Showing posts with label RUPAK JAIN. Show all posts
Showing posts with label RUPAK JAIN. Show all posts

Saturday, May 18, 2019

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने से पहले ही दीपक गुप्ता ने पहले इंटरनेशनल डायरेक्टर और फिर डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने की तैयारी शुरू करके रोटरी और डिस्ट्रिक्ट में एक नया तमाशा खड़ा कर दिया है तथा अपने आप को मजाक का पात्र भी बना लिया है

गाजियाबाद । दीपक गुप्ता की आलोक गुप्ता के गवर्नर-काल का डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने की कोशिशों ने आलोक गुप्ता और मुकेश अरनेजा को एक साथ मुसीबत में डाल दिया है । हालाँकि कई लोगों को दीपक गुप्ता का मजाक बनाने का मौका भी मिल गया है । उनका कहना है कि दीपक गुप्ता का अभी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का कार्यकाल शुरू नहीं हुआ है, और वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के साथ-साथ डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर की जिम्मेदारी संभालने के लिए भी तैयार हो गए हैं । उल्लेखनीय है कि इससे पहले, दीपक गुप्ता इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की फुनगी छोड़ कर अपना मजाक उड़वा चुके हैं । उन्होंने घोषणा की थी कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए नामांकन भरने का मौका जिस वर्ष आयेगा, उस वर्ष वह निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होंगे और इस तरह इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की उम्मीदवारी के लिए पात्रता पूरी कर चुके होंगे । दीपक गुप्ता की उक्त घोषणा पर उनके कलीग गवर्नर्स के बीच तथा देश के प्रमुख नेताओं व पदाधिकारियों के बीच उनका जैसा मजाक बना, उसे देखते/सुनते हुए उन्होंने फिर इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की उम्मीदवारी की बात करना छोड़ दिया । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रहते हुए डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने की कोशिशों के जरिये दीपक गुप्ता लेकिन एक बार फिर अपने आप को मजाकिया चर्चाओं के केंद्र में ले आये हैं । दीपक गुप्ता की बदकिस्मती ही है कि वह अपने आप को जितना होशियार समझते हैं, और तरह तरह से जैसे जैसे 'दिखाने' की और साबित करने की कोशिश करते हैं - वैसे वैसे वह डिस्ट्रिक्ट के लोगों के साथ रोटरी के नेताओं के बीच मजाक का पात्र बन जाते हैं, और कोई भी उन्हें गंभीरता से नहीं लेता है ।
इंटरनेशनल डायरेक्टर वाले मामले में तो चलो मान लिया जा सकता है कि दीपक गुप्ता कुछ ज्यादा ऊँचा 'उड़' गए थे; लेकिन डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर वाले मामले में उन्होंने अपनी 'उड़ान' को नीचा भी किया - लेकिन इस मामले में भी उन्हें कोई गंभीरता से नहीं ले रहा है; खुद वह आलोक गुप्ता भी इस मामले में उन्हें गंभीरता से लेते नहीं नजर आ रहे हैं, वास्तव में जिनकी मदद करने के उद्देश्य से वह डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने के लिए 'तैयार' हो गए हैं । दीपक गुप्ता के नजदीकियों के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद को लेकर आलोक गुप्ता चूँकि असमंजस ने फँसे दिख रहे हैं, इसलिए दीपक गुप्ता ने उनकी असमंजसता को दूर करने के लिए डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद के लिए अपनी सेवाएँ देने की पेशकश की है । माना/समझा जा रहा है कि सीमित उपलब्धता, खेमेबाजी और व्यक्तिगत पसंद/नापसंद के चलते आलोक गुप्ता के सामने डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद के लिए उचित चयन करना खासा मुश्किल बना हुआ है । ले दे कर बार बार मुकेश अरनेजा का नाम ही सामने आ रहा है । मुकेश अरनेजा हालाँकि कई बार डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बन चुके हैं, लेकिन लगता है कि डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद की उनकी 'भूख' मिटी नहीं है । एक समस्या और है - मुकेश अरनेजा डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर तो कई बार बन चुके हैं, लेकिन बेचारे को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनरी ठीक से करने का मौका नहीं मिल पाया है । एक बार वह डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाये जाने के बाद हटा दिए गए, एक बार डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का कार्यकाल पूरा न हो पाने के कारण उनकी डिस्ट्रिक्ट ट्रेनरी बीच में ही छिन गई । दीपक गुप्ता ने उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया तो है, लेकिन उन्हें किनारे बैठाया हुआ है; दीपक गुप्ता के तौर-तरीकों से मुकेश अरनेजा परेशान तो रहते हैं और कई बार अपमानित भी महसूस करते हैं - जिसके चलते कुछेक मौकों पर मुकेश अरनेजा कार्यक्रम बीच में ही छोड़ कर निकल गए हैं । मुकेश अरनेजा अपमान सह कर भी चुप इसलिए बने हुए हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि डिस्ट्रिक्ट ट्रेनरी करने को लेकर उन्होंने ज्यादा चूँ-चपड़ की तो कहीं अमित जैन की तरह दीपक गुप्ता भी उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद से हटा ही न दें ।
