Showing posts with label Sunita Bansal. Show all posts
Showing posts with label Sunita Bansal. Show all posts

Saturday, August 15, 2020

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए चार चार उम्मीदवारों की चर्चा के बीच तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को हरी झंडी देने के लिए बुलाई गई क्लब की मीटिंग में पारस अग्रवाल के न पहुँचने के 'मामले' ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति का पारा चढ़ाया

आगरा । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी को क्लब से हरी झंडी दिलवा कर तरुण अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में गर्मी पैदा कर दी है । क्लब की जिस मीटिंग में तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को हरी झंडी मिली, उस मीटिंग में पारस अग्रवाल की गैरमौजूदगी ने उस गर्मी को और गर्म कर दिया है । उल्लेखनीय है कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अजय भार्गव, पीके जैन तथा स्वाति माथुर के नाम की चर्चा पहले से ही है । अजय भार्गव इस वर्ष डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट सेक्रेटरी हैं, जिस कारण अनुमान लगाया जा रहा है कि उनकी उम्मीदवारी को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय सनाढ्य की शह होगी; पीके जैन बुलंदशहर के दो पूर्व गवर्नर्स के क्लब के सदस्य हैं, इस नाते उन्हें 'उनके' उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है; स्वाति माथुर को डिस्ट्रिक्ट के वरिष्ठ पूर्व गवर्नर्स के 'आशीर्वाद' से चुनावी मैदान में 'कूदते' हुए पहचाना गया है । मजे की बात यह रही कि अजय भार्गव, पीके जैन व स्वाति माथुर की उम्मीदवारी को लेकर होने वाली चर्चा में तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को पूरी तरह भुला ही दिया गया - जबकि सबसे पहले उन्होंने ही अपनी उम्मीदवारी की बात कही थी । इसके लिए हालाँकि तरुण अग्रवाल को ही जिम्मेदार माना गया । दरअसल उन्होंने इस वर्ष उम्मीदवार होने की बात तो कह दी, लेकिन फिर सीन से गायब हो गए । डिस्ट्रिक्ट के लोगों को तरुण अग्रवाल चूँकि उम्मीदवार के रूप में कुछ करते हुए नजर नहीं आए, इसलिए लोगों ने इस वर्ष उम्मीदवार बनने की उनकी बात को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया और उसे भुला दिया ।
यह इसलिए भी हुआ, क्योंकि तरुण अग्रवाल पिछले वर्ष भी उम्मीदवार बने थे - लेकिन पिछले वर्ष जिस अचानक तरीके से वह उम्मीदवार बने थे, उसी अचानक तरीके से फिर वह पीछे भी हट गए थे । लोगों के बीच चर्चा रही कि तरुण अग्रवाल को उम्मीदवार बनना नहीं था, वह तो तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह ने सुनीता बंसल की 'बाँह मरोड़ने' के लिए उन्हें इस्तेमाल किया और उम्मीदवार बना दिया था; और सुनीता बंसल जैसे ही 'रास्ते' पर आईं, मधु सिंह ने तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को वापस करवा दिया । लोगों के बीच चर्चा थी कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में सुनीता बंसल चूँकि मधु सिंह की 'डिमांड्स' पूरी करने में आनाकानी कर रही थीं, इसलिए सुनीता बंसल को 'रास्ते पर' लाने के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में मधु सिंह ने तरुण अग्रवाल की 'सेवा' ली - और तरुण अग्रवाल सिर्फ इस्तेमाल होने के लिए ही उम्मीदवार बने थे । इसीलिए, तरुण अग्रवाल जब इस वर्ष उम्मीदवार बनने की बात करने के बावजूद कुछ करते हुए नहीं दिखे - तो डिस्ट्रिक्ट के लोगों ने भी उनकी उम्मीदवारी की बात को भुला दिया, और सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के संभावित उम्मीदवारों के रूप में चर्चा अजय भार्गव, पीके जैन तथा स्वाति माथुर तक ही सीमित रह गई ।
यह देख तरुण अग्रवाल तुरंत सक्रिय हुए और उन्होंने क्लब की मीटिंग बुलवा ली, जिसमें मौजूद सभी सदस्यों ने एकमत से तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी के प्रति समर्थन व्यक्त किया - और इस तरह तरुण अग्रवाल ने अपनी उम्मीदवारी को लेकर गंभीरता दिखाई । उक्त मीटिंग में लेकिन पूर्व गवर्नर व मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पारस अग्रवाल के न पहुँचने से थोड़ी झटके वाली स्थिति बनी । पारस अग्रवाल की तरफ से हालाँकि बताया/कहा तो यह गया कि वह कुछ निजी व्यस्तता के कारण मीटिंग में नहीं पहुँच सकेंगे, लेकिन क्लब के कुछेक सदस्यों को पहले से अनुमान था कि कोई न कोई बहानेबाजी करके पारस अग्रवाल मीटिंग में नहीं आयेंगे । पारस अग्रवाल की अनुपस्थिति को 'राजनीतिक' रूप से देखते/पहचानते हुए मीटिंग में कुछेक सदस्यों ने किसी का नाम लिए बिना चेतावनी भी दी कि क्लब का कोई सदस्य यदि तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी के खिलाफ काम करता हुआ देखा/पाया गया तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी - और जरूरत पड़ी तो उसे क्लब से भी निकाल दिया जायेगा । यह चेतावनी देते हुए हालाँकि किसी का नाम नहीं लिया गया, लेकिन मीटिंग में मौजूद सभी लोगों ने यह समझने में चूक नहीं की कि यह चेतावनी पारस अग्रवाल के लिए है । पारस अग्रवाल और तरुण अग्रवाल के बीच हालाँकि अच्छे संबंध रहे हैं, लेकिन पिछले दो-तीन वर्षों में दोनों की राजनीति अलग अलग रही है - जिस कारण दोनों के बीच टकरावपूर्ण संबंध बने हैं । पिछले लायन वर्ष में दोनों की तरफ से सार्वजनिक रूप से आरोप-प्रत्यारोप भी लगे थे । इसी वजह से, तरुण अग्रवाल के नजदीकियों को शक/डर है कि तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को पारस अग्रवाल का समर्थन नहीं मिलेगा, और इसीलिए उन्होंने पारस अग्रवाल को क्लब में ही 'घेरने' की तैयारी शुरू कर दी है । दअरसल इसी कारण से तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी के प्रति समर्थन घोषित करने के उद्देश्य से हुई उनके क्लब की मीटिंग के बाद डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति का पारा एकदम से ऊपर चढ़ता दिख रहा है । 

