Showing posts with label MADAN BATRA. Show all posts
Showing posts with label MADAN BATRA. Show all posts

Saturday, April 7, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में मदन बत्रा की बातों और दावों के लायंस इंटरनेशनल से पुष्टि न हो पाने के कारण संदेहास्पद हो जाने के लिए मदन बत्रा के नजदीकियों ने जेपी सिंह और विनोद खन्ना को जिम्मेदार ठहराया

नई दिल्ली । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की उम्मीदवारी को अधिकृत करवाने तथा लोगों के बीच स्वीकार्यता दिलवाने के लिए मदन बत्रा ने अपने बारे में जो जो तथ्य दिए/बताए हैं, उनके संदेहास्पद हो जाने से उनका पूरा वजूद ही सवालों के घेरे में आ गया है । विरोधी तो विरोधी, उनके अपने समर्थकों के बीच भी यह बातें होने लगी हैं कि सवालिया बातों और दावों के जरिये गवर्नरी हासिल करने की मदन बत्रा की कोशिशों से डिस्ट्रिक्ट और लायनिज्म का ही नाम खराब हो रहा है । मदन बत्रा के नजदीकियों ने इस झमेले के लिए जेपी सिंह और विनोद खन्ना को जिम्मेदार ठहरा कर मामले को और गर्म कर दिया है । मदन बत्रा और उनकी उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि अब जब चुनाव के दिन नजदीक आ रहे हैं, तब मदन बत्रा से जुड़ी बातों और दावों पर जिस तरह से सवाल उठ रहे हैं, और लोगों के बीच यह भावना घर करती जा रही है कि मदन बत्रा अपनी सक्रियताओं को लेकर जो भी बातें बता रहे हैं और या दावे कर रहे हैं, वह सब झूठे हैं । मदन बत्रा और उनके समर्थक नेताओं के लिए यह समझना भी मुश्किल हो रहा है कि ठीक चुनाव से पहले बने इस माहौल से वह कैसे निपटें ? मजे की - और मदन बत्रा व उनके समर्थक नेताओं के लिए चुनौती की बात यह हुई है कि लायंस इंटरनेशनल कार्यालय तक ने मदन बत्रा के दावों और उनके द्वारा दी गई जानकरियों की पुष्टि करने से इंकार कर दिया है । लायंस इंटरनेशनल कार्यालय द्वारा इंकार कर दिए जाने के बाद तो उनके दावों और उनके द्वारा दी गई जानकारियों के झूठे होने के आरोप और पुख्ता हो गए हैं । बीएसएफ में रह कर चीन के खिलाफ हुए युद्ध में भूमिका निभाने का उनका दावा भी लोगों के बीच संदेह और मजाक का विषय बना हुआ है ।
दरअसल मदन बत्रा को लायनिज्म में हो तो कई वर्ष गए हैं, लेकिन लायनिज्म में उन्होंने ऐसी कोई भूमिका नहीं निभाई है जिससे कि एक लायन सदस्य और पदाधिकारी के रूप में उनकी भूमिका ने लोगों पर कोई छाप छोड़ी हो । वास्तव में इसीलिए लायनिज्म में अपनी सक्रियता तथा विभिन्न पदों पर रहने को लेकर मदन बत्रा ने जो दावे किये हैं, उन पर डिस्ट्रिक्ट के लोगों ने संदेह किए हैं । लोगों के इन संदेहों को बल इस बात से और मिला कि लायंस इंटरनेशनल कार्यालय ने भी मदन बत्रा के दावों की पुष्टि नहीं की । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कार्यालय ने सभी चारों उम्मीदवारों - रवि मेहरा, गुरचरण सिंह भोला, मदन बत्रा और रमन गुप्ता के नामांकन पत्रों को लायंस इंटरनेशनल कार्यालय भेज दिया; और उससे नामांकन पत्रों में दी गई जानकारियों की पुष्टि करने का अनुरोध किया । लायंस इंटरनेशनल कार्यालय ने मदन बत्रा के अलावा बाकी तीनों उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों में दी गई जानकारियों की तो पुष्टि कर दी, लेकिन मदन बत्रा के नामांकन पत्र में दी गई जानकारी की पुष्टि नहीं की । लायंस इंटरनेशनल कार्यालय की तरफ से यह पुष्टि न हो पाने के चलते मदन बत्रा द्वारा की गई जानकारियाँ संदेह के घेरे में आ गई हैं और कई लोग तो साफ-साफ उन्हें झूठा भी कहने/बताने लगे हैं । मदन बत्रा और उनके समर्थकों ने हालाँकि इसे अपने विरोधियों का दुष्प्रचार कह कर अपना बचाव करने की कोशिश की है, लेकिन उनकी यह कोशिश इसलिए सफल होती हुई नहीं दिख रही है क्योंकि उनके द्वारा दिए गए तथ्यों और दावों की पुष्टि करने से इंकार करने का काम उनके विरोधियों ने नहीं, बल्कि लायंस इंटरनेशनल कार्यालय ने किया है ।
मदन बत्रा के नजदीकियों ने इस स्थिति के बनने के लिए जेपी सिंह और विनोद खन्ना को जिम्मेदार ठहराना शुरू कर दिया है । उनका कहना है कि जेपी सिंह और विनोद खन्ना यदि चाहते तो नरेश अग्रवाल की मदद लेकर मदन बत्रा के द्वारा दिए गए तथ्यों और दावों की लायंस इंटरनेशनल कार्यालय से पुष्टि करवा सकते थे । जेपी सिंह और विनोद खन्ना ने लेकिन उनके मामले में कोई दिलचस्पी ही नहीं ली, और इस तरह मदन बत्रा बेचारे मुसीबत में फँस गए । मदन बत्रा बीएसएफ में नौकरी करने को लेकर भी विवाद में फँसे हैं । लोगों का, खासतौर से उनके क्लब के तथा सोनीपत के ही लोगों का कहना है कि इससे पहले तो कभी सुनने को नहीं मिला था कि मदन बत्रा ने बीएसएफ में नौकरी की थी; अब अचानक से चुनाव के मौके पर इस तरह का शिगूफा छोड़ कर मदन बत्रा लोगों की सहानुभूति जुटाने की कोशिश कर रहे हैं । बीएसएफ में रहते हुए चीन के साथ युद्ध में भूमिका निभाने का उनका दावा इसलिए विवादस्पद हो गया है, क्योंकि बीएसएफ वास्तव में युद्ध में कोई भूमिका निभाता ही नहीं है । बीएसएफ की भूमिका तो शांति के दिनों में सीमा पार के इलाकों में सीमा की सुरक्षा-व्यवस्था देखने तथा सीमा क्षेत्र के अपराधों को रोकने की ही होती है । इससे भी बड़ी बात यह है कि बीएसएफ का गठन ही एक दिसंबर 1965 को हुआ था, जबकि चीन के साथ युद्ध 1962 में हुआ था । 1965 में पाकिस्तान के साथ जो युद्ध हुआ था, वह भी अप्रैल से सितंबर के बीच की अवधि में हुआ था । जाहिर है कि बीएसएफ में रहते हुए युद्ध में भूमिका निभाने का मदन बत्रा का दावा झूठा ही है । चुनाव से ठीक पहले मदन बत्रा की बातों और उनके दावों की पोल खुलने से मदन बत्रा की उम्मीदवारी के लिए मुसीबत और बढ़ गई है ।