मुकेश अरनेजा को लगता है कि आलोक गुप्ता के गवर्नर-वर्ष में उन्हें पूरी स्वतंत्रता और मनमाने तरीके से डिस्ट्रिक्ट ट्रेनरी करने का अवसर मिल जायेगा, इसलिए वह डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने के लिए आलोक गुप्ता पर डोरे डाले बताये/सुने जा रहे हैं । मुकेश अरनेजा की बदनामी और उनके रवैये को देखते हुए आलोक गुप्ता उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाने से बचना चाहते हैं । मुकेश अरनेजा यह सुन/जान कर परेशान भी हुए कि आलोक गुप्ता डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद के लिए रूपक जैन से बात कर रहे हैं । रूपक जैन का पत्ता काटने के लिए मुकेश अरनेजा ने आलोक गुप्ता तक संदेश पहुँचवाए हैं कि रूपक जैन डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद की जिम्मेदारियों का निर्वाह नहीं कर पायेंगे और इसलिए रूपक जैन को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बना कर उन्हें पछताना ही पड़ेगा । जेके गौड़ का नाम भी बीच बीच में आलोक गुप्ता के गवर्नर-वर्ष के डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के रूप में उछलता रहा है । जेके गौड़ के नाम पर आलोक गुप्ता को कोई बड़ा ऐतराज तो नहीं बताया जाता है, लेकिन उन्हें डर यह है कि उनके बाद यदि अशोक अग्रवाल ने भी जेके गौड़ को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया, तो गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश में जेके गौड़ का रुतबा थोड़ा बढ़ जायेगा - और इसीलिए जेके गौड़ का नाम आलोक गुप्ता उठाते हैं और फिर छोड़ देते हैं । डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद के चयन में आलोक गुप्ता की असमंजसता को देखते हुए ही दीपक गुप्ता ने अपना नाम आगे बढ़ाया है । पिछले एक वर्ष में आलोक गुप्ता को कई मौकों पर दीपक गुप्ता पर निर्भर देखा गया है, जिसके चलते दीपक गुप्ता को लगता है कि आलोक गुप्ता उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर का पद देने के लिए सहर्ष ही राजी हो जायेंगे । दीपक गुप्ता सचमुच डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बन पायेंगे या नहीं, यह तो बाद में पता चलेगा - अभी लेकिन लोगों के बीच उनका मजाक जरूर बन रहा है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने से पहले दीपक गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने की तैयारी शुरू करके रोटरी और डिस्ट्रिक्ट में एक नया तमाशा खड़ा कर दिया है ।

Sunday, April 16, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में सीओएल के चुनाव में रूपक जैन के गवर्नर-काल में डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर रहे केके गुप्ता की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने से रूपक जैन पर सम्मानस्वरूप उम्मीदवारी छोड़ने के लिए नैतिक दबाव बना

नई दिल्ली । केके गुप्ता ने सीओएल (काउंसिल ऑन लेजिस्लेशन) के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करके रूपक जैन के सामने एक बड़ा नैतिक संकट पैदा करके उनके लिए अच्छी-खासी मुसीबत खड़ी कर दी है । दरअसल रूपक जैन को मुकेश अरनेजा ने सीओएल के लिए उम्मीदवार बनाया हुआ है - कई लोगों ने मुकेश अरनेजा से कहा भी कि रूपक जैन की डिस्ट्रिक्ट में कोई सक्रियता नहीं है; पिछले कुछ वर्षों में रोटरी में और डिस्ट्रिक्ट में जुड़े लोगों को न वह जानते/पहचानते हैं और न लोग उन्हें जानते/पहचानते हैं; इस नाते से रोटरी और डिस्ट्रिक्ट में जो नई चुनौतियाँ पैदा हुई हैं, उन्हें भी रूपक जैन समझते/पहचानते नहीं होंगे, इसलिए सीओएल में जाकर वह आखिर करेंगे क्या ? लेकिन मुकेश अरनेजा तो मुकेश अरनेजा हैं, उन्हें रोटरी से और डिस्ट्रिक्ट से क्या, उन्हें तो सिर्फ इससे मतलब है कि वह तय करेंगे कि कौन कहाँ जायेगा - सो, उन्होंने तय कर दिया कि रूपक जैन सीओएल में जायेंगे । उन्होंने तो रूपक जैन से कह भी दिया कि अमेरिका जाने के लिए अपना सामान बाँध लो - हो सकता है कि मुकेश अरनेजा की बातों में आकर रूपक जैन ने सामान बाँध भी लिया हो । मुकेश अरनेजा ने उन्हें आश्वस्त किया था कि बिना किसी प्रयास के, घर बैठे बैठे ही उनका मुफ्त में अमेरिका जाने का जुगाड़ हो जायेगा । केके गुप्ता की उम्मीदवारी आने से मुकेश अरनेजा और रूपक जैन की यह योजना तो ध्वस्त हो गई है कि वह बिना कोई प्रयास किए, घर बैठे बैठे ही अमेरिका का टिकट प्राप्त कर लेंगे ।
केके गुप्ता की उम्मीदवारी ने रूपक जैन के लिए एक बड़ा नैतिक संकट भी खड़ा कर दिया है
। दरअसल केके गुप्ता करीब बीस वर्ष पहले रूपक जैन के गवर्नर-काल में डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर थे । रूपक जैन के सामने नैतिक संकट के रूप में यह सवाल आ खड़ा हुआ है कि अपनी गवर्नरी को ठीक से चलाने के लिए उन्होंने जिन केके गुप्ता पर भरोसा करते हुए उनकी मदद लेने के लिए उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया था, क्या अब उन्हीं केके गुप्ता के सामने उन्हें अपनी उम्मीदवारी बनाए रखनी चाहिए ? लोगों का मानना और कहना है कि इस तथ्य के प्रति कि केके गुप्ता उनके गवर्नर-काल में डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर रहे हैं - आभार और सम्मान व्यक्त करते हुए रूपक जैन को सीओएल पद की अपनी उम्मीदवारी छोड़ देना चाहिए
। यूँ भी रोटरी में और डिस्ट्रिक्ट में केके गुप्ता की सक्रियता का जो रिकॉर्ड है, रूपक जैन उसके सामने कहीं नहीं ठहरते/टिकते ! डिस्ट्रिक्ट और जोन में तो विभिन्न भूमिकाओं में केके गुप्ता की सक्रियता रही ही है; वह दो बार इंटरनेशनल प्रेसीडेंट के प्रतिनिधि के रूप में दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स में जाने के लिए भी चुने गए हैं, और रोटरी फाउंडेशन (इंडिया) के कई वर्षों तक सेक्रेटरी भी रहे हैं । इंटरनेशनल डायरेक्टर के रूप में ओपी वैश्य को वर्ष 1999 में जब रोटरी जोन इंस्टीट्यूट का आयोजन करना था, तब उन्होंने उक्त इंस्टीट्यूट के चेयरमैन के रूप में केके गुप्ता को ही चुना था ।