Thursday, July 16, 2020

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में मधु सिंह और पारस अग्रवाल के बीच भड़कती दिख रही कीचड़-उछाल होड़ सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनीता बंसल के लिए मुसीबत बनती नजर आ रही है, और उनका हाल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन के जगदीश अग्रवाल जैसा होने की आशंका हो चली है

आगरा । निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह के सवालों और आरोपों का जबाव देने के लिए पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर और मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पारस अग्रवाल के खुद मैदान में उतर आने से उनके बीच आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर लंबा खिंचता दिख रहा है, जिसके सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनीता बंसल के लिए मुसीबत भरा साबित होने का अनुमान लगाया जा रहा है । डिस्ट्रिक्ट में कई लोगों को आशंका हो चली है कि मधु सिंह तथा पारस अग्रवाल के बीच चल रही तू-तू मैं-मैं के कारण सुनीता बंसल का हाल कहीं डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन के जगदीश अग्रवाल जैसा न हो जाए ? जगदीश अग्रवाल पिछले लायन वर्ष में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर थे, जिन्होंने अपने रवैये और व्यवहार से डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख पूर्व गवर्नर्स को नाराज कर लिया था - जिसके चलते पूर्व गवर्नर्स ने उनके खिलाफ 51 प्रतिशत से अधिक नेगेटिव वोटिंग करवा दी और फलस्वरूप जगदीश अग्रवाल फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नहीं बन सके और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की उनकी तैयारी पर पानी फिर गया । जगदीश अग्रवाल ने कोशिश की कि लायंस इंटरनेशनल चुनावी नतीजे को इग्नोर करके उन्हें फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बना दे, लेकिन लायंस इंटरनेशनल कार्यालय ने भी साफ कर दिया कि सेकेंड से फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट बनने के लिए जरूरी 51 प्रतिशत वोट वह चूँकि नहीं पा सके हैं, इसलिए वह (फर्स्ट वाइस) डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की पात्रता खो चुके हैं । डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में सुनीता बंसल को चूँकि मधु सिंह के नजदीकी के रूप में देखा/पहचाना जाता है, इसलिए डिस्ट्रिक्ट में कई लोगों को लग रहा है कि मधु सिंह और पारस अग्रवाल के बीच चलने वाली कीचड़-उछाल राजनीति के चलते सुनीता बंसल का हाल जगदीश अग्रवाल जैसा ही होगा ।
उल्लेखनीय है कि सुनीता बंसल ने पिछले से पिछले लायन वर्ष में मधु सिंह के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, पारस अग्रवाल और जितेंद्र चौहान की जोड़ी ने लेकिन उन्हें जीतने नहीं दिया । पिछले लायन वर्ष में सुनीता बंसल फिर से मधु सिंह के सहयोग/समर्थन के भरोसे चुनावी दौड़ में शामिल हुईं । जितेंद्र चौहान चूँकि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट में एंडोर्समेंट लेने के चक्कर में थे, इसलिए उन्होंने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति से दूर रहने की घोषणा की - और ऐसा लगा कि सुनीता बंसल निर्विरोध ही सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बन जायेंगी । लेकिन चुनाव की घोषणा होते ही जब दो और उम्मीदवार मैदान में आ कूदे तो डिस्ट्रिक्ट में हलचल मची और सुनने को मिला कि मधु सिंह और