Monday, April 2, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में जेपी सिंह एंड टीम की तमाम मेहनत के बाद भी मदन बत्रा की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने और 'दिखाने' के उद्देश्य से एक अप्रैल को हुई मीटिंग के फेल/फ्लॉप होने से मदन बत्रा की उम्मीदवारी के अभियान को तगड़ा झटका लगा

नई दिल्ली । मदन बत्रा और उनके समर्थक नेताओं को एक अप्रैल की मीटिंग में लगता है कि डिस्ट्रिक्ट के क्लब्स के पदाधिकारियों ने 'अप्रैल फूल' बना दिया है । उल्लेखनीय है कि मदन बत्रा की उम्मीदवारी को प्रमोट करने के उद्देश्य से एक अप्रैल को दिल्ली में जो मीटिंग की गई, वह मदन बत्रा और उनके समर्थक नेताओं की उम्मीदों पर ही खरी नहीं उतरी, और मीटिंग को खुद उनकी उम्मीद से कम रेस्पॉन्स मिला । मीटिंग में करीब 25 क्लब्स के पदाधिकारी ही पहुँचे और मीटिंग में उपस्थित लोगों की संख्या 250 के करीब गिनी गई । मीटिंग के आयोजकों ने फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि मेहरा का नाम और तस्वीर भी बैनर पर लगाई हुई थी, लेकिन वह मीटिंग में नहीं आए । मीटिंग के आयोजकों का कहना रहा कि रवि मेहरा खेमेबाजी की राजनीति के चलते मीटिंग में नहीं आए; उन्होंने उनके मीटिंग में न आने पर अफसोस व्यक्त किया और कहा कि रवि मेहरा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने जा रहे हैं और इस नाते उन्हें खेमेबाजी की राजनीति से ऊपर उठ कर व्यवहार करना चाहिए । रवि मेहरा के समर्थकों का कहना लेकिन यह है कि खेमेबाजी की राजनीति से ऊपर उठ कर व्यवहार करने की माँग सिर्फ रवि मेहरा से ही क्यों की जा रही है ? यह माँग नॉमिनेटेड इंटरनेशनल डायरेक्टर विनोद खन्ना और इंटरनेशनल डायरेक्टर होने जा रहे जेपी सिंह जैसे बड़े नेताओं से भी क्यों नहीं की जा रही है ? उनका कहना/पूछना है कि मदन बत्रा की उम्मीदवारी को प्रमोट करने की मीटिंग करने वाले लोगों ने या यह मान लिया है कि विनोद खन्ना और जेपी सिंह तो अपने पद की गरिमा की धज्जियाँ उड़ाते हुए पक्षपातपूर्ण मनमानी करेंगे और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर तक को अपमानित करेंगे ही । रवि मेहरा के नजदीकियों और समर्थकों का गंभीर आरोप यह भी है कि उक्त मीटिंग के आयोजकों ने बैनर पर रवि मेहरा का नाम और तस्वीर उनकी अनुमति लिए बिना ही लगाई थी और ऐसा करके उन्होंने अपनी बेईमानीभरी तरकीबों का ही सुबूत प्रस्तुत किया है - और अपनी तरकीब के फेल हो जाने पर वह रवि मेहरा को नाहक ही बदनाम कर रहे हैं ।
मदन बत्रा की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने/दिखाने के उद्देश्य से आयोजित हुई मीटिंग के फेल/फ्लॉप हो जाने के लिए मुख्य कारण के रूप में पिछले दिनों पहले जेपी सिंह और फिर विनोद खन्ना के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इंद्रजीत सिंह के साथ किए गए अशोभनीय व अपमानजनक व्यवहार को देखा/पहचाना जा रहा है । माना जा रहा है कि डिस्ट्रिक्ट में लोगों ने इन दोनों के व्यवहार को पसंद नहीं किया है, और इसी का बदला लेने के लिए कई क्लब्स के पदाधिकारियों ने अपने आप को मदन बत्रा की उम्मीदवारी से जुड़े कार्यक्रम से अपने आप को दूर रखा । डिस्ट्रिक्ट की तीसरी कैबिनेट मीटिंग में जेपी सिंह ने इंद्रजीत सिंह के साथ जो किया, वह तो अब एक बड़े बबाल का रूप ले ही चुका है - उनके बाद, उनका अनुसरण करते हुए विनोद खन्ना ने भी एक रीजन कॉन्फ्रेंस में मनमाने तरीके से पिन व सर्टीफिकेट बाँटने के काम में पक्षपातपूर्ण व्यवहार दिखाते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इंद्रजीत सिंह तक को अपमानित करने का काम किया । इंद्रजीत सिंह ने लायंस इंटरनेशनल कार्यालय तथा इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नरेश अग्रवाल को विनोद खन्ना की हरकत की शिकायत की, लेकिन उन्हें वहाँ से कोई जबाव नहीं मिला है । जेपी सिंह के मामले में भी इंद्रजीत सिंह को लायंस इंटरनेशनल कार्यालय तथा इंटरनेशनल प्रेसीडेंट से अपने शिकायती पत्र का जबाव नहीं मिला है । समझा जाता है कि जेपी सिंह और विनोद खन्ना की हरकतों ने नरेश अग्रवाल को भी दुविधा में डाल फजीहत का शिकार बना दिया हुआ है - वह न तो उनकी हरकतों को जायज ठहरा पा रहे हैं, और न उनके खिलाफ कोई टिप्पणी या फैसला सुना पा रहे हैं; और ऐसे में चुप ही बने रहने के लिए मजबूर हैं । विनोद खन्ना और जेपी सिंह की हरकतों पर नरेश अग्रवाल भले ही चुप्पी साधे रख रहे हों, लेकिन डिस्ट्रिक्ट के क्लब्स के पदाधिकारियों ने मदन बत्रा की उम्मीदवारी की मीटिंग को फेल/फ्लॉप कर के अपनी नाराजगी जता/दिखा दी है ।   
