Showing posts with label RKS Chauhan. Show all posts
Showing posts with label RKS Chauhan. Show all posts

Tuesday, January 30, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ई में रमेश काबरा के अचानक से उम्मीदवार बनने की घोषणा के पीछे जगदीश गुलाटी के नेतृत्व वाली तिकड़ी के 'खेल' को ही देखा/पहचाना जा रहा है

वाराणसी । रमेश काबरा की अचानक से सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवारी घोषित करके मुकुंदलाल टंडन,जगदीश गुलाटी व वीरेंद्र गोयल की बदनाम तिकड़ी ने एक बार फिर डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में अपना गंदा खेल शुरू कर दिया है । उल्लेखनीय है कि इन तीनों का प्रायः हर वर्ष का यह खेल रहा है कि पहले तो यह किसी को भी सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए कभी खुले तो कभी छिपे तरीके से 'प्रेरित' करते हैं, उससे कई तरह के खर्चे करवाते हैं - और फिर ऐन मौके पर किसी और को उम्मीदवार बना देते हैं । लोगों का आरोप है कि इस तरह से यह तीनों उम्मीदवारों से पैसे ऐंठने का प्रयास करते हैं, जिसमें कभी कामयाब होते हैं और कभी नहीं भी होते हैं । यह तीनों उम्मीदवारों से पैसे ऐंठने में कामयाब हों या न हों - उम्मीदवार बनने वाला जरूर बर्बाद और परेशान हो जाता है । इनकी इस चालबाजी के चलते कई बार ऐसा हुआ है कि पहले से चला आ रहा उम्मीदवार अपना समय, अपनी एनर्जी और अपना पैसा लगा चुकने के बावजूद इनकी हरकतों के चलते पीछे हट जाता है । इनकी हरकतों के कारण एक उम्मीदवार को तो अपना लगा पैसा वापस पाने के लिए धरने पर भी बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा था । मुकुंदलाल टंडन, जगदीश गुलाटी और वीरेंद्र गोयल की तिकड़ी की खुशकिस्मती यह है कि अपना खेल चलाने के लिए इन्हें कोई न कोई मोहरा मिल भी जाता है । इस बार भी रमेश काबरा के रूप में इन्हें एक मोहरा मिल गया है । रमेश काबरा को लोग मोहरे के रूप में इसलिए देख/पहचान रहे हैं, क्योंकि यह सज्जन अभी कुछ ही दिन पहले तक उम्मीदवार बनने की संभावना से साफ साफ इंकार करते आ रहे थे । लगातार इंकार करते रहने के बावजूद, यूँ तो कोई भी उम्मीदवार बन सकता है - लेकिन रमेश काबरा का मामला काफी अलग है ।
दरअसल रमेश काबरा काफी पहले उम्मीदवार बने थे । पूर्व गवर्नर बन चुकीं पुष्पा स्वरूप के सामने रमेश काबरा ने अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की थी और काफी आगे तक बढ़ गए थे, लेकिन जल्दी ही उन्हें समझ में आ गया था कि चुनावी चक्कर को झेल पाना उनके लिए मुश्किल ही है - लिहाजा उन्होंने फिर चुनावी मुकाबले से अपने आपको बाहर कर लिया था; और ऐसा बाहर कर लिया कि उसके बाद वाले वर्षों में भी उन्होंने उम्मीदवार बनने का प्रयास नहीं किया । पिछले लायन वर्ष में, रमेश काबरा जब दूसरी बार कैबिनेट सेक्रेटरी बने तब लोगों को लगा कि वह शायद उम्मीदवार बनने की तैयारी कर रहे हैं - लेकिन उन्होंने लगातार उम्मीदवार बनने की संभावना से इंकार ही किया । उनका यह इंकार अभी चार दिन पहले तक जारी ही था, और पूरी ढृढ़ता के साथ जारी था । उनके नजदीकियों का कहना रहा है कि एक उम्मीदवार को जिस तरह के दबाव झेलना पड़ते हैं, वह रमेश काबरा के बस की बात नहीं हैं - और इसे उन्होंने चूँकि खुद समझ लिया है, इसलिए चुनावी चक्कर में वह नहीं पड़ेंगे । हाँ, यदि बिना चुनाव का सामना किए उन्हें (सेकेंड वाइस) डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने का मौका मिलेगा, तो वह जरूर तैयार हो जायेंगे । इसीलिए तीसरी कैबिनेट मीटिंग के मौके पर अचानक से रमेश काबरा की प्रस्तुत हुई उम्मीदवारी ने हर किसी को हैरान ही किया । उल्लेखनीय है कि अभी तक सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार के रूप में डॉक्टर आरकेएस चौहान