सुनीता बंसल के बीच पैसों को लेकर अनबन हो गई है, और मधु सिंह ने सुनीता बंसल से पैसे बसूलने के लिए फर्जी उम्मीदवार खड़े कर दिए हैं । उनमें से एक उम्मीदवार के पारस अग्रवाल के क्लब का सदस्य होने के कारण इस चर्चा को भी बल मिला कि मधु सिंह और सुनीता बंसल के बीच होने वाली अनबन का फायदा उठा कर पारस अग्रवाल एक बार फिर सुनीता बंसल का काम बिगाड़ना चाहते हैं । लेकिन जल्दी ही, चूँकि मधु सिंह और सुनीता बंसल के बीच 'सौदा' पट गया और पारस अग्रवाल व जितेंद्र चौहान की जोड़ी भी डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में ज्यादा फँसना/पड़ना नहीं चाहती थी - इसलिए सुनीता बंसल के लिए रास्ता साफ हो गया । सुनीता बंसल का तो काम बन गया, लेकिन जो तमाशा हुआ - उसके चलते मधु सिंह की बड़ी किरकिरी हुई; लोगों के बीच बातें सुनने को मिलीं कि मधु सिंह ने सुनीता बंसल से 'इतने' रुपए लिए कि 'उतने' रुपए लिए । मधु सिंह ने अपनी इस फजीहत के लिए पारस अग्रवाल को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि लोगों के बीच पारस अग्रवाल ही इस तरह की बातें फैला रहे हैं और उन्हें बदनाम कर रहे हैं ।
मधु सिंह ने जबावी हमला करते हुए पारस अग्रवाल के मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट के अकाउंट को मुद्दा बनाया और तरह तरह के सवाल उठाते तथा आरोप लगाते हुए पारस अग्रवाल पर कीचड़ उछालना शुरू किया । मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के समीकरणों के कारण मधु सिंह के पारस अग्रवाल विरोधी अभियान को खूब हवा भी मिली । मधु सिंह के सवालों और आरोपों का अभी हाल ही में जबाव देते हुए खुद पारस अग्रवाल भी मैदान में कूद पड़े हैं, जिसके बाद वाट्सऐप ग्रुपों में मधु सिंह और पारस अग्रवाल को लेकर तू-तू मैं-मैं और बढ़ गई है । पारस अग्रवाल के खुद मैदान में आ जाने से लोगों को लग रहा है कि पारस अग्रवाल और उनके साथियों ने मधु सिंह को 'ईंट का जबाव पत्थर से' देने की तैयारी कर ली है; और आने वाले दिनों में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में मधु सिंह के अकाउंट को लेकर सवाल तथा आरोप उछाले जायेंगे । इस झमेले में सुनीता बंसल के लिए मुसीबतें बढ़ती देखी जा रही हैं । सुनीता बंसल अभी तक मधु सिंह के साथ 'दिखती' रही हैं - पारस अग्रवाल और जितेंद्र चौहान की जोड़ी उन्हें लेकिन मधु सिंह के खिलाफ अपनी लड़ाई में अपने साथ करना चाहेगी; लोगों को लगता है कि ऐसे में, सुनीता बंसल ने यदि मधु सिंह के प्रति जरा भी नजदीकियत दिखाई, तो पारस अग्रवाल व जितेंद्र चौहान की जोड़ी उनके खिलाफ नेगेटिव वोटिंग करवा कर उन्हें फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नहीं बनने देगी । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की कुर्सी तक पहुँचने के लिए सुनीता बंसल को दो बार चुनाव का सामना करना है और दोनों बार 51 प्रतिशत वोट पाने हैं, जो पारस अग्रवाल व जितेंद्र चौहान की जोड़ी के समर्थन के बिना उनके लिए मुश्किल क्या - असंभव ही होगा । इसीलिए मधु सिंह और पारस अग्रवाल के बीच भड़कती दिख रही कीचड़-उछाल होड़ सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनीता बंसल के लिए मुसीबत बनती नजर आ रही है ।

Tuesday, May 5, 2020

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए सुनीता बंसल की उम्मीदवारी का झंडा जितेंद्र चौहान खेमे के पास जाने से, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह को भड़कता देख तरुण अग्रवाल को अपनी उम्मीदवारी के लिए मौका बनता नजर आ रहा है

