Showing posts with label 2nd VICE DISTRICT GOVERNOR ELECTION. Show all posts
Showing posts with label 2nd VICE DISTRICT GOVERNOR ELECTION. Show all posts

Saturday, August 22, 2020

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए चुनाव में जगदीश अग्रवाल की पराजय से बौखलाए नेताओं ने 'खंबा नोचते हुए' आदर्श अग्रवाल के सहारे गुरनाम सिंह से निपटने की तैयारी शुरू तो कर दी है, लेकिन अपनी सफलता को लेकर वह सशंकित भी हैं  

लखनऊ । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की लड़ाई हारे नेताओं ने अब आदर्श अग्रवाल के सहारे सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में वरिष्ठ पूर्व गवर्नर गुरनाम सिंह को घेरने/हराने की तैयारी तो शुरू की है, लेकिन उनके लिए आदर्श अग्रवाल पर भरोसा करना भी मुश्किल हो रहा है । डिस्ट्रिक्ट के दो पूर्व गवर्नर्स के बीच एक-दूसरे के खिलाफ और एक-दूसरे के परिजनों को निशाना बनाते हुए जिस तरह के अशालीन व अभद्र शब्दों का आदान-प्रदान हुआ है, उसके कारण डिस्ट्रिक्ट के नेताओं के बीच की राजनीतिक होड़ एक अलग ही 'रास्ता' पकड़ती दिख रही है, जिसका डिस्ट्रिक्ट के राजनीतिक समीकरणों पर सीधा असर पड़ता दिख रहा है - और जिसमें गुरनाम सिंह विरोधी खेमे को नुकसान पहुँचता लग रहा है । दरअसल इसीलिए गुरनाम सिंह से लड़ने की तैयारी करने वाले नेताओं को लग रहा है कि उन्होंने आनन-फानन में आदर्श अग्रवाल को उम्मीदवार बनाने का फैसला तो कर लिया है, लेकिन कहीं ऐसा न हो कि जैसे जगदीश अग्रवाल के मामले में उन्हें फजीहत झेलना पड़ी है - वैसा ही हाल आदर्श अग्रवाल को लेकर भी हो । 
मजे की बात यह है कि आदर्श अग्रवाल के नजदीकियों को भी लग रहा है कि गुरनाम सिंह से खुन्नस निकालने के लिए विरोधी नेताओं ने आदर्श अग्रवाल को उम्मीदवार तो बना दिया है, लेकिन आदर्श अग्रवाल का हाल कहीं जगदीश अग्रवाल जैसा ही न हो ? आदर्श अग्रवाल के नजदीकियों को यह तो पता ही है कि जगदीश अग्रवाल को फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनवाने/बनवाने के लिए उनके समर्थक नेताओं ने एड़ी-चोटी का जोर लगा लिया था, और चुनाव जीतने के लिए वह जो कुछ भी कर सकते थे - वह उन्होंने किया था, लेकिन फिर भी वह जगदीश अग्रवाल को चुनाव नहीं जितवा सके । राजनीति 'समझने' वाले लोगों का मानना और कहना है कि जगदीश अग्रवाल को लेकर डिस्ट्रिक्ट में जो राजनीति हुई, उसके कारण मामला 'जगदीश अग्रवाल बनाम गुरनाम सिंह' हो गया - और इसलिए तमाम तैयारी और राजनीतिक घेराबंदी के बावजूद जगदीश अग्रवाल चुनाव हार गए । आदर्श अग्रवाल के मामले में भी यही होता नजर आ रहा है । आदर्श अग्रवाल अभी 'ढंग से' उम्मीदवार बने भी नहीं हैं कि डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच यह धारणा - यह सोच बन गई है कि उन्हें तो गुरनाम सिंह को नीचा दिखाने के लिए उम्मीदवार बनाया गया है - उनके समर्थक नेताओं को उन्हें यदि सचमुच (सेकेंड वाइस) डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनाना/बनवाना होता तो वह पहले से उन्हें उम्मीदवार बनाते ।
उल्लेखनीय है कि आदर्श अग्रवाल का नाम उम्मीदवार के रूप में अभी दो-तीन दिन से तब सुनने को मिला, जब उन्हें उम्मीदवार 'बनाने' वाले नेताओं को जगदीश अग्रवाल के मामले में तगड़ा झटका लगा । उससे पहले, यही नेता मानते और कहते रहे थे कि इस वर्ष सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पर जो तेजेंद्रपाल सिंह का अधिकार है । खास बात यह थी कि जो नेता लोग अलग-अलग कारणों से तेजेंद्रपाल सिंह की उम्मीदवारी से खुश नहीं भी थे, वह भी वह मानते और कहते थे कि तेजेंद्रपाल सिंह के सामने किसी और उम्मीदवार को खड़ा करना मुश्किल क्या, असंभव ही है । इसीलिए न तो अन्य कोई उम्मीदवार आता हुआ 'दिख' रहा था, और न नेता लोग किसी उम्मीदवार को 'लाने' में सक्रियता दिखा रहे थे । वह तो फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए दोबारा हुए चुनाव में जगदीश अग्रवाल की पराजय होने के बाद, हारे हुए नेताओं ने 'खंबा नोचते हुए' अपना जो फ्रस्टेशन 'दिखाया - और जिसमें दो पूर्व गवर्नर्स एक-दूसरे के लिए तथा एक-दूसरे के परिजनों के लिए सड़कछाप किस्म की छींटाकशी करते हुए भिड़ बैठे; उसके कारण बने हालात में आदर्श अग्रवाल की उम्मीदवारी प्रकट हो गई । अक्सर देखा गया है कि जल्दबाजी में लिए गए फैसले प्रायः उलटे पड़ जाते हैं, और इसीलिए आदर्श अग्रवाल की उम्मीदवारी के साथ 'माने/समझे' जा रहे नेताओं को ही लगने लगा है कि मौजूदा लायन वर्ष में कहीं उन्हें दूसरी बार हार और फजीहत का सामना न करना पड़ जाए ।

Friday, August 21, 2020

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में पंकज बिजल्वान को भारी पराजय के साथ-साथ फजीहत का भी शिकार बनाने के जिम्मेदार रहे छुटभैय्यों ने इस वर्ष भी उनकी 'मदद' करने के लिए कमर कस ली है, लेकिन पंकज बिजल्वान उनसे बच रहे हैं

देहरादून । पंकज बिजल्वान इन दिनों उन छुटभैय्यों से बड़े दुखी/परेशान हैं, जो पिछले लायन वर्ष में उन्हें विनय मित्तल से लड़ने/भिड़ने के लिए उकसा/भड़का रहे थे और तथाकथित तरीके से उनकी मदद भी कर रहे थे, लेकिन अब उन पर विनय मित्तल से मिलने के लिए दबाव बना रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट के छुटभैय्यों के बीच इस बात को लेकर मजेदार किस्म की होड़ भी मची सुनी जा रही है कि पंकज बिजल्वान को विनय मित्तल के पास कौन ले जाता है, और कौन विनय मित्तल से उनकी 'सेटिंग' करा देता है । छुटभैय्यों के बीच मची इस होड़ से पंकज बिजल्वान परेशान और दुखी इसलिए हैं, क्योंकि उन्हें इनकी औकात पता है । पता क्या है, पिछले लायन वर्ष में तो पंकज बिजल्वान सीधे-सीधे भुक्तभोगी ही रहे हैं ! दरअसल, छुटभैय्यों के चक्कर में पिछले वर्ष पंकज बिजल्वान 100 वोटों से हारे भी और फजीहत का शिकार भी बने । चुनावी मुकाबले में हार-जीत का बहुत 'मतलब' नहीं होता है, क्योंकि सभी जानते हैं कि मुकाबले में जीतेगा तो कोई एक ही; मतलब इस बात का होता है कि मुकाबले में आपने भाग कैसे लिया - अपनी जीत और या अपनी हार को आपने कैसे लिया ? 'जीत की हार' या 'हार की जीत' जैसे मुहावरे इसीलिए बने हैं और सुनाए जाते हैं ।
पंकज बिजल्वान की बदकिस्मती रही कि वह चुनाव तो बुरी तरह हारे ही, उनके समर्थकों ने डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस तथा उससे पहले सोशल मीडिया में जो गंद मचाई - उसके चलते उन्हें डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच फजीहत का शिकार भी होना पड़ा । पंकज बिजल्वान के नजदीकियों का दावा है कि पंकज बिजल्वान किसी भी 'गंद-फैलाऊ' हरकत में न तो शामिल थे, और न उन्होंने किसी हरकत को कोई शह दी; डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में भी जो कुछ हुआ, पंकज बिजल्वान उस-सबसे अलग रहे थे । उनके नजदीकियों का तो यहाँ तक कहना है कि पंकज बिजल्वान ने विरोधी खेमे के नेताओं को लेकर कभी कोई अपशब्द तक नहीं कहा । लेकिन फिर भी, उनके समर्थकों की करतूतों का ठीकरा उनके ही सिर फूटा । यह बहुत स्वाभाविक भी था । पंकज बिजल्वान के चुनाव अभियान की कमान ऐसे छुटभैय्यों के हाथ में थी, जिनकी एकमात्र खूबी बकवास करने की थी । इन छुटभैय्यों ने पंकज बिजल्वान को विश्वास दिलाया हुआ था कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का चुनाव तो बकवासबाजी व गालीगलौच करके जीता जा सकता है । लेकिन सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए जब नतीजा निकला, तो पता चला कि पंकज बिजल्वान को भारी पराजय के साथ-साथ फजीहत भी मिली ।
इससे सबक लेकर पंकज बिजल्वान ने इस वर्ष सावधानी से अपना काम शुरू किया । हालाँकि सावधानी के चक्कर में वह सीन से गायब होते हुए भी लगे; लेकिन जैसा कि उनके नजदीकियों का कहना है कि इस बार वह किसी भी तरह की गंदगी के वाहक नहीं बनना चाहते हैं - इसलिए वह सावधानी के साथ ही अपनी उम्मीदवारी को लेकर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं । दरअसल पंकज बिजल्वान भी समझ रहे हैं कि इस बार भी वह यदि चुनाव हारे, तो फिर उनका गवर्नर बनने का सपना, सपना ही रह जायेगा - इसलिए इस वर्ष उनके लिए आखिरी मौका है । नजदीकियों के अनुसार, पंकज बिजल्वान हालाँकि अपनी उम्मीदवारी को लेकर तैयारी कर रहे हैं; उन्हें लग रहा है कि डिस्ट्रिक्ट में चुनावी राजनीति को लेकर कोई ऐसा माहौल जरूर बनेगा, जिसमें उनकी चुनावी नाव पार लग जायेगी - लेकिन हालात यदि अनुकूल नहीं बने, तो पंकज बिजल्वान इस वर्ष अपनी उम्मीदवारी से पीछे भी हट सकते हैं । पंकज बिजल्वान के नजदीकियों को लग रहा है कि पंकज बिजल्वान इस वर्ष दो बातों को लेकर स्पष्ट हैं - एक तो यह कि चुनाव में गंदगी करने वाले लोगों से वह दूर रहेंगे; और दूसरा यह कि यदि उन्हें जीतने का विश्वास नहीं होगा, तो वह चुनाव नहीं लड़ेंगे । पंकज बिजल्वान लेकिन चाहें जो सोच रहे हों, पिछले वर्ष उनकी हार तथा उनकी फजीहत के 'कारण' बने छुटभैय्ये इस वर्ष भी उनकी 'मदद' करने की तैयारियों में जुटे हैं; और मदद के नाम पर पंकज बिजल्वान को विनय मित्तल से मिलवाने के ऑफर दे रहे हैं । पंकज बिजल्वान अभी तक तो अपने सहयोगी रहे छुटभैय्यों से बच रहे हैं, लेकिन देखना दिलचस्प होगा कि वह उनसे सचमुच बच पाते हैं - या एक बार फिर उनके झाँसे में फँसेंगे ? 

Monday, April 8, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन की डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में ऑब्जर्वर की माँग के साथ नियमानुसार पैसे जमा करवाने से बचने की जगदीश अग्रवाल की कोशिश से लग रहा है जैसे कि उन्होंने मान लिया है कि वह एक हारी हुई लड़ाई लड़ रहे हैं, जिसमें उन्हें कुछ भी हासिल नहीं होना है

लखनऊ । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार जगदीश अग्रवाल की तरफ से ऑब्जर्वर की माँग तो कर दी गई है, उनकी माँग स्वीकार भी कर ली गई है - लेकिन इस माँग को व्यावहारिक रूप देने के लिए नियमानुसार जो पैसा जमा कराना होता है, जगदीश अग्रवाल अभी उससे बचने की कोशिश कर रहे हैं । इस बात से तथा इसी तरह के अन्य कुछेक उदाहरणों से जगदीश अग्रवाल के नजदीकियों को ही लग रहा है कि जगदीश अग्रवाल ने चुनाव में अपनी हार जैसे स्वीकार कर ली है, और वह संभल संभल कर पैसा खर्च कर रहे हैं । जगदीश अग्रवाल के समर्थक नेता हालाँकि उनमें जोश भरने का भरसक प्रयास कर रहे हैं, और उन्हें आश्वस्त कर रहे हैं कि 'लड़ाई' को चाहें किसी भी 'स्तर' पर ले जाना पड़े, वह लड़ेंगे और बीएम श्रीवास्तव को किसी भी कीमत पर जीतने नहीं देंगे । इस तरह के आश्वासनों से जगदीश अग्रवाल में कुछ समय के लिए जोश तो पैदा होता है, लेकिन फिर जल्दी ही उनके जोश की हवा निकल जाती है । दरअसल जगदीश अग्रवाल के समर्थक नेताओं ने अपनी खुन्नसबाजी में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनावी मुकाबले को उस 'स्थिति' में पहुँचा दिया है, जहाँ 'कोई नहीं जीतेगा' जैसे हालात बनेंगे । ऐसे में, जगदीश अग्रवाल को लगने लगा है कि जब वह जीतेंगे ही नहीं, तो फालतू में पैसा खर्च करने की जरूरत क्या है ? हालत यह हो गई है कि चुनाव अभियान से जुड़े दूसरे कई खर्चों में कटौती करने के साथ-साथ जगदीश अग्रवाल ने ऑब्जर्वर की माँग को व्यावहारिक रूप से पूरा करवाने के लिए दी जाने वाली रकम तक भी रोक ली है ।
उल्लेखनीय है कि लायंस इंटरनेशनल के नियमानुसार, सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का कोई उम्मीदवार चुनावी प्रक्रिया को लेकर यदि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की भूमिका पर संदेह करता है, तो वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की भूमिका को नियंत्रित करने के लिए लायंस इंटरनेशनल से ऑब्जर्वर नियुक्त करने की माँग कर सकता है । ऑब्जर्वर नियुक्त करने की माँग करते हुए उसे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कार्यालय में एक हजार अमेरिकी डॉलर जमा करवाने होते हैं, जिससे ऑब्जर्वर के खर्चे पूरे किए जाते हैं । जगदीश अग्रवाल की तरफ से ऑब्जर्वर की माँग करते समय तो पैसे जमा नहीं ही करवाए गए, माँग स्वीकार हो जाने पर उन्होंने पैसे जमा करवाने की सुध नहीं ली और वह पैसा जमा करवाने से बचते हुए दिख रहे हैं । उनके नजदीकियों का कहना है कि जगदीश अग्रवाल अभी अपनी उम्मीदवारी को मंजूर किए जाने को लेकर चूँकि आश्वस्त नहीं हैं, इसलिए वह ऑब्जर्वर का पैसा जमा करवाने से बच रहे हैं; नजदीकियों के अनुसार ही, जगदीश अग्रवाल का सोचना/मानना/कहना है कि यदि उनकी उम्मीदवारी ही रिजेक्ट हो गई, तब फिर ऑब्जर्वर के आने या न आने का उनके लिए कोई मतलब ही नहीं रह जायेगा; और तब उनके द्वारा जमा करवाया गया पैसा बेकार ही चला जायेगा । जगदीश अग्रवाल के इस तर्क में दम तो है; लेकिन उनका यह तर्क यह भी जता/दिखा रहा है कि अपनी उम्मीदवारी को लेकर वह सशंकित बने हुए हैं । वास्तव में, जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी पर शुरू हुए विवाद के बाद जगदीश अग्रवाल के समर्थकों ने जो बबाल मचाया है, उसने जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी की जीत संभावनाओं पर कई तरह से प्रतिकूल असर डाला है - और जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी को चौतरफा मुश्किलों ने घेर लिया है ।
जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी के पेपर्स पर जो विवाद हुआ है, उससे एक बात तो लोगों के सामने साबित हो ही गई है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की इच्छा रखने वाले जगदीश अग्रवाल और उनका समर्थन करने वाले पूर्व गवर्नर्स नेता जब उम्मीदवारी के पेपर्स भी नियमानुसार तैयार करने/करवाने की काबिलियत नहीं रखते हैं, तो गवर्नर बन कर यह कैसे कैसे गुल खिलायेंगे ? जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी के आधे-अधूरे पेपर्स रिजेक्ट होने से बचाने के लिए जगदीश अग्रवाल के समर्थक नेताओं ने कोर्ट-कचहरी करने की बात करके दबाव बनाने कजो प्रयास किया, उसका भी उल्टा असर होता दिख रहा है । बीएम श्रीवास्तव के समर्थकों की तरफ से भी सुना जा रहा है कि दबाव डाल कर जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी के पेपर्स यदि स्वीकार करवा लिए गए, तो कोर्ट-कचहरी का रास्ता तो उन्हें भी पता है । इस तरह की बातों से लग रहा है कि जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी यदि मंजूर हो जाती है, और किसी तरह की जुगाड़बाजी से जगदीश अग्रवाल चुनाव यदि जीत जाते हैं, तब फिर बीएम श्रीवास्तव कोर्ट-कचहरी जा कर जगदीश अग्रवाल की जीत को निरस्त करवा देंगे । जगदीश अग्रवाल के लिए मुसीबत की बात यह हो गई है कि उनके समर्थक नेताओं ने उनकी उम्मीदवारी बचाने के लिए जो 'छड़ी' उठाई थी; बीएम श्रीवास्तव और उनके समर्थकों ने उसी 'छड़ी' को जगदीश अग्रवाल पर तान दिया है । ऐसा लगता है कि बीएम श्रीवास्तव के समर्थकों ने तय किया है कि वह जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी के मंजूर होने या न होने के पचड़े में अभी नहीं पड़ेंगे और चाहेंगे कि जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी मंजूर हो जाए; उसके बाद दो बातें हो सकती हैं : एक यह कि बीएम श्रीवास्तव चुनाव जीत जाएँ; यदि ऐसा हुआ, तब तो कोई बात ही नहीं है; दूसरी संभावना के अनुसार, लेकिन यदि जगदीश अग्रवाल चुनाव जीत जाते हैं, तब बीएम श्रीवास्तव कोर्ट-कचहरी का रास्ता पकड़ेंगे और जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी की योग्यता को ही चुनौती देंगे और इस तरह जगदीश अग्रवाल की चुनावी जीत निरस्त ही हो जायेगी । यानि हालात-ए-सूरत चाहें जो हो जगदीश अग्रवाल को दोनों ही स्थितियों में घाटा ही घाटा होना है । दरअसल, इसीलिए जगदीश अग्रवाल को लगने लगा है कि वह एक हारी हुई लड़ाई लड़ रहे हैं, जिसमें उन्हें कुछ भी हासिल नहीं होना है । इसीलिए उन्होंने उम्मीदवार के रूप में पैसे खर्च करने में 'सोचना' शुरू कर दिया है । ऑब्जर्वर की माँग के साथ नियमानुसार पैसे जमा करवाने से बचने की उनकी कोशिश ने लेकिन दिलचस्प स्थिति पैदा कर दी है ।

