Showing posts with label ARCH KLUMPH SOCIETY. Show all posts
Showing posts with label ARCH KLUMPH SOCIETY. Show all posts

Saturday, May 9, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में रोटरी के महत्त्वपूर्ण कार्यक्रमों को करने के नाम पर महज खानापूर्ति करने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता को उम्मीद है कि रोटरी फाउंडेशन जूम सेमीनार में रमेश अग्रवाल एकेएस सदस्यता का अपना बकाया चुकाने की घोषणा जरूर कर देंगे

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता को पूरा यकीन है कि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल 16 मई को होने वाले रोटरी फाउंडेशन जूम सेमीनार में एकेएस (आर्च क्लम्प सोसायटी) सदस्यता की बकाया रकम मौजूदा रोटरी वर्ष में ही चुकाने की घोषणा कर देंगे, और अब की बार गच्चा नहीं देंगे ? उल्लेखनीय है कि एकेएस सदस्यता के लिए दी जाने वाली रकम का बकाया रमेश अग्रवाल को पिछले रोटरी वर्ष में ही चुकाना था, लेकिन जो उन्होंने नहीं चुकाया था । आधिकारिक रूप से तो रमेश अग्रवाल ने इसका कोई कारण नहीं बताया था, लेकिन अनौपचारिक रूप से उनकी तरफ से सुनने को मिला था कि एकेएस सदस्यता की रकम का बकाया यदि वह अब देंगे, तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में सुभाष जैन के गवर्नर-वर्ष में रोटरी फाउंडेशन में ज्यादा रकम जमा होने का रिकॉर्ड बनेगा - इसलिए वह इस वर्ष की बजाये अगले वर्ष, यानि दीपक गुप्ता के गवर्नर-वर्ष में बकाया रकम चुकायेंगे । दीपक गुप्ता के गवर्नर-वर्ष के भी दस महीने बीत चुके हैं, लेकिन रमेश अग्रवाल ने एकेएस सदस्यता की बकाया रकम चुकाने का नाम नहीं लिया है । रमेश अग्रवाल द्वारा बकाया चुकाये जाने को लेकर दीपक गुप्ता को दो कारणों के चलते दिलचस्पी है - एक तो इसलिए, क्योंकि रोटरी फाउंडेशन के पदाधिकारियों की तरफ से उन पर भी दबाव है कि बकाया रकम देने में आनाकानी कर रहे रमेश अग्रवाल से बकाया रकम दिलवाएँ; दीपक गुप्ता को लगता है कि रमेश अग्रवाल इस वर्ष यदि उक्त बकाया चुका देते हैं, तो रोटरी फाउंडेशन के पदाधिकारियों के बीच उनका भी रौब बनेगा। दूसरा कारण यह कि रमेश अग्रवाल बकाये की जो रकम चुकायेंगे, वह रोटरी फाउंडेशन के लिए इस वर्ष जमा होने वाली रकम में जुड़ेगी और इस तरह दीपक गुप्ता का रिकॉर्ड बनेगा ।
उल्लेखनीय है कि रमेश अग्रवाल ने वर्ष 2016 में एकेएस की सदस्यता के लिए फार्म भरा था । रमेश अग्रवाल के अलावा डिस्ट्रिक्ट के दो और सदस्य - जेके गौड़ तथा सुभाष जैन भी एकेएस सदस्य हैं । इन दोनों की तरफ से लेकिन एकेएस सदस्यता की पूरी रकम जमा हो चुकी है, और एक अकेले रमेश अग्रवाल पर ही सदस्यता राशि का बकाया बचा हुआ है । यूँ तो, एकेएस सदस्यता के लिए रोटरी फाउंडेशन के बड़े पदाधिकारियों के सामने दीपक गुप्ता ने भी सहमति दी हुई है, लेकिन उन्होंने इसके लिए चूँकि फार्म नहीं भरा है - इसलिए एकेएस सदस्यता का पैसा न चुकाने का आरोप उन पर नहीं लगाया जा सकता है । उनके बारे में यही कहा जा सकता है कि रोटरी फाउंडेशन के पदाधिकारियों के सामने रोटरी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और अपनी अमीरी की शान दिखाने के लिए उन्होंने एकेएस सदस्यता के लिए सहमति तो दे दी, लेकिन जब सचमुच पैसे देने की बारी आई तो मुँह छिपाने लगे । हालाँकि यह कोई अनोखी और हैरान करने वाली बात नहीं है - रोटरी में इस तरह की 'गालबजाने' वाली हरकतें बहुत से रोटेरियंस करते हैं, और दीपक गुप्ता तो इस 'कला' में बड़े एक्सपर्ट हैं ।
एकेएस सदस्यता के बकाये का मामला दरअसल 16 मई को 'डूइंग गुड इन द वर्ल्ड' शीर्षक से आयोजित होने  रहे रोटरी फाउंडेशन जूम सेमीनार के कारण उठा है । असल में, हर किसी को हैरानी है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता  कार्यकाल जब खत्म होने जा रहा है, तब उनके द्वारा किए जा रहे इस सेमीनार का औचित्य भला क्या है ? रोटरी इंटरनेशनल की व्यवस्था के अनुसार, यह सेमीनार डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को अपना कार्यकाल शुरू होने दिनों में करना होता है । रोटरी फाउंडेशन की रोटरी में बड़ी महत्ता है; रोटरी फाउंडेशन वास्तव में रोटरी की जान है - इसलिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स से उम्मीद की जाती है कि अपना कार्यकाल शुरू होते ही वह अपने प्रेसीडेंट्स तथा अन्य पदाधिकारियों को रोटरी फाउंडेशन के बारे में शिक्षित करेगा, ताकि प्रेसीडेंट्स व अन्य पदाधिकारी रोटरी फाउंडेशन को 'मजबूत' करने को लेकर सक्रिय हों । जाहिर है कि गवर्नर वर्ष के अंतिम दिनों में रोटरी फाउंडेशन को लेकर सेमीनार करने का कोई अर्थ नहीं रह जाता है । लेकिन दीपक गुप्ता को इस बात से जैसे कोई मतलब नहीं है, उन्हें तो बस रिकॉर्ड पूरा करना है - ताकि वह 'दिखा' सकें कि उन्होंने सारे काम किए हैं । यही उन्होंने मेंबरशिप सेमीनार के साथ किया । मेंबरशिप सेमीनार भी गवर्नर वर्ष के शुरू में होता है, जिसे दीपक गुप्ता ने अभी हाल ही में किया है । रोटरी के महत्त्वपूर्ण कार्यक्रमों को करने के नाम पर महज खानापूर्ति करते हुए दीपक गुप्ता को यह उम्मीद जरूर है कि रोटरी फाउंडेशन जूम सेमीनार में रमेश अग्रवाल एकेएस सदस्यता का अपना बकाया चुकाने की घोषणा जरूर कर देंगे, जिससे उन्हें भी बकाया न देने पर होने वाली लानत-मलानत से छुटकारा मिल जायेगा और दीपक गुप्ता का रोटरी फाउंडेशन के लिए रकम इकट्ठा करने का रिकॉर्ड बन जायेगा । देखना दिलचस्प होगा कि दीपक गुप्ता की उम्मीद पूरी होती है, या रमेश अग्रवाल से उन्हें गच्चा ही मिलता है । 

Saturday, August 3, 2019

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में महेश त्रिखा के क्लब के अधिष्ठापन समारोह के प्रति डिस्ट्रिक्ट के आम और खास लोगों द्वारा दिखाए गए उत्साह तथा उनकी उपस्थिति ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई में महेश त्रिखा की उम्मीदवारी को बढ़त दिलाने का काम किया है

