Showing posts with label MANOJ DESAI. Show all posts
Showing posts with label MANOJ DESAI. Show all posts

Friday, February 28, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में होने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में पिछड़ते दिख रहे अशोक गुप्ता की स्थिति सुधारने की कोशिश में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी राजीव सिंघल इंटरनेशनल डायरेक्टर कमल सांघवी के नजदीक आने की अपनी कोशिशों को कहीं नुकसान तो नहीं पहुँचा लेंगे ?

मेरठ । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी राजीव सिंघल की अपने गवर्नर वर्ष की टीम के लिए आवेदन माँगने की कार्रवाई को इस वर्ष हो रहे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है, और इसकी शिकायत डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में आ रहे इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता तथा इंटरनेशनल डायरेक्टर कमल सांघवी से करने की तैयारी की जा रही है । कुछेक पूर्व गवर्नर्स राजीव सिंघल की कार्रवाई को लेकर खासे नाराज हैं, और मान रहे हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी के रूप में राजीव सिंघल के जब यह रंग-ढंग हैं, तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में तो वह पता नहीं क्या करेंगे ? मजे की बात है कि कुछेक पूर्व गवर्नर्स की नाराजगी को राजीव सिंघल ने कोई तवज्जो नहीं दी है; उनका कहना है कि उन्होंने कोई रोटरी-विरोधी काम नहीं किया है और कुछेक पूर्व गवर्नर्स नाहक ही बात का बतंगड़ बना रहे हैं । राजीव सिंघल कुछेक पूर्व गवर्नर्स की नाराजगी को तवज्जो देते हुए भले ही नहीं दिख रहे हों; लेकिन उनके नजदीकियों के अनुसार, वह इस बात को लेकर चिंतित जरूर हैं कि शेखर मेहता व कमल सांघवी के सामने उनकी कार्रवाई की शिकायत यदि हुई - तो उन दोनों के बीच उन्हें लेकर एक नकारात्मकता जरूर बनेगी, जो उनकी रोटरी की 'आगे की यात्रा' के लिए नुकसानदेह हो सकती है । समझा जाता है कि डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में शेखर मेहता और कमल सांघवी को एक साथ बुलाने की 'व्यवस्था' राजीव सिंघल ने ही की है, और इस व्यवस्था के जरिये राजीव सिंघल ने रोटरी के सेटअप में अपनी पहुँच ऊँची करने की तैयारी दिखाई है । ऐसे में, उन्हें डर है कि शेखर मेहता और कमल सांघवी के सामने यदि यह बात जाहिर हुई कि उनके डिस्ट्रिक्ट के कुछेक पूर्व गवर्नर्स उनकी पक्षपातपूर्ण राजनीतिक कार्रवाईयों से नाराज हैं, तो यह रोटरी के सेटअप में अपनी पहुँच ऊँची करने की उनकी तैयारी को झटका दे सकती है ।
राजीव सिंघल को इस वर्ष हो रहे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए डीके शर्मा व अशोक गुप्ता के बीच होने वाले चुनाव में अशोक गुप्ता के समर्थक के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । अशोक गुप्ता, राजीव सिंघल के नजदीकी रिश्तेदार हैं । समझा जाता है और डिस्ट्रिक्ट में चर्चा है कि राजीव सिंघल ने ही उन्हें उम्मीदवार बनाया है - अन्यथा अशोक गुप्ता की रोटरी में न तो ज्यादा रुचि रही है और न ज्यादा संलग्नता रही है । अपने क्लब के आयोजनों में ही वह वर्ष में मुश्किल से दो या तीन मौकों पर ही शामिल होते हुए देखे गए हैं । अशोक गुप्ता के नजदीकियों को ही हैरानी है कि रोटरी के आयोजनों में यदा-कदा दिखने वाले अशोक गुप्ता को आखिर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की कैसे और क्यों सूझी ? लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि अशोक गुप्ता डिस्ट्रिक्ट में लोगों को जानते/पहचानते तक नहीं हैं, और न ही लोग उन्हें जानते/पहचानते हैं - ऐसे में उन्होंने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में कूद पड़ने का फैसला भला किसके भरोसे लिया है । हालाँकि यह जल्दी ही स्पष्ट हो गया कि अशोक गुप्ता की उम्मीदवारी पूरी तरह राजीव सिंघल के भरोसे ही है । राजीव सिंघल ने अशोक गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के लिए प्रयत्न तो काफी किए हैं, लेकिन लगता है कि अपने प्रयत्न खुद उन्हें भी नाकाफी लग रहे हैं । राजीव सिंघल को भी लग रहा है कि उनकी तमाम कोशिशों के बावजूद अशोक गुप्ता की चुनावी स्थिति डीके शर्मा के मुकाबले काफी कमजोर है । आरोप है कि इसीलिए चुनाव शुरू होने से छह दिन पहले राजीव सिंघल ने अपने गवर्नर-वर्ष के पदों के जरिये वोटों को 'खरीदने' का दाँव चला है । 
राजीव सिंघल का यह कहना तो बिलकुल दुरुस्त है कि अपने गवर्नर-वर्ष की टीम के पदों का ऑफर देने का जो पत्र उन्होंने डिस्ट्रिक्ट के लोगों को भेजा है, वह कोई रोटरी-विरोधी काम नहीं है । लेकिन उक्त पत्र भेजने की जो टाइमिंग है, वह पदों के ऑफर के जरिये डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव को प्रभावित करने के आरोप को हवा देती है । मजे की बात यह है कि राजीव सिंघल ने अपने गवर्नर-वर्ष के लिए विजन अभी तय नहीं किया है; रोटरी की व्यवस्था के अनुसार, यह अभी तय हो भी नहीं सकता है; डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट के रूप में राजीव सिंघल जब ट्रेनिंग के लिए जायेंगे, तब इंटरनेशनल प्रेसीडेंट इलेक्ट उक्त विजन देंगे - जाहिर है कि उसके बाद ही तथा उसके अनुरूप ही उन्हें अपनी टीम के पदों का निर्धारण करना होगा, और उसके बाद ही यह तय कर सकना संभव व उचित होगा कि योग्यतानुसार किसे क्या पद दिया जाए । राजीव सिंघल अपने गवर्नर-वर्ष की टीम के पदाधिकारियों को चुनने की उचित प्रक्रिया को अपनाये बिना जिस तरह से पदों के लिए आवेदन माँग बैठे हैं, उससे साफ संकेत मिला है कि यह कार्रवाई उन्होंने अपने गवर्नर-वर्ष को प्रभावी बनाने के लिए नहीं, बल्कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव को प्रभावित करने के लिए - और अशोक गुप्ता के लिए वोट 'खरीदने' के लिए की है । उनकी इस कार्रवाई के दो दिन बाद ही डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस हो रही है, जिसमें इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता तथा इंटरनेशनल डायरेक्टर कमल सांघवी आ रहे हैं - तो डिस्ट्रिक्ट के कुछेक पूर्व गवर्नर्स ने इस मामले को उनके सामने उठाने तथा राजीव सिंघल की शिकायत करने की तैयारी दिखाई है । राजीव सिंघल के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि अभी तक उन्हें पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई के नजदीक समझा/पहचाना जाता था; लेकिन राजीव सिंघल अब मनोज देसाई को छोड़ कर कमल सांघवी के नजदीक आने की कोशिश कर रहे हैं - ऐसे में, उनकी चिंता है कि उनके डिस्ट्रिक्ट के कुछेक पूर्व गवर्नर्स उनकी शिकायत करेंगे, तो कमल सांघवी के यहाँ उनकी अनुकूल स्थिति कैसे बनेगी ? राजीव सिंघल के नजदीकियों को डर है कि अशोक गुप्ता की चुनावी स्थिति सुधारने के चक्कर में राजीव सिंघल रोटरी सेटअप में कहीं अपनी स्थिति न खराब कर लें ?

Thursday, February 20, 2020

रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट में शेखर मेहता के साथ कमल सांघवी जिस तरह से जुड़े रहे, और किसी तीसरे को इस समिट में तवज्जो मिलती नहीं दिखी - उससे मनोज देसाई की रोटरी में 'आगे की यात्रा' में रोड़े पड़ते देखे/पहचाने जा रहे हैं

नई दिल्ली । रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट में हर मौके पर इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता और इंटरनेशनल डायरेक्टर कमल सांघवी की जैसी छाप रही, उसे पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई की 'भावी योजना' को तगड़ी चोट पहुँचने के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । माना/समझा जा रहा है कि इस समिट का घोषित उद्देश्य चाहें जो रहा हो, लेकिन इसका अघोषित उद्देश्य भारत से अगले इंटरनेशनल प्रेसीडेंट पद के लिए कमल सांघवी को प्रमोट करना था - और शेखर मेहता व कमल सांघवी ने इस अघोषित उद्देश्य को बहुत ही प्रभावी तरीके से अंजाम दिया । इसके लिए शेखर मेहता व कमल सांघवी की जोड़ी ने दो बातों का खास ख्याल रखा - एक तो यह कि इन्होंने अपने अलावा किसी तीसरे को पूरे आयोजन में कोई तवज्जो नहीं मिलने दी; और दूसरे उन्होंने खेमेबाजी की दीवारों को तोड़ने की कोशिश की ताकि कोई भी नाराज न हो । विरोधी समझे जाने वाले खेमे के लोगों को छोटे छोटे मौकों पर जिम्मेदारियाँ देकर संदेश देने की कोशिश की गई कि यह सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहते है । प्रेसीडेंट नॉमिनी डिनर की जिम्मेदारी राजु सुब्रमणियन को सौंपे जाने के फैसले पर हर किसी को हैरानी हुई । राजु सुब्रमणियन को पूर्व प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन के नजदीक समझा/पहचाना जाता है, इसलिए उन्हें जिम्मेदारी सौंपने के फैसले को शेखर मेहता व कमल सांघवी की जोड़ी की बड़ी चाल के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है ।
शेखर मेहता व कमल सांघवी की इस चाल को मनोज देसाई की आगे की राजनीति के लिए खतरे की घंटी के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । उल्लेखनीय है कि भारत से अगले इंटरनेशनल प्रेसीडेंट पद के लिए मनोज देसाई की उम्मीदवारी की चर्चा रही है । सुशील गुप्ता जब प्रेसीडेंट नॉमिनी चुने गए थे, तभी यह चर्चा थी कि उनके बाद प्रेसीडेंट पद के लिए शेखर मेहता व मनोज देसाई के बीच मुकाबला होगा । दोनों ही सुशील गुप्ता की आँखों के तारे रहे हैं; हालाँकि सुशील गुप्ता के नजदीकियों को लगता था कि सुशील गुप्ता पहले शेखर मेहता को और फिर मनोज देसाई को प्रेसीडेंट का पद दिलवाने का प्रयास करेंगे । अप्रत्याशित रूप से सुशील गुप्ता के प्रेसीडेंट पद तक पहुँचने के रास्ते से हट जाने के बाद, शेखर मेहता 'उम्मीद से पहले' ही प्रेसीडेंट पद के नजदीक हो गए । सुशील गुप्ता के सीन से हटने के बाद उनका खेमा नेतृत्वविहीन हो गया है । अलग अलग कारणों से चूँकि कल्याण बनर्जी और राजेंद्र उर्फ़ राजा साबू की हैसियत भी 'डेकोरेटिव आईटम' जैसी हो गई है, जिससे देश की रोटरी राजनीति में नेतृत्व का वैक्यूम पैदा हो गया है । प्रेसीडेंट (नॉमिनी) होने के कारण शेखर मेहता के पास इस वैक्यूम को भरने का एक बढ़िया मौका है, और वह इस मौके का पूरा पूरा फायदा उठाते हुए दिख भी रहे हैं - लेकिन फायदा उठाने के उनके मौके में कमल सांघवी की मौजूदगी लोगों के बीच बेचैनी व हलचल भी पैदा कर रही है ।
रोटरी इंडिया सेन्टेंनियल समिट में शेखर मेहता के साथ कमल सांघवी जिस तरह से जुड़े रहे, और किसी तीसरे को इस समिट में तवज्जो मिलती नहीं दिखी - उससे लोगों के बीच कई सवाल पैदा हुए हैं । समिट में सबसे बुरी बीती भरत पांड्या और विनोद बंसल के साथ । भरत पांड्या इंटरनेशनल डायरेक्टर हैं, और विनोद बंसल समिट की तैयारी समिति के प्रेसीडेंट थे - इसके बावजूद दोनों को खास तवज्जो नहीं मिली, और दूसरे लोगों की तरह यह दोनों भी शेखर मेहता व कमल सांघवी के दिशा-निर्देशों पर ही 'काम' करते हुए देखे गए । दरअसल समिट के पूरे आयोजन में, महत्त्वपूर्ण पदों पर होने के बावजूद भरत पांड्या और विनोद बंसल की जैसी जो उपेक्षा हुई, उसे देख कर ही लोगों का ध्यान इस बात की तरफ गया कि पूरा आयोजन तो वास्तव में शेखर मेहता व कमल सांघवी की गिरफ्त में है । पूरे आयोजन का 'डिजाईन' खासी होशियारी से तैयार किया गया था, जिसमें ऐसे लोगों को तो छोटे छोटे मौकों पर जिम्मेदारियाँ दी गईं और अलग अलग कारणों से तथा रूपों में मंच पर आने का मौका दिया गया - जो शेखर मेहता व कमल सांघवी के लिए कोई खतरा और या चुनौती नहीं बनते हैं; लेकिन उनके लिए खतरा और या चुनौती बन सकने वाले बड़े नेताओं को 'किनारे' लगा दिया गया । शेखर मेहता व कमल सांघवी की इसी होशियारी में मनोज देसाई की रोटरी में 'आगे की यात्रा' में रोड़े पड़ते देखे/पहचाने जा रहे हैं । 

Monday, April 15, 2019

रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी सुशील गुप्ता के साथ बनी दूरी के कारण इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में पतली हुई हालत से उबरने के लिए विनोद बंसल ने शेखर मेहता व मनोज देसाई की मदद से अशोक गुप्ता के डिस्ट्रिक्ट के एक प्रमुख कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति 'दिखा' कर बड़ा 'कांड' किया