Thursday, March 21, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में सुनीता बंसल की उम्मीदवारी की बागडोर संभालने को लेकर उनके समर्थक नेताओं के बीच मचे झगड़े ने श्याम बिहारी अग्रवाल की स्थिति को बेहतर बनाया

आगरा । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए सुनीता बंसल की उम्मीदवारी को मिल रहे समर्थन को 'दिखलाने' के उद्देश्य से हुए होली मिलन समारोह में जुटे लोगों को देख/जान कर श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के समर्थक डिस्ट्रिक्ट के सत्ता खेमे के लोगों ने राहत की साँस ली है । दरअसल डिस्ट्रिक्ट के सत्ता खेमे के नेताओं ने जब से श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का झंडा उठाया है, तब ही से विरोधी खेमे के नेताओं ने डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच यह हवा बनाने की कोशिश की है कि सत्ता खेमे के कई नेता श्याम बिहारी अग्रवाल को उम्मीदवार बनाये जाने से खुश नहीं हैं और श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी को लेकर सत्ता खेमे में फूट पड़ गई है । यह हवा बनाने के लिए विरोधी खेमे के नेताओं ने तर्क दिया कि सत्ता खेमे के जो नेता पिछली बार श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का विरोध कर रहे थे, उन्होंने अचानक से इस बार जिस तरह से श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का झंडा उठा लिया है - उसे देख कर उन नेताओं के संगी-साथी ही खफा हैं, और इससे सत्ता खेमे की राजनीतिक ताकत कमजोर हुई है । सत्ता खेमे की राजनीतिक ताकत कमजोर हुई है या नहीं, यह तो निश्चित रूप से अभी नहीं पता है; लेकिन सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के लिए हुए आयोजन से यह जरूर पता चल गया है कि विरोधी खेमे को उसका कोई लाभ मिलता हुआ नहीं दिख रहा है । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थन में कमोवेश वही लोग दिख रहे हैं, जो पिछले वर्ष श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के समर्थन में थे । ऐसे में लोगों को कहने का मौका मिला है कि 'वह लोग' पिछले वर्ष जब श्याम बिहारी अग्रवाल को नहीं जितवा सके थे, तब फिर वह इस वर्ष सुनीता बंसल को भला कैसे चुनाव जितवा सकेंगे ?
मजे की बात यह हुई है कि विरोधी खेमे के नेता जिस तर्क से सत्ता खेमे के नेताओं को 'लपेटने' की कोशिश कर रहे हैं, वह तर्क पलट कर खुद उनके लिए ही मुसीबत बन गया है । डिस्ट्रिक्ट में लोगों का कहना/पूछना है कि विरोधी खेमे के जो नेता पिछले वर्ष श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का समर्थन कर रहे थे, उन्हें तो यह देख/जान कर खुश होना चाहिए कि 'उनके' श्याम बिहारी अग्रवाल को अब पिछले वर्ष विरोधी रहे लोगों ने भी स्वीकार कर लिया है - और इस तरह 'उनके' श्याम बिहारी अग्रवाल के लिए तो इस वर्ष निर्विरोध सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुने जाने की स्थितियाँ बनी हैं । इस स्थिति पर खुश होने की बजाये 'समर्थक' रहे विरोधी खेमे के नेता जिस तरह से श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के विरोधी बन गए हैं, उससे वास्तव में वह यही साबित कर रहे हैं कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की चुनावी राजनीति में उन्हें उम्मीदवार से कोई लगाव नहीं है, वह तो बस उम्मीदवार को इस्तेमाल करते हुए अपनी राजनीति करना चाहते हैं । पिछले वर्ष उन्होंने उम्मीदवार के रूप में श्याम बिहारी अग्रवाल को इस्तेमाल किया, इस बार वह सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के सहारे विरोध की अपनी राजनीति दिखा रहे हैं । विरोधी खेमे के नेता पिछले वर्ष भी सत्ता खेमे के नेताओं की तथाकथित फूट के तथा श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के समर्थन में होने वाले आयोजनों में जुटे लोगों के आधार पर अपनी स्थिति मजबूत देखा/बताया करते थे, और इस बार सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के मामले में भी उनका वैसा ही रंग-ढंग है । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के पक्ष में पिछले दिनों हुए होली मिलन में यही नजारा देखने को मिला कि वहाँ या तो ऐसे लोग थे, जो प्रायः हर आयोजन में होते हैं और या फिर वह लोग थे जो पिछली बार श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के साथ थे - लेकिन जो श्याम बिहारी अग्रवाल को चुनाव जितवा नहीं सके थे ।
सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं में से ही कुछेक का मानना/कहना है कि सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के मामले में सबसे बड़ी समस्या यह है कि डिस्ट्रिक्ट में उनकी कोई सक्रियता नहीं रही है, जिसके चलते न तो डिस्ट्रिक्ट के लोग उन्हें जानते/पहचानते हैं, और न वह ही डिस्ट्रिक्ट के लोगों को जानती/पहचानती हैं । सुनीता बंसल की चूँकि अपने क्लब के कार्यक्रमों में भी कोई खास भागीदारी नहीं रही/दिखी है; मौजूदा लायन वर्ष में क्लब के जो महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम हुए, उनमें सुनीता बंसल की कोई खास सक्रियता न दिखी, न रही - इसलिए उनकी उम्मीदवारी को लेकर क्लब के लोगों तथा पदाधिकारियों के बीच कोई उत्साह नहीं नजर आ रहा है, जिसका खामियाजा उनकी उम्मीदवारी को झेलना पड़ रहा है । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक बने विरोधी खेमे के नेताओं के बीच के आपसी 'झगड़े' भी सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के लिए मुसीबत बने हुए हैं; दरअसल विरोधी खेमे के नेताओं के बीच सुनीता बंसल की उम्मीदवारी की बागडोर संभालने को लेकर जो होड़ मची है, उससे भी सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के सामने सबसे बड़ी समस्या खड़ी हो रही है । दूसरी तरफ सत्ता खेमे में श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी को स्वीकार करने को लेकर शुरू में जो हिचक और असमंजस दिख रहा था, वह काफी हद तक दूर होता नजर आ रहा है । विरोधी खेमे के नेताओं के बीच बनी/फैली असमंजसता और बिखराव की स्थिति ने भी श्याम बिहारी अग्रवाल की चुनावी स्थिति को बेहतर बनाया है ।

Friday, March 1, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में श्याम बिहारी अग्रवाल को 'गोद' लेने व आगरा पर थोपने तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में बीके गुप्ता के कार्य-व्यवहार से नाराज लोगों के निशाने पर जितेंद्र चौहान के आने से श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के लिए मुसीबत बढ़ी

आगरा । जितेंद्र चौहान और उनके साथी अन्य पूर्व गवर्नर्स पिछले लायन वर्ष में जिन श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का विरोध कर रहे थे - और सिर्फ विरोध ही नहीं कर रहे थे, बल्कि तरह तरह के आरोपों के साथ बदनाम और लांछित भी कर रहे थे; इस वर्ष उन्होंने उन्हीं श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का झंडा उठा लिया है । इसे लेकर डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच - खासतौर से जितेंद्र चौहान के नजदीकियों व शुभचिंतकों के बीच खासी नाराजगी दिख रही है । उनका कहना/पूछना है कि जो जितेंद्र चौहान पिछले वर्ष श्याम बिहारी अग्रवाल के कुछेक 'कार्यक्रमों' का हवाला देकर उनके लायन सदस्य बने रहने पर भी सवाल उठा रहे थे, इस वर्ष वह उन्हीं श्याम बिहारी अग्रवाल को (सेकेंड वाइस) डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनवाने की बात किस मुँह से करेंगे ? लोगों के बीच आरोपपूर्ण चर्चाओं में कहा/सुना जा रहा है कि इस शीर्षासनी बदलाव में पैसों के लेनदेन की बड़ी और निर्णायक भूमिका है । इस भूमिका के चलते एक बड़ा काम लायंस क्लब आगरा रॉयल के फिर से 'जी' उठने का हुआ है । उल्लेखनीय है कि ड्यूज जमा न होने के कारण लायंस इंटरनेशनल ने इस क्लब को 'मरणासन्न' सूची में डाल दिया था; लेकिन जितेंद्र चौहान और श्याम बिहारी अग्रवाल के बीच हुई 'सौदेबाजी' में इस क्लब के बकाया करीब 700 अमेरिकी डॉलर के डयूज जमा हुए और यह क्लब फिर से जी उठा । महत्त्वपूर्ण बात यह है कि इस क्लब के मुखिया राजीव मोहन सक्सेना, जितेंद्र चौहान के बड़े खास लोगों में देखे/पहचाने जाते हैं । पहले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर और फिर मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के रूप में जितेंद्र चौहान ने अपना कामकाज राजीव मोहन सक्सेना के ऑफिस से ही चलाया था । श्याम बिहारी अग्रवाल ने इस क्लब को नया जीवन तो दिया ही है, साथ ही साथ इस क्लब की सदस्यता भी ले ली है ।
इसके चलते श्याम बिहारी अग्रवाल आगरा के उम्मीदवार बन जाने का दावा कर रहे हैं । उनके इस दावे पर लेकिन आगरा के कई लोग भड़के हुए हैं । उनका कहना/पूछना है कि जितेंद्र चौहान को अपनी राजनीति चलाने के लिए आगरा में कोई उम्मीदवार नहीं मिला क्या - जो उन्होंने श्याम बिहारी अग्रवाल को आगरा के सिर पर थोप दिया है । जितेंद्र चौहान के नजदीकी इस बात का बड़ा तर्कपूर्ण जबाव देते हुए बताते हैं कि जितेंद्र चौहान ने पहले कपिल अग्रवाल और फिर सतीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाने की कोशिश की तो थी; लेकिन जितेंद्र चौहान की डिमांड्स के सामने दोनों ही नहीं टिक पाए - जितेंद्र चौहान तब श्याम बिहारी अग्रवाल को 'गोद' लेने के लिए मजबूर हुए । जितेंद्र चौहान भले ही किसी सौदेबाजी में श्याम बिहारी अग्रवाल को 'गोद' लेने के लिए मजबूर हुए हों और श्याम बिहारी अग्रवाल को भी भले ही लग रहा हो कि जितेंद्र चौहान का समर्थन मिल जाने से सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उनकी दावेदारी मजबूत हो गई है - लेकिन जितेंद्र चौहान और श्याम बिहारी अग्रवाल के बीच बने इस गठजोड़ को लेकर लोगों के बीच जिस तरह की नाराजगी देखने/सुनने को मिल रही है, उससे संकेत लग रहा है कि दोनों के लिए आगे का रास्ता आसान नहीं होगा । दरअसल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में बीके गुप्ता के कार्य-व्यवहार से नाराज लोगों का निशाना भी जितेंद्र चौहान को बनना पड़ रहा है । लोगों का कहना है कि जितेंद्र चौहान अपने स्वार्थ में ऐसे लोगों को गवर्नर बनवा देते हैं, जो किसी काम के साबित नहीं होते हैं और सिर्फ कठपुतली बने रहते हैं । जितेंद्र चौहान और बीके गुप्ता के प्रति पैदा होने वाली यह नाराजगी श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के लिए मुसीबत का कारण बन सकती है । देखना दिलचस्प होगा कि जितेंद्र चौहान अपने आपको और श्याम बिहारी अग्रवाल को लोगों की नाराजगी से पैदा होने वाली मुसीबत से बचाने के लिए क्या और कैसे करतब पेश करते हैं । 

Friday, February 15, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन में पिछले तीन वर्षों में अपने पुराने संगी/साथियों को धोखा देने और बार-बार पाले बदलने के राजेश गुप्ता के रवैये के कारण सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए राजेश गुप्ता की उम्मीदवारी के बने रहने को लेकर लोगों का विश्वास ही नहीं बन पा रहा है