मदन बत्रा की उम्मीदवारी को समर्थन दिलाने/दिखाने के उद्देश्य से आयोजित हुई मीटिंग को कामयाब बनाने के लिए जेपी सिंह, अनिल सेठ और प्रमोद सपरा जैसे पूर्व गवर्नर्स तथा सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर गुरचरण सिंह भोला ने अथक मेहनत की थी । मीटिंग के लिए स्थान भी ऐसा चुना गया था, जो करीब 70 से 80 क्लब्स के पदाधिकारियों की आसान पहुँच में था । इन 70 से 80 क्लब्स में करीब 30 क्लब्स को प्रतिद्धंद्धी खेमे के समर्थक क्लब्स के रूप में चिन्हित किया गया था और इस तरह मीटिंग के आयोजकों का खास फोकस 45 से 50 क्लब्स पर था । लेकिन मीटिंग में कुल करीब 25 क्लब्स के पदाधिकारियों को ही देख/पहचान कर मदन बत्रा और उनकी उम्मीदवारी के समर्थक नेता भौंचक रह गए । उनके लिए झटके वाली बात यह रही कि ऐसे क्लब्स, जिन्हें अभी पक्के तौर पर इधर या उधर नहीं माना/समझा जा सकता है - उन्होंने भी मदन बत्रा की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने/दिखाने हेतु हुई मीटिंग से दूरी बनाने/रखने का काम किया । मदन बत्रा की उम्मीदवारी से जुड़ी मीटिंग के फेल/फ्लॉप होने का एक अन्य कारण यह भी बताया जा रहा है कि उनके खेमे के अन्य पूर्व गवर्नर्स मदन बत्रा से नाराज हैं और इस नाराजगी के चलते वह मदन बत्रा की उम्मीदवारी के पक्ष में कुछ करने में दिलचस्पी ही नहीं ले रहे हैं । खेमे के पूर्व गवर्नर्स की शिकायत है कि एक उम्मीदवार के रूप में मदन बत्रा सिर्फ जेपी सिंह, प्रमोद सपरा और अनिल सेठ को ही जान/पहचान रहे हैं तथा अन्य पूर्व गवर्नर्स को कोई अहमियत ही नहीं दे रहे हैं; इससे उन्हें लग रहा है कि मदन बत्रा को जैसे उनकी मदद की जरूरत ही नहीं है । समर्थक खेमे के पूर्व गवर्नर्स की इस तरह की शिकायतों और बातों ने मदन बत्रा की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने/दिखाने की मीटिंग को जिस तरह से फेल/फ्लॉप करने में 'मदद' पहुँचाई है, उसे देख/जान कर मदन बत्रा की उम्मीदवारी के अभियान को तगड़ा झटका लगा है ।

Friday, March 16, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में नामांकन के मौके पर रमन गुप्ता के समर्थन में क्लब्स के पदाधिकारियों की जुटी भीड़ ने चुनाव के संदर्भ में डिस्ट्रिक्ट के लोगों के मूड का संकेत देने का काम किया है - और इस संकेत ने मदन बत्रा और उनके समर्थक नेताओं को चिंता और परेशानी में डाल दिया है

नई दिल्ली । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की उम्मीदवारी के लिए नामांकन भरने के दौरान के प्रदर्शन में मदन बत्रा के मुकाबले रमन गुप्ता का पलड़ा जिस तरह से भारी दिखा है, उसने मदन बत्रा के समर्थकों को भारी चिंता में डालते हुए दबाव में ला दिया है । दरअसल नामांकन के दौरान के प्रदर्शन में रमन गुप्ता से पिछड़ जाने के कारण मदन बत्रा के अभियान की दो खामियाँ एकदम से सामने आ गई हैं : रमन गुप्ता के नामांकन के साथ पचास से अधिक क्लब्स के पदाधिकारियों के जुटने से एक तरफ तो यह साफ हो गया है कि मदन बत्रा और उनके समर्थक नेता 'वायदे' और 'कमिटमेंट' के जिस चप्पू के भरोसे चुनावी नाव के पार हो जाने की उम्मीद कर रहे हैं, वह चप्पू ही उनकी नाव को बीच में ही डुबाते नजर आ रहे हैं; और दूसरी बात यह कि मदन बत्रा के समर्थक नेताओं के बीच जरूरी तालमेल का अभी भी अभाव दिख रहा है । रमन गुप्ता के नामांकन के समर्थन में क्लब्स की जो भीड़ जुटी, उस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मदन बत्रा के समर्थक कुछेक नेताओं ने कहा कि वह चाहते तो मदन बत्रा के समर्थन में उनसे ज्यादा क्लब्स इकट्ठा कर/दिखा सकते थे । इस जबाव ने लोगों को सवाल करने/पूछने के लिए प्रेरित किया कि फिर चाहा क्यों नहीं, करा क्यों नहीं, दिखाया क्यों नहीं ? यह सवाल इसलिए महत्त्वपूर्ण हैं, क्योंकि मदन बत्रा के नामांकन के मौके को भी 'शो' बनाने की कोशिश तो हुई ही थी - वह तो उनका 'शो' जब बुरी तरह पिट गया, तब वह कह/बता रहे हैं कि वह चाहते तो शो अच्छा कर सकते थे । यह तो ऐसी ही बात हुई कि जब सामान लुट गया, तब सोचा गया कि सामान की सुरक्षा की जा सकती थी - और इसी बात से जाहिर है कि मदन बत्रा और उनके समर्थक नेताओं में सोच व तालमेल का अभाव है, जिसका फायदा रमन गुप्ता और उनके समर्थक नेता उठा रहे हैं ।
मदन बत्रा और उनके समर्थक नेताओं के सामने इससे भी बड़ी मुसीबत लेकिन यह है कि 'वायदे' और 'कमिटमेंट' की याद दिला दिला कर वह लोगों को अपनी तरफ करने की जो कोशिश कर रहे हैं, उसका कोई सार्थक नतीजा निकलता/मिलता उन्हें नहीं नजर आ रहा है । उल्लेखनीय है कि दो वर्ष पहले भी मदन बत्रा ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत की थी; उस वर्ष लेकिन वह अपने प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार रवि मेहरा के साथ एक समझौता करके चुनावी मैदान से हट गए थे । वास्तव में समझौता उनके और रवि मेहरा के बीच नहीं हुआ था, बल्कि दोनों के समर्थक नेताओं के बीच हुआ था । मदन बत्रा और उनके समर्थक नेताओं का कहना है कि उक्त समझौते के तहत मदन बत्रा को इस बार निर्विरोध सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुना जाना चाहिए - और निर्विरोध न सही, तो सभी लोगों को उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करना चाहिए । उक्त समझौते में शामिल रहे नेताओं और लोगों का कहना लेकिन यह है कि मदन बत्रा और उनके समर्थक नेता समझौते की आधी बात बता कर डिस्ट्रिक्ट के लोगों को बरगला रहे हैं । उनके अनुसार, समझौता यह हुआ था कि मदन बत्रा अपनी उम्मीदवारी वापस लेंगे और सभी को साथ लेकर डिस्ट्रिक्ट में काम करेंगे, जिसके फलस्वरूप अगली बार सभी लोग उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करेंगे । मदन बत्रा लेकिन उम्मीदवारी वापस लेकर घर बैठ गए और करीब करीब डेढ़ वर्ष तक उन्होंने डिस्ट्रिक्ट में लोगों को शक्ल भी नहीं दिखाई । पिछले वर्ष हुए चुनाव में उन्होंने उस वायदे का भी पालन नहीं किया जिसके तहत उन्हें सभी के साथ समान व्यवहार करना था और किसी एक खेमे के साथ नहीं होना/दिखना था । पिछले वर्ष मदन बत्रा ने गुरचरण सिंह भोला की उम्मीदवारी के समर्थन में सक्रियता दिखाई थी । इस तरह मदन बत्रा खुद ही समझौते की शर्तों से बाहर निकल गए थे । लोगों का कहना/पूछना है कि इसलिए अब वह किस मुँह से समझौते में हुए 'वायदे' और 'कमिटमेंट' की बात कर रहे हैं ।