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट 3054 तथा डिस्ट्रिक्ट 3060 द्वारा संयुक्त रूप से अहमदाबाद में आयोजित किए गए प्रेसीडेंट इलेक्ट व सेक्रेटरी इलेक्ट के ट्रेनिंग सेमीनार में आमंत्रित वक्ताओं में विनोद बंसल की उपस्थिति ने इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी राजनीति के बनते-बिगड़ते समीकरणों में दिलचस्पी रखने वाले रोटेरियंस को चौंकाया है; और उन्हें उक्त कार्यक्रम में विनोद बंसल की मौजूदगी एक पहेली की तरह लगी है । हालाँकि कार्यक्रम जिन 'लोगों' का था, और कार्यक्रम में जो भी प्रमुख लोग शामिल थे - उनके साथ विनोद बंसल के नजदीक के संबंध रहे हैं; और विनोद बंसल उनके काम आते रहे हैं और बदले में समय-समय पर उनसे 'फायदे' भी लेते रहे हैं । इस पृष्ठभूमि में, उक्त कार्यक्रम में विनोद बंसल की उपस्थिति पर सवाल नहीं उठने चाहिए थे - लेकिन वह उठे हैं, तो इसका कारण इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव के लिए बनने वाला समीकरण है । उल्लेखनीय है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए डिस्ट्रिक्ट 3054 के पूर्व गवर्नर अशोक गुप्ता उम्मीदवार हैं, तो डिस्ट्रिक्ट 3011 के पूर्व गवर्नर विनोद बंसल भी तैयारी करते सुने/देखे जा रहे हैं । इसलिए डिस्ट्रिक्ट 3054 के कार्यक्रम में विनोद बंसल की उपस्थिति राजनीतिक रूप से मामले को हैरान करने वाला बनाती है । मजे की बात यह है कि अशोक गुप्ता और विनोद बंसल - दोनों एक ही खेमे के उम्मीदवार के रूप में देखे/पहचाने जा रहे हैं, और जिन बड़े नेताओं को अशोक गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थक के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है, विनोद बंसल भी उन्हीं नेताओं के भरोसे अपनी दाल गलाने की फिराक में बताये/सुने जा रहे हैं । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी राजनीति के संदर्भ में लोगों के बीच अभी जो परसेप्शन है, उसमें अशोक गुप्ता का पलड़ा ही भारी देखा/समझा जा रहा है; लेकिन इसके बावजूद विनोद बंसल जिस तरह से तैयारी करते हुए देखे जा रहे हैं, उससे लोगों को यह अहसास भी हो रहा है कि विनोद बंसल को कहीं से तो 'फूँक' मिल रही है, जिसके भरोसे उन्हें 'लग' रहा है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद को लेकर जोन के रोटेरियंस के बीच अभी भले ही जो परसेप्शन हो, लेकिन उनके लिए मौका बन सकता है ।
दरअसल इसी कवायद के चलते डिस्ट्रिक्ट 3054 और डिस्ट्रिक्ट 3060 के संयुक्त कार्यक्रम में विनोद बंसल की उपस्थिति ने इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले लोगों के कान खड़े किए हैं । इन खड़े कानों में उन्हें जो सुनाई दिया है, उससे परस्पर विरोधी दावे किए गए हैं । कुछेक लोगों का कहना है कि कार्यक्रम में विनोद बंसल का शामिल होना 'घर की बात' है, और इसमें 'राजनीति' नहीं देखी जानी चाहिए; लेकिन अन्य कुछेक लोगों का कहना है कि विनोद बंसल जब 'घर' में बबाल करने वाले हालात पैदा करने का काम कर रहे हैं तो फिर राजनीति तो देखी ही जाएगी । कहा/बताया और सुना जा रहा है कि उक्त कार्यक्रम का निमंत्रण पाने के लिए विनोद बंसल ने पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर शेखर मेहता और मनोज देसाई से तगड़ी सिफारिश करवाई, और उन दोनों की सिफारिश के बाद ही विनोद बंसल को उक्त कार्यक्रम का निमंत्रण मिला । यूँ तो विभिन्न डिस्ट्रिक्ट्स के कार्यक्रमों का निमंत्रण पाने के लिए विनोद बंसल द्वारा लॉबिइंग करने की बात सुनी/बताई जाती है; लेकिन उस बात में कोई बुराई न देखने वाले लोगों का भी मानना/कहना है कि विनोद बंसल को डिस्ट्रिक्ट 3054 के कार्यक्रम में शामिल होने से बचना चाहिए था, क्योंकि उससे नाहक ही एक विवाद की सी स्थिति बनी है । कुछेक लोगों को आशंका है कि हो सकता है कि विनोद बंसल ने यह विवाद की सी स्थिति बनाने/दिखाने के लिए ही अशोक गुप्ता के डिस्ट्रिक्ट - डिस्ट्रिक्ट 3054 के एक प्रमुख कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति को संभव बनाने के लिए शेखर मेहता व मनोज देसाई से दबाव डलवाया हो । इससे विनोद बंसल यह जताने/दिखाने में भी 'सफल' हुए हैं कि वह शेखर मेहता और मनोज देसाई से कभी भी कुछ भी करवा सकते हैं - उन्हें लगता है कि इससे इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए उनकी उम्मीदवारी का 'वजन' बढ़ेगा ।
विनोद बंसल को इसकी बहुत 'जरूरत' भी है । असल में पिछले दिनों घटी कई घटनाओं से लोगों के बीच यह बात स्थापित हुई है कि खेमे के सबसे बड़े नेता - इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी सुशील गुप्ता के यहाँ विनोद बंसल का 'कद' घटा है । विनोद बंसल ने हालाँकि सुशील गुप्ता के यहाँ अपनी अच्छी 'जगह' बना ली थी, लेकिन इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी बनने के बाद से उनके प्रति सुशील गुप्ता का रवैया कुछ बदला बदला सा दिख रहा है । सेन डिएगो में अभी पिछले ही दिनों संपन्न हुई इंटरनेशनल असेम्बली में सुशील गुप्ता ने विनोद बंसल की बजाये रंजन ढींगरा को अपने साथ ले जाने के मामले में जो तवज्जो दी, उसे विनोद बंसल के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा/पहचाना । अभी हाल ही में, सुशील गुप्ता की सरपरस्ती वाले रोटरी इंडिया वाटर कंजर्वेशन ट्रस्ट द्वारा दिल्ली में आयोजित किए गए 'वर्ल्ड वाटर डे' के कार्यक्रम में रंजन ढींगरा और अशोक गुप्ता की मौजूदगी तो लोगों को नजर आई, लेकिन विनोद बंसल उक्त कार्यक्रम में नहीं दिखे । विनोद बंसल के अपने डिस्ट्रिक्ट में लोगों का मानना/कहना है कि इस वर्ष हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में विनोद बंसल द्वारा निभाई गई भूमिका ने सुशील गुप्ता को नाराज करने का काम किया है, और इसीलिए विनोद बंसल अब उनकी गुडबुक में नहीं रह गए हैं । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में विनोद बंसल ने उन निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि चौधरी के उम्मीदवार अशोक कंतूर का समर्थन किया, जिन्होंने पिछले रोटरी वर्ष के अपने गवर्नर-काल में सुशील गुप्ता को तरह तरह से अपमानित किया और नीचा दिखाने वाले काम किए । विनोद बंसल के लिए बदकिस्मती की बात यह रही कि उनके समर्थन के बावजूद अशोक कंतूर चुनाव भी हार गए । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के चक्कर में विनोद बंसल की सुशील गुप्ता के साथ जो दूरी बनी, उससे इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव के मामले में उनकी हालत खासी पतली कर दी । इस स्थिति से उबरने के लिए विनोद बंसल को कोई बड़ा 'कांड' करने की जरूरत थी - अशोक गुप्ता के डिस्ट्रिक्ट के एक प्रमुख कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति 'दिखा' कर जो उन्होंने कर दिया है । इसका उन्हें कोई राजनीतिक फायदा मिलेगा या नहीं, यह बात लेकिन आगे पता चलेगी ।

Friday, March 22, 2019

रोटरी इंटरनेशनल के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई ने नेपाल के डिस्ट्रिक्ट 3292 की डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में डब्ल्यूजी मील के लिए किए जा रहे आभा झा चौधरी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उनकी निरंतर सक्रियता और प्रभावी नतीजे हासिल करने की उनकी योग्यता को रेखांकित किया

नई दिल्ली । रोटरी फाउंडेशन पोलियो फंड के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए डब्ल्यूजी मील कार्यक्रम की भारत और नेपाल की कंट्री को-ऑर्डिनेटर आभा झा चौधरी ने नेपाल के डिस्ट्रिक्ट - डिस्ट्रिक्ट 3292 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट किरनलाल श्रेष्ठा की पत्नी गीता श्रेष्ठा को इस कदर प्रभावित किया कि उन्होंने अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट की फर्स्ट लेडी के रूप में डब्ल्यूजी मील के लिए काम करने को अपनी पहली प्राथमिकता में शामिल करने की घोषणा की है । डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस के विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान गीता श्रेष्ठा द्वारा की गई इस घोषणा का डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई ने खासी प्रशंसा की । गीता श्रेष्ठा की घोषणा की प्रशंसा करते हुए मनोज देसाई ने डब्ल्यूजी मील के लिए किए जा रहे आभा झा चौधरी के प्रयासों का उल्लेख किया और रेखांकित किया कि आभा झा चौधरी की निरंतर सक्रियता और प्रभावी नतीजे हासिल करने की उनकी योग्यता दूसरे लोगों को भी डब्ल्यूजी मील कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रेरित करती है । गीता श्रेष्ठा ने मनोज देसाई की इस बात का समर्थन करते हुए ही बताया कि डब्ल्यूजी मील कार्यक्रम के बारे में उन्हें आभा झा चौधरी से ही विस्तार से जानने का मौका मिला और आभा झा चौधरी के काम करने के तरीकों तथा उनके अनुभवों ने ही 'मुझे डब्ल्यूजी मील कार्यक्रम पर' फोकस करने तथा इसके लिए खास तौर से कुछ करने के लिए प्रेरित किया है । उल्लेखनीय है कि नेपाल के बुटवाल में आयोजित हुई डिस्ट्रिक्ट 3292 की डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में बाहर के लोगों में मनोज देसाई के साथ आभा झा चौधरी को मुख्य अतिथि तथा मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था । 
नेपाल के डिस्ट्रिक्ट - डिस्ट्रिक्ट 3292 की डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में कंट्री को-ऑर्डिनेटर के रूप में निभाई गई आभा झा चौधरी की भूमिका तथा उनकी उपलब्धियों ने डब्ल्यूजी मील के पदाधिकारियों को खासा प्रभावित किया; और डब्ल्यूजी मील की मुख्य कर्ताधर्ता सुजेन रे ने कई मौकों पर अलग अलग तरीकों से आभा झा चौधरी की भूमिका व उपलब्धियों को प्रशंसाभाव से विशेष रूप से रेखांकित किया । वास्तव में, नेपाल के डिस्ट्रिक्ट की डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में आभा झा चौधरी की उपलब्धियाँ डब्ल्यूजी मील कार्यक्रम के लिए महत्त्वपूर्ण इसलिए रहीं - क्योंकि वहाँ उन्होंने रोटेरियंस को कार्यक्रम के लिए डोनेशन देने के लिए तो प्रेरित किया ही, जिसके चलते अच्छी-खासी रकम कार्यक्रम को मिली; साथ ही एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में कार्यक्रम से जुड़ने के लिए भी रोटेरियंस को उत्साहित और प्रेरित किया । इसी संदर्भ में, अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने जा रहे किरनलाल श्रेष्ठा की पत्नी गीता श्रेष्ठा का डिस्ट्रिक्ट की फर्स्ट लेडी के रूप में डब्ल्यूजी मील के लिए काम करने को अपनी पहली प्राथमिकता में शामिल करने की घोषणा करने का खास महत्त्व है - और गीता श्रेष्ठा की यह घोषणा आभा झा चौधरी की एक बड़ी उपलब्धि है । मजे की बात यह रही कि बुटवाल में आयोजित हुई डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में आभा झा चौधरी की सक्रियता तथा उनकी भूमिका को मिलने वाली प्रशंसा को देख कर तथा उससे उत्साहित व प्रेरित होकर बुटवाल के मिथिला समाज संगठन ने आभा झा चौधरी के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित कर लिया ।  
इससे भी बड़ी बात यह हुई कि नेपाल के डिस्ट्रिक्ट की डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई की मौजूदगी में आभा झा चौधरी की सक्रियता व उपलब्धियों को मिली प्रशंसा की ख्याति तमिलनाडु के विझुपुरम में मल्टी-डिस्ट्रिक्ट्स के पब्लिक इमेज सेमीनार के आयोजकों तक पहुँची, तो उन्होंने आभा झा चौधरी को अपने सेमीनार में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित कर लिया । डिस्ट्रिक्ट 2980, 2981, 3000 व 3231 द्वारा मिल कर किए गए उक्त सेमीनार में डब्ल्यूजी मील के प्रतिनिधि के रूप में आभा झा चौधरी की उपस्थिति तथा उनके द्वारा निभाई गई उनकी भूमिका ने डब्ल्यूजी मील कार्यक्रम की पहचान को व्यापक बनाने तथा विस्तार देने का काम किया ।इससे पहले रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3170 के एक महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम में तथा रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 के रोटरी क्लब मिथिला के एक बड़े स्थानीय आयोजन में आभा झा चौधरी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जा चुका है । आभा झा चौधरी की जो सक्रियता व उपलब्धियाँ रहीं हैं, वह तो उल्लेखनीय हैं ही; रोटरी के विभिन्न डिस्ट्रिक्ट्स में उन्हें आमंत्रित किए जाने और सम्मान दिए जाने का भी अपना एक अलग महत्व है । उल्लेखनीय है कि गवर्नर्स के अलावा किसी रोटेरियन को - किसी पूर्व क्लब प्रेसीडेंट को रोटरी जगत में और दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स में ऐसी पहचान व सम्मान मिला हो, जैसा सम्मान आभा झा चौधरी को मिला है - ऐसा देखने/सुनने में नहीं आया है । रोटरी के बाहर भी विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में आभा झा चौधरी ने अपनी सक्रियता से न सिर्फ अपनी पहचान बनाई है, बल्कि विभिन्न रूपों में सम्मानित भी हुई हैं । कुछ ही समय पहले एक भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह व अन्य प्रमुख लोगों के हाथों वह सम्मानित हुई हैं, जिससे उनकी सामाजिक पहचान का दायरा न सिर्फ बढ़ा हुआ दिखा है - बल्कि उसमें प्रतिष्ठित होने का सुबूत भी लोगों को देखने को मिला है । 

Monday, November 5, 2018

रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी के रूप में जयपुर में हुए स्वागत समारोह की व्यवस्था और भव्यता की सुशील गुप्ता द्वारा की गई प्रशंसा को इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी लड़ाई में अशोक गुप्ता की दावेदारी को मजबूत करने/बनाने के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है

नई दिल्ली । दिल्ली, जयपुर और कोलकाता में हुए स्वागत समारोहों में जयपुर के आयोजन की भूरि भूरि प्रशंसा करके इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी सुशील गुप्ता ने रोटरी की राजनीति में खासी गर्मी पैदा कर दी है । जयपुर के आयोजन की उनकी तारीफ के पीछे रोटरी की चुनावी राजनीति में अशोक गुप्ता को उनकी तरफ से हरी झंडी मिलने के संकेत के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । रोटरी जोन 4 में दो वर्ष बाद होने वाले इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव के संदर्भ में सुशील गुप्ता की इस हरी झंडी के खास अर्थ निकाले/बताए जा रहे हैं । मजे की बात यह है कि खास अर्थ निकाले जाने का ज्यादा काम सुशील गुप्ता के अपने डिस्ट्रिक्ट - डिस्ट्रिक्ट 3011 में हो रहा है, जहाँ इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए तीन उम्मीदवार तैयारी करते हुए सुने जा रहे हैं । जयपुर के आयोजन की सुशील गुप्ता द्वारा की गई प्रशंसा ने दिल्ली में हुए स्वागत समारोह के जरिये बढ़त लेने की विनोद बंसल की कोशिश को तो तगड़ा झटका दिया है । दरअसल सुशील गुप्ता के मुँह से तारीफ सुनने के बाद और लोगों के मुँह भी खुल गए और फिर सभी कहने/बताने लगे कि दिल्ली के आयोजन के मुकाबले जयपुर का आयोजन कहीं ज्यादा भव्य, व्यवस्थित और प्रभावी रहा । जयपुर के आयोजन की तारीफ और उसकी तुलना में दिल्ली के आयोजन को कमजोर व अव्यवस्थित बताने की कुछेक लोगों की कोशिशों के पीछे विनोद बंसल को 'कमजोर' करने/'दिखाने' का उद्देश्य भी देखा/पहचाना गया है । जयपुर में हुए स्वागत समारोह की व्यवस्था की सुशील गुप्ता द्वारा की गई प्रशंसा ने दिल्ली के आयोजन के जरिये चुनावी राजनीति में पैठ बनाने की विनोद बंसल की कोशिश पर विराम लगाने में जुटे लोगों को अच्छा मसाला दे दिया है ।
सुशील गुप्ता के दिल्ली में हुए स्वागत समारोह की बड़ी खास व प्रभावी बात यह रही थी कि उक्त आयोजन में देश की रोटरी राजनीति का प्रत्येक बड़ा नेता उपस्थित हुआ था । दिल्ली के उक्त आयोजन को 'अपना' आयोजन 'दिखाते'/जताते हुए विनोद बंसल ने इस तथ्य को इस रूप में व्याख्यायित किया कि रोटरी का देश का हर बड़ा नेता 'उनके' साथ है । 'पक्षपातपूर्ण' आरोपों के चलते आयोजन में हुई बदइंतजामी तथा अव्यवस्था के कारण विनोद बंसल को आयोजन के दौरान भी तथा उसके बाद भी जो आलोचना सुननी पड़ी, उससे आयोजन की इस 'उपलब्धि' का लेकिन वह कोई लाभ नहीं उठा सके हैं । विनोद बंसल की खुशकिस्मती रही कि जयपुर में हुए सुशील गुप्ता के स्वागत समारोह में रोटरी के बड़े नेताओं में एक अकेले पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई ही पहुँचे, और इस कारण से बड़े नेताओं की उपस्थिति के संदर्भ में उनके दिल्ली के आयोजन का पलड़ा ही भारी रहा - लेकिन जयपुर के आयोजन की व्यवस्था और भव्यता ने विनोद बंसल को उक्त उपलब्धि का लाभ नहीं लेने/मिलने दिया । दरअसल दिल्ली के आयोजन में जिम्मेदारियों को लेने/देने तथा बड़े नेताओं को तवज्जो देने के जोश में संतुलन गड़बड़ा देने के चलते विनोद बंसल को अपने डिस्ट्रिक्ट के साथ-साथ बड़े नेताओं की भी आलोचना सुननी पड़ी । 'अपने' डायरेक्टर पीटी प्रभाकर के प्रति दिखाए अतिरिक्त लगाव के चलते विनोद बंसल को आयोजन के दौरान ही कई एक बड़े नेताओं से उलाहने सुनने को मिले । आयोजन में विभिन्न मौकों पर आगे रहने वाले लोगों के चयन को लेकर विनोद बंसल को अपने डिस्ट्रिक्ट के खास लोगों की जो नाराजगी झेलना पड़ी, वह अलग बात है । इससे विनोद बंसल की 'लीडरशिप' क्षमताओं पर सवाल उठे । 
जयपुर आयोजन में लोगों को ऐसा कोई तमाशा देखने/सुनने को नहीं मिला - और इस बात को अशोक गुप्ता की 'लीडरशिप' की खूबी के रूप में देखा/पहचाना गया । दरअसल जयपुर में सुशील गुप्ता के स्वागत कार्यक्रम की जो परिकल्पना रची गई - उसमें सांस्कृतिक नजारा भी था, वैभव के परंपरागत तरीके भी थे और इस सबसे बड़ी बात अनुशासन का पालन भी था; जिससे आयोजन को एक अलग तरह की गरिमा मिली और जिसने हर किसी को प्रभावित किया । जो लोग जयपुर नहीं भी पहुँच सके, उन्हें आयोजन की तस्वीरों ने आयोजन की भव्यता व अनुशासन से परिचित तो करवाया ही - उसके प्रभाव की गिरफ्त में भी लिया । जयपुर के आयोजन को - और या आयोजन की तस्वीरों को - देखकर हर किसी को दिल्ली के आयोजन की कमियाँ और ज्यादा महसूस हुईं और कईयों के तो जैसे 'घाव' ताजा हो गए । स्वागत समारोह की व्यवस्था और भव्यता देख कर खुद सुशील गुप्ता जिस तरह से भाव-विह्वल हो गए और स्वागत आयोजन की जोरदार शब्दों में प्रशंसा कर बैठे, उससे जयपुर आयोजन की राजनीतिक महत्ता व राजनीतिक प्रभाव खासा व्यापक हो गया और इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी लड़ाई में अशोक गुप्ता की दावेदारी को मजबूत करने/बनाने का काम कर गया है । 

