Showing posts with label Rotary Blood Bank. Show all posts
Showing posts with label Rotary Blood Bank. Show all posts

Friday, September 11, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में रोटरी ब्लड बैंक में मोटी रकम के बकाया बिलों के मामले का ठीकरा दिवंगत सुदर्शन अग्रवाल के सिर फोड़ कर खुद को बचाने की कोशिश ने पूर्व गवर्नर विनोद बंसल की मुश्किलों को बढ़ा और दिया है 

नई दिल्ली । रोटरी ब्लड बैंक के प्रेसीडेंट पद से 'जबर्दस्ती' और बड़े फजीहतपूर्ण तरीके से हटा दिए जाने के बाद भी, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल को ब्लड बैंक के गड़बड़झालों से जुड़ी मुश्किलों से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है । ब्लड बैंक के नए पदाधिकारियों के सामने जैसे जो तथ्य आ रहे हैं, उनसे तमाम वित्तीय अनियमितताओं की चर्चाओं को बल मिला है । एक सप्लायर के मोटी रकम के बकाया बिलों ने तो ब्लड बैंक के नए पदाधिकारियों का सिर ही चकरा दिया है, जिसके बाद ब्लड बैंक के पदाधिकारियों व प्रमुख सदस्यों की मीटिंग बुलाना पड़ी । ब्लड बैंक के नए बने ट्रेजरर आशीष घोष ने मीटिंग में मोटी रकम के बकाया बिलों का मामला उठाया, तो विनोद बंसल ने उन बिलों की जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए बताया कि उक्त बिल उनके प्रेसीडेंट बनने से पहले के, यानि सुदर्शन अग्रवाल के प्रेसीडेंट रहने के दौरान के हैं - और उनके लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता । विनोद बंसल के इस जबाव ने उनकी मुश्किलों को कम करने की बजाये बढ़ाने का काम किया । लोगों का कहना है कि विनोद बंसल अपनी नाकामियों तथा बेईमानियों को छिपाने के लिए दिवंगत सुदर्शन अग्रवाल का नाम बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं । इंटरनेशनल डायरेक्टर रहे सुदर्शन अग्रवाल का नाम डिस्ट्रिक्ट तथा रोटरी में बहुत सम्मान से लिया और याद किया जाता है । इसीलिए, रोटरी ब्लड बैंक में अपनी नाकामियों तथा बेईमानियों को सुदर्शन अग्रवाल के नाम से ढकने की विनोद बंसल की कोशिश ने कई लोगों को भड़का दिया है ।
लोगों का कहना/पूछना है कि उक्त बिल यदि उनके प्रेसीडेंट बनने से पहले के हैं भी, तो अपने करीब साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने उन बिलों का भुगतान क्यों नहीं किया - और यदि उन बिलों को लेकर उनकी कोई आपत्तियाँ रहीं, तो उन आपत्तियों को उन्होंने ब्लड बैंक के दूसरे पदाधिकारियों के साथ बातचीत करके हल करने के प्रयास क्यों नहीं किए ? उनके साथ ब्लड बैंक में पदाधिकारी रहे वरिष्ठ रोटेरियंस का कहना है कि उनके सामने कभी यह बात नहीं आई कि पिछले कार्यकाल के कोई बिल बकाया हैं । लोगों को हैरानी इस बात की भी है कि ऐसा कौन सप्लायर है, जिसकी मोटी रकम का भुगतान नहीं हुआ - लेकिन वह फिर भी सप्लाई दिए जा रहा है, और बकाया मोटी रकम माँग ही नहीं रहा है ? लोगों को शक है कि यह कहीं रोटरी ब्लड बैंक में फर्जी बिलिंग से पैसे बनाने के मामले का तो परिणाम नहीं है ? ब्लड बैंक के नए पदाधिकारियों से लोगों की माँग है कि इस मामले की गहराई व बारीकी से जाँच की जानी चाहिए और तथ्यों को डिस्ट्रिक्ट के सभी सदस्यों के सामने रखना चाहिए ।
विनोद बंसल ने मीटिंग में बकाया बिलों को राइट-ऑफ 'करवाने' का दावा करके मामले को और संशयपूर्ण बना दिया है । उन्होंने ब्लड बैंक के नए पदाधिकारियों को सांत्वना-सी देते हुए कहा कि वह इन बकाया बिलों को लेकर परेशान न हों, वह सप्लायर से बात करके इन्हें राइट-ऑफ करवा देंगे । इससे लोगों के बीच सवाल पैदा हुआ कि विनोद बंसल यदि बकाया बिलों को राइट-ऑफ करवा सकते हैं, तो वह करीब साढ़े चार वर्ष से इन बकाया बिलों को बनाये क्यों रखे हुए हैं - उन्होंने अपने कार्यकाल में इन्हें राइट-ऑफ क्यों नहीं करवाया ? इस तरह, सवाल तो बहुत हैं - लेकिन उनके जबाव किसी के पास नहीं हैं । ब्लड बैंक के नए पदाधिकारी इस बात से परेशान हैं कि वह जहाँ भी देखते हैं, उन्हें न समझ में आने वाला गड़बड़झाला मिल जाता है । मजे की बात यह है कि ब्लड बैंक की नए पदाधिकारियों की टीम में करीब आधे पदाधिकारी वहीं हैं, जो विनोद बंसल की पदाधिकारियों की टीम में भी थे, लेकिन उन्हें भी नहीं पता कि प्रेसीडेंट के रूप में विनोद बंसल क्या क्या गुल खिलाते रहे हैं ?  अभी जब मोटी रकम के बकाया बिलों का मामला सामने आया है, तो विनोद बंसल ने ठीकरा दिवंगत सुदर्शन अग्रवाल के सिर फोड़ कर बचने की कोशिश की । उनकी यह कोशिश लेकिन उनकी मुश्किलों को बढ़ाती हुई दिख रही है ।

Sunday, May 3, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 के पूर्व गवर्नर विनोद बंसल को रोटरी ब्लड बैंक के प्रेसीडेंट पद से अंततः हाथ धोना पड़ा; हालाँकि कई लोगों को लग रहा है कि संजीव राय मेहरा के जरिये विनोद बंसल प्रेसीडेंट पद फिर से पाने की कोशिश करेंगे

नई दिल्ली । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल की रोटरी ब्लड बैंक का प्रेसीडेंट बने रहने की अंतिम समय तक की गईं कोशिशें आखिरकार विफल रहीं, और उनके लिए खासे अपमानजनक रहे घटनाचक्र में उन्हें अध्यक्ष पद से हटा दिया गया । उल्लेखनीय बात यह रही कि रोटरी ब्लड बैंक के नए पदाधिकारियों के चुनाव की तैयारी के बीच में ही बोर्ड मीटिंग में नए पदाधिकारियों का चयन कर लिया गया, जिसमें बाकी पदों के पदाधिकारी या तो यथावत रहे और या उनकी स्थिति अदली-बदली गई - लेकिन  विनोद बंसल की प्रेसीडेंट पद से छुट्टी कर दी गई । रोटरी ब्लड बैंक के नए प्रेसीडेंट पूर्व गवर्नर सुरेश जैन बने हैं । विनोद बंसल ने सारे घटनाक्रम के प्रति नाराजगी और असंतोष प्रकट करते हुए बड़े दुखी मन से एक पत्र लिखा/भेजा है - जिससे लगता है कि रोटरी ब्लड बैंक में पिछले कई महीनों से चल रही उठापटक इस सत्ता परिवर्तन के बावजूद समाप्त नहीं होगी, तथा अभी आगे और तमाशे देखने को मिलेंगे । इसके संकेत विनोद बंसल के डिस्ट्रिक्ट के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट संजीव राय मेहरा के तेवर देख/सुन कर भी मिले । संजीव राय मेहरा ने उक्त मीटिंग को असंवैधानिक बताया और आरोप लगाया कि जल्दबाजी में बुलाई गई उक्त मीटिंग में न नियमों की परवाह की गई और न उचित व्यवस्था का पालन किया गया । संजीव राय मेहरा ने उचित 'फोरम' पर 'असंवैधानिक रूप से आयोजित हुई' इस मीटिंग के मुद्दे को उठाने की बात भी कही । कई लोगों को लगता है कि विनोद बंसल अब आगे की 'लड़ाई' संजीव राय मेहरा के सहारे लड़ेंगे ।
रोटरी ब्लड बैंक में पिछले कुछेक महीने से चल रहा झमेला विनोद बंसल के लिए खासा फजीहत भरा रहा है । उनके साथ हमदर्दी रखने वाले लोगों को भी लगता है कि विनोद बंसल ने मामले को सही ढंग से हैंडल नहीं किया, और अपनी अकड़ तथा अपने अहंकार में अपनी मुसीबतों को बढ़ाते ही गए । विनोद बंसल दरअसल उस स्थिति का शिकार हो गए, जिसके लिए अंग्रेजी में एक जुमला कहा जाता है - 'एलिफैंट इन द रूम' । इसका प्रयोग ऐसी समस्या के लिए किया जाता है जो वास्तव में दिखाई तो नहीं देती है, लेकिन होती बहुत बड़ी है और आपके ठीक बगल में होती है । ब्लड बैंक के प्रेसीडेंट के रूप में विनोद बंसल के दरवाजे पर इस समस्या ने वास्तव में उस समय दस्तक दी, जब ब्लड बैंक के सेक्रेटरी रमेश अग्रवाल और ट्रेजरर संजय खन्ना ने कुछेक बड़े बिलों पर हैरानी व्यक्त करते हुए विनोद बंसल से ब्लड बैंक के कामकाज में पारदर्शिता रखने/बरतने के लिए कहा । विनोद बंसल ने इस बात को बड़े हलके रूप में लिया; वह यह समझने/पहचानने में बुरी तरह चूक गए कि यह बात उनके लिए बड़ी फजीहत की नींव रखने वाली बन जाएगी । उनके शुभचिंतकों के साथ-साथ उनके विरोधियों को भी लगता है कि ब्लड बैंक के कामकाज में पारदर्शिता रखने/बरतने की रमेश अग्रवाल और संजय खन्ना की बात को विनोद बंसल ने यदि गंभीरता से लिया होता, और व्यावहारिक रवैया अपनाया होता - तो न तो उन्हें फजीहत का शिकार होना पड़ता और न प्रेसीडेंट का पद गँवाना पड़ता ।
ब्लड बैंक के कामकाज में झमेलेबाजी के आरोपों से शुरू हुई समस्या ने जब विनोद बंसल के बगल में जगह बनाना शुरू की, विनोद बंसल ने सिर्फ तब ही उसकी अनदेखी नहीं की - समस्या ने जब उन्हें चारों तरफ से घेरना शुरू किया, तब भी वह अकड़ और अहंकार की गिरफ्त में फँसे रह कर उससे अनजान बने रहे; और अपने व्यवहार से अपने समर्थकों को भी अपने से दूर करते गए । ब्लड बैंक के बोर्ड सदस्यों में जो लोग विनोद बंसल को घेर रहे थे, उनके तौर-तरीकों से नई टीम में ट्रेजरर बने आशीष घोष अकेले लोहा ले रहे थे - और इस कारण से आशीष घोष को विनोद बंसल के समर्थक के रूप में देखा/पहचाना जाने लगा था । लेकिन एक मीटिंग में आशीष घोष के एक सुझाव पर विनोद बंसल इतनी बुरी तरह से भड़क गए कि फिर उसके बाद आशीष घोष को उनके समर्थन से दूर हटते देखा गया । विनोद बंसल के बड़े नजदीकी के रूप में देखे/पहचाने जाते रहे डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता पहले से ही उनके विरोधियों के साथ जा मिले थे । अपने व्यवहार और रवैये के चलते विनोद बंसल ब्लड बैंक के बोर्ड सदस्यों के बीच पूरी तरह अलग-थलग पड़ गए थे; उसके बावजूद विनोद बंसल प्रेसीडेंट पद की कुर्सी पर बने रहने की उम्मीद रखे रहे । उनके कई शुभचिंतकों ने उन्हें सुझाव दिया था कि उन्हें स्वयं प्रेसीडेंट पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और गरिमापूर्ण तरीके से ब्लड बैंक से विदा ले लेना चाहिए - लेकिन विनोद बंसल को लगता रहा कि तमाम फजीहत और विरोध के बावजूद वह प्रेसीडेंट पद बचा लेंगे । दरअसल ब्लड बैंक के बोर्ड के कई सदस्यों का रवैया कई मौकों पर बड़ा ढुलमुल सा रहा, जिसके चलते कई बार कुछेक फैसले टलते से रहे - इसे देखते हुए विनोद बंसल को विश्वास रहा कि बोर्ड के सदस्य कभी फैसला कर ही नहीं पायेंगे, और इस वजह से उनकी प्रेसीडेंट की कुर्सी बची रहेगी । लेकिन उनका यह विश्वास दिवास्वप्न साबित हुआ और तमाम कोशिशों के बावजूद अंततः उन्हें रोटरी ब्लड बैंक के प्रेसीडेंट पद से हाथ धोना पड़ा ।
मीटिंग में और मीटिंग के बाद संजीव राय मेहरा द्वारा दिखाए गए रवैये से लेकिन लगता है कि ब्लड बैंक का झगड़ा अभी और चलेगा; लोगों को लग रहा है कि संजीव राय मेहरा के जरिये विनोद बंसल उक्त मीटिंग को 'नल एंड वॉयड' घोषित करवा कर प्रेसीडेंट पद फिर से पाने की कोशिश करेंगे ।