मदन बत्रा की 'वायदे' और 'कमिटमेंट' की बात इसलिए भी समर्थन जुटाती नहीं दिख रही है, क्योंकि मदन बत्रा ने दो वर्ष पहले समझौते के तहत अपनी उम्मीदवारी को वापस लेने के बाद अपने आपको तमाम गतिविधियों से अलग कर लिया था और घर बैठ गए थे । लोगों का कहना है कि इससे लग रहा है कि मदन बत्रा को लायनिज्म में और डिस्ट्रिक्ट में कुछ करना नहीं है, उन्हें सिर्फ गवर्नर बनना है - 'वायदे' और कमिटमेंट' को लेकर मदन बत्रा यदि जरा भी जिम्मेदार होते तो न तो गतिविधियों से मुँह मोड़ते और न ही किसी एक खेमे का पक्ष लेते । मदन बत्रा और उनके समर्थक लोगों के बीच समर्थन जुटाने के लिए उनके लंबे समय से लायनिज्म में होने के तर्क का भी इस्तेमाल कर रहे हैं, पर यह तर्क उनके खुद के दोहरे रवैये को ही दिखा रहा है - लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष तो उन्होंने यह तर्क माना नहीं था और यशपाल अरोड़ा के खिलाफ गुरचरण सिंह भोला को चुनाव लड़वा दिया था और अब कह रहे हैं कि जिसे लायनिज्म में ज्यादा वर्ष हुए हैं उसे बनाओ/जिताओ । इस तरह की बातों से लग रहा है कि मदन बत्रा और उनके समर्थक नेता अपने ही बुने/बनाये जाल में फँस गए हैं और उनके पास मदन बत्रा की उम्मीदवारी को जस्टीफाई करने के लिए उचित तर्क नहीं हैं । दरअसल रमन गुप्ता ने पिछले कुछ वर्षों की अपनी सक्रियता से दिखाया और साबित किया है कि लायनिज्म में उन्हें भले ही ज्यादा समय न हुआ हो, लेकिन लायनिज्म और डिस्ट्रिक्ट के लिए कुछ अच्छा और बड़ा करने की इच्छा और जिद उनमें बहुत है । कुछेक वर्षों में ही रमन गुप्ता ने जो जो और जैसे जैसे काम किए हैं, उनके सामने मदन बत्रा का तीस से भी अधिक वर्षों का लायन जीवन फीका फीका सा ही है । लगता है कि डिस्ट्रिक्ट के लोगों ने भी इस अंतर को समझ लिया है कि महत्त्वपूर्ण यह नहीं है कि कौन कितने समय से लायनिज्म में है, बल्कि महत्त्वपूर्ण यह है कि वह जितने समय से भी है उतने समय में उसने किया क्या है ? नामांकन के मौके पर रमन गुप्ता के समर्थन में जिस तरह से क्लब्स के पदाधिकारियों की भीड़ जुटी, उसने सेकेंड वाइस गवर्नर पद के चुनाव के संदर्भ में लोगों के मूड का संकेत देने का काम किया है - और इस संकेत ने मदन बत्रा और उनके समर्थक नेताओं को चिंता और परेशानी में डाल दिया है ।

Wednesday, February 28, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में रमन गुप्ता सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की चुनावी दौड़ में काफी आगे और बढ़त में दिख तो रहे हैं, लेकिन अपने समर्थक नेताओं के 'अति-आत्मविश्वासी' रवैये के चलते उनके सामने अपनी बढ़त को बनाए रखना एक बड़ी चुनौती भी है

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इंद्रजीत सिंह और निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर व मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन विनय गर्ग के मल्टीपल की राजनीति में व्यस्त रहने का डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उनके उम्मीदवार रमन गुप्ता की स्थिति पर खराब असर पड़ता दिख रहा है, जिसका फायदा उठाने के लिए उनके प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार मदन बत्रा तथा उनके समर्थक भरसक प्रयास कर रहे हैं । सत्ता खेमे के ही समर्थक कुछेक लोग कहने भी लगे हैं कि उनके नेता इस वर्ष भी वही गलती कर रहे हैं, जो उन्होंने पिछले वर्ष की थी - और जिसके चलते वह जीती/जिताई बाजी हार बैठे थे । पिछली बार की तरह इस बार भी सत्ता खेमे के नेता अपने उम्मीदवार की जीत को लेकर इस कदर आश्वस्त हैं कि अपनी कमजोरियों तथा अपने फैसलों व रवैयों के चलते बदलती स्थिति का सही सही आकलन नहीं कर पा रहे हैं - कर क्या नहीं पा रहे हैं, आकलन करने की जरूरत तक नहीं समझ रहे हैं । विरोधी खेमा पिछली बार की ही तरह इस बार भी सत्ता खेमे की लापरवाहियों का फायदा उठाने में लगा है । सत्ता खेमे के दोनों बड़े नेताओं ने जिस तरह से खुद को मल्टीपल की राजनीति में उलझा रखा है, उसके कारण भी डिस्ट्रिक्ट की राजनीति में उनकी पकड़ कमजोर पड़ती दिख रही है । दरअसल, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में इंद्रजीत सिंह ने विनय गर्ग को जो तवज्जो दी/दिलवाई है, उसके कारण सत्ता खेमे के ही कई पूर्व गवर्नर्स बिदके हुए हैं और अपने आपको अलग-थलग व उपेक्षित पा रहे हैं । उनकी नाराजगी रमन गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए नुकसानदेह हो सकती है ।