नई दिल्ली । महेश त्रिखा के क्लब - रोटरी क्लब दिल्ली साऊथ ईस्ट के नए पदाधिकारियों के अधिष्ठापन समारोह में डिस्ट्रिक्ट के आम और खास रोटेरियंस की जुटी भीड़ ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत महेश त्रिखा की उम्मीदवारी को ऊँची छलाँग दी और इस भीड़ को यदि मानक मानें तो वह बाकी दोनों उम्मीदवारों से काफी आगे नजर आए । रोटरी की चुनावी राजनीति में उम्मीदवारों के क्लब के अधिष्ठापन समारोहों को पहली सीढ़ी के रूप में देखा/पहचाना जाता है । दरअसल अधिष्ठापन समारोह कहने को तो क्लब के नए पदाधिकारियों का होता है, लेकिन व्यवहार में वह उम्मीदवार के शक्ति-प्रदर्शन का रूप ले लेता है । नए पदाधिकारियों के अधिष्ठापन के बहाने वास्तव में उम्मीदवार अपने को मिलने वाले समर्थन का प्रदर्शन करता है । उल्लेखनीय है कि जब तक क्लब के अधिष्ठापन समारोह का समय आता है, तब तक उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के वास्ते काफी प्रयास कर चुका होता है - ऐसे में अधिष्ठापन समारोह उम्मीदवार को अपने प्रयासों को जाँचने का भी मौका देता है । दूसरी तरफ, डिस्ट्रिक्ट के लोगों को भी पता चलता है कि उम्मीदवार सिर्फ बातें ही बनाता है, या कुछ 'करता' भी है । अशोक कंतूर और अजीत जालान ने उम्मीदवार के रूप में लोगों के सामने बातें तो खूब बनाई हैं, लेकिन जब अपने अपने क्लब के अधिष्ठापन समारोह में लोगों को आमंत्रित करने की बारी आई तो दोनों ही मुँह छिपा कर बैठ गए । उनके रवैये के विपरीत महेश त्रिखा ने अपने क्लब के अधिष्ठापन समारोह में लोगों को जब खुले दिल से बुलाया, तो स्वाभाविक ही लोगों ने उनके रवैये के प्रति उत्साह दिखाया - और लोगों का यही उत्साह महेश त्रिखा की उम्मीदवारी को बाकी दोनों उम्मीदवारों की तुलना में बढ़त दिखाता नजर आया । 
महेश त्रिखा की उम्मीदवारी के प्रति समर्थन 'दिखाने' और जुटाने के उद्देश्य से आयोजित हुए समारोह में उन पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स में से अधिकतर उपस्थित दिखे, जो डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में दिलचस्पी लेते हैं और चुनावी नतीजे को प्रभावित करते हैं । खास बात यह रही कि इस समारोह में वह सभी पूर्व गवर्नर्स उपस्थित थे, जिनकी पिछले रोटरी वर्ष में अनूप मित्तल की चुनावी जीत में महत्त्वपूर्ण व सक्रिय भूमिका थी । पचास से ज्यादा क्लब्स के प्रेसीडेंट्स की उपस्थिति ने महेश त्रिखा की उम्मीदवारी को एक अलग 'वजन' दिया । डिस्ट्रिक्ट के कई वरिष्ठ रोटेरियंस ने रेखांकित किया और दावे के साथ बताया/कहा कि किसी क्लब का ऐसा अधिष्ठापन समारोह इससे पहले तो डिस्ट्रिक्ट में नहीं हुआ है; और यह समारोह 'व्यवस्था' व उपस्थिति के लिहाज से डिस्ट्रिक्ट का समारोह जैसा लग रहा था । समारोह के अच्छे से होने का श्रेय क्लब के दो सदस्यों - पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुरेश जैन और संजय खन्ना को भी दिया जा रहा है । माना/समझा जा रहा है कि पूर्व गवर्नर्स की उपस्थिति को सुनिश्चित करने में इन दोनों की सक्रिय भूमिका रही । इससे डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच संदेश गया है कि महेश त्रिखा की उम्मीदवारी को उनके क्लब के सदस्य दोनों पूर्व गवर्नर्स गंभीरता से ले रहे हैं । सुरेश जैन और संजय खन्ना की सक्रियता ने महेश त्रिखा की उम्मीदवारी की स्वीकार्यता को और बढ़ाने का ही काम किया है । इसके विपरीत, अशोक कंतूर अपने क्लब के दोनों पूर्व गवर्नर्स का समर्थन प्राप्त करने में एक बार फिर विफल होते नजर आ रहे हैं । पिछले रोटरी वर्ष में अशोक कंतूर ने अपनी पराजय के लिए अपने ही क्लब के सदस्य पूर्व गवर्नर रमेश चंद्र को जिम्मेदार ठहराया था और उन पर धोखा देने का आरोप लगाया था । अजीत जालान की समस्या तो और भी गंभीर है । लोगों के बीच उनका रोना सुना गया है कि विनोद बंसल ने पहले तो उन्हें उम्मीदवार बनवा दिया, लेकिन अब वह उनसे पीछा छुड़ाते दिख रहे हैं और उन्हें धोखा दे रहे हैं ।
महेश त्रिखा की उम्मीदवारी के लिए समर्थन 'दिखाने' और जुटाने के उद्देश्य से आयोजित हुए समारोह में क्लब के सदस्य पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुरेश जैन ने एकेएस (ऑर्च क्लम्प सोसायटी) की सदस्यता से ऊपर के लेबल पर - ट्रस्टीज सर्किल में शामिल होने के लिए रोटरी फाउंडेशन में बड़ा दान देने की घोषणा करके भी समारोह को खास बना दिया । सुरेश जैन एकेएस के ट्रस्टीज सर्किल में शामिल होने वाले डिस्ट्रिक्ट के पहले और अभी तक की स्थिति के अनुसार अकेले रोटेरियन होंगे । इससे लोगों के बीच सुरेश जैन की और क्लब की विशेष पहचान बनी है और खास धाक बनी है । इस पहचान और धाक का फायदा स्वाभाविक रूप से महेश त्रिखा की उम्मीदवारी को मिलने का कुछेक लोग अनुमान लगा रहे हैं तो कई लोग दावा कर रहे हैं । दरअसल सुरेश जैन ने एकेएस के ट्रस्टीज सर्किल में शामिल होने की घोषणा करने के लिए जिस तरह से इस समारोह को चुना, उससे लोगों के बीच संदेश गया है कि उन्होंने और क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों ने अपनी योजनाओं व कार्रवाईयों को इस तरह से संयोजित करने पर ध्यान दिया है, जिससे कि महेश त्रिखा की उम्मीदवारी के संदर्भ में डिस्ट्रिक्ट में सकारात्मक माहौल बने और उनकी उम्मीदवारी को लाभ पहुँचे । इससे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव सिर्फ महेश त्रिखा का चुनाव ही नहीं रह गया है, बल्कि उनके क्लब के प्रत्येक पदाधिकारी व सदस्य की जिम्मेदारी भी बन गया है । क्लब के अधिष्ठापन समारोह ने इसका नजारा भी दिखा दिया है । इससे महेश त्रिखा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी दौड़ में अपने प्रतिद्वंदी उम्मीदवारों से काफी आगे नजर आने लगे हैं । 

Sunday, April 21, 2019

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल एकेएस सदस्यता को लेकर तो फजीहत का शिकार हैं ही, अपनी हरकतों से उन्होंने अपने ही क्लब के एक बड़े प्रोजेक्ट को भी मुसीबत में फँसा दिया है

