Showing posts with label P T PRABHAKAR. Show all posts
Showing posts with label P T PRABHAKAR. Show all posts

Sunday, August 4, 2019

रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट पद के लिए देर से उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के चलते शेखर मेहता के लिए 5 अगस्त को होने वाला चुनाव आसान तो नहीं है, लेकिन सुशील गुप्ता के इस्तीफे से बनी हमदर्दीपूर्ण स्थिति उनका काम बना भी सकती है

नई दिल्ली । रोटरी इंटरनेशनल के वर्ष 2021-22 के प्रेसीडेंट पद के लिए नोमीनेटिंग कमेटी की मीटिंग में शेखर मेहता की कामयाबी के लिए उनके समर्थकों व शुभचिंतकों ने भले ही फिंगर्स क्रॉस कर ली हों, लेकिन समर्थक व शुभचिंतक भी जानते हैं कि यह चुनाव कोई आसान चुनाव नहीं है । वर्ष 2021-22 के प्रेसीडेंट पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन/चुनाव करने के लिए 17 सदस्यीय नोमीनेटिंग कमेटी की कल, यानि 5 अगस्त को बैठक हो रही है । वर्ष 2021-22 के प्रेसीडेंट पद के लिए आए नामांकनों में से ग्यारह नाम चुने गए हैं, जिनमें शेखर मेहता का नाम भी है । शेखर मेहता को अन्य दस उम्मीदवारों के साथ कल नोमीनेटिंग कमेटी के सदस्यों के सामने साक्षात्कार के लिए उपस्थित होना है । नोमीनेटिंग कमेटी के 17 सदस्यों में पीटी प्रभाकर तथा एमके पांडुरंगा सेट्टी के रूप में दो सदस्य भारत के हैं । उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष सुशील गुप्ता को वर्ष 2020-21 के प्रेसीडेंट के रूप में चुनने वाली नोमीनेटिंग कमेटी में शेखर मेहता खुद थे, और इस नाते उम्मीद की जाती है कि नोमीनेटिंग कमेटी में फैसले पर कैसे पहुँचा जाता है, उसके मैकेनिज्म से शेखर मेहता परिचित होंगे ही - और उसका फायदा वह अपनी उम्मीदवारी के लिए उठा सकते हैं । शेखर मेहता के समर्थकों व शुभचिंतकों को यह भी उम्मीद है कि सुशील गुप्ता के इस्तीफा देने के चलते इंटरनेशनल प्रेसीडेंट का चुनाव करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नेताओं के बीच सुशील गुप्ता और भारत के प्रति जो हमदर्दी बनी होगी, उसका फायदा भी शेखर मेहता को मिल सकता है ।
हालाँकि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट के चयन/चुनाव में होने वाली राजनीति से परिचित बड़े नेताओं का मानना/कहना यह भी है कि हालात तो शेखर मेहता की उम्मीदवारी के अनुकूल हैं, लेकिन समस्या की बात सिर्फ यह है कि अनुकूल हालात का लाभ उठाने के लिए जिस तरह की 'तैयारी' की जरूरत होती है, शेखर मेहता को उसके लिए पर्याप्त समय ही नहीं मिला - और इसलिए उनकी तैयारी थोड़ा कमजोर 'दिखती' है । दरअसल, किसी और को क्या - खुद शेखर मेहता को यह पता नहीं था कि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट पद की चुनावी दौड़ में उन्हें इतना जल्दी कूदना पड़ जायेगा । अभी अगले रोटरी वर्ष में तो सुशील गुप्ता को प्रेसीडेंट बनना था; उसके तीन-चार वर्ष बाद भारत के उम्मीदवारों को अपने प्रयास शुरू करने थे । वह तो 26 अप्रैल को अचानक व अप्रत्याशित रूप से सुशील गुप्ता के इस्तीफा दे देने के बाद बनी स्थिति में शेखर मेहता को अभी ही अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के लिए आनन-फानन में तैयार होना पड़ा । ऐसे में स्वाभाविक ही है कि जो उम्मीदवार आठ/नौ महीने पहले से अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में समीकरण/गठजोड़ बना रहे थे, उनकी तुलना में शेखर मेहता की तैयारी कमजोर ही होगी । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में देर से अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने वाले उम्मीदवार को जैसी/जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, ठीक वैसी ही चुनौतियाँ इंटरनेशनल प्रेसीडेंट पद के चुनाव के संदर्भ में शेखर मेहता के सामने हैं - और ऐसे में जाहिर है कि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट के लिए चुने जाने का मामला उनके लिए आसान नहीं है ।
शेखर मेहता के कुछेक नजदीकियों का इन पंक्तियों के लेखक से कहना/बताना यह भी है कि शेखर मेहता ने अपनी तैयारी को दो स्तरों पर केंद्रित किया हुआ है, और वह चुनावी खिलाड़ियों को नाराज करने की हद तक जा कर इस बार ही कामयाब होने के लिए अपनी कोशिशें नहीं करेंगे । पिछले रोटरी वर्ष में सुशील गुप्ता को अधिकृत उम्मीदवार चुनवाने के लिए नोमीनेटिंग कमेटी में जिस तरह की धींगामुश्ती हुई थी, शेखर मेहता अपनी उम्मीदवारी को लेकर उस स्तर पर जाने की कोशिश नहीं करेंगे; उनका प्रयास होगा कि इस बार यदि उनका काम आसानी से नहीं बनता है, तो वह अगले वर्ष के लिए अपना मौका बनाएँ । इसी बार कामयाब होने के लिए शेखर मेहता ऐसा कोई काम नहीं करना चाहेंगे, जिससे खिलाड़ी नेता खफा हों - और उनके लिए आगे का रास्ता मुश्किल बने । दरअसल माना/समझा यह जा रहा है कि शेखर मेहता की पहली कोशिश तो यह है कि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट का चुनाव करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नेताओं की गुडबुक में वह शामिल हों, ताकि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट के गंभीर उम्मीदवारों में उनकी पहचान व गिनती होने लगे - और उसके चलते इस बार नहीं तो अगली बार उनके लिए इंटरनेशनल प्रेसीडेंट चुने जाने का मौका बन सके । शेखर मेहता के नजदीकियों का यह भी कहना/बताना है कि इस बार के चुनाव में सुशील गुप्ता की भी भूमिका होनी थी, और इस बार के चुनावी समीकरणों में उनकी भूमिका का भी महत्त्वपूर्ण हस्तक्षेप था - जो उनके इस्तीफा दे देने से गड़बड़ा तो गया है, लेकिन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है । इसलिए एक संभावना यह भी है कि सुशील गुप्ता के सक्रिय न रहने के बावजूद उनका जो प्रभाव इस बार के चुनावी समीकरणों पर है, उसका फायदा हो सकता है कि शेखर मेहता को मिल जाए । क्या होगा, यह तो भारतीय समयानुसार 6 अगस्त की सुबह को ही पता चलेगा; लेकिन शेखर मेहता की उम्मीदवारी के चलते इंटरनेशनल प्रेसीडेंट पद का चुनाव भारतीय रोटेरियंस के लिए दिलचस्पी का विषय जरूर बन गया है ।

Friday, May 13, 2016

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 की डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में होने वाली पक्षपातपूर्ण मनमानी व पैसों की गड़बड़ी के आरोपों के कारण डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट शरत जैन की बदनामी का दायरा और बढ़ा

नई दिल्ली । शरत जैन की डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर को शरत जैन के खिलाफ जिस तरह की शिकायतें मिली हैं तथा मिल रही हैं, उन्हें सुन/जान कर मुख्य अतिथि के रूप में दिए जाने वाले अपने भाषण के नोट्स बनाने में उन्हें समस्या आ रही है । उनके लिए एक साथ मजे की और मुसीबत की बात यह हुई कि अपने प्रस्तावित भाषण के नोट्स तैयार करने हेतु उन्होंने डिस्ट्रिक्ट के हाल-चाल जानने के लिए अपने कुछेक परिचितों से बात की, तो उनके सामने शिकायतों का जैसे पिटारा खुल गया । पीटी प्रभाकर को जो कुछ भी कहा/बताया गया उसका निचोड़ कुल मिलाकर यह निकला कि शरत जैन एक कठपुतली गवर्नर साबित होने जा रहे हैं, और उनकी गर्दन पूरी तरह डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर रमेश अग्रवाल के हाथों में फँसी हुई है - इस कारण से डिस्ट्रिक्ट में हर स्तर पर व्यापक असंतोष पैदा हुआ है । लोगों का आरोप है कि रमेश अग्रवाल के साथ मिलीभगत करके शरत जैन ने डिस्ट्रिक्ट के हर मौके का न सिर्फ मनमाना इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है, बल्कि डिस्ट्रिक्ट के दूसरे लोगों को किनारे/ठिकाने लगाने का काम भी शुरू किया हुआ है । डिस्ट्रिक्ट के दूसरे लोगों को तो शरत जैन व रमेश अग्रवाल से शिकायतें हैं हीं, उनके क्लब - रोटरी क्लब दिल्ली अशोका के सदस्यों के बीच भी इनकी कारस्तानियों के प्रति नाराजगी व शिकायतें सुनी जाने लगी हैं । क्लब के सदस्यों की नाराजगी के निशाने पर इन दोनों के साथ साथ अशोक जैन भी आ गए हैं, और क्लब के सदस्यों का कहना है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उम्मीदवारी की आड़ में अशोक जैन भी क्लब के सदस्यों पर मनमानी थोपने लगे हैं । रमेश अग्रवाल, शरत जैन व अशोक जैन की तिकड़ी ने डिस्ट्रिक्ट असेम्बली के नाम पर अपने ही क्लब के सदस्यों से पैसे ऐंठने की जो कोशिश की है, उसके चलते क्लब के तमाम सदस्यों का गुस्सा और भड़का हुआ है ।
शरत जैन और रमेश अग्रवाल को लेकर मिली शिकायतों के कारण पीटी प्रभाकर भारी गफलत में हैं : आयोजन के मुख्य अतिथि होने के नाते उनका धर्म है कि उनके मेजबान की हरकतें चाहें जैसी भी हों, उन्हें उन पर बात नहीं करना चाहिए और मेजबान की तारीफ ही करना चाहिए - भले ही सब जान रहे हों कि यह तारीफ झूठी ही है; लेकिन एक लीडर होने के नाते पीटी प्रभाकर के सामने लोगों के बीच अपनी यह छवि बनाने की जिम्मेदारी भी है कि वह सब जानते हैं और गलत बात को गलत कहने का साहस रखते हैं । पीटी प्रभाकर के सामने समस्या की बात यह है कि मुख्य अतिथि के रूप में उन्हें 'सुनने' वाले लोग डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट शरत जैन व उनके डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर रमेश अग्रवाल की कारस्तानियों की शिकायतों से भरे बैठे होंगे, और उम्मीद कर रहे होंगे कि पीटी प्रभाकर उन्हें आश्वस्त करें कि रोटरी में इन दोनों की पक्षपातपूर्ण घटिया हरकतें स्वीकार नहीं होंगी; लेकिन पीटी प्रभाकर खुद मेजबान की भूमिका निभा रहे इन दोनों के प्रति अपने मुख्य अतिथि के 'धर्म' से भी बँधे होंगे । शरत जैन और रमेश अग्रवाल वास्तव में इसीलिए आश्वस्त भी हैं कि पीटी प्रभाकर को उनकी कारस्तानियों के चाहें कितने ही किस्से बता/सुना दिए गए होंगे, किंतु डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में मुख्य अतिथि के रूप में पीटी प्रभाकर उनकी भद्द नहीं उड़ायेंगे और उनकी कारस्तानियों पर चुप ही रहेंगे ।
डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में पीटी प्रभाकर भले ही चुप रहें, किंतु डिस्ट्रिक्ट में शरत जैन के प्रति नाराजगी व विरोध जिस तरह से बढ़ता जा रहा है - डिस्ट्रिक्ट के लिए उसे कोई अच्छा संकेत नहीं माना जा रहा है । लोग हालाँकि मान रहे हैं और कह रहे हैं कि शरत जैन बेचारे रमेश अग्रवाल व अशोक जैन के चक्कर में फँस गए हैं, और उनके चक्कर में अपनी फजीहत करा रहे हैं । शरत जैन को जो लोग नजदीक से जानते हैं, वह हैरान हैं कि शरत जैन तो होशियार व क्षमतावान व्यक्ति हैं, फिर पता नहीं किस मजबूरी में वह रमेश अग्रवाल के हाथों की कठपुतली बन बैठे हैं ? लोगों को इससे भी ज्यादा हैरानी इस बात पर है कि शरत जैन सिर्फ रमेश अग्रवाल के हाथों ही नहीं, बल्कि अशोक जैन के हाथों भी इस्तेमाल हो रहे हैं । अशोक जैन उन्हें जैसी जो पट्टी पढ़ा देते हैं, शरत जैन उसे वैसे ही पढ़ लेते हैं । डिस्ट्रिक्ट असेम्बली के एजेंडे से लोगों को पता चला है कि असेम्बली में रमेश अग्रवाल को तो तीन-चार बार अलग अलग बहानों से लोगों के सामने मंच पर आने का मौका मिलेगा, किंतु बाकी पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को कोई मौका नहीं मिलेगा । मुकेश अरनेजा को कोई मौका नहीं मिलेगा, इसके पीछे तो चलो मुकेश अरनेजा के प्रति रमेश अग्रवाल की निजी खुन्नस को कारण माना जा सकता है - किंतु बाकी पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को भी डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में कोई तवज्जो न मिलने की बात पर लोगों को खासी हैरानी है । इसी तरह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवारों के मामले में पक्षपात किया गया है - अशोक जैन के लिए तो लोगों के सामने मंच पर आने का मौका 'बनाया' गया है, किंतु अन्य उम्मीदवारों को पर्दे के पीछे रखने का ही इंतजाम किया गया है । इस तरह की बातों से शरत जैन को लोगों की नाराजगी व आलोचनाओं का ज्यादा शिकार होना पड़ रहा है ।
शरत जैन को सबसे बड़ी और गंभीर चुनौती लेकिन अपने ही क्लब में मिल रही है । डिस्ट्रिक्ट असेम्बली की व्यवस्था चूँकि इनका ही क्लब देख रहा है - इसलिए रजिस्ट्रेशन की रकम क्लब के खाते में ही आ रही है; लेकिन खाते में आने वाली रकम और खर्चे के डिटेल्स यह किसी को बताने के लिए तैयार नहीं हैं । क्लब के सदस्यों को डिटेल्स इसलिए चाहिए क्योंकि शरत जैन और रमेश अग्रवाल ने असेम्बली में घाटा होने की स्थिति में क्लब के सदस्यों से पैसे बसूलने की बात कही है । क्लब के सदस्यों का कहना है कि डिस्ट्रिक्ट असेम्बली की जिम्मेदारी जब अशोक जैन की उम्मीदवारी को फायदा पहुँचाने के उद्देश्य से ली गई है, तो अतिरिक्त खर्चा अशोक जैन से ही लिया जाना चाहिए - उसका बोझ क्लब के सदस्यों को क्यों उठाना चाहिए ? क्लब के सदस्यों का कहना है कि शरत जैन पहले उनके इस तर्क से सहमत थे, लेकिन रमेश अग्रवाल के दबाव में उन्होंने फिर पलटी मार ली । अशोक जैन ने जो हिसाब समझाया, शरत जैन ने उसे फिर वैसे ही मान लिया । इस मामले में क्लब के सदस्यों का गंभीर आरोप यह है कि शरत जैन और रमेश अग्रवाल इस बात को भी छिपा रहे हैं कि रजिस्ट्रेशन व स्पॉन्सरशिप से कितनी रकम इकट्ठा हुई है और किस किस मद में कितने कितने पैसे खर्च हो रहे हैं ? रोटरी की राजनीति से परिचित लोगों का मानना और कहना है कि इस तरह की हरकतों से शरत जैन की ज्यादा बदनामी और फजीहत हो रही है । शरत जैन से ऊँची ऊँची उम्मीदें लगाए हुए लोगों को शरत जैन की हालत पर तरस भी आ रहा है - उन्हें लग रहा है कि गवर्नर-काल शुरू होने से पहले ही शरत जैन की जिस तरह की बदनामी व फजीहत हो रही है, वह अपने आप में एक अनोखा उदाहरण है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट के रूप में शरत जैन की कारस्तानियों की खबरें पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर तक पहुँचने की बात से यह भी नजर आ रहा है कि शरत जैन की बदनामी अब सिर्फ डिस्ट्रिक्ट के भीतर की ही बात नहीं रह गई है, बल्कि डिस्ट्रिक्ट की सीमाओं से बाहर निकल कर रोटरी के बड़े नेताओं तक पहुँच रही है । बदनामी की चादर शरत जैन को जितनी जल्दी मिल गई है, उतनी जल्दी उनसे पहले शायद ही किसी गवर्नर ने ओढ़ी हो !

