Showing posts with label Rotary India Centennial Summit. Show all posts
Showing posts with label Rotary India Centennial Summit. Show all posts

Thursday, February 20, 2020

रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट में शेखर मेहता के साथ कमल सांघवी जिस तरह से जुड़े रहे, और किसी तीसरे को इस समिट में तवज्जो मिलती नहीं दिखी - उससे मनोज देसाई की रोटरी में 'आगे की यात्रा' में रोड़े पड़ते देखे/पहचाने जा रहे हैं

नई दिल्ली । रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट में हर मौके पर इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता और इंटरनेशनल डायरेक्टर कमल सांघवी की जैसी छाप रही, उसे पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई की 'भावी योजना' को तगड़ी चोट पहुँचने के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । माना/समझा जा रहा है कि इस समिट का घोषित उद्देश्य चाहें जो रहा हो, लेकिन इसका अघोषित उद्देश्य भारत से अगले इंटरनेशनल प्रेसीडेंट पद के लिए कमल सांघवी को प्रमोट करना था - और शेखर मेहता व कमल सांघवी ने इस अघोषित उद्देश्य को बहुत ही प्रभावी तरीके से अंजाम दिया । इसके लिए शेखर मेहता व कमल सांघवी की जोड़ी ने दो बातों का खास ख्याल रखा - एक तो यह कि इन्होंने अपने अलावा किसी तीसरे को पूरे आयोजन में कोई तवज्जो नहीं मिलने दी; और दूसरे उन्होंने खेमेबाजी की दीवारों को तोड़ने की कोशिश की ताकि कोई भी नाराज न हो । विरोधी समझे जाने वाले खेमे के लोगों को छोटे छोटे मौकों पर जिम्मेदारियाँ देकर संदेश देने की कोशिश की गई कि यह सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहते है । प्रेसीडेंट नॉमिनी डिनर की जिम्मेदारी राजु सुब्रमणियन को सौंपे जाने के फैसले पर हर किसी को हैरानी हुई । राजु सुब्रमणियन को पूर्व प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन के नजदीक समझा/पहचाना जाता है, इसलिए उन्हें जिम्मेदारी सौंपने के फैसले को शेखर मेहता व कमल सांघवी की जोड़ी की बड़ी चाल के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है ।
शेखर मेहता व कमल सांघवी की इस चाल को मनोज देसाई की आगे की राजनीति के लिए खतरे की घंटी के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । उल्लेखनीय है कि भारत से अगले इंटरनेशनल प्रेसीडेंट पद के लिए मनोज देसाई की उम्मीदवारी की चर्चा रही है । सुशील गुप्ता जब प्रेसीडेंट नॉमिनी चुने गए थे, तभी यह चर्चा थी कि उनके बाद प्रेसीडेंट पद के लिए शेखर मेहता व मनोज देसाई के बीच मुकाबला होगा । दोनों ही सुशील गुप्ता की आँखों के तारे रहे हैं; हालाँकि सुशील गुप्ता के नजदीकियों को लगता था कि सुशील गुप्ता पहले शेखर मेहता को और फिर मनोज देसाई को प्रेसीडेंट का पद दिलवाने का प्रयास करेंगे । अप्रत्याशित रूप से सुशील गुप्ता के प्रेसीडेंट पद तक पहुँचने के रास्ते से हट जाने के बाद, शेखर मेहता 'उम्मीद से पहले' ही प्रेसीडेंट पद के नजदीक हो गए । सुशील गुप्ता के सीन से हटने के बाद उनका खेमा नेतृत्वविहीन हो गया है । अलग अलग कारणों से चूँकि कल्याण बनर्जी और राजेंद्र उर्फ़ राजा साबू की हैसियत भी 'डेकोरेटिव आईटम' जैसी हो गई है, जिससे देश की रोटरी राजनीति में नेतृत्व का वैक्यूम पैदा हो गया है । प्रेसीडेंट (नॉमिनी) होने के कारण शेखर मेहता के पास इस वैक्यूम को भरने का एक बढ़िया मौका है, और वह इस मौके का पूरा पूरा फायदा उठाते हुए दिख भी रहे हैं - लेकिन फायदा उठाने के उनके मौके में कमल सांघवी की मौजूदगी लोगों के बीच बेचैनी व हलचल भी पैदा कर रही है ।
रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट में शेखर मेहता के साथ कमल सांघवी जिस तरह से जुड़े रहे, और किसी तीसरे को इस समिट में तवज्जो मिलती नहीं दिखी - उससे लोगों के बीच कई सवाल पैदा हुए हैं । समिट में सबसे बुरी बीती भरत पांड्या और विनोद बंसल के साथ । भरत पांड्या इंटरनेशनल डायरेक्टर हैं, और विनोद बंसल समिट की तैयारी समिति के प्रेसीडेंट थे - इसके बावजूद दोनों को खास तवज्जो नहीं मिली, और दूसरे लोगों की तरह यह दोनों भी शेखर मेहता व कमल सांघवी के दिशा-निर्देशों पर ही 'काम' करते हुए देखे गए । दरअसल समिट के पूरे आयोजन में, महत्त्वपूर्ण पदों पर होने के बावजूद भरत पांड्या और विनोद बंसल की जैसी जो उपेक्षा हुई, उसे देख कर ही लोगों का ध्यान इस बात की तरफ गया कि पूरा आयोजन तो वास्तव में शेखर मेहता व कमल सांघवी की गिरफ्त में है । पूरे आयोजन का 'डिजाईन' खासी होशियारी से तैयार किया गया था, जिसमें ऐसे लोगों को तो छोटे छोटे मौकों पर जिम्मेदारियाँ दी गईं और अलग अलग कारणों से तथा रूपों में मंच पर आने का मौका दिया गया - जो शेखर मेहता व कमल सांघवी के लिए कोई खतरा और या चुनौती नहीं बनते हैं; लेकिन उनके लिए खतरा और या चुनौती बन सकने वाले बड़े नेताओं को 'किनारे' लगा दिया गया । शेखर मेहता व कमल सांघवी की इसी होशियारी में मनोज देसाई की रोटरी में 'आगे की यात्रा' में रोड़े पड़ते देखे/पहचाने जा रहे हैं । 

Thursday, February 13, 2020

रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के प्रेसीडेंट होने के बावजूद विनोद बंसल के समिट के लिए फंड जुटाने के मामले में असफल रहने के कारण रोटरी के बड़े नेताओं के बीच दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक की अनियमितताओं और घपलेबाजियों की चर्चा को विनोद बंसल के लिए बड़े खतरे के संकेत के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है, और आशंका व्यक्त की जा रही है कि कहीं उनका भी हाल सतीश सिंघल जैसा न हो

नई दिल्ली । रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट शुरू होने से पहले कोलकाता पहुँचे प्रमुख रोटेरियंस के बीच दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक के कामकाज में अनिमितताओं और घपलेबाजियों से जुड़े आरोपों की जो चर्चा सुनी गई है, उनमें विनोद बंसल के लिए सतीश सिंघल जैसी दशा में 'पहुँचने' का डर पैदा होता दिख रहा है । उल्लेखनीय है कि नोएडा रोटरी ब्लड बैंक में अनियमितताओं व घपलेबाजियों के आरोपों के चलते डिस्ट्रिक्ट 3012 में गवर्नर पद की जिम्मेदारी निभा रहे सतीश सिंघल को रोटरी इंटरनेशनल ने गवर्नर पद से हटा दिया था, और उन्हें पूर्व गवर्नर का दर्जा भी नहीं दिया गया । सतीश सिंघल नोएडा रोटरी ब्लड बैंक के प्रमुख कर्ताधर्ता थे । विनोद बंसल दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक के प्रमुख कर्ताधर्ता हैं । सतीश सिंघल की तरह ही विनोद बंसल पर आरोप है कि ब्लड बैंक की प्रशासनिक व्यवस्था में सारा लेना-देना विनोद बंसल मनमाने तरीके से करते हैं, और ब्लड बैंक के दूसरे पदाधिकारियों को उसकी हवा भी नहीं लगने देते हैं । विनोद बंसल के इस रवैये पर पिछले दिनों बबाल तब उठा, जब ब्लड बैंक की बन रही बिल्डिंग से जुड़े बड़े खर्चों के बिल भुगतान के लिए ब्लड बैंक के ट्रेजरर पूर्व गवर्नर संजय खन्ना के पास आए । संजय खन्ना का कहना रहा कि लाखों/करोड़ों रुपये के खर्चे वाले जो काम हो रहे हैं, उनकी जानकारी ब्लड बैंक की मैनेजिंग टीम के सदस्यों को तो होनी ही चाहिए । ब्लड बैंक के सेक्रेटरी पूर्व गवर्नर रमेश अग्रवाल को मामले का जब पता चला, तो वह भी वह भी बुरी तरह भड़के; उनका कहना रहा कि वह ब्लड बैंक के सेक्रेटरी हैं, और उन्हें भी नहीं पता कि ब्लड बैंक में हो क्या रहा है और किस काम में किन लोगों पर कितना पैसा खर्च हो रहा है ? डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता का तो आरोप है कि ब्लड बैंक में बिना चुनाव करवाए विनोद बंसल अनधिकृत रूप से प्रेसीडेंट बने हैं, और मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं । उन्होंने माँग की कि ब्लड बैंक की मैनेजिंग टीम के सदस्यों की जल्दी से जल्दी मीटिंग बुलाई जाए और नियमानुसार चुनाव करवाए जाएँ । विनोद बंसल लेकिन ब्लड बैंक की मैनेजिंग कमेटी की मीटिंग बुलाने की माँग को लगातार टालते ही जा रहे हैं ।
दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक में अनियमितताओं व घपलेबाजियों के आरोपों में घिरे विनोद बंसल के लिए मुसीबत की बात लेकिन यह हुई है कि रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के आयोजन में कोलकाता में जुटे वरिष्ठ रोटेरियंस के बीच आरोपों की बातें सुनी/सुनाई जा रही हैं । यह बातें वहाँ दरअसल इसलिए चर्चा में आईं, क्योंकि रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के प्रेसीडेंट के रूप में वह उचित फंड जुटाने के मामले में फेल हुए हैं । उल्लेखनीय है कि विनोद बंसल रोटरी में फंड जुटाने के मामले में 'मास्टर' समझे जाते हैं । वास्तव में अपनी इसी खूबी के चलते उन्होंने रोटरी की सीढ़ियाँ बड़ी तेजी से चढ़ी हैं । लेकिन लगता है कि उनकी यही खूबी उनके लिए मुसीबत बन गई है । रोटरी में हर छोटा/बड़ा नेता उनकी तरफ इसी उम्मीद से 'देखता' है कि वह उसके 'आयोजन' के लिए फंड जुटाएँ । रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के लिए भी उनसे बड़ी रकम की उम्मीद की गई थी । समझा जाता है कि समिट का प्रेसीडेंट उन्हें इसीलिए बनाया गया, ताकि इसका खर्च वह जुटाएँ । विनोद बंसल लेकिन उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं, और इसीलिए बड़े नेता उनसे बुरी तरह नाराज हुए हैं । विनोद बंसल के फंड जुटाने के मामले में असफल रहने का कारण यह माना/पहचाना जा रहा है कि लोगों के बीच उनकी पोल खुल गई है, और लोगों ने समझ लिया है कि वह झूठे आश्वासन देकर अपना काम निकालते हैं और लोगों  बरगलाते हैं - इसलिए लोग उनके झाँसे में नहीं आते हैं । रोटरी फाउंडेशन से ग्लोबल ग्रांट लेकर तथा दिलवा कर विनोद बंसल जिस तरह का 'काम' करते हैं, उसे लेकर भी उनकी खासी बदनामी हुई है । दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक को लेकर जो बबाल मचा है, उसके चलते तो विनोद बंसल की साख पर और दाग लगे हैं । इसी सब का नतीजा है कि फंड जुटाने के उनके स्रोत 'सूख' गए हैं, और इसीलिए रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के लिए फंड जुटाने के मामले में वह बुरी तरह असफल रहे हैं ।
रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के प्रेसीडेंट होने के बावजूद विनोद बंसल को समिट के लिए फंड जुटाने के मामले में जिस असफलता का मुँह देखना पड़ा है, उसके कारण रोटरी के बड़े नेता और मुख्य कर्ताधर्ता उनसे बुरी तरह नाराज हैं । रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट शुरू होने से पहले कोलकाता में जुटे रोटरी के बड़े नेताओं के बीच विनोद बंसल के प्रति नाराजगी जिस तरह खुल कर प्रकट हुई है, उसे देखने/सुनने वाले लोगों को लगा है कि रोटरी के बड़े नेताओं ने जैसे मान लिया है कि विनोद बंसल अब उनके - और रोटरी के काम के नहीं रह गए हैं । ऐसे में, दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक की अनियमितताओं और घपलेबाजियों की चर्चा को विनोद बंसल के लिए बड़े खतरे के संकेत के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । विनोद बंसल से हमदर्दी रखने वाले नेताओं का मानना/कहना है कि विनोद बंसल ने दिल्ली रोटरी ब्लड बैंक में भड़के बबाल को यदि होशियारी से हैंडल नहीं किया, तो कहीं उनका हाल भी नोएडा रोटरी ब्लड बैंक के सतीश सिंघल जैसा न हो जाए ।

Sunday, February 2, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में विनोद बंसल तथा विनय भाटिया के सारा श्रेय खुद लेने के रवैये को देखते/पहचानते हुए डिस्ट्रिक्ट के लोग रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के लिए ज्यादा कुछ करने के लिए उत्साहित नहीं हो रहे हैं, और इस कारण से डिस्ट्रिक्ट के लिए अपनी पहचान व अहमियत 'दिखाने' का मौका खोता हुआ सा नजर आ रहा है

