Showing posts with label PST Schooling. Show all posts
Showing posts with label PST Schooling. Show all posts

Tuesday, August 2, 2016

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन में डिस्ट्रिक्ट ऑफीसर्स स्कूलिंग का झंडा अपने पास बनाए रखने के लिए अपनाई गई अरुण मित्तल की 'तरकीब' ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शिव कुमार चौधरी की बेचारगी को उजागर किया

देहरादून । अरुण मित्तल से डिस्ट्रिक्ट ऑफीसर्स स्कूलिंग का झंडा छीन लेने में असफल रहने के बाद अनीता गुप्ता के सुर फिर कुछ बदले बदले से सुनाई दे रहे हैं, जिस कारण डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शिव कुमार चौधरी तथा उनके साथी अपने आप को मुसीबत में पा रहे हैं । उल्लेखनीय है कि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनीता गुप्ता करीब तीन महीने पहले तक मुकेश गोयल खेमे में थीं, और पिछले लायन वर्ष में हुए चुनाव में शिव कुमार चौधरी के उम्मीदवार को हरवाने तथा शिव कुमार चौधरी के खिलाफ रिकॉर्ड नेगेटिव वोट डलवाने में उन्होंने बहुत ही सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाई थी । चुनाव में बुरी तरह चिथड़ा चिथड़ा हुई अपनी 'दुनिया' को फिर से बसाने की कोशिश करते हुए शिव कुमार चौधरी ने खुशामद करके और पदों का लालच देकर अनीता गुप्ता को अपनी तरफ कर लेने में सफलता हासिल कर ली थी । अनीता गुप्ता को लगा था कि शिव कुमार चौधरी जिस तरह से डिस्ट्रिक्ट में बुरी तरह बदनाम हो गए हैं और बदनामी के चलते अकेले पड़ गए हैं, उसके चलते उन्हें अपनी नेतागिरी दिखाने का भरपूर मौका मिलेगा । उन्हें जिस तरह से किसी न किसी बहाने से शिव कुमार चौधरी के खुशामदभरे फोन आ रहे थे, उससे उन्हें उम्मीद बनी थी कि चौधरी शब्द भले ही शिव कुमार के नाम में लगा हो, डिस्ट्रिक्ट की 'चौधरी' लेकिन वही बनेंगी । इसी उम्मीद में अनीता गुप्ता ने पाला बदलने में देर नहीं की । लेकिन जल्दी ही उन्हें अहसास हो गया कि शिव कुमार चौधरी ने उन्हें एक बार फिर धोखा दिया है, और शिव कुमार चौधरी की खुशामदभरी बातों में आकर उन्होंने बड़ी गलती की । शिव कुमार चौधरी के नजदीकियों के अनुसार, अनीता गुप्ता दरअसल डिस्ट्रिक्ट ऑफीसर्स स्कूलिंग की जिम्मेदारी चाहती थीं, जिसे 'देने' के लिए शिव कुमार चौधरी पहले तैयार भी हो गए थे - लेकिन बाद में फिर वह मुकर गए । शिव कुमार चौधरी की इस 'पलटीबाजी' ने अनीता गुप्ता को बुरी तरह से निराश किया है, और उनकी बातों व उनके रवैये में उनकी इस निराशा को लोगों के बीच तीखे स्वरों में 'सुना' जा रहा है ।
