Showing posts with label B M Srivastava. Show all posts
Showing posts with label B M Srivastava. Show all posts

Sunday, August 16, 2020

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में गुरनाम सिंह की राजनीति के सामने जगदीश अग्रवाल की तमाम कोशिशें अंततः विफल रहीं और फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का चुनाव बीएम श्रीवास्तव ने जीत लिया

लखनऊ । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए आज पूर्वाह्न दोबारा हुए चुनाव का नतीजा तो वही निकला, जो अपेक्षित था - और जिसके तहत बीएम श्रीवास्तव की जीत हुई; लेकिन चुनावी जीत का अंतर अप्रत्याशित रहा । जीत का श्रेय वरिष्ठ पूर्व गवर्नर गुरनाम सिंह को दिया जा रहा है, तो जीत के अंतर के कम होने में भी गुरनाम सिंह को लगे झटके के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । आज हुए चुनाव का अप्रत्याशित दृश्य पूर्व गवर्नर नीरज बोरा की उपस्थिति का भी रहा । नीरज बोरा पिछले काफी समय से डिस्ट्रिक्ट की गतिविधियों में नजर नहीं आए हैं, लेकिन इस चुनाव में उन्होंने खासी सक्रियता के साथ जगदीश अग्रवाल का झंडा उठाया - हालाँकि फिर भी जगदीश अग्रवाल चुनाव हार गए । जगदीश अग्रवाल के लिए विडंबना की बात यह रही कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद उन्होंने एक वोट से जीता था - नेगेटिव वोटिंग के कारण उनके फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर न बन पाने के कारण दोबारा हुआ चुनाव लेकिन वह एक वोट से हार गए । जगदीश अग्रवाल ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में अपने घमंडभरे रवैये के लिए प्रत्येक पूर्व गवर्नर से माफी माँगी और भविष्य में वैसा रवैया न दिखाने के लिए उन्हें आश्वस्त किया, लेकिन फिर भी वह वोट डालने वाले 23 गवर्नर्स में से 11 का ही समर्थन जुटा सके और इस तरह 12 वोट पाकर बीएम श्रीवास्तव ने उनसे अपनी हार का बदला ले लिया । 
मजे की बात यह रही कि दोनों उम्मीदवारों को उम्मीद से कम वोट मिलने की शिकायत रही, और इस तरह दोनों ही उम्मीदवारों तथा उनके नेताओं को धोखा खाने का गम हुआ । जगदीश अग्रवाल और उनके समर्थकों को 14 वोट मिलने की उम्मीद थी - लिहाजा चुनावी नतीजा घोषित होने के बाद वह उन तीन गवर्नर्स को 'खोज' रहे हैं, जिन्होंने उन्हें धोखा दिया । बीएम श्रीवास्तव और उनके समर्थकों को 16 वोट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन चुनाव जीत जाने की खुशी व संतुष्टि में वह इस बात को लेकर ज्यादा परेशान नहीं हैं कि किन किन लोगों ने उन्हें धोखा दिया । जगदीश अग्रवाल ने चुनाव जीतने के लिए हर हथकंडा अपनाया । शुरू में लग रहा था कि उन्हें छह/सात से ज्यादा वोट नहीं मिलेंगे, लेकिन तरह तरह के हथकंडों के चलते उन्होंने अपने समर्थन को बढ़ाया । जगदीश अग्रवाल की बड़ी कामयाबी यह रही कि उन्होंने गुरनाम सिंह के सहयोग/समर्थन से गवर्नर बने तथा हाल के दिनों तक उनके खास रहे कई गवर्नर्स का समर्थन प्राप्त कर लिया । लेकिन उनके लिए गुरनाम सिंह की राजनीति से निपट पाना मुश्किल हुआ ।
दरअसल फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए दोबारा हुआ चुनाव जिस तरह से गुरनाम सिंह की राजनीति व प्रतिष्ठा के साथ जुड़ गया था, उसके कारण ही तमाम अनुकूलताओं के बावजूद जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी का भट्टा बैठ गया । जगदीश अग्रवाल की जीत को गुरनाम सिंह के लिए सीधी चुनौती के रूप में देखा जा रहा था, और इसके चलते जगदीश अग्रवाल के समर्थन में जुटे गुरनाम सिंह के नजदीकियों के बीच भरोसा नहीं बन सका - विशाल सिन्हा को हर समय संजय चोपड़ा व प्रमोद सेठ पर शक रहा, क्योंकि जगदीश अग्रवाल के खिलाफ नेगेटिव वोटिंग करवाने में इनका खासा सहयोग रहा था; तो संजय चोपड़ा व प्रमोद सेठ लगातार जगदीश अग्रवाल को आगाह करते रहे कि विशाल सिन्हा की बदनामी के कारण ही वह फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नहीं बन सके हैं, इसलिए उनसे बच कर रहना । गुरनाम सिंह के नजदीकी रहे यह लोग एचएस सच्चर के समर्थन पर संदेह करते रहे, तो एचएस सच्चर की तरफ से जगदीश अग्रवाल को सावधान किया जाता रहा कि गुरनाम सिंह के लोगों पर भरोसा मत करना । तीन दिन पहले ही मनोज रुहेला ने यह कहते/बताते हुए बीएम श्रीवास्तव और उनके समर्थकों के पसीने ला दिए थे कि इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडॉर्सी जितेंद्र चौहान ने उन्हें जगदीश अग्रवाल का समर्थन करने के लिए कहा है । मनोज रुहेला के यह 'बताने' से बीएम श्रीवास्तव तथा उनके नजदीकियों ने मान/समझ लिया था कि मनोज रुहेला भी जगदीश अग्रवाल के साथ जा मिले हैं । कुछेक लोगों को छोड़कर, अधिकतर लोगों में यह कहना/बताना तो कयास लगाना होगा कि किसने किस को वोट दिया है - तथ्य सिर्फ यह है कि गुरनाम सिंह की राजनीति के सामने जगदीश अग्रवाल की तमाम कोशिशें अंततः विफल रहीं और फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का चुनाव बीएम श्रीवास्तव ने जीत लिया है ।            

Wednesday, August 5, 2020

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए दोबारा होने वाले चुनाव में पूर्व गवर्नर्स एचएस सच्चर, प्रमोद सेठ तथा संजय चोपड़ा की तरफ से जगदीश अग्रवाल को 'धोखा' मिलने का डर क्यों है ?

