Showing posts with label Mohindra Fasteners Limited. Show all posts
Showing posts with label Mohindra Fasteners Limited. Show all posts

Friday, August 7, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को उकसाने के बदले में मुकेश अरनेजा को लोगों से जो खरी-खोटी सुनने को मिल रही है उससे बचने के लिए उनके सारे फार्मूले, हथकंडे, टोटके फेल साबित हो रहे हैं

नई दिल्ली/गाजियाबाद । दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को उकसाने के बाद मुकेश अरनेजा के और भी बुरे दिन शुरू हो गए हैं - क्योंकि लोगों ने अब उन्हें खुल कर तथा सामने सामने लताड़ना शुरू कर दिया है । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट में अभी तक फिर भी लोग मुकेश अरनेजा का थोड़ा बहुत लिहाज किया करते थे और कम से कम उनके मुँह पर बुरा/भला कहने से बचते थे और यदि कोई कुछ कहता भी था तो थोड़ा संयत भाषा का प्रयोग करता था । लेकिन अब लगता है कि लिहाज का पर्दा पूरी तरह से हट गया है । दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को मुकेश अरनेजा ने जिस तरह से उकसाया है, उससे मुकेश अरनेजा को दोहरी मार पड़ी है : दिल्ली में अशोक गर्ग की उम्मीदवारी के समर्थन में जुड़े लोगों को इस बात की नाराजगी है कि मुकेश अरनेजा ने उन्हें धोखा दिया, गाजियाबाद/उत्तर प्रदेश के लोग इस बात पर खफा हैं कि मुकेश अरनेजा उनके बीच फूट पैदा करके उन्हें आपस में लड़वाना चाहते हैं । हाल-फिलहाल में संपन्न हुए क्लब्स के अधिष्ठापन समारोहों में ऐसे बहुत से दृश्यों को देखा गया जिनमें कि लोग मुकेश अरनेजा को खूब खरी-खोटी सुना रहे हैं, और मुकेश अरनेजा के लिए जबाव देते तथा उनसे बचना मुश्किल हो रहा है, तथा वह सिर्फ बौखला कर रह जा रहे हैं । लोगों को मनाने के लिए मुकेश अरनेजा हालाँकि अपने सारे फार्मूले, हथकंडे, टोटके इस्तेमाल कर रहे हैं - लेकिन सब फेल साबित हो रहे हैं । मुकेश अरनेजा को ऐसी असहाय व निरुपाय स्थिति में इससे पहले कभी भी नहीं देखा गया है ।  
मुकेश अरनेजा की बदकिस्मती से टाइमिंग दरअसल उनके लिए बहुत गलत हो गई है । हाल ही में मुकेश अरनेजा अपनी कारस्तानियों के चलते पहले अपने भाई-भतीजों द्वारा कंपनी से भगाए गए और फिर अपने क्लब से निकाले गए । इन घटनाओं पर लोगों के बीच चर्चा अभी चल ही रही थी कि मुकेश अरनेजा को डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में अशोक गर्ग को धोखा देने का किस्सा सामने आ गया । कई लोगों का मानना/कहना हालाँकि यह रहा है कि मुकेश अरनेजा ने अशोक गर्ग को कोई धोखा नहीं दिया है, और उन्होंने वास्तव में अशोक गर्ग की उम्मीदवारी को मदद पहुँचाने के इरादे से ही दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को उकसाया है । मुकेश अरनेजा की चाल है कि दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को उकसा कर वह गाजियाबाद/उत्तर प्रदेश के लोगों के बीच फूट डलवा देंगे और उन्हें आपस में लड़वा कर सुभाष जैन की स्थिति को कमजोर करके अशोक गर्ग को फायदा पहुँचवा देंगे । कई अन्य लोगों का लेकिन इस थ्योरी पर भरोसा नहीं भी है - उनका मानना/कहना है कि मुकेश अरनेजा की चाल भले ही अशोक गर्ग की उम्मीदवारी को फायदा पहुँचाने के लिए हो, लेकिन उनकी चाल के क्रियान्वन ने अशोक गर्ग की उम्मीदवारी को खासा बुरा झटका दिया है । अधिकतर लोगों का मानना/कहना है कि मुकेश अरनेजा वास्तव में किसी के साथ नहीं है, वह तो रोटरी और डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में अपने आप को प्रासंगिक बनाये रखने के लिए पहले अशोक गर्ग को इस्तेमाल कर रहे थे, और अब दीपक गुप्ता को इस्तेमाल करने लगे हैं । 