Thursday, August 30, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में एक भी दिन गवर्नर रहे बिना दीपक बाबु को पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का तमगा मिलने में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी सुशील गुप्ता की मिलीभगत की चर्चाओं ने मामले को गंभीर रूप दिया

मुरादाबाद । दीपक बाबु को पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का तमगा मिलने की खबर ने डिस्ट्रिक्ट 3100 के लोगों को ही नहीं, बल्कि उन सभी रोटेरियंस को चौंकाया और हैरान किया है, जो रोटरी इंटरनेशनल के पदाधिकारियों को सम्मान की नजर से देखते हैं और उनमें भरोसा करते हैं - इस मामले में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी सुशील गुप्ता का नाम आने से मामला दिलचस्प और हो गया है । जिसने भी इस बात को सुना है, उसका यही मानना और कहना है कि रोटरी इंटरनेशनल भी एक अंधेर नगरी हो गया है, जिसे चौपट राजा चला रहे हैं । उल्लेखनीय है कि दीपक बाबु वर्ष 2016-17 के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुने गए थे । लेकिन उनका गवर्नर-वर्ष शुरू होने के करीब तीन महीने पहले ही डिस्ट्रिक्ट को नॉन-डिस्ट्रिक्ट स्टेटस में डाल दिया गया था । अप्रैल 2016 के शुरू में ही मजे की बात यह हुई थी कि डिस्ट्रिक्ट को नॉन-डिस्ट्रिक्ट स्टेटस में डालने की औपचारिक घोषणा होने से पहले ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट के रूप में दीपक बाबु को डिस्ट्रिक्ट असेम्बली करने से रोक दिया गया था । इस तरह दीपक बाबु को रोटरी के 113 वर्षों के इतिहास में पहले और अकेले ऐसे 'गवर्नर' होने की पहचान मिली, जिन्हें गवर्नर का पदभार संभालने से पहले ही गवर्नर पद के कामकाज करने से रोक दिया गया था । यानि दीपक बाबु ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में एक भी दिन काम नहीं किया है - इसके बावजूद उन्हें पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का तमगा मिल गया है । रोटरी इंटरनेशनल के नियम के अनुसार, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का तमगा पाने के लिए जरूरी है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में वर्ष के 365 दिन रहा गया हो - पर दीपक बाबु तो एक दिन भी गवर्नर नहीं रहे । डिस्ट्रिक्ट में लोगों का कहना/पूछना है कि दीपक बाबु को यदि एक भी दिन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रहे बिना पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का तमगा मिल सकता है, तो वर्ष 2017-18 के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुने गए डीके शर्मा को भी पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का तमगा मिलना चाहिए ।
दिलचस्प बात यह रही कि दीपक बाबु को पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का तमगा देने की बात 'चुपचाप' तरीके से तय कर ली गई, और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक जैन तक को इस बारे में अधिकृत जानकारी नहीं दी गई - खुद दीपक बाबु ने भी इस बारे में किसी को जानकारी नहीं दी । इससे लगता है कि खुद दीपक बाबु को और इस फैसले से जुड़े बड़े पदाधिकारियों को भी यह 'अपराधबोध' तो है कि इस फैसले से उनका मजाक ही बनेगा । यह पोल तब खुली, जब 25 अगस्त को हुए इंटरसिटी सेमीनार से पहले होने वाली कॉलिज ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक जैन को सिफारिश मिली कि कॉलिज और गवर्नर्स की मीटिंग में उन्हें दीपक बाबु को भी आमंत्रित करना चाहिए, क्योंकि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने नाते दीपक बाबु भी कॉलिज ऑफ गवर्नर्स के सदस्य हैं । दीपक जैन का माथा ठनका और उन्होंने दिल्ली स्थित रोटरी इंटरनेशनल के साऊथ एशिया ऑफिस से इस बारे में जानकारी माँगी, जहाँ से उन्हें बताया गया कि हाँ, दीपक बाबु को पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में मान्यता दी गई है । इंटरसिटी सेमीनार में आए इंटरनेशनल डायरेक्टर भरत पांड्या और नेशनल पोलियो प्लस कमेटी के चेयरमैन दीपक कपूर भी कॉलिज ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में शामिल हुए और उन्हें भी दीपक बाबु को पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का तमगा मिलने पर हैरानी हुई । डिस्ट्रिक्ट के 'असली' पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के साथ अनौपचारिक बातचीत में इस मामले पर बात करते हुए भरत पांड्या और दीपक कपूर ने हालाँकि औपचारिक तौर पर तो ज्यादा कुछ नहीं कहा, लेकिन बातों ही बातों में इशारों-इशारों में उन्होंने इसके लिए नॉन-डिस्ट्रिक्ट स्टेटस के दौरान डिस्ट्रिक्ट के प्रभारी रहे संजय खन्ना और इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी सुशील गुप्ता को जिम्मेदार ठहराने वाले संकेत जरूर दिए ।
एक भी दिन गवर्नर रहे बिना दीपक बाबु को पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का तमगा मिलने जैसा चमत्कार घटने के पीछे के खेल को समझने की कोशिश करने वाले लोगों को लगता है कि इसके लिए भूमिका बनाने का काम पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई के कहने पर संजय खन्ना ने किया, जिसे अंजाम तक पहुँचाने की जिम्मेदारी सुशील गुप्ता ने निभाई । दीपक बाबु की मनोज देसाई से खास निकटता की बात सभी की जानकारी में है; मनोज देसाई के इंटरनेशनल डायरेक्टर रहते हुए ही डिस्ट्रिक्ट 3011 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय खन्ना को नॉन-डिस्ट्रिक्ट स्टेटस में गए डिस्ट्रिक्ट 3100 के प्रभारी की भूमिका मिली थी और उनके द्वारा खासी कुशलता के साथ निभाई गई उक्त भूमिका के चलते रोटरी इंटरनेशनल के पदाधिकारियों के बीच उनकी अच्छी पहचान और साख बनी - लोगों को लगता है कि जिसका फायदा उठाते हुए मनोज देसाई ने पहले तो संजय खन्ना के जरिये 'माहौल' तैयार किया और फिर इंटरनेशनल प्रेसीडेंट इलेक्ट के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चुनाव करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी में सदस्य होने का फायदा उठाते हुए सुशील गुप्ता के संपर्कों के जरिये दीपक बाबु के मामले में फैसले पर मोहर लगवाई । इस 'थ्योरी' को दरअसल इसलिए भी विश्वसनीय माना जा रहा है क्योंकि इस फैसले को पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । उन्हीं के प्रेसीडेंट-वर्ष में डिस्ट्रिक्ट 3100 नॉन-डिस्ट्रिक्ट स्टेटस में गया था । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनील गुप्ता का इस्तीफा करा लेने के बावजूद रोटरी इंटरनेशनल ने डिस्ट्रिक्ट को नॉन-डिस्ट्रिक्ट स्टेटस में नहीं डाला था; बल्कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट के रूप में दीपक बाबु की हरकतों और कारस्तानियों को देखने के बाद डिस्ट्रिक्ट को नॉन-डिस्ट्रिक्ट स्टेटस में डाला था । दरअसल सुनील गुप्ता के इस्तीफे के बाद दीपक बाबु ने खुद को गवर्नर समझ लिया था, और वह तरह-तरह की मनमानी करने पर उतर आये थे । दीपक बाबु के मनमाने, स्वार्थपूर्ण तथा अहंकारभरे रवैये को देख कर ही केआर रवींद्रन ने डिस्ट्रिक्ट 3100 को नॉन-डिस्ट्रिक्ट स्टेटस में डाल दिया । लोगों का कहना है कि जो दीपक बाबु डिस्ट्रिक्ट की बदनामी और बर्बादी के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार रहे, उन्हीं दीपक बाबु को नियमों की अनदेखी करते हुए पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का तमगा देना दुर्भाग्यपूर्ण तो है ही, डिस्ट्रिक्ट के लिए भी बदकिस्मती की बात है ।

Friday, August 3, 2018

रोटरी इंटरनेशनल के पूर्व प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन के सक्रिय विरोध के बावजूद प्रेसीडेंट नॉमिनी पद के लिए सुशील गुप्ता की उम्मीदवारी को लेकर भारतीय रोटेरियंस की उम्मीदें उबाल पर तो हैं, लेकिन यूरोपीय देशों के प्रतिनिधियों की एकता सुशील गुप्ता के लिए मुसीबत भी बन सकती है

नई दिल्ली । रोटरी इंटरनेशनल के प्रेसीडेंट नॉमिनी पद के चुनाव की 'पहली परीक्षा' में सुशील गुप्ता के 'पास' हो जाने से सुशील गुप्ता के समर्थकों व शुभचिंतकों के बीच 'फाइनल परीक्षा' में भी उनके पास हो जाने की उम्मीद पैदा हुई है - और उन्हें लग रहा है कि सुशील गुप्ता के रूप में भारत को रोटरी इंटरनेशनल के प्रेसीडेंट पद पर प्रतिनिधित्व करने का एक बार फिर मौका मिलेगा । हालाँकि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट पद के चुनाव से जुड़ी राजनीति को जानने/समझने वाले वरिष्ठ रोटेरियन अभी साफ-साफ कोई राय व्यक्त करने से बच रहे हैं । उनका कहना है कि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट का चुनाव इतनी अनिश्चितताओं से भरा हुआ है कि ऐन मौके तक कुछ भी कह पाना मुश्किल होता है । लेकिन फिर भी सुशील गुप्ता के प्रेसीडेंट बनने को लेकर भारतीय रोटेरियंस के बीच उम्मीदें उबाल पर हैं, और जानकारों का कहना/बताना है कि सुशील गुप्ता जीत के बहुत करीब हैं - और इतना करीब आ कर भी वह यदि वाइस प्रेसीडेंट नहीं चुने गए, तो फिर उनके लिए इंटरनेशनल प्रेसीडेंट की कुर्सी की तरफ जाने वाला रास्ता हमेशा के लिए बंद हो जायेगा । एक तरह से कह सकते हैं कि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट बनने को लेकर सुशील गुप्ता के सामने यह आखिरी मौका है । सुशील गुप्ता के कुछेक शुभचिंतकों को पूर्व प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन से खतरा नजर आ रहा है; उन्हें लग रहा है कि केआर रवींद्रन नहीं चाहते हैं कि भारत से कोई प्रेसीडेंट बने, ताकि भारतीय रोटेरियंस पर उनका राज यथावत चलता रहे; सुशील गुप्ता यदि प्रेसीडेंट बने तो केआर रवींद्रन को भारत से अपना बोरिया-बिस्तर समेटना पड़ेगा - इसलिए केआर रवींद्रन अपनी तरफ से सुशील गुप्ता का काम बिगाड़ने का हर संभव प्रयास करेंगे ही ।
रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी पद के लिए सुशील गुप्ता का दावा यदि मजबूत समझा जा रहा है तो इसका कारण है कि अधिकृत उम्मीदवार का चुनाव करने वाली 17 सदस्यीय नोमीनेटिंग कमेटी में दो सदस्य तो भारत से ही हैं : जोन 4 से मनोज देसाई और जोन 6 से शेखर मेहता । इन दोनों को ही सुशील गुप्ता के समर्थकों के रूप में देखा पहचाना जाता है । जोन 22 (घाना) के सैम ओकुदजेतो तथा जोन 28 (अमेरिका) के माइकेल मक्कलॉग को सुशील गुप्ता के पक्के समर्थक के रूप में देखा/पहचाना जाता है । जोन 26 (अमेरिका) के ब्रद्फोर्ड हॉवर्ड तथा जोन 30 (अमेरिका) की केरेन वेंटज इंटरनेशनल डायरेक्टर के रूप में उन्हीं वर्षों में इंटरनेशनल बोर्ड के सदस्य रहे हैं, जिन वर्षों में मनोज देसाई इंटरनेशनल डायरेक्टर थे; और उन्हीं वर्षों में सुशील गुप्ता रोटरी फाउंडेशन में ट्रस्टी रहे थे । ब्रद्फोर्ड हॉवर्ड तथा केरेन वेंटज इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने पर दिल्ली आ चुके हैं, और सुशील गुप्ता यहाँ उनका स्वागत करवा चुके हैं । इस पृष्ठभूमि के चलते इन दोनों का समर्थन भी सुशील गुप्ता को मिल सकता है । जोन 10 (फिलीपींस) के गुइलर तुमंगन, जोन 12 (कोरिया) के जुइन पार्क, जोन 32 (अमेरिका) के माइकेल मक्गवर्न को भी सुशील गुप्ता के अच्छे परिचितों व नजदीकियों के रूप में देखा/पहचाना जाता है । सुशील गुप्ता की एक बड़ी उपलब्धि जोन 20 (नीदरलैंड) के पॉल क्निफ का समर्थन भी है, जिनके बारे में हालाँकि यह भी माना/कहा जाता है कि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी के चुनाव में यूरोपीय देशों की एकता का खेल चला तो पॉल क्निफ यूरोपीय उम्मीदवार के समर्थन में भी जा सकते हैं ।
सुशील गुप्ता को नोमीनेटिंग कमेटी में दरअसल यूरोपीय देशों के प्रतिनिधियों से ही खतरा है, 17 सदस्यीय नोमीनेटिंग कमेटी में वैसे तो जिनकी संख्या कुल चार ही है - लेकिन जो आपसी एकता बना कर दूसरे देशों के प्रतिनिधियों का भी समर्थन जुटा लेने का प्रयास करते हैं । यूरोपीय देशों को चूँकि लंबे समय से इंटरनेशनल प्रेसीडेंट पद पर प्रतिनिधित्व देने का अवसर नहीं मिला है, इसलिए इस बार वह भी जोरशोर से अपने दावे को जता रहे हैं । सुशील गुप्ता के लिए झटके और चुनौती की बात यह है कि गैर एशियाई व गैर अमेरिकी देशों के बीच तो यूरोपीय दावे के प्रति समर्थन है ही, एशियाई व अमेरिकी जोन में भी उनके प्रति समर्थन का भाव है । नोमीनेटिंग कमेटी की कार्यप्रणाली से परिचित लोगों का कहना है कि नोमीनेटिंग कमेटी का फैसला इससे भी प्रभावित होगा कि नोमीनेटिंग कमेटी में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले मनोज देसाई तथा शेखर मेहता प्रेसीडेंट नॉमिनी पद के अधिकृत उम्मीदवार के लिए सुशील गुप्ता की वकालत कितने जोरदार तथा कन्विंसिंग तरीके से करते हैं । दरअसल नोमीनेटिंग कमेटी के सदस्य प्रेसीडेंट नॉमिनी चुनने की प्रक्रिया में प्रेसीडेंट नॉमिनी पद के उम्मीदवारों की बजाये अपने अपने 'भविष्य' को लेकर ज्यादा सजग रहते हैं, और यह 'मैसेज' नहीं छोड़ना चाहते हैं कि वह किसी के खिलाफ हैं; दरअसल उन्हें डर होता है कि उन्होंने जोरशोर से किसी की खिलाफत की - और उनकी खिलाफत के बावजूद वह यदि जीत गया तो उनका तो कैरियर चौपट कर देगा । यह डर मनोज देसाई व शेखर मेहता द्वारा सुशील गुप्ता की वकालत के तेवर को कमजोर कर सकता है, और उनकी यह कमजोरी सुशील गुप्ता के लिए घातक हो सकती है ।
नोमीनेटिंग कमेटी प्रेसीडेंट नॉमिनी पद के लिए छह उम्मीदवारों का चयन पहले ही कर चुकी है; इन छह में से अधिकृत उम्मीदवार का चयन करने का काम 6 अगस्त को होगा । भारत में रोटरी की राजनीति के संदर्भ में देखें, तो 6 अगस्त को फैसला सिर्फ सुशील गुप्ता के भविष्य का ही नहीं होगा - बल्कि देश में उनके भरोसे रोटरी की व्यवस्था व राजनीति में 'छलाँग' लगाने की ताक में बैठे रोटेरियंस का भी होगा । इस हिसाब से 6 अगस्त का दिन सुशील गुप्ता के समर्थकों/नजदीकियों और विरोधियों में से किसी एक के लिए राजनीतिक 'क़त्ल' का दिन भी होगा ।

Tuesday, November 21, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 में टीके रूबी के साथ-साथ राजा साबू पर भी मदद न करने का आरोप लगा कर मधुकर मल्होत्रा क्या सचमुच राजा साबू का 'आदमी' होने का टैग हटा कर रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर का पद हथियाने का जुगाड़ बैठा रहे हैं ?