देहरादून । राजेश गुप्ता ने अपने आपको 'वादाखिलाफी' का शिकार बता कर लोगों की सहानुभूति पाने तथा कुछेक जगह लायन सदस्यों को गिफ्ट देकर समर्थन/वोट पाने की जो कोशिश की है, उसका उन्हें कोई सार्थक और अनुकूल नतीजे मिलने के संकेत मिलते नहीं दिखे हैं । राजेश गुप्ता के लिए बदकिस्मती की बात यह हो रही है कि डिस्ट्रिक्ट के जो लोग उनके समर्थक हो भी सकते हैं, उन्हें भी यह विश्वास नहीं हो रहा है कि राजेश गुप्ता अंततः उम्मीदवार बने रहेंगे । उनके संभावित समर्थकों का ही मानना और कहना है कि राजेश गुप्ता चुनाव का दिन आते आते कभी भी पलटी मार कर मुकेश गोयल के 'साथ' जा सकते हैं । दरअसल राजेश गुप्ता ने पिछले तीन वर्षों में इतनी बार पाले बदले हैं, कि कोई भी उन पर विश्वास करने के लिए तैयार नहीं है । उल्लेखनीय है कि राजेश गुप्ता पिछले कई वर्षों से मुकेश गोयल के साथ रहे हैं, लेकिन तीन वर्ष पहले सभी को हैरान करते हुए उन्होंने अपनी पत्नी रेखा गुप्ता को मुकेश गोयल के उम्मीदवार विनय मित्तल के खिलाफ उम्मीदवार बना दिया । रेखा गुप्ता बुरी तरह चुनाव हारीं, तो राजेश गुप्ता ने एक बार फिर पलटी मारी और मुकेश गोयल के साथ आ गए थे । मुकेश गोयल के भरोसे पिछले वर्ष राजेश गुप्ता सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार हो गए, लेकिन जब उन्हें लगा कि अश्वनी काम्बोज से चुनाव लड़ना उनके बस की बात नहीं है और वह चुनाव हार जायेंगे, तब उन्होंने अपनी उम्मीदवारी का समर्पण कर देने में ही अपनी भलाई देखी । अब राजेश गुप्ता का रोना यह है कि पिछले वर्ष मुकेश गोयल, विनय मित्तल, संजीवा अग्रवाल व अश्वनी काम्बोज ने अगले वर्ष (यानि इस वर्ष) उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करने का वायदा किया था । उन्होंने इसका 'सुबूत' भी दिखाया है । किंतु सवाल तो यह है कि राजेश गुप्ता जब एक उम्मीदवार के रूप में सक्रिय ही नहीं थे - तब मुकेश गोयल, विनय मित्तल, संजीवा अग्रवाल व अश्वनी काम्बोज उनका समर्थन करके अपना वायदा कैसे निभाते ?    
राजेश गुप्ता ने अपने एक वाट्सऐप मैसेज में उक्त वायदे का सुबूत देते हुए पिछले सात/आठ महीने लोगों से और डिस्ट्रिक्ट की गतिविधियों से दूर रहने की बात भी स्वीकार की है । ऐसे में 'वादाखिलाफी' की बात बेमानी हो जाती है । राजेश गुप्ता क्या यह उम्मीद कर रहे थे कि वह खुद तो डिस्ट्रिक्ट की गतिविधियों और डिस्ट्रिक्ट के लोगों से दूर रहेंगे - और मुकेश गोयल, विनय मित्तल, संजीवा अग्रवाल व अश्वनी काम्बोज उनकी उम्मीदवारी के लिए माहौल बनायेंगे ? गौरतलब है कि गौरव गर्ग की उम्मीदवारी की आहट नबंवर माह में सुनाई दी थी; राजेश गुप्ता यदि एक उम्मीदवार के रूप में डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच पहले से सक्रिय रहते तो बहुत संभव था कि गौरव गर्ग उम्मीदवार बनने का साहस न कर पाते । इसके बाद भी, मुकेश गोयल तो अभी करीब एक महीने पहले तक राजेश गुप्ता को उम्मीदवार बनने के लिए राजी करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन राजेश गुप्ता ने ही उन्हें साफ इंकार कर दिया था । इन तथ्यों को देखते हुए राजेश गुप्ता का 'वादाखिलाफी' का रोना लोगों को नाटक ही लगता है । राजेश गुप्ता का कहना है कि एक महीने पहले मुकेश गोयल के लाख कहने पर भी वह उम्मीदवार बनने के लिए इसलिए राजी नहीं हुए थे, क्योंकि विनय मित्तल और संजीवा अग्रवाल उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करने को तैयार नहीं थे । कोई इस भले आदमी से पूछे कि विनय मित्तल और संजीवा अग्रवाल तो अभी भी इनकी उम्मीदवारी का समर्थन नहीं कर रहे हैं, तो अब यह क्यों उम्मीदवार बन गए हैं ? इस तरह, राजेश गुप्ता ने तीन वर्षों में पाँचवीं पलटी मारी और मुकेश गोयल खेमे के उम्मीदवार के खिलाफ एक बार फिर उम्मीदवार हो गए हैं ।
राजेश गुप्ता ने अपने एक वाट्सऐप मैसेज में एक बड़ा जेनुइन सवाल उठाया है; और वह सवाल यह कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद पर क्या मध्यम वर्ग के किसी व्यक्ति का अधिकार नहीं है ? और क्या मुझे आगे बढ़ने का अधिकार नहीं है ? राजेश गुप्ता यह सवाल दूसरों से करने की बजाये खुद अपने आपसे करेंगे और ईमानदारी से जबाव सोचेंगे तो जबाव पा लेंगे । लायन राजनीति में - खुद डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन की राजनीति में ज्यादातर मध्यम वर्ग के व्यक्ति ही गवर्नर बने हैं; इस वर्ष भी मध्यम वर्ग का व्यक्ति ही गवर्नर बनेगा; लेकिन ऐसा व्यक्ति इस वर्ष क्या - कभी भी गवर्नर नहीं बन सकेगा, जो शुरू के महीनों में तो सोता रहे और डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच नजर न आये तथा डिस्ट्रिक्ट की गतिविधियों में शामिल न हो, और चुनाव से दो महीने पहले आकर कहे कि मुझे गवर्नर बनाओ ! राजेश गुप्ता को इतनी मामूली सी बात तो समझना ही चाहिए कि ऐसे व्यक्ति के लिए तो गवर्नर पद तक की राह और भी मुश्किल है जो किसी 'चोर गवर्नर' के कहने में आकर अपने पुराने साथियों के साथ ही राजनीतिक धोखाधड़ी करने को तैयार हो जाये और उसके बाद भी पाले बदलता रहे । दरअसल राजेश गुप्ता के इसी 'राजनीतिक करेक्टर' को ध्यान में रखते हुए डिस्ट्रिक्ट में लोगों के बीच राजेश गुप्ता की उम्मीदवारी को गंभीरता से नहीं लिया जा पा रहा है । 'वादाखिलाफी' के नाम पर सहानुभूति जुटाने की राजेश गुप्ता की कोशिश तो फेल हुई ही है; उनके लिए मुसीबत की बात यह बनी है कि कुछेक लोगों को गिफ्ट बाँट कर अपनी उम्मीदवारी को विश्वसनीयता दिलवाने का उन्होंने जो प्रयास किया, उसका भी कोई असर पड़ता हुआ नहीं दिख रहा है । हर किसी को लग रहा है कि उम्मीदवार के नाम पर खर्च की गई रकम राजेश गुप्ता ने जिस तरह पिछले वर्ष अश्वनी काम्बोज से बसूल ली थी, ऐसे ही इस वर्ष भी अपनी उम्मीदवारी वापस लेकर वह गौरव गर्ग से भी वसूल लेंगे । राजेश गुप्ता की उम्मीदवारी को लेकर आश्वस्त न होने के कारण ही राजेश गुप्ता की उम्मीदवारी के संभावित साथी/समर्थक नेता उनसे दूरी बनाये हुए हैं, जिसके चलते राजेश गुप्ता की उम्मीदवारी की चाल और पस्त पड़ती नजर आ रही है ।

Tuesday, February 12, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह का सहयोग/समर्थन पाने के लिए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार बीएम श्रीवास्तव द्वारा अपने खेमे के केएस लूथरा तथा अन्य नेताओं को तवज्जो न देने की रणनीति बीएम श्रीवास्तव के बने-बनाये 'काम' को बिगाड़ भी सकती है क्या ?

लखनऊ । बीएम श्रीवास्तव के सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए 'अकेले' ही चुनाव अभियान चलाने के फैसले के चलते उन्हें डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच पर्याप्त समर्थन मिलता हुआ नजर नहीं आ रहा है, और इस कारण उनके शुभचिंतकों के बीच ही उनकी उम्मीदवारी की सफलता को लेकर आशंकाएँ पैदा होने लगी हैं । उल्लेखनीय है कि कहने को तो बीएम श्रीवास्तव को केएस लूथरा खेमे के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जाता है, लेकिन बीएम श्रीवास्तव के चुनाव अभियान में केएस लूथरा और या उनके खेमे के नेता लोग दिखाई नहीं देते हैं । बीएम श्रीवास्तव के नजदीकियों का ही कहना/बताना है कि बीएम श्रीवास्तव को दरअसल नेताओं पर भरोसा नहीं है और इसीलिए वह संपर्क अभियान में नेताओं को अपने साथ नहीं रखते हैं और कभी अकेले तो कभी अपने क्लब के कुछेक सदस्यों के साथ ही निकलते हैं । बीएम श्रीवास्तव के कुछेक नजदीकियों को लगता है और उनका कहना भी है कि बीएम श्रीवास्तव ने केएस लूथरा तथा खेमे के दूसरे नेताओं के साथ जो दूरी बनाई और 'दिखाई' हुई है, उसके पीछे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह का हाथ है । खेमेबाजी के लिहाज से बीएम श्रीवास्तव भले ही केएस लूथरा खेमे के उम्मीदवार हों, लेकिन डिस्ट्रिक्ट में उन्हें एके सिंह के उम्मीदवार के रूप में ज्यादा देखा/पहचाना जाता है । डिस्ट्रिक्ट में यह बात भी जगजाहिर है कि एके सिंह और केएस लूथरा 'साथ-साथ' नहीं हैं । बीएम श्रीवास्तव को लगता है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में एके सिंह उनकी उम्मीदवारी को समर्थन दिलवाने के लिए ज्यादा फायदेमंद साबित होंगे, इसलिए उन्होंने केएस लूथरा तथा खेमे के दूसरे नेताओं के साथ दूरी बना ली है - और उसे लोगों को (तथा एके सिंह को भी) 'दिखा' भी रहे हैं । 
बीएम श्रीवास्तव को लगता रहा है कि इस वर्ष डिस्ट्रिक्ट में जो चुनावी परिदृश्य बना है, उसमें केएस लूथरा तथा उनके खेमे के दूसरे नेताओं के पास झक मार कर उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है - इसलिए उनके सामने केएस लूथरा तथा उनके खेमे के दूसरे नेताओं को तवज्जो देने की कोई मजबूरी नहीं है । उनका ऐसा सोचना/मानना सही भी ठहरा है; क्योंकि बीएम श्रीवास्तव की तरफ से उपेक्षा किए जाने के बाद भी केएस लूथरा और उनके खेमे के दूसरे नेता अपने आप को लगातार बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी के साथ ही बता/दिखा रहे हैं । बीएम श्रीवास्तव और केएस लूथरा (तथा उनके खेमे के दूसरे नेताओं) के बीच यह जो दूर/पास का खेल चल रहा है, यह अपने आप में परफेक्ट है तथा इसमें कोई समस्या नहीं है - समस्या की बात लेकिन लोगों के, क्लब्स के प्रमुख सदस्यों के बीच पैदा हुई है । बीएम श्रीवास्तव के संपर्क अभियान में लोग जब केएस लूथरा तथा खेमे के अन्य लोगों को नदारत पाते हैं, तो उनके नजदीकी बीएम श्रीवास्तव के साथ उतने सहज नहीं हो पाते हैं, जितनी सहजता की एक उम्मीदवार के रूप में बीएम श्रीवास्तव को जरूरत है - और यही बात बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी के समर्थन-आधार की जड़ों को खोखला करती महसूस हो रही है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में एके सिंह प्रशासनिक तरीके से तो बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी के लिए मददगार साबित हो सकते हैं, लेकिन राजनीतिक तरीके से चुनावी मदद करने के मामले में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने के नाते उनकी कई सीमाएँ होंगी ।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में एके सिंह ने डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस की तारीख और जगह बीएम श्रीवास्तव को पहले से बता कर होटल के कमरों तथा ट्रेन के टिकटों की बुकिंग के मामले में तो उनकी मदद कर दी है, लेकिन ट्रेन में जाने तथा होटल के कमरों में ठहरने के लिए लोगों को प्रेरित करने का काम कर पाना एके सिंह के लिए उतना आसान नहीं होगा । ऐसे में तो और भी नहीं, जबकि बीएम श्रीवास्तव को ऐसे दो-दो उम्मीदवारों से मुकाबला करना है, जिन्हें अनुभवी नेताओं का हर तरह का सक्रिय सहयोग प्राप्त है । एके सिंह के लिए यह काम कर पाना इसलिए भी चुनौतीपूर्ण व मुश्किल होगा, क्योंकि अभी तक खेमेबाजी के लिहाज से वह उन नेताओं के नजदीकी थे, जो पराग गर्ग और या जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी का झंडा उठाए हुए हैं । केएस लूथरा खेमे के साथ एके सिंह का काफी पुराना बैर रहा है, और पिछले वर्ष हुए चुनाव में एके सिंह ने केएस लूथरा खेमे के उम्मीदवार का विरोध किया था; इस पृष्ठभूमि में एके सिंह के लिए केएस लूथरा खेमे के लोगों के वोट बीएम श्रीवास्तव को दिलवा पाना आसान नहीं होगा । एके सिंह ने केएस लूथरा खेमे से उम्मीदवार बीएम श्रीवास्तव को तो 'छीन' कर अपने साथ कर लिया है, लेकिन खेमे के प्रतिबद्ध समर्थकों व वोटरों को बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी के पक्ष में छीन पाना उनके लिए आसान नहीं होगा । ऐसे में, खुद बीएम श्रीवास्तव के शुभचिंतकों को ही लगने लगा है कि केएस लूथरा और उनके खेमे के नेताओं को 'घर बैठाने' तथा किनारे करने की रणनीति बीएम श्रीवास्तव के बने-बनाये 'काम' को बिगाड़ भी सकती है ।

Saturday, July 21, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव के झमेले में बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर के पद से हटाने को लेकर पड़ रहे पराग गर्ग व विशाल सिन्हा के दबाव के सामने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह समर्पण करेंगे क्या ?

लखनऊ । बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर पद से हटाने को लेकर विशाल सिन्हा और पराग गर्ग की तरफ से पड़ रहे दबाव ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह को खासी मुसीबत में फँसा दिया है । उल्लेखनीय है कि एके सिंह ने बीएम श्रीवास्तव के साथ अपने नजदीकी संबंधों के चलते तथा उनकी काबिलियत को देखते/पहचानते हुए उन्हें चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर बनाया था । अन्य नियुक्तियों के साथ-साथ इस नियुक्ति के लिए भी एके सिंह ने गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा से अनुमति ले ली थी । बीएम श्रीवास्तव के चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर बनने पर किसी को भी आपत्ति नहीं थी । लेकिन बीएम श्रीवास्तव के सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार बनने के बाद से हालात बदलने लगे । बीएम श्रीवास्तव को केएस लूथरा खेमे के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । बीएम श्रीवास्तव के केएस लूथरा खेमे से उम्मीदवार बन जाने की बात से गुरनाम सिंह व विशाल सिन्हा बिफरे हुए हैं । दरअसल बीएम श्रीवास्तव के केएस लूथरा खेमे की तरफ से उम्मीदवार बनने से गुरनाम सिंह खेमे से उम्मीदवार बनने की तैयारी कर रहे बीएन चौधरी अपनी उम्मीदवारी को लेकर अगर-मगर करने लगे । उम्मीदवारी को लेकर बीएन चौधरी को अगर-मगर करता देख जगदीश अग्रवाल और पराग गर्ग अपनी अपनी उम्मीदवारी की संभावनाएँ तलाशने गुरनाम सिंह के चक्कर काटने लगे । पराग गर्ग के मामले में स्थिति बड़ी दिलचस्प और विकट है - दरअसल पराग गर्ग कुछ समय पहले तक गुरनाम सिंह की बड़ी खिलाफत और आलोचना किया करते थे, तथा उन्हें लायनिज्म का ठग बताते थे और उनकी ठगी को खत्म करने की शपथ खाते थे; लेकिन अब वह उन्हीं गुरनाम सिंह - और उनके विशाल सिन्हा जैसे बदनाम चेले का समर्थन जुगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं । पराग गर्ग को विश्वास है कि वह गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा का समर्थन तो प्राप्त कर लेंगे; लेकिन बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी उन्हें अपने लिए सबसे बड़ी बाधा लग रही है ।
पराग गर्ग दरअसल अब की बार कोई रिस्क नहीं 'रखना' चाहते हैं, अब की बार वह किसी भी तरह से सफलता पाना ही चाहते हैं - और इसके लिए वह कोशिश करना चाहते हैं कि उनके अलावा कोई और उम्मीदवार न हो । बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी को वापस करवाने के लिए पराग गर्ग फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मनोज रुहेला पर दबाव बना चुके हैं । एक मौके पर वह मनोज रुहेला को धमकी भरे अंदाज में कह/बता चुके हैं कि बीएम श्रीवास्तव यदि उम्मीदवार बने रह कर उनकी सफलता में बाधा बने तो वह डिस्ट्रिक्ट को ही खत्म करवा देंगे । पराग गर्ग के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि बीएम श्रीवास्तव ने अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करने से पहले पराग गर्ग के घर जा कर उनसे सलाह की थी, जिसमें पराग गर्ग ने उनसे साफ कहा था कि उन्हें लायनिज्म की गवर्नरी में कोई दिलचस्पी नहीं है और वह बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी का समर्थन करेंगे । इसलिए अब उनके सामने बीएम श्रीवास्तव को उम्मीदवारी से पीछे हटने के लिए कहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं बचा है । इस स्थिति में पराग गर्ग के सामने बीएम श्रीवास्तव के समर्थक नेताओं पर दबाव बनाने तथा उन्हें बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी का समर्थन करने से रोकने का ही उपाय बचा है, जिसे उन्होंने मनोज रुहेला पर आजमाया है । पराग गर्ग के लिए बदकिस्मती की बात यह रही कि उनकी इस कार्रवाई को बीएम श्रीवास्तव तथा उनके समर्थकों ने उनकी कमजोरी के रूप में देखा/पहचाना है । उन्हें लगा है कि पराग गर्ग चुनाव से डर रहे हैं और किसी भी तरह से चुनाव को टालना/टलवाना चाहते हैं । इससे बीएम श्रीवास्तव तथा उनके समर्थक नेताओं का हौंसला बढ़ा है,और उनके इस बढ़े हौंसले ने पराग गर्ग के लिए हालात को और मुश्किल बना दिया है । 
हालात की मुश्किल से निपटने के लिए ही पराग गर्ग को एके सिंह की टीम से बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर के पद से हटवाना जरूरी लग रहा है । इस मामले में उन्हें विशाल सिन्हा का समर्थन भी मिल रहा है । विशाल सिन्हा का कहना है कि केएस लूथरा खेमे के उम्मीदवार बनते/रहते हुए बीएम श्रीवास्तव 'हमारी' डिस्ट्रिक्ट टीम में नहीं रह सकते हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह के लिए समस्या की बात यह है कि वह अपने आप को विशाल सिन्हा के 'पिटठू' के रूप में नहीं 'दिखने' देना चाहते हैं; वह चाहते हैं कि लोगों को ऐसा न लगे या 'दिखे' कि असली गवर्नर तो विशाल सिन्हा हैं, और वह तो सिर्फ 'मोहरा' हैं । एके सिंह यदि बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर के पद से हटाते हैं, तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उनकी पहचान और साख पर धब्बा लगेगा ही - लिहाजा वह बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर के पद से हटाने से बचना चाहते हैं । एके सिंह ने बीएम श्रीवास्तव को डिस्ट्रिक्ट के आयोजनों में तवज्जो व जगह देना तो हालाँकि बंद किया हुआ है, लेकिन वह बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर के पद से हटाने को फिलहाल तैयार नहीं हो रहे हैं । पराग गर्ग और विशाल सिन्हा लेकिन बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर के पद पर बने नहीं रहने देना चाहते हैं; उन्हें लगता है कि इससे बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी को मनोवैज्ञनिक फायदा मिलेगा, जिसके चलते पराग गर्ग के लिए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का पहले से ही मुश्किल बना हुआ चुनावी मुकाबला - और मुश्किल हो जायेगा । यह देखना दिलचस्प होगा कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में अपनी पहचान व साख के लिए सावधान बने एके सिंह, पराग गर्ग और विशाल सिन्हा के दबाव के सामने समर्पण करते हैं, या बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर बनाये रखते हैं ।