मुकेश अरनेजा के साथ कंपनी में और क्लब में जो हुआ, उसका जिक्र करते हुए यह भी कहा जा रहा है कि मुकेश अरनेजा की असली समस्या दरअसल यह है कि जिस चीज को वह अपनी चतुराई समझते हैं, वह उनकी मूरखता होती है - और वह मूरखता साबित भी होती है, लेकिन फिर भी वह कोई सबक नहीं सीखते हैं । कंपनी में और क्लब में उनकी जो भी हरकतें रही होंगी, उन्हें अंजाम देते हुए उन्हें सोचा तो यही होगा कि इन हरकतों से उनका रुतबा बढ़ेगा; किंतु नतीजा ठीक उलटा निकला । इससे मुकेश अरनेजा ने भले ही कोई सबक न लिया/सीखा हो, दूसरों को लेकिन यह खूब समझ में आ रहा है कि - जो मुकेश अरनेजा अपनी होशियारी, अपनी तरकीबों, अपने फार्मूलों से अपनी खुद की मदद नहीं कर पाए; और अपने क्लब में वर्षों से साथ रहे सदस्यों तथा कंपनी में अपने ही भाई-भतीजों द्वारा बाहर निकाल दिए गए; उन मुकेश अरनेजा की होशियारी, तरकीबें, फार्मूले दूसरों की भला क्या और कैसे मदद कर पायेंगे ? हमारे समाज में तो वैसे भी कहावत भी है और देखने में भी आता है कि जो गिर गया हो या पिट रहा हो तो हर कोई उसे अपनी तरफ से दो लात और लगा देने का प्रयास करता है । मुकेश अरनेजा के साथ दरअसल यही हुआ है । कंपनी से और क्लब से निकाले जाने की खबरों के सामने आने के बाद उनका इक़बाल, उनका ऑरा खत्म हो गया है - जिसका नतीजा यह हुआ है कि उनके प्रति लोगों के बीच जो लिहाज था, वह खत्म हो गया है और अब हर कोई उनके सामने सामने उनसे तू-तड़ाक करने के लिए प्रस्तुत हो गया है । डिस्ट्रिक्ट में जो लोग किसी से भी कभी कुछ कहते हुए सुने नहीं गए हैं और बड़े शरीफ समझे जाते हैं, और मुकेश अरनेजा के नजदीकी भी रहे हैं, वह लोग भी मुकेश अरनेजा से सीधे सीधे सवाल करने लगे हैं, और उन्हें लताड़ने लगे हैं । 
मुकेश अरनेजा से हमदर्दी रखने वाले लोगों का मानना/कहना है कि कंपनी में और क्लब में उनके साथ जो हुआ उसके कारण लोगों के बीच उनका इक़बाल और उनका ऑरा तो खत्म हुआ, लेकिन लोगों के बीच उनके प्रति सहानुभूति भी बनी; लोगों ने माना/समझा कि मुकेश अरनेजा ने जैसी जो कारस्तानियाँ की हैं उसका नतीजा उन्हें मिल गया है । किंतु लोगों ने जब मुकेश अरनेजा को दीपक गुप्ता को उम्मीदवारी के लिए उकसाते पाया, तो उनकी सहानुभूति विरोध में बदल गई और लोगों ने मुकेश अरनेजा को लताड़ना शुरू कर दिया । लोगों को यह बात खास तौर से बुरी लगी है कि चौतरफा मुसीबतों में घिरे मुकेश अरनेजा अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं, और उनके बीच फूट डाल कर तथा उन्हें आपस में एक-दूसरे के खिलाफ भिड़ाने का प्रयास कर रहे हैं । लोगों का कहना है कि दीपक गुप्ता ने इस बार के चुनावी झमेले से जब अपने आपको अलग और दूर कर लिया था, उनके क्लब के पदाधिकारी लोगों को बता रहे थे कि दीपक गुप्ता ने इस बार अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने से इंकार कर दिया है, और इसी इंकार के भरोसे दीपक गुप्ता के क्लब के पदाधिकारी सुभाष जैन की मीटिंग्स व पार्टियों में जा रहे थे और सुभाष जैन की उम्मीदवारी के प्रति समर्थन व्यक्त कर रहे थे - तब मुकेश अरनेजा ने अचानक से दीपक गुप्ता को उम्मीदवारी के लिए उकसाना शुरू करके उनके लिए तो भारी समस्या खड़ी कर दी है । मुकेश अरनेजा के प्रति लोगों के बीच संगठित व मुखर हुए इस विरोध ने दीपक गुप्ता के सामने अजीब सा संकट खड़ा कर दिया है - मुकेश अरनेजा का जो समर्थन उनके लिए वरदान होना चाहिए था, वह अभिशाप बनता नजर आ रहा है ।

