Showing posts with label Shyam Bihari Agrawal. Show all posts
Showing posts with label Shyam Bihari Agrawal. Show all posts

Monday, May 6, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में सुनीता बंसल के समर्थकों की हवाबाजी और उनके बड़बोलेपन ने माहौल में गर्मी तो पैदा कर दी थी, लेकिन जितेंद्र चौहान व पारस अग्रवाल की जोड़ी के सामने उन्हें भारी हार का सामना करना पड़ा है

आगरा । श्याम बिहारी अग्रवाल और सुनीता बंसल के बीच हुए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के जिस चुनाव को सुनीता बंसल के समर्थक काँटे और टक्कर का चुनाव बता रहे थे, उस चुनाव को सुनीता बंसल लेकिन करीब 70 वोटों के भारी अंतर से हार गईं । सुनीता बंसल ने हालाँकि पूरी दमदारी से चुनाव लड़ा था, उन्हें डिस्ट्रिक्ट के अधिकतर पूर्व गवर्नर्स का खुला और सक्रिय समर्थन प्राप्त था, फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह का समर्थन उनके साथ था, श्याम बिहारी अग्रवाल की तुलना में लायनिज्म व डिस्ट्रिक्ट में उनकी भूमिका व सक्रियता ज्यादा प्रभावी रही है, डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच श्याम बिहारी अग्रवाल की नकारात्मक छवि रहने से अवधारणा के स्तर पर सुनीता बंसल का पलड़ा भारी था - लेकिन इतनी तमाम सकारात्मक परिस्थितियों के बावजूद सुनीता बंसल भारी अंतर से चुनाव हार गईं । बड़े अंतर से मिली हार के लिए जो एक प्रमुख कारण रहा, वह यह कि सुनीता बंसल और उनके समर्थक इस 'तथ्य' को भूले रहे कि चुनाव - कोई भी चुनाव वास्तव में एक 'मैनेजमेंट' भी होता है । सुनीता बंसल और उनके तीसमारखाँ किस्म के नेताओं ने हवाबाजी तो बहुत दिखाई और बड़बोले दावे किए, लेकिन मैनेजमेंट पर कोई ध्यान नहीं दिया - जिसका नतीजा रहा कि हर तरह से अनुकूल व आसान समझी जा रही चुनावी लड़ाई में वह 'खेत' रहे । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह के समर्थन का भी सुनीता बंसल और उनके समर्थक नेता वोट जुटाने के संदर्भ में फायदा नहीं उठा सके । 
श्याम बिहारी अग्रवाल को जिस तरह से आगरा के एक 'बंद हो चुके' क्लब का सदस्य बना कर, आगरा के लोगों के सिर पर थोपा गया - और जिसके चलते जितेंद्र चौहान व पारस अग्रवाल के नजदीकी पूर्व गवर्नर्स उनके खिलाफ हो गए; उससे बने माहौल ने सुनीता बंसल और उनके समर्थकों को सुनहरा मौका दिया था; लेकिन जिसका वह कोई फायदा नहीं उठा सके । पारस अग्रवाल की नजदीकी रिश्तेदार होने के कारण सुनीता बंसल की उम्मीदवारी ने पारस अग्रवाल के सामने सिर्फ राजनीतिक ही नहीं, बल्कि पारिवारिक व नैतिक संकट भी खड़ा कर दिया था - किंतु सुनीता बंसल की उम्मीदवारी को उसका भी कोई फायदा नहीं मिला । दरअसल परिस्थितियों की अनुकूलता को देखते हुए सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक इतने जोश में आये हुए थे कि वह पूरी तरह से होश खो बैठे थे, जिसके चलते अनुकूलताओं का फायदा उठाने की कोशिशें करने की बजाये वह बड़बोलेपन के साथ हवाबाजी करने में ही व्यस्त रहे - और वोट जितेंद्र चौहान व पारस अग्रवाल की जोड़ी ले उड़ी । चुनावी नतीजा आने से पहले के चुनाव अभियान के माहौल पर यदि नजर डालें तो यहीं समझ में आता है कि जितेंद्र चौहान और पारस अग्रवाल की जोड़ी ने चुनाव लड़ने पर नहीं, बल्कि 'मैनेज' करने पर ध्यान दिया और खासी विपरीत व मुश्किल हालात वाले चुनाव को सिर्फ जीता ही नहीं - बल्कि भारी अंतर से जीता ।
असल में, श्याम बिहारी अग्रवाल को 'आगरा का' उम्मीदवार बनाये जाने के लिए अपनाये गए तौर-तरीके को लेकर डिस्ट्रिक्ट में, खासकर आगरा में जिस तरह की नाराजगी फूटी - उसे देख कर जितेंद्र चौहान व पारस अग्रवाल की जोड़ी ने समझ लिया था कि श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के पक्ष में 'अभियान' चला पाना मुश्किल ही होगा, और उससे नुकसान ही होगा - इसलिए उन्होंने दूसरी रणनीति अपनाई । उनकी रणनीति ने उन्हें दोहरा लाभ पहुँचाया - एक तरफ तो श्याम बिहारी अग्रवाल के अभियान को कमजोर देख कर सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक इतने जोश में आ गए कि उन्हें अपनी जीत आसान लगने लगी और जिसके चलते वह मौकों का फायदा उठाने के प्रयास करने से चूकते गए; दूसरी तरफ, जितेंद्र चौहान व पारस अग्रवाल की जोड़ी को वोट मैनेज करने का खेल खेलने के लिए खुला मैदान मिल गया, जिसका उन्होंने पूरा पूरा फायदा उठाया । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के समर्थन को खासा महत्त्वपूर्ण माना/पहचाना जाता है, क्योंकि उसके पास पदों का लालच देकर वोट खींचने की क्षमता होती है । इस क्षमता के चलते फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह के समर्थन की ताकत तो सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के साथ थी ही, मधु सिंह के पति पूर्व गवर्नर विश्वदीप सिंह के कारण वह 'ताकत' और बढ़ गई थी । दरअसल विश्वदीप सिंह को जितेंद्र चौहान से कई मामलों में 'बदले' लेने हैं, इसलिए उम्मीद की जा रही थी कि मधु सिंह की फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नरी के जरिये विश्वदीप सिंह कोई कसर छोड़ेंगे नहीं - लेकिन यह उम्मीद भी काम नहीं आई । असल में, गड़बड़ी यही हुई कि सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक नेता सिर्फ उम्मीद पर रहे, चुनावी लड़ाई का जो एक मैनेजमेंट होता है, उसपर उनका कोई ध्यान ही नहीं था - लिहाजा एक आसान दिख रही चुनावी लड़ाई में वह बुरी तरह से हार गए ।