लखनऊ । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स एचएस सच्चर, प्रमोद सेठ तथा संजय चोपड़ा के लिए जगदीश अग्रवाल के नजदीकियों व शुभचिंतकों को यह विश्वास दिलाना मुश्किल हो रहा है कि फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए दोबारा होने वाले चुनाव में वह सचमुच जगदीश अग्रवाल का सहयोग/समर्थन करेंगे - और ऐन मौके तक उनका साथ देंगे । मजे की, और इन तीनों के लिए मुसीबत की बात यह बनी हुई है कि जगदीश अग्रवाल के समर्थन की स्पष्ट घोषणा करने के बावजूद जगदीश अग्रवाल और उनके नजदीकी व शुभचिंतक लगातार इनके प्रति संदेह बनाये हुए हैं, और वह अलग अलग तरह के बहानों से इनके मन व असली इरादे को पढ़ने तथा जाँचने/परखने की कोशिश करते रहे हैं । ऐसा दरअसल इसलिए है क्योंकि जगदीश अग्रवाल तथा उनके नजदीकी व शुभचिंतक इन तीनों पर यह भरोसा नहीं कर पा रहे हैं, कि अभी उनके समर्थन की बात करने वाले यह पूर्व गवर्नर्स वोटिंग तक उनके समर्थन में बने रहेंगे और पलट नहीं जायेंगे । इन तीनों के प्रति अविश्वास का कारण यह है कि पिछले मौकों पर यह तीनों जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी के विरोध में रह चुके हैं ।
उल्लेखनीय है कि पिछले से पिछले लायन वर्ष में जगदीश अग्रवाल और बीएम श्रीवास्तव के बीच हुए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में एचएस सच्चर ने बीएम श्रीवास्तव का समर्थन किया था; और पिछले लायन वर्ष में हुए चुनाव में प्रमोद सेठ व संजय चोपड़ा ने जगदीश अग्रवाल के खिलाफ नेगेटिव वोट करवाने में सक्रिय भूमिका निभाई थी । बात हालाँकि सिर्फ इतनी ही नहीं है - क्योंकि चुनावी राजनीति में समर्थक और विरोधी अदलते/बदलते रहते हैं, और यह किसी को भी हैरान नहीं करता है; असली बात वह तरीका है जो इन्होंने अपनाया । एचएस सच्चर जब बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी के समर्थन में थे, तब उन्होंने अपने क्लब के तीन वोट बीएम श्रीवास्तव के पक्ष में डलवाने में कोई दिलचस्पी नहीं ली थी - और जिसका नतीजा यह रहा कि बीएम श्रीवास्तव एक वोट से चुनाव हार गए थे । इस तरह, बीएम श्रीवास्तव की हार का प्रमुख कारण ऐन मौके पर एचएस सच्चर से गच्चा मिलना रहा । प्रमोद सेठ और संजय चोपड़ा का किस्सा तो और भी गंभीर है । पिछले वर्ष हुए चुनाव में उन्होंने अपने अपने समर्थक क्लब्स के वोट जगदीश अग्रवाल के खिलाफ डलवाये और यह जानकारी उन्होंने तुरंत ही गुरनाम सिंह तथा अन्य कुछेक प्रमुख पदाधिकारियों को दी भी - और बाद में नाटक करते हुए कहते रहे कि जगदीश अग्रवाल के साथ बहुत बुरा हुआ । प्रमोद सेठ व संजय चोपड़ा का रवैया कई मौकों पर 'कहना कुछ और करना कुछ' जैसा रहा है । इसी कारण से, जगदीश अग्रवाल और उनके नजदीकी व शुभचिंतक इन पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं ।
भरोसा नहीं कर पाने का एक कारण और है - तथा वह यह कि तमाम कोशिशों के बावजूद जगदीश अग्रवाल के पक्ष में जीतने लायन समर्थन नहीं जुट पा रहा है । जगदीश अग्रवाल तथा उनके नजदीकियों को डर है कि ऐसे में, उनके समर्थक यह सोच सकते हैं कि जगदीश अग्रवाल को जब जीतना नहीं है - तो उनके समर्थन में रहने का क्या फायदा ? जगदीश अग्रवाल के लिए समर्थन दरअसल इसलिए भी नहीं जुट पा रहा है क्योंकि - फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए दोबारा होने वाले चुनाव में जगदीश अग्रवाल वास्तव में जीतने के लिए नहीं, बल्कि गुरनाम सिंह को 'हराने' के लिए उम्मीदवार बन रहे हैं । उन्होंने और उनके नजदीकियों ने कहा है कि वह दिखाना चाहते हैं कि गुरनाम सिंह के समर्थन के बिना - और उनके विरोध के बावजूद डिस्ट्रिक्ट में चुनाव जीता जा सकता है । डिस्ट्रिक्ट में अधिकतर लोग अलग अलग कारणों से लेकिन गुरनाम सिंह के साथ तथा उनके नजदीक रहना चाहते हैं, इसलिए गुरनाम सिंह को 'हराने' की जगदीश अग्रवाल की कोशिशों को समर्थन नहीं मिल पा रहा है । हालाँकि जगदीश अग्रवाल का समर्थन कर रहे प्रमोद सेठ व संजय चोपड़ा ने लोगों को फार्मूला सुझाया है कि वह गुरनाम सिंह को तो बताएँ/दिखाएँ कि वह जगदीश अग्रवाल के साथ नहीं हैं, और गुपचुप रूप से वोट जगदीश अग्रवाल को दे दें । इस पर लोगों से उन्हें सुनने को मिला है कि इस तरह से धोखा देने का काम वह कर लेते हैं, लेकिन हर कोई नहीं कर सकता है । मजे की बात यह हो रही है कि फार्मूला सुझा कर प्रमोद सेठ और संजय चोपड़ा ने जगदीश अग्रवाल तथा उनके नजदीकियों व शुभचिंतकों के बीच शक/संदेह को और मजबूत कर दिया है । दरअसल, पिछले व्यवहार तथा रवैये के चलते एचएस सच्चर, प्रमोद सेठ व संजय चोपड़ा को लेकर जगदीश अग्रवाल तथा उनके नजदीकियों व शुभचिंतकों के बीच जो शक है, उसने इन तीनों पूर्व गवर्नर्स की स्थिति को विडंबनापूर्ण बना दिया है । 

Saturday, July 4, 2020

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में बीएम श्रीवास्तव के कैबिनेट सेक्रेटरी बनने में गुरनाम सिंह और केएस लूथरा के बीच राजनीतिक गठजोड़ मजबूत होने के संकेत देखे/पहचाने जा रहे हैं, जिसमें बीएम श्रीवास्तव के साथ तेजेंद्रपाल सिंह की भी 'दाल' गलती हुई नजर आ रही है

