वारा तय किये गए बजट के अनुसार स्टूडेंट कन्वेंशन करने का प्रस्ताव पास नहीं हो सका - और स्टूडेंट कन्वेंशन की आड़ में लूट/खसोट करने की राकेश मक्कड़ व नितिन कँवर की योजना फेल हो गई । ऐसे में, सवाल यह खड़ा हुआ है कि रीजनल काउंसिल की संस्तुति के बिना यदि पहले स्टूडेंट कन्वेंशन नहीं हो सकती थी - तो अब अतुल गुप्ता के प्रयासों से वह कैसे हो सकती है ? संजीव चौधरी की एक और आपत्ति थी और वह यह कि खुद बोर्ड ऑफ स्टडीज के नियमों के अनुसार, स्टूडेंट कन्वेंशन के लिए छात्रों के बीच प्रचार व अन्य तैयारी के लिए कम-से-कम तीन महीने का समय होना चाहिए । तो क्या, आनन/फानन में किसी भी तरह स्टूडेंट कन्वेंशन करने पर आमादा अतुल गुप्ता अपनी की कमेटी के नियम को ठेंगा दिखा देंगे - जिसके पालन के लिए सेंट्रल काउंसिल के ही सदस्य संजीव चौधरी ने पिछले दिनों खासा जोर दिया था ? स्टूडेंट कन्वेंशन करने के जुगाड़ में लगे अतुल गुप्ता के प्रयासों ने इस तरह नॉर्दर्न रीजन के काउंसिल सदस्यों तथा आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स सदस्यों के बीच दिलचस्प चर्चाओं का माहौल बनाया हुआ है ।