Saturday, June 9, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी टू में लायंस इंटरनेशनल के नियम-कानूनों तथा उसकी व्यवस्था का अपमान करते हुए होने वाले लायंस क्लब कानपुर सेंट्रल के कार्यक्रम के पीछे वंदना निगम को 'देखते' हुए लायंस इंटरनेशनल पदाधिकारियों ने वंदना निगम के प्रति रवैया कड़ा करने की जरूरत समझी/पहचानी

कानपुर । लायंस क्लब कानपुर सेंट्रल के अगले लायन वर्ष के 'विजयी' पदाधिकारियों के अभिनंदन समारोह को लेकर लायंस इंटरनेशनल पदाधिकारियों के बीच वंदना निगम के प्रति नाराजगी बढ़ गई है, जिसे देख/सुन कर समझा जा रहा है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद पाना वंदना निगम के लिए और मुश्किल हो सकता है । दस जून को हो रहे कार्यक्रम में अजय डंग को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के रूप में अभिनंदित किये जाने की तैयारी है, जबकि अजय डंग का चुनाव ही अभी सवालों के घेरे में है । मायएलसीआई की साईट पर अजय डंग का नाम दिखा कर कुछेक लोग लायंस इंटरनेशनल द्वारा उन्हें सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में मान्यता देने का दावा कर रहे हैं, लेकिन अभी हाल ही में हैदराबाद में संपन्न हुई ऑल इंडिया स्कूलिंग में अजय डंग को विजयी उम्मीदवार के रूप में स्वीकार करने व मान्यता देने से जिस तरह से साफ इंकार कर दिया गया - और जिसके चलते अजय डंग स्कूलिंग में नहीं जा सके, उससे मायएलसीआई की साईट में दिखे नाम के आधार पर किए जा रहे दावों की हवा अपने आप ही निकल गई है । इसके बावजूद, कानपुर सेंट्रल के कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र में अजय डंग को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में 'दिखाया' गया है । इसे वंदना निगम और उनके समर्थक पूर्व गवर्नर्स की कारगुजारी के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । लायंस इंटरनेशनल के बड़े पदाधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया है, और इसे लायंस इंटरनेशनल की प्रतिष्ठा व कार्यपद्धति के लिए एक चुनौती के रूप में देखा/पहचाना है - और इस हरकत के लिए मुख्य रूप से वंदना निगम को जिम्मेदार ठहराया है । इससे डर यह पैदा हुआ है कि इस हरकत के लिए जिम्मेदार माने जाने के चलते डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद पाने की चुनौती से जूझ रहीं वंदना निगम की परेशानियाँ कहीं और न बढ़ जाएँ ?
उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में जो भी तमाशा हुआ, वंदना निगम ने उसका सारा ठीकरा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक राज आनंद के सिर फोड़ने की कोशिश की - और सवाल किया कि जो कुछ भी गलत हुआ उसकी सजा उन्हें क्यों दी जा रही है ? लेकिन डिस्ट्रिक्ट के लोग जानते हैं और कई लोग तो गवाह हैं कि डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में जो हुआ तथा अजय डंग को चुनाव जितवाने के लिए जो जो भी चालबाजियाँ खेली गईं हैं, उनमें वंदना निगम की बराबर की हिस्सेदारी/भागीदारी रही है । गौर करने की बात यह रही कि अपने आप को 'भोली' दिखाने की वंदना निगम की कोशिश उनके अपने डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच में सफल भले ही नहीं हो रही थी, लेकिन दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स तथा लायंस इंटरनेशनल के पदाधिकारियों के बीच उनकी चाल कामयाब होती नजर आ रही थी । लायंस इंटरनेशनल के पदाधिकारी यह मानने/समझने लगे थे कि जो कुछ भी हुआ है उसके लिए वंदना निगम को कोई सख्त सजा नहीं मिलना चाहिए । लेकिन कानपुर सेंट्रल के अभिनंदन कार्यक्रम ने लायंस इंटरनेशनल के पदाधिकरियों को यह सोचने के लिए मजबूर कर दिया है कि डिस्ट्रिक्ट 321 बी टू में जो भी तमाशा हुआ है, उसकी मुख्य सूत्रधार वंदना निगम ही हैं, और अभी भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही हैं - और इसलिए उन्हें कड़ा संदेश देने की जरूरत है । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बलविंदर सैनी ने कानपुर सेंट्रल के अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होने से इंकार करके वंदना निगम के लिए मुसीबतों को और बढ़ा दिया है । बलविंदर सैनी ने कानपुर सेंट्रल के पदाधिकारियों को साफ बता दिया है कि आप जिस तरह से यह कार्यक्रम कर रहे हो, वह लायंस इंटरनेशनल के नियम-कानूनों तथा उसकी व्यवस्था का मजाक बनाने जैसा है, और लायंस इंटरनेशनल का एक पदाधिकारी होने के नाते मेरे लिए इस कार्यक्रम में शामिल होना उचित नहीं होगा । लोगों की निगाह अब वंदना निगम पर है, कि लायंस इंटरनेशनल के नियम-कानूनों तथा उसकी व्यवस्था का अपमान करते हुए होने वाले लायंस क्लब कानपुर सेंट्रल के इस कार्यक्रम में वह शामिल होती हैं या नहीं ?
अधिकतर लोगों का मानना और कहना है कि कानपुर सेंट्रल के इस कार्यक्रम के पीछे दिमाग और प्रेरणा वंदना निगम की ही है, इसलिए वह तो कार्यक्रम में शामिल होंगी ही । वंदना निगम के लिए समस्या और मुसीबत की बात दरअसल यह भी है कि पिछले दिनों कानपुर और झाँसी में जिन भी क्लब्स के कार्यक्रम हुए हैं, उनमें उन्हें पूछा/बुलाया तक नहीं गया । कई क्लब्स के पदाधिकारी और प्रमुख सदस्य सोशल मीडिया में बाकायदा घोषणा कर चुके हैं कि वंदना निगम की कारगुजारियों को देखते हुए वह यह उचित समझ रहे हैं और फैसला कर रहे हैं कि अपने क्लब के कार्यक्रमों में वह वंदना निगम को नहीं बुलायेंगे । वंदना निगम ने डिस्ट्रिक्ट में जिस तरह अपने आप को अलग-थलग पड़ते हुए पाया, उसे देखते हुए उन्हें किन्हीं क्लब्स में खुद का अभिनंदन करवाना जरूरी लगा । इसी जरूरत को पूरा करने के लिए कानपुर सेंट्रल के कार्यक्रम की रूपरेखा बनी । इस कार्यक्रम में अजय डंग को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 'दिखाने' की जो हरकत हुई है, उस पर लायंस इंटरनेशनल के पदाधिकारियों के भड़कने की खबर मिलने के बाद वंदना निगम के शुभचिंतकों ने भी माना है कि अजय डंग का नाम शामिल न किया जाता, तो कार्यक्रम बिना विवाद के हो जाता - तथा वंदना निगम का भी उद्देश्य पूरा हो जाता । लेकिन कार्यक्रम में अजय डंग का भी नाम शामिल करने की जो चतुराई और चालबाजी दिखाई गई, उससे वंदना निगम ने अपने लिए मुसीबतों को और बढ़ा लिया है ।

Saturday, May 12, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी टू में मुसीबत और फजीहत का शिकार बनीं फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वंदना निगम की सारा दोष डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक राज आनंद के सिर मढ़ने की कोशिश ने लेकिन डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच उन्हें मजाक का पात्र और बना दिया है

कानपुर । डिस्ट्रिक्ट 321 बी टू में डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस को लेकर पैदा हुए झगड़े का ठीकरा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक राज आनंद के सिर फोड़ने की फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वंदना निगम की कोशिशों ने दीपक राज आनंद व उनके नजदीकियों को बुरी तरह भड़का दिया है । दीपक राज आनंद के नजदीकियों का कहना है कि डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस तथा सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के चुनाव को लेकर दीपक राज आनंद जो कुछ भी कर रहे थे, उस सब में वंदना निगम की पूरी पूरी सहमति और संलग्नता थी, लेकिन अब लोगों के सामने वह ऐसी भोली-भाली बन रही हैं, जैसे उन्हें तो कुछ पता ही नहीं था - और जो कुछ भी हुआ है, उसके लिए एक अकेले दीपक राज आनंद ही जिम्मेदार हैं । दरअसल डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस को लेकर जो कुछ भी हुआ है, उससे डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच भारी नाराजगी है और इस नाराजगी के चलते लोग डिस्ट्रिक्ट गवर्नर व फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को बुरी तरह कोस रहे हैं । कई क्लब्स के पदाधिकरियों और वरिष्ठ सदस्यों ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की है कि मनमानी और लूट-खसोटपूर्ण हरकतों को देखते हुए वह अपने अपने क्लब्स के कार्यक्रमों में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर व उनके साथियों को आमंत्रित नहीं करेंगे । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के प्रति डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच इस तरह की खुल्ली नाराजगी और विरोध के तेवर इससे पहले कभी नहीं देखे गए । लोगों की इस नाराजगी और विरोध को देख वंदना निगम बुरी तरह बौखला गई हैं । अपनी हरकतों पर पश्चाताप करने तथा जो हुआ उसके लिए अफसोस प्रकट करने और लोगों से माफी माँगने की बजाए वंदना निगम ने लोगों के साथ यह कहते हुए बदतमीजी करना और शुरू कर दिया है कि जो कुछ हुआ है, उसके लिए गवर्नर से कहो जो कहना है - मुझ पर क्यों आरोप लगा रहे हो । इस तर्क पर हालाँकि कई लोगों से उन्हें सुनने को मिला है कि जो कुछ हुआ है, फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद पर होने के नाते उसकी जिम्मेदारी से वह बच नहीं सकती हैं ।
वंदना निगम के इस तर्क पर डिस्ट्रिक्ट के लोग तो हैरान हुए ही हैं, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक राज आनंद और उनके नजदीकी भी चक्कर खा गए हैं । उनका कहना है कि अपने आपको मुसीबत से बचाने के लिए लायंस इंटरनेशनल के पदाधिकारियों के सामने वह यदि इस तरह की दलील दें, तो फिर भी समझ में आता है - लेकिन डिस्ट्रिक्ट के लोगों को वह यदि अपनी निर्दोषता बताने की कोशिश करेंगी और सारी जिम्मेदारी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के सिर डालने की कोशिश करेंगी, तो अपनी ही खिल्ली उड़वायेंगी । और यही हो भी रहा है । दरअसल डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस होने से पहले तक जो कुछ भी होता हुआ दिख रहा था, उसमें सभी को साफ साफ नजर आ रहा था कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अजय डंग को चुनाव जितवाने के लिए जो भी कारस्तानियाँ हो रही हैं - उनमें वंदना निगम की पूरी पूरी मिलीभगत है । चाहें षड्यंत्रपूर्ण तरीके से कॉन्फ्रेंस की जगह बदलने का मामला हो, और चाहें क्लब्स को क्रिडेंशियल देने में पक्षपात करने का विवाद हो - वंदना निगम हर मौके पर दीपक राज आनंद के फैसले के पक्ष में थीं । अजय डंग की उम्मीदवारी को प्रमोट करने तथा उन्हें समर्थन दिलवाने के लिए किए जाने वाले प्रयासों के कई एक मामलों में तो लोगों को लगता था कि 'मास्टर माइंड' वंदना निगम हैं, और दीपक राज आनंद उन्हें फॉलो कर रहे हैं । इसीलिए डिस्ट्रिक्ट के लोगों के साथ-साथ दीपक राज आनंद व उनके साथियों को भी आश्चर्य हो रहा है कि जब सब कुछ साफ साफ है तब वंदना निगम अब इतनी भोली बनने की कोशिश क्यों कर रही हैं ?
डिस्ट्रिक्ट के लोगों का ही कहना/बताना है कि वंदना निगम को वास्तव में यह अनुमान ही नहीं था कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अजय डंग को चुनवाने का जो मनमाना खेल वह खेल रही हैं, या जिस मनमाने खेल में वह शामिल हैं - वह उन्हें ही फजीहत व मुसीबत में फँसा देगा । वास्तव में यह अनुमान किसी भी सत्ताधारी को नहीं होता है; सत्ता में बैठा व्यक्ति अपने आपको ईश्वर से कम नहीं समझता है और सोचता है कि वह अपनी मनमानी कर लेगा; कई बार उसकी मनमानी चल भी जाती है - लेकिन कई बार उसकी मनमानी उसे ही लपेटे में ले लेती है । डिस्ट्रिक्ट 321 बी टू के सत्ताधारियों के साथ इस बार ऐसा ही हुआ । सत्ताधारियों में सबसे ज्यादा नुकसान वंदना निगम का ही होता हुआ दिख रहा है । मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के चुनाव में वोट देने का अधिकार न मिल पाने से, वोट के बदले नोट पाने की उनकी उम्मीद तो ध्वस्त हुई ही है - साथ ही लायंस इंटरनेशनल के खर्चे पर अमेरिका जाने का मिलने वाला मौका भी उनसे छिनता हुआ नजर आ रहा है । इतने बड़े नुकसानों के बाद, डिस्ट्रिक्ट में भी हर किसी के निशाने पर वंदना निगम ही हैं - जिसके चलते वह बुरी तरह बौखला गई हैं । बौखलाहट में वह अपने आपको बचाने के लिए सारा दोष डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के सिर मढ़ने की कोशिश कर रही हैं । उनकी इस कोशिश ने लेकिन डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच उन्हें मजाक का पात्र बना दिया है । लोगों का कहना है कि यदि वह सचमुच इतनी भोली हैं कि उन्हें यह पता ही नहीं चला कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर गड़बड़ियाँ कर रहा है, तो उन्हें फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद पर बने रहने का कोई नैतिक हक़ नहीं है, और उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने का विचार छोड़ देना चाहिए ।

Tuesday, May 8, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी टू में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वंदना निगम की गवर्नरी पर बने असमंजस में संजय सिंह को लेकर बनाया गया सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बलविंदर सिंह सैनी का प्लान भी फेल हो गया लग रहा है