लखनऊ । बीएम श्रीवास्तव के कैबिनेट सेक्रेटरी बनने में, उनके फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 'चुने' जाने की राह खुलती/बनती हुई नजर आ रही है । माना/समझा जा रहा है कि बीएम श्रीवास्तव को कैबिनेट सेक्रेटरी बनाने का फैसला डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कमल शेखर गुप्ता ने वरिष्ठ पूर्व गवर्नर गुरनाम सिंह के दबाव में लिया है । बीएम श्रीवास्तव को पूर्व गवर्नर केएस लूथरा के नजदीकी के रूप में देखा/पहचाना जाता है, और इस नाते कमल शेखर गुप्ता उन्हें कैबिनेट सेक्रेटरी बनाने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन गुरनाम सिंह के दबाव के सामने उनकी एक न चली और उन्हें बीएम श्रीवास्तव को कैबिनेट सेक्रेटरी बनाने के लिए मजबूर होना ही पड़ा । बीएम श्रीवास्तव को कैबिनेट सेक्रेटरी बनवाने में गुरनाम सिंह ने जिस तरह से दिलचस्पी ली है, उसे देख कर ही समझा जा रहा है कि गुरनाम सिंह ने बीएम श्रीवास्तव को फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में 'देखना' शुरू कर दिया है । उल्लेखनीय है कि नेगेटिव वोटिंग के कारण जगदीश अग्रवाल के फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुने जाने में असफल रहने के बाद, खाली रह गए फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद के लिए चुनाव/चयन होना है - जिसके लिए बीएम श्रीवास्तव को प्रमुख उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । मजे की बात यह है कि इस वर्ष डिस्ट्रिक्ट की सत्ता में वह लोग हैं, जो करीब पंद्रह महीने पहले हुए चुनाव में बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी के खिलाफ थे, और जिनकी खिलाफत के कारण बीएम श्रीवास्तव चुनाव हार गए थे । लेकिन पिछले पंद्रह महीनों में गोमती में बहुत से पानी बह गया है, और हालात इस कदर बदल गए हैं कि जगदीश अग्रवाल को नेगेटिव वोटिंग के जरिये बाहर कर दिया गया है - और फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की कुर्सी खाली हो गई है ।
मजे की बात यह भी है कि बीएम श्रीवास्तव को भले ही केएस लूथरा के नजदीकी के रूप देखा/पहचाना जाता है, लेकिन पिछले से पिछले लायन वर्ष में हुए चुनाव में बीएम श्रीवास्तव ने केएस लूथरा को अपने चुनाव अभियान से दूर रख कर 'लगभग बेइज्जत' किया था । बीएम श्रीवास्तव का कहना था कि केएस लूथरा उनकी उम्मीदवारी के पक्ष में यदि सक्रिय 'दिखेंगे' तो उन्हें वोटों का नुकसान पहुँचायेंगे; बीएम श्रीवास्तव की हिदायत थी कि केएस लूथरा उन्हें दूर से ही समर्थन दें, उन्हें चुनाव जितवाने का काम मनोज रुहेला कर लेंगे । मनोज रुहेला उस समय फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर थे, और बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी की कमान उनके ही हाथ में थी । उस समय लेकिन बीएम श्रीवास्तव चुनाव हार गए थे - और सिर्फ चुनाव ही नहीं हार गए थे, चुनाव अभियान के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्र में 'वोटरों को लुभाने का सामान' ले जाने के मामले में पुलिसिया झमेले में भी फँस गए थे । बहरहाल, जैसा कि पहले ही कहा जा चुका है कि तब से अब तक गोमती में बहुत सा पानी बह चुका है, और डिस्ट्रिक्ट में हालात खासे बदल चुके हैं । डिस्ट्रिक्ट के राजनीतिक समीकरणों में एक बड़ा बदलाव गुरनाम सिंह और केएस लूथरा के नजदीक आने के रूप में हुआ है । दरअसल, गुरनाम सिंह का नाम लेकर विशाल सिन्हा ने जिस तरह से डिस्ट्रिक्ट में अपनी 'दुकान' जमाने/चलाने की कोशिश की, उससे गुरनाम सिंह को खासा तगड़ा झटका लगा । वास्तव में, विशाल सिन्हा की शह पर ही जगदीश अग्रवाल कई पूर्व गवर्नर्स के साथ-साथ गुरनाम सिंह को लेकर भी तरह तरह की बकवासबाजी कर रहे थे । उसके बाद ही, गुरनाम सिंह ने जगदीश अग्रवाल और विशाल सिन्हा से एकसाथ पीछा छुड़ाने की तैयारी की, जिसमें उन्हें केएस लूथरा का पूरा सहयोग मिला । समझा जाता है कि जिन केएस लूथरा को पिछले से पिछले लायन वर्ष में बीएम श्रीवास्तव ने अपने चुनाव अभियान से दूर रखा था, उन्हीं केएस लूथरा की कोशिशों से गुरनाम सिंह नेगेटिव वोटिंग के कारण खाली हुई फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की कुर्सी के लिए बीएम श्रीवास्तव के नाम पर विचार के लिए तैयार हुए हैं ।
केएस लूथरा की सिफारिश पर बीएम श्रीवास्तव के नाम पर तैयार होने के लिए गुरनाम सिंह पर लायंस क्लब शाहजहाँपुर विशाल के वरिष्ठ सदस्य तेजेंद्रपाल सिंह की भी सिफारिश है । तेजेंद्रपाल सिंह इस वर्ष होने वाले सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार होने/बनने की तैयारी में हैं, और उन्हें गुरनाम सिंह के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । उनके साथ-साथ लायंस क्लब काशीपुर ग्रेटर के वरिष्ठ सदस्य अपूर्व मेहरोत्रा को भी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की तैयारी में देखा/सुना जा रहा है, जिन्हें केएस लूथरा का समर्थन बताया/सुना जा रहा है । तेजेंद्रपाल सिंह के लिए मुसीबत की बात यह है कि शाहजहाँपुर के दोनों पूर्व गवर्नर्स - प्रमोद सेठ और संजय चोपड़ा उनकी उम्मीदवारी के खिलाफ हैं, और इस कोशिश में हैं कि कैसे भी करके वह उनका खेल बिगाड़े और शाहजहाँपुर में तीसरा गवर्नर न बनने दें । ऐसे में, तेजेंद्रपाल सिंह को केएस लूथरा की मदद की जरूरत है, केएस लूथरा के साथ उनके अच्छे संबंध रहे भी हैं - उन अच्छे संबंधों को अब वह राजनीतिक समीकऱण में बदलना चाहते हैं । तेजेंद्रपाल सिंह के नजदीकियों का कहना/बताना है कि तेजेंद्रपाल सिंह ने गुरनाम सिंह को सलाह दी है कि वह यदि बीएम श्रीवास्तव को फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनवा देते हैं, तो इस वर्ष होने वाले सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में केएस लूथरा को समर्थन के लिए राजी किया जा सकेगा - अपूर्व मेहरोत्रा को अगली बार के लिए हरी झंडी दे दी जाएगी । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की खाली सीट को भरने के लिए गुरनाम सिंह क्या फैसला करेंगे, यह तो जब फैसला होगा तभी पता चलेगा - लेकिन बीएम श्रीवास्तव के कैबिनेट सेक्रेटरी बनने से यह संकेत जरूर मिलता है कि बीएम श्रीवास्तव को लेकर गुरनाम सिंह का रवैया सकारात्मक तो हुआ है ।  

Monday, April 8, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन की डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में ऑब्जर्वर की माँग के साथ नियमानुसार पैसे जमा करवाने से बचने की जगदीश अग्रवाल की कोशिश से लग रहा है जैसे कि उन्होंने मान लिया है कि वह एक हारी हुई लड़ाई लड़ रहे हैं, जिसमें उन्हें कुछ भी हासिल नहीं होना है

