Showing posts with label Babu Abraham. Show all posts
Showing posts with label Babu Abraham. Show all posts

Monday, February 11, 2019

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के मौजूदा वाइस प्रेसीडेंट प्रफुल्ल छाजेड़ की पर्दे की आगे/पीछे के 'सक्रियता' को देखते हुए अतुल गुप्ता और केमिशा सोनी ने उनका और उनके नजदीकियों का समर्थन पाने के लिए दाँव तो अच्छा चला है, लेकिन देखने की बात यह होगी कि प्रफुल्ल छाजेड़ अगले वाइस प्रेसीडेंट पद के लिए इनमें से किसी एक पर भरोसा करते हैं या किसी और पर ?

नई दिल्ली । अतुल गुप्ता ने वाइस प्रेसीडेंट पद के लिए फील्डिंग तो अच्छी सजाई है, लेकिन दूसरे कुछेक लोगों को लगता है कि उनके व्यवहार/रवैये से नाराज रहने वाले सेंट्रल काउंसिल सदस्य उनकी बजाये केमिशा सोनी का खेल जमा सकते हैं । इन दोनों को पछाड़ कर आगे रहने के लिए अब्राहम बाबु की पूर्व प्रेसीडेंट उत्तम अग्रवाल के 'आदमी' होने की छवि से निकलने की जोरदार कोशिश ने लेकिन इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट पद के चुनाव को दिलचस्प बना दिया है । कंपनी सेक्रेटरीज इंस्टीट्यूट की तरह चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट में भी 'सरकारी' सदस्यों के वाइस प्रेसीडेंट पद के चुनाव में भाग लेने की आशंकाएँ और चर्चाएँ काफी हैं, लेकिन साथ-साथ दावा भी सुना/कहा जा रहा है कि मौजूदा वाइस प्रेसीडेंट प्रफुल्ल छाजेड़ ने 'सरकारी' सदस्यों की 'नस' दबा/दबवा कर वैसा कुछ न होने देने की व्यवस्था की हुई है । इस बारे में खास बात यह है कि इंस्टीट्यूट की अगली काउंसिल में चूँकि वही सरकारी सदस्य नोमीनेट हो गए हैं, जो मौजूदा काउंसिल में हैं - इसलिए वह प्रफुल्ल छाजेड़ को और प्रफुल्ल छाजेड़ उन्हें 'जानते' हैं; इसलिए विश्वास किया जा रहा है कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट में सरकारी सदस्य वैसी हरकत नहीं करेंगे, जैसी हरकत कंपनी सेक्रेटरीज इंस्टीट्यूट में सरकारी सदस्यों ने की है । प्रफुल्ल छाजेड़ की कुछ पर्दे के सामने की और कुछ पर्दे के पीछे की सक्रियता ने भी इस बार के वाइस प्रेसीडेंट के चुनाव को 'गंभीर' रूप दिया हुआ है ।   
सरकारी सदस्यों के समर्थन के बूते, दरअसल चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट में राजेश शर्मा, चरनजोत सिंह नंदा और अनुज गोयल ने वाइस प्रेसीडेंट चुने जाने के दावे किए हैं । इस दावे के जरिये वास्तव में इन्होंने सेंट्रल काउंसिल के चुने हुए सदस्यों पर दबाव बनाने और उनका समर्थन जुटाने का प्रयास किया । इन तीनों को उम्मीद रही कि सरकारी सदस्यों के समर्थन का दावा करेंगे, तो सेंट्रल काउंसिल के चुने हुए सदस्य इनकी उम्मीदवारी को गंभीरता से लेंगे और यह वाइस प्रेसीडेंट पद की चुनावी दौड़ में शामिल हो जायेंगे । लेकिन कोई इनके झाँसे में आता हुआ नजर तो नहीं आ रहा है । वाइस प्रेसीडेंट पद के लिए अब्राहम बाबु की उम्मीदवारी का ज्यादा शोर रहा है; हालाँकि इंस्टीट्यूट के पूर्व प्रेसीडेंट उत्तम अग्रवाल के उनके समर्थन होने की चर्चा ने उस शोर को जल्दी ही दबाव में ले लिया । अब्राहम बाबु और उनके समर्थकों ने भाँप लिया कि उत्तम अग्रवाल का समर्थन उन्हें फायदा पहुँचाने की बजाये नुकसान पहुँचाने का ही काम करेगा; और इसलिए पिछले कुछेक दिनों में उन्होंने उत्तम अग्रवाल की 'छाया' से बचने तथा दूर 'दिखने' का भरसक प्रयास किया है । दरअसल काउंसिल सदस्यों के बीच उत्तम अग्रवाल की जैसी बदनामी है, उसे देख/पहचान कर ही अब्राहम बाबु और उनके समर्थकों को इस बात की जरूरत महसूस हुई कि यदि उन्हें सचमुच वाइस प्रेसीडेंट बनना है - तो उन्हें उत्तम अग्रवाल का उम्मीदवार 'दिखने' से बचना होगा । अब्राहम बाबु की इस  कोशिश ने वाइस प्रेसीडेंट पद के चुनाव में अतुल गुप्ता और केमिशा सोनी के लिए मुकाबले को मुश्किल बना दिया है ।
चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट पद के चुनाव में अब्राहम बाबु के साथ-साथ अतुल गुप्ता और केमिशा सोनी की उम्मीदवारी को ही गंभीरता से लिया/देखा जा  रहा है - और इन दोनों ने ही उत्तम अग्रवाल के विरोधी काउंसिल सदस्यों का समर्थन जुटाने पर जोर दिया है । इस जोर के बहाने वास्तव में इन्होंने मौजूदा वाइस प्रेसीडेंट प्रफुल्ल छाजेड़ और उनके नजदीकियों व समर्थकों का समर्थन जुटाने का प्रयास किया है । अतुल गुप्ता के मुकाबले केमिशा सोनी का विवादों से चूँकि कम रिश्ता रहा है, इसलिए कुछेक लोगों को केमिशा सोनी का पलड़ा भारी दिखता है; लेकिन अतुल गुप्ता और उनके नजदीकियों को काउंसिल सदस्यों की पुरुषवादी सोच पर भरोसा है और उम्मीद है कि काउंसिल सदस्य एक महिला को (वाइस) प्रेसीडेंट चुनने के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं होंगे और यही बात केमिशा सोनी के मुकाबले उन्हें आगे रखेगी । इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति से परिचित लोगों को याद होगा भी कि भावना दोषी हर तरह से समर्थ होने के और अपना एक ऑरा रखने के बावजूद - सिर्फ महिला होने के कारण - (वाइस) प्रेसीडेंट नहीं बन सकीं । यह देखना सचमुच विडंबनापूर्ण होगा कि केमिशा सोनी के मामले में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट का चुनावी इतिहास क्या पहले जैसे फूहड़ तरीके से एक फिर अपने को दोहरायेगा ? इस बार के वाइस प्रेसीडेंट पद के चुनाव को लेकर होने वाली उठापटक से परिचित लोगों का हालाँकि यह भी कहना है कि कम उम्मीदवार होने के कारण हो सकता है कि चुनावी नतीजा सभी को चौंका ही दे - और फिलहाल चुनावी दौड़ में आगे 'दिखने' वाले अब्राहम बाबु, अतुल गुप्ता और केमिशा सोनी ताकते ही रह जाएँ ! 