Wednesday, September 30, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर पद पर बास्कर चॉकलिंगम् को जितवा कर पीटी प्रभाकर ने वास्तव में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन को तगड़ा वाला झटका दिया है

चेन्नई । पीटी प्रभाकर ने बास्कर चॉकलिंगम् को इंटरनेशनल डायरेक्टर चुनवा कर रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन को जो तगड़ी राजनीतिक चोट दी है, उससे केआर रवींद्रन के सहारे रोटरी में आगे बढ़ने वाले नेताओं के बीच खासी खलबली मच गई है । पीटी प्रभाकर के उम्मीदवार के रूप में डिस्ट्रिक्ट 3000 के बास्कर चॉकलिंगम् इंटरनेशनल डायरेक्टर न सिर्फ चुने गए हैं, बल्कि अच्छे मार्जन से चुने गए हैं - और इसी तथ्य ने रोटरी की राजनीति में उनका कद बढ़ा दिया है, तथा केआर रवींद्रन के भरोसे रहने वाले नेताओं के लिए समस्या खड़ी कर दी है । बास्कर चॉकलिंगम् की जीत को वास्तव में पीटी प्रभाकर की जीत और केआर रवींद्रन की हार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । उल्लेखनीय है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए केआर रवींद्रन डिस्ट्रिक्ट 3201 के सुनील जचारिया का समर्थन कर रहे थे; और उन्होंने अपने कई नजदीकियों को सुनील जचारिया के लिए समर्थन जुटाने के काम पर लगाया हुआ था । इसके बावजूद 15 सदस्यों वाली नोमीनेटिंग कमेटी में सुनील जचारिया को सिर्फ तीन वोट मिले । सुनील जचारिया की इतनी बुरी हार की उम्मीद उनके विरोधियों को भी नहीं थी । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए प्रस्तुत उनकी उम्मीदवारी को इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन के खुले समर्थन को देखते हुए उम्मीद की जा रही थी कि वह बास्कर चॉकलिंगम् को अच्छी टक्कर देंगे, लेकिन केआर रवींद्रन का खुला समर्थन उनके किसी काम नहीं आया । केआर रवींद्रन के नजदीकियों के अनुसार, केआर रवींद्रन ने सुनील जचारिया की इस हार के लिए राजा साबू, कल्याण बनर्जी, शेखर मेहता, मनोज देसाई आदि से मिले धोखे को जिम्मेदार ठहराया है ।  
इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए यूँ तो बास्कर चॉकलिंगम् की स्थिति काफी मजबूत मानी जा रही थी । पीटी प्रभाकर जब इंटरनेशनल डायरेक्टर थे, तभी से वह बास्कर चॉकलिंगम् की उम्मीदवारी के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हुए थे; और अपने कई कार्यक्रमों में उन्हें आगे आगे किए हुए थे । पीटी प्रभाकर और बास्कर चॉकलिंगम् का रिश्ता काफी पुराना है । पीटी प्रभाकर जब इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के उम्मीदवार थे, तब बास्कर चॉकलिंगम् ने उनके लिए खूब काम किया था । पीटी प्रभाकर के चुनाव की बागडोर एक तरह से बास्कर चॉकलिंगम् के हाथ  थी । उसी समय से चर्चा थी कि अपने जोन में पीटी प्रभाकर अपने बाद बास्कर चॉकलिंगम् को ही इंटरनेशनल डायरेक्टर बनवायेंगे । इस तरह की चर्चाओं और तैयारियों के कारण ही इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए बास्कर चॉकलिंगम् का पलड़ा भारी दिख रहा था । किंतु सुनील जचारिया की उम्मीदवारी को इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन का समर्थन मिलने से बास्कर चॉकलिंगम् के लिए स्थिति थोड़ी मुश्किल होती दिखने लगी थी । पीटी प्रभाकर और केआर रवींद्रन के संबंध चूँकि अच्छे नहीं रहे हैं, इसलिए केआर रवींद्रन के लिए पीटी प्रभाकर के उम्मीदवार के रूप में पहचाने जाने वाले बास्कर चॉकलिंगम् को चुनाव हरवाना साख का मामला बन गया । इसके चलते मुख्यतः बास्कर चॉकलिंगम् व सुनील जचारिया के बीच होने वाले इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव को दिलचस्पी के साथ देखा जाने लगा था । 
केआर रवींद्रन की पक्षपातपूर्ण सक्रियता के कारण सुनील जचारिया की उम्मीदवारी में दम पैदा होता हुआ देखा जाने लगा था । इसका कारण भी है । रोटरी की चुनावी राजनीति मूलतः निजी स्वार्थों पर टिकी नजर आती है । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी में डिस्ट्रिक्ट्स के महत्वाकांक्षी पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स होते हैं, जिनके बारे में माना/कहा जाता है कि जो इंटरनेशनल असाइनमेंट के बदले में अपना वोट 'बेचने' के लिए तैयार रहते हैं । इसी बिना पर माना जा रहा था कि केआर रवींद्रन अवश्य ही सुनील जचारिया के लिए पर्याप्त वोटों की व्यवस्था कर लेंगे । लेकिन चुनावी नतीजा आया तो पता चला कि केआर रवींद्रन का इंटरनेशनल प्रेसीडेंट होना और इंटरनेशनल प्रेसीडेंट के रूप में उनका समर्थन भी सुनील जचारिया के काम नहीं आया । अब इसका कारण यह माना/बताया जा रहा है कि केआर रवींद्रन ने पीटी प्रभाकर की राजनीतिक ताकत को कम करके आँका और सुनील जचारिया के लिए समर्थन जुटाने की व्यवस्था करने में चूक की ।
केआर रवींद्रन के नजदीकियों का कहना है कि केआर रवींद्रन ने सुनील जचारिया की हार के लिए राजा साबू, कल्याण बनर्जी, शेखर मेहता, मनोज देसाई आदि को जिम्मेदार ठहराया है । इस मामले में केआर रवींद्रन मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई से तो बुरी तरह खफा बताए जा रहे हैं । उनका कहना है कि सुनील जचारिया के लिए समर्थन जुटाने हेतु उन्होंने इन बड़े नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी थी, जिसका इन्होंने ठीक से निर्वाह नहीं किया । केआर रवींद्रन ने अपने नजदीकियों के बीच मनोज देसाई के रवैये को लेकर तो भारी नाराजगी दिखाई है । उनका कहना रहा है कि मनोज देसाई यदि ठीक से काम करते, तो सुनील जचारिया के लिए जीतने लायक समर्थन जुटाया जा सकता था । मनोज देसाई तथा बाकी नेताओं की तरफ से अपनी अपनी सफाई में कहा जा रहा है कि दक्षिण भारत के डिस्ट्रिक्ट्स में उनका कोई खास दखल नहीं है, और वहाँ की चुनावी राजनीति के समीकरण उनकी समझ और उनकी कार्यनीति से बिलकुल बाहर हैं; इसलिए बहुत चाहने और करने की कोशिश करने के बाद भी उनके लिए कुछ कर पाना संभव नहीं हो सका । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में सुनील जचारिया की हार से इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन की जो भद्द पिटी है, और पीटी प्रभाकर की जो धाक जमी है - उसे देख कर केआर रवींद्रन के सहारे और भरोसे रोटरी में आगे बढ़ने की कोशिशें करने वाले रोटरी नेताओं को खासा तगड़ा झटका लगा है । 

Thursday, September 10, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में पूर्व गवर्नर हितेश कुमार शर्मा के फर्जी पत्र मामले में मनोज देसाई के रवैये से उत्साहित राजीव सिंघल और उनके समर्थकों ने जिस षड्यंत्रपूर्ण तरीके से मंजु गुप्ता को रास्ते से हटाने की कोशिश की है, उससे राजीव सिंघल की उम्मीदवारी की कमजोरी ही साबित हुई है

मेरठ । राजीव सिंघल और उनके समर्थक नेताओं ने इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई के नाम पर डिस्ट्रिक्ट में जो गंदगी फैलाई हुई है, उस पर चुप्पी साध कर मनोज देसाई ने अपनी फजीहत और कराई हुई है । मनोज देसाई पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हितेश कुमार शर्मा के पत्र पर जिस तरह कुंडली मार कर बैठ गए हैं, उससे राजीव सिंघल तथा उनके समर्थक नेताओं के हौंसले और बुलंद हुए हैं । इस बुलंद हौंसले की बदौलत ही राजीव सिंघल तथा उनके समर्थक नेताओं ने रोटरी क्लब मेरठ डायमण्ड में फर्जी तरीके से अधिकांश सदस्यों को ड्रॉप कर/करवा दिया है, ताकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए राजीव सिंघल को मंजु गुप्ता से मिल रही चुनौती को खत्म किया जा सके । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए राजीव सिंघल और उनके समर्थकों ने जब मंजु गुप्ता की उम्मीदवारी को मिल रहे समर्थन के सामने अपने आपको कमजोर पाया, तो उन्होंने षड्यंत्र करके मंजु गुप्ता को रोटरी से ही 'बाहर' कर/करवा दिया है । राजीव सिंघल और उनके समर्थक नेता इस मामले में अब सीधे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनील गुप्ता को चुनौती दे रहे हैं कि वह मंजु गुप्ता तथा अन्य सदस्यों की सदस्यता बचा कर दिखाएँ । दरअसल रोटरी क्लब मेरठ डायमण्ड के अध्यक्ष तन्मय शर्मा ने जिस षड्यंत्रपूर्ण तरीके से मंजु गुप्ता तथा क्लब के अन्य सदस्यों को क्लब से बाहर कर दिया है, उसे अमान्य बताते हुए रोटरी इंटरनेशनल के दिल्ली स्थित कार्यालय के पदाधिकारियों ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनील गुप्ता से कार्रवाई करने के लिए कहा है । राजीव सिंघल और उनके समर्थक नेताओं का कहना है कि रोटरी इंटरनेशनल के इस स्पष्ट निर्देश के बाद सुनील गुप्ता ने क्लब के अध्यक्ष तन्मय शर्मा के साथ मीटिंग व बातचीत तो कर ली है, किंतु कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनील गुप्ता अपने ही डिस्ट्रिक्ट के एक क्लब के अध्यक्ष के सामने अपने आपको जिस तरह से असहाय पा रहे हैं - उसे राजीव सिंघल और उनके समर्थक नेता अपनी जीत के रूप में देख रहे हैं; और अपनी इस 'जीत' का श्रेय मनोज देसाई को दे रहे हैं । 
मनोज देसाई लेकिन राजीव सिंघल और उनके समर्थक नेताओं की इससे भी बड़ी मदद हितेश कुमार शर्मा के फर्जी पत्र के मामले में कर रहे हैं । मनोज देसाई जिस दिन यह मदद करना बंद कर देंगे, उस दिन राजीव सिंघल और उनके समर्थक नेताओं में से कोई एक बड़ी मुसीबत में फँस जायेगा । दरअसल हुआ यह कि डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर हितेश कुमार शर्मा की तरफ से निवर्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव रस्तोगी तथा मौजूदा गवर्नर सुनील गुप्ता के खिलाफ आरोप लगाते हुए एक पत्र निवर्तमान इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर को भेजा गया, जिसकी प्रति मनोज देसाई को भी संलग्न की गई । इंटरनेशनल डायरेक्टर होने के नाते मनोज देसाई ने इस पत्र का संज्ञान लिया, और हितेश कुमार शर्मा से कुछ स्पष्टीकरण माँगे । इस पर हितेश कुमार शर्मा का माथा चकराया । उन्होंने मनोज देसाई से कहा कि यह पत्र उन्होंने न तो लिखा है, और न ही भेजा है । हितेश कुमार शर्मा का एक बड़ा तर्क रहा कि उन्होंने अपना समस्त पत्र व्यवहार हिंदी में ही किया है; यहाँ तक कि जब वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर थे, तब भी उन्होंने हिंदी में ही पत्र लिखे थे - लिहाजा अब यदि उन्हें कोई पत्र लिखना ही होता, तो वह अंग्रेजी में क्यों लिखते ? हितेश कुमार शर्मा ने कहा कि उनके नाम का इस्तेमाल करते हुए किसी ने अपनी राजनीति साधने के लिए यह ओछा काम किया है । हितेश कुमार शर्मा ने मनोज देसाई से अनुरोध किया कि उनके नाम से भेजे गए इस फर्जी पत्र को जिस ईमेल से भेजा गया है, उस ईमेल का विवरण वह उन्हें उपलब्ध करवाएँ, जिससे कि वह यह ओछी हरकत करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकें । मनोज देसाई ने लेकिन हितेश कुमार शर्मा को उक्त ईमेल का विवरण उपलब्ध नहीं करवाया है । हितेश कुमार शर्मा के फर्जी पत्र पर कार्रवाई करने में मनोज देसाई ने जो तत्परता दिखाई, वैसी तत्परता चूँकि वह उक्त फर्जी ईमेल का विवरण उपलब्ध करवाने में नहीं कर रहे हैं - इसलिए इस मामले में उनकी भूमिका संदेहास्पद हो गई है । 
हितेश कुमार शर्मा के नाम से लिखे/भेजे गए फर्जी पत्र में जो बातें और आरोप हैं, वह कमोवेश वही हैं जो राजीव सिंघल के एक समर्थक नेता पूर्व गवर्नर एमएस जैन द्वारा पहले लिखे/भेजे गए पत्र में हैं - इसलिए अनुमान लगाया जा रहा है कि हितेश कुमार शर्मा के नाम से फर्जी पत्र भेजने के पीछे राजीव सिंघल और उनके समर्थक नेताओं में से ही किसी का हाथ है । मजे की बात यह है कि एमएस जैन द्वारा लिखे गए पत्र पर डिस्ट्रिक्ट में जब बबाल मचा था, तब एमएस जैन ने यह कह कर पीछा छुड़ाया था कि उक्त पत्र उन्होंने नहीं लिखा/भेजा था; उनकी ईमेल आईडी किसी ने हैक करके यह शरारत की है । इस पर उनसे कहा गया था कि ईमेल आईडी हैक होने की रिपोर्ट उन्हें पुलिस में करना चाहिए ताकि हैकर को पकड़वा कर उसे सजा दिलवाई जा सके । एमएस जैन ने लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की - जिससे साबित हुआ कि ईमेल आईडी हैक होने की उनकी बात उनका सिर्फ एक बहाना है और उक्त शिकायती मेल उन्होंने ही किया था । उक्त ईमेल को लेकर एमएस जैन की लोगों के बीच बहुत ही थू थू हुई और उन्हें भारी शर्मिंदगी से गुजरना पड़ा । समझा जाता है कि एमएस जैन की हुई फजीहत से सबक लेकर ही राजीव सिंघल और उनके समर्थक नेताओं ने निवर्तमान व मौजूदा गवर्नर तथा अन्य कुछेक वरिष्ठ रोटेरियंस को झूठे आरोपों में बदनाम करने के लिए फर्जी तरीके अपनाने की राह चुनी - और इसके लिए हितेश कुमार शर्मा के नाम का इस्तेमाल किया । किसी के लिए भी यह समझना मुश्किल हो रहा है कि गवर्नर्स तथा वरिष्ठ रोटेरियंस को झूठी बातों के सहारे बदनाम करने तथा इस तरह रोटरी को कलंकित करने वालों को प्रश्रय देकर और उन्हें बचाने का प्रयास करके मनोज देसाई आखिर हासिल क्या करना चाहते हैं ?
राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं ने सिर्फ डिस्ट्रिक्ट के लोगों को ही नहीं, बल्कि अपनी हरकतों से रोटरी के बड़े नेताओं तक को चुनौती दी हुई है । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन ने रोटरी में राजनीति को हतोत्साहित करने का आह्वान किया हुआ है और स्पष्ट चेतावनी दी हुई है कि जो कोई भी राजनीति करता हुआ पाया जायेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी । इंटरनेशनल प्रेसीडेंट की इस स्पष्ट चेतावनी के बावजूद पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमएस जैन, गजेंद्र सिंह धामा, योगेश मोहन गुप्ता खुलेआम राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के समर्थन में अभियान चलाए हुए हैं । केआर रवींद्रन के आह्वान और उनकी चेतावनी की याद दिलाए जाने पर इनकी तरफ से प्रायः यही सुनने को मिलता है कि - हम तो जो कर रहे हैं, खुलेआम कर रहे हैं; हम भी देखेंगे कि रवींद्रन क्या करते हैं ? रोटरी को कलंकित करने के मामले में इनके हौंसले इस कदर ऊँचे हैं कि रोटरी क्लब मुरादाबाद नॉर्थ के एक कार्यक्रम में पूर्व गवर्नर योगेश मोहन गुप्ता रोटरी फाउंडेशन में पैसे न देने के लिए यह कहते हुए आह्वान करते हैं कि रोटरी फाउंडेशन का पैसा रोटरी के बड़े पदाधिकारियों और नेताओं की मौजमस्ती में इस्तेमाल होता है, इसलिए उसमें पैसे देने से क्या फायदा ? यही लोग राजीव सिंघल की उम्मीदवारी का झंडा उठाए हुए हैं । 
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार के रूप में राजीव सिंघल की समस्या यह है कि उनके समर्थक नेता नकारात्मक और ओछी किस्म की हरकतें करने के कारण डिस्ट्रिक्ट में खासे बदनाम हैं; जिस कारण लोगों के बीच उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई सकारात्मक सोच बन ही नहीं पा रही है । राजीव सिंघल के लिए मेरठ में ही समर्थन जुटाना मुश्किल हो रहा है । मेरठ में लोगों के बीच उनसे ज्यादा स्वीकार्यता मंजु गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए बनती नजर आ रही है । मंजु गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट में ही नहीं, डिस्ट्रिक्ट के बाहर भी - बल्कि दूसरे देशों तक में अपनी सक्रियता व संलग्नता से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है । इस पहचान के चलते ही मेरठ में उनके लिए अच्छा समर्थन है । राजीव सिंघल के कुछेक समर्थकों ने उन्हें 'मेरठ के उम्मीदवार' के रूप में प्रमोट करने का प्रयास किया, किंतु मेरठ के कई प्रमुख रोटेरियंस ने उन्हें साफ बता दिया कि यदि सचमुच चाहते हो कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मेरठ का चुना जाए, तो राजीव सिंघल को छोड़ कर मंजु गुप्ता की उम्मीदवारी का समर्थन करो । मंजु गुप्ता की उम्मीदवारी से मिल रही चुनौती से निपटना राजीव सिंघल और उनके समर्थकों को जब मुश्किल और असंभव लगा, तो उन्होंने षड्यंत्रपूर्वक मंजु गुप्ता की उम्मीदवारी को समाप्त करने का दुष्चक्र रचा । उनकी बदकिस्मती रही कि उनके दुष्चक्र की पोल जल्दी ही खुल गई, और मंजु गुप्ता तथा उनके समर्थकों ने समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर ली । मनोज देसाई के रवैये के कारण अनिश्चय में फँसे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनील गुप्ता अभी भले ही मंजु गुप्ता को न्याय देने में ढील-ढाल कर रहे हैं, लेकिन इस मामले में रोटरी इंटरनेशनल के दिशा-निर्देश इतने स्पष्ट हैं कि देर-सबेर सुनील गुप्ता को मंजु गुप्ता को न्याय देना/दिलवाना ही होगा । मंजु गुप्ता की उम्मीदवारी से निपटने के लिए राजीव सिंघल और उनके समर्थक नेताओं ने जिस तरह की कायराना हरकत की, उससे राजीव सिंघल की उम्मीदवारी की कमजोरी ही साबित हुई है - और इसके चलते लोगों के बीच राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के प्रति समर्थन और कमजोर हो गया है । 