Monday, April 13, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में रोटरी ब्लड बैंक के अकाउंट से जुड़े झमेले की आँच पर सुधीर मंगला सीओएल के लिए प्रस्तुत अपनी उम्मीदवारी का पुलॉव पकने की जो उम्मीद कर रहे हैं, उससे लेकिन उनके नजदीकी ही उत्साहित नहीं हैं

नई दिल्ली । रोटरी ब्लड बैंक को लेकर डिस्ट्रिक्ट के नेताओं का जो तमाशा चल रहा है और अभी हाल ही में उसकी जमापूँजी में से बड़े हिस्से को दान करने के मामले में जो रिजल्ट निकला, सीओएल के चुनावी समीकरणों के संदर्भ में सुधीर मंगला उससे गदगद हैं और उसे अपनी उम्मीदवारी के हित में मान/देख रहे हैं । उनके नजदीकियों का कहना/बताना है कि ब्लड बैंक को लेकर पिछले छह/आठ महीनों से जो तमाशा चल रहा है, उसमें सीओएल के चुनावी समीकरणों के संदर्भ में पहले संजय खन्ना फायदे में लग रहे थे - लेकिन ब्लड बैंक की जमापूँजी हल्की करने के मामले में जो बबाल हुआ, उससे स्थितियाँ बदली हैं, और फायदे का संकेत देने वाली सुई संजय खन्ना से हट कर सुधीर मंगला पर आ टिकी है । दरअसल ब्लड बैंक को लेकर पिछले छह/आठ महीनों से जो नाटक चल रहा था, उसने संजय खन्ना को 'हीरो' बनाया हुआ था । लोगों के बीच चर्चा थी कि ब्लड बैंक के ट्रेजरर के रूप में संजय खन्ना ने ही ब्लड बैंक में गुपचुप रूप से होने वाले मनमाने खर्चों का मामला उठाया था, जिसके चलते बात खुली कि ब्लड बैंक की गवर्निंग बॉडी के सदस्य और पदाधिकारी कार्यकाल पूरा होने के बाद भी, बिना चुनाव करवाए अपने अपने पदों पर जमे हुए हैं और कामकाज में मनमानियाँ हो रही हैं । इसके बाद ही, ब्लड बैंक की गवर्निंग बॉडी के सदस्यों और पदाधिकारियों के चुनाव करने/करवाने की बात शुरू हुई और यह प्रमुख फैसला हुआ कि मौजूदा गवर्निंग बॉडी तथा पदाधिकारी बड़े खर्चों वाले किसी काम के बारे में फैसला नहीं करेंगे । ब्लड बैंक में हुए इस डेवलपमेंट को लोगों ने अच्छी भावना से लिया, और इसका श्रेय संजय खन्ना को दिया ।
डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव होने के बाद रोटेरियंस नेता लोग प्रायः 'खाली' हो जाते हैं, लेकिन डिस्ट्रिक्ट 3011 में सीओएल के चुनाव के साथ-साथ ब्लड बैंक के झमेले ने उन्हें सक्रिय बनाये रखा । वैसे तो सीओएल के चुनावी समीकरणों और ब्लड बैंक के झमेले का कोई संबंध नहीं बनता है, लेकिन चूँकि ब्लड बैंक के झमेले के बढ़ने के साथ-साथ सीओएल के चुनाव के दिन नजदीक आते गए - और दोनों जगह संजय खन्ना 'मौजूद' दिखे, तो लोगों के बीच बनने वाली बातों में ब्लड बैंक के झमेले तथा सीओएल के चुनावी समीकरणों में संबंध स्वतः जुड़ गया । इस जुड़े संबंध ने संजय खन्ना की सीओएल की उम्मीदवारी के लिए माहौल अनुकूल बनाया । लेकिन ब्लड बैंक के अकाउंट को हल्का करने के फैसले में शामिल होकर संजय खन्ना ने अपने लिए मुसीबत थोड़ा बढ़ा ली है । उनके नजदीकियों का कहना है कि संजय खन्ना उक्त मामले में दरअसल हालात को भाँप नहीं पाए; उन्हें लगा कि अधिकतर लोग उक्त फैसले के पक्ष में हैं, और फैसला हो ही जायेगा । ब्लड बैंक की गवर्निंग बॉडी की मीटिंग में सुरेश जैन के स्टैंड के जाहिर होने के बाद हालाँकि संजय खन्ना भी अकाउंट को हल्का करने के फैसले के खिलाफ हो गए, लेकिन माना यही गया कि उन्होंने मजबूरी में पलटी मारी । ब्लड बैंक के अकाउंट को हल्का करने के मामले में मंजीत साहनी ने जिस तरह से काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की भूमिका को शामिल किया, उसमें सुधीर मंगला ने 'बहती गंगा में हाथ धोने' का काम कर लिया । इसी आधार पर सुधीर मंगला को लगता है कि सीओएल के उम्मीदवारों में एक अकेले वही हैं, जिन्होंने ब्लड बैंक के अकाउंट को हल्का करने के प्रयास का विरोध किया - और इसलिए उक्त प्रयास का जिन भी लोगों ने विरोध किया है, उनका समर्थन उन्हें ही मिलेगा ।
सुधीर मंगला यह देख/जान/सुन कर और गदगद हैं कि डिस्ट्रिक्ट में हर कोई ब्लड बैंक के अकाउंट को हल्का करने के प्रयास के विफल हो जाने से खुश हैं । डिस्ट्रिक्ट के लोगों की इस खुशी में उन्हें सीओएल के लिए अपनी उम्मीदवारी की नाव इस बार पार होती दिख रही है । उल्लेखनीय है कि पिछली बार सीओएल के चुनाव में वह हार गए थे । मजे की बात लेकिन यह है कि अपनी उम्मीदवारी को लेकर जैसा भरोसा सुधीर मंगला को है, वैसा भरोसा उनके नजदीकियों को नहीं है - और यही कारण है कि खुद सुधीर मंगला को ही यह शिकायत करते हुए सुना जा रहा है कि उन्हें जिन लोगों से मदद की उम्मीद है, वह उनकी मदद कर नहीं रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट में लोगों को लग रहा है कि ब्लड बैंक के अकाउंट से जुड़े ताजा मामले में सही फैसला कर पाने में संजय खन्ना चूक भले ही गए हों, लेकिन उससे सीओएल के चुनाव पर उनकी पकड़ ढीली नहीं पड़ी है । ब्लड बैंक के अकाउंट से जुड़े मामले के कारण काउंसिल ऑफ गवर्नर्स के सदस्यों में जो 'गर्मी' पैदा हुई है, वह यदि कोई नया समीकरण बनाती भी है तो उसका फायदा अमित जैन को मिल सकता है । अमित जैन सीओएल के लिए अपनी उम्मीदवारी का अभियान बड़े चुपचाप तरीके से चलाते 'सुने' जा रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट में चलते रहने वाले तमाम झमेलों और विवादों से अमित जैन जिस तरह अपने आप को बचाये रखे हुए हैं, उसे उनकी 'कूल' और कुशल प्रबंधन नीति के नतीजे के रूप में देखा/पहचाना जाता है । चुनावी उठापटक में अमित जैन की इस नीति को कुछेक लोग उनकी कमजोरी के रूप में देखते हैं, तो अन्य कई लोग इसे उनकी ताकत के रूप में पहचानते हैं । सीओएल की चुनावी राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले लोगों को लगता है कि ब्लड बैंक के अकाउंट से जुड़े जिस झमेले पर सुधीर मंगला उत्साहित हो रहे हैं, उस पर जल्दी ही धूल पड़ जाएगी और तब उम्मीदवारों की वास्तविक पहचान तथा लोगों के बीच उनकी छवि ही निर्णायक भूमिका निभायेगी ।

Thursday, April 9, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 के पूर्व गवर्नर मंजीत साहनी ने रोटरी ब्लड बैंक के अकाउंट से बड़ी रकम दान करने के जरिये शेखर मेहता को खुश करके अपनी राजनीति संभालने की विनोद बंसल की कोशिश को बाहर से जो झटका दिया, उसे गवर्निंग बॉडी की मीटिंग में सुरेश जैन ने अंजाम तक पहुँचाया और विनोद बंसल की योजना पर पानी फेर दिया 