आगरा । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार के रूप में तरुण अग्रवाल द्वारा दिखाए जा रहे तेवर सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के चुनावी समीकरणों को बिगाड़ते दिख रहे हैं, और उनके नजदीकियों को भी लगने लगा है कि इस वर्ष आसानी से बनता दिख रहा सुनीता बंसल का काम खासी बड़ी मुश्किल में फँस गया है । इस बीच हालाँकि जितेंद्र चौहान और उनके नजदीकी छह गवर्नर्स ने सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थन की स्पष्ट घोषणा कर दी है । लेकिन लग रहा है कि इससे सुनीता बंसल के लिए मामला आसान होने की बजाए - और मुसीबतभरा हो गया है । दरअसल जितेंद्र चौहान और उनके छह साथी गवर्नर्स का बयान सामने आने के बाद डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह की तरफ से सुनीता बंसल के लिए मुश्किलें खड़ी करने वाले संकेत मिलते दिख रहे हैं । जितेंद्र चौहान तथा उनके छह साथी गवर्नर्स द्वारा जारी बयान में कुछेक वरिष्ठ पदाधिकारियों पर सुनीता बंसल से 'अनड्यू फेवर्स' लेने का जो आरोप लगाया गया है, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह उससे बुरी तरह नाराज हुई हैं और इसे सीधे सीधे अपने ऊपर हमले के रूप में देख रही हैं । उन्होंने और उनके नजदीकियों ने उक्त बयान से मतलब निकाला है कि सुनीता बंसल ने जैसे अपनी उम्मीदवारी का झंडा जितेंद्र चौहान तथा उनके साथियों को सौंप दिया है । चुनावी राजनीति के हिसाब-किताब में जितेंद्र चौहान तथा उनके साथियों का पलड़ा भारी जरूर है, लेकिन मधु सिंह का रवैया सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के रास्ते में रोड़ा बिछाता दिख रहा है ।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह और उनके नजदीकी दरअसल जितेंद्र चौहान और उनके साथी गवर्नर्स के सुनीता बंसल की उम्मीदवारी का समर्थन करने की घोषणा से बौखला गए हैं । इससे पहले तक, मधु सिंह और उनके नजदीकी सुनीता बंसल की उम्मीदवारी को अपनी सरपरस्ती में रखने की कोशिश कर रहे थे । मजे की बात यह हो रही थी कि वह सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के लिए जितेंद्र चौहान और उनके साथी गवर्नर्स का समर्थन भी चाह रहे थे, क्योंकि उन्हें अच्छी तरह पता था कि जितेंद्र चौहान तथा उनके साथी गवर्नर्स के समर्थन के बिना सुनीता बंसल की उम्मीदवारी को सफलता दिलवाना असंभव ही होगा - लेकिन सुनीता बंसल की उम्मीदवारी की बागडोर अपने ही हाथ में रखना चाह रहे थे, ताकि उम्मीदवार से मिलने वाले सारे 'फायदे' वह अकेले ही हड़प सकें । इस बीच मधु सिंह और उनके नजदीकियों ने उम्मीदवार के रूप में सुनीता बंसल की तरफ से मिलने वाले 'फायदों' को सिकुड़ते देखा, तो उनका माथा ठनका और उन्हें लगा कि सुनीता बंसल 'मुफ्त' में ही (सेकेंड वाइस) डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनना चाहती हैं । सुनीता बंसल के पारिवारिक बिजनेस के घटने/घाटे की खबरों/सूचनाओं के चलते मधु सिंह और उनके नजदीकियों की आशंका और बढ़ी, जिसके कारण सुनीता बंसल की उम्मीदवारी का बने रहना भी संदेह के घेरे में आ गया । आशंकाओं और संदेहों के कारण तथा उम्मीदवार के रूप में सुनीता बंसल पर दबाव बनाये रखने के उद्देश्य से तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी सामने आ गई । सिर्फ सुनीता बंसल पर दबाव बनाने का ही मामला यदि होता, तो मधु सिंह और उनके नजदीकियों का 'काम' अनिल अग्रवाल की उम्मीदवारी से ही चल जाता; लेकिन सुनीता बंसल की उम्मीदवारी को लेकर पैदा हुए संदेह के कारण उन्हें सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को आगे लाना/बढ़ाना पड़ा ।
मधु सिंह और उनके नजदीकियों को तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को लाने/बढ़ाने में दो फायदे नजर आये - एक तो उन्हें सुनीता बंसल का विकल्प मिला, और दूसरा तरुण अग्रवाल को जितेंद्र चौहान तथा उनके साथियों  का समर्थन मिलता - जिससे तरुण अग्रवाल की जीत सुनिश्चित होती । तरुण अग्रवाल चूँकि जितेंद्र चौहान के सबसे नजदीकी पारस अग्रवाल के क्लब के सदस्य हैं, और तरुण अग्रवाल व पारस अग्रवाल की पुरानी दोस्ती है, दोनों के बीच घनिष्ठ पारिवारिक संबंध रहे हैं और दोनों परिवारों का साथ-साथ घूमना-फिरना रहा है - इसलिए तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को पारस अग्रवाल तथा जितेंद्र चौहान का समर्थन स्वतः ही मान लिया गया । तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को क्लब में जिस आसानी और सहजता से हरी झंडी मिल गई, उससे मान लिया गया कि पारस अग्रवाल की अनुमति व सहमति से ही उन्हें हरी झंडी मिली है । जितेंद्र चौहान और पारस अग्रवाल तथा उनके समर्थक गवर्नर्स ने जब सुनीता बंसल की उम्मीदवारी का समर्थन करने वाला संदेश निकाला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी - और लोगों के बीच तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को जितेंद्र चौहान व पारस अग्रवाल के समर्थन की धारणा बन/बैठ चुकी थी । उसके बाद, तरुण अग्रवाल और पारस अग्रवाल की तरफ से तथ्यों को उद्घाटित करते जो मैसेज आए - उससे यह तो साबित हो गया कि जितेंद्र चौहान और पारस अग्रवाल का समर्थन सुनीता बंसल की उम्मीदवारी को है; लेकिन उससे चुनावी राजनीति की जमीन पर इतना रायता फैल गया कि उसमें सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के कदम फिसलते नजर आ रहे हैं । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के फिसलते कदमों में तरुण अग्रवाल को चूँकि अपनी उम्मीदवारी के लिए रास्ता बनता दिख रहा है, इसलिए उन्होंने भी अपनी सक्रियता को संयोजित करना शुरू कर दिया है । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के झंडे पर कब्जे को लेकर जितेंद्र चौहान खेमे तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह के बीच जो तलवारें खिंची दिख रही हैं, उसमें इन दोनों के विरोधी गवर्नर्स को राजनीति करने का मौका मिल रहा है - और इस कारण से तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी तथा उनकी सक्रियता का महत्त्व बढ़ गया है । हालात हालाँकि अभी भी अस्पष्ट हैं, और अभी भी यह कहना मुश्किल है कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की राजनीति का ऊँठ किस करवट बैठेगा - लेकिन यह बात जरूर सच लग रही है कि मौजूदा हालात में सुनीता बंसल की राह मुश्किल हो गई है ।