Tuesday, May 19, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 में टीके रूबी की चुनावी शिकायत के कारण मुसीबत में फँसी राजा साबू एण्ड कंपनी ने पीटी प्रभाकर की मदद जुटाने के लिए रोटरी इंडिया अवार्ड फंक्शन में उन्हें आमंत्रित करने का फैसला किया है क्या ?

चंडीगढ़ । राजा साबू एण्ड कंपनी ने 'रोटरी इंडिया अवार्ड' नामक अपने आयोजन में पीटी प्रभाकर को तवज्जो देने का जो काम किया है, रोटरी नेताओं के बीच उसे लेकर दिलचस्प चर्चा छिड़ी हुई है । राजा साबू एण्ड कंपनी की तरफ से पीटी प्रभाकर को अचानक से मिलती दिख रही इस तवज्जो को राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में इस वर्ष पहले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुने गए और फिर हटाए गए टीके रूबी द्वारा रोटरी इंटरनेशनल में दर्ज की/कराई गई चुनावी शिकायत के मामले में फैसला अपने पक्ष में करवाने की तिकड़म के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । 21 मई को दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित हो रहे रोटरी इंडिया अवार्ड फंक्शन में उपस्थिति को संभव बनाने के लिए पीटी प्रभाकर की राजा साबू एण्ड कंपनी की तरफ से जिस तरह से 'खुशामद' की जा रही है, उससे पीटी प्रभाकर काफी गद्गद हैं, और अपने इस गद्गदपने को लोगों के बीच जाहिर भी कर रहे हैं - और उनके इसे जाहिर करने से ही रोटरी के बड़े नेताओं के बीच इस चर्चा को बल मिला है कि टीके रूबी की चुनावी शिकायत के मामले में फैसला अपने पक्ष में करवाने के लिए राजा साबू एण्ड कंपनी ने पीटी प्रभाकर पर डोरे डालना शुरू दिया है । दिल्ली के एक डिस्ट्रिक्ट की डिस्ट्रिक्ट एसेम्बली में गत 17 मई को शामिल हुए डिस्ट्रिक्ट 3080 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी रमन अनेजा ने भी वहाँ लोगों को बताया कि राजा साबू कुछ भी करके पीटी प्रभाकर को खुश कर लेंगे और मनमाफिक फैसला करवा लेंगे । राजा साबू एण्ड कंपनी के लोग लेकिन इस बात से इंकार कर रहे हैं कि रोटरी इंडिया अवार्ड फंक्शन में पीटी प्रभाकर की उपस्थिति को संभव बनाने के लिए उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों का कोई संबंध टीके रूबी की चुनावी शिकायत के फैसले को प्रभावित करने से हैं । उनका कहना है कि पीटी प्रभाकर इंटरनेशनल डायरेक्टर हैं, और इस नाते उनकी उपस्थिति को रोटरी इंडिया अवार्ड फंक्शन में संभव बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं; और उनके इन प्रयासों का टीके रूबी की चुनावी शिकायत के मामले से कोई लेना-देना नहीं है । 
राजा साबू एण्ड कंपनी की तरफ से दी गई इस सफाई ने पीटी प्रभाकर के नजदीकियों को चुटकी लेने का लेकिन अच्छा मौका उपलब्ध करवाया है । उनका कहना है कि चलो शुक्र है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के 24 महीनों के पीटी प्रभाकर के कार्यकाल के आखिरी दो महीनों में राजा साबू एण्ड कंपनी के लोगों को पता तो चला कि पीटी प्रभाकर इंटरनेशनल डायरेक्टर हैं । पीटी प्रभाकर के नजदीकियों और समर्थकों की शिकायत है कि पहले 22 महीनों में तो राजा साबू एण्ड कंपनी के लोगों ने पीटी प्रभाकर को कभी इंटरनेशनल डायरेक्टर 'माना' ही नहीं; और इंटरनेशनल डायरेक्टर के रूप में उनके द्वारा किए जा रहे कामों में और लिए जा रहे फैसलों में अड़ंगा डालने का ही प्रयास किया जाता रहा है । राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में चुनावी बबाल होने के बाद राजा साबू एण्ड कंपनी के लोगों को जब लगा कि इस बबाल के चलते उन्हें इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर की मदद की जरूरत पड़ सकती है तब उन्होंने पीटी प्रभाकर को सीरियसली लेना और उन्हें इंटरनेशनल डायरेक्टर 'मानना' शुरू किया; और रोटरी इंडिया अवार्ड फंक्शन ने उन्हें इसका मौका भी उपलब्ध करवा दिया । 
उल्लेखनीय है कि रोटरी इंडिया अवार्ड फंक्शन का रोटरी इंटरनेशनल से कोई लेना देना नहीं है और यह पूरी तरह राजा साबू एण्ड कंपनी का उपक्रम है । इस उपक्रम के संस्थापक चेयरमैन राजा साबू हैं, लेकिन अब चेयरमैन का पद अशोक महाजन के पास हैं । राजा साबू का चेयरमैन पद पर बने रहने का 'शौक' चूँकि पूरा नहीं हुआ है, इसलिए वह मानद चेयरमैन बन गए हैं । वाइस चेयरमैन यश पाल दास हैं । अवार्ड के लिए नोमिनेशन यश पाल दास के पते पर मंगवाएँ गए हैं । दिल्ली में हो रहे इस अवार्ड फंक्शन में इन तीनों के अलावा दिल्ली के दोनों पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर्स सुदर्शन अग्रवाल और सुशील गुप्ता उपस्थित रहेंगे । बाहर से सिर्फ पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट कल्याण बनर्जी को बहुत आग्रह से बुलाया गया है - और पीटी प्रभाकर को । पीटी प्रभाकर की तो शुद्ध रूप से 'लाटरी' लगी है - राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में चुनावी शिकायत न हुई होती तो पीटी प्रभाकर को इस फंक्शन में शामिल होने का न्यौता शायद ही मिलता; मिलता भी तो सिर्फ औपचारिकता भरा । राजा साबू एण्ड कंपनी दरअसल 'अपने' इस आयोजन में 'दूसरे' प्रमुख रोटेरियंस को शामिल करने में दिलचस्पी नहीं लेती है । राजा साबू एण्ड कंपनी इस बार पीटी प्रभाकर को तवज्जो देने पर मजबूर हुई है तो इसका एकमात्र कारण यही समझा जा रहा है कि डिस्ट्रिक्ट से दर्ज हुई चुनावी शिकायत के कारण राजा साबू एण्ड कंपनी अपने राजनीतिक जीवन में सबसे बड़े संकट में फँसी है, और इस संकट ने उसकी पूरी पहचान और प्रतिष्ठा को दाँव पर लगा दिया है; और इससे उबरने/बचने के लिए राजा साबू एण्ड कंपनी को पीटी प्रभाकर की मदद की जरूरत है । 
राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट से रोटरी इंटरनेशनल में जो चुनावी शिकायत दर्ज हुई है, उसकी सुनवाई/पड़ताल के लिए जो कमेटी बनी है उसमें पीटी प्रभाकर के नजदीकी सदस्य हैं । उक्त कमेटी के लिए सदस्य चुनने का काम इंटरनेशनल डायरेक्टर होने के नाते पीटी प्रभाकर को ही करना था; सो यह स्वाभाविक ही है कि उन्होंने 'अपने' ही लोगों को चुना होगा । दिल्ली के एक डिस्ट्रिक्ट की 17 मई को आयोजित हुई डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में शामिल हुए राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी रमन अनेजा ने कुछेक नेताओं के बीच जो कुछ कहा/बताया, उससे यही आभास मिला कि राजा साबू एण्ड कंपनी इसी बात से डरी हुई है कि चुनावी शिकायत पर विचार करते हुए पीटी प्रभाकर के नजदीकियों वाली कमेटी पता नहीं क्या फैसला कर दे । उसके फैसले को अपने अनुकूल बनाने के लिए ही राजा साबू एण्ड कंपनी ने पीटी प्रभाकर को 'पटाना' शुरू कर दिया है । रमन अनेजा के अनुसार, टीके रूबी की चुनावी शिकायत से निपटने के लिए राजा साबू एण्ड कंपनी ने दो प्लान बनाये हैं : प्लान 'ए' के अनुसार, चुनावी शिकायत के साथ दी गईं कॉन्करेंस को वापस करवा कर शिकायत को ही अमान्य करवा दिया जाए; और यदि यह प्लान सफल न हो सके तो प्लान 'बी' के अनुसार, शिकायत को कमेटी में खारिज करवा दिया जाए । प्लान 'बी' को सफल बनाने के लिए राजा साबू एण्ड कंपनी को पीटी प्रभाकर की मदद की जरूरत पड़ेगी । प्लान 'ए' को सफल बनाने के लिए राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट के कुछेक पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स ने पूरी तरह कमर कस ली है और वह साम-दाम-दंड-भेद रूपी सारे हथकंडे कॉन्करेंस देने वाले क्लब-अध्यक्षों पर अपना रहे हैं । प्लान 'बी' के लिए राजा साबू एण्ड कंपनी ने पीटी प्रभाकर पर डोरे डालने शुरू कर दिए हैं । इसी वजह से 21 मई को दिल्ली में राजा साबू एण्ड कंपनी के रोटरी इंडिया अवार्ड फंक्शन में पीटी प्रभाकर को भी भाषण देने का मौका मिलेगा ।
यह इस बात का एक दिलचस्प उदाहरण है कि रोटरी की राजनीतिक मजबूरियाँ राजा साबू जैसे बड़े नेताओं को भी कैसे कैसे 'मजबूर' बना देती हैं । 

Saturday, May 2, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080, यानि राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के नतीजे को मनमाफिक न पाकर उसे मनमाने तरीके से निरस्त करने के मामले से संबंधित शिकायत को रफादफा करवाने की कार्रवाई के प्रति पीटी प्रभाकर की नाराजगी की खबर ने मामले को रोटरी नेताओं की दिलचस्पी के केंद्र में ला दिया है