Friday, April 5, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह और उनके पति पूर्व गवर्नर विश्वदीप सिंह की सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के दोनों उम्मीदवारों के साथ 'दिखने' की कार्रवाई ने सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के अभियान को तगड़ा झटका दिया है

आगरा । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विश्वदीप सिंह का अपेक्षित समर्थन न मिल पाने के कारण सुनीता बंसल की उम्मीदवारी का अभियान जोर पकड़ने से पिछड़ता जा रहा है, जिस कारण उनके समर्थकों के बीच निराशा बढ़ती जा रही है । उल्लेखनीय है कि सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थकों ने जोरशोर से घोषणा की हुई थी कि विश्वदीप सिंह और उनकी पत्नी फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह का समर्थन सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के साथ है । इस घोषणा के जरिये सुनीता बंसल के समर्थकों का उद्देश्य दरअसल अगले लायन वर्ष की डिस्ट्रिक्ट टीम में प्रमुख पद पाने के आकांक्षी लोगों का समर्थन जुटाना था । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के समर्थन को वास्तव में इसीलिए महत्त्वपूर्ण माना/पहचाना जाता है, क्योंकि उसके पास ही पदों का लालच देकर वोट खींचने की क्षमता होती है । मधु/विश्वदीप सिंह की इसी क्षमता को देखते/पहचानते हुए सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक उनके समर्थन के दावे करते हुए खासे जोश में थे । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के पक्ष में समर्थन जुटाने/दिखाने के उद्देश्य से होली मिलन के बहाने से आगरा में जो पहला कार्यक्रम हुआ, उसमें मधु/विश्वदीप सिंह की उपस्थिति ने सुनीता बंसल के समर्थकों के जोश को और बढ़ाने का काम किया । लेकिन मधु/विश्वदीप सिंह जब सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के दूसरे उम्मीदवार श्याम बिहारी अग्रवाल के कार्यक्रम में भी पहुँचे हुए दिखे, तो सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थकों का उक्त जोश ठंडा पड़ गया । उसके बाद भी मधु/विश्वदीप सिंह ने ऐसा कोई काम नहीं किया है, जिसे सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थन में किये गए काम के रूप में देखा/पहचाना जा सके । इससे सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए प्रस्तुत सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं के हौंसले पस्त हुए पड़े हैं ।
डिस्ट्रिक्ट की राजनीति की खेमेबाजी के समीकरणों से परिचित लोगों का मानना और कहना है कि खेमेबाजी के समीकरणों के आधार पर विश्वदीप सिंह को रहना/होना तो सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के साथ ही चाहिए; लेकिन पिछले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए विश्वदीप सिंह फूँक-फूँक कर कदम रख रहे हैं और ऐसा कोई काम नहीं करना चाहते हैं जिससे कि मधु सिंह का गवर्नर-वर्ष और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में मधु सिंह का नाम खराब हो । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट की राजनीति में विश्वदीप सिंह ने अपनी चौधराहट बनाने/दिखाने/चलाने के लिए काम तो धमाकेदार किए थे, लेकिन उनके नतीजों के रूप में उन्हें और डिस्ट्रिक्ट को सिर्फ बदनामी ही हाथ लगी थी । उस बदनामी के चलते विश्वदीप सिंह डिस्ट्रिक्ट में लोगों से इतने दूर हो गए कि कई वर्ष बाद जब उनकी पत्नी मधु सिंह सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार बनीं, तो चुनाव हार गईं । डिस्ट्रिक्ट में लोगों ने उस हार को मधु सिंह की हार के रूप में नहीं, बल्कि विश्वदीप सिंह की हार के रूप में देखा/पहचाना । उसके अगले वर्ष, जब मधु सिंह सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनी गईं, तो अप्रत्याशित रूप से उन्हें उन पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स का भी समर्थन मिला, जो विश्वदीप सिंह के फैसलों के शिकार हुए थे - और इसी कारण से उनकी 'जीत' को विश्वदीप सिंह की जीत के बजाए 'मधु सिंह की जीत' के रूप में देखा/पहचाना गया । जो लोग विश्वदीप सिंह और मधु सिंह, दोनों को जानते हैं - उनका कहना/बताना है कि दोनों के स्वभाव व व्यवहार में जमीन/आसमान का अंतर है, और विश्वदीप सिंह का स्वभाव अभी भी लगभग पहले जैसा ही 'गर्म' है । लेकिन लगता है कि बुरे नतीजों और अनुभवों से विश्वदीप सिंह ने शायद इतना सबक सीख लिया है कि फालतू के पंगे करने से बचा जाये; और या उन्हें लगता हो कि उनकी गवर्नरी और गवर्नर के रूप में उन्हें जैसी जो बदनामी मिली, वैसा हाल मधु सिंह का न हो । लोगों को लगता है कि इसीलिए मधु/विश्वदीप सिंह सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में किसी एक उम्मीदवार के साथ 'दिखने' से बच रहे हैं ।