सत्ता खेमे के नेताओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती जेपी सिंह बने हुए हैं । जेपी सिंह से उन्हें लड़ना तो है, लेकिन उनसे लड़ने के नए 'हथियार' और या तौर/तरीके वह नहीं खोज पा रहे हैं । जेपी सिंह को इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने से रोकने की उनकी कोशिशें सफल तो नहीं ही हो पा रही हैं, डिस्ट्रिक्ट में भी कई लोगों को उनकी यह कोशिशें पसंद नहीं आ रही हैं - लोगों का कहना है कि डिस्ट्रिक्ट को यदि इंटरनेशनल डायरेक्टर का पद मिल रहा है, तो अपनी निजी खुन्नस में उसका विरोध क्यों किया जाना ? ब्लड बैंक की बेईमानियों को मुद्दा बना कर जेपी सिंह को जब जिस तरह घेरा गया था, वह मुद्दा कामयाब रहा था; लेकिन जेपी सिंह के ब्लड बैंक छोड़ देने के बाद उनके विरोधी कोई कारगर/धारदार मुद्दा उनके खिलाफ नहीं खोज/बना सके हैं । इंटरनेशनल डायरेक्टर के मुद्दे पर लड़ाई जब तक डिस्ट्रिक्ट में थी, तब तक जेपी सिंह के विरोधियों को समर्थन मिल रहा था - लेकिन पहले डिस्ट्रिक्ट और फिर मल्टीपल में इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए जेपी सिंह के एंडोर्स हो जाने के बाद डिस्ट्रिक्ट में समीकरण बदल गए हैं; और उनके विरोधी रहे लोगों में से भी कई लोग मानने और कहने लगे हैं कि अभी भी जेपी सिंह के इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने में रुकावटें पैदा करने के प्रयास सिर्फ खुन्नसी राजनीति के सुबूत हैं, और यह कामयाब भी नहीं हो रहे हैं । इसामे फोरम से जेपी सिंह को एंडोर्समेंट मिल जाने के बाद मल्टीपल में उन्हें रोकने की कोशिशें बेमानी भी हो गईं हैं । मदन बत्रा की उम्मीदवारी के अभियान में इस मुद्दे को जिस तरह से हवा दी जा रही है, उससे रमन गुप्ता की उम्मीदवारी के चुनाव प्रचार अभियान पर कुछ दबाव तो पड़ ही रहा है ।
रमन गुप्ता के सामने लेकिन इससे भी बड़ी चुनौती अपने समर्थक पूर्व गवर्नर्स को सक्रिय करने की है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इंद्रजीत सिंह ने क्लब्स के आयोजनों में जिस तरह से निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर व मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन विनय गर्ग को तवज्जो दिलवाने पर जोर दिया, उसके कारण क्लब्स के कार्यक्रमों से पूर्व गवर्नर्स का पत्ता पूरी तरह से कटा रहा । इस बात से सत्ता खेमे को दोहरा झटका लगा । दरअसल हुआ यह है कि विरोधी खेमे के क्लब्स तो अपने कार्यक्रमों में विरोधी खेमे के पूर्व गवर्नर्स को बुलाते रहे, जिस कारण वह सक्रिय व चार्जड रहे और अपनी राजनीति करते रहे; लेकिन सत्ता खेमे के क्लब्स में चूँकि विनय गर्ग को ही बुलाए जाने का फरमान था, इसलिए सत्ता खेमे के पूर्व गवर्नर्स बेचारे घर बैठने को मजबूर हुए और अब चुनाव के मौके पर वह उतने चार्जड नजर नहीं आ रहे हैं, जितने की उनसे उम्मीद की जाती है । इस कारण से रमन गुप्ता की उम्मीदवारी के अभियान में उतनी तेजी और सघनता नहीं बन पा रही है, जितनी की बननी चाहिए - और इसका फायदा मदन बत्रा की उम्मीदवारी के समर्थक उठाते नजर आ रहे हैं । हालाँकि अभी भी सत्ता खेमे के उम्मीदवार होने के नाते रमन गुप्ता सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की चुनावी दौड़ में काफी आगे और बढ़त में दिख रहे हैं, लेकिन अपने समर्थक नेताओं के 'अति-आत्मविश्वासी' रवैये के चलते उनके सामने अपनी बढ़त को बनाए रखना एक बड़ी चुनौती भी बन गया है । पिछले वर्ष सत्ता खेमे के नेताओं के इसी 'अति-आत्मविश्वासी' रवैये के कारण यशपाल अरोड़ा का बेड़ा-गर्क हुआ था - लगता है कि उस झटके से सत्ता खेमे के नेताओं ने कोई सबक नहीं सीखा है । यह भी ठीक है कि एक उम्मीदवार के रूप में मदन बत्रा वैसा 'दम' नहीं दिखा पा रहे हैं, जैसा पिछले वर्ष उनके खेमे के गुरचरण सिंह भोला ने दिखाया था; इसलिए मदन बत्रा की उम्मीदवारी को डिस्ट्रिक्ट में अभी भी ज्यादा स्वीकार्यता नहीं मिलती दिख रही है - लेकिन चुनावी राजनीति में अपनी कमजोरी को अनदेखा करना रमन गुप्ता और उनके समर्थक नेताओं के लिए मुसीबत भी बन जा सकता है । 

Tuesday, December 19, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में जेपी सिंह के क्लब के साथ हरियाणा के तीन क्लब्स को भी संयुक्त अधिष्ठापन समारोह में शामिल देख मदन बत्रा की उम्मीदवारी का अभियान विवाद, फजीहत और मुसीबत में फँसा

नई दिल्ली । मदन बत्रा की चेयरमैनशिप में दिल्ली में 23 दिसंबर को आयोजित हो रहा बीस क्लब्स का संयुक्त अधिष्ठापन समारोह - होने से पहले ही गंभीर विवाद में फँस कर आयोजकों के लिए फजीहत का सबब बन गया है । हो रही फजीहत को देखते हुए आयोजकों को भी अब लग रहा है कि संयुक्त अधिष्ठापन कार्यक्रम में पंचकुला, अंबाला और जगाधरी के क्लब्स शामिल करना उनके लिए गलत और मुसीबतभरा साबित हुआ है । उल्लेखनीय है कि अधिष्ठापित हो रहे बीस क्लब्स में 16 क्लब्स दिल्ली के हैं, और बाकी चार क्लब्स हरियाणा के अलग अलग शहरों के हैं । यह देख/जान कर ही लोगों को कहने का मौका मिला है कि इससे लग रहा है कि मदन बत्रा की उम्मीदवारी को हरियाणा में कुल चार क्लब्स का - और डिस्ट्रिक्ट के कुल बीस क्लब्स का ही समर्थन प्राप्त है । दरअसल संयुक्त रूप से क्लब्स के अधिष्ठापन करने के पीछे कारण यह होता/रहता है कि एक ही शहर और या क्षेत्र के क्लब अकेले अच्छे और प्रभावी तरीके से कार्यक्रम करने में सक्षम नहीं होते हैं, तो आपस में मिल कर कार्यक्रम कर लेने के लिए प्रेरित होते हैं । इसलिए संयुक्त रूप से होने वाले अधिष्ठापन में प्रायः एक ही शहर और या क्षेत्र के क्लब्स ही दिखते हैं । पिछले दिनों ही रमन गुप्ता की चेयरमैनशिप में अंबाला में जो संयुक्त अधिष्ठापन समारोह हुआ था, उसमें अंबाला के ही ग्यारह क्लब्स शामिल थे । वास्तव में इसीलिए दिल्ली में मदन बत्रा की चेयरमैनशिप में आयोजित हो रहे संयुक्त अधिष्ठापन समारोह में पंचकुला, अंबाला और जगाधरी के क्लब्स को शामिल किए जाने पर आश्चर्य किया जा रहा है । किसी के लिए भी यह समझना मुश्किल हो रहा है कि पंचकुला, अंबाला और जगाधरी के क्लब्स के अधिष्ठापन समारोह दिल्ली में करने की भला क्या तुक है ?