लखनऊ । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार जगदीश अग्रवाल की तरफ से ऑब्जर्वर की माँग तो कर दी गई है, उनकी माँग स्वीकार भी कर ली गई है - लेकिन इस माँग को व्यावहारिक रूप देने के लिए नियमानुसार जो पैसा जमा कराना होता है, जगदीश अग्रवाल अभी उससे बचने की कोशिश कर रहे हैं । इस बात से तथा इसी तरह के अन्य कुछेक उदाहरणों से जगदीश अग्रवाल के नजदीकियों को ही लग रहा है कि जगदीश अग्रवाल ने चुनाव में अपनी हार जैसे स्वीकार कर ली है, और वह संभल संभल कर पैसा खर्च कर रहे हैं । जगदीश अग्रवाल के समर्थक नेता हालाँकि उनमें जोश भरने का भरसक प्रयास कर रहे हैं, और उन्हें आश्वस्त कर रहे हैं कि 'लड़ाई' को चाहें किसी भी 'स्तर' पर ले जाना पड़े, वह लड़ेंगे और बीएम श्रीवास्तव को किसी भी कीमत पर जीतने नहीं देंगे । इस तरह के आश्वासनों से जगदीश अग्रवाल में कुछ समय के लिए जोश तो पैदा होता है, लेकिन फिर जल्दी ही उनके जोश की हवा निकल जाती है । दरअसल जगदीश अग्रवाल के समर्थक नेताओं ने अपनी खुन्नसबाजी में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनावी मुकाबले को उस 'स्थिति' में पहुँचा दिया है, जहाँ 'कोई नहीं जीतेगा' जैसे हालात बनेंगे । ऐसे में, जगदीश अग्रवाल को लगने लगा है कि जब वह जीतेंगे ही नहीं, तो फालतू में पैसा खर्च करने की जरूरत क्या है ? हालत यह हो गई है कि चुनाव अभियान से जुड़े दूसरे कई खर्चों में कटौती करने के साथ-साथ जगदीश अग्रवाल ने ऑब्जर्वर की माँग को व्यावहारिक रूप से पूरा करवाने के लिए दी जाने वाली रकम तक भी रोक ली है ।
उल्लेखनीय है कि लायंस इंटरनेशनल के नियमानुसार, सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का कोई उम्मीदवार चुनावी प्रक्रिया को लेकर यदि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की भूमिका पर संदेह करता है, तो वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की भूमिका को नियंत्रित करने के लिए लायंस इंटरनेशनल से ऑब्जर्वर नियुक्त करने की माँग कर सकता है । ऑब्जर्वर नियुक्त करने की माँग करते हुए उसे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कार्यालय में एक हजार अमेरिकी डॉलर जमा करवाने होते हैं, जिससे ऑब्जर्वर के खर्चे पूरे किए जाते हैं । जगदीश अग्रवाल की तरफ से ऑब्जर्वर की माँग करते समय तो पैसे जमा नहीं ही करवाए गए, माँग स्वीकार हो जाने पर उन्होंने पैसे जमा करवाने की सुध नहीं ली और वह पैसा जमा करवाने से बचते हुए दिख रहे हैं । उनके नजदीकियों का कहना है कि जगदीश अग्रवाल अभी अपनी उम्मीदवारी को मंजूर किए जाने को लेकर चूँकि आश्वस्त नहीं हैं, इसलिए वह ऑब्जर्वर का पैसा जमा करवाने से बच रहे हैं; नजदीकियों के अनुसार ही, जगदीश अग्रवाल का सोचना/मानना/कहना है कि यदि उनकी उम्मीदवारी ही रिजेक्ट हो गई, तब फिर ऑब्जर्वर के आने या न आने का उनके लिए कोई मतलब ही नहीं रह जायेगा; और तब उनके द्वारा जमा करवाया गया पैसा बेकार ही चला जायेगा । जगदीश अग्रवाल के इस तर्क में दम तो है; लेकिन उनका यह तर्क यह भी जता/दिखा रहा है कि अपनी उम्मीदवारी को लेकर वह सशंकित बने हुए हैं । वास्तव में, जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी पर शुरू हुए विवाद के बाद जगदीश अग्रवाल के समर्थकों ने जो बबाल मचाया है, उसने जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी की जीत संभावनाओं पर कई तरह से प्रतिकूल असर डाला है - और जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी को चौतरफा मुश्किलों ने घेर लिया है ।
जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी के पेपर्स पर जो विवाद हुआ है, उससे एक बात तो लोगों के सामने साबित हो ही गई है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की इच्छा रखने वाले जगदीश अग्रवाल और उनका समर्थन करने वाले पूर्व गवर्नर्स नेता जब उम्मीदवारी के पेपर्स भी नियमानुसार तैयार करने/करवाने की काबिलियत नहीं रखते हैं, तो गवर्नर बन कर यह कैसे कैसे गुल खिलायेंगे ? जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी के आधे-अधूरे पेपर्स रिजेक्ट होने से बचाने के लिए जगदीश अग्रवाल के समर्थक नेताओं ने कोर्ट-कचहरी करने की बात करके दबाव बनाने कजो प्रयास किया, उसका भी उल्टा असर होता दिख रहा है । बीएम श्रीवास्तव के समर्थकों की तरफ से भी सुना जा रहा है कि दबाव डाल कर जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी के पेपर्स यदि स्वीकार करवा लिए गए, तो कोर्ट-कचहरी का रास्ता तो उन्हें भी पता है । इस तरह की बातों से लग रहा है कि जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी यदि मंजूर हो जाती है, और किसी तरह की जुगाड़बाजी से जगदीश अग्रवाल चुनाव यदि जीत जाते हैं, तब फिर बीएम श्रीवास्तव कोर्ट-कचहरी जा कर जगदीश अग्रवाल की जीत को निरस्त करवा देंगे । जगदीश अग्रवाल के लिए मुसीबत की बात यह हो गई है कि उनके समर्थक नेताओं ने उनकी उम्मीदवारी बचाने के लिए जो 'छड़ी' उठाई थी; बीएम श्रीवास्तव और उनके समर्थकों ने उसी 'छड़ी' को जगदीश अग्रवाल पर तान दिया है । ऐसा लगता है कि बीएम श्रीवास्तव के समर्थकों ने तय किया है कि वह जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी के मंजूर होने या न होने के पचड़े में अभी नहीं पड़ेंगे और चाहेंगे कि जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी मंजूर हो जाए; उसके बाद दो बातें हो सकती हैं : एक यह कि बीएम श्रीवास्तव चुनाव जीत जाएँ; यदि ऐसा हुआ, तब तो कोई बात ही नहीं है; दूसरी संभावना के अनुसार, लेकिन यदि जगदीश अग्रवाल चुनाव जीत जाते हैं, तब बीएम श्रीवास्तव कोर्ट-कचहरी का रास्ता पकड़ेंगे और जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी की योग्यता को ही चुनौती देंगे और इस तरह जगदीश अग्रवाल की चुनावी जीत निरस्त ही हो जायेगी । यानि हालात-ए-सूरत चाहें जो हो जगदीश अग्रवाल को दोनों ही स्थितियों में घाटा ही घाटा होना है । दरअसल, इसीलिए जगदीश अग्रवाल को लगने लगा है कि वह एक हारी हुई लड़ाई लड़ रहे हैं, जिसमें उन्हें कुछ भी हासिल नहीं होना है । इसीलिए उन्होंने उम्मीदवार के रूप में पैसे खर्च करने में 'सोचना' शुरू कर दिया है । ऑब्जर्वर की माँग के साथ नियमानुसार पैसे जमा करवाने से बचने की उनकी कोशिश ने लेकिन दिलचस्प स्थिति पैदा कर दी है ।

