Showing posts with label DEEPAK GUPTA. Show all posts
Showing posts with label DEEPAK GUPTA. Show all posts

Friday, October 2, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट में आलोक गुप्ता का नाम जोड़ने के रिजोल्यूशन पर हस्ताक्षर करने से लगातार इंकार करते आ रहे तथा आलोक गुप्ता के साथ बदतमीजी करते रहे जेके गौड़, रोटरी इंटरनेशनल से फटकार खाने के बाद अंततः हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर हुए

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट ग्रांट के बैंक अकाउंट में नए पदाधिकारियों के नाम/हस्ताक्षर जोड़ने की प्रक्रिया को पूरा करने में बाधा बने पूर्व गवर्नर जेके गौड़ को रोटरी इंटरनेशनल कार्यालय से फटकार पड़ी, तो अकड़ ढीली करके वह रिजोल्यूशन पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर हुए । रोटरी इंटरनेशनल से फटकार पड़ने पर जेके गौड़ इस कदर बौखलाए और खीजे कि उन्होंने आलोक गुप्ता को मैसेज करके कहा कि वह रिजोल्यूशन की मूल प्रति उन्हें भेजें, अन्यथा वह स्कैंड कॉपी पर ही हस्ताक्षर कर देंगे । जिस किसी ने भी जेके गौड़ का मैसेज देखा/पढ़ा है, उसे हैरानी हुई है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रह चुकने तथा दो वर्ष से डीआरएफसी (डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन) का पद संभाले हुए जेके गौड़ को इतनी भी अक्ल नहीं है क्या कि बैंक के आधिकारिक काम में मूल प्रति पर हस्ताक्षर मान्य होते हैं, न कि स्कैंड कॉपी पर ? लोगों को हैरानी है कि जेके गौड़ आखिर किस आधार पर उक्त रिजोल्यूशन पर हस्ताक्षर करने से इंकार कर रहे थे, और अंततः अपनी फजीहत करवा बैठे ?
जेके गौड़ के नजदीकियों का ही कहना/बताना है कि जेके गौड़ को रोटरी इंटरनेशनल से फटकार खिलवाने तथा उनकी फजीहत करवाने के पीछे पूर्व गवर्नर शरत जैन हैं । इस मामले में शरत जैन ने जेके गौड़ को कठपुतली की तरह नचाया और जेके गौड़ खुशी खुशी नाचे । शरत जैन की दरअसल मुकेश अरनेजा से निजी खुन्नस है; मुकेश अरनेजा को आलोक गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया है - इसलिए मुकेश अरनेजा से अपनी खुन्नस निकालने के लिए उन्होंने आलोक गुप्ता को परेशान करने की चाल चली और डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट में आलोक गुप्ता का नाम जुड़ने से रोकने के लिए जेके गौड़ को हस्ताक्षर न करने के लिए राजी कर लिया । इसके लिए बहाना बनाया गया पिछले रोटरी वर्ष में आई डिस्ट्रिक्ट ग्रांट की इस्तेमाल न हो सकी रकम को । दीपक गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट ग्रांट की रकम डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट में मँगवा तो ली थी, लेकिन अपने नाकारापन व निकम्मेपन के चलते वह उक्त अकाउंट को अपडेट नहीं करवा सके, और इसलिए वह उक्त रकम को इस्तेमाल नहीं कर सके । 
शरत जैन ने पहले तो जेके गौड़ को अपनी कठपुतली बनाया, और फिर इन दोनों ने मिलकर निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता का उल्लू बनाया । इन्होंने दीपक गुप्ता को समझाया कि डिस्ट्रिक्ट ग्रांट की रकम वह अपनी जेब से दे दें, जिसे बाद में उन्हें 'दिलवा' दिया जायेगा - और डिस्ट्रिक्ट ग्रांट को अपने अपने स्वार्थ में इस्तेमाल कर लिया । इसके बाद झगड़ा शुरू हुआ कि बैंक में जमा रकम कैसे दीपक गुप्ता को मिले और या रोटरी फाउंडेशन को वापस जाए ? आलोक गुप्ता के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पदभार संभालने के बाद उक्त अकाउंट में आलोक गुप्ता का नाम जुड़ना था और उनके हस्ताक्षर मान्य होने की प्रक्रिया पूरी होनी थी, जिसके रिजोल्यूशन में डीआरएफसी के रूप में जेके गौड़ के हस्ताक्षर होने थे । जेके गौड़ ने यह आरोप लगाते हुए रिजोल्यूशन पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया कि आलोक गुप्ता पिछले रोटरी वर्ष की डिस्ट्रिक्ट ग्रांट को रोटरी इंटरनेशनल को वापस नहीं करेंगे । असिस्टेंट रीजनल रोटरी कोऑर्डीनेटर के रूप में शरत जैन ने भी एक लंबी-चौड़ी ईमेल लिख मारी । शरत जैन और जेके गौड़ की जोड़ी ने बहुतेरी कोशिशें कीं कि डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट में आलोक गुप्ता का नाम जोड़े बिना अकाउंट से पैसा निकल आए, लेकिन उनकी कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी ।

रोटरी इंटरनेशनल के पदाधिकारियों को जब यह पता चला कि डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट में पड़ी इस्तेमाल नहीं हुई रकम जेके गौड़ की मनमानी और बेवकूफीपूर्ण हरकत के कारण वापस नहीं आ रही है, तब उन्होंने जेके गौड़ को कसकर फटकार लगाई । रिजोल्यूशन पर हस्ताक्षर करने से लगातार इंकार करते आ रहे तथा आलोक गुप्ता के साथ बदतमीजी करते रहे जेके गौड़, फटकार खाने के बाद अंततः हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर हुए । हालाँकि तब भी वह अपनी बेवकूफी दिखाने से बाज नहीं आए । जेके गौड़ को क्या यह सचमुच नहीं पता है कि स्कैंड कॉपी पर हस्ताक्षर करने से काम नहीं चलेगा, उन्हें रिजोल्यूशन की मूल प्रति पर ही हस्ताक्षर करने होंगे । जेके गौड़ का मैसेज उसी कहावत को चरितार्थ करता है कि 'रस्सी जल गई, पर ऐंठन नहीं गई ।'

Friday, September 25, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट अशोक अग्रवाल के दाँव-पेचों ने मुकेश अरनेजा व जेके गौड़ के बीच जो लड़ाई छिड़वाई है, उसमें अशोक अग्रवाल का खुद का गवर्नर-वर्ष ही फजीहत का शिकार बनता नजर आ रहा है

गाजियाबाद । मुकेश अरनेजा और जेके गौड़ की तू तू मैं मैं ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट अशोक अग्रवाल की मुसीबतों को खासा बढ़ा दिया है । विडंबना और मजे की बात यह है कि मुसीबतों को बढ़ाने का काम खुद अशोक अग्रवाल ने ही किया है; इसी बिना पर उनके नजदीकियों को भी लग रहा है कि अशोक अग्रवाल ने खुद अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार ली है । दरअसल जेके गौड़ के गवर्नर-वर्ष में रोटरी फाउंडेशन के लिए जमा हुई रकम में हेराफेरी के आरोपों की जाँच के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आलोक गुप्ता द्वारा गठित की गई स्टुअर्डशिप कमेटी को भंग करने की माँग करते हुए जेके गौड़ ने मुकेश अरनेजा को जिस तरह से निशाना बनाया है, उसके पीछे अशोक अग्रवाल का ही 'दिमाग' देखा/बताया जा रहा है । डिस्ट्रिक्ट में चर्चा है कि जेके गौड़ ने जो मेल 'भेजी' है, उसे 'लिखा' पूर्व गवर्नर शरत जैन ने है - और शरत जैन से लिखवाने का आईडिया अशोक अग्रवाल का था । असल में, अशोक अग्रवाल की मुकेश अरनेजा के साथ ज्यादा खुन्नस है । अशोक अग्रवाल को उम्मीद थी कि शरत जैन विस्तार से मुकेश अरनेजा की पोल खोलेंगे, तो मुकेश अरनेजा दबाव में आयेंगे और चुप बैठेंगे । अशोक अग्रवाल लेकिन सामाजिक व्यवहार का वह सिद्धांत पूरी तरह भुला बैठे कि 'जो लोग खुद शीशे के घरों में रहते हैं, उन्हें दूसरों के ऊपर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए ।' मुकेश अरनेजा के जबावी हमले ने लेकिन मामले का रुख ही बदल दिया है, और जेके गौड़ को कई तरह से बेईमानियों के आरोपों के साथ कठघरे में खड़ा कर दिया है ।
मुकेश अरनेजा ने जबावी हमले में भले ही जेके गौड़ को घेरा है, लेकिन उनके निशाने पर अशोक अग्रवाल भी रहे । उल्लेखनीय है कि रोटरी वरदान ब्लड बैंक के प्रोजेक्ट में 45 लाख रूपये डकारने की कोशिश करने का जो आरोप मुकेश अरनेजा ने लगाया है, उसमें जेके गौड़ के 'पार्टनर इन क्राइम' अशोक अग्रवाल ही थे । इस तरह, उस मामले को एकबार फिर हवा देकर मुकेश अरनेजा ने अशोक अग्रवाल को लेकर लोगों के बीच संशय पैदा कर दिया है । अशोक अग्रवाल के गवर्नर-वर्ष के क्लब्स-प्रेसीडेंट रोटरी वरदान ब्लड बैंक में 45 लाख रुपयों की घपलेबाजी की कोशिशों और उसमें जेके गौड़ तथा अशोक अग्रवाल की मिलीभगत की बात को जानते भी नहीं होंगे, लेकिन मुकेश अरनेजा ने उन्हें उक्त मामले से परिचित करवाने का काम कर दिया - और इस तरह अशोक अग्रवाल गवर्नर बनने से दस महीने पहले ही 'अपने' प्रेसीडेंट्स के बीच 'बेईमान' होने की पहचान पा बैठे हैं । ऐसे में, अशोक अग्रवाल के सामने यह तय करने की चुनौती पैदा हो गई है कि उनके प्रयासों से मुकेश अरनेजा व जेके गौड़ के बीच 'छिड़ी' लड़ाई को वह और भड़काने का काम करें, या उसे ठंडा करने के लिए प्रयास करें ? इनके बीच की लड़ाई असल में सिर्फ इन दोनों के बीच की ही लड़ाई नहीं है, बल्कि इसमें कई लड़ाईयाँ गुँथी हुई हैं - इसलिए इस लड़ाई का निपटारा होना आसान भी नहीं है । निपटारा न होने की स्थिति में और लोग तो अपनी अपनी खुन्नस निकालेंगे और मजे लेंगे, लेकिन नुकसान अशोक अग्रवाल को उठाना पड़ेगा ।

डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आलोक गुप्ता के पास जाने से रोकने के लिए डीआरएफसी (डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन) के रूप में जेके गौड़ ने हस्ताक्षर करने से इंकार करने का जो रवैया अपनाया हुआ है, उसे दीपक गुप्ता व शरत जैन व ललित खन्ना के साथ-साथ अशोक अग्रवाल ने भी समर्थन भले ही दिया हुआ हो - लेकिन हर कोई समझ रहा है कि यह रवैया यदि जारी रहा तो यह आलोक गुप्ता के साथ-साथ अशोक अग्रवाल को भी अपनी चपेट में लेगा - और यह अनोखा मामला होगा, जिसमें अशोक अग्रवाल अपने आपको मुसीबत में फँसाते हुए देखे जा रहे होंगे । जेके गौड़, शरत जैन, अशोक अग्रवाल, ललित खन्ना की चौकड़ी अपने रवैये से डीडीएफ के मामले में निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता को पहले ही तगड़ा नुकसान पहुँचा चुकी है; इनका रवैया अब अशोक अग्रवाल को मुसीबत में फँसाता नजर आ रहा है । आरोप है कि जेके गौड़ और अशोक अग्रवाल की जोड़ी ने दीपक गुप्ता के गवर्नर-वर्ष में अपने क्लब के प्रोजेक्ट के लिए ग्रांट के रूप में मोटी रकम ऐंठने के लिए दीपक गुप्ता को डीडीएफ का पैसा अपने निजी अकाउंट से देने के लिए राजी किया, और फिर दीपक गुप्ता की मदद करने के नाम पर मामले को वहाँ पहुँचा दिया, जहाँ दीपक गुप्ता की मोटी रकम फँसती दिख रही है । इससे जाहिर है कि जेके गौड़ और अशोक अग्रवाल के दाँवपेंचों ने अभी तक उन्हें ही फजीहत का शिकार बनाया है, और इसीलिए लग रहा है कि उनकी हरकतें कहीं अशोक अग्रवाल के गवर्नर-वर्ष को भी चपेट में न ले लें । मुकेश अरनेजा और जेके गौड़ के बीच शुरू हुई तू तू मैं मैं में यह खतरा नजर भी आ रहा है । 

Sunday, September 13, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में गाजियाबाद में समर्थन जुटाने की अजय सिन्हा की कोशिशों को विफल होता देख दीपक गुप्ता को अपना 'गणित' बिगड़ता नजर आ रहा है; और इन दोनों की असफलता प्रियतोष गुप्ता के लिए वरदान बनती दिख रही है

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने और 'दिखाने' के लिए अजय सिन्हा और दीपक गुप्ता द्वारा की जा रही पार्टियों को लगातार जो झटके पर झटके लग रहे हैं, उससे प्रियतोष गुप्ता की उम्मीदवारी को समर्थन की और मजबूती मिलती लग रही है । अजय सिन्हा ने पिछले दिनों अपने घर और अपने ऑफिस में छोटे-छोटे समूहों में गाजियाबाद के रोटेरियंस के लिए पार्टियाँ आयोजित कीं, लेकिन उनमें भी इक्का-दुक्का लोग ही पहुँचे । दीपक गुप्ता ने गाजियाबाद में आयोजित की गई पिछली पार्टी की असफलता से सबक लेकर, और ज्यादा तैयारी के साथ एक और पार्टी आयोजित की - लेकिन उसका हाल पिछली वाली पार्टी से भी बुरा हुआ । अजय सिन्हा की तरफ से आयोजित हुई पार्टियों का तो लोगों के बीच खासा मजाक भी बना । अजय सिन्हा ने अपने घर और ऑफिस में छोटे-छोटे समूहों में जो पार्टियाँ आयोजित कीं, उन्हें लेकर लोगों का कहना रहा कि उन्हें तो यही समझ में नहीं आया कि अजय सिन्हा अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के लिए पार्टी कर रहे हैं, या अपनी उम्मीदवारी के श्राद्ध का भोज दे रहे हैं ।
अजय सिन्हा को इस बीच दोहरी मुसीबतों ने घेर लिया है । एक तरफ तो उनके द्वारा दी गई पार्टियों में आमंत्रित किए गए लोग पहुँचे नहीं तथा उनकी पार्टियों का मजाक बना, तो दूसरी तरफ उनके क्लब में अगले रोटरी वर्ष के लिए प्रेसीडेंट तय नहीं हो पा रहा है । अगले रोटरी वर्ष में गवर्नर बनने की तैयारियों में जुटे अशोक अग्रवाल बेचारे पेम वन के लिए अजय सिन्हा के क्लब के प्रेसीडेंट का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अजय सिन्हा उन्हें अपने क्लब के प्रेसीडेंट का नाम ही नहीं दे पा रहे हैं । अजय सिन्हा का क्लब एक बड़ा क्लब है, और बहुत सक्रिय रहा है । पिछले दो वर्षों में राकेश छारिया और उनके बेटे क्लब के प्रेसीडेंट रहे, और उन्होंने अपनी अपनी सक्रियता से क्लब का नाम खूब रोशन किया तथा दोनों ने ही बड़े अवॉर्ड प्राप्त किए । लेकिन इस वर्ष अजय सिन्हा ने अप्रत्यक्ष रूप से क्लब की बागडोर सँभाली, और दो महीनों में ही क्लब के माहौल का ऐसा कबाड़ा कर दिया है कि कोई क्लब का अगला प्रेसीडेंट बनने को तैयार नहीं है । अजय सिन्हा अपने एक रिश्तेदार सहित दो/तीन लोगों को बारी बारी से प्रेसीडेंट बनने के लिए राजी करने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली है । 

लोगों ने इसे अजय सिन्हा की लीडरशिप की असफलता के रूप में देखा/पहचाना है, और माना/कहा है कि अजय सिन्हा को पहले अपने क्लब में अपनी लीडरशिप बनानी चाहिए, और उसके बाद डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने के बारे में सोचना चाहिए । गाजियाबाद में समर्थन जुटाने की अजय सिन्हा की कोशिशों को विफल होता देख दीपक गुप्ता को अपना 'गणित' बिगड़ता नजर आ रहा है । उन्हें लगता था कि अजय सिन्हा की उम्मीदवारी गाजियाबाद में प्रियतोष गुप्ता के समर्थन-आधार को कमजोर करने का काम करेगी, और इससे उन्हें प्रियतोष गुप्ता के साथ अपनी दूरी को कम करने का मौका मिलेगा । दीपक गुप्ता को लेकिन यह देख कर झटका लगा है कि गाजियाबाद में न उन्हें समर्थन मिल पा रहा है, और न अजय सिन्हा को । ऐसे में, इन दोनों के नजदीकियों को ही लगने लगा है कि प्रियतोष गुप्ता की उम्मीदवारी को उनकी खुद की सक्रियता से जितना जो फायदा हो रहा है, उससे कहीं ज्यादा फायदा उन्हें अजय सिन्हा तथा दीपक गुप्ता की गतिविधियों को लगातार मिल रही असफलताओं से हो रहा है । दरअसल जब तक अजय सिन्हा और दीपक गुप्ता की सक्रियता नहीं थी, तब तक उनकी मुट्ठी बंद थी और कुछेक लोगों को लगता था कि उनकी मुट्ठी में बंद समर्थन प्रियतोष गुप्ता के लिए चुनौती सकता है - लेकिन अब जब अजय सिन्हा और दीपक गुप्ता की मुट्ठी खुलती जा रही है, तो पता चल रहा है कि जिसे 'लाख की समझा जा रहा था, वह तो खाक की है ।'  

Tuesday, September 8, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में दीपक गुप्ता और मुकेश अरनेजा के बीच के 'झगड़े' में होने वाले नुकसान से बचने के लिए ललित खन्ना ने दीपक गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाने के वायदे से पीछे हटने की तैयारी शुरू कर दी है क्या ?