यह बात पहेली और सवाल इसलिए भी बना है, क्योंकि अगले ही दिन उन रमिंदर बावा की चेयरमैनशिप में सोलन में लायंस क्लब सोलन वैली का अधिष्ठापन कार्यक्रम हो रहा है - जो मदन बत्रा की उम्मीदवारी का समर्थन करने वाले जेपी सिंह खेमे के ही समझे जाते हैं । पंचकुला, अंबाला और जगाधरी के क्लब्स के अधिष्ठापन यदि सोलन वैली के साथ हो जाते तो फिर सवाल नहीं उठते - तब मान लिया और बता दिया जाता कि इन चार क्लब्स के लोगों के बीच अच्छी ट्यूनिंग है और उसी के कारण यह मिलजुल कर अपना अधिष्ठापन कर रहे हैं । लेकिन पंचकुला, अंबाला और जगाधरी के क्लब्स के अधिष्ठापन दिल्ली में होने के कारण लोगों के बीच सीधा संदेश यह गया है कि पंचकुला, अंबाला और जगाधरी में यह क्लब्स अकेले पड़ गए हैं, और इनके साथ हिमाचल के क्लब ने भी जुड़ना स्वीकार नहीं किया है - और इसलिए इन्हें मजबूरी में दिल्ली के क्लब्स के साथ अधिष्ठापित होना पड़ रहा है । ऐसा बेमेल और खिचड़ी सा अधिष्ठापन यूँ ही सामान्य तरीके से हो रहा होता, तो कोई बतंगड़ नहीं बनता; लेकिन यह संयुक्त अधिष्ठापन समारोह चूँकि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए मदन बत्रा की उम्मीदवारी को प्रमोट करने के उद्देश्य से हो रहा है - इसलिए इस अधिष्ठापन समारोह के बेमेल और खिचड़ी से होने को लेकर राजनीतिक बबाल मच गया है, जिसमें मदन बत्रा की उम्मीदवारी और उनके समर्थक खेमे के नेता निशाने पर और दबाव में आ गए हैं ।
23 दिसंबर को दिल्ली में हो रहे संयुक्त अधिष्ठापन समारोह में लायंस क्लब न्यू दिल्ली साऊथ के शामिल होने को लेकर भी चटखारेभरी चर्चाओं का शोर है । दरअसल न्यू दिल्ली साऊथ डिस्ट्रिक्ट का एक प्रतिष्ठित क्लब है, जिसने डिस्ट्रिक्ट को कई गवर्नर दिए हैं । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर गुरचरण सिंह भोला इसी क्लब के सदस्य हैं, और इसी क्लब के जेपी सिंह इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडॉर्सी हैं । ऐसे में लोगों के बीच यही सवाल है कि इस क्लब की ऐसी स्थिति क्यों है कि इसे अपना अधिष्ठापन दूसरे उन्नीस क्लब्स के साथ मिलकर और उम्मीदवार के पैसे पर करना पड़ रहा है ? लोगों का मानना और कहना है कि इस क्लब को तो डिस्ट्रिक्ट के दूसरे क्लब्स के सामने उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए तथा एक मिसाल बनना चाहिए और - भव्य न सही - एक व्यवस्थित व प्रभावी तरीके से अपने नए पदाधिकारियों को अधिष्ठापित करना चाहिए । अपने अकेले के अधिष्ठापन समारोह में वह मदन बत्रा को खास तवज्जो देते और तब मदन बत्रा की उम्मीदवारी और भी ज्यादा प्रभावी तरीके से प्रमोट होती ! लेकिन न्यू दिल्ली साऊथ का भी अधिष्ठापन मदन बत्रा के पैसों पर हो रहे संयुक्त अधिष्ठापन समारोह में होता देख - लोगों को कहने का मौका मिला है कि न्यू दिल्ली साऊथ जैसे प्रतिष्ठित क्लब का भी उद्देश्य और ध्यान जब उम्मीदवार बने मदन बत्रा को इस्तेमाल करने में लगा है, तब मदन बत्रा की उम्मीदवारी का अभियान विवाद, फजीहत और मुसीबत में फँसने से भला कैसे बचेगा ?

Monday, December 11, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में रमन गुप्ता की उम्मीदवारी की तेज चाल, पिछले वर्ष डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में पकड़ बनाने वाले जेपी सिंह खेमे को इस वर्ष धराशाही कर देने की तरफ बढ़ रही है क्या ?