Monday, February 12, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के वाइस प्रेसीडेंट पद पर प्रफुल्ल छाजेड़ की जीत ने इंस्टीट्यूट का प्रेसीडेंट बनने की नवीन गुप्ता की खुशी को फीका किया

नई दिल्ली । चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट पद पर प्रफुल्ल छाजेड़ की जीत ने प्रेसीडेंट बने नवीन गुप्ता की खुशियों पर जैसे मट्ठा डाल दिया है । नवीन गुप्ता यूँ तो चुनावी समीकरणों को बनाने/बिगाड़ने के खेल में ज्यादा दिलचस्पी नहीं लेते हैं - वैसे भी वह किसी काम में दिलचस्पी लेते नहीं देखे गए हैं - लेकिन प्रफुल्ल छाजेड़ की उम्मीदवारी के खिलाफ उनमें गजब का जोश था । नवीन गुप्ता को यद्यपि प्रफुल्ल छाजेड़ से कोई शिकायत नहीं थी; वह तो प्रफुल्ल छाजेड़ की उम्मीदवारी के खिलाफ सिर्फ इसलिए थे, क्योंकि प्रफुल्ल छाजेड़ को नीलेश विकमसे के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा था । प्रेसीडेंट के रूप में नीलेश विकमसे ने वाइस प्रेसीडेंट होने के बावजूद नवीन गुप्ता की जो गत बना कर रखी हुई थी, उसके कारण नवीन गुप्ता को नीलेश विकमसे से भारी नाराजगी थी - और उनकी इस नाराजगी का शिकार बन रही थी प्रफुल्ल छाजेड़ की उम्मीदवारी । प्रफुल्ल छाजेड़ को नीलेश विकमसे के उम्मीदवार के रूप में 'दिखाने' और प्रचारित करने का काम वाइस प्रेसीडेंट के चुनाव में हमेशा ही अपनी टाँग फँसाए रखने वाले पूर्व प्रेसीडेंट उत्तम अग्रवाल ने किया । यह उत्तम अग्रवाल की चाल थी । दरअसल वाइस प्रेसीडेंट के इस वर्ष के चुनाव में प्रफुल्ल छाजेड़ के साथ अब्राहम बाबु और निहार जम्बूसारिया को ही मजबूत उम्मीदवारों के रूप में देखा/पहचाना जा रहा था - और इनमें भी प्रफुल्ल छाजेड़ की स्थिति को अपेक्षाकृत बेहतर माना जा रहा था । 'रचनात्मक संकल्प' ने 6 जनवरी की अपनी रिपोर्ट में इस बात का विस्तृत विवरण दिया था और बताया था कि इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट पद के चुनाव में प्रफुल्ल छाजेड़ को जीतने से 'रोकने' के लिए उत्तम अग्रवाल क्या क्या चालें चल रहे हैं ।
उत्तम अग्रवाल की चाल वास्तव में यही थी कि प्रफुल्ल छाजेड़ को वह नीलेश विकमसे के उम्मीदवार के रूप में 'दिखायेंगे' और प्रचारित करेंगे, तो नीलेश विकमसे के साथ अलग अलग कारणों से विरोध के चलते कई सेंट्रल काउंसिल सदस्य खुद-ब-खुद प्रफुल्ल छाजेड़ की उम्मीदवारी के खिलाफ हो जायेंगे । नवीन गुप्ता वास्तव में उत्तम अग्रवाल की इसी चाल का शिकार हो गए; और इंस्टीट्यूट की राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले लोगों ने इंस्टीट्यूट की राजनीति में एनडी गुप्ता के हमेशा विरोधी रहे उत्तम अग्रवाल को एनडी गुप्ता के बेटे नवीन गुप्ता का समर्थन मिलने का दिलचस्प नजारा देखा । इस तरह नवीन गुप्ता ने अपने पिता की राजनीतिक दुश्मनी के बोझ से अपने आप को मुक्त किया । इस मुक्ति के बावजूद लेकिन वह अपना ध्येय पाने में विफल रहे । नवीन गुप्ता और उत्तम अग्रवाल मिलकर भी प्रफुल्ल छाजेड़ को वाइस प्रेसीडेंट बनने से नहीं रोक सके । 