चंडीगढ़ । रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर पद के लिए लॉबिइंग शुरू करके मधुकर मल्होत्रा दोहरी मुसीबत में फँस गए हैं । उन्हें यह देख/जान कर तगड़ा झटका लगा है कि उक्त पद पर उनकी नियुक्ति रुकवाने के लिए उनके डिस्ट्रिक्ट के गवर्नर टीके रूबी तो अपने तरीके से प्रयास कर ही रहे हैं, उनके समर्थक समझे जाने वाले राजेंद्र उर्फ़ राजा साबू ने भी उनकी नियुक्ति को लेकर कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है । राजा साबू के रवैये को लेकर मधुकर मल्होत्रा को ही नहीं, डिस्ट्रिक्ट के बाहर के नेताओं को भी झटका लगा है । मधुकर मल्होत्रा न सिर्फ राजा साबू के ही क्लब के सदस्य हैं, बल्कि राजा साबू के बड़े खास भी हैं । मधुकर मल्होत्रा उनका बड़ा ध्यान भी रखते हैं । अभी हाल ही में अपने नाम पर ली गई मंगोलिया मेडीकल मिशन की ग्रांट को ठिकाने लगाने के लिए मधुकर मल्होत्रा ने मंगोलिया की जो यात्रा की थी, उसमें वह राजा साबू को भी वॉलिंटियर के रूप में ले गए थे । राजा साबू ने वहाँ बहुत आनंद लिया था और आनंद लेते मौकों की तस्वीरें भी खिंचवाई थीं । राजा साबू को आनंद लेते देख मधुकर मल्होत्रा को भी अच्छा लगा था, और उन्होंने उम्मीद की थी कि इसके बदले में राजा साबू भी मौका पड़ने पर उनके लिए कुछ करेंगे । लेकिन कमल सांघवी के इस्तीफा देने के बाद खाली हुए रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर पद पर नियुक्ति के मामले का अब जब मौका आया है, तब राजा साबू उनके लिए कुछ करते हुए नहीं दिख रहे हैं । मजे की बात यह है कि मधुकर मल्होत्रा उक्त पद मिलने या न मिलने को लेकर ज्यादा परेशान नहीं हैं, वह इस बात से ज्यादा परेशान हैं कि रोटरी में सभी को यह 'दिख' रहा है कि उक्त पद उन्हें दिलवाने के लिए राजा साबू कोई प्रयत्न नहीं कर रहे हैं । रोटरी नेताओं और रोटेरियंस के बीच राजा साबू का आदमी होने की पहचान रखने वाले मधुकर मल्होत्रा के लिए यह बात ज्यादा झटके वाली है ।
मधुकर मल्होत्रा को इससे भी बड़ा झटका डिस्ट्रिक्ट गवर्नर टीके रूबी के रवैये से लगा है । यूँ तो पिछले दो-ढाई वर्षों से टीके रूबी के साथ उनका छत्तीस का रिश्ता चल रहा था, लेकिन हाल ही के दिनों में उन्होंने महसूस किया कि जैसे टीके रूबी दबाव में आ रहे हैं । दरअसल राजा साबू और उनके गिरोह के लोगों को टीके रूबी के साथ सीधी लड़ाई में जो हार/मात मिली, उससे सबक लेकर उन्होंने अपनी रणनीति बदली है - जिसके तहत तरह तरह के जाल बिछा कर उन्होंने टीके रूबी की घेराबंदी की है । इस घेराबंदी का टीके रूबी पर उन्हें असर पड़ता हुआ भी 'दिखा' है । राजा साबू एंड कंपनी ने टीके रूबी के प्रति दोहरा रवैया अपनाया है - एक तरफ तो रोटरी इंटरनेशनल में तथा रोटरी के बड़े नेताओं के बीच विभिन्न मामलों को लेकर उनकी शिकायत करके उनपर दबाव बनाने का प्रयास किया है, और दूसरी तरफ उनके साथ संबंध सुधारने की कोशिशें भी की हैं । संबंध सुधारने की कोशिशें हालाँकि पर्दे के पीछे ही चली हैं, लेकिन पर्दे के थोड़ा-बहुत हिलने/डुलने से उन कोशिशों की झलक बाहर भी लोगों को देखने को मिली है । टीके रूबी के रवैये में भी दोनों तरफ के लोगों को 'झुकने' वाला दृश्य नजर आया है । साथ ही लेकिन लोगों को यह भी 'देखने' को मिला है कि बात बनते बनते बिगड़ भी जा रही है - टीके रूबी और राजा साबू व उनके गिरोह के लोग पास आते हुए दिखते भी हैं, लेकिन वह फिर छिटक कर दूर हो जाते हैं । राजा साबू गिरोह के लोगों को ही लगता है और उनका कहना है कि टीके रूबी तो झगड़े को खत्म करना चाहते हैं, लेकिन उनके नजदीकी उन्हें भड़का देते हैं और फिर वह भड़क कर पीछे हट जाते हैं । टीके रूबी के साथ चल रही इस धूप-छाँव के बावजूद मधुकर मल्होत्रा को उम्मीद थी कि रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर पद के लिए की जा रही उनकी कोशिशों में टीके रूबी बाधा खड़ी नहीं करेंगे । लेकिन मधुकर मल्होत्रा को यह जान/देख कर तगड़ा झटका लगा है कि उक्त पद की दौड़ में उनके सामने रूकावटें खड़ी करने के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में टीके रूबी ने पहले से ही व्यवस्था कर या करवा दी थी ।
रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर पद के लिए मची पेलमपेल से परिचित लोगों का कहना हालाँकि यह भी है कि उक्त पद के लिए मधुकर मल्होत्रा होड़ में कहीं थे ही नहीं, और वह अपनी खीझ और अपना फ्रस्ट्रेशन निकालने के लिए नाहक ही राजा साबू और टीके रूबी को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं । असल में, उक्त पद के लिए आवेदन माँगने की कार्रवाई के सामने आने के बाद मधुकर मल्होत्रा को उम्मीद बँधी थी कि राजा साबू यदि दिलचस्पी लेंगे तो उक्त पद पर उनकी ताजपोशी हो सकती है । लेकिन देबाशीष मित्रा तथा विजय जालान जैसे लोगों को भी जब उक्त पद के लिए लाइन में खड़ा देखा गया, तब कई अन्य 'उम्मीदवारों' के साथ-साथ मधुकर मल्होत्रा का नाम स्वतः ही पीछे हट गया । देवाशीष मित्रा पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर शेखर मेहता के डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर हैं, और विजय जालान पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर अशोक महाजन तथा रोटरी फाउंडेशन के लिए हाल ही में चुने गए ट्रस्टी गुलाम वहनवती के डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर हैं । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए नोमीनेटिंग कमेटी द्वारा चुने गए अधिकृत उम्मीदवार भरत पांड्या भी इसी डिस्ट्रिक्ट के हैं । रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर पद पर होने वाली नई नियुक्ति में गुलाम वहनवती की सिफारिश की खास अहमियत होगी - यह सोच कर विजय जालान इस पद पर अपनी नियुक्ति को लेकर बहुत आशावान हैं । उन्हें विश्वास है कि गुलाम वहनवती इस पद के लिए उनके नाम की ही सिफारिश करेंगे । उक्त पद के लिए उम्मीदवारों के बीच जिस तरह का घमासान लेकिन मच गया है, उसे देखते/समझते हुए लग रहा है कि किसी भी प्रभावी नेता के लिए 'अपने' आदमी को यह पद दिलवा पाना आसान नहीं होगा । राजा साबू, सुशील गुप्ता और मनोज देसाई जैसे नेता इस पद को लेकर छिड़ी लड़ाई से जिस तरह से बाहर हो गए हैं, उससे लग रहा है कि इस पर पर होने वाली नियुक्ति सभी को चौंकाने का काम ही करेगी । ऐसे में, कुछेक लोगों को यह भी लग रहा है कि राजा साबू पर मदद न करने का आरोप लगा कर मधुकर मल्होत्रा शायद राजा साबू का 'आदमी' होने का टैग हटाने तथा राजा साबू विरोधी नेताओं के बीच पैठ बनाने तथा उनका समर्थन जुटाने की तिकड़म लगा रहे हैं । उन्हें लग रहा है कि शायद इससे ही रीजनल रोटरी फाउंडेशन पद के मामले में उनका काम बन जाए ।

Wednesday, November 1, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में ग्लोबल ग्रांट को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से रमेश अग्रवाल के क्लब के 'पहले' प्रोजेक्ट के दूसरी बार हो रहे उद्घाटन में सुशील गुप्ता की मिलीभगत ने 'वॉश इन स्कूल' प्रोग्राम को ही संदेहास्पद बना दिया है

नई दिल्ली । रमेश अग्रवाल ने अपने क्लब के पहले वॉश इन स्कूल प्रोजेक्ट के तीन नबंवर को होने वाले उद्घाटन का जो निमंत्रण लोगों को दिया है, वह 'वॉश इन स्कूल' प्रोजेक्ट के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी का बड़ा दिलचस्प और गंभीर उदाहरण बन गया है । इस उदाहरण में पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता की मिलीभगत ने मामले को और भी ज्यादा गंभीर बना दिया है । सुशील गुप्ता और रमेश अग्रवाल चूँकि 'रोटरी इंडिया वॉश इन स्कूल प्रोग्राम' के क्रमशः चेयरमैन और सेक्रेटरी हैं, इसलिए रमेश अग्रवाल के क्लब द्वारा की जा रही धोखाधड़ी ने पूरे प्रोग्राम को ही संदेहास्पद बना दिया है । उल्लेखनीय है कि रमेश अग्रवाल ने अपने क्लब - रोटरी क्लब दिल्ली अशोका के पहले वॉश इन स्कूल प्रोजेक्ट के उद्घाटन के नाम पर नोएडा के सेक्टर 93 स्थित गेझा गाँव के स्कूल में तीन नबंवर के जिस कार्यक्रम का निमंत्रण लोगों को दिया है, उस प्रोजेक्ट का उद्घाटन तो दो वर्ष पहले, 7 अगस्त 2015 को तत्कालीन इंटरनेशनल प्रेसीडेंट और तत्कालीन इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई कर चुके हैं । निवर्त्तमान इंटरनेशनल प्रेसीडेंट जोन जर्म जब प्रेसीडेंट इलेक्ट थे, तब रमेश अग्रवाल उन्हें भी इस स्कूल में किए गए अपने क्लब के 'पहले' प्रोजेक्ट का अवलोकन करा चुके हैं । मजे की बात यह है कि गेझा गाँव के स्कूल में रमेश अग्रवाल के क्लब के 'पहले' प्रोजेक्ट का अवलोकन करते जोन जर्म की तस्वीर रमेश अग्रवाल के संपादन में प्रकाशित हो रहे 'रोटरी इंडिया वॉश इन स्कूल प्रोग्राम' के बुलेटिन 'विंस टाइम्स' के मई 2016 के अंक में प्रकाशित भी हो चुकी है ।
दो वर्ष पहले उद्घाटित हो चुके अपने क्लब के 'पहले' वॉश इन स्कूल प्रोजेक्ट का दोबारा उद्घाटन करवाने की जरूरत रमेश अग्रवाल को आखिर क्यों पड़ी ? इस बारे में क्लब के पदाधिकारियों के बीच जो चर्चा है, वह और भी ज्यादा चौंकाने वाली है । क्लब के पदाधिकारियों का ही मानना और कहना है कि दोबारा उद्घाटन का यह नाटक रमेश अग्रवाल को ऑस्ट्रेलियाई डिस्ट्रिक्ट 9810 के क्लब - रोटरी क्लब बॉक्स हिल सेंट्रल के सहयोग से मिली ग्लोबल ग्रांट को ठिकाने लगाने के लिए करना पड़ रहा है । दरअसल ग्लोबल ग्रांट को जस्टिफाई करने के लिए प्रोजेक्ट को वर्ष 2016-17 में पूरा हुआ दिखाना था; लिहाजा रमेश अग्रवाल ने 7 अगस्त 2015 को उद्घाटित हुए प्रोजेक्ट में ही लीपापोती करके उसे और डेकोरेट कर उसे दोबारा उद्घाटन के लिए तैयार कर दिया । मजे की बात यह है कि क्लब के पदाधिकारियों को लेकिन इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि ग्लोबल ग्रांट के तहत इस प्रोजेक्ट के नाम पर कितना पैसा आया है, और वह कहाँ कैसे खर्च हुआ है ? उल्लेखनीय है कि मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर बासकर चॉकलिंगम ने निर्देश दिया हुआ है कि डिस्ट्रिक्ट्स में रोटरी के नाम पर चल रहे प्रोजेक्ट्स के हिसाब-किताब की जानकारी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कार्यालय को दी जानी चाहिए, रमेश अग्रवाल ने लेकिन ग्लोबल ग्रांट के हिसाब-किताब की जानकारी अपने क्लब के पदाधिकारियों तक को नहीं दी है । क्लब के पदाधिकारी इस बात पर भी खफा हैं कि प्रोजेक्ट जब क्लब का है, तो उसके उद्घाटन कार्यक्रम का निमंत्रण उनकी तरफ से जाना चाहिए था, लेकिन रमेश अग्रवाल ने अपनी नेतागिरी चमकाने के लिए निमंत्रण अपने नाम से भेजा है ।
रमेश अग्रवाल द्वारा अपने क्लब के 'पहले' वॉश इन स्कूल प्रोजेक्ट के दूसरी बार करवाए जा रहे उद्घाटन के मामले में पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता की मिलीभगत ने मामले को और गंभीर बना दिया है । केआर रवींद्रन और मनोज देसाई द्वारा 7 अगस्त 2015 को किए गए उद्घाटन कार्यक्रम में तथा उसके बाद जोन जर्म द्वारा किए गए अवलोकन कार्यक्रम में सुशील गुप्ता भी शामिल तो हुए ही होंगे; न भी हुए हों, तो उन कार्यक्रमों की जानकारी तो उन्हें निश्चित ही होगी; 'विंस टाइम्स' में प्रकाशित तस्वीर भी उन्होंने देखी होगी - उसके बाद भी वह उसी प्रोजेक्ट को दोबारा उद्घाटित करने के लिए आखिर कैसे तैयार हो गए हैं ? गेझा गाँव के स्कूल में रमेश अग्रवाल के क्लब के 'पहले' प्रोजेक्ट का दूसरी बार उद्घाटन करने के लिए सुशील गुप्ता के साथ केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा भी आ रहे हैं । महेश शर्मा को तो रमेश अग्रवाल की इस धोखाधड़ी का पता नहीं होगा, सुशील गुप्ता से तो उम्मीद की जाती है कि उन्हें तो यह पता होना ही चाहिए कि वह जिस प्रोजेक्ट का उद्घाटन करने के लिए तैयार हो गए हैं, वह दो वर्ष पहले ही उद्घाटित हो चुका है । रोटरी इंडिया विंस प्रोग्राम घपलेबाजियों के आरोपों के घेरे में पहले से ही रहा है; उसके बावजूद लेकिन कोई सपने में भी नहीं सोच सकता था कि प्रोग्राम के सेक्रेटरी रमेश अग्रवाल अपने ही क्लब के प्रोजेक्ट में हेराफेरी के साथ-साथ धोखाधड़ी भी कर लेंगे, और प्रोग्राम के चेयरमैन सुशील गुप्ता आँखें बंद कर उनकी इस धोखाधड़ी में उनका साथ देंगे ।

Saturday, October 14, 2017

रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट बनने की लाइन में लगने की तैयारी कर रहे पूर्व डायरेक्टर सुशील गुप्ता के पीछे हटने के कारण, इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार को चेलैंज करने की अशोक गुप्ता की तैयारी मँझधार में फँसी