की ही सक्रियता लोगों को देखने को मिल रही थी । अजय मेहरोत्रा के भी उम्मीदवार बनने की चर्चा तो सुनी गई थी, लेकिन फिर जब उनकी कोई सक्रियता देखने को नहीं मिली तो डॉक्टर आरकेएस चौहान के नाम पर ही डिस्ट्रिक्ट में सहमति बनती हुई दिखी । इस व्यापक सहमति को देख कर ही उम्मीद की जा रही थी कि पिछले वर्ष की तरह ही इस वर्ष भी सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का चुनाव निर्विरोध ही हो जायेगा - और इसे डिस्ट्रिक्ट की पहचान व प्रतिष्ठा के संदर्भ में एक अच्छे संकेत के रूप में देखा जा रहा था ।
उम्मीद के साथ-साथ कई लोगों को लेकिन आशंका भी थी कि मुकुंद लाल टंडन, जगदीश गुलाटी व वीरेंद्र गोयल की तिकड़ी निर्विरोध चुनाव तो नहीं होने देगी और कुछ न कुछ झमेला जरूर ही खड़ा करेगी । सुना गया था कि चैतन्य पांड्या को इन्होंने उम्मीदवार बनने के लिए राजी भी कर लिया था । लेकिन उनकी उम्मीदवारी की औपचारिक घोषणा होती, उससे पहले ही कुछ ज्यादा 'मौज-मजा' करने के चक्कर में चैतन्य पांड्या पुलिस की कार्रवाई में फँस गए । इसके बाद रमेश काबरा को तैयार किया गया । इस घटना क्रम से ही जाहिर है कि रमेश काबरा न तो उम्मीदवार बनने के लिए प्रयत्नशील थे, और उम्मीदवार बनने से इंकार करने की उनकी बात सच ही थी - और न मुकंदलाल टंडन, जगदीश गुलाटी व वीरेंद्र गोयल की वह पहली पसंद थे । इस तिकड़ी को चूँकि कोई उम्मीदवार नहीं मिला, इसलिए इन्होंने रमेश काबरा को उम्मीदवार बनने के लिए राजी किया है । वास्तव में इसीलिए, रमेश काबरा को उम्मीदवार के रूप में नहीं - बल्कि उक्त तिकड़ी के एक मोहरे के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है; और कई लोगों को लगता है कि रमेश काबरा शायद ही उम्मीदवार बने रह सकेंगे । हालाँकि कुछेक लोगों को यह भी लगता है कि सारा खेल डॉक्टर आरकेएस चौहान के रवैये पर भी निर्भर करेगा - वह यदि चुनावी मुकाबले से बचने की कोशिश करेंगे तो फिर रमेश काबरा हो सकता है कि हिम्मत कर लें और उम्मीदवार बने रहें । दरअसल रमेश काबरा को उनके नेताओं ने समझाया है कि उम्मीदवार के रूप में वह यदि 'तेजी' दिखायेंगे तो फिर डॉक्टर आरकेएस चौहान मुकाबले में नहीं बने रहेंगे और उनका काम आसानी से बन जायेगा । कुछेक लोगों को यह भी लगता है कि हो सकता है कि रमेश काबरा का काम आसान हो जाए - किंतु इस आसानी की जो 'कीमत' उन्हें चुकानी पड़े, वह उसके लिए तैयार न हों; और इस कारण से उनकी आसानी भी उन्हें भारी पड़े । क्या होगा, यह तो आने वाले समय में पता चलेगा - लेकिन अचानक से प्रस्तुत हुई रमेश काबरा की उम्मीदवारी ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में हलचल जरूर मचा दी है ।

Tuesday, June 13, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ई में बीएम सिंह के उम्मीदवार के रूप में खुद को प्रमोट करते हुए आरकेएस चौहान के मुकाबले उतरने की अनिल जायसवाल की कोशिशों ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के परिदृश्य को दिलचस्प बनाया

इलाहाबाद । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अनिल जायसवाल की उम्मीदवारी की चर्चा ने आरकेएस चौहान के लिए न सिर्फ गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है, बल्कि डिस्ट्रिक्ट के चुनावी परिदृश्य को भी दिलचस्प बना दिया है । अभी तक अगले लायन वर्ष में होने वाले सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव के लिए आरकेएस चौहान और अजय मेहरोत्रा के नाम चर्चा में थे, और माना जा रहा था कि अजय मेहरोत्रा अंततः अपनी उम्मीदवारी से पीछे हट जायेंगे और आरकेएस चौहान आराम से सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुन लिए जायेंगे । अजय मेहरोत्रा के बारे में लोग मानने और कहने लगे हैं कि यह कई बार उम्मीदवार के रूप में अपना