नई दिल्ली । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल की हरकतों के चलते रोटरी क्लब दिल्ली अशोका के बड़े प्रोजेक्ट की नींव खुदने के साथ ही क्लब में झगड़ों और विवादों की भी शुरुआत हो गई है, जिसके चलते उक्त प्रोजेक्ट के खतरे में पड़ने की आशंका पैदा हो गई है । रमेश अग्रवाल एकेएस (ऑर्च क्लम्प सोसायटी) की सदस्यता का पैसा न देने के बाद भी एकेएस सदस्य के रूप में जगह जगह अपना स्वागत करवाने को लेकर भी इन दिनों फजीहत का शिकार बन रहे हैं; ऐसे में क्लब में पैदा हुआ नया झगड़ा उनकी मुश्किलों को बढ़ाने वाला साबित हो सकता है । उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब दिल्ली अशोका ने अभी हाल ही में 'रोटरी हेल्थ एंड वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर' नाम से एक बड़े प्रोजेक्ट की आधारशिला रखने का कार्यक्रम आयोजित किया । करीब सात करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के बारे में जिसने भी सुना, उसने क्लब और क्लब के पदाधिकारियों तथा सदस्यों की भूरि भूरि प्रशंसा की; लेकिन प्रशंसा के दौर के बीच ही उक्त प्रोजेक्ट को लेकर क्लब के सदस्यों के बीच विवाद और झगड़े के स्वर भी सुनाई देने लगे । पता चला कि क्लब के पदाधिकारी और सदस्य आधारशिला रखने की पूजा में यजमान के रूप में रमेश अग्रवाल के बैठने को लेकर खासे खफा हैं । उनका कहना है कि प्रोजेक्ट चूँकि क्लब का है, इसलिए उक्त अधिकार क्लब के मौजूदा प्रेसीडेंट और या प्रेसीडेंट इलेक्ट को मिलना चाहिए था । रमेश अग्रवाल ने लेकिन जिस मनमाने तरीके से प्रेसीडेंट और प्रेसीडेंट इलेक्ट को किनारे धकेल कर अपनी पत्नी के साथ मुख्य भूमिका हथिया ली, उसके कारण क्लब के पदाधिकारियों तथा सदस्यों के बीच भारी नाराजगी है । मजे की बात यह रही कि उक्त मौके पर रमेश अग्रवाल ने क्लब के सदस्य - दूसरे पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शरत जैन को भी कोई तवज्जो देने की जरूरत नहीं समझी ।
क्लब के सदस्यों का आपसी बातचीत में कहना है कि उक्त प्रोजेक्ट के लिए क्लब के प्रायः सभी सदस्यों ने पैसे दिए हैं या देने की घोषणा की है; कई सदस्यों ने तो रमेश अग्रवाल से ज्यादा पैसे दिए हैं या देने की घोषणा की है - और इस आधार पर आधारशिला रखने की पूजा में उन्हें और या प्रेसीडेंट या प्रेसीडेंट इलेक्ट को बैठना चाहिए था; रमेश अग्रवाल आखिर किस हैसियत से अपनी पत्नी के साथ पूजा में बैठ गए । क्लब के सदस्यों की तरफ से इस तरह की बातें सुनकर रमेश अग्रवाल ने तुनक कर कह दिया है कि क्लब के सदस्यों को उनसे यदि इतनी ही चिढ़ है, तो वह प्रोजेक्ट से अलग हो जाते हैं और प्रोजेक्ट में पैसे का कोई सहयोग नहीं करेंगे । रमेश अग्रवाल की इस तुनकमिजाजी ने क्लब के कुछेक सदस्यों को भड़काने का काम किया और उनकी तरफ से सुना गया कि आधारशिला की पूजा में बैठ कर रमेश अग्रवाल ने अपने आप को प्रोजेक्ट का मुख्य कर्ता-धर्ता 'दिखा' ही दिया है, तो अब वही इस प्रोजेक्ट को पूरा करें और इसका पूरा पैसा दें । इस तरह की बातें प्रोजेक्ट को लेकर क्लब के सदस्यों के उत्साह पर पानी फेरती नजर आ रही हैं; और क्लब के संजीदा सदस्यों को लग रहा है कि रमेश अग्रवाल की मनमानी तथा तुनकभरी हरकतें कहीं प्रोजेक्ट को न ले डूबें ? क्लब के कई एक सदस्यों का स्पष्ट कहना है कि रमेश अग्रवाल यदि अपनी हरकतों से बाज नहीं आए, और क्लब के सभी सदस्यों के सहयोग से बनने वाले प्रोजेक्ट का अकेले श्रेय लेने की कोशिश करते रहे, तो फिर क्लब के कई सदस्य प्रोजेक्ट में सहयोग करने की घोषणा से पीछे हट जायेंगे ।
रमेश अग्रवाल इन्हीं दिनों एकेएस सदस्यता को लेकर भी विवादों की चपेट में हैं । दरअसल रमेश अग्रवाल ने तीन वर्ष पहले जेके गौड़ और सुभाष जैन के साथ एकेएस सदस्य बनने की घोषणा की थी और संकल्प-पत्र पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत तीन रोटरी वर्षों में - यानि 30 मार्च 2019 तक उन्हें पूरी रकम रोटरी फाउंडेशन में जमा करना थी । जेके गौड़ और सुभाष जैन तो अपनी अपनी रकम जमा कर चुके हैं, लेकिन रमेश अग्रवाल ने करीब एक लाख अमेरिकी डॉलर की रकम रोकी हुई है । तथ्य बल्कि यह है कि पिछले रोटरी वर्ष में तथा मौजूदा रोटरी वर्ष में रमेश अग्रवाल ने एकेएस की सदस्यता का कोई पैसा जमा नहीं कराया है । रोटरी इंटरनेशनल के दिल्ली स्थित साऊथ एशिया ऑफिस के पदाधिकारी उनसे तकादा भी कर चुके हैं, लेकिन फिर भी रमेश अग्रवाल के कानों पर जूँ तक नहीं रेंगी है । यह बात यूँ तो ऐसी बात नहीं है जिसके लिए रमेश अग्रवाल की फजीहत की जाए - किसी भी व्यक्ति की आर्थिक स्थिति में ऊँच-नीच हो सकती है जिसके कारण उसके लिए पहले से की गई घोषणाओं और या वायदों को पूरा करना मुश्किल हो सकता है; लेकिन रमेश अग्रवाल के मामले में शर्मनाक स्थिति और फजीहत की बात इसलिए है कि समय से पूरा पैसा न दे पाने के बाद भी रमेश अग्रवाल एकेएस सदस्य के रूप में जगह जगह अपना स्वागत करवाते रहे हैं । पिछले दिनों ही, मार्च के पहले सप्ताह में दिल्ली में रोटरी फाउंडेशन ट्रस्ट के चेयरमैन रॉन बुर्टन के सामने रमेश अग्रवाल ने एकेएस सदस्य के रूप में अपना स्वागत करवाया और उनके साथ फोटो खिंचवाई । उस समय रमेश अग्रवाल को यह तो पता था ही कि संकल्पित समय-सीमा में वह पूरा पैसा नहीं दे रहे हैं और इसलिए उन्हें अपने आपको एकेएस सदस्य कहने का 'हक' नहीं है - फिर भी रमेश अग्रवाल ने अपनी फजीहत करवाने वाला काम किया । इसके साथ ही, क्लब के प्रोजेक्ट में खुद को सर्वे-सर्वा दिखलाने की रमेश अग्रवाल की कोशिश के चलते क्लब में मचे बबाल ने रमेश अग्रवाल की मुसीबतों को बढ़ाने का ही काम किया है ।             