6 जनवरी की 'रचनात्मक संकल्प' की रिपोर्ट में एक मजेदार तथ्य यह बताया गया था कि वेस्टर्न रीजन में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में उत्तम अग्रवाल का विकमसे भाइयों के साथ पुराना बैर है, और जब जब भी उनके बीच सीधी चुनावी टक्कर हुई है - उत्तम अग्रवाल को हमेशा ही विकमसे भाइयों से हारना ही पड़ा है । इसी बात का बदला लेने की खुन्नस में उत्तम अग्रवाल ने इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट पद के लिए प्रफुल्ल छाजेड़ की उम्मीदवारी के सामने तरह तरह से मुसीबतें खड़ी करने के प्रयास किए ।
प्रफुल्ल छाजेड़ ने लेकिन होशियारी से अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने का अपना अभियान चलाया । सबसे ज्यादा होशियारी उन्होंने इस बात में दिखाई कि अपनी उम्मीदवारी के अभियान को उन्होंने बहुत ही लो-प्रोफाइल रखा । प्रफुल्ल छाजेड़ ने शुरू से ही इस बात का ध्यान रखा कि अपनी उम्मीदवारी को लेकर जो उम्मीदवार ज्यादा 'उड़ता' है, लोग उसे गिराने में लग जाते हैं - इसलिए अपनी उम्मीदवारी को लेकर वह 'उड़ने' से बचे रहे, और लो-प्रोफाइल में रहे । इससे उन्हें नीलेश विकमसे के उम्मीदवार के 'टैग' से छुटकारा पाने में भी मदद मिली । प्रफुल्ल छाजेड़ ने नीलेश विकमसे से मिल सकने वाले फायदे को तो 'लिया', लेकिन साथ ही नीलेश विकमसे के कारण हो सकने वाले नुकसान से अपने आप को बचाया भी । उत्तम अग्रवाल की अति सक्रियता भी प्रफुल्ल छाजेड़ के लिए फायदे का सौदा रही । उत्तम अग्रवाल की बेमतलबभरी दखलंदाजी से लोग वास्तव में अब चिढ़ने लगे हैं; उत्तम अग्रवाल के पास राजनीति करने के लिए कुछ होता भी नहीं है - वह तो बस कहीं से ईंट और कहीं से रोड़ा लेकर अपनी राजनीति का कुनबा जोड़ने का प्रयास करते हैं, और जो जीतता हुआ दिखता है उसे अपना बताने लगते हैं । इस वर्ष उत्तम अग्रवाल ने पहले तो धीरज खंडेलवाल की उम्मीदवारी का झंडा पकड़ा, लेकिन जल्दी ही उन्हें समझ में आ गया कि धीरज खंडेलवाल का कहीं कोई काम नहीं बन सकेगा तो फिर वह अब्राहम बाबु और निहार जम्बूसारिया की स्थिति को 'तोलने' लगे । उत्तम अग्रवाल को शुरू से यह तो पता था कि उन्हें किसी भी तरह से प्रफुल्ल छाजेड़ को 'रोकना' है, लेकिन वह यह अंत तक तय नहीं कर सके कि 'लाना' किसे हैं । प्रफुल्ल छाजेड़ के विरोध में उन्हें नवीन गुप्ता का भी समर्थन मिल गया, लेकिन प्रफुल्ल छाजेड़ की राजनीतिक होशियारी के सामने उन्हें अंततः मुहँकी ही खानी पड़ी । वाइस प्रेसीडेंट पद पर प्रफुल्ल छाजेड़ की जीत ने प्रेसीडेंट बनने की नवीन गुप्ता की खुशी को फीका कर दिया है ।

Friday, February 2, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के वाइस प्रेसीडेंट पद के लिए धीरज खंडेलवाल की उम्मीदवारी से खफा हुए विजय गुप्ता के तेवरों ने उत्तम अग्रवाल के भरोसे वाइस प्रेसीडेंट बनने की उम्मीद लगाए उम्मीदवारों को मुसीबत में डाला

