Showing posts with label Ajay Sanadhya. Show all posts
Showing posts with label Ajay Sanadhya. Show all posts

Saturday, August 15, 2020

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए चार चार उम्मीदवारों की चर्चा के बीच तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को हरी झंडी देने के लिए बुलाई गई क्लब की मीटिंग में पारस अग्रवाल के न पहुँचने के 'मामले' ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति का पारा चढ़ाया

आगरा । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी को क्लब से हरी झंडी दिलवा कर तरुण अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में गर्मी पैदा कर दी है । क्लब की जिस मीटिंग में तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को हरी झंडी मिली, उस मीटिंग में पारस अग्रवाल की गैरमौजूदगी ने उस गर्मी को और गर्म कर दिया है । उल्लेखनीय है कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अजय भार्गव, पीके जैन तथा स्वाति माथुर के नाम की चर्चा पहले से ही है । अजय भार्गव इस वर्ष डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट सेक्रेटरी हैं, जिस कारण अनुमान लगाया जा रहा है कि उनकी उम्मीदवारी को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय सनाढ्य की शह होगी; पीके जैन बुलंदशहर के दो पूर्व गवर्नर्स के क्लब के सदस्य हैं, इस नाते उन्हें 'उनके' उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है; स्वाति माथुर को डिस्ट्रिक्ट के वरिष्ठ पूर्व गवर्नर्स के 'आशीर्वाद' से चुनावी मैदान में 'कूदते' हुए पहचाना गया है । मजे की बात यह रही कि अजय भार्गव, पीके जैन व स्वाति माथुर की उम्मीदवारी को लेकर होने वाली चर्चा में तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को पूरी तरह भुला ही दिया गया - जबकि सबसे पहले उन्होंने ही अपनी उम्मीदवारी की बात कही थी । इसके लिए हालाँकि तरुण अग्रवाल को ही जिम्मेदार माना गया । दरअसल उन्होंने इस वर्ष उम्मीदवार होने की बात तो कह दी, लेकिन फिर सीन से गायब हो गए । डिस्ट्रिक्ट के लोगों को तरुण अग्रवाल चूँकि उम्मीदवार के रूप में कुछ करते हुए नजर नहीं आए, इसलिए लोगों ने इस वर्ष उम्मीदवार बनने की उनकी बात को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया और उसे भुला दिया ।
यह इसलिए भी हुआ, क्योंकि तरुण अग्रवाल पिछले वर्ष भी उम्मीदवार बने थे - लेकिन पिछले वर्ष जिस अचानक तरीके से वह उम्मीदवार बने थे, उसी अचानक तरीके से फिर वह पीछे भी हट गए थे । लोगों के बीच चर्चा रही कि तरुण अग्रवाल को उम्मीदवार बनना नहीं था, वह तो तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मधु सिंह ने सुनीता बंसल की 'बाँह मरोड़ने' के लिए उन्हें इस्तेमाल किया और उम्मीदवार बना दिया था; और सुनीता बंसल जैसे ही 'रास्ते' पर आईं, मधु सिंह ने तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को वापस करवा दिया । लोगों के बीच चर्चा थी कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में सुनीता बंसल चूँकि मधु सिंह की 'डिमांड्स' पूरी करने में आनाकानी कर रही थीं, इसलिए सुनीता बंसल को 'रास्ते पर' लाने के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में मधु सिंह ने तरुण अग्रवाल की 'सेवा' ली - और तरुण अग्रवाल सिर्फ इस्तेमाल होने के लिए ही उम्मीदवार बने थे । इसीलिए, तरुण अग्रवाल जब इस वर्ष उम्मीदवार बनने की बात करने के बावजूद कुछ करते हुए नहीं दिखे - तो डिस्ट्रिक्ट के लोगों ने भी उनकी उम्मीदवारी की बात को भुला दिया, और सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के संभावित उम्मीदवारों के रूप में चर्चा अजय भार्गव, पीके जैन तथा स्वाति माथुर तक ही सीमित रह गई ।
