Showing posts with label ROTARY INTERNATIONAL DISTRICT 3010. Show all posts
Showing posts with label ROTARY INTERNATIONAL DISTRICT 3010. Show all posts

Saturday, February 10, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर केके गुप्ता के गवर्नर-काल के सिल्वर जुबली कार्यक्रम को तत्कालीन इंटरनेशनल प्रेसीडेंट क्लिफ डॉचटर्मन ने रोटरी के इतिहास में यूनीक आईडिया बताया

नई दिल्ली । पच्चीस वर्ष पहले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रहे केके गुप्ता ने अपने गवर्नर-काल की सिल्वर जुबली मनाने का फैसला करके रोटरी के इतिहास में एक अनोखा अध्याय जोड़ा है । उस वर्ष इंटरनेशनल प्रेसीडेंट रहे क्लिफ डॉचटर्मन ने तो उनके निमंत्रण पर कहा भी कि रोटरी में उन्होंने इस तरह के आयोजन की बात नहीं सुनी है, और यह बहुत ही यूनीक आईडिया है । क्लिफ डॉचटर्मन सिर्फ एक पूर्व प्रेसीडेंट ही नहीं हैं, रोटरी में और अमेरिकी समाज व प्रशासन में वह एक बड़ा नाम हैं । रोटरी में वह एक बड़े नेता हैं, जो रोटरी इंटरनेशनल की प्रायः सभी कमेटियों में प्रमुख पदों पर अपनी सेवाएँ दे चुके हैं । रोटरी में उनकी सेवाओं को देखते/ पहचानते और रेखांकित करते हुए उनके नाम पर 'द क्लिफ डॉचटर्मन अवॉर्ड' की स्थापना हुई है । क्लिफ डॉचटर्मन की लिखी 'द एबीसी ऑफ रोटरी' शीर्षक पुस्तक रोटेरियंस तथा रोटरी पर शोध करने वाले अकादमिक संस्थानों के बीच खासी लोकप्रिय है । ऐसे क्लिफ डॉचटर्मन ने केके गुप्ता के गवर्नर-काल के सिल्वर जुबली आयोजन को यदि यूनीक कहा है - तो यह वास्तव में यूनीक ही है । केके गुप्ता ने अपने गवर्नर-काल के सिल्वर जुबली आयोजन से जब क्लिफ डॉचटर्मन तक को चौंकाया व विस्मित किया है, तब दूसरों की तो बात ही क्या है ? सचमुच में, जिस किसी ने भी केके गुप्ता के इस आयोजन के बारे में सुना/जाना है - उसने खुशी मिश्रित आश्चर्य ही व्यक्त किया है । ऐसे समय और माहौल में, जबकि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स आमतौर पर पदों को पाने - और या दूसरों को 'दिलवाने' के लिए राजनीति व जुगाड़ करने में ही व्यस्त देखे/पहचाने जाते हैं; कोई पूर्व गवर्नर अपने गवर्नर-काल में सहयोगी और साथी रहे रोटेरियंस के साथ सेलीब्रेट करने के बारे में सोचे - तो यह अपने आप में यूनीक बात तो है ही ।
एक रोटेरियन के रूप में केके गुप्ता की उपलब्धियाँ यूँ भी कम नहीं हैं । 1992-93 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रहे केके गुप्ता को 1999 में आगरा में हुए रोटरी जोन 5 व 6ए के रोटरी इंस्टीट्यूट का चेयरमैन बनने का मौका मिला था । रोटरी फाउंडेशन के 'मेरिटोरियस सर्विस' अवॉर्ड तथा 'डिस्टिंगुइशड सर्विस' अवॉर्ड के साथ-साथ रोटरी इंटरनेशनल के प्रतिष्ठित 'सर्विस अबव सेल्फ' से नवाजे जा चुके केके गुप्ता को एक बार सीओएल रिप्रेजेंटेटिव तथा रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट के रिप्रेजेंटेटिव के रूप में दो बार भूमिका निभाने का मौका मिला । वह दो बार डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की जिम्मेदारी निभाने के बाद इन तमाम भूमिकाओं को निभाते तथा उपलब्धियों को प्राप्त करते हुए केके गुप्ता का स्वाभाविक रूप से रोटरी से नजदीक का संबंध निरंतर बना रहा है । संभवतः इसी बात ने उन्हें अपने गवर्नर काल की सिल्वर जुबली मनाने के लिए प्रेरित किया होगा । एक दिलचस्प संयोग यह है कि केके गुप्ता के गवर्नर-काल में रोटरी क्लब गाजियाबाद सेंट्रल के प्रेसीडेंट रहे सुभाष जैन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद-भार सँभालने की तैयारी कर रहे हैं । पच्चीस वर्ष पहले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रहे केके गुप्ता और पच्चीस वर्ष पहले प्रेसीडेंट रहे सुभाष जैन के गवर्नर पद की तरफ बढ़ने के बने संयोग के चलते केके गुप्ता के गवर्नर वर्ष का सिल्वर जुबली कार्यक्रम का परिदृश्य और भी दिलचस्प हो गया है ।
केके गुप्ता के गवर्नर-काल के सिल्वर जुबली आयोजन की तैयारी ने छोटे/बड़े रोटेरियंस को खुशी मिश्रित आश्चर्य के साथ प्रेरित किया है, और हर किसी ने केके गुप्ता के इस आईडिया की तारीफ ही की है । केके गुप्ता ने आयोजन के लिए 23 फरवरी की तारीख भी बहुत सोच-विचार कर तय की है । उल्लेखनीय है कि 113 वर्ष पहले, वर्ष 1905 में 23 फरवरी के दिन ही रोटरी की स्थापना हुई थी और रोटरी के संस्थापक पॉल हैरिस ने शिकागो में पहले रोटरी क्लब का गठन किया था । अपने गवर्नर-काल के सिल्वर जुबली कार्यक्रम को रोटरी के स्थापना दिवस से जोड़ कर केके गुप्ता ने रोटरी के प्रति अपने विश्वास और अपनी प्रतिबद्धता का ही इज़हार किया है - जो आजकल कम ही देखने को मिलता है । पिछले पच्चीस वर्षों में रोटरी बहुत बदल गई है : रोटरी का न केवल भारी विस्तार हुआ है, बल्कि उसका स्वरूप भी खासा बदल गया है । कोई भी बदलाव चूँकि अच्छे और बुरे दोनों रूपों में होता है - इसलिए रोटरी में भी पिछले पच्चीस वर्षों में बहुत सी अच्छी बातें जुड़ी हैं, तो बहुत कुछ घटियापन भी आया है । इस लिहाज से देखें तो केके गुप्ता के गवर्नर-काल का सिल्वर जुबली कार्यक्रम रोटरी के पिछले पच्चीस वर्षों के इतिहास का मूल्याँकन करने का मौका भी उपलब्ध करवाता है ।

Thursday, June 4, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मुकेश अरनेजा अपनी हरकतों व कारस्तानियों के कारण अपने क्लब से निकाले गए उर्फ़ शिकारी खुद शिकार हो गया

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा अपनी जिन कारस्तानियों और करतूतों के कारण अपने क्लब से निकाल दिए गए है, उससे इंटरनेशनल डायरेक्टर का पदभार संभालने की तैयारी कर रहे मनोज देसाई के लिए यह संकट पैदा हो गया है कि उन्होंने मुकेश अरनेजा को असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर का जो पद दिया है, उसका वह क्या करें ? उल्लेखनीय है कि मनोज देसाई ने असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर के रूप में मुकेश अरनेजा को चार डिस्ट्रिक्ट्स की जिम्मेदारी सौंपी है, जिनमें उन्हें रोटरी की भावना और उसके आदर्शों के अनुरूप लोगों को शिक्षित व प्रशिक्षित करना है । मनोज देसाई के सामने सवाल लेकिन अब यह खड़ा हो गया है कि जो मुकेश अरनेजा रोटरी की भावना व उसके आदर्शों का पालन न करने के कारण अपने क्लब से निकाल दिए गए हों, वह मुकेश अरनेजा दूसरों को रोटरी की भावना व उसके आदर्शों के बारे में भला कैसे शिक्षण/प्रशिक्षण दे सकेंगे ? मनोज देसाई इस बात पर कोई फिक्र कर रहे हैं या नहीं, यह तो अभी पता नहीं चला है; लेकिन मुकेश अरनेजा इस बात की फिक्र बिलकुल भी नहीं कर रहे हैं । मुकेश अरनेजा का कहना है कि वह भले ही अपने क्लब से निकाल दिए गए हैं, लेकिन मनोज देसाई उन्हें दिया गया असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर का पद वापस नहीं लेंगे । मुकेश अरनेजा का कहना है कि मनोज देसाई ने उन्हें यह पद इसलिए दिया है क्योंकि मनोज देसाई को इंटरनेशनल डायरेक्टर चुनवाने/बनवाने में उन्होंने मदद की थी । जाहिर है कि यह पद मनोज देसाई ने उन्हें ईनाम में दिया है, और उन्हें विश्वास है कि मनोज देसाई दिया गया ईनाम वापस नहीं लेंगे । 
मुकेश अरनेजा को मनोज देसाई से तो 'राहत' मिलने की उम्मीद है, किंतु अपने ही क्लब के पदाधिकारियों से उन्हें राहत नहीं मिल सकी । उनकी कारस्तानियों और करतूतों के खिलाफ उनके क्लब के पदाधिकारियों में जो नाराजगी पैदा हुई; और उस नाराजगी के चलते उनके खिलाफ कार्रवाई करने की जो स्थितियाँ बनीं - उन्हें टालने के लिए मुकेश अरनेजा ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय खन्ना से लेकर रोटरी इंटरनेशनल के दिल्ली स्थित साऊथ एशिया ऑफिस के पदाधिकारियों तक से मदद की गुहार की; लेकिन वह क्लब से अपने निष्कासन को बचा नहीं सके । खास बात यह रही कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय खन्ना ने तथा रोटरी इंटरनेशनल के दिल्ली स्थित साऊथ एशिया ऑफिस के वरिष्ठ पदाधिकारी जितेंद्र सिंह ने मुकेश अरनेजा को बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन क्लब के पदाधिकारियों की तैयारी के सामने उनके प्रयास भी मुकेश अरनेजा को बचा नहीं सके । 
मुकेश अरनेजा का 'गणित' इस बार दरअसल फेल हो गया । मुकेश अरनेजा चूँकि बदतमीजियाँ और बदमाशियाँ करके हमेशा बच निकलते रहे हैं, इसलिए उन्हें पक्का भरोसा था कि वह इस बार भी बच निकलेंगे । किंतु वह यह समझने/पहचानने में चूक गए कि उनके 'पापों' का घड़ा अब इतना भर गया है कि उनके बचने की संभावनाएँ लगातार कम - और खत्म होती जा रही हैं । उल्लेखनीय है कि मौजूदा रोटरी वर्ष के शुरू में भी हालात ऐसे बने थे जिसमें मुकेश अरनेजा को क्लब से निकाले जाने की बात चली थी । खुशामद करके और माफी माँग कर के प्रतिकूल स्थितियों को अनुकूल करने में मुकेश अरनेजा बड़े होशियार रहे हैं; इसी होशियारी का इस्तेमाल करते हुए मौजूदा रोटरी वर्ष के शुरू में आये संकट को टाल देने में मुकेश अरनेजा सफल हो गए थे । मुकेश अरनेजा ने चूँकि अपनी करतूतों के लिए माफी माँग ली थी, इसलिए क्लब के पदाधिकारियों व दूसरे सदस्यों ने समझा था कि मुकेश अरनेजा अब कम-से-कम इस वर्ष अपनी हरकतों से बाज रहेंगे । लेकिन मुकेश अरनेजा ने उस बात को सही साबित किया, जो बात लोग उनके बारे में प्रायः कहते हैं कि जैसे कुत्ते की पूँछ को किसी भी तरह से सीधा नहीं किया जा सकता है, वैसे ही मुकेश अरनेजा को सुधारा नहीं जा सकता है । माफी माँग कर मुकेश अरनेजा ने अपने खिलाफ होने वाली कार्रवाई को तो टलवा दिया, लेकिन अपनी हरकतों से बाज वह नहीं आए । दरअसल उन्होंने सोचा यह था कि मौजूदा वर्ष तो अब निकल ही जायेगा और अगले वर्ष अध्यक्ष पद सँभालने वाले मनीष गोयल तो उनके ही 'आदमी' हैं, तो फिर उन्हें थोड़े दिन के लिए भी सुधरने की जरूरत भला क्या है ?
मुकेश अरनेजा सुधरने का वायदा करके भी नहीं सुधरे और उन्होंने अपनी हरकतें जारी रखीं । उन्होंने गलती यही की कि उन्होंने मौजूदा अध्यक्ष आभा गुप्ता को हल्के में लिया । आभा गुप्ता ने पहली बार तो मुकेश अरनेजा को माफ करने की उदारता और बड़प्पन दिखाया था; लेकिन जब उन्होंने देखा कि उनकी उदारता और उनके बड़प्पन को मुकेश अरनेजा उनकी कमजोरी समझ रहे हैं, तो उन्होंने मुकेश अरनेजा की गर्दन ऐसे पकड़ी कि गर्दन छुड़ाने के लिए मुकेश अरनेजा छटपटाये तो बहुत, और - और जैसा कि पहले बताया जा चुका है कि - उन्होंने संजय खन्ना व जितेंद्र सिंह जैसे बड़े पदाधिकारियों की मदद भी जुटाई, किंतु आभा गुप्ता की पकड़ से अपनी गर्दन छुड़ा नहीं पाए और क्लब से बाहर कर दिए गए । 
मुकेश अरनेजा के समर्थकों का कहना है कि मुकेश अरनेजा को भले ही क्लब से बाहर कर दिया गया है, लेकिन मुकेश अरनेजा अभी हार मानने वाले नहीं हैं । क्लब में वापसी करने के लिए उनके पास दो रास्ते हैं : एक तो वह क्लब के सदस्यों की मीटिंग बुला/बुलवा कर दो-तिहाई समर्थन जुटा कर क्लब से उन्हें निकालने के फैसले को वापस करवा सकते हैं; और दूसरा रास्ता उनके पास यह है कि वह रोटरी इंटरनेशनल में शिकायत कर सकते हैं कि उन्हें क्लब से निकालने की प्रक्रिया में नियमों आदि का पालन नहीं हुआ है, और वहाँ से वह अपने पक्ष में फैसला होने की उम्मीद कर सकते हैं । इन दोनों रास्तों की सफलता को लेकर लेकिन शक इसलिए है क्योंकि क्लब में अधिकतर सदस्य मुकेश अरनेजा के खिलाफ हो गए हैं । इसका सबसे बड़ा सुबूत यह है कि अगले रोटरी वर्ष के लिए बनने वाले बोर्ड में मुकेश अरनेजा गिरोह ने जब अपने लोगों को रखने का प्रयास किया तो उसका तगड़ा विरोध हुआ, जिसके कारण बोर्ड के सदस्यों के लिए चुनाव करवाने की नौबत पैदा हुई - जिसमें मुकेश अरनेजा गिरोह के उम्मीदवार भारी अंतर से पराजित हुए । इससे यही लग रहा है कि रोटरी क्लब दिल्ली नॉर्थ में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मुकेश अरनेजा के लिए अब शायद कोई जगह नहीं रह गई है । 
मुकेश अरनेजा को क्लब से निकाले जाने की घटना डिस्ट्रिक्ट की राजनीति में एक अनोखी घटना भी है - डिस्ट्रिक्ट में लोग अभी तक यही सुनते और देखते रहे हैं कि मुकेश अरनेजा ही क्लब्स में झगड़े करवाते हैं और लोगों को उनके क्लब्स से निकलवाते हैं । पिछले वर्षों में क्लब्स से जो लोग निकाले गए हैं, या क्लब्स में अलग-थलग किए गए हैं - उनमें अधिकतर मामलों में मुकेश अरनेजा का ही हाथ बताया/सुना जाता रहा है । मुकेश अरनेजा अभी तक दूसरोँ का ही शिकार करते रहे हैं - लेकिन दूसरों का शिकार करने के लिए वह जिस तरह की हरकतें और कारस्तानियाँ करते रहे हैं, उन्हीं हरकतों और कारस्तानियों का अब वह खुद शिकार हो गए हैं । 

Wednesday, May 27, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के एक आयोजन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सुधीर मंगला के हाथों हुई पूर्व गवर्नर रमेश अग्रवाल की फजीहत का शरत जैन और जेके गौड़ ने भी जो मजा लिया, उससे रमेश अग्रवाल बहुत खफा हैं