गाजियाबाद । निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी ललित खन्ना के गवर्नर वर्ष में डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने की तैयारी खटाई में पड़ती नजर आ रही है । ऐसा उन्हें ललित खन्ना के बदले बदले से तेवरों को देख/सुन के लग रहा है । ललित खन्ना दरअसल हाल के दिनों में दीपक गुप्ता और उनके नजदीकियों को बता चुके हैं कि पूर्व गवर्नर मुकेश अरनेजा उन्हें इशारों इशारों में दीपक गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाये जाने के प्रति आगाह कर चुके हैं । उल्लेखनीय है कि ललित खन्ना की मुकेश अरनेजा के साथ लंबी दोस्ती रही है, जिसमें वह उनके 'पार्टनर इन क्राइम' रहे थे - और फिर दुश्मनी भी रही; इसलिए ललित खन्ना उनके खुन्नसी व्यवहार और बदला लेने की प्रवृत्ति से परिचित, सहयोगी व शिकार रहे हैं । ललित खन्ना जानते हैं कि मुकेश अरनेजा के नए/ताजे शिकार दीपक गुप्ता हैं । ललित खन्ना विभिन्न मौकों पर कुछेक लोगों के बीच कहते/बताते सुने गए हैं कि डीडीएफ अकाउंट मामले में दीपक गुप्ता को जो फजीहत झेलना पड़ रही है, उसके वास्तविक रचयिता और सूत्रधार मुकेश अरनेजा हैं ।
मुकेश अरनेजा की दीपक गुप्ता से नाराजगी इस बात को लेकर है कि दीपक गुप्ता को जब तक उनकी मदद की जरूरत रही, तब तक तो वह हँस हँस कर उनके गले लगते रहे, लेकिन काम निकल जाने के बाद वह उन्हें तरह तरह से अपमानित करने लगे; दीपक गुप्ता ने उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर तो बना दिया - लेकिन उन्हें तवज्जो जरा भी नहीं दी, और अलग/थलग रखा । डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के रूप में मुकेश अरनेजा इस आशंका को लेकर हमेशा डरे डरे रहे कि दीपक गुप्ता कहीं उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद से हटा न दें । सीओएल का चुनाव हारने के बाद से तो मुकेश अरनेजा की दीपक गुप्ता के प्रति नाराजगी और बढ़ गई है ।दीपक गुप्ता के प्रति मुकेश अरनेजा की नाराजगी को देखते/समझते/पहचानते हुए ही ललित खन्ना को डर हो चला है कि उन्होंने यदि दीपक गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया, तो दीपक गुप्ता को मुसीबत में डालने/फँसाने के लिए मुकेश अरनेजा उनके गवर्नर-वर्ष को निशाना बना सकते हैं, और तब उनका गवर्नर-वर्ष नाहक ही परेशानी में फँसेगा । दीपक गुप्ता और मुकेश अरनेजा के 'झगड़े' में होने वाले नुकसान से बचने के लिए ललित खन्ना को एक ही रास्ता दिख रहा है, और वह यह कि मुकेश अरनेजा की 'इच्छा' का सम्मान करते हुए वह दीपक गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर न बनाएँ ।

दीपक गुप्ता तथा उनके नजदीकियों को हालाँकि यह भी लगता है कि मुकेश अरनेजा का नाम ले कर दीपक गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर न बनाना ललित खन्ना की अपनी चालाकी भी हो सकती है । दरअसल इस बीच यह पोल पूरी तरह खुल चुकी है कि दीपक गुप्ता को रोटरी के बारे में न तो कुछ अतापता है, और न वह ढंग/तरीके से कोई काम कर सकते हैं । दीपक गुप्ता बस एक ही काम में माहिर हैं, और वह है - ज्यादा बोलना, बढ़चढ़ कर बोलना और बोलने के नाम पर बकवास करना । इसलिए ललित खन्ना को लग रहा है कि डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के रूप में दीपक गुप्ता उन पर बोझ ही साबित होंगे । इस तरह की बातें ललित खन्ना ने कुछेक लोगों के बीच कही भी हैं, जो दीपक गुप्ता तक भी पहुँची हैं । असल में, इसीलिए दीपक गुप्ता को लग रहा है कि ललित खन्ना खुद ही उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाना नहीं चाहते हैं, और इसके लिए मुकेश अरनेजा के खुन्नसी व्यवहार तथा बदला लेने की प्रवृत्ति को बहाने के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के मामले में दीपक गुप्ता से पीछा छुड़ाने की ललित खन्ना की कोशिशों का कारण चाहें जो हो; लोगों को लेकिन लग रहा है कि दीपक गुप्ता यदि डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने में सफल हो गए, तो ललित खन्ना के गवर्नर-वर्ष में खूब पटाखे फूटेंगे - कुछ दीपक गुप्ता के व्यवहार और रवैये के कारण, तो कुछ मुकेश अरनेजा की बदला लेने की प्रवृत्ति के कारण । 

Thursday, September 3, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 का ग्रांट्स के मामलों में एक के बाद एक लगातार मुसीबतों व फजीहतों का शिकार बनने के लिए पूर्व गवर्नर शरत जैन की पनोती को जिम्मेदार माने/ठहराए जाने के साथ ही पूछा जा रहा है कि दीपक गुप्ता के बाद उनका अगला शिकार कौन होगा ?

नई दिल्ली । निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता डीडीएफ ग्रांट की रकम के मामले में कहीं पूर्व गवर्नर शरत जैन की पनोती के शिकार तो नहीं हो गए हैं ? डीडीएफ ग्रांट की रकम के मामले में दीपक गुप्ता के साथ जो तमाशा हुआ है, और जिसके चलते वह करीब 70 लाख रुपये गँवाते नजर आ रहे हैं, वह दीपक गुप्ता का बड़ा बेवकूफीपूर्ण काम है - और इसे लेकर दीपक गुप्ता का डिस्ट्रिक्ट में और रोटरी में खासा मजाक बन रहा है । हर किसी को हैरानी है कि दीपक गुप्ता डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट में अपने हस्ताक्षर जुड़वाने जैसा मामूली काम आखिर क्यों नहीं करवा सके ? इसी हैरानी में लोगों का ध्यान इस बात पर गया है कि कहीं शरत जैन की पनोती की 'हवा' ने तो दीपक गुप्ता पर असर नहीं कर दिया, जिसके चलते दीपक गुप्ता एक सामान्य सी प्रक्रिया को भी पूरा नहीं कर सके - और अपनी जेब भी ढीली करवा बैठे तथा मजाक का विषय भी बन गए । इस बात पर लोगों का ध्यान दरअसल इसलिए गया, क्योंकि रोटरी फाउंडेशन की ग्रांट के जिस भी मामले में शरत जैन प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े, उसका अंततः कबाड़ा ही हुआ है ।
उल्लेखनीय है कि शरत जैन खुद अपने गवर्नर-वर्ष में डीडीएफ ग्रांट का पैसा प्रोजेक्ट्स में इस्तेमाल नहीं कर पाए थे । प्रोजेक्ट्स तैयार करने/करवाने में उनकी तरफ से हुई लापरवाही के चलते प्रोजेक्ट्स के लिए आवेदन देने का समय निकल गया, और डीडीएफ ग्रांट की रकम से प्रोजेक्ट्स नहीं हो पाए । शरत जैन ने डीडीएफ ग्रांट का पैसा पोलियो में देकर ठिकाने लगाया । शरत जैन ने अपने गवर्नर-वर्ष में रोटरी क्लब ई मैग्नम को दो ग्लोबल ग्रांट मंजूर करवाई थीं, जिनमें लेकिन एक धेले का काम नहीं हुआ और रकम हड़पने के आरोप लगे । रोटरी फाउंडेशन ने ग्रांट्स के रूप में दी गई रकम वापस पाने के लिए सख्ती दिखाई, तब वह रकम वापस की/करवाई गई । मजे की बात यह है कि वापस की गई रकम का एक बड़ा हिस्सा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता द्वारा दिए जाने की चर्चा है, लेकिन काउंसिल ऑफ गवर्नर्स के सदस्यों को इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि दीपक गुप्ता ने आखिर कौन से अकाउंट से रकम दी है । इन मामलों के चलते कुछेक लोगों ने मजाक में कहा भी था कि रोटरी की ग्रांट्स के मामले में शरत जैन की पनोती डिस्ट्रिक्ट व क्लब्स के लिए मुसीबत बन गई ।

किसे पता था कि रोटरी की ग्रांट्स के मामले में शरत जैन की पनोती दीपक गुप्ता के लिए भी फजीहत का कारण बन जायेगी । मजे की बात यह रही कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता किसी भी मामले में शरत जैन पर निर्भर नहीं थे, लेकिन डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस से पहले पता नहीं किस घड़ी में उन्होंने शरत जैन को डिस्ट्रिक्ट एडवाईजर बना लिया । उसके बाद शरत जैन असिस्टेंट रीजनल रोटरी कोऑर्डीनेटर बन गए, जिसके चलते दीपक गुप्ता ने शरत जैन से निकटता और बढ़ा ली । लोगों को लग रहा है कि इस तरह शरत जैन की पनोती को दीपक गुप्ता ने खुद ही गले लगाया, और डीडीएफ ग्रांट की रकम को लेकर झमेले में फँस गए । शरत जैन के क्लब, रोटरी क्लब दिल्ली अशोका के कुछेक सदस्यों को लगता है कि उनके क्लब में जो फूट हुई, उसके लिए भी शरत जैन की पनोती ही जिम्मेदार है - क्योंकि क्लब में झगड़े की शुरुआत ग्लोबल ग्रांट के इस्तेमाल के तरीके को लेकर ही हुई थी, जो क्लब को दोफाड़ करने का कारण बनी । लोगों को हैरानी लेकिन इस बात की है कि शरत जैन की पनोती से पूर्व गवर्नर सुभाष जैन आखिर कैसे बचे रह गए, जबकि शरत जैन तो उनके डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर थे । लोगों को लगता है कि या तो सुभाष जैन की किस्मत शरत जैन की पनोती पर भारी पड़ी, और या सुभाष जैन डिस्ट्रिक्ट के कामकाज के लिए शरत जैन पर ज्यादा निर्भर नहीं रहे होंगे - और उन्होंने अपना काम अपने आप ही किया होगा । इन चर्चाओं के बीच देखना दिलचस्प होगा कि दीपक गुप्ता के बाद शरत जैन की पनोती का अगला शिकार कौन होता है ?

Saturday, August 29, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी के अभियान को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की गई दीपक गुप्ता की हापुड़ की पार्टी बदइंतजामी के आरोपों में फँसी, तो गाजियाबाद की पार्टी बहुत कम उपस्थिति के चलते खासी फजीहत का शिकार बनी

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए गाजियाबाद में समर्थन जुटाने/बनाने तथा 'दिखाने' के उद्देश्य से दीपक गुप्ता द्वारा आयोजित की गई पार्टी के बुरी तरह फ्लॉप होने से दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के अभियान को जोर का झटका लगा है । कल शाम आयोजित हुई पार्टी के लिए दीपक गुप्ता ने करीब सौ रोटेरियंस का जमाबड़ा करने और दिखाने की तैयारी की थी, लेकिन पार्टी में कुल दो प्रेसीडेंट्स सहित 15 से 20 रोटेरियंस ही जुटे - जिनमें से 4/5 रोटेरियंस तो सोनीपत से दीपक गुप्ता के साथ ही आए थे । 'कोढ़ में खाज' वाली बात यह हुई कि जो लोग पार्टी में समय से पहुँच गए थे, उन्हें बहुत देर इंतजार करने के बाद भी जब ड्रिंक्स खुलती हुई नहीं दिखीं - तो वह नाराजगी दिखाते हुए लौट गए । दीपक गुप्ता का कहना था कि कुछ और लोग आ जाएँ, तब पार्टी को आगे बढ़ाया जाए - लेकिन डेढ़/दो घंटे तक इंतजार करने के बाद तक भी जब दीपक गुप्ता को रोटेरियंस का इंतजार ही करते हुए देखा/पाया गया, तो पार्टी करने पहुँचे रोटेरियंस नाराज हो गए और अपना गुस्सा प्रकट करते हुए पार्टी से वापस लौटे । दीपक गुप्ता ने रोटेरियंस के पार्टी में न पहुँचने के लिए कोरोना के कारण बने डर के माहौल को बहानेबाजी की तरह इस्तेमाल करते हुए जिम्मेदार ठहराया है ।
मजे की बात लेकिन यह है कि दीपक गुप्ता के संभावित समर्थकों को ही उनका यह तर्क हजम नहीं हो रहा है । उनका कहना है कि दीपक गुप्ता ने जब इस पार्टी की योजना बनाई थी, तब कोरोना के कारण बने डर के माहौल को देखते हुए उन्हीं रोटेरियंस को पार्टी में बुलाने के लिए चिन्हित किया गया था, जो काफी सक्रिय रहते हैं तथा जिन्हें संभावित सहयोगी/समर्थक के रूप में पहचाना गया है । दीपक गुप्ता के लिए झटके वाली बात यह रही कि जिन रोटेरियंस ने पार्टी के निमंत्रण को खूब उत्साह के साथ स्वीकार किया था, वह भी पार्टी में नहीं पहुँचे । दीपक गुप्ता के नजदीकियों का ही मानना और कहना है कि इससे आभास मिलता है कि बात करने पर जो रोटेरियंस दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को लेकर उत्साह दिखाते हैं, वह जरूरत पड़ने पर उनके साथ खड़े होने/दिखने से बचते हैं - और इसलिए दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी उनके उत्साह के भरोसे नहीं रह सकती है । कुछेक लोगों का यह भी मानना/कहना है कि दीपक गुप्ता की हापुड़ में की गई पार्टी की बदइंतजामी की सूचना के चलते भी रोटेरियंस ने गाजियाबाद की पार्टी से दूर रहने में ही अपनी भलाई देखी/पहचानी । 

कल शाम गाजियाबाद में आयोजित हुई पार्टी दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के अभियान को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से खासी महत्त्वपूर्ण थी, और इसलिए दीपक गुप्ता ने उसके लिए अच्छे से तैयारी की थी । उन्होंने गाजियाबाद क्षेत्र के कुछेक ऐसे वरिष्ठ व प्रमुख रोटेरियंस की पार्टी में उपस्थिति सुनिश्चित करने की तैयारी की थी, जो चुनावी राजनीति को कुछ हद तक प्रभावित सकते थे । लेकिन सहमति देने के बाद भी उनके पार्टी में न पहुँचने से दीपक गुप्ता की सारी तैयारी पर पानी फिर गया है, जिसे कोरोना के कारण बने हालात की बहानेबाजी से छिपाने की दीपक गुप्ता की कोशिश भी छिपा नहीं पा रही है । हापुड़ की पार्टी बदइंतजामी के आरोपों में फँसी, तो गाजियाबाद की पार्टी रोटेरियंस के न पहुँचने तथा पहुँचे गिने-चुने रोटेरियंस के भी नाराज होकर वापस लौटने से खासी फजीहत शिकार बनी । इस तरह, पहले हापुड़ में और फिर गाजियाबाद में पार्टी का आयोजन करके दीपक गुप्ता ने अपनी उम्मीदवारी के अभियान को आगे बढ़ाने की जो तैयारी की थी, उसने उनके अभियान को वास्तव में पीछे धकेलने का ही काम किया है ।