नई दिल्ली । विनोद बंसल ने रोटरी ब्लड बैंक के अकाउंट से मोटी रकम दान में देने के अपने मनमाने फैसले को तथाकथित गवर्निंग बॉडी की मीटिंग में मंजूर करवाने के लिए फील्डिंग तो बेहद कसी हुई सजाई थी, लेकिन पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मंजीत साहनी की एक 'आउट स्विंग' ने उनकी फील्डिंग को ऐसा ऐसा तहसनहस किया कि फिर उनका फैसला तो मंजूर नहीं ही हुआ - उन्हें फजीहत का सामना और करना पड़ा । इस मामले में और भी बुरी बात यह हुई कि विनोद बंसल के चक्कर में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता के लिए भी दुविधा के हालात बने । मामले से परिचित हर व्यक्ति को हैरानी हुई कि शेखर मेहता आखिर विनोद बंसल के चक्कर में फँस कैसे गए ? हालाँकि मीटिंग से पहले तक जो 'स्थिति' थी, उसमें कोई भी विनोद बंसल के चक्कर में फँस सकता था । अपने फैसले को मंजूर करवाने के लिए विनोद बंसल ने बड़ी चाक-चौबंद व्यवस्था की थी; उनकी 'व्यवस्था' में कोई सेंध न लगा सके, इसके लिए उन्होंने शेखर मेहता का और उनके नाम का भरपूर इस्तेमाल किया । मीटिंग में उन्हें, जिन सदस्यों की तरफ से विरोध की आशंका थी, उनके मुँह बंद रखवाने के लिए उन्होंने शेखर मेहता रूपी टेप का पक्का इस्तेमाल किया हुआ था । विनोद बंसल ने ब्लड बैंक के सेक्रेटरी रमेश अग्रवाल और ट्रेजरर संजय खन्ना को अपने फैसले के पक्ष में करके हालात को पूरी तरह साध लिया था; यह दोनों सिर्फ विनोद बंसल के फैसले के साथ ही नहीं थे, बल्कि फैसले के विरोध में दिख रहे गवर्निंग बॉडी के सदस्यों को भी मनाने के काम में लगे हुए थे । ऐसे में, यही माना/समझा जा रहा था कि रोटरी ब्लड बैंक की गवर्निंग बॉडी की जूम मीटिंग में 'अपने' फैसले को मंजूर करवाने में विनोद बंसल को कोई दिक्कत नहीं होगी ।
लेकिन मंजीत साहनी ने विनोद बंसल की सारी तैयारी पर पानी फेर दिया ।
मीटिंग शुरू होने से कुछेक घंटे पहले, मंजीत साहनी ने सोशल मीडिया में एक संदेश दिया, जिसमें उन्होंने बताया कि रोटरी में बने ट्रस्ट के असली 'मालिक' डिस्ट्रिक्ट के सदस्य होते हैं, और काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की सहमति के बाद ही वह बनते हैं - इसलिए उसकी संपत्ति व जमापूँजी के बारे में फैसला करने का अधिकार ट्रस्ट की गवर्निंग बॉडी को नहीं है । मंजीत साहनी के इस संदेश ने दरअसल 'बिल्ली के गले में घंटी बाँधने' का काम किया । असल में, मंजीत साहनी के मामले में कूदने से पहले हर कोई शेखर मेहता की संलग्नता के कारण चुप बना हुआ था । विनोद बंसल इसी चुप्पी में अपना काम निकालने की तैयारी में थे । मंजीत साहनी के संदेश ने लेकिन उक्त चुप्पी को भंग कर दिया । सोशल मीडिया में फिर कई पूर्व गवर्नर्स ने विनोद बंसल की ब्लड बैंक का अकाउंट खाली करने की मनमानी कार्रवाई के प्रति अपनी नाराजगी दिखाई । यह इस बात का स्पष्ट संकेत था कि विनोद बंसल का 'रायता' फैलने लगा है । यह फैलता 'रायता' गवर्निंग बॉडी की मीटिंग में लेथन/गंदगी न करे, इसके लिए विनोद बंसल ने अभूतपूर्व तरीका अपनाया - और वह यह कि गवर्निंग बॉडी की मीटिंग की शुरुआत उन्होंने शेखर मेहता से करवाई । दिल्ली स्थित रोटरी ब्लड बैंक से शेखर मेहता का कोई मतलब नहीं है; एक बड़े पदाधिकारी होने के नाते ब्लड बैंक के किसी समारोह में शेखर मेहता उपस्थित हों - तो बात समझ में आती है; लेकिन ब्लड बैंक की गवर्निंग बॉडी की मीटिंग में उनकी मौजूदगी एक अभूतपूर्व बात बनी । समझा जाता है कि विनोद बंसल ने शेखर मेहता से मीटिंग की शुरुआत मीटिंग में मौजूद सदस्यों पर दबाव बनाने के लिए करवाई । लेकिन उनकी  तरकीब बुरी तरह फेल हो गई ।
मंजीत साहनी ने जो काम 'बाहर' किया था, गवर्निंग बॉडी की मीटिंग में वही काम वरिष्ठ पूर्व गवर्नर सुरेश जैन ने किया । मीटिंग में, शेखर मेहता के तुरंत बाद सुरेश जैन ने बोला और उन्होंने पूरी स्पष्टता व दृढ़ता के साथ ब्लड बैंक के अकाउंट को खाली करने की विनोद बंसल की कोशिश का दो-टूक विरोध किया । सुरेश जैन की बातों ने शेखर मेहता की मौजूदगी तथा उनकी अपील से बने प्रभाव को पूरी तरह धो-पोंछ दिया । सुरेश जैन की बातों ने एक तरह से मीटिंग की दशा-दिशा तय कर दी । रही-सही कसर रूपक जैन ने पूरी कर दी । इसके बाद तो हर कोई जैसे विनोद बंसल से बदला लेने पर उतारू दिखा । माहौल देख कर रमेश अग्रवाल और संजय खन्ना ने भी पाला बदल लिया, और वह भी विनोद बंसल के फैसले की खिलाफत करते नजर आए । रमेश अग्रवाल ने तो जोश जोश में यह पोल भी खोल दी कि विनोद बंसल तो यह मीटिंग ही नहीं करना चाहते थे, वह तो इस कोशिश में थे कि तीन-चार पदाधिकारी मिल कर ही ब्लड बैंक के अकाउंट को खाली करने का फैसला कर लें । यह पोल खुलने के बाद माहौल और गर्मा गया, तथा अनूप मित्तल बुरी तरह भड़के । इसके बाद तो मीटिंग में विनोद बंसल पूरी तरह अलग-थलग पड़ गए और किसी ने भी उनका साथ नहीं दिया । ऐसे में, विनोद बंसल ब्लड बैंक के अकाउंट को खाली करने का अपना फैसला मंजूर भला कैसे करवाते ? मीटिंग  में जो हुआ, उसमें विनोद बंसल को सिर्फ अपना फैसला मंजूर करवाने में ही हार का मुँह नहीं देखना पड़ा, बल्कि यह सच्चाई भी लोगों के सामने आई कि अपने ही डिस्ट्रिक्ट में वह पूरी तरह अलग-थलग हैं । इस बात ने राजनीतिक रूप से विनोद बंसल को तगड़ा झटका दिया है ।

Wednesday, April 8, 2020

रोटरी ब्लड बैंक के हिसाब-किताब में मनमानी और गड़बड़ी करने के मामलों के चलते मुसीबत में फँसने के बावजूद विनोद बंसल ने कोरोना वायरस के कारण पैदा हुए हालात का फायदा उठा कर, इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के उद्देश्य से ब्लड बैंक के पैसे का मनमाना इस्तेमाल करने का 'मौका' बनाया 

नई दिल्ली । रोटरी ब्लड बैंक के प्रेसीडेंट पद से हटाये जाने की कोशिशों से नाराज विनोद बंसल ने जाते-जाते ब्लड बैंक के अकाउंट को 'लुटाने' की अच्छी व्यवस्था कर ली है, और इस बार उनके लिए खुशकिस्मती की बात यह है कि उनकी 'व्यवस्था' में कोई टाँग अड़ाने की कोशिश भी नहीं कर रहा है । विनोद बंसल ने ब्लड बैंक की जमा पूँजी का मोटा हिस्सा प्रधानमंत्री कोविड19 रिलीफ फंड में देने का फैसला करके ब्लड बैंक के अकाउंट को खाली करके जाने का दाँव चला है । ब्लड बैंक के सेक्रेटरी रमेश अग्रवाल और एक्स-ऑफिसो सदस्य के रूप में डिस्ट्रिक्ट 3012 के गवर्नर दीपक गुप्ता ने शुरू में यह तर्क देते हुए विनोद बंसल के फैसले का विरोध किया था कि विनोद बंसल और अन्य पदाधिकारी इस समय कार्यकारी पदाधिकारी हैं, और कानूनन उन्हें ब्लड बैंक की जमा पूँजी को लेकर कोई फैसला करने का अधिकार नहीं है; लेकिन विनोद बंसल ने इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता का नाम लेकर उनकी ऐसी हवा टाइट की है कि उन्होंने अब पूरी तरह समर्पण कर दिया है । विनोद बंसल ने मुद्दे पर विचार-विमर्श करने के लिए 9 अप्रैल की शाम चार बजे ब्लड बैंक की गवर्निंग बॉडी की जूम मीटिंग बुलाई है । विचार-विमर्श की बात सिर्फ धोखा है; विनोद बंसल ने वास्तव में पक्की व्यवस्था कर ली है कि वह प्रस्ताव रखेंगे और बाकी सदस्य बिना कोई चूँ-चपड़ किए उनके प्रस्ताव पर ताली बजायेंगे । मजे की बात यह है कि जो लोग 9 अप्रैल की शाम 4 बजे की मीटिंग में ब्लड बैंक का अकाउंट खाली करने का फैसला करेंगे, वही लोग कुछ दिन पहले ही यह फैसला कर चुके हैं कि अगली गवर्निंग बॉडी बनने तक ब्लड बैंक के अकाउंट से सिर्फ रोजमर्रा के जरूरी खर्चों के लिए ही पैसे निकाले जायेंगे, और कोई भी बड़ा खर्चा अगली गवर्निंग बॉडी ही करेगी । यानि, मीटिंग में शामिल होने वालों को फैसला करने का अधिकार ही नहीं है । 
रमेश अग्रवाल और दीपक गुप्ता का उक्त फैसले का हवाला देते हुए दरअसल यही कहना रहा कि प्रधानमंत्री रिलीफ फंड में पैसा देने में जल्दबाजी करने की बजाये विनोद बंसल को ब्लड बैंक की अगली गवर्निंग बॉडी चुनवाने/बनवाने में जल्दबाजी करना चाहिए और ब्लड बैंक के पैसे का कैसे/क्या करना है - इसका फैसला उन्हें करने देना चाहिए । विनोद बंसल लेकिन पैसे देने का श्रेय खुद लेना चाहते हैं; आरोप है कि यह श्रेय लेकर वह इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में अपनी उम्मीदवारी के लिए फायदा उठाने की तिकड़म लगा रहे हैं - और इसलिए वह बड़ा खर्चा न करने के उस फैसले की अनदेखी करने के लिए तैयार हैं, जिस फैसले में वह खुद भी शामिल थे । लोगों के बीच चर्चा रही है कि विनोद बंसल की रोटरी के पैसे पर राजनीति करने के मामले में 'मास्टरी' है; रोटरी फाउंडेशन को 'एक का चार करने' की 'मशीन' बना कर वह पहले ही (कु)ख्याति पा चुके हैं । ब्लड बैंक में भी हिसाब-किताब में मनमानी और गड़बड़ी करने के मामले सामने आने के बाद विनोद बंसल को प्रेसीडेंट पद से हटाने की बात व प्रक्रिया शुरू हुई । इसे विनोद बंसल की 'मास्टरी' ही कहेंगे कि रोटरी ब्लड बैंक का प्रेसीडेंट पद छिनने की प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद उन्होंने ब्लड बैंक के पैसे का मनमाना इस्तेमाल करने का मौका बना लिया है - और ब्लड बैंक के दूसरे पदाधिकारियों को अपना फैसला स्वीकार करने के लिए मजबूर कर दिया है । इसके लिए, विनोद बंसल ने बड़ी सफाई से इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता के नाम का इस्तेमाल कर लिया है । 
9 अप्रैल की शाम चार बजे की जूम मीटिंग का जो संदेश विनोद बंसल ने ब्लड बैंक की गवर्निंग बॉडी के सदस्यों को भेजा है, उसमें शेखर मेहता का नाम जोड़ कर विनोद बंसल ने सदस्यों पर दबाव बनाने की जो चाल चली है, वह कामयाब रही है । दबी जुबान में तो चर्चा है कि शेखर मेहता ने जो 'टारगेट' दिया है, वह आराम से पूरा और पार हो तो रहा है - आखिर तब फिर विनोद बंसल उनका नाम लेकर ब्लड बैंक का खजाना खाली करने पर क्यों तुले हुए हैं । उल्लेखनीय है कि शेखर मेहता ने देश के रोटेरियंस की तरफ से प्रधानमंत्री रिलीफ फंड में 25 करोड़ रुपए देने का टारगेट तय किया है । पाँच डिस्ट्रिक्ट्स के रोटेरियंस की तरफ से तथा रोटरी न्यूज ट्रस्ट की तरफ से प्रधानमंत्री रिलीफ फंड में दिए जाने वाले पैसे की अभी तक जो घोषणाएँ हुई हैं, उनमें करीब 21 करोड़ रुपए का जोड़ बैठ रहा है । इससे जाहिर है कि प्रधानमंत्री रिलीफ फंड के लिए रोटेरियंस की तरफ से शेखर मेहता ने जो टारगेट रखा है, वास्तव में उससे कहीं ज्यादा रकम रोटेरियंस की तरफ से जा रही है - ऐसे में, रोटरी ब्लड बैंक का अकाउंट खाली करने की कोई जरूरत नहीं है; लेकिन फिर भी विनोद बंसल ब्लड बैंक का अकाउंट खाली करने पर आमादा हैं - तो इसका कारण सिर्फ यही है कि ऐसा करके विनोद बंसल अपना निजी हित साध सकेंगे । इसे बिडंवना ही कहेंगे कि नोएडा ब्लड बैंक के कर्ताधर्ता सतीश सिंघल पर ब्लड बैंक में इकट्ठा हुए खून की कमाई से निजी हित साधने का आरोप लगा, तो उनसे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद ही छिन गया और उन्हें पूर्व गवर्नर की मान्यता भी नहीं मिली; जबकि दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक में इकट्ठा हुए खून से हुई कमाई को मनमाने तरीके से 'निजी हित' में इस्तेमाल करने के आरोपों के बीच विनोद बंसल लेकिन इंटरनेशनल डायरेक्टर पद पर पहुँचने की तैयारी कर रहे हैं ।

Thursday, March 12, 2020

घोटालेबाजी के कारण डूबे यस बैंक में दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक के बीसों करोड़ रुपए फँसे होने की बात सामने आने पर, पहले से ही मनमानियों और बेईमानियों के आरोपों में घिरे रोटरी ब्लड बैंक के प्रेसीडेंट विनोद बंसल की मुसीबतें और बढ़ीं 