जयपुर । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए चुने गए अधिकृत उम्मीदवार भरत पांड्या को चेलैंज करने की तैयारी के तहत अशोक गुप्ता ने समर्थन जुटाने का जो प्रयास शुरू किया है, उसे कोई खास समर्थन न मिलता देख अशोक गुप्ता और उनके नजदीकियों को तगड़ा झटका लगा है । पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता के रवैये ने तो उन्हें सदमे जैसी हालत में पहुँचा दिया है । निवर्त्तमान इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई उनके चेलैंज में उन्हें दिलचस्पी लेते/दिखाते हुए तो लग रहे हैं, लेकिन कुछ करते और कोई नतीजा दिखाते हुए नजर नहीं आए हैं । अशोक गुप्ता ने विभिन्न डिस्ट्रिक्ट्स के कई पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स से समर्थन जुटाने हेतु बात की है, लेकिन अधिकतर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स ने उनके चेलैंज को लेकर कोई खास उत्साह नहीं जताया/दिखाया । 17 सितंबर को नोमीनेटिंग कमेटी द्वारा फैसला करने की प्रक्रिया में बुरी तरह पराजित होने के बाद अशोक गुप्ता और उनके नजदीकियों ने पहला सप्ताह तो शोक मनाने में बिता दिया, उसके बाद फिर उन्होंने चेलैंज करने के बारे में सोचना शुरू किया । पिछले दो सप्ताहों में अशोक गुप्ता और उनके नजदीकियों ने विभिन्न डिस्ट्रिक्ट्स में समर्थन जुटाने के लिए कई बड़े/छोटे नेताओं के दरवाजे खटखटाए हैं, लेकिन इस कोशिश में उन्हें जो प्रतिक्रिया मिली है - उसने उन्हें हतोत्साहित ही किया है । अशोक गुप्ता के कुछेक नजदीकी और समर्थक तो कहने भी लगे हैं कि अशोक गुप्ता को चेलैंज/फैलेंज के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए, अन्यथा उनकी और ज्यादा फजीहत होगी ।
अशोक गुप्ता के लिए फजीहत की बात यह भी हुई है कि चेलैंज न करने के लिए रोटरी के बड़े नेता उन्हें मनाने का कोई प्रयास भी नहीं कर रहे हैं । उल्लेखनीय है कि भरत पांड्या की अधिकृत उम्मीदवारी को चेलैंज कर सकने को लेकर और जिन जिन उम्मीदवारों से खतरा था, उन सभी को 'मैनेज' कर लेने की बातें सुनी जा रही हैं । गुलाम वहनवती को रोटरी फाउंडेशन में ट्रस्टी बना दिया गया है; रंजन ढींगरा और दीपक कपूर को भी आकर्षक ऑफर के साथ-साथ 'अगली बार' का झुनझुना दिया/दिखाया जा रहा है - लेकिन अशोक गुप्ता को कोई 'मैनेज' करने का प्रयास ही नहीं कर रहा है । इससे लगता है कि रोटरी के बड़े नेता और पदाधिकारी भी चाहते हैं कि भरत पांड्या की अधिकृत उम्मीदवारी को अशोक गुप्ता चेलैंज करें : हालाँकि उनकी चाहना है अलग अलग कारणों से - कुछ नेता लोग तो इसलिए चाहते हैं, ताकि उन्हें अपनी राजनीति दिखाने/जताने का मौका मिले, और कुछ इसलिए चाहते हैं ताकि अशोक गुप्ता यह भी करके देख लें और बाहर निकलें तथा दूसरों के लिए मौका छोड़ें ।
अशोक गुप्ता और उनके नजदीकियों को पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता का रवैया काफी हैरान/परेशान करने वाला लगा है । उन्हें सबसे ज्यादा उम्मीद सुशील गुप्ता से ही थी; सुशील गुप्ता की तरफ से जब रंजन ढींगरा को चेलैंज न करने के लिए राजी कर लिया गया था, तब अशोक गुप्ता और उनके नजदीकियों की उम्मीद और बढ़ गई थी - लेकिन सुशील गुप्ता उनकी मदद करते हुए भी नहीं दिख रहे हैं । इसका एक प्रमुख कारण यह सुना/बताया जा रहा है कि सुशील गुप्ता चूँकि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट पद के लिए लाइन में लगना चाहते हैं, इसलिए वह किसी भी तरह के विवाद में पड़ने/फँसने से बचना चाहते हैं - और इसलिए ही उन्होंने अशोक गुप्ता की चेलैंज करने की तैयारी से अपने आपको दूर किया/दिखाया हुआ है । अशोक गुप्ता के लिए मुसीबत की बात यह बनी है कि जिन सुशील गुप्ता पर वह सबसे ज्यादा भरोसा कर रहे थे, उन सुशील गुप्ता ने इस बार तो उन्हें बीच मँझधार में छोड़ ही दिया है - दो/तीन वर्ष में ही मिलने वाले अगली बार के मौके के लिए भी वह कोई झूठा-मूठा भरोसा तक उन्हें नहीं दे रहे हैं । सुना जा रहा है कि सुशील गुप्ता अगली बार के लिए अपने ही डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर विनोद बंसल को 'हवा' दे रहे हैं । उनके डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर्स के बीच चर्चा है कि विनोद बंसल आजकल सुशील गुप्ता की 'आँख का तारा' बने हुए हैं, जो अभी तक रंजन ढींगरा हुआ करते थे ।
सुशील गुप्ता के पीछे हटने से अशोक गुप्ता के चैलेंजिंग अभियान को जो धक्का लगा है, उससे उबरने का वह कोई तरीका नहीं खोज पा रहे हैं । निवर्त्तमान इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई की तरफ से उन्हें उत्साहित किए जाने की बातें तो सुनी जा रही हैं, लेकिन मनोज देसाई वास्तव में उनकी मदद करते हुए नहीं नजर आ रहे हैं । इसका एक बड़ा कारण यह माना/समझा जा रहा है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर के रूप में मनोज देसाई ने विभिन्न डिस्ट्रिक्ट्स में लोगों को अलग अलग कारणों से नाराज किया हुआ है, और इसलिए वह किसी से ज्यादा कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं । अशोक गुप्ता ने हाल ही के दिनों में विभिन्न डिस्ट्रिक्ट्स के पूर्व गवर्नर्स से खुद भी बात की है, और अपने चेलैंज के लिए समर्थन जुटाने का प्रयास किया है - पर अपने प्रयासों के नतीजों से वह खुद ही बहुत आश्वस्त नहीं हैं । अशोक गुप्ता के नजदीकियों का कहना है कि उनके कई समर्थकों ने हालात की प्रतिकूलता का हवाला देते हुए उन्हें चेलैंज को लेकर आगे न बढ़ने का सुझाव भी दिया है, लेकिन चेलैंज को लेकर अशोक गुप्ता जितना आगे बढ़ चुके हैं - उससे पीछे हटना भी उनके लिए फजीहतभरा होगा । नोमीनेटिंग कमेटी की चुनावी प्रक्रिया में सबसे पहले चुनावी दौड़ से बाहर होने के कारण अशोक गुप्ता की एक बार किरकिरी हो चुकी है, चेलैंज को लेकर वह जिस मँझधार में फँसे नजर आ रहे हैं - उससे लग रहा है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने के लिए अपनाई गई उनकी कोई भी तरकीब उनके काम नहीं आ पा रही है, और इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने का उनका सपना एक बुरा सपना साबित होने जा रहा है ।

Tuesday, May 23, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में अदालती मदद से गवर्नरी पाने की दिनेश शर्मा की कार्रवाई डिस्ट्रिक्ट की बदनामी और मुसीबतों को बढ़ाने का ही काम तो नहीं करेगी ?

सिकंदराबाद । अदालती आदेश से उत्साहित होकर दिनेश शर्मा ने खुद को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मान कर डिस्ट्रिक्ट असेम्बली के आयोजन की घोषणा करके डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में 'काम' करना शुरू तो कर दिया, लेकिन फिर पता नहीं कैसे उन्हें ख्याल आया कि जोश में होश नहीं खोना चाहिए - और तब उन्होंने डिस्ट्रिक्ट असेम्बली के आयोजन को अगली सूचना तक स्थगित करने का फैसला किया । दिनेश शर्मा को शायद किसी ने बताया होगा कि अदालती आदेश से ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं है, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अदालती आदेश से नहीं बनोगे - उसके लिए तो रोटरी इंटरनेशनल से औपचारिक आदेश मिलना जरूरी होगा । अदालती आदेश में यह नहीं कहा गया है कि पैतृक संगठन के मुख्यालय की मत सुनो, तुम तो गवर्नरी का काम शुरू करो । अदालती आदेश मिलते ही, उक्त आदेश की कॉपी रोटरी इंटरनेशनल को उपलब्ध करवाने से पहले ही - दिनेश शर्मा ने फटाफट कॉलिज ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग बुलाई, उसमें समर्थन लिया और खुद को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मानते हुए काम करना शुरू कर दिया और 4 जून को डिस्ट्रिक्ट असेम्बली आयोजित करने की घोषणा कर डाली । शुक्र है कि उन्हें जल्दी ही सदबुद्धि आ गई और फिर उन्होंने डिस्ट्रिक्ट असेम्बली के 4 जून के आयोजन को फिलहाल स्थगित कर दिया है - और अब उन्होंने रोटरी इंटरनेशनल से 'नियुक्ति पत्र' लेने के काम को प्राथमिकता देने का निश्चय किया है ।
उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट 3100 के गवर्नर्स की रोटरी जगत में बड़ी भारी बदनामी है - मजे की बात यह है कि रोटरी जगत में हर कोई यह भी मानता/समझता है कि वास्तव में उनके 'अपराध' इतने बड़े नहीं हैं, जितनी उनकी बदनामी है । डिस्ट्रिक्ट 3100 के गवर्नर्स पर जो भी आरोप रहे हैं, वैसे आरोप अन्य कई डिस्ट्रिक्ट्स के कई गवर्नर्स पर रहे हैं; पर उनकी ज्यादा बदनामी नहीं है । जिन आरोपों के कारण डिस्ट्रिक्ट 3100 में सुनील गुप्ता को अपनी गवर्नरी गँवानी पड़ी और दीपक बाबु को गवर्नरी मिलते मिलते रह गयी - वैसे ही और या उनसे भी ज्यादा गंभीर आरोपों के बावजूद दूसरे कई डिस्ट्रिक्ट्स के गवर्नर आराम से गवर्नरी पूरी कर गए और अब मजे से पूर्व गवर्नर के फायदे ले रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट 3100 के गवर्नर्स का - कारनामों के मुकाबले आनुपातिक रूप से ज्यादा कठोर सजा पाने और बदनामी हासिल करने का मुख्य कारण यह है कि अपने आचरण और व्यवहार में वह संगठन में होने का संतुलन नहीं बना पाते हैं, और जोश में होश खो देते हुए वह अपने आप को संगठन से ऊपर समझने लगते हैं । सुनील गुप्ता के सामने संभलने के बहुत अवसर आए थे, लेकिन पता नहीं किस नशे में वह यह समझने लगे थे कि उनका कोई क्या बिगाड़ लेगा ? उनका जो हाल हुआ, उससे दीपक बाबु ने कोई सबक नहीं लिया - दीपक बाबु उनसे ज्यादा नशे में रहे, जिसका नतीजा हुआ कि वह सुनील गुप्ता से भी ज्यादा दुर्गति को प्राप्त हुए । लगता है कि दिनेश शर्मा ने भी उनकी हुई हालत से कुछ नहीं सीखा - और वह भी अपने आप को संगठन से ज्यादा होशियार तथा खुद को संगठन से ऊपर समझने के उन्हीं के रास्ते पर बढ़ चले हैं ।
गौर करने की बात है कि दिनेश शर्मा रोटरी क्लब सिकंदराबाद के सदस्य हैं और सिकंदराबाद में रहते हैं, जो बुलंदशहर जिले का एक शहर है । दिनेश शर्मा को रोटरी इंटरनेशनल द्वारा किए गए अन्याय में न्याय पाना है, लेकिन इसके लिए वह बुलंदशहर की न्यायिक व्यवस्था पर भरोसा नहीं करते हैं । डिस्ट्रिक्ट 3100 में मेरठ, मुजफ्फरनगर और मुरादाबाद बड़े केंद्र हैं - दिनेश शर्मा यहाँ की न्यायिक व्यवस्था पर भी भरोसा नहीं करते हैं । न्याय पाने के लिए वह कोटद्वार जाते हैं । कोटद्वार में सिर्फ एक रोटरी क्लब है । यानि कोटद्वार में रोटरी फले-फैले-फूले, ज्यादा लोग रोटेरियन बने, ज्यादा क्लब खुले/बने - दिनेश शर्मा इसके लिए प्रयास नहीं करते हैं, लेकिन रोटरी में न्याय पाने के लिए वह सिकंदराबाद से कोटद्वार चले आते हैं । तकनीकी रूप से हालाँकि इसमें कुछ भी गलत नहीं है । दिनेश शर्मा ने यह जो भी किया है, पूरी तरह कानूनी दायरे में रहते हुए किया है, यह करने का उन्हें पूरा पूरा अधिकार है । लेकिन उनके 'इस' करने में उनकी एक होशियारी तो झलकती ही है - और उनके 'इस' करने में ही वह सोच 'दिखाई' देती है, जिसमें व्यक्ति अपने आप को अपने ही संगठन से ज्यादा होशियार और खुद को उससे ऊपर समझता है । दुनिया के तमाम देशों में फैले हुए रोटरी इंटरनेशनल की सौ वर्षों से अधिक की उम्र हो चुकी है; जाहिर है कि वह एक बड़ी ताकत है - दिनेश शर्मा और या उनके संगी-साथियों को क्या सचमुच लगता है कि वह अपनी तिकड़मों से रोटरी इंटरनेशनल को अपने सामने झुका लेंगे ? और या क्या वह सचमुच चाहते हैं कि रोटरी में गवर्नर बनाने/तय करने का काम अब अदालतों को सौंप देना चाहिए ?
सवाल हालाँकि यह भी है कि दिनेश शर्मा क्या करें ? बिना किसी आरोप/अपराध के उनसे यदि गवर्नर बनने का मौका छीना जा रहा है, तो उन्हें क्या करना चाहिए ? लेकिन इस सवाल में भी मौकापरस्ती छिपी है । अन्याय क्या सिर्फ दिनेश शर्मा के साथ ही हुआ है ? डिस्ट्रिक्ट 3100 यदि नॉन-डिस्ट्रिक्ट स्टेटस में गया है, तो क्या तमाम सारे लोगों को बिना किसी आरोप/अपराध के सजा नहीं मिली है ? कुछेक लोगों की करतूतों के कारण डिस्ट्रिक्ट के नॉन-डिस्ट्रिक्ट होने में डिस्ट्रिक्ट के क्लब्स के और उनके सदस्यों के साथ जो अन्याय हुआ, दिनेश शर्मा ने उसकी कभी कोई फिक्र की क्या ? सूचना तो यही है कि दिनेश शर्मा ने दूसरों के साथ हुए अन्याय की परवाह करने की बजाए कोशिश सिर्फ यह की कि कैसे भी उन्हें गवर्नर बनने का मौका मिल जाए । विडंबना की बात यह है कि अदालती आदेश के बाद वह खुशी खुशी उन लोगों से भी गले में माला डलवाते दिखे, जो डिस्ट्रिक्ट की मौजूदा दुर्गति के लिए जिम्मेदार हैं और जो रोटरी इंटरनेशनल द्वारा बाकायदा नाम लेकर 'आरोपी' बताए गए थे । यानि दिनेश शर्मा दोनों हाथों में लडडू पकड़ना चाहते हैं - एक तरफ वह अपने साथ होने वाले अन्याय का दुखड़ा भी रोयेंगे, और दूसरी तरफ अपने साथ होने वाले अन्याय की स्थितियाँ पैदा करने वालों से माला भी पहनेंगे और उनके ही समर्थन के सहारे न्याय पाने की कोशिश करेंगे ।
दिनेश शर्मा ने अदालती कार्रवाई के जरिए गवर्नरी प्राप्त करने की जो कोशिश की है, उसकी रोटरी के बड़े नेताओं के बीच प्रतिकूल प्रतिक्रिया होने के ही संकेत मिले हैं । सुना जा रहा है कि रोटरी के बड़े नेताओं ने दिनेश शर्मा की कार्रवाई को उचित और सही नहीं माना है । अदालती आदेश आने के बाद, वर्ष 2018-19 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के लिए हो रहे चुनाव को रद्द करने की बजाए स्थगित करने के फैसले से भी आभास मिलता है कि रोटरी इंटरनेशनल अदालती फैसले का अध्ययन करके अपील में जाने की सोच रहा है । इससे यह आभास मिलता है कि मामला कानूनी पचड़े में फँसेगा; जिसके चलते दिनेश शर्मा को कुछ कुछ समय के लिए गवर्नर 'होने' के सुख का अहसास भले ही हो, सचमुच गवर्नरी करने का मौका मिलेगा - इसमें संदेह है । अदालती आदेश से रोटरी इंटरनेशनल में किसी को गवर्नरी मिली हो, इसका कोई उदाहरण भी नहीं है । अंततः क्या होगा, इस बारे में अभी पक्के तौर पर कुछ कहना जल्दबाजी करना होगा; अभी लेकिन अधिकतर लोगों को यही लग रहा है कि दिनेश शर्मा की कार्रवाई ने डिस्ट्रिक्ट की बदनामी और मुसीबतों को बढ़ाने का ही काम किया है ।

Monday, May 8, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3030 के निवर्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर निखिल किबे पर घपलेबाजी के चलते जो गाज गिरी है, उसका अगला निशाना बनने से डिस्ट्रिक्ट 3012 के जेके गौड़ और सतीश सिंघल अपने को बचा लेंगे क्या ?