यह देख तरुण अग्रवाल तुरंत सक्रिय हुए और उन्होंने क्लब की मीटिंग बुलवा ली, जिसमें मौजूद सभी सदस्यों ने एकमत से तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी के प्रति समर्थन व्यक्त किया - और इस तरह तरुण अग्रवाल ने अपनी उम्मीदवारी को लेकर गंभीरता दिखाई । उक्त मीटिंग में लेकिन पूर्व गवर्नर व मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पारस अग्रवाल के न पहुँचने से थोड़ी झटके वाली स्थिति बनी । पारस अग्रवाल की तरफ से हालाँकि बताया/कहा तो यह गया कि वह कुछ निजी व्यस्तता के कारण मीटिंग में नहीं पहुँच सकेंगे, लेकिन क्लब के कुछेक सदस्यों को पहले से अनुमान था कि कोई न कोई बहानेबाजी करके पारस अग्रवाल मीटिंग में नहीं आयेंगे । पारस अग्रवाल की अनुपस्थिति को 'राजनीतिक' रूप से देखते/पहचानते हुए मीटिंग में कुछेक सदस्यों ने किसी का नाम लिए बिना चेतावनी भी दी कि क्लब का कोई सदस्य यदि तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी के खिलाफ काम करता हुआ देखा/पाया गया तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी - और जरूरत पड़ी तो उसे क्लब से भी निकाल दिया जायेगा । यह चेतावनी देते हुए हालाँकि किसी का नाम नहीं लिया गया, लेकिन मीटिंग में मौजूद सभी लोगों ने यह समझने में चूक नहीं की कि यह चेतावनी पारस अग्रवाल के लिए है । पारस अग्रवाल और तरुण अग्रवाल के बीच हालाँकि अच्छे संबंध रहे हैं, लेकिन पिछले दो-तीन वर्षों में दोनों की राजनीति अलग अलग रही है - जिस कारण दोनों के बीच टकरावपूर्ण संबंध बने हैं । पिछले लायन वर्ष में दोनों की तरफ से सार्वजनिक रूप से आरोप-प्रत्यारोप भी लगे थे । इसी वजह से, तरुण अग्रवाल के नजदीकियों को शक/डर है कि तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी को पारस अग्रवाल का समर्थन नहीं मिलेगा, और इसीलिए उन्होंने पारस अग्रवाल को क्लब में ही 'घेरने' की तैयारी शुरू कर दी है । दअरसल इसी कारण से तरुण अग्रवाल की उम्मीदवारी के प्रति समर्थन घोषित करने के उद्देश्य से हुई उनके क्लब की मीटिंग के बाद डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति का पारा एकदम से ऊपर चढ़ता दिख रहा है । 

Thursday, April 12, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में अजय सनाढ्य की उम्मीदवारी के समर्थन में हुईं बुलंदशहर और फिरोजाबाद की मीटिंग्स की कामयाबी सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में बाजी पलटने का संकेत दे रही हैं क्या ?

अलीगढ़ । पहले बुलंदशहर और फिर फिरोजाबाद में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार अजय सनाढ्य की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने और 'दिखाने' के उद्देश्य से आयोजित हुईं मीटिंग्स में लोगों का जैसा जो उत्साहपूर्ण नजारा देखने को मिला, उसने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनावी परिदृश्य को खासा उठा-पटक भरा बना दिया है । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के दूसरे उम्मीदवार श्याम बिहारी अग्रवाल ने अपने साथ हुई नाइंसाफी और धोखाधड़ी को लेकर लोगों की सहानुभूति जुटाने की अच्छी कोशिश की थी, लेकिन लगता है कि वह सहानुभूति को समर्थन में बदलने का मैकेनिज्म नहीं बना सके हैं - जिसका नतीजा यह देखने को मिल रहा है कि अजय सनाढ्य की उम्मीदवारी को मिल रहे समर्थन में वृद्धि हुई है । बुलंदशहर में हुई मीटिंग में बुलंदशहर के पाँचों क्लब्स के पदाधिकारियों के साथ-साथ बुलंदशहर के दोनों पूर्व गवर्नर्स अशोक गुप्ता व राकेश सिंघल की उपस्थिति रही; तो