डिस्ट्रिक्ट ऑफीसर्स स्कूलिंग का झंडा लेने की अनीता गुप्ता की कोशिश को फेल करने का काम वास्तव में किया तो पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अरुण मित्तल की 'राजनीति' ने, लेकिन इस मामले को शिव कुमार चौधरी और खुद को चाणक्य समझने वाले उनके एक सलाहकार ने जिस तरह से हैंडल किया - उससे ठीकरा फूटा शिव कुमार चौधरी के सिर । दरअसल, पारिवारिक समस्या में फँसने के कारण अरुण मित्तल पीएसटी स्कूलिंग में अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा सके थे - जिस कारण पीएसटी स्कूलिंग का आयोजन बुरी तरह फ्लॉप हुआ और मजाक बन कर रह गया था । शिव कुमार चौधरी और उनके तथाकथित चाणक्य ने पीएसटी स्कूलिंग को सफल बताने/दिखाने के लिए फर्जीबाड़े तो खूब किए, लेकिन सच्चाई पर पर्दा डाल पाने में वह असफल रहे । इस दोहरी असफलता की खीझ उन्होंने अरुण मित्तल पर उतारी । 'चाणक्य जी' कुछ ज्यादा जोश में आ गए और इसी जोश में उन्होंने अनीता गुप्ता से कह दिया कि डिस्ट्रिक्ट ऑफीसर्स स्कूलिंग की जिम्मेदारी अरुण मित्तल की बजाए उन्हें निभानी चाहिए । इस तरह की बातों से अनीता गुप्ता को लगा कि डिस्ट्रिक्ट ऑफीसर्स स्कूलिंग का झंडा उन्हें मिल जायेगा - और इस तरह डिस्ट्रिक्ट पर छा जाने का अवसर उनके हाथ लगेगा ।
अरुण मित्तल को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने अपनी 'राजनीति' खेल दी : उन्होंने मुकेश गोयल के साथ हुई अपनी एक मुलाकात की सूचना खुद से लीक कर दी । यह मुलाकात क्यों हुई थी और इसमें क्या बात हुई - इसका तो किसी को नहीं पता; लेकिन अरुण मित्तल की तरफ से इस मुलाकात का जिस तरह से जिक्र हुआ, उसमें यह संदेश छिपा देखा/सुना गया कि शिव कुमार चौधरी ने यदि उनसे डिस्ट्रिक्ट ऑफीसर्स स्कूलिंग का झंडा वापस ले लिया - तो वह मुकेश गोयल के साथ चले जायेंगे । शिव कुमार चौधरी के नजदीकियों के अनुसार, शिव कुमार चौधरी ने इस संदेश को पढ़ने में कोई गलती नहीं की और अपने 'चाणक्य जी' को साफ साफ बता दिया कि अपनी चाणक्यबाजी अपने पास रखो और इज्जत का बिलकुल फालूदा ही मत बनवाओ । शिव कुमार चौधरी को डर हुआ कि डिस्ट्रिक्ट ऑफीसर्स स्कूलिंग की जिम्मेदारी छिनने पर अरुण मित्तल यदि मुकेश गोयल के साथ चले गए - तो वह एक एक व्यक्ति को जोड़ कर अपनी उजड़ी पड़ी 'दुनिया' को बसाने की जो कोशिश रहे हैं, वह फिर से बिखर जायेगी । नेताओं को अपने साथ जोड़ने तथा बनाए रखने की कवायद उनके लिए वैसे ही मेढकों को तोलने जैसी कार्रवाई हो गई है । उन्होंने बड़ी मुश्किलों से सुशील अग्रवाल को अपने निकट लाने - या 'दिखाने' में सफलता प्राप्त की थी, इसके लिए उन्हें सुशील अग्रवाल की पत्नी अर्चना अग्रवाल को जोन चेयरपरसन बनाना पड़ा - उन्होंने उम्मीद की थी कि इसके बदले में सुशील अग्रवाल वर्ष भर 'दुश्मनों' से उनकी रक्षा करेंगे; लेकिन सुशील अग्रवाल ने पहली डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट मीटिंग में ही अनुपस्थित होकर शिव कुमार चौधरी को धोखा दे दिया ।   