गाजियाबाद । रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3030 में प्रोजेक्ट के पैसों की हेराफेरी के आरोप में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर निखिल किबे सहित तीन वरिष्ठ रोटेरियंस को रोटरी से निकाल देने तथा डिस्ट्रिक्ट को अगले पाँच वर्षों के लिए रोटरी फाउंडेशन की गतिविधियों से अलग कर देने के रोटरी इंटरनेशनल के फैसले ने डिस्ट्रिक्ट 3012 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सतीश सिंघल के सामने भी संकट खड़ा कर दिया है । दरअसल इन दोनों पर भी लगभग उसी प्रकृति के आरोप हैं, जिस आरोप के चलते निखिल किबे को अपनी रोटरी सदस्यता से हाथ धोना पड़ा है । दिलचस्प संयोग यह है कि डिस्ट्रिक्ट 3030 में निखिल किबे पिछले ही रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर थे, जबकि डिस्ट्रिक्ट 3012 में जेके गौड़ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर थे । एक और दिलचस्प संयोग यह है कि निखिल किबे मेडीकल प्रोफेशन में हैं और रोटरी में घपला उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में किया है; जबकि जेके गौड़ शिक्षा के प्रोफेशन में हैं और ब्लड बैंक के नाम पर जिस घपले के आरोप की चपेट में वह हैं - वह मेडीकल का क्षेत्र है । निखिल किबे के मुकाबले जेके गौड़ लेकिन खुशकिस्मत जरूर हैं, और वह इसलिए कि उनके घपले को लेकर अभी रोटरी इंटरनेशनल में शिकायत नहीं हुई है । रोटरी में लोगों का कहना है कि निखिल किबे इसलिए पकड़ में आ गए और रोटरी से बाहर हो गए - क्योंकि उनके मामले में शिकायत हो गई और वह अपने गवर्नर-काल के इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन की निगाह में चढ़ गए; जबकि जेके गौड़ के मामले में शिकायत नहीं हुई और वह केआर रवींद्रन की निगाह में चढ़ने से बच गए ।
जेके गौड़ ने अपनी देखरेख में अपने गवर्नर-काल में गाजियाबाद में जिस रोटरी ब्लड बैंक को बनाने की तैयारी की थी, उसका उद्घाटन इंटरनेशनल प्रेसीडेंट के रूप में केआर रवींद्रन को ही करना था, लेकिन एक वर्ष से भी अधिक समय बीत जाने के बावजूद उक्त रोटरी ब्लड बैंक अभी तक भी शुरू नहीं हो सका है । खास बात यह है कि इस ब्लड बैंक के लिए रोटरी फाउंडेशन से मोटी रकम लेने/मिलने के लिए जरूरी कार्रवाई वर्ष 2015 में कर ली गई थी, और तभी आवश्यक मशीनों की भी पहचान कर ली गई थी और मशीनों की सप्लाई के लिए सप्लायर से सौदा भी तय हो गया था । इसके बाद से 16 महीने बीत चुके हैं, लेकिन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में जेके गौड़ द्वारा बनवाए जा रहे ब्लड बैंक के शुरू होने का कोई अता-पता नहीं है । उल्लेखनीय है कि पहले ब्लड बैंक के लिए खरीदी जाने वाली मशीनों की कीमतों में घपलेबाजी के आरोपों के कारण ब्लड बैंक का काम पिछड़ा; इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई और पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता के हस्तक्षेप के बाद वह मामला किसी तरह सुलझा, तो लगा कि अब जल्दी ही ब्लड बैंक शुरू हो जाएगा । लेकिन मामला अभी भी जहाँ का तहाँ ही अटका पड़ा है और कोई नहीं जानता कि करीब सवा करोड़ रुपए की लागत की रूपरेखा वाला ब्लड बैंक आखिर कब शुरू होगा ? उल्लेखनीय तथ्य यह है कि जेके गौड़ और ब्लड बैंक के कामकाज से जुड़े लोग इस बात को छिपाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं कि ब्लड बैंक का काम किस दशा में है, और किस कारण से उसके शुरू होने में देर हो रही है ?
डिस्ट्रिक्ट के कुछेक लोगों के बीच की चर्चाओं के अनुसार, लाइसेंस न मिल पाने के कारण ब्लड बैंक का काम शुरू नहीं हो पा रहा है । इस मामले में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सतीश सिंघल पर दोष मढ़ा जा रहा है । जेके गौड़ के नजदीकियों की तरफ से कहा/बताया जा रहा है कि गाजियाबाद में रोटरी ब्लड बैंक शुरू हो जाने से चूँकि सतीश सिंघल की देखरेख में चल रहे नोएडा ब्लड बैंक के कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, इसलिए सतीश सिंघल अपने परिचय का इस्तेमाल करते हुए गाजियाबाद के ब्लड बैंक के शुरू होने में रोड़े अटका रहे हैं । मजे की बात यह है कि गाजियाबाद के ब्लड बैंक के बनने की कागजी कार्रवाई शुरू करने/करवाने में सतीश सिंघल की ही मदद ली गई थी । उल्लेखनीय तथ्य यह है कि जेके गौड़ और ब्लड बैंक बनवा रहे उनके साथियों ने पहले डीआरएफसी मुकेश अरनेजा को लेटलतीफी के लिए जिम्मेदार ठहराया था; उनका साफ आरोप था कि वह चूँकि मुकेश अरनेजा की 'डिमांड' पूरी नहीं कर रहे हैं, इसलिए तरह तरह की बहानेबाजियों से वह ब्लड बैंक के काम को लटका रहे हैं । मुकेश अरनेजा से मामला निपटा, तो सतीश सिंघल गाजियाबाद में बनने वाले रोटरी ब्लड बैंक के रास्ते में आ गए । जेके गौड़ के नजदीकियों की तरफ से लोगों को बताया जाता है कि सतीश सिंघल तरह तरह की अड़ंगेबाजियों से गाजियाबाद के रोटरी ब्लड बैंक को शुरू नहीं होने देना चाहते हैं, ताकि उनकी देखरेख में चल रहे नोएडा रोटरी ब्लड बैंक का काम निर्बाध रूप से चलता रह सके - और उनकी कमाई बनी रह सके ।
मामले का सनसनीखेज पहलू यह है कि सतीश सिंघल खुद नोएडा रोटरी ब्लड बैंक की कमाई हड़पने के आरोपों के घेरे में हैं । आरोप है कि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल की देखरेख में चल रहा दिल्ली स्थित रोटरी ब्लड बैंक करीब ढाई हजार यूनिट बेच कर प्रति माह 15 लाख रुपए के करीब का लाभ कमा लेता है, जबकि सतीश सिंघल की देखरेख में चलने वाले ब्लड बैंक की कमाई ढाई हजार यूनिट ब्लड बेचने के बाद भी 34/35 हजार रुपए के आसपास ही ठहर जाती है । लाभ के इस भारी अंतर ने नोएडा ब्लड बैंक के कर्ता-धर्ता के रूप में सतीश सिंघल की भूमिका को न सिर्फ संदेहास्पद बना दिया है, बल्कि गंभीर वित्तीय आरोपों के घेरे में भी ला दिया है । यह आरोप नोएडा ब्लड बैंक के ट्रस्टियों की इस शिकायत के चलते और गंभीर हो गया है कि सतीश सिंघल ब्लड बैंक का हिसाब-किताब देने/बताने में हमेशा आनाकानी करते हैं, और पूछे जाने पर नाराजगी दिखाने लगते हैं । सतीश सिंघल के इस व्यवहार और रवैये से लोगों को लगता है कि सतीश सिंघल ब्लड बैंक में ऐसा कुछ करते हैं, जिसे दूसरों से छिपाकर रखना चाहते हैं । ब्लड बैंक के कुछेक ट्रस्टियों का ही आरोप भी रहा है कि सतीश सिंघल ब्लड बैंक को अपने निजी संस्थान के रूप में इस्तेमाल करते हैं, और उसकी कमाई हड़प जाते हैं । दरअसल इसलिए भी गाजियाबाद में बनने वाले रोटरी ब्लड बैंक के शुरू होने में उनके द्वारा अड़ंगा डालने की बात लोगों को सच लगने लगती है । कुछेक लोगों को हालाँकि यह भी लगता है कि जेके गौड़ और उनकी टीम ही नहीं चाहती है कि उनका ब्लड बैंक शुरू हो - क्योंकि शुरू होगा, तो उसकी खामियाँ सामने आयेंगी और तब उनकी घपलेबाजियों की पोल खुलेगी; इसलिए ही लाइसेंस लेने के काम को वह खुद ही लटकाए हुए हैं, और ठीकरा सतीश सिंघल के सिर पर फोड़ रहे हैं ।
सतीश सिंघल की देखरेख में चल रहे नोएडा ब्लड बैंक तथा जेके गौड़ द्वारा बनवाए जा रहे गाजियाबाद ब्लड बैंक से जुड़े आरोप अभी तक इधर से उधर उछलते रहे हैं; आरोपों पर कोई निर्णायक कार्रवाई होती हुई अभी तक नहीं दिखी है । लेकिन जेके गौड़ के कलीग रहे डिस्ट्रिक्ट 3030 के निवर्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर निखिल किबे घपलेबाजी के आरोप में जिस तरह रोटरी से नपे हैं, उसके कारण जेके गौड़ और सतीश सिंघल पर भी खतरा मंडरा उठा है ।

Monday, January 30, 2017

रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 - यानि राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट की लीडरशिप की इंटरनेशनल बोर्ड द्धारा की गई भर्त्सना के लिए मनोज देसाई को निशाना बनाने/बनवाने की यशपाल दास की 'कार्रवाई' ने तमाशा और बढ़ाया

अंबाला । पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर यशपाल दास के क्लब के प्रमुख सदस्य और यशपाल दास के नजदीकी नैन कँवर द्धारा वर्ष 2017-18 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के हुए चुनाव को रद्द करने के फैसले को लेकर रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड की - की गई कड़ी आलोचना ने डिस्ट्रिक्ट में एक नया तमाशा खड़ा कर दिया है । इंटरनेशनल बोर्ड के प्रति नैन कँवर की नाराजगी को दरअसल यशपाल दास की नाराजगी के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है, और इसीलिए लोगों को हैरानी इस बात पर है कि राजा साबू गिरोह के दूसरे लोग तो इस फैसले पर जब खुशी व्यक्त कर रहे हैं - तब यशपाल दास इस फैसले पर दुखी क्यों हैं, और अपने लोगों के जरिए इंटरनेशनल बोर्ड को इस फैसले के लिए लानत क्यों भेज/भिजवा रहे हैं ? इंटरनेशनल बोर्ड के प्रति नैन कँवर के गुस्से का आलम यह है कि फैसले को लेकर बोर्ड सदस्यों की समझदारी और नीयत के साथ-साथ उनके 'अधिकारों' पर ही सवाल उठाते हुए उन्होंने इस फैसले को पक्षपातपूर्ण भी करार दिया है, और घोषणा की है कि वह इंटरनेशनल बोर्ड के सदस्यों को बेनकाब करेंगे तथा बोर्ड सदस्यों का रवैया यदि नहीं बदला तो वह रोटरी ही छोड़ देंगे । उन्होंने आह्वान किया कि दूसरे रोटेरियंस इस काम में उनकी मदद करें । समझा जा रहा है कि नैन कँवर ने इशारों ही इशारों में इंटरनेशनल बोर्ड में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई को निशाना बनाया है । कई लोगों को लगता है कि नैन कँवर तो सिर्फ जरिया हैं, मनोज देसाई पर यह निशाना वास्तव में यशपाल दास ने लगाया/लगवाया है ।
राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट के वर्ष 2017-18 के लिए हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के चुनाव को रद्द कर देने के इंटरनेशनल बोर्ड के फैसले से वास्तव में यशपाल दास को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है । राजा साबू सहित डिस्ट्रिक्ट के दूसरे पूर्व गवर्नर्स की तरह यशपाल दास की भी फजीहत तो हुई ही है, उनका तो लेकिन रोटरी कैरियर ही खतरे में पड़ गया है । दरअसल संदर्भित चुनाव में यशपाल दास की सक्रिय पक्षपाती भूमिका को साबित करता हुआ उनका एक ईमेल संदेश खासी चर्चा में रहा है, जिसने रोटरी जगत में उनकी काफी बदनामी की/करवाई हुई है । उक्त ईमेल के सार्वजनीकरण के लिए भी यशपाल दास ने मनोज देसाई को जिम्मेदार ठहराया हुआ है । वर्ष 2017-18 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव के चलते राजा साबू एंड कंपनी को जो भी प्रतिकूल स्थितियों तथा फजीहतों का सामना करना पड़ा है, उसके लिए यशपाल दास और मधुकर मल्होत्रा लगातार पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता और मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई को कोसते सुने गए हैं । यशपाल दास का साफ आरोप रहा है कि रोटरी समुदाय में उन्हें बदनाम करने तथा अलग-थलग करने के लिए सुशील गुप्ता और मनोज देसाई ने ही षड्यंत्र रचा, और उनके डिस्ट्रिक्ट के एक चुनावी विवाद के बहाने उनकी फजीहत की/कराई है ।
वर्ष 2017-18 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के चुनाव को लेकर चले झगड़े में राजा साबू और उनके गिरोह के लोगों के बीच इस बात पर जब-तब चर्चा तो होती ही रहती है कि यह झगड़ा करके उन्हें आखिर मिला क्या ? गिरोह के कुछेक लोगों को लगता है कि इस झगड़े की शुरुआत इस लक्ष्य को पाने के लिए हुई थी कि राजा साबू एंड कंपनी टीके रूबी को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नहीं बनने देगी, और अंततः इस लक्ष्य को चूँकि पा लिया गया है - इसलिए यह राजा साबू एंड कंपनी की जीत है । गिरोह/कंपनी के ही कई लोगों को लेकिन यह भी लगता है कि इस लक्ष्य को पाने के लिए डिस्ट्रिक्ट को बदनामी व फजीहत के रूप में चूँकि भारी कीमत चुकानी पड़ी है - इसलिए यह तथाकथित 'जीत' वास्तव में बड़ी हार है । रोटरी जगत में इससे ज्यादा शर्म की बात भला क्या होगी कि रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड ने अपने फैसले में राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट की पूरी लीडरशिप की इस बात के लिए भर्त्सना की है कि वह चुनावी प्रक्रिया में 4-वे-टेस्ट तथा रोटरी के अन्य महान आदर्शों व परंपराओं का पालन करने में फेल रही है । रोटरी जगत में इससे यही संदेश गया है कि राजा साबू दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स में जाकर जो बड़ी बड़ी बातें करते हैं, वह उनकी थोथी बातें ही हैं; उनका असली चेहरा देखना हो तो उनके अपने डिस्ट्रिक्ट में उनकी कारगुजारियों को देखो ! राजा साबू को जानने वालों का कहना है कि पोल खुलने के बाद भी राजा साबू लोगों के बीच बड़ी बड़ी हाँकने से बाज तो नहीं ही आयेंगे, और पूरी बेशर्मी से रोटरी के आदर्शों को लेकर बड़ी बड़ी बातें करते रहेंगे- लेकिन इंटरनेशनल बोर्ड द्धारा की गई टिप्पणियों को जानने वाले लोगों को तो उनकी बड़ी बड़ी बातों के पीछे छिपे नकलीपन को पहचानने में कोई समस्या नहीं होगी । इसीलिए कई लोगों को लगता है कि टीके रूबी को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने से रोकने के चक्कर में राजा साबू ने रोटरी में अपने जीवन की सारी 'कमाई' गँवा दी है ।
रोटरी जगत के कई बड़े नेताओं का भी मानना और कहना है कि टीके रूबी को हराने की जिद में राजा साबू ने वास्तव में अपने डिस्ट्रिक्ट को तथा रोटरी को ही हरा दिया है । मजे की बात यह नजर आ रही है कि संदर्भित मामले में डिस्ट्रिक्ट और डिस्ट्रिक्ट की लीडरशिप की जो फजीहत हुई है, उसने राजा साबू गिरोह के दूसरे प्रमुख सदस्यों को ज्यादा निराश और परेशान किया हुआ है । दरअसल गिरोह के जिन सदस्यों को डिस्ट्रिक्ट से ऊपर जाना/पाना नहीं है, उन्हें तो डिस्ट्रिक्ट की और अपनी फजीहत से कोई फर्क पड़ता नहीं है; लेकिन यशपाल दास, मधुकर मल्होत्रा, शाजु पीटर जैसे सदस्यों को इस बदनामी और फजीहत में अपनी महत्वाकाँक्षा के पंख टूटते दिख रहे हैं । इन लोगों को यह भी लग रहा है कि फजीहत और बदनामी से राजा साबू को तो कोई नुकसान नहीं होगा, लेकिन इनके लिए तो आगे का रास्ता ही बंद हो गया है । मधुकर मल्होत्रा और शाजु पीटर को इंटरनेशनल डायरेक्टर बनना है; यशपाल दास की इंटरनेशनल प्रेसीडेंट बनने की इच्छा है - लेकिन डिस्ट्रिक्ट की चुनावी बेईमानी में इनकी मिलीभगत और हरकतों की रोटरी जगत में जो चर्चा हुई है, उसके कारण इनके आगे के सफ़र पर ब्रेक लग गया है । इनकी समस्या यह है कि डिस्ट्रिक्ट में इनकी ही हरकतों के चलते जो हालात बन गए हैं, उसके कारण इनके लिए अपने ऊपर लगे धब्बों को जल्दी से धो पाना भी संभव नहीं होगा । इस स्थिति ने इन्हें बुरी तरह निराश और परेशान कर दिया है ।
इंटरनेशनल बोर्ड के फैसले को लेकर यशपाल दास के नजदीकी नैन कँवर की जो नाराजगी फूटी है, वह वास्तव में यशपाल दास की निराशा और परेशानी की ही अभिव्यक्ति है । समझा जाता है कि यशपाल दास चूँकि खुद तो इंटरनेशनल बोर्ड के फैसले की खुली आलोचना कर नहीं सकते हैं, इसलिए उन्होंने अपने क्लब के वरिष्ठ सदस्य और अपने नजदीकी नैन कँवर को 'काम' पर लगाया है । लोगों का मानना और कहना है कि यशपाल दास की शह और सहमति नहीं होती, तो नैन कँवर को इंटरनेशनल बोर्ड के फैसले पर कुछ कहने की जरूरत भला क्यों और क्या होती ? इस तरह की बातों ने डिस्ट्रिक्ट में एक नया तमाशा खड़ा कर दिया है । यशपाल दास के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि इंटरनेशनल बोर्ड के फैसले के खिलाफ अपनी नाराजगी के लिए नैन कँवर ने लोगों से जो समर्थन माँगा, वह उन्हें नहीं मिला । इससे यही नतीजा निकाला जा रहा है कि इंटरनेशनल बोर्ड ने राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट की लीडरशिप की जो भर्त्सना की है, डिस्ट्रिक्ट के लोग उससे सहमत हैं और उसे उचित मानते हैं ।
वॉट्स-ऐप में लिखे गए कुछेक कमेंट्स :