नई दिल्ली । यस बैंक के झमेले में दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक भी फँसा है, और एफडी के रूप में उसके बीसों करोड़ रुपए खतरे में पड़ गए हैं । रोटेरियंस के लिए हैरानी की बात यह है कि अपने आपको फाइनेंशियल एक्सपर्ट कहने/बताने वाले विनोद बंसल के प्रेसीडेंट होते हुए रोटरी ब्लड बैंक की मोटी रकम घोटालों का सामना कर रहे यस बैंक में कैसे फँस गई ? उल्लेखनीय है कि यस बैंक घोटालेबाजी की खबरों के चलते पिछले डेढ़-दो वर्ष से चर्चा में है और बैंक के डूबने की आशंकाएँ व्यक्त होती रही हैं । इन आशंकाओं के चलते ही पिछले छह/आठ महीनों में कई कार्पोरेट तथा एनजीओ खाताधारकों ने बैंक में अपने डिपॉजिट्स निकाल लिए थे । फाइनेंशल सेक्टर में एक्सपर्ट्स के बीच यह चर्चा आम थी कि यस बैंक में अपने डिपॉजिट्स छोड़ना उन्हें खतरे में डालना है । ऐसे में, रोटेरियंस के बीच चर्चा और सवाल हैं कि फाइनेंशियल एक्सपर्ट और प्रेसीडेंट के रूप में विनोद बंसल ने रोटरी ब्लड की रकम यस बैंक से निकालने पर ध्यान क्यों नहीं दिया ? कुछेक लोगों को यह विनोद बंसल की प्रशासनिक व प्रोफेशनल चूक व लापरवाही लगती हैं, तो कुछेक अन्य लोग इसमें उनका कोई 'खेल' देख रहे हैं । इस संदर्भ में, एक मजेदार तथ्य यह भी है कि विनोद बंसल रोटरी इंटरनेशनल की इन्वेस्टमेंट कमेटी के सदस्य भी हैं । लोगों का कहना/पूछना है कि जो विनोद बंसल रोटरी ब्लड बैंक की रकम को चूक, लापरवाही और या किसी 'खेल' के चलते खतरे में डाल सकते हैं, वह इन्वेस्टमेंट कमेटी के सदस्य के रूप में रोटरी इंटरनेशनल की भारी-भरकम रकम के लिए भी बड़े खतरे साबित हो सकते हैं ।
विनोद बंसल अपने बचाव में तर्क दे रहे हैं कि रोटरी ब्लड बैंक का अकाउंट यस बैंक में खोलने का फैसला उन्होंने नहीं किया था; प्रेसीडेंट के रूप में उनके काम सँभालने से पहले ही ब्लड बैंक का अकाउंट यस बैंक में था - और क्यों था, यह पहले ट्रेजरर रहे आशीष घोष से पूछा जाना चाहिए । वर्ष 2015 तक ब्लड बैंक के ट्रेजरर रहे आशीष घोष का कहना है कि उन्हें यह याद नहीं है कि उस समय किस बैंक में अकाउंट था, लेकिन यदि विनोद बंसल कह रहे हैं, तो ठीक ही कह रहे होंगे । आशीष घोष पुराने दिनों की याद करते हुए बताते हैं कि तत्कालीन पदाधिकारियों के रूप में सुदर्शन अग्रवाल तथा ओपी वैश्य के साथ वह बैंकों की ब्याज दरों तथा उनके कामकाज का आकलन करते रहते थे, और जहाँ ज्यादा फायदा होता दिखता था, वहाँ अकाउंट खोलने का फैसला करते थे । उनका कहना है कि अधिकतर एनजीओ ऐसा ही करते हैं, और इसमें कुछ भी गलत नहीं है । मजे की बात यह है कि यस बैंक में अकाउंट खोलने और एफडी करवाने की बात को विनोद बंसल भी गलत नहीं बता रहे हैं - वह तो पिछले पदाधिकारियों के समय से यस बैंक में अकाउंट होने की बात कह कर दरअसल मामले को डायवर्ट करने तथा अपने आपको आरोपों से बचाने की कोशिश कर रहे हैं । वास्तव में, सवाल और या आरोप यह है ही नहीं कि रोटरी ब्लड बैंक का अकाउंट यस बैंक किसने खोला और क्यों खोला ? सवाल और आरोप तो यह है कि पिछले डेढ़-दो वर्षों से जब यस बैंक के घोटालों की खबरें आ रहीं थीं, और बैंक के डूबने की आशंका व्यक्त की जा रही थी - और पिछले छह/आठ महीनों में जब कार्पोरेट्स तथा एनजीओ यस बैंक से अपने पैसे निकाल रहे थे, तब फाइनेंशियल एक्सपर्ट होने का दावा करने वाले रोटरी ब्लड बैंक के प्रेसीडेंट विनोद बंसल आखिर कहाँ सोए हुए थे ?
आरोपों से बचने के लिए विनोद बंसल यह दावा भी कर रहे हैं कि यस बैंक का संकट जल्दी ही दूर हो जायेगा और सरकार ने आश्वस्त किया है कि उसमें जमा पैसा पूरी तरह सुरक्षित है । यस बैंक में दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक की सारी कमाई के फँसे होने से परेशान रोटेरियंस का कहना है कि इस तरह की बातों से विनोद बंसल अपनी चूक, लापरवाही और या किसी 'खेल' की आशंका पर पर्दा नहीं डाल सकते हैं । विनोद बंसल से हमदर्दी रखने वाले उनके नजदीकियों व समर्थकों का भी मानना और कहना है कि इस प्रसंग ने विनोद बंसल की कार्य-क्षमता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं । प्रोफेशनली वह जिस काम में एक्सपर्ट समझे जाते हैं, उस काम को ही वह यदि ठीक से नहीं कर सकते हैं और संगठन को भारी चोट पहुँचाने वाले खतरे में धकेल सकते हैं, तो फिर दूसरे कामों के बारे में उनसे उम्मीद करना संदेहास्पद तो होगा ही । विनोद बंसल के ग्रह-नक्षत्र आजकल लगता है कि कुछ अच्छे नहीं चल रहे हैं; वह जहाँ भी होते हैं, वहाँ विवाद और आरोप लगने लगते हैं । रोटरी ब्लड बैंक में वह पहले से ही मनमानियों और बेईमानियों के आरोपों में घिरे हैं, जिनके चलते ब्लड बैंक के प्रेसीडेंट पद की उनकी कुर्सी और खतरे में पड़ी दिख रही है । प्रेसीडेंट पद की कुर्सी बचाने के लिए विनोद बंसल जीतोड़ कोशिश कर ही रहे थे, कि यस बैंक में ब्लड बैंक के पैसे फँसे होने का मामला उनके गले में आ अटका है । इस मामले में उनके लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि कुछेक लोग इस मामले को भले ही उनकी चूक व लापरवाही के रूप में देख रहे हों, लेकिन अधिकतर लोग इसके पीछे उनकी कोई बिजनेस डील होने का ही संदेह प्रकट कर रहे हैं । विनोद बंसल के सामने समस्या यह है कि आरोपों व संदेहों के बीच उनसे ब्लड बैंक का प्रेसीडेंट पद छिना तो रोटरी की राजनीति व प्रशासनिक व्यवस्था में यह उन्हें और नुकसान पहुँचाने वाला साबित हो सकता है ।  

Wednesday, March 4, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 के रोटरी ब्लड बैंक के पदाधिकारियों की कल हुई बैठक में चुनाव की प्रक्रिया को शुरू करने से जुड़े फैसलों को रोक पाने के प्रयासों में विनोद बंसल के असफल रहने से चुनावी प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता खुल गया है, और उम्मीद की जा रही है कि अगले महीने तक दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक को पदाधिकारियों की नई टीम मिल जायेगी 

नई दिल्ली । एक सप्ताह के अंदर दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक के मामलों को लेकर कल हुई दूसरी मीटिंग के साथ ही ब्लड बैंक में सत्ता परिवर्तित होने का दिन नजदीक आता नजर आ रहा है, और ब्लड बैंक की प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े आम व खास लोगों को लगने लगा है कि प्रेसीडेंट के रूप में विनोद बंसल के दिन बस अब गिने-चुने ही बचे हैं । विनोद बंसल हालाँकि अपना प्रेसीडेंट पद बचाने के लिए जी-तोड़ प्रयास कर रहे हैं, और इसके लिए नाराज सदस्यों को सिफारिशें लगा कर 'शांत' करने से लेकर वरिष्ठ सदस्यों को भावनात्मक रूप से फुसलाने का प्रयास वह कर रहे हैं । विनोद बंसल का कहना है कि उन्होंने ब्लड बैंक की काया पलट दी है और घाटे में चल रहे ब्लड बैंक को फायदे में ला दिया है; उन्होंने ब्लड बैंक के विस्तार की योजना तैयार की है, और उसे क्रियान्वित करना शुरू किया है; विनोद बंसल का कहना है कि ब्लड बैंक में जिन विस्तार योजनाओं पर काम शुरू हुआ है, उनके पूरा होने तक उनका प्रेसीडेंट बने रहना जरूरी है - ताकि उक्त योजनाएँ समय से पूरी हो सकें । लेकिन विनोद बंसल को प्रेसीडेंट पद से हटाने पर आमादा सदस्यों का मानना और कहना है कि दरअसल विस्तार योजनाएँ ही तो झगड़े की जड़ हैं, और यदि उन्हें विनोद बंसल की योजनानुसार ही पूरा होने दिया गया तो उससे ब्लड बैंक का मूल स्वरूप ही नष्ट हो जायेगा तथा विस्तार योजनाओं की आड़ में होने वाली लूट-खसोट पर पर्दा पड़ जायेगा । विनोद बंसल के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि जिन कुछेक लोगों को उन्होंने 'दुश्मन का दुश्मन दोस्त' वाले फार्मूले से अपना समर्थक बनाया हुआ भी है, उनका भी मानना/कहना है कि विनोद बंसल ने यदि किसी भी तरह ली तीन-तिकड़म और या जुगाड़बाजी से प्रेसीडेंट का पद बचा भी लिया तो विवाद और बढ़ेगा, इसलिए ब्लड बैंक को विवाद के दलदल से बचाने का अच्छा तरीका यही है कि विनोद बंसल की प्रेसीडेंट पद से विदाई हो जाए ।
इसीलिए रोटरी ब्लड बैंक के पदाधिकारियों की कल हुई बैठक में चुनाव की प्रक्रिया को शुरू करने से जुड़े फैसलों को रोक पाने के प्रयासों में विनोद बंसल पूरी तरह अलग-थलग पड़ गए और असफल रहे । कल हुई मीटिंग में लिए गए फैसलों से चुनावी प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता खुल गया है, और उम्मीद की जा रही है कि अगले महीने तक दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक को पदाधिकारियों की नई टीम मिल जायेगी । कल हुई मीटिंग में शामिल हुए कुछेक सदस्यों ने अपने अपने नजदीकियों के बीच दावा किया है कि मीटिंग में मौजूद सदस्यों के व्यवहार से यह सुनिश्चित लग रहा है कि विनोद बंसल के लिए प्रेसीडेंट पद की कुर्सी बचा पाना अब मुश्किल होगा, हालाँकि उनकी जगह प्रेसीडेंट कौन होगा - यह भी अभी तय नहीं है । दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक में चल रहे घमासान का एक मजेदार पहलू यह भी है कि अलग अलग कारणों से विनोद बंसल के खिलाफ तो कई सदस्य हैं, लेकिन अगले प्रेसीडेंट को लेकर उनके बीच कोई बातचीत या सहमति नहीं है । अगले प्रेसीडेंट को लेकर बनी हुई इस अनिश्चितता में विनोद बंसल अपनी कुर्सी को बचाने की आखिरी उम्मीद देख रहे हैं । उन्हें लग रहा है कि दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक के अगले प्रेसीडेंट के पद के लिए यदि किसी अन्य नाम पर सदस्यों के बीच सहमति नहीं बनी तो संभव है कि प्रेसीडेंट पद उनके पास ही बचा रह जाए ।
प्रेसीडेंट पद पर बने रहने की विनोद बंसल की कोशिशों ने लेकिन उनके विरोधियों को और ज्यादा उकसाया व भड़काया हुआ है । इसी कारण से कल हुई मीटिंग में चुनावी प्रक्रिया को जल्दी से जल्दी पूरा करने पर जोर दिया गया । यह जोर रोटरी क्लब दिल्ली साऊथ वेस्ट के पदाधिकारियों की हरकतों के चलते और बढ़ा है ।उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब दिल्ली साऊथ वेस्ट के पदाधिकारी लगातार यह बता/दिखा/जता रहे हैं कि ब्लड बैंक की नई बन रही बिल्डिंग में वह डायलिसिस सेंटर शुरू करने जा रहे हैं; इसके लिए उन्होंने रोटरी फाउंडेशन से लेकर लोगों तक से रकम जुटाने की व्यवस्था कर ली है - लेकिन ब्लड बैंक के जिम्मेदार पदाधिकारियों तक का कहना है कि इस बारे में ब्लड बैंक और क्लब के बीच कोई समझौता 'रिकॉर्ड' पर नहीं है । समझा जाता है कि विनोद बंसल ने क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ मौखिक रूप से डायलिसिस सेंटर के लिए बात की हुई है, और उसी बात के भरोसे क्लब के सदस्य तरह तरह से पैसे जुटाने के अभियान में लगे हुए हैं । क्लब की तरफ से अजीत जालान को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए उम्मीदवार बनाया हुआ है, जिन्हें विनोद बंसल के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । अजीत जालान का क्लब फाइनेंशियल बेईमानियों के आरोप में खूब चर्चित रहा है, और उसके मामले काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग तक में चर्चा में रहे हैं । ऐसे में, अजीत जालान की उम्मीदवारी को समर्थन देने तथा उनके क्लब को मनमाने तरीके से ब्लड बैंक की बिल्डिंग में डायलिसिस सेंटर बनाने के लिए आश्वस्त करने को लेकर विनोद बंसल की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है । उनकी भूमिका को राजनीतिक व फाइनेंशियल बेईमानी में संलग्नता व सहभागिता के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है, और इस बात ने उनकी ब्लड बैंक के प्रेसीडेंट की कुर्सी को खतरे में डाल दिया है ।

Friday, February 28, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में गणतंत्र दिवस पर दारू पार्टी करने के बाद, वोटिंग शुरू होने के समय गज़ल सुनवाने का आयोजन करने वाले अजीत जालान और उनके साथियों पर गंभीर आरोप यही है कि वह अपनी हरकतों से रोटरी और उसके आदर्शों व उसके नियमों से खिलवाड़ क्यों करते रहते हैं ?