शिव कुमार चौधरी के गवर्नर-काल की पहली डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट मीटिंग की जैसी जो बुरी गत बनी, जिसमें कैबिनेट के मुश्किल से पंद्रह प्रतिशत पदाधिकारी ही शामिल हुए - उसने शिव कुमार चौधरी के सामने विकट संकट पैदा कर दिया । एक के बाद एक जिस तरह से उनके कार्यक्रम पिटते जा रहे हैं, और वह अपने कार्यक्रमों में लोगों को जोड़ने व शामिल करने में विफल साबित होते जा रहे हैं - उससे सबक लेते हुए शिव कुमार चौधरी ने डिस्ट्रिक्ट ऑफीसर्स स्कूलिंग का झंडा अरुण मित्तल के पास ही बने रहने देने का फैसला किया । सुशील अग्रवाल के असहयोगात्मक रवैये को देखते हुए उन्होंने अरुण मित्तल को दूर कर लेने का खतरा उठाना ठीक नहीं समझा । शिव कुमार चौधरी ने एक बात और समझी कि जोन/रीजन स्कूलिंग की जिम्मेदारी अनीता गुप्ता ठीक से नहीं निभा सकेंगी, और उनके भरोसे जिम्मेदारी छोड़ी तो जोन/रीजन स्कूलिंग का हाल भी पीएसटी स्कूलिंग की तरह बेहाल ही होगा । अरुण मित्तल की यह खूबी तो सभी जानते ही हैं, कि वह जिस जिम्मेदारी को लेते हैं - उसे प्रभावी तरीके से पूरा करते हैं; और फिर स्कूलिंग का उनका खासा अनुभव भी है । अनीता गुप्ता में राजनीतिक जोश चाहें जितना भी हो, लेकिन किसी काम को संयोजित कर सकने का हुनर वह अभी तक नहीं दिखा सकी हैं - इसलिए शिव कुमार चौधरी को उनके भरोसे रिस्क लेना उचित नहीं लगा ।
डिस्ट्रिक्ट ऑफीसर्स स्कूलिंग की जिम्मेदारी न मिलने से अनीता गुप्ता को जोर का झटका लगा । चाणक्य जी की तमाम कोशिशों के बावजूद अनीता गुप्ता को यह जिम्मेदारी नहीं मिली - यह देख/जान कर अनीता गुप्ता को गहरी निराशा हुई है । यह सुन/जान कर तो अनीता गुप्ता का पारा और चढ़ गया है कि डिस्ट्रिक्ट ऑफीसर्स स्कूलिंग का झंडा अपने पास बनाए रखने के लिए अरुण मित्तल ने मुकेश गोयल के साथ चले जाने की 'धमकी' का इस्तेमाल किया है - और उनकी धमकी कामयाब रही । अनीता गुप्ता का कहना है कि शिव कुमार चौधरी यह क्यों समझ रहे हैं कि जो 'काम' अरुण मित्तल कर सकते थे, उसे वह नहीं कर सकती हैं । अनीता गुप्ता के तेवरों ने शिव कुमार चौधरी के लिए मामले को ढाक के तीन पात वाली स्थिति में ला दिया है - वह खुशामद कर/करा कर किसी एक को अपने साथ लाते हैं, तो दूसरा उछल कर अलग हो जाता है; और जो साथ आता भी है, वह मुसीबतों को कम करने की बजाए बढ़ाने का काम ज्यादा करता है ।

Tuesday, June 21, 2016

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने जा रहे शिव कुमार चौधरी की बदनामी व ठगी के किस्से लायंस इंटरनेशनल के 99वें अधिवेशन में फुकुओका में इकठ्ठा हुए लायन लीडर्स के बीच भी चर्चा का विषय बने

गाजियाबाद । जापान के फुकुओका में आयोजित हो रहे लायंस इंटरनेशनल के 99वें अधिवेशन में इकठ्ठा हुए लायन लीडर्स की परेड के लिए तो 24 जून का दिन सुनिश्चित किया गया है - लेकिन भारत से वहाँ पहुँचे हुए लायन लीडर्स ने, खासतौर से मल्टीपल 321 के लायन लीडर्स ने डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने जा रहे शिव कुमार चौधरी का 'जुलूस' वहाँ पहले से ही निकाला हुआ है । शिव कुमार चौधरी की कारस्तानियों के वहाँ खूब चर्चे हो रहे हैं; लायन लीडर्स हैरान हैं कि उनके बीच एक ऐसा व्यक्ति भी लीडर होने का दिखावा कर रहा है जो अपनी हरकतों के चलते अपने ही डिस्ट्रिक्ट में बुरी तरह से नापसंद किया जा रहा है; जो फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर तथा सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के साथ-साथ पूर्व गवर्नर्स के खिलाफ लगातार अशालीन तरीके से अपशब्दों का इस्तेमाल करता है, जो क्लब्स में जाकर बदतमीजी करता है - जिसका नतीजा यह दिख रहा है कि क्लब्स के कार्यक्रमों में शिव कुमार चौधरी को बुलाया तक नहीं जा रहा है; फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर और सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर तथा कई पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स शिव कुमार चौधरी के साथ खड़े तक नहीं दिखना चाह रहे हैं; और इस कारण से शिव कुमार चौधरी डिस्ट्रिक्ट में पूरी तरह अलग-थलग पड़ गए हैं । फुकुओका में शिव कुमार चौधरी द्धारा लायन सदस्यों के पैसे दबा लेने की हरकतों की भी खूब चर्चा हो रही है । मल्टीपल 321 के कुछेक लायन लीडर्स दूसरे मल्टीपल के लायन लीडर्स को सावधान कर रहे हैं कि शिव कुमार चौधरी आकर्षक बिजनेस ऑफर दे कर लोगों से पैसे ठगने में बहुत माहिर हैं; अपने डिस्ट्रिक्ट में कई लायन सदस्यों से वह पैसे ठग चुके हैं । शिव कुमार चौधरी बिजनेस के नाम पर जिससे पैसे ले लेते हैं, फिर वापस करने में तरह तरह की बहानेबाजी करते हैं । पैसे वापस करने के नाम पर एक लायन सदस्य को जो चेक दिया, वह चेक बाउंस हो गया - जिसका केस अदालत में है । इस तरह, शिव कुमार चौधरी की जिस बदनामी के चर्चे अभी तक सिर्फ उनके अपने डिस्ट्रिक्ट तक ही सीमित थे, आज वह फुकुओका में हो रहे इंटरनेशनल अधिवेशन में चर्चा का विषय बने हुए हैं ।
मजे की बात यह है कि फुकुओका में शिव कुमार चौधरी ने अपनी फजीहत का यह मौका स्वयं ही बनाया है । फुकुओका में मौजूद कुछेक लायन लीडर्स ने भारत में अपने नजदीकियों को बताया कि दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स के लायन लीडर्स के बीच शिव कुमार चौधरी ने अपने स्वभाव के अनुसार डींगें मारना शुरू कर दिया और अपने आप ही अपनी तारीफ करना शुरू कर दिया, जिस पर कुछेक लीडर्स ने उन्हें आईना दिखा दिया । इससे भड़क कर शिव कुमार चौधरी ने बकवासबाजी शुरू कर दी, तो फिर बात और बढ़ गई । शिव कुमार चौधरी को शायद इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनकी हरकतों की जानकारी दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स के लायन लीडर्स को भी होगी, उन्हें लगा कि वह जैसा जो कहेंगे/बतायेंगे - लोग उसे ही सच मान लेंगे; लेकिन जब बातें होना शुरू हुईँ तो पता चला कि मल्टीपल के लायन लीडर्स को शिव कुमार चौधरी की हर एक कारस्तानी के बारे में विस्तार से पता है । शिव कुमार चौधरी ने इसका ठीकरा फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय सिंघल के सिर फोड़ने की कोशिश की, लेकिन जो कोशिश उन्हें और उल्टी पड़ी । शिव कुमार चौधरी ने आरोप लगाया कि मल्टीपल के लायन लीडर्स के बीच उन्हें बदनाम करने का काम अजय सिंघल ने किया है । मल्टीपल के लायन लीडर्स ने लेकिन जब