Tuesday, December 27, 2016

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सतीश सिंघल पर - इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई की चेतावनी के बावजूद - पेम टू डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार दीपक गुप्ता को 'बेचने' का आरोप

नोएडा । प्रेसीडेंट इलेक्ट फैलोशिप में दीपक गुप्ता की उपस्थिति के रहस्य पर फैला कोहरा अब धीरे-धीरे छँट रहा है, और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट के नजदीकियों के हवाले से ही सूचनाएँ मिल रही हैं कि इसके लिए सतीश सिंघल ने दीपक गुप्ता से मोटी रकम ऐंठी है । दरअसल सतीश सिंघल ने घोषणा की हुई थी कि प्रेसीडेंट इलेक्ट फैलोशिप (पेम टू) में वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के किसी भी उम्मीदवार को आमंत्रित नहीं कर रहे हैं । उन्होंने खुद ही लोगों को बताया था कि प्रेसीडेंट इलेक्ट मीट (पेम वन) में इन उम्मीदवारों की सक्रियता के चलते उन्हें आलोचना का शिकार होना पड़ा था, और इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई तक ने उन्हें सुझाव दिया था कि अपने कार्यक्रमों को उन्हें चुनावी राजनीति का अखाड़ा नहीं बनने देना चाहिए । इन्हीं बातों का वास्ता देते हुए, पेम टू के आयोजित होने से पहले सतीश सिंघल ने कई लोगों से कहा था कि इसमें वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के किसी भी उम्मीदवार को आमंत्रित नहीं कर रहे हैं । लोगों से उन्होंने जो कहा सो कहा ही, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवारों - अशोक जैन तथा ललित खन्ना से भी उन्होंने यही बात कही । असल में, पेम टू के आयोजन से दो दिन पहले तक भी जब इन्हें निमंत्रण नहीं मिला - तो इन्होंने अपनी अपनी तरफ से पहल करके सतीश सिंघल को फोन करके अपने निमंत्रण के बारे में पूछा । सतीश सिंघल ने इन दोनों को ही बताया/दोहराया कि रोटरी इंटरनेशनल के बड़े पदाधिकारियों से मिले सुझावों के चलते उन्होंने पेम टू में किसी भी उम्मीदवार को आमंत्रित नहीं करने का फैसला किया है ।
सतीश सिंघल की इतनी स्पष्ट घोषणा के बावजूद, पेम टू के आयोजन में शामिल हुए लोगों ने जब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के तीसरे उम्मीदवार दीपक गुप्ता को कार्यक्रम में देखा - तो वह हैरान रह गए । किसी के लिए भी यह समझना मुश्किल हुआ कि सतीश सिंघल जब बार-बार लगातार यह कहते जा रहे थे कि पेम टू में वह किसी भी उम्मीदवार को नहीं आमंत्रित कर रहे हैं, तब फिर दीपक गुप्ता के मामले में वह अपनी ही घोषणा से आखिर क्यों पलट गए ? सतीश सिंघल के साथ खराब अनुभव रखने वाले कुछेक लोगों ने वहाँ लोगों के बीच कहा/बताया भी कि 'सतीश सिंघल वास्तव में एक दोगला व्यक्ति है', 'वह कहता कुछ है लेकिन करता कुछ है', और 'इस तरह वह कई लोगों के साथ धोखाधड़ी कर चुका है' - इसलिए उसके दोगलेपन पर हैरान होने की जरूरत नहीं है; लेकिन यह सवाल फिर भी अनुत्तरित ही रहा कि दीपक गुप्ता के मामले में सतीश सिंघल ने अपने ही दावे को आखिर क्यों झूठा साबित कर दिया ?
पेम वन में उम्मीदवारों की सक्रियता को लेकर हुई आलोचना के बारे में भी सतीश सिंघल ने आधी-अधूरी बात ही बताई । उस समय शिकायत और आपत्तियाँ उम्मीदवारों की सक्रियता को लेकर नहीं हुईं थीं, बल्कि सतीश सिंघल के उस रवैये की हुई थी - जिसके तहत उन्होंने दीपक गुप्ता को मंच से लोगों को संबोधित करने का मौका दिया था । सतीश सिंघल के इस रवैये की शिकायत रोटरी इंटरनेशनल के बड़े पदाधिकारियों तथा नेताओं तक भी पहुँची थी, और इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई ने सतीश सिंघल को आगाह किया था कि साऊथ एशिया के डिस्ट्रिक्ट्स में होने वाली राजनीति पर निगाह रखने की जिम्मेदारी निवर्तमान इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन की है और जो अपनी जिम्मेदारी निभाने के मामले में बहुत सख्त हैं - इसलिए कोई ऐसा काम मत करो, जिसके कारण मुसीबत में पड़ो ।
मनोज देसाई के आगाह करने का वास्ता देकर सतीश सिंघल ने पेम टू के आयोजन में अशोक जैन और ललित खन्ना को तो निमंत्रित करने से इंकार कर दिया, लेकिन दीपक गुप्ता को आगे बढ़ कर सक्रिय होने का मौका दिया । सतीश सिंघल के इस दोगले रवैये पर हैरान होने वाले लोगों को लेकिन अब सतीश सिंघल के नजदीकियों से इसके पीछे का कारण सुनने/जानने का मौका मिल रहा है । प्रेसीडेंट इलेक्ट फैलोशिप के आयोजन से जुड़े लोगों से सुनने/जानने को मिल रहा है कि सतीश सिंघल ने इसके लिए दीपक गुप्ता से मोटी रकम बसूल की है - इन्फेक्ट, सतीश सिंघल ने पेम टू दीपक गुप्ता को 'बेचने' का काम किया है । सतीश सिंघल के नजदीकियों का कहना है कि सतीश सिंघल ने दरअसल रोटरी को पैसा कमाने का जरिया बना लिया है; और उन्होंने यह भी समझ लिया है कि यह मौका उन्हें सिर्फ एक वर्ष ही मिलेगा - इसलिए वह हर मौके का फायदा उठा लेने के लिए तत्पर हैं ।  
रोटरी के नाम पर पैसा बनाने/कमाने की सतीश सिंघल की तड़प ऐसी है कि उन्हें न मनोज देसाई का आगाह करना ध्यान रहा, न केआर रवींद्रन के सख्त रवैये की चिंता रही, और न इस बात का ध्यान रहा कि एक दिन पहले तक वह उम्मीदवारों को आमंत्रित न किए जाने की घोषणा करते रहे हैं । सतीश सिंघल के नजदीकियों के अनुसार, दीपक गुप्ता से पैसा मिलने का सौदा तय हुआ कि सतीश सिंघल सब भूल गए । मजे की बात यह है कि पेम टू के आयोजन का खर्चा पूरा करने के लिए सतीश सिंघल ने आयोजन से जुड़े लोगों को पैसा जुटने के जो सोर्स बताए, उनमें दीपक गुप्ता से मिले पैसों का कोई जिक्र नहीं है - जिस आधार पर आयोजन से जुड़े लोगों का ही कहना/बताना है कि दीपक गुप्ता से मिले पैसे तो गुप्त दान ही रहे, जो सीधे सतीश सिंघल की जेब में गए हैं ।

Friday, December 2, 2016

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में मुकेश अरनेजा के बदनाम करने वाले व्यवहार पर सतीश सिंघल क्या अमित जैन की तरह की कार्रवाई करने की हिम्मत दिखा पायेंगे ?

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा ने सतीश सिंघल तथा उनके फैसलों व काम करने के तरीकों की ठीक वैसे ही खिल्ली उड़ाना शुरू कर दिया है, जैसा उन्होंने करीब छह वर्ष पहले अमित जैन के साथ किया था - और जिसके चलते अमित जैन ने उन्हें दो महीने के भीतर ही डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के पद से हटा दिया था । रोटरी इंटरनेशनल के इतिहास में मुकेश अरनेजा ने अपने नाम यह एक अनोखा फजीहतभरा रिकॉर्ड लिखवाया हुआ है, जिसमें अपनी खुद की कारस्तानियों के चलते उन्हें कुछ ही दिनों के भीतर डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद के पद से हाथ धोना पड़ा था । रोटरी इंटरनेशनल के इतिहास में, ऐसी दशा को प्राप्त होने वाले मुकेश अरनेजा पहले और अकेले रोटेरियन हैं । इस दशा को प्राप्त होने के लिए मुकेश अरनेजा ने किया यह था कि अमित जैन द्धारा डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाए जाने के बाद वह खुद को सुपर गवर्नर समझने लगे, और अमित जैन के हर फैसले तथा काम में टाँग अड़ाने लगे; अमित जैन ने उनकी इन हरकतों की अनदेखी करते हुए अपना काम करना जारी रखा, तो मुकेश अरनेजा ने लोगों के बीच उनके खिलाफ बातें करना और उनकी खिल्ली उड़ाना शुरू कर दिया । मुकेश अरनेजा की हरकतों को काबू से बाहर जाता देख, अमित जैन ने मुकेश अरनेजा को कान पकड़ कर डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद से हटा दिया । मुकेश अरनेजा ने लगता है कि छह वर्ष पहले के उस प्रकरण से कोई सबक नहीं सीखा है - क्योंकि जिस तरह की हरकतों के कारण मुकेश अरनेजा को अमित जैन ने डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के पद से हटाया था, ठीक वैसी ही हरकतें मुकेश अरनेजा ने अब सतीश सिंघल के साथ करना शुरू कर दिया है ।
मुकेश अरनेजा को जहाँ मौका मिलता है, वह वहाँ सतीश सिंघल की बुराई करना तथा उनके फैसलों व उनकी बातों की खिल्ली उड़ाना शुरू कर देते हैं । कई लोगों ने पाया/सुना है और बताया है कि हाल-फिलहाल के दिनों में मुकेश अरनेजा को कई जगह यह कहते हुए सुना गया है कि सतीश सिंघल को रोटरी के बारे में न तो कुछ पता है, और न ही वह कुछ जानना/सीखना ही चाहते हैं; मुकेश अरनेजा को इस बात की बड़ी शिकायत है कि वह डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद की अपनी भूमिका का निर्वाह करते हुए सतीश सिंघल को जो कुछ उपयोगी सुझाव देते हैं, सतीश सिंघल उन सुझावों पर कोई ध्यान ही नहीं देते हैं और बेवकूफीभरी मनमानी करते हैं । मुकेश अरनेजा कहते/बताते हैं कि उनसे कई लोग शिकायत करते हैं कि उनके डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर रहते हुए सतीश सिंघल कोई भी काम ढंग से क्यों नहीं कर पा रहे हैं । मुकेश अरनेजा का रोना है कि वह किस किस को बताएँ कि वह तो बस कहने भर को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर हैं, और सतीश सिंघल उनकी तो कुछ सुनते ही नहीं हैं । मुकेश अरनेजा का आरोप है कि एक तो सतीश सिंघल ने अपनी टीम में कई ऐसे लोगों को रख लिया है, जो किसी काम के नहीं हैं, दूसरे अपने कार्यक्रमों को संभव बनाने के लिए वह ऐसे लोगों पर निर्भर करते हैं जिन्हें रोटरी का बिलकुल भी अतापता नहीं है, और तीसरी बात यह कि किसी भी कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में लोगों के बीच उन्हें क्या बातें कहना/करना चाहिए - इसकी सतीश सिंघल को कोई समझ नहीं है; और इस कारण से वह कार्यक्रमों में अनाप-शनाप बातें करते हुए मजाक का पात्र बनते हैं । मुकेश अरनेजा कई लोगों को बता चुके हैं कि उन्होंने कई बार सतीश सिंघल को भाषण के टिप्स दिए हैं, लेकिन सतीश सिंघल ने उन पर कोई ध्यान नहीं दिया और अपने भाषण में बेमतलब तथा बेसिरपैर की बातें करते हुए अपनी ही हँसी उड़वाते हैं और अपने साथ साथ उनकी भी बदनामी करवाते हैं ।
हद की बात तो यह है कि मुकेश अरनेजा कहीं कहीं यह भी कहते हुए सुने गए हैं कि सतीश सिंघल को पहचानने में उनसे भारी गलती हो गई है, और उनके गवर्नर-काल के लिए डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बन कर उन्होंने अपने लिए मुसीबत ही मोल ले ली है । इसकी प्रतिक्रिया में मुकेश अरनेजा को किसी ने कहा भी कि यदि ऐसी बात है तो डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर का पद छोड़ क्यों नहीं देते हो ? मुकेश अरनेजा ने इसे लेकिन अनसुना कर दिया । लोगों का कहना है कि मुकेश अरनेजा है ही ऐसा दोमुहाँ व्यक्ति - वह पद को कस के पकड़े भी रहेगा, और बुराई भी करेगा । कुछेक लोगों ने मुकेश अरनेजा को आगाह भी किया कि उनकी बातों से खफ़ा होकर सतीश सिंघल कहीं अमित जैन की तरह उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के पद से हटा न दें । मुकेश अरनेजा इसका दोटूक जबाव देते हैं कि अमित जैन जैसी हिम्मत सतीश सिंघल में नहीं है । वह इसका कारण भी बताते हैं कि अमित जैन को रोटरी की समझ भी है और डिस्ट्रिक्ट में लोगों के साथ उनका जुड़ाव भी रहा है; इसके साथ-साथ उन्हें केके गुप्ता जैसे वरिष्ठ रोटेरियन की मदद भी मिल गई - लिहाजा अमित जैन ने तो उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के पद से हटाने का साहस कर लिया; किंतु सतीश सिंघल को न तो कुछ पता है और न डिस्ट्रिक्ट में उनके किसी के साथ विश्वास के संबंध हैं; मुकेश अरनेजा का कहना है कि जो लोग सतीश सिंघल के साथ काम कर रहे हैं, वह सतीश सिंघल के नहीं बल्कि वास्तव में उनके 'आदमी' हैं - इसलिए सतीश सिंघल उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के पद से हटाने की हिम्मत नहीं करेंगे ।
मजे की बात यह भी देखने में आई है कि सतीश सिंघल की बुराई करते हुए मुकेश अरनेजा को जब कभी यह आभास होता है कि सामने वालों को उनकी बातें हजम नहीं हो रही हैं, तब कभी कभी वह यह भी कहने लगते हैं कि मैं कोई सतीश की बुराई या शिकायत नहीं कर रहा हूँ, यह बातें मैं इसलिए बता रहा हूँ कि यदि किसी को सतीश की टीम के चयन से, और या उनके कार्यक्रमों से कोई शिकायत हो तो उसके लिए वह मुझे जिम्मेदार न माने/समझे - क्योंकि सतीश तो मेरी कुछ सुनता ही नहीं है । मुकेश अरनेजा की नकारात्मक बातों पर सतीश सिंघल की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आने/मिलने पर कई लोगों को आश्चर्य है, और इस आश्चर्य में उन्हें मुकेश अरनेजा का यह दावा उचित जान पड़ रहा है कि सतीश सिंघल में अमित जैन की तरह की कार्रवाई करने की हिम्मत ही नहीं है; किंतु अन्य कुछेक लोगों को लगता है और वह इसे कहते भी हैं कि सतीश सिंघल की चुप्पी से मुकेश अरनेजा की और फजीहत ही हो रही है : क्योंकि लोग खुद ही कह/पूछ रहे हैं कि मुकेश अरनेजा को यदि सचमुच लग रहा है कि सतीश सिंघल उनकी बात नहीं सुन/मान रहे हैं, और अपने फैसलों व अपनी कार्रवाइयों से अपनी और उनकी बदनामी करवा रहे हैं - तो मुकेश अरनेजा डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर का पद छोड़ क्यों नहीं देते ? मुकेश अरनेजा के इस अंतर्विरोधी 'व्यवहार' से लोग दरअसल यह समझने लगे हैं कि उन्हें हरेक पद चाहिए भी, और उसके लिए वह तिकड़म से लेकर खुशामद करने तक से पीछे नहीं हटेंगे - लेकिन पद मिलते ही फिर वह पद देने वाले की बुराई भी शुरू कर देंगे ।
मुकेश अरनेजा ने अपने इस व्यवहार का शिकार इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई तक को बना डाला । पहले तो उनकी खुशामद कर कर के मुकेश अरनेजा ने उनसे अपने लिए कुछेक फेवर ले लिए, और फिर वह लोगों को यह बताते फिरे कि मनोज देसाई तो चूँकि उनकी मेहरबानी से इंटरनेशनल डायरेक्टर बने हैं, इसलिए वह उन्हें हर जगह आगे रख/कर देते हैं । मनोज देसाई तक उनकी इस तरह की बातें पहुँची तो मनोज देसाई ने दुबई में हो रहे रोटरी जोन इंस्टीट्यूट के लिए कमेटियाँ बनाते समय मुकेश अरनेजा को उनकी हैसियत बता/दिखा दी । दुबई में हो रहे रोटरी जोन इंस्टीट्यूट की तैयारी के लिए मनोज देसाई ने 170 के करीब रोटेरियंस को लेकर कमेटी बनाई, लेकिन मुकेश अरनेजा को इससे बाहर रखा । मुकेश अरनेजा के लिए बदकिस्मती की बात यह रही कि रोटरी जोन इंस्टीट्यूट की कमेटी में रमेश अग्रवाल और जेके गौड़ तो हैं, लेकिन मुकेश अरनेजा नहीं हैं । सतीश सिंघल को लेकर मुकेश अरनेजा आजकल जिस तरह की बातें करते हुए सुने जा रहे हैं, उन्हें सुनने वाले लोगों में से कुछेक को आशंका है कि इन बातों के चक्कर में कहीं सतीश सिंघल भी अमित जैन और मनोज देसाई की तरह मुकेश अरनेजा को उनकी हैसियत बताने/दिखाने के लिए मजबूर ही न हो जाएँ - और इस कारण से मुकेश अरनेजा डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर का पद एक बार फिर से कहीं गँवा न दें ।

Wednesday, November 16, 2016

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 के 'गवर्नर इलेक्ट' दिनेश शर्मा को सबक सिखाने की कोशिश में इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई क्या सचमुच मामले को सुलझने नहीं देंगे ?