नई दिल्ली । गणतंत्र दिवस पर दारू पार्टी का आयोजन करके डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी मुकाबले में अजीत जालान के लिए वोट जुटाने की कोशिश में फेल हो जाने तथा फजीहत का शिकार हो जाने के बाद रोटरी क्लब दिल्ली साऊथ वेस्ट 'शाम-ए-गज़ल' के नाम से एक और बबाली कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहा है । यह कार्यक्रम रोटरी लिट्रेसी सेंटर तथा रोटरी डायलिसिस सेंटर के लिए फंड जुटाने के नाम पर किया जा रहा है । कहा/बताया गया है कि जो लोग 'शाम-ए-गज़ल' में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें क्लब के ट्रस्ट 'रोटरी दिल्ली साऊथ वेस्ट फाउंडेशन' के नाम पर दान देना होगा, जिस पर 80जी के तहत कर छूट भी मिलेगी । मजे की बात यह भी देखने में आ रही है कि एक तरफ तो कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दान देना जरूरी बताया गया है, लेकिन दूसरी तरफ क्लब्स के प्रेसीडेंट को तथा डिस्ट्रिक्ट के अन्य प्रमुख रोटेरियंस को दो दो पास फ्री में दिए गए हैं । बबाल दरअसल इसी बात से शुरू हुआ है । बबाल को बढ़ाने का काम कार्यक्रम की टाईमिंग ने भी किया है । कार्यक्रम ठीक उस समय रखा गया, जो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए वोटिंग शुरू होने का समय था । हालाँकि वोटिंग शुरू होने का समय अब आगे बढ़ा दिया गया है; अन्यथा माना गया था कि रोटरी क्लब दिल्ली साऊथ वेस्ट के लोगों ने पक्की व्यवस्था कर ली थी कि कार्यक्रम में आने/पहुँचने वाले डिस्ट्रिक्ट के क्लब्स के प्रेसीडेंट्स को वह बिना दान दिए गज़ल सुनवायेंगे और लगे हाथ उनसे अजीत जालान की उम्मीदवारी के पक्ष में वोट भी डलवा लेंगे । 
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए वोटिंग शुरू होने का टाइम आगे बढ़ जाने के कारण, गज़ल सुनवाते हुए वोट डलवाने का प्रोग्राम तो खटाई में पड़ गया है, लेकिन अजीत जालान के क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों को विश्वास है कि फ्री में गज़ल सुनने वाले प्रेसीडेंट्स इतने अहसानफरामोश नहीं साबित होंगे कि वोट देते समय अजीत जालान के नाम के सामने ठप्पा लगाना भूल जाएँ । हालाँकि गणतंत्र दिवस पर प्रेसीडेंट्स को दारू पिलवाने का अजीत जालान और उनके क्लब के पदाधिकारियों का कार्यक्रम कोई प्रभाव नहीं बना पाया था - और उस कार्यक्रम को लेकर उनके हाथ सिर्फ बदनामी ही लगी थी । अभी हाल ही में संपन्न हुई डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस तक में लोगों का आकलन था कि अजीत जालान को दस/पंद्रह वोट से ज्यादा नहीं मिलेंगे । इस आकलन को सार्वजनिक चर्चा का विषय बनता देख अजीत जालान और उनके नजदीकियों को डर हुआ कि यह बात यदि लोगों के बीच फैली, तो कहीं ऐसा न हो कि उन्हें इतने वोट भी न मिलें । कोई भी क्लब या प्रेसीडेंट दोस्ती के नाम पर ऐसे उम्मीदवार को भला क्यों वोट देना चाहेगा, जो बुरी तरह पिछड़ता हुआ नजर आ रहा है । इसी डर पर विजय पाने के लिए अजीत जालान और उनके नजदीकियों ने 'शाम-ए-गज़ल' कार्यक्रम पर अपनी उम्मीद टिका दी है । लेकिन यह कार्यक्रम ही आरोपों का शिकार बन गया है । गंभीर आरोप यही है कि अजीत जालान और उनके नजदीकी अपनी हरकतों से रोटरी और उसके आदर्शों व उसके नियमों से खिलवाड़ करते हैं, और उनका मजाक बनाते रहते हैं ।
अजीत जालान और उनके नजदीकियों के साथ यह बड़ा तमाशा होता रहता है कि वह कुछ बड़ा काम करना चाहते हैं, लेकिन उसकी तैयारी कुछ ऐसे षड्यंत्रपूर्ण व बेईमानीपूर्ण तरीके से करते हैं कि काम तो खटाई में पड़ता ही है, उनकी बदनामी और फजीहत अलग होती है । 'शाम-ए-गज़ल' कार्यक्रम जिस रोटरी दिल्ली साऊथ वेस्ट फाउंडेशन के नाम पर किया जा रहा है, उस फाउंडेशन का गठन ही विवादपूर्ण तरीके से हुआ है । दरअसल क्लब ने इसके गठन से ठीक पहले एक और ट्रस्ट बनाया था, जिसे लेकर घपलेबाजी के इतने गंभीर आरोप लगे थे कि मामला काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग तक पहुँचा था, जहाँ उक्त ट्रस्ट को बंद कर देने का फैसला हुआ था - और जो अब पूर्व हो चुके तत्कालीन सत्ता खेमे में शामिल गवर्नर्स के रूप में डॉक्टर सुब्रमणियन व रवि चौधरी की देखरेख में बंद किया गया था । उस ट्रस्ट को बंद करके ही क्लब के लोगों ने रोटरी दिल्ली साऊथ वेस्ट फाउंडेशन का गठन किया है । इस फाउंडेशन के जरिये जो डायलिसिस सेंटर बनाया जा रहा है, और जिसके लिए फंड इकट्ठा करने के लिए 'शाम-ए-गज़ल' आयोजित की जा रही है - उसे लेकर भी भारी झोल होने के आरोप हैं, जिनके चलते रोटरी ब्लड बैंक के प्रेसीडेंट विनोद बंसल की कुर्सी तक खतरे में पड़ गई है । यह दरअसल काम करने का बदनीयतीपूर्ण तरीका ही है, जिसके चलते डायलिसिस सेंटर बनाने जैसा अच्छा/बड़ा काम ऐसी फजीहत का शिकार हो बैठा है कि एक तरफ तो उसके कारण रोटरी ब्लड बैंक में बबाल हो गया है, और दूसरी तरफ उसके लिए फंड इकट्ठा करने का आयोजन राजनीतिक षड्यंत्र के रूप में देखा/पहचाने जाना लगा है ।

Tuesday, February 25, 2020

रोटरी ब्लड बैंक के प्रेसीडेंट विनोद बंसल को डर है कि कल होने वाली मैनेजिंग कमेटी की मीटिंग में उन पर ब्लड बैंक का प्रेसीडेंट पद छोड़ने का दबाव पड़ेगा/बनेगा; लेकिन उनके नजदीकियों के अनुसार, उन्होंने भी तय कर लिया है कि उन पर चाहें जितना भी दबाव पड़े/बने, वह ब्लड बैंक का प्रेसीडेंट पद तो नहीं छोड़ेंगे

नई दिल्ली । दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक की मैनेजिंग कमेटी की मीटिंग बुलाने की माँग को लगातार टालते आ रहे ब्लड बैंक के प्रमुख कर्ताधर्ता विनोद बंसल अंततः मीटिंग बुलाने के लिए मजबूर हुए, जिसके चलते बहुप्रतीक्षित मीटिंग कल होने जा रही है । कल होने वाली मीटिंग को रोटरी में विनोद बंसल के राजनीतिक भविष्य के संदर्भ में महत्त्वपूर्ण समझा जा रहा है । मजे की बात यह है कि इस मीटिंग को - और इस मीटिंग को बुलाने की लगातार होती माँग को - राजनीतिक रंग खुद विनोद बंसल ने ही दिया है । उल्लेखनीय है कि मामले की शुरुआत तब हुई, जब ब्लड बैंक के दूसरे पदाधिकारियों को - सेक्रेटरी रमेश अग्रवाल तथा ट्रेजरर संजय खन्ना तक को - ब्लड बैंक में लाखों/करोड़ों रुपयों के खर्च से होने वाले कामों की जानकारी तब मिली, जब उनके भुगतान के बिल आए । लंबे-चौड़े बिल देख कर पदाधिकारियों के सिर चकराए कि ब्लड बैंक में ऐसे कौन से काम हो रहे हैं, जिनके बारे में उन्हें भनक तक भी नहीं है । पदाधिकारियों का कहना रहा कि ब्लड बैंक में लाखों/करोड़ों रुपये के खर्चे वाले जो काम हो रहे हैं, उनकी जानकारी ब्लड बैंक के पदाधिकारियों तथा मैनेजिंग कमेटी के सदस्यों को तो होनी ही चाहिए - और उनके अनुमति ली जानी चाहिए । विनोद बंसल ने इस बात पर कोई ध्यान नहीं दिया । बात जब बढ़ी, तो विनोद बंसल ने यह आरोप और लगा दिया कि डिस्ट्रिक्ट के कुछेक लोग उन्हें बदनाम करने के इरादे से ब्लड बैंक में हो रहे कामकाज को मुद्दा बना रहे हैं । विनोद बंसल की तरफ से मामले को राजनीतिक रंग देते हुए कहना/बताना शुरू किया गया कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी दौड़ से उन्हें हटाने के लिए रंजन ढींगरा और दीपक कपूर की तरफ से उन्हें बदनाम करने का प्रचार शुरू किया गया है ।
विनोद बंसल ने इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता से भी यह शिकायत की । समझा जाता है कि शेखर मेहता से शिकायत करने के पीछे विनोद बंसल का उद्देश्य उनकी सहानुभूति प्राप्त करने का रहा, जिसे 'दिखा' कर वह लोगों को बता सकें कि शेखर मेहता का समर्थन उनके साथ है । लोगों के बीच चर्चा रही कि इस तरह विनोद बंसल ने ब्लड बैंक के प्रतिकूल पड़ते मामले को अनुकूल बनाने तथा उससे दोहरा फायदा उठाने का जुगाड़ लगाया । विनोद बंसल की लेकिन बदकिस्मती रही कि शेखर मेहता उनकी चाल में नहीं फँसे और समझा जाता है कि शेखर मेहता की तरफ से उन्हें यही सलाह मिली कि मैनेजिंग कमेटी के लोग यदि मीटिंग चाहते हैं, तो उन्हें मीटिंग कर लेनी चाहिए । समझा जाता है कि शेखर मेहता की इस सलाह के चलते ही विनोद बंसल ब्लड बैंक की मैनेजिंग कमेटी की मीटिंग बुलाने के लिए मजबूर हुए । विनोद बंसल ने मीटिंग तो बुला ली है; उनके नजदीकियों के अनुसार, लेकिन वह इस बात से डरे हुए भी हैं कि मीटिंग में कुछेक लोग उन पर ब्लड बैंक का प्रेसीडेंट पद छोड़ने के लिए दबाव भी बना सकते हैं । मैनेजिंग कमेटी में एक्स-ऑफिसो के रूप में शामिल डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता तो पहले ही आरोप लगा चुके हैं कि ब्लड बैंक में बिना चुनाव करवाए विनोद बंसल अनधिकृत रूप से प्रेसीडेंट बने हुए हैं, और मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं । उन्होंने माँग की हुई है कि विनोद बंसल को ब्लड बैंक का प्रेसीडेंट पद तुरंत छोड़ देना चाहिए और नए चुनाव होने तक किसी और को वर्किंग प्रेसीडेंट बनाया जाना चाहिए । 
दीपक गुप्ता की इस माँग ने विनोद बंसल की मुसीबत को एक अलग तरीके से खासा गंभीर बना दिया है । दरअसल दीपक गुप्ता को विनोद बंसल के नजदीकियों के रूप में देखा/पहचाना जाता रहा है; विनोद बंसल  का दावा रहा है कि उन्होंने कई मौकों पर दीपक गुप्ता की मदद की है । डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए दीपक गुप्ता और सुभाष जैन के बीच हुए चुनाव में विनोद बंसल ने अपनी सामर्थ्यभर दीपक गुप्ता का सहयोग/समर्थन किया था । ऐसे में, दीपक गुप्ता को अपने विरोधियों के साथ खड़ा देख कर विनोद बंसल को तगड़ा झटका लगा है । विनोद बंसल का कहना है कि दीपक गुप्ता असल में रमेश अग्रवाल के बहकावे में आकर उनके अहसानों को भूल गए हैं । दीपक गुप्ता जैसे अपने नजदीकियों के विरोधियों के साथ जा मिलने से विनोद बंसल ब्लड बैंक के मामले में अलग-थलग और अकेले पड़ गए हैं, और इसीलिए ब्लड बैंक के हिसाब-किताब से जुड़े आरोपों के मामले में उनके लिए हालात ज्यादा गंभीर हो गए हैं । विनोद बंसल के नजदीकियों के अनुसार, विनोद बंसल के लिए मामला चाहें जितना गंभीर हो गया हो और कल होने वाली मीटिंग में उन पर चाहें जितना भी दबाव पड़े - वह ब्लड बैंक का प्रेसीडेंट पद तो नहीं छोड़ेंगे । दरअसल माना/समझा जा रहा है कि ब्लड बैंक में हिसाब-किताब अभी जिस 'हालत' में है, उसी हालत में वह यदि उनके विरोधियों के हाथ लग गया - तो उसका इस्तेमाल करके उनके विरोधी उन्हें बदनाम करने का मौका पा लेंगे । नजदीकियों का ही कहना है कि विनोद बंसल ब्लड बैंक के हिसाब-किताब को 'डेकोरेट' करने के लिए समय चाहेंगे, और इसके लिए प्रेसीडेंट पद पर बने रहने की पुरजोर कोशिश करेंगे । ब्लड बैंक की मैनेजिंग कमेटी की कल की मीटिंग में हो चाहें कुछ भी, एक बात यह तय है कि विनोद बंसल की मुश्किलें खत्म होने नहीं जा रही हैं - कल की मीटिंग के बाद बल्कि वह बढ़ेंगी ही ।