Thursday, September 7, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में रवि चौधरी का डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनना, बंदर के हाथ में उस्तरा आ जाने जैसा मामला है क्या - जहाँकि पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता तक को अपनी 'नाक' बचाना मुश्किल हो रहा हो

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में रवि चौधरी की एक बेवकूफीभरी लापरवाही ने एक नॉन-इश्यू को इश्यू बना दिया है; और रोटरी क्लब दिल्ली राजधानी के पूर्व प्रेसीडेंट राजेश गुप्ता, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल तथा पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता तक के लिए खासी मुसीबत खड़ी कर दी है । मामला रोटरी क्लब दिल्ली राजधानी को मिली एक करीब सवा चार करोड़ रुपए की मैचिंग ग्रांट से जुड़े प्रोजेक्ट का है, जो लगातार विवाद तथा संदेह के घेरे में रहा है - जिस कारण रोटरी इंटरनेशनल को इस ग्रांट का तीन बार ऑडिट करवाना पड़ा है । इस ग्रांट से जुड़े विवाद में चूँकि सुशील गुप्ता को भी तरह तरह से लपेटा गया, इसलिए तीसरी बार का ऑडिट तो उनकी सिफारिश और कोशिश से ही हुआ । ग्रांट से जुड़े पदाधिकारियों को इस बात से बड़ी राहत मिली कि ग्रांट के इस्तेमाल में एक नए पैसे की भी चोरी या बेईमानी नहीं पकड़ी गई, और बात सिर्फ कुछेक व्यवस्था संबंधी अनिमितताओं तक ही सीमित रही । जाहिर है कि मामले का पटापेक्ष हो ही रहा था । लेकिन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में रवि चौधरी की एक मामूली सी बेवकूफीभरी लापरवाही ने मामले को फिर से भड़का दिया और ग्रांट से जुड़े लोगों को मिल रही राहत को फिर से छीन लिया है ।
हुआ दरअसल यह कि उक्त ग्रांट से जुड़ी तीसरी ऑडिट रिपोर्ट के निष्कर्षों के साथ कुछ सवाल और सुझाव देते हुए एक पत्र रोटरी इंटरनेशनल से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कार्यालय को मिला । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में रवि चौधरी ने बिना पूरा पढ़े और समझे उस पत्र को रोटरी क्लब फरीदाबाद सेंट्रल के पदाधिकारियों को भेज दिया । दरअसल रोटरी क्लब दिल्ली राजधानी द्वारा 'जन्मी' उस ग्रांट से जुड़े प्रोजेक्ट को पालने-पोसने की जिम्मेदारी रोटरी क्लब फरीदाबाद सेंट्रल को मिली हुई है । फरीदाबाद सेंट्रल के मौजूदा पदाधिकारी पहले तो रोटरी इंटरनेशनल का पत्र देख कर चकराए, तिस पर रवि चौधरी के रवैये ने उन्हें भड़काया । रवि चौधरी ने गवर्नर वाले 'तेवर' दिखाते हुए फरीदाबाद सेंट्रल के पदाधिकारियों को यह कहते हुए धमकाया कि तुम लोग ग्रांट के नाम पर पता नहीं क्या क्या बेईमानियाँ करते हो, और रोटरी इंटरनेशनल मुझसे सवाल पूछता है । रवि चौधरी के इस रवैये से फरीदाबाद सेंट्रल के मौजूदा और पिछले पदाधिकारी भड़क गए । उन्होंने लोगों के बीच रोना रोया कि इस प्रोजेक्ट में पता नहीं क्या गड़बड़झाला है कि रोटरी इंटरनेशनल उनसे ऐसी पूछताछ करता है, जैसी अपराधियों से की जाती है । यह रोना उन्होंने चूँकि डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख लोगों के बीच रोया, तो फिर बात तो फैलनी ही थी और इस ग्रांट-प्रोजेक्ट से जुड़े 'बड़े' लोगों को निशाने पर आना ही था ।
बड़े लोगों ने ही मामले में नए सिरे से पैदा हुए झमेले का ठीकरा रवि चौधरी के सिर फोड़ा है । उनका कहना है कि रवि चौधरी की बेवकूफीभरी लापरवाही से बात का बतंगड़ बन गया है । इस तरह एक बार फिर साबित हुआ है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की जिम्मेदारियाँ क्या होती हैं और उन्हें किस होशियारी से निभाना होता है, यह जानने/समझने में रवि चौधरी पूरी तरह विफल रहे हैं; डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उन्होंने सिर्फ लोगों पर रौब जमाना और कार्यक्रमों में फूहड़ प्रदर्शन करना ही जाना/सीखा है । इसीलिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में रवि चौधरी की कारस्तानियाँ आम रोटेरियंस और क्लब्स के प्रेसीडेंट्स के लिए ही मुसीबतभरी और अपमानजनक साबित नहीं हो रही हैं, बल्कि पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता जैसे बड़े लोगों के लिए भी फजीहत का कारण बन रही हैं ।
रोटरी क्लब दिल्ली राजधानी के पूर्व प्रेसीडेंट राजेश गुप्ता के ऑर्च क्लम्प सोसायटी के सदस्य बनने के 'ऐवज' में मिली बताई गई संदर्भित ग्रांट के मामले में झोलझाल तो हालाँकि रहा है, लेकिन उक्त ग्रांट से जुड़े लोग झोलझाल पर मिट्टी डाल कर उसे दबा देने में सफल रहे थे - रवि चौधरी की लापरवाही ने किंतु उस मिट्टी को हटा देने का काम किया है । यह मामला दरअसल शुरू से ही विवाद और आरोपों के घेरे में रहा है - राजेश गुप्ता ने जिस तरह से एक हाथ से ऑर्च क्लम्प सोसायटी की सदस्यता के लिए करीब पौने दो करोड़ रुपए दिए और दूसरे हाथ से 'अपने' एक अस्पताल के लिए रोटरी से करीब सवा चार करोड़ रुपए झटक लिए, उसके चलते यह मामला खासा संदेहास्पद रहा । राजेश गुप्ता के लिए फजीहत की बात यह रही कि वह अपने प्रेसीडेंट-वर्ष के बाद अपने ही क्लब के प्रेसीडेंट अमर कुंडलिया को ग्रांट और उसके उपयोग में कोई झोलझाल न होने का विश्वास दिलाने में असफल रहे, जिस कारण राजेश गुप्ता को उक्त प्रोजेक्ट अपने क्लब से निकाल कर रोटरी क्लब फरीदाबाद सेंट्रल में ले जाना पड़ा । राजेश गुप्ता की इससे भी ज्यादा फजीहत तब हुई, जब रोटरी इंटरनेशनल द्वारा नियुक्त किए गए ऑडीटर ने इस बात पर आपत्ति जताई कि उक्त प्रोजेक्ट जब रोटरी क्लब फरीदाबाद सेंट्रल का है - तब राजेश गुप्ता ग्रांट के हिसाब/किताब के रखवाले आखिर क्यों बने हुए हैं, और उसके बाद राजेश गुप्ता को ग्रांट के प्रबंधन की जिम्मेदारी से हटने के लिए मजबूर होना पड़ा ।
इस ग्रांट-प्रोजेक्ट से जुड़े पदाधिकारियों के इस दावे पर यदि यकीन कर भी लिया जाए कि इसमें एक नए पैसे की भी हेराफेरी नहीं हुई है, तब भी यह सवाल तो बना ही रहता है कि राजेश गुप्ता अपने ही क्लब के अध्यक्ष अमर कुंडलिया को ग्रांट-प्रोजेक्ट में ईमानदारी से काम होने का भरोसा आखिर क्यों नहीं दिला पाए और क्यों यह ग्रांट-प्रोजेक्ट रोटरी क्लब रोटरी क्लब फरीदाबाद सेंट्रल को देना पड़ा, और वहाँ भी वह ग्रांट-प्रोजेक्ट के हिसाब-किताब से क्यों जुड़े रहे ? दरअसल इस तरह की बातों ने ही इस ग्रांट-प्रोजेक्ट को विवाद और आरोपों के घेरे में बनाए रखा । इस ग्रांट-प्रोजेक्ट से तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में चूँकि विनोद बंसल और डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख होने के नाते सुशील गुप्ता का नाम भी जुड़ा रहा है, इसलिए विवाद में इनका नाम घसीटने के भी प्रयास हुए । समय बीतने के साथ-साथ विवाद के कारण लेकिन काफी हद तक दफ़्न होते गए थे और मामला पूरी तरह लगभग सेटल हो गया था । जो थोड़ा बहुत झाम/झमेला था भी, वह ग्रांट-प्रोजेक्ट से जुड़े लोगों और रोटरी इंटरनेशनल के बीच ही सिमट कर रह गया था - जिसके चलते विवाद व आरोपों की जद में आने वाले लोगों ने भी चैन की साँस ले ली थी । किंतु रवि चौधरी की लापरवाही और बेवकूफाना हरकत ने सारे मामले को फिर से खोल कर विवाद और आरोपों को नए सिरे से हवा दे दी है । मामले से जुड़े लोगों का कहना है कि रोटरी इंटरनेशनल से आए पत्र को रवि चौधरी यदि पढ़ लेते और समझ लेते तथा मामले से जुड़े लोगों से उस पर बात कर लेते - और यदि इतना नहीं, तो कम से कम फरीदाबाद सेंट्रल के पदाधिकारियों को अपनी चौधराहट दिखाए बिना ही पत्र सौंप देते तो इतना बड़ा बबाल न होता । लोगों का कहना है कि रवि चौधरी के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नरी कुछ ऐसी है, जैसे बंदर के हाथ में उस्तरा आ गया हो - और वह किसी की भी हजामत बना देने के लिए हमेशा तैयार रहता हो ।