Sunday, March 10, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए प्रस्तुत जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी को फर्जी तरीके से स्वीकृति दिलवाने की संजय चोपड़ा, विशाल सिन्हा व अनुपम बंसल की कोशिशों को देखते हुए लोगों को डर हुआ है कि कहीं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह का हाल दीपक राज आनंद जैसा न हो जाए

लखनऊ । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के उम्मीदवार के रूप में जगदीश अग्रवाल के नामांकन पत्र में 'झूठे' और 'फर्जी' दावे पाए जाने के आरोपों से मुसीबत में पड़ी उनकी उम्मीदवारी को बचाने के लिए नोमीनेटिंग कमेटी के चेयरमैन संजय चोपड़ा ने लायंस इंटरनेशनल के नियमों की जो ऐसी-तैसी कर दी है, उसके चलते डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह भारी दबाव में आ गए हैं - जिस कारण डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में पिछले वर्ष डिस्ट्रिक्ट 321 बी टू में बने जैसे हालात पैदा हो गए हैं । डिस्ट्रिक्ट के बड़े नेताओं और पूर्व गवर्नर्स को डर हुआ है कि एके सिंह कहीं दीपक राज आनंद की दशा को प्राप्त न हो जाएँ । आरोपपूर्ण चर्चाओं के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में नोमीनेटिंग कमेटी की मीटिंग में झूठे व फर्जी दावों के आधार पर प्रस्तुत किया गया जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी का नामांकन पत्र रद्द हो जाना चाहिए था, लेकिन मीटिंग में अनधिकृत रूप से उपस्थित पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स विशाल सिन्हा व अनुपम बंसल ने संजय चोपड़ा पर दबाव बना कर जगदीश अग्रवाल को अपने पेपर्स 'दुरुस्त' करने के लिए समय दिलवा दिया है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह ने हालाँकि यह कहते हुए इसका विरोध किया कि नोमीनेटिंग कमेटी जगदीश अग्रवाल का नामांकन या तो स्वीकार करे और या रिजेक्ट करे - पेपर दुरुस्त करने के लिए उन्हें समय देना लायंस इंटरनेशनल के नियमों का तथा उसकी व्यवस्था का मजाक बनाना होगा । विशाल सिन्हा और अनुपम बंसल के दबाव के सामने एके सिंह की लेकिन एक न चली - और संजय चोपड़ा ने जगदीश अग्रवाल को अपने पेपर 'दुरुस्त' करने के लिए समय दे दिया ।
उल्लेखनीय है कि जगदीश अग्रवाल के नामांकन पत्र के साथ प्रस्तुत किए गए पेपर 'पूरे' दो वर्ष क्लब में उनके डायरेक्टर रहने की शर्त को पूरा नहीं करते हैं । जगदीश अग्रवाल और विशाल सिन्हा व अनुपम बंसल ने तर्क दिया कि लायंस इंटरनेशनल किसी भी पद पर छह महीने से एक दिन भी अधिक रहने पर उस पद पर रहने की मान्यता देता है । लेकिन सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की उम्मीदवारी के लिए जो न्यूनतम शर्ते हैं, उनमें 'पूरे' दो वर्ष डायरेक्टर रहने की बात की गई है । इस पर विवाद बढ़ा तो तुरंत से ही पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर विनोद खन्ना से सलाह ली गई । विनोद खन्ना ने भी बताया कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार के लिए 'पूरे' दो वर्ष डायरेक्टर रहना/होना जरूरी है । विनोद खन्ना से मिले स्पष्टीकरण के बाद जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी का नामांकन रद्द हो जाना चाहिए था, लेकिन नोमीनेटिंग कमेटी की मीटिंग में अनधिकृत रूप से बैठे विशाल सिन्हा और अनुपम बंसल द्वारा दिखाई दादागिरी का सहारा लेकर संजय चोपड़ा ने जगदीश अग्रवाल को अपने पेपर दुरुस्त करने के लिए समय दे दिया । इसका सीधा सा मतलब यही निकाला/लगाया जा रहा है कि जगदीश अग्रवाल को मौका दिया गया है कि वह किसी भी क्लब से 'पूरे' दो वर्ष डायरेक्टर होने के फर्जी कागजात तैयार करवा लें । इस पूरे प्रकरण में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह की भूमिका चुपचाप तमाशा देखने वाले पदाधिकारी की बन गई है । गौर करने वाली बात यह है कि इसी तरह से, पिछले वर्ष डिस्ट्रिक्ट 321 बी टू में तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक राज आनंद ने पूर्व गवर्नर्स के दबाव में कुछेक तरह की बेईमानियों को होने दिया और नतीजे में फजीहत का शिकार बन बैठे । डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में लोगों को डर हुआ है कि संजय चोपड़ा, विशाल सिन्हा व अनुपम बंसल के चक्कर में एके सिंह का भी कहीं दीपक राज आनंद जैसा हाल न हो जाए ।
जगदीश अग्रवाल का नामांकन रद्द हो सकने की संभावना ने पराग गर्ग और बीएम श्रीवास्तव के समर्थकों व शुभचिंतकों में अलग अलग कारणों से खासा जोश भर दिया है । पराग गर्ग के समर्थकों व शुभचिंतकों को उम्मीद बँधी है कि जगदीश अग्रवाल का नामांकन रद्द होने की स्थिति में जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी का समर्थन करने वाले नेता पराग गर्ग की उम्मीदवारी का झंडा उठा लेंगे और तब पराग गर्ग की चुनावी नैय्या आराम से पार हो जायेगी । बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी के समर्थकों को लेकिन विश्वास है कि जगदीश अग्रवाल का नामांकन रद्द होने की स्थिति में विशाल सिन्हा और अनुपम बंसल जैसे नेता तो राजनीतिक रूप से 'अनाथ' ही हो जायेंगे - और तब बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी के लिए अच्छी बढ़त बना लेना आसान हो जायेगा । बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी के समर्थकों व शुभचिंतकों को लगता है कि पराग गर्ग और बीएम श्रीवास्तव के बीच मुकाबला होने की स्थिति में बीएम श्रीवास्तव का पलड़ा और भारी हो जायेगा । संजय चोपड़ा, विशाल सिन्हा व अनुपम बंसल की तिकड़ी यदि झूठ/फरेब का इस्तेमाल करके और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह को दबाव में लेकर जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी को हरी झंडी दे/दिलवा भी देते हैं, तो भी ताजा विवाद से जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी की साख और विश्वसनीयता को जो चोट पहुँची है - उसका फायदा बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी को मिलता दिख रहा है । दरअसल पराग गर्ग की उम्मीदवारी के अभियान के लिए प्रभावी लोगों की कोई 'टीम' काम करती हुई नहीं 'दिख' रही है; इसलिए मुख्य चुनावी मुकाबला जगदीश अग्रवाल और बीएम श्रीवास्तव के बीच ही होता दिखता रहा है । ऐसे में, जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी के हटने और या हटने की चर्चाओं के चलते कमजोर पड़ने का फायदा बीएम श्रीवास्तव के हिस्से में ही जुड़ता नजर आ रहा है । हालाँकि फिलहाल सभी की निगाह इस बात पर टिकी है कि संजय चोपड़ा, विशाल सिन्हा और अनुपम बंसल की तिकड़ी जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी को मान्य करवाने के लिए क्या फरेब करती है - और उनके फरेब के बावजूद जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी बची रह पाती है या रद्द हो जाती है ?