Thursday, February 13, 2020

रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के प्रेसीडेंट होने के बावजूद विनोद बंसल के समिट के लिए फंड जुटाने के मामले में असफल रहने के कारण रोटरी के बड़े नेताओं के बीच दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक की अनियमितताओं और घपलेबाजियों की चर्चा को विनोद बंसल के लिए बड़े खतरे के संकेत के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है, और आशंका व्यक्त की जा रही है कि कहीं उनका भी हाल सतीश सिंघल जैसा न हो

नई दिल्ली । रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट शुरू होने से पहले कोलकाता पहुँचे प्रमुख रोटेरियंस के बीच दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक के कामकाज में अनिमितताओं और घपलेबाजियों से जुड़े आरोपों की जो चर्चा सुनी गई है, उनमें विनोद बंसल के लिए सतीश सिंघल जैसी दशा में 'पहुँचने' का डर पैदा होता दिख रहा है । उल्लेखनीय है कि नोएडा रोटरी ब्लड बैंक में अनियमितताओं व घपलेबाजियों के आरोपों के चलते डिस्ट्रिक्ट 3012 में गवर्नर पद की जिम्मेदारी निभा रहे सतीश सिंघल को रोटरी इंटरनेशनल ने गवर्नर पद से हटा दिया था, और उन्हें पूर्व गवर्नर का दर्जा भी नहीं दिया गया । सतीश सिंघल नोएडा रोटरी ब्लड बैंक के प्रमुख कर्ताधर्ता थे । विनोद बंसल दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक के प्रमुख कर्ताधर्ता हैं । सतीश सिंघल की तरह ही विनोद बंसल पर आरोप है कि ब्लड बैंक की प्रशासनिक व्यवस्था में सारा लेना-देना विनोद बंसल मनमाने तरीके से करते हैं, और ब्लड बैंक के दूसरे पदाधिकारियों को उसकी हवा भी नहीं लगने देते हैं । विनोद बंसल के इस रवैये पर पिछले दिनों बबाल तब उठा, जब ब्लड बैंक की बन रही बिल्डिंग से जुड़े बड़े खर्चों के बिल भुगतान के लिए ब्लड बैंक के ट्रेजरर पूर्व गवर्नर संजय खन्ना के पास आए । संजय खन्ना का कहना रहा कि लाखों/करोड़ों रुपये के खर्चे वाले जो काम हो रहे हैं, उनकी जानकारी ब्लड बैंक की मैनेजिंग टीम के सदस्यों को तो होनी ही चाहिए । ब्लड बैंक के सेक्रेटरी पूर्व गवर्नर रमेश अग्रवाल को मामले का जब पता चला, तो वह भी वह भी बुरी तरह भड़के; उनका कहना रहा कि वह ब्लड बैंक के सेक्रेटरी हैं, और उन्हें भी नहीं पता कि ब्लड बैंक में हो क्या रहा है और किस काम में किन लोगों पर कितना पैसा खर्च हो रहा है ? डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता का तो आरोप है कि ब्लड बैंक में बिना चुनाव करवाए विनोद बंसल अनधिकृत रूप से प्रेसीडेंट बने हैं, और मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं । उन्होंने माँग की कि ब्लड बैंक की मैनेजिंग टीम के सदस्यों की जल्दी से जल्दी मीटिंग बुलाई जाए और नियमानुसार चुनाव करवाए जाएँ । विनोद बंसल लेकिन ब्लड बैंक की मैनेजिंग कमेटी की मीटिंग बुलाने की माँग को लगातार टालते ही जा रहे हैं ।
दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक में अनियमितताओं व घपलेबाजियों के आरोपों में घिरे विनोद बंसल के लिए मुसीबत की बात लेकिन यह हुई है कि रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के आयोजन में कोलकाता में जुटे वरिष्ठ रोटेरियंस के बीच आरोपों की बातें सुनी/सुनाई जा रही हैं । यह बातें वहाँ दरअसल इसलिए चर्चा में आईं, क्योंकि रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के प्रेसीडेंट के रूप में वह उचित फंड जुटाने के मामले में फेल हुए हैं । उल्लेखनीय है कि विनोद बंसल रोटरी में फंड जुटाने के मामले में 'मास्टर' समझे जाते हैं । वास्तव में अपनी इसी खूबी के चलते उन्होंने रोटरी की सीढ़ियाँ बड़ी तेजी से चढ़ी हैं । लेकिन लगता है कि उनकी यही खूबी उनके लिए मुसीबत बन गई है । रोटरी में हर छोटा/बड़ा नेता उनकी तरफ इसी उम्मीद से 'देखता' है कि वह उसके 'आयोजन' के लिए फंड जुटाएँ । रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के लिए भी उनसे बड़ी रकम की उम्मीद की गई थी । समझा जाता है कि समिट का प्रेसीडेंट उन्हें इसीलिए बनाया गया, ताकि इसका खर्च वह जुटाएँ । विनोद बंसल लेकिन उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं, और इसीलिए बड़े नेता उनसे बुरी तरह नाराज हुए हैं । विनोद बंसल के फंड जुटाने के मामले में असफल रहने का कारण यह माना/पहचाना जा रहा है कि लोगों के बीच उनकी पोल खुल गई है, और लोगों ने समझ लिया है कि वह झूठे आश्वासन देकर अपना काम निकालते हैं और लोगों  बरगलाते हैं - इसलिए लोग उनके झाँसे में नहीं आते हैं । रोटरी फाउंडेशन से ग्लोबल ग्रांट लेकर तथा दिलवा कर विनोद बंसल जिस तरह का 'काम' करते हैं, उसे लेकर भी उनकी खासी बदनामी हुई है । दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक को लेकर जो बबाल मचा है, उसके चलते तो विनोद बंसल की साख पर और दाग लगे हैं । इसी सब का नतीजा है कि फंड जुटाने के उनके स्रोत 'सूख' गए हैं, और इसीलिए रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के लिए फंड जुटाने के मामले में वह बुरी तरह असफल रहे हैं ।
रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के प्रेसीडेंट होने के बावजूद विनोद बंसल को समिट के लिए फंड जुटाने के मामले में जिस असफलता का मुँह देखना पड़ा है, उसके कारण रोटरी के बड़े नेता और मुख्य कर्ताधर्ता उनसे बुरी तरह नाराज हैं । रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट शुरू होने से पहले कोलकाता में जुटे रोटरी के बड़े नेताओं के बीच विनोद बंसल के प्रति नाराजगी जिस तरह खुल कर प्रकट हुई है, उसे देखने/सुनने वाले लोगों को लगा है कि रोटरी के बड़े नेताओं ने जैसे मान लिया है कि विनोद बंसल अब उनके - और रोटरी के काम के नहीं रह गए हैं । ऐसे में, दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक की अनियमितताओं और घपलेबाजियों की चर्चा को विनोद बंसल के लिए बड़े खतरे के संकेत के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । विनोद बंसल से हमदर्दी रखने वाले नेताओं का मानना/कहना है कि विनोद बंसल ने दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक में भड़के बबाल को यदि होशियारी से हैंडल नहीं किया, तो कहीं उनका हाल भी नोएडा रोटरी ब्लड बैंक के सतीश सिंघल जैसा न हो जाए ।

Wednesday, October 9, 2019

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में अजय नारायण से रोटरी कैंसर फाउंडेशन के मुखिया पद की कुर्सी छिनने के बाद रोटरी ब्लड बैंक में विनोद बंसल का मुखिया पद मुसीबत में फँसा, विनोद बंसल ने इसके लिए इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की रमेश अग्रवाल की राजनीति को जिम्मेदार ठहराया