बात सिर्फ महत्त्वपूर्ण पदों पर रहने की ही नहीं है, महत्त्वपूर्ण बात यह है कि केके गुप्ता ने रोटरी में अपनी सक्रियता में निरंतरता बनाए रखी है - और
पच्चीस वर्ष पहले, वर्ष 1992-93 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रहे केके गुप्ता अपनी वरिष्ठता की गरिमा के साथ आज भी रोटरी की मुख्य धारा में सक्रिय हैं - जिसका उदाहरण और सुबूत दुबई में आयोजित हुई पिछली रोटरी जोन इंस्टीट्यूट में उनका शामिल होना है
। उल्लेखनीय है कि रोटरी जोन इंस्टीट्यूट में वही (वरिष्ठ) रोटेरियंस शामिल होते हैं, जिन्हें रोटरी के प्रति सचमुच का लगाव होता है और जो रोटरी के लिए वास्तव में कुछ करना चाहते हैं । प्रसंगवश बता दें कि उक्त रोटरी जोन इंस्टीट्यूट में न मुकेश अरनेजा शामिल हुए थे, और न रूपक जैन ने उसमें शामिल होने की जरूरत समझी थी । हाँ, सीओएल सदस्य के रूप में मुफ्त में अमेरिका जाने का मौका लेने के लिए रूपक जैन खुशी से तैयार हो गए हैं । गौर करने वाली बात है कि केके गुप्ता के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने के चार वर्ष बाद ही रूपक जैन भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बने थे - बाद के वर्षों में लेकिन रूपक जैन अपनी ऐसी कोई सक्रियता नहीं दिखा सके, जो दूसरों को प्रेरित या प्रभावित कर सके
। यही कारण है कि रोटरी और डिस्ट्रिक्ट में उनकी पहचान 'मुकेश अरनेजा के आदमी' के रूप में है - जबकि मुकेश अरनेजा उनके ग्यारह वर्ष बाद डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बने हैं । वरिष्ठता के क्रम के अनुसार, मुकेश अरनेजा को उनका 'आदमी' होना चाहिए था - लेकिन चूँकि वरिष्ठ होने के बावजूद उन्होंने रोटरी और डिस्ट्रिक्ट में कुछ किया ही नहीं, इसलिए हो उल्टा गया और वह मुकेश अरनेजा के 'आदमी' हो कर रह गए ।
रूपक जैन के विपरीत, केके गुप्ता को रोटरी में अपनी संलग्नता और सक्रियता की निरंतरता को बनाए रखने के कारण ही - रोटरी समुदाय और डिस्ट्रिक्ट में रोटरी की गहरी जानकारी रखने वाले तथा रोटरी व डिस्ट्रिक्ट के उत्थान के लिए हमेशा तत्पर रहने वरिष्ठ रोटेरियन के रूप में जाना/पहचाना जाता है । केके गुप्ता की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने से डिस्ट्रिक्ट में लोगों को लगा है कि सीओएल के लिए केके गुप्ता ही उचित रूप से प्रतिनिधित्व कर सकेंगे - और सीओएल में उनकी उपस्थिति से रोटरी को तो जो लाभ होगा, वह होगा ही - साथ ही डिस्ट्रिक्ट की पहचान और प्रतिष्ठा में भी इजाफा होगा । केके गुप्ता वरिष्ठ होने के साथ-साथ चूँकि लगातार रोटरी में अपनी सक्रियता बनाए हुए हैं, इसलिए समाज के बदलते स्वरूप के साथ-साथ रोटरी में जो बदलाव आ रहे हैं या आने चाहिएँ - उन्हें भी वह अच्छी तरह जान/समझ रहे हैं, और इसलिए वह सीओएल की मीटिंग में अच्छे और व्यावहारिक सुझाव दे सकेंगे । रूपक जैन तो सीओएल की मीटिंग में शामिल होने को बस एक पिकनिक के रूप में ही देख/मना सकेंगे - इससे न तो रोटरी का ही भला होगा, और न ही डिस्ट्रिक्ट की छवि में कुछ जुड़ेगा । डिस्ट्रिक्ट में लोगों को लग रहा है कि रूपक जैन सीओएल के लिए अपनी उम्मीदवारी को सिर्फ मुकेश अरनेजा की खुश्की पूरी करने के लिए प्रस्तुत कर रहे हैं - इस बात से लोगों को हैरानी भी हो रही है कि वरिष्ठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने के बावजूद रूपक जैन आखिर क्यों मुकेश अरनेजा जैसे व्यक्ति की कठपुतली बने हुए हैं, और उन केके गुप्ता के सामने उम्मीदवार बने रहने की जिद ठाने हुए हैं - जिन्हें उन्होंने अपने गवर्नर-काल में डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया था ।

Tuesday, September 13, 2016

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सतीश सिंघल ने एक फर्जी किस्म के आयोजन के जरिए अपनी फजीहत तो करवाई ही, साथ ही दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी की मुसीबतों को भी बढ़ाया

नोएडा । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सतीश सिंघल ने अगले रोटरी वर्ष के अपने गवर्नर-काल के असिस्टेंट गवर्नर्स घोषित करके कई लोगों को जिस तरह का झटका दिया है, उसके कारण दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के अभियान के लिए भारी समस्या खड़ी हो गई है । सतीश सिंघल के खिलाफ पैदा हुई नाराजगी के कारण दरअसल दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के सामने उन कई लोगों का समर्थन खोने का खतरा पैदा हो गया है, जिन्होंने पिछले वर्ष के चुनाव में उनका साथ दिया था - और जिन्हें इस वर्ष भी दीपक गुप्ता और उनके समर्थक अपने साथ मान रहे हैं । उल्लेखनीय है कि दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी का साथ देने वाले लोगों को विश्वास था कि दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी का साथ/समर्थन करने के कारण सतीश सिंघल के गवर्नर-काल में उन्हें महत्त्वपूर्ण पद मिलेंगे - लेकिन सतीश सिंघल जो और जिस तरह से करते हुए दिखे हैं, उससे उन लोगों का विश्वास भंग हुआ है । कई लोग तो शिकायत करते हुए सुने जा रहे हैं कि सतीश सिंघल ने उन्हें असिस्टेंट गवर्नर