नई दिल्ली । कोलकाता में होने जा रही रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के लिए डिस्ट्रिक्ट 3011 के रोटेरियंस के बीच जो जबर्दस्त उत्साह है - जिसके चलते समिट में भागीदारी करने के लिए डेढ़ सौ से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हुए हैं, उस पर डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर्स - विनोद बंसल तथा विनय भाटिया की सारा श्रेय खुद लेने के रवैये ने पानी फेरा हुआ है । उल्लेखनीय है कि विनोद बंसल समिट की तैयारी समिति के प्रेसीडेंट हैं तथा विनय भाटिया ट्रेजरर हैं । सेन्टेंनियल समिट के प्रमोशन के लिए पूर्व गवर्नर सुधीर मंगला को डिस्ट्रिक्ट की प्रमोशन कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है, और पूर्व प्रेसीडेंट आभा चौधरी को-चेयरपरसन हैं । समिट के लिए रजिस्ट्रेशन करवाने के वास्ते डिस्ट्रिक्ट के रोटेरियंस को प्रेरित करने के लिए डिस्ट्रिक्ट के कई सक्रिय पदाधिकारियों ने अपने अपने तरीके से काम किया है, लेकिन विनोद बंसल और विनय भाटिया ने जिस तरह से सारा श्रेय खुद लेने का प्रयास किया है, उसे देखते/पहचानते हुए दूसरे पदाधिकारियों का और कुछ करने को लेकर उत्साह ढीला पड़ रहा है । उनका कहना है कि कोलकाता में होने वाली समिट में डिस्ट्रिक्ट 3011 के लोगों की अच्छी-खासी उपस्थिति होगी, जिसे 'दिखाने' के जरिये डिस्ट्रिक्ट की एक अलग पहचान बनाने को लेकर उनके पास कुछ योजनाएँ हैं, जिन्हें आसानी से पूरा भी किया जा सकता है - लेकिन ज्यादा कुछ करने का उनका मन इसलिए नहीं हो रहा है कि काम तो वह करेंगे, और उसका श्रेय विनोद बंसल लूट लेंगे - कोलकाता में होने वाले समिट में जुटे रोटरी के आम और खास लोगों को विनोद बंसल बतायेंगे कि देखिये, यह सब मैंने करवाया है ।
मजे की बात यह है कि विनोद बंसल के खुद श्रेय लेने के रवैये की (कु)ख्याति उनके अपने डिस्ट्रिक्ट में ही नहीं, बल्कि दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स के पदाधिकारियों के बीच भी है - और इसी के चलते, रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के प्रमोशन के लिए नौ डिस्ट्रिक्ट्स के प्रमोशन कमेटी के पदाधिकारियों की रोटरी इंटरनेशनल के नई दिल्ली स्थित साउथ एशिया ऑफिस में विनोद बंसल द्वारा बुलाई गई मीटिंग कई डिस्ट्रिक्ट्स के पदाधिकारी पहुँचे ही नहीं । उनका कहना रहा कि विनोद बंसल रोटरी के काम के बहाने से लोगों से मिलते-जुलते हैं और मीटिंग बुलाते/करते हैं, लेकिन रोटरी के काम की बातें कम करते हैं और अपनी राजनीति की बातें ज्यादा करते हैं । इसीलिए उक्त मीटिंग में जाना उन्होंने जरूरी नहीं समझा । विडंबना की बात यह रही कि जो लोग उक्त मीटिंग में पहुँचे, उन्होंने विनोद बंसल से सेन्टेंनियल समिट की तैयारी के बारे में कम सुना और उनकी राजनीति के बारे में ज्यादा सुना । विनोद बंसल के विभिन्न मौकों पर तरह तरह से दिखाए जाने वाले इसी रवैये का नतीजा था कि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता के सम्मान में हुए डिस्ट्रिक्ट समारोह में चेयरमैन होने के बावजूद विनोद बंसल को अलग-थलग रखा गया, जिससे नाराज होकर समारोह से संबद्ध एक मीटिंग में विनोद बंसल के लिए 'ऑय एम् नॉट इंटरेस्टिंग' कहते हुए बहिष्कार करने तक की नौबत आई ।
दूसरों के कामों का श्रेय हड़पने में विनय भाटिया का मामला 'बड़े मियाँ तो बड़े मियाँ, छोटे मियाँ सुभानअल्लाह' वाला है । विनय भाटिया को विनोद बंसल के चेले के रूप में देखा/पहचाना जाता है । विनय भाटिया को गवर्नर बनवाने में हुई बेईमानी में सक्रियता दिखा कर विनोद बंसल ने रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड से 'चुनावी अपराधी' के रूप में चिन्हित होने का तमगा तक पाया है । रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट की तैयारी कमेटी में ट्रेजरर का पद विनय भाटिया को विनोद बंसल के कारण ही मिला है । रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट में रजिस्ट्रेशन के मामले में श्रेय लेने की कोशिश के चलते विनय भाटिया को उस समय भारी फजीहत का सामना करना पड़ा, जब बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए विनय भाटिया अपनी पीठ थपथपा/थपथपवा रहे थे, लेकिन पोल खुली कि उस समय तक फरीदबाद से कुल चार रजिस्ट्रेशन ही हुए हैं । उसके बाद फरीदाबाद से जो रजिस्ट्रेशन हुए हैं, उनमें भी विनय भाटिया की बजाये दूसरे पदाधिकारियों की ज्यादा मेहनत लगी है । विनय भाटिया के अपने क्लब में जो रजिस्ट्रशन हुए हैं, उन्हें क्लब के वरिष्ठ सदस्य संदीप गोयल के प्रयासों के नतीजे के रूप में देखा/जाना गया है; संदीप गोयल को श्रेय देने की बजाये विनय भाटिया ने खुद श्रेय लेने का जो प्रयास किया है, उसके चलते क्लब में बबाल मचा हुआ है । विनय भाटिया और विनोद बंसल के इस रवैये को देखते/पहचानते हुए डिस्ट्रिक्ट के लोग रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के लिए ज्यादा कुछ करने के लिए उत्साहित नहीं हो रहे हैं, जिस कारण से डिस्ट्रिक्ट के लिए अपनी पहचान व अहमियत 'दिखाने' का मौका खोता हुआ सा नजर आ रहा है ।

Saturday, December 21, 2019

रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के प्रमोशन के लिए बुलाई गई मीटिंग में अपनी राजनीति करते हुए अनूप मित्तल के खिलाफ मोर्चा खोलने की विनोद बंसल की कोशिश को अपने साथी गवर्नर्स को बेइज्जत करते रहने की उनकी प्रवृत्ति के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है

नई दिल्ली । रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के प्रमोशन के लिए डिस्ट्रिक्ट्स की प्रमोशन कमेटी के पदाधिकारियों की रोटरी इंटरनेशनल के नई दिल्ली स्थित साउथ एशिया ऑफिस में हुई मीटिंग में विनोद बंसल ने जिस तरह से समिट के प्रमोशन की बजाये इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी को प्रमोट करने का काम किया, उसकी चर्चा ने विनोद बंसल के लिए खासी फजीहत वाली स्थिति पैदा कर दी है । इस चर्चा ने उक्त मीटिंग में न पहुँचने वाले डिस्ट्रिक्ट्स के पदाधिकारियों को यह कहने का भी मौका दिया है कि अच्छा हुआ कि वह मीटिंग में नहीं गए, अन्यथा उनके समय और पैसे की बर्बादी ही होती । कई लोग कहने भी लगे हैं कि विनोद बंसल रोटरी के काम के बहाने से लोगों से मिलते-जुलते हैं और मीटिंग बुलाते/करते हैं, लेकिन रोटरी के काम की बातें कम करते हैं और अपनी राजनीति की बातें ज्यादा करते हैं । उक्त मीटिंग में आमंत्रित किए गए कुछेक लोगों ने कहा भी कि वह तो इसीलिए मीटिंग में नहीं गए । उल्लेखनीय है कि उक्त मीटिंग के लिए नौ डिस्ट्रिक्ट्स के पदाधिकारियों को बुलाया गया था, जिनमें से कुल चार डिस्ट्रिक्ट्स के पदाधिकारी ही मीटिंग में पहुँचे । इनमें भी विनोद बंसल के खुद के डिस्ट्रिक्ट के तो चार पदाधिकारी थे, जबकि बाकी डिस्ट्रिक्ट्स से एक एक पदाधिकारी ही उपस्थित था । इस मीटिंग में अपनी उम्मीदवारी की स्थिति पर बात करते हुए विनोद बंसल ने अपने डिस्ट्रिक्ट के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी अनूप मित्तल की यह कहते हुए आलोचना भी कि उनके अपने डिस्ट्रिक्ट में वैसे तो उनकी स्थिति अच्छी है, एक सिर्फ अनूप मित्तल ही उनके खिलाफ बातें करते रहते हैं ।
मजे की बात यह रही कि विनोद बंसल के इस दावे को झूठ बोल कर लोगों को भरमाने/बरगलाने के एक प्रयास के रूप में ही देखा/पहचाना गया है । डिस्ट्रिक्ट में विनोद बंसल की स्थिति कैसी है, यह इसी तथ्य से जाहिर है कि डिस्ट्रिक्ट में उनके अलावा रंजन ढींगरा तथा दीपक कपूर इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के उम्मीदवार हैं; इन दोनों का भी उम्मीदवार होना क्या विनोद बंसल की स्थिति के अच्छे होने का सुबूत है ? इन दोनों को उम्मीदवार क्या अनूप मित्तल ने बनाया है ? यदि ऐसा नहीं है - और जो नहीं ही है - तो