नई दिल्ली । रोटरी कैंसर फाउंडेशन के मुखिया पद पर वर्षों से कुंडली मारे बैठे अजय नारायण की छुट्टी करने के बाद डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुरेश भसीन ने रोटरी ब्लड बैंक के मुखिया विनोद बंसल को निशाने पर लेने की तैयारी शुरू की है । विनोद बंसल वाले मामले में सुरेश भसीन को सहयोगी/साथी डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता का भी समर्थन मिलता नजर आ रहा है । दीपक गुप्ता के रवैये पर हैरानी व्यक्त करते हुए विनोद बंसल ने यह कहते/बताते हुए रमेश अग्रवाल के सिर ठीकरा फोड़ा है कि दीपक गुप्ता को भड़का कर रमेश अग्रवाल उन्हें रोटरी ब्लड बैंक के मुखिया पद से हटवाने का षड्यंत्र कर रहे हैं, ताकि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी राजनीति में उनकी स्थिति को कमजोर किया जा सके । मजे की बात यह हुई है कि अपनी कुर्सी पर आई आफत से बचने के लिए विनोद बंसल ने अजय नारायण की कुर्सी बचाने की कोशिशों से किनारा कर लिया, हालाँकि पहले वह अजय नारायण की कुर्सी बचाने की लड़ाई में जोरशोर से शामिल थे । दरअसल अजय नारायण को पूर्व गवर्नर्स विनय अग्रवाल व रवि चौधरी के साथ-साथ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट संजीव राय मेहरा का खुला समर्थन रहा; पूर्व गवर्नर विनोद बंसल इस उम्मीद में अजय नारायण की कुर्सी बचाने की मुहिम में शामिल हुए कि इससे वह संजीव राय मेहरा की गुडबुक में आ जायेंगे । लेकिन उन्होंने जब देखा/पाया कि दोनों डिस्ट्रिक्ट्स के छह पदाधिकारियों (दोनों डिस्ट्रिक्ट्स के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी) में से बाकी पाँच अजय नारायण के खिलाफ हैं, और अजय नारायण के खिलाफ छिड़ी लड़ाई की आँच रोटरी ब्लड बैंक की उनकी कुर्सी की तरफ भी बढ़ रही है - तब उन्होंने अजय नारायण के पक्ष में चल रही कोशिशों से अपने आप को अलग कर लिया । अजय नारायण और उनके समर्थकों के बीच बुरा बनने के बावजूद विनोद बंसल अपनी कुर्सी पर मँडराने वाले संकट को लेकिन टाल नहीं सके हैं ।
रोटरी कैंसर फाउंडेशन के मुखिया पद पर वर्षों से कब्जा जमाये बैठे अजय नारायण के खिलाफ नाराजगी तो पिछले कुछेक वर्षों से लगातार बनी हुई थी, लेकिन अजय नारायण तिकड़में लगा कर अपनी कुर्सी को बचाये रखने में कामयाब होते आ रहे थे; अबकी बार लेकिन सुरेश भसीन ने अजय नारायण की ऐसी घेराबंदी की कि उनकी कोई भी तिकड़म काम नहीं आई । रोटरी कैंसर फाउंडेशन के मुखिया के रूप में अजय नारायण ने जैसी मनमानी फैलाई हुई थी, दरअसल उससे सभी खफा थे; सुरेश भसीन ने इसी बात का फायदा उठाया । बची-खुची कसर विनय अग्रवाल व रवि चौधरी जैसे डिस्ट्रिक्ट के बदनाम लोगों के समर्थन ने पूरी कर दी । इन दोनों को अजय नारायण के समर्थन में देख, जिन कुछेक लोगों को अजय नारायण के प्रति हमदर्दी थी भी - उन्होंने भी अजय नारायण की वकालत से हाथ खींच लिए । विनय अग्रवाल व रवि चौधरी के समर्थन ने अजय नारायण को लाभ पहुँचाने की जगह नुकसान पहुँचाने का ही काम किया । जिस आधार पर अजय नारायण की आलोचना की जा रही थी, उसी आधार पर रोटरी ब्लड बैंक का कामकाज भी निशाने पर आया, तो विनोद बंसल ने यह समझने में देर नहीं लगाई कि अजय नारायण के खिलाफ भड़की आग उन्हें भी अपने लपेटे में ले सकती है । अजय नारायण को बचाने की लड़ाई में विनोद बंसल कूदे तो इसलिए थे, ताकि वह विनय अग्रवाल व रवि चौधरी के साथ अजय नारायण के वकील बने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट संजीव राय मेहरा का भरोसा जीत सकें; लेकिन जल्दी ही उन्हें समझ में आ गया कि संजीव राय मेहरा का भरोसा जीतने के चक्कर में वह कहीं मुसीबत में न घिर जाएँ - सो वह चुपचाप तरीके से पीछे हट गए । 
विनोद बंसल लेकिन पीछे हटने के बावजूद मुसीबत से बचते नहीं लग रहे हैं । असल में, रोटरी कैंसर फाउंडेशन के कामकाज पर विचार करते समय रोटरी ब्लड बैंक के कामकाज पर भी पदाधिकारियों का ध्यान गया । उल्लेखनीय है कि रोटरी इंटरनेशनल के नियमों के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट में जो भी ट्रस्ट हैं - उसके पदाधिकारियों को कामकाज व हिसाब-किताब का ब्यौरा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को देना जरूरी होता है । इसी नियम के हवाले से रोटरी ब्लड बैंक के कामकाज का जिक्र आया तो यह उल्लेख भी हुआ कि ट्रस्ट के संविधान के अनुसार, प्रत्येक दो वर्ष में पदाधिकारियों का चुनाव होना चाहिए, जो नहीं हुआ है । इस पर दीपक गुप्ता ने रेखांकित किया कि इस आधार पर विनोद बंसल रोटरी ब्लड बैंक के प्रमुख पदाधिकारी नहीं हो सकते हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता से यह सुनकर विनोद बंसल के तनबदन में जैसे आग लग गई । वह बिफर उठे और बताने लगे कि उन्होंने रोटरी ब्लड बैंक में क्या क्या किया है, और उसे कहाँ से कहाँ पहुँचा दिया है । लोगों के पास इसका जबाव जैसे तैयार था; उनका कहना रहा कि उन्हें पदाधिकारी बनाया ही इसलिए गया था कि उन्हें काम करना है, और काम करने का मतलब यह थोड़े ही है कि नियमों का पालन नहीं होगा । इस तर्क से तो कभी कोई डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दावा कर सकता है कि उसने बहुत काम किया है, इसलिए कार्यकाल खत्म होने के बाद भी उसे गवर्नर बने रहने दिया जाना चाहिए । यह सुनकर विनोद बंसल को चुप हो जाने के लिए मजबूर हो जाना पड़ा । उनकी खुशकिस्मती रही कि दूसरे लोगों ने भी रोटरी ब्लड बैंक के मामले को लेकर ज्यादा बात नहीं की, क्योंकि उन्हें रोटरी कैंसर फाउंडेशन के मामले को निपटाना था । विनोद बंसल समझ रहे हैं कि अभी तो वह बच गए हैं, लेकिन जिस तरह की बातें हुई हैं उसके चलते वह ज्यादा दिन तक बचे नहीं रह सकेंगे । इसीलिए उन्होंने मामले को राजनीतिक ट्विस्ट देकर राजनीतिक लाभ उठाने की चाल चली है । दीपक गुप्ता के रवैये के पीछे विनोद बंसल ने डिस्ट्रिक्ट 3012 के पूर्व गवर्नर रमेश अग्रवाल को 'देखा'/बताया है और दावा किया है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में उन्हें नुकसान पहुँचाने के उद्देश्य से रमेश अग्रवाल ने दीपक गुप्ता को भड़का कर रोटरी ब्लड बैंक के मुखिया पद से उन्हें हटवाने का षड्यंत्र रचा है । विनोद बंसल के इस आरोप ने मामले को रोचक व रोमांचक बना दिया है । 

Sunday, August 7, 2016

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सतीश सिंघल के पूर्ण नियंत्रण में चल रहे नोएडा ब्लड बैंक की कमाई, दिल्ली स्थित रोटरी ब्लड बैंक की कमाई की तुलना में करीब पचास गुणा कम होने का राज आखिर क्या है ?

नोएडा । दिल्ली स्थित रोटरी ब्लड बैंक के मुख्य कर्ता-धर्ता के रूप में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल की उपलब्धियों ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी सतीश सिंघल के लिए खासी मुसीबत खड़ी कर दी है - और रोटरी नोएडा ब्लड बैंक के मैनेजिंग ट्रस्टी के रूप में उनकी भूमिका को गंभीर वित्तीय आरोपों के घेरे में ला दिया है । पहले, विनोद बंसल की उपलब्धि पर गौर करते हैं : विनोद बंसल की देखरेख में चल रहे दिल्ली स्थित रोटरी ब्लड बैंक ने पिछले महीने में करीब 2300 यूनिट ब्लड की बिक्री करके करीब 15 लाख रुपए का लाभ दर्ज किया है । अब, सतीश सिंघल की देखरेख में चल रहे रोटरी नोएडा ब्लड बैंक का रिकॉर्ड देखते हैं : सतीश सिंघल ने पिछले दिनों एक मीटिंग में बताया था कि पिछले वर्ष उनके ब्लड बैंक ने करीब 30 हजार यूनिट ब्लड बेचा था, और करीब चार लाख रुपए का लाभ दर्ज किया था । उनके बताए इस आंकड़े को महीने में विभाजित करें, तो हिसाब ढाई हजार यूनिट पर 34/35 हजार रुपए के लाभ का बना । जिन लोगों को दोनों ब्लड बैंक के हिसाब का पता चला, उनके लिए हैरानी की बात यह हुई कि दिल्ली वाला ब्लड बैंक ढाई हजार से भी कम यूनिट बेच कर 15 लाख रुपए के करीब का लाभ कमा लेता है, तो सतीश सिंघल की देखरेख में चलने वाले ब्लड बैंक की कमाई ढाई हजार यूनिट ब्लड बेचने के बाद भी कुल करीब 34/35 हजार रुपए पर ही क्यों ठहर जाती है ? यहाँ नोट करने की बात यह भी है कि दिल्ली वाला ब्लड बैंक बड़ा है, और इसलिए उसके खर्चे भी ज्यादा हैं; ब्लड के विभिन्न कंपोनेंट्स के दाम बिलकुल बराबर हैं - बल्कि एक कंपोनेंट के दाम सतीश सिंघल के ब्लड बैंक में कुछ ज्यादा ही बसूले जाते हैं । इस लिहाज से सतीश सिंघल की देखरेख में चलने वाले रोटरी नोएडा ब्लड बैंक का लाभ तो और भी ज्यादा होना चाहिए । लाभ के इस भीषण अंतर ने ब्लड बैंक के कर्ता-धर्ता के रूप में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सतीश सिंघल की भूमिका को न सिर्फ संदेहास्पद बना दिया है, बल्कि गंभीर वित्तीय आरोपों के घेरे में भी ला दिया है ।
सतीश सिंघल का अपना व्यवहार व रवैया भी उनकी भूमिका के प्रति संदेह व आरोपों को विश्वसनीय बनाने का काम करता है । रोटरी नोएडा ब्लड बैंक के ट्रस्टी अक्सर शिकायत करते सुने गए हैं कि सतीश सिंघल ब्लड बैंक का हिसाब-किताब देने/बताने में हमेशा आनाकानी करते हैं, और पूछे जाने पर नाराजगी दिखाने लगते हैं । सतीश सिंघल अपना पूरा समय ब्लड बैंक में ही बिताते हैं, जिससे लगता है कि उनके पास और कोई कामधंधा नहीं है । सतीश सिंघल के इसी व्यवहार व रवैये से लोगों को यह लगता रहा है कि रोटरी ब्लड बैंक को उन्होंने अपनी कमाई का जरिया बना लिया है । ब्लड बैंक के कुछेक ट्रस्टी यह कहते सुने जाते रहे हैं कि सतीश सिंघल का कामकाज पूरी तरह चौपट हो गया है, और पिछले वर्षों में उन्हें काफी वित्तीय मुसीबतों का सामना करना पड़ा है । अपनी मुसीबतों से पार पाने के लिए वह पंडितों की शरण में भी गए; और किसी पंडित के सुझाव पर ही उन्होंने अपने नाम की स्पेलिंग में एक अतिरिक्त 'टी' और जोड़ा । सतीश को अंग्रेजी में जितने भी तरीके से लिखा जाता है, उसकी स्पेलिंग में एक ही 'टी' आता है; किंतु सतीश सिंघल खुद जब अपना नाम लिखते हैं, तो उसमें दो 'टी' लगाते हैं । अब सतीश सिंघल अपने नाम की स्पेलिंग में 'टी' एक बार की बजाए दो बार लिखें, या दस बार लिखें - किसी को क्या फर्क पड़ना चाहिए ? 
फर्क तो कुछ नहीं पड़ता है, दूसरों को लेकिन अजीब जरूर लगता है - और जब अजीब लगता है, तो फिर सवाल उठते हैं; सवाल उठते हैं, और उचित तरीके से जब उनके जबाव नहीं मिलते हैं तो लोग अपने अपने तरीके से उनके जबाव खोज लेते हैं । इस मामले में भी यही हुआ । यह तो नहीं पता कि सतीश सिंघल ने खुद बताया या लोगों ने अपने प्रयासों से जान लिया कि नाम में दो 'टी' लगाने का सुझाव किसी पंडित ने उन्हें दिया था और आश्वस्त किया था कि ऐसा करने से उनका कामधंधा फिर से चमक उठेगा । उनका कामधंधा फिर से पटरी पर लौटा या नहीं, यह तो सतीश सिंघल को ही पता होगा - लोगों को तो सिर्फ यह पता है कि पिछले कुछेक वर्षों से सतीश सिंघल अपना पूरा कामकाजी समय ब्लड बैंक को देते हैं, और ब्लड बैंक का हिसाब-किताब पूछने पर भड़क जाते हैं ।
सतीश सिंघल के इस व्यवहार और रवैये से लोगों को यह तो लगता रहा है कि सतीश सिंघल ब्लड बैंक में ऐसा कुछ करते हैं, जिसे दूसरों से छिपाकर रखना चाहते हैं । ब्लड बैंक के कुछेक ट्रस्टियों का ही आरोप भी रहा कि सतीश सिंघल ब्लड बैंक को अपने निजी संस्थान के रूप में इस्तेमाल करते हैं, और उसकी कमाई हड़प जाते हैं । सतीश सिंघल हालाँकि कई बार घाटे का रोना रोते हुए भी सुने गए हैं । तमाम तरह की बातों व आरोपों के बावजूद रोटरी नोएडा ब्लड बैंक में सतीश सिंघल का किया-धरा ज्यादा बबाल का कारण नहीं बना । किंतु अब जब दिल्ली स्थित रोटरी ब्लड बैंक के लाभ के तथ्य सामने आ रहे हैं, तो लोगों को हैरानी हो रही है कि सतीश सिंघल नोएडा ब्लड बैंक की आड़ में कर क्या रहे हैं ? कुछेक लोग हालाँकि सतीश सिंघल को संदेह का लाभ देना चाहते हैं - उनका कहना है कि सतीश सिंघल अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद पर होंगे, इसलिए ब्लड बैंक की आड़ में मोटी कमाई करने के आरोपों के चलते उनके साथ-साथ डिस्ट्रिक्ट की भी बदनामी होगी; इसलिए इस मामले में उनका पक्ष भी सुना जाना चाहिए । ऐसे लोगों का कहना है कि यह ठीक है कि अभी तक सतीश सिंघल हिसाब-किताब माँगने पर भड़क उठते रहे हैं, लेकिन अब दिल्ली के रोटरी ब्लड बैंक के लाभ के आँकड़े आने पर मामला गंभीर हो गया है - और उम्मीद की जानी चाहिए कि सतीश सिंघल भी इस गंभीरता को समझेंगे, तथा भड़कने की बजाए नोएडा ब्लड बैंक के हिसाब-किताब को पारदर्शी बनायेंगे ।
लोगों का कहना है कि नोएडा ब्लड बैंक रोटरी में डिस्ट्रिक्ट 3012 की मुख्य पहचान है : इसकी कमाई पर यदि सचमुच डाका पड़ रहा है, और या सचमुच उचित तरीके से कमाई हो नहीं रही है - तो यह सभी के लिए चिंता की बात होना चाहिए; इसके कर्ता-धर्ता का पद सँभाले बैठे सतीश सिंघल के लिए तो यह और भी ज्यादा चिंता की बात होना चाहिए । उनकी तमाम मेहनत के बाद भी नोएडा ब्लड बैंक में कमाई का वास्तविक आँकड़ा यदि सचमुच वही है, जो वह बता रहे हैं - तो उन्हें खुद भी देखना चाहिए कि उनके जितना यूनिट ब्लड बेच कर दिल्ली वाला ब्लड बैंक उनके मुकाबले पचास गुना लाभ आखिर कैसे कमा पा रहा है ?