Tuesday, April 18, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 से ऑर्च क्लम्प सोसायटी के पहले और अकेले सदस्य बनकर सुभाष जैन ने रोटरी की व्यवस्था में अपने खुद के नंबर तो बनाए/बढ़ाए ही हैं, साथ ही डिस्ट्रिक्ट के सदस्यों को भी गौरवान्वित होने का मौका दिया है

गाजियाबाद । ऑर्च क्लम्प सोसायटी (एकेएस) के नए बने सदस्यों के सम्मान में रोटरी इंटरनेशनल के वरिष्ठ पदाधिकारियों की तरफ से रोटरी इंटरनेशनल के मुख्यालय में आयोजित हुए डिनर में सुभाष जैन की उपस्थिति ने डिस्ट्रिक्ट 3012 के सदस्यों को अनोखे किस्म के गौरव के अहसास से परिचित कराने का काम किया है । सुभाष जैन डिस्ट्रिक्ट 3012 के पहले और अकेले सदस्य हैं, जो ऑर्च क्लम्प सोसायटी के सदस्य बने हैं । उल्लेखनीय है कि रोटरी फाउंडेशन के रचयिता और संस्थापक ऑर्च सी क्लम्प के नाम पर स्थापित ऑर्च क्लम्प सोसायटी की सदस्यता रोटरी फाउंडेशन में ढाई लाख अमेरिकी डॉलर देने वाले व्यक्ति को मिलती है । इस सोसायटी के सदस्य बनने वाले का उसके जीवन साथी के साथ रोटरी इंटरनेशनल के अमेरिका स्थित मुख्यालय में आयोजित होने वाले इंडक्शन समारोह में सम्मान किया जाता है; और उसके परिचय के साथ उसकी और उसके जीवनसाथी की तस्वीर उसी मुख्यालय की अठारहवीं मंजिल पर स्थापित इंटरएक्टिव गैलरी में लगाई जाती है । ऑर्च सी क्लम्प रोटरी इंटरनेशनल के छठे इंटरनेशनल प्रेसीडेंट थे, और उन्होंने ही 1917 में रोटरी फाउंडेशन की स्थापना की थी । इस सोसायटी के दुनिया भर में करीब ढाई सौ सदस्य हैं । सुभाष जैन के साथ, पड़ोसी डिस्ट्रिक्ट - डिस्ट्रिक्ट 3011 के नवदीप चावला तथा पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुरेश जैन भी इस सोसायटी के सदस्य बने हैं ।
डिस्ट्रिक्ट 3012 से सुभाष जैन के ऑर्च क्लम्प सोसायटी के पहले और अकेले सदस्य बनने के तथ्य का दिलचस्प पहलू यह भी है कि पिछले दो वर्षों में डिस्ट्रिक्ट में रोटरी फाउंडेशन की जो मीटिंग्स हुई हैं, उनमें ऑर्च क्लम्प सोसायटी का सदस्य बनने की घोषणा करके रमेश अग्रवाल, जेके गौड़ और दीपक गुप्ता भी तालियाँ बटोर चुके हैं - लेकिन जब सोसायटी का सदस्य बनने के लिए पैसे देने का समय आया - तो यह तीनों ही पीछे हट गए हैं । डिस्ट्रिक्ट के आयोजनों में कई लोग इस तरह की धोखेबाजी करते हैं - तालियाँ बटोरने के लिए पीएचएफ बनने के लिए वह अपना नाम तो दे देते हैं, लेकिन जब उसके लिए पैसे देने की बात आती है तो मुँह छिपाते फिरते हैं; इस तरह की हरकत लेकिन रमेश अग्रवाल, जेके गौड़ और दीपक गुप्ता जैसे लोग भी कर सकते हैं - और वह भी रोटरी इंटरनेशनल के बड़े पदाधिकारियों के सामने, यह किसी ने नहीं सोचा होगा । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट 3012 को ऑर्च क्लम्प सोसायटी की तरफ जाने वाला रास्ता दिखाने का श्रेय भी सुभाष जैन को ही है । पिछले रोटरी वर्ष में सुभाष जैन ने ही इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई तथा पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता की उपस्थिति में हुए रोटरी फाउंडेशन के आयोजन में ऑर्च क्लम्प सोसायटी की सदस्यता के लिए दिलचस्पी दिखाई थी । रोटरी के बड़े नेताओं की निगाह में चढ़ने के लिए रमेश अग्रवाल और जेके गौड़ ने भी सुभाष जैन का अनुसरण किया । सुभाष जैन के खिलाफ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव लड़ रहे दीपक गुप्ता को भी लगा कि वह भी उक्त सोसायटी का सदस्य बनने की घोषणा कर देंगे, तो चुनाव जीत जायेंगे - लिहाजा उन्होंने भी सुभाष जैन का अनुसरण किया और अपने लिए तालियाँ बजवा लीं । पिछले रोटरी वर्ष में उक्त सोसायटी का सदस्य बनने की घोषणा करने वाले रमेश अग्रवाल, जेके गौड़ और दीपक गुप्ता के लिए इस वर्ष जब सचमुच पैसे देने का मौका आया - तो यह रोटरी नेताओं व पदाधिकारियों से बचते/छिपते फिरे । दीपक गुप्ता ने तो कुछ ज्यादा ही ड्रामा फैलाया । दरअसल पिछले वर्ष की पराजय के चलते वह इतने सदमे में थे कि उन्हें लगा कि ऑर्च क्लम्प सोसायटी का सदस्य बनने के लिए हामी भरने के बाद भी वह यदि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी का चुनाव नहीं जीत सकते हैं, तो फिर रोटरी में पैसे खर्च करने का क्या फायदा ?