नई दिल्ली/चंडीगढ़ । इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर ने डिस्ट्रिक्ट 3080, यानि राजेंद्र उर्फ़ राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट के गवर्नर के खिलाफ मिली शिकायत को तत्परता से अनसुना कर देने की जतिंदर सिंह की 'कार्रवाई' पर नाराजगी जता कर तथा सवाल उठा कर मामले को दिलचस्प तो बना ही दिया है, साथ ही राजा साबू और उनके चहेतों के लिए समस्या भी खड़ी कर दी है । उल्लेखनीय है कि रोटरी इंटरनेशनल के दिल्ली स्थित साऊथ एशिया ऑफिस में क्लब व डिस्ट्रिक्ट सपोर्ट मैनेजर जतिंदर सिंह को राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए हुए चुनाव को अमान्य घोषित करने के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के फैसले में बरती गई अनियमितता के बारे में शिकायत मिली, जिसका तुरंत जवाब देते हुए जतिंदर सिंह ने शिकायतकर्ता को लिखा कि यह डिस्ट्रिक्ट के चुनाव से जुड़ा मामला है, इसमें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ही जवाब देगा, इसलिए उससे ही संपर्क करो । जतिंदर सिंह द्वारा दिए गए इस जवाब ने तथा जवाब देने में दिखाई गई फुर्ती ने सभी को हैरान किया । जिसने भी इस मामले को जाना उसने यही सवाल उठाया कि शिकायत ही जब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रवैये पर है, तो शिकायतकर्ता को न्याय पाने के लिए उसी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से संपर्क करने का जतिंदर सिंह का सुझावपूर्ण आदेश देने का मतलब भला क्या है ? जिन कुछेक लोगों ने इस बारे में जतिंदर सिंह से बात की, उन्हें जतिंदर सिंह ने यह कह कर टरकाया कि इस मामले में राजा साबू का सीधा इन्वॉल्वमेंट है, मैं भी समझ रहा हूँ कि जो हुआ है वह गलत हुआ है, लेकिन इस मामले को एंटरटेन करने का मतलब अपनी नौकरी को खतरे में डालना होता, राजा साबू तो मेरी नौकरी ही खा जायेंगे - इसलिए मैंने इस मामले से जल्दी से जल्दी पिंड छुटाने में ही अपनी भलाई देखी है ।
जतिंदर सिंह ने राजा साबू के कोप से अपनी नौकरी बचाने के चक्कर में उक्त मामले से पिंड छुटाने की जो कोशिश की है, उसके कारण वह लेकिन एक दूसरी मुसीबत में घिर गए दिख रहे हैं । दरअसल इस मामले की खबर जब इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर को मिली, तो उन्होंने जतिंदर सिंह के रवैये के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की । उनकी नाराजगी का कारण यह रहा कि जतिंदर सिंह ने मामले को उनके संज्ञान में लाए बिना तथा उनसे विचार-विमर्श किए बिना 'फैसला' क्यों कर लिया । उनका कहना है कि जतिंदर सिंह मैनेजर हैं, इस तरह के मामलों में फैसला करने का उन्हें कोई अधिकार ही नहीं है । उल्लेखनीय है कि इस तरह के मामलों में होता यह है कि जतिंदर सिंह मौजूद इंटरनेशनल डायरेक्टर के सामने मामले को रखते हैं और मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर का जो फैसला होता है, उससे शिकायतकर्ता को अवगत कराते हैं । राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट के संबंध में जतिंदर सिंह को जो शिकायत मिली, उसे उन्हें मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर के सामने लाना चाहिए था और उनका फैसला 'लेना'/बताना चाहिए था ।जतिंदर सिंह ने ऐसा नहीं किया, उससे पीटी प्रभाकर ने अपने आप को अपमानित महसूस किया है । रोटरी में ही क्या, हमारे समाज में ही प्रथा है कि हम उगते सूरज को ही जल चढ़ाते हैं, डूबते सूरज के सामने तो तफ़रीह वाले मूड में आ जाते हैं । इंटरनेशनल डायरेक्टर के रूप में पीटी प्रभाकर डूबते सूरज की तरह ही हैं; इंटरनेशनल डायरेक्टर के पद पर वह मुश्किल से दो माह और हैं - इसलिए रोटरी में उनकी शान और उनका रुतबा घटता हुआ दिखने लगा है; लेकिन लगता है कि जतिंदर सिंह कुछ ज्यादा ही तफ़रीह वाले मूड में आ गए । वह यह भूल गए कि पीटी प्रभाकर अभी इंटरनेशनल डायरेक्टर हैं और अभी कुछ दिन और रहेंगे । 
जतिंदर सिंह की मनमानी से पैदा हुई पीटी प्रभाकर की नाराजगी दो कारणों से महत्वपूर्ण है : पहला कारण तो यह कि पीटी प्रभाकर भले ही करीब दो माह बाद इंटरनेशनल डायरेक्टर नहीं रहेंगे; लेकिन अगले रोटरी वर्ष में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन के साथ नजदीकी के चलते उनकी भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण होगी और उन्हें हलके में नहीं लिया जा सकेगा; दूसरा कारण उनका खुन्नसी स्वभाव है - उन्हें जानने वाले बताते हैं कि वह जिस मामले में हाथ डाल देते हैं फिर उस मामले में आरपार करने की हद तक चले जाते हैं । 
दरअसल इन्हीं कारणों से राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट के मामले को उनके संज्ञान में लाए बिना निपटा देने के जतिंदर सिंह के तरीके पर पैदा हुई उनकी नाराजगी के संकेतों को समझने की कोशिश की जा रही है । रोटरी के कई बड़े नेताओं को लगता है कि जतिंदर सिंह ने उक्त मामले में जो फुर्ती दिखाई, उससे पीटी प्रभाकर को राजा साबू को 'लपेटने' का मौका छिनता हुआ दिखा है, इसलिए वह नाराज हुए हैं । पीटी प्रभाकर को इंटरनेशनल डायरेक्टर के रूप में कई बार राजा साबू के कारण अपमानित होना पड़ा है; अपने अपमान का बदला लेने के लिए राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट के गवर्नर के खिलाफ हुई शिकायत को पीटी प्रभाकर एक टूल की तरह इस्तेमाल करना चाहते थे - लेकिन जो जतिंदर सिंह की 'फुर्ती' के कारण उनसे छिन गया । पीटी प्रभाकर को कुछेक लोग यह भी समझा रहे हैं कि हो सकता है कि उनके 'डर' से राजा साबू ने ही जतिंदर सिंह से फुर्ती से फैसला लिखवा लिया हो । दरअसल इन्हीं संभावनाओं के चलते पीटी प्रभाकर की नाराजगी की खबर ने राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव को अमान्य घोषित करने के षड्यंत्रपूर्ण व मनमाने फैसले को रोटरी नेताओं की दिलचस्पी के केंद्र में ला दिया है । 
हालाँकि रोटरी में कोई भी यह नहीं मानेगा कि चाहें पीटी प्रभाकर हों, या राजा साबू के हाथों प्रताड़ित व अपमानित हुआ कोई और पदाधिकारी/नेता - वह राजा साबू के खिलाफ खुलेआम कुछ कहेगा या करेगा । रोटरी में राजा साबू का जैसा जो जलवा है, उसे देखते हुए किसी को भी इस बात की जरा सी भी उम्मीद नहीं है । किंतु किसी भी दूसरी राजनीति की तरह रोटरी की राजनीति में भी बातें/चीजें 'ब्लैक' एण्ड 'व्हाइट' में ही नहीं होती हैं, बहुत कुछ पर्दे के पीछे होता है । यहाँ दोस्तों को दोस्तों के साथ दगा करते हुए और विरोधियों को गले मिलते हुए गहरे आश्चर्य के साथ खूब देखा जा सकता है । 
इसी तर्ज पर जैसे यह बात सच है कि राजा साबू के खिलाफ कोई भी कुछ नहीं कहेगा/करेगा; वैसे ही यह बात भी सच है कि कई लोग हैं जो राजा साबू के फूले हुए गुब्बारे की हवा निकालने के लिए मौके की तलाश में हैं । राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के नतीजे को मनमाफिक न पाकर उसे निरस्त करने के मामले को एक ऐसे ही मौके के रूप में देखा जा रहा है । रोटरी के कई बड़े नेताओं को लग रहा है कि इस मामले के जरिए वह रोटरी में बनी हुई राजा साबू की सारी क्रीज खराब कर सकेंगे । रोटरी में राजा साबू ने इस बात का उदाहरण देकर अपना एक नैतिकतावादी आभामंडल (ऑरा) बनाया हुआ है कि उनके डिस्ट्रिक्ट में बड़े नियम-कायदे से काम होते हैं, किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होती है, और किसी को कोई शिकायत नहीं होती है । सच बात यह है कि उनके डिस्ट्रिक्ट में कोई कभी शिकायत करने का साहस नहीं करता है । इस बार लेकिन असलियत सामने आ गई है - और शिकायत का साहस भी दिख गया है । रोटरी इंटरनेशनल के साऊथ एशिया ऑफिस तक राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में होने वाली बेईमानियों और मनमानियों की शिकायत यदि आ पहुँची है, तो यह रोटरी में राजा साबू की बनी क्रीज को थोड़ा-बहुत बिगाड़ने का काम तो करती है । इस शिकायत को निष्प्रभावी बना कर और जतिंदर सिंह से शिकायतकर्ताओं का मनोबल तोड़ने वाला जवाब दिलवा कर राजा साबू ने अपनी क्रीज को बचाने की व्यवस्था तो अच्छी की थी, किंतु इस व्यवस्था पर इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर की नाराजगी की खबर ने मामले को फिर से जिंदा कर दिया है और दिलचस्प बना दिया है ।
पीटी प्रभाकर की नाराजगी से यह संकेत तो मिलता ही है कि वह राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में हुई मनमानी को लेकर डिस्ट्रिक्ट में पैदा हुए असंतोष के जरिए राजा साबू की फजीहत होते 'देखना' तो चाहते हैं । अपनी इस चाहत को पूरा करने के लिए वह आगे क्या 'प्रयास' करते हैं - यह देखने की बात होगी ।

Monday, February 2, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर को सबक सिखाने की पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता और भावी इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई की कार्रवाई के चलते रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में वर्ष 2016-17 के लिए दीपक बाबू की गवर्नरी को हरी झंडी मिली

मुरादाबाद । दीपक बाबू और उनके समर्थक खुशी खुशी लोगों को बता रहे हैं कि सुशील गुप्ता और मनोज देसाई ने मिलकर पीटी प्रभाकर की बैंड बजा दी है और दीपक बाबू को वर्ष 2016-17 के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नरी दिलवा दी है । इस संबंध में औपचारिक घोषणा हालाँकि अभी इन पँक्तियों के लिखे जाने तक नहीं हुई है, लेकिन दीपक बाबू और उनके नजदीकियों का कहना है कि बस किसी भी समय उक्त फैसला सुनाया जा सकता है ।
दीपक बाबू और उनके नजदीकियों व समर्थकों का यह दावा यदि सच है तो यह पीटी प्रभाकर के लिए सचमुच एक बड़ा झटका है । पीटी प्रभाकर इंटरनेशनल डायरेक्टर हैं और अपने आप को अगले रोटरी वर्ष में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट होने जा रहे केआर रवींद्रन के बहुत नजदीक बताते/जताते हैं । पीटी प्रभाकर ने 9 जनवरी को दिल्ली में डिस्ट्रिक्ट 3100 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के साथ हुई मीटिंग में स्पष्ट रूप से घोषणा की थी कि वह दीपक बाबू की अपील पर इंटरनेशनल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में दीपक बाबू के पक्ष में फैसला नहीं होने देंगे । पीटी प्रभाकर ने उक्त मीटिंग में दीपक बाबू और उनके ख़ैरख्वाह पिछले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रहे राकेश सिंघल की जमकर खिंचाई की थी । उक्त मीटिंग में राकेश सिंघल और दीपक बाबू के प्रति पीटी प्रभाकर का रवैया बहुत ही कठोर और अपमानजनक तो था ही; पीटी प्रभाकर ने मीटिंग में मौजूद लोगों के सामने साफ साफ यह कहने/बताने में भी कोई संकोच नहीं किया कि इंटरनेशनल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में वह भी तो होंगे और वह देखेंगे कि वहाँ दीपक बाबू तथा राकेश सिंघल को कौन बचाता है ?
दीपक बाबू और उनके समर्थकों व नजदीकियों के दावे पर विश्वास करें तो पीटी प्रभाकर के इस खुले और दो-टूक रवैये के बावजूद दीपक बाबू की गवर्नरी को हरी झंडी मिल गई है और इसकी औपचारिक घोषणा किसी भी पल सुनी जा सकेगी ।
डिस्ट्रिक्ट के लोगों को यह सब एक चमत्कार की तरह लग रहा है । 9 जनवरी की दिल्ली की मीटिंग में डिस्ट्रिक्ट के कमोबेश सभी पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स थे और सभी ने पीटी प्रभाकर के तेवर देखे थे । पीटी प्रभाकर के तेवरों को देख कर हर कोई यही मान रहा था कि दीपक बाबू को तो अब कोई नहीं बचा सकता और इसी बिना पर डिस्ट्रिक्ट में वर्ष 2016-17 के गवर्नर के लिए दोबारा होने वाले चुनाव की तैयारियाँ भी शुरू हो गईं थीं । लेकिन इस बीच पर्दे के पीछे जो खेल चला, उसमें सारी कहानी ही बदल गई और अपने आप को आने वाले प्रेसीडेंट का नजदीकी बताने वाले इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर के लिए भारी फजीहत का मौका बना ।
डिस्ट्रिक्ट में कुछेक लोगों का कहना है कि दीपक बाबू ने जैसे पैसे खिला कर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव जीत लिया था, वैसे ही मोटी रकम खर्च करके एक खिलाफ होते फैसले को अपने पक्ष में करा लिया है; कुछेक अन्य लोगों का विश्वास है कि दीपक बाबू ने यह सेटिंग पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट राजेंद्र उर्फ राजा साबू के जरिये की - दीपक बाबू के कुछेक नजदीकियों के राजा साबू से अच्छे संबंध हैं और उन्हीं संबंधों का इस्तेमाल करते हुए राजा साबू की मदद ली गई । दीपक बाबू के नजदीकी लेकिन इस चमत्कार के पीछे सुशील गुप्ता और मनोज देसाई की जुगलबंदी को जिम्मेदार मान रहे हैं । सुशील गुप्ता पूर्व और मनोज देसाई भावी इंटरनेशनल डायरेक्टर हैं । दीपक बाबू के नजदीकियों का कहना है कि 9 जनवरी की मीटिंग में पीटी प्रभाकर ने जिस तरह से हस्तक्षेप किया और डिस्ट्रिक्ट 3100 के पूर्व गवर्नर्स के सामने सुशील गुप्ता को नीचा दिखाया उससे सुशील गुप्ता ने खुद को अपमानित महसूस किया और तभी उन्होंने पीटी प्रभाकर को उनकी 'औकात' दिखाने का निश्चय कर लिया । पीटी प्रभाकर से बदला लेने की सुशील गुप्ता की कार्रवाई दीपक बाबू के लिए वरदान बन गई ।
उल्लेखनीय है कि 9 जनवरी को दिल्ली में हुई मीटिंग को सुशील गुप्ता ने अपनी पहल करके बुलाया था । पीटी प्रभाकर को उक्त मीटिंग की जानकारी मिली तो वह उसमें जबरदस्ती 'घुस' आये थे । पीटी प्रभाकर दरअसल जयपुर जाने के रास्ते में उस दिन दिल्ली में थे, सो वह सुशील गुप्ता द्धारा बुलाई गई मीटिंग में 'मान न मान मैं तेरा मेहमान' वाली अदा के साथ जा पहुँचे । पीटी प्रभाकर की इस 'अदा' ने सुशील गुप्ता का सारा एजेंडा ही खराब कर दिया । सुशील गुप्ता ने उक्त मीटिंग अपनी चौधराहट जमाने/दिखाने के लिए बुलाई थी, लेकिन मीटिंग में चौधराहट दिखाई पीटी प्रभाकर ने । सुशील गुप्ता द्धारा बुलाई गई मीटिंग को पीटी प्रभाकर ने इस तरह से हाईजैक कर लिया था और ऐसा माहौल बना दिया था कि सुशील गुप्ता तो वहाँ एक्स्ट्रा ऑर्टिस्ट की तरह नजर आ रहे थे । जाहिर है कि सुशील गुप्ता का सारा प्लान तो चौपट हो ही गया था, डिस्ट्रिक्ट 3100 के पूर्व गवर्नर्स के सामने उनकी भारी किरकिरी भी हुई । दीपक बाबू के नजदीकियों का कहना है कि पीटी प्रभाकर की इस हरकत से अपने आप को अपमानित महसूस करते हुए सुशील गुप्ता ने तभी पीटी प्रभाकर को सबक सिखाने का निश्चय किया ।
अपने निश्चय को पूरा करने के लिए सुशील गुप्ता ने पहले तो मनोज देसाई को विश्वास में लिया । पीटी प्रभाकर की हरकतों से मनोज देसाई भी चूँकि दुखी हैं, इसलिए उन्होंने सुशील गुप्ता की योजना में सहयोग करने में कोई हिचक नहीं दिखाई । इन दोनों की जोड़ी ने पीटी प्रभाकर से खफा रहने वाले रोटरी इंटरनेशनल के अन्य पदाधिकारियों से भी तार जोड़े और डिस्ट्रिक्ट 3100 से आई दीपक बाबू की अपील के मामले को लेकर ऐसा ताना-बाना बुना कि पीटी प्रभाकर के हाथ-पैर बुरी तरह से बाँध दिए और उन्हें कुछ करने लायक ही नहीं छोड़ा । दीपक बाबू और उनके नजदीकी लोगों को बता रहे हैं कि पीटी प्रभाकर ने 9 जनवरी की मीटिंग में दीपक बाबू के लिए जो जो कहा था, फैसला ठीक उसका उलटा हुआ है । दीपक बाबू और उनके नजदीकी मजे ले ले लोगों को बता रहे हैं कि उनके मामले में पीटी प्रभाकर की जैसी फजीहत हुई है, वैसी इससे पहले किसी इंटरनेशनल डायरेक्टर की नहीं हुई है ।
पीटी प्रभाकर को सबक सिखाने की सुशील गुप्ता और मनोज देसाई की कार्रवाई में दीपक बाबू का काम बन गया लगता है । दीपक बाबू और उनके नजदीकी व समर्थक जब इतने भरोसे के साथ यह दावा कर रहे हैं, तो सच ही कर रहे होंगे । हालाँकि उनके इस दावे पर उनसे मिठाई माँगने वाले लोगों को वह अभी यही कह रहे हैं कि उक्त फैसला औपचारिक रूप से घोषित हो जाए, तब वह मिठाई भी खिलायेंगे ।
पीटी प्रभाकर की हरकत पीटी प्रभाकर के लिए ही उलटी पड़ी, और सुशील गुप्ता ने अपनी बेइज्जती का उनसे जो बदला लिया वह इस प्रसंग का सबसे रोमांचक व दिलचस्प पहलू है ।

Friday, January 9, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में जेके गौड़, रमेश अग्रवाल, मुकेश अरनेजा की तिकड़ी को विश्वास है कि पीटी प्रभाकर एक जैसे 'अपराध' के बावजूद शरत जैन के साथ वैसा कुछ नहीं करेंगे, जैसा कि उन्होंने डिस्ट्रिक्ट 3100 के दीपक बाबू के साथ किया है; क्योंकि उनके पास सुशील गुप्ता और मनोज देसाई का समर्थन है