सिकंदराबाद । दिनेश शर्मा के प्रति इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई के रवैये के कारण डिस्ट्रिक्ट 3100 का संकट मौजूदा रोटरी वर्ष में हल होता हुआ नहीं दिख रहा है । हालाँकि यूँ तो डिस्ट्रिक्ट 3100 में परिस्थितियाँ पटरी पर लौटती नजर आ रही हैं - रोटरी इंटरनेशनल के विशेष प्रतिनिधि संजय खन्ना की कोशिशों से अधिकतर क्लब्स के ड्यूज जमा हो गए हैं, मैचिंग ग्रांट्स पर लगी बंदिश रोटरी इंटरनेशनल द्धारा हटा ली गई है, रोटरी इंटरनेशनल के खिलाफ किए गए मुकदमे को वापस ले लिया गया है, डिस्ट्रिक्ट को बबाल-मुक्त बनाने के लिए डिस्ट्रिक्ट के नियम-कानूनों में आवश्यक सुधार व फेरबदल करने को लेकर पूर्व गवर्नर्स के बीच सहमति बन गई है, आदि-इत्यादि । इंटरनेशनल प्रेसीडेंट जॉन जर्म से डिस्ट्रिक्ट 3100 से जुड़े मामलों को लेकर जब भी कोई बात पूछी/बताई जाती है, तो उनकी तरफ से तुरंत जबाव या प्रतिक्रिया मिलती है - जिससे 'पता' चलता है कि डिस्ट्रिक्ट 3100 के मामले को उन्होंने अपनी प्राथमिकता में रखा हुआ है । इन बातों व तथ्यों को सकारात्मक रूप से लिया जा रहा है, और इनके आधार पर उम्मीद की जा रही है कि इस वर्ष के अंत तक डिस्ट्रिक्ट को नॉन-डिस्ट्रिक्ट स्टेटस से बाहर निकाल दिया जायेगा - और डिस्ट्रिक्ट पुनः पहले की तरह से अपनी स्वतंत्र पहचान के साथ काम शुरू कर सकेगा ।
मनोज देसाई के रवैये ने लेकिन इस उम्मीद पर ग्रहण लगाया हुआ है । मनोज देसाई के रवैये ने दरअसल इस सवाल पर विवाद खड़ा कर दिया है कि नॉन डिस्ट्रिक्ट स्टेटस से बाहर आने के बाद अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट का गवर्नर कौन होगा ? उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट में यदि बबाल पैदा नहीं हुआ होता, तो दिनेश शर्मा इस वर्ष डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट के पद पर होते - और इस नाते से वह स्वाभाविक रूप से अपने आप को अगले रोटरी वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में देखते हैं । डिस्ट्रिक्ट 3100 के दूसरे लोग भी इस वर्ष के अंत तक संकट हल हो जाने की स्थिति में अगले रोटरी वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दिनेश शर्मा को ही 'देख' रहे हैं । वास्तव में किसी को भी दिनेश शर्मा के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने को लेकर शक नहीं है । किंतु मनोज देसाई के रवैये ने यह शक पैदा कर दिया है । बात यह नहीं है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर तथा दुबई में हो रहे रोटरी जोन इंस्टीट्यूट के कन्वेनर के रूप में मनोज देसाई ने दिनेश शर्मा को आधिकारिक रूप से शामिल होने की अनुमति नहीं दी है - मनोज देसाई को यह अनुमति देने का अधिकार है भी नहीं । तकनीकी आधार पर जब डिस्ट्रिक्ट ही 'डिस्ट्रिक्ट' नहीं है, तो दिनेश शर्मा भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट नहीं हैं - और इस नाते से वह आधिकारिक रूप से इंस्टीट्यूट में शामिल होने के अधिकारी नहीं हैं । इस बात को लेकर किसी को भी न तो कोई शक है, और न शिकायत है । लेकिन इस सामान्य सी नियमपूर्ण बात को मनोज देसाई ने यह कहते हुए काफी पेचीदा बना दिया है कि गवर्नर इलेक्ट के लिए होने वाले ट्रेनिंग सेमीनार में शामिल हुए बिना दिनेश शर्मा गवर्नर आखिर कैसे बन सकेंगे ?
मनोज देसाई ने एक सामान्य सी बात को पेचीदा बना देने की जो कोशिश की है, उसके कारण डिस्ट्रिक्ट 3100 में सामान्य होती स्थितियों को ग्रहण लग गया है । डिस्ट्रिक्ट में लोगों का कहना है कि डिस्ट्रिक्ट के नॉन-डिस्ट्रिक्ट स्टेटस से बाहर आने के बाद यदि दिनेश शर्मा गवर्नर नहीं बने, तो डिस्ट्रिक्ट एक बार फिर से बबाल में फँसेगा । डिस्ट्रिक्ट में जो लोग मनोज देसाई के नजदीक हैं या जिनकी इन दिनों उनसे बातें हो रही हैं, उनके हवाले से सुनने को मिल रहा है कि मनोज देसाई दरअसल दिनेश शर्मा से बहुत ही बुरी तरह से नाराज हैं । दिनेश शर्मा ने पिछले दिनों मनोज देसाई के खिलाफ काफी कुछ बातें कहीं, जो लगता है कि मनोज देसाई तक जा पहुँची हैं - और समझा जाता है कि उन्हीं बातों के चलते मनोज देसाई ने दिनेश शर्मा को सबक सिखाने की ठान ली है । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट 3100 के मामले में मनोज देसाई की भूमिका शुरू से ही आरोपों के घेरे में रही है और यहाँ के झगड़ों को हवा देकर भड़काने में उनकी भूमिका को पिछले रोटरी वर्ष के शुरू से ही चिन्हित किया जाता रहा है । कई लोगों का मानना और कहना है कि मनोज देसाई के इंटरनेशनल डायरेक्टर के पद पर रहते हुए डिस्ट्रिक्ट 3100 का मामला हल हो ही नहीं पायेगा ।
मनोज देसाई के रवैये की शिकायत सुनने वाले रोटरी इंटरनेशनल के दूसरे बड़े (भूतपूर्व) पदाधिकारियों ने हालाँकि डिस्ट्रिक्ट 3100 के लोगों को आश्वस्त करते हुए समझाया है कि डिस्ट्रिक्ट के भविष्य का फैसला मनोज देसाई को नहीं करना है, इसलिए मनोज देसाई चाहते हुए भी कोई अड़ंगा नहीं डाल पायेंगे । इन पदाधिकारियों का यह भी मानना और कहना है कि मामला इस वर्ष ही हल हो जाने की स्थिति में अगले वर्ष के गवर्नर दिनेश शर्मा ही होंगे, भले ही उनकी ट्रेनिंग न हो पाए; और इस संबंध में मनोज देसाई अपनी मनमानी नहीं चला पायेंगे । डिस्ट्रिक्ट के लोगों को यह भी बताया/समझाया गया है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद से मनोज देसाई की अब चलाचली की बेला है, तथा सी बासकर की भूमिका अब महत्त्वपूर्ण होगी - और इस कारण से मनोज देसाई के लिए अब मनमानी कर पाना संभव नहीं होगा । कुछेक बड़े नेताओं का हालाँकि यह भी कहना है कि दिनेश शर्मा को अपनी जुबान पर थोड़ा काबू रखना चाहिए और मनोज देसाई के खिलाफ अशालीन किस्म की बातें नहीं करना चाहिए; दिनेश शर्मा को समझना चाहिए कि मनोज देसाई अभी इंटरनेशनल डायरेक्टर के पद पर हैं और उनका 'काम' बिगाड़ तो सकते ही हैं । मनोज देसाई के रवैये से भी यही दिख रहा है कि वह दिनेश शर्मा को आसानी से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद तक नहीं पहुँचने देंगे - और उनके इस रवैये में डिस्ट्रिक्ट 3100 का मामला सुलझने की तरफ बढ़ते बढ़ते उलझता ज्यादा नजर आ रहा है ।

Sunday, October 23, 2016

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में दोहरे लाभ की उम्मीद में मुकेश अरनेजा द्धारा रमेश अग्रवाल की तरफ दोस्ती के बढ़ाए कदम ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए गंभीर संकट पैदा कर दिया है

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल के बीच दोस्ती होने की कोशिशों की पसीने में लथपथभरी जो एक झलक डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में देखने को मिली, उसने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति के परिदृश्य में खासी हलचल मचा दी है, जिसके नतीजे के रूप में दीपक गुप्ता और उनकी उम्मीदवारी के समर्थकों के तोते उड़ने के लिए फड़फड़ा उठे हैं । दरअसल मुकेश अरनेजा डिस्ट्रिक्ट से ऊपर की रोटरी की राजनीति और व्यवस्था में जिस तरह से खदेड़े गए हैं, उससे मुकेश अरनेजा को रमेश अग्रवाल की शरण में लौटने की मजबूरी समझ में आ रही है । उल्लेखनीय है कि दिसंबर में हो रहे रोटरी जोन इंस्टीट्यूट की भारी-भरकम कमेटी में मुकेश अरनेजा को जगह तक नहीं मिली है; उनके लिए बदकिस्मती की बात यह रही कि उक्त कमेटी में रमेश अग्रवाल के साथ-साथ जेके गौड़ तक को जगह मिल गई, लेकिन उन्हें कमेटी से बाहर ही रखा गया है । मुकेश अरनेजा के लिए फजीहत की बात यह हुई कि जिन इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई के साथ वह अपनी निकटता की डींगे हाँकते रहे हैं, उन्हीं मनोज देसाई ने उन्हें उक्त कमेटी में 'घुसने' नहीं दिया । मुकेश अरनेजा के निकटवर्तियों का कहना है कि कुछेक दूसरे बड़े नेताओं के साथ साथ पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता ने भी उन्हें बताया/समझाया है कि डिस्ट्रिक्ट की राजनीति में नकारात्मक भूमिका निभाने के कारण रोटरी के बड़े नेताओं के बीच उनकी बहुत बदनामी है, और इसीलिए रोटरी जोन इंस्टीट्यूट जैसे महत्त्वपूर्ण आयोजन में उन्हें कोई जगह नहीं मिल सकी ।
इन हालात में मुकेश अरनेजा को रमेश अग्रवाल के साथ दोस्ती कर लेने में ही अपनी भलाई नज़र आई है - और समझा जाता है कि मुकेश अरनेजा ने अपनी तरफ से रमेश अग्रवाल की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ा दिया है । हालाँकि रमेश अग्रवाल और मुकेश अरनेजा के जैसे जो संबंध चल रहे हैं, उन्हें देखते/पहचानते हुए दोनों के बीच सहयोगात्मक संबंध बन पाना आसान नहीं होगा - लेकिन फिर भी दोनों के ही निकटवर्तियों का मानना और कहना है कि रोटरी में और रोटरी की राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है; और राजनीति में तो नए समीकरण बनते/बिगड़ते ही रहते हैं । मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल के मामले में भी लोगों ने देखा ही है कि दोनों के संबंध कई बार सर्द/गर्म होते रहे हैं । दोनों के बीच संबंध सुधारने की जरूरत इस समय भले ही मुकेश अरनेजा को लग रही है, लेकिन भविष्य की आहटों को सुनते/समझते हुए रमेश अग्रवाल को भी यह जरूरत महसूस हो रही है । रमेश अग्रवाल भी समझ रहे हैं कि जेके गौड़ जैसे लोग तक जब उन्हें आँखें दिखाने लगे हैं, तो भविष्य उनका भी कोई अच्छा नहीं है । भविष्य को सुरक्षित करने/बनाए रखने के लिए रमेश अग्रवाल को भी मुकेश अरनेजा के साथ तार एक बार फिर से जोड़ लेने की जरूरत महसूस हो रही है । रमेश अग्रवाल भी समझ रहे हैं कि मुकेश अरनेजा के साथ उनकी दोस्ती यदि फिर से हो जाएगी, तो 'नए' गवर्नर उन्हें अलग-थलग नहीं कर पायेंगे ।
मुकेश अरनेजा व रमेश अग्रवाल की जरूरतों के कारण भले ही अलग अलग हों, लेकिन जरूरतें चूँकि एक सी ही हैं - इसलिए दोनों के ही नजदीकियों का मानना और कहना है कि अपने अपने ईगो को छोड़कर साथ आ मिलने में दोनों को ही देर नहीं लगेगी । मुकेश अरनेजा व रमेश अग्रवाल के बीच हो सकने वाले इस मिलन समारोह ने दीपक गुप्ता और उनकी उम्मीदवारी के समर्थकों को बेचैन कर दिया है । दरअसल वह भी समझ रहे हैं कि दोनों के बीच संबंध सुधरे, तो इसका खामियाजा दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को ही भुगतना पड़ेगा । वास्तव में हर कोई समझ रहा है कि रमेश अग्रवाल के लिए तो अशोक जैन की उम्मीदवारी के समर्थन से पीछे हटना संभव नहीं होगा; और मुकेश अरनेजा के लिए दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन को छोड़ देने में कोई समस्या नहीं होगी । मुकेश अरनेजा खुद भी कहते रहे हैं कि पिछले रोटरी वर्ष में दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी का झंडा तो उन्होंने मजबूरी में तब उठाया था, जब रमेश अग्रवाल एंड कंपनी ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की राजनीति में उन्हें अलग-थलग कर दिया था । यानि मुकेश अरनेजा के लिए दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी का समर्थन डिस्ट्रिक्ट में अपनी उपस्थिति, पहचान और अहमियत बनाए रखने का एक जरिया भर है । ऐसे में, दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन से पीछे हट कर मुकेश अरनेजा को यदि रोटरी में अपनी उपस्थिति, पहचान और अहमियत बनाए रखने का मौका मिलता दिख रहा होगा - तो वह दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी से पीछे हटने में देर भला क्यों लगायेंगे ?
मुकेश अरनेजा ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति में जातिवाद का कार्ड चल कर दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन से पीछे हटना वास्तव में शुरू भी कर दिया है । ललित खन्ना के नजदीक दिखने वाले गैर-पंजाबी लोगों को हाल-फिलहाल में मुकेश अरनेजा की तरफ से समझाने की कोशिश की गई है कि वह एक पंजाबी का साथ क्यों देना चाहते हैं, उन्हें गैर पंजाबी का साथ देना चाहिए - भले ही दीपक का साथ दो या अशोक का । मुकेश अरनेजा की जातिवादी राजनीति को रमेश अग्रवाल चूँकि अच्छे से जानते/समझते हैं, इसलिए उन्हें यह समझने/पहचानने में देर नहीं लगी कि इस तरह की बातों के स्रोत मुकेश अरनेजा ही हैं । मुकेश अरनेजा की इस समय दरअसल एक बड़ी खुन्नस ललित खन्ना हैं । मुकेश अरनेजा को अपने ही क्लब - रोटरी क्लब दिल्ली नॉर्थ से जिस तरह अपमानित होकर निकलना/भागना पड़ा, और रोटरी क्लब दिल्ली नॉर्थ के पदाधिकारी व लोग अभी भी उनके साथ जिस तरह का परायापन दिखा/जता रहे हैं, मुकेश अरनेजा उसके लिए ललित खन्ना को ही जिम्मेदार मान रहे हैं । इसलिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में मुकेश अरनेजा का मुख्य एजेंडा दीपक गुप्ता को जितवाना नहीं, बल्कि किसी भी तरह से ललित खन्ना का हरवाना है । इसके लिए यदि उन्हें अशोक जैन की उम्मीदवारी के समर्थन में भी जाने की जरूरत होगी, तो वह हिचकेंगे नहीं । अशोक जैन की उम्मीदवारी के समर्थन से यदि रमेश अग्रवाल के साथ उनके संबंध सुधरते हैं, तो फिर उनके लिए तो यह बात सोने पर सुहागे वाली बात होगी ।
यानि रमेश अग्रवाल के साथ पुनः दोस्ती करने से मुकेश अरनेजा को ललित खन्ना से निपटने के साथ-साथ डिस्ट्रिक्ट से ऊपर की 'व्यवस्था' में भी अपनी स्थिति ठीक करने का मौका मिलेगा - तो उनके लिए तो यह दोहरा लाभ पाने का तरीका हुआ । मुकेश अरनेजा के निकटवर्तियों का कहना है कि डिस्ट्रिक्ट तथा उससे ऊपर की राजनीति तथा व्यवस्था में अपनी जरूरतों का ध्यान करते हुए, और दोहरे लाभ को पाने की उम्मीद में मुकेश अरनेजा ने रमेश अग्रवाल की तरफ दोस्ती का कदम बढ़ा दिया है, जिसकी एक झलक हाल ही में हुए डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में लोगों को भी देखने को मिली है । इस झलक ने लेकिन दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए गंभीर संकट पैदा कर दिया है ।