Showing posts with label WIRC. Show all posts
Showing posts with label WIRC. Show all posts

Sunday, July 5, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की वुमेन मेंबर्स एम्पावरमेंट कमेटी के चेयरमैन के रूप में प्रफुल्ल छाजेड़ की सक्रियता ने वुमेन चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को एक अलग तरह का आत्मविश्वास देने के साथ साथ अपने समर्थन-आधार को छोटे शहरों से बढ़ा कर बड़े शहरों तक ले आने का अवसर दिया है

मुंबई । प्रफुल्ल छाजेड़ ने वुमेन मेंबर्स एम्पावरमेंट कमेटी के चेयरमैन के रूप में जिस तरह की सक्रियता दिखाई हुई है, उसमें कई लोगों को उनकी चुनावी तैयारी के संकेत मिल/दिख रहे हैं । जिन लोगों को यह संकेत मिल/दिख रहे हैं, उनमें से अधिकतर को हालाँकि यह बहुत स्वाभाविक भी लग रहा है । उनका मानना और कहना है कि अब जब चुनाव को ज्यादा समय नहीं रह गया है, तो जिन लोगों को उम्मीदवार होना है - वह अपने चुनाव की तैयारी करेंगे ही । प्रफुल्ल छाजेड़ भी यही कर रहे हैं, तो इसीलिए कि उन्हें यह करना ही चाहिए । लेकिन जो लोग प्रफुल्ल छाजेड़ को नजदीक से जानते/पहचानते हैं, उनका यह भी कहना है कि प्रफुल्ल छाजेड़ को काम करने का नशा भी है, और वह काम करने के अवसर खोजते/बनाते तथा उनका उपयोग करते रहते हैं । उन्हें जानने वाले लोगों का कहना है कि प्रफुल्ल छाजेड़ सेल्फ-मेड चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं और प्रोफेशन में तथा काउंसिल  चुनावी राजनीति में उन्होंने अभी तक जो कुछ भी पाया/बनाया है, वह अपनी सोच व सक्रियता के भरोसे ही पाया/बनाया है; और इस प्रक्रिया में इस तथ्य को उन्होंने अच्छी तरह समझ लिया है कि काम करना और अच्छे से करना उनकी नियति भी है और उनकी 'मजबूरी' भी है । दरअसल इसीलिए इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की उनके नेतृत्व वाली वुमेन मेंबर्स एम्पावरमेंट कमेटी की इस वर्ष की गतिविधियों ने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है । इस कमेटी के चेयरमैन के रूप में प्रफुल्ल छाजेड़ के काम करने के तरीके ने वुमेन चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को विशेष रूप से उत्साहित व प्रेरित किया है । 
प्रफुल्ल छाजेड़ के नेतृत्व वाली कमेटी की तरफ से पिछले दिनों कार्यक्रम भी ज्यादा हुए - हिसाब/किताब रखने वाले लोगों के अनुसार यह कमेटी प्रायः एक वर्ष में जितनी सक्रियता दिखाती रही है, प्रफुल्ल छाजेड़ के नेतृत्व में उतनी सक्रियता इसने चार महीने में ही पूरी कर ली है; और जो भी कार्यक्रम हुए हैं, प्रफुल्ल छाजेड़ ने उनकी योजना बनाने से लेकर उन्हें क्रियान्वित करने तथा उनके संचालन तक में वुमेन चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को भागीदार बनाने की कोशिश भी की है - और इसी का नतीजा रहा है कि रीजन के वुमेन चार्टर्ड एकाउंटेंट्स में एक अलग तरह का आत्मविश्वास देखा/पहचाना जा रहा है । पिछले दिनों जहाँ जहाँ कार्यक्रम हुए हैं, वहाँ वहाँ वुमेन चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ने जैसे पहली बार महसूस हुआ कि इंस्टीट्यूट के बड़े लोगों ने उन पर भी विश्वास किया और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका उपलब्ध कराया । अभी तक आमतौर पर यह होता रहा है कि वुमेन चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की भूमिका और सक्रियता सहयोगी की ही रहती रही है और इंस्टीट्यूट के कार्यक्रमों में उन्हें फ्रंट पर आने/रहने का शायद ही कभी मौका मिलता हो । इंस्टीट्यूट की वुमेन मेंबर्स एम्पावरमेंट कमेटी के पिछले वर्षों में हुए कार्यक्रमों में वुमेन चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की भूमिका श्रोताओं के रूप में ही रही है, और स्पीकर के रूप में शायद कभी-कभार ही उन्हें न्यौता गया हो । प्रफुल्ल छाजेड़ ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण काम यह किया कि वुमेन चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को कार्यक्रमों में फ्रंट की भूमिका सौंपी तथा स्पीकर के रूप में उन्हें ज्यादा से ज्यादा अवसर देने का प्रयास किया ।
चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट की वुमेन मेंबर्स एम्पावरमेंट कमेटी के चेयरमैन के रूप में प्रफुल्ल छाजेड़ ने जो कुछ भी किया है, उसे वुमेन चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की भागीदारी को बड़ा स्पेस देने/दिलाने के संदर्भ में तो महत्वपूर्ण माना ही जा रहा है; उसके साथ ही उसे प्रफुल्ल छाजेड़ की चुनावी तैयारी के रूप में भी देखा/पहचाना जा रहा है । पिछले चुनाव के नतीजे के डिटेल्स को देखें तो प्रफुल्ल छाजेड़ के लिए यह तैयारी बहुत जरूरी भी लगती है । उल्लेखनीय है कि प्रफुल्ल छाजेड़ को पिछले चुनाव में वोटों की गिनती शुरू होने के पहले दौर में पहली वरीयता के 1278 वोटों के साथ 15वीं पोजीशन प्राप्त हुई थी । पहली वरीयता के वोटों के आधार पर संजीव लालन, दुर्गेश बुच, एनसी हेगड़े और राजेश लोया उनसे आगे थे । पहली वरीयता के 1519 वोटों के साथ राजेश लोया तो उनसे काफी आगे थे । सेकेंड वरीयता के वोटों के सहारे प्रफुल्ल छाजेड़ ने हालाँकि नाटकीय रूप से छलाँग लगाई, और जब दौड़ में 13 लोग बचे रह गए थे, तब भी वह कुल 1819 वोटों के साथ 12 वें नंबर पर थे, और 11 वें नंबर पर 1851 वोटों के साथ एनसी हेगड़े थे । 13वें नंबर के राजेश लोया जब दौड़ से बाहर हुए तब प्रफुल्ल छाजेड़ के वोटों की गिनती 2178 हुई, और वह 1937 की गिनती पर ठहर जाने वाले एनसी हेगड़े से आगे निकले और विजयी घोषित किए गए । जाहिर है कि पिछली बार प्रफुल्ल छाजेड़ के लिए मुकाबला बहुत ही मुश्किल था, और जब तक नतीजा आ नहीं गया - तब तक उनकी जीत पर तलवार लटकी हुई ही थी और बिलकुल अंतिम क्षणों में ही जीत उनके हिस्से में आ सकी थी ।
प्रफुल्ल छाजेड़ पिछली बार भले ही मुश्किल से जीत पाए थे, लेकिन इस बार उनकी जीत को लेकर किसी को भी कोई संशय नहीं है । इसका एक कारण तो यह है कि वेस्टर्न रीजन से सेंट्रल काउंसिल में अभी जो सदस्य हैं, उनमें से तीन अबकी बार उम्मीदवार नहीं हो पायेंगे; इसके अलावा पिछली बार जो लोग 12वें, 13वें, 14वें, 15वें नंबर पर रहे थे - उनके इस बार चुनाव लड़ने को लेकर इंकार और संदेह बना हुआ है । ऐसे में अबकी बार चुनाव लड़ने की पात्रता रखने वाले मौजूद आठ सेंट्रल काउंसिल के सदस्यों के लिए काउंसिल में वापसी करने को लेकर किसी को कोई संदेह नहीं है । दूसरा कारण, सेंट्रल काउंसिल सदस्य तथा अलग अलग समय पर विभिन्न कमेटियों के पदाधिकारी के रूप में किए गए उनके काम और निरंतर बनी रहने वाली उनकी सक्रियता है - जिसे देखते हुए हर कोई प्रफुल्ल छाजेड़ की उम्मीदवारी को पूरी तरह सुरक्षित मान रहा है । लेकिन फिर भी प्रफुल्ल छाजेड़ के लिए अगला चुनाव महत्वपूर्ण है, तो इसलिए है कि अगले चुनाव में उनके सामने चुनौती चुनाव जीतने भर की नहीं है - बल्कि अच्छी पोजीशन के साथ चुनाव जीतने की है । प्रफुल्ल छाजेड़ के साथ समस्या दरअसल यह रही है कि उनका आधार-क्षेत्र छोटे शहर रहे हैं, जहाँ अपने प्रशंसकों व समर्थकों को वोट में 'बदलना' और उनके वोट सचमुच में हासिल करना थोड़ा मुश्किल होता है । इसलिए ही, हर चुनाव में प्रफुल्ल छाजेड़ को जितने वोट मिलने की उम्मीद व आकलन-चर्चा रहती रही - उन्हें उतने वोट कभी मिल नहीं पाए । वुमेन मेंबर्स एम्पावरमेंट कमेटी के चेयरमैन के रूप में प्रफुल्ल छाजेड़ को मौका मिला है कि अपने समर्थन-आधार को छोटे शहरों से बढ़ा कर बड़े शहरों तक ले आएँ । उनकी सक्रियता के पीछे इसी मौके को क्रियान्वित करने की उनकी कोशिश के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । उम्मीद की जा रही है कि अपनी इस कोशिश के जरिए प्रफुल्ल छाजेड़ इस बार के चुनाव में लोगों को हतप्रभ करेंगे । 

Saturday, November 24, 2012

अरूण आनंदगिरी के कारण शिवाजी जावरे को जो फजीहत झेलनी पड़ी है, उसका फायदा सेंट्रल काउंसिल के चुनाव में सुधीर पंडित को मिलता नजर आ रहा है

पुणे। सुधीर पंडित की सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत उम्मीदवारी को पुणे की प्रमुख चार्टर्ड एकाउंटेंट फर्म्स का जिस तरह समर्थन मिलता दिख रहा है, उससे शिवाजी जावरे के लिए अपनी सीट बचाने का संकट पैदा हो गया नजर आ रहा है । शिवाजी जावरे के लिए संकट इसलिए और गंभीर है क्योंकि सुधीर पंडित को जिन फर्म्स का समर्थन मिल रहा है उन्होंने पिछली बार शिवाजी जावरे का समर्थन किया था । शिवाजी जावरे के ही समर्थकों व शुभचिंतकों का मानना और कहना है कि शिवाजी जावरे को अपनी सीट बचाने के लिए नये समर्थन आधार तलाशने होंगे तथा और ज्यादा मेहनत करना होगी । उल्लेखनीय है कि शिवाजी जावरे का सेंट्रल काउंसिल का कार्यकाल खासा विवादपूर्ण रहा है, जिस कारण लोगों के बीच उनकी साख काफी घटी है । शिवाजी जावरे के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि लोगों के बीच उनकी सिर्फ साख ही नहीं घटी है, बल्कि उनके कई समर्थक व शुभचिंतक तक उनके खिलाफ हो गये हैं । पिछली