नई दिल्ली । विजय गुप्ता की नाराजगी के चलते इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट पद के लिए उत्तम अग्रवाल खेमे के उम्मीदवारों के लिए मुसीबत और गंभीर चुनौती खड़ी हो गयी है । उल्लेखनीय है कि इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट के चुनाव में प्रत्येक वर्ष टाँग अड़ाने वाले पूर्व प्रेसीडेंट उत्तम अग्रवाल पहले तो धीरज खंडेलवाल की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने में लगे थे, लेकिन उनकी स्थिति को कमजोर देख कर उत्तम अग्रवाल ने अब निहार जम्बूसारिया व अब्राहम बाबु की उम्मीदवारी का झंडा भी उठा लिया है । अब्राहम बाबु को हालाँकि पिछले वर्ष प्रेसीडेंट रहे देवराज रेड्डी के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । उत्तम अग्रवाल का भी समर्थन मिल जाने से अब्राहम बाबु की स्थिति को बेहतर हुआ देखा/माना जा रहा है । निहार जम्बूसारिया भी उत्तम अग्रवाल के कोई विश्वासपात्र उम्मीदवार नहीं हैं; वास्तव में निहार जम्बूसारिया की स्थिति बेहतर देख/जान कर उत्तम अग्रवाल ने उन्हें भी अपना उम्मीदवार बताना/दिखाना शुरू कर दिया है, ताकि उनके जीतने पर वह जीत का श्रेय खुद ले सकें । उत्तम अग्रवाल के पक्के वाले उम्मीदवार तो धीरज खंडेलवाल ही हैं, और उन्हें वाइस प्रेसीडेंट चुनवाने के लिए उत्तम अग्रवाल ने हर संभव कोशिश की हुई है । उनकी इस कोशिश को लेकिन दिल्ली में उनके खासमखास विजय गुप्ता के रवैये से तगड़ा झटका लगा है । विजय गुप्ता से लगे झटके की भरपाई के लिए दिल्ली में सेंट्रल काउंसिल के एक दूसरे सदस्य राजेश शर्मा आगे तो आए हैं, लेकिन उत्तम अग्रवाल उन पर भरोसा नहीं कर रहे हैं - और इस कारण से धीरज खंडेलवाल का मामला बिगड़ता हुआ ही दिख रहा है ।
धीरज खंडेलवाल का इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल में पहला टर्म है । वाइस प्रेसीडेंट पद के लिए उन्हें उम्मीदवार बनाने की उत्तम अग्रवाल की कार्रवाई से विजय गुप्ता दरअसल इसीलिए उखड़े हुए हैं । विजय गुप्ता को काफी समय से यह शिकायत यूँ भी रही ही है कि बेहद नजदीकी होने के बावजूद उत्तम अग्रवाल ने वाइस प्रेसीडेंट पद के लिए उनकी उम्मीदवारी को कभी भी गंभीरता से समर्थन नहीं दिया । धीरज खंडेलवाल को वाइस प्रेसीडेंट पद के लिए आगे करने की उत्तम अग्रवाल की कार्रवाई का विजय गुप्ता ने इसीलिए बुरा माना कि उनके जैसे सीनियर काउंसिल सदस्य को तो उत्तम अग्रवाल ने कभी गंभीरता से नहीं लिया, और धीरज अग्रवाल जैसे नए सदस्य के लिए वह पूरी तरह सक्रिय हो रहे हैं । बात केवल विजय गुप्ता की नाराजगी की होती, तो उत्तम अग्रवाल को ज्यादा फर्क नहीं पड़ता - लेकिन विजय गुप्ता की नाराजगी के चलते धीरज खंडेलवाल जैसे नए सदस्य की उम्मीदवारी के खिलाफ माहौल बन गया और कुल मिलाकर यह माहौल उत्तम अग्रवाल के खिलाफ संगठित होता नजर आया । इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट पद के चुनाव के संदर्भ में प्रतिकूल बनते हालात की नजाकत को भाँप कर उत्तम अग्रवाल ने पैंतरा बदला और अब्राहम बाबु व निहार जम्बूसारिया की उम्मीदवारी का भी झंडा उठा लिया - ताकि उनकी नेतागिरी की हवा बनी रहे ।