नई दिल्ली । पीटी प्रभाकर - इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर ने दिल्ली में डिस्ट्रिक्ट 3100 की काउंसिल (ऑफ गवर्नर्स) के साथ हुई बातचीत में दीपक बाबू की अपील पर रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड द्धारा 26 से 29 जनवरी के बीच होने वाली वर्ष 2014-15 की तीसरी बोर्ड मीटिंग में 'लिए जाने वाले' फैसले को आज ही सुना दिया । इस तरह पीटी प्रभाकर ने एकबार फिर साबित कर दिया कि फैसलों के लिए बोर्ड मीटिंग का इंतजार करना बेवकूफी है, फैसले तो पहले ही कर लिए जाते हैं । मीटिंग में तो फैसलों पर सिर्फ मोहर लगती है । पीटी प्रभाकर आज दोपहर दिल्ली में डिस्ट्रिक्ट 3100 की काउंसिल (ऑफ गवर्नर्स) की उस मीटिंग में अचानक शामिल होने के लिए आ पहुँचे, जिसे पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता ने बुलाया था । इस मीटिंग में मुख्य तौर पर पिछले रोटरी वर्ष में हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव से जुड़े झगड़े/झंझट पर ही चर्चा हुई । पीटी प्रभाकर इस मीटिंग में शायद इसीलिए शामिल हुए, ताकि वह उक्त झगड़े/झंझट को लेकर डिस्ट्रिक्ट 3100 के लोगों को 'अपनी' राय से अवगत करा दें । इसीलिए कल सायं जब अचानक से पीटी प्रभाकर का इस मीटिंग में शामिल होना निश्चित हुआ, उसके बाद ही डिस्ट्रिक्ट 3100 में पिछले वर्ष हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के दोनों उम्मीदवारों - दीपक बाबू और दिवाकर अग्रवाल को भी मीटिंग में पहुँचने का नोटिस मिला । रोटरी इंटरनेशनल साऊथ एशिया ऑफिस में क्लब एवं डिस्ट्रिक्ट सपोर्ट मैनेजर जतिंदर सिंह को भी उक्त झगड़े/झंझट से जुड़े तथ्यों/सुबूतों के साथ मीटिंग स्थल पर मौजूद रहने का आदेश मिला ।
पीटी प्रभाकर ने डिस्ट्रिक्ट 3100 में पिछले रोटरी वर्ष में हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में दीपक बाबू को पक्षपातपूर्ण व धॉँधलीपूर्ण तरीके से चुनाव जितवाने को लेकर अपनी गहरी नाराजगी दिखाई । जिस किसी पूर्व गवर्नर ने कुछ सफाई देने की कोशिश की, उसे पीटी प्रभाकर से लताड़ ही सुनने को मिली । पीटी प्रभाकर की नाराजगी का सबसे ज्यादा शिकार तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल बने । राकेश सिंघल को कई प्रसंगों में पीटी प्रभाकर की लताड़ सुनने को मिली । पीटी प्रभाकर ने अपनी तरफ से यह स्पष्ट कर दिया कि दीपक बाबू ने भले ही अपनी जीत को अमान्य करार दिए जाने के फैसले के खिलाफ रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड में अपील की हुई है, लेकिन बोर्ड पहले लिए जा चुके फैसले को बदलने का काम नहीं करेगा । इस तरह पीटी प्रभाकर ने दीपक बाबू और उनके समर्थकों को तगड़ा झटका दिया, क्योंकि दीपक बाबू एण्ड पार्टी रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड की 26 से 29 जनवरी के बीच होने वाली मीटिंग से अपनी चुनावी जीत के बहाल होने की उम्मीद लगाये हुए थे । पीटी प्रभाकर ने इससे भी बड़ा झटका यह कह कर दिया कि वर्ष 2016-17 के गवर्नर पद के लिए अब जो दोबारा चुनाव होगा, उसमें दीपक बाबू और दिवाकर अग्रवाल उम्मीदवार नहीं बनेंगे ।
दीपक बाबू और उनके समर्थकों की तैयारी थी कि बोर्ड मीटिंग में उनकी चुनावी जीत यदि नहीं भी बहाल हुई, तो वर्ष 2016-17 के गवर्नर पद के लिए दोबारा होने वाले चुनाव में अकेले वही उम्मीदवार होंगे - क्योंकि दिवाकर अग्रवाल को तो रोटरी इंटरनेशनल पहले ही उनके रास्ते से हटा चुका है । किंतु पीटी प्रभाकर ने आज उनकी इस तैयारी पर भी पानी फेर दिया है । दीपक बाबू ने हालाँकि प्रतिरोध करने का विकल्प अभी बचा कर रखा हुआ है । उन्होंने पीटी प्रभाकर को यह भरोसा देने से आज तो इंकार कर दिया है कि वर्ष 2016-17 के गवर्नर पद के लिए दोबारा होने वाले चुनाव में वह उम्मीदवार नहीं बनेंगे । उन्होंने इंकार भले ही कर दिया है, लेकिन पीटी प्रभाकर के तेवर देख कर यह भी लगता है कि दीपक बाबू इस इंकार के बाद भी हासिल कुछ नहीं कर पायेंगे । दीपक बाबू का साथ देने के लिए पिछले वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल को जैसी झाड़ पड़ी है, उसे देखते हुए दीपक बाबू को किसी का समर्थन मिल सकेगा - इसमें संदेह है । पिछले रोटरी वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल को उस एक तस्वीर के लिए पीटी प्रभाकर का बुरी तरह कोपभाजन बनना पड़ा, जिसमें वह मंच पर दीपक बाबू को अपने साथ बैठाए हुए हैं । इस तस्वीर के साथ-साथ, रोटरी इंटरनेशनल साऊथ एशिया ऑफिस में क्लब एवं डिस्ट्रिक्ट सपोर्ट मैनेजर जतिंदर सिंह द्धारा दिखाए जा रहे दूसरे तथ्यों/सुबूतों को देखते हुए पीटी प्रभाकर ने यह स्पष्ट कर दिया कि जिस पक्षपातपूर्ण और धाँधलीपूर्ण तरीके से दीपक बाबू को चुनाव जितवाया गया, उसे जानने/पहचानने के बाद दीपक बाबू को वर्ष 2016-17 में तो गवर्नर नहीं बनने दिया जायेगा ।
पीटी प्रभाकर के दिल्ली में दिखाए गए इन तेवरों से दिल्ली में होने जा रहे डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के चुनाव पर नजरें आ पड़ी हैं, जहाँ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट जेके गौड़, उनके डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर रमेश अग्रवाल और उनके डीआरएफसी मुकेश अरनेजा खुलेआम शरत जैन को जितवाने का बीड़ा उठाए हुए हैं । पीटी प्रभाकर को दीपक बाबू के साथ राकेश सिंघल की एक तस्वीर मिली; शरत जैन के साथ जेके गौड़-रमेश अग्रवाल-मुकेश अरनेजा की तस्वीरों का तो पूरा अल्बम है । पक्षपातपूर्ण और धाँधलीपूर्ण तरीके से दीपक बाबू को चुनाव जितवाने की जिस बात पर पीटी प्रभाकर उखड़े हुए हैं; शरत जैन के मामले में तो उससे कहीं ज्यादा पक्षपातपूर्ण व धाँधलीपूर्ण तरीकों को अपनाया जा रहा है । डिस्ट्रिक्ट 3012 में शरत जैन को चुनाव जितवाने के लिए जेके गौड़, रमेश अग्रवाल, मुकेश अरनेजा की तिकड़ी तो रोटरी और डिस्ट्रिक्ट ही 'बेचे' दे रही है । ऐसे में सवाल यही उठ रहा है कि पीटी प्रभाकर ने यदि डिस्ट्रिक्ट 3100 के दीपक बाबू के साथ कोई निजी खुंदक नहीं निकाली है, और सचमुच में रोटरी के हितों का ध्यान रखते हुए फैसला किया है - तो फिर वह डिस्ट्रिक्ट 3012 में शरत जैन के साथ वैसा ही फैसला क्यों नहीं करेंगे ?
पीटी प्रभाकर एक जैसे 'अपराध' के बावजूद शरत जैन के साथ वैसा कुछ नहीं करेंगे, जैसा कि उन्होंने दीपक बाबू के साथ किया है; क्यों नहीं करेंगे - शरत जैन, जेके गौड़, रमेश अग्रवाल, मुकेश अरनेजा के पास इसका एक बड़ा ठोस जबाव है; उनका जबाव है कि - क्योंकि उनके पास सुशील गुप्ता और मनोज देसाई हैं । उनका विश्वास है कि उनके पास जब तक सुशील गुप्ता और मनोज देसाई का समर्थन है, तब तक वह कुछ भी करते रह सकते हैं और कोई पीटी/बीटी/सीटी उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता ।  

Wednesday, January 7, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के झमेले की अनदेखी करते हुए पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता जिस तरह से डिस्ट्रिक्ट 3100 के झगड़े में दिलचस्पी ले रहे हैं, उससे लग रहा है कि वह समस्या को वास्तव में हल करने की नहीं बल्कि सिर्फ अपनी राजनीति दिखाने/चमकाने की कोशिश कर रहे हैं

नई दिल्ली । सुशील गुप्ता - पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता भी गजब तमाशा करते हैं : अपना 'घर' सँभालने की वह कोई कोशिश करते नहीं दिख रहे, लेकिन दूसरों का 'घर' सँभालने की वह बड़ी फिक्र कर रहे हैं ।
सुशील गुप्ता 9 जनवरी को डिस्ट्रिक्ट 3100 की काउंसिल (ऑफ गवर्नर्स) के साथ मीटिंग करने जा रहे हैं, जिसमें वह डिस्ट्रिक्ट 3100 के झगड़ों-टंटों से बचने के उपाय बतायेंगे ।
रोटरी में यह एक आम समझ है कि क्लब्स में और डिस्ट्रिक्ट्स में लोग बहुत झगड़े-टंटे करते हैं, जिससे रोटरी की बहुत बदनामी होती है । डिस्ट्रिक्ट 3100 का मामला लेकिन यह बताता है कि रोटरी में झगड़े रोटरी के बड़े नेताओं द्धारा समय पर फैसला न लेने, उनकी पक्षपाती भूमिका और कई बार तो विरोधाभासी व मूर्खतापूर्ण तरीके से फैसले करने के कारण होते और बढ़ते हैं ।
उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट 3100 में पिछले वर्ष 'हुए' डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के कारण डिस्ट्रिक्ट में बड़ा फजीता हुआ; प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवारों ने दूसरे की शिकायतें कीं और इसके कारण डिस्ट्रिक्ट की बड़ी किरकिरी हुई । यह फजीता हुआ क्यों - इसे जानने/समझने के लिए घटनाक्रम को सिलसिलेबार देखना उपयोगी होगा : डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए दो उम्मीदवार सामने आये - दीपक बाबू और दिवाकर अग्रवाल । इनके नामांकन आधिकारिक रूप से स्वीकार होते, उससे पहले दीपक बाबू ने दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को लेकर शिकायत दर्ज की । उनकी शिकायत थी कि दिवाकर अग्रवाल ने चूँकि डिस्ट्रिक्ट टीम में पद लिया है और डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी में उनका नाम-पता-फोटो छपा है, इसलिए उनकी उम्मीदवारी स्वीकार नहीं करना चाहिए । दिल्ली स्थित रोटरी इंटरनेशनल के साउथ एशिया ऑफिस ने इस शिकायत पर लेकिन कई हफ्तों तक फैसला ही नहीं लिया । इसका नतीजा यह हुआ कि डिस्ट्रिक्ट में आरोपों-प्रत्यारोपों का सिलसिला शुरू हुआ और तत्कालीन गवर्नर राकेश सिंघल की भारी फजीहत हुई । फैसला लेने में अनावश्यक देर न लगती तो यह सब न हुआ होता । देर से हुए फैसले में दीपक बाबू की शिकायत को खारिज कर दिया गया - लेकिन तब तक दोनों तरफ के लोगों में इस हद तक तलवारें तन चुकी थीं कि दीपक बाबू ने इस फैसले के खिलाफ अपील दायर कर दी ।
दीपक बाबू की इस अपील पर फैसला आने में सात महीने लग गए । अब जो फैसला आया, उसमें दीपक बाबू की माँग को मान लिया गया और दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को अमान्य घोषित कर दिया गया । लेकिन यह फैसला अप्रासंगिक साबित रहा और एक मजाक के रूप में सामने आया, क्योंकि जब तक यह फैसला आया तब तक चुनाव हो चुका था और चुनाव में पराजित हुए दिवाकर अग्रवाल ने दीपक बाबू की चुनावी जीत को इस आरोप के साथ कठघरे में खड़ा कर दिया था कि दीपक बाबू ने बेईमानी और खरीद-फरोख्त से जीत प्राप्त की है । दीपक बाबू की अपील पर जब फैसला आया, लगभग तभी दिवाकर अग्रवाल की शिकायत पर फैसला आया, जिसमें दिवाकर अग्रवाल के आरोप को सही मानते हुए दीपक बाबू की चुनावी जीत को न सिर्फ निरस्त कर दिया गया, बल्कि दीपक बाबू की हरकतों को देखते हुए दोबारा होने वाले चुनाव में उनके उम्मीदवार होने पर भी रोक लगा दी गई । रोटरी इंटरनेशनल में जिस भी स्तर पर फैसले होते हैं और जो भी पदाधिकारी फैसले करने की प्रक्रिया में हिस्सा लेते हैं, उनकी मूर्खता का आलम देखिये कि एक तरफ तो दिवाकर अग्रवाल को उम्मीदवार मानने से इंकार किया गया, और दूसरी तरफ उम्मीदवार के रूप में उन्हीं दिवाकर अग्रवाल की शिकायत के आधार पर दीपक बाबू के चुने जाने को अमान्य घोषित कर दिया गया ।
बात इतनी भर रहती तो भी गनीमत थी । बात लेकिन इससे और आगे बढ़ी । इन दोनों फैसलों के आने के बाद डिस्ट्रिक्ट 3100 में यह समझ बनी कि पिछले रोटरी वर्ष में हुए चुनाव के अमान्य होने के कारण दोबारा होने वाले चुनाव में दीपक बाबू और दिवाकर अग्रवाल उम्मीदवार नहीं हो सकेंगे । किंतु इस समझ पर तब पानी फिर गया जब पता चला कि रोटरी इंटरनेशनल ने दीपक बाबू को उनकी चुनावी जीत को निरस्त करने के फैसले से अवगत कराते हुए इस फैसले के खिलाफ अपील करने के विकल्प से उन्हें अवगत कराया और इसके लिए तीन हजार डॉलर की रकम जमा कराने के लिए उन्हें बाकायदा बाऊचर भेजा । दीपक बाबू ने अपील कर दी । यानि जो झगड़ा निपटता दिख रहा था, वह फिर भड़क उठा । अब इसे मजाक कहेंगे या मूर्खता कि रोटरी इंटरनेशनल एक तरफ तो अपील करने का ऑफर दे रहा है, और दूसरी तरफ उसी इंटरनेशनल के पदाधिकारी के रूप में पीटी प्रभाकर व मनोज देसाई डिस्ट्रिक्ट के पदाधिकारियों को धमका रहे हैं कि डिस्ट्रिक्ट से बहुत अपील हो रही हैं; क्यों न डिस्ट्रिक्ट बंद कर दें ।
रोटरी इंटरनेशनल के पदाधिकारियों को अपने द्धारा की जा रही मूर्खताओं का लगता है कि कोई अहसास भी नहीं है । पिछले रोटरी वर्ष में झगड़ा जिस कारण से दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को निरस्त करने की माँग के साथ शुरू हुआ, और जो अभी तक भी नहीं निपटा है; उसी कारण से इस वर्ष प्रस्तुत हुई रोटरी क्लब मेरठ साकेत के राजीव सिंघल की उम्मीदवारी पर सवाल उठे । उल्लेखनीय है कि पिछले रोटरी वर्ष में दिवाकर अग्रवाल का नाम-पता-फोटो तो डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी में एक जगह छपा था, राजीव सिंघल का नाम तो इस वर्ष दो जगह छपा है । रोटरी इंटरनेशनल के दिल्ली स्थित साऊथ एशिया ऑफिस ने जिस तरह पिछले वर्ष दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को हरी झंडी दे दी थी, ठीक उसी तरह उसने इस वर्ष राजीव सिंघल की उम्मीदवारी को हरी झंडी दे दी - यानि पिछली बार की तरह उसने इस बार भी अपनी तरफ से झगड़ा बढ़ाने का पूरा इंतजाम कर दिया ।
इन तथ्यों से साफ है कि रोटरी में झगड़े बड़े पदाधिकारियों के रवैये से प्रेरित होते हैं और बढ़ते हैं । रोटरी इंटरनेशनल में फैसले यदि उचित समय से हों; जो फैसले हों उनमें परस्पर विरोध न दिखाई पड़ता हो तो तमाम झगड़ों को बढ़ने का मौका ही नहीं मिलेगा और रोटरी की बदनामी भी नहीं होगी ।
इसीलिए, सुशील गुप्ता यदि सचमुच में यह चाहते हैं कि डिस्ट्रिक्ट्स में झगड़े न हों तो उन्हें डिस्ट्रिक्ट के लोगों के साथ नहीं, बल्कि रोटरी इंटरनेशनल के साऊथ एशिया ऑफिस के पदाधिकारियों और इंटरनेशनल डायरेक्टर टाइप के लोगों के साथ मीटिंग करनी चाहिए । सुशील गुप्ता भी लेकिन लग रहा है कि बस मजे ले रहे हैं और डिस्ट्रिक्ट्स के झगड़ों में अपनी राजनीति चमकाने/दिखाने का मौका देख रहे हैं और उसे इस्तेमाल कर रहे हैं ।
इसीलिए डिस्ट्रिक्ट 3100 की फिक्र करने वाले सुशील गुप्ता अपने डिस्ट्रिक्ट - अपने 'घर' में चल रही उथल-पुथल के प्रति आँखें बंद किए बैठे हैं । रोटरी इंटरनेशनल के साऊथ एशिया ऑफिस के पदाधिकारियों तथा इंटरनेशनल डायरेक्टर टाइप के लोगों द्धारा फैसले न करने, देर से करने और परस्पर विरोधी दिखने वाले फैसले करने के रवैये के चलते डिस्ट्रिक्ट 3010 में हालात आग लगाने जैसे बने हुए हैं, लेकिन सुशील गुप्ता का इस पर कोई ध्यान नहीं है । शायद वह इंतजार कर रहे हैं कि आग पहले पूरी तरह लगे तो, फिर वह उसे बुझाने के लिए आगे आयेंगे । उनकी नेतागिरी तभी तो चमकेगी ।
डिस्ट्रिक्ट 3010 में इस वर्ष दो डिस्ट्रिक्ट के लिए दो दो चुनाव होने हैं । इंटरनेशनल डायरेक्टर टाइप के लोगों का कहना है कि यह चुनाव पायलट प्रोजेक्ट के नियमों के अनुसार होना चाहिए । इस फैसले का विरोधाभास यह है कि चुनाव जिस प्रक्रिया से हो रहा है उसमें पायलट प्रोजेक्ट के नियमों का पालन हो ही नहीं रहा है । सबसे बड़ी बात यह कि पायलट प्रोजेक्ट डिस्ट्रिक्ट 3010 पर लागू है; चुनाव डिस्ट्रिक्ट 3011 और डिस्ट्रिक्ट 3012 के होने हैं - जो पायलट प्रोजेक्ट के तहत नहीं आते हैं । सबसे बुरी बात जो हो रही है, वह यह कि इस विरोधाभास पर उठने वाले सवालों का जबाव कोई नहीं दे रहा है । साऊथ एशिया ऑफिस को बाकायदा पत्र लिख कर सवाल पूछे गए, लेकिन उसने यह कह कर जबाव देने से इंकार कर दिया कि यह सवाल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से पूछे जाएँ । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय खन्ना को पत्र लिखा गया तो उन्होंने चुप्पी साध ली है । यानि हालात वही हैं कि समय से फैसले मत करो, फैसले देर से करो, विरोधाभासी फैसले करो - और इस सब के चलते लोगों के बीच असंतोष बढ़े और वह शिकायत करें तो कहो कि लोग झगड़ा करते हैं ।
फिर सुशील गुप्ता जैसे लोग आगे आयेंगे, लोगों को यह समझाने के लिए कि भई झगड़े मत करो । कोई सुशील गुप्ता से कह सकता है क्या कि झगड़े क्यों होते/बढ़ते हैं, यह जानने/समझने के लिए अपने गिरेबान में भी तो झाँक लो; और यह भी कि डिस्ट्रिक्ट 3100 में हालात ठीक करने की कोशिश के साथ-साथ कुछ अपने 'घर' की - डिस्ट्रिक्ट 3010 की भी ख़ैर खबर ले लो ।
प्लीज !