डिस्ट्रिक्ट में सिर्फ अनूप मित्तल को ही विनोद बंसल अपने विरोधी के रूप में क्यों देखते/बताते हैं ? अभी हाल ही में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता के सम्मान में हुए डिस्ट्रिक्ट समारोह में चेयरमैन होने के बावजूद विनोद बंसल को अलग-थलग रखा गया, जिससे नाराज होकर समारोह से संबद्ध एक मीटिंग का विनोद बंसल ने 'ऑय एम् नॉट इंटरेस्टिंग' कहते हुए बहिष्कार किया; समारोह की तैयारी कमेटी में कन्वेनर रंजन ढींगरा थे, एडवाइजर मंजीत साहनी तथा सुरेश जैन थे और को-चेयरमैन रमेश चंद्र थे - तब फिर उक्त कार्यक्रम की तैयारी से अलग-थलग किए जाने के लिए अनूप मित्तल कैसे जिम्मेदार हुए ? विनोद बंसल की निगाह में अनूप मित्तल क्या डिस्ट्रिक्ट के इतने बड़े नेता हो गए हैं कि डिस्ट्रिक्ट और डिस्ट्रिक्ट के सभी बड़े पदाधिकारी व नेता उनके इशारों पर चल रहे हैं ? अपनी हर मुसीबत और फजीहत के लिए अनूप मित्तल को जिम्मेदार ठहराने की विनोद बंसल की कोशिशों को डिस्ट्रिक्ट में हमेशा ही किसी एक को निशाना बनाने की विनोद बंसल की पुरानी प्रवृत्ति के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है ।
डिस्ट्रिक्ट में लोगों को याद है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर के रूप में पीटी प्रभाकर के साथ तिकड़म करके और डिस्ट्रिक्ट के पदाधिकारियों व नेताओं को अँधेरे में रख कर विनोद बंसल ने उनकी एक इंस्टीट्यूट का चेयरमैन कर दिल्ली में इंस्टीट्यूट करने की योजना के फेल हो जाने के लिए विनोद बंसल ने तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय खन्ना को लेकर रोना-धोना मचाया था । विनय भाटिया के चुनाव में सक्रियता दिखा कर 'बेईमानी' करने के मामले में रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड में 'चुनावी अपराधी' के रूप में चिन्हित होने के मामले में विनोद बंसल ने आशीष घोष को लपेटे में लिया था । विनोद बंसल की यह पुरानी प्रवृत्ति है कि वह स्वार्थपूर्ण हरकतें करेंगे, तिकड़में करेंगे और उनके चलते जब मुसीबत में फँसेंगे और फजीहत का शिकार होंगे तो किसी दूसरे को जिम्मेदार ठहरा देंगे । उनकी इस प्रवृत्ति का शिकार मंजीत साहनी, अशोक घोष, राजेश बत्रा जैसे वरिष्ठ पूर्व गवर्नर तक हो चुके हैं । विनोद बंसल की इस प्रवृत्ति के नए शिकार अनूप मित्तल हैं । विनोद बंसल किस तरह से अपने साथी पूर्व गवर्नर्स को बेइज्जत करते हैं, इसका ताजा उदाहरण पूर्व गवर्नर सुधीर मंगला के साथ किए जाने वाले उनके व्यवहार में देखा/पहचाना/समझा जा सकता है । उल्लेखनीय है कि सुधीर मंगला को विनोद बंसल ने ही सेन्टेंनियल समिट के लिए डिस्ट्रिक्ट की प्रमोशन कमेटी का चेयरमैन बनाया है; और कमेटी का काम शुरू होने से पहले ही उन्होंने लोगों के बीच रोना शुरू कर दिया है कि सुधीर मंगला तो कुछ करते ही नहीं हैं, और वह तो किसी लायक ही नहीं हैं । सुधीर मंगला को विनोद बंसल कई वर्षों से जानते/पहचानते हैं, कुछ वर्ष पहले तक दोनों एक ही क्लब के सदस्य थे; इस नाते उम्मीद कर सकते हैं कि विनोद बंसल जानते/समझते होंगे कि सुधीर मंगला किस लायक हैं; यह जानते/समझते हुए ही विनोद बंसल ने उन्हें प्रमोशन कमेटी का चेयरमैन बनाया और साथ ही साथ यह कहना/बताना शुरू कर दिया कि सुधीर मंगला तो किसी लायक ही नहीं हैं । दरअसल इसी तरह के व्यवहार व रवैये के चलते विनोद बंसल ने डिस्ट्रिक्ट के लोगों को अपने खिलाफ किया हुआ है; लेकिन जाहिर वह यह करते हैं जैसे डिस्ट्रिक्ट में सभी लोग उनके साथ हैं, सिर्फ दो/एक लोग ही उनके खिलाफ हैं; समयानुसार इन दो/एक लोगों का चेहरा बदलता रहता है - कभी यह चेहरा संजय खन्ना का हो जाता है, तो कभी आशीष घोष का, कभी मंजीत साहनी का, कभी अशोक घोष का, कभी राजेश बत्रा का, कभी रमेश चंद्र का, कभी सुरेश जैन का, कभी रंजन ढींगरा का - आजकल यह चेहरा अनूप मित्तल का है । देखना दिलचस्प होगा कि विनोद बंसल अगला नंबर किसका लगाते हैं ?