Monday, August 10, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट अशोक अग्रवाल के चुनावी राजनीति के पचड़े में न पड़ने तथा अपनी गवर्नरी पर ध्यान देने के रवैये के चलते अजय सिन्हा और दीपक गुप्ता की उम्मीदों पर पानी फिरा, तथा प्रियतोष गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए रास्ता साफ हुआ

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने की कोशिशों का कोई फायदा न मिलता देख अजय सिन्हा के साथ जुड़े लोगों ने अब उनसे दूर हटना और 'दिखना' शुरू कर दिया है । इन पंक्तियों के लेखक से अजय सिन्हा की उम्मीदवारी को लेकर बेहद उत्साह के साथ बात करते रहने वाले लोगों ने सुर/स्वर बदलते हुए कहना/बताना शुरू किया है कि अजय सिन्हा ने हालाँकि पिछले दिनों अच्छा संपर्क अभियान चलाया, लेकिन वह लोगों के बीच अपनी उम्मीदवारी को लेकर कोई जोश पैदा करने में विफल रहे हैं - और कारण से उनका हौंसला भी टूटता हुआ लग रहा है । अजय सिन्हा को सबसे बड़ा झटका डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट अशोक अग्रवाल के रवैये से लगा है । अजय सिन्हा को उम्मीद थी कि डिस्ट्रिक्ट की राजनीति में जिस तरह का समीकरण बन रहा है, उसमें अशोक अग्रवाल का समर्थन उन्हें मिल जायेगा - और फिर अशोक अग्रवाल ही उन्हें कुछेक अन्य गवर्नर्स का समर्थन दिलवा देंगे । अजय सिन्हा को ऐसी उम्मीद इसलिए भी थी, क्योंकि उन्हें लगता था कि उन्होंने अशोक अग्रवाल के बहुत कुछ किया है - इसलिए अशोक अग्रवाल अवश्य ही उनका साथ देंगे । अजय सिन्हा को लेकिन यह देख कर खासा झटका लगा है कि उनकी उम्मीद के विपरीत अशोक अग्रवाल उनकी उम्मीदवारी में कोई दिलचस्पी ही नहीं ले रहे हैं ।
अशोक अग्रवाल के नजदीकियों का कहना/बताना है कि अशोक अग्रवाल का सारा ध्यान दरअसल अपनी गवर्नरी पर है, और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति के चक्कर में वह अपनी गवर्नरी खराब करने का खतरा नहीं उठाना चाहते हैं । कोरोना प्रकोप के चलते बने हालात के कारण अशोक अग्रवाल के लिए गवर्नरी 'करना' और गवर्नर पद की जिम्मेदारियाँ निभाना वैसे भी खासा चुनौतीपूर्ण हो गया है, और इस चुनौती से निपटने के लिए उन्हें डिस्ट्रिक्ट में हर किसी का सहयोग व समर्थन चाहिए होगा: अशोक अग्रवाल भी समझ रहे हैं कि ऐसे में वह यदि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति के चक्कर में पड़े - तो उन्हें अपनी गवर्नरी को ही दाँव पर लगाना होगा । अशोक अग्रवाल के नजदीकियों के ही अनुसार, अशोक अग्रवाल को यह भी 'दिख' रहा है तथा समझ में आ रहा है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी दौड़ में प्रियतोष गुप्ता चूँकि काफी आगे हैं, तथा बाकी अन्य उम्मीदवारों के लिए उनका मुकाबला कर पाना मुश्किल क्या - असंभव ही लग रहा है, इसलिए भी अशोक अग्रवाल ने अजय सिन्हा की उम्मीदवारी को तवज्जो देने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है । इस कारण से, अशोक अग्रवाल के समर्थन का दावा करके अजय सिन्हा ने अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में जो गुब्बारा फुलाने की तैयारी की थी, उसकी सारी हवा निकल गई है । 

मजे की बात यह सुनने/देखने में आ रही है कि अजय सिन्हा की उम्मीदवारी के गुब्बारे की हवा निकलते देख डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के तीसरे उम्मीदवार दीपक गुप्ता को सबसे ज्यादा निराशा हो रही है, और उन्हें अपना 'खेल' बिगड़ता नजर आ रहा है । दरअसल दीपक गुप्ता को अजय सिन्हा की उम्मीदवारी में अपना फायदा दिख रहा था; उनका सोचना था कि अशोक अग्रवाल के समर्थन के सहारे अजय सिन्हा गाजियाबाद में प्रियतोष गुप्ता के वोट काटेंगे - और उस स्थिति में उनका फायदा होगा । दिलचस्प बात यह हुई कि अजय सिन्हा के चुनावी मुकाबले में कूद पड़ने से पहले प्रियतोष गुप्ता के सामने दीपक गुप्ता जब अकेले थे, तब दीपक गुप्ता ने अपने आप को प्रियतोष गुप्ता का मुकाबला करने में असमर्थ पाया और वह चुनावी सीन से हटते हुए लगे थे - किंतु अचानक से प्रस्तुत हुई अजय सिन्हा की उम्मीदवारी दीपक गुप्ता को संजीवनी की तरह लगी और वह पुनः चुनावी ताल ठोकने लगे । लेकिन अशोक अग्रवाल के चुनावी राजनीति के पचड़े में न पड़ने तथा अपनी गवर्नरी पर ध्यान देने के चलते अजय सिन्हा की उम्मीदों पर पानी पड़ने से प्रियतोष गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए रास्ता जिस तरह से साफ हुआ है - उससे दीपक गुप्ता का 'फायदे का गणित' गड़बड़ा गया है और उनके लिए पहले वाली स्थिति ही बन गई है - जहाँ कि वह प्रियतोष गुप्ता का मुकाबला करने में अपने को असमर्थ पा रहे थे । 

Tuesday, August 4, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता द्वारा अपने अकाउंट से दी गई डिस्ट्रिक्ट ग्रांट्स की रकम के फँसने के मामले में शरत जैन के कूद पड़ने से, इस चर्चा को हवा मिली है कि डिस्ट्रिक्ट ग्रांट्स कहीं शरत जैन को सीओएल का चुनाव जितवाने में तो इस्तेमाल नहीं हुई है ? 

नई दिल्ली । बैंक में अटकी/फँसी पड़ी डिस्ट्रिक्ट ग्रांट की रकम को लेकर लंबी-चौड़ी सफाई देती ईमेल लिख/भेज कर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शरत जैन रोटेरियंस के बीच न सिर्फ मजाक का विषय बन गए हैं, बल्कि खासी फजीहत के शिकार हो बैठे हैं । एक तरफ लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि शरत जैन को दीपक गुप्ता के 'फटे में अपना पैर घुसाने' की जरूरत आखिर क्यों पड़ी, तो दूसरी तरफ उनके नजदीकियों का कहना/बताना है कि शरत जैन ने उक्त ईमेल इसलिए लिखी है ताकि दीपक गुप्ता अपनी जेब से खर्च की गई डिस्ट्रिक्ट ग्रांट की रकम उनसे लेने पर जोर न दें । शरत जैन के नजदीकियों का कहना है कि अपनी जेब से खर्च की गई रकम को डूबता देख कर दीपक गुप्ता ने शरत जैन से तकादा करना शुरू किया है कि डिस्ट्रिक्ट ग्रांट को चूँकि उन्हें सीओएल का चुनाव जितवाने के लिए 'खर्च' किया गया था, इसलिए वह रकम उन्हें चुकाना चाहिए । दीपक गुप्ता ने यहाँ तक ऑफर दिया है कि पूरी न सही, तो कम से कम आधी रकम तो शरत जैन को देना ही चाहिए । दीपक गुप्ता का तर्क है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव जीतने के लिए जिस तरह से ललित खन्ना ने मोटी रकम खर्च की है, वैसे ही शरत जैन को भी सीओएल प्रतिनिधि बनने की कुछ तो कीमत चुकाना ही चाहिए । दीपक गुप्ता ने भी कुछेक लोगों के बीच रोना रोया है कि शरत जैन के लिए वोट पक्के करने के लिए ही उन्हें डिस्ट्रिक्ट ग्रांट की रकम अपने अकाउंट से देने की जरूरत पड़ी थी, अन्यथा उन्हें क्या जरूरत थी कि वह डिस्ट्रिक्ट ग्रांट की रकम अपने अकाउंट से देते ?
दीपक गुप्ता की तरफ से होने वाली इस तरह की बातों ने शरत जैन को डरा दिया कि कहीं दीपक गुप्ता उनसे रकम बसूलने पर जोर न देने लगें - इसलिए वह दीपक गुप्ता की मदद करने के नाम पर बीच में कूद पड़े हैं । शरत जैन के नजदीकियों के अनुसार, शरत जैन ने देखा/जाना है कि दीपक गुप्ता ने ललित खन्ना से किस किस तरह से पैसे लिए/बसूले थे । हर काम के लिए पैसों का बोझ दीपक गुप्ता जिस तरह से ललित खन्ना के सिर पर डाल दिया करते थे, उसके कारण ललित खन्ना के नजदीकियों को कुछेक मौकों पर कहते हुए सुना गया था कि दीपक गुप्ता की डिमांड्स के चक्कर में ललित खन्ना को कहीं अपनी फैक्ट्री न बेचनी पड़ जाए ! दीपक गुप्ता को बड़ा अफसोस रहा कि शरत जैन को सीओएल का चुनाव जितवाने के ऐवज में वह शरत जैन से पैसे नहीं ले पाए । अब जब, दीपक गुप्ता को अपनी जेब से दिए गए डिस्ट्रिक्ट ग्रांट के पैसे डूबते हुए दिख रहे हैं तो उन्हें यह जरूर लग रहा है कि उक्त पैसे शरत जैन को देने चाहिए । मजे की बात यह है कि शरत जैन के कुछेक नजदीकियों को दीपक गुप्ता की 'मांग' उचित भी लगती है; उनका कहना है कि डिस्ट्रिक्ट में 105 क्लब हैं, लेकिन शरत जैन के लिए वोट जुटाने के उद्देश्य से दीपक गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट ग्रांट की रकम कुल 18 क्लब्स में ही बाँट/निपटा दी - डिस्ट्रिक्ट ग्रांट का करीब 70 लाख रुपया भी दीपक गुप्ता ने अपनी जेब से दिया । शरत जैन के नजदीकियों का भी मानना और कहना है कि दीपक गुप्ता अब यदि यह चाहते हैं कि उक्त रकम पूरी न सही, कम से कम आधी तो शरत जैन दे हीं - तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है ।

शरत जैन ने लेकिन रकम देने से बचने के लिए दीपक गुप्ता के प्रति हमदर्दी दिखाती हुई ईमेल लिखने व तमाम लोगों को भेजने का 'रास्ता' पकड़ा है । शरत जैन की ईमेल ने दीपक गुप्ता की बेवकूफी के चलते गंभीर होते गए एक सामान्य से मामले को और भी ज्यादा गंभीर बना दिया है, जिसके लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आलोक गुप्ता से भी उन्हें लताड़ सुनने को मिली है । मामले की क्रोनोलॉजी बड़ी सामान्य सी है, जो शरत जैन ने भी अपनी ईमेल में बताई है - पिछले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता ने कुछेक क्लब्स के लिए डिस्ट्रिक्ट ग्रांट्स के प्रस्ताव स्वीकार किए, जिन्हें रोटरी फाउंडेशन ने भी मंजूर कर लिया और ग्रांट्स का पैसा डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट में आ गया; डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट से पैसे क्लब्स को दिए जाने थे, लेकिन दीपक गुप्ता ने चूँकि डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट में अपने हस्ताक्षर मान्य नहीं करवाए थे और न उक्त अकाउंट की केवाईसी प्रक्रिया पूरी करवाई थी - इसलिए डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट से पैसे ट्रांसफर नहीं हो सकते थे । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में इसे दीपक गुप्ता के निकम्मेपन की हद ही कहा जायेगा कि 365 दिन के अपने गवर्नर-काल में वह डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट में अपना नाम नहीं डलवा सके । विडंबना यह है कि जब यह बात सामने आई, तब भी दीपक गुप्ता ने बैंक अकाउंट में अपने हस्ताक्षर मान्य करवाने में दिलचस्पी नहीं ली । दरअसल उस समय वह शरत जैन की सीओएल की उम्मीदवारी के पक्ष में वोटों की सौदेबाजी करने में व्यस्त थे । रोटरी इंटरनेशनल कार्यालय के पदाधिकारियों को झूठे ही 'अर्जेन्टली रिक्वायर्ड' का वास्ता देकर दीपक गुप्ता ने पैसों के ऐडजस्टमेंट का आश्वासन ले लिया था । लेकिन अब पोल खुल रही है कि उनके लिए 'अर्जेन्टली रिक्वायर्ड' दरअसल सीओएल के चुनाव के लिए वोटों का सौदा करना था, और वह बैंक अकाउंट को नियमानुसार लाने/बनाने में समय बर्बाद नहीं कर सकते थे । मामले में शरत जैन द्वारा गैरजरूरी रूप से दखल देने से लोगों को यह और 'नजर' आ रहा है कि डिस्ट्रिक्ट ग्रांट का पैसा उनके चुनाव में ही 'इस्तेमाल' हुआ है ।         

Saturday, July 25, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता सदस्यता वृद्धि तथा फाउंडेशन की जमा राशि के मामले में उलटे नतीजे देकर, डिस्ट्रिक्ट और रोटरी को पीछे घसीटने पर शर्मिंदा होने की बजाये, अपनी उपलब्धियों का ढोल पीटने तथा खुद ही खुद को शाबासी देने में क्यों लगे हुए हैं ?

गाजियाबाद । निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता सच्चाई को छिपाते तथा तथ्यों से खिलवाड़ करते हुए डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच झूठी वाहवाही लेने की कोशिश भले ही कर रहे हों, लेकिन रोटरी जगत में यही माना/पहचाना जा रहा है कि उनके गवर्नर वर्ष में डिस्ट्रिक्ट 3012 तथा रोटरी को नुकसान ही हुआ है - तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता डिस्ट्रिक्ट व रोटरी को पीछे ही ले गए हैं । सदस्य-संख्या के मामले में तो दीपक गुप्ता गोलमोल बातें बनाते हुए अपनी उपलब्धि का झूठा ही श्रेय लेने की कोशिश करते हुए 'रंगे हाथ' पकड़े गए हैं । उल्लेखनीय है कि वह जोरशोर से यह तो बता रहे हैं कि उनके गवर्नर वर्ष में 12 नए क्लब बने तथा 500 से अधिक नए सदस्य रोटरी से जुड़े - लेकिन यह बताते हुए वह धूर्तता यह दिखा रहे हैं कि वह यह नहीं बता रहे हैं कि उनके गवर्नर रहते हुए डिस्ट्रिक्ट की सदस्य संख्या क्या से क्या हुई है ? दरअसल वह यह इसलिए नहीं बता रहे हैं कि यह बात सामने आते ही उनकी पोल खुल जायेगी और लोगों को पता चल जायेगा कि उनके गवर्नर रहते हुए डिस्ट्रिक्ट व रोटरी को फायदा नहीं - बल्कि घाटा हुआ है । रोटरी इंटरनेशनल के रिकॉर्ड के अनुसार, एक जुलाई 2019 को जब दीपक गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पदभार संभाला था, तब डिस्ट्रिक्ट की सदस्य-संख्या 3709 थी - लेकिन 30 जून 2020 को जब दीपक गुप्ता गवर्नर की कुर्सी से उतरे, तब सदस्य-संख्या घटकर 3695 रह गई । क्लब्स की औसत सदस्यता के संदर्भ में तो यह घाटा और भी बड़ा है, क्योंकि इस दौरान क्लब्स की संख्या 95 से बढ़कर 105 हुई है । सिर्फ इतना ही नहीं, रोटरी इंटरनेशनल के महिलाओं की सदस्यता को प्रोत्साहित करने के अभियान को पूरा करने के मामले में भी दीपक गुप्ता बुरी तरह असफल रहे हैं । उनके गवर्नर वर्ष में महिला सदस्यों की हिस्सेदारी 25.96 प्रतिशत से घटकर 23.57 प्रतिशत रह गई है ।
रोटरी फाउंडेशन के लिए जमा हुई रकम को लेकर भी दीपक गुप्ता तथ्यों से खिलवाड़ कर रहे हैं, और पूरी सच्चाई बताये बिना अपने आपको शाबासी दिए जा रहे हैं - जबकि सच्चाई यह है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उन्होंने रोटरी फाउंडेशन का अकाउंट भरने का नहीं, बल्कि खाली करने का काम किया है । दीपक गुप्ता रोटरी फाउंडेशन के लिए 10 लाख डॉलर से अधिक की रकम जमा होने की बात तो बता रहे हैं, लेकिन इस तथ्य को बहुत ही चालाकी से छिपा ले रहे हैं कि इसमें पाँच लाख डॉलर से अधिक की रकम तो टर्म गिफ्ट के रूप में है, जिसके बदले में तीन से चार गुना रकम ग्लोबल ग्रांट के रूप में रोटरी फाउंडेशन से ली जायेगी - यानि उक्त रकम दान नहीं है, बल्कि इन्वेस्टमेंट है; और यह रकम रोटरी फाउंडेशन के अकाउंट में जमा रकम को बढ़ाने का नहीं, उलटे घटाने का काम करेगी । इस तरह, दीपक गुप्ता ने रोटरी फाउंडेशन को चूना लगाने का ही काम नहीं किया है - बल्कि उनकी असफलता इस मामले में भी है कि टर्म गिफ्ट के नाम पर भी वह कुल करीब छह/आठ क्लब्स से ही पैसे जुटा पाए हैं और डिस्ट्रिक्ट के अधिकतर क्लब्स की तरफ से उन्हें ठेंगा ही मिला है ।
उल्लेखनीय है कि रोटरी का विकास सदस्यता वृद्धि तथा फाउंडेशन की जमा राशि पर ही निर्भर करता है, और इसीलिए रोटरी इंटरनेशनल इन दोनों क्षेत्रों में अधिक से अधिक ध्यान देने पर जोर देता है - डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता ने लेकिन दोनों ही क्षेत्रों में उलटे नतीजे देकर वास्तव में रोटरी को आगे बढ़ाने की बजाये, पीछे घसीटने का ही काम किया है । हद की बात यह है कि अपनी असफलता पर शर्मिंदा होने की बजाये वह आधी-अधूरी बातें बता कर दोनों ही क्षेत्रों में अपनी उपलब्धियों का ढोल पीट रहे हैं और खुद ही खुद को शाबासी देने में लगे हुए हैं । 