बार सेंट्रल काउंसिल उम्मीदवार के रूप में उन्हें वोट देते हुए चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को उम्मीद थी कि वह उनके लिए ऐसा कुछ करेंगे जिससे कि उनके लिए काम के और अवसर पैदा हों तथा प्रोफेशन में उन्हें भी आगे बढ़ने का मौका मिले । शिवाजी जावरे लेकिन ऐसा कुछ कर सकने में असफल रहे । उनकी इस असफलता ने उन युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को बहुत निराश किया, जो उनसे खास उम्मीद लगाये बैठे थे । शिवाजी जावरे के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को निराश करने के साथ साथ लोगों के साथ व्यावहारिक संबंध बनाये रखने तक में वह पिछड़ गये । हालत यह हुई कि लोगों के बीच, अपने प्रोफेशन के लोगों के बीच उनके संबंधों का मैनेजमेंट पूरी तरह बिगड़ गये ।
शिवाजी जावरे को इस बिगड़े मैनेजमेंट के कारण ही पुणे में आयोजित वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल की डायमंड जुबली कांफ्रेंस में उस समय काफी शर्मिंदगी उठानी पड़ी जब कांफ्रेंस का उद्घाटन करते हुए रीजनल काउंसिल के चेयरपरसन ने उनकी तरफ इशारा करते हुए पुणे के अत्यंत सक्रिय चार्टर्ड एकाउंटेंट अरूण आनंदगिरी के साथ की गई बदतमीजी के लिए सार्वजनिक रूप से भर्त्सना की । शिवाजी जावरे पर आरोप रहा कि उन्होंने अरूण आनंदगिरी को शारीरिक चोट पहुंचवाने का प्रयास किया । अरूण आनंदगिरी ने इस आशय का एक शिकायत पत्र इंस्टीट्यूट को भेजा और शिवाजी जावरे के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की । शिवाजी जावरे की तरफ से अरूण आनंदगिरी पर उक्त शिकायत पत्र को वापस लेने के लिए तरह.तरह से दबाव डाला जा रहा था । शिवाजी जावरे की उपस्थिति में अरूण आनंदगिरी पर हुए हमले को इसी दबाव के तहत देखा/पहचाना जा रहा था । शिवाजी जावरे ने इस संबंध में पूछे जाने पर पत्रकारों के बीच यह तो स्वीकार किया कि उनके खिलाफ की गई शिकायत को लेकर उनके कुछेक समर्थकों ने नाराजगी व्यक्त की थी; लेकिन उन्होंने कहा कि उनकी नाराजगी का निशाना अरूण आनंदगिरी नहीं थे । रीजनल काउंसिल के चेयरपरसन ने अरूण आनंदगिरी पर हुए हमले की भर्त्सना करते हुए पत्रकारों को बताया था कि अरूण आनंदगिरी की शिकायत को लेकर उन्होंने इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष से बात की है और अध्यक्ष ने उन्हें आश्वस्त किया है कि वह तथ्यों को देखेंगे और जल्दी ही उचित कार्रवाई करेंगे । कार्रवाई क्या होनी थी - यह तो सभी को पता था । शिवाजी जावरे इस बात पर तो राहत महसूस कर सकते हैं कि अरूण आनंदगिरी की शिकायत पर इंस्टीट्यूट में उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन अरूण आनंदगिरी ने जो कुछ किया - उसके चलते शिवाजी जावरे की फजीहत बहुत हुई । फजीहत का कारण यह रहा कि तकनीकी आधार पर तो शिवाजी जावरे के खिलाफ मामला नहीं बना; लेकिन शिवाजी जावरे के खिलाफ जो आरोप रहा उसका एक नैतिक पक्ष है, जहां शिवाजी जावरे फँसे दिखते हैं ।
अरूण आनंदगिरी का आरोप था कि सेंट्रल काउंसिल सदस्य होने के कारण शिवाजी जावरे की कोचिंग संस्था जावरे’ज प्रोफेशनल एकेडमी प्राइवेट लिमिटेड को इंस्टीट्यूट की पुणे ब्रांच से ट्रेनिंग कांट्रेक्ट नहीं मिलना चाहिए था । यह नैतिक आदर्शों के खिलाफ था और यह दर्शाता है कि सेंट्रल काउंसिल सदस्य के रूप में शिवाजी जावरे अपने पद का दुरूपयोग कर रहे हैं । शिवाजी जावरे का लेकिन कहना रहा कि उक्त कांट्रेक्ट उन्हें जब मिला था, तब वह इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य नहीं थे । शिवाजी जावरे का कहना बिल्कुल सही है - लेकिन पेंच यह है कि शिवाजी जावरे जब सेंट्रल काउंसिल के सदस्य बन गये, तब उन्होंने उक्त कांट्रेक्ट को छोड़ा क्यों नहीं या पुणे ब्रांच ने उनका कांट्रेक्ट रद्द क्यों नहीं किया ? वह रद्द तब हुआ, जब अरूण आनंदगिरी ने इंस्टीट्यूट में इसकी शिकायत की । इंस्टीट्यूट ने अरूण आनंदगिरी की शिकायत मिलने पर शिवाजी जावरे का कांट्रेक्ट तो रद्द कर दिया, लेकिन शिवाजी जावरे के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की । इस संबंध में इंस्टीट्यूट ने बड़ा मजेदार जबाव दिया । इंस्टीट्यूट के सचिव ने बताया कि इस तरह के मामलों को लेकर चूंकि स्पष्ट नियम नहीं हैं, इसलिए इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती है । मजे की बात यही है कि इंस्टीट्यूट जब यह मान रहा है कि कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती है, तो फिर उसने उक्त कांट्रेक्ट रद्द क्यों कर दिया ? ‘कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती’ का तर्क देने वाले इंस्टीट्यूट ने लेकिन कार्रवाई तो की - आरोप यह है कि उसने अधूरी कार्रवाई की । जाहिर तौर पर इंस्टीट्यूट ने यह तो माना कि ‘अपराध’ हुआ है, लेकिन उसने इस सवाल पर धूल डाल दी कि अपराध किया किसने है ? इंस्टीट्यूट ने शिवाजी जावरे का कांट्रेक्ट रद्द करके यह तो मान ही लिया कि शिवाजी जावरे के पास उक्त कांट्रेक्ट का होना गलत था - लेकिन वह इस गलती के लिए जिम्मेदारी तय नहीं करना चाहता । अरूण आनंदगिरी का कहना यही था कि इंस्टीट्यूट को अधूरा फैसला नहीं करना चाहिए; उसने जब मान लिया है कि शिवाजी जावरे के पास जो कांट्रेक्ट था, वह नहीं होना चाहिए था - इसीलिए उसने शिवाजी जावरे को मिले कांट्रेक्ट को रद्द किया/करवाया; तो फिर इस गलती के लिए वह जिम्मेदारी तय करने से बचने की कोशिश क्यों कर रहा है ? अरूण आनंदगिरी के इस सवाल ने शिवाजी जावरे को इंस्टीट्यूट से क्लीन चिट मिलने के बावजूद आरोपों के घेरे में चूंकि फंसाये रखा, इसलिए शिवाजी जावरे का परेशान होना और भड़कना स्वाभाविक ही था ।
अरूण आनंदगिरी को चुप कराने के लिए शिवाजी जावरे को तब गुंडागर्दी का सहारा लेने का उपाये ही सूझा । उनकी मौजूदगी में कुछेक लोगों ने अरूण आनंदगिरी को धमकाने और शिवाजी जावरे के खिलाफ की गई शिकायत को वापस लेने के लिए दबाव बनाने का काम किया और अरूण आनंदगिरी को शारीरिक चोट पहुंचाने की कोशिश की । इस घटना से शिवाजी जावरे के लिए बात और बिगड़ गई । इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के उनके जैसे सदस्य के लिए यह वास्तव में शर्मिंदगी की बात रही कि उनके अपने शहर पुणे में आयोजित हो रही वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल की डायमंड जुबली कांफ्रेंस का उद्घाटन करते हुए रीजनल काउंसिल के चेयरपरसन ने उनकी तरफ इशारा करते हुए अरूण आनंदगिरी के साथ की गई बदतमीजी के लिए सार्वजनिक रूप से भर्त्सना की । इस प्रसंग से जो एक बात साबित हुई वह यह कि शिवाजी जावरे को प्रतिकूल स्थितियों से निपटना नहीं आता है, और प्रतिकूल स्थितियों से निपटने की कोशिश में वह अपनी फजीहत और करा लेते हैं । यहाँ यह रेखांकित करना प्रासंगिक होगा कि पिछले चुनाव में अरूण आनंदगिरी ने भी सेंट्रल काउंसिल के लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की थी, लेकिन चुनावी जीत उनके मुकाबले शिवाजी जावरे को मिली । शिवाजी जावरे लेकिन अपनी जीत का बड़प्पन नहीं बनाये रख सके । इसी का नतीजा यह हुआ है कि अरूण आनंदगिरी से चुनावी मुकाबला जीत जाने वाले शिवाजी जावरे उन्हीं अरूण आनंदगिरी से सामाजिक पहचान और छवि की लड़ाई में ‘पिट’ गये । अरूण आनंदगिरी ने उन्हें पुणे से लेकर दिल्ली तक ऐसा घेरा कि वह उस घेरे से निकलने की कोशिश में - अपने ऐटीट्यूड के चलते - बल्कि फँसते और चले गये । शिवाजी जावरे ने अपने इसी ऐटीट्यूट के कारण अपने कई साथियों को अपने खिलाफ कर लिया है ।
शिवाजी जावरे के लिए समस्या की बात यह हुई है कि उनके खिलाफ हुए उनके साथी सुधीर पंडित के साथ खड़े नजर आ रहे हैं । अरूण आनंदगिरी के कारण शिवाजी जावरे को जो फजीहत झेलनी पड़ी है, उसका फायदा तो सुधीर पंडित को मिलने की उम्मीद बनी ही है; शिवाजी जावरे ने अपने ऐटीट्यूड के कारण अपने जो नये दुश्मन बना लिए हैं उनके सुधीर पंडित के साथ जा खड़े होने के कारण शिवाजी जावरे की मुश्किलें और बढ़ गई हैं । को-ऑपरेटिव क्षेत्र में अपनी संलग्नता के चलते सुधीर पंडित की पुणे में और आसपास के शहरों में काफी सक्रियता रही है । इस क्षेत्र में अग्रणी जनता सहकारी बैंक के डायरेक्टर के रूप में सुधीर पंडित की भूमिका की इस नाते काफी प्रशंसा रही है कि कभी संकट से जूझ रहे इस बैंक को न सिर्फ संकट से उबारने में बल्कि उसे इस क्षेत्र के प्रमुख सहकारी बैंक के रूप में स्थापित करने में उन्होंने न सिर्फ महत्वपूर्ण बल्कि निर्णायक भूमिका निभाई है । जनता सहकारी बैंक के संदर्भ में इस भूमिका के कारण सुधीर पंडित की लोगों के बीच खासी साख है, जो अब इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के चुनाव में उनके काम आ रही है । सेंट्रल काउंसिल के उम्मीदवार के रूप में सुधीर पंडित को अपनी साख का फायदा तो मिलता दिख ही रहा है, साथ ही शिवाजी जावरे के प्रति लोगों के बीच बढ़ी नाराजगी व निराशा के कारण भी उन्हें लोगों के बीच समर्थन मिलता नजर आ रहा है । सुधीर पंडित के लिए चुनौती बस सिर्फ यही है कि वह इस समर्थन को वोट में कैसे बदलें ?

Thursday, November 22, 2012

निहार जम्बूसारिया को रिलायंस कनेक्शन के जाल में घेरने और फँसाने की तरूण घिया की रणनीति ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया है

मुंबई। तरूण घिया ने चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत अपनी उम्मीदवारी को जीत में बदलने के लिए कंपनी प्रतिनिधियों के खिलाफ जो अभियान छेड़ा/छिड़वाया हुआ है, उसने निहार जम्बुसारिया की उम्मीदवारी के लिए गंभीर चुनौती पैदा कर दी है। उल्लेखनीय है कि तरूण घिया और उनके समर्थक अलग.अलग तरीकों से लोगों को आगाह कर रहे हैं कि सेंट्रल काउंसिल में उन्हें ऐसे उम्मीदवारों का समर्थन नहीं करना चाहिए जो किन्हीं कंपनियों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनका तर्क है कि कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाले उम्मीदवार सेंट्रल काउंसिल में पहुंच जाते हैं तो वहाँ वह इंस्टीट्यूट के और या प्रोफेशन के हितों का ध्यान नहीं रखते हैं, बल्कि अपनी कंपनी के हितों के अनुसार काम करते हैं। तरूण घिया के इस अभियान के निशाने पर निहार जम्बुसारिया को देखा/पहचाना जा रहा है। तरूण घिया और निहार जम्बुसारिया के बीच कुछ पुरानी खुन्नस की लोगों के बीच पहले से भी चर्चा है। रीजनल काउंसिल में निहार जम्बुसारिया तो चेयरपरसन बनने में कामयाब हो गये थे, लेकिन अपनी तमाम कोशिशों के बावजूद तरूण घिया वहां चेयरपरसन नहीं बन सके - इस तथ्य ने इन दोनों के बीच की कड़बाहटभरी दूरी को और बढ़ाने का ही काम किया। यह तथ्य दोनों के बीच कड़बाहट का कारण इसलिए बना क्योंकि दोनों का समर्थन आधार एक ही है। सेंट्रल काउंसिल के पिछले चुनाव में बहुत ही मामूली अंतर से आगे पीछे रहते हुए दोनों ही चुने जाने से रह गये थे; और अपनी अपनी हार के लिए दोनों ने एक दूसरे को ही जिम्मेदार ठहराया था। इस बार भी, दोनों के ही सिर पर यह डर सवार है कि दूसरा उसके समर्थक तो नहीं तोड़ रहा है क्या ?
पिछले चुनाव के बाद, निहार जम्बुसारिया ने रिलायंस समूह ज्वाइन किया है - जिसके चलते इस बार उनकी उम्मीदवारी को पिछली बार की तुलना में ज्यादा मजबूत माना/समझा जा रहा है। ऐसे में, तरूण घिया के लिए डर यह पैदा हुआ है कि रिलायंस समूह के वोटों के कारण निहार जम्बुसारिया को जो फायदा होगा, उसके मनोवैज्ञानिक असर के चलते तरूण घिया के वोट भी निहार जम्बुसारिया की तरफ आकर्षित होंगे और तब तरूण घिया के सामने अपने वोटों को अपने साथ बनाये रखना भी मुश्किल होगा। समर्थन आधार एक होने के कारण तरूण घिया को यह डर सता रहा है कि रीजनल काउंसिल में उन्हें जिस तरह निहार जम्बुसारिया से पिछड़ना पड़ा - उसी तरह कहीं उन्हें सेंट्रल काउंसिल के चुनाव में भी निहार जम्बुसारिया से मात न खानी पड़े। तरूण घिया पिछले चुनाव में जीत नहीं पाये थे, लेकिन उन्हें इस बात का  संतोष रहा कि उन्हें निहार जम्बुसारिया से ज्यादा वोट मिले - भले ही यह ज्यादा कोई ‘बहुत ज्यादा’ नहीं थे। पिछली बार का यह ‘संतोष’ कहीं इस बार उनसे न छिन जाये - इसलिए तरूण घिया ने कंपनी का प्रतिनिधित्व करने वाले उम्मीदवार की आड़ में निहार जम्बुसारिया के खिलाफ खुला अभियान छेड़ दिया है। निहार जम्बुसारिया इस अभियान के चलते भारी दबाव में हैं। रिलायंस कनेक्शन के भरोसे उन्हें अपनी जो लड़ाई आसान दिख रही थी, तरूण घिया के अभियान के चलते वह मुश्किल में फंस गई दिख रही है। रिलायंस कनेक्शन के कारण निहार जम्बुसारिया को फायदा होने के दावे को लेकर कई लोगों को हालांकि शक भी था। ऐसे लोगों का कहना रहा है कि जिस रिलायंस कनेक्शन के कारण भावना दोषी को इंस्टीट्यूट के चुनाव से बाहर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा है, वही रिलायंस कनेक्शन निहार जम्बुसारिया के लिए फायदेमंद कैसे हो सकता है ?
उल्लेखनीय है कि भावना दोषी को अपने पति गौतम दोषी के रिलायंस की ‘सेवा’ करने के चक्कर में जेल जाने के कारण मिली बदनामी के चलते ही सेंट्रल काउंसिल की चुनावी राजनीति से बाहर होने के लिए मजबूर होना पड़ा है। यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि गौतम दोषी खुद भी सेंट्रल काउंसिल में दो टर्म सदस्य रह चुके हैं। इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में भावना दोषी ने सफलता की जो सीढि़यां तेजी से चढ़ीं हैं, वह हालांकि उनके व्यक्तित्व की अपनी काबिलियत और उनकी अपनी क्षमताओं भरी सक्रियता का ही नतीजा है, लेकिन गौतम दोषी की पहले से ही बनी प्रतिष्ठापूर्ण पहचान तथा उनके ऑरा का भी फायदा भावना दोषी को मिला ही है। भावना दोषी को गौतम दोषी की प्रतिष्ठापूर्ण पहचान तथा उनके ऑरा का यदि फायदा मिला, तो गौतम दोषी के जेल जाने से मिली बदनामी का नुकसान भी उठाना पड़ा। भावना दोषी के साथ जो हुआ, वह तो गौतम दोषी की कारस्तानी के चलते हुआ; लेकिन गौतम दोषी के साथ जो हुआ, वह इस बात का सुबूत है कि ‘व्यवस्था’ कैसे किसी अच्छे भले व्यक्ति को इस्तेमाल करती है। गौतम दोषी एक निहायत भले और सरल व्यक्ति के रूप में लोगों के बीच पहचाने जाते थे। गौतम दोषी से एक बार मिल लेने वाला व्यक्ति भी उनकी सरलता और सज्जनता का कायल हो जाता था; उनकी विद्धता से तो वह लोग भी परिचित हैं जो उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते हैं। चार्टर्ड एकाउंटेंट प्रोफेशन से संबद्ध शायद ही कोई ऐसा विषय हो, जिस पर गौतम दोषी की एक्सपर्टीज न हो। कंपनियों के विलय और अधिग्रहण जैसे मामलों में तो गौतम दोषी की जो एक्सपर्टीज रही है, उसके चलते वह देश के नामी चार्टर्ड एकाउंटेंट्स में गिने और पहचाने जाने लगे थे। गौतम दोषी को जानने वाले लोग जानते हैं कि गौतम दोषी ने अपनी काबिलियत से नाम और दाम दोनों कमाये हैं, और इतने कमाये हैं कि उसके बाद उनके मन में कोई लालच या कोई स्वार्थ बचा नहीं हो सकता। प्रोफेशन में गौतम दोषी की जो धाक और पहचान थी, उनकी जो संलग्नता थी, प्रोफेशन के प्रति उनका जो कमिटमेंट ‘दिखता’ था, उसे जानने/पहचानने वाले लोगों को हैरानी थी कि रिलायंस से उन्हें आखिर ऐसा क्या मिला कि वह प्रोफेशन से ही ‘किनारा’ कर बैठे।
उस समय तो किसी को भी यह पहेली समझ नहीं आई थी - जिन्होंने समझने का दावा भी किया था, उनका भी सिर्फ यही कहना था कि गौतम दोषी पैसा और पोजीशन के चक्कर में ही अनिल अंबानी ग्रुप में गये थे; लेकिन जो लोग उन्हें जानते थे, वह इस बात पर इसलिए विश्वास नहीं करते थे क्योंकि उन्हें पता था कि पैसा और पोजीशन का संकट तो गौतम दोषी के साथ था ही नहीं - संकट इसलिए भी नहीं था क्योंकि गौतम दोषी असंतोषी, लालची और स्वार्थी किस्म के व्यक्ति के रूप में ‘दिखते’ ही नहीं थे। जो व्यक्ति असंतोषी नहीं हैं, लालची नहीं है, स्वार्थी नहीं है, अपने प्रोफेशन के प्रति पूरी तरह समर्पित है, प्रोफेशन को दशा और दिशा देने वाली संस्था (इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स) और संस्था की कार्यप्रणाली को सुनिश्चित करने वाली टीम (सेंट्रल काउंसिल) के साथ गहरे से जुड़ा है - वह एक दिन अचानक प्रोफेशन को छोड़ कर एक ऐसे कार्पोरेट समूह का हिस्सा बन जाता है जिसकी छवि बहुत पाक.साफ नहीं है: अनिल अंबानी ग्रुप को ज्वाइन करने के गौतम दोषी के फैसले पर - उन्हें जानने वालों के लिए हैरान होने के पूरे कारण मौजूद थे। हैरान होने का कारण यह भी था कि अनिल अंबानी ग्रुप ने गौतम दोषी को आखिर क्या ‘देख’ कर अपने यहां एक बड़ा ओहदा दिया। गौतम दोषी को जानने वाले लोगों को यही लगता था कि अनिल अंबानी ग्रुप में ओहदे पर बैठे लोगों से जिस तरह की ‘सेवाओं’ की उम्मीद की जायेगी, उस तरह की ‘सेवा’ तो गौतम दोषी नहीं दे पायेंगे। उन्हीं जानने वाले लोगों में से बहुतों को अब यह लग रहा है कि वह गौतम दोषी को वास्तव में कितना कम जानते थे, और अनिल अंबानी ने गौतम दोषी को कितना सही पहचाना था।
अनिल अंबानी ग्रुप में गौतम दोषी ‘जो’ करने के लिए गए, ‘जो’ करने के लिए अनिल अंबानी ने उन्हें चुना - और ‘जिसे’ करने के चक्कर में वह जेल के सींखचों के पीछे जा पहुंचे - उसने उनकी साख व प्रतिष्ठा को तो धूल में मिला ही दिया; उनकी पत्नी भावना दोषी की सेंट्रल काउंसिल की राजनीति को भी ग्रहण लगा दिया। भावना दोषी इंस्टीट्यूट की अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदार के रूप में देखी जाने लगीं थीं और अगले टर्म में उनके अध्यक्ष चुने जाने की उम्मीदें की जा रही थीं। रिलायंस कनेक्शन ने लेकिन सब चैपट कर दिया। इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति का यह एक ट्रेजिडीभरा पक्ष ही कहा जायेगा कि जिस रिलायंस कनेक्शन ने भावना दोषी की चुनावी राजनीति का बेड़ा गर्क किया, उसी रिलायंस कनेक्शन के भरोसे निहार जम्बुसारिया ने सेंट्रल काउंसिल में अपने प्रवेश करने की उम्मीद पैदा की। निहार जम्बुसारिया जिस रिलायंस कनेक्शन के भरोसे सेंट्रल काउंसिल में प्रवेश पा लेने की उम्मीद लगाये हुए हैं, उसी रिलायंस कनेक्शन को तरूण घिया ने निहार जम्बुसारिया के खिलाफ अपना हथियार बना लिया है। गौतम दोषी और भावना दोषी के साथ जो हुआ, उसने तरूण घिया के हथियार को धारदार बना दिया है। रिलायंस कनेक्शन के जाल में निहार जम्बूसारिया को घेरने और फँसाने की तरूण घिया ने जो रणनीति बनाई है, उसने वेस्टर्न रीजन में सेंट्रल काउंसिल की चुनावी लड़ाई को खासा दिलचस्प बना दिया है ।

Wednesday, August 15, 2012

भावना दोषी की हमेशा ही खिलाफत करते रहना पंकज जैन के लिए मुसीबत बना, और प्रफुल्ल छाजेड़ के लिए वरदान

मुंबई | भावना दोषी के चुनावी मैदान छोड़ने से पंकज जैन को जो फायदा होने की उम्मीद बनी थी, वह ललित गांधी की उम्मीदवारी की प्रस्तुति से मुसीबत में पड़ गई है - जिसका फायदा प्रफुल्ल छाजेड़ को मिलने का कयास लगाया जा रहा है | उल्लेखनीय है कि गौतम दोषी के टूजी स्पेक्ट्रम घोटाले में जेल जाने के बाद जब भावना दोषी के इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की सेंट्रल काउंसिल के चुनाव से बाहर होने के संकेत मिलने लगे थे तब पंकज जैन के मन में लड्डू फूट रहे थे | इसका कारण यह था कि सेंट्रल काउंसिल के लिए होने वाली चुनावी दौड़ से भावना दोषी के बाहर होने में पंकज जैन अपना सीधा फायदा देख रहे थे | भावना दोषी और पंकज जैन चूँकि बंसीधर मेहता की फर्म में रहे हैं, इसलिए पंकज जैन को उम्मीद रही कि भावना दोषी के उम्मीदवार न होने से बंसीधर मेहता की फर्म के भावना दोषी समर्थक वोट अब उन्हें मिल सकेंगे | भावना दोषी के समर्थकों के वोटों के भरोसे अपनी चुनावी स्थिति में सुधार की उम्मीद कर रहे पंकज जैन को लेकिन उस समय तगड़ा झटका लगा, जब उन्हें पता चला कि ललित गांधी इस बार सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवार बनने की तैयारी कर रहे हैं | ललित गांधी कई वर्ष पहले वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में रह चुके हैं | ललित गांधी की उम्मीदवारी के कारण पंकज जैन के सामने अपने जैन वोटों के कटने/बिदकने का खतरा पैदा हुआ | पंकज जैन ने हालाँकि ललित गांधी की स्थिति को कमजोर बताने/दिखाने के जरिये यह स्थापित करने की कोशिश की कि ललित गांधी के लिए सेंट्रल काउंसिल का चुनाव जीतना आसान नहीं होगा - लेकिन वह खुद को आश्वस्त नहीं कर सके कि ललित गांधी की उम्मीदवारी उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुँचायेगी | सेंट्रल काउंसिल की चुनावी राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले कई लोगों का मानना और कहना है कि ललित गांधी का क्या होगा, उन्हें चुनाव में सफलता मिलेगी या नहीं मिलेगी - यह तो समय बताएगा, लेकिन जो एक बात अभी से बताई जा सकती है वह यह कि ललित गांधी की उम्मीदवारी से पंकज जैन को जैन वोटों का काफी नुकसान होगा |
पंकज जैन अभी यह समझने की कोशिश कर ही रहे थे कि भावना दोषी के उम्मीदवार न बनने से उन्हें बंसीधर मेहता की फर्म के भावना दोषी समर्थकों के कितने क्या वोट मिलेंगे और उन मिल सकने वाले वोटों से ललित गांधी की उम्मीदवारी के कारण होने वाले नुकसान की भरपाई हो सकेगी या नहीं - कि उन्होंने पाया कि बंसीधर मेहता की फर्म के जिन वोटों पर वह निगाह लगाये हुए हैं, उनका झुकाव तो प्रफुल्ल छाजेड़ की तरफ है | दरअसल प्रफुल्ल छाजेड़ भी बंसीधर मेहता की फर्म में रहे हैं और उनका भी प्रशिक्षण भावना दोषी व पंकज जैन की तरह बंसीधर मेहता की फर्म में ही हुआ है | बंसीधर मेहता की फर्म के और उनसे जुड़े वोटों पर भावना दोषी का अच्छा कब्ज़ा रहा है | पंकज जैन ने पिछले चुनावों में इन वोटों में सेंध लगाने की हालाँकि काफी कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई खास सफलता नहीं मिली | भावना दोषी के उम्मीदवार न होने की स्थिति में पंकज जैन को उक्त वोट मिलने की पूरी-पूरी उम्मीद थी, लेकिन उनकी वह उम्मीद भी पूरी होती हुई नहीं दिख रही है | बंसीधर मेहता की फर्म के और उनसे जुड़े लोगों की पंकज जैन से इस बात को लेकर खासी नाराजगी है कि पंकज जैन ने हमेशा ही भावना दोषी के वाइस प्रेसीडेंट बनने के प्रयासों में रोड़ा अटकाने का काम किया है | भावना दोषी के समर्थक व शुभचिंतक भावना दोषी के प्रेसीडेंट न बनने के लिए काफी हद तक पंकज जैन को भी जिम्मेदार मानते/ठहराते हैं | इसीलिए वह अब - भावना दोषी की उम्मीदवारी की अनुपस्थिति में पंकज जैन को ओबलाइज़ करने के लिए, उन्हें वोट देने के लिए बिलकुल भी तैयार नहीं नज़र आ रहे हैं |
प्रफुल्ल छाजेड़ को इसका फायदा मिलता हुआ दिख रहा है | बंसीधर मेहता की फर्म के और उनसे जुड़े लोग दरअसल 'घर' के व्यक्ति के साथ ही रहना चाहते हैं और प्रफुल्ल छाजेड़ भी चूँकि उनके साथ लगातार संपर्क बनाये रहे हैं इसलिए भावना दोषी की उम्मीदवारी की अनुपस्थिति में उनके प्रफुल्ल छाजेड़ के साथ जुड़ने की संभावना देखी जा रही है | बंसीधर मेहता की फर्म के और उनसे जुड़े लोगों के बीच पंकज जैन की तुलना में प्रफुल्ल छाजेड़ का पलड़ा लोगों को यदि भारी नज़र आ रहा है, तो इसका प्रमुख कारण यह है कि प्रफुल्ल छाजेड़ हमेशा ही भावना दोषी के साथ खड़े दिखे हैं | इंडियन मर्चेंट्स चैम्बर में पिछले वर्ष जब भावना दोषी अध्यक्ष थीं, तब भी प्रफुल्ल छाजेड़ ने को-ऑपटेड चेयरमैन के रूप में उनके साथ मिलकर काम किया था | प्रफुल्ल छाजेड़ ने अपने व्यवहार और अपनी सक्रियता के भरोसे अपनी पहचान और अपने संबंध तो बनाये ही, भावना दोषी के प्रति सहयोग और सम्मान का उनका जो रवैया रहा - उसके चलते भी भावना दोषी के समर्थकों व शुभचिंतकों के बीच उनकी पैठ बनी है | बंसीधर मेहता की फर्म के तथा उनसे जुड़े भावना दोषी समर्थकों के बीच पंकज जैन की तुलना में प्रफुल्ल छाजेड़ का पलड़ा यदि भारी दिख रहा है तो इसका कारण यही है कि पंकज जैन ने हमेशा ही भावना दोषी की खिलाफत की और उनसे आगे निकलने/दिखने की कोशिश की | भावना दोषी समर्थकों ने इसे पसंद नहीं किया है और इसीलिए वह पंकज जैन से दूरी बनाये रखना चाहते हैं | उनकी यह चाहत ही प्रफुल्ल छाजेड़ के लिए वरदान बनी है | कई लोगों का लेकिन मानना/कहना है कि इस 'वरदान' को बनाये रखने तथा हासिल करने के लिए प्रफुल्ल छाजेड़ को लगातार प्रयास भी करते रहने पड़ेंगे |