का पद देने का वायदा किया था, लेकिन अब जब पद देने का समय आया - तो उनके तेवर ही बदले हुए हैं । इस बिना पर कई लोगों ने सतीश सिंघल पर धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगाया है । सबसे ज्यादा फजीहत रोटरी क्लब वैशाली के लोगों की हुई है । पिछले वर्ष इस क्लब में भारी झगड़े का कारण ही यह था कि क्लब के पदाधिकारी सतीश सिंघल के गवर्नर-काल में असिस्टेंट गवर्नर का पद पाने के बदले में क्लब के वोट दीपक गुप्ता को देने को तैयार हो गए थे । किंतु अब जब पद देने का नंबर आया तो सतीश सिंघल ने रोटरी क्लब वैशाली के लोगों को बाबा जी ठुल्लू थमा दिया है । रोटरी क्लब वैशाली के लोगों की समझ में ही नहीं आ रहा है कि इसका वह करें तो क्या करें ? हाँ, यह उन्हें अच्छी तरह से समझ में आ गया है कि सतीश सिंघल ने उन्हें ठगते हुए उन्हें मजाक का विषय जरूर बना दिया है ।
सतीश सिंघल की तरफ से कुछेक लोगों को जब डिस्ट्रिक्ट कोर टीम मीट में शामिल होने का निमंत्रण मिला, तब कई लोगों की उम्मीदों ने बड़ी जोरों की अँगड़ाई ली - उन्हें लगा कि सतीश सिंघल के आश्वासन पर पिछले वर्ष उन्होंने दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी का जो समर्थन किया था, उसके लिए पुरुस्कृत होने का समय आ गया है । इसी उम्मीद और विश्वास के साथ लोग डिस्ट्रिक्ट कोर टीम मीट में शामिल होने के लिए पहुँचे । लेकिन डेढ़ दिन के कार्यक्रम के नाम पर वहाँ जो कुछ भी हुआ, उसे देख कर अधिकतर लोगों को यही लगा कि उन्होंने अपना समय और पैसा नाहक ही बर्बाद किया है । पूरा कार्यक्रम जिस तरह से डिजाईन किया गया था, उसे अधिकतर लोगों ने मूर्खता के चरम प्रदर्शन के रूप में ही देखा/पहचाना । कार्यक्रम में शामिल हुए रोटेरियंस को तो छोड़िए, वरिष्ठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रूपक जैन के साथ वहाँ जो सुलूक हुआ - उसमें ही मूर्खता के चरम प्रदर्शन का सुबूत देखा/पाया जा सकता है । रूपक जैन को सतीश सिंघल ने हालाँकि अपने गवर्नर-काल में डिस्ट्रिक्ट के मार्ग-दर्शक की भूमिका दी है - किंतु डिस्ट्रिक्ट के मार्ग-दर्शक को कोर टीम के तथाकथित सदस्यों को संबोधित करने का मौका सबसे आखिर में बचे-खुचे समय में तब दिया गया, जब कार्यक्रम ख़त्म होने की मनोदशा में आ चुका था, और लोगों ने अपने अपने घर वापस लौटने की तैयारी करना शुरू कर दिया था । रूपक जैन ने स्वयं इस स्थिति का शिकायती स्वर में जिक्र किया और यह शिकायत करते हुए ही आगे कुछ भी कहने से इंकार कर दिया । लोगों ने पाया/देखा कि वरिष्ठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रूपक जैन का ऐसा अपमान इससे पहले शायद ही कभी हुआ हो - और उन्होंने रूपक जैन को इससे पहले शायद ही कभी इतना खिन्न और नाराज देखा हो ।
दरअसल यह पूरा आयोजन ही रोटरी को अपमानित करने वाला फर्जी किस्म का आयोजन था । एक सीधी सी कॉमनसेंस की बात है कि सतीश सिंघल ने अभी जब अपने गवर्नर-काल के लिए कोर टीम तय ही नहीं की है, कोर टीम के बारे में - कौन कौन लोग कोर टीम में होंगे तथा किसके पास क्या पद और क्या जिम्मेदारी होगी आदि इत्यादि - किसी को कुछ अतापता ही नहीं है : तब फिर 'डिस्ट्रिक्ट कोर टीम मीट' का मतलब भला क्या है ? कई लोगों ने सतीश सिंघल का उपहास उड़ाते हुए टिप्पणियाँ कीं कि सतीश सिंघल को इतनी सी अक़्ल भी नहीं है क्या कि कोर टीम की मीटिंग करने से पहले वह कोर टीम का गठन तो कम से कम कर लें ? कोढ़ में खाज वाली बात यह हुई है कि डिस्ट्रिक्ट कोर टीम मीट हो जाने के बाद भी - सतीश सिंघल के गवर्नर-काल की कोर टीम का अभी भी कोई अतापता नहीं है ।  
इसी बात ने वास्तव में आयोजन में समय और पैसा खर्च करने वाले लोगों को निराश किया और भड़काया हुआ है । आयोजन में लोग दरअसल शामिल ही इसलिए हुए थे, ताकि वह सतीश सिंघल की कोर टीम में अपनी जगह सुनिश्चित करवा लें और अपने लिए महत्त्वपूर्ण पद का जुगाड़ कर लें । कोर टीम में शामिल होने की इच्छा रखने वाले लोगों को लगा कि वह यदि इस आयोजन में शामिल नहीं होंगे, तो कहीं ऐसा न हो कि कोर टीम में उन्हें जगह ही न मिले और मनचाहा पद कोई और ले उड़े । पद तो छोड़िए, पूरे आयोजन में लेकिन जब कोर टीम की घोषणा ही नहीं हुई - तो लोगों ने अपने आप को पूरी तरह से लुटा-पिटा महसूस किया । लुटे-पिटे लौटे रोटेरियंस का कहना है कि इससे पहले किसी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट ने रोटेरियंस को इतना बेवकूफ नहीं बनाया होगा, जितना सतीश सिंघल ने बनाया है ।
आयोजन की एकमात्र उपलब्धि यह रही कि अगले रोटरी वर्ष में असिस्टेंट गवर्नर्स का पद सँभालने वाले लोगों के नाम घोषित हुए । इस घोषणा ने लेकिन सतीश सिंघल की मदद के सहारे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव जीतने की उम्मीद लगाए दीपक गुप्ता के लिए गंभीर समस्या पैदा कर दी है । पिछले रोटरी वर्ष में दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए वोट इकट्ठा करने की मुहिम में सतीश सिंघल ने जिन जिन लोगों को अपने गवर्नर-काल में असिस्टेंट गवर्नर बनाने का ऑफर दिया था, उनमें से अधिकतर को उन्होंने ठेंगा दिखा दिया है । असिस्टेंट गवर्नर के पद की उम्मीद लगाए लोगों ने सतीश सिंघल द्धारा की गई इस धोखाधड़ी का डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में बदला लेने की बातें करना शुरू किया है । इस तरह की बातों से संकेत मिल रहा है कि सतीश सिंघल की बातों में आकर जिन लोगों ने पिछले वर्ष दीपक गुप्ता को वोट दिया था, अब की बार वह उसका उल्टा करेंगे । पिछले रोटरी वर्ष में सतीश सिंघल अपने गवर्नर-काल के पदों का सौदा करके भी दीपक गुप्ता को चुनाव नहीं जितवा सके थे - ऐसे में, सतीश सिंघल की अभी की कार्रवाई से तो दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के सामने और ज्यादा मुश्किलें खड़ी हो जाने का खतरा पैदा हो गया है ।