Friday, July 10, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में चुनावी फायदे के लिए दीपक गुप्ता द्वारा बनाया गया रोटरी क्लब गाजियाबाद तेजस्वी सभी सदस्यों के इस्तीफा देने के कारण छह महीने में ही बंद हुआ, और जो दीपक गुप्ता की नटवरलालरूपी कार्यप्रणाली का एक दिलचस्प उदाहरण बना है 

गाजियाबाद । निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता ने पिछले रोटरी वर्ष के अपने कार्यकाल में जो 12 नए क्लब बनाये/खोले थे, उनमें एक - रोटरी क्लब गाजियाबाद तेजस्वी - दीपक गुप्ता का कार्यकाल पूरा होते ही सभी सदस्यों के इस्तीफा दे देने के कारण बंद हो गया है । यह क्लब 11 दिसंबर 2019 को 66 सदस्यों के साथ खोला गया था, लेकिन ड्यूज जमा करने से बचने की सदस्स्यों की कार्रवाई के कारण छह महीने में ही बंद हो गया है । छह महीने के कार्यकाल में इस क्लब की एकमात्र 'महान उपलब्धि' यह रही कि इसके जो तीन वोट बने थे, वह सीओएल के चुनाव में शरत जैन को दो वोटों से जीत दिलवाने में मददगार रहे । वास्तव में यह क्लब शरत जैन की उम्मीदवारी के लिए वोट जुटाने के अभियान के तहत ही बना/बनाया गया था । 66 सदस्यों के साथ बने/बनाये गए इस क्लब के लिए दीपक गुप्ता को जोन 4 के रोटरी कोऑर्डीनेटर गुरजीत सिंह सेखों तथा असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डीनेटर प्रियेश भंडारी की तरफ से शाबासी भी मिली थी - उन बेचारों को क्या पता था कि दीपक गुप्ता उन्हें ही नहीं, बल्कि रोटरी के उच्च आदर्शों को भी ठग रहे हैं - और वह उनकी ठगी को शाबासी दे रहे हैं । बात सिर्फ इतनी सी ही नहीं है कि एक क्लब खुला और छह महीने में ही बंद हो गया - कोई भी तर्क कर सकता है कि इसके लिए तो क्लब के सदस्यों और पदाधिकारियों को जिम्मेदार माना व जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए; डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की इसमें भला क्या गलती है ? लेकिन रोटरी क्लब गाजियाबाद तेजस्वी का किस्सा इतना सीधा/सरल नहीं है, यह किस्सा वास्तव में दीपक गुप्ता की नटवरलालरूपी कार्यप्रणाली का एक दिलचस्प उदाहरण है - जिसमें उक्त क्लब के सदस्य 'इस्तेमाल' किए गए और रोटरी तथा उसके वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ 'धोखा' किया गया ।
उल्लेखनीय है कि उक्त क्लब 15 डॉलर प्रति सदस्य के शुल्क के साथ 11 दिसंबर को खुला था; इसके चार्टर सदस्यों की संख्या 66 थी - लेकिन फरवरी तक इसकी सदस्यता घटकर 20/25 के करीब हो गई । इस बीच, रोटरी इंटरनेशनल कार्यालय से करीब दो लाख का बिल आ गया - जिसे देख कर क्लब के पदाधिकारियों तथा सदस्यों का पारा गर्म हो गया; उनका कहना/बताना रहा कि उन्हें तो विश्वास दिलाया गया था कि जून तक उन्हें कोई बिल नहीं चुकाना होगा । इसके बाद, जैसी जो बातें सुनने को मिलीं - उससे साबित हो गया कि दीपक गुप्ता को लोगों ने 'रोटरी का नटवरलाल' नाम उचित ही दिया है । क्लब की तरफ से सुनने को मिला कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता ने क्लब के प्रमुख लोगों को फार्मूला सुझाया कि अभी 66 सदस्यों के साथ खोले जा रहे क्लब की सदस्यता जनवरी के अंत तक घटाकर 20/22 कर देना - जिससे कि 66 सदस्यों का शुल्क नहीं लगेगा - और क्लब आगे आसानी से बना/चलता रहेगा । क्लब के प्रमुख कर्ताधर्ताओं ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि दीपक गुप्ता जब एक/डेढ़ महीने के बाद सदस्यता एक तिहाई कर देने का सुझाव दे रहे हैं, तो क्लब की शुरुआत बड़ी सदस्य संख्या से करने की जरूरत भला क्या है ? उन्हें यह नहीं समझ में आया कि इसके पीछे दीपक गुप्ता की चालबाजी क्लब के तीन वोट बनवाने/पाने की है, जिन्हें सीओएल के चुनाव में शरत जैन के पक्ष में किया जायेगा । दीपक गुप्ता का इरादा यही था कि उनका काम बन जाये, उसके बाद सदस्यता घटा दी जाए । काम दीपक गुप्ता की योजना के अनुसार ही हुआ, लेकिन मामला तब बिगड़ गया - जब क्लब को रोटरी इंटरनेशनल से 66 सदस्यों का भारी-भरकम बिल मिला ।
क्लब के पदाधिकारियों ने कोशिश तो बहुत की कि क्लब के तीन वोटों का फायदा चूँकि शरत जैन को मिला है, इसलिए क्लब को मिले बिल का भुगतान वह करें - लेकिन शरत जैन ने अवसरवादी रवैया अपनाते/दिखाते हुए मामले में चुप्पी ही बनाये रखी । दीपक गुप्ता ने कुछ समय तक जरूर क्लब के पदाधिकारियों को झाँसा दिए रखा कि क्लब को मिले बिल के भुगतान को लेकर वह कुछ करेंगे - लेकिन क्लब के पदाधिकारियों को जल्दी ही समझ में आ गया कि रोटरी तथा रोटरी इंटरनेशनल के बड़े पदाधिकारियों के साथ 'धोखा' करने वाले दीपक गुप्ता उनके साथ भी धोखा ही कर रहे हैं, इसलिए उन्होंने रोटरी से ही तौबा कर लेने में अपनी भलाई देखी और इस्तीफा देकर क्लब से अलग हो गए - और जब क्लब में कोई बचा नहीं रह गया, तो क्लब स्वतः बंद हो गया । रोटरी में क्लब्स प्रायः ड्यूज जमा न करने के कारण बंद होते हैं; लेकिन रोटरी क्लब गाजियाबाद तेजस्वी सभी सदस्यों के इस्तीफा दे देने के कारण बंद हुआ है । डिस्ट्रिक्ट 3012 में अभी तक 23 क्लब बंद हुए हैं, जिनमें सबसे कम समय तक यही क्लब अस्तित्व में रहा है, और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता की धोखाधड़ी का शिकार बने रोटेरियंस के रोटरी छोड़ जाने के कारण बंद हुआ है । विडंबना यह है कि रोटेरियंस के साथ धोखाधड़ी करने तथा रोटरी को बदनाम करने के बावजूद दीपक गुप्ता अभी भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नरी के 'नशे' से बाहर नहीं निकल पाए हैं - भूतपूर्व हो चुकने के बाद भी दीपक गुप्ता डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में न सिर्फ क्लब्स के प्रोजेक्ट में शामिल हो रहे हैं, बल्कि अभी भी रोटेरियंस को अवॉर्ड/सर्टीफिकेट घोषित कर रहे हैं तथा बाँट रहे हैं । इस तरह रोटरी से खिलवाड़ करना उनका अभी भी जारी है ।

Wednesday, July 8, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने को लेकर दौड़-भाग करते करते, अचानक से 'गायब' हो गए दीपक गुप्ता को कोरोना पीड़ित होने की चर्चा के कारण भारी चुनावी नुकसान पहुँचा; और उन्हें चुनावी मुकाबले से बाहर हुआ ही देखा/समझा जा रहा है

सोनीपत । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश में मुश्किलों से जूझ रहे दीपक गुप्ता को कोरोना पॉजिटिव हो जाने की चर्चा के कारण और तगड़ा झटका लगा है, जिस कारण इस वर्ष होने वाला डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव बिलकुल ही एकतरफा तथा विकल्पहीन होता हुआ नजर आ रहा है । दीपक गुप्ता के नजदीकियों ने तो कहना भी शुरू कर दिया है कि समर्थन न मिलने के कारण परेशान और निराश हो चले दीपक गुप्ता को कोरोना का शिकार हो जाने की चर्चा के कारण अपनी उम्मीदवारी से पीछे हटने का सम्मानजनक मौका मिल गया है । उनके नजदीकियों का ही कहना/बताना है कि कोरोना पीड़ित होने की चर्चा से पहले दीपक गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख रोटेरियंस से मुलाकातें की थीं और अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने का प्रयास किया था, लेकिन अपने प्रयासों का उन्हें कोई विश्वसनीय नतीजा मिलता हुआ नहीं लगा था - जिस कारण वह बुरी तरह निराश और परेशान हुए थे । दीपक गुप्ता के लिए मुसीबत की बात यह हुई कि अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के उद्देश्य से उन्होंने रोटेरियंस से जो मुलाकातें कीं - उसके नतीजे में उन्हें किसी से भी सहयोग व समर्थन के आश्वासन तो नहीं मिले, कोरोना पीड़ित होने की मशहूरी लेकिन मिल गई । 
विडंबना की बात यह है कि दीपक गुप्ता ने अपनी तरफ से कोरोना पीड़ित होने की चर्चा पर कोई बात नहीं की है, जिसे उनकी तरफ से कोरोना पीड़ित होने की बात को छिपाने के प्रयास के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । दरअसल, उनके कोरोना पीड़ित होने की चर्चा को तब बल किया, जब लोगों ने दीपक गुप्ता को अचानक से शांत और सीन से गायब पाया । लोगों को हैरानी हुई कि दीपक गुप्ता कहाँ तो इतने सक्रिय थे कि वॉट्सऐप और फोन के साथ-साथ, लॉकडाउन के कड़े दिशा-निर्देशों के बावजूद दिल्ली और गाजियाबाद व नोएडा तथा उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों/कस्बों के रोटेरियंस से मिलने/जुलने तक पहुँच रहे थे - लेकिन फिर अचानक से इस तरह से गायब हो गए कि वॉट्सऐप पर भी उनके संदेशों का अकाल पड़ गया । लोगों ने पता किया तो उन्हें दीपक गुप्ता के बीमार होने की खबर मिली और बीमारी को छिपाने तथा रहस्य बनाये रखने की उनकी कोशिशों के कारण उनके कोरोना पीड़ित होने की चर्चा फैली । इस चर्चा ने उन रोटेरियंस को बुरी तरह से परेशान किया, जिनसे दीपक गुप्ता पिछले दिनों मिले/जुले थे । कई रोटेरियंस ने कहा/बताया भी कि अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के उद्देश्य से दीपक गुप्ता लॉकडाउन के दौरान उनसे मिलने आये थे, तो उन्होंने उन्हें सलाह दी थी कि अभी उन्हें मिलने/जुलने पर ज्यादा जोर नहीं देना चाहिए और सावधानी रखनी/बरतनी चाहिए - लेकिन दीपक गुप्ता ने उनकी सलाह को गंभीरता से नहीं लिया, और खुद ही शिकार हो बैठे ।
दीपक गुप्ता के कोरोना पीड़ित होने की चर्चा ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी मुकाबले में आने और बने रहने के उनके प्रयासों पर पानी फेर दिया है । उम्मीदवार के रूप में उन्हें हालाँकि कहीं से भी कोई समर्थन मिलता हुआ तो नहीं दिख रहा था, लेकिन उनकी उम्मीदवारी चुनावी परिदृश्य में रोमांच तो बनाये हुए थी ही - और इस रोमांच के भरोसे दीपक गुप्ता वास्तव में अगले रोटरी वर्ष के लिए अपनी उम्मीदवारी की पुनर्प्रस्तुति की उम्मीद लगाये हुए थे । दीपक गुप्ता के नजदीकियों के अनुसार, दीपक गुप्ता को यह आभास तो हो गया था कि इस वर्ष होने वाले चुनाव में उनकी दाल गलने वाली नहीं है, लेकिन वह फिर भी अपनी उम्मीदवारी बनाये हुए थे - तो इस उम्मीद में, कि नेता लोग अगले वर्ष में उनकी उम्मीदवारी को समर्थन का भरोसा देकर उन्हें अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के लिए मनाने का प्रयास करेंगे; और इस तरह अगले वर्ष में उनकी उम्मीदवारी का रास्ता साफ हो जायेगा । दीपक गुप्ता के कोरोना पीड़ित होने की चर्चा ने लेकिन उनसे वह उम्मीद भी छीन ली लगती है । दीपक गुप्ता के कोरोना पीड़ित होने की चर्चा ने दीपक गुप्ता को चुनावी नुकसान पहुँचाने के साथ-साथ, उनकी चुनावी सक्रियता के बहाने तरह तरह की अफवाहें फैलाने तथा शेखचिल्ली टाइप कयास लगाने के मौके बनाने वाले चुनावबाज और हमेशा चुनावी-मोड में रहने वाले रोटेरियंस को भी झटका दिया है । उक्त चर्चा के चलते एक तरफ यदि दीपक गुप्ता के चुनावी मुकाबले से बाहर होने की स्थिति बनी है, तो दूसरी तरफ चुनावबाज रोटेरियंस के सामने भी 'बेरोजगार' होने का खतरा पैदा हो गया है ।  

Wednesday, July 1, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में अवॉर्ड देने/बाँटने में बंदरबाँट करने के साथ-साथ रोटरी फाउंडेशन के लिए पैसे इकट्ठे करने के लिए अपनाई गई तिकड़मों को देख/सुन कर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता को लोग 'रोटरी का नटवरलाल' कहने लगे हैं