उत्तम अग्रवाल ने इसके साथ-साथ विजय गुप्ता को भी अपने साथ बनाए रखने के प्रयत्न किए हैं । उन्हें विश्वास है कि विजय गुप्ता को धीरज खंडेलवाल की उम्मीदवारी पर भले ही शिकायत हो, लेकिन अब्राहम बाबु और या निहार जम्बूसारिया में से किसी एक के समर्थन के लिए वह विजय गुप्ता को अवश्य ही राजी कर लेंगे । लोगों को भी लगता है कि विजय गुप्ता राजी हो जायेंगे, लेकिन इसके लिए वह उत्तम अग्रवाल के साथ अगले वर्ष के वाइस प्रेसीडेंट के चुनाव में समर्थन पाने की सौदेबाजी करना चाहेंगे । विजय गुप्ता को डर है कि इस बार यदि सदर्न रीजन से वाइस प्रेसीडेंट बन गया, तो अगले वर्ष उत्तम अग्रवाल फिर से धीरज खंडेलवाल को उम्मीदवार बना/बनवा देंगे - और पिछले वर्षों की तरह वह एक बार फिर ठगे रह जायेंगे । विजय गुप्ता इस बार के चुनाव में उत्तम अग्रवाल के खेमे में बने रहने और या उससे बाहर आ निकलने का 'फैसला' कर लेना चाहते हैं । उत्तम अग्रवाल के खेमे में बने रहने का फैसला करके दरअसल अभी तक उन्हें कोई फायदा नहीं हुआ है - दूसरे लोग उत्तम अग्रवाल का 'आदमी' मानते हुए उनका विरोध करते हैं, और उत्तम अग्रवाल उन्हें गंभीरता से लेते नहीं हैं । इसलिए विजय गुप्ता इस बार मामला इधर का और या उधर का कर लेना चाहते हैं । उत्तम अग्रवाल के साथ विजय गुप्ता के खिंचाव को देखते हुए राजेश शर्मा ने उत्तम अग्रवाल के साथ नजदीकी बनाने की कोशिश तो खूब की, लेकिन उत्तम अग्रवाल ने उन्हें कोई ज्यादा भाव नहीं दिया है । उत्तम अग्रवाल दरअसल राजेश शर्मा पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें लग रहा है कि राजेश शर्मा कभी भी उन्हें धोखा दे देंगे । उत्तम अग्रवाल दिल्ली में भरोसेमंद साथी/सहयोगी के रूप में सिर्फ विजय गुप्ता को ही देखते/मानते हैं - लेकिन विजय गुप्ता ने भी लगता है कि अब पक्का निश्चय कर लिया है कि वह उत्तम अग्रवाल के यहाँ सिर्फ इस्तेमाल ही नहीं होंगे, और अपना 'हक' भी मागेंगे । विजय गुप्ता के इस रवैये ने उत्तम अग्रवाल और उनके भरोसे वाइस प्रेसीडेंट बनने की उम्मीद लगाए उम्मीदवारों को मुसीबत में डाल दिया है ।

Wednesday, February 8, 2017

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के वाइस प्रेसीडेंट के चुनाव में बाबु अब्राहम की उम्मीदवारी के जरिए मौजूद प्रेसीडेंट देवराज रेड्डी सचमुच अपना कोई खेल जमाने का प्रयास कर रहे हैं क्या ?

नई दिल्ली । बाबु अब्राहम ने इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के वाइस प्रेसीडेंट पद के लिए अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए जिस तरह की सक्रियता दिखाई है, उससे इंस्टीट्यूट के पूर्व प्रेसीडेंट एनडी गुप्ता को अपने बेटे नवीन गुप्ता के लिए मामला एक बार फिर बिगड़ता नजर आ रहा है । बाबु अब्राहम की अचानक पैदा हुई सक्रियता के पीछे एनडी गुप्ता को दरअसल मौजूदा प्रेसीडेंट देवराज रेड्डी की 'राजनीति' दिख रही है, और इसीलिए एनडी गुप्ता को नवीन गुप्ता के लिए बैठाया गया अपना समीकरण छिन्न-भिन्न होता हुआ लग रहा है । इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट चुनाव में भूमिका निभाने में