अंबाला । रमन गुप्ता की चेयरमैनशिप में आयोजित हुए अंबाला के ग्यारह क्लब्स के संयुक्त अधिष्ठापन समारोह की जोरदार सफलता ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की चुनावी लड़ाई को गर्मा देने के साथ-साथ एकतरफा भी बना दिया है । मजे की बात यह है कि अंबाला में आयोजित हुए ग्यारह क्लब्स के अधिष्ठापन समारोह में डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के दोनों खेमों के नेता लोग शामिल हुए और दोनों खेमों के नेताओं ने ही माना/कहा कि इस समारोह के जरिए रमन गुप्ता ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी को ऐसे मुकाम पर पहुँचा दिया है, जहाँ मदन बत्रा के लिए उन्हें 'पकड़' पाना और उनसे मुकाबला कर पाना मुश्किल ही नहीं, बल्कि असंभव ही है । समारोह में दिलचस्प नजारा उस समय देखने को मिला, जब मदन बत्रा की उम्मीदवारी के समर्थक जेपी सिंह खेमे के कुछेक नेताओं ने समारोह में मौजूद लोगों के बीच मदन बत्रा की उम्मीदवारी के पक्ष में बातें करना शुरू कीं - लेकिन लोगों से यह सुन कर उन्हें अपने कदम पीछे खींचने पड़े कि आपने इतना कमजोर उम्मीदवार क्यों चुना है कि दूसरे के कार्यक्रम में आ कर आपको उसका प्रचार करना पड़ रहा है ? मदन बत्रा के समर्थक नेताओं को लोगों से सीधे सीधे यह सवाल सुनना पड़ा कि इस तरह का आयोजन आप लोग कब कर रहे हो ? अलग अलग मौकों पर किसी किसी ने जबाव भी दिया कि इससे अच्छा और बड़ा कार्यक्रम करके दिखायेंगे, लेकिन आपसी निजी बातचीत में मदन बत्रा के समर्थक नेताओं ने भी स्वीकार किया है कि रमन गुप्ता ने अपने चुनाव अभियान का जो व्यापक रूप और स्टैंडर्ड तय कर दिया है, उसके सामने मदन बत्रा की उम्मीदवारी को टिका पाना मुश्किल ही होगा । पिछले लायन वर्ष में गुरचरण सिंह भोला को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का चुनाव जितवा कर जेपी सिंह खेमे ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति पर जो पकड़ बनाई थी, वह इस वर्ष बुरी तरह ढीली पड़ जाएगी - यह किसी ने नहीं सोचा था ।
रमन गुप्ता की चेयरमैनशिप में अंबाला में आयोजित हुए ग्यारह क्लब्स के अधिष्ठापन समारोह में आठ सौ से अधिक लायंस पदाधिकारियों व सदस्यों के उपस्थित होने का दावा किया गया है, जिनमें से डेढ़ सौ के करीब दिल्ली से गए/पहुँचे लोगों की मौजूदगी थी । इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुँचने पर हर किसी को हैरानी हुई । कई लोगों ने कहा भी कि इतने लोग तो डिस्ट्रिक्ट के कार्यक्रमों में नहीं आते/पहुँचते हैं । समारोह में 70 के करीब मान्य अतिथियों का मंच सजाया गया था, जैसा कि कभी डिस्ट्रिक्ट के किसी कार्यक्रम में देखने को नहीं मिला है; समारोह में 75 के करीब क्लब्स का प्रतिनिधित्व होने का दावा किया गया है । इतनी बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने के लिए जो तैयारी की गई होगी, इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुँचने का जो विश्वास किया गया होगा, इतनी बड़ी संख्या में पहुँचे लोगों के लिए सुविधाओं की जो व्यवस्था की गई होगी - उस सब का विचार करें, तो यही पायेंगे कि ग्यारह क्लब्स के अधिष्ठापन समारोह के आयोजन के जरिए रमन गुप्ता ने एक बड़ा दाँव चला है; जिसके जरिए एक तरफ तो उन्होंने अपने संभावित समर्थकों व साथियों को अपने और नजदीक कर लिया है, तथा दूसरी तरफ अपने विरोधियों को चारों खाने चित्त कर देने का काम कर लिया है । रमन गुप्ता की चेयरमैनशिप में हुए आयोजन में पक्ष और विपक्ष का फर्क जैसे पूरी तरह से मिट गया था, और विरोधी पक्ष के जो लोग समारोह में पहुँचे हुए थे - वह भी रमन गुप्ता और उनके समर्थकों के साथ सहयोगी और मस्ती के मूड में दिख रहे थे ।  
ऐसे में, मदन बत्रा की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं के सामने चुनौती की बात यही है कि वह कैसे मदन बत्रा की उम्मीदवारी को बनाए/टिकाए रख सकें ? नेताओं के लिए चुनौती की बात इसलिए और बड़ी हो गई है क्योंकि हालात 'देख' कर मदन बत्रा ने 'कुछ भी करने' से कदम पीछे खींच लिए हैं । उनके समर्थक नेताओं का ही कहना है कि मदन बत्रा ने लगता है कि समझ लिया है कि वह जो भी पैसा खर्च करेंगे, वह बेकार ही जायेगा - इसलिए उन्होंने कुछ भी खर्च नहीं करने का मन बना लिया है । इससे उनके चुनाव अभियान को 'उठा' पाने की कोशिशें शुरू होने से पहले ही धराशाही हो गईं हैं । मदन बत्रा की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं ने उनकी जगह किसी दूसरे उम्मीदवार की भी खोज की है, लेकिन जिसमें वह सफल नहीं हो पाए हैं । दरअसल रमन गुप्ता ने चुनावी चाल में जो तेजी दिखाई है, उसने दूसरे संभावित उम्मीदवारों को डरा दिया है और उन्होंने इस वर्ष के चुनावी मुकाबले से दूर रहने में ही अपनी भलाई देखी/पहचानी है । इस स्थिति ने इस वर्ष के चुनावी मुकाबले को फिलहाल तो रमन गुप्ता के पक्ष में एकपक्षीय बना दिया है । जेपी सिंह खेमे के नेताओं के पास इस समय इसके अलावा जैसे कोई चारा ही नहीं बचा है कि वह इंतजार करें कि रमन गुप्ता और या उनके समर्थक नेता कोई बड़ी गलती करें, तो उनके लिए मुकाबले में वापस लौटने का मौका बने ।

Sunday, November 12, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में जेपी सिंह से 'मनचाही' मदद न मिलती देख अपनी उम्मीदवारी के प्रति ढीले पड़ते मदन बत्रा ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए रमन गुप्ता की राह को आसान बनाने का काम किया