गाजियाबाद । रोटरी और समाज के लिए बेहतर काम करने वाले रोटेरियंस की पहचान करने तथा उन्हें पुरुस्कृत करने के - डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में अपने अंतिम - कार्यक्रम में दीपक गुप्ता ने अवॉर्ड्स की जो बंदरबाँट की है, उसने डिस्ट्रिक्ट में काम करने वाले रोटेरियंस को न सिर्फ निराश व हतोत्साहित किया है, बल्कि पूरे कार्यक्रम का मजाक ही बना दिया । 'आउटस्टैंडिंग रोटेरियन' का अवॉर्ड पाने वाले एक रोटेरियन की शिकायत है कि उन्होंने इस वर्ष काफी काम किया, जिसमें उनके करीब दस लाख रुपये खर्च हुए - इसलिए उन्हें जब उक्त अवॉर्ड मिला तो उन्हें बड़ा गर्व हुआ; लेकिन उनका गर्व यह देख/जान कर हवा हो गया कि यही अवॉर्ड उनके ही क्लब के एक ऐसे सदस्य को भी मिला है, जिसने इकन्नी भी खर्च नहीं की और काम के नाम पर सिर्फ दीपक गुप्ता की चमचागिरी ही की । उसके बाद से, उनके क्लब के साथ-साथ दूसरे क्लब के लोग भी उनका मजाक उड़ा रहे हैं कि उनसे ज्यादा होशियार तो 'वह' निकला, जिसने रोटरी में 'न हींग लगाई, न फिटकरी' और अवॉर्ड ले बैठा । यह देख/सुन कर उन्हें भी पछतावा हो रहा है कि उन्होंने दीपक गुप्ता के साथ रोटरी और डिस्ट्रिक्ट में नाहक ही काम किया, और मोटी रकम खर्च की । सचिन वत्स को 'बेस्ट रोटेरियन' के अवॉर्ड से नवाजे जाने को लेकर लोगों ने 'अँधा बाँटे रेवड़ी, अपनों अपनों को दे' कहावत को याद किया । सचिन वत्स को दीपक गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट इवेंट चेयरमैन बनाया था; एक इवेंट के आयोजन में सचिन वत्स द्वारा किए गए एक फर्जीवाड़े के कारण दीपक गुप्ता को अपनी पत्नी के साथ एक कानूनी झमेले में फँसना पड़ा - इसके बाद भी, सचिन वत्स का 'बेस्ट रोटेरियन' घोषित होना 'अंधा कानून' ही कहा/माना जायेगा । दीपक गुप्ता की हरकतों से तंग आकर मनीष गोयल ने डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी के पद से इस्तीफा दिया था, और तब सचिन वत्स ने उक्त पद की भी कुछ जिम्मेदारी संभाली । कुल मिला कर सचिन वत्स ने जो कुछ भी किया, उसे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता की मदद के रूप में ही देखा/पहचाना जा सकता है - उसे रोटरी के और या समाज के लिए किए गए काम के रूप में नहीं देखा जा सकता है । रोटरी और समाज के लिए तो एक रोटेरियन के रूप में सचिन वत्स ने इकन्नी का भी काम नहीं किया । डिस्ट्रिक्ट के लोगों का कहना है कि इसलिए सचिन वत्स को 'बेस्ट रोटेरियन' बताना वास्तव में डिस्ट्रिक्ट के उन लोगों का अपमान है, जिन्होंने रोटरी के लिए अपनी जेबें ढीली कीं ।
इसी तरह के उदाहरणों के हवाले से, अवॉर्ड देने के मामले में दीपक गुप्ता को 'नटवरलाल' का नाम दिया गया । मजे की बात है कि अपना 'नटवरलाली' रूप दीपक गुप्ता ने सिर्फ अवॉर्ड देने के मामले में ही नहीं दिखाया है, बल्कि रोटरी फाउंडेशन के लिए पैसे इकट्ठे करने के काम में भी उन्होंने अपनी इसी रूप का जमकर इस्तेमाल किया । पिछले दस/पंद्रह दिनों से वह लगातार झूठ पर झूठ बोल कर रोटरी फाउंडेशन के लिए पैसे देने को लेकर लोगों पर दबाव बनाते रहे हैं - किसी से कहा कि रोटरी फाउंडेशन में साढ़े नौ लाख डॉलर हो गए हैं, आप पचास हजार डॉलर दे दो, पूरे दस लाख डॉलर हो जायेंगे । उस समय जबकि वास्तव में थे करीब पाँच/छह लाख डॉलर ही । 28 जून तक का जो आँकड़ा अभी उपलब्ध है, उसके अनुसार रोटरी फाउंडेशन के लिए साढ़े सात लाख डॉलर से कुछ अधिक रकम ही जमा हुई है । दीपक गुप्ता के 'नटवरलाली' रूप का आलम यह रहा कि वह खुद तो रकम पूरी करके एकेएस सदस्य नहीं बने, लेकिन अपना रिकॉर्ड बनाने के लिए उन्होंने रोटरी क्लब दिल्ली सिटी की प्रेसीडेंट अमिता मोहिंद्रु पर तरह तरह से दबाव डाल और डलवा कर उनकी एकेएस सदस्यता की रकम पूरी जमा करवा ली । दीपक गुप्ता ने अनीता मोहिंद्रु को संकेत दिया था कि वह उन्हें वह उन्हें 'बेस्ट प्रेसीडेंट' का अवॉर्ड देंगे - दीपक गुप्ता ने उन्हें उक्त अवॉर्ड दिया भी, लेकिन अनीता मोहिंद्रु के साथ उन्होंने 'धोखा' यह किया कि उनके साथ एक अन्य प्रेसीडेंट को भी उक्त अवॉर्ड में साझेदार बना दिया ।
दीपक गुप्ता ने सिर्फ अनीता मोहिंद्रु के साथ ही 'धोखा' नहीं किया, बल्कि रोटरी फाउंडेशन के साथ भी वह मजाक कर रहे हैं । रोटरी फाउंडेशन के लिए वह जो मोटी रकम जुटाने के प्रयासों में रहे, रोटरी को तो वास्तव में उसका करीब चौथा हिस्सा ही मिलेगा - उस रकम का तीन चौथाई हिस्सा तो दरअसल गिफ्ट टर्म के रूप में है, जो रोटरी को 'देने' के लिए नहीं, बल्कि रोटरी से 'लेने' के लिए दिया गया है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता की क्या उपलब्धियाँ हैं, यह मेंबरशिप में हुई तथाकथित बढ़ोतरी से जाना/समझा जा सकता है । पिछले वर्ष, एक जुलाई को जब दीपक गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पदभार संभाला था, तब डिस्ट्रिक्ट में 3769 सदस्य थे, जो उनके पदभार छोड़ते समय 3842 हैं - यानि 73 सदस्य बढ़े हैं । लेकिन इस वृद्धि को रेखांकित करते समय यह ध्यान करना मामले को दिलचस्प बना देता है कि दीपक गुप्ता के गवर्नर-वर्ष में 12 नए क्लब बने हैं, जिनकी कुल सदस्यता के साथ 375 नए सदस्य जुड़े हैं । इस तरह से देखें, तो वास्तव में दीपक गुप्ता के गवर्नर-वर्ष में कई सदस्य रोटरी और डिस्ट्रिक्ट छोड़ गए हैं । दीपक गुप्ता लगातार रोटरी के प्रति अपना गहरा लगाव दिखाते/जताते रहे हैं, और समय समय पर जाहिर करते रहे हैं कि वह रोटरी के बड़े जानकार हैं - जिस कारण से लोगों को उम्मीद थी कि उनका गवर्नर-वर्ष खास रहेगा; लेकिन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता ने लोगों को बुरी तरह निराश किया है । उनका गवर्नर-वर्ष अपनी ही टीम के बड़े पदाधिकारियों तथा कलीग गवर्नर्स के साथ-साथ बाहर के प्रोफेशनल्स के साथ 'बेईमानी' और 'धोखाधड़ी' करने के लिए बदनाम हुआ, और रोटरी के आदर्शों व नियमों के साथ खिलवाड़ करने वाला साबित हुआ है । यही सब देख/जान कई लोग उन्हें 'रोटरी का नटवरलाल' भी कहने लगे हैं । 

Friday, June 12, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता ने रोटरी फाउंडेशन में बड़ी रकम जमा करवा कर रोटरी के बड़े नेताओं की शाबासी पाने के चक्कर में डीडीएफ अकाउंट की वास्तविक रकम से कहीं ज्यादा रकम अलॉट करके क्लब्स के पदाधिकारियों को धोखाधड़ी का शिकार बनाया 

गाजियाबाद । झूठे दावे/वायदे करते हुए धोखाधड़ी करने के सिलसिले को जारी रखते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता ने रोटरी फाउंडेशन के लिए बड़ी रकम इकट्ठा करने के लिए क्लब्स के पदाधिकारियों के साथ धोखाधड़ी का एक बड़ा कांड कर डाला है । डीडीएफ अकाउंट में करीब 32 हजार डॉलर का बैलेंस होने की जानकारी होने के बावजूद, दीपक गुप्ता ने करीब एक लाख 60 हजार डॉलर की रकम क्लब्स को अलॉट कर दी है । अब जब अकाउंट में पैसा ही नहीं है, तो क्लब्स को पैसे मिलेंगे कहाँ से ? क्लब्स के पदाधिकारियों को लेकिन दीपक गुप्ता की इस धोखाधड़ी के बारे में तब पता चलेगा, जब रकम न होने कारण उनके प्रोजेक्ट्स निरस्त होंगे - तब तक दीपक गुप्ता पूर्व गवर्नर हो चुके होंगे और रोटरी फाउंडेशन के लिए बड़ी रकम इकट्ठा करने के लिए रोटरी के बड़े पदाधिकारियों और नेताओं से वाहवाही ले चुके होंगे । मजे की बात यह है कि दीपक गुप्ता की इस धोखाधड़ी का शिकार होने वाले क्लब्स में - रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर भी है, जिसमें दो दो गवर्नर हैं; एक पूर्व गवर्नर जेके गौड़, तथा दूसरे भावी गवर्नर अशोक अग्रवाल । इससे भी ज्यादा मजे की बात यह है कि जेके गौड़ तो डीआरएफसी (डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन) हैं, और इस नाते यह उम्मीद की जाती है कि दीपक गुप्ता की इस धोखाधड़ी की जानकारी उन्हें होगी ही । हालाँकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि दीपक गुप्ता ने अपने शातिरपने में जेके गौड़ का 'मामू' बना दिया है, या जेके गौड़ किसी 'मजबूरी' में चुप बने हुए हैं - और अपने ही क्लब के पदाधिकारियों के साथ धोखा होने दे रहे हैं । भावी गवर्नर अशोक अग्रवाल को दीपक गुप्ता ने 'सर्विस अबव सेल्फ' का अवॉर्ड दिलवाया हुआ है, इसलिए वह दीपक गुप्ता की 'सर्विस' में हैं - और अपने ही क्लब के पदाधिकारियों के ठगे जाने के मामले में चुप हैं । क्लब के कुछेक वरिष्ठ सदस्यों को हालाँकि लगता है कि इन्होंने दीपक गुप्ता के साथ इतनी सेटिंग तो कर ली होगी कि क्लब के लोगों का सारा पैसा न 'डूबे' ।
रोटरी फाउंडेशन के लिए ज्यादा से ज्यादा रकम इकट्ठा करने के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स डीडीएफ अकाउंट का पैसा धड़ल्ले से इस्तेमाल करते हैं, और उसे 'बेचते' हैं - लेकिन दीपक गुप्ता ने तो कमाल ही कर दिया है; डीडीएफ अकाउंट का पैसा ठिकाने लगाने के बाद उन्होंने फर्जी तरीके से डीडीएफ अकाउंट का 'वह पैसा' भी इस्तेमाल कर लिया, जो वास्तव में है ही नहीं । समाज में ऐसे किस्से खूब सुनने/देखने को मिलते हैं, जिनमें कि लोग अकाउंट में पैसा न होने के बावजूद चेक काट देते हैं - और फिर चेक पाने वाला परेशान भटकता रहता है और उसे पता चलता है कि वह धोखाधड़ी का शिकार बन गया है । दीपक गुप्ता ने ठीक इसी तर्ज पर काम किया है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता से इतनी छोटी सी उम्मीद तो की ही जा सकती है कि वह जानते होंगे कि वह अपने गवर्नर-वर्ष के डीडीएफ अकाउंट की रकम ही क्लब्स को अलॉट कर सकते हैं, उससे ज्यादा नहीं । वह अक्सर तरह तरह से अपने आपको जितना होशियार, रोटरी का ज्ञाता और नियमों का पालन करने वाला बताते/जताते हैं - उसके बाद कोई भी यह विश्वास नहीं करेगा कि दीपक गुप्ता ने अनजाने में करीब एक लाख 30 हजार डॉलर की रकम के ऐसे चेक काट दिए हैं, जो बैलेंस न होने के कारण बाउंस होंगे ही । जाहिर है कि दीपक गुप्ता ने यह काम जानते-बूझते हुए और योजनाबद्ध तरीके से किया है । दीपक गुप्ता की डिस्ट्रिक्ट टीम के उनके कुछेक नजदीकी पदाधिकारियों ने उन्हें आगाह भी किया कि उन्हें इस तरह की धोखाधड़ी नहीं करना चाहिए, लेकिन दीपक गुप्ता ने यह कहते हुए उन्हें चुप कर दिया कि वह कुछ जुगाड़ कर लेंगे ।
ग्लोबल ग्रांट्स से जुड़ी रोटरी फाउंडेशन की व्यवस्था में लेकिन किसी जुगाड़ के लिए कोई मौका ही नहीं है । ग्लोबल ग्रांट्स की व्यवस्था का बड़ा सुनिश्चित फार्मूला है - जिसमें प्रोजेक्ट की कुल रकम में क्लब, डीडीएफ अकाउंट, मैचिंग क्लब और रोटरी फाउंडेशन की हिस्सेदारी होती है; इनमें से किसी भी एक हिस्से के न होने से प्रोजेक्ट रिजेक्ट हो जाता है । ऐसे में, दीपक गुप्ता ने डीडीएफ अकाउंट में पैसा न होने के बावजूद - करीब एक लाख 30 हजार डॉलर की रकम जिन जिन प्रोजेक्ट्स के लिए अलॉट की है, उन प्रोजेक्ट्स को रिजेक्ट ही होना है; और प्रोजेक्ट की उम्मीद में रोटरी फाउंडेशन को पैसे देने वाले क्लब्स को हाथ मलते हुए ही रह जाना है । डीडीएफ अकाउंट में पैसे न होने के बावजूद दीपक गुप्ता ने जिन प्रमुख क्लब्स के साथ धोखा किया है, उनमें रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर के साथ-साथ रोटरी क्लब पिलखुवा सिटी, रोटरी क्लब दिल्ली सिटी, रोटरी क्लब दिल्ली यूनिवर्सिटी, रोटरी क्लब दिल्ली इम्पीरियल जैसे डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख क्लब्स भी हैं । इन क्लब्स की डिस्ट्रिक्ट में अच्छी सक्रियता और साख है, लेकिन दीपक गुप्ता इनके साथ भी धोखाधड़ी करने से बाज नहीं आए हैं । दीपक गुप्ता ने फर्जी रूप में करीब एक लाख 30 हजार डॉलर की जो रकम अलॉट कर दी है, उसके चलते वास्तव में कौन-कौन से क्लब्स धोखाधड़ी का शिकार बनेंगे और अपने अपने प्रोजेक्ट्स को लेकर हाथ मलते रह जायेंगे - यह तो बाद में पता चलेगा; तब तक लेकिन दीपक गुप्ता रोटरी फाउंडेशन में जमा रकम को लेकर अपनी पोजीशन बना चुके होंगे, और रोटरी के बड़े पदाधिकारियों और नेताओं से शाबासी पा चुके होंगे ।

Tuesday, June 9, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी मुकाबले में प्रियतोष गुप्ता से बड़े अंतर से पिछड़ते दिख रहे दीपक गुप्ता की चुनावी मुकाबले में अपने आप को बनाये रखने के लिए सोनीपत में दो नए क्लब बनाने की कार्रवाई को मजाक के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है