Monday, May 6, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में सुनीता बंसल के समर्थकों की हवाबाजी और उनके बड़बोलेपन ने माहौल में गर्मी तो पैदा कर दी थी, लेकिन जितेंद्र चौहान व पारस अग्रवाल की जोड़ी के सामने उन्हें भारी हार का सामना करना पड़ा है

आगरा । श्याम बिहारी अग्रवाल और सुनीता बंसल के बीच हुए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के जिस चुनाव को सुनीता बंसल के समर्थक काँटे और टक्कर का चुनाव बता रहे थे, उस चुनाव को सुनीता बंसल लेकिन करीब 70 वोटों के भारी अंतर से हार गईं । सुनीता बंसल ने हालाँकि पूरी दमदारी से चुनाव लड़ा था, उन्हें डिस्ट्रिक्ट के अधिकतर पूर्व गवर्नर्स का खुला और सक्रिय समर्थन प्राप्त था, फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह का समर्थन उनके साथ था, श्याम बिहारी अग्रवाल की तुलना में लायनिज्म व डिस्ट्रिक्ट में उनकी भूमिका व सक्रियता ज्यादा प्रभावी रही है, डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच श्याम बिहारी अग्रवाल की नकारात्मक छवि रहने से अवधारणा के स्तर पर सुनीता बंसल का पलड़ा भारी था - लेकिन इतनी तमाम सकारात्मक परिस्थितियों के बावजूद सुनीता बंसल भारी अंतर से चुनाव हार गईं । बड़े अंतर से मिली हार के लिए जो एक प्रमुख कारण रहा, वह यह कि सुनीता बंसल और उनके समर्थक इस 'तथ्य' को भूले रहे कि चुनाव - कोई भी चुनाव वास्तव में एक 'मैनेजमेंट' भी होता है । सुनीता बंसल और उनके तीसमारखाँ किस्म के नेताओं ने हवाबाजी तो बहुत दिखाई और बड़बोले दावे किए, लेकिन मैनेजमेंट पर कोई ध्यान नहीं दिया - जिसका नतीजा रहा कि हर तरह से अनुकूल व आसान समझी जा रही चुनावी लड़ाई में वह 'खेत' रहे । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह के समर्थन का भी सुनीता बंसल और उनके समर्थक नेता वोट जुटाने के संदर्भ में फायदा नहीं उठा सके । 
श्याम बिहारी अग्रवाल को जिस तरह से आगरा के एक 'बंद हो चुके' क्लब का सदस्य बना कर, आगरा के लोगों के सिर पर थोपा गया - और जिसके चलते जितेंद्र चौहान व पारस अग्रवाल के नजदीकी पूर्व गवर्नर्स उनके खिलाफ हो गए; उससे बने माहौल ने सुनीता बंसल और उनके समर्थकों को सुनहरा मौका दिया था; लेकिन जिसका वह कोई फायदा नहीं उठा सके । पारस अग्रवाल की नजदीकी रिश्तेदार होने के कारण सुनीता बंसल की उम्मीदवारी ने पारस अग्रवाल के सामने सिर्फ राजनीतिक ही नहीं, बल्कि पारिवारिक व नैतिक संकट भी खड़ा कर दिया था - किंतु सुनीता बंसल की उम्मीदवारी को उसका भी कोई फायदा नहीं मिला । दरअसल परिस्थितियों की अनुकूलता को देखते हुए सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक इतने जोश में आये हुए थे कि वह पूरी तरह से होश खो बैठे थे, जिसके चलते अनुकूलताओं का फायदा उठाने की कोशिशें करने की बजाये वह बड़बोलेपन के साथ हवाबाजी करने में ही व्यस्त रहे - और वोट जितेंद्र चौहान व पारस अग्रवाल की जोड़ी ले उड़ी । चुनावी नतीजा आने से पहले के चुनाव अभियान के माहौल पर यदि नजर डालें तो यहीं समझ में आता है कि जितेंद्र चौहान और पारस अग्रवाल की जोड़ी ने चुनाव लड़ने पर नहीं, बल्कि 'मैनेज' करने पर ध्यान दिया और खासी विपरीत व मुश्किल हालात वाले चुनाव को सिर्फ जीता ही नहीं - बल्कि भारी अंतर से जीता ।
असल में, श्याम बिहारी अग्रवाल को 'आगरा का' उम्मीदवार बनाये जाने के लिए अपनाये गए तौर-तरीके को लेकर डिस्ट्रिक्ट में, खासकर आगरा में जिस तरह की नाराजगी फूटी - उसे देख कर जितेंद्र चौहान व पारस अग्रवाल की जोड़ी ने समझ लिया था कि श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के पक्ष में 'अभियान' चला पाना मुश्किल ही होगा, और उससे नुकसान ही होगा - इसलिए उन्होंने दूसरी रणनीति अपनाई । उनकी रणनीति ने उन्हें दोहरा लाभ पहुँचाया - एक तरफ तो श्याम बिहारी अग्रवाल के अभियान को कमजोर देख कर सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक इतने जोश में आ गए कि उन्हें अपनी जीत आसान लगने लगी और जिसके चलते वह मौकों का फायदा उठाने के प्रयास करने से चूकते गए; दूसरी तरफ, जितेंद्र चौहान व पारस अग्रवाल की जोड़ी को वोट मैनेज करने का खेल खेलने के लिए खुला मैदान मिल गया, जिसका उन्होंने पूरा पूरा फायदा उठाया । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के समर्थन को खासा महत्त्वपूर्ण माना/पहचाना जाता है, क्योंकि उसके पास पदों का लालच देकर वोट खींचने की क्षमता होती है । इस क्षमता के चलते फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह के समर्थन की ताकत तो सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के साथ थी ही, मधु सिंह के पति पूर्व गवर्नर विश्वदीप सिंह के कारण वह 'ताकत' और बढ़ गई थी । दरअसल विश्वदीप सिंह को जितेंद्र चौहान से कई मामलों में 'बदले' लेने हैं, इसलिए उम्मीद की जा रही थी कि मधु सिंह की फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नरी के जरिये विश्वदीप सिंह कोई कसर छोड़ेंगे नहीं - लेकिन यह उम्मीद भी काम नहीं आई । असल में, गड़बड़ी यही हुई कि सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक नेता सिर्फ उम्मीद पर रहे, चुनावी लड़ाई का जो एक मैनेजमेंट होता है, उसपर उनका कोई ध्यान ही नहीं था - लिहाजा एक आसान दिख रही चुनावी लड़ाई में वह बुरी तरह से हार गए ।