Saturday, June 27, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में क्लब से निकाले गए पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मुकेश अरनेजा ने क्लब में अपनी पुनर्वापसी के लिए अपने द्वारा प्रवर्तित कंपनी से अपने ही भाई-भतीजों द्वारा बेइज्जत तरीके से निकाले जाने का रोना रोकर मौका बनाया

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा ने क्लब से अपने को निकाले जाने के फैसले को बदलवाने के लिए अपनी ही कंपनी से अपने को निकाले जाने के फैसले का जैसा इस्तेमाल किया है, वह अपनी तरह का एक अनोखा उदाहरण तो है ही - साथ ही मुकेश अरनेजा की घटिया सोच व व्यवहार का एक और वाकया भी सामने लाता है । उल्लेखनीय है कि मुकेश अरनेजा पिछले दिनों जब अपने क्लब से निकाले जाने की फजीहत झेल रहे थे, लगभग उन्हीं दिनों वह अपनी कंपनी से अपने निष्कासन का रोना भी रो रहे थे - और इसके लिए अपने रोटेरियन दोस्तों की सहानुभूति जुटाने का प्रयास कर रहे थे । इस प्रयास के तहत उन्होंने अपने रोटेरियन दोस्तों को दो पृष्ठों की एक चिट्ठी लिखी थी । हालाँकि जिन रोटेरियंस को उनकी यह चिट्ठी मिली, उन्हें आश्चर्य भी हुआ कि अपनी कंपनी के झगड़े और कंपनी से अपने निकाले जाने के मामले को वह रोटरी में क्यों ला रहे हैं - किंतु फिर उन्हें ध्यान आया कि मुकेश अरनेजा तो कुछ भी कर गुजरने की 'खूबी' रखते हैं, इसलिए इस बात पर उन्होंने ज्यादा माथापच्ची नहीं की । इंफेक्ट मुकेश अरनेजा की उस चिट्ठी पर रोटेरियंस के बीच कोई खास सुगबुगाहट नहीं सुनी/देखी गई । कुछेक रोटेरियंस ने उक्त चिट्ठी 'रचनात्मक संकल्प' के पते पर भेजने का काम जरूर किया । अपनी चिट्ठी में मुकेश अरनेजा ने अपने को कंपनी से निकाले जाने की बात को 'पूरी तरह झूठी और निराधार' बताया; उन्होंने इस बात को भी 'झूठी और निराधार' बताया कि कंपनी के डायरेक्टर्स ने उन्हें चेतावनी दी है कि वह कहीं भी अपने परिचय में अपने आप को कंपनी से किसी भी प्रकार संबद्ध नहीं बतायेंगे/दिखायेंगे । अपनी चिट्ठी में मुकेश अरनेजा ने दावा किया कि कंपनी का प्रमोटर व शेयरहोल्डर होने के नाते कंपनी से उनके संबंध को न तो कोई खत्म कर सकता है, न उसके प्रबंधन से उन्हें कोई हटा सकता है, और न कंपनी के फैसलों को प्रभावित करने से रोक सकता है ।
मुकेश अरनेजा की इस चिट्ठी का किसी ने भी कोई खास संज्ञान नहीं लिया, क्योंकि रोटेरियंस को यह चिट्ठी लिखने/भेजने का मुकेश अरनेजा का मकसद किसी को भी समझ में नहीं आया । क्लब से निकाले जाने के बाद मुकेश अरनेजा ने क्लब में पुनर्वापसी के लिए जो जो प्रयास किए, उनमें अपनी ही कंपनी से अपने को निकाले जाने के मामले का उन्होंने जिस तरह सहारा लिया - तब लोगों को उस चिट्ठी का मामला समझ में आया । लोगों को खुद से यह समझ में नहीं आया - मुकेश अरनेजा ने उन्हें समझाया, तब उन्हें समझ में आया । दरअसल क्लब से निकाले जाने के फैसले को निरस्त कराने के लिए मुकेश अरनेजा ने माफी माँगने वाला अपना पुराना फार्मूला इस्तेमाल किया । डिस्ट्रिक्ट व क्लब के कुछेक प्रमुख लोगों के सामने उन्होंने अपना दुखड़ा रोया - दुखड़ा रोने के लिए इस बार उनके सामने कंपनी से निकाले जाने का मामला भी था । कंपनी से निकाले जाने की जो चिट्ठी उन्हें कंपनी की तरफ से मिली थी, उसे लोगों को दिखा दिखा कर उन्होंने लोगों की सहानुभूति जुटाई और उनके निष्कासन वाले क्लब के फैसले को वापस कराने के लिए माहौल बनाया । लोगों के