सोनीपत । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी को मजबूती देने के लिए दीपक गुप्ता ने सोनीपत में दो नए क्लब बना/बनवा कर अपनी स्थिति का मजाक और उड़वा लिया है । सोनीपत में ही लोगों का कहना है कि फर्जी तरीकों से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव जीतने की दीपक गुप्ता की तिकड़मी कोशिशों से वास्तव में उनकी निराशा और बौखलाहट ही जाहिर हो रही है । दीपक गुप्ता के प्रति हमदर्दी और समर्थन का भाव रखने वाले रोटेरियंस का भी कहना/बताना है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार के रूप में दीपक गुप्ता को अपनी सक्रियता में जो निरंतरता रखना चाहिए, उस पर तो उनका कोई ध्यान है नहीं - नए क्लब बना कर वोट गढ़ने/बनाने के जरिये चुनाव जीतने की उनकी कोशिश वास्तव में उनकी कमजोरी को ही दिखा रही है । दीपक गुप्ता के नजदीकियों का हालाँकि कहना है कि यह नहीं भूलना चाहिए कि चुनावी लड़ाई में दो/चार वोटों का भी बड़ा महत्त्व होता है; उनका दावा है कि लॉकडाउन पीरियड में डिस्ट्रिक्ट में जो पाँच/छह नए क्लब बने हैं, उन्हें भी दीपक गुप्ता के क्लब्स के रूप में देखा/पहचाना जाना चाहिए और सिर्फ सोनीपत के दो क्लब्स को ही नहीं देखना चाहिए । वास्तव में, इस तरह की बातों ने दीपक गुप्ता की स्थिति को मजाक विषय बनाया हुआ है । लोगों का कहना है कि चुनावी लड़ाई में महत्त्व तो एक वोट का भी होता है, लेकिन यह तब होता है - जब लड़ाई बराबर की हो; दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी की हालत अभी भी जितनी पतली नजर आ रही है, उसमें यदि डिस्ट्रिक्ट में इस वर्ष बने सभी ग्यारह क्लब्स के वोट भी उनके खाते में पड़ जाएँ, तब भी दीपक गुप्ता का कोई भला नहीं होने वाला है ।
दीपक गुप्ता दरअसल खासतौर से गाजियाबाद और आमतौर से उत्तर प्रदेश व पूर्वी दिल्ली में समर्थन जुटाने की कोशिशों में जिस तरह से विफल हुए हैं, उसके चलते उनकी उम्मीदवारी के प्रति डिस्ट्रिक्ट में कोई भरोसा नहीं बन पा रहा है । दूसरों की तो छोड़िये, उनके अपने नजदीकियों और समर्थकों को यह भरोसा नहीं है कि उनकी उम्मीदवारी चुनाव तक बनी भी रह पायेगी या नहीं । दीपक गुप्ता ने पिछले महीनों में, लॉकडाउन से पहले गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों/कस्बों के रोटेरियंस के बीच संपर्क अभियान चलाया था और अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन खोजने/बनाने के प्रयास किए थे - लेकिन उनके प्रयासों को जिस बुरी तरह से असफलता मिली, उससे उनके समर्थकों व शुभचिंतकों को खासा तगड़ा झटका लगा है । दीपक गुप्ता के लिए झटके वाली बात दरअसल यह रही कि अलग अलग कारणों से उन्हें जिन जिन लोगों के समर्थन की उम्मीद थी, उन्होंने भी उनकी उम्मीदवारी में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई । दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी से जुड़ने का 'कारण' रखने वाले लोगों को भी लग रहा है कि प्रियतोष गुप्ता के मुकाबले दीपक गुप्ता की स्थिति बहुत ही कमजोर है, और इसीलिए वह दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के साथ जुड़ने से बचते दिख रहे हैं । मजे की बात है कि इससे प्रियतोष गुप्ता की उम्मीदवारी की स्थिति और मजबूत हुई है । खासतौर से गाजियाबाद और आमतौर से उत्तर प्रदेश व पूर्वी दिल्ली के क्लब्स में प्रियतोष गुप्ता की उम्मीदवारी के प्रति जिस तरह का समर्थन-भाव दिख रहा है, उसी के चलते दीपक गुप्ता के लिए अपनी उम्मीदवारी के प्रति समर्थन के उद्देश्य से यहाँ सेंध लगा पाना मुश्किल हुआ है ।
इस स्थिति के लिए दीपक गुप्ता के व्यवहार को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है । दीपक गुप्ता को जानने वाले लोगों का ही कहना/बताना है कि दीपक गुप्ता की किसी से भी ज्यादा दिनों तक बनती नहीं है । यही कारण है कि दीपक गुप्ता कभी जिन लोगों के बड़े खास और नजदीक हुआ करते थे, अब वही लोग उनकी उम्मीदवारी के विरोधी बने हुए हैं । दूसरी तरफ, प्रियतोष गुप्ता के साथ मामला बिलकुल उल्टा है - वह जिस किसी के नजदीक और खास हुए, उसके नजदीकी और खास बन कर टिक गए । कई उदाहरण हैं, जहाँ किन्हीं दो नेताओं का एक-दूसरे के साथ तगड़ा विरोध है, लेकिन प्रियतोष गुप्ता के दोनों के साथ अच्छे संबंध हैं - और यही बात प्रियतोष गुप्ता की उम्मीदवारी को मजबूत बना रही है; और इसी के चलते दीपक गुप्ता के लिए समर्थन जुटाना मुश्किल हो रहा है । दीपक गुप्ता के लिए मुसीबत और चुनौती की बात यह बनी है कि उनके लिए न तो प्रियतोष गुप्ता के समर्थकों के रूप में देखे/पहचाने जा रहे खासतौर से गाजियाबाद और आमतौर से उत्तर प्रदेश व पूर्वी दिल्ली के क्लब्स में समर्थन जुटा पाना संभव हो रहा है, और न उन्हें सोनीपत में ही अपने समर्थन-आधार को सुदृढ़ बनाये रख पाने में सफलता मिल रही है । प्रियतोष गुप्ता ने अपनी निरंतर सक्रियता से सोनीपत के क्लब्स में अपने लिए समर्थन जुटाने में जो कामयाबी पाई है, उसने उन्हें दीपक गुप्ता के मुकाबले अच्छी बढ़त दिलाने का काम किया है । इसीलिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी मुकाबले में अपने आप को बनाये रखने के लिए सोनीपत में दो नए क्लब बनाने की दीपक गुप्ता की कार्रवाई को मजाक के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है ।

Thursday, May 21, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 को ग्रांट्स-प्रतिबंध की सजा से बचाने के लिए जरूरी रकम डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी अशोक अग्रवाल से बसूलने की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता की कोशिश ने अशोक अग्रवाल को मिले 'सर्विस अबव सेल्फ' अवॉर्ड को विवाद का विषय बनाया 

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी अशोक अग्रवाल को रोटरी इंटरनेशनल के एक प्रमुख अवॉर्ड - सर्विस अबव सेल्फ - 'दिलवाने' के बदले में उनके गवर्नर वर्ष में यही अवॉर्ड पाने की सौदेबाजी करने के बाद डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट को ग्रांट्स के प्रतिबंध से बचाने के लिए 20 हजार अमेरिकी डॉलर देने के लिए अशोक अग्रवाल पर दबाव बनाना शुरू किया है । उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब ई मैग्नम को मंजूर हुई ग्लोबल ग्रांट 1755525 में हुई घपलेबाजी से जुड़े मामले में रोटरी फाउंडेशन ने एक जून तक 20 हजार अमेरिकी डॉलर जमा करवाने का आदेश दिया है; और चेतावनी दी है कि ऐसा न करने पर डिस्ट्रिक्ट 3012 को रोटरी ग्रांट्स से प्रतिबंधित कर दिया जायेगा । (रोटरी इंटरनेशनल के उक्त पत्र को इस रिपोर्ट के अंत में देखा/पढ़ा जा सकता है ।) अभी हाल ही में, डिस्ट्रिक्ट में आयोजित हुए रोटरी फाउंडेशन के जूम सेमीनार में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता से पूछा गया था कि रोटरी फाउंडेशन की तरफ से मिली चेतावनी के मामले में वह क्या कार्रवाई कर रहे हैं । दीपक गुप्ता ने यह कहते हुए इस सवाल का कोई सीधा जबाव नहीं दिया कि वह मामले को मैनेज कर लेंगे । इस तरह दीपक गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट और रोटरी फाउंडेशन के बीच के मामले को एक निजी मामले में बदल दिया । डिस्ट्रिक्ट में लोगों का कहना है कि उक्त मामला डिस्ट्रिक्ट 3012 और रोटरी फाउंडेशन के बीच का मामला है; डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता को रोटरी फाउंडेशन से मिली चेतावनी के बारे में डिस्ट्रिक्ट के लोगों को अवगत करवाना चाहिए था, और मामले को हल करने के संबंध में लोगों की सलाह लेना चाहिए थी - लेकिन दीपक गुप्ता ने इसे गुपचुप तरीके से हल करने का आश्वासन देकर लोगों के बीच संशय पैदा कर दिया है कि इस मामले को हल करने में वह कहीं कोई गड़बड़झाला तो नहीं कर रहे हैं ?
यह संशय पैदा होने के बाद ही, लोगों के बीच चर्चा है कि दीपक गुप्ता एक जून से पहले जमा कराने वाली रकम अशोक अग्रवाल और ललित खन्ना से झटकने के चक्कर में हैं । उनके नजदीकियों के हवाले से ही सुनने को मिला है कि दीपक गुप्ता ने इन दोनों से साफ कह दिया है कि उनका गवर्नर-वर्ष तो पूरा हो गया है, इसलिए ग्रांट्स के प्रतिबंध से उन पर तो कोई फर्क पड़ेगा नहीं; आलोक गुप्ता के पास डीडीएफ (डिस्ट्रिक्ट डेजिगनेटेड फंड्स) में कोई पैसा नहीं होगा, इसलिए उनके गवर्नर-वर्ष में ग्रांट्स वैसे ही नहीं मिलेंगी - ऐसे में ग्रांट्स के प्रतिबंधित होने का नुकसान तुम्हें ही उठाना होगा, इसलिए एक जून से पहले जमा की जाने वाली रकम तुम्हीं भरो । दीपक गुप्ता के नजदीकियों के ही अनुसार, ललित खन्ना ने तो होशियारी 'दिखाते' हुए मामले में चुप्पी साध ली है; उन्हें लग रहा है कि उनसे पहले अशोक अग्रवाल गवर्नर बनेंगे, इसलिए वह ही मामले से निपटें । ललित खन्ना का यह भी मानना/कहना है कि दीपक गुप्ता ने चूँकि अशोक अग्रवाल को 'सर्विस अबव सेल्फ' अवॉर्ड दिलवा कर उन पर अहसान किया है, इसलिए दीपक गुप्ता एक जून से पहले जमा की जाने वाली रकम अशोक अग्रवाल से ही बसूलें । अशोक अग्रवाल का अलग रोना है; उनका कहना है कि 'सर्विस अबव सेल्फ' अवॉर्ड को लेकर तो दीपक गुप्ता के साथ पहले ही उनकी सौदेबाजी हो चुकी है - जिसके तहत अपने गवर्नर वर्ष में वह दीपक गुप्ता को उक्त अवॉर्ड दिलवायेंगे; इसलिए उक्त अवॉर्ड की कीमत के रूप में दीपक गुप्ता उन पर और अतिरिक्त बोझ क्यों डाल रहे हैं ?
उल्लेखनीय है कि रोटरी में 'सर्विस अबव सेल्फ' अवॉर्ड की स्थापना उन रोटेरियंस के प्रति सम्मान प्रकट करने तथा उन्हें एक प्रेरणास्रोत के रूप में चिन्हित करने के उद्देश्य से की गई थी, जो अपने निजी प्रयासों से मानवीय सेवा कार्यों में उत्कृष्ट काम करते हैं । इसके लिए रोटरी इंटरनेशनल में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को नाम भेजना होता है । उम्मीद की जाती है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डिस्ट्रिक्ट के अन्य सदस्यों और पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करके नाम चुने और उस नाम को इंटरनेशनल कार्यालय को भेजे । हालाँकि अक्सर ही शिकायतें सुनी जाती हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मनमाने तरीके से इस अवॉर्ड के लिए नाम तय करते और भेजते हैं । यूँ, इस तरह के फैसलों में शिकायतों और विवाद से बच पाना मुश्किल भी है; किंतु अधिकतर गवर्नर नाम तय करते और भेजते हुए यह जरूर ध्यान रखते हैं कि वह 'काले' को 'सफेद' कहते हुए तो न दिखें । दीपक गुप्ता ने लेकिन इसका भी ध्यान नहीं रखा; उनके और अशोक अग्रवाल के नजदीकियों का भी मानना और कहना है कि अशोक अग्रवाल किसी भी तरह से उक्त अवॉर्ड को पाने लायक तो नहीं हैं । दीपक गुप्ता ने जिस चुपचाप तरीके से अशोक अग्रवाल का नाम उक्त अवॉर्ड के लिए भेजा, और अपने नजदीकियों तक को इस बारे में हवा नहीं लगने दी - उससे पैदा हुए संशय के चलते बाद में भेद खुला कि उक्त अवॉर्ड को लेकर दीपक गुप्ता और अशोक अग्रवाल में 'सौदा' हुआ है कि दीपक गुप्ता ने उन्हें यह अवॉर्ड दिलवाया है, इसके बदले में अशोक अग्रवाल अपने गवर्नर-वर्ष में उन्हें यह अवॉर्ड दिलवायेंगे । 'सर्विस अबव सेल्फ' अवॉर्ड के मामले में दीपक गुप्ता और अशोक अग्रवाल के बीच हुई सौदेबाजी की चर्चा एक बार फिर इसलिए गर्म हो उठी है, क्योंकि दीपक गुप्ता उक्त अवॉर्ड दिलवाने के बदले में अशोक अग्रवाल पर डिस्ट्रिक्ट को ग्रांट्स प्रतिबंध में फँसने से बचाने के लिए आवश्यक रकम देने का दबाव बना रहे हैं, और अशोक अग्रवाल रोना रो रहे हैं कि उक्त अवॉर्ड के लिए उन्हें आखिर कितने सौदे करने पड़ेंगे ? 



Sunday, May 17, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में अशोक अग्रवाल व ललित खन्ना ने सीओएल प्रतिनिधि के चुनाव में मुकेश अरनेजा से अपना अपना बदला लिया; और डिस्ट्रिक्ट में मुकेश अरनेजा की बदनामी का फायदा उठा कर उन्हें चुनाव हरवाया

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा सीओएल प्रतिनिधि का चुनाव तीन वोटों से हार गए । मुकेश अरनेजा की इस हार ने अगले रोटरी वर्ष में होने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के तथा इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी में प्रतिनिधित्व के लिए होने वाले चुनाव के नजारे को दिलचस्प बना दिया है । मुकेश अरनेजा ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में झटके हालाँकि पहले भी खाए हैं, लेकिन इस हार का झटका उनके लिए खास इस मायने में हैं कि यह हार उन्हें अपने पुराने साथियों/सहयोगियों के मार्फत मिली है । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी अशोक अग्रवाल और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी डेजिगनेटेड ललित खन्ना एक समय मुकेश अरनेजा के बड़े लाड़ले हुआ करते थे; और मुकेश अरनेजा की तमाम हरकतों में यह दोनों 'पार्टनर इन क्राइम' रहे हैं; मुकेश अरनेजा लेकिन उन लोगों में हैं जो 'क्राइम' करने के मामले में अपने पार्टनर्स को भी नहीं छोड़ते हैं - और इसी के चलते उन्होंने इन दोनों को भी नहीं बख्शा । इसीलिए इन दोनों ने सीओएल के चुनाव में मुकेश अरनेजा को ढेर करने का बीड़ा उठाया हुआ था । वास्तव में बीड़ा उठाया तो अशोक अग्रवाल ने था, ललित खन्ना तो मुकेश अरनेजा से अपनी खुन्नस निकालने के लिए अशोक अग्रवाल के साथ हो लिए । सीओएल के लिए मुकेश अरनेजा का चुनाव हुआ तो शरत जैन से - लेकिन बेचारे शरत जैन तो वास्तव में शिकार फाँसने के लिए बाँधी जाने वाली बकरी के रूप में थे । शरत जैन भले व्यक्ति हैं, और उनकी डिस्ट्रिक्ट में कोई राजनीतिक पहचान नहीं है । उन पर अंग्रेजी का वह मुहावरा फिट बैठता है, जिसमें कहा गया है - 'गुड फॉर नथिंग', यानि अच्छा तो है, पर किसी काम का नहीं है । इसीलिए माना/समझा जा रहा था कि मुकेश अरनेजा का चुनाव शरत जैन से नहीं है; उन्हें तो अशोक अग्रवाल और ललित खन्ना से निपटना है । अशोक अग्रवाल और ललित खन्ना को भी सीओएल के चुनाव के बहाने से मुकेश अरनेजा से अपना अपना हिसाब चुकता करने और बदला लेने का मौका मिल गया ।
अशोक अग्रवाल और ललित खन्ना की जोड़ी को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता की भी मदद मिली - मुकेश अरनेजा जिनके गवर्नर वर्ष में डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर हैं । इससे समझा जा सकता है कि मुकेश अरनेजा ने किस हद तक अपने नजदीकियों को अपना दुश्मन बनाया हुआ है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट आलोक गुप्ता ने सीओएल के चुनाव में यह तर्क देते हुए तटस्थ भूमिका निभाई कि उन्हें डेढ़/दो महीने बाद डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की जिम्मेदारी संभालनी है, और सभी को साथ लेकर डिस्ट्रिक्ट व रोटरी के लिए काम करना है, इसलिए किसी एक उम्मीदवार के साथ जुड़ कर उन्हें डिस्ट्रिक्ट व रोटरी में पक्षपातपूर्ण माहौल नहीं बनाना चाहिए । मुकेश अरनेजा को एक अकेले निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुभाष जैन का समर्थन था । चुनावी नतीजे का आकलन करने वाले लोगों का कहना/मानना है कि सुभाष जैन का समर्थन न होता, तो मुकेश अरनेजा की हालत और भी बुरी होती । पिछले रोटरी वर्ष में अशोक अग्रवाल और अमित गुप्ता के बीच हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ने अमित गुप्ता का समर्थन किया था, जिसके बावजूद अमित गुप्ता को 50 से भी कम वोट मिले थे । इसी से माना/समझा जा रहा है कि मुकेश अरनेजा के पास डिस्ट्रिक्ट में मुश्किल से दस से पंद्रह वोट ही हैं । ऐसे में, अकेले सुभाष जैन का समर्थन भी उनकी आखिर कितनी मदद करता ? सीओएल के चुनाव में सुभाष जैन की मदद ने मुकेश अरनेजा को बड़ी हार से जरूर बचा लिया और उनकी हार को मामूली अंतर से हुई 'सम्मानजनक हार' में शिफ्ट करके मुकेश अरनेजा को एक बड़ी फजीहत का शिकार होने से रोक लिया है । 
मुकेश अरनेजा की हार को लेकर कई लोगों को हालाँकि यह भी लगता है कि मुकेश अरनेजा और सुभाष जैन की जोड़ी अति-आत्मविश्वास के कारण भी सीओएल का चुनाव हार गई है । कई लोगों का कहना/बताना है कि इन दोनों ने अशोक अग्रवाल और ललित खन्ना की सक्रियता को कम करके आँका और जीता-जिताया चुनाव गवाँ बैठे । अशोक अग्रवाल और ललित खन्ना ने इस चुनाव को किसी भी तरह से जीतने का जिम्मा लिया हुआ था, और हर तरह के हथकंडे अपनाए हुए थे; मुकेश अरनेजा और सुभाष जैन तथा उनके अन्य साथी लेकिन यही मानते/समझते रहे कि वह जीतने लायक वोट नहीं जुटा पायेंगे - किंतु अब जब नतीजा आया तो पता चला कि कुल दो वोटों की कमी से सीओएल का चुनाव उनके हाथ से निकल गया है । सीओएल के चुनावी नतीजे ने अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के तथा इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी में प्रतिनिधित्व के लिए होने वाले चुनाव के नजारे को खासा दिलचस्प बना दिया है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संदर्भ में प्रियतोष गुप्ता की तथा नोमीनेटिंग कमेटी में प्रतिनिधित्व के लिए सुभाष जैन की उम्मीदवारी के सामने अभी कोई संकट नहीं देखा/पहचाना जा रहा है और माना/समझा जा रहा है कि इन दोनों के लिए सफलता पाना कोई मुश्किल नहीं होगा । किंतु सीओएल प्रतिनिधि के चुनाव में मिले चुनावी नतीजे से यह आशंका बढ़ गई है कि डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में कुछ नए प्रयोग हो सकते हैं, जो चुनावी परिदृश्य को रोमांचक बनाए । देखना दिलचस्प होगा कि सीओएल प्रतिनिधि के चुनाव में मिले नतीजे डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति पर सचमुच किस तरह से क्या प्रभाव डालेंगे ?