फिरोजाबाद में फिरोजाबाद के चारों क्लब्स के पदाधिकारियों के साथ-साथ फिरोजाबाद के वरिष्ठ पूर्व गवर्नर विश्वदीप सिंह की उपस्थिति उल्लेखनीय रही । यह बात तो खुद अजय सनाढ्य के समर्थक बड़े नेताओं ने भी स्वीकार की है कि इसका मतलब यह नहीं है कि बुलंदशहर और फिरोजाबाद के सभी वोट अजय सनाढ्य को ही मिल जायेंगे; लेकिन दोनों जगहों में हुई मीटिंग्स की कामयाबी इस बात का संकेत तो देती ही है कि श्याम बिहारी अग्रवाल की सहानुभूति जुटाने की तमाम कोशिशों के बावजूद सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए लोगों के बीच अजय सनाढ्य की उम्मीदवारी की स्वीकार्यता ज्यादा है ।
श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के अभियान को दरअसल इस बात से झटका लगा है कि उनके समर्थन में समझे/बताए जा रहे पूर्व गवर्नर्स उनकी उम्मीदवारी के समर्थन में कुछ करते हुए 'दिख' नहीं रहे हैं । राजनीति में - और खासकर चुनावी राजनीति में होना/करना महत्त्वपूर्ण नहीं होता है, बल्कि 'दिखना' महत्त्वपूर्ण होता है । अजय सनाढ्य के समर्थन में जो पूर्व गवर्नर्स हैं, वह खुलकर अजय सनाढ्य के समर्थन में 'दिख' रहे हैं; लेकिन श्याम बिहारी अग्रवाल के समर्थक पूर्व गवर्नर्स अपने आप को पीछे किए हुए हैं - जिससे लोगों के बीच यह संदेश गया है कि उन्होंने श्याम बिहारी अग्रवाल की स्थिति को कमजोर भाँप लिया है और चूँकि कमजोर के साथ कोई नहीं 'दिखना' चाहता है, इसलिए उन्होंने अपने आप को श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी के अभियान से खुद को अलग कर लिया है । समर्थक पूर्व गवर्नर्स के बीच मँझधार में छोड़ जाने से डाँवाडोल हुई नाव को सँभालने के लिए श्याम बिहारी अग्रवाल कोशिश तो बहुत कर रहे हैं, लेकिन लगता है कि उनकी कोशिशें काफी नहीं पड़ रही हैं । दरअसल, इस बीच मौके का फायदा उठाते हुए अजय सनाढ्य ने अपनी कमजोरियों को दुरुस्त किया और लोगों के बीच पैठ बनाने की कोशिश की । अजय सनाढ्य पर सबसे गंभीर आरोप यही रहा है कि एक उम्मीदवार के रूप में वह खुद कुछ नहीं कर रहे हैं, और पूरी तरह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारस अग्रवाल तथा फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बीके गुप्ता पर निर्भर हैं । इस आरोप के चलते अपनी उम्मीदवारी को नुकसान होता देख अजय सनाढ्य ने लेकिन अपने आप को सक्रिय किया तथा आरोपियों का मुँह बंद किया । उन्हें इसका फायदा मिलता दिख रहा है ।
बुलंदशहर और फिरोजाबाद में हुईं मीटिंग्स की जोरदार सफलता से यह भी नजर आ रहा है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारस अग्रवाल के कार्य-व्यवहार के प्रति जिन लोगों को नाराजगी रही भी है, श्याम बिहारी अग्रवाल उसका भी फायदा नहीं उठा पा रहे हैं । यूँ भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से नाराज होने वाले लोग चाहते रहते हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर उन्हें मना ले और उनकी नाराजगी को दूर कर दे, तो वह उसी के साथ जुड़ जाएँ । पारस अग्रवाल ने लोगों के इस इमोशंस को समझा और नाराज होने/रहने वाले लोगों को मना लिया । नाराज लोगों को चूँकि श्याम बिहारी अग्रवाल के समर्थक पूर्व गवर्नर्स से कोई 'सहारा' नहीं मिला, इसलिए लगता है कि उन्होंने भी नाराजगी छोड़ पारस अग्रवाल के साथ जुड़ने में ही अपनी भलाई देखी/पहचानी । क्लब्स के पदाधिकारियों तथा लोगों को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से अवॉर्ड तथा फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स से पद लेने होते हैं, इसलिए वह इन दोनों की गुड-बुक में रहना चाहते हैं । इस 'स्थिति' का फायदा अजय सनाढ्य को मिलता नजर आ रहा है । श्याम बिहारी अग्रवाल के लिए हालात खासे अनुकूल थे; लेकिन उन्होंने हालात को निरंतर अनुकूल बनाए रखने के लिए कोई प्रयत्न नहीं किए और यह माने/समझे रहे कि हालात अपने आप अनुकूल बने रहेंगे; इसलिए वह समझ ही नहीं पाए कि कब हालात उनके प्रतिकूल होने लगे । जब तक उन्हें इसका भान हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी । उनकी बदकिस्मती यह रही कि जो पूर्व गवर्नर्स उनके साथ थे, वह पीछे हटते गए - जिस कारण हालात को अपने अनुकूल बनाए रखना उनके लिए और मुश्किल हो गया । मुश्किल की बात यह हुई है कि हालात के खिलाफ होने का पता अब चला है जब बुलंदशहर और फिरोजाबाद में हुईं मीटिंग्स की सफलता देखी गई, और अब जब चुनाव में ज्यादा समय भी नहीं रह गया है ।

Wednesday, April 4, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारस अग्रवाल की 'धोखाधड़ी' और उनके कार्य-व्यवहार से नाराज क्लब्स के पदाधिकारियों की श्याम बिहारी अग्रवाल के प्रति दिखाई जा रही हमदर्दी ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में अजय सनाढ्य के लिए मुसीबत खड़ी की

आगरा । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारस अग्रवाल ने मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन बनने के लिए श्याम बिहारी अग्रवाल के साथ जो धोखा किया, वही धोखा सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में श्याम बिहारी अग्रवाल के लिए वरदान बनता नजर आ रहा है । चुनावी अभियान के दौर में क्लब्स के पदाधिकारियों की तरफ से पारस अग्रवाल से मिले धोखे को लेकर श्याम बिहारी अग्रवाल के प्रति जो हमदर्दी व्यक्त होते हुए सुनी/देखी जा रही है, उससे आभास मिलता है कि क्लब्स के पदाधिकारियों ने पारस अग्रवाल के रवैये को उचित नहीं माना है और उन्हें लगता है कि श्याम बिहारी अग्रवाल के साथ धोखा करके पारस अग्रवाल ने अच्छा नहीं किया है । उल्लेखनीय है कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए प्रस्तुत श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी को पारस अग्रवाल ने शुरू से ही समर्थन दिया हुआ था और इस समर्थन के बदले उन्होंने मौके-बेमौके उनसे पैसे भी खर्च करवाए थे । लेकिन तीन-चार महीने बाद ही पारस अग्रवाल ने अचानक से रंग बदल लिया, और वह अजय सनाढ्य की उम्मीदवारी के पक्ष में हो गए । अजय सनाढ्य को फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बीके गुप्ता के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जाता है । समझा जाता है कि बीके गुप्ता ने पारस अग्रवाल को साफ संकेत दे दिया कि उन्होंने यदि अजय सनाढ्य को समर्थन नहीं दिया, तो मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के चुनाव में वह उनका समर्थन नहीं करेंगे - और इसके बाद ही पारस अग्रवाल ने रंग बदल लिया । बीके गुप्ता जब सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार थे, तब पारस अग्रवाल ने उनकी उम्मीदवारी का विरोध किया था और उनकी प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार मधु सिंह का समर्थन किया था; पारस अग्रवाल के विरोध के बावजूद बीके गुप्ता चुनाव जीत गए थे । पारस अग्रवाल को डर हुआ कि उनके विरोध को याद करते हुए बीके गुप्ता वैसे ही उनसे नाराज होंगे, और ऐसे में उन्होंने यदि उनके उम्मीदवार अजय सनाढ्य का भी विरोध किया तो फिर उनके लिए मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन बन पाना मुश्किल ही क्या, असंभव ही होगा । सो, पारस अग्रवाल ने श्याम बिहारी अग्रवाल का साथ छोड़ने में देर नहीं की । पारस अग्रवाल ने यह घोषणा करके बीके गुप्ता को और खुश करने का काम किया है कि अजय सनाढ्य को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनवाने के लिए उन्हें जो भी सच्चा-झूठा काम करना पड़ेगा, वह करेंगे ।