झाँसी । डिस्ट्रिक्ट 321 बी टू में डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस को लेकर जो बड़ा विवाद और असमंजस पैदा हो गया है, उसने लायंस क्लब झाँसी सेंटेनियल के संजय सिंह के लिए भी भारी मुसीबत पैदा कर दी है । उनके नजदीकियों के अनुसार, संजय सिंह अगले लायन वर्ष में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार बनने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन मौजूदा विवाद और असमंजस के पैदा हो जाने से उनकी तैयारी पर ग्रहण लग गया नजर आ रहा है । दरअसल डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस को लेकर जो विवाद और असमंजस पैदा हुआ है, उसकी परिणति के रूप में बहुत संभावना यह मानी/देखी जा रही है कि डिस्ट्रिक्ट के नेता आपसी समझौते के तहत अजय डैंग और नवीन गुप्ता को बारी-बारी से सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के लिए 'चुन' लें और इस तरह विवाद व झगड़े को अंततः समाप्त करें । यह समझौता होने पर संजय सिंह की अगले लायन वर्ष की तैयारी स्वतः धरी की धरी रह जानी है । मजे की बात यह है कि इस तरह का समझौता होने की परिस्थिति डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस होने के करीब पच्चीस दिन पहले बनी थी, जिसे लेकिन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक राज आनंद, फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वंदना निगम के साथ-साथ सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बलविंदर सिंह सैनी ने अपने अपने राजनीतिक स्वार्थों के चलते फलीभूत नहीं होने दिया था ।
उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस होने के करीब पच्चीस दिन पहले डिस्ट्रिक्ट के वरिष्ठ पूर्व गवर्नर महेंद्र मोहन गुप्ता के घर पूर्व गवर्नर्स व मौजूदा लीडर्स की मीटिंग हुई थी, जिसमें उम्मीदवारी पर दावेदारी को लेकर चर्चा हुई थी । पिछले कई वर्षों से डिस्ट्रिक्ट में रिवाज बना हुआ है कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए दो उम्मीदवार होने की स्थिति में महेंद्र मोहन गुप्ता की सरपरस्ती में समझौता हो जाता रहा है, जिसमें निर्विरोध तरीके से सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनते रहे हैं । इस वर्ष भी ऐसा ही कुछ हो जाने की उम्मीद की जा रही थी । लेकिन मीटिंग में पहले तो दीपक राज आनंद व वंदना निगम ने यह कोशिश करके मीटिंग के एजेंडे को डिस्टर्ब किया कि अभी सिर्फ इस वर्ष के उम्मीदवार/विजेता का फैसला किया जाये, अगले वर्ष का फैसला अभी न लिया जाये । दीपक राज आनंद और वंदना निगम की लगाई इस 'आग' को भड़काने का काम बलविंदर सिंह सैनी ने यह कहते हुए किया कि जब दोनों उम्मीदवार चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं तो चुनाव होने ही दिया जाये । महेंद्र मोहन गुप्ता और मीटिंग में मौजूद अन्य पूर्व गवर्नर्स ने समझ लिया कि मौजूदा तीनों लीडर्स अपने अपने स्वार्थ में चुनाव होते हुए ही देखना चाहते हैं । महेंद्र मोहन गुप्ता बल्कि नाराज भी हुए कि तीनों पदाधिकारी जब चुनाव चाहते ही हैं, तो यह मीटिंग करने की जरूरत ही क्या थी ?
समझा जाता है और आरोप भी लगे कि दीपक राज आनंद और वंदना निगम तो इसलिए चुनाव चाहते थे, ताकि अपने उम्मीदवार अजय डैंग से वह ज्यादा से ज्यादा पैसे ऐंठ सकें; जबकि बलविंदर सिंह सैनी इसलिए चुनाव के पक्ष में रहे ताकि उम्मीदवार के रूप में नवीन गुप्ता का किस्सा खत्म हो और अगले वर्ष वह संजय सिंह को उम्मीदवार के रूप में प्रस्तुत करें । समझौता होता, तो अजय डैंग या नवीन गुप्ता अगले वर्ष में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 'बनते'; चुनाव होता तो जो हारता वह अगले वर्ष दोबारा से उम्मीदवार बनने की हिम्मत नहीं करता - और तब संजय सिंह का नंबर लग जाता । बलविंदर सिंह सैनी को यह उम्मीद भी थी कि अपने उम्मीदवार अजय डैंग के लिए उनका समर्थन पाने के लिए वंदना निगम अगले वर्ष में उनके उम्मीदवार के रूप में संजय सिंह के समर्थन के लिए भी राजी हो सकती थीं । इस तरह अपने अपने स्वार्थ में मौजूदा तीनों पदाधिकारियों ने चुनाव होने देने के लिए माहौल बनाया और महेंद्र मोहन गुप्ता की सरपरस्ती में हो सकने वाले समझौते की संभावना में मट्ठा ही डाल दिया । बदकिस्मती से लेकिन अब जो हालात बने हैं, उसमें पहले हो न सका समझौता ही अब एकमात्र विकल्प नजर आ रहा है । कुछ लोगों को हालाँकि अब भी लग रहा है कि वंदना निगम और उनके सलाहकार अपनी जिदबाजी में समझौता शायद न होने दें, लेकिन कई लोगों को लग रहा है कि अपनी जिदबाजी और लालच के चक्कर में वंदना निगम ने अपना नुकसान करवा लेने के साथ-साथ अपने लिए जिस मुसीबत को मोल ले लिया है, उससे सबक लेकर अब वह ऐसा कोई काम नहीं करेंगी जिससे उनका गवर्नर-काल भी फजीहत का शिकार हो । डिस्ट्रिक्ट और उसके मौजूदा पदाधिकारी अभी पैदा हुई मुसीबत व फजीहत से कैसे बाहर निकलेंगे और क्या होगा, यह तो अभी कुछ दिन बाद पता चलेगा - लेकिन अभी एक बात जरूर पता चल गई है कि मौजूदा विवाद व असमंजस के चलते संजय सिंह को लेकर बनाया गया बलविंदर सिंह सैनी का प्लान जरूर फेल हो गया है ।

Sunday, May 6, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में तमाम मौकों पर गतिविधियाँ करने/दिखाने के बावजूद अमित गुप्ता डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी सीन में अशोक अग्रवाल के मुकाबले में आते हुए दिख ही नहीं रहे हैं

गाजियाबाद । अमित गुप्ता के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के प्रयास जिस तरह बेअसर से साबित हो रहे हैं, उससे उनसे सहानुभूति रखने वाले लोग निराश होते जा रहे हैं । अमित गुप्ता से सहानुभूति रखने वाले कुछेक लोगों ने ही इन पंक्तियों के लेखक को बताया कि अमित गुप्ता पिछले दिनों कुछेक प्रमुख नेताओं से मिले, जिनमें से कुछेक को उन्होंने अपने घर बुलाया और कुछेक के घर या ऑफिस वह खुद गए - और इस तरह उनके साथ काफी समय व्यतीत किया, लेकिन जिन लोगों से अमित गुप्ता मिले उनकी प्रतिक्रिया अमित गुप्ता के लिए कोई उत्साहजनक नहीं रही । लोगों को अमित गुप्ता की बातों व उनके व्यवहार में बनावटीपन नजर आया और अपनी बातों व अपने व्यवहार से वह लीडर हो सकने की छाप छोड़ पाने में विफल ही रहे । अमित गुप्ता की गतिविधियों को नजदीक से देखने/परखने वाले अनुभवी लोगों का मानना और कहना है कि अमित गुप्ता की गतिविधियाँ दरअसल एक उम्मीदवार की गतिविधियों के अनुरूप नहीं बन पा रही हैं, और वह सामान्य मेल-मिलाप की गतिविधियाँ ही बन कर रह जा रही हैं - इसीलिए एक उम्मीदवार के रूप में अमित गुप्ता को उनका कोई फायदा नहीं मिल पा रहा है । अमित गुप्ता के लिए बदकिस्मती की बात यह रही कि पेट्स और सेट्स की सफलता को सेलीब्रेट करने तथा अगले रोटरी वर्ष में मेजर डोनर बनने की घोषणा करने वाले रोटेरियंस के फेलिसिटेशन के लिए आयोजित हुए अपने ही क्लब के कार्यक्रम का अपनी उम्मीदवारी के संदर्भ में वह कोई लाभ नहीं उठा सके । उक्त कार्यक्रम में मौजूद रहे कुछेक लोगों के अनुसार, अमित गुप्ता ने लाभ उठाने का प्रयास तो जरूर किया, लेकिन कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी एक आउटसाइडर जैसी ही रही । अपने शिक्षण संस्थान की एक नई ब्रांच के उद्घाटन अवसर का 'राजनीतक लाभ' उठाने का भी उनके पास एक अच्छा मौका था, उनके नजदीकियों के अनुसार ही लेकिन जिसके लिए उन्होंने कोई प्रयास भी नहीं किया ।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति के अनुभवी खिलाड़ियों का मानना और कहना है कि तमाम मौकों और गतिविधियों के बावजूद एक उम्मीदवार के रूप में अमित गुप्ता चुनावी सीन में अपने लिए कोई स्पेस नहीं बना पा रहे हैं, तो इसका प्रमुख कारण उनकी रोटरी की राजनीतिक अनुभवहीनता है । उनकी अनुभवहीनता उनके लिए मुसीबत की बात इसलिए भी है, क्योंकि उनका चुनावी मुकाबला जिन अशोक अग्रवाल से होता हुआ नजर आ रहा है, वह रोटरी की चुनावी राजनीति की नस नस से परिचित हैं, और छोटे छोटे मौकों को भी राजनीतिक रंग दे देने की कला में पारंगत हैं । पिछले वर्षों में हुए चुनावों में अशोक अग्रवाल की किसी न किसी रूप में सहभागिता रही ही है और इसके चलते चुनावी दाँव-पेंचों को उन्होंने बहुत नजदीक से देखा/पहचाना/परखा है । पिछले वर्षों में हुए चुनावों में अशोक अग्रवाल जिन के साथ/समर्थन में रहे हैं, उन्हें हार का भी सामना करना पड़ा है - लेकिन उन पराजयों ने अशोक अग्रवाल के राजनीतिक अनुभवों को और समृद्ध करने का ही काम किया है, जो अब उनके अपने चुनाव में उनके लिए लाभकारी साबित हो रहे हैं । रोटरी की चुनावी राजनीति के अच्छे-बुरे पक्षों को गहराई से समझने के कारण ही अशोक अग्रवाल कम समय और अपेक्षाकृत कम सक्रियता के बावजूद डिस्ट्रिक्ट के चुनावी सीन में अपनी पैठ बनाने में कामयाब हुए हैं । अमित गुप्ता ने किन्हीं किन्हीं लोगों के सामने अशोक अग्रवाल और अपनी गतिविधियों की तुलना करते हुए गतिविधियों के मामले में अपने पलड़े को भारी बताने/दिखाने का प्रयास किया भी, किंतु उनके इस प्रयास का उन्हें कोई फायदा नहीं मिला - क्योंकि बात गतिविधियों के कम या ज्यादा होने की नहीं है, बात आउटपुट की है । कम गतिविधि के बावजूद अशोक अग्रवाल डिस्ट्रिक्ट के चुनावी सीन में यदि अमित गुप्ता के मुकाबले बहुत बहुत आगे नजर आ रहे हैं, तो अमित गुप्ता के लिए यह चिंता और चुनौती की बात तो होनी ही चाहिए ।
अमित गुप्ता के लिए मुसीबत की बात यह है कि वह ऐसे रोटेरियंस का भी कोई सहयोग नहीं ले पा रहे हैं, जिन्हें रोटरी की चुनावी राजनीति का कोई अनुभव हो और जो अमित गुप्ता की गतिविधियों को 'राजनीतिक रंग' दे सकें । उनके नजदीकियों का कहना/बताना है कि दरअसल इसके लिए उनकी तरफ से कोई प्रयास भी नहीं हुआ है । पिछले तीन-चार वर्षों से अमित गुप्ता हालाँकि रोटरी और डिस्ट्रिक्ट में काफी सक्रिय रहे हैं, किंतु लगता है कि उस सक्रियता से उन्होंने न तो सच्चे दोस्त बनाए और न रोटरी की राजनीति के गुण ही सीखे हैं । मौजूदा रोटरी वर्ष में सतीश सिंघल के साथ उन्होंने डिस्ट्रिक्ट में प्रमुख और महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन सतीश सिंघल के मुसीबत में पड़ने/घिरने से उनकी उस भूमिका पर ही पानी पड़ गया है । इससे भी बड़ी आफत अमित गुप्ता के लिए यह बात बनी है कि सतीश सिंघल के खास और नजदीकी रहे लोग भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत उनकी उम्मीदवारी को सहयोग और समर्थन देते हुए नहीं नजर आ रहे हैं । इस तरह से देखा जाए, तो सतीश सिंघल के साथ जुड़ कर अमित गुप्ता ने अपना जो समय, एनर्जी और पैसा लगाया - उसका उन्हें अपनी उम्मीदवारी के संदर्भ में कोई फायदा नहीं मिल पा रहा है । यह सब देख/जान कर अमित गुप्ता के नजदीकियों और शुभचिंतकों को लगने लगा है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई लड़ना उनके बस की बात शायद है ही नहीं, और वह यहाँ बेकार में ही अपना समय, एनर्जी और पैसा बर्बाद कर रहे हैं ।

Tuesday, May 1, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में रमन गुप्ता की जोरदार जीत वास्तव में इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने जा रहे जेपी सिंह पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इंद्रजीत सिंह की दूसरी बड़ी जीत है, जिन्होंने हर मोर्चे पर जेपी सिंह को करारी मात दी है