Saturday, May 9, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में रोटरी के महत्त्वपूर्ण कार्यक्रमों को करने के नाम पर महज खानापूर्ति करने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता को उम्मीद है कि रोटरी फाउंडेशन जूम सेमीनार में रमेश अग्रवाल एकेएस सदस्यता का अपना बकाया चुकाने की घोषणा जरूर कर देंगे

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता को पूरा यकीन है कि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल 16 मई को होने वाले रोटरी फाउंडेशन जूम सेमीनार में एकेएस (आर्च क्लम्प सोसायटी) सदस्यता की बकाया रकम मौजूदा रोटरी वर्ष में ही चुकाने की घोषणा कर देंगे, और अब की बार गच्चा नहीं देंगे ? उल्लेखनीय है कि एकेएस सदस्यता के लिए दी जाने वाली रकम का बकाया रमेश अग्रवाल को पिछले रोटरी वर्ष में ही चुकाना था, लेकिन जो उन्होंने नहीं चुकाया था । आधिकारिक रूप से तो रमेश अग्रवाल ने इसका कोई कारण नहीं बताया था, लेकिन अनौपचारिक रूप से उनकी तरफ से सुनने को मिला था कि एकेएस सदस्यता की रकम का बकाया यदि वह अब देंगे, तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में सुभाष जैन के गवर्नर-वर्ष में रोटरी फाउंडेशन में ज्यादा रकम जमा होने का रिकॉर्ड बनेगा - इसलिए वह इस वर्ष की बजाये अगले वर्ष, यानि दीपक गुप्ता के गवर्नर-वर्ष में बकाया रकम चुकायेंगे । दीपक गुप्ता के गवर्नर-वर्ष के भी दस महीने बीत चुके हैं, लेकिन रमेश अग्रवाल ने एकेएस सदस्यता की बकाया रकम चुकाने का नाम नहीं लिया है । रमेश अग्रवाल द्वारा बकाया चुकाये जाने को लेकर दीपक गुप्ता को दो कारणों के चलते दिलचस्पी है - एक तो इसलिए, क्योंकि रोटरी फाउंडेशन के पदाधिकारियों की तरफ से उन पर भी दबाव है कि बकाया रकम देने में आनाकानी कर रहे रमेश अग्रवाल से बकाया रकम दिलवाएँ; दीपक गुप्ता को लगता है कि रमेश अग्रवाल इस वर्ष यदि उक्त बकाया चुका देते हैं, तो रोटरी फाउंडेशन के पदाधिकारियों के बीच उनका भी रौब बनेगा। दूसरा कारण यह कि रमेश अग्रवाल बकाये की जो रकम चुकायेंगे, वह रोटरी फाउंडेशन के लिए इस वर्ष जमा होने वाली रकम में जुड़ेगी और इस तरह दीपक गुप्ता का रिकॉर्ड बनेगा ।
उल्लेखनीय है कि रमेश अग्रवाल ने वर्ष 2016 में एकेएस की सदस्यता के लिए फार्म भरा था । रमेश अग्रवाल के अलावा डिस्ट्रिक्ट के दो और सदस्य - जेके गौड़ तथा सुभाष जैन भी एकेएस सदस्य हैं । इन दोनों की तरफ से लेकिन एकेएस सदस्यता की पूरी रकम जमा हो चुकी है, और एक अकेले रमेश अग्रवाल पर ही सदस्यता राशि का बकाया बचा हुआ है । यूँ तो, एकेएस सदस्यता के लिए रोटरी फाउंडेशन के बड़े पदाधिकारियों के सामने दीपक गुप्ता ने भी सहमति दी हुई है, लेकिन उन्होंने इसके लिए चूँकि फार्म नहीं भरा है - इसलिए एकेएस सदस्यता का पैसा न चुकाने का आरोप उन पर नहीं लगाया जा सकता है । उनके बारे में यही कहा जा सकता है कि रोटरी फाउंडेशन के पदाधिकारियों के सामने रोटरी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और अपनी अमीरी की शान दिखाने के लिए उन्होंने एकेएस सदस्यता के लिए सहमति तो दे दी, लेकिन जब सचमुच पैसे देने की बारी आई तो मुँह छिपाने लगे । हालाँकि यह कोई अनोखी और हैरान करने वाली बात नहीं है - रोटरी में इस तरह की 'गालबजाने' वाली हरकतें बहुत से रोटेरियंस करते हैं, और दीपक गुप्ता तो इस 'कला' में बड़े एक्सपर्ट हैं ।
एकेएस सदस्यता के बकाये का मामला दरअसल 16 मई को 'डूइंग गुड इन द वर्ल्ड' शीर्षक से आयोजित होने  रहे रोटरी फाउंडेशन जूम सेमीनार के कारण उठा है । असल में, हर किसी को हैरानी है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता  कार्यकाल जब खत्म होने जा रहा है, तब उनके द्वारा किए जा रहे इस सेमीनार का औचित्य भला क्या है ? रोटरी इंटरनेशनल की व्यवस्था के अनुसार, यह सेमीनार डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को अपना कार्यकाल शुरू होने दिनों में करना होता है । रोटरी फाउंडेशन की रोटरी में बड़ी महत्ता है; रोटरी फाउंडेशन वास्तव में रोटरी की जान है - इसलिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स से उम्मीद की जाती है कि अपना कार्यकाल शुरू होते ही वह अपने प्रेसीडेंट्स तथा अन्य पदाधिकारियों को रोटरी फाउंडेशन के बारे में शिक्षित करेगा, ताकि प्रेसीडेंट्स व अन्य पदाधिकारी रोटरी फाउंडेशन को 'मजबूत' करने को लेकर सक्रिय हों । जाहिर है कि गवर्नर वर्ष के अंतिम दिनों में रोटरी फाउंडेशन को लेकर सेमीनार करने का कोई अर्थ नहीं रह जाता है । लेकिन दीपक गुप्ता को इस बात से जैसे कोई मतलब नहीं है, उन्हें तो बस रिकॉर्ड पूरा करना है - ताकि वह 'दिखा' सकें कि उन्होंने सारे काम किए हैं । यही उन्होंने मेंबरशिप सेमीनार के साथ किया । मेंबरशिप सेमीनार भी गवर्नर वर्ष के शुरू में होता है, जिसे दीपक गुप्ता ने अभी हाल ही में किया है । रोटरी के महत्त्वपूर्ण कार्यक्रमों को करने के नाम पर महज खानापूर्ति करते हुए दीपक गुप्ता को यह उम्मीद जरूर है कि रोटरी फाउंडेशन जूम सेमीनार में रमेश अग्रवाल एकेएस सदस्यता का अपना बकाया चुकाने की घोषणा जरूर कर देंगे, जिससे उन्हें भी बकाया न देने पर होने वाली लानत-मलानत से छुटकारा मिल जायेगा और दीपक गुप्ता का रोटरी फाउंडेशन के लिए रकम इकट्ठा करने का रिकॉर्ड बन जायेगा । देखना दिलचस्प होगा कि दीपक गुप्ता की उम्मीद पूरी होती है, या रमेश अग्रवाल से उन्हें गच्चा ही मिलता है । 

Monday, May 4, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता की इंटरनेशनल डायरेक्टर भरत पांड्या द्वारा 'पदीय मजबूरी' में की गई तारीफ को सचमुच की तारीफ समझ कर, उनकी मदद से आलोक गुप्ता के आयोजन को रद्द करवाने की कोशिश, उनकी दोहरी फजीहत का कारण बनी     

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता को एक बार फिर आलोक गुप्ता से भिड़ना भारी पड़ गया, और वह अपनी फजीहत करवा बैठे । मजे की बात रही कि इस बार आलोक गुप्ता से भिड़ने के लिए दीपक गुप्ता ने इंटरनेशनल डायरेक्टर भरत पांड्या की मदद लेने की भी कोशिश की, लेकिन भरत पांड्या से मदद न मिलने के कारण दीपक गुप्ता को दोहरी फजीहत झेलना पड़ी । दीपक गुप्ता ने भरत पांड्या की मदद किस भरोसे लेने की कोशिश की, इसकी कहानी भी खासी दिलचस्प है - इसलिए पहले वह सुन लीजिये, मूल मुद्दे की बात उसके बाद करते हैं : कुछ ही दिन पहले दीपक गुप्ता ने अपने प्रेसीडेंट्स तथा अपनी टीम के कुछेक सदस्यों के साथ जूम पर एक मीटिंग की, जिसमें इंटरनेशनल डायरेक्टर भरत पांड्या भी आमंत्रित किए गए थे । उक्त मीटिंग में दीपक गुप्ता ने अपने गवर्नर-वर्ष में हुए कार्यों का ब्यौरा देते हुए अपनी उपलब्धियों को लेकर खूब डींगें मारी और दावा किया कि उनके जैसा काम करने वाला गवर्नर डिस्ट्रिक्ट में न पहले कभी हुआ है, और जैसे जैसे लोग गवर्नर बन रहे हैं, उन्हें देखते हुए कहा जा सकता है कि अगले तीन-चार वर्ष तो कोई उनके जैसा काम नहीं ही कर पायेगा । मीटिंग में मौजूद प्रेसीडेंट्स तथा दूसरे पदाधिकारियों ने दीपक गुप्ता की 'पतंगबाजी' को तो झेल लिया, लेकिन उनका माथा तब चकराया - जब इंटरनेशनल डायरेक्टर भरत पांड्या ने भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता के कार्यों की जोरशोर से तारीफ की । भरत पांड्या के मुँह से दीपक गुप्ता के कार्यों की तारीफ सुनकर मीटिंग में मौजूद प्रेसीडेंट्स तथा दूसरे पदाधिकारी भौंचक रह गए - उन्हें आश्चर्य हुआ कि दीपक गुप्ता की टीम के सदस्य होने के बावजूद उन्हें तो दीपक गुप्ता के किसी उल्लेखनीय या प्रशंसनीय काम की जानकारी है नहीं, तब फिर दूर बैठे इंटरनेशनल डायरेक्टर साहेब को उनके कौन से काम नजर आ गए, जिनके आधार पर वह दीपक गुप्ता की इतने जोरशोर से तारीफ कर रहे हैं ?
तमाम माथापच्ची करने के बाद भी दीपक गुप्ता की टीम के सदस्यों को जब अपने इस आश्चर्य का जबाव नहीं समझ में आया, तो उन्होंने डिस्ट्रिक्ट के कुछेक वरिष्ठ सदस्यों/पदाधिकारियों से इस बारे में बात की । वरिष्ठ सदस्यों/पदाधिकारियों ने उन्हें 'ज्ञान' दिया कि रोटरी की बहुत सारी बातें तो आप पेट्स तथा दूसरे ट्रेनिंग सेमिनार्स में जानते/सीखते/समझते हैं, लेकिन रोटरी की दो बातें आप अपने अनुभव से सीखते हैं - एक 'गाल बजाना' और दूसरी 'पीठ थपथपाना' । वरिष्ठ सदस्यों/पदाधिकारियों ने उन्हें बताया कि रोटरी में बहुत से लोग 'गाल बजाने' की कला में बड़े निपुण होते हैं; वह काम ज्यादा नहीं करेंगे, लेकिन गायेंगे ज्यादा । दीपक गुप्ता के लिए मुसीबत की बात यह है कि डिस्ट्रिक्ट के लोग तो उनकी तारीफ करते नहीं हैं, इसलिए बेचारे को अपनी तारीफ खुद ही करना पड़ती है । दूसरी तरफ, रोटरी में हर बड़े पदाधिकारी को 'पीठ थपथपाने' के अलिखित नियम का पालन करना होता है । वह अच्छी तरह जानता है कि जिसने उसे अपने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया है, वह महानिकम्मा है - लेकिन उसकी 'पदीय मजबूरी' होती है कि वह यह कह नहीं सकता है । इंटरनेशनल डायरेक्टर होने के नाते भरत पांड्या की यह 'पदीय मजबूरी' है कि वह जिस भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के कार्यक्रम में जाएँ, उसकी भूरी-भूरी प्रशंसा करें - दीपक गुप्ता द्वारा बुलाई गई मीटिंग में शामिल हुए तो उन्हें दीपक गुप्ता की प्रशंसा वाले शब्द कहने ही थे - सुनने वालों को उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए, और उनकी 'पदीय मजबूरी' को समझना चाहिए । दीपक गुप्ता की टीम के सदस्यों को तो माजरा समझ में आ गया, लेकिन लगता है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर भरत पांड्या के प्रशंसाभरे शब्दों को दीपक गुप्ता ने गंभीरता से ले लिया और कुछ ज्यादा जोश में आ गए - और इसके चलते ही उन्होंने इस रिपोर्ट के मूल मुद्दे की रचना कर दी और अपनी फजीहत करवा ली ।
अब मूल मुद्दे पर आते हैं : डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट आलोक गुप्ता ने खास तौर पर अपनी टीम के सदस्यों और आम तौर पर डिस्ट्रिक्ट के सदस्यों के लिए 3 मई को एक मोटीवेशनल सेमीनार मीटिंग का आयोजन किया । आयोजन का निमंत्रण पत्र देख कर दीपक गुप्ता भड़क गए और उन्होंने आलोक गुप्ता को झट से पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने उनकी अनुमति लिए बिना किए जा रहे उक्त सेमीनार को करने पर आपत्ति की और उसे रद्द करने के लिए कहा । दीपक गुप्ता का कहना रहा कि वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हैं, और रोटरी इंटरनेशनल के नियमानुसार उनकी अनुमति लिए बिना डिस्ट्रिक्ट में कोई कार्यक्रम नहीं हो सकता है । दीपक गुप्ता ने उक्त पत्र काउंसिल ऑफ गवर्नर्स के सभी सदस्यों को तो भेजा ही, इंटरनेशनल डायरेक्टर भरत पांड्या को भी भेजा । यूँ, यह इतना संगीन मामला नहीं था कि इसे लेकर दीपक गुप्ता को भरत पांड्या की 'अदालत' का दरवाजा खटखटाना पड़ता - लेकिन संभवतः वह अपनी मीटिंग में भरत पांड्या द्वारा 'पदीय मजबूरी' में की गई तारीफ के झाँसे में आ गए और उसे सचमुच की तारीफ समझ बैठे । दीपक गुप्ता को लगा कि भरत पांड्या ने जब उनकी इतनी तारीफ की है, तो उनकी शिकायत को जरूर ही गंभीरता से लेंगे और आलोक गुप्ता के 'कान उमेठेंगे' - और तब आलोक गुप्ता उक्त सेमीनार मीटिंग को स्थगित करने के लिए मजबूर होंगे । दीपक गुप्ता के लिए फजीहत की बात लेकिन यह रही कि उनकी शिकायत को न आलोक गुप्ता ने कोई तवज्जो दी और न भरत पांड्या ने उसका कोई संज्ञान लिया - तथा उक्त सेमीनार मीटिंग सदस्यों की अच्छी खासी उपस्थिति के साथ संपन्न हुई । लोगों का कहना है कि दीपक गुप्ता का उक्त पत्र और उससे पहले अपनी मीटिंग में अपनी खुद की तारीफ करना दरअसल उनके फ्रस्टेशन का इजहार है । चूँकि कोई दूसरा तो उनकी तारीफ कर नहीं रहा है, और आलोक गुप्ता भी रोटरी के आधिकारिक आयोजनों के अलावा अपने दूसरे कार्यक्रमों में उन्हें 'घास' नहीं डाल रहे हैं, इसलिए वह बौखलाए हुए हैं । इस फ्रस्टेशन और बौखलाहट में वह भूल गए हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट के रूप में पिछले रोटरी वर्ष में उन्होंने भी ऐसे बहुत से कार्यक्रम किए थे, जिनके लिए उन्होंने तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुभाष जैन से कोई अनुमति नहीं ली थी । यह कोई आपत्ति की बात है भी नहीं । इसीलिए, इंटरनेशनल डायरेक्टर भरत पांड्या की मदद लेने की कोशिश करते हुए दीपक गुप्ता ने आलोक गुप्ता से भिड़ने की जो कोशिश की, उसमें उन्हें दोहरी फजीहत झेलना पड़ी है । 