Tuesday, June 9, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में सुभाष जैन की चुनावी मीटिंग में उपस्थित हुए उनके अपने क्लब के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा लोगों के बीच की गईं बातों ने सुभाष जैन की उम्मीदवारी की संभावना को लेकर लोगों के बीच बने हुए संशय व अनिश्चय को वास्तव में और बढ़ा दिया है

गाजियाबाद । सुभाष जैन की गाजियाबाद में हुई चुनावी मीटिंग में उनके अपने क्लब के वरिष्ठ सदस्यों ने उनके चुनाव अभियान की हवा बिगाड़ दी - और इस तरह उनके अपने क्लब के वरिष्ठ सदस्य ही उनकी उम्मीदवारी के दुश्मन साबित हुए । सुभाष जैन के लिए मुसीबत की बात यह हुई कि अपनी चुनावी मीटिंग में अपने क्लब के वरिष्ठ सदस्यों की उपस्थिति को उन्होंने इस योजना के तहत संभव बनाया था ताकि वह डिस्ट्रिक्ट के लोगों को बता/दिखा सकें कि उनकी उम्मीदवारी को लेकर उनके अपने क्लब में चल रहा झगड़ा सुलट गया है, और उनके अपने क्लब में उनकी उम्मीदवारी को लेकर एक राय बन गई है । लेकिन उनके क्लब के वरिष्ठ सदस्यों ने मीटिंग में मौजूद दूसरे लोगों को जो बताया, उससे सुभाष जैन की योजना तो सफल नहीं ही हुई - बल्कि बात बिगड़ और गई । मीटिंग में लोगों के बीच जो बातें हुईं, उससे न सिर्फ पुराने घाव हरे और हो गए - बल्कि क्लब में सुभाष जैन की उम्मीदवारी का झगड़ा नए सिरे से गर्म और हो गया । सुभाष जैन के क्लब के ही लोगों ने मीटिंग में मौजूद दूसरे लोगों को बताया कि सुभाष जैन ने तो योगेश गर्ग को भी इस मीटिंग में बुलाया था और उनकी मौजूदगी को संभव करने के लिए काफी प्रयास किए थे - किंतु उनके प्रयास कामयाब नहीं हुए; और इसी से जाहिर है कि योगेश गर्ग ने अपनी उम्मीदवारी का दावा अभी छोड़ा नहीं है, तथा क्लब में उम्मीदवारी का झगड़ा अभी बदस्तूर जारी है । मीटिंग में सुभाष जैन के विरोधी और योगेश गर्ग के समर्थक के रूप में देखे/पहचाने जाने वाले सदस्यों की उपस्थिति ने हालाँकि मीटिंग के शुरू में दूसरे लोगों को आभास दिया कि सुभाष जैन ने क्लब को मैनेज कर लिया है तथा अपने विरोधियों को 'ठंडा' कर दिया है । लेकिन जल्दी ही उनके क्लब - रोटरी क्लब गाजियाबाद सेंट्रल में उम्मीदवारी के जारी झगड़े की असलियत सामने आ गई । 
सुभाष जैन के क्लब के मीटिंग में मौजूद कुछेक सदस्यों ने तो लोगों के बीच यह तक स्वीकार किया और बताया कि इस मीटिंग में उनकी मौजूदगी की बात योगेश गर्ग को पता है, तथा वह योगेश गर्ग से बात करके ही इस मीटिंग में आए हैं । मजा यह हुआ कि उन्होंने तो लोगों को यह कहा/बताया कि इस मीटिंग में उपस्थित होने/न होने को लेकर उन्होंने योगेश गर्ग से बात की तो योगेश गर्ग ने उनसे यही कहा कि वह अपनी समझ और अपने विवेक से फैसला करें - दूसरे लोगों ने लेकिन यह समझा कि यह लोग मीटिंग में आये ही यह सोच कर थे कि वह दूसरे लोगों को क्लब की स्थिति की सच्चाई बतायेंगे । उनके सच्चाई बताने के चक्कर में लेकिन सुभाष जैन की मीटिंग के उद्देश्य का कबाड़ा हो गया ।
सुभाष जैन के लिए मुसीबत की बात यह हो रही है कि अपने ही क्लब में उन्हें अपनी उम्मीदवारी को लेकर जिस भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है, उसके कारण उनके लिए डिस्ट्रिक्ट में समर्थन जुटाना तो दूर की बात, अपनी उम्मीदवारी के प्रति लोगों को आश्वस्त तक कर पाना मुश्किल हो रहा है । सुभाष जैन ने पीछे एक बड़ा दाँव चला और दावा किया कि जैनी भाई होने के चलते पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रूपक जैन ने उन्हें समर्थन दे दिया है । उनकी चुनावी मीटिंग में शामिल हुए उनके ही क्लब के लोगों ने लेकिन उनके इस दावे को झूठा बताया । उनका कहना रहा कि रूपक जैन ने योगेश गर्ग को फोन करके बताया है कि सुभाष जैन उनके पास समर्थन माँगने आए थे, लेकिन उन्होंने सुभाष जैन को साफ बता दिया है कि उनका समर्थन तो योगेश गर्ग के लिए होगा - या उसके लिए होगा, जिसका समर्थन योगेश गर्ग करेंगे । रूपक जैन ने सुभाष जैन को इस बात के लिए उलाहना भी दिया कि तुमने तो हमारी इतनी इज्जत भी नहीं रखी कि उम्मीदवारी प्रस्तुत करने से पहले विचार-विमर्श कर लेते; समर्थन माँगने अब आए हो, जब तीन सौ लोगों से समर्थन माँग चुके हो; समर्थन माँगने वाले लोगों की सूची में तीन सौ एक नंबर तो उसका होता है, जिसे तुम कुछ समझ ही नहीं रहे हो - अब जब हमें कुछ समझ ही नहीं रहे हो, तो हमारे समर्थन की चिंता क्यों कर रहे हो ? आदि-इत्यादि । इस तरह की जली-कटी सुनाने के साथ-साथ रूपक जैन ने सुभाष जैन को कुछ अच्छे सुझाव भी दिए - जिनमें प्रमुख यही था कि अपनी उम्मीदवारी के लिए दूसरों से समर्थन माँगने से पहले उन्हें अपने क्लब में समर्थन हासिल करने का प्रयास करना चाहिए । इन सब बातों को बताने के साथ ही सुभाष जैन के क्लब के वरिष्ठ सदस्यों ने अनुमान व्यक्त किया कि शायद रूपक जैन के सुझाव पर ही सुभाष जैन अंततः योगेश गर्ग के घर जाने और उनसे बात करने के लिए मजबूर हुए । 