चुनावी अभियान के दौर में क्लब्स के पदाधिकारियों की तरफ से इस बात को लेकर भी श्याम बिहारी अग्रवाल के लिए सहानुभूति सुनी/देखी जा रही कि श्याम बिहारी अग्रवाल को तो दोहरे धोखे का शिकार होना पड़ रहा है । उल्लेखनीय है कि श्याम बिहारी अग्रवाल पिछले लायन वर्ष में भी उम्मीदवार थे, लेकिन पिछले से पिछले वर्ष में पराजित हुईं मधु सिंह को निर्विरोध सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनवाने तथा डिस्ट्रिक्ट में भाईचारा बनाने के उद्देश्य से पूर्व गवर्नर्स ने उन्हें अगले लायन वर्ष में समर्थन देने का आश्वासन देते हुए अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के लिए राजी कर लिया था । यह आश्वासन देने वालों में पारस अग्रवाल भी आगे आगे थे । श्याम बिहारी अग्रवाल के साथ लेकिन इस वर्ष जब उक्त आश्वासन को पूरा करने और निभाने का मौका आया, तो कुछेक वरिष्ठ पूर्व गवर्नर्स और पारस अग्रवाल ने ऐसे मुँह मोड़ लिया - जैसे आश्वासन उन्होंने श्याम बिहारी अग्रवाल को धोखा देने के लिए दिया था । इस पूरे मामले में पूर्व गवर्नर जितेंद्र चौहान का रवैया तो दोहरेपन का दिलचस्प उदाहरण है । जितेंद्र चौहान एक तरफ तो श्याम बिहारी अग्रवाल के साथ हुई धोखेबाजी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हैं और कहते हैं कि श्याम बिहारी अग्रवाल को जो आश्वासन दिया गया था, उसका पालन और सम्मान होना चाहिए - लेकिन दूसरी तरफ वह खुद श्याम बिहारी अग्रवाल को दिए गए आश्वासन का पालन नहीं कर रहे हैं और अजय सनाढ्य का साथ दे रहे हैं । मजे की बात यह है कि जितेंद्र चौहान अपने इस दोहरे व्यवहार का कारण भी बताते हैं और वह यह कि वह तो पारस अग्रवाल के साथ हैं और अजय सनाढ्य का साथ इसलिए दे रहे हैं, क्योंकि पारस अग्रवाल उनके साथ हैं ।
क्लब्स के पदाधिकारियों की तरफ से श्याम बिहारी अग्रवाल के प्रति जो हमदर्दी प्रकट हो रही है, उसने अजय सनाढ्य और उनके समर्थकों को चिंता में डाल दिया है । उनकी चिंता यह है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारस अग्रवाल ने कुछ भी करके उन्हें चुनाव जितवाने का आश्वासन तो दे दिया है, लेकिन उनके आश्वासन का क्लब्स के पदाधिकारियों पर कोई असर पड़ता नहीं दिख रहा है । आगरा के क्लब्स में ही श्याम बिहारी अग्रवाल की उम्मीदवारी को जिस तरह समर्थन मिलता नजर आ रहा है, उसे देखते हुए अजय सनाढ्य और उनके समर्थकों को ही आशंका हो चली है कि पारस अग्रवाल जब आगरा में ही क्लब्स को श्याम बिहारी अग्रवाल के साथ जुड़ने से नहीं रोक पा रहे हैं, तब फिर वह आगरा से बाहर के क्लब्स को श्याम बिहारी अग्रवाल के साथ होने से कैसे रोक सकेंगे । अजय सनाढ्य और उनके समर्थकों को एक खतरा यह भी लग रहा है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में पारस अग्रवाल का कामकाज चूँकि कुछ खास नहीं रहा है, इसलिए उसका खामियाजा कहीं उन्हें न भुगतना पड़े । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में अपने कार्य-व्यवहार से पारस अग्रवाल ने क्लब्स के पदाधिकारियों को नाराज ही किया हुआ है । इसलिए ही अजय सनाढ्य और उनके समर्थकों को डर हो चला है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में पारस अग्रवाल के रवैये और व्यवहार से नाराज क्लब्स के पदाधिकारियों की नाराजगी कहीं उनके सिर ने फूटे । मजेदार सीन यह बना दिख रहा है कि अजय सनाढ्य डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में पारस अग्रवाल के जिस समर्थन को अपने लिए वरदान समझ रहे थे, वही उन्हें अपने लिए अभिशाप बनता हुआ नजर आ रहा है ।