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में रमन गुप्ता की जोरदार जीत को मल्टीपल के लोगों के बीच डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इंद्रजीत सिंह की जीत के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है, और हर किसी का मानना/कहना है कि इंद्रजीत सिंह ने जिस व्यूह रचना के साथ लीडरशिप के नाम पर बने 'गैंग ऑफ फोर' को धूल चटाई है - वह लायंस इंटरनेशनल के इतिहास की एक बड़ी घटना के रूप में देखी और याद रखी जायेगी । अपने उम्मीदवार मदन बत्रा की हार की खबर सुनते ही, जीत की उम्मीद करते हुए जीत का जश्न मनाने की तैयारी किए बैठे जेपी सिंह और विनोद खन्ना को चुपचाप निकलते/खिसकते जिन्होंने देखा, उनका कहना है कि इस हार को उन दोनों ने भी अपनी बड़ी फजीहत के रूप में देखा/लिया है । डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में इस वर्ष जो हुआ, वह अपने आप में विलक्षण घटना और उदाहरण है । लायनिज्म में राजनीति होती है, बड़े बड़े नेता उसमें कभी छिप कर तो कभी खुल कर अपनी अपनी भूमिका निभाते हैं; कई बार मामला बड़ा कड़वाहटभरा भी हो जाता है - लेकिन डिस्ट्रिक्ट 321 में इस वर्ष जो हुआ, उसने पिछली सभी लड़ाइयों को, पिछले सभी घमासानों को पीछे छोड़ दिया । इससे पहले, ऐसा कभी देखने में नहीं आया कि किसी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के खिलाफ पूरा लायंस इंटरनेशनल एक हो गया हो, और तरह तरह से वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को दबाव में लेने की कोशिश कर रहा हो । कई मौकों पर तो ऐसा लगा जैसे लायंस इंटरनेशनल को एक डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इंद्रजीत सिंह से लड़ने के अलावा और कोई काम ही नहीं रह गया है । इंटरनेशनल डायरेक्टर वीके लूथरा और इंटरनेशनल बोर्ड में नॉमिनी विनोद खन्ना ने इंद्रजीत सिंह के खिलाफ जिस तरह की बेशर्मीभरी हरकतें कीं, वैसी हरकतें इससे पहले बोर्ड सदस्यों ने कभी की हों - यह किसी को याद नहीं पड़ता । आने वाले इंटरनेशनल डायरेक्टर जेपी सिंह ने डिस्ट्रिक्ट में इंद्रजीत सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ था, और इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नरेश अग्रवाल धृतराष्ट्र की तरह 'अंधे' बने वीके लूथरा, विनोद खन्ना, जेपी सिंह की कारस्तानियों को शह देते रहे । लेकिन इंद्रजीत सिंह के खिलाफ तमाम हथकंडे अपनाने के बावजूद जेपी सिंह और 'गैंग ऑफ फोर' के उनके साथियों को जिस भारी पराजय का सामना करना पड़ा है, उसने कौरवों की पराजय वाले प्रसंग को मौजूदा समय में चरितार्थ करने का काम किया है ।
वास्तव में यह लड़ाई मदन बत्रा के नाम पर जेपी सिंह और विनोद खन्ना ही मिल कर लड़ रहे थे, जो डिस्ट्रिक्ट पर अपना आधिपत्य जमाने के लिए प्रयत्नशील थे, और इसमें इंद्रजीत सिंह को एक बड़ी बाधा के रूप में देखते हैं । जेपी सिंह और विनोद खन्ना यूँ तो डिस्ट्रिक्ट की चुनावी लड़ाई में पहले भी पराजय का शिकार बने हैं, लेकिन इंद्रजीत सिंह के साथ उनकी कुछ खास ही खुन्नस रही - जिसके चलते उन्हें इंद्रजीत सिंह को नीचा दिखाना जरूरी लगता रहा । जेपी सिंह ने कभी इस बात को छिपाने की भी कोशिश नहीं की कि लायनिज्म में और डिस्ट्रिक्ट में उनका 'दुश्मन' एक ही है, और वह इंद्रजीत सिंह हैं । दरअसल, दो वर्ष पहले इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए डिस्ट्रिक्ट में एंडोर्समेंट लेने के प्रयास में अकेले उम्मीदवार होने के बावजूद जेपी सिंह को हार का शिकार होना पड़ा था, और जिस हार के चलते उनकी भारी फजीहत हुई थी - जेपी सिंह उसके लिए इंद्रजीत सिंह को जिम्मेदार ठहराते हैं और उसके लिए जेपी सिंह ने इंद्रजीत सिंह को सबक सिखाने का फैसला लिया हुआ था । इसी फैसले के चलते जेपी सिंह ने तरह तरह से इंद्रजीत सिंह को परेशान करने और घेरने के उपक्रम किए हुए थे । जेपी सिंह ने कई बार रमन गुप्ता को कहा और कहलवाया था कि मुझे तुम्हारी उम्मीदवारी से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन चूँकि तुम इंद्रजीत सिंह के उम्मीदवार के रूप में हो - इसलिए मुझे तुम्हारी उम्मीदवारी को फेल करने के लिए हर उपाय करना ही होगा । जेपी सिंह के इस रवैये के चलते इंद्रजीत सिंह के सामने दोहरी चुनौती थी - एक तरफ तो उन्हें सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में रमन गुप्ता की जीत को सुनिश्चित करने की रणनीति बनानी थी, और दूसरी तरफ अपने ऊपर होने वाले जेपी सिंह के हमलों का भी मुकाबला करना था ।
इंद्रजीत सिंह को अकेले जेपी सिंह से ही नहीं लड़ना था; जेपी सिंह को चूँकि विनोद खन्ना, वीके लूथरा व नरेश अग्रवाल से भी शह और समर्थन मिल रहा था - इसलिए इंद्रजीत सिंह को वास्तव में इन चारों की मिलीजुली ताकत से लड़ना था । जेपी सिंह और इंद्रजीत सिंह के झगड़े में इंटरनेशनल डायरेक्टर वीके लूथरा जिस तरह से बेमतलब में कूदे और उन्होंने इंद्रजीत सिंह के खिलाफ जिस तरह की चिट्ठी-बाजी की, वह लायनिज्म को कलंकित करने वाली बात बनी । इंद्रजीत सिंह को कमजोर करने/बनाने के लिए विनोद खन्ना व वीके लूथरा की मदद से मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन विनय गर्ग को उनके पद से हटाने का षड्यंत्र तक रचा गया । इंद्रजीत सिंह तथा विनय गर्ग की जोड़ी ने लेकिन 'गैंग ऑफ फोर' की हर हरकत का करारा जबाव दिया । जेपी सिंह के लिए मुसीबत की बात यह रही कि उनकी हर चालबाजी का उन्हें करारा जबाव तो मिला ही, जिसके चलते उनकी हर चालबाजी फेल होती गई - उनकी चालबाजियों के कारण इंद्रजीत सिंह को सहानुभूति व समर्थन और मिलता/बढ़ता गया । यही कारण रहा कि डिस्ट्रिक्ट के लोगों को इंद्रजीत सिंह के खिलाफ भड़काने की जेपी सिंह की कोशिशें भी सफल नहीं हो सकीं । डिस्ट्रिक्ट के लोगों ने इस बात का बहुत ही बुरा माना कि इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने जा रहे जेपी सिंह अपने ही डिस्ट्रिक्ट के गवर्नर इंद्रजीत सिंह के खिलाफ लोगों को भड़काने के लिए लोगों के घर घर जा रहे हैं और इंद्रजीत सिंह के खिलाफ उनके कान भर रहे हैं । जेपी सिंह यह समझने/पहचानने में असफल रहे कि इंद्रजीत सिंह को परेशान करने वाली उनकी तमाम कोशिशें वास्तव में इंद्रजीत सिंह को और मजबूत कर रही हैं । जेपी सिंह अंतिम क्षणों तक गलतफहमी में रहे । यही कारण रहा कि चुनावी नतीजा आने से ठीक पहले तक जेपी सिंह दस से बारह वोटों से मदन बत्रा के जीतने का दावा कर रहे थे, लेकिन जब नतीजा आया तो पता चला कि मदन बत्रा 64 वोटों से हार गए । इस नतीजे को देख/सुन कर जेपी सिंह ने विनोद खन्ना को साथ लेकर चुपचाप खिसक लेने में ही अपनी भलाई देखी/पहचानी ।
डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में हुए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव पर मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट के आम और खास लोगों की निगाह थी, और हर किसी को नतीजे का बेसब्री से इन्तजार था । नतीजा सुन कर मल्टीपल के लोगों का कहना रहा कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव के जरिये इंद्रजीत सिंह ने एक बार फिर जेपी सिंह को सीधी पटकनी दी है । इस बार की पटकनी जेपी सिंह के लिए इसलिए और फजीहतभरी है, क्योंकि जेपी सिंह इंटरनेशनल डायरेक्टर होने जा रहे हैं और इस बार तो इंद्रजीत सिंह से लड़ने में उन्हें विनोद खन्ना के साथ-साथ वीके लूथरा व नरेश अग्रवाल जैसे बड़े पदाधिकारियों का खुला सहयोग और समर्थन मिल रहा था । जेपी सिंह की कारस्तानियों का बुरा नतीजा बेचारे गुरचरण सिंह भोला को भी भुगतना पड़ा । डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच गुरचरण सिंह भोला की हालाँकि अच्छी साख व पहचान है, लेकिन जेपी सिंह के साथ होने के कारण उन्हें 67 नेगेटिव वोट पड़ गए । जेपी सिंह और उनके समर्थकों ने रवि मेहरा के खिलाफ ज्यादा से ज्यादा नेगेटिव वोट डलवाने की कोशिश तो बहुत की, लेकिन वह रवि मेहरा के खिलाफ कुल 41 नेगेटिव वोट ही डलवा सके । इस तरह जेपी सिंह को हर मोर्चे पर इंद्रजीत सिंह से मात खानी पड़ी - जिससे लोगों के सामने पोल खुली कि इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने जा रहे जेपी सिंह की अपने ही डिस्ट्रिक्ट में कितनी बदनामी और कमजोर स्थिति है ।

Friday, April 13, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन में अनीता गुप्ता व अरविंद संगल के समर्थन के भरोसे अश्वनी काम्बोज द्वारा शिव कुमार चौधरी की ब्लैकमेलिंग के सामने झुकने से इंकार करने के बाद भी धीरज गोयल उम्मीदवार बने रहेंगे क्या ?

देहरादून । अश्वनी काम्बोज के मुकेश गोयल खेमे में चले जाने से अनाथ और बर्बाद हुए विरोधी खेमे के नेताओं ने धीरज गोयल को आगे करके अश्वनी काम्बोज को ब्लैकमेल करने की जो तैयारी की है, उसने विरोधी खेमे के पूर्व गवर्नर्स और अश्वनी काम्बोज के बीच आँख-मिचौली वाला खेल शुरू कर दिया है । दरअसल अश्वनी काम्बोज ने अभी तो विरोधी खेमे के पूर्व गवर्नर्स की चाल में फँसने से इंकार किया हुआ है, लेकिन विरोधी खेमे के पूर्व गवर्नर्स ने भी खम ठोकी हुई है कि अश्वनी काम्बोज बचते कैसे हैं ? विरोधी खेमे के पूर्व गवर्नर्स में हालाँकि इस बात को लेकर मतभेद हैं कि अश्वनी काम्बोज को आखिर कितना ठगा जाए । विरोधी खेमे के अधिकतर पूर्व गवर्नर्स तो चाहते हैं कि अश्वनी काम्बोज डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में उनके और उनके लोगों के लिए कमरों और खाने के साथ-साथ पीने की व्यवस्था कर दें; लेकिन लायनिज्म को धंधा और कमाई का जरिया बना लेने वाले इसी वर्ष पूर्व हुए गवर्नर शिव कुमार चौधरी इस सब के साथ-साथ कुछ और कमाई कर लेने की योजना पर काम कर रहे हैं । दरअसल इसी योजना के तहत उन्होंने धीरज गोयल का नामांकन करा दिया था । एक कुशल धंधेबाज की तरह उन्होंने पहले ही भाँप लिया था कि अश्वनी काम्बोज हो सकता है कि उनके हाथ से निकल जाएँ - अश्वनी काम्बोज या तो मैदान छोड़ जाते और या वह करते, जो उन्होंने किया । शिव कुमार चौधरी पहले वाली स्थिति में धीरज गोयल का इस्तेमाल करते हुए राजेश गुप्ता से पैसे ऐंठने का जुगाड़ लगाते, और दूसरी स्थिति में अश्वनी काम्बोज की जेब काटने की तैयारी करते । मजे की बात यह है कि धीरज गोयल की उम्मीदवारी की अभी तक कोई चर्चा नहीं थी, लेकिन अश्वनी काम्बोज के मुकेश गोयल खेमे में आते और चुनाव की संभावना खत्म होने के हालात बनते ही धीरज गोयल की उम्मीदवारी दिखाई देने लगी ।
शिव कुमार चौधरी की तरफ से अश्वनी काम्बोज से धीरज गोयल को 'बैठाने' की कीमत माँगी जा रही है । अश्वनी काम्बोज को गणित बताया/समझाया जा रहा है कि उन्होंने यदि धीरज गोयल को नहीं बैठाया, तो चुनाव में उन्हें ज्यादा पैसा भी खर्च करना पड़ेगा और भाग-दौड़ भी करना पड़ेगी; पैसा हमें दे दो और भाग-दौड़ से बच लो । अश्वनी काम्बोज के नजदीकियों के अनुसार, अश्वनी काम्बोज लेकिन शिव कुमार चौधरी की इस ब्लैकमेलिंग के सामने झुकने को तैयार नहीं हैं; अश्वनी काम्बोज का कहना है कि शिव कुमार चौधरी की ब्लैकमेलिंग के सामने यदि वह अभी झुके और उनकी 'माँग' मानी तो फिर शिव कुमार चौधरी आगे भी उन्हें तरह-तरह से ब्लैकमेल करते रहेंगे । अश्वनी काम्बोज का कहना है कि शिव कुमार चौधरी यदि धीरज गोयल को चुनाव लड़ाना ही चाहते हैं तो लड़ा लें । चुनाव होने पर उन्हें ज्यादा भाग-दौड़ करने के साथ-साथ ज्यादा पैसा खर्च करना होगा, तो वह कर लेंगे - लेकिन शिव कुमार चौधरी की ब्लैकमेलिंग के सामने समर्पण नहीं करेंगे । शिव कुमार चौधरी की ब्लैकमेलिंग के सामने झुकने से इंकार करने का साहस अश्वनी काम्बोज को अनीता गुप्ता और अरविंद संगल से भी मिल रहा है ।
अनीता गुप्ता और अरविंद कंसल ने अश्वनी काम्बोज को आश्वस्त किया हुआ है कि धीरज गोयल के बस की चुनाव लड़ना है ही नहीं, और वह शिव कुमार चौधरी की बातों में आकर उम्मीदवार तो बन गए हैं - लेकिन चुनाव लड़ने की सक्रियता नहीं दिखा सकेंगे । अनीता गुप्ता और अरविंद संगल ने अश्वनी काम्बोज को समझाया है कि विरोधी खेमे के समर्थक लोगों की डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में रहने/खाने की व्यवस्था यदि हो जाती है तो धीरज गोयल को शिव कुमार चौधरी का 'आदमी' होने के नाते कोई पास भी नहीं बैठायेगा । अश्वनी काम्बोज इसके लिए तैयार हैं । उनका कहना है कि एक उम्मीदवार के रूप में उन्हें जेनुइन रूप में खिलाने, पिलाने और ठहराने की जो व्यवस्था करनी है उसमें वह कोई पक्षपात नहीं करेंगे - लेकिन किसी पूर्व गवर्नर से ब्लैकमेल नहीं होंगे । अनीता गुप्ता व अरविंद संगल के समर्थन के भरोसे शिव कुमार चौधरी की ब्लैकमेलिंग के सामने अश्वनी काम्बोज ने जिस दृढ़ता के साथ झुकने से इंकार करने वाला तेवर दिखाया है, उसके चलते शिव कुमार चौधरी को धीरज गोयल के सहारे बनाई गई अपनी स्कीम फेल होती हुई ही नजर आ रही है । धीरज गोयल भी लगता है कि समझ रहे हैं कि शिव कुमार चौधरी जैसे बदनाम व्यक्ति की संगत में वह सिर्फ फजीहत का ही शिकार बनेंगे - इसलिए उम्मीद की जा रही है कि राजेश गुप्ता और अश्वनी काम्बोज की तरह वह भी जल्दी ही शिव कुमार चौधरी की 'पकड़' से छूट लेंगे और उनके सहारे अश्वनी काम्बोज को ब्लैकमेल करने की शिव कुमार चौधरी की योजना धरी की धरी ही रह जाएगी ।

Thursday, April 12, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में अजय सनाढ्य की उम्मीदवारी के समर्थन में हुईं बुलंदशहर और फिरोजाबाद की मीटिंग्स की कामयाबी सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में बाजी पलटने का संकेत दे रही हैं क्या ?