Monday, November 25, 2019

रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट की ऑर्गेनाइजिंग कमेटी में अनिरुद्ध राय चौधरी को ज्वाइंट चेयरमैन तथा मुकेश अरनेजा को वाइस चेयरमैन बना कर शेखर मेहता व कमल सांघवी ने विनोद बंसल को 'कट डाउन टू साइज' करने का काम किया है क्या ?

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट 3012 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मुकेश अरनेजा को फरवरी में होने जा रहे रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट की ऑर्गेनाइजिंग कमेटी में वाइस चेयरमैन का पद देकर कन्वेनर कमल सांघवी ने कमेटी के चेयरमैन विनोद बंसल के 'पर कतरने' की व्यवस्था की है क्या ? उल्लेखनीय है कि कमेटी में कई वाइस चेयरमैन पहले से ही नियुक्त हैं; लोगों के बीच चर्चा यह है कि कमल सांघवी यदि सचमुच मुकेश अरनेजा की क्षमताओं से परिचित और प्रभावित हैं, तो उन्हें सबसे पहले मुकेश अरनेजा को ही वाइस चेयरमैन बनाना चाहिए था - लेकिन कमेटी का काम काफी आगे बढ़ जाने के बाद उन्हें जिस तरह 'अचानक' से मुकेश अरनेजा को वाइस चेयरमैन बनाने का ख्याल आया है, उससे लगता है कि मुकेश अरनेजा को वाइस चेयरमैन बनाने के पीछे उनका उद्देश्य 'कुछ और' है । इस 'कुछ और' में विनोद बंसल के पर कतरने को देखा/पहचाना जा रहा है । यह इसलिए भी देखा/पहचाना जा रहा है, क्योंकि मुकेश अरनेजा को वाइस चेयरमैन पद पर नियुक्ति का पत्र रिलीज करने से पहले कोलकाता में हुई कमेटी की मीटिंग में विनोद बंसल ने जब कुछ ज्यादा 'चेयरमैनी' दिखाने की कोशिश की थी, तब कमल सांघवी ने उन्हें हड़काया था और उनके व्यवहार पर आपत्ति की थी । उसी मीटिंग में, रजिस्ट्रेशन बढ़वाने के विनोद बंसल के प्रयासों को भी कमल सांघवी ने सफल नहीं होने दिया था । यहाँ यह ध्यान रखना भी प्रासंगिक होगा कि विनोद बंसल और मुकेश अरनेजा के बीच राजनीतिक बैर की बात रोटेरियंस पदाधिकारियों व नेताओं के लिए कोई दबी-छिपी बात नहीं है ।
दरअसल विनोद बंसल की स्थिति उस दूल्हे की तरह की हो गई है, जिसे सजा-धजा कर और मुकुट पहना कर बग्घी पर तो बैठा दिया जाता है, लेकिन बारात में उसकी परवाह कोई नहीं करता और वह बेचारा सबसे पीछे अकेला बारात के आगे बढ़ने का इंतजार करता रहता है । अभी हाल ही में, उनके अपने डिस्ट्रिक्ट में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता के हुए स्वागत-सम्मान समारोह की ऑगेनाइजिंग कमेटी के वह चेयरमैन तो बना दिए गए थे, लेकिन समारोह की तैयारी से तथा उसके आयोजन से उन्हें अलग-थलग ही रखा गया था - जिस पर उन्होंने खुलकर अपनी नाराजगी भी व्यक्त की थी । फरवरी में कोलकाता में होने जा रहे रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट की तैयारी में भी उनके साथ वैसा ही मजाक हो रहा है । समिट की ऑगेनाइजिंग कमेटी के वह चेयरमैन तो बना दिए गए हैं, लेकिन नियुक्तियों से लेकर समिट की व्यवस्था के सभी फैसले कमल सांघवी ही कर रहे हैं, और इसलिए ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के बाकी पदाधिकारी भी उन्हें कोई तवज्जो नहीं दे रहे हैं । विनोद बंसल को जोर का झटका यह भी लगा है कि डिस्ट्रिक्ट 3291 के पूर्व गवर्नर अनिरुद्ध राय चौधरी को कोलकाता में होने जा रहे रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट की तैयारी में पहले को-चेयरमैन बनाया गया था, लेकिन उन्हें प्रोमोट करके अब ज्वाइंट चेयरमैन बना दिया गया है और इस तरह उन्हें अब विनोद बंसल के 'नीचे' नहीं, बल्कि 'बराबर' में बैठा दिया गया है ।
रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के चेयरमैन के रूप में विनोद बंसल के साथ यह जो 'खेल' हो रहा है, उसे उनकी फजीहत के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है; और इसे देख/पहचान कर उनके शुभचिंतकों को लग रहा है कि इस तरह से फजीहत करवाने से अच्छा है कि विनोद बंसल चेयरमैन से इस्तीफा दे दें । उल्लेखनीय है कि विनोद बंसल और उनके शुभचिंतकों ने सोचा तो यह था कि सेन्टेंनियल समिट के चेयरमैन के रूप में उन्हें अपने आपको शेखर मेहता का सबसे करीबी दिखाने का मौका मिलेगा, लेकिन हो उल्टा रहा है और दिख यह रहा है कि जैसे शेखर मेहता ने कमल सांघवी को हरी झंडी दे दी है कि वह जैसे चाहें वैसे विनोद बंसल का तमाशा बनाएँ । उल्लेखनीय है कि सेन्टेंनियल समिट का कार्यक्रम शेखर मेहता को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से पिछले वर्ष तब बना था, जब सुशील गुप्ता इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी थे । स्थिति वही होती, तो इस आयोजन का ज्यादा जलवा नहीं होता और यह एक सामान्य कार्यक्रम ही होता । इसीलिए इस कार्यक्रम में तब किसी की दिलचस्पी नहीं थी । सुशील गुप्ता ने तब विनोद बंसल को जबर्दस्ती इसका चेयरमैन बना दिया था । विनोद बंसल ने भी बेमन से इसे स्वीकार कर लिया था । लेकिन स्थिति बदली तो कार्यक्रम का महत्त्व भी बढ़ गया और विनोद बंसल भी चेयरमैन के रूप में बम बम करने लगे । लोगों को लग रहा है कि यह देख कर शेखर मेहता व कमल सांघवी को विनोद बंसल को 'कट डाउन टू साइज' करना जरूरी लगा है, और तरह तरह से उन्हें नीचा दिखाने और उनकी फजीहत करने का खेल शुरू हो गया ।
यह खेल मुकेश अरनेजा को अचानक से वाइस चेयरमैन बनाने की कार्रवाई से और गंभीर हो गया है । मुकेश अरनेजा के नजदीकी ही लोगों को बता रहे हैं कि चेयरमैन के रूप में विनोद बंसल ने जिस गुपचुप तरीके से अपने डिस्ट्रिक्ट के अपने नजदीकी पूर्व गवर्नर विनय भाटिया को ट्रेजरर बना लिया है, उससे उनकी भूमिका संदेहास्पद हो गई है और उनकी भूमिका पर निगाह रखने के लिए ही मुकेश अरनेजा को वाइस चेयरमैन बनाया गया है । मुकेश अरनेजा के नजदीकी लोगों को ध्यान दिला रहे हैं कि विनय भाटिया पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में हिसाब-किताब में गड़बड़ी करने के आरोप रहे हैं, जिन पर डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर होने के बावजूद विनोद बंसल चुप बने रहे थे; इसके अलावा, विनोद बंसल पर रवि चौधरी के गवर्नर वर्ष के हिसाब-किताब की गड़बड़ियों पर भी पर्दा डालने के आरोप रहे हैं । मुकेश अरनेजा के नजदीकियों का कहना है कि उन्हीं आरोपों को देखते हुए विनोद बंसल व विनय भाटिया की जोड़ी को मनमानी न करने देने के उद्देश्य से मुकेश अरनेजा को वाइस चेयरमैन बनाया गया है । मुकेश अरनेजा के नजदीकियों का ऐसा कहना यदि सच है तो माना जा रहा है कि रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट के मामले में अभी और दिलचस्प नज़ारे देखने को मिलेंगे ।