अजय सिंघल की तारीफ की और शिव कुमार चौधरी की बदनामी व फजीहत के लिए शिव कुमार चौधरी की हरकतों को ही जिम्मेदार ठहराया - तो शिव कुमार चौधरी को और मिर्ची लगी । मल्टीपल के लायन लीडर्स पर लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ा, उन्होंने बल्कि दूसरे मल्टीपल के लायन लीडर्स को भी शिव कुमार चौधरी की असलियत से परिचित कराना शुरू कर दिया । इस कार्रवाई पर ही एक वरिष्ठ लायन लीडर ने चुटकी ली कि लायंस इंटरनेशनल की तरफ से तो फुकुओका में लायन लीडर्स की परेड अभी बाद में निकलेगी, मल्टीपल के लायन लीडर्स ने शिव कुमार चौधरी का 'जुलूस' लेकिन पहले ही निकाल दिया है ।
फुकुओका में शिव कुमार चौधरी को अपनी पीएसटी स्कूलिंग पर भी लायन लीडर्स की भारी लताड़ सुनने को मिली । पीएसटी स्कूलिंग डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में शिव कुमार चौधरी का पहला कार्यक्रम था, जो बुरी तरह से फ्लॉप हुआ - न केवल फ्लॉप हुआ, बल्कि जिसने यह भी 'दिखाया' और साबित किया कि शिव कुमार चौधरी को लायंस इंटरनेशनल के नियमों की तथा व्यवस्था की बुनियादी जानकारी भी नहीं है । उल्लेखनीय है कि पीएसटी स्कूलिंग को लेकर आरोप यह है कि शिव कुमार चौधरी के आचरण/व्यवहार के प्रति विरोध दर्ज कराने के उद्देश्य से अधिकतर क्लब्स के पदाधिकारियों ने उनकी पीएसटी स्कूलिंग का बहिष्कार किया, जिस कारण उनकी पीएसटी स्कूलिंग में एक चौथाई पीएसटी भी नहीं पहुँचे । शिव कुमार चौधरी की तरफ से इस आरोप को झूठा बताते हुए कभी कार्यक्रम-स्थल की हाउसफुल की तस्वीरें पेश की जा रही हैं, तो कभी बताया जा रहा है कि पीएसटी स्कूलिंग में 'इतने' क्लब की भागीदारी हुई । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने जा रहे शिव कुमार चौधरी को क्या सचमुच इस बात का पता नहीं है, या वह झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं कि पीएसटी स्कूलिंग के सफल होने का पैमाना सिर्फ यह होगा कि उसमें पी(प्रेसीडेंट), एस(सेक्रेटरी) टी(ट्रेजरार) कितने थे - यह नहीं होगा कि कार्यक्रम में कितनी भीड़ थी और वहाँ कितने क्लब्स का प्रतिनिधित्व था । शिव कुमार चौधरी की तरफ से पीएसटी स्कूलिंग को सफल बताने के लिए बकवासबाजी तो खूब की गई है, लेकिन आरोप का सीधा जबाव देते हुए यह नहीं बताया गया है कि उनकी पीएसटी स्कूलिंग में पीएसटी कितने शामिल हुए । आरोप तो यही है कि पीएसटी ने उनकी पीएसटी स्कूलिंग का बहिष्कार किया । पीएसटी स्कूलिंग के नाम पर शिव कुमार चौधरी ने एक और धोखाधड़ी की : लायंस इंटरनेशनल के नियम व व्यवस्था के अनुसार पीएसटी स्कूलिंग में प्रेसीडेंट, सेक्रेटरी व ट्रेजरार की अलग अलग ग्रुप में स्कूलिंग होनी चाहिए । शिव कुमार चौधरी ने ऐसा न करके सभी को एक साथ भाषण सुनवा दिया - और इस तरह वास्तव में पीएसटी स्कूलिंग का मजाक बना दिया । शिव कुमार चौधरी ने इसके लिए फैकल्टी वीएस कुकरेजा को यह कहते हुए जिम्मेदार ठहरा दिया कि उन्होंने जैसा करने को कहा, हमने तो वैसा कर दिया । किंतु सच यह है कि यदि प्रेसीडेंट्स, सेक्रेटरीज व ट्रेजरार्स को अलग अलग बैठा कर स्कूलिंग कराई जाती, तो पीएसटी की उपस्थिति की पोल खुल जाती । इन तर्कों के साथ फुकुओका में लायन लीडर्स ने शिव कुमार चौधरी को लताड़ लगाई, तो शिव कुमार चौधरी को जबाव देते नहीं बना ।