मजे की बात यह है कि ऑर्च क्लम्प सोसायटी का सदस्य बनने के लिए पूरी रकम एक साथ देने की जरूरत भी नहीं है । जरूरत सिर्फ एक एग्रीमेंट करने की है, जिसके तहत तीन वर्ष में रकम पूरी करना होगी । रमेश अग्रवाल, जेके गौड़ और दीपक गुप्ता लेकिन उक्त एग्रीमेंट करने से भी बचने के लिए भाग खड़े हुए । दिलचस्प बात यह है कि उक्त सोसायटी का सदस्य बनने के लिए जब तालियाँ बजी थीं - तब मंच पर सुभाष जैन के साथ रमेश अग्रवाल, जेके गौड़ और दीपक गुप्ता भी थे; किंतु उक्त सोसायटी की सदस्यता के लिए एग्रीमेंट करने का मौका आया तो सुभाष जैन अकेले रह गए । इसी का नतीजा रहा कि अभी जब रोटरी इंटरनेशनल के शिकागो स्थित मुख्यालय में नए बने सोसायटी सदस्यों के लिए डिनर का आयोजन हुआ, तो उसमें डिस्ट्रिक्ट 3012 से सिर्फ सुभाष जैन ही मौजूद थे । इस प्रसंग में मुकेश अरनेजा का रवैया भी ध्यान देने योग्य है । पिछले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन के रूप में बीच समयावधि में उन्होंने एक सूची जारी की थी, जिसमें उन लोगों के नाम थे जिन्होंने रोटरी फाउंडेशन के लिए घोषणा करने के बावजूद पैसे नहीं दिए थे । पैसे देने का समय बीत नहीं गया था, लेकिन फिर भी मुकेश अरनेजा ने अपनी नीच सोच का परिचय देते हुए उक्त सूची जारी की थी - जिसके पीछे उनका वास्तविक उद्देश्य सुभाष जैन को नीचा दिखाना था; सुभाष जैन के चक्कर में उन्होंने डिस्ट्रिक्ट के और कई रोटेरियंस को अपमानित करने का प्रयास किया था । लेकिन अब जब उनके 'चेले' दीपक गुप्ता ने रोटरी फाउंडेशन को ठेंगा दिखा दिया है, तो डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन के रूप में मुकेश अरनेजा ने अपने मुँह पर ताला लगा लिया है । इस प्रसंग में मजेदार संयोग यह भी है कि दीपक गुप्ता के साथ रोटरी फाउंडेशन के साथ धोखाधड़ी करने वाले रमेश अग्रवाल और जेके गौड़ भी रोटरी को मुकेश अरनेजा की ही देन हैं ।
उल्लेखनीय है कि पिछले रोटरी वर्ष में जब सुभाष जैन ने ऑर्च क्लम्प सोसायटी का सदस्य बनने की घोषणा की थी, तब मुकेश अरनेजा और दीपक गुप्ता ने उनकी इस घोषणा को चुनाव जीतने के उनके एक हथकंडे के रूप में प्रचारित किया था । फिर उन्होंने खुद भी इसी 'हथकंडे' को अपना लिया । लेकिन इसे जब पूरा करने का समय आया, तो मैदान से ही भाग खड़े हुए । सुभाष जैन ने लेकिन दिखाया और साबित किया कि उक्त सोसायटी का सदस्य बनने की उनकी घोषणा उनका कोई हथकंडा नहीं था, बल्कि रोटरी के लिए ईमानदारी और गहरी संलग्नता के साथ कुछ बड़ा करने के ज़ज्बे की अभिव्यक्ति था - जिसे उन्होंने पूरी ईमानदारी से निभाया और पूरा किया है । इस तरह डिस्ट्रिक्ट 3012 के इतिहास में सुभाष जैन ने एक नई इबारत लिखी है, उन्होंने सिर्फ एक रिकॉर्ड ही नहीं बनाया है - उन्होंने लोगों के बीच कुछ अलग, कुछ खास करने का हौंसला पैदा किया है, उन्होंने दिखाया है कि पुराने ढर्रे पर या पुरानी लीक पर चलने की बजाये नए नए तरीकों से लोगों को प्रेरित किया जा सकता है, नए नए क्षेत्रों में संभावनाएँ तलाशी जा सकती हैं, और सचमुच ऐसा कुछ किया जा सकता है जिसके बारे में दूसरों ने कभी सोचा भी न हो । सुभाष जैन ने जो किया है - उससे रोटरी की व्यवस्था में उनके खुद के नंबर तो बने/बढ़े ही हैं, साथ ही डिस्ट्रिक्ट के सदस्यों को भी गौरवान्वित होने का मौका मिला है । इसीलिए सुभाष जैन की यह उपलब्धि सिर्फ एक रिकॉर्ड भर नहीं हैं - बल्कि उससे कहीं ऊँची और बड़ी बात है ।

Wednesday, July 1, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के सुभाष जैन ने रोटरी ऑर्च क्लम्प सोसायटी का सदस्य बनकर रोटरी के बड़े नेताओं के बीच तो अपनी पहचान/पैठ बनाई ही है, साथ ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी के संदर्भ में भी लोगों के बीच भरोसा पैदा किया है