नई दिल्ली । रमेश अग्रवाल, शरत जैन और जेके गौड़ से इस बात पर बुरी तरह खफा हैं कि 'वाश' प्रोग्राम को लेकर रोटरी इंडिया विन्स कमेटी व यूनिसेफ के बीच मेमोरेण्डम पर हस्ताक्षर होने के कार्यक्रम में सुधीर मंगला जब उन्हें डांट-फटकार लगा रहे थे, तब यह दोनों चुपचाप खड़े तमाशा देख रहे थे और मजे ले रहे थे । रमेश अग्रवाल का रोना है कि इन दोनों को गवर्नर बनवाने में उन्होंने अथक मेहनत की, और अपने आप को लोगों के बीच बुरी तरह बदनाम तक करवाया - लेकिन इसका बदला इन्होंने इस तरह दिया कि सुशील गुप्ता, संजय खन्ना, विनोद बंसल, संगीता बंसल, रमेश चंद्र तथा यूनिसेफ के प्रमुख पदाधिकारियों के बीच सुधीर मंगला जब उन्हें बुरी तरह लताड़ रहे थे, तब यह दोनों चुपचाप खड़े मजे ले रहे थे । सुशील गुप्ता यदि बीच-बचाव नहीं करते, तो सुधीर मंगला पता नहीं उनका क्या हाल करते । रमेश अग्रवाल का दुःख है कि सुधीर मंगला के हाथों होती उनकी फजीहत पर संजय खन्ना, विनोद बंसल, रमेश चंद्र आदि ने मजे लिए - यह तो वह समझ सकते हैं; किंतु शरत जैन और जेके गौड़ जैसे लोग भी मजे लेने से नहीं चूके, जो गवर्नर बनने के लिए और गवर्नरी चलाने के लिए पूरी तरह उन पर निर्भर रहे हैं और हैं । सुधीर मंगला के हाथों हुई रमेश अग्रवाल की फजीहत के दृश्य ने राजेंद्र जैना द्वारा हुई रमेश अग्रवाल की पिटाई/दौड़ाई के दृश्य को याद दिला दिया ।
मजे की बात यह रही कि राजेंद्र जैना के मामले की तरह ही सुधीर मंगला के मामले में भी अपनी फजीहत को रमेश अग्रवाल ने खुद ही आमंत्रित किया । रमेश अग्रवाल का दरअसल स्वभाव और तरीका ही ऐसा है कि वह दूसरों को उकसाता है । उल्लेखनीय है कि रोटरी इंडिया विन्स कमेटी व यूनिसेफ के बीच मेमोरेण्डम पर हस्ताक्षर होने का कार्यक्रम बड़े मजे से और गरिमापूर्ण तरीके से चल रहा था । आपसी बातचीत के बीच सुधीर मंगला ने रोटरी इंडिया विन्स कमेटी के चेयरमैन सुशील गुप्ता से 'वाश' प्रोग्राम की एक वीडियो फिल्म उपलब्ध करवाने की बात की, जिसे वह डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच प्रदर्शित करना चाहते थे । सुशील गुप्ता ने उन्हें बताया कि उक्त वीडियो फिल्म रमेश अग्रवाल के पास है और वह उनसे ले सकते हैं । सुशील गुप्ता से यह जानकर सुधीर मंगला ने तुरंत ही वहीं मौजूद रमेश अग्रवाल से उक्त वीडियो फिल्म उपलब्ध करवाने की बात कही । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रमेश अग्रवाल ने सुधीर मंगला को जबाव दिया कि वीडियो फिल्म तो वह उपलब्ध करवा देंगे, लेकिन शिकायत यह है कि तुम अपने कार्यक्रमों में मुझे बुलाते ही नहीं हो । सुधीर मंगला ने उनसे यह शिकायत सुनी, तो रमेश अग्रवाल को तुरंत से पूरी विनम्रता से आश्वस्त किया कि वह उन्हें अपने अगले किसी कार्यक्रम में अवश्य ही बुलायेंगे । बात यहाँ खत्म हो जानी चाहिए थी - किंतु पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल की यह खूबी है कि सामने वाला यदि उनसे तमीज से बात कर रहा होता है, तो वह सामने वाले को कमजोर समझने लगते हैं और फिर उसके सिर पर सवार होने की कोशिश करने लगते हैं ।
सुधीर मंगला के साथ भी उन्होंने यही किया । सुधीर मंगला ने उनकी शिकायत सुनकर तमीज के साथ जब उन्हें अपने अगले किसी कार्यक्रम में बुलाने के प्रति आश्वस्त किया, तो सुधीर मंगला की इस तमीज और विनम्रता को रमेश अग्रवाल ने उनकी कमजोरी समझा और उनके सिर पर सवार होने की कोशिश करते हुए सुधीर मंगला से कुछ अनाप-शनाप कहने लगे । रमेश अग्रवाल का कहना रहा कि मैंने तुम्हें गवर्नर बनवाया और पहले तुम मेरी खुशामद किया करते थे और अब अपने कार्यक्रमों में जिस-तिस को बुलाते हो, लेकिन मुझे नहीं बुलाते हो । मेमोरेण्डम हस्ताक्षरित होने वाला कार्यक्रम एक छोटा कार्यक्रम था, और वहाँ गिनती के ही लोग मौजूद थे । वहाँ का माहौल ऐसा था ही नहीं जिसमें कि रमेश अग्रवाल इस तरह की बातें करते । लेकिन रमेश अग्रवाल तो रमेश अग्रवाल हैं - अपनी निजी खुन्नस निकालने के लिए वह इस बात की बिलकुल भी परवाह नहीं करते कि मौका क्या है, माहौल क्या है और आसपास कौन लोग हैं । सुधीर मंगला से वह जिस तरह भिड़े हुए थे, उससे लग रहा था कि सुधीर मंगला ने अपने कार्यक्रमों में उन्हें न बुला कर उन्हें गहरी चोट दी है और रमेश अग्रवाल अपने भीतर बहुत सा गुबार ले कर बैठे हैं । रमेश अग्रवाल को अपना गुबार निकालते देख सुधीर मंगला ने पहले तो उनकी बातों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब उन्होंने देखा कि रमेश अग्रवाल उनकी भलमनसाहत को उनकी कमजोरी समझ कर बदतमीजी करते ही जा रहे हैं, तो फिर वह भी अपने हरियाणा वाले तेवर में आ गए; और फिर उन्होंने रमेश अग्रवाल को जो सुनाना शुरू किया तो रमेश अग्रवाल को बचने/छिपने की जगह भी नहीं दिखी/मिली । 
राजेंद्र जैना के मामले में भी ऐसा ही हुआ था - पहले तो रमेश अग्रवाल ने राजेंद्र जैना के साथ बदतमीजी की, लेकिन जब राजेंद्र जैना ने उन्हें जबाव देना शुरू किया तो रमेश अग्रवाल ने महिलाओं के बीच छिप कर अपने आप को बचाया था । यहाँ लेकिन लोग बहुत ही कम थे, लिहाजा रमेश अग्रवाल को बचने/छिपने के लिए जगह ही नहीं मिली । सुधीर मंगला ने जमकर रमेश अग्रवाल की क्लास ली और कहा कि तुम हो किसी लायक नहीं और बड़े नेताओं की खुशामद कर कर के अपने लिए निमंत्रण माँगते हो; दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स के गवर्नर इलेक्ट्स ने मुझे बताया है कि तुमने उनकी खुशामद कर कर के अपने लिए निमंत्रण जुटाए हैं; लोगों से काम निकालते हो और फिर उनके साथ बदतमीजी करते हो; तुम्हारी हरकतों के कारण ही रोटरी में तुम्हारी बदनामी है और तुम्हें कोई पसंद नहीं करता है; जैसे तैसे करके अपने लिए कुछ जगह बना लेते हो और फिर उसका प्रदर्शन करके अपने आप को बड़ा दिखाते हो; सब जानते हैं कि तुम क्या हो; आदि-इत्यादि । सुधीर मंगला ने जो कुछ कहा, यह तो भले शब्दों में उसकी एक बानगी भर है; उन्होंने रमेश अग्रवाल को ऐसा बहुत कुछ कहा जो यहाँ लिखा/छापा भी नहीं जा सकता । सुधीर मंगला के उग्र तेवर देख कर रमेश अग्रवाल की सिट्टीपिट्टी गुम हो गई थी । वहाँ मौजूद कोई भी वरिष्ठ रोटेरियन उनकी मदद को आगे नहीं आया । सुशील गुप्ता थोड़ा अलग यूनिसेफ के पदाधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे थे । उन्होंने शोर सुना तो वह बीच-बचाव करने आए और उन्होंने सुधीर मंगला को शांत किया । 
रमेश अग्रवाल एक 'बहादुर' व्यक्ति हैं । सुधीर मंगला ने उनके साथ जो किया, उसकी उन्होंने कोई परवाह नहीं की है । राजेंद्र जैना ने उनके साथ जो किया था, उन्होंने उसकी भी कोई परवाह नहीं की थी । रमेश अग्रवाल अच्छी तरह से जानते हैं कि रोटरी में अधिकतर लोग उन्हें पसंद नहीं करते हैं - उन्हें इसकी भी परवाह नहीं है, क्योंकि इसके बावजूद रोटरी में वह अपने कुछ-कुछ काम बनाने में सफल हो ही जाते हैं । अपनी सफलताओं के साथ वह कुल मिलाकर खुश हैं । यहाँ भी रमेश अग्रवाल को इस बात से कोई रंज नहीं हुआ कि संजय खन्ना, विनोद बंसल, रमेश चंद्र आदि ने उन्हें सुधीर मंगला के प्रकोप से बचाने का कोई प्रयास नहीं किया और जो हुआ उसका मजा ही लिया । रमेश अग्रवाल को लेकिन यह देख कर बुरा लगा कि शरत जैन और जेके गौड़ जैसे उनके 'भक्त' भी मजा लेते रहे और इन्होंने भी सुधीर मंगला को रोकने की या मौके पर उनके साथ सहानुभूति दिखाने का कोई प्रयास तक नहीं किया । शरत जैन और जेके गौड़ के इस व्यवहार ने रमेश अग्रवाल को जरूर आहत किया है ।

Saturday, May 9, 2015

रोटरी इंटरनेशनल ट्रेनिंग लीडर का पद प्राप्त करने के चलते इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी राजनीति में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के विनोद बंसल की संभावित उपस्थिति क्या सचमुच में खासी वजनदार बन गई है ?

नई दिल्ली । विनोद बंसल के रोटरी इंटरनेशनल ट्रेनिंग लीडर बनने की खबर से रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव के लिए सज रहे 'बहादुरों' तथा दूसरे खिलाड़ियों के बीच हड़कंप मच गया है । दरअसल रोटरी की चुनावी राजनीति में रोटरी इंटरनेशनल ट्रेनिंग लीडर के पद को इंटरनेशनल डायरेक्टर पद तक पहुँचने की सीढ़ी के रूप में देखा/पहचाना जाता है । इंटरनेशनल कन्वेंशन में करीब साढ़े पाँच सौ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को ट्रेंड करने के लिए विभिन्न देशों से करीब चालीस पूर्व गवर्नर्स को ट्रेनिंग लीडर के रूप में चुना जाता है । भारत से दो पूर्व गवर्नर्स को इंटरनेशनल ट्रेनिंग लीडर के रूप में चुना जाता है - एक दक्षिण भारत से और दूसरा गैर दक्षिण भारत से । माना/समझा जाता है कि रोटरी राजनीति के बड़े खिलाड़ी ऐसे पूर्व गवर्नर्स को ही इंटरनेशनल ट्रेनिंग लीडर चुनते हैं, जिन्हें वह आगे बढ़ाना चाहते हैं । इसीलिए विनोद बंसल के इंटरनेशनल ट्रेनिंग लीडर चुने जाने पर इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के संभावित उम्मीदवारों की नींद उड़ जाना स्वाभाविक ही है । यह नींद उड़ना इसलिए भी स्वाभाविक है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अभी जो लोग दौड़ लगाते दिख रहे हैं, उनमें विनोद बंसल को तो काफी पीछे माना/समझा जा रहा है । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी दौड़ में आगे दिखने वाले लोगों में भरत पांड्या, अशोक गुप्ता, दीपक कपूर, सुरेंद्र सेठ आदि का नाम लिया जा रहा है; तो इनके बाद के लोगों में जेटी व्यास, गुलाम वाहनवती, आलोक बिलौरे, विनय कुलकर्णी, राजीव प्रधान आदि का नाम लिया/सुना जा रहा है । विनोद बंसल का नाम तो इनके बाद कहा/बताया जाता है । कुछेक लोग तो यहाँ तक कहते/मानते हैं कि विनोद बंसल तो वास्तव में अगली से अगली बार के लिए उम्मीदवार बनने की तैयारी कर रहे हैं । 
विनोद बंसल को लेकिन लंबी छलांग के खिलाड़ी के रूप में भी देखा/पहचाना जाता है । बहुत सी पोजिशंस उन्होंने बहुत ही जल्दी प्राप्त की हैं । जिन पोजिशंस को प्राप्त करने में दूसरों को लंबा इंतजार करना पड़ा है तथा काफी एड़ियाँ रगड़नी पड़ी हैं, उन्हें विनोद बंसल ने चमत्कारिक तरीके से बहुत ही कम समय में हासिल किया है । रोटरी के बड़े पदाधिकारियों तथा नेताओं के साथ नजदीक व विश्वास के संबंध बनाने में विनोद बंसल ने जो कामयाबी हासिल की है, उसके चलते तो वह कई लोगों के बीच ईर्ष्या के पात्र भी बन गए हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होते हुए ही विनोद बंसल को दिल्ली में प्रस्तावित रोटरी इंस्टीट्यूट के चेयरमैन बनने का जो मौका मिल रहा था, उसकी आहट से उनके अपने डिस्ट्रिक्ट के कुछेक पूर्व गवर्नर्स तो इतना जल-भुन गए थे कि उन्होंने दिल्ली में इंस्टीट्यूट होने की संभावना में ही मट्ठा डाल दिया था । दिल्ली की बजाये चेन्नई में हुए इंस्टीट्यूट में विनोद बंसल को हालाँकि वाइस चेयरमैन के पद से ही संतोष करना पड़ा था, लेकिन दूसरे वाइस चेयरमैनों की तुलना में वह काफी 'जूनियर' ही थे । बहुत ही कम समय में तथा तेज रफ्तार के साथ विनोद बंसल ने रोटरी में जो कुछ पाया है, उसे देखते/जानते हुए रोटरी की राजनीति में वह बहुतों के लिए चुनौती बन गए हैं - कईयों को तो उन्होंने पीछे धकेल दिया है । 
रोटरी इंटरनेशनल ट्रेनिंग लीडर बन कर विनोद बंसल ने अपने डिस्ट्रिक्ट - जो अभी डिस्ट्रिक्ट 3010 ही है, डिस्ट्रिक्ट 3011 तो एक जुलाई से होगा  - के ही कई तुर्रमखाओं को जैसे जमीन सुँघा दी है । डिस्ट्रिक्ट 3010 में अभी तक सुशील गुप्ता, राजेश बत्रा, रंजन ढींगरा ही इंटरनेशनल ट्रेनिंग लीडर बने हैं । विनोद बंसल के रूप में डिस्ट्रिक्ट 3010 को कई वर्षों के बाद इंटरनेशनल ट्रेनिंग लीडर का पद मिला है । दूसरे महत्वाकांक्षी व आगे बढ़ने के लिए तिकड़में और जुगाड़ लगाते रहने वाले, तथा खुद को डिस्ट्रिक्ट का 'चौधरी' समझने/बताने वाले नेताओं को विनोद बंसल की इस उपलब्धि से खासा तगड़ा झटका लगा है । उन्हें झटका इस कारण से भी लगा है, क्योंकि वह भी जान/समझ रहे हैं कि इंटरनेशनल ट्रेनिंग लीडर के रूप में विनोद बंसल को अगले रोटरी वर्ष में जयपुर में होने जा रहे रोटरी इंस्टीट्यूट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को ट्रेनिंग देने का मौका मिलेगा और इस वजह से रोटरी इंस्टीट्यूट में उन्हें खासी अहमियत मिलेगी । डिस्ट्रिक्ट के कुछेक चौधरियों की नींद लेकिन यह जान/देख कर और भी ज्यादा उड़ी हुई है कि इंटरनेशनल ट्रेनिंग लीडर का पद प्राप्त करने के चलते इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी राजनीति में विनोद बंसल की संभावित उपस्थिति खासी वजनदार बन गई है ।  
रोटरी इंटरनेशनल ट्रेनिंग लीडर बन कर विनोद बंसल ने इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी दौड़ में शामिल नेताओं के बीच जिस तरह से खलबली मचाई है, उसके कारण रोटरी की चुनावी राजनीति खासी दिलचस्प भी हो गई है । 

Sunday, January 25, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के विभाजित डिस्ट्रिक्ट्स में डॉक्टर सुब्रमणियन के साथ साथ सरोज जोशी की जीत में चूँकि मंजीत साहनी-आशीष घोष-अमित जैन की जीत का संदेश मुखर होकर सामने आया है, इसलिए शरत जैन की जीत से मिलने वाला अरनेजा गिरोह का मजा किरकिरा हुआ