Tuesday, March 22, 2016

रोटरी ब्लड बैंक के नए बने अध्यक्ष विनोद बंसल ने कम समय में ही जिस तरह का कायाकल्प किया है, वह आश्वस्त करता है कि उनकी अध्यक्षता में रोटरी ब्लड बैंक को वह पहचान अवश्य ही मिल सकेगी, जिस पहचान के सपने के साथ इसकी स्थापना की गई थी

नई दिल्ली । विनोद बंसल को रोटरी ब्लड बैंक का अध्यक्ष पद का कार्यभार सँभाले अभी मुश्किल से 40 दिन हुए हैं, लेकिन इन 40 दिनों में यहाँ की जो कायापलट हुई है - उसे देखने/जानने वालों को खासी हैरानी हुई है । एक रोटेरियन ने बताया कि पिछले अनुभवों के कारण वह अपनी आवश्यकतापूर्ति के लिए यहाँ नहीं आना चाहते थे, लेकिन कुछेक लोगों से उन्होंने जब सुना कि यहाँ की प्रशासनिक टीम में तब्दीली हुई है और हालात बेहतर हुए हैं - तो वह यहाँ आए, और यहाँ के बदले हालात देख कर सचमुच चकित हैं । एक अन्य रोटेरियन का कहना रहा कि पिछले काफी समय से उन्होंने यहाँ के हालात को बद से बदतर होते हुए देखा है, और उन्होंने समझ लिया था कि रोटरी ब्लड बैंक जैसे अपनी अंतिम साँसे गिन रहा है, और कभी भी 'वीरगति' को प्राप्त हो जायेगा; लेकिन अब बदली हुई स्थितियों को देख कर उन्हें लग रहा है कि जैसे रोटरी ब्लड बैंक को नया जीवन मिल गया है । सर्विस के स्तर पर बुरा हाल था - आवश्यकतापूर्ति के लिए यहाँ आने वाले लोगों की स्टाफ के खराब व्यवहार को लेकर तो बहुत ही आम शिकायत थी; शिकायतकर्ताओं का कहना होता था कि स्टाफ का व्यवहार तो कभी कभी अपमान करने तक की हद तक जा पहुँचता था । इससे भी बड़ी समस्या यह होती कि अक्सर ही लोगों को उनकी जरूरत का ब्लड नहीं मिल पाता था । ब्लड बैंक की व्यवस्था के स्तर पर हालत यह बन गई थी कि ब्लड की आमद और सप्लाई में कोई सामंजस्य नहीं रह गया था; जिस का नतीजा यह हो रहा था कि खर्चे तो न सिर्फ पूरे पूरे बने हुए थे, बल्कि बढ़ भी रहे थे - जबकि आमदनी लगातार घटती जा रही थी । सबसे ज्यादा बुरी बात यह हो रही थी कि यहाँ इकठ्ठा हुए ब्लड का कोई इस्तेमाल नहीं हो पा रहा था, और काफी ब्लड इस्तेमाल होने की बजाए नाली में बहाया जा रहा था । रोटरी ब्लड बैंक का घोषित किया गया कोई लक्ष्य/उद्देश्य पूरा नहीं किया जा पा रहा था, और लगातार बढ़ते घाटे के चलते यह एक बड़ा बोझ बनता जा रहा था ।
वर्ष 2001 में पाँच करोड़ रुपए से अधिक की लागत से पंद्रह हजार वर्गफुट जगह में बने अत्याधुनिक सुविधाओं वाले सेंट्रली एयरकंडीशंड रोटरी ब्लड बैंक का मिशन स्टेटमेंट है : 'दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में किसी को भी खून की कमी का शिकार नहीं होने दिया जायेगा ।' लेकिन इसकी व्यवस्था और इसकी हालत ने इसके इस मिशन स्टेटमेंट को बस एक बड़बोला बयान भर बना कर रख दिया था ।
बुरी बात यह हो रही थी कि तमाम बड़े रोटेरियंस और पदाधिकारी 'यह' देख रहे थे और रोटरी ब्लड बैंक को बर्बाद होते देख चिंता भी व्यक्त कर रहे थे, किंतु इसे बचाने के लिए कुछ करना तो दूर - कुछ कहने से भी बच रहे थे । कारण यह था कि रोटरी ब्लड बैंक के अध्यक्ष पद पर पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुदर्शन अग्रवाल कुंडली मार कर बैठे हुए थे, और किसी में इतनी हिम्मत नहीं थी कि वह सुदर्शन अग्रवाल से कह पाता कि - 'महाराज, आपसे यहाँ की जिम्मेदारी जब सँभल नहीं रही है, तो इसे छोड़ क्यों नहीं देते ?' यहाँ इस तथ्य को याद करने तथा रेखांकित करने में कोई हिचक नहीं होनी चाहिए कि यह ब्लड बैंक रोटरी को सुदर्शन अग्रवाल की ही देन है । सभी रोटेरियंस और पदाधिकारी यह मानते और कहते रहे हैं कि सुदर्शन अग्रवाल दिलचस्पी न लेते तो यह ब्लड बैंक बन नहीं पाता । इस ब्लड बैंक की नींव रखने से लेकर इसे चलाने/चलवाने तक का काम सुदर्शन अग्रवाल ने बखूबी किया है - उन्होंने जो किया है, शायद वही कर सकते थे । लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं है कि जिस चीज को उन्होंने बनाया है, उसे 'मिटाने' की जिम्मेदारी भी उन्हें ही निभानी है । सुदर्शन अग्रवाल से उम्मीद की जाती थी कि उन्हें जब लगेगा कि ब्लड बैंक का काम उनसे नहीं हो पा रहा है, तो वह इसकी जिम्मेदारी छोड़ देंगे - किंतु जिम्मेदारी छोड़ने की बजाए उन्हें जिम्मेदारी से चिपके देखा गया; और इसके नतीजे के रूप में रोटरी ब्लड बैंक तबाह होता जा रहा था ।
रोटरी ब्लड बैंक की किस्मत शायद अच्छी है कि 'वन फाईन मॉर्निंग' सुदर्शन अग्रवाल को अहसास हुआ कि अब उन्हें रोटरी ब्लड बैंक का अध्यक्ष पद छोड़ देना चाहिए - सो, अध्यक्ष पद विनोद बंसल को सौंप कर वह इससे अलग हो गए । विनोद बंसल पिछले कुछ समय से रोटरी ब्लड बैंक में उपाध्यक्ष थे - शायद इसलिए भी सुदर्शन अग्रवाल ने अध्यक्ष पद उन्हें ही सौंपना उचित समझा हो । उपाध्यक्ष होने के नाते विनोद बंसल ब्लड बैंक की समस्याओं और उनके कारणों से परिचित थे ही, इसलिए वह तुरंत से सक्रिय हो गए तथा उन्होंने आवश्यक कदम उठाने में देर नहीं की । विनोद बंसल ने सबसे पहला काम स्टाफ के कान उमेठने का किया - उन्होंने स्टाफ से साफ कह दिया कि अपनी आवश्यकतापूर्ति के लिए ब्लड बैंक में आने वाले लोगों से स्टाफ के व्यवहार को लेकर उन्हें कोई शिकायत नहीं मिलनी चाहिए । इसके साथ ही विनोद बंसल ने यह समझने और गणना करने का काम किया कि ब्लड बैंक से सप्लाई आखिर कितनी होती है और उसका पैटर्न क्या है, और इसे कैसे बढ़ाया व विविधतापूर्ण बनाया जा सकता है ? यह समझना और गणना करना उन्हें इसलिए जरूरी लगा ताकि उसी हिसाब से कैम्प आदि में इकठ्ठा हुए ब्लड को 'लिया' जाए । विनोद बंसल के अध्यक्ष-काल में यह पहली बार हुआ कि एमिटी में लगे कैम्प में जब आवश्यकता से अधिक ब्लड इकठ्ठा हो गया तो अतिरिक्त ब्लड नोएडा रोटरी ब्लड बैंक को दे दिया गया - इस तरह से अतिरिक्त ब्लड को नाली में बहाने से बचने का इंतजाम किया गया । विनोद बंसल ने ब्लड बैंक के खर्चों में कमी करने का अनोखा फार्मूला यह निकाला कि कुछेक खर्चे वाले काम - जैसे कैम्प में ब्लड डोनेट करने वाले लोगों पर होने वाले खर्चे को - उन्होंने रोटेरियंस से स्पॉन्सर करवाए । 
रोटरी ब्लड बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विनोद बंसल ने सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण काम वास्तव में यह किया है कि अध्यक्ष पद का कार्यभार सँभालते ही उन्होंने ब्लड बैंक की छोटी  से छोटी बात से परिचित होने तथा उसे समझने/पहचानने का प्रयास किया तथा हर स्तर पर अपनी दिलचस्पी और संलग्नता दिखाई । स्टाफ को अनुशासित करने का काम उनकी इस दिलचस्पी व संलग्नता से ही हो गया । अपने अध्यक्ष-काल के अभी तक के करीब 40 दिनों में उन्होंने स्टाफ को जिस तरह से प्रेरित किया है और रोटेरियंस के बीच रोटरी ब्लड बैंक के प्रति जिस तरह की जागरूकता व संलग्नता दिखाने का भाव पैदा किया है, उसके अच्छे नतीजे मिलना/दिखना शुरू हो गए हैं । अभी तक के नतीजों ने विनोद बंसल को रोटरी ब्लड बैंक की जिम्मेदारी निभाने के प्रति खासा उत्साहित किया है; हालाँकि उन्होंने लोगों के बीच कहा है कि रोटरी ब्लड बैंक की स्थापना के मुख्य उद्देश्य को पाने के लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी है । अभी तक के नतीजे यद्यपि आश्वस्त जरूर करते हैं कि विनोद बंसल रोटरी ब्लड बैंक को वह पहचान अवश्य ही दिलवा सकेंगे, जिस पहचान के सपने के साथ इसकी स्थापना की गई थी ।