डिस्ट्रिक्ट में रूपक जैन और योगेश गर्ग की नजदीकियत को हर कोई जानता/पहचानता है । इसके बावजूद सुभाष जैन ने योगेश गर्ग को दरकिनार कर रूपक जैन से तार जोड़ने की कोशिश यह सोच कर की होगी कि जैन होने के कारण रूपक जैन बिना किसी ना-नुकुर के उनके समर्थन के लिए राजी हो जायेंगे । जैन होने के कारण हर जैन उनका सगा होगा, सुभाष जैन यदि अपने पिछले अनुभव को याद रखते तो ऐसा न सोचते । उल्लेखनीय है कि मुकेश अरनेजा के साथ हुए अपने पिछले चुनाव में मिली पराजय के बाद खुद उन्होंने ही लोगों के बीच रोना रोया था कि रिश्ते के एक साले ने ही उन्हें धोखा दिया । यानि जिससे धोखा खाने की शिकायत वह कर रहे थे वह रिश्ते में उनका साला भी था और जैन भी था । इस अनुभव के बावजूद जैन होने के कारण उन्होंने रूपक जैन से समर्थन मिलने की उम्मीद की, और बदले में रूपक जैन से जली-कटी सुनी । रूपक जैन से जली-कटी सुनने के बाद हो सकता है कि सुभाष जैन को समझ में आ गया हो कि योगेश गर्ग को वह जितने हलके में ले रहे हैं, उससे उनकी मुश्किलें बढ़ ही रही हैं और इसलिए ही वह योगेश गर्ग के घर जाने और उन्हें मनाने के लिए प्रयास करने के लिए मजबूर हुए । 
सुभाष जैन की उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए जो लोग तैयार हैं, उनका भी मानना और कहना है कि योगेश गर्ग को मनाने तथा अपने क्लब का पूरा व एकतरफा समर्थन पाने का प्रयास उन्हें सबसे पहले करना चाहिए था । इस काम में देर करके और इसे तवज्जो न देने से सुभाष जैन ने अपना बड़ा नुकसान कर लिया है । इसका सबसे बड़ा नुकसान यही है कि अपनी उम्मीदवारी लिए समर्थन का माहौल बनाने का उनका हर प्रयास फेल हो जा रहा है । अपनी सक्रियता से वह दो कदम आगे बढ़ते हैं, लेकिन क्लब का विवाद उन्हें चार कदम पीछे कर देता है । उल्लेखनीय है कि अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए जिन भी उम्मीदवारों का नाम चर्चा में है, उनमें अभी एक अकेले सुभाष जैन ही लोगों के बीच सक्रिय हैं - इस हिसाब से सुभाष जैन की उम्मीदवारी को दूसरे संभावित उम्मीदवारों से बहुत बहुत आगे दिखना चाहिए था; हकीकत और विडंबना की बात किंतु यह है कि डिस्ट्रिक्ट में लोग अभी उनकी उम्मीदवारी को लेकर ही आश्वस्त नहीं हो पा रहे हैं - और डिस्ट्रिक्ट में लोगों के बीच अभी उनकी उम्मीदवारी को लेकर ही अनिश्चय व संशय बना हुआ है । गाजियाबाद में आयोजित की गई चुनावी मीटिंग में उनके ही क्लब के वरिष्ठ सदस्यों से दूसरे लोगों को जो जो बातें सुनने को मिलीं, उससे उनकी उम्मीदवारी की संभावना को लेकर बना हुआ उक्त अनिश्चय व संशय वास्तव में और बढ़ गया है । 

Saturday, January 3, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3011 में पायलट प्रोजेक्ट की बजाए सीधा चुनाव होने की स्थिति में डिस्ट्रिक्ट 3012 में शरत जैन की उम्मीदवारी को होने वाली मुसीबत से बचाने के लिए ही रूपक जैन, सुरेश भसीन की उम्मीदवारी की बलि चढ़ाने के लिए तैयार हैं क्या ?

नई दिल्ली । सुरेश भसीन अपने ही समर्थकों व शुभचिंतकों की राजनीति का शिकार होकर पराजय की तरफ बढ़ रहे हैं क्या ? सुरेश भसीन के साथ हमदर्दी रखने वाले तथा उनकी उम्मीदवारी के प्रति समर्थन का भाव रखने वाले लोगों का ही कहना है कि सुरेश भसीन की राह में उनके शुभचिंतक-सलाहकार ही रोड़ा डाल रहे हैं । चुनावी प्रक्रिया को किस तरीके से पूरा किया जाये - इसे लेकर सुरेश भसीन के समर्थक बुरी तरह बँटे हुए हैं । सुरेश भसीन के समर्थकों का एक बड़ा तबका चाहता है कि एक उम्मीदवार के रूप में सुरेश भसीन को सीधे चुनाव करवाने की माँग करना चाहिए । सीधे चुनाव की स्थिति में ही वह डॉक्टर सुब्रमणियन से आगे निकल सकते हैं । खुद डॉक्टर सुब्रमणियन के समर्थक भी मानते और स्वीकार करते हैं कि सीधे चुनाव की स्थिति में डॉक्टर सुब्रमणियन के लिए सुरेश भसीन की सक्रियता का मुकाबला करना मुश्किल होगा ।
उल्लेखनीय है कि नए बने डिस्ट्रिक्ट 3011 में, डिस्ट्रिक्ट 3010 के लिए बने पायलट प्रोजेक्ट के तरीके से चुनाव कराने का फैसला चूँकि आरोपों में घिर कर विवादास्पद होता जा रहा है; इसलिए सुरेश भसीन के कई एक समर्थकों को लग रहा है कि उन्हें भी पायलट प्रोजेक्ट के तरीके के बजाये सीधे तरीके से चुनाव कराये जाने की माँग करना चाहिए । ऐसा सोचने/कहने वाले सुरेश भसीन के समर्थकों का आरोप है कि सुरेश भसीन के वीरेंद्र 'बॉबी' जैन और रूपक जैन जैसे सलाहकार सुरेश भसीन को लेकिन उल्टी पट्टी पढ़ा रहे हैं और उन्हें समझा रहे हैं कि जैसे जो हो रहा वैसे ही होने दो - और इस तरह वास्तव में डॉक्टर सुब्रमणियम का काम आसान कर रहे हैं ।
डॉक्टर सुब्रमणियन और उनके समर्थक व शुभचिंतक अपने आपको खुशकिस्मत समझ रहे हैं और खुश हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के लिए उनके प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार सुरेश भसीन को उनके अपने ही समर्थक व सलाहकार नुकसान पहुँचा रहे हैं । डॉक्टर सुब्रमणियन और उनके समर्थक व शुभचिंतक आश्वस्त हैं कि उनकी जीत का मार्ग सुरेश भसीन के सलाहकार समर्थक ही प्रशस्त किए दे रहे हैं, और इसलिए उन्हें ज्यादा कुछ करने की जरूरत ही नहीं है । मजे की बात यह है कि डॉक्टर सुब्रमणियन के समर्थक व शुभचिंतक ही मान/समझ रहे हैं और कह रहे हैं कि एक उम्मीदवार के रूप में डॉक्टर सुब्रमणियन के मुकाबले सुरेश भसीन ज्यादा सक्रिय हैं; लेकिन जीत के नतीजे के मामले में उनके साथ-साथ सुरेश भसीन के साथ हमदर्दी रखने वाले लोगों के बीच भी डॉक्टर सुब्रमणियन का पलड़ा भारी है । डॉक्टर सुब्रमणियन के समर्थकों के साथ साथ सुरेश भसीन के समर्थक भी मान रहे हैं और कह रहे हैं कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत होने वाले चुनाव में डॉक्टर सुब्रमणियन को ही फायदा होगा; और जो कोई भी पायलट प्रोजेक्ट के तहत चुनाव कराने का समर्थन कर रहा है वह वास्तव में डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी का शुभचिंतक है ।