गाजियाबाद । सुभाष जैन ने रोटरी फाउंडेशन की ऑर्च क्लम्प सोसायटी की सदस्यता के लिए अपनी स्वीकार्यता देकर इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई का दिल जीतने का काम तो किया ही है, साथ ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत अपनी उम्मीदवारी के लिए हवा बनाने के संदर्भ में भी ऊँची छलाँग लगाई है । सुभाष जैन का यह कदम मास्टर स्ट्रोक के रूप में देखा गया है; और जो लोग उनके एक उम्मीदवार की 'भूमिका' निभा लेने के प्रति सशंकित थे, उन्होंने भी माना और कहा है कि सुभाष जैन ने अपने इस मास्टर स्ट्रोक से अपनी उम्मीदवारी के संदर्भ में लोगों के बीच गहरी पैठ बनाने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है । दरअसल किसी भी दूसरी राजनीति की तरह, रोटरी की चुनावी राजनीति में भी परसेप्शन का बड़ा रोल होता है । राजनीति में महत्त्व इस बात का नहीं होता कि वास्तव में आप क्या हैं; महत्त्व इस बात का होता है कि आप लोगों के बीच किस रूप में देखे/पहचाने जाते हैं । डिस्ट्रिक्ट 3012 के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पधारे इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई हो सकता है कि रोटरी क्लब गाजियाबाद सेंट्रल के सुभाष जैन को जानते/पहचानते भी न हों; हो सकता है कि वह सुभाष जैन को जानते/पहचानते हों, किन्तु सिर्फ उतना ही जितना कि वह और बहुत से रोटेरियंस को जानते/पहचानते हैं; उद्घाटन अवसर पर मौजूद रोटेरियंस में कई ऐसे लोग थे, जिनकी मनोज देसाई से पुरानी और नजदीक की पहचान रही है - लेकिन मंच पर मनोज देसाई से सम्मानित होने का मौका सुभाष जैन को मिला । और सिर्फ यही नहीं, मनोज देसाई ने अपनी फेसबुक टाइमलाइन पर डिस्ट्रिक्ट 3012 के उद्घाटन अवसर का जिक्र करते हुए जो छोटी सी टिप्पणी की है और जो तस्वीरें लगाई हैं, उनमें भी सुभाष जैन को प्रमुखता से स्थान मिला है । सुभाष जैन को यह 'स्थान' रोटरी फाउंडेशन की ऑर्च क्लम्प सोसायटी की सदस्यता लेने की घोषणा करने के कारण ही मिला है; और उनकी इसी घोषणा ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उनकी उम्मीदवारी को लोगों के बीच एकदम से एक ठोस आधार दे दिया है । 
उल्लेखनीय है कि सुभाष जैन शायद पहले ऐसे रोटेरियन हैं जो ऑर्च क्लम्प सोसायटी की सदस्यता के लिए उस समय अपनी पात्रता बना रहे हैं, जबकि वह अभी गवर्नर वाली सूची में नहीं हैं । ऑर्च क्लम्प सोसायटी दरअसल रोटरी फाउंडेशन की एक बड़ी खास व क्लॉसी सोसायटी है, और इस नाते इसकी सदस्यता वास्तव में एक ऊँचा मामला है । इस बात को इस तथ्य से समझा जा सकता है कि पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता अभी पिछले वर्ष ही इस सोसायटी के सदस्य बने हैं, और पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट राजेंद्र उर्फ राजा साबू ने अभी करीब चार महीने पहले, 18 मार्च को इस सोसायटी की सदस्यता ली है । जिस सोसायटी की सदस्यता लेने में सुशील गुप्ता व राजा साबू जैसे महारथियों को जहाँ इतना समय लग गया, वहाँ सुभाष जैन ने यदि अभी ही इस सोसायटी की सदस्यता ले ली है, तो यह रोटरी के इतिहास की बड़ी बात तो है ही । यहाँ इस तथ्य को याद करना भी प्रासंगिक होगा कि दिल्ली से ऑर्च क्लम्प सोसायटी का पहला सदस्य बनने का श्रेय पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल के नाम है । सिर्फ दिल्ली ही नहीं, उत्तर और पूर्व के पास-पड़ोस के 12/15 रोटरी डिस्ट्रिक्ट्स में विनोद बंसल ऑर्च क्लम्प सोसायटी के सदस्य बनने वाले पहले रोटेरियन हैं । हालाँकि वह भी इस सोसायटी सदस्य तब बने, जब वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर थे । 
रोटरी फाउंडेशन के रचयिता और संस्थापक ऑर्च सी क्लम्प के नाम पर स्थापित ऑर्च क्लम्प सोसायटी की सदस्यता रोटरी फाउंडेशन में ढाई लाख अमेरिकी डॉलर देने वाले व्यक्ति को मिलती है । इस सोसायटी के सदस्य बनने वाले रोटेरियन का उसके जीवन साथी के साथ रोटरी इंटरनेशनल के अमेरिका स्थित मुख्यालय में आयोजित होने वाले इंडक्शन समारोह में सम्मान किया जाता है; और उसके परिचय के साथ उसकी तथा उसके जीवन साथी की तस्वीर उसी मुख्यालय की अठारहवीं मंजिल पर स्थापित इंटरएक्टिव गैलरी में लगाई जाती है । ऑर्च सी क्लम्प रोटरी इंटरनेशनल के छठे प्रेसीडेंट थे, और उन्होंने ही वर्ष 1917 में रोटरी फाउंडेशन की स्थापना की थी । इस सोसायटी के अभी करीब दो सौ सदस्य हैं । रोटरी फाउंडेशन की इस बहुत खास और क्लॉसी सोसायटी का सदस्य बनकर सुभाष जैन ने रोटरी के बड़े नेताओं के बीच तो अपनी पहचान बनाई ही है, साथ ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी के संदर्भ में भी लोगों के बीच भरोसा पैदा किया है । 
लोगों के बीच उनकी उम्मीदवारी को लेकर इस तरह का भरोसा बने, सुभाष जैन को इसकी बहुत जरूरत भी थी । सुभाष जैन ने ऑर्च क्लम्प सोसायटी की सदस्यता के जरिए जो मास्टर स्ट्रोक खेला है, उसे देख कर लोगों ने भी मान लिया है कि सुभाष जैन अब एक उम्मीदवार के 'तेवर' में आ गए हैं और उनके सामने जो चुनौतियाँ हैं भी, उन्हें वह सचमुच में हल करने की दिशा में बढ़ चले हैं । सुभाष जैन के इस 'तेवर' ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव को खासा दिलचस्प बना दिया है । 

Friday, July 11, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में विनोद बंसल ने अपने गवर्नर-काल को सिर्फ भारत के ही नहीं बल्कि दक्षिण एशिया के डिस्ट्रिक्ट्स में पहला स्थान दिलवा कर ही कीर्तिमान स्थापित नहीं किया है, बल्कि ऑर्च क्लम्प सोसायटी का सदस्य बनकर डिस्ट्रिक्ट के सदस्यों को अनोखे किस्म के गौरव के अहसास से भी परिचित कराने का काम किया है