पैसे ठगने की बातों ने तो फुकुओका में शिव कुमार चौधरी के लिए बहुत ही शर्मिंदगी की स्थिति पैदा की हुई है । शिव कुमार चौधरी की लोगों से पैसों की ठगी की जो बात अभी तक डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन में ही लोगों को पता थी, अब वह लायन समाज के लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है । इस मामले में शिव कुमार चौधरी के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि अपनी इस हरकत के लिए वह किसी दूसरे को जिम्मेदार भी नहीं ठहरा सकते हैं । किसी किसी से उन्होंने यह कहा/बताया भी कि वह जल्दी ही लोगों से लिए पैसे वापस करेंगे, तो उन्हें यह और सुनने को मिला कि - हाँ, डिस्ट्रिक्ट टीम के पद 'बेच' कर बहुत पैसे जुटा लिए होंगे, उससे कुछेक लोगों के पैसे तो वापस कर ही सकते हो । फुकुओका में इकठ्ठा हुए भारत के विभिन्न मल्टीपल्स के लायन लीडर्स शिव कुमार चौधरी को लेकर जब इस तरह की बातें करते हुए सुने जाते हैं, तो इससे सिर्फ शिव कुमार चौधरी की ही बदनामी नहीं हो रही है - बल्कि डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन की और लायनिज्म की भी बदनामी हो रही है ।

Tuesday, June 14, 2016

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन की पीएसटी स्कूलिंग को खुद ही सफल घोषित करने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शिव कुमार चौधरी वास्तव में डिस्ट्रिक्ट के 25 प्रतिशत पीएसटी की उपस्थिति भी संभव नहीं कर सके

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पदभार सँभालने की तैयारी कर रहे शिव कुमार चौधरी को डिस्ट्रिक्ट के क्लब्स जिस तरह से अपने अपने कार्यक्रमों से दूर रख रहे हैं और उन्हें कोई तवज्जो देने को तैयार नहीं हो रहे हैं - वह अपने आप में डिस्ट्रिक्ट की और लायंस इंटरनेशनल की एक बड़ी परिघटना है । लायंस इंटरनेशनल के इतिहास में किसी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की ऐसी फजीहत शायद ही हुई हो । मेरठ, गाजियाबाद, मोदीनगर, शामली, बिजनौर आदि शहरों में हाल-फिलहाल में लायंस क्लब्स के जो कार्यक्रम हुए या होने हैं - उनमें फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय सिंघल तथा सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनय मित्तल को तो पर्याप्त तवज्जो मिलती दिख रही है, लेकिन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शिव कुमार चौधरी को पूरी तरह अलग-थलग रखा गया है; जहाँ कहीं उन्हें बुलाया भी गया, वहाँ भी उन्हें कोई तवज्जो मिलती हुई नहीं दिखी है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शिव कुमार चौधरी को सबसे बड़ा झटका अपने ही कार्यक्रम - पीएसटी स्कूलिंग में लगा, जहाँ डिस्ट्रिक्ट के कुल पीएसटी में से मुश्किल से एक-चौथाई पीएसटी ही शामिल होने आए । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट में करीब सवा चार सौ पीएसटी हैं, लेकिन शिव कुमार चौधरी की पीएसटी स्कूलिंग में पीएसटी की गिनती खींचतान के सौ तक पहुँच पाई । लगता है कि खुद शिव कुमार चौधरी को भी पता था कि उनकी स्कूलिंग में ज्यादा लोग नहीं आयेंगे, इसलिए उन्होंने कार्यक्रम का आयोजन एक छोटे से कमरे में किया - और बाद में कार्यक्रम को हाउसफुल घोषित कर दिया । इस तरह की 'धोखाधड़ी' से शिव कुमार चौधरी अपने मुँहमियाँ मिटठू भले ही बन लें, किंतु डिस्ट्रिक्ट में अलग-थलग पड़ने के कारण होने वाली अपनी फजीहत के सच को तो छिपा नहीं ही सकते हैं ।
डिस्ट्रिक्ट में अपनी फजीहत के लिए शिव कुमार चौधरी पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मुकेश गोयल को जिम्मेदार ठहराते हैं । शिव कुमार चौधरी का कहना है कि यह मुकेश गोयल की राजनीति है, जिसके तहत वह लोगों को उनके खिलाफ भड़का रहे हैं और क्लब्स के पदाधिकारियों को अपने अपने कार्यक्रमों से उन्हें दूर रखने के लिए मजबूर कर रहे हैं । शिव कुमार चौधरी के इस आरोप को यदि सच मान भी लिया जाए - तो भी यह सवाल तो उठता ही है कि क्लब्स के पदाधिकारी अपने गवर्नर शिव कुमार चौधरी की बजाए एक पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मुकेश गोयल की बात क्यों मानते हैं ? शिव कुमार चौधरी कई पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के समर्थन का दावा करते हैं; एक वरिष्ठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, जो इंटरनेशनल डायरेक्टर के पद पर भी रहे हैं, सुशील अग्रवाल घोषित रूप से शिव कुमार चौधरी के पक्ष में हैं - लेकिन फिर भी क्लब्स के पदाधिकारी यदि शिव कुमार चौधरी को अपने से दूर रखना चाहते हैं, उन्हें अपने कार्यक्रमों में बुलाना तक नहीं चाहते हैं, उनके कार्यक्रम में आना/जाना तक नहीं चाहते हैं; तो शिव कुमार चौधरी के लिए जरूरत अपने गिरेबाँ में झाँकने की हो जाती है । डिस्ट्रिक्ट में कई लोगों का मानना और कहना है कि शिव कुमार चौधरी ने अपने व्यवहार और अपने रवैये से डिस्ट्रिक्ट में तमाम लोगों को अपना विरोधी बनाया हुआ है; किसी के साथ भी बदतमीजी कर देना जिस तरह से उनका स्वभाव है - उसके कारण लोगों को उनके साथ दूरी बनाने में ही अपना भला दिखता है । इसी बात की झलक पिछले दिनों हुए चुनाव में भी देखने को मिली थी, जिसमें सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उनके उम्मीदवार के रूप में रेखा गुप्ता को तो बहुत ही बुरी पराजय का सामना करना पड़ा ही था - खुद उन्हें भी रिकॉर्ड नेगेटिव वोट मिले थे । शिव कुमार चौधरी ने डिस्ट्रिक्ट में सबसे ज्यादा नेगेटिव वोट पाकर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने का रिकॉर्ड बनाया है । उम्मीद की गई थी कि इस रिकॉर्ड का सेहरा अपने सिर बँधने से शिव कुमार चौधरी सबक लेंगे और अपने व्यवहार व रवैये में सुधार करके लोगों के साथ सचमुच में फ्रेंडली बनने का प्रयास करेंगे ।