Friday, April 5, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह और उनके पति पूर्व गवर्नर विश्वदीप सिंह की सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के दोनों उम्मीदवारों के साथ 'दिखने' की कार्रवाई ने सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के अभियान को तगड़ा झटका दिया है

आगरा । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विश्वदीप सिंह का अपेक्षित समर्थन न मिल पाने के कारण सुनीता बंसल की उम्मीदवारी का अभियान जोर पकड़ने से पिछड़ता जा रहा है, जिस कारण उनके समर्थकों के बीच निराशा बढ़ती जा रही है । उल्लेखनीय है कि सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थकों ने जोरशोर से घोषणा की हुई थी कि विश्वदीप सिंह और उनकी पत्नी फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह का समर्थन सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के साथ है । इस घोषणा के जरिये सुनीता बंसल के समर्थकों का उद्देश्य दरअसल अगले लायन वर्ष की डिस्ट्रिक्ट टीम में प्रमुख पद पाने के आकांक्षी लोगों का समर्थन जुटाना था । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के समर्थन को वास्तव में इसीलिए महत्त्वपूर्ण माना/पहचाना जाता है, क्योंकि उसके पास ही पदों का लालच देकर वोट खींचने की क्षमता होती है । मधु/विश्वदीप सिंह की इसी क्षमता को देखते/पहचानते हुए सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक उनके समर्थन के दावे करते हुए खासे जोश में थे । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के पक्ष में समर्थन जुटाने/दिखाने के उद्देश्य से होली मिलन के बहाने से आगरा में जो पहला कार्यक्रम हुआ, उसमें मधु/विश्वदीप सिंह की उपस्थिति ने सुनीता बंसल के समर्थकों के जोश को और बढ़ाने का काम किया । लेकिन मधु/विश्वदीप सिंह जब सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के दूसरे उम्मीदवार श्याम बिहारी अग्रवाल के कार्यक्रम में भी पहुँचे हुए दिखे, तो सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थकों का उक्त जोश ठंडा पड़ गया । उसके बाद भी मधु/विश्वदीप सिंह ने ऐसा कोई काम नहीं किया है, जिसे सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थन में किये गए काम के रूप में देखा/पहचाना जा सके । इससे सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए प्रस्तुत सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं के हौंसले पस्त हुए पड़े हैं ।
डिस्ट्रिक्ट की राजनीति की खेमेबाजी के समीकरणों से परिचित लोगों का मानना और कहना है कि खेमेबाजी के समीकरणों के आधार पर विश्वदीप सिंह को रहना/होना तो सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के साथ ही चाहिए; लेकिन पिछले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए विश्वदीप सिंह फूँक-फूँक कर कदम रख रहे हैं और ऐसा कोई काम नहीं करना चाहते हैं जिससे कि मधु सिंह का गवर्नर-वर्ष और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में मधु सिंह का नाम खराब हो । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट की राजनीति में विश्वदीप सिंह ने अपनी चौधराहट बनाने/दिखाने/चलाने के लिए काम तो धमाकेदार किए थे, लेकिन उनके नतीजों के रूप में उन्हें और डिस्ट्रिक्ट को सिर्फ बदनामी ही हाथ लगी थी । उस बदनामी के चलते विश्वदीप सिंह डिस्ट्रिक्ट में लोगों से इतने दूर हो गए कि कई वर्ष बाद जब उनकी पत्नी मधु सिंह सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार बनीं, तो चुनाव हार गईं । डिस्ट्रिक्ट में लोगों ने उस हार को मधु सिंह की हार के रूप में नहीं, बल्कि विश्वदीप सिंह