नई दिल्ली । रवि चौधरी की पराजय ने अरनेजा गिरोह के लिए शरत जैन की जीत के रंग को फीका कर दिया है । प्रसून चौधरी को जितवाने की अरनेजा गिरोह की कोशिशों को जो झटका लगा है, वह सुरेश भसीन के ऐन मौके पर अपनी उम्मीदवारी से पीछे हटने के फैसले से भी बड़ा झटका साबित हुआ । उल्लेखनीय है कि इस वर्ष के चुनाव में अरनेजा गिरोह इस ऐलान के साथ चुनावी मैदान में उतरा था कि वह दोनों डिस्ट्रिक्ट में अपनी सत्ता स्थापित करेगा । इस ऐलान को साधने के लिए उसने पहले शरत जैन, डॉक्टर सुब्रमणियन, सतीश सिंघल और रवि चौधरी को अपने उम्मीदवार के रूप में घोषित किया । अरनेजा गिरोह को पहला झटका तब लगा जब डॉक्टर सुब्रमणियन उनकी छाया से बाहर निकल गए । अरनेजा गिरोह को तब सुरेश भसीन की उम्मीदवारी का झंडा उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा । डॉक्टर सुब्रमणियन ने अरनेजा गिरोह को छोड़ा, तो अरनेजा गिरोह ने सतीश सिंघल से पीछा छुड़ाया । सतीश सिंघल दरअसल कभी भी एक उम्मीदवार के रूप में व्यवहार करते हुए दिखे ही नहीं और 'हर तरह से' वह दूसरों के भरोसे ही थे । अरनेजा गिरोह ने भाँप लिया कि सतीश सिंघल के मुकाबले प्रसून चौधरी का पलड़ा भारी है, सो उसने प्रसून चौधरी की उम्मीदवारी की कमान सँभाल ली ।
'अपने' उम्मीदवारों की इस अदला-बदली के बाद भी अरनेजा गिरोह के नेताओं का ज्यादा ध्यान शरत जैन और रवि चौधरी की उम्मीदवारी पर था । सुरेश भसीन की उम्मीदवारी से उन्हें कोई उम्मीद नहीं थी, इसलिए सुरेश भसीन को उन्होंने बेसहारा ही छोड़ दिया । प्रसून चौधरी और सतीश सिंघल वाले चुनाव में उन्होंने मान लिया कि प्रसून चौधरी को उनकी मदद की ज्यादा जरूरत नहीं हैं और वह खुद ही सतीश सिंघल से निपट लेंगे । इसलिए अपनी दूसरी पंक्ति के नेताओं को प्रसून चौधरी के साथ लगा कर वह निश्चिंत हो गए । अरनेजा गिरोह ने अपना सारा दाँव शरत जैन और रवि चौधरी पर लगाया । इसमें भी शरत जैन उनकी प्राथमिकता में रहे । दरअसल शरत जैन को किसी भी तरह से चुनाव जितवाना उनकी व्यावहारिक राजनीतिक मजबूरी भी थी । रवि चौधरी की जीत से तो उनका सिर्फ राजनीतिक ऑरा (आभामंडल) ही बढ़ता, लेकिन शरत जैन की जीत से तो उन्हें डिस्ट्रिक्ट पर राज करने का मौका मिलेगा । शरत जैन से ही उन्हें व्यावहारिक रूप में सत्ता का सुख मिलेगा, क्योंकि जेके गौड़ की तरह वह शरत जैन को ही कठपुतली बना कर रख सकेंगे ।
शरत जैन को चुनाव जितवाने की अरनेजा गिरोह की शुरू से ही जोरदार तैयारी थी, जो ऐन वोटिंग के मौके तक जारी रही । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय खन्ना के ढीले-ढाले रवैये के चलते उनके लिए 'चुनावी बेईमानी' करना आसान हुआ और जोन बनाने के मामले में तथा नोमीनेटिंग कमेटी के लिए चयन करने की टाइमिंग व प्रक्रिया में मनमानी करते हुए उन्होंने शरत जैन की जीत के लिए माहौल तैयार किया और शरत जैन को जितवा लिया । सतीश सिंघल और प्रसून चौधरी के चुनाव में उनका आकलन और उनकी तैयारी हालाँकि फेल हो गई । अरनेजा गिरोह के साथ साथ दूसरे कई अन्य लोगों को भी सतीश सिंघल की जीतने की उम्मीद नहीं थी । चुनाव - प्रत्येक चुनाव दरअसल मैनेजमेंट के साथ साथ एक जुआँ भी होता है और किस्मत की बात भी होती है । मैनेजमेंट प्रसून चौधरी का अच्छा था, सतीश सिंघल तो चुनाव को जुएँ की तरह ले रहे थे । सतीश सिंघल की उम्मीदवारी और उसके नतीजे की तुलना फूलन देवी के चुनाव से ही की जा सकती है । फूलन देवी जब लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनी थीं, तो लोगों के बीच बनी उनकी नकारात्मक छवि के चलते किसी को भी उनके जीतने की उम्मीद नहीं थी । किंतु चूँकि किस्मत उनके साथ थी, इसलिए वह चुनाव जीत गईं । सतीश सिंघल के साथ भी ऐसा ही हुआ - लोगों के बीच, उनके अपने नजदीकियों तक के बीच उनकी नकारात्मक छवि होने के कारण किसी को उनके जीतने की उम्मीद नहीं थी; लेकिन जैसे किस्मत के भरोसे फूलन देवी उम्मीद न होने के बावजूद चुनाव में विजयी रही थीं, उसी तरह सतीश सिंघल भी उम्मीद न होने के बावजूद किस्मत के भरोसे चुनाव जीत गए ।
अरनेजा गिरोह को लेकिन रवि चौधरी की हार से ज्यादा बड़ा झटका लगा है । रवि चौधरी को चुनाव जितवा कर अरनेजा गिरोह डिस्ट्रिक्ट 3010 के विभाजन के बाद बने दोनों डिस्ट्रिक्ट में अपनी चौधराहट को साबित करने के जिस इंतजाम में लगा था, रवि चौधरी के मुकाबले सरोज जोशी को मिली जीत से दरअसल उसे झटका लगा है । रवि चौधरी को चुनाव जितवाने के लिए मुकेश अरनेजा के साथ साथ दीपक तलवार और डॉक्टर सुशील खुराना जोरशोर से लगे हुए थे; पर्दे के पीछे से विनोद बंसल भी मदद कर रहे थे - लेकिन फिर भी रवि चौधरी को नहीं जितवाया जा सका । अरनेजा गिरोह के लिए ज्यादा झटके की बात वास्तव में यह रही कि मंजीत साहनी के सहयोग से आशीष घोष और अमित जैन की जोड़ी से उन्हें हारना पड़ा । इस हार ने सीओएल के चुनाव में आशीष घोष के हाथों रमेश अग्रवाल को मिली हार के घाव को फिर से हरा कर दिया - वास्तव में इसलिए रवि चौधरी की हार ने अरनेजा गिरोह को ज्यादा दर्द दिया है । अरनेजा गिरोह के नेता लोग चूँकि चुनावी राजनीति के संदर्भ में मंजीत साहनी, आशीष घोष, अमित जैन की भूमिका को तवज्जो नहीं देते हैं, इसलिए बार बार उनसे हारने से उन्हें अपनी तौहीन होती हुई महसूस हो रही है । रवि चौधरी की हार और सरोज जोशी की जीत में चूँकि मंजीत साहनी-आशीष घोष-अमित जैन की जीत का संदेश मुखर होकर सामने आया है, इसलिए शरत जैन की जीत से मिलने वाला अरनेजा गिरोह का मजा किरकिरा हो गया है ।

Friday, January 9, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में जेके गौड़, रमेश अग्रवाल, मुकेश अरनेजा की तिकड़ी को विश्वास है कि पीटी प्रभाकर एक जैसे 'अपराध' के बावजूद शरत जैन के साथ वैसा कुछ नहीं करेंगे, जैसा कि उन्होंने डिस्ट्रिक्ट 3100 के दीपक बाबू के साथ किया है; क्योंकि उनके पास सुशील गुप्ता और मनोज देसाई का समर्थन है

नई दिल्ली । पीटी प्रभाकर - इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर ने दिल्ली में डिस्ट्रिक्ट 3100 की काउंसिल (ऑफ गवर्नर्स) के साथ हुई बातचीत में दीपक बाबू की अपील पर रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड द्धारा 26 से 29 जनवरी के बीच होने वाली वर्ष 2014-15 की तीसरी बोर्ड मीटिंग में 'लिए जाने वाले' फैसले को आज ही सुना दिया । इस तरह पीटी प्रभाकर ने एकबार फिर साबित कर दिया कि फैसलों के लिए बोर्ड मीटिंग का इंतजार करना बेवकूफी है, फैसले तो पहले ही कर लिए जाते हैं । मीटिंग में तो फैसलों पर सिर्फ मोहर लगती है । पीटी प्रभाकर आज दोपहर दिल्ली में डिस्ट्रिक्ट 3100 की काउंसिल (ऑफ गवर्नर्स) की उस मीटिंग में अचानक शामिल होने के लिए आ पहुँचे, जिसे पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता ने बुलाया था । इस मीटिंग में मुख्य तौर पर पिछले रोटरी वर्ष में हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव से जुड़े झगड़े/झंझट पर ही चर्चा हुई । पीटी प्रभाकर इस मीटिंग में शायद इसीलिए शामिल हुए, ताकि वह उक्त झगड़े/झंझट को लेकर डिस्ट्रिक्ट 3100 के लोगों को 'अपनी' राय से अवगत करा दें । इसीलिए कल सायं जब अचानक से पीटी प्रभाकर का इस मीटिंग में शामिल होना निश्चित हुआ, उसके बाद ही डिस्ट्रिक्ट 3100 में पिछले वर्ष हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के दोनों उम्मीदवारों - दीपक बाबू और दिवाकर अग्रवाल को भी मीटिंग में पहुँचने का नोटिस मिला । रोटरी इंटरनेशनल साऊथ एशिया ऑफिस में क्लब एवं डिस्ट्रिक्ट सपोर्ट मैनेजर जतिंदर सिंह को भी उक्त झगड़े/झंझट से जुड़े तथ्यों/सुबूतों के साथ मीटिंग स्थल पर मौजूद रहने का आदेश मिला ।
पीटी प्रभाकर ने डिस्ट्रिक्ट 3100 में पिछले रोटरी वर्ष में हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में दीपक बाबू को पक्षपातपूर्ण व धॉँधलीपूर्ण तरीके से चुनाव जितवाने को लेकर अपनी गहरी नाराजगी दिखाई । जिस किसी पूर्व गवर्नर ने कुछ सफाई देने की कोशिश की, उसे पीटी प्रभाकर से लताड़ ही सुनने को मिली । पीटी प्रभाकर की नाराजगी का सबसे ज्यादा शिकार तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल बने । राकेश सिंघल को कई प्रसंगों में पीटी प्रभाकर की लताड़ सुनने को मिली । पीटी प्रभाकर ने अपनी तरफ से यह स्पष्ट कर दिया कि दीपक बाबू ने भले ही अपनी जीत को अमान्य करार दिए जाने के फैसले के खिलाफ रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड में अपील की हुई है, लेकिन बोर्ड पहले लिए जा चुके फैसले को बदलने का काम नहीं करेगा । इस तरह पीटी प्रभाकर ने दीपक बाबू और उनके समर्थकों को तगड़ा झटका दिया, क्योंकि दीपक बाबू एण्ड पार्टी रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड की 26 से 29 जनवरी के बीच होने वाली मीटिंग से अपनी चुनावी जीत के बहाल होने की उम्मीद लगाये हुए थे । पीटी प्रभाकर ने इससे भी बड़ा झटका यह कह कर दिया कि वर्ष 2016-17 के गवर्नर पद के लिए अब जो दोबारा चुनाव होगा, उसमें दीपक बाबू और दिवाकर अग्रवाल उम्मीदवार नहीं बनेंगे ।
दीपक बाबू और उनके समर्थकों की तैयारी थी कि बोर्ड मीटिंग में उनकी चुनावी जीत यदि नहीं भी बहाल हुई, तो वर्ष 2016-17 के गवर्नर पद के लिए दोबारा होने वाले चुनाव में अकेले वही उम्मीदवार होंगे - क्योंकि दिवाकर अग्रवाल को तो रोटरी इंटरनेशनल पहले ही उनके रास्ते से हटा चुका है । किंतु पीटी प्रभाकर ने आज उनकी इस तैयारी पर भी पानी फेर दिया है । दीपक बाबू ने हालाँकि प्रतिरोध करने का विकल्प अभी बचा कर रखा हुआ है । उन्होंने पीटी प्रभाकर को यह भरोसा देने से आज तो इंकार कर दिया है कि वर्ष 2016-17 के गवर्नर पद के लिए दोबारा होने वाले चुनाव में वह उम्मीदवार नहीं बनेंगे । उन्होंने इंकार भले ही कर दिया है, लेकिन पीटी प्रभाकर के तेवर देख कर यह भी लगता है कि दीपक बाबू इस इंकार के बाद भी हासिल कुछ नहीं कर पायेंगे । दीपक बाबू का साथ देने के लिए पिछले वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल को जैसी झाड़ पड़ी है, उसे देखते हुए दीपक बाबू को किसी का समर्थन मिल सकेगा - इसमें संदेह है । पिछले रोटरी वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल को उस एक तस्वीर के लिए पीटी प्रभाकर का बुरी तरह कोपभाजन बनना पड़ा, जिसमें वह मंच पर दीपक बाबू को अपने साथ बैठाए हुए हैं । इस तस्वीर के साथ-साथ, रोटरी इंटरनेशनल साऊथ एशिया ऑफिस में क्लब एवं डिस्ट्रिक्ट सपोर्ट मैनेजर जतिंदर सिंह द्धारा दिखाए जा रहे दूसरे तथ्यों/सुबूतों को देखते हुए पीटी प्रभाकर ने यह स्पष्ट कर दिया कि जिस पक्षपातपूर्ण और धाँधलीपूर्ण तरीके से दीपक बाबू को चुनाव जितवाया गया, उसे जानने/पहचानने के बाद दीपक बाबू को वर्ष 2016-17 में तो गवर्नर नहीं बनने दिया जायेगा ।
पीटी प्रभाकर के दिल्ली में दिखाए गए इन तेवरों से दिल्ली में होने जा रहे डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के चुनाव पर नजरें आ पड़ी हैं, जहाँ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट जेके गौड़, उनके डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर रमेश अग्रवाल और उनके डीआरएफसी मुकेश अरनेजा खुलेआम शरत जैन को जितवाने का बीड़ा उठाए हुए हैं । पीटी प्रभाकर को दीपक बाबू के साथ राकेश सिंघल की एक तस्वीर मिली; शरत जैन के साथ जेके गौड़-रमेश अग्रवाल-मुकेश अरनेजा की तस्वीरों का तो पूरा अल्बम है । पक्षपातपूर्ण और धाँधलीपूर्ण तरीके से दीपक बाबू को चुनाव जितवाने की जिस बात पर पीटी प्रभाकर उखड़े हुए हैं; शरत जैन के मामले में तो उससे कहीं ज्यादा पक्षपातपूर्ण व धाँधलीपूर्ण तरीकों को अपनाया जा रहा है । डिस्ट्रिक्ट 3012 में शरत जैन को चुनाव जितवाने के लिए जेके गौड़, रमेश अग्रवाल, मुकेश अरनेजा की तिकड़ी तो रोटरी और डिस्ट्रिक्ट ही 'बेचे' दे रही है । ऐसे में सवाल यही उठ रहा है कि पीटी प्रभाकर ने यदि डिस्ट्रिक्ट 3100 के दीपक बाबू के साथ कोई निजी खुंदक नहीं निकाली है, और सचमुच में रोटरी के हितों का ध्यान रखते हुए फैसला किया है - तो फिर वह डिस्ट्रिक्ट 3012 में शरत जैन के साथ वैसा ही फैसला क्यों नहीं करेंगे ?
पीटी प्रभाकर एक जैसे 'अपराध' के बावजूद शरत जैन के साथ वैसा कुछ नहीं करेंगे, जैसा कि उन्होंने दीपक बाबू के साथ किया है; क्यों नहीं करेंगे - शरत जैन, जेके गौड़, रमेश अग्रवाल, मुकेश अरनेजा के पास इसका एक बड़ा ठोस जबाव है; उनका जबाव है कि - क्योंकि उनके पास सुशील गुप्ता और मनोज देसाई हैं । उनका विश्वास है कि उनके पास जब तक सुशील गुप्ता और मनोज देसाई का समर्थन है, तब तक वह कुछ भी करते रह सकते हैं और कोई पीटी/बीटी/सीटी उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता ।  

Wednesday, January 7, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के झमेले की अनदेखी करते हुए पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता जिस तरह से डिस्ट्रिक्ट 3100 के झगड़े में दिलचस्पी ले रहे हैं, उससे लग रहा है कि वह समस्या को वास्तव में हल करने की नहीं बल्कि सिर्फ अपनी राजनीति दिखाने/चमकाने की कोशिश कर रहे हैं