बीच उन्होंने रोना रोया कि कंपनी से तो मैं निकाल ही दिया गया हूँ, अब यदि रोटरी से भी निकाल दिया गया तो फिर मैं करूँगा क्या ? जिन लोगों को मुकेश अरनेजा ने दोनों चिट्ठियाँ उपलब्ध करवाईं, उनमें से कुछेक ने उनसे पूछा भी कि कंपनी से निकाले जाने की बात जब सच है, तो कंपनी से निकाले जाने की बात को 'झूठी और निराधार' बताने वाली चिट्ठी उन्होंने क्यों लिखी और भेजी ? मुकेश अरनेजा का इस पर कहना रहा कि उस चिट्ठी के जरिये उन्होंने दरअसल क्लब के लोगों पर दबाव बनाने का प्रयास किया था, जिससे की क्लब से उन्हें निकाले जाने के फैसले को वह टलवा सकें । किंतु उसमें असफल होने के बाद, क्लब में पुनर्वापसी के लिए उन्हें कंपनी से निकाले जाने वाली चिट्ठी को सामने लाने के लिए मजबूर होना पड़ा है । 
मजे की बात यह रही कि कंपनी से अपने को निकाले जाने की जिस चिट्ठी की बदौलत मुकेश अरनेजा ने क्लब में अपनी वापसी का मौका बनाया, उसकी लैंग्वेज ने उन्हें बुरी तरह व्यथित किया हुआ था और उन्होंने अपने नजदीकियों को बताया था कि उससे उन्होंने अपने आप को बहुत ही अपमानित महसूस किया था । कंपनी से मिली चिट्ठी में उन्हें कंपनी के सभी पेपर्स, डॉक्युमेंट्स तथा अन्य संबंधित चीजें सौंपने को कहा गया है; और हिदायत दी गई है कि वह किसी के भी सामने खुद को कंपनी के डायरेक्टर के रूप में प्रस्तुत न करें और कंपनी के प्रबंधन से जुड़े होने का वास्ता न दें । मुकेश अरनेजा को स्पष्ट शब्दों में बता दिया गया कि यदि वह कंपनी का नाम, लोगो व डॉक्युमेंट्स इस्तेमाल करते हुए पाए गए तो कंपनी उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी । मुकेश अरनेजा के नजदीकियों का कहना है कि इस लैंग्वेज के साथ कंपनी से निकाले जाने की सूचना ने मुकेश अरनेजा को खासा परेशान और निराश किया था । कंपनी से इस बेइज्जत तरीके से निकाले जाने की कार्रवाई ने साबित किया कि मुकेश अरनेजा अपने कामकाज और अपने परिवार में भी पूरी तरह अलग-थलग पड़ गए हैं । उल्लेखनीय है कि मुकेश अरनेजा जिस कंपनी समूह के प्रवर्तक रहे हैं, उसमें मोटे तौर पर उनके भाई-भतीजों की ही संलग्नता रही है; लेकिन मुकेश अरनेजा ने अपनी हरकतों व कारस्तानियों से उन्हें तथा कंपनी के दूसरे डायरेक्टर्स को इतना पकाया कि उन्होंने मुकेश अरनेजा को कंपनी से निकाल देने में ही अपनी खैरियत समझी/पहचानी । 
अपनी हरकतों व कारस्तानियों के कारण खुद अपने ही द्वारा प्रवर्तित कंपनी से बाहर कर दिए गए मुकेश अरनेजा के लिए यह बहुत ही शर्म की और निराश करने वाली बात होनी चाहिए थी । उनके नजदीकियों के अनुसार, उनके लिए यह शर्म की और निराश करने वाली बात थी भी - ऐसा मुकेश अरनेजा ने खुद ही उन्हें बताया था । लेकिन जैसे ही मुकेश अरनेजा को लगा कि कंपनी से निकाले जाने के मामले का वह क्लब से निकाले जाने वाले मामले में फायदा उठा सकते हैं, अपनी शर्म और निराशा भूल कर उन्होंने कंपनी से निष्कासन की मिली चिट्ठी को सार्वजनिक कर दिया । रोटरी में मुकेश अरनेजा की जो फजीहत है, उसे तो रोटरी के लोग जानते ही हैं - मुकेश अरनेजा ने लेकिन खुद से ही लोगों को यह भी बता दिया है कि उनकी अपने परिवार और अपनी कंपनी में भी रोटरी जैसी ही स्थिति है; और वहाँ भी लोग उनकी हरकतों व कारस्तानियों से तंग आकर उनसे छुटकारा पाने का फैसला करते हैं । मुकेश अरनेजा ने कंपनी से निकाले जाने के फैसले को जिस तरह से क्लब से निकाले जाने के फैसले को बदलवाने में इस्तेमाल किया है, उससे उनकी घटिया सोच व व्यवहार का एक और उदाहरण ही देखने को मिला है ।