Tuesday, February 12, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह का सहयोग/समर्थन पाने के लिए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार बीएम श्रीवास्तव द्वारा अपने खेमे के केएस लूथरा तथा अन्य नेताओं को तवज्जो न देने की रणनीति बीएम श्रीवास्तव के बने-बनाये 'काम' को बिगाड़ भी सकती है क्या ?

लखनऊ । बीएम श्रीवास्तव के सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए 'अकेले' ही चुनाव अभियान चलाने के फैसले के चलते उन्हें डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच पर्याप्त समर्थन मिलता हुआ नजर नहीं आ रहा है, और इस कारण उनके शुभचिंतकों के बीच ही उनकी उम्मीदवारी की सफलता को लेकर आशंकाएँ पैदा होने लगी हैं । उल्लेखनीय है कि कहने को तो बीएम श्रीवास्तव को केएस लूथरा खेमे के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जाता है, लेकिन बीएम श्रीवास्तव के चुनाव अभियान में केएस लूथरा और या उनके खेमे के नेता लोग दिखाई नहीं देते हैं । बीएम श्रीवास्तव के नजदीकियों का ही कहना/बताना है कि बीएम श्रीवास्तव को दरअसल नेताओं पर भरोसा नहीं है और इसीलिए वह संपर्क अभियान में नेताओं को अपने साथ नहीं रखते हैं और कभी अकेले तो कभी अपने क्लब के कुछेक सदस्यों के साथ ही निकलते हैं । बीएम श्रीवास्तव के कुछेक नजदीकियों को लगता है और उनका कहना भी है कि बीएम श्रीवास्तव ने केएस लूथरा तथा खेमे के दूसरे नेताओं के साथ जो दूरी बनाई और 'दिखाई' हुई है, उसके पीछे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह का हाथ है । खेमेबाजी के लिहाज से बीएम श्रीवास्तव भले ही केएस लूथरा खेमे के उम्मीदवार हों, लेकिन डिस्ट्रिक्ट में उन्हें एके सिंह के उम्मीदवार के रूप में ज्यादा देखा/पहचाना जाता है । डिस्ट्रिक्ट में यह बात भी जगजाहिर है कि एके सिंह और केएस लूथरा 'साथ-साथ' नहीं हैं । बीएम श्रीवास्तव को लगता है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में एके सिंह उनकी उम्मीदवारी को समर्थन दिलवाने के लिए ज्यादा फायदेमंद साबित होंगे, इसलिए उन्होंने केएस लूथरा तथा खेमे के दूसरे नेताओं के साथ दूरी बना ली है - और उसे लोगों को (तथा एके सिंह को भी) 'दिखा' भी रहे हैं । 
बीएम श्रीवास्तव को लगता रहा है कि इस वर्ष डिस्ट्रिक्ट में जो चुनावी परिदृश्य बना है, उसमें केएस लूथरा तथा उनके खेमे के दूसरे नेताओं के पास झक मार कर उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है - इसलिए उनके सामने केएस लूथरा तथा उनके खेमे के दूसरे नेताओं को तवज्जो देने की कोई मजबूरी नहीं है । उनका ऐसा सोचना/मानना सही भी ठहरा है; क्योंकि बीएम श्रीवास्तव की तरफ से उपेक्षा किए जाने के बाद भी केएस लूथरा और उनके खेमे के दूसरे नेता अपने आप को लगातार बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी के साथ ही बता/दिखा रहे हैं । बीएम श्रीवास्तव और केएस लूथरा (तथा उनके खेमे के दूसरे नेताओं) के बीच यह जो दूर/पास का खेल चल रहा है, यह अपने आप में परफेक्ट है तथा इसमें कोई समस्या नहीं है - समस्या की बात लेकिन लोगों के, क्लब्स के प्रमुख सदस्यों के बीच पैदा हुई है । बीएम श्रीवास्तव के संपर्क अभियान में लोग जब केएस लूथरा तथा खेमे के अन्य लोगों को नदारत पाते हैं, तो उनके नजदीकी बीएम श्रीवास्तव के साथ उतने सहज नहीं हो पाते हैं, जितनी सहजता की एक उम्मीदवार के रूप में बीएम श्रीवास्तव को जरूरत है - और यही बात बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी के समर्थन-आधार की जड़ों को खोखला करती महसूस हो रही है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में एके सिंह प्रशासनिक तरीके से तो बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी के लिए मददगार साबित हो सकते हैं, लेकिन राजनीतिक तरीके से चुनावी मदद करने के मामले में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने के नाते उनकी कई सीमाएँ होंगी ।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में एके सिंह ने डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस की तारीख और जगह बीएम श्रीवास्तव को पहले से बता कर होटल के कमरों तथा ट्रेन के टिकटों की बुकिंग के मामले में तो उनकी मदद कर दी है, लेकिन ट्रेन में जाने तथा होटल के कमरों में ठहरने के लिए लोगों को प्रेरित करने का काम कर पाना एके सिंह के लिए उतना आसान नहीं होगा । ऐसे में तो और भी नहीं, जबकि बीएम श्रीवास्तव को ऐसे दो-दो उम्मीदवारों से मुकाबला करना है, जिन्हें अनुभवी नेताओं का हर तरह का सक्रिय सहयोग प्राप्त है । एके सिंह के लिए यह काम कर पाना इसलिए भी चुनौतीपूर्ण व मुश्किल होगा, क्योंकि अभी तक खेमेबाजी के लिहाज से वह उन नेताओं के नजदीकी थे, जो पराग गर्ग और या जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी का झंडा उठाए हुए हैं । केएस लूथरा खेमे के साथ एके सिंह का काफी पुराना बैर रहा है, और पिछले वर्ष हुए चुनाव में एके सिंह ने केएस लूथरा खेमे के उम्मीदवार का विरोध किया था; इस पृष्ठभूमि में एके सिंह के लिए केएस लूथरा खेमे के लोगों के वोट बीएम श्रीवास्तव को दिलवा पाना आसान नहीं होगा । एके सिंह ने केएस लूथरा खेमे से उम्मीदवार बीएम श्रीवास्तव को तो 'छीन' कर अपने साथ कर लिया है, लेकिन खेमे के प्रतिबद्ध समर्थकों व वोटरों को बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी के पक्ष में छीन पाना उनके लिए आसान नहीं होगा । ऐसे में, खुद बीएम श्रीवास्तव के शुभचिंतकों को ही लगने लगा है कि केएस लूथरा और उनके खेमे के नेताओं को 'घर बैठाने' तथा किनारे करने की रणनीति बीएम श्रीवास्तव के बने-बनाये 'काम' को बिगाड़ भी सकती है ।

Saturday, July 21, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव के झमेले में बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर के पद से हटाने को लेकर पड़ रहे पराग गर्ग व विशाल सिन्हा के दबाव के सामने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह समर्पण करेंगे क्या ?