नई दिल्ली । सुशील गुप्ता - पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता भी गजब तमाशा करते हैं : अपना 'घर' सँभालने की वह कोई कोशिश करते नहीं दिख रहे, लेकिन दूसरों का 'घर' सँभालने की वह बड़ी फिक्र कर रहे हैं ।
सुशील गुप्ता 9 जनवरी को डिस्ट्रिक्ट 3100 की काउंसिल (ऑफ गवर्नर्स) के साथ मीटिंग करने जा रहे हैं, जिसमें वह डिस्ट्रिक्ट 3100 के झगड़ों-टंटों से बचने के उपाय बतायेंगे ।
रोटरी में यह एक आम समझ है कि क्लब्स में और डिस्ट्रिक्ट्स में लोग बहुत झगड़े-टंटे करते हैं, जिससे रोटरी की बहुत बदनामी होती है । डिस्ट्रिक्ट 3100 का मामला लेकिन यह बताता है कि रोटरी में झगड़े रोटरी के बड़े नेताओं द्धारा समय पर फैसला न लेने, उनकी पक्षपाती भूमिका और कई बार तो विरोधाभासी व मूर्खतापूर्ण तरीके से फैसले करने के कारण होते और बढ़ते हैं ।
उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट 3100 में पिछले वर्ष 'हुए' डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के कारण डिस्ट्रिक्ट में बड़ा फजीता हुआ; प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवारों ने दूसरे की शिकायतें कीं और इसके कारण डिस्ट्रिक्ट की बड़ी किरकिरी हुई । यह फजीता हुआ क्यों - इसे जानने/समझने के लिए घटनाक्रम को सिलसिलेबार देखना उपयोगी होगा : डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए दो उम्मीदवार सामने आये - दीपक बाबू और दिवाकर अग्रवाल । इनके नामांकन आधिकारिक रूप से स्वीकार होते, उससे पहले दीपक बाबू ने दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को लेकर शिकायत दर्ज की । उनकी शिकायत थी कि दिवाकर अग्रवाल ने चूँकि डिस्ट्रिक्ट टीम में पद लिया है और डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी में उनका नाम-पता-फोटो छपा है, इसलिए उनकी उम्मीदवारी स्वीकार नहीं करना चाहिए । दिल्ली स्थित रोटरी इंटरनेशनल के साउथ एशिया ऑफिस ने इस शिकायत पर लेकिन कई हफ्तों तक फैसला ही नहीं लिया । इसका नतीजा यह हुआ कि डिस्ट्रिक्ट में आरोपों-प्रत्यारोपों का सिलसिला शुरू हुआ और तत्कालीन गवर्नर राकेश सिंघल की भारी फजीहत हुई । फैसला लेने में अनावश्यक देर न लगती तो यह सब न हुआ होता । देर से हुए फैसले में दीपक बाबू की शिकायत को खारिज कर दिया गया - लेकिन तब तक दोनों तरफ के लोगों में इस हद तक तलवारें तन चुकी थीं कि दीपक बाबू ने इस फैसले के खिलाफ अपील दायर कर दी ।
दीपक बाबू की इस अपील पर फैसला आने में सात महीने लग गए । अब जो फैसला आया, उसमें दीपक बाबू की माँग को मान लिया गया और दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को अमान्य घोषित कर दिया गया । लेकिन यह फैसला अप्रासंगिक साबित रहा और एक मजाक के रूप में सामने आया, क्योंकि जब तक यह फैसला आया तब तक चुनाव हो चुका था और चुनाव में पराजित हुए दिवाकर अग्रवाल ने दीपक बाबू की चुनावी जीत को इस आरोप के साथ कठघरे में खड़ा कर दिया था कि दीपक बाबू ने बेईमानी और खरीद-फरोख्त से जीत प्राप्त की है । दीपक बाबू की अपील पर जब फैसला आया, लगभग तभी दिवाकर अग्रवाल की शिकायत पर फैसला आया, जिसमें दिवाकर अग्रवाल के आरोप को सही मानते हुए दीपक बाबू की चुनावी जीत को न सिर्फ निरस्त कर दिया गया, बल्कि दीपक बाबू की हरकतों को देखते हुए दोबारा होने वाले चुनाव में उनके उम्मीदवार होने पर भी रोक लगा दी गई । रोटरी इंटरनेशनल में जिस भी स्तर पर फैसले होते हैं और जो भी पदाधिकारी फैसले करने की प्रक्रिया में हिस्सा लेते हैं, उनकी मूर्खता का आलम देखिये कि एक तरफ तो दिवाकर अग्रवाल को उम्मीदवार मानने से इंकार किया गया, और दूसरी तरफ उम्मीदवार के रूप में उन्हीं दिवाकर अग्रवाल की शिकायत के आधार पर दीपक बाबू के चुने जाने को अमान्य घोषित कर दिया गया ।
बात इतनी भर रहती तो भी गनीमत थी । बात लेकिन इससे और आगे बढ़ी । इन दोनों फैसलों के आने के बाद डिस्ट्रिक्ट 3100 में यह समझ बनी कि पिछले रोटरी वर्ष में हुए चुनाव के अमान्य होने के कारण दोबारा होने वाले चुनाव में दीपक बाबू और दिवाकर अग्रवाल उम्मीदवार नहीं हो सकेंगे । किंतु इस समझ पर तब पानी फिर गया जब पता चला कि रोटरी इंटरनेशनल ने दीपक बाबू को उनकी चुनावी जीत को निरस्त करने के फैसले से अवगत कराते हुए इस फैसले के खिलाफ अपील करने के विकल्प से उन्हें अवगत कराया और इसके लिए तीन हजार डॉलर की रकम जमा कराने के लिए उन्हें बाकायदा बाऊचर भेजा । दीपक बाबू ने अपील कर दी । यानि जो झगड़ा निपटता दिख रहा था, वह फिर भड़क उठा । अब इसे मजाक कहेंगे या मूर्खता कि रोटरी इंटरनेशनल एक तरफ तो अपील करने का ऑफर दे रहा है, और दूसरी तरफ उसी इंटरनेशनल के पदाधिकारी के रूप में पीटी प्रभाकर व मनोज देसाई डिस्ट्रिक्ट के पदाधिकारियों को धमका रहे हैं कि डिस्ट्रिक्ट से बहुत अपील हो रही हैं; क्यों न डिस्ट्रिक्ट बंद कर दें ।
रोटरी इंटरनेशनल के पदाधिकारियों को अपने द्धारा की जा रही मूर्खताओं का लगता है कि कोई अहसास भी नहीं है । पिछले रोटरी वर्ष में झगड़ा जिस कारण से दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को निरस्त करने की माँग के साथ शुरू हुआ, और जो अभी तक भी नहीं निपटा है; उसी कारण से इस वर्ष प्रस्तुत हुई रोटरी क्लब मेरठ साकेत के राजीव सिंघल की उम्मीदवारी पर सवाल उठे । उल्लेखनीय है कि पिछले रोटरी वर्ष में दिवाकर अग्रवाल का नाम-पता-फोटो तो डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी में एक जगह छपा था, राजीव सिंघल का नाम तो इस वर्ष दो जगह छपा है । रोटरी इंटरनेशनल के दिल्ली स्थित साऊथ एशिया ऑफिस ने जिस तरह पिछले वर्ष दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को हरी झंडी दे दी थी, ठीक उसी तरह उसने इस वर्ष राजीव सिंघल की उम्मीदवारी को हरी झंडी दे दी - यानि पिछली बार की तरह उसने इस बार भी अपनी तरफ से झगड़ा बढ़ाने का पूरा इंतजाम कर दिया ।
इन तथ्यों से साफ है कि रोटरी में झगड़े बड़े पदाधिकारियों के रवैये से प्रेरित होते हैं और बढ़ते हैं । रोटरी इंटरनेशनल में फैसले यदि उचित समय से हों; जो फैसले हों उनमें परस्पर विरोध न दिखाई पड़ता हो तो तमाम झगड़ों को बढ़ने का मौका ही नहीं मिलेगा और रोटरी की बदनामी भी नहीं होगी ।
इसीलिए, सुशील गुप्ता यदि सचमुच में यह चाहते हैं कि डिस्ट्रिक्ट्स में झगड़े न हों तो उन्हें डिस्ट्रिक्ट के लोगों के साथ नहीं, बल्कि रोटरी इंटरनेशनल के साऊथ एशिया ऑफिस के पदाधिकारियों और इंटरनेशनल डायरेक्टर टाइप के लोगों के साथ मीटिंग करनी चाहिए । सुशील गुप्ता भी लेकिन लग रहा है कि बस मजे ले रहे हैं और डिस्ट्रिक्ट्स के झगड़ों में अपनी राजनीति चमकाने/दिखाने का मौका देख रहे हैं और उसे इस्तेमाल कर रहे हैं ।
इसीलिए डिस्ट्रिक्ट 3100 की फिक्र करने वाले सुशील गुप्ता अपने डिस्ट्रिक्ट - अपने 'घर' में चल रही उथल-पुथल के प्रति आँखें बंद किए बैठे हैं । रोटरी इंटरनेशनल के साऊथ एशिया ऑफिस के पदाधिकारियों तथा इंटरनेशनल डायरेक्टर टाइप के लोगों द्धारा फैसले न करने, देर से करने और परस्पर विरोधी दिखने वाले फैसले करने के रवैये के चलते डिस्ट्रिक्ट 3010 में हालात आग लगाने जैसे बने हुए हैं, लेकिन सुशील गुप्ता का इस पर कोई ध्यान नहीं है । शायद वह इंतजार कर रहे हैं कि आग पहले पूरी तरह लगे तो, फिर वह उसे बुझाने के लिए आगे आयेंगे । उनकी नेतागिरी तभी तो चमकेगी ।
डिस्ट्रिक्ट 3010 में इस वर्ष दो डिस्ट्रिक्ट के लिए दो दो चुनाव होने हैं । इंटरनेशनल डायरेक्टर टाइप के लोगों का कहना है कि यह चुनाव पायलट प्रोजेक्ट के नियमों के अनुसार होना चाहिए । इस फैसले का विरोधाभास यह है कि चुनाव जिस प्रक्रिया से हो रहा है उसमें पायलट प्रोजेक्ट के नियमों का पालन हो ही नहीं रहा है । सबसे बड़ी बात यह कि पायलट प्रोजेक्ट डिस्ट्रिक्ट 3010 पर लागू है; चुनाव डिस्ट्रिक्ट 3011 और डिस्ट्रिक्ट 3012 के होने हैं - जो पायलट प्रोजेक्ट के तहत नहीं आते हैं । सबसे बुरी बात जो हो रही है, वह यह कि इस विरोधाभास पर उठने वाले सवालों का जबाव कोई नहीं दे रहा है । साऊथ एशिया ऑफिस को बाकायदा पत्र लिख कर सवाल पूछे गए, लेकिन उसने यह कह कर जबाव देने से इंकार कर दिया कि यह सवाल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से पूछे जाएँ । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय खन्ना को पत्र लिखा गया तो उन्होंने चुप्पी साध ली है । यानि हालात वही हैं कि समय से फैसले मत करो, फैसले देर से करो, विरोधाभासी फैसले करो - और इस सब के चलते लोगों के बीच असंतोष बढ़े और वह शिकायत करें तो कहो कि लोग झगड़ा करते हैं ।
फिर सुशील गुप्ता जैसे लोग आगे आयेंगे, लोगों को यह समझाने के लिए कि भई झगड़े मत करो । कोई सुशील गुप्ता से कह सकता है क्या कि झगड़े क्यों होते/बढ़ते हैं, यह जानने/समझने के लिए अपने गिरेबान में भी तो झाँक लो; और यह भी कि डिस्ट्रिक्ट 3100 में हालात ठीक करने की कोशिश के साथ-साथ कुछ अपने 'घर' की - डिस्ट्रिक्ट 3010 की भी ख़ैर खबर ले लो ।
प्लीज !

Saturday, January 3, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3011 में पायलट प्रोजेक्ट की बजाए सीधा चुनाव होने की स्थिति में डिस्ट्रिक्ट 3012 में शरत जैन की उम्मीदवारी को होने वाली मुसीबत से बचाने के लिए ही रूपक जैन, सुरेश भसीन की उम्मीदवारी की बलि चढ़ाने के लिए तैयार हैं क्या ?

नई दिल्ली । सुरेश भसीन अपने ही समर्थकों व शुभचिंतकों की राजनीति का शिकार होकर पराजय की तरफ बढ़ रहे हैं क्या ? सुरेश भसीन के साथ हमदर्दी रखने वाले तथा उनकी उम्मीदवारी के प्रति समर्थन का भाव रखने वाले लोगों का ही कहना है कि सुरेश भसीन की राह में उनके शुभचिंतक-सलाहकार ही रोड़ा डाल रहे हैं । चुनावी प्रक्रिया को किस तरीके से पूरा किया जाये - इसे लेकर सुरेश भसीन के समर्थक बुरी तरह बँटे हुए हैं । सुरेश भसीन के समर्थकों का एक बड़ा तबका चाहता है कि एक उम्मीदवार के रूप में सुरेश भसीन को सीधे चुनाव करवाने की माँग करना चाहिए । सीधे चुनाव की स्थिति में ही वह डॉक्टर सुब्रमणियन से आगे निकल सकते हैं । खुद डॉक्टर सुब्रमणियन के समर्थक भी मानते और स्वीकार करते हैं कि सीधे चुनाव की स्थिति में डॉक्टर सुब्रमणियन के लिए सुरेश भसीन की सक्रियता का मुकाबला करना मुश्किल होगा ।
उल्लेखनीय है कि नए बने डिस्ट्रिक्ट 3011 में, डिस्ट्रिक्ट 3010 के लिए बने पायलट प्रोजेक्ट के तरीके से चुनाव कराने का फैसला चूँकि आरोपों में घिर कर विवादास्पद होता जा रहा है; इसलिए सुरेश भसीन के कई एक समर्थकों को लग रहा है कि उन्हें भी पायलट प्रोजेक्ट के तरीके के बजाये सीधे तरीके से चुनाव कराये जाने की माँग करना चाहिए । ऐसा सोचने/कहने वाले सुरेश भसीन के समर्थकों का आरोप है कि सुरेश भसीन के वीरेंद्र 'बॉबी' जैन और रूपक जैन जैसे सलाहकार सुरेश भसीन को लेकिन उल्टी पट्टी पढ़ा रहे हैं और उन्हें समझा रहे हैं कि जैसे जो हो रहा वैसे ही होने दो - और इस तरह वास्तव में डॉक्टर सुब्रमणियम का काम आसान कर रहे हैं ।
डॉक्टर सुब्रमणियन और उनके समर्थक व शुभचिंतक अपने आपको खुशकिस्मत समझ रहे हैं और खुश हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के लिए उनके प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार सुरेश भसीन को उनके अपने ही समर्थक व सलाहकार नुकसान पहुँचा रहे हैं । डॉक्टर सुब्रमणियन और उनके समर्थक व शुभचिंतक आश्वस्त हैं कि उनकी जीत का मार्ग सुरेश भसीन के सलाहकार समर्थक ही प्रशस्त किए दे रहे हैं, और इसलिए उन्हें ज्यादा कुछ करने की जरूरत ही नहीं है । मजे की बात यह है कि डॉक्टर सुब्रमणियन के समर्थक व शुभचिंतक ही मान/समझ रहे हैं और कह रहे हैं कि एक उम्मीदवार के रूप में डॉक्टर सुब्रमणियन के मुकाबले सुरेश भसीन ज्यादा सक्रिय हैं; लेकिन जीत के नतीजे के मामले में उनके साथ-साथ सुरेश भसीन के साथ हमदर्दी रखने वाले लोगों के बीच भी डॉक्टर सुब्रमणियन का पलड़ा भारी है । डॉक्टर सुब्रमणियन के समर्थकों के साथ साथ सुरेश भसीन के समर्थक भी मान रहे हैं और कह रहे हैं कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत होने वाले चुनाव में डॉक्टर सुब्रमणियन को ही फायदा होगा; और जो कोई भी पायलट प्रोजेक्ट के तहत चुनाव कराने का समर्थन कर रहा है वह वास्तव में डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी का शुभचिंतक है ।
इस हिसाब से, जिन रूपक जैन और वीरेंद्र 'बॉबी' जैन को सुरेश भसीन के शुभचिंतक-सलाहकार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है; उन्हें 'काम' लेकिन डॉक्टर सुब्रमणियन का 'करते' हुए पाया जा रहा है । कई एक लोगों ने सुरेश भसीन से कहा भी कि पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता के साथ रूपक जैन के अच्छे संबंध हैं, इसलिए रूपक जैन के जरिए सुशील गुप्ता को राजी किया जाए कि वह सीधे चुनाव कराने की व्यवस्था करवायें । सुरेश भसीन के नजदीकियों के अनुसार, सुरेश भसीन को यह बात समझ में आई भी; लेकिन उनके शुभचिंतक बने 'दिख' रहे रूपक जैन ने उन्हें पट्टी पढ़ाई कि जैसे जो हो रहा है उसे वैसे ही होने दो ।
सुरेश भसीन के कई एक समर्थकों को लग रहा है कि रूपक जैन कहने को तो सुरेश भसीन के शुभचिंतक बने हुए हैं, लेकिन वास्तव में उन्हें सुरेश भसीन से ज्यादा डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के उम्मीदवार शरत जैन की चिंता है । रूपक जैन जान/समझ रहे हैं कि सीधा चुनाव होने की स्थिति में डिस्ट्रिक्ट 3011 में सुरेश जैन को भले ही फायदा हो, किंतु डिस्ट्रिक्ट 3012 में शरत जैन की उम्मीदवारी का तो कबाड़ा ही बैठ जायेगा । शरत जैन के लिए अपने प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार दीपक गुप्ता का चुनावी मुकाबला करना वैसे भी मुश्किल बना हुआ है, सीधा चुनाव होने की स्थिति में तो शरत जैन के लिए बहुत ही मुसीबत हो जाएगी । शरत जैन को समस्या न हो, रूपक जैन इसके लिए सुरेश भसीन की उम्मीदवारी की बलि चढ़ाने के लिए तैयार हैं ।
सुरेश भसीन को इस मामले में वीरेंद्र 'बॉबी' जैन से भी आवश्यक मदद नहीं मिल रही है । डॉक्टर सुब्रमणियन और उनके समर्थक यह सब देख/जान कर खुश हैं । उनका खुश होना बनता भी है । उनका 'काम' जब उनके प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार सुरेश भसीन के समर्थक व शुभचिंतक ही करे दे रहे हैं, तो उनका खुश होना और आश्वस्त होना तो लाजिमी ही है ।

Friday, January 2, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3011 में अगले रोटरी वर्ष के लिए विनय भाटिया की तैयारी को देखते हुए ही रवि दयाल के समर्थकों व शुभचिंतकों को रवि दयाल की उम्मीदवारी को लेकर चल रहे संशय को दूर करने के लिए काम करने की जरूरत महसूस हुई है और वह सक्रिय हुए हैं