Monday, December 22, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में शरत जैन को चुनवाने/जितवाने की मुहिम में वरिष्ठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमएल अग्रवाल को इस्तेमाल करने के साथ-साथ पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता के समर्थन का दावा करते हुए केआर रवींद्रन, पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई की आँखों में धूल झोंकने की तैयारी

नई दिल्ली । शरत जैन की उम्मीदवारी की राह आसान बनाने के लिए अरनेजा गिरोह ने अब वरिष्ठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमएल अग्रवाल को मोहरा बना कर इस्तेमाल करने की चाल चली है । अरनेजा गिरोह ने एमएल अग्रवाल को दोतरफा तरीके से इस्तेमाल करना शुरू किया है : अरनेजा गिरोह की तरफ से एक तरफ तो लोगों को बताया जा रहा है कि एमएल अग्रवाल को ऑफर दिया गया है कि शरत जैन यदि गवर्नर बनेंगे तो उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया जायेगा, लेकिन इसके लिए उन्हें दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को वापस कराने का काम करना होगा; दूसरी तरफ लोगों को बताया जा रहा है कि दीपक गुप्ता अपनी उम्मीदवारी को बनाये रखने की जिद में एमएल अग्रवाल की भी नहीं सुन/मान रहे हैं । अरनेजा गिरोह की इस हरकत ने दूसरे वरिष्ठ पूर्व गवर्नर केके गुप्ता को बुरी तरह नाराज किया है । केके गुप्ता का कहना है कि डिस्ट्रिक्ट के लिए और रोटरी के लिए शर्मनाक बात यह है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (इलेक्ट) जेके गौड़ डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में सक्रिय दिलचस्पी ले रहे हैं और एक पक्ष बन गए हैं ।
रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट इलेक्ट केआर रवींद्रन, इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर और इंटरनेशनल डायरेक्टर इलेक्ट मनोज देसाई बेचारे हर संभव कोशिश करने में जुटे हुए हैं कि रोटरी में चुनावी प्रक्रिया ईमानदारी से पूरी हो, तथा गवर्नर्स की उसमें सक्रिय और पक्षपाती भूमिका न हो - लेकिन डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में जेके गौड़, रमेश अग्रवाल और मुकेश अरनेजा उनकी कोशिशों की जरा भी परवाह करते हुए नहीं दिख रहे हैं । वह कहते/बताते भी हैं कि उन्हें पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता का समर्थन है और इसलिए उन्हें किसी केआर रवींद्रन, किसी पीटी प्रभाकर और किसी मनोज देसाई के कहने/सुनने की परवाह करने की जरूरत नहीं है ।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (इलेक्ट) जेके गौड़ किस हद तक डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति का हिस्सा बने हुए हैं इसे इस तथ्य से समझा/पहचाना जा सकता है कि पेम सेकेंड से दो दिन पहले वह पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स की मीटिंग यह कह कर बुलाते हैं कि उन्हें पेम सेकेंड की कार्रवाई को अंतिम रूप देने के लिए विचार-विमर्श करना है । विचार-विमर्श के लिए पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स इकठ्ठा होते हैं तो चर्चा शुरू होती है शरत जैन और दीपक गुप्ता के बीच होने वाले चुनाव को लेकर । यह देख कर केके गुप्ता नाराज होते हैं और जेके गौड़ से कहते हैं कि यह मीटिंग पेम सेकेंड की कार्रवाई पर विचार-विमर्श के लिए बुलाई गई हैं और उसके बारे में कोई बात ही नहीं हो रही है । केके गुप्ता के आपत्ति करने पर जेके गौड़ पेम सेकेंड की कार्रवाई के बारे में बात करना शुरू तो करते हैं, लेकिन वह बात पाँच/सात मिनट में पूरी हो जाती है और फिर चर्चा शरत जैन व दीपक गुप्ता के चुनाव की होने लगती है ।
जेके गौड़ का - और अरनेजा गिरोह के दूसरे नेताओं का कहना है कि चुनावी सक्रियता से डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच मनमुटाव पैदा होता है, जिससे डिस्ट्रिक्ट का और रोटरी का नाम खराब होता है; इसलिए चुनाव की स्थिति को टाला जाना चाहिए और जो उम्मीदवार हैं उन्हें आगे-पीछे गवर्नर बनने के लिए राजी हो कर चुनावी मुकाबले की स्थिति से बच लेना चाहिए । ऊपर से तो यह बात बहुत अच्छी और जरूरी लगती है, लेकिन इसमें छिपा झूठ छिपा रह नहीं पाता है । डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच मनमुटाव पैदा होने तथा डिस्ट्रिक्ट और रोटरी का नाम खराब होने के लिए चुनावी सक्रियता जिम्मेदार नहीं होती है; बल्कि चुनावी सक्रियता के नाम पर क्लब्स में झगड़े करवाने तथा पदों की बंदरबाँट करने/करवाने की बातें जिम्मेदार होती हैं । शरत जैन और दीपक गुप्ता के बीच यदि ईमानदारी से चुनाव हो जाने दिया जाये, तो लोगों के बीच क्यों तो मनमुटाव होगा और क्यों डिस्ट्रिक्ट व रोटरी का नाम खराब होगा ? लोगों के बीच मनमुटाव यदि पैदा हो रहा है, क्लब्स में झगड़े हो रहे हैं तथा डिस्ट्रिक्ट का और रोटरी का नाम यदि खराब हो रहा है तो इसलिए क्योंकि जेके गौड़ ने - तथा अरनेजा गिरोह के दूसरे नेताओं ने शरत जैन को गवर्नर चुनवाने के लिए हर हथकंडा अपनाया हुआ है ।
दीपक गुप्ता के साथ रोटरी के एक आयोजन में अपनी मर्जी से खुशी खुशी खिंचवाई गई तस्वीर को फेसबुक पर लगाने के लिए मुकेश अरनेजा बौद्धिक संपदा अधिकार कानून के तहत कार्रवाई करने तक की धमकी देने लगते हैं; लेकिन शरत जैन के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों को तरह तरह से फेसबुक पर प्रचारित करते/करवाते हैं । मुकेश अरनेजा, रमेश अग्रवाल, जेके गौड़ जब-जहाँ-जैसे मौका देखते हैं शरत जैन की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के काम में लगे रहते हैं । शरत जैन की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के चक्कर में जेके गौड़ ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की प्रतिष्ठा और गरिमा को तार-तार कर दिया है । पेम फर्स्ट और पेम सेकेंड में जेके गौड़ की भूमिका को जिन्होंने देखा है, उन्होंने कहा/बताया है कि जेके गौड़ तो बस 'गेस्ट एपियरेंस' वाली भूमिका में हैं और गवर्नरी का काम रमेश अग्रवाल ही कर रहे हैं ।
रमेश अग्रवाल और मुकेश अरनेजा ने जिस तरह जेके गौड़ के गवर्नर-काल पर कब्ज़ा कर लिया है, वैसा ही कब्ज़ा उनका आगे भी बना रहे - इसके लिए उन्हें शरत जैन को चुनवाना/जितवाना जरूरी लग रहा है । शरत जैन को चुनवाने/जितवाने के लिए हर हथकंडा अपनाने के बावजूद इन्हें चूँकि डर बना हुआ है कि कहीं दीपक गुप्ता न जीत जाएँ; इसलिए यह दीपक गुप्ता को मुकाबले से हटाने के प्रयासों में लगे हुए हैं । पहले इन्होंने इस काम के लिए रूपक जैन की मदद ली, किंतु उसमें असफल रहने के बाद अब इन्होंने एमएल अग्रवाल का दामन पकड़ा है । मजे की बात यह है कि यह एमएल अग्रवाल की मदद भी ले रहे हैं और एमएल अग्रवाल को बदनाम भी कर रहे हैं । अरनेजा गिरोह के नेताओं की तरफ से ही लोगों को बताया जा रहा है कि डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने के लालच में एमएल अग्रवाल ने दीपक गुप्ता को अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के लिए राजी करने का काम शुरू कर दिया है । एमएल अग्रवाल अपने काम में असफल हो जाएँ, तब भी यह फायदा उठा सकें - इसके लिए इन्होंने दीपक गुप्ता को यह कहते हुए बदनाम करना शुरू कर दिया है कि दीपक गुप्ता को अपनी उम्मीदवारी बनाये रखने की जिद में डिस्ट्रिक्ट की और रोटरी की जैसे कोई परवाह ही नहीं है । हालाँकि इस बात का इनसे कोई जवाब देते हुए नहीं बनता है कि डिस्ट्रिक्ट और रोटरी की आपको यदि सचमुच में परवाह है तो आप शरत जैन की उम्मीदवारी को वापस क्यों नहीं करवा देते ? शरत जैन की उम्मीदवारी वापस हो जायेगी तो चुनाव नहीं होगा और तब न लोगों के बीच मनमुटाव होगा और न डिस्ट्रिक्ट व रोटरी का नाम खराब होगा ।
जेके गौड़, रमेश अग्रवाल और मुकेश अरनेजा ने अपने किए-धरे को पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता के समर्थन का भी दावा करना शुरू कर दिया है । दरअसल उन्हें पता है कि डिस्ट्रिक्ट में 'अपने' उम्मीदवार को चुनवाने/जितवाने के लिए उन्होंने जिस जिस तरह की कारस्तानियाँ की हुई हैं, उसकी जानकारी रोटरी के बड़े नेताओं तक पहुँच रही है; और रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट इलेक्ट केआर रवींद्रन, इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर और इंटरनेशनल डायरेक्टर इलेक्ट मनोज देसाई जैसे लोगों को उनकी हरकतें खराब लग रही हैं । ऐसे में, जेके गौड़, रमेश अग्रवाल और मुकेश अरनेजा को लग रहा है कि वह सुशील गुप्ता के समर्थन का दावा करेंगे तो केआर रवींद्रन, पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई आदि भी चुप रहेंगे - और उन्हें 'अपने' उम्मीदवार को चुनवाने/जितवाने के लिए कुछ भी हरकतें करने का मौका मिलता रहेगा ।

Thursday, December 11, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर और इंटरनेशनल डायरेक्टर इलेक्ट मनोज देसाई ने जिस दृढ़ता के साथ डिस्ट्रिक्ट 3100 में हस्तक्षेप किया है, वैसा ही हस्तक्षेप वह डिस्ट्रिक्ट 3012 के मामले में भी करेंगे क्या; और या अरनेजा गिरोह की पक्षपातपूर्ण चुनावी भूमिका को अनदेखा ही करेंगे ?

नई दिल्ली । जेके गौड़, मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल से चेन्नई में 12 से 14 दिसंबर के बीच आयोजित हो रहे रोटरी इंस्टीट्यूट 2014 में क्या यह पूछा जायेगा कि अपने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी प्रक्रिया में वह पक्षपातपूर्ण भूमिका क्यों निभा रहे हैं, जिसे मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर और भावी इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई बिलकुल भी पसंद नहीं करते हैं ? यह सवाल इसलिए उठा है क्योंकि हाल-फिलहाल में कुछ ऐसा घटा है जिससे पता चलता है कि यह दोनों बड़े नेता डिस्ट्रिक्ट्स की चुनावी राजनीति में गवर्नर्स की सक्रिय व पक्षपातपूर्ण भागीदारी के बहुत ही खिलाफ हैं और इस संदर्भ में कड़े फैसले भी ले रहे हैं । साथ ही साथ यह भी देखने में आ रहा है कि पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई के इस रवैये की जेके गौड़, मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल को जैसे कोई परवाह ही नहीं है; और वह डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में धड़ल्ले से एक पक्ष बने हुए हैं । पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई की परवाह न करने के पीछे जेके गौड़, मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल का विश्वास यह है कि पीटी प्रभाकर के लिए तो अब चलाचली की बेला है; वह छह महीने और इंटरनेशनल डायरेक्टर हैं - इसलिए अब उनकी परवाह करने की जरूरत नहीं है; और रही बात मनोज देसाई की, तो मनोज देसाई को इंटरनेशनल डायरेक्टर बनवाने में मुकेश अरनेजा का जो सहयोग/समर्थन रहा था उसे ध्यान में रखते हुए मुकेश अरनेजा के नेतृत्व वाले गिरोह की कारस्तानियों को मनोज देसाई अनदेखा ही करेंगे । अरनेजा गिरोह के नेताओं को विश्वास है कि मनोज देसाई एहसानफरामोश टाइप के व्यक्ति साबित नहीं होंगे - और इसी विश्वास के चलते वह डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में अपनी पक्षपातपूर्ण भूमिका को खुलेआम अपनाये हुए हैं ।
अरनेजा गिरोह के नेताओं को भले ही विश्वास हो कि रोटरी इंस्टीट्यूट 2014 के कार्यक्रमों के बीच पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई डिस्ट्रिक्ट की चुनावी गतिविधियों के संदर्भ में की जा रही उनकी कारस्तानियों पर चुप ही रहेंगे, लेकिन रोटरी इंस्टीट्यूट 2014 में शामिल होने चेन्नई पहुँच रहे दूसरे कुछेक रोटरी नेताओं को लग रहा है कि डिस्ट्रिक्ट 3012 में घट रही घटनाओं का पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई अवश्य ही संज्ञान लेंगे । दरअसल अभी हाल ही में, डिस्ट्रिक्ट 3100 में पिछले वर्ष संपन्न हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी तथा सीओएल के चुनाव को निरस्त करने व कुछेक उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित करने के जो फैसले रोटरी इंटरनेशनल ने किए हैं - उनमें पीटी प्रभाकर की ही भूमिका को महत्वपूर्ण माना/देखा गया है । सिर्फ इतना ही नहीं, पीटी प्रभाकर तथा मनोज देसाई ने बाकायदा पत्र लिख कर कई नियमों तथा दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए डिस्ट्रिक्ट 3100 के डिस्ट्रिक्ट लीडर्स को चेतावनी दी कि डिस्ट्रिक्ट में यदि राजनीति को खत्म नहीं किया गया, तो डिस्ट्रिक्ट ही बंद कर दिया जायेगा । पीटी प्रभाकर तथा मनोज देसाई के इस कड़े रवैये से उम्मीद बनी थी कि दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स में राजनीति करने वाले गवर्नर्स सबक लेंगे और चुनावी राजनीति में नहीं पड़ेंगे । किंतु डिस्ट्रिक्ट 3010 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट जेके गौड़ तथा पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मुकेश अरनेजा व रमेश अग्रवाल पर इसका कोई असर नहीं है - और ये तीनों डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में होने वाले चुनाव में शरत जैन के लिए खुलेआम पक्षपातपूर्ण अभियान चलाने में लगे हुए हैं; और यह जताने/दिखाने में लगे हुए हैं जैसे कि इन्हें पीटी प्रभाकर व मनोज देसाई की कोई परवाह ही नहीं है । जाहिर तौर पर जेके गौड़, मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल के इस रवैये से पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई की भारी किरकिरी हो रही है । 
जेके गौड़ अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होंगे । रमेश अग्रवाल को उन्होंने डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया है तथा मुकेश अरनेजा को डीआरएफसी का पद मिला है । उम्मीद तो यह की जाती थी कि डिस्ट्रिक्ट के महत्वपूर्ण पदों पर स्थापित इन लोगों की चिंता यह होनी चाहिए कि एक नए डिस्ट्रिक्ट में कैसे लोगों के बीच समन्वय और परस्पर विश्वास बनाये; लेकिन इन तीनों की चिंता यह बनी हुई है कि यह कैसे शरत जैन को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट का चुनाव जितवाएँ ? इसके लिए अगले रोटरी वर्ष की डिस्ट्रिक्ट टीम के पदों की बंदरबाँट करने से लेकर क्लब्स के लोगों को आपस में लड़वाने तक के हथकंडे अपनाये जा रहे हैं - विभिन्न आधिकारिक आयोजनों में अपने साथ शरत जैन को खड़ा करके तस्वीरें खिंचवाई जाती हैं और फिर उन्हें लोगों के बीच प्रचारित किया जाता है । इससे भी ज्यादा बुरी बात यह हो रही है कि मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ को जैसे बंधक बना लिया है और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के काम जैसे खुद ही करते हुए नजर आ रहे हैं - उससे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद ही मजाक बन कर रह गया है । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि करीब पाँच वर्ष पहले डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के रूप में मुकेश अरनेजा ने तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित जैन को भी बंधक बनाने और उनके काम खुद करने की हरकत की थी, जिसके बाद अमित जैन ने उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के पद से ही हटा दिया था । जेके गौड़ में लेकिन अमित जैन जैसा साहस नहीं है । लोगों को यह भी लगता है कि जेके गौड़ को बंधक बनाया नहीं गया है, वह खुद ही बंधक बने हैं - क्योंकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की जिम्मेदारी सँभालना उन्हें मुश्किल लग रहा है । पेम वन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ से ज्यादा सक्रिय तो डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर रमेश अग्रवाल दिख रहे थे । यह देख कर कुछेक लोगों ने चुटकी भी ली कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का काम यदि रमेश अग्रवाल को ही करना है तो क्यों न रमेश अग्रवाल को ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बना दिया जाना चाहिए ।
जेके गौड़ की आड़ में मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट पर जिस तरह से कब्ज़ा किया है, उस कब्ज़े को बनाये रखने के लिए उन्हें किसी भी तरह शरत जैन को चुनाव जितवाना जरूरी लग रहा है; और इस जरूरत को पूरा करने के लिए उन्होंने पदों का लालच देने से लेकर क्लब्स में लड़ाने-भिड़ाने तक के हथकंडे अपनाने शुरू कर दिए हैं । मुकेश अरनेजा तो अपने ही क्लब की अध्यक्ष आभा गुप्ता को अपमानित करने व परेशान करने की हद तक जा पहुँचे, हालाँकि आभा गुप्ता की तरफ से उन्हें करारा जबाव मिला । अरनेजा गिरोह के इन नेताओं के लिए समस्या की बात असल में यह हुई कि शुरू में इन्हें उम्मीद नहीं थी कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के लिए दीपक गुप्ता अपनी उम्मीदवारी को बनाये भी रख सकेंगे; दीपक गुप्ता लेकिन जब अपनी उम्मीदवारी को न सिर्फ बनाये रहे बल्कि उसके लिए व्यापक समर्थन भी जुटाते नजर आये तो अरनेजा गिरोह के इन नेताओं ने रूपक जैन की मदद लेकर दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के साथ सौदेबाजी करने की चाल चली । लेकिन उसमें भी उनकी दाल नहीं गली । अपने सारे अनुमानों व हथकंडों को फेल होता देख कर अरनेजा गिरोह को शरत जैन की जीत संभव बनाने के लिए खुल कर पक्षपात करने की हरकत पर उतरना पड़ा है । उनकी यह हरकत लेकिन मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर और भावी इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई की फजीहत करवा रही है । यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पीटी प्रभाकर और मनोज देसाई ने जिस दृढ़ता के साथ डिस्ट्रिक्ट 3100 में हस्तक्षेप किया है, वैसा ही हस्तक्षेप वह डिस्ट्रिक्ट 3012 के मामले में भी करते हैं; और या अरनेजा गिरोह की हरकतों को अनदेखा ही करेंगे ? 