नाम उछाल चुके हैं, लेकिन उम्मीदवारी की डगर पर आगे बढ़ते नहीं हैं - जिस कारण उनकी उम्मीदवारी को अब कोई गंभीरता से लेता नहीं है । इसीलिए उनकी उम्मीदवारी की चर्चा आरकेएस चौहान के लिए रक्षा-कवच का काम कर रही थी - लोग मान/समझ रहे थे कि अजय मेहरोत्रा कुछ दिन अपना नाम उछालते हुए चर्चा में बने रहेंगे, और फिर एक दिन वापस हो लेंगे; उसके बाद आरकेएस चौहान बिना चुनाव के सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बन जायेंगे । लेकिन अचानक से सामने आई अनिल जायसवाल की उम्मीदवारी की चर्चा ने बन रहे उक्त माहौल को गड़बड़ा दिया है, जिसमें न सिर्फ आरकेएस चौहान के लिए मामला चुनौतीपूर्ण बन गया है - बल्कि डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति का परिदृश्य भी बदल गया है ।
अनिल जायसवाल यूँ तो सभी गवर्नर्स के साथ अच्छे संबंध बना कर रहे हैं; पुष्पा स्वरूप के गवर्नर-काल में तो वह कैबिनेट सेक्रेटरी रहे थे, जिस कारण डिस्ट्रिक्ट के लोगों के साथ उनके निकट के संबंध बने थे - लेकिन उनके नजदीकियों को ही लगता है कि उम्मीदवार बनने का उचित समय उन्होंने खो दिया है । चार वर्ष पहले जब वह कैबिनेट सेक्रेटरी थे, उसके बाद यदि वह उम्मीदवार बनते - तो लोगों के बीच अपनी सक्रियता और अपने परिचय का फायदा उठा सकते थे; अब लेकिन बहुत देर हो चुकी है । जिन आरकेएस चौहान के साथ उनका चुनावी मुकाबला होने की उम्मीद की जा रही है, वह पिछले लायन वर्ष में प्रकाश अग्रवाल की डिस्ट्रिक्ट टीम में जोन चेयरमैन थे, और मौजूदा लायन वर्ष में अनिल तुलस्यान की डिस्ट्रिक्ट टीम में रीजन चेयरमैन हैं - इस नाते से लोगों के बीच उनका परिचय और उनकी सक्रियता नयी है । इसके अलावा, पिछले दो-तीन वर्षों में डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के समीकरण भी काफी बदल गए हैं - जिसके चलते अनिल जायसवाल ने अभी तक डिस्ट्रिक्ट में और लायनिज्म में जो 'कमाया' है, वह तो उनके काम नहीं आने वाला है; और इसीलिए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का चुनाव उनके लिए भी आसान नहीं होगा ।
अनिल जायसवाल के लिए एक समस्या और देखी/पहचानी जा रही है - उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट बीएम सिंह के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है; लोगों का कहना है कि यह पहचान उन्होंने खुद ही बनाई है, उन्हें लगता है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के उम्मीदवार के रूप में चुनावी मुकाबले में उन्हें फायदा मिलेगा । बीएम सिंह ने लेकिन डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रायः सभी नेताओं से अलग अलग कारणों से संबंध बिगाड़े हुए हैं; उनके चुनाव में उनकी उम्मीदवारी की खिलाफत करने वाले नेताओं से तो उनके संबंध बिगड़े हुए थे ही, जिन लोगों ने उनकी उम्मीदवारी का समर्थन किया था और उन्हें जितवाया था - उनसे भी वह इस कारण नाराज रहे हैं कि उन्होंने चुनाव में उनका बहुत पैसा खर्च करवा दिया । लोगों को लगता है कि बीएम सिंह दरअसल लायन राजनीति के ताने-बाने में अपने आप को फिट नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए वह अलग-थलग से दिखाई पड़ते हैं । ऐसे में, अनिल जायसवाल के लिए उनके भरोसे अपनी उम्मीदवारी को कामयाब बनाना/बनवाना आसान नहीं होगा । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में किसका पलड़ा भारी रहेगा, इस बारे में अभी से तो कुछ नहीं कहा जा सकता है - क्योंकि सारा खेल इस बात पर निर्भर होगा कि कौन उम्मीदवार अपने अभियान को कितनी दमदारी से संयोजित करता है; लेकिन बीएम सिंह के उम्मीदवार के रूप में खुद को प्रमोट करने की अनिल जायसवाल की कोशिशों के चलते डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति का खेल दिलचस्प जरूर हो उठा है ।