इस हिसाब से, जिन रूपक जैन और वीरेंद्र 'बॉबी' जैन को सुरेश भसीन के शुभचिंतक-सलाहकार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है; उन्हें 'काम' लेकिन डॉक्टर सुब्रमणियन का 'करते' हुए पाया जा रहा है । कई एक लोगों ने सुरेश भसीन से कहा भी कि पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता के साथ रूपक जैन के अच्छे संबंध हैं, इसलिए रूपक जैन के जरिए सुशील गुप्ता को राजी किया जाए कि वह सीधे चुनाव कराने की व्यवस्था करवायें । सुरेश भसीन के नजदीकियों के अनुसार, सुरेश भसीन को यह बात समझ में आई भी; लेकिन उनके शुभचिंतक बने 'दिख' रहे रूपक जैन ने उन्हें पट्टी पढ़ाई कि जैसे जो हो रहा है उसे वैसे ही होने दो ।
सुरेश भसीन के कई एक समर्थकों को लग रहा है कि रूपक जैन कहने को तो सुरेश भसीन के शुभचिंतक बने हुए हैं, लेकिन वास्तव में उन्हें सुरेश भसीन से ज्यादा डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के उम्मीदवार शरत जैन की चिंता है । रूपक जैन जान/समझ रहे हैं कि सीधा चुनाव होने की स्थिति में डिस्ट्रिक्ट 3011 में सुरेश जैन को भले ही फायदा हो, किंतु डिस्ट्रिक्ट 3012 में शरत जैन की उम्मीदवारी का तो कबाड़ा ही बैठ जायेगा । शरत जैन के लिए अपने प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार दीपक गुप्ता का चुनावी मुकाबला करना वैसे भी मुश्किल बना हुआ है, सीधा चुनाव होने की स्थिति में तो शरत जैन के लिए बहुत ही मुसीबत हो जाएगी । शरत जैन को समस्या न हो, रूपक जैन इसके लिए सुरेश भसीन की उम्मीदवारी की बलि चढ़ाने के लिए तैयार हैं ।
सुरेश भसीन को इस मामले में वीरेंद्र 'बॉबी' जैन से भी आवश्यक मदद नहीं मिल रही है । डॉक्टर सुब्रमणियन और उनके समर्थक यह सब देख/जान कर खुश हैं । उनका खुश होना बनता भी है । उनका 'काम' जब उनके प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार सुरेश भसीन के समर्थक व शुभचिंतक ही करे दे रहे हैं, तो उनका खुश होना और आश्वस्त होना तो लाजिमी ही है ।

Thursday, September 11, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में रूपक जैन ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के संदर्भ में शरत जैन के लिए दीपक गुप्ता के रास्ते से हट जाने का सुझाव क्या दिया कि मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल आगबबूला होकर रूपक जैन को ही लपेटे में लेने लगे हैं

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा, रमेश अग्रवाल और शरत जैन की तिकड़ी ने रूपक जैन को ऐसा फँसाया है कि रूपक जैन को लोगों के सवालों का जबाव देते हुए नहीं बन रहा है - और उन्हें लोगों से मुँह छिपाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है । मजे की बात यह है कि मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल उल्टे रूपक जैन को कोस रहे हैं कि रूपक जैन की बेवकूफी के चलते उनकी अच्छी-भली चाल उल्टी पड़ गई है । लोगों को लग रहा है कि मुकेश अरनेजा, रमेश अग्रवाल और शरत जैन की तिकड़ी ने अपना काम निकालने/बनाने की कोशिश में रूपक जैन को पहले तो इस्तेमाल किया और अब उन्हें अकेला छोड़ दिया है । उल्लेखनीय है कि रूपक जैन ने पिछले दिनों एक बीड़ा यह उठाया कि प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के लिए चुनाव की संभावना को टाला जाये और शरत जैन व दीपक गुप्ता बारी बारी से आगे-पीछे उम्मीदवार हो जाएँ - यानि इनमें से एक डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के लिए और दूसरा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए उम्मीदवार बनने को राजी हो जाए । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए जो दो उम्मीदवार चुनावी मैदान में दिख रहे हैं, उनके लिए रूपक जैन ने दावा किया कि सतीश सिंघल को अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के लिए वह राजी कर लेंगे और प्रसून चौधरी को हालाँकि वह जानते नहीं हैं, लेकिन उनका भी वह कुछ करेंगे ।
रूपक जैन ने यह जो बीड़ा उठाया उसका कारण उन्होंने बताया कि प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 एक नया डिस्ट्रिक्ट होगा और इस नाते से उसके सामने कुछ अलग तरह की समस्याएँ व चुनौतियाँ होंगी । उनका तर्क रहा कि समस्याओं व चुनौतियों से निपटने के लिए जरूरी है कि उक्त डिस्ट्रिक्ट के लोगों की सारी एनर्जी उसमें लगे तथा चुनावी फसाद में वह बँट कर व्यर्थ न जाए । रूपक जैन की इस सोच को सभी ने अच्छा ही माना और इसीलिए सभी ने रूपक जैन की पहल के प्रति समर्थन व सहयोग का भाव ही व्यक्त किया । दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के कुछेक समर्थकों को रूपक जैन की इस पहल के पीछे अरनेजा गिरोह के नेताओं की चाल होने का शक तो हुआ और इस शक की बिना पर उन्होंने चाहा भी कि दीपक गुप्ता को रूपक जैन की बातों में आने की जरूरत नहीं है - किंतु रूपक जैन की तरफ से रोटरी क्लब गाजियाबाद सेंट्रल के वरिष्ठ सदस्य योगेश गर्ग ने जब दीपक गुप्ता को आश्वस्त किया कि रूपक जैन उनके साथ कोई अन्याय नहीं होने देंगे, तब दीपक गुप्ता उस मीटिंग में शामिल होने के लिए राजी हो गए जिसे रूपक जैन ने बुलाया था ।