नई दिल्ली । रवि दयाल और उनके क्लब - दिल्ली मेगापॉलिस तथा क्लब के कुछेक अन्य सदस्यों की सक्रियता और भागीदारी के अचानक से बढ़ने को अगले रोटरी वर्ष में उनकी उम्मीदवारी की प्रस्तुति की तैयारी से जोड़ कर देखा/पहचाना जा रहा है । डिस्ट्रिक्ट 3010 के विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3011 की पेम वन में रवि दयाल के क्लब के कुछेक सदस्यों की भागीदारी को जिस तरह से संभव बनाया गया तथा पेम टू में भी उनके क्लब को महत्वपूर्ण भूमिका दी जा रही है, उससे यही समझा जा रहा है कि अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पदभार सँभालने जा रहे सुधीर मंगला का रवि दयाल की उम्मीदवार को सहयोग और समर्थन रहेगा । मजे की बात यह है कि रवि दयाल की उम्मीदवारी अभी संशय में है, लेकिन उनकी उम्मीदवारी की चर्चा जोरों पर है । 'मुद्दई सुस्त, गवाह चुस्त' वाली कहावत के अनुरूप रवि दयाल से ज्यादा उनके शुभचिंतक उनकी उम्मीदवारी को लेकर उत्सुक और सक्रिय हैं । रवि दयाल के नजदीकियों का कहना है कि रवि दयाल में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की इच्छा तो भरपूर है; लेकिन इसके लिए उम्मीदवार बनने के साहस का उनमें अभाव है । यही कारण है कि उनका पक्के से पक्का शुभचिंतक भी, जो वास्तव में उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद पर देखना चाहता है, अभी उनकी उम्मीदवारी के प्रस्तुत होने का दावा करने से बच रहा है । लेकिन हाँ, उनके शुभचिंतक उनकी उम्मीदवारी की हवा बनाने में जरूर जुटे दिखने लगे हैं ।
रवि दयाल की उम्मीदवारी के बड़े शुभचिंतकों ने उनकी उम्मीदवारी के संशय को दूर करने के उद्देश्य से उनकी उम्मीदवारी के पक्ष में जिस तरह से माहौल बनाना शुरू किया है, उससे उनकी उम्मीदवारी की बात में गंभीरता आनी तो दिखना शुरू हुई है । पेम वन में रवि दयाल, उनके क्लब और उनके क्लब के कुछेक सदस्यों को जो तवज्जो मिली; तथा पेम टू में जो तवज्जो मिलने के आसार नजर आ रहे हैं, उसे उनकी उम्मीदवारी को सुनिश्चित करने की कार्रवाई के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । इस कार्रवाई ने विनय भाटिया की उम्मीदवारी के समर्थकों व शुभचिंतकों को सतर्क किया है । विनय भाटिया की उम्मीदवारी के एक बड़े समर्थक ने बताया कि उन्होंने सुधीर मंगला को सुझाव दिया है कि उन्हें अपना गवर्नर-काल यदि ठीक से चलाना है तो डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के पचड़े में उन्हें नहीं पड़ना चाहिए तथा किसी एक उम्मीदवार के पक्ष में नहीं दिखना चाहिए । उल्लेखनीय है कि अगले रोटरी वर्ष के लिए रोटरी क्लब फरीदाबाद एनआईटी के विनय भाटिया ने अपनी उम्मीदवारी को घोषित किया हुआ है और आवश्यकतानुरूप अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने का काम भी शुरू किया हुआ है ।
दरअसल अगले रोटरी वर्ष में प्रस्तुत होने वाली अपनी उम्मीदवारी को लेकर विनय भाटिया ने जिस तरह की तैयारी दिखाई है, उसके कारण ही रवि दयाल के समर्थकों व शुभचिंतकों को यह जरूरी लगा है कि वह रवि दयाल की उम्मीदवारी को लेकर चल रहे संशय को दूर करने का काम तो करें और साथ ही ऐसा कुछ भी करें जिससे कि रवि दयाल की उम्मीदवारी की चर्चा बने और लोगों के बीच रवि दयाल की उम्मीदवारी के प्रति विश्वास बने । रवि दयाल के नजदीकियों का कहना है कि रवि दयाल अपनी उम्मीदवारी के बारे में फैसला करने के लिए मौजूदा रोटरी वर्ष की चुनावी प्रक्रिया के पूरी हो जाने का इंतजार कर रहे थे । मौजूदा रोटरी वर्ष की चुनावी प्रक्रिया के पूरी हो जाने के बाद ही चूँकि अगले रोटरी वर्ष का चुनावी परिदृश्य स्पष्ट होगा; इसलिए उस परिदृश्य के स्पष्ट हो जाने के बाद ही रवि दयाल अपनी उम्मीदवारी के बारे में फैसला करने की सोच रहे थे । रवि दयाल के समर्थकों व शुभचिंतकों को भी यह इंतजार कर लेना ठीक ही लग रहा था । लेकिन अगले रोटरी वर्ष के लिए विनय भाटिया की सक्रियता ने उनकी इस सोच को प्रभावित किया; और रवि दयाल के समर्थकों व शुभचिंतकों को लगा कि इस वर्ष की चुनावी प्रक्रिया के पूरी होने का उन्होंने यदि इंतजार किया तो विनय भाटिया तो उनसे बहुत आगे निकल जायेंगे ।
रवि दयाल के समर्थकों व शुभचिंतकों का मानना और कहना है कि रवि दयाल की रोटरी में जिस तरह की सक्रियता रही है, और जिस प्रकार वह अधिकतर गवर्नर्स की गुडबुक में रहे हैं और रोटेरियंस के बीच उनकी काम करने से मतलब रखने वाली छवि है - उसके कारण उनके लिए समर्थन जुटाना मुश्किल नहीं होगा । रवि दयाल के समर्थक और शुभचिंतक भी मानते और कहते हैं कि रवि दयाल लोगों से परिचित होने की पहल करने में तथा लोगों से घुलने-मिलने के मामले में फिसड्डी रहे हैं, और उम्मीदवार के रूप में उन्हें बस अपनी इसी कमी को दूर करना है । रवि दयाल को जानने वाले लोगों में से कुछेक का कहना है कि अपनी इसी कमजोरी के कारण वह अभी तक उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की हिम्मत नहीं कर पाए हैं; जबकि अन्य कुछेक लोगों का मानना और कहना है कि रवि दयाल काम से काम रखने वाले व्यक्ति हैं और वह आवश्यकतानुसार ही काम करते हैं; अब जब उम्मीदवार के रूप में उनके लिए सक्रिय होने की जरूरत होगी तो वह सक्रिय हो जायेंगे । इस मामले में उनकी तुलना संजय खन्ना से की जाती है । लोगों का कहना है कि उम्मीदवार के रूप में संजय खन्ना ने जिस तरह की सक्रियता दिखाई थी, उनसे उस तरह की सक्रियता दिखा सकने की उम्मीद उनके नजदीकियों को भी नहीं थी । किंतु जब सर पर पड़ी, तो उन्होंने वह कर दिखाया जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी । रवि दयाल के समर्थकों व शुभचिंतकों को भरोसा है कि रवि दयाल भी जब जैसी जरूरत होगी, अपनी सक्रियता दिखा देंगे ।
रवि दयाल की उम्मीदवारी को प्रस्तुत होते हुए देखने वालों ने जिस तरह अगले रोटरी वर्ष के लिए तैयारी शुरू की है, उससे अगले रोटरी वर्ष में होने वाली चुनावी लड़ाई का परिदृश्य कुछ कुछ साफ होता हुआ नजर आ रहा है । विनय भाटिया की तरफ से पहले ही यह स्पष्ट कर दिया गया है कि अगले रोटरी वर्ष में उनकी उम्मीदवारी तो पक्की है । कुछेक लोगों को लग रहा है कि अगले रोटरी वर्ष में विनय भाटिया और रवि दयाल के बीच चुनावी मुकाबले का सीन देखने को मिल सकता है; जबकि कुछेक अन्य रवि दयाल की उम्मीदवारी के प्रति आश्वस्त होने के लिए अभी कुछ और इंतजार कर लेना चाहते हैं ।                                 

Wednesday, December 31, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय खन्ना चुनावबाज स्वार्थी नेताओं के दवाब में निरर्थक साबित हो चुके पायलट प्रोजेक्ट के अनुसार ही चुनाव कराने के लिए मजबूर बने हुए हैं क्या; अन्यथा न्यायपूर्ण और सही दिखने वाला फैसला लेने में आखिर हिचक क्यों रहे हैं ?

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय खन्ना डिस्ट्रिक्ट की चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से पूरा करने के मामले में बुरी तरह घिर गए हैं और यही कारण है कि उनके लिए लोगों के सवालों का जबाव देते हुए नहीं बन रहा है और उन्हें सवालों के जबाव देने से बचने की कोशिश करनी पड़ रही है । यह ठीक है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में संजय खन्ना के सामने एक विकट स्थिति आ पड़ी है और फैसलों के संदर्भ में उन पर चौतरफा दबाव है - लेकिन ऐसे ही अवसर तो परीक्षा की घड़ी होते हैं । संजय खन्ना को जानने/पहचानने और समझने का दावा करने वाले लोगों को लग रहा है और उनमें से कई कह भी रहे हैं कि परीक्षा की इस घड़ी में उन्हें संजय खन्ना में वह संजय खन्ना नहीं दिखाई दे रहे हैं, जिन संजय खन्ना को वह जानते/पहचानते और समझते रहे हैं । संजय खन्ना को हमेशा ही साफ दो-टूक बात कहते और फैसला लेते हुए देखा पाया गया है; मुश्किल से मुश्किल तथा प्रतिकूल दबावों में भी अपना रास्ता बनाने/निकालने का हुनर उन्होंने दिखाया हुआ है । लेकिन डिस्ट्रिक्ट की चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से अपनाने के मामले में उनका सारा हुनर पता नहीं क्यों हवा होता हुआ दिखाई दे रहा है और चुनावी प्रक्रिया को लेकर पूछे जा रहे सवालों के जवाब देना उनके लिए मुश्किल हो रहा है और वह जैसे असहाय से बन गए हैं ।संजय खन्ना के सामने सवाल बड़ा सीधा है - सवाल यह है कि वह जिस पायलट प्रोजेक्ट के नियमों के अनुसार चुनाव कराने की बात कर रहे हैं, उन नियमों का पालन हो भी पा रहा है क्या ? और यदि नियमों का पालन नहीं हो पा रहा है तो फिर पायलट प्रोजेक्ट के नियमों के अनुसार चुनाव कराने की बात क्यों की जा रही है ? एक तरफ तो पायलट प्रोजेक्ट के नियमों का पालन नहीं हो पा रहा है, और दूसरी तरफ आप पायलट प्रोजेक्ट के नियमों के अनुसार चुनाव कराने की बात कर रहे हैं - आप आखिर किसे धोखा दे रहे हैं ?
पायलट प्रोजेक्ट के नियमों के अनुसार, इलेक्शन कमेटी में डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर्स ही रह सकते हैं । डिस्ट्रिक्ट 3011 और डिस्ट्रिक्ट 3012 के चुनाव के लिए बनी इलेक्शन कमेटी में पहली बार ऐसा होगा कि दूसरे डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर भी उसमें होंगे । डिस्ट्रिक्ट 3011 के चुनाव में डिस्ट्रिक्ट 3012 के पूर्व गवर्नर का; और डिस्ट्रिक्ट 3012 के चुनाव में डिस्ट्रिक्ट 3011 के पूर्व गवर्नर का कोई भी हस्तक्षेप क्यों होना चाहिए ? नियम विरुद्ध हुए इस काम को दोनों डिस्ट्रिक्ट्स के लिए अलग अलग इलेक्शन कमेटी बना कर होने से टाला जा सकता था । दोनों डिस्ट्रिक्ट्स के लिए यदि अलग अलग नोमीनेटिंग कमेटी बन सकती हैं, तो अलग अलग इलेक्शन कमेटी क्यों नहीं बन सकती थीं ?
पायलट प्रोजेक्ट के नियमों के अनुसार, चुनावी प्रक्रिया शुरू होने से पहले जोन्(स) बना लिए जाने चाहिए । यहाँ, चुनावी प्रक्रिया शुरू होने के बाद भी जोन्(स) का कोई अता-पता नहीं है ।
पायलट प्रोजेक्ट में चुनावी प्रक्रिया के लिए एक समय-सारणी तय की गई है; लेकिन चुनावी प्रक्रिया का कोई भी काम तय की गई तारीख पर नहीं हो पाया है ।
इस कारण तय तारीख तक ड्यूज जमा न हो पाने की वजह से चुनावी प्रक्रिया से बाहर कर दिए गए क्लब्स का मामला गर्म हो गया है । उल्लेखनीय है कि पायलट प्रोजेक्ट के नियम के अनुसार जिन क्लब्स ने 30 सितंबर तक अपने ड्यूज क्लियर नहीं किए हैं, उन्हें चुनावी प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जायेगा । इस मामले में तो तय तारीख का सख्ती से पालन कर लिया गया है लेकिन बाकी मामलों में तारीखों के पालन की कोई परवाह नहीं है । लोगों का सवाल है कि जब अधिकतर मामलों में तय की गई तारीखों का पालन नहीं हो पा रहा है, तो ड्यूज जमा होने की तारीख के पालन पर ही सारा का सारा जोर क्यों दिया जा रहा है ? डिस्ट्रिक्ट 3011 और डिस्ट्रिक्ट 3012 नए डिस्ट्रिक्ट हैं, इसलिए इनमें सभी लोगों की भागीदारी को सुनिश्चित किए जाने की वैसे भी जरूरत है । इस जरूरत को पूरा करने की उम्मीद यह देख कर और बढ़ी कि जब अन्य सभी मामलों में तय की गई तारीखों को आगे बढ़ा दिया गया है, तो इस मामले में भी तारीख की छूट मिल जाएगी । किंतु पायलट प्रोजेक्ट के नियमों का सारा का सारा बोझ इसी मामले पर डाल दिया गया है ।
पायलट प्रोजेक्ट के नियमों के पालन के कारण उम्मीदवारों के क्लब्स के साथ जो अन्याय हो रहा है, उसने संजय खन्ना के गवर्नर-काल में बने नियमों के पालन के रूप का मजाक बना कर रख दिया है । नियम के अनुसार डॉक्टर सुब्रमणियन, सुरेश भसीन, शरत जैन, दीपक गुप्ता के क्लब इनकी उम्मीदवारी के कारण वर्ष 2016-17 के लिए बनने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के हिस्सा नहीं हो सकते हैं । यहाँ तक तो बात ठीक है । लेकिन इनके क्लब्स से वर्ष 2017-18 के लिए चुने जाने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के लिए होने वाले फैसले में शामिल होने का अधिकार भी छीन लिया गया है । इसी तरह सरोज जोशी, रवि चौधरी, सतीश सिंघल, प्रसून चौधरी के क्लब्स से वर्ष 2016-17 के लिए चुने जाने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के लिए होने वाले फैसले में शामिल होने का अधिकार छीन लिया गया है । पायलट प्रोजेक्ट के नियम का पालन करने के लिए दोनों वर्षों के लिए अलग अलग नोमीनेटिंग कमेटी बनायी जानी चाहिए थीं, किंतु जो नहीं बनायी गयीं ।
सौ बातों की एक बात ! जिस पायलट प्रोजेक्ट की बात की जा रही है, वह डिस्ट्रिक्ट 3010 के लिए लागू किया गया है - चुनाव लेकिन डिस्ट्रिक्ट 3011 और डिस्ट्रिक्ट 3012 के लिए हो रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट 3011 और डिस्ट्रिक्ट 3012 के लिए तो कोई पायलट प्रोजेक्ट नहीं है । तब फिर इन डिस्ट्रिक्ट्स में होने वाले चुनाव के लिए पायलट प्रोजेक्ट की बात क्यों की जा रही है ?
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय खन्ना का कहना है कि उन्होंने रोटरी के बड़े नेताओं से इस बारे में बात की है और उन्होंने पायलट प्रोजेक्ट के हिसाब से ही चुनाव कराने के लिए कहा है । किंतु जिन लोगों ने रोटरी इंटरनेशनल से पायलट प्रोजेक्ट के नियमों के पालन न होने और या नियमों का पालन कराने के चक्कर में क्लब्स के अधिकारों के हनन होने का सवाल किया, उन्हें रोटरी इंटरनेशनल से जवाब मिला है कि इस सवालों का जवाब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से लीजिए । रोटरी इंटरनेशनल का लिखित में कहना है कि डिस्ट्रिक्ट में चुनाव कराने की जिम्मेदारी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की है; डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ही रोटरी इंटरनेशनल का अधिकृत अधिकारी है - इसलिए चुनाव से संबंधित सभी फैसले उसे ही करने है और सारे सवालों का जवाब भी उसे ही देना है ।
रोटरी इंटरनेशनल का यह आधिकारिक जवाब है, जिसके बाद संजय खन्ना के लिए पायलट प्रोजेक्ट को लागू करने बाबत बड़े नेताओं के कहे की आड़ लेने का कोई मतलब नहीं रह जाता है और ऐसा लगता है जैसे कि वह बहानेबाजी कर रहे हैं और उचित फैसला लेने से बच रहे हैं । लोगों का कहना है कि रोटरी के जो बड़े नेता उनसे पायलट प्रोजेक्ट के हिसाब से चुनाव कराने की बात कह रहे हैं, उनसे ही उन्हें उन सवालों के जवाब माँगने चाहिए जिन सवालों का जवाब दे पाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है और जिन सवालों ने नई बदली परिस्थितियों में पायलट प्रोजेक्ट को निरर्थक और मजाक बना दिया है ।
यह बात तो कोई नहीं मानेगा कि संजय खन्ना चुनावबाज स्वार्थी नेताओं के दवाब में निरर्थक साबित हो चुके पायलट प्रोजेक्ट के अनुसार ही चुनाव कराने के लिए मजबूर बने हुए हैं । किंतु उन्हें जानने/पहचानने वाले लोगों को यह समझने में भी मुश्किल आ रही है कि संजय खन्ना डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में न्यायपूर्ण और सही दिखने वाला फैसला लेने में आखिर हिचक क्यों रहे हैं ? इस मामले में संजय खन्ना की भूमिका इस कदर सवालों के घेरे में आ गई है कि ऐसा लगता है जैसे कि लोग कह रहे हों - Will the real Sanjay Khanna please stand up ?