लखनऊ । बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर पद से हटाने को लेकर विशाल सिन्हा और पराग गर्ग की तरफ से पड़ रहे दबाव ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह को खासी मुसीबत में फँसा दिया है । उल्लेखनीय है कि एके सिंह ने बीएम श्रीवास्तव के साथ अपने नजदीकी संबंधों के चलते तथा उनकी काबिलियत को देखते/पहचानते हुए उन्हें चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर बनाया था । अन्य नियुक्तियों के साथ-साथ इस नियुक्ति के लिए भी एके सिंह ने गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा से अनुमति ले ली थी । बीएम श्रीवास्तव के चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर बनने पर किसी को भी आपत्ति नहीं थी । लेकिन बीएम श्रीवास्तव के सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार बनने के बाद से हालात बदलने लगे । बीएम श्रीवास्तव को केएस लूथरा खेमे के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । बीएम श्रीवास्तव के केएस लूथरा खेमे से उम्मीदवार बन जाने की बात से गुरनाम सिंह व विशाल सिन्हा बिफरे हुए हैं । दरअसल बीएम श्रीवास्तव के केएस लूथरा खेमे की तरफ से उम्मीदवार बनने से गुरनाम सिंह खेमे से उम्मीदवार बनने की तैयारी कर रहे बीएन चौधरी अपनी उम्मीदवारी को लेकर अगर-मगर करने लगे । उम्मीदवारी को लेकर बीएन चौधरी को अगर-मगर करता देख जगदीश अग्रवाल और पराग गर्ग अपनी अपनी उम्मीदवारी की संभावनाएँ तलाशने गुरनाम सिंह के चक्कर काटने लगे । पराग गर्ग के मामले में स्थिति बड़ी दिलचस्प और विकट है - दरअसल पराग गर्ग कुछ समय पहले तक गुरनाम सिंह की बड़ी खिलाफत और आलोचना किया करते थे, तथा उन्हें लायनिज्म का ठग बताते थे और उनकी ठगी को खत्म करने की शपथ खाते थे; लेकिन अब वह उन्हीं गुरनाम सिंह - और उनके विशाल सिन्हा जैसे बदनाम चेले का समर्थन जुगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं । पराग गर्ग को विश्वास है कि वह गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा का समर्थन तो प्राप्त कर लेंगे; लेकिन बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी उन्हें अपने लिए सबसे बड़ी बाधा लग रही है ।
पराग गर्ग दरअसल अब की बार कोई रिस्क नहीं 'रखना' चाहते हैं, अब की बार वह किसी भी तरह से सफलता पाना ही चाहते हैं - और इसके लिए वह कोशिश करना चाहते हैं कि उनके अलावा कोई और उम्मीदवार न हो । बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी को वापस करवाने के लिए पराग गर्ग फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मनोज रुहेला पर दबाव बना चुके हैं । एक मौके पर वह मनोज रुहेला को धमकी भरे अंदाज में कह/बता चुके हैं कि बीएम श्रीवास्तव यदि उम्मीदवार बने रह कर उनकी सफलता में बाधा बने तो वह डिस्ट्रिक्ट को ही खत्म करवा देंगे । पराग गर्ग के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि बीएम श्रीवास्तव ने अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करने से पहले पराग गर्ग के घर जा कर उनसे सलाह की थी, जिसमें पराग गर्ग ने उनसे साफ कहा था कि उन्हें लायनिज्म की गवर्नरी में कोई दिलचस्पी नहीं है और वह बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी का समर्थन करेंगे । इसलिए अब उनके सामने बीएम श्रीवास्तव को उम्मीदवारी से पीछे हटने के लिए कहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं बचा है । इस स्थिति में पराग गर्ग के सामने बीएम श्रीवास्तव के समर्थक नेताओं पर दबाव बनाने तथा उन्हें बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी का समर्थन करने से रोकने का ही उपाय बचा है, जिसे उन्होंने मनोज रुहेला पर आजमाया है । पराग गर्ग के लिए बदकिस्मती की बात यह रही कि उनकी इस कार्रवाई को बीएम श्रीवास्तव तथा उनके समर्थकों ने उनकी कमजोरी के रूप में देखा/पहचाना है । उन्हें लगा है कि पराग गर्ग चुनाव से डर रहे हैं और किसी भी तरह से चुनाव को टालना/टलवाना चाहते हैं । इससे बीएम श्रीवास्तव तथा उनके समर्थक नेताओं का हौंसला बढ़ा है,और उनके इस बढ़े हौंसले ने पराग गर्ग के लिए हालात को और मुश्किल बना दिया है । 
हालात की मुश्किल से निपटने के लिए ही पराग गर्ग को एके सिंह की टीम से बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर के पद से हटवाना जरूरी लग रहा है । इस मामले में उन्हें विशाल सिन्हा का समर्थन भी मिल रहा है । विशाल सिन्हा का कहना है कि केएस लूथरा खेमे के उम्मीदवार बनते/रहते हुए बीएम श्रीवास्तव 'हमारी' डिस्ट्रिक्ट टीम में नहीं रह सकते हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह के लिए समस्या की बात यह है कि वह अपने आप को विशाल सिन्हा के 'पिटठू' के रूप में नहीं 'दिखने' देना चाहते हैं; वह चाहते हैं कि लोगों को ऐसा न लगे या 'दिखे' कि असली गवर्नर तो विशाल सिन्हा हैं, और वह तो सिर्फ 'मोहरा' हैं । एके सिंह यदि बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर के पद से हटाते हैं, तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उनकी पहचान और साख पर धब्बा लगेगा ही - लिहाजा वह बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर के पद से हटाने से बचना चाहते हैं । एके सिंह ने बीएम श्रीवास्तव को डिस्ट्रिक्ट के आयोजनों में तवज्जो व जगह देना तो हालाँकि बंद किया हुआ है, लेकिन वह बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर के पद से हटाने को फिलहाल तैयार नहीं हो रहे हैं । पराग गर्ग और विशाल सिन्हा लेकिन बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर के पद पर बने नहीं रहने देना चाहते हैं; उन्हें लगता है कि इससे बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी को मनोवैज्ञनिक फायदा मिलेगा, जिसके चलते पराग गर्ग के लिए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का पहले से ही मुश्किल बना हुआ चुनावी मुकाबला - और मुश्किल हो जायेगा । यह देखना दिलचस्प होगा कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में अपनी पहचान व साख के लिए सावधान बने एके सिंह, पराग गर्ग और विशाल सिन्हा के दबाव के सामने समर्पण करते हैं, या बीएम श्रीवास्तव को चीफ डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट ट्रेजरर बनाये रखते हैं ।

Sunday, April 8, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में विशाल सिन्हा की बदतमीजीभरी धमकी के बाद भी एके सिंह अपने गवर्नर-वर्ष में बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी को समर्थन देने की अपनी घोषणा पर टिके/बने रहेंगे और या घुटने टेक देंगे ?