अलीगढ़ । पहले बुलंदशहर और फिर फिरोजाबाद में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार अजय सनाढ्य की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने और 'दिखाने' के उद्देश्य से आयोजित हुईं मीटिंग्स में लोगों का जैसा जो उत्साहपूर्ण नजारा देखने को मिला, उसने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनावी परिदृश्य को खासा उठा-पटक भरा बना दिया है । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के दूसरे उम्मीदवार श्याम बिहारी अग्रवाल ने अपने साथ हुई नाइंसाफी और धोखाधड़ी को लेकर लोगों की सहानुभूति जुटाने की अच्छी कोशिश की थी, लेकिन लगता है कि वह सहानुभूति को समर्थन में बदलने का मैकेनिज्म नहीं बना सके हैं - जिसका नतीजा यह देखने को मिल रहा है कि अजय सनाढ्य की उम्मीदवारी को मिल रहे समर्थन में वृद्धि हुई है । बुलंदशहर में हुई मीटिंग में बुलंदशहर के पाँचों क्लब्स के पदाधिकारियों के साथ-साथ बुलंदशहर के दोनों पूर्व गवर्नर्स अशोक गुप्ता व राकेश सिंघल की उपस्थिति रही; तो फिरोजाबाद में फिरोजाबाद के चारों क्लब्स के पदाधिकारियों के साथ-साथ फिरोजाबाद के वरिष्ठ पूर्व गवर्नर विश्वदीप सिंह की उपस्थिति उल्लेखनीय रही । यह बात तो खुद अजय सनाढ्य के समर्थक बड़े नेताओं ने भी स्वीकार की है कि इसका मतलब यह नहीं है कि बुलंदशहर और फिरोजाबाद के सभी वोट अजय सनाढ्य को ही मिल जायेंगे; लेकिन दोनों जगहों में हुई मीटिंग्स की कामयाबी इस बात का संकेत तो देती ही है कि श्याम बिहारी अग्रवाल की सहानुभूति जुटाने की तमाम कोशिशों के बावजूद सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए लोगों के बीच अजय सनाढ्य की उम्मीदवारी की स्वीकार्यता ज्यादा है ।
श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के अभियान को दरअसल इस बात से झटका लगा है कि उनके समर्थन में समझे/बताए जा रहे पूर्व गवर्नर्स उनकी उम्मीदवारी के समर्थन में कुछ करते हुए 'दिख' नहीं रहे हैं । राजनीति में - और खासकर चुनावी राजनीति में होना/करना महत्त्वपूर्ण नहीं होता है, बल्कि 'दिखना' महत्त्वपूर्ण होता है । अजय सनाढ्य के समर्थन में जो पूर्व गवर्नर्स हैं, वह खुलकर अजय सनाढ्य के समर्थन में 'दिख' रहे हैं; लेकिन श्याम बिहारी अग्रवाल के समर्थक पूर्व गवर्नर्स अपने आप को पीछे किए हुए हैं - जिससे लोगों के बीच यह संदेश गया है कि उन्होंने श्याम बिहारी अग्रवाल की स्थिति को कमजोर भाँप लिया है और चूँकि कमजोर के साथ कोई नहीं 'दिखना' चाहता है, इसलिए उन्होंने अपने आप को श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के अभियान से खुद को अलग कर लिया है । समर्थक पूर्व गवर्नर्स के बीच मँझधार में छोड़ जाने से डाँवाडोल हुई नाव को सँभालने के लिए श्याम बिहारी अग्रवाल कोशिश तो बहुत कर रहे हैं, लेकिन लगता है कि उनकी कोशिशें काफी नहीं पड़ रही हैं । दरअसल, इस बीच मौके का फायदा उठाते हुए अजय सनाढ्य ने अपनी कमजोरियों को दुरुस्त किया और लोगों के बीच पैठ बनाने की कोशिश की । अजय सनाढ्य पर सबसे गंभीर आरोप यही रहा है कि एक उम्मीदवार के रूप में वह खुद कुछ नहीं कर रहे हैं, और पूरी तरह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारस अग्रवाल तथा फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बीके गुप्ता पर निर्भर हैं । इस आरोप के चलते अपनी उम्मीदवारी को नुकसान होता देख अजय सनाढ्य ने लेकिन अपने आप को सक्रिय किया तथा आरोपियों का मुँह बंद किया । उन्हें इसका फायदा मिलता दिख रहा है ।
बुलंदशहर और फिरोजाबाद में हुईं मीटिंग्स की जोरदार सफलता से यह भी नजर आ रहा है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारस अग्रवाल के कार्य-व्यवहार के प्रति जिन लोगों को नाराजगी रही भी है, श्याम बिहारी अग्रवाल उसका भी फायदा नहीं उठा पा रहे हैं । यूँ भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से नाराज होने वाले लोग चाहते रहते हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर उन्हें मना ले और उनकी नाराजगी को दूर कर दे, तो वह उसी के साथ जुड़ जाएँ । पारस अग्रवाल ने लोगों के इस इमोशंस को समझा और नाराज होने/रहने वाले लोगों को मना लिया । नाराज लोगों को चूँकि श्याम बिहारी अग्रवाल के समर्थक पूर्व गवर्नर्स से कोई 'सहारा' नहीं मिला, इसलिए लगता है कि उन्होंने भी नाराजगी छोड़ पारस अग्रवाल के साथ जुड़ने में ही अपनी भलाई देखी/पहचानी । क्लब्स के पदाधिकारियों तथा लोगों को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से अवॉर्ड तथा फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स से पद लेने होते हैं, इसलिए वह इन दोनों की गुड-बुक में रहना चाहते हैं । इस 'स्थिति' का फायदा अजय सनाढ्य को मिलता नजर आ रहा है । श्याम बिहारी अग्रवाल के लिए हालात खासे अनुकूल थे; लेकिन उन्होंने हालात को निरंतर अनुकूल बनाए रखने के लिए कोई प्रयत्न नहीं किए और यह माने/समझे रहे कि हालात अपने आप अनुकूल बने रहेंगे; इसलिए वह समझ ही नहीं पाए कि कब हालात उनके प्रतिकूल होने लगे । जब तक उन्हें इसका भान हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी । उनकी बदकिस्मती यह रही कि जो पूर्व गवर्नर्स उनके साथ थे, वह पीछे हटते गए - जिस कारण हालात को अपने अनुकूल बनाए रखना उनके लिए और मुश्किल हो गया । मुश्किल की बात यह हुई है कि हालात के खिलाफ होने का पता अब चला है जब बुलंदशहर और फिरोजाबाद में हुईं मीटिंग्स की सफलता देखी गई, और अब जब चुनाव में ज्यादा समय भी नहीं रह गया है ।

Sunday, April 8, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में विशाल सिन्हा की बदतमीजीभरी धमकी के बाद भी एके सिंह अपने गवर्नर-वर्ष में बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी को समर्थन देने की अपनी घोषणा पर टिके/बने रहेंगे और या घुटने टेक देंगे ?

लखनऊ । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह ने अगले वर्ष के अपने गवर्नर-काल में होने वाले सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में बीएम श्रीवास्तव को समर्थन देने की घोषणा करके, और उनकी घोषणा पर उन्हें विशाल सिन्हा की तरफ से धमकी मिलने की घटना ने गुरनाम सिंह खेमे के लोगों के बीच खलबली मचा दी है । दरअसल गुरनाम सिंह खेमे के लोग एके सिंह को अपने 'आदमी' के रूप में देखते/पहचानते हैं, और बीएम श्रीवास्तव को केएस लूथरा खेमे ने अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है । इसलिए एके सिंह की बीएम श्रीवास्तव को समर्थन की घोषणा से गुरनाम सिंह खेमे में खलबली मचना स्वाभाविक ही था । इस खलबली को और बढ़ाने का काम किया विशाल सिन्हा की धमकी ने । उल्लेखनीय है कि एके सिंह की घोषणा पर गुरनाम सिंह की तरफ से तो हालाँकि कुछ सुनने को नहीं मिला है, लेकिन विशाल सिन्हा ने अपने स्वभावानुसार एके सिंह के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा है कि वह देखते हैं कि बीएम श्रीवास्तव को समर्थन दे कर एके सिंह गवर्नरी कैसे करते हैं ? विशाल सिन्हा की हाल ही की कुछेक हरकतों को उनकी इस प्रतिक्रिया के साथ जोड़ कर देखते हुए कई लोगों का कहना है कि गुरनाम सिंह को 'पापा जी' कहने वाले विशाल सिन्हा अब उनके 'पापा जी' बनने की कोशिश कर रहे हैं । ऐसे में, एके सिंह को विशाल सिन्हा की तरफ से मिली धमकी ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद से जुड़ी डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के परिदृश्य को रोचक बना दिया है ।
बीएम श्रीवास्तव को एके सिंह की तरफ से समर्थन मिलने की घोषणा ने केएस लूथरा खेमे के लोगों को भी चौंकाया है । हालाँकि दोनों खेमे के कुछेक बड़े नेता एके सिंह की घोषणा को गुरनाम सिंह की योजना को क्रियान्वित करने की 'तैयारी' के रूप में भी देख/पहचान रहे हैं । उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों गुरनाम सिंह ने केएस लूथरा की तरफ 'दोस्ती' का हाथ बढ़ाया है, जिसमें उनकी तरफ से कहा गया है कि दोनों खेमे के उम्मीदवार बारी बारी से गवर्नर बनते रहें और इस तरह चुनाव के चक्कर से बचा जाए । गुरनाम सिंह की यहाँ तक की बात तो सभी को अच्छी लगी, लेकिन गुरनाम सिंह ने अगली बारी अपने खेमे के वीएन चौधरी को देने की माँग करके केएस लूथरा खेमे के लोगों को भड़का दिया । केएस लूथरा खेमे के नेताओं का कहना है कि वीएन चौधरी को चुनवाने के लिए गुरनाम सिंह 'एकता' बनाने का नाटक कर रहे हैं, और उसके बाद फिर वह अपने असली रंग में आ जायेंगे । गुरनाम सिंह के इरादे की पोल-पट्टी खोलने के लिए केएस लूथरा खेमे की तरफ से कहा गया कि गुरनाम सिंह यदि अपनी बात और अपने फार्मूले को लेकर ईमानदार हैं, तो इस बार चूँकि उनके खेमे का आदमी गवर्नर बना है, तो अगली बार का मौका उन्हें केएस लूथरा खेमे के आदमी को देना चाहिए । गुरनाम सिंह की तरफ से इसके लिए हामी नहीं भरी गई है । इसके बावजूद, एके सिंह की घोषणा में कुछेक लोगों को गुरनाम सिंह की हामी का संकेत नजर आ रहा है । लेकिन एके सिंह की घोषणा पर व्यक्त की गई विशाल सिन्हा की नाराजगी और धमकी ने उस संकेत की संभावना को घटा दिया है ।
एके सिंह की तरफ से भी स्पष्टीकरण सुनने को मिला है कि बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी को समर्थन देने की उनकी घोषणा उनका अपना फैसला है, और उनकी घोषणा से किसी खेमे की राजनीति का कोई लेना-देना नहीं है । एके सिंह की घोषणा से गुरनाम सिंह खेमे की तरफ से उम्मीदवार बनाए जा रहे वीएन चौधरी का 'दम' और कमजोर पड़ गया है । विशाल सिन्हा हालाँकि वीएन चौधरी में हवा भरने की कोशिश तो बहुत कर रहे हैं, किंतु लगता नहीं है कि वीएन चौधरी उनकी बातों में आयेंगे और उम्मीदवार बनेंगे । दरअसल वीएन चौधरी भी समझ रहे हैं कि इस बार अपने उम्मीदवार की जीत से विशाल सिन्हा घमंड में भले ही आ गए हों, लेकिन वोटों की भारी खरीद-फरोख्त के बाद भी तीन वोटों के मामूली अंतर से मिली जीत यह आश्वासन नहीं देती है कि काठ की हांडी दोबारा भी चढ़ सकेगी । वीएन चौधरी इसलिए भी उम्मीदवार नहीं बनना चाहेंगे क्योंकि वह जानते हैं कि वह यदि उम्मीदवार बन गए तो विशाल सिन्हा तो उन्हें लूट खायेंगे । बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी को समर्थन करने की एके सिंह की घोषणा से विशाल सिन्हा के बौखलाने का एक बड़ा कारण यह भी है कि विशाल सिन्हा को उम्मीदवार मिलना अब और मुश्किल हो जायेगा - और इस तरह उनका 'धंधा' ही चौपट हो जायेगा । 'धंधा' बचाने के लिए ही विशाल सिन्हा ने धमकी देकर एके सिंह पर दबाव बनाने की कोशिश की है । यह देखना दिलचस्प होगा कि विशाल सिन्हा की धमकी के सामने एके सिंह अपने गवर्नर-वर्ष में बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी को समर्थन देने की अपनी घोषणा पर टिके/बने रहते हैं, और या विशाल सिन्हा की बदतमीजी के सामने घुटने टेक देते हैं ।

Saturday, April 7, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में मदन बत्रा की बातों और दावों के लायंस इंटरनेशनल से पुष्टि न हो पाने के कारण संदेहास्पद हो जाने के लिए मदन बत्रा के नजदीकियों ने जेपी सिंह और विनोद खन्ना को जिम्मेदार ठहराया

नई दिल्ली । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की उम्मीदवारी को अधिकृत करवाने तथा लोगों के बीच स्वीकार्यता दिलवाने के लिए मदन बत्रा ने अपने बारे में जो जो तथ्य दिए/बताए हैं, उनके संदेहास्पद हो जाने से उनका पूरा वजूद ही सवालों के घेरे में आ गया है । विरोधी तो विरोधी, उनके अपने समर्थकों के बीच भी यह बातें होने लगी हैं कि सवालिया बातों और दावों के जरिये गवर्नरी हासिल करने की मदन बत्रा की कोशिशों से डिस्ट्रिक्ट और लायनिज्म का ही नाम खराब हो रहा है । मदन बत्रा के नजदीकियों ने इस झमेले के लिए जेपी सिंह और विनोद खन्ना को जिम्मेदार ठहरा कर मामले को और गर्म कर दिया है । मदन बत्रा और उनकी उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि अब जब चुनाव के दिन नजदीक आ रहे हैं, तब मदन बत्रा से जुड़ी बातों और दावों पर जिस तरह से सवाल उठ रहे हैं, और लोगों के बीच यह भावना घर करती जा रही है कि मदन बत्रा अपनी सक्रियताओं को लेकर जो भी बातें बता रहे हैं और या दावे कर रहे हैं, वह सब झूठे हैं । मदन बत्रा और उनके समर्थक नेताओं के लिए यह समझना भी मुश्किल हो रहा है कि ठीक चुनाव से पहले बने इस माहौल से वह कैसे निपटें ? मजे की - और मदन बत्रा व उनके समर्थक नेताओं के लिए चुनौती की बात यह हुई है कि लायंस इंटरनेशनल कार्यालय तक ने मदन बत्रा के दावों और उनके द्वारा दी गई जानकरियों की पुष्टि करने से इंकार कर दिया है । लायंस इंटरनेशनल कार्यालय द्वारा इंकार कर दिए जाने के बाद तो उनके दावों और उनके द्वारा दी गई जानकारियों के झूठे होने के आरोप और पुख्ता हो गए हैं । बीएसएफ में रह कर चीन के खिलाफ हुए युद्ध में भूमिका निभाने का उनका दावा भी लोगों के बीच संदेह और मजाक का विषय बना हुआ है ।
दरअसल मदन बत्रा को लायनिज्म में हो तो कई वर्ष गए हैं, लेकिन लायनिज्म में उन्होंने ऐसी कोई भूमिका नहीं निभाई है जिससे कि एक लायन सदस्य और पदाधिकारी के रूप में उनकी भूमिका ने लोगों पर कोई छाप छोड़ी हो । वास्तव में इसीलिए लायनिज्म में अपनी सक्रियता तथा विभिन्न पदों पर रहने को लेकर मदन बत्रा ने जो दावे किये हैं, उन पर डिस्ट्रिक्ट के लोगों ने संदेह किए हैं । लोगों के इन संदेहों को बल इस बात से और मिला कि लायंस इंटरनेशनल कार्यालय ने भी मदन बत्रा के दावों की पुष्टि नहीं की । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कार्यालय ने सभी चारों उम्मीदवारों - रवि मेहरा, गुरचरण सिंह भोला, मदन बत्रा और रमन गुप्ता के नामांकन पत्रों को लायंस इंटरनेशनल कार्यालय भेज दिया; और उससे नामांकन पत्रों में दी गई जानकारियों की पुष्टि करने का अनुरोध किया । लायंस इंटरनेशनल कार्यालय ने मदन बत्रा के अलावा बाकी तीनों उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों में दी गई जानकारियों की तो पुष्टि कर दी, लेकिन मदन बत्रा के नामांकन पत्र में दी गई जानकारी की पुष्टि नहीं की । लायंस इंटरनेशनल कार्यालय की तरफ से यह पुष्टि न हो पाने के चलते मदन बत्रा द्वारा की गई जानकारियाँ संदेह के घेरे में आ गई हैं और कई लोग तो साफ-साफ उन्हें झूठा भी कहने/बताने लगे हैं । मदन बत्रा और उनके समर्थकों ने हालाँकि इसे अपने विरोधियों का दुष्प्रचार कह कर अपना बचाव करने की कोशिश की है, लेकिन उनकी यह कोशिश इसलिए सफल होती हुई नहीं दिख रही है क्योंकि उनके द्वारा दिए गए तथ्यों और दावों की पुष्टि करने से इंकार करने का काम उनके विरोधियों ने नहीं, बल्कि लायंस इंटरनेशनल कार्यालय ने किया है ।
मदन बत्रा के नजदीकियों ने इस स्थिति के बनने के लिए जेपी सिंह और विनोद खन्ना को जिम्मेदार ठहराना शुरू कर दिया है । उनका कहना है कि जेपी सिंह और विनोद खन्ना यदि चाहते तो नरेश अग्रवाल की मदद लेकर मदन बत्रा के द्वारा दिए गए तथ्यों और दावों की लायंस इंटरनेशनल कार्यालय से पुष्टि करवा सकते थे । जेपी सिंह और विनोद खन्ना ने लेकिन उनके मामले में कोई दिलचस्पी ही नहीं ली, और इस तरह मदन बत्रा बेचारे मुसीबत में फँस गए । मदन बत्रा बीएसएफ में नौकरी करने को लेकर भी विवाद में फँसे हैं । लोगों का, खासतौर से उनके क्लब के तथा सोनीपत के ही लोगों का कहना है कि इससे पहले तो कभी सुनने को नहीं मिला था कि मदन बत्रा ने बीएसएफ में नौकरी की थी; अब अचानक से चुनाव के मौके पर इस तरह का शिगूफा छोड़ कर मदन बत्रा लोगों की सहानुभूति जुटाने की कोशिश कर रहे हैं । बीएसएफ में रहते हुए चीन के साथ युद्ध में भूमिका निभाने का उनका दावा इसलिए विवादस्पद हो गया है, क्योंकि बीएसएफ वास्तव में युद्ध में कोई भूमिका निभाता ही नहीं है । बीएसएफ की भूमिका तो शांति के दिनों में सीमा पार के इलाकों में सीमा की सुरक्षा-व्यवस्था देखने तथा सीमा क्षेत्र के अपराधों को रोकने की ही होती है । इससे भी बड़ी बात यह है कि बीएसएफ का गठन ही एक दिसंबर 1965 को हुआ था, जबकि चीन के साथ युद्ध 1962 में हुआ था । 1965 में पाकिस्तान के साथ जो युद्ध हुआ था, वह भी अप्रैल से सितंबर के बीच की अवधि में हुआ था । जाहिर है कि बीएसएफ में रहते हुए युद्ध में भूमिका निभाने का मदन बत्रा का दावा झूठा ही है । चुनाव से ठीक पहले मदन बत्रा की बातों और उनके दावों की पोल खुलने से मदन बत्रा की उम्मीदवारी के लिए मुसीबत और बढ़ गई है ।