की हार के रूप में देखा/पहचाना । उसके अगले वर्ष, जब मधु सिंह सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनी गईं, तो अप्रत्याशित रूप से उन्हें उन पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स का भी समर्थन मिला, जो विश्वदीप सिंह के फैसलों के शिकार हुए थे - और इसी कारण से उनकी 'जीत' को विश्वदीप सिंह की जीत के बजाए 'मधु सिंह की जीत' के रूप में देखा/पहचाना गया । जो लोग विश्वदीप सिंह और मधु सिंह, दोनों को जानते हैं - उनका कहना/बताना है कि दोनों के स्वभाव व व्यवहार में जमीन/आसमान का अंतर है, और विश्वदीप सिंह का स्वभाव अभी भी लगभग पहले जैसा ही 'गर्म' है । लेकिन लगता है कि बुरे नतीजों और अनुभवों से विश्वदीप सिंह ने शायद इतना सबक सीख लिया है कि फालतू के पंगे करने से बचा जाये; और या उन्हें लगता हो कि उनकी गवर्नरी और गवर्नर के रूप में उन्हें जैसी जो बदनामी मिली, वैसा हाल मधु सिंह का न हो । लोगों को लगता है कि इसीलिए मधु/विश्वदीप सिंह सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में किसी एक उम्मीदवार के साथ 'दिखने' से बच रहे हैं ।
मधु/विश्वदीप सिंह की इस 'स्थिति' ने सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के लिए गंभीर चुनौती और मुसीबत खड़ी कर दी है । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी को यूँ तो कई पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स का समर्थन मिल रहा है, लेकिन फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह के पति होने के नाते विश्वदीप सिंह के समर्थन का उनके लिए खास महत्त्व था; विश्वदीप सिंह ने लेकिन दोनों उम्मीदवारों के साथ 'दिख' कर सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थकों को बुरी तरह निराश किया है और सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के अभियान को तगड़ा झटका दिया है । सुनीता बंसल की तरफ से हालाँकि खासी मेहनत की जा रही है, और रिश्तेदारियाँ निकाल निकाल कर उनकी उम्मीदवारी के पक्ष में समर्थन जुटाने का प्रयास किया जा रहा है - जिस कारण सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का चुनाव रोमांचपूर्ण होता दिख रहा है । लेकिन चुनावी राजनीति के समीकरणों में होने वाले उलटफेर से परिचित लोगों का मानना और कहना है कि चुनाव में जीत सिर्फ 'शोर-शराबे' से नहीं मिलती, उसके लिए ठोस व्यवस्था करना होती है और जो किसी महत्त्वपूर्ण 'ऑफिस' के जरिये होती है । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के 'ऑफिस' के समर्थन का शोर सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थकों ने दरअसल इसीलिए मचाया हुआ था - जिसे लेकिन मधु/विश्वदीप सिंह की दोनों उम्मीदवारों के साथ 'दिखने' की कार्रवाई ने झटका दिया हुआ है । एक समस्या और है, और वह यह कि सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थन में वह लोग भी देखे/पहचाने जा रहे हैं, पूर्व में जिनका विश्वदीप सिंह के साथ टंटा रहा है - ऐसे में उनका और विश्वदीप सिंह का एकसाथ सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थन में चलना मुश्किल ही है; और इसीलिए सुनीता बंसल के चुनाव अभियान में सक्रियता तो अच्छी दिख रही है, लेकिन वह सक्रियता चुनावी नजरिये से कोई प्रभाव बनाती/छोड़ती हुई नहीं नजर आ रही है; और यही बात सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थकों को निराश/हताश कर रही है ।

Thursday, March 21, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में सुनीता बंसल की उम्मीदवारी की बागडोर संभालने को लेकर उनके समर्थक नेताओं के बीच मचे झगड़े ने श्याम बिहारी अग्रवाल की स्थिति को बेहतर बनाया