दिलचस्पी लेने वाले जो पूर्व प्रेसीडेंट्स एनडी गुप्ता को नवीन गुप्ता के लिए समर्थन जुटाने में सहयोग करते लग रहे थे, उनके भी दोहरे रवैये सामने आए हैं - और इस बात ने भी एनडी गुप्ता को बुरी तरह निराश किया हुआ है; हालाँकि इस सबके बावजूद उन्होंने मैदान और उम्मीद अभी छोड़ी नहीं है । उनके नजदीकियों का कहना है कि उनका दावा है कि इस बार उन्होंने ऐसी गोटियाँ फिट की हैं कि नवीन गुप्ता को वाइस प्रेसीडेंट चुने जाने से कोई नहीं रोक सकेगा । यह बताने वाले नजदीकियों का हालाँकि यह भी कहना है कि इस तरह के दावे एनडी गुप्ता दो-तीन बार पहले भी कर चुके हैं; पिछले वर्ष तो बल्कि  नवीन गुप्ता के वाइस प्रेसीडेंट चुने जाने को लेकर एनडी गुप्ता पूरी तरह आश्वस्त थे । इसीलिए, नीलेश विकमसे के मैदान मार लेने के बाद एनडी गुप्ता और उनके साथियों ने मामूली अंतर से नवीन गुप्ता के पीछे रह जाने की बात प्रचारित की - हालाँकि काउंसिल सदस्यों का कहना रहा कि चुनावी नतीजे में यह पता लगना/लगाना मुश्किल ही नहीं, बल्कि असंभव होता है कि कौन कितना आगे-पीछे रहा; इसलिए कई लोगों को लगा कि एनडी गुप्ता और उनके साथियों ने अपने दावे के फेल हो जाने की शर्मिंदगी से बचने के लिए मामूली अंतर की बात प्रचारित की । 
मजे की बात है कि नवीन गुप्ता का इस बार का समर्थन जुटाओ अभियान इसी तर्क पर काम कर रहा है कि पिछली बार जो मामूली सा अंतर रह गया था, उसे इस बार भर दिया जाए और नवीन गुप्ता का काम बन जाए । नवीन गुप्ता की उम्मीदवारी की बागडोर पर्दे के पीछे से सँभाले हुए उनके पिता एनडी गुप्ता यही तर्क देकर नवीन गुप्ता के लिए समर्थन पक्का करने का प्रयास कर रहे हैं । उनका प्रयास इस बार कामयाब होगा या नहीं, यह तो बाद में पता चलेगा - लेकिन उनकी सक्रियता ने वाइस प्रेसीडेंट के चुनाव को खासा दिलचस्प जरूर बना दिया है । वास्तव में, नवीन गुप्ता जब जब वाइस प्रेसीडेंट पद के गंभीर उम्मीदवार बने हैं - तब तब वाइस प्रेसीडेंट पद की चुनावी राजनीति का माहौल बेहद रोमांचक बना है, और इसका श्रेय उनके पिता एनडी गुप्ता को जाता है । इसका कारण यह होता है कि दूसरे उम्मीदवार तो समर्थन जुटाने के लिए खुद जुटते हैं, जबकि नवीन गुप्ता के मामले में उनके साथ साथ उनके पिता भी जुटते हैं और अपनी पहचान का फायदा उठाने का प्रयास करते हैं - इससे नवीन गुप्ता के अभियान में नाटकीयता बढ़ जाती है । नवीन गुप्ता के समर्थकों व शुभचिंतकों ने कई बार सुझाव दिया है कि एनडी गुप्ता के कारण नवीन गुप्ता को फायदा होने की बजाए नुकसान होता है, और इसलिए एनडी गुप्ता को उनके चुनाव अभियान से दूर ही रहना चाहिए; एनडी गुप्ता इस सुझाव को मान भी लेते हैं तथा नवीन गुप्ता के समर्थकों व शुभचिंतकों को आश्वस्त भी करते हैं कि वह नवीन गुप्ता के चुनाव के झमेले में अब आगे नहीं पड़ेंगे, लेकिन जैसे जैसे चुनाव नजदीक आता जाता है, एनडी गुप्ता अपना आश्वासन भूल जाते हैं और नवीन गुप्ता के चुनाव की कमान संभाल लेते हैं - और इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट पद के चुनावी परिदृश्य को रोचक बना देते हैं ।