Thursday, December 25, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में राजीव गुप्ता की उम्मीदवारी का संकेत मिलने के साथ सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के समर्थकों के बीच जो उथल-पुथल मची, उसने सतीश सिंघल की उम्मीदवारी को नुकसान पहुँचाने का और उनके प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार प्रसून चौधरी को बढ़त दिलाने का ही काम किया है

नई दिल्ली । रोटरी क्लब दिल्ली मयूर विहार के राजीव गुप्ता की अगले रोटरी वर्ष में प्रस्तुत होने वाली उम्मीदवारी की चर्चा ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के अभियान को खासी तगड़ी चोट पहुँचाई है । राजीव गुप्ता इस वर्ष असिस्टेंट गवर्नर हैं और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के शुरू से ही घनघोर समर्थक रहे हैं । सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के जो भी समर्थक रहे हैं, उनमें राजीव गुप्ता सबसे आगे रहे हैं और सबसे ज्यादा सक्रिय रहे हैं । राजीव गुप्ता के दिलचस्पी लेने के कारण ही रोटरी क्लब दिल्ली मयूर विहार का अधिष्ठापन समारोह सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के एक बड़े लॉन्चिंग पैड के रूप में आयोजित हुआ था । रोटरी क्लब दिल्ली मयूर विहार के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल अधिष्ठापन समारोह में जितने लोगों को आमंत्रित कर रहे थे, राजीव गुप्ता ने निजी दिलचस्पी लेकर उससे ज्यादा लोगों को आमंत्रित करवाया था और इस चक्कर में हुए अतिरिक्त खर्च की भरपाई भी की थी । इस भरपाई को लेकर क्लब के लोगों के बीच थोड़ा विवाद भी हुआ था - कुछ लोगों का कहना था कि यह भरपाई राजीव गुप्ता ने की थी, लेकिन कुछ अन्य लोगों का कहना था कि अतिरिक्त खर्च हुई रकम राजीव गुप्ता ने सतीश सिंघल से दिलवाई थी । इस तरह के छोटे-मोटे विवादों के बावजूद रोटरी क्लब दिल्ली मयूर विहार का अधिष्ठापन समारोह बहुत जोरदार रूप में संपन्न हुआ था; और उस समारोह में सतीश सिंघल की उम्मीदवारी का जैसा जो प्रमोशन हुआ था उससे सतीश सिंघल की उम्मीदवारी ने एक ऊँची छलाँग भरी थी ।
रोटरी क्लब दिल्ली मयूर विहार के अधिष्ठापन समारोह में सतीश सिंघल की उम्मीदवारी को जो ऊँची छलाँग मिली, उससे राजीव गुप्ता को भी एक बड़े स्ट्रैटिजिस्ट की पहचान मिली और माना जाने लगा कि राजीव गुप्ता के साथ रहने से सतीश सिंघल के लिए अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाना और उसे बढ़ाते जाना जरा भी मुश्किल नहीं होगा ।
लेकिन वही राजीव गुप्ता अंततः सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के लिए घाटे का वाहक बने हैं ।
यह इसलिए हुआ क्योंकि राजीव गुप्ता ने सतीश सिंघल की उम्मीदवारी का झंडा उठाने के साथ-साथ अगले रोटरी वर्ष में अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के संकेत देने भी शुरू कर दिए । उनके हवाले से लोगों के बीच चर्चा फैली कि सतीश सिंघल को चुनवाने/जितवाने के बाद राजीव गुप्ता अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करेंगे । माना/समझा गया कि सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के पक्ष में राजीव गुप्ता ने जो सक्रियता दिखाई है, उसके पीछे उनका मकसद अगले वर्ष प्रस्तुत होने वाली अपनी उम्मीदवारी के लिए जमीन तैयार करना है । इसका परिणाम यह हुआ कि सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के ऐसे कई समर्थक - जो राजीव गुप्ता की प्रस्तावित उम्मीदवारी के पक्ष में नहीं थे, भड़क गए और उन्होंने सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के समर्थन से बचना शुरू कर दिया । अगले रोटरी वर्ष के लिए राजीव गुप्ता के ही क्लब के अनूप मित्तल के नाम की भी चर्चा थी । सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के कुछेक समर्थकों ने रोटरी क्लब नोएडा एक्सीलेंस के प्रवीण निगम को उम्मीदवार के रूप में प्रमोट करना शुरू कर दिया । हालात यह बने कि सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के समर्थक सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के लिए काम करने की बजाए अगले रोटरी वर्ष की चुनावी राजनीति करने में लग गए ।
इससे सतीश सिंघल की उम्मीदवारी का अभियान तो पिछड़ा ही - साथ ही उनके समर्थकों के बीच परस्पर विरोधी खेमेबाजी भी होने लगी । सतीश सिंघल के प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार प्रसून चौधरी ने इस स्थिति का पूरा पूरा फायदा उठाया । सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के ऐसे समर्थकों पर, जो राजीव गुप्ता की प्रस्तावित उम्मीदवारी के विरोधी हैं - प्रसून चौधरी की तरफ से डोरे डाले गए और सतीश सिंघल के कई समर्थकों को अपनी तरफ मिला लिया गया । इसी का नतीजा है कि चुनाव अभियान शुरू होते समय जिन लोगों को सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के समर्थन में देखा/समझा जा रहा था, उनमें से कई अब प्रसून चौधरी की उम्मीदवारी के समर्थन में सक्रिय देखे जा रहे हैं । इस तरह, राजीव गुप्ता की उम्मीदवारी का संकेत मिलने के साथ सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के समर्थकों के बीच जो उथल-पुथल मची, उसने सतीश सिंघल की उम्मीदवारी को नुकसान पहुँचाने का ही काम किया है ।
मजे की बात यह हुई है कि अगले रोटरी वर्ष में प्रस्तुत होने वाली राजीव गुप्ता की उम्मीदवारी की चर्चा भी अब ठंडी पड़ गई है । राजीव गुप्ता के क्लब के लोगों का ही कहना है कि क्लब में अपनी उम्मीदवारी को लेकर राजीव गुप्ता ने कोई बात नहीं की है । उनसे पूछा भी गया तो उन्होंने यह कहते हुए बात को टाल दिया कि क्लब के लोग तो उनकी उम्मीदवारी का विरोध कर रहे हैं, ऐसे में अभी वह अपनी उम्मीदवारी को लेकर क्या बात करें ? क्लब के बाहर भी उनके जो नजदीकी हैं, उनका कहना है कि राजीव गुप्ता ने अब अपनी उम्मीदवारी को लेकर बात करना बंद दिया है । उनके कुछेक नजदीकियों का कहना है कि पहले भी वह यह कहते थे कि सतीश सिंघल के जीतने पर ही वह अगले वर्ष अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करेंगे; हो सकता है कि अब उन्हें सतीश सिंघल के जीतने का भरोसा न रह गया हो और इसीलिए उन्होंने अपनी उम्मीदवारी की बात करना बंद कर दिया हो । सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के संदर्भ में यह एक बड़ा ट्रैजिक सा प्रसंग बन गया है कि जिन राजीव गुप्ता को सतीश सिंघल की उम्मीदवारी के सबसे बड़े समर्थक के रूप में देखा/पहचाना जा रहा था, उन्हीं राजीव गुप्ता के कारण सतीश सिंघल की उम्मीदवारी अपने प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार प्रसून चौधरी की उम्मीदवारी के मुकाबले पिछड़ती हुई नजर आ रही है ।

Monday, December 22, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में शरत जैन को चुनवाने/जितवाने की मुहिम में वरिष्ठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमएल अग्रवाल को इस्तेमाल करने के साथ-साथ पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता के समर्थन का दावा करते हुए केआर रवींद्रन, पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई की आँखों में धूल झोंकने की तैयारी

नई दिल्ली । शरत जैन की उम्मीदवारी की राह आसान बनाने के लिए अरनेजा गिरोह ने अब वरिष्ठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमएल अग्रवाल को मोहरा बना कर इस्तेमाल करने की चाल चली है । अरनेजा गिरोह ने एमएल अग्रवाल को दोतरफा तरीके से इस्तेमाल करना शुरू किया है : अरनेजा गिरोह की तरफ से एक तरफ तो लोगों को बताया जा रहा है कि एमएल अग्रवाल को ऑफर दिया गया है कि शरत जैन यदि गवर्नर बनेंगे तो उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया जायेगा, लेकिन इसके लिए उन्हें दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को वापस कराने का काम करना होगा; दूसरी तरफ लोगों को बताया जा रहा है कि दीपक गुप्ता अपनी उम्मीदवारी को बनाये रखने की जिद में एमएल अग्रवाल की भी नहीं सुन/मान रहे हैं । अरनेजा गिरोह की इस हरकत ने दूसरे वरिष्ठ पूर्व गवर्नर केके गुप्ता को बुरी तरह नाराज किया है । केके गुप्ता का कहना है कि डिस्ट्रिक्ट के लिए और रोटरी के लिए शर्मनाक बात यह है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (इलेक्ट) जेके गौड़ डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में सक्रिय दिलचस्पी ले रहे हैं और एक पक्ष बन गए हैं ।
रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट इलेक्ट केआर रवींद्रन, इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर और इंटरनेशनल डायरेक्टर इलेक्ट मनोज देसाई बेचारे हर संभव कोशिश करने में जुटे हुए हैं कि रोटरी में चुनावी प्रक्रिया ईमानदारी से पूरी हो, तथा गवर्नर्स की उसमें सक्रिय और पक्षपाती भूमिका न हो - लेकिन डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में जेके गौड़, रमेश अग्रवाल और मुकेश अरनेजा उनकी कोशिशों की जरा भी परवाह करते हुए नहीं दिख रहे हैं । वह कहते/बताते भी हैं कि उन्हें पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता का समर्थन है और इसलिए उन्हें किसी केआर रवींद्रन, किसी पीटी प्रभाकर और किसी मनोज देसाई के कहने/सुनने की परवाह करने की जरूरत नहीं है ।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (इलेक्ट) जेके गौड़ किस हद तक डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति का हिस्सा बने हुए हैं इसे इस तथ्य से समझा/पहचाना जा सकता है कि पेम सेकेंड से दो दिन पहले वह पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स की मीटिंग यह कह कर बुलाते हैं कि उन्हें पेम सेकेंड की कार्रवाई को अंतिम रूप देने के लिए विचार-विमर्श करना है । विचार-विमर्श के लिए पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स इकठ्ठा होते हैं तो चर्चा शुरू होती है शरत जैन और दीपक गुप्ता के बीच होने वाले चुनाव को लेकर । यह देख कर केके गुप्ता नाराज होते हैं और जेके गौड़ से कहते हैं कि यह मीटिंग पेम सेकेंड की कार्रवाई पर विचार-विमर्श के लिए बुलाई गई हैं और उसके बारे में कोई बात ही नहीं हो रही है । केके गुप्ता के आपत्ति करने पर जेके गौड़ पेम सेकेंड की कार्रवाई के बारे में बात करना शुरू तो करते हैं, लेकिन वह बात पाँच/सात मिनट में पूरी हो जाती है और फिर चर्चा शरत जैन व दीपक गुप्ता के चुनाव की होने लगती है ।
जेके गौड़ का - और अरनेजा गिरोह के दूसरे नेताओं का कहना है कि चुनावी सक्रियता से डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच मनमुटाव पैदा होता है, जिससे डिस्ट्रिक्ट का और रोटरी का नाम खराब होता है; इसलिए चुनाव की स्थिति को टाला जाना चाहिए और जो उम्मीदवार हैं उन्हें आगे-पीछे गवर्नर बनने के लिए राजी हो कर चुनावी मुकाबले की स्थिति से बच लेना चाहिए । ऊपर से तो यह बात बहुत अच्छी और जरूरी लगती है, लेकिन इसमें छिपा झूठ छिपा रह नहीं पाता है । डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच मनमुटाव पैदा होने तथा डिस्ट्रिक्ट और रोटरी का नाम खराब होने के लिए चुनावी सक्रियता जिम्मेदार नहीं होती है; बल्कि चुनावी सक्रियता के नाम पर क्लब्स में झगड़े करवाने तथा पदों की बंदरबाँट करने/करवाने की बातें जिम्मेदार होती हैं । शरत जैन और दीपक गुप्ता के बीच यदि ईमानदारी से चुनाव हो जाने दिया जाये, तो लोगों के बीच क्यों तो मनमुटाव होगा और क्यों डिस्ट्रिक्ट व रोटरी का नाम खराब होगा ? लोगों के बीच मनमुटाव यदि पैदा हो रहा है, क्लब्स में झगड़े हो रहे हैं तथा डिस्ट्रिक्ट का और रोटरी का नाम यदि खराब हो रहा है तो इसलिए क्योंकि जेके गौड़ ने - तथा अरनेजा गिरोह के दूसरे नेताओं ने शरत जैन को गवर्नर चुनवाने के लिए हर हथकंडा अपनाया हुआ है ।
दीपक गुप्ता के साथ रोटरी के एक आयोजन में अपनी मर्जी से खुशी खुशी खिंचवाई गई तस्वीर को फेसबुक पर लगाने के लिए मुकेश अरनेजा बौद्धिक संपदा अधिकार कानून के तहत कार्रवाई करने तक की धमकी देने लगते हैं; लेकिन शरत जैन के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों को तरह तरह से फेसबुक पर प्रचारित करते/करवाते हैं । मुकेश अरनेजा, रमेश अग्रवाल, जेके गौड़ जब-जहाँ-जैसे मौका देखते हैं शरत जैन की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के काम में लगे रहते हैं । शरत जैन की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के चक्कर में जेके गौड़ ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की प्रतिष्ठा और गरिमा को तार-तार कर दिया है । पेम फर्स्ट और पेम सेकेंड में जेके गौड़ की भूमिका को जिन्होंने देखा है, उन्होंने कहा/बताया है कि जेके गौड़ तो बस 'गेस्ट एपियरेंस' वाली भूमिका में हैं और गवर्नरी का काम रमेश अग्रवाल ही कर रहे हैं ।
रमेश अग्रवाल और मुकेश अरनेजा ने जिस तरह जेके गौड़ के गवर्नर-काल पर कब्ज़ा कर लिया है, वैसा ही कब्ज़ा उनका आगे भी बना रहे - इसके लिए उन्हें शरत जैन को चुनवाना/जितवाना जरूरी लग रहा है । शरत जैन को चुनवाने/जितवाने के लिए हर हथकंडा अपनाने के बावजूद इन्हें चूँकि डर बना हुआ है कि कहीं दीपक गुप्ता न जीत जाएँ; इसलिए यह दीपक गुप्ता को मुकाबले से हटाने के प्रयासों में लगे हुए हैं । पहले इन्होंने इस काम के लिए रूपक जैन की मदद ली, किंतु उसमें असफल रहने के बाद अब इन्होंने एमएल अग्रवाल का दामन पकड़ा है । मजे की बात यह है कि यह एमएल अग्रवाल की मदद भी ले रहे हैं और एमएल अग्रवाल को बदनाम भी कर रहे हैं । अरनेजा गिरोह के नेताओं की तरफ से ही लोगों को बताया जा रहा है कि डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने के लालच में एमएल अग्रवाल ने दीपक गुप्ता को अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के लिए राजी करने का काम शुरू कर दिया है । एमएल अग्रवाल अपने काम में असफल हो जाएँ, तब भी यह फायदा उठा सकें - इसके लिए इन्होंने दीपक गुप्ता को यह कहते हुए बदनाम करना शुरू कर दिया है कि दीपक गुप्ता को अपनी उम्मीदवारी बनाये रखने की जिद में डिस्ट्रिक्ट की और रोटरी की जैसे कोई परवाह ही नहीं है । हालाँकि इस बात का इनसे कोई जवाब देते हुए नहीं बनता है कि डिस्ट्रिक्ट और रोटरी की आपको यदि सचमुच में परवाह है तो आप शरत जैन की उम्मीदवारी को वापस क्यों नहीं करवा देते ? शरत जैन की उम्मीदवारी वापस हो जायेगी तो चुनाव नहीं होगा और तब न लोगों के बीच मनमुटाव होगा और न डिस्ट्रिक्ट व रोटरी का नाम खराब होगा ।
जेके गौड़, रमेश अग्रवाल और मुकेश अरनेजा ने अपने किए-धरे को पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता के समर्थन का भी दावा करना शुरू कर दिया है । दरअसल उन्हें पता है कि डिस्ट्रिक्ट में 'अपने' उम्मीदवार को चुनवाने/जितवाने के लिए उन्होंने जिस जिस तरह की कारस्तानियाँ की हुई हैं, उसकी जानकारी रोटरी के बड़े नेताओं तक पहुँच रही है; और रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट इलेक्ट केआर रवींद्रन, इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर और इंटरनेशनल डायरेक्टर इलेक्ट मनोज देसाई जैसे लोगों को उनकी हरकतें खराब लग रही हैं । ऐसे में, जेके गौड़, रमेश अग्रवाल और मुकेश अरनेजा को लग रहा है कि वह सुशील गुप्ता के समर्थन का दावा करेंगे तो केआर रवींद्रन, पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई आदि भी चुप रहेंगे - और उन्हें 'अपने' उम्मीदवार को चुनवाने/जितवाने के लिए कुछ भी हरकतें करने का मौका मिलता रहेगा ।

Sunday, December 21, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट गैरी हुआंग के सामने मिले प्रदर्शन के मौके का फायदा उठाने के बाद प्रसून चौधरी की तरफ से जोन स्तर पर शुरू हुईं मीटिंग्स के कार्यक्रम ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए सतीश सिंघल के मुकाबले प्रसून चौधरी की उम्मीदवारी को बढ़त दिलाई