सोनीपत । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए करीब दो सप्ताह पहले मदन बत्रा की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने के साथ जेपी सिंह खेमे के लोगों में जो जोश पैदा हुआ था, मदन बत्रा का रवैया देखते हुए वह सिर्फ दो सप्ताह में ही न सिर्फ ठंडा पड़ गया है - बल्कि खेमे के लोगों के बीच कलह भी पैदा कर गया है । जेपी सिंह खेमे के लोगों ने अभी से मानना/कहना शुरू कर दिया है कि मदन बत्रा को उम्मीदवार बना कर खेमे के नेताओं ने अपने पैरों पर खुद ही कुल्हाड़ी मार ली है, और मदन बत्रा की उम्मीदवारी सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में खेमे के लिए आत्मघाती साबित होगी । अलग अलग क्लब्स व शहरों में जेपी सिंह खेमे के जो लोग हैं, पिछले दो सप्ताह में उनके साथ घटे/हुए अनुभवों के आधार पर खेमे के नेताओं ने पाया कि मदन बत्रा ने न तो अपनी खुद की तरफ से सक्रिय होने को लेकर दिलचस्पी दिखाई है और न ही किसी की सलाह पर अमल करने का प्रयास किया - हर किसी को वह यही कहते हुए टरका रहे हैं कि जेपी सिंह से बात करो । जिन लोगों ने जेपी सिंह से बात की, उनका कहना है कि जेपी सिंह ने भी यह कहते हुए बात को टाला कि - मैं देखता हूँ । मदन बत्रा अपनी उम्मीदवारी के अभियान को चलाने के मामले में अपने ही क्लब के सदस्य और पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनिल सेठ तक को विश्वास में नहीं ले रहे हैं । जेपी सिंह की तरफ से उन्हें सलाह मिली थी कि वह सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर गुरचरण सिंह भोला के साथ तालमेल बनाएँ और काम करें, मदन बत्रा लेकिन गुरचरण सिंह भोला को भी तवज्जो देते हुए नहीं दिख रहे हैं ।
मदन बत्रा के नजदीकियों के अनुसार, मदन बत्रा चाहते हैं कि उनकी उम्मीदवारी के अभियान की कमान जेपी सिंह खुद सँभाले । जेपी सिंह लेकिन अभी फिलहाल किसी ऐसे झमेले में नहीं फँसना चाहते हैं, जिसके चलते उनका विनय गर्ग एंड टीम से टकराव पैदा हो और बढ़े । जेपी सिंह को अभी अपनी इंटरनेशनल डायरेक्टर(ई) पर मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट की पक्की वाली मोहर लगवानी है, और मीसल्स रूबेला के नाम पर चलाए जा रहे कार्यक्रमों के खर्चों के लिए रकम जुटाने वाले चेक्स पर मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के रूप में विनय गर्ग के बार-बार हस्ताक्षर करवाते रहने हैं । इन दोनों कामों में कोई विवाद और या अड़चन पैदा न हो - इसलिए जेपी सिंह अभी डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के पचड़े में पड़ने से बचना चाहते हैं, और इसलिए अभी वह मदन बत्रा की उम्मीदवारी के अभियान की बागडोर को सीधे सीधे पकड़ने से बच रहे हैं । जेपी सिंह के इस 'बचने' को मदन बत्रा शक की निगाह से देख रहे हैं, और आशंकित बने हुए हैं कि कहीं जेपी सिंह पिछली बार की तरह इस बार भी तो उन्हें इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं । दूसरे लोगों की तरह मदन बत्रा भी जानते हैं कि इस वर्ष सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की उम्मीदवारी के लिए जेपी सिंह की पहली पसंद हरीश वाधवा थे, जो काफी हद तक अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के लिए तैयार भी हो गए थे - लेकिन ऐन मौके पर फिर वह पीछे हट गए थे; दरअसल उनके कुछेक खास राजनीतिक दोस्तों/समर्थकों ने उन्हें साफ कह/बता दिया था कि वह इस वर्ष रमन गुप्ता की उम्मीदवारी को ही समर्थन देंगे, इसलिए हरीश वाधवा ने फिर उम्मीदवारी प्रस्तुत करने का विचार त्याग दिया - और तब जेपी सिंह ने मदन बत्रा को उम्मीदवार बनने के लिए राजी किया । जाहिर है कि मदन बत्रा, उम्मीदवारी के मामले में जेपी सिंह की सेकेंड के साथ-साथ मजबूरी की भी च्वाइस हैं । यह जानते/समझते हुए भी मदन बत्रा उम्मीदवार तो बन गए, लेकिन वह जेपी सिंह की ही निगरानी में अपना अभियान चलाना चाहते हैं - उन्हें लगता है कि इस तरीके से वह जेपी सिंह पर निगरानी रख सकेंगे, और 'इस्तेमाल' होने से बचे रहेंगे ।
मदन बत्रा जिस तरीके से दूसरे प्रमुख नेताओं और लोगों को इग्नोर कर रहे हैं, उससे उन्होंने अपने ही खेमे के लोगों को अपने से दूर कर लिया है । लोगों को मदन बत्रा का सबसे बुरा सुलूक तो सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर गुरचरण सिंह भोला के साथ देखने/सुनने को मिला है । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने के नाते गुरचरण सिंह भोला उनके प्रभावशाली मददगार हो सकते थे, जेपी सिंह ने भी उन्हें गुरचरण सिंह भोला के साथ मिल कर काम करने का सुझाव दिया था - मदन बत्रा लेकिन इस अकड़ में हैं कि वह लायनिज्म में गुरचरण सिंह भोला से चूँकि सीनियर हैं, इसलिए गुरचरण सिंह भोला को खुद उनकी मदद करने के लिए उनके पास आना चाहिए । लोगों का कहना लेकिन यह है कि मदन बत्रा लायनिज्म में भले ही गुरचरण सिंह भोला से सीनियर हों, लेकिन उन्हें अब यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने के नाते लायनिज्म में गुरचरण सिंह भोला की हैसियत अब उनसे बड़ी हो गई है - और इसके अलावा अब जरूरत मदन बत्रा की है, प्यासे वह हैं - प्यासे को ही कुएँ के पास जाना होता है, कुआँ प्यासे के पास नहीं जाता है; इसलिए मदन बत्रा को अपनी अकड़ छोड़ कर मदद लेने के लिए जूनियर्स के पास जाना ही होगा । मदन बत्रा के इसी तरह के रवैये को देखते हुए उनके अपने खेमे के नेताओं तथा अन्य लोगों ने ही कहना शुरू कर दिया है कि इस तरह के बर्ताव के चलते मदन बत्रा के लिए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए इस वर्ष होने वाले चुनाव में सत्ता खेमे के उम्मीदवार के रूप में रमन गुप्ता का मुकाबला कर पाना मुश्किल ही होगा ।
मदन बत्रा अपने रवैये और - अपने रवैये पर जाहिर हो रही अपने ही खेमे के लोगों की प्रतिक्रिया के चलते सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की इस वर्ष की चुनावी दौड़ में शामिल होने के साथ ही उससे बाहर होते हुए नजर आ रहे हैं । उनके अपने खेमे के लोगों का ही मानना और कहना है कि इस वर्ष के चुनाव को लेकर सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के सत्ता खेमे के उम्मीदवार के रूप में रमन गुप्ता ने जिस तरह की तैयारी दिखाई है, और अपनी तैयारी से लोगों के बीच जैसी पैठ बनाई है - उसका मुकाबला कर पाना मदन बत्रा के बस की बात नहीं है । मदन बत्रा के राजनीतिक उस्ताद जेपी सिंह अपने चक्करों में फँसे हैं, और ऐसे में वह मदन बत्रा के लिए उस तरह से कुछ नहीं कर सकते हैं - जिस तरह से मदन बत्रा सोचते और चाहते हैं । यह बात शायद मदन बत्रा ने भी समझ ली है, और इसीलिए वह घोषणा करने के बावजूद अपनी उम्मीदवारी को लेकर आशंकित हैं और कुछ करने से बच रहे हैं । यह स्थिति रमन गुप्ता की राह को और आसान बनाती नजर आ रही है ।