मीटिंग में उपस्थित लोगों ने लंबी-लंबी बातें कीं । लंबी-लंबी बातें करने के मामले में कुख्यात मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ने जिस तरह के तेवर दिखाए उससे लगा कि वह दीपक गुप्ता पर शरत जैन के सामने से हट जाने के लिए दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं । दीपक गुप्ता और योगेश गर्ग ने उनकी इस कोशिश का दृढ़ता से जबाव दिया और यह साफ किया कि इस मीटिंग का उद्देश्य यदि दीपक गुप्ता पर दबाव बना कर शरत जैन को फायदा दिलवाना है तो उन्हें इस मीटिंग में दिलचस्पी नहीं है । तब रूपक जैन ने बीच-बचाव किया और स्पष्ट किया कि इस मीटिंग का उद्देश्य किसी को भी दबाव में लेने का नहीं है; इसका उद्देश्य पहले तो यह समझना है कि चुनाव की स्थिति से बचने की जरूरत है और फिर यह देखना है कि पहली उम्मीदवारी के लिए किसका पलड़ा भारी है ।
उम्मीदवार के रूप में दीपक गुप्ता और शरत जैन के कामों और उनकी सक्रियता का विवरण सामने आया तो दीपक गुप्ता का पलड़ा भारी दिखा । दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी की चर्चा जब लोगों के बीच थी, तब शरत जैन की उम्मीदवारी की कहीं कोई आहट तक नहीं थी । शिमला में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट के रूप में संजय खन्ना के ऐजी व कोर टीम के ट्रेनिंग सेमीनार में इकठ्ठा हुए लोगों के बीच अगले रोटरी वर्ष के चुनावी परिदृश्य को लेकर जो चर्चा हुई थी, उसमें दीपक गुप्ता और डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी का ही जिक्र था । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट के रूप में संजय खन्ना ने शुरू के अपने कार्यक्रमों की तैयारी में शरत जैन को शामिल ही इसलिए किया हुआ था, क्योंकि तब तक शरत जैन ने अपनी उम्मीदवारी के लिए अपना मन नहीं बनाया था । तुलनात्मक रूप से पलड़ा भारी होने के बावजूद दीपक गुप्ता ने स्पष्ट किया कि उनकी उम्मीदवारी का संचालन उनके हाथ में नहीं, बल्कि उनके नजदीकियों, उनके समर्थकों और उनके शुभचिंतकों के हाथ में है और उनसे सलाह किए बिना वह कोई फैसला नहीं करेंगे । रूपक जैन ने तब यह कह कर मीटिंग समाप्त की कि अब आगे की बात तभी होगी जब दीपक गुप्ता अपने लोगों से बात करके फैसला कर लेंगे ।
अभी हाल ही में रूपक जैन के साथ जब दीपक गुप्ता और उनके समर्थकों की दोबारा मीटिंग हुई तो रूपक जैन को साफ बता दिया गया कि दीपक गुप्ता डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के लिए ही उम्मीदवारी रखेंगे । रूपक जैन ने इस बात पर खुशी जाहिर की कि दीपक गुप्ता ने अंततः फैसला कर लिया । रूपक जैन ने यह बात बाद में और लोगों को भी बताई तथा दावा किया कि वह शरत जैन को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उम्मीदवारी के लिए राजी कर लेंगे । मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ने जब यह सुना तो उन्होंने अपने स्वभाव के अनुरूप रूपक जैन के लिए घोर अपशब्दों का और अशालीन भाषा का प्रयोग किया । उनका कहना है कि रूपक जैन को शरत जैन की उम्मीदवारी के बारे में फैसला करने का अधिकार किसने दिया है; और रूपक जैन किस हैसियत से यह तय कर रहे हैं कि शरत जैन नॉमिनी पद के लिए उम्मीदवार बनें ।
रूपक जैन के प्रति मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल के इन तेवरों को देखकर लोगों ने समझ लिया कि रूपक जैन को इस्तेमाल करके दीपक गुप्ता को शरत जैन के सामने से हटाने की उन्होंने जो चाल चली थी, उसके फेल हो जाने से पैदा हुई निराशा और हताशा के चलते वह रूपक जैन को अपने स्वभाव के अनुरूप गलिया रहे हैं । रूपक जैन के लिए भी यह समझना मुश्किल हो रहा है कि उनसे आखिर गलती कहाँ/क्या हुई है जो मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल उन्हें गलिया रहे हैं ? उन्होंने तो वही करने की कोशिश की जो मुकेश अरनेजा, रमेश अग्रवाल और शरत जैन करना/करवाना चाहते थे । रूपक जैन को भले ही समझ में न आ रहा हो, लेकिन दूसरे लोगों को समझ में आ गया है कि उक्त तिकड़ी करने/करवाने की बात कुछ कर रही थी, लेकिन वास्तव में करना/करवाना 'कुछ और' चाहती थी । रूपक जैन से गलती बस यह हुई कि वह उक्त तिकड़ी के असली इरादों को भाँप नहीं सके और इसलिए ही अब उनसे जली-कटी सुन रहे हैं ।
मजे की बात यह हुई है कि दीपक गुप्ता के कुछेक समर्थकों व शुभचिंतकों ने इस बात का खासा विरोध किया था और नाराजगी दिखाई थी कि रूपक जैन को मोहरा बना कर मुकेश अरनेजा व रमेश अग्रवाल के बिछाए जाल में दीपक गुप्ता क्यों फँस रहे हैं ? दीपक गुप्ता ने लेकिन योगेश गर्ग की इस बात पर भरोसा किया कि मुकेश अरनेजा, रमेश अग्रवाल और शरत जैन की तिकड़ी ने भले ही रूपक जैन के जरिये अपना काम निकालने की कोई योजना बनाई हो - लेकिन रूपक जैन वही फैसला करेंगे जो न्याय संगत होगा । योगेश गर्ग से मिले इसी भरोसे के चलते दीपक गुप्ता ने रूपक जैन की मुहिम में शामिल होने का फैसला किया । रूपक जैन ने दोनों उम्मीदवारों की बातें सुन/जान कर न्याय संगत फैसला किया कि शरत जैन को दीपक गुप्ता के रास्ते से हट जाना चाहिए तो मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल आगबबूला होकर रूपक जैन को ही लपेटे ले रहे हैं ।
इस तरह, रूपक जैन ने हवन करने के चक्कर में अपने हाथ और जला लिए हैं । उनके लिए लोगों के इस सवाल का जबाव देते हुए नहीं बन रहा है कि मुकेश अरनेजा, रमेश अग्रवाल और शरत जैन को जब उनका फैसला नहीं ही मानना था तो फिर बातचीत का इतना सब नाटक क्यों किया गया ?