नई दिल्ली । विनोद बंसल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में अपना कार्यकाल शुरू करते समय अपने (इंटरनेशनल) प्रेसीडेंट रॉन बर्टन से 'बी द चेंज' का जो वायदा किया था, उसे उन्होंने अप्रत्याशित कीर्तिमान के साथ निभाने का काम किया है । किए गए वायदे को निभाने के चलते ही, रोटरी फाउंडेशन के लिए रकम इकठ्ठा करने के मामले में विनोद बंसल के गवर्नर-काल को सिर्फ भारत के ही नहीं, बल्कि दक्षिण एशिया के डिस्ट्रिक्ट्स में पहला स्थान मिला है । इस तरह, विनोद बंसल का गवर्नर-काल रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के सदस्यों के लिए भी गर्व करने का सुनहरा मौका बनाता है । विनोद बंसल के गवर्नर-काल में डिस्ट्रिक्ट 3010 की तरफ से रोटरी फाउंडेशन में करीब साढ़े सत्रह लाख अमेरिकी डॉलर की रकम जमा हुई है । रोटरी फाउंडेशन के लिए रकम इकठ्ठा करने के मामले में दूसरे स्थान पर करीब पौने सोलह लाख अमेरिकी डॉलर की रकम के साथ डिस्ट्रिक्ट 3131 और तीसरे स्थान पर करीब ग्यारह लाख अमेरिकी डॉलर की रकम के साथ डिस्ट्रिक्ट 3140 रहे हैं । जाहिर है कि विनोद बंसल के गवर्नर-काल में डिस्ट्रिक्ट 3010 को रोटरी में जो ऊँचाई मिली है, उसे हासिल कर पाना पहले के वर्षों में सिर्फ सपना ही रहा था । विनोद बंसल की इस उपलब्धि ने डिस्ट्रिक्ट को ऊँचे और बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित और उत्साहित तो किया ही है, साथ ही उनके पूरा हो सकने को लेकर आश्वस्त भी किया है । विनोद बंसल की उपलब्धि में इसी संदेश को पढ़ा जाना चाहिए ।
विनोद बंसल की यह उपलब्धि लेकिन रमेश अग्रवाल पर एक गाज की तरह गिरी है । विनोद बंसल की इस उपलब्धि के कारण, रोटरी फाउंडेशन के लिए रकम इकठ्ठा करने के मामले में अपनी उपलब्धि पर इतराने का मौका रमेश अग्रवाल से एक वर्ष में ही छिन गया है । उल्लेखनीय है कि विनोद बंसल से पहले वाले वर्ष में रमेश अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में करीब दस लाख अमेरिकी डॉलर की रकम रोटरी फाउंडेशन के लिए इकठ्ठा की थी । हालाँकि डिस्ट्रिक्ट के लिहाज से यह भी एक रिकॉर्ड था -  यह अलग बात है कि डिस्ट्रिक्ट से ऊपर इस रिकॉर्ड की कोई अहमियत नहीं थी । रोटरी फाउंडेशन के लिए रकम इकठ्ठा करने के मामले में रमेश अग्रवाल के गवर्नर-काल को तत्कालीन वर्ष में देश में तीसरा स्थान मिला था । रमेश अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में रोटरी फाउंडेशन के लिए डिस्ट्रिक्ट में लेकिन तब तक की सबसे ज्यादा रकम इकठ्ठा करने का जो रिकॉर्ड बनाया था, उसे लेकर ही वह उड़े-उड़े घूम रहे थे । विनोद बंसल के रिकॉर्ड ने लेकिन उनकी सारी हवा निकाल दी है । अपने गवर्नर-काल के दस लाख अमेरिकी डॉलर के मुकाबले विनोद बंसल के गवर्नर-काल के साढ़े सत्रह लाख अमेरिकी डॉलर को देखते हुए तो रमेश अग्रवाल के लिए तो इतराने का कोई मौका ही नहीं बचा है । विनोद बंसल ने रमेश अग्रवाल के मुकाबले करीब 75 प्रतिशत ज्यादा रकम इकठ्ठा की है - देश में ही नहीं, दक्षिण एशिया में डिस्ट्रिक्ट 3010 को पहला स्थान दिलाया, सो अलग ।
बात इकठ्ठा हुई रकम की ही नहीं है - रकम इकठ्ठा करने के तरीके की भी है । रमेश अग्रवाल ने एक 'माफिया' के 'जबरन बसूली' जैसे तौर-तरीके इस्तेमाल करते हुए रोटरी फाउंडेशन के लिए रकम इकठ्ठा की थी । रोटरी क्लब गाजियाबाद के साथ किए गए सुलूक में उनके इस तरीके के सुबूत देखे/पहचाने जा सकते हैं । रोटरी क्लब गाजियाबाद ने चूँकि उनकी डिमांड पूरी नहीं की, इसलिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में रमेश अग्रवाल ने उनकी मैचिंग ग्रांट ही रोक ली । रमेश अग्रवाल द्धारा अपनाये गए इस तरह के हथकंडों के और भी उदाहरण हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद पर जेके गौड़ को चुनवाने के लिए रमेश अग्रवाल ने जेके गौड़ को जमकर ब्लैकमेल किया और उनसे रोटरी फाउंडेशन के लिए मोटी रकम धरवाई । रोटरी फाउंडेशन के लिए मोटी रकम लेकर जेके गौड़ को चुनवाने में रमेश अग्रवाल द्धारा की गई बेईमानियों की शिकायत सुधीर मंगला ने रोटरी इंटरनेशनल तक में की थी । विनोद बंसल ने रमेश अग्रवाल जैसे कोई हथकंडे अपनाये हों - या डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवारों को जितवाने का लालच देकर ब्लैकमेल किया हो - ऐसी कोई बात सुनने को नहीं मिली । यानि, जिस रिकॉर्ड को बनाने में रमेश अग्रवाल ने तमाम बदनामी कमाई - वह रिकॉर्ड भी उनके पास ज्यादा दिन नहीं रह सका; और विनोद बंसल द्धारा स्थापित किए गए कीर्तिमान के सामने रमेश अग्रवाल अपने रिकॉर्ड की बात करने लायक भी नहीं रह सके हैं ।
विनोद बंसल ने एक अकेले रोटरी फाउंडेशन के लिए रकम इकठ्ठा करने के मामले में ही कीर्तिमान स्थापित नहीं किया है, बल्कि ऑर्च क्लम्प सोसायटी का सदस्य बनकर डिस्ट्रिक्ट के सदस्यों को अनोखे किस्म के गौरव के अहसास से भी परिचित कराने का काम किया है । रोटरी फाउंडेशन के रचयिता और संस्थापक ऑर्च सी क्लम्प के नाम पर स्थापित ऑर्च क्लम्प सोसायटी की सदस्यता रोटरी फाउंडेशन में ढाई लाख अमेरिकी डॉलर देने वाले व्यक्ति को मिलती है । इस सोसायटी के सदस्य बनने वाले का उसके जीवन साथी के साथ रोटरी इंटरनेशनल के अमेरिका स्थित मुख्यालय में आयोजित होने वाले इंडक्शन समारोह में सम्मान किया जाता है; और उसके परिचय के साथ उसकी और उसके जीवनसाथी की तस्वीर उसी मुख्यालय की अठारहवीं मंजिल पर स्थापित इंटरएक्टिव गैलरी में लगाई जाती है । ऑर्च सी क्लम्प रोटरी इंटरनेशनल के छठे प्रेसीडेंट थे, और उन्होंने ही 1917 में रोटरी फाउंडेशन की स्थापना की थी । इस सोसायटी के करीब दो सौ सदस्य हैं ।
विनोद बंसल सिर्फ डिस्ट्रिक्ट 3010 के ही नहीं, उत्तर और पूर्व के पास-पड़ोस के 12/15 डिस्ट्रिक्ट्स के पहले रोटेरियन हैं, जो ऑर्च क्लम्प सोसायटी के सदस्य बने हैं । पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता भी इसी वर्ष इस सोसायटी के सदस्य बने हैं, लेकिन वह विनोद बंसल के बाद बने हैं । विनोद बंसल की प्रेरणा से उनके गवर्नर-काल में उनके क्लब - रोटरी क्लब दिल्ली राजधानी - के अध्यक्ष रहे राजेश गुप्ता भी इस सोसायटी के सदस्य बने हैं । पिछले रोटरी वर्ष में इन तीन के अलावा चार और रोटेरियंस इस सोसायटी के सदस्य बने हैं - तीन पुणे और एक जयपुर से । यानि रोटरी फाउंडेशन की एक बड़ी खास और क्लॉसी सोसायटी - ऑर्च क्लम्प सोसायटी - से परिचित होने का और उसके बारे में जानने का मौका सिर्फ डिस्ट्रिक्ट 3010 के रोटेरियंस को ही नहीं, बल्कि आसपास के डिस्ट्रिक्ट्स के रोटेरियंस को भी विनोद बंसल के सौजन्य से मिला ।
जाहिर है कि विनोद बंसल ने अपने गवर्नर-काल में जो रिकॉर्ड बनाया है - उसे 'इससे ज्यादा' या 'उससे ज्यादा' या 'अब तक का सबसे ज्यादा' जैसे शब्दों से ही नहीं देखा/पहचाना या परिभाषित किया जा सकता है । विनोद बंसल ने एक नई इबारत लिखी है, उन्होंने सिर्फ रिकॉर्ड ही नहीं बनाया है - उन्होंने कुछ अलग-कुछ खास करने का हौंसला पैदा किया है, उन्होंने दिखाया है कि पुराने ढर्रे पर या पुरानी लीक पर चलने की बजाये नए नए लोगों को प्रेरित किया जा सकता है, नए नए क्षेत्रों में संभावनाएँ तलाशी जा सकती हैं, और सचमुच ऐसा कुछ किया जा सकता है जिसके बारे में दूसरों ने कभी सोचा भी न हो । विनोद बंसल ने जो किया है - उससे उनके खुद के नंबर तो बने/बढ़े ही हैं, साथ ही डिस्ट्रिक्ट के सदस्यों को भी गौरवान्वित होने का मौका मिला है । इसीलिए विनोद बंसल की उपलब्धियाँ सिर्फ रिकॉर्ड भर नहीं हैं - उससे कहीं ऊँची बात है ।