Friday, November 21, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर तथा भावी इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई के द्धारा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव रस्तोगी को लिखे धमकी भरे पत्र से दीपक बाबू एंड कंपनी को कॉलिज ऑफ गवर्नर्स को 'ब्लैकमेल' करने का मौका मिला

मेरठ । मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर तथा भावी इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई ने डिस्ट्रिक्ट 3100 के हालात पर जो संज्ञान लिया है और जिस कठोरता के साथ डिस्ट्रिक्ट लीडर्स पर समस्या( ओं ) को हल करने के लिए दबाव डाला है, उसमें दीपक बाबू एंड कंपनी को डिस्ट्रिक्ट के लीडर्स को 'ब्लैकमेल' करने का मौका मिल गया है । दीपक बाबू एंड कंपनी ने डिस्ट्रिक्ट लीडर्स को इस तरह के फिलर्स भेजे हैं कि डिस्ट्रिक्ट को यदि बचाना है तो दीपक बाबू को वर्ष 2016-17 का गवर्नर बनाओ । दीपक बाबू एंड कंपनी की यह माँग थोड़ी न्यायपूर्ण भी लगे तथा इसे दूसरे लोगों का भी समर्थन मिल सके, इसके लिए उन्होंने फार्मूला दिया है कि उनके बाद, यानि वर्ष 2017-18 में दिवाकर अग्रवाल को गवर्नर बनवा दो । वर्ष 2017-18 के लिए जिन चार लोगों की उम्मीदवारी प्रस्तुत हुई है, उनके लिए दीपक बाबू एंड कंपनी का सुझाव है कि उन्हें समझा-बुझा कर उनकी उम्मीदवारी को वापस करवा दिया जाये । दीपक बाबू एंड कंपनी का यह फार्मूला ऊपर-ऊपर से देखें तो बड़ा अच्छा लगता है और ऐसा लगता है कि इसे मान लेने के बाद डिस्ट्रिक्ट में सौहार्द की और भाईचारे की हवा बहने लगेगी - लेकिन इस फार्मूले को अपनाने में एक बड़ी समस्या यह है कि इससे रोटरी इंटरनेशनल के फैसले का अपमान होता है । उल्लेखनीय है कि रोटरी इंटरनेशनल ने हाल में लिए अपने एक फैसले में माना है कि वर्ष 2016-17 के लिए पिछले रोटरी वर्ष में हुए चुनाव में दीपक बाबू ने वोटों की खरीद-फ़रोख्त करके जीत प्राप्त की थी और इस बिना पर उस चुनाव को अमान्य घोषित करने के साथ ही यह फैसला भी दिया कि वर्ष 2016-17 के लिए दोबारा होने वाले चुनाव में दीपक बाबू उम्मीदवार नहीं होंगे । रोटरी इंटरनेशनल के इस फैसले के आलोक में वर्ष 2016-17 में दीपक बाबू गवर्नर हो ही नहीं सकते हैं ।
रोटरी के आदर्शों, रोटरी के नियम-कानूनों, रोटरी भावना को उम्मीदवार के रूप में लगातार ठेंगा दिखाते रहे दीपक बाबू रोटरी इंटरनेशनल के इस फैसले को भी ठेंगा दिखाने के तेवर दिखा रहे हैं । उनके द्धारा प्रस्तुत फार्मूले में उन्हें एक संशोधन सुझाया गया कि वर्ष 2016-17 में दिवाकर अग्रवाल को और उसके अगले वर्ष में उन्हें, यानि दीपक बाबू को गवर्नर बना लिया जाये - जिससे कि रोटरी इंटरनेशनल का मान भी रह जायेगा । दीपक बाबू एंड कंपनी ने लेकिन इस सुझाव को सिरे से नकार दिया है । दीपक बाबू एंड कंपनी ने साफ कर दिया है कि वर्ष 2016-17 के लिए दीपक बाबू को यदि गवर्नर नहीं 'चुना' गया तो वह डिस्ट्रिक्ट को ही बंद करवा देंगे । डिस्ट्रिक्ट को बंद करवा देने का हौंसला उन्हें मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर तथा भावी इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई द्धारा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव रस्तोगी को लिखे धमकी भरे उस पत्र से मिला है, जिसमें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव रस्तोगी को साफ साफ बता दिया गया है कि अब यदि उनके डिस्ट्रिक्ट से रोटरी इंटरनेशनल को चुनाव संबंधी कोई शिकायत मिली तो डिस्ट्रिक्ट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी - जिसमें डिस्ट्रिक्ट को बंद कर देना भी हो सकता है । दीपक बाबू एंड कंपनी का कहना है कि यदि दीपक बाबू को वर्ष 2016-17 के लिए डिस्ट्रक्ट गवर्नर मंजूर नहीं किया गया तो वह वर्ष 2016-17 के लिए दोबारा होने वाले चुनाव में दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को रोकने के लिए रोटरी इंटरनेशनल में शिकायत करेंगे, जिसके बाद डिस्ट्रिक्ट बंद होता हो तो उनकी बला से बंद हो जाये ।
दीपक बाबू एंड कंपनी को शिकायत करने से रोकने के लिए कुछेक लोगों की तरफ से यह सुझाव भी आया कि वर्ष 2016-17 के लिए दीपक बाबू की उम्मीदवारी पर तो रोटरी इंटरनेशनल ने प्रतिबन्ध लगा दिया है; ऐसे में यदि दोबारा होने वाले चुनाव में दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को भी प्रस्तुत न होने दिया जाये या उसे न मंजूर किया जाये तो हो सकता है कि दीपक बाबू के कलेजे को ठंडक मिले और उनकी तरफ से शिकायत दर्ज न हो । दीपक बाबू एंड कंपनी को यह सुझाव भी मंजूर नहीं है - उनका कहना है कि दोबारा होने वाले चुनाव में दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को रोकने के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पास चूँकि कोई वैधानिक अधिकार नहीं है इसलिए इस सुझाव का अमल में आ पाना ही संभव नहीं है; और यह सुझाव सिर्फ उन्हें झाँसा देने के लिए ही दिया जा रहा है । दीपक बाबू को यह डर भी है कि दिवाकर अग्रवाल यदि अभी गवर्नर नहीं बने तो आगे उनके साथ उन्हें चुनाव में फिर जूझना पड़ सकता है; दिवाकर अग्रवाल  के साथ वह दोबारा चुनाव के पचड़े में पड़ना नहीं चाहते हैं । लगता ऐसा है कि दिवाकर अग्रवाल भी दोबारा से उनके साथ चुनाव से बचना चाहते हैं - इसीलिए उनकी तरफ से दीपक बाबू एंड कंपनी द्धारा प्रस्तुत किए जा रहे फार्मूले को स्वीकार करने के संकेत दिए जा रहे हैं । इससे दीपक बाबू एंड कंपनी के हौंसले और बुलंद हुए हैं ।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव रस्तोगी लेकिन ऐसे किसी फार्मूले को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं दिख रहे हैं, जो रोटरी इंटरनेशनल के फैसले की अवमानना करता दिख रहा हो । कुछेक लोगों को लगता है कि संजीव रस्तोगी कोई ऐसा फैसला होने ही नहीं देना चाहते हैं जिससे कि चुनाव की संभावना ख़त्म होती हो; वह चुनाव होते हुए देखना चाहते हैं ताकि उनकी कॉन्फ्रेंस अच्छे से हो सके । लेकिन बात सिर्फ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव रस्तोगी की ही नहीं है, डिस्ट्रिक्ट का कोई पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर भी ऐसे किसी फार्मूले को समर्थन देता हुआ नहीं नजर आ रहा है जो रोटरी इंटरनेशनल के फैसले के खिलाफ जाता दिखता हो । मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर तथा भावी इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई ने कॉलिज ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग बुलाने का डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव रस्तोगी को जो निर्देश दिया है, उस पर अमल करते हुए संजीव रस्तोगी ने 23 नवंबर को मेरठ में कॉलिज ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग बुला ली है तथा यह संकेत दे दिया है कि डिस्ट्रिक्ट के हालात को लेकर कॉलिज ऑफ गवर्नर्स जो तय करेंगे, उस पर रोटरी इंटरनेशनल के बड़े पदाधिकारियों की सलाहानुसार वह कार्रवाई करेंगे । कॉलिज ऑफ गवर्नर्स के सदस्यों - यानि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स से अभी जो कुछ सुनने को मिल रहा है, उससे तो लग रहा है कि सारे मामले को लेकर वह खुद असमंजस में हैं । उन्हें असमंजस में पा/देख कर ही दीपक बाबू एंड कंपनी ने अपने तेवर और कड़े कर लिए हैं तथा यह दबाव बनाने में जुट गए हैं कि कॉलिज ऑफ गवर्नर्स उनके द्धारा बताये जा रहे फार्मूले को स्वीकार करे और रोटरी इंटरनेशनल के बड़े पदाधिकारियों को इस बात के लिए राजी करे कि डिस्ट्रिक्ट को बचाये रखने के लिए यही एक फार्मूला है । कॉलिज ऑफ गवर्नर्स दीपक बाबू एंड कंपनी की इस 'ब्लैकमेलिंग' के आगे झुकेंगे या नहीं और डिस्ट्रिक्ट को बचाने के लिए क्या फैसला करेंगे - यह 23 नवंबर की शाम तक पता चलेगा ।

Tuesday, April 8, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में जीतते दिख रहे सीओएल के चुनाव को बीके त्रिखा, रोटरी क्लब मेरठ कैंट, संजीव रस्तोगी और राकेश रस्तोगी के रवैये से हाथ से निकलने के डर के कारण योगेश मोहन गुप्ता बुरी तरह बौखला गए है