आगरा । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए सुनीता बंसल की उम्मीदवारी को मिल रहे समर्थन को 'दिखलाने' के उद्देश्य से हुए होली मिलन समारोह में जुटे लोगों को देख/जान कर श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के समर्थक डिस्ट्रिक्ट के सत्ता खेमे के लोगों ने राहत की साँस ली है । दरअसल डिस्ट्रिक्ट के सत्ता खेमे के नेताओं ने जब से श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का झंडा उठाया है, तब ही से विरोधी खेमे के नेताओं ने डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच यह हवा बनाने की कोशिश की है कि सत्ता खेमे के कई नेता श्याम बिहारी अग्रवाल को उम्मीदवार बनाये जाने से खुश नहीं हैं और श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी को लेकर सत्ता खेमे में फूट पड़ गई है । यह हवा बनाने के लिए विरोधी खेमे के नेताओं ने तर्क दिया कि सत्ता खेमे के जो नेता पिछली बार श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का विरोध कर रहे थे, उन्होंने अचानक से इस बार जिस तरह से श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का झंडा उठा लिया है - उसे देख कर उन नेताओं के संगी-साथी ही खफा हैं, और इससे सत्ता खेमे की राजनीतिक ताकत कमजोर हुई है । सत्ता खेमे की राजनीतिक ताकत कमजोर हुई है या नहीं, यह तो निश्चित रूप से अभी नहीं पता है; लेकिन सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के लिए हुए आयोजन से यह जरूर पता चल गया है कि विरोधी खेमे को उसका कोई लाभ मिलता हुआ नहीं दिख रहा है । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थन में कमोवेश वही लोग दिख रहे हैं, जो पिछले वर्ष श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के समर्थन में थे । ऐसे में लोगों को कहने का मौका मिला है कि 'वह लोग' पिछले वर्ष जब श्याम बिहारी अग्रवाल को नहीं जितवा सके थे, तब फिर वह इस वर्ष सुनीता बंसल को भला कैसे चुनाव जितवा सकेंगे ?
मजे की बात यह हुई है कि विरोधी खेमे के नेता जिस तर्क से सत्ता खेमे के नेताओं को 'लपेटने' की कोशिश कर रहे हैं, वह तर्क पलट कर खुद उनके लिए ही मुसीबत बन गया है । डिस्ट्रिक्ट में लोगों का कहना/पूछना है कि विरोधी खेमे के जो नेता पिछले वर्ष श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का समर्थन कर रहे थे, उन्हें तो यह देख/जान कर खुश होना चाहिए कि 'उनके' श्याम बिहारी अग्रवाल को अब पिछले वर्ष विरोधी रहे लोगों ने भी स्वीकार कर लिया है - और इस तरह 'उनके' श्याम बिहारी अग्रवाल के लिए तो इस वर्ष निर्विरोध सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुने जाने की स्थितियाँ बनी हैं । इस स्थिति पर खुश होने की बजाये 'समर्थक' रहे विरोधी खेमे के नेता जिस तरह से श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के विरोधी बन गए हैं, उससे वास्तव में वह यही साबित कर रहे हैं कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की चुनावी राजनीति में उन्हें उम्मीदवार से कोई लगाव नहीं है, वह तो बस उम्मीदवार को इस्तेमाल करते हुए अपनी राजनीति करना चाहते हैं । पिछले वर्ष उन्होंने उम्मीदवार के रूप में श्याम बिहारी अग्रवाल को इस्तेमाल किया, इस बार वह सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के सहारे विरोध की अपनी राजनीति दिखा रहे हैं । विरोधी खेमे के नेता पिछले वर्ष भी सत्ता खेमे के नेताओं की तथाकथित फूट के तथा श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के समर्थन में होने वाले आयोजनों में जुटे लोगों के आधार पर अपनी स्थिति मजबूत देखा/बताया करते थे, और इस बार सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के मामले में भी उनका वैसा ही रंग-ढंग है । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के पक्ष में पिछले दिनों हुए होली मिलन में यही नजारा देखने को मिला कि वहाँ या तो ऐसे लोग थे, जो प्रायः हर आयोजन में होते हैं और या फिर वह लोग थे जो पिछली बार श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के साथ थे - लेकिन जो श्याम बिहारी अग्रवाल को चुनाव जितवा नहीं सके थे ।
सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं में से ही कुछेक का मानना/कहना है कि सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के मामले में सबसे बड़ी समस्या यह है कि डिस्ट्रिक्ट में उनकी कोई सक्रियता नहीं रही है, जिसके चलते न तो डिस्ट्रिक्ट के लोग उन्हें जानते/पहचानते हैं, और न वह ही डिस्ट्रिक्ट के लोगों को जानती/पहचानती हैं । सुनीता बंसल की चूँकि अपने क्लब के कार्यक्रमों में भी कोई खास भागीदारी नहीं रही/दिखी है; मौजूदा लायन वर्ष में क्लब के जो महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम हुए, उनमें सुनीता बंसल की कोई खास सक्रियता न दिखी, न रही - इसलिए उनकी उम्मीदवारी को लेकर क्लब के लोगों तथा पदाधिकारियों के बीच कोई उत्साह नहीं नजर आ रहा है, जिसका खामियाजा उनकी उम्मीदवारी को झेलना पड़ रहा है । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक बने विरोधी खेमे के नेताओं के बीच के आपसी 'झगड़े' भी सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के लिए मुसीबत बने हुए हैं; दरअसल विरोधी खेमे के नेताओं के बीच सुनीता बंसल की उम्मीदवारी की बागडोर संभालने को लेकर जो होड़ मची है, उससे भी सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के सामने सबसे बड़ी समस्या खड़ी हो रही है । दूसरी तरफ सत्ता खेमे में श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी को स्वीकार करने को लेकर शुरू में जो हिचक और असमंजस दिख रहा था, वह काफी हद तक दूर होता नजर आ रहा है । विरोधी खेमे के नेताओं के बीच बनी/फैली असमंजसता और बिखराव की स्थिति ने भी श्याम बिहारी अग्रवाल की चुनावी स्थिति को बेहतर बनाया है ।