लेकिन लगता है कि शिव कुमार चौधरी ने नेगेटिव वोट से पड़ी चोट से कोई सबक नहीं सीखा, जिसका नतीजा उन्हें एक बार फिर पीएसटी स्कूलिंग में भुगतना पड़ा है । उल्लेखनीय है कि पीएसटी स्कूलिंग की लायनिज्म में बहुत ही महत्त्वपूर्ण भूमिका है; लायंस इंटरनेशनल का यह एक महत्त्वपूर्ण प्रोग्राम है; इस प्रोग्राम को प्रभावी तरीके से संभव करके ही लायन वर्ष की सफलता की नींव रखी जा सकती है; इसीलिए प्रत्येक डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से यह उम्मीद की जाती है कि वह अपने डिस्ट्रिक्ट के प्रत्येक पी (प्रेसीडेंट), एस (सेक्रेटरी) तथा टी (ट्रेजरार) की उपस्थिति को पीएसटी स्कूलिंग में सुनिश्चित करें । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में शिव कुमार चौधरी ने लेकिन अपने डिस्ट्रिक्ट के पी, एस, टी की उपस्थिति को पीएसटी स्कूलिंग में सुनिश्चित करने का कोई प्रयास ही नहीं किया । मजे की बात यह रही, जैसा कि कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ही कहना है कि कार्यक्रम स्थल पर कुर्सियों की कुल संख्या ही डिस्ट्रिक्ट के पी/एस/टी की कुल संख्या से बहुत कम थी । लगता है कि शिव कुमार चौधरी को पहले से ही पता था कि उनके पीएसटी स्कूलिंग कार्यक्रम में ज्यादा पीएसटी आयेंगे ही नहीं - इसलिए उन्होंने कुर्सियाँ कम रखवाईं, जिससे कि उनके भर जाने पर वह हाऊसफुल को दावा करते हुए पीएसटी स्कूलिंग कार्यक्रम को खुद ही सफल घोषित कर दें । जिस डिस्ट्रिक्ट पीएसटी स्कूलिंग कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट के एक चौथाई पीएसटी भी शामिल न हों, क्या उसे सफल कहा जा सकता ? और क्या इस असफलता का ठीकरा मुकेश गोयल के सिर फोड़ कर शिव कुमार चौधरी अपनी जिम्मेदारी से बच सकते हैं ? पीएसटी स्कूलिंग में शिव कुमार चौधरी को जो झटका मिला है, वह नेगेटिव वोट डालने के बाद क्लब्स के पदाधिकारियों की तरफ से मिला उन्हें लगातार दूसरा झटका है; पहले झटके से उन्होंने कोई सबक नहीं सीखा, यह तो स्पष्ट हो चुका है; दूसरे झटके को लेकर भी वह जिस तरह की 'धोखाधड़ी' करके एक असफल कार्यक्रम को सफल साबित करने की कोशिश कर रहे हैं - उससे आभास मिल रहा है कि दूसरे झटके से भी वह कोई सबक सीखने को तैयार नहीं हैं ।
शिव कुमार चौधरी की पीएसटी स्कूलिंग में डिस्ट्रिक्ट के 75 प्रतिशत से अधिक पीएसटी नहीं आए; क्लब्स के कार्यक्रमों में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में शिव कुमार चौधरी को बुलाया नहीं जा रहा, उनका सम्मान नहीं किया जा रहा - और फिर भी शिव कुमार चौधरी 'खतरे' को पहचानने/समझने की कोशिश तक नहीं कर रहे हैं; अपने व्यवहार व अपने रवैये को सुधारने का कोई प्रयास तक नहीं कर रहे हैं : उससे लग रहा है कि शिव कुमार चौधरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की पहचान व प्रतिष्ठा की फजीहत के नए रिकॉर्ड बनायेंगे ।