Wednesday, April 15, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में रोटरी क्लब दिल्ली अनंता ने कोरोना-काल में सेवा-कार्यों के जरिये दूसरों को प्रेरित करने के साथ साथ डिस्ट्रिक्ट की इज्जत बचाई, तो प्रियतोष गुप्ता ने रोटरी के सेवा-धर्म के अभियान को नागरिक-समाज में और विश्वसनीय व प्रतिष्ठित करने की लीडरशिप खूबी को दिखाया

गाजियाबाद । कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते बने हालात में परेशानी का शिकार बन रहे लोगों की मदद के लिए आगे आकर रोटरी क्लब दिल्ली अनंता, रोटरी क्लब दिल्ली शाहदरा, रोटरी क्लब दिल्ली अशोका, रोटरी क्लब इंदिरापुरम परिवार, रोटरी क्लब गाजियाबाद मेट्रो, रोट्रेक्टर्स आदि ने मानवता की सेवा का रोटरी धर्म तो निभाया ही है, साथ ही साथ डिस्ट्रिक्ट की इज्जत बचाने का काम भी किया है । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता ने कोरोना वायरस के प्रकोप से बने हालात के पीड़ितों के लिए किसी भी तरह के सहायता कार्यक्रम चलाने से इंकार कर दिया था । कुछेक रोटेरियंस ने उन्हें सहायता कार्यक्रम चलाने के लिए कहा था, तो उन्होंने उन्हें सिविल डिफेंस के साथ मिल कर सहायता कार्यक्रम करने/चलाने की सलाह देकर अपनी जिम्मेदारी से हाथ झाड़ लिया था । दीपक गुप्ता के गैरजिम्मेदारी से भरे इस रवैये से निराश होकर कुछेक क्लब्स ने अपनी अपनी पहल से पीड़ितों की मदद के लिए सक्रियता दिखाई । इस मामले में रोटरी क्लब दिल्ली अनंता डिस्ट्रिक्ट के दूसरे क्लब्स तथा रोटेरियंस के लिए प्रेरणास्रोत बना । इस क्लब ने रोटरी इंडिया ह्यूमेनिटी फाउंडेशन में मोटी रकम तो दान में दी ही, परेशान और पीड़ित लोगों की मदद करने तथा उनके लिए खाने की व्यवस्था करने को लेकर भी निरंतर सक्रियता दिखाई । रोटरी क्लब दिल्ली अनंता की सक्रियता के क्षेत्र दिल्ली की बस्तियाँ रहीं, तो गाजियाबाद क्षेत्र में परेशान व पीड़ितों की तरफ रोटरी क्लब गाजियाबाद मेट्रो के पदाधिकारियों व सदस्यों ने मदद का हाथ बढ़ाया । दीपक गुप्ता ने खासा अवसरवादी रवैया दिखाया - पहले तो वह कोई सहायता कार्यक्रम चलाने/करने के पक्ष में ही नहीं थे, लेकिन उनके द्वारा हतोत्साहित किए जाने के बाद भी कुछेक क्लब्स ने जब अपने अपने स्तर पर काम शुरू किए, तो उन कामों का श्रेय जबर्दस्ती लेने के लिए वह आगे आ गए; और शेखर मेहता, भरत पांड्या, कमल सांघवी आदि को यह 'दिखाने' लगे जैसे कि यह सब काम वही कर/करवा रहे हैं ।
अच्छी बात यह रही कि दीपक गुप्ता की इस हरकत पर काम करने वाले क्लब्स के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कोई ध्यान नहीं दिया, और इसलिए नाहक कोई विवाद पैदा नहीं हुआ । क्लब्स के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपने अपने काम पर ध्यान दिया, और अपनी अपनी सामर्थ्यानुसार पीड़ितों व परेशान लोगों की मदद के लिए काम किया । रोटरी क्लब दिल्ली अनंता ने अपने स्तर पर तो मदद की ही, रिलायंस फाउंडेशन के साथ तालमेल बना कर भी मदद की व्यवस्था की । रोटरी क्लब दिल्ली अनंता की सक्रियता दूसरे कुछेक क्लब्स के लिए भी प्रेरणा बनी और इस तरह डिस्ट्रिक्ट में रोटरी के सेवा-धर्म के संदर्भ में माहौल बना । रोटरी क्लब गाजियाबाद मेट्रो के पदाधिकारियों और सदस्यों ने गाजियाबाद क्षेत्र में दिल्ली अनंता की तर्ज पर काम किया । गाजियाबाद मेट्रो के पदाधिकारियों और सदस्यों को प्रेरित व सक्रिय करने का काम क्लब के वरिष्ठ सदस्य प्रियतोष गुप्ता ने किया । प्रियतोष गुप्ता अगले रोटरी वर्ष की आलोक गुप्ता की डिस्ट्रिक्ट टीम के एक प्रमुख पदाधिकारी भी हैं, और इस नाते उन्हें आलोक गुप्ता द्वारा आयोजित की जाने वाली कई जूम मीटिंग्स में भी शामिल होना पड़ा - और अपने पद की जरूरत के अनुसार, उसके लिए आवश्यक तैयारी करने में भी व्यस्त होना पड़ा । उल्लेखनीय है कि आलोक गुप्ता ने हाल ही के दिनों में रोटरी के बड़े पदाधिकारियों से लेकर अगले वर्ष के अपने गवर्नर-काल के क्लब-प्रेसीडेंट्स तथा अपनी डिस्ट्रिक्ट टीम के सदस्यों साथ अलग अलग ग्रुप्स में जूम मीटिंग्स की हैं; जिनके चलते आलोक गुप्ता की डिस्ट्रिक्ट टीम के प्रमुख पदाधिकारी होने के नाते प्रियतोष गुप्ता को उक्त मीटिंग्स की तैयारी करने से लेकर अपने पद की जिम्मेदारी निभाने की तैयारी तक में जुटना और व्यस्त रहना पड़ा ।
प्रियतोष गुप्ता ने आलोक गुप्ता के कार्यक्रमों में जिम्मेदारी निभाने से लेकर समाज में पैदा हुई विपदा में रोटरी का सेवा-धर्म निभाने के संदर्भ में अपनी सक्रियता और व्यस्तता को जिस प्रभावी तरीके से संभव किया और दिखाया, उसके जरिये डिस्ट्रिक्ट में लोगों को प्रियतोष गुप्ता की लीडरशिप खूबियों से परिचित होने का मौका मिला । प्रियतोष गुप्ता चूँकि अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की तैयारी कर रहे हैं, इसलिए उनकी लीडरशिप खूबियों से परिचित होने का डिस्ट्रिक्ट के लोगों को मिले मौके का राजनीतिक अर्थ और महत्त्व भी है । रोटरी में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति में उम्मीदवारों को रोटेरियंस से अलग नागरिक-समाज की मदद करते हुए कम ही देखा गया है । इस लिहाज से, कोरोना प्रकोप के चलते बने हालात में जरूरतमंदों की मदद को लेकर दिखाई गई प्रियतोष गुप्ता की सक्रियता ने वास्तव में एक उदाहरण प्रस्तुत किया है । प्रियतोष गुप्ता ने अपने क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों को तो जरूरतमंदों की मदद के लिए तो प्रेरित किया ही, शहर की अन्य कुछेक सामाजिक संस्थाओं के साथ भी तालमेल बनाया - और इस तरह न सिर्फ जरूरतमंदों को पहुँचाई जाने वाली मदद को व्यापक बनाने का काम किया, बल्कि अन्य सामाजिक संस्थाओं के साथ तालमेल बनाने के 'रास्ते' भी खोजे और खोले । प्रियतोष गुप्ता की इन कार्रवाईयों को रोटरी के सेवा-धर्म के अभियान को नागरिक-समाज में और विश्वसनीय व प्रतिष्ठित करने की लीडरशिप खूबी के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है ।  

Wednesday, April 8, 2020

रोटरी ब्लड बैंक के हिसाब-किताब में मनमानी और गड़बड़ी करने के मामलों के चलते मुसीबत में फँसने के बावजूद विनोद बंसल ने कोरोना वायरस के कारण पैदा हुए हालात का फायदा उठा कर, इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के उद्देश्य से ब्लड बैंक के पैसे का मनमाना इस्तेमाल करने का 'मौका' बनाया 

नई दिल्ली । रोटरी ब्लड बैंक के प्रेसीडेंट पद से हटाये जाने की कोशिशों से नाराज विनोद बंसल ने जाते-जाते ब्लड बैंक के अकाउंट को 'लुटाने' की अच्छी व्यवस्था कर ली है, और इस बार उनके लिए खुशकिस्मती की बात यह है कि उनकी 'व्यवस्था' में कोई टाँग अड़ाने की कोशिश भी नहीं कर रहा है । विनोद बंसल ने ब्लड बैंक की जमा पूँजी का मोटा हिस्सा प्रधानमंत्री कोविड19 रिलीफ फंड में देने का फैसला करके ब्लड बैंक के अकाउंट को खाली करके जाने का दाँव चला है । ब्लड बैंक के सेक्रेटरी रमेश अग्रवाल और एक्स-ऑफिसो सदस्य के रूप में डिस्ट्रिक्ट 3012 के गवर्नर दीपक गुप्ता ने शुरू में यह तर्क देते हुए विनोद बंसल के फैसले का विरोध किया था कि विनोद बंसल और अन्य पदाधिकारी इस समय कार्यकारी पदाधिकारी हैं, और कानूनन उन्हें ब्लड बैंक की जमा पूँजी को लेकर कोई फैसला करने का अधिकार नहीं है; लेकिन विनोद बंसल ने इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता का नाम लेकर उनकी ऐसी हवा टाइट की है कि उन्होंने अब पूरी तरह समर्पण कर दिया है । विनोद बंसल ने मुद्दे पर विचार-विमर्श करने के लिए 9 अप्रैल की शाम चार बजे ब्लड बैंक की गवर्निंग बॉडी की जूम मीटिंग बुलाई है । विचार-विमर्श की बात सिर्फ धोखा है; विनोद बंसल ने वास्तव में पक्की व्यवस्था कर ली है कि वह प्रस्ताव रखेंगे और बाकी सदस्य बिना कोई चूँ-चपड़ किए उनके प्रस्ताव पर ताली बजायेंगे । मजे की बात यह है कि जो लोग 9 अप्रैल की शाम 4 बजे की मीटिंग में ब्लड बैंक का अकाउंट खाली करने का फैसला करेंगे, वही लोग कुछ दिन पहले ही यह फैसला कर चुके हैं कि अगली गवर्निंग बॉडी बनने तक ब्लड बैंक के अकाउंट से सिर्फ रोजमर्रा के जरूरी खर्चों के लिए ही पैसे निकाले जायेंगे, और कोई भी बड़ा खर्चा अगली गवर्निंग बॉडी ही करेगी । यानि, मीटिंग में शामिल होने वालों को फैसला करने का अधिकार ही नहीं है । 
रमेश अग्रवाल और दीपक गुप्ता का उक्त फैसले का हवाला देते हुए दरअसल यही कहना रहा कि प्रधानमंत्री रिलीफ फंड में पैसा देने में जल्दबाजी करने की बजाये विनोद बंसल को ब्लड बैंक की अगली गवर्निंग बॉडी चुनवाने/बनवाने में जल्दबाजी करना चाहिए और ब्लड बैंक के पैसे का कैसे/क्या करना है - इसका फैसला उन्हें करने देना चाहिए । विनोद बंसल लेकिन पैसे देने का श्रेय खुद लेना चाहते हैं; आरोप है कि यह श्रेय लेकर वह इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में अपनी उम्मीदवारी के लिए फायदा उठाने की तिकड़म लगा रहे हैं - और इसलिए वह बड़ा खर्चा न करने के उस फैसले की अनदेखी करने के लिए तैयार हैं, जिस फैसले में वह खुद भी शामिल थे । लोगों के बीच चर्चा रही है कि विनोद बंसल की रोटरी के पैसे पर राजनीति करने के मामले में 'मास्टरी' है; रोटरी फाउंडेशन को 'एक का चार करने' की 'मशीन' बना कर वह पहले ही (कु)ख्याति पा चुके हैं । ब्लड बैंक में भी हिसाब-किताब में मनमानी और गड़बड़ी करने के मामले सामने आने के बाद विनोद बंसल को प्रेसीडेंट पद से हटाने की बात व प्रक्रिया शुरू हुई । इसे विनोद बंसल की 'मास्टरी' ही कहेंगे कि रोटरी ब्लड बैंक का प्रेसीडेंट पद छिनने की प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद उन्होंने ब्लड बैंक के पैसे का मनमाना इस्तेमाल करने का मौका बना लिया है - और ब्लड बैंक के दूसरे पदाधिकारियों को अपना फैसला स्वीकार करने के लिए मजबूर कर दिया है । इसके लिए, विनोद बंसल ने बड़ी सफाई से इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता के नाम का इस्तेमाल कर लिया है । 
9 अप्रैल की शाम चार बजे की जूम मीटिंग का जो संदेश विनोद बंसल ने ब्लड बैंक की गवर्निंग बॉडी के सदस्यों को भेजा है, उसमें शेखर मेहता का नाम जोड़ कर विनोद बंसल ने सदस्यों पर दबाव बनाने की जो चाल चली है, वह कामयाब रही है । दबी जुबान में तो चर्चा है कि शेखर मेहता ने जो 'टारगेट' दिया है, वह आराम से पूरा और पार हो तो रहा है - आखिर तब फिर विनोद बंसल उनका नाम लेकर ब्लड बैंक का खजाना खाली करने पर क्यों तुले हुए हैं । उल्लेखनीय है कि शेखर मेहता ने देश के रोटेरियंस की तरफ से प्रधानमंत्री रिलीफ फंड में 25 करोड़ रुपए देने का टारगेट तय किया है । पाँच डिस्ट्रिक्ट्स के रोटेरियंस की तरफ से तथा रोटरी न्यूज ट्रस्ट की तरफ से प्रधानमंत्री रिलीफ फंड में दिए जाने वाले पैसे की अभी तक जो घोषणाएँ हुई हैं, उनमें करीब 21 करोड़ रुपए का जोड़ बैठ रहा है । इससे जाहिर है कि प्रधानमंत्री रिलीफ फंड के लिए रोटेरियंस की तरफ से शेखर मेहता ने जो टारगेट रखा है, वास्तव में उससे कहीं ज्यादा रकम रोटेरियंस की तरफ से जा रही है - ऐसे में, रोटरी ब्लड बैंक का अकाउंट खाली करने की कोई जरूरत नहीं है; लेकिन फिर भी विनोद बंसल ब्लड बैंक का अकाउंट खाली करने पर आमादा हैं - तो इसका कारण सिर्फ यही है कि ऐसा करके विनोद बंसल अपना निजी हित साध सकेंगे । इसे बिडंवना ही कहेंगे कि नोएडा ब्लड बैंक के कर्ताधर्ता सतीश सिंघल पर ब्लड बैंक में इकट्ठा हुए खून की कमाई से निजी हित साधने का आरोप लगा, तो उनसे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद ही छिन गया और उन्हें पूर्व गवर्नर की मान्यता भी नहीं मिली; जबकि दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक में इकट्ठा हुए खून से हुई कमाई को मनमाने तरीके से 'निजी हित' में इस्तेमाल करने के आरोपों के बीच विनोद बंसल लेकिन इंटरनेशनल डायरेक्टर पद पर पहुँचने की तैयारी कर रहे हैं ।