लखनऊ । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एके सिंह ने अगले वर्ष के अपने गवर्नर-काल में होने वाले सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में बीएम श्रीवास्तव को समर्थन देने की घोषणा करके, और उनकी घोषणा पर उन्हें विशाल सिन्हा की तरफ से धमकी मिलने की घटना ने गुरनाम सिंह खेमे के लोगों के बीच खलबली मचा दी है । दरअसल गुरनाम सिंह खेमे के लोग एके सिंह को अपने 'आदमी' के रूप में देखते/पहचानते हैं, और बीएम श्रीवास्तव को केएस लूथरा खेमे ने अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है । इसलिए एके सिंह की बीएम श्रीवास्तव को समर्थन की घोषणा से गुरनाम सिंह खेमे में खलबली मचना स्वाभाविक ही था । इस खलबली को और बढ़ाने का काम किया विशाल सिन्हा की धमकी ने । उल्लेखनीय है कि एके सिंह की घोषणा पर गुरनाम सिंह की तरफ से तो हालाँकि कुछ सुनने को नहीं मिला है, लेकिन विशाल सिन्हा ने अपने स्वभावानुसार एके सिंह के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा है कि वह देखते हैं कि बीएम श्रीवास्तव को समर्थन दे कर एके सिंह गवर्नरी कैसे करते हैं ? विशाल सिन्हा की हाल ही की कुछेक हरकतों को उनकी इस प्रतिक्रिया के साथ जोड़ कर देखते हुए कई लोगों का कहना है कि गुरनाम सिंह को 'पापा जी' कहने वाले विशाल सिन्हा अब उनके 'पापा जी' बनने की कोशिश कर रहे हैं । ऐसे में, एके सिंह को विशाल सिन्हा की तरफ से मिली धमकी ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद से जुड़ी डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के परिदृश्य को रोचक बना दिया है ।
बीएम श्रीवास्तव को एके सिंह की तरफ से समर्थन मिलने की घोषणा ने केएस लूथरा खेमे के लोगों को भी चौंकाया है । हालाँकि दोनों खेमे के कुछेक बड़े नेता एके सिंह की घोषणा को गुरनाम सिंह की योजना को क्रियान्वित करने की 'तैयारी' के रूप में भी देख/पहचान रहे हैं । उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों गुरनाम सिंह ने केएस लूथरा की तरफ 'दोस्ती' का हाथ बढ़ाया है, जिसमें उनकी तरफ से कहा गया है कि दोनों खेमे के उम्मीदवार बारी बारी से गवर्नर बनते रहें और इस तरह चुनाव के चक्कर से बचा जाए । गुरनाम सिंह की यहाँ तक की बात तो सभी को अच्छी लगी, लेकिन गुरनाम सिंह ने अगली बारी अपने खेमे के वीएन चौधरी को देने की माँग करके केएस लूथरा खेमे के लोगों को भड़का दिया । केएस लूथरा खेमे के नेताओं का कहना है कि वीएन चौधरी को चुनवाने के लिए गुरनाम सिंह 'एकता' बनाने का नाटक कर रहे हैं, और उसके बाद फिर वह अपने असली रंग में आ जायेंगे । गुरनाम सिंह के इरादे की पोल-पट्टी खोलने के लिए केएस लूथरा खेमे की तरफ से कहा गया कि गुरनाम सिंह यदि अपनी बात और अपने फार्मूले को लेकर ईमानदार हैं, तो इस बार चूँकि उनके खेमे का आदमी गवर्नर बना है, तो अगली बार का मौका उन्हें केएस लूथरा खेमे के आदमी को देना चाहिए । गुरनाम सिंह की तरफ से इसके लिए हामी नहीं भरी गई है । इसके बावजूद, एके सिंह की घोषणा में कुछेक लोगों को गुरनाम सिंह की हामी का संकेत नजर आ रहा है । लेकिन एके सिंह की घोषणा पर व्यक्त की गई विशाल सिन्हा की नाराजगी और धमकी ने उस संकेत की संभावना को घटा दिया है ।
एके सिंह की तरफ से भी स्पष्टीकरण सुनने को मिला है कि बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी को समर्थन देने की उनकी घोषणा उनका अपना फैसला है, और उनकी घोषणा से किसी खेमे की राजनीति का कोई लेना-देना नहीं है । एके सिंह की घोषणा से गुरनाम सिंह खेमे की तरफ से उम्मीदवार बनाए जा रहे वीएन चौधरी का 'दम' और कमजोर पड़ गया है । विशाल सिन्हा हालाँकि वीएन चौधरी में हवा भरने की कोशिश तो बहुत कर रहे हैं, किंतु लगता नहीं है कि वीएन चौधरी उनकी बातों में आयेंगे और उम्मीदवार बनेंगे । दरअसल वीएन चौधरी भी समझ रहे हैं कि इस बार अपने उम्मीदवार की जीत से विशाल सिन्हा घमंड में भले ही आ गए हों, लेकिन वोटों की भारी खरीद-फरोख्त के बाद भी तीन वोटों के मामूली अंतर से मिली जीत यह आश्वासन नहीं देती है कि काठ की हांडी दोबारा भी चढ़ सकेगी । वीएन चौधरी इसलिए भी उम्मीदवार नहीं बनना चाहेंगे क्योंकि वह जानते हैं कि वह यदि उम्मीदवार बन गए तो विशाल सिन्हा तो उन्हें लूट खायेंगे । बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी को समर्थन करने की एके सिंह की घोषणा से विशाल सिन्हा के बौखलाने का एक बड़ा कारण यह भी है कि विशाल सिन्हा को उम्मीदवार मिलना अब और मुश्किल हो जायेगा - और इस तरह उनका 'धंधा' ही चौपट हो जायेगा । 'धंधा' बचाने के लिए ही विशाल सिन्हा ने धमकी देकर एके सिंह पर दबाव बनाने की कोशिश की है । यह देखना दिलचस्प होगा कि विशाल सिन्हा की धमकी के सामने एके सिंह अपने गवर्नर-वर्ष में बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी को समर्थन देने की अपनी घोषणा पर टिके/बने रहते हैं, और या विशाल सिन्हा की बदतमीजी के सामने घुटने टेक देते हैं ।