गाजियाबाद । प्रसून चौधरी की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने हेतु जोन स्तर पर शुरू हुईं मीटिंग्स ने रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में पुनः गर्मी पैदा कर दी है । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट 3012 के गठन की औपचारिक घोषणा होने की प्रक्रिया पूरी होने तथा नए बने डिस्ट्रिक्ट के लिए चुनावी प्रक्रिया के दोबारा शुरू होने के कारण चुनाव की तारीख के आगे बढ़ने से चुनावी सरगर्मियाँ ठंडी पड़ गई थीं । चुनावी सरगर्मियाँ इसलिए भी ठंडी पड़ गईं थीं क्योंकि रोटरी वर्ष के पहले तीन-चार महीनों में उम्मीदवारों ने जमकर प्रचार अभियान चला लिया था और नया कुछ करने को बाकी नहीं रह गया था । सच यह है कि उम्मीदवार भी और 'वोटर' भी पूरी तरह पक/चट गए थे । दरअसल चुनाव चूँकि अक्टूबर/नवंबर में होते हैं, इसलिए उम्मीदवार अपनी सक्रियता का प्लान भी इसी तरह बनाते हैं कि उनका चुनाव अभियान अक्टूबर/नवंबर तक पूरा हो जाये । मौजूदा रोटरी वर्ष में भी उम्मीदवारों ने तो प्लान इसी तरह से बनाया और अपना चुनाव अभियान तय समय तक पूरा कर लिया, लेकिन चुनाव आगे खिसकता गया । ऐसे में, उम्मीदवारों के सामने सचमुच में यह संकट पैदा हो गया कि अब वह क्या करें ? इसी संकट के चलते चुनावी सरगर्मियाँ ठंडी पड़ गईं ।
लेकिन प्रसून चौधरी की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने हेतु जोन स्तर पर शुरू हुईं मीटिंग्स ने चुनावी हलचल में एक बार फिर से गर्मी पैदा करने का काम किया है । गाजियाबाद क्षेत्र के दो जोन में प्रसून चौधरी की उम्मीदवारी के समर्थकों ने मीटिंग्स कर ली हैं; दिल्ली के कुछेक जोन में मीटिंग्स के कार्यक्रम तय होने की सूचनाएँ मिल रही हैं और प्रसून चौधरी के समर्थकों की तरफ  से किया जा रहा दावा सुना जा रहा है कि जल्दी ही सभी जोन में मीटिंग्स के कार्यक्रम तय कर लिए जायेंगे तथा उचित समय तक सभी जोन में मीटिंग्स कर ली जायेंगी । प्रसून चौधरी की उम्मीदवारी के समर्थकों की इस आक्रामक रणनीति का उनके प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार सतीश सिंघल की तरफ से कैसे मुकाबला किया जायेगा, इसका कोई संकेत लोगों को अभी तक नहीं मिला है । इस कारण, चुनाव अभियान के इस दूसरे दौर में सतीश सिंघल के मुकाबले प्रसून चौधरी के चुनाव अभियान को बढ़त लेते हुए देखा/पाया जा रहा है । 
प्रसून चौधरी को बढ़त इसलिए भी मिलती दिख रही है क्योंकि हाल ही में रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट गैरी हुआंग की उपस्थिति में डिस्ट्रिक्ट में हुए रू-ब-रू आयोजन में रोटरी फाउंडेशन के संदर्भ में प्रसून चौधरी का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा । सतीश सिंघल का क्लब यूँ तो काफी प्रभावी बताया जाता है, लेकिन इंटरनेशनल प्रेसीडेंट तथा डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख लोगों के सामने जब प्रदर्शन का मौका आया तो पता नहीं क्यों सतीश सिंघल अपने को और अपने क्लब को चार्जड दिखाने से चूक गए । रू-ब-रू आयोजन में हुए 'प्रदर्शन' के आधार पर डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख लोगों ने प्रसून चौधरी और सतीश सिंघल के बीच तुलना की तो प्रसून चौधरी के पलड़े को भारी पाया/पहचाना । प्रसून चौधरी के पक्ष में डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख लोगों के बीच बनी यह धारणा डिस्ट्रिक्ट के दूसरे लोगों तक ट्रांसफर हुई तो उसका फायदा प्रसून चौधरी को मिलना ही था । यह फायदा वैसे उतना नहीं मिलता, यदि प्रसून चौधरी की तरफ से जोन स्तर पर मीटिंग्स का कार्यक्रम न शुरू किया गया होता । प्रसून चौधरी की तरफ से जोन स्तर पर शुरू हुईं मीटिंग्स और मीटिंग्स की तैयारी ने एक तरह से कड़ी-से-कड़ी जोड़ने का काम किया और इंटरनेशनल प्रेसीडेंट के साथ हुए रू-ब-रू कार्यक्रम में भारी हुए अपने पलड़े को और भारी बना लिया है ।
प्रसून चौधरी को बढ़त बनाते देखने के बावजूद प्रसून चौधरी की उम्मीदवारी के कई एक समर्थक सतीश सिंघल से मिल सकने वाली चुनौती को लेकर हालाँकि गंभीर भी बने हुए हैं । उनका मानना और कहना है कि सतीश सिंघल अभी भले ही प्रसून चौधरी से पिछड़ते नजर आ रहे हों, लेकिन सतीश सिंघल को इस पिछड़न को दूर करने के लिए ज्यादा प्रयास नहीं करने पड़ेंगे और थोड़े से प्रयासों से ही वह अपनी स्थिति को बेहतर बना सकेंगे । चुनाव अभियान के पहले चरण में भी ऐसा ही हुआ था । प्रसून चौधरी और सतीश सिंघल के बीच की होड़ को दिलचस्पी और नजदीक से देख रहे रोटेरियंस का मानना और कहना है कि प्रसून चौधरी के साथ अच्छी बात यह रही है कि उन्होंने शुरू से ही अपनी कमजोरियों को जाना/पहचाना और उन्हें दूर करते हुए आगे बढ़ने का काम किया; उनके रवैये के विपरीत सतीश सिंघल ने अपनी खूबियों पर मुग्ध होने/रहने का काम किया तथा अपनी कमजोरियों को पहचानने/समझने का ज्यादा प्रयास ही नहीं किया - उन्हें दूर करने का प्रयास तो फिर क्या ही होता । यही कारण रहा कि ऐसे कई प्रमुख रोटेरियंस जिन्हें सतीश सिंघल के साथ या तो होना चाहिए था और या जिन्हें उनके साथ शुरू में देखा भी जा रहा था - वह या तो चुप बैठे दिख रहे हैं और या प्रसून चौधरी की उम्मीदवारी का झंडा उठाये हुए नजर आ रहे हैं । दरअसल इसलिए ही सतीश सिंघल जहाँ मौकों का फायदा उठाने में चूकते हुए दिख रहे हैं; वहीं प्रसून चौधरी मौकों का फायदा उठाते हुए सतीश सिंघल के मुकाबले बढ़त बनाने में कामयाब होते हुए नजर आ रहे हैं ।  

Saturday, December 20, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में रमेश अग्रवाल के दावे के अनुसार पेम थर्ड के आयोजन के संदर्भ में धोखा खाने के बाद भी रोटरी क्लब सोनीपत उनके साथ बना रहेगा; किंतु पेम सेकेंड में भी क्या वह जेके गौड़ को अपनी कठपुतली बनाये रख सकेंगे ?

नई दिल्ली । शरत जैन की उम्मीदवारी को नुकसान से बचाने के लिए रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में रमेश अग्रवाल ने रोटरी क्लब सोनीपत के लोगों को धोखा देना मंजूर कर लिया । रमेश अग्रवाल से मिले धोखे के कारण रोटरी क्लब सोनीपत के लोगों की डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच भारी किरकिरी हुई है । रमेश अग्रवाल हालाँकि आश्वस्त हैं और दावा कर रहे हैं कि रोटरी क्लब सोनीपत में उनके कई पिटठू हैं, जिनके होने से वह क्लब उनके साथ ही रहेगा - वह क्लब के लोगों के साथ चाहें कितना ही धोखा करें । उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब सोनीपत के साथ पेम थर्ड की आयोजन जिम्मेदारी को लेकर धोखा हुआ है । रमेश अग्रवाल ने पेम थर्ड के आयोजन की जिम्मेदारी रोटरी क्लब सोनीपत को दे दी थी । रोटरी क्लब सोनीपत के लोगों ने उसके लिए तैयारी भी शुरू कर दी । पेम थर्ड के आयोजन में जिन जिन लोगों की मदद लेनी थी, उनके साथ मीटिंग कर ली गई थी और डिस्ट्रिक्ट के लोगों को निमंत्रित करना भी शुरू कर दिया गया था । लेकिन तभी भेद खुला कि जेके गौड़ ने तो पेम थर्ड के आयोजन के लिए रोटरी क्लब दिल्ली रिवरसाइड के सतीश गुप्ता को प्रस्ताव दिया हुआ है । सवाल पैदा हुआ कि उस प्रस्ताव पर फैसला हुए बिना और जेके गौड़ की जानकारी में लाये बिना रमेश अग्रवाल किसी और क्लब को पेम थर्ड के आयोजन की जिम्मेदारी कैसे दे सकते हैं ?
रमेश अग्रवाल के लिए यह सवाल हालाँकि बेमानी था - क्योंकि वह तो मानते और दिखाते हैं कि असली गवर्नर तो वही हैं, जेके गौड़ तो सिर्फ कठपुतली हैं, फैसला कठपुतली थोड़े ही करती है, इसलिए वह जो चाहें कर सकते हैं । किंतु फिर भी, इस संदर्भ में मामला थोड़ा पेचीदा हो गया । दरअसल सतीश गुप्ता को शरत जैन की उम्मीदवारी के पक्के समर्थक के रूप में देखा/पहचाना जाता है । शरत जैन की उम्मीदवारी के शुभचिंतकों ने माना/समझा कि रमेश अग्रवाल की यह कारस्तानी शरत जैन की उम्मीदवारी के एक समर्थक को खो सकती है । रमेश अग्रवाल की कारस्तानियाँ पहले ही शरत जैन की उम्मीदवारी को बहुत नुकसान पहुँचा चुकी हैं । इसी बात को ध्यान में रखते हुए शरत जैन की उम्मीदवारी के शुभचिंतकों और खुद शरत जैन ने रमेश अग्रवाल पर दबाव बनाया कि अपनी घटिया हरकतों को करने से वह कुछ दिनों के लिए तो बाज रहें । सतीश गुप्ता के प्रति रमेश अग्रवाल की खुन्नस से शरत जैन पहले से भी परिचित रहे हैं । सतीश गुप्ता से खुन्नस रखने के चलते ही रमेश अग्रवाल ने अपने क्लब में सतीश गुप्ता के बेटे मोहित गुप्ता को अध्यक्ष नहीं बनने दिया था । रमेश अग्रवाल की घटिया हरकत के चलते ही, मोहित गुप्ता को अध्यक्ष बनने के लिए दोबारा से लाइन में लगना पड़ा है और इस वर्ष उन्हें फिर से क्लब का सचिव बनने के लिए मजबूर होना पड़ा है ।
शरत जैन और शरत जैन की उम्मीदवारी के शुभचिंतकों का दबाव पड़ा तो रमेश अग्रवाल को पेम थर्ड के आयोजन की जिम्मेदारी रोटरी क्लब दिल्ली रिवरसाइड को देने के जेके गौड़ के फैसले को मंजूर करने के लिए मजबूर होना ही पड़ा । रमेश अग्रवाल की इस कारस्तानी से लेकिन रोटरी क्लब सोनीपत के लोगों की बड़ी फजीहत हुई है । उनकी फजीहत में मजा लेने वाले लोगों का कहना लेकिन यह है कि एक घटिया व्यक्ति के साथ रहने का यही नतीजा मिलता है । इस मामले में फजीहत भले ही रमेश अग्रवाल की भी हुई हो, लेकिन रमेश अग्रवाल इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि जो हुआ उससे शरत जैन की उम्मीदवारी को कोई नुकसान नहीं होगा । उनका दावा है कि रोटरी क्लब सोनीपत में उनके कई पिटठू हैं, जिनके कारण वह क्लब उनकी पकड़ से बाहर नहीं जा सकेगा ।
रमेश अग्रवाल चाहते हुए और प्रयास करने के बाद भी जिस तरह पेम थर्ड के आयोजन की जिम्मेदारी रोटरी क्लब सोनीपत को नहीं दिलवा सके, उसके लिए जेके गौड़ की भूमिका को भी श्रेय दिया जा रहा है । कुछेक लोगों को लगता है कि जेके गौड़ को यह बात बहुत बुरी लग रही है कि डिस्ट्रिक्ट में और डिस्ट्रिक्ट के बाहर की रोटरी में लोग उन्हें रमेश अग्रवाल की कठपुतली के रूप में देखें/पहचानें और इसीलिए इस मामले के जरिये उन्होंने यह दिखाने/जताने का प्रयास किया है कि वह रमेश अग्रवाल की कठपुतली नहीं हैं और उनके किसी फैसले को मानने से इंकार भी कर सकते हैं । जिन लोगों को लेकिन इस थ्योरी पर विश्वास नहीं है, उनका कहना है कि पेम सेकेंड में इस बात का पता चल जायेगा कि जेके गौड़ क्या सचमुच में रमेश अग्रवाल की कठपुतली नहीं बने रहना चाहते हैं ? उल्लेखनीय है कि पेम फर्स्ट में माइक ज्यादातर समय रमेश अग्रवाल के हाथ में ही रहा था; और जो बातें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में जेके गौड़ को कहनी चाहिए थीं, उन बातों को भी रमेश अग्रवाल ने कहा/बताया था । रमेश अग्रवाल के इस रवैये से ही लोगों को यह कहने का मौका मिला था कि रमेश अग्रवाल ने जेके गौड़ को कठपुतली बना कर रख दिया है और खुद ही गवर्नरी करने में लग गए हैं । यह देखना दिलचस्प होगा कि लोगों के बीच बनी इस राय/समझ को पेम सेकेंड में जेके गौड़ बदलने की कोई कोशिश करते हैं या अपने आप को रमेश अग्रवाल की कठपुतली ही साबित करते हैं ?

Thursday, December 11, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर और इंटरनेशनल डायरेक्टर इलेक्ट मनोज देसाई ने जिस दृढ़ता के साथ डिस्ट्रिक्ट 3100 में हस्तक्षेप किया है, वैसा ही हस्तक्षेप वह डिस्ट्रिक्ट 3012 के मामले में भी करेंगे क्या; और या अरनेजा गिरोह की पक्षपातपूर्ण चुनावी भूमिका को अनदेखा ही करेंगे ?

नई दिल्ली । जेके गौड़, मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल से चेन्नई में 12 से 14 दिसंबर के बीच आयोजित हो रहे रोटरी इंस्टीट्यूट 2014 में क्या यह पूछा जायेगा कि अपने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी प्रक्रिया में वह पक्षपातपूर्ण भूमिका क्यों निभा रहे हैं, जिसे मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर और भावी इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई बिलकुल भी पसंद नहीं करते हैं ? यह सवाल इसलिए उठा है क्योंकि हाल-फिलहाल में कुछ ऐसा घटा है जिससे पता चलता है कि यह दोनों बड़े नेता डिस्ट्रिक्ट्स की चुनावी राजनीति में गवर्नर्स की सक्रिय व पक्षपातपूर्ण भागीदारी के बहुत ही खिलाफ हैं और इस संदर्भ में कड़े फैसले भी ले रहे हैं । साथ ही साथ यह भी देखने में आ रहा है कि पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई के इस रवैये की जेके गौड़, मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल को जैसे कोई परवाह ही नहीं है; और वह डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में धड़ल्ले से एक पक्ष बने हुए हैं । पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई की परवाह न करने के पीछे जेके गौड़, मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल का विश्वास यह है कि पीटी प्रभाकर के लिए तो अब चलाचली की बेला है; वह छह महीने और इंटरनेशनल डायरेक्टर हैं - इसलिए अब उनकी परवाह करने की जरूरत नहीं है; और रही बात मनोज देसाई की, तो मनोज देसाई को इंटरनेशनल डायरेक्टर बनवाने में मुकेश अरनेजा का जो सहयोग/समर्थन रहा था उसे ध्यान में रखते हुए मुकेश अरनेजा के नेतृत्व वाले गिरोह की कारस्तानियों को मनोज देसाई अनदेखा ही करेंगे । अरनेजा गिरोह के नेताओं को विश्वास है कि मनोज देसाई एहसानफरामोश टाइप के व्यक्ति साबित नहीं होंगे - और इसी विश्वास के चलते वह डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में अपनी पक्षपातपूर्ण भूमिका को खुलेआम अपनाये हुए हैं ।
अरनेजा गिरोह के नेताओं को भले ही विश्वास हो कि रोटरी इंस्टीट्यूट 2014 के कार्यक्रमों के बीच पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई डिस्ट्रिक्ट की चुनावी गतिविधियों के संदर्भ में की जा रही उनकी कारस्तानियों पर चुप ही रहेंगे, लेकिन रोटरी इंस्टीट्यूट 2014 में शामिल होने चेन्नई पहुँच रहे दूसरे कुछेक रोटरी नेताओं को लग रहा है कि डिस्ट्रिक्ट 3012 में घट रही घटनाओं का पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई अवश्य ही संज्ञान लेंगे । दरअसल अभी हाल ही में, डिस्ट्रिक्ट 3100 में पिछले वर्ष संपन्न हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी तथा सीओएल के चुनाव को निरस्त करने व कुछेक उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित करने के जो फैसले रोटरी इंटरनेशनल ने किए हैं - उनमें पीटी प्रभाकर की ही भूमिका को महत्वपूर्ण माना/देखा गया है । सिर्फ इतना ही नहीं, पीटी प्रभाकर तथा मनोज देसाई ने बाकायदा पत्र लिख कर कई नियमों तथा दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए डिस्ट्रिक्ट 3100 के डिस्ट्रिक्ट लीडर्स को चेतावनी दी कि डिस्ट्रिक्ट में यदि राजनीति को खत्म नहीं किया गया, तो डिस्ट्रिक्ट ही बंद कर दिया जायेगा । पीटी प्रभाकर तथा मनोज देसाई के इस कड़े रवैये से उम्मीद बनी थी कि दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स में राजनीति करने वाले गवर्नर्स सबक लेंगे और चुनावी राजनीति में नहीं पड़ेंगे । किंतु डिस्ट्रिक्ट 3010 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट जेके गौड़ तथा पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मुकेश अरनेजा व रमेश अग्रवाल पर इसका कोई असर नहीं है - और ये तीनों डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में होने वाले चुनाव में शरत जैन के लिए खुलेआम पक्षपातपूर्ण अभियान चलाने में लगे हुए हैं; और यह जताने/दिखाने में लगे हुए हैं जैसे कि इन्हें पीटी प्रभाकर व मनोज देसाई की कोई परवाह ही नहीं है । जाहिर तौर पर जेके गौड़, मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल के इस रवैये से पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई की भारी किरकिरी हो रही है । 
जेके गौड़ अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होंगे । रमेश अग्रवाल को उन्होंने डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया है तथा मुकेश अरनेजा को डीआरएफसी का पद मिला है । उम्मीद तो यह की जाती थी कि डिस्ट्रिक्ट के महत्वपूर्ण पदों पर स्थापित इन लोगों की चिंता यह होनी चाहिए कि एक नए डिस्ट्रिक्ट में कैसे लोगों के बीच समन्वय और परस्पर विश्वास बनाये; लेकिन इन तीनों की चिंता यह बनी हुई है कि यह कैसे शरत जैन को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट का चुनाव जितवाएँ ? इसके लिए अगले रोटरी वर्ष की डिस्ट्रिक्ट टीम के पदों की बंदरबाँट करने से लेकर क्लब्स के लोगों को आपस में लड़वाने तक के हथकंडे अपनाये जा रहे हैं - विभिन्न आधिकारिक आयोजनों में अपने साथ शरत जैन को खड़ा करके तस्वीरें खिंचवाई जाती हैं और फिर उन्हें लोगों के बीच प्रचारित किया जाता है । इससे भी ज्यादा बुरी बात यह हो रही है कि मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ को जैसे बंधक बना लिया है और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के काम जैसे खुद ही करते हुए नजर आ रहे हैं - उससे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद ही मजाक बन कर रह गया है । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि करीब पाँच वर्ष पहले डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के रूप में मुकेश अरनेजा ने तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित जैन को भी बंधक बनाने और उनके काम खुद करने की हरकत की थी, जिसके बाद अमित जैन ने उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के पद से ही हटा दिया था । जेके गौड़ में लेकिन अमित जैन जैसा साहस नहीं है । लोगों को यह भी लगता है कि जेके गौड़ को बंधक बनाया नहीं गया है, वह खुद ही बंधक बने हैं - क्योंकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की जिम्मेदारी सँभालना उन्हें मुश्किल लग रहा है । पेम वन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ से ज्यादा सक्रिय तो डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर रमेश अग्रवाल दिख रहे थे । यह देख कर कुछेक लोगों ने चुटकी भी ली कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का काम यदि रमेश अग्रवाल को ही करना है तो क्यों न रमेश अग्रवाल को ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बना दिया जाना चाहिए ।
जेके गौड़ की आड़ में मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट पर जिस तरह से कब्ज़ा किया है, उस कब्ज़े को बनाये रखने के लिए उन्हें किसी भी तरह शरत जैन को चुनाव जितवाना जरूरी लग रहा है; और इस जरूरत को पूरा करने के लिए उन्होंने पदों का लालच देने से लेकर क्लब्स में लड़ाने-भिड़ाने तक के हथकंडे अपनाने शुरू कर दिए हैं । मुकेश अरनेजा तो अपने ही क्लब की अध्यक्ष आभा गुप्ता को अपमानित करने व परेशान करने की हद तक जा पहुँचे, हालाँकि आभा गुप्ता की तरफ से उन्हें करारा जबाव मिला । अरनेजा गिरोह के इन नेताओं के लिए समस्या की बात असल में यह हुई कि शुरू में इन्हें उम्मीद नहीं थी कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के लिए दीपक गुप्ता अपनी उम्मीदवारी को बनाये भी रख सकेंगे; दीपक गुप्ता लेकिन जब अपनी उम्मीदवारी को न सिर्फ बनाये रहे बल्कि उसके लिए व्यापक समर्थन भी जुटाते नजर आये तो अरनेजा गिरोह के इन नेताओं ने रूपक जैन की मदद लेकर दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के साथ सौदेबाजी करने की चाल चली । लेकिन उसमें भी उनकी दाल नहीं गली । अपने सारे अनुमानों व हथकंडों को फेल होता देख कर अरनेजा गिरोह को शरत जैन की जीत संभव बनाने के लिए खुल कर पक्षपात करने की हरकत पर उतरना पड़ा है । उनकी यह हरकत लेकिन मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर और भावी इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई की फजीहत करवा रही है । यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई ने जिस दृढ़ता के साथ डिस्ट्रिक्ट 3100 में हस्तक्षेप किया है, वैसा ही हस्तक्षेप वह डिस्ट्रिक्ट 3012 के मामले में भी करते हैं; और या अरनेजा गिरोह की हरकतों को अनदेखा ही करेंगे ? 