Wednesday, April 4, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन की चुनावी राजनीति में हुए उलटफेर से एक बार फिर साबित हुआ कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की इच्छा रखने वाले लोगों की मुराद मुकेश गोयल की शरण में आ कर ही पूरी हो सकेगी

देहरादून । डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में एक बार फिर पुरानी पटकथा ही दोहरा दी गई है । अश्वनी काम्बोज ने भी अंततः सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के पिछले वर्षों के ऐसे कई उम्मीदवारों का अनुसरण किया, जो पहले तो मुकेश गोयल के विरोधी नेताओं के यहाँ लुटते और ठगे जाते हैं, और फिर मुकेश गोयल की शरण में आ जाते हैं - कुछेक ऐसे 'वीर-बहादुर' भी हैं जो मुकेश गोयल के उम्मीदवार से बुरी तरह चुनाव हारने के बाद मुकेश गोयल की शरण में आकर (सेकेंड वाइस) डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनते हैं, और फिर मुकेश गोयल को गाली देते हुए अपने आप को बड़ा तुर्रमखाँ 'दिखाने' लगते हैं । इस वर्ष तो बड़ा मजेदार सीन बना - पिछले दो वर्षों में विरोधी नेताओं के हाथों ठगे गए राजेश गुप्ता और अश्वनी काम्बोज में से राजेश गुप्ता तो पहले ही मुकेश गोयल की शरण में आ गए थे, और अश्वनी काम्बोज भी लगातार हापुड़ के चक्कर लगा रहे थे । अश्वनी काम्बोज थोड़ी होशियारी बरत रहे थे, वह अपनी उम्मीदवारी के लिए मुकेश गोयल का समर्थन तो चाह रहे थे, लेकिन पूरी तरह उनकी ही शरण में दिखने से बचने की कोशिश भी कर रहे थे । अश्वनी काम्बोज को उम्मीद थी कि राजेश गुप्ता उम्मीदवार के रूप में टिके नहीं रह पायेंगे और तब मुकेश गोयल झक मार कर उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए मजबूर होंगे । राजेश गुप्ता की उम्मीदवारी के प्रति फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनय मित्तल की नाराजगी को 'सुनते/देखते' हुए अश्वनी काम्बोज को विश्वास था कि ज्यादा प्रयास किए बिना वह दोनों नावों की सवारी कर लेंगे । मुकेश गोयल लेकिन लायन राजनीति के 'बाजीगर' यूँ ही नहीं कहे/माने/समझे जाते हैं । उन्होंने न केवल कमजोरी के बावजूद राजेश गुप्ता को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार बनाए रखा, बल्कि नाराजगी के बावजूद विनय मित्तल को भी अपने साथ जोड़े रखा ।
मेरठ में राजेश गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन में हुई मीटिंग की कामयाबी ने अश्वनी काम्बोज की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया । उक्त मीटिंग के जरिये मुकेश गोयल ने जता/दिखा दिया कि अपने उम्मीदवार के लिए वह सिर्फ वोट ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर नोट भी जुटा सकते हैं । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में शायद यह पहली बार हुआ कि एक उम्मीदवार की मीटिंग करने के लिए क्लब्स आगे आए और उन्होंने अपने खर्चे पर उम्मीदवार के प्रति समर्थन 'दिखाने' की मीटिंग आयोजित की । यह मुकेश गोयल का कमाल था और यह सिर्फ मुकेश गोयल ही कर/करवा सकते थे । मेरठ में जो नजारा देखने को मिला, वह अश्वनी काम्बोज के लिए तीन विकल्प देता सीधा संदेश था कि या तो मुकेश गोयल की शरण में आ जाओ, या घर बैठो और या लगातार दूसरी हार स्वीकारने के लिए तैयार रहो । जो लोग 'रचनात्मक संकल्प' नियमित पढ़ते हैं, उन्हें 20 फरवरी की रिपोर्ट याद होगी, जिसमें साफ कहा/बताया गया था कि इस बार की खास बात यह है कि जो दो उम्मीदवार मैदान में खड़े नजर आ रहे हैं, वह दोनों ही उम्मीदवार इस उम्मीद में उम्मीदवार बने हैं कि दूसरा जल्दी ही मैदान छोड़ देगा - और तब वह निर्विरोध सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुन लिया जायेगा । उक्त रिपोर्ट में बताया गया था कि चुनावी सीन आगे बढ़ेगा, कोई एक उम्मीदवार मैदान छोड़ देगा । 'रचनात्मक संकल्प' की 20 फरवरी की रिपोर्ट में रेखांकित की गई बात अंततः सच साबित हुई । राजेश गुप्ता यदि थोड़ी हिम्मत दिखा देते और अपनी उम्मीदवारी पर टिके रहते, तो अश्वनी काम्बोज मैदान छोड़ देते - मुकेश गोयल ने उनके लिए जो तीसरा विकल्प छोड़ा था, उसे तो वह नहीं ही स्वीकारते । अश्वनी काम्बोज ने पहला विकल्प अपनाया, और उन्होंने मुकेश गोयल की लीडरशिप को स्वीकार कर लिया । अब जब दोनों उम्मीदवार मुकेश गोयल खेमे में आ गए, तो विनय मित्तल वाले ऐंगल ने अश्वनी काम्बोज का पलड़ा भारी बना दिया, और राजेश गुप्ता अपनी उम्मीदवारी से पीछे हट गए ।
दरअसल दोनों उम्मीदवारों के सामने अलग अलग तरह की समस्याएँ थीं : राजेश गुप्ता ज्यादा पैसा भी खर्च नहीं करना चाहते थे, और विनय मित्तल की नाराजगी को भी दूर करने में वह सफल नहीं हो पाए थे; दूसरी तरफ अश्वनी काम्बोज अपने खेमे के नेताओं की असली औकात देख/पहचान चुके थे जो सिर्फ बड़बोले और ठग/लुटेरे किस्म के लोग हैं, और जिनकी कोशिश सिर्फ यह रहती कि कैसे वह अश्वनी काम्बोज से पैसे ठग लें । अश्वनी काम्बोज ने यह तय कर रखा था कि राजेश गुप्ता अपनी कमजोरी, जो विनय मित्तल की नाराजगी के चलते और बढ़ रही थी, के बावजूद यदि उम्मीदवार बने रहे तो वह अपनी उम्मीदवारी से पीछे हट जायेंगे । अश्वनी काम्बोज ने इसीलिए अपनी गतिविधियों को बहुत ही सीमित तरीके से चलाया हुआ था और मीटिंग आदि में नाहक ही पैसे खर्च करने से वह बच रहे थे । वह इस उम्मीद में थे कि राजेश गुप्ता की उम्मीदवारी का विरोध करते हुए विनय मित्तल विद्रोह कर देंगे और तब उनका काम आसानी से बन जायेगा । लेकिन मेरठ में राजेश गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन में हुई मीटिंग की कामयाबी में जब उन्होंने संकेत देखा/पाया कि सारी अनुकूल स्थितियों के बावजूद उनका काम अपने आप - और मुकेश गोयल की शरण में जाए बिना नहीं बनेगा, तब उन्होंने मुकेश गोयल की लीडरशिप को स्वीकार करने का फैसला किया । मुकेश गोयल की शरण में आते ही अश्वनी काम्बोज के लिए हालात पूरी तरह अनुकूल हो गए - और एक बार फिर साबित हुआ कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की इच्छा रखने वाले लोगों को मुकेश गोयल की शरण में आना ही पड़ेगा ।

Monday, April 2, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में जेपी सिंह एंड टीम की तमाम मेहनत के बाद भी मदन बत्रा की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने और 'दिखाने' के उद्देश्य से एक अप्रैल को हुई मीटिंग के फेल/फ्लॉप होने से मदन बत्रा की उम्मीदवारी के अभियान को तगड़ा झटका लगा

नई दिल्ली । मदन बत्रा और उनके समर्थक नेताओं को एक अप्रैल की मीटिंग में लगता है कि डिस्ट्रिक्ट के क्लब्स के पदाधिकारियों ने 'अप्रैल फूल' बना दिया है । उल्लेखनीय है कि मदन बत्रा की उम्मीदवारी को प्रमोट करने के उद्देश्य से एक अप्रैल को दिल्ली में जो मीटिंग की गई, वह मदन बत्रा और उनके समर्थक नेताओं की उम्मीदों पर ही खरी नहीं उतरी, और मीटिंग को खुद उनकी उम्मीद से कम रेस्पॉन्स मिला । मीटिंग में करीब 25 क्लब्स के पदाधिकारी ही पहुँचे और मीटिंग में उपस्थित लोगों की संख्या 250 के करीब गिनी गई । मीटिंग के आयोजकों ने फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि मेहरा का नाम और तस्वीर भी बैनर पर लगाई हुई थी, लेकिन वह मीटिंग में नहीं आए । मीटिंग के आयोजकों का कहना रहा कि रवि मेहरा खेमेबाजी की राजनीति के चलते मीटिंग में नहीं आए; उन्होंने उनके मीटिंग में न आने पर अफसोस व्यक्त किया और कहा कि रवि मेहरा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने जा रहे हैं और इस नाते उन्हें खेमेबाजी की राजनीति से ऊपर उठ कर व्यवहार करना चाहिए । रवि मेहरा के समर्थकों का कहना लेकिन यह है कि खेमेबाजी की राजनीति से ऊपर उठ कर व्यवहार करने की माँग सिर्फ रवि मेहरा से ही क्यों की जा रही है ? यह माँग नॉमिनेटेड इंटरनेशनल डायरेक्टर विनोद खन्ना और इंटरनेशनल डायरेक्टर होने जा रहे जेपी सिंह जैसे बड़े नेताओं से भी क्यों नहीं की जा रही है ? उनका कहना/पूछना है कि मदन बत्रा की उम्मीदवारी को प्रमोट करने की मीटिंग करने वाले लोगों ने या यह मान लिया है कि विनोद खन्ना और जेपी सिंह तो अपने पद की गरिमा की धज्जियाँ उड़ाते हुए पक्षपातपूर्ण मनमानी करेंगे और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर तक को अपमानित करेंगे ही । रवि मेहरा के नजदीकियों और समर्थकों का गंभीर आरोप यह भी है कि उक्त मीटिंग के आयोजकों ने बैनर पर रवि मेहरा का नाम और तस्वीर उनकी अनुमति लिए बिना ही लगाई थी और ऐसा करके उन्होंने अपनी बेईमानीभरी तरकीबों का ही सुबूत प्रस्तुत किया है - और अपनी तरकीब के फेल हो जाने पर वह रवि मेहरा को नाहक ही बदनाम कर रहे हैं ।
मदन बत्रा की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने/दिखाने के उद्देश्य से आयोजित हुई मीटिंग के फेल/फ्लॉप हो जाने के लिए मुख्य कारण के रूप में पिछले दिनों पहले जेपी सिंह और फिर विनोद खन्ना के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इंद्रजीत सिंह के साथ किए गए अशोभनीय व अपमानजनक व्यवहार को देखा/पहचाना जा रहा है । माना जा रहा है कि डिस्ट्रिक्ट में लोगों ने इन दोनों के व्यवहार को पसंद नहीं किया है, और इसी का बदला लेने के लिए कई क्लब्स के पदाधिकारियों ने अपने आप को मदन बत्रा की उम्मीदवारी से जुड़े कार्यक्रम से अपने आप को दूर रखा । डिस्ट्रिक्ट की तीसरी कैबिनेट मीटिंग में जेपी सिंह ने इंद्रजीत सिंह के साथ जो किया, वह तो अब एक बड़े बबाल का रूप ले ही चुका है - उनके बाद, उनका अनुसरण करते हुए विनोद खन्ना ने भी एक रीजन कॉन्फ्रेंस में मनमाने तरीके से पिन व सर्टीफिकेट बाँटने के काम में पक्षपातपूर्ण व्यवहार दिखाते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इंद्रजीत सिंह तक को अपमानित करने का काम किया । इंद्रजीत सिंह ने लायंस इंटरनेशनल कार्यालय तथा इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नरेश अग्रवाल को विनोद खन्ना की हरकत की शिकायत की, लेकिन उन्हें वहाँ से कोई जबाव नहीं मिला है । जेपी सिंह के मामले में भी इंद्रजीत सिंह को लायंस इंटरनेशनल कार्यालय तथा इंटरनेशनल प्रेसीडेंट से अपने शिकायती पत्र का जबाव नहीं मिला है । समझा जाता है कि जेपी सिंह और विनोद खन्ना की हरकतों ने नरेश अग्रवाल को भी दुविधा में डाल फजीहत का शिकार बना दिया हुआ है - वह न तो उनकी हरकतों को जायज ठहरा पा रहे हैं, और न उनके खिलाफ कोई टिप्पणी या फैसला सुना पा रहे हैं; और ऐसे में चुप ही बने रहने के लिए मजबूर हैं । विनोद खन्ना और जेपी सिंह की हरकतों पर नरेश अग्रवाल भले ही चुप्पी साधे रख रहे हों, लेकिन डिस्ट्रिक्ट के क्लब्स के पदाधिकारियों ने मदन बत्रा की उम्मीदवारी की मीटिंग को फेल/फ्लॉप कर के अपनी नाराजगी जता/दिखा दी है ।   
मदन बत्रा की उम्मीदवारी को समर्थन दिलाने/दिखाने के उद्देश्य से आयोजित हुई मीटिंग को कामयाब बनाने के लिए जेपी सिंह, अनिल सेठ और प्रमोद सपरा जैसे पूर्व गवर्नर्स तथा सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर गुरचरण सिंह भोला ने अथक मेहनत की थी । मीटिंग के लिए स्थान भी ऐसा चुना गया था, जो करीब 70 से 80 क्लब्स के पदाधिकारियों की आसान पहुँच में था । इन 70 से 80 क्लब्स में करीब 30 क्लब्स को प्रतिद्धंद्धी खेमे के समर्थक क्लब्स के रूप में चिन्हित किया गया था और इस तरह मीटिंग के आयोजकों का खास फोकस 45 से 50 क्लब्स पर था । लेकिन मीटिंग में कुल करीब 25 क्लब्स के पदाधिकारियों को ही देख/पहचान कर मदन बत्रा और उनकी उम्मीदवारी के समर्थक नेता भौंचक रह गए । उनके लिए झटके वाली बात यह रही कि ऐसे क्लब्स, जिन्हें अभी पक्के तौर पर इधर या उधर नहीं माना/समझा जा सकता है - उन्होंने भी मदन बत्रा की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने/दिखाने हेतु हुई मीटिंग से दूरी बनाने/रखने का काम किया । मदन बत्रा की उम्मीदवारी से जुड़ी मीटिंग के फेल/फ्लॉप होने का एक अन्य कारण यह भी बताया जा रहा है कि उनके खेमे के अन्य पूर्व गवर्नर्स मदन बत्रा से नाराज हैं और इस नाराजगी के चलते वह मदन बत्रा की उम्मीदवारी के पक्ष में कुछ करने में दिलचस्पी ही नहीं ले रहे हैं । खेमे के पूर्व गवर्नर्स की शिकायत है कि एक उम्मीदवार के रूप में मदन बत्रा सिर्फ जेपी सिंह, प्रमोद सपरा और अनिल सेठ को ही जान/पहचान रहे हैं तथा अन्य पूर्व गवर्नर्स को कोई अहमियत ही नहीं दे रहे हैं; इससे उन्हें लग रहा है कि मदन बत्रा को जैसे उनकी मदद की जरूरत ही नहीं है । समर्थक खेमे के पूर्व गवर्नर्स की इस तरह की शिकायतों और बातों ने मदन बत्रा की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने/दिखाने की मीटिंग को जिस तरह से फेल/फ्लॉप करने में 'मदद' पहुँचाई है, उसे देख/जान कर मदन बत्रा की उम्मीदवारी के अभियान को तगड़ा झटका लगा है ।