रोचक बनाने के साथ-साथ इस बार लेकिन एनडी गुप्ता ने वाइस प्रेसीडेंट के चुनाव को आर-पार का मामला भी बना दिया है । इसीलिए नवीन गुप्ता के लिए इस बार उन्होंने अच्छी फील्डिंग लगाने की तैयारी की है । किंतु बाबु अब्राहम उनकी तैयारी में सेंध लगाते नजर आ रहे हैं । बाबु अब्राहम की उम्मीदवारी की चर्चा तो हालाँकि थी, लेकिन अपनी उम्मीदवारी को लेकर वह ज्यादा सक्रिय दिख नहीं रहे थे - जिसे एनडी गुप्ता अपनी 'जीत' के रूप में व्याख्यायित कर रहे थे । उनकी तरफ से बताया जा रहा था कि उनकी सिफारिश पर देवराज रेड्डी ने बाबु अब्राहम को 'पीछे रहने' के लिए राजी कर लिया था, ताकि इस बार नवीन गुप्ता का काम जाए । किंतु अब जब बाबु अब्राहम अपनी उम्मीदवारी को लेकर जोर-शोर से सक्रिय हो गए हैं, तो एनडी गुप्ता को अपनी फील्डिंग बिगड़ती नजर आ रही है । उन्हें लग रहा है कि देवराज रेड्डी वाइस प्रेसीडेंट के चुनाव में कोई अलग खेल करना चाहते हैं । नवीन गुप्ता के कुछेक शुभचिंतक यद्यपि दावा कर रहे हैं कि बाबु अब्राहम की सक्रियता से नवीन गुप्ता का गणित मजबूत ही होगा, क्योंकि बाबु अब्राहम की सक्रियता नवीन गुप्ता के नार्दर्न रीजन के मुकाबलेबाजों को नुकसान पहुँचाएगी ।
असल में, नवीन गुप्ता के लिए मुख्य खतरा और चुनौती नॉर्दर्न रीजन के दूसरे उम्मीदवारों की तरफ से देखी जा रही है । नॉर्दर्न रीजन से संजय अग्रवाल, अतुल गुप्ता और विजय गुप्ता की उम्मीदवारी को गंभीरता से लिया जा रहा है - और इनकी उम्मीदवारी की गंभीरता ही नवीन गुप्ता के लिए जंजाल बनी है । इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट पद के चुनाव में दिलचस्पी रखने वाले लोगों में से कुछेक का यह भी मानना और कहना है कि नॉर्दर्न रीजन के उम्मीदवारों के बीच की आपसी होड़ को देखते हुए ही बाबु अब्राहम ने अपनी उम्मीदवारी को गंभीरता से लेना शुरू किया है, उन्हें लगा है कि नॉर्दर्न रीजन के उम्मीदवारों की आपसी होड़ के चलते उनका काम शायद बन जाए । हालाँकि कई लोगों का यह भी मानना और कहना है कि वाइस प्रेसीडेंट पद का चुनाव इतना अनिश्चितताभरा है कि उसके नतीजे को लेकर कोई भी दावा करना तो दूर, अनुमान तक लगाना मुश्किल है । यह चुनाव वास्तव में धोखों का चुनाव है; इस चुनाव में उम्मीदवारों को इतने 'धोखे' मिलते हैं कि अब कोई उनका बुरा भी नहीं मानता है । हाँ, सीधे-सीधे मिलने वाले धोखे लोगों के बीच गपशप का विषय जरूर बनते हैं । जैसे, चुनाव से ठीक पहले राजेश शर्मा ने अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करके मुकेश कुशवाह को तगड़ा झटका दिया है । काउंसिल सदस्यों के बीच इन दोनों की दोस्ती खासी मशहूर रही है, और इस नाते मुकेश कुशवाह को राजेश शर्मा के समर्थन का पक्का विश्वास था - लेकिन 'कहना कुछ और करना कुछ' वाली फितरत रखने वाले राजेश शर्मा ने ऐन अंतिम वक्त पर अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करके मुकेश कुशवाह ही नहीं, दूसरे लोगों को भी सबक दे दिया है कि चुनावी राजनीति में दोस्तों के भरोसे नहीं रहना चाहिए !