मधु/विश्वदीप सिंह की इस 'स्थिति' ने सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के लिए गंभीर चुनौती और मुसीबत खड़ी कर दी है । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी को यूँ तो कई पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स का समर्थन मिल रहा है, लेकिन फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह के पति होने के नाते विश्वदीप सिंह के समर्थन का उनके लिए खास महत्त्व था; विश्वदीप सिंह ने लेकिन दोनों उम्मीदवारों के साथ 'दिख' कर सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थकों को बुरी तरह निराश किया है और सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के अभियान को तगड़ा झटका दिया है । सुनीता बंसल की तरफ से हालाँकि खासी मेहनत की जा रही है, और रिश्तेदारियाँ निकाल निकाल कर उनकी उम्मीदवारी के पक्ष में समर्थन जुटाने का प्रयास किया जा रहा है - जिस कारण सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का चुनाव रोमांचपूर्ण होता दिख रहा है । लेकिन चुनावी राजनीति के समीकरणों में होने वाले उलटफेर से परिचित लोगों का मानना और कहना है कि चुनाव में जीत सिर्फ 'शोर-शराबे' से नहीं मिलती, उसके लिए ठोस व्यवस्था करना होती है और जो किसी महत्त्वपूर्ण 'ऑफिस' के जरिये होती है । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के 'ऑफिस' के समर्थन का शोर सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थकों ने दरअसल इसीलिए मचाया हुआ था - जिसे लेकिन मधु/विश्वदीप सिंह की दोनों उम्मीदवारों के साथ 'दिखने' की कार्रवाई ने झटका दिया हुआ है । एक समस्या और है, और वह यह कि सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थन में वह लोग भी देखे/पहचाने जा रहे हैं, पूर्व में जिनका विश्वदीप सिंह के साथ टंटा रहा है - ऐसे में उनका और विश्वदीप सिंह का एकसाथ सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थन में चलना मुश्किल ही है; और इसीलिए सुनीता बंसल के चुनाव अभियान में सक्रियता तो अच्छी दिख रही है, लेकिन वह सक्रियता चुनावी नजरिये से कोई प्रभाव बनाती/छोड़ती हुई नहीं नजर आ रही है; और यही बात सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थकों को निराश/हताश कर रही है ।

Thursday, March 21, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में सुनीता बंसल की उम्मीदवारी की बागडोर संभालने को लेकर उनके समर्थक नेताओं के बीच मचे झगड़े ने श्याम बिहारी अग्रवाल की स्थिति को बेहतर बनाया

आगरा । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए सुनीता बंसल की उम्मीदवारी को मिल रहे समर्थन को 'दिखलाने' के उद्देश्य से हुए होली मिलन समारोह में जुटे लोगों को देख/जान कर श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के समर्थक डिस्ट्रिक्ट के सत्ता खेमे के लोगों ने राहत की साँस ली है । दरअसल डिस्ट्रिक्ट के सत्ता खेमे के नेताओं ने जब से श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का झंडा उठाया है, तब ही से विरोधी खेमे के नेताओं ने डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच यह हवा बनाने की कोशिश की है कि सत्ता खेमे के कई नेता श्याम बिहारी अग्रवाल को उम्मीदवार बनाये जाने से खुश नहीं हैं और श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी को लेकर सत्ता खेमे में फूट पड़ गई है । यह हवा बनाने के लिए विरोधी खेमे के नेताओं ने तर्क दिया कि सत्ता खेमे के जो नेता पिछली बार श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का विरोध कर रहे थे, उन्होंने अचानक से इस बार जिस तरह से श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का झंडा उठा लिया है - उसे देख कर उन नेताओं के संगी-साथी ही खफा हैं, और इससे सत्ता खेमे की राजनीतिक ताकत कमजोर हुई है । सत्ता खेमे की राजनीतिक ताकत कमजोर हुई है या नहीं, यह तो निश्चित रूप से अभी नहीं पता है; लेकिन सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के लिए हुए आयोजन से यह जरूर पता चल गया है कि विरोधी खेमे को उसका कोई लाभ मिलता हुआ नहीं दिख रहा है । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थन में कमोवेश वही लोग दिख रहे हैं, जो पिछले वर्ष श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के समर्थन में थे । ऐसे में लोगों को कहने का मौका मिला है कि 'वह लोग' पिछले वर्ष जब श्याम बिहारी अग्रवाल को नहीं जितवा सके थे, तब फिर वह इस वर्ष सुनीता बंसल को भला कैसे चुनाव जितवा सकेंगे ?