Monday, November 24, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में दीपक गुप्ता के साथ खिंची अपनी तस्वीर को सार्वजनिक करने के लिए मुकेश अरनेजा ने रोटरी क्लब वैशाली के रमणीक तलवार को नोटिस दिया

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा ने दीपक गुप्ता के साथ खिंची/खिंचवाई अपनी तस्वीर को फेसबुक की अपनी टाइमलाइन पर डालने के लिए रोटरी क्लब वैशाली के वरिष्ठ सदस्य रमणीक तलवार को बौद्धिक संपदा अधिकार कानून के तहत जो नोटिस दिया, उसका करारा जबाव देकर रमणीक तलवार ने मामले को खासा दिलचस्प बना दिया है । मुकेश अरनेजा का कहना रहा कि दीपक गुप्ता चूँकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार हैं इसलिए दीपक गुप्ता के साथ उनकी यह तस्वीर लोगों को चुनाव के संदर्भ में प्रभावित करेगी । रमणीक तलवार को लिखे पत्र में मुकेश अरनेजा ने यह तो माना कि यह तस्वीर उनके साथ-साथ दीपक गुप्ता की भी बौद्धिक संपदा है, किंतु साथ ही यह दावा भी किया कि उनकी बिना अनुमति के इस तस्वीर को फेसबुक पर लाना गैरकानूनी है । रमणीक तलवार ने इसी तथ्य का हवाला देकर मुकेश अरनेजा को करारा जबाव दिया है । रमणीक तलवार का कहना रहा कि इस तस्वीर पर चूँकि दोनों का बौद्धिक संपदा अधिकार है, इसलिए दोनों यदि इसे हटाने की माँग करेंगे तो वह इसे तुरंत हटा लेंगे ।
मुकेश अरनेजा ने दीपक गुप्ता के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार होने का हवाला देते हुए इस तस्वीर के उपयोग को जिस तरह अनुचित बताया है, उसमें उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया है कि उन्हें आपत्ति आखिर किस बात की है - इस बात की कि इस तस्वीर के कारण वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में संलग्न दिखते हैं जो कि वह नहीं हैं; और या उनकी आपत्ति इस बात के लिए है कि वह तो दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी का समर्थन नहीं कर रहे हैं जबकि यह तस्वीर उन्हें दीपक गुप्ता के 'साथ' दिखा रही है और लोगों को यह आभास दे रही है कि वह तो दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन में हैं । मुकेश अरनेजा की आपत्ति का कारण यदि पहला वाला है तो यह मुकेश अरनेजा के पाखंड और उनकी धूर्तता को प्रदर्शित करता है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए दीपक गुप्ता के प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार शरत जैन के साथ तो उनकी बहुत से तस्वीरें फेसबुक पर विभिन्न टाइमलाइन पर देखी जा सकती हैं; लेकिन शरत जैन के साथ अपनी उन तस्वीरों को हटाने की माँग करते हुए मुकेश अरनेजा को कभी भी नहीं सुना गया है । रमणीक तलवार ने बाकायदा सुबूत देकर शरत जैन के साथ उनकी संलग्नता को जाहिर किया है ।
आपत्ति का कारण यदि दूसरा वाला है तो फिर सवाल यह उठता है कि मुकेश अरनेजा को यदि एक तस्वीर से दीपक गुप्ता को फायदा हो जाने का डर है तो फिर उन्होंने दीपक गुप्ता के साथ तस्वीर खिंचवाई ही क्यों ? रमणीक तलवार के दावे के अनुसार, उक्त तस्वीर डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में खिंची थी - जहाँ बहुत से लोगों की तस्वीरें खिंची थीं । मुकेश अरनेजा, दीपक गुप्ता के साथ खिंची इस एक तस्वीर से इतना भयभीत क्यों हो गए हैं कि इसे लोगों के सामने आने से रोकने के लिए उन्हें रमणीक तलवार को नोटिस देना पड़ा है ।
तस्वीर को देखें तो पहली ही नजर में यह स्पष्ट हो जाता है कि इस तस्वीर को खिंचवाते समय मुकेश अरनेजा ज्यादा उत्साहित हैं, न की दीपक गुप्ता । मुकेश अरनेजा ने जिस तरह दीपक गुप्ता को अपनी बाँह के घेरे में कसा हुआ है, उससे साफ आभास मिल रहा है कि दीपक गुप्ता को अपने नजदीक पाकर मुकेश अरनेजा बहुत खुश, गर्व से भरे हुए और उत्साह व आश्वस्ति से परिपूर्ण महसूस कर रहे हैं । मुकेश अरनेजा को हालाँकि झूठी मुस्कराहट का बड़ा ऊँचा खिलाड़ी माना जाता है, और उनके इस खिलाड़ीपने ने लोगों के बीच उनकी भूमिका को संदेहास्पद ही बनाया है और लोगों के लिए यह समझना मुश्किल होता है कि वह दिखा क्या रहे हैं और उनके मन में क्या होगा ? इसीलिए इस तस्वीर को देख कर यह समझना आसान नहीं है कि वह खुद को दीपक गुप्ता के नजदीक पाकर सचमुच उल्लास से भर गए और विभोर हो उठे या उनके जो भाव नजर आ रहे हैं, वह उनका एक नाटक भर है । तस्वीर को सार्वजनिक करने पर नोटिस दे कर मुकेश अरनेजा ने मामले को और रहस्यपूर्ण बना दिया है ।
रमणीक तलवार को नोटिस देने के साथ ही मुकेश अरनेजा ने कुछेक लोगों के बीच दावा किया है कि अब वह ऐसे लोगों को सबक सिखाना शुरू करेंगे जो रोटरी में उनके विरोधी हैं । मुकेश अरनेजा ने कुछेक लोगों को कहा/बताया है कि वकील आशीष माखीजा को उन्होंने जेके गौड़ की डिस्ट्रिक्ट टीम में महत्वपूर्ण पद दिलवाया ही इसलिए है ताकि वह लोगों को सबक सिखाने की अपनी कार्रवाई में उनकी मदद ले सकें । रमणीक तलवार को नोटिस देकर मुकेश अरनेजा ने लगता है कि अपने कहे हुए पर अमल करना शुरू कर दिया है । रमणीक तलवार ने मुकेश अरनेजा को जबाव तो तगड़ा दिया है, जिसके बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि मुकेश अरनेजा इस मामले को अब आगे कैसे बढ़ाते हैं ?

Saturday, November 22, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3011 में रोटरी क्लब फरीदाबाद एनआईटी के वरिष्ठ सदस्य विनय भाटिया की तैयारी ने अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी सुगबुगाहट को शुरू कर दिया है

नई दिल्ली । सुधीर मंगला के गवर्नर-काल की होने जा रही पेम वन के आयोजन की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ फरीदाबाद के क्लब्स ने जिस तरह से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए रोटरी क्लब फरीदाबाद एनआईटी के वरिष्ठ सदस्य विनय भाटिया की मुट्ठियाँ बँधवा/तनवा दी हैं, उससे फरीदाबाद के सक्रिय और प्रभावी रोटेरियंस के मैच्योर होने का संकेत मिला है । उल्लेखनीय है कि पेम वन से अगले रोटरी वर्ष के कार्यकलापों का एक आभासी परिचय मिलना शुरू हो जाता है । अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का कार्यभार सँभालने वाले - अगले रोटरी वर्ष में क्लब अध्यक्ष पद का कार्यभार सँभालने वाले लोगों से पेम वन में जब एक साथ मिलते हैं, तो अगले रोटरी वर्ष में होने वाले आयोजनों का एक खाका-सा तैयार होने लगता है । इस मौके का फायदा अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की इच्छा रखने वाले रोटेरियंस भी उठाते हैं और वह डिस्ट्रिक्ट के लोगों को अपनी संभावित प्रस्तावित उम्मीदवारी से परिचित तो कराते ही हैं, साथ ही लोगों पर यह छाप भी छोड़ते हैं कि वह अपने काम, अपनी आकांक्षाओं और अपने सपनों के प्रति वास्तव में कितने गंभीर हैं । 
अगले रोटरी वर्ष में विनय भाटिया की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने की दबी-छुपी सी चर्चा यूूँ तो पहले से थी, लेकिन विनय भाटिया या उनके क्लब या फरीदाबाद के रोटेरियंस की तरफ से कोई साफ संकेत नहीं मिल रहे थे । इस कारण विनय भाटिया की उम्मीदवारी को लेकर संशय भी बना हुआ था । इस संशय को फरीदाबाद के रोटेरियंस के बीच चलती रहने वाली उठापटक की खबरों से भी हवा मिल रही थी । प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3011 के कुछेक लोग अपने अपने राजनीतिक स्वार्थों के चलते और कुछेक लोग अपने अपने स्वभावों से 'मजबूर' होने के कारण इस संशय को हवा दे भी रहे थे । हालाँकि यह बात ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं थी कि दूसरे लोग क्या कर रहे हैं, या क्या नहीं कर रहे हैं; महत्वपूर्ण बात यह थी कि खुद विनय भाटिया क्या कर रहे हैं ? प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3011 की पेम वन की घोषणा होते ही लेकिन जिस तरह विनय भाटिया की संभावित उम्मीदवारी की तैयारी की बात सामने आई है, उससे एक बात तो साबित हुई ही है कि विनय भाटिया और उनके समर्थक व शुभचिंतक उनकी उम्मीदवारी को लेकर सचमुच में गंभीर हैं और टाइमिंग का पूरा-पूरा ध्यान रखे हुए हैं ।
पेम वन से पहले, अपनी उम्मीदवारी को लेकर विनय भाटिया ने न सिर्फ अपनी पक्की राय बना ली; बल्कि अपनी उम्मीदवारी को लेकर फरीदाबाद में भी सभी लोगों से हरी झंडी प्राप्त कर ली । फरीदाबाद में चूँकि कुछेक और रोटेरियंस को संभावित उम्मीदवारों के रूप में देखा/पहचाना जाता है, इसलिए विनय भाटिया ने यह स्पष्टता कर लेना जरूरी समझा कि अगले रोटरी वर्ष में फरीदाबाद से कोई और तो उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के बारे में नहीं सोच रहा है । विनय भाटिया का कहना था कि फरीदाबाद से एक ही उम्मीदवार आना चाहिए जिससे कि फरीदाबाद के रोटेरियंस बँटे हुए न दिखाई दें । विनय भाटिया ने इस सच्चाई को भी अच्छे से समझ लिया कि उन्हें सिर्फ फरीदाबाद के लोगों का या सिर्फ उनके ही भरोसे गवर्नर नहीं बनना है, बल्कि दिल्ली और गुड़गाँव क्षेत्र के लोगों का भी सहयोग और समर्थन चाहिए होगा - लिहाजा उन्होंने दिल्ली और गुड़गाँव क्षेत्र के प्रमुख लोगों से भी सहयोग और समर्थन का आश्वासन ले लिया । विनय भाटिया की पिछले चार-पाँच वर्षों में डिस्ट्रिक्ट में जिस तरह की सक्रियता रही है उसके चलते डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच उनकी अच्छी पहचान और साख बनी ही है और इसका फायदा उन्हें अपनी उम्मीदवारी के लिए सहयोग व समर्थन का आश्वासन लेने में मिला भी । 
रोटरी फाउंडेशन के लिए पिछले दिनों फरीदाबाद में उम्मीद और लक्ष्य से ज्यादा रकम इकठ्ठा करवाने में विनय भाटिया की जिस तरह की संलग्नता रही, पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता उससे परिचित थे ही - इसलिए विनय भाटिया की उम्मीदवारी की बात ने उन्हें उत्साहित ही किया । पिछले रोटरी वर्ष में हुए सीओएल के चुनाव में विनय भाटिया ने जिस तरह से आशीष घोष की उम्मीदवारी के लिए फील्डिंग की, उससे उन्हें आशीष घोष वाले खेमे में स्वीकार्यता मिली है । अमित जैन ने तो उन्हें अपना असिस्टेंट गवर्नर ही बनाया था । विनय भाटिया की विनोद बंसल के साथ जैसी जो कैमिस्ट्री रही है, उसके कारण तो उन्हें विनोद बंसल के 'ब्ल्यू आईड बॉय' के रूप में देखा/पहचाना जाता है । विनोद बंसल ने तो विनय भाटिया की उम्मीदवारी का झंडा बाकायदा उठा लिया है । लोगों को कहते हुए सुना भी गया है कि विनय भाटिया की उम्मीदवारी को लेकर विनय भाटिया से ज्यादा उत्साहित और सक्रिय तो विनोद बंसल हैं । पेम वन के आयोजन तक, अगले रोटरी वर्ष में प्रस्तुत होने वाली उम्मीदवारी को लेकर विनय भाटिया ने इस तरह जैसी जो तैयारी की है उससे वह अपने आप को एक गंभीर उम्मीदवार के रूप में प्रस्तुत करने में कामयाब रहे हैं ।
डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों का लेकिन मानना और कहना है कि यह तो अभी तैयार होने भर का मामला है - असली खेल तो अभी शुरू होना है । असली खेल तब शुरू होगा, जब दूसरे उम्मीदवार सामने आयेंगे । अनुमान लगाया जा रहा है कि इस वर्ष होने वाले दो चुनावों में जो दो लोग सफल नहीं हो पायेंगे, उनसे विनय भाटिया का मुकाबला हो सकता है । रोटरी क्लब दिल्ली मेगापोलिस के रवि दयाल का नाम भी अगले रोटरी वर्ष के संभावित उम्मीदवार के रूप में सुना जाता है । हालाँकि उनके नाम को लेकर लोगों के बीच कोई विश्वसनीयता नहीं बन पा रही है - क्योंकि पिछले वर्षों में उनका नाम तो कई बार आया, लेकिन उनकी उम्मीदवारी नहीं आई । रवि दयाल से परिचित लोगों का मानना और कहना है कि रवि दयाल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए पूरी तरह परफेक्ट हैं, लेकिन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद तक पहुँचने के लिए पहले उम्मीदवार बनना पड़ेगा - जो 'बनने' की वह हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं । रवि दयाल के कुछेक नजदीकियों का हालाँकि दावा है कि अब की बार वह अवश्य ही उम्मीदवार बनने की हिम्मत करेंगे । रवि दयाल के अन्य कुछेक नजदीकियों तथा समर्थकों/शुभचिंतकों का लेकिन मानना और कहना है कि रवि दयाल के लिए उम्मीदवार हो सकना बड़ा मुश्किल है । सचमुच क्या होगा, यह जल्दी ही पता लग जायेगा । किंतु इतना पक्का हो गया है कि अगले रोटरी वर्ष में रोटरी क्लब फरीदाबाद एनआईटी के वरिष्ठ सदस्य विनय भाटिया अवश्य ही उम्मीदवार होंगे । विनय भाटिया की तैयारी ने डिस्ट्रिक्ट 3011 में अगले रोटरी वर्ष की चुनावी सुगबुगाहट को शुरू कर दिया है ।