मेरठ । योगेश मोहन गुप्ता को सीओएल के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के बाद करीब चौथे महीने में ध्यान आया है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल ने सीओएल के चुनाव को लेकर जो टाइम टेबल बनाया, उसके पीछे उनकी सीओएल पद के दूसरे उम्मीदवार को फायदा पहुँचाने की बदनीयत काम रही है । चूँकि हमारे यहाँ कहा गया है कि जब जागो तब सवेरा - इसलिए उनके देर से जागने की बात को यदि जाने भी दें; तो भी लगता है कि अभी भी उनकी नींद पूरी तरह से खुली नहीं है । क्योंकि सीओएल के चुनाव के टाइम टेबल को लेकर उन्होंने रोटरी साउथ एशिया कार्यालय को जो शिकायत की है, और जिसकी कॉपी उन्होंने इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर तथा पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर शेखर मेहता को भेजी है, उसमें विस्तार से टाइम टेबल की तारीखों का विवरण देने के बावजूद उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह आखिर चाहते क्या हैं ? डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने सीओएल के चुनाव के टाइम टेबल में चूँकि नियम-कानूनों का पालन नहीं किया है, इस आधार पर चुनाव को रद्द करने की और चुनावी प्रक्रिया को दोबारा से शुरू करने की ही माँग बनती है - योगेश मोहन गुप्ता ने लेकिन ऐसी कोई माँग नहीं की है । जाहिर है कि उन्होंने जो शिकायत की ही, उसमें नियम-कानूनों को लागू कराने पर जोर कम है - रोना-धोना ज्यादा है । योगेश मोहन गुप्ता जो यह संदेश देना चाहते हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में राकेश सिंघल ने निहायत मनमाने तरीके से काम किया है और रोटरी के नियम-कानूनों की तथा आदर्शों की हर तरह से ऐसी-तैसी की है, उससे सभी सहमत हैं; लेकिन लोगों का यह भी पूछना है कि राकेश सिंघल की कारस्तानियों को योगेश मोहन गुप्ता चुपचाप बैठे देखते क्यों रहे और अब जबकि राकेश सिंघल सारा कबाड़ा कर चुके हैं, तो राकेश सिंघल के किए-धरे को लेकर अब रोना-धोना क्यों मचाये हैं ? योगेश मोहन गुप्ता का यह व्यवहार दरअसल हार की आशंका से पैदा हुई उनकी बदहवासी को प्रकट करता है । 
योगेश मोहन गुप्ता की यह बदहवासी सिर्फ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल को लेकर ही नहीं है; उनकी बदहवासी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट संजीव रस्तोगी को लेकर, संजीव रस्तोगी के क्लब - रोटरी क्लब मेरठ कैंट के अध्यक्ष पूरन चंद चौधरी और रोटरी क्लब मेरठ सम्राट के वरिष्ठ सदस्य राकेश रस्तोगी को लेकर भी है । राकेश रस्तोगी के खिलाफ तो योगेश मोहन गुप्ता का गुस्सा सातवें आसमान पर है । यहाँ यह जानना दिलचस्प होगा कि अभी कुछ समय पहले तक राकेश रस्तोगी उनके इतने खास हुआ करते थे कि सीओएल के चुनाव को लेकर बनी ऑब्जर्वर्स की टीम के लिए योगेश मोहन गुप्ता ने अपनी तरफ से राकेश रस्तोगी का नाम दिया था । सीओएल के चुनाव को लेकर कल तक मेरठ के एकतरफा समर्थन का दावा कर रहे योगेश मोहन गुप्ता अब अचानक से मेरठ के लोगों - और मेरठ के 'अपने' लोगों के ही इतना खिलाफ आखिर क्यों हो गए हैं ? दरअसल योगेश मोहन गुप्ता कल तक सीओएल के चुनाव में अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त थे, लेकिन जैसे ही चुनाव का समय आया तो उन्हें अपनी हार सामने दिखने लगी । हार की आशंका ने योगेश मोहन गुप्ता को बदहवास कर दिया है; और इस बदहवासी में उन्हें हर वह व्यक्ति और क्लब 'बिका' हुआ दिख रहा है जो उनके साथ नहीं है । योगेश मोहन गुप्ता लोगों को बता रहे हैं कि रोटरी क्लब मेरठ कैंट के अध्यक्ष पूरन चंद चौधरी ने सीओएल के दूसरे उम्मीदवार ललित मोहन गुप्ता से डेढ़ लाख रुपये लेकर क्लब के वोट उन्हें 'बेच' दिए हैं । रोटरी क्लब मेरठ कैंट चूँकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट संजीव रस्तोगी का भी क्लब है, इसलिए क्लब के वोट 'बेचने' की इस कार्रवाई में योगेश मोहन गुप्ता को संजीव रस्तोगी की मिलीभगत भी नजर आती है ।
रोटरी क्लब मेरठ कैंट के लोग लेकिन एक दूसरी बात बताते हैं । क्लब की जिस बोर्ड मीटिंग में सीओएल के लिए वोट तय हुआ, उस बोर्ड मीटिंग में मौजूद क्लब के एक वरिष्ठ सदस्य ने इन पंक्तियों के लेखक को बताया कि मीटिंग शुरू होते ही क्लब के सेक्रेटरी बीके त्रिखा ने साफ कह दिया कि क्लब ने यदि योगेश मोहन गुप्ता को वोट देने का फैसला किया तो वह क्लब छोड़ देंगे । बीके त्रिखा का योगेश मोहन गुप्ता के साथ बहनोई का रिश्ता माना/ बताया जाता है, इसलिए उनसे यह सुनकर मीटिंग में मौजूद लोग हैरान हो गए । बीके त्रिखा ने लेकिन लोगों को ज्यादा देर हैरान नहीं रहने दिया; उन्होंने योगेश मोहन गुप्ता के प्रति अपने इस खुले विरोध का कारण बताया कि कुछ समय पहले वह अपनी नातिन के एडमिशन के लिए योगेश मोहन गुप्ता से मिले थे । अपने संस्थान में एडमिशन के लिए योगेश मोहन गुप्ता ने उन्हें डोनेशन का रेट बता दिया । उन्होंने योगेश मोहन गुप्ता से कहा भी कि सुनते हैं कि डायन भी अपनी जन-पहचान वालों के घर छोड़ देती है, तुम मुझसे भी डोनेशन लोगे । योगेश मोहन गुप्ता ने उन्हें दो-टूक बता दिया कि रिश्तेदारी की बात अपनी जगह है, लेकिन डोनेशन तो देना ही पड़ेगा । यह किस्सा सुनाते हुए बीके त्रिखा ने क्लब के लोगों से कहा कि अपने इस अनुभव के बाद अपने होते हुए वह योगेश मोहन गुप्ता के पक्ष में फैसला नहीं होने देंगे । बीके त्रिखा की इस बात को मानने में कोई समस्या इसलिए भी पैदा नहीं हुई क्योंकि रोटरी क्लब मेरठ कैंट का पहले से ही योगेश मोहन गुप्ता के साथ विरोध का रिश्ता बना हुआ है । कुछेक वर्ष पहले क्लब में योगेश मोहन गुप्ता का बायकाट करने का फैसला हुआ था, जिसे बदलवाने या ख़त्म करवाने के लिए न तो योगेश मोहन गुप्ता ने कभी कोई प्रयास किया और न क्लब के हर वर्ष आने वाले पदाधिकारियों ने ही उस फैसले को बदलने या ख़त्म करने की जरूरत समझी । ऐसे में, सीओएल के लिए ललित मोहन गुप्ता के पक्ष में फैसला करने में क्लब के पदाधिकारियों को जरा भी देर नहीं लगी ।
रोटरी क्लब मेरठ कैंट चूँकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट संजीव रस्तोगी का क्लब है, जिस कारण इसका महत्व कुछ बढ़ जाता है; इसलिए इसका ललित मोहन गुप्ता के पक्ष में जाने का फैसला डिस्ट्रिक्ट के दूसरे क्लब्स को भावनात्मक स्तर पर प्रभावित कर सकता है - इस संभावना को भाँप कर योगेश मोहन गुप्ता ने पैसे लेकर फैसला करने का आरोप लगा कर क्लब को बदनाम करना शुरू कर दिया । योगेश मोहन गुप्ता ने इस लपेटे में संजीव रस्तोगी को भी ले लिया । संजीव रस्तोगी से यूँ तो उनके संबंध ख़राब ही रहे हैं, लेकिन अभी पिछले दिनों रोटरी के एक कार्यक्रम के सिलसिले में वह और संजीव रस्तोगी साथ-साथ हैदराबाद गए थे और वहाँ एक ही कमरे में रहे थे और इस दौरान उनकी संजीव रस्तोगी के साथ चूँकि मीठी-मीठी बातें ही हुईं थीं, इसलिए उन्होंने मान लिया था कि संजीव रस्तोगी पुराने बैर को भूल गए हैं । लेकिन उनके क्लब के फैसले के ललित मोहन गुप्ता के पक्ष में आने से योगेश मोहन गुप्ता को दिन में तारे नजर आ गए । यह ठीक है कि क्लब की उस बोर्ड मीटिंग में संजीव रस्तोगी उपस्थित नहीं थे, लेकिन योगेश मोहन गुप्ता को विश्वास है कि संजीव रस्तोगी यदि दिलचस्पी लेते तो उनके क्लब का फैसला ललित मोहन गुप्ता के पक्ष में नहीं होता । इसी विश्वास के चलते योगेश मोहन गुप्ता को रोटरी क्लब मेरठ कैंट के ललित मोहन गुप्ता के पक्ष में जाने के फैसले में संजीव रस्तोगी की मिलीभगत दिखती है । इस मिलीभगत में योगेश मोहन गुप्ता अपने लिए बड़ा खतरा देख रहे हैं । उनका ऐसा देखना मौजूँ भी है - आने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के ललित मोहन गुप्ता के समर्थन में होने के संकेत मिलें, तो प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार के रूप में योगश मोहन गुप्ता के लिए खतरे की बात तो है । योगेश मोहन गुप्ता ने इस खतरे को दूर करने के लिए संजीव रस्तोगी के बारे में भी विरोध के खुले तेवर अपना लिए हैं ।
योगेश मोहन गुप्ता को लेकिन सबसे तगड़ा झटका राकेश रस्तोगी से लगा है और इस झटके का किस्सा तो बहुत ही मजेदार है । बीके त्रिखा ने, रोटरी क्लब मेरठ कैंट ने और संजीव रस्तोगी ने जो किया उसे तो फिर भी इस तर्क से देखा जा सकता है कि इनका योगेश मोहन गुप्ता के साथ पहले से ही विरोध का संबंध रहा है और इसलिए इन्होँने यदि योगेश मोहन गुप्ता के विरोध में खड़े होने का फैसला किया तो यह बहुत स्वाभाविक ही है । लेकिन राकेश रस्तोगी ? योगेश मोहन गुप्ता को सपने में भी शक नहीं था कि राकेश रस्तोगी ऐसा करेंगे ? मजे की बात यह है कि राकेश रस्तोगी ने जो कुछ किया है उसमें ऐसा कुछ भी नहीं है, जिसे लेकर योगेश मोहन गुप्ता को भड़कने की जरूरत पड़े । राकेश रस्तोगी ने दो काम किए : पहला काम उन्होंने यह किया कि सीओएल के चुनाव के संदर्भ में बनी ऑब्जर्वर्स कमेटी की पहली मीटिंग शुरू होने से कुछ ही पहले उन्होंने योगेश मोहन गुप्ता को ईमेल किया जिसमें उन्होंने योगेश मोहन गुप्ता के गवर्नर काल की क्लोजिंग सेरेमनी के आयोजन में खर्च हुए अपने करीब 27 हजार रुपयों के भुगतान की मांग की । यह रकम करीब पाँच वर्ष पहले खर्च हुई थी । राकेश रस्तोगी का कहना है कि यह रकम उन्होंने योगेश मोहन गुप्ता से मिले इस आश्वासन के चलते ही खर्च की थी कि इसका भुगतान उन्हें मिल जायेगा; लेकिन पिछले पाँच वर्षों में कई बार याद दिलाने के बावजूद योगेश मोहन गुप्ता ने इस रकम का भुगतान उन्हें नहीं किया और वह यह मान बैठे थे कि यह रकम तो उनकी डूब ही गई है । किंतु डूबी हुई यह रकम उन्हें अबकी बार के प्रयास में तुरंत मिल गई । योगेश मोहन गुप्ता ने दरअसल मौके की नजाकत को पहचाना, और जो रकम वह तरह तरह की बहानेबाजी करते हुए देने से बचते आ रहे थे - उसे उन्होंने राकेश रस्तोगी का ईमेल मिलते ही दे देने में अपनी भलाई समझी ।
राकेश रस्तोगी से मिले इस झटके को तो योगेश मोहन गुप्ता ने झेल लिया, लेकिन राकेश रस्तोगी से उन्हें जो दूसरा झटका मिला उसने उनके होश उड़ा दिए । दरअसल, योगेश मोहन गुप्ता को पता चला कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने दो क्लब्स को डुप्लीकेट बैलेट दे दिए हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने इसके पीछे कारण बताया कि एक क्लब का बैलेट कपड़ों के साथ धूल गया था, और दूसरे के बैलेट पर स्याही गिर गई थी । इस पर सवाल लेकिन यह पैदा हुआ कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पास अतिरिक्त बैलेट आये कहाँ से ? तब पता चला कि ऑब्जर्वर्स ने कुछेक अतिरिक्त बैलेट पर हस्ताक्षर करके डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को दिए हुए हैं । इस बात से योगेश मोहन गुप्ता के होश इसलिए उड़े कि यह बात राकेश रस्तोगी ने उन्हें पहले से क्यों नहीं बताई । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि राकेश रस्तोगी ऑब्जर्वर्स कमेटी में योगेश मोहन गुप्ता के प्रतिनिधि के तौर पर ही हैं; और उनका नाम देते/भेजते हुए योगेश मोहन गुप्ता ने उम्मीद की थी कि उन्हें अंदर की ख़बरें मिलती रहेंगी । राकेश रस्तोगी से लेकिन यह अंदर की खबर उन्हें नहीं मिली - इस बात को योगेश मोहन गुप्ता ने राकेश रस्तोगी द्धारा उनसे पैसे बसूलने के तरीके से जोड़ कर देखा और यह नतीजा निकाला कि राकेश रस्तोगी 'बिक' गए हैं । राकेश रस्तोगी को चूँकि संजीव रस्तोगी के निकट देखा/पहचाना जाता है इसलिए योगेश मोहन गुप्ता को अपना शक सच्चाई में बदलता हुआ भी लगा । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश रस्तोगी ने हालाँकि यह स्पष्ट किया है कि अतिरिक्त बैलेट का रिकॉर्ड बना हुआ है और उनका दुरूपयोग होने की कोई संभावना नहीं है, लेकिन योगेश मोहन गुप्ता अतिरिक्त बैलेट को अपने खिलाफ एक षड्यंत्र के रूप में व्याख्यायित करते हुए भारी रोना-धोना मचाये हुए हैं ।
योगेश मोहन गुप्ता ने इस षड्यंत्र में सहभागी होने को लेकर राकेश रस्तोगी के खिलाफ पूरा मोर्चा खोला हुआ है । कुछेक लोगों को हालाँकि लगता है कि राकेश रस्तोगी ने अपने पैसे बसूलने के लिए जो तरीका अपनाया, वह मौके का फायदा उठाने की बदनीयती का सुबूत है; लेकिन कई अन्य लोग इस बिना पर राकेश रस्तोगी के तरीके को ठीक मान रहे हैं कि जब सीधी ऊँगली से घी न निकले तो ऊँगली टेढ़ी करनी ही पड़ती है । इनका कहना है कि योगेश मोहन गुप्ता की जब तक चल रही थी, वह राकेश रस्तोगी का पैसा देने से बच रहे थे; इसलिए जब राकेश रस्तोगी को मौका मिला तो उन्होंने अपनी चला ली और अपना पैसा बसूल कर लिया - इसमें गलत क्या किया ? इस तरह की बातें होने से योगेश मोहन गुप्ता की मुश्किलें इसलिए बढ़ गईं हैं क्योंकि उनके दुर्व्यवहार तथा पैसों संबंधी शिकायतों के शिकार लोग अब खुल कर बोलने लगे हैं और इन बातों से उन्हें अपने चुनाव पर प्रतिकूल असर पड़ता दिख रहा है । योगेश मोहन गुप्ता को डर हुआ है कि इस तरह की बातें यदि बढ़ीं तो वह जीतता दिख रहा चुनाव कहीं हार न जाएँ । हार की इस आशंका के चलते ही योगेश मोहन गुप्ता बुरी तरह बौखला गए हैं और इस बौखलाहट में वह अपने विरोधियों को आरोपों के घेरे में लेने की रणनीति पर काम कर रहे हैं ।

Wednesday, November 27, 2013

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में विनोद बंसल और उनकी पत्नी को निशाना बनाने की अरनेजा गिरोह की कार्रवाई को शेखर मेहता की शह भी हो सकती है क्या ?

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल को लांछित और अपमानित करने के उद्देश्य से उन पर जो सबसे बड़ा हमला हुआ है, उस हमले को पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर शेखर मेहता की शह और समर्थन की चर्चाओं ने खासा गंभीर बना दिया है । यूँ तो शेखर मेहता के विनोद बंसल के साथ भी बहुत नजदीक और भरोसे के संबंध हैं, जिसके कारण किसी के लिए भी यह विश्वास कर पाना सहज नहीं होगा कि विनोद बंसल को पूरी तरह धराशाही करने के उद्देश्य से किये गए हमले में उनका कोई हाथ होगा; लेकिन परिस्थितिजन्य तथ्य चूँकि इस ओर इशारा कर रहे हैं इसलिए लोगों का शक शेखर मेहता पर जा रहा है । विनोद बंसल के खिलाफ करीब दो पेज का जो मेल अभी अवतरित हुआ है, उस पर हालाँकि नाम तो किसी का नहीं है - लेकिन यह किन लोगों का कारनामा है, इसका संकेत खुद इसी मेल में मौजूद है । इस मेल के तीसरे पैरा में कहा गया है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संबंध में मुकेश अरनेजा, विनय कुमार अग्रवाल और रमेश अग्रवाल ने कई कई मेल विनोद बंसल को लिखी हैं । इन्होंने विनोद बंसल को कई कई मेल लिखी हैं - यह बात इनके अलावा और कौन जानता होगा ? इसी से लोगों को शक है कि विनोद बंसल को निशाना बनाने वाली बेनामी मेल के पीछे यही लोग हैं । यह शक इसलिए भी और पुख्ता होता है क्योंकि इस खेल के ये लोग बड़े बदनाम और मशहूर खिलाड़ी हैं । इनके इस बार के 'खेल' को शेखर मेहता की शह और समर्थन के साथ इसलिए जोड़ कर देखा जा रहा है क्योंकि मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल को भी शेखर मेहता के यहाँ बहुत तवज्जो है ।
शेखर मेहता के यहाँ - जैसा कि पहले कहा जा चुका है कि - तवज्जो विनोद बंसल को भी है । ऐसे में लोगों को आश्चर्य इस बात का है कि शेखर मेहता की कोर टीम में डिस्ट्रिक्ट 3010 के जो तीन लोग हैं उनके बीच आपस में इतनी मारकाट क्यों मची है - और यदि मची है तो शेखर मेहता इनके बीच की इस मारकाट को ख़त्म करवाने का प्रयास क्यों नहीं करते ? इस आश्चर्य की परतें खोलने का काम विनोद बंसल के खिलाफ लिखी गई बेनामी मेल भी करती है । बेनामी मेल का पहला पैरा विस्तार से विनोद बंसल की 'अति महत्वाकांक्षा' को रेखांकित करते हुए इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर के साथ उनकी नजदीकी को निशाना बनाता है । पीटी प्रभाकर से विनोद बंसल की नजदीकी डिस्ट्रिक्ट के लोगों की बजाये डिस्ट्रिक्ट से ऊपर के लोगों के लिए ही चिढ़ का कारण हो सकती है ! विनोद बंसल को शेखर मेहता के 'काम' आकर उतना फायदा नहीं मिला, जितना फायदा उन्हें पीटी प्रभाकर के काम आकर मिला है - यह तथ्य शेखर मेहता को ही 'चोट' पहुँचा सकता है । एक तो इस चोट के चलते, और दूसरे पीटी प्रभाकर से नजदीकी बना कर विनोद बंसल कहीं ज्यादा आगे न बढ़ जाएँ - इसलिए उन्हें पीछे खींचना शेखर मेहता की भी जरूरत हो जाती है । यह जरूरत इसलिए भी हो जाती है ताकि पीटी प्रभाकर के कार्यक्रमों को विनोद बंसल से मिलने वाले