मजे की बात यह हुई है कि विरोधी खेमे के नेता जिस तर्क से सत्ता खेमे के नेताओं को 'लपेटने' की कोशिश कर रहे हैं, वह तर्क पलट कर खुद उनके लिए ही मुसीबत बन गया है । डिस्ट्रिक्ट में लोगों का कहना/पूछना है कि विरोधी खेमे के जो नेता पिछले वर्ष श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का समर्थन कर रहे थे, उन्हें तो यह देख/जान कर खुश होना चाहिए कि 'उनके' श्याम बिहारी अग्रवाल को अब पिछले वर्ष विरोधी रहे लोगों ने भी स्वीकार कर लिया है - और इस तरह 'उनके' श्याम बिहारी अग्रवाल के लिए तो इस वर्ष निर्विरोध सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुने जाने की स्थितियाँ बनी हैं । इस स्थिति पर खुश होने की बजाये 'समर्थक' रहे विरोधी खेमे के नेता जिस तरह से श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के विरोधी बन गए हैं, उससे वास्तव में वह यही साबित कर रहे हैं कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की चुनावी राजनीति में उन्हें उम्मीदवार से कोई लगाव नहीं है, वह तो बस उम्मीदवार को इस्तेमाल करते हुए अपनी राजनीति करना चाहते हैं । पिछले वर्ष उन्होंने उम्मीदवार के रूप में श्याम बिहारी अग्रवाल को इस्तेमाल किया, इस बार वह सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के सहारे विरोध की अपनी राजनीति दिखा रहे हैं । विरोधी खेमे के नेता पिछले वर्ष भी सत्ता खेमे के नेताओं की तथाकथित फूट के तथा श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के समर्थन में होने वाले आयोजनों में जुटे लोगों के आधार पर अपनी स्थिति मजबूत देखा/बताया करते थे, और इस बार सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के मामले में भी उनका वैसा ही रंग-ढंग है । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के पक्ष में पिछले दिनों हुए होली मिलन में यही नजारा देखने को मिला कि वहाँ या तो ऐसे लोग थे, जो प्रायः हर आयोजन में होते हैं और या फिर वह लोग थे जो पिछली बार श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के साथ थे - लेकिन जो श्याम बिहारी अग्रवाल को चुनाव जितवा नहीं सके थे ।
सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं में से ही कुछेक का मानना/कहना है कि सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के मामले में सबसे बड़ी समस्या यह है कि डिस्ट्रिक्ट में उनकी कोई सक्रियता नहीं रही है, जिसके चलते न तो डिस्ट्रिक्ट के लोग उन्हें जानते/पहचानते हैं, और न वह ही डिस्ट्रिक्ट के लोगों को जानती/पहचानती हैं । सुनीता बंसल की चूँकि अपने क्लब के कार्यक्रमों में भी कोई खास भागीदारी नहीं रही/दिखी है; मौजूदा लायन वर्ष में क्लब के जो महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम हुए, उनमें सुनीता बंसल की कोई खास सक्रियता न दिखी, न रही - इसलिए उनकी उम्मीदवारी को लेकर क्लब के लोगों तथा पदाधिकारियों के बीच कोई उत्साह नहीं नजर आ रहा है, जिसका खामियाजा उनकी उम्मीदवारी को झेलना पड़ रहा है । सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के समर्थक बने विरोधी खेमे के नेताओं के बीच के आपसी 'झगड़े' भी सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के लिए मुसीबत बने हुए हैं; दरअसल विरोधी खेमे के नेताओं के बीच सुनीता बंसल की उम्मीदवारी की बागडोर संभालने को लेकर जो होड़ मची है, उससे भी सुनीता बंसल की उम्मीदवारी के सामने सबसे बड़ी समस्या खड़ी हो रही है । दूसरी तरफ सत्ता खेमे में श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी को स्वीकार करने को लेकर शुरू में जो हिचक और असमंजस दिख रहा था, वह काफी हद तक दूर होता नजर आ रहा है । विरोधी खेमे के नेताओं के बीच बनी/फैली असमंजसता और बिखराव की स्थिति ने भी श्याम बिहारी अग्रवाल की चुनावी स्थिति को बेहतर बनाया है ।

Friday, March 1, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में श्याम बिहारी अग्रवाल को 'गोद' लेने व आगरा पर थोपने तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में बीके गुप्ता के कार्य-व्यवहार से नाराज लोगों के निशाने पर जितेंद्र चौहान के आने से श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के लिए मुसीबत बढ़ी

आगरा । जितेंद्र चौहान और उनके साथी अन्य पूर्व गवर्नर्स पिछले लायन वर्ष में जिन श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का विरोध कर रहे थे - और सिर्फ विरोध ही नहीं कर रहे थे, बल्कि तरह तरह के आरोपों के साथ बदनाम और लांछित भी कर रहे थे; इस वर्ष उन्होंने उन्हीं श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी का झंडा उठा लिया है । इसे लेकर डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच - खासतौर से जितेंद्र चौहान के नजदीकियों व शुभचिंतकों के बीच खासी नाराजगी दिख रही है । उनका कहना/पूछना है कि जो जितेंद्र चौहान पिछले वर्ष श्याम बिहारी अग्रवाल के कुछेक 'कार्यक्रमों' का हवाला देकर उनके लायन सदस्य बने रहने पर भी सवाल उठा रहे थे, इस वर्ष वह उन्हीं श्याम बिहारी अग्रवाल को (सेकेंड वाइस) डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनवाने की बात किस मुँह से करेंगे ? लोगों के बीच आरोपपूर्ण चर्चाओं में कहा/सुना जा रहा है कि इस शीर्षासनी बदलाव में पैसों के लेनदेन की बड़ी और निर्णायक भूमिका है । इस भूमिका के चलते एक बड़ा काम लायंस क्लब आगरा रॉयल के फिर से 'जी' उठने का हुआ है । उल्लेखनीय है कि ड्यूज जमा न होने के कारण लायंस इंटरनेशनल ने इस क्लब को 'मरणासन्न' सूची में डाल दिया था; लेकिन जितेंद्र चौहान और श्याम बिहारी अग्रवाल के बीच हुई 'सौदेबाजी' में इस क्लब के बकाया करीब 700 अमेरिकी डॉलर के डयूज जमा हुए और यह क्लब फिर से जी उठा । महत्त्वपूर्ण बात यह है कि इस क्लब के मुखिया राजीव मोहन सक्सेना, जितेंद्र चौहान के बड़े खास लोगों में देखे/पहचाने जाते हैं । पहले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर और फिर मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के रूप में जितेंद्र चौहान ने अपना कामकाज राजीव मोहन सक्सेना के ऑफिस से ही चलाया था । श्याम बिहारी अग्रवाल ने इस क्लब को नया जीवन तो दिया ही है, साथ ही साथ इस क्लब की सदस्यता भी ले ली है ।
इसके चलते श्याम बिहारी अग्रवाल आगरा के उम्मीदवार बन जाने का दावा कर रहे हैं । उनके इस दावे पर लेकिन आगरा के कई लोग भड़के हुए हैं । उनका कहना/पूछना है कि जितेंद्र चौहान को अपनी राजनीति चलाने के लिए आगरा में कोई उम्मीदवार नहीं मिला क्या - जो उन्होंने श्याम बिहारी अग्रवाल को आगरा के सिर पर थोप दिया है । जितेंद्र चौहान के नजदीकी इस बात का बड़ा तर्कपूर्ण जबाव देते हुए बताते हैं कि जितेंद्र चौहान ने पहले कपिल अग्रवाल और फिर सतीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाने की कोशिश की तो थी; लेकिन जितेंद्र चौहान की डिमांड्स के सामने दोनों ही नहीं टिक पाए - जितेंद्र चौहान तब श्याम बिहारी अग्रवाल को 'गोद' लेने के लिए मजबूर हुए । जितेंद्र चौहान भले ही किसी सौदेबाजी में श्याम बिहारी अग्रवाल को 'गोद' लेने के लिए मजबूर हुए हों और श्याम बिहारी अग्रवाल को भी भले ही लग रहा हो कि जितेंद्र चौहान का समर्थन मिल जाने से सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उनकी दावेदारी मजबूत हो गई है - लेकिन जितेंद्र चौहान और श्याम बिहारी अग्रवाल के बीच बने इस गठजोड़ को लेकर लोगों के बीच जिस तरह की नाराजगी देखने/सुनने को मिल रही है, उससे संकेत लग रहा है कि दोनों के लिए आगे का रास्ता आसान नहीं होगा । दरअसल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में बीके गुप्ता के कार्य-व्यवहार से नाराज लोगों का निशाना भी जितेंद्र चौहान को बनना पड़ रहा है । लोगों का कहना है कि जितेंद्र चौहान अपने स्वार्थ में ऐसे लोगों को गवर्नर बनवा देते हैं, जो किसी काम के साबित नहीं होते हैं और सिर्फ कठपुतली बने रहते हैं । जितेंद्र चौहान और बीके गुप्ता के प्रति पैदा होने वाली यह नाराजगी श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के लिए मुसीबत का कारण बन सकती है । देखना दिलचस्प होगा कि जितेंद्र चौहान अपने आपको और श्याम बिहारी अग्रवाल को लोगों की नाराजगी से पैदा होने वाली मुसीबत से बचाने के लिए क्या और कैसे करतब पेश करते हैं । 

Thursday, April 12, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में अजय सनाढ्य की उम्मीदवारी के समर्थन में हुईं बुलंदशहर और फिरोजाबाद की मीटिंग्स की कामयाबी सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में बाजी पलटने का संकेत दे रही हैं क्या ?

अलीगढ़ । पहले बुलंदशहर और फिर फिरोजाबाद में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार अजय सनाढ्य की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने और 'दिखाने' के उद्देश्य से आयोजित हुईं मीटिंग्स में लोगों का जैसा जो उत्साहपूर्ण नजारा देखने को मिला, उसने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनावी परिदृश्य को खासा उठा-पटक भरा बना दिया है । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के दूसरे उम्मीदवार श्याम बिहारी अग्रवाल ने अपने साथ हुई नाइंसाफी और धोखाधड़ी को लेकर लोगों की सहानुभूति जुटाने की अच्छी कोशिश की थी, लेकिन लगता है कि वह सहानुभूति को समर्थन में बदलने का मैकेनिज्म नहीं बना सके हैं - जिसका नतीजा यह देखने को मिल रहा है कि अजय सनाढ्य की उम्मीदवारी को मिल रहे समर्थन में वृद्धि हुई है । बुलंदशहर में हुई मीटिंग में बुलंदशहर के पाँचों क्लब्स के पदाधिकारियों के साथ-साथ बुलंदशहर के दोनों पूर्व गवर्नर्स अशोक गुप्ता व राकेश सिंघल की उपस्थिति रही; तो फिरोजाबाद में फिरोजाबाद के चारों क्लब्स के पदाधिकारियों के साथ-साथ फिरोजाबाद के वरिष्ठ पूर्व गवर्नर विश्वदीप सिंह की उपस्थिति उल्लेखनीय रही । यह बात तो खुद अजय सनाढ्य के समर्थक बड़े नेताओं ने भी स्वीकार की है कि इसका मतलब यह नहीं है कि बुलंदशहर और फिरोजाबाद के सभी वोट अजय सनाढ्य को ही मिल जायेंगे; लेकिन दोनों जगहों में हुई मीटिंग्स की कामयाबी इस बात का संकेत तो देती ही है कि श्याम बिहारी अग्रवाल की सहानुभूति जुटाने की तमाम कोशिशों के बावजूद सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए लोगों के बीच अजय सनाढ्य की उम्मीदवारी की स्वीकार्यता ज्यादा है ।
श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के अभियान को दरअसल इस बात से झटका लगा है कि उनके समर्थन में समझे/बताए जा रहे पूर्व गवर्नर्स उनकी उम्मीदवारी के समर्थन में कुछ करते हुए 'दिख' नहीं रहे हैं । राजनीति में - और खासकर चुनावी राजनीति में होना/करना महत्त्वपूर्ण नहीं होता है, बल्कि 'दिखना' महत्त्वपूर्ण होता है । अजय सनाढ्य के समर्थन में जो पूर्व गवर्नर्स हैं, वह खुलकर अजय सनाढ्य के समर्थन में 'दिख' रहे हैं; लेकिन श्याम बिहारी अग्रवाल के समर्थक पूर्व गवर्नर्स अपने आप को पीछे किए हुए हैं - जिससे लोगों के बीच यह संदेश गया है कि उन्होंने श्याम बिहारी अग्रवाल की स्थिति को कमजोर भाँप लिया है और चूँकि कमजोर के साथ कोई नहीं 'दिखना' चाहता है, इसलिए उन्होंने अपने आप को श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के अभियान से खुद को अलग कर लिया है । समर्थक पूर्व गवर्नर्स के बीच मँझधार में छोड़ जाने से डाँवाडोल हुई नाव को सँभालने के लिए श्याम बिहारी अग्रवाल कोशिश तो बहुत कर रहे हैं, लेकिन लगता है कि उनकी कोशिशें काफी नहीं पड़ रही हैं । दरअसल, इस बीच मौके का फायदा उठाते हुए अजय सनाढ्य ने अपनी कमजोरियों को दुरुस्त किया और लोगों के बीच पैठ बनाने की कोशिश की । अजय सनाढ्य पर सबसे गंभीर आरोप यही रहा है कि एक उम्मीदवार के रूप में वह खुद कुछ नहीं कर रहे हैं, और पूरी तरह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारस अग्रवाल तथा फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बीके गुप्ता पर निर्भर हैं । इस आरोप के चलते अपनी उम्मीदवारी को नुकसान होता देख अजय सनाढ्य ने लेकिन अपने आप को सक्रिय किया तथा आरोपियों का मुँह बंद किया । उन्हें इसका फायदा मिलता दिख रहा है ।
बुलंदशहर और फिरोजाबाद में हुईं मीटिंग्स की जोरदार सफलता से यह भी नजर आ रहा है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारस अग्रवाल के कार्य-व्यवहार के प्रति जिन लोगों को नाराजगी रही भी है, श्याम बिहारी अग्रवाल उसका भी फायदा नहीं उठा पा रहे हैं । यूँ भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से नाराज होने वाले लोग चाहते रहते हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर उन्हें मना ले और उनकी नाराजगी को दूर कर दे, तो वह उसी के साथ जुड़ जाएँ । पारस अग्रवाल ने लोगों के इस इमोशंस को समझा और नाराज होने/रहने वाले लोगों को मना लिया । नाराज लोगों को चूँकि श्याम बिहारी अग्रवाल के समर्थक पूर्व गवर्नर्स से कोई 'सहारा' नहीं मिला, इसलिए लगता है कि उन्होंने भी नाराजगी छोड़ पारस अग्रवाल के साथ जुड़ने में ही अपनी भलाई देखी/पहचानी । क्लब्स के पदाधिकारियों तथा लोगों को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से अवॉर्ड तथा फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स से पद लेने होते हैं, इसलिए वह इन दोनों की गुड-बुक में रहना चाहते हैं । इस 'स्थिति' का फायदा अजय सनाढ्य को मिलता नजर आ रहा है । श्याम बिहारी अग्रवाल के लिए हालात खासे अनुकूल थे; लेकिन उन्होंने हालात को निरंतर अनुकूल बनाए रखने के लिए कोई प्रयत्न नहीं किए और यह माने/समझे रहे कि हालात अपने आप अनुकूल बने रहेंगे; इसलिए वह समझ ही नहीं पाए कि कब हालात उनके प्रतिकूल होने लगे । जब तक उन्हें इसका भान हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी । उनकी बदकिस्मती यह रही कि जो पूर्व गवर्नर्स उनके साथ थे, वह पीछे हटते गए - जिस कारण हालात को अपने अनुकूल बनाए रखना उनके लिए और मुश्किल हो गया । मुश्किल की बात यह हुई है कि हालात के खिलाफ होने का पता अब चला है जब बुलंदशहर और फिरोजाबाद में हुईं मीटिंग्स की सफलता देखी गई, और अब जब चुनाव में ज्यादा समय भी नहीं रह गया है ।

Wednesday, April 4, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारस अग्रवाल की 'धोखाधड़ी' और उनके कार्य-व्यवहार से नाराज क्लब्स के पदाधिकारियों की श्याम बिहारी अग्रवाल के प्रति दिखाई जा रही हमदर्दी ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में अजय सनाढ्य के लिए मुसीबत खड़ी की

आगरा । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारस अग्रवाल ने मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन बनने के लिए श्याम बिहारी अग्रवाल के साथ जो धोखा किया, वही धोखा सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में श्याम बिहारी अग्रवाल के लिए वरदान बनता नजर आ रहा है । चुनावी अभियान के दौर में क्लब्स के पदाधिकारियों की तरफ से पारस अग्रवाल से मिले धोखे को लेकर श्याम बिहारी अग्रवाल के प्रति जो हमदर्दी व्यक्त होते हुए सुनी/देखी जा रही है, उससे आभास मिलता है कि क्लब्स के पदाधिकारियों ने पारस अग्रवाल के रवैये को उचित नहीं माना है और उन्हें लगता है कि श्याम बिहारी अग्रवाल के साथ धोखा करके पारस अग्रवाल ने अच्छा नहीं किया है । उल्लेखनीय है कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए प्रस्तुत श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी को पारस अग्रवाल ने शुरू से ही समर्थन दिया हुआ था और इस समर्थन के बदले उन्होंने मौके-बेमौके उनसे पैसे भी खर्च करवाए थे । लेकिन तीन-चार महीने बाद ही पारस अग्रवाल ने अचानक से रंग बदल लिया, और वह अजय सनाढ्य की उम्मीदवारी के पक्ष में हो गए । अजय सनाढ्य को फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बीके गुप्ता के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जाता है । समझा जाता है कि बीके गुप्ता ने पारस अग्रवाल को साफ संकेत दे दिया कि उन्होंने यदि अजय सनाढ्य को समर्थन नहीं दिया, तो मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के चुनाव में वह उनका समर्थन नहीं करेंगे - और इसके बाद ही पारस अग्रवाल ने रंग बदल लिया । बीके गुप्ता जब सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार थे, तब पारस अग्रवाल ने उनकी उम्मीदवारी का विरोध किया था और उनकी प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार मधु सिंह का समर्थन किया था; पारस अग्रवाल के विरोध के बावजूद बीके गुप्ता चुनाव जीत गए थे । पारस अग्रवाल को डर हुआ कि उनके विरोध को याद करते हुए बीके गुप्ता वैसे ही उनसे नाराज होंगे, और ऐसे में उन्होंने यदि उनके उम्मीदवार अजय सनाढ्य का भी विरोध किया तो फिर उनके लिए मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन बन पाना मुश्किल ही क्या, असंभव ही होगा । सो, पारस अग्रवाल ने श्याम बिहारी अग्रवाल का साथ छोड़ने में देर नहीं की । पारस अग्रवाल ने यह घोषणा करके बीके गुप्ता को और खुश करने का काम किया है कि अजय सनाढ्य को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनवाने के लिए उन्हें जो भी सच्चा-झूठा काम करना पड़ेगा, वह करेंगे ।
चुनावी अभियान के दौर में क्लब्स के पदाधिकारियों की तरफ से इस बात को लेकर भी श्याम बिहारी अग्रवाल के लिए सहानुभूति सुनी/देखी जा रही कि श्याम बिहारी अग्रवाल को तो दोहरे धोखे का शिकार होना पड़ रहा है । उल्लेखनीय है कि श्याम बिहारी अग्रवाल पिछले लायन वर्ष में भी उम्मीदवार थे, लेकिन पिछले से पिछले वर्ष में पराजित हुईं मधु सिंह को निर्विरोध सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनवाने तथा डिस्ट्रिक्ट में भाईचारा बनाने के उद्देश्य से पूर्व गवर्नर्स ने उन्हें अगले लायन वर्ष में समर्थन देने का आश्वासन देते हुए अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के लिए राजी कर लिया था । यह आश्वासन देने वालों में पारस अग्रवाल भी आगे आगे थे । श्याम बिहारी अग्रवाल के साथ लेकिन इस वर्ष जब उक्त आश्वासन को पूरा करने और निभाने का मौका आया, तो कुछेक वरिष्ठ पूर्व गवर्नर्स और पारस अग्रवाल ने ऐसे मुँह मोड़ लिया - जैसे आश्वासन उन्होंने श्याम बिहारी अग्रवाल को धोखा देने के लिए दिया था । इस पूरे मामले में पूर्व गवर्नर जितेंद्र चौहान का रवैया तो दोहरेपन का दिलचस्प उदाहरण है । जितेंद्र चौहान एक तरफ तो श्याम बिहारी अग्रवाल के साथ हुई धोखेबाजी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हैं और कहते हैं कि श्याम बिहारी अग्रवाल को जो आश्वासन दिया गया था, उसका पालन और सम्मान होना चाहिए - लेकिन दूसरी तरफ वह खुद श्याम बिहारी अग्रवाल को दिए गए आश्वासन का पालन नहीं कर रहे हैं और अजय सनाढ्य का साथ दे रहे हैं । मजे की बात यह है कि जितेंद्र चौहान अपने इस दोहरे व्यवहार का कारण भी बताते हैं और वह यह कि वह तो पारस अग्रवाल के साथ हैं और अजय सनाढ्य का साथ इसलिए दे रहे हैं, क्योंकि पारस अग्रवाल उनके साथ हैं ।
क्लब्स के पदाधिकारियों की तरफ से श्याम बिहारी अग्रवाल के प्रति जो हमदर्दी प्रकट हो रही है, उसने अजय सनाढ्य और उनके समर्थकों को चिंता में डाल दिया है । उनकी चिंता यह है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारस अग्रवाल ने कुछ भी करके उन्हें चुनाव जितवाने का आश्वासन तो दे दिया है, लेकिन उनके आश्वासन का क्लब्स के पदाधिकारियों पर कोई असर पड़ता नहीं दिख रहा है । आगरा के क्लब्स में ही श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी को जिस तरह समर्थन मिलता नजर आ रहा है, उसे देखते हुए अजय सनाढ्य और उनके समर्थकों को ही आशंका हो चली है कि पारस अग्रवाल जब आगरा में ही क्लब्स को श्याम बिहारी अग्रवाल के साथ जुड़ने से नहीं रोक पा रहे हैं, तब फिर वह आगरा से बाहर के क्लब्स को श्याम बिहारी अग्रवाल के साथ होने से कैसे रोक सकेंगे । अजय सनाढ्य और उनके समर्थकों को एक खतरा यह भी लग रहा है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में पारस अग्रवाल का कामकाज चूँकि कुछ खास नहीं रहा है, इसलिए उसका खामियाजा कहीं उन्हें न भुगतना पड़े । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में अपने कार्य-व्यवहार से पारस अग्रवाल ने क्लब्स के पदाधिकारियों को नाराज ही किया हुआ है । इसलिए ही अजय सनाढ्य और उनके समर्थकों को डर हो चला है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में पारस अग्रवाल के रवैये और व्यवहार से नाराज क्लब्स के पदाधिकारियों की नाराजगी कहीं उनके सिर ने फूटे । मजेदार सीन यह बना दिख रहा है कि अजय सनाढ्य डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में पारस अग्रवाल के जिस समर्थन को अपने लिए वरदान समझ रहे थे, वही उन्हें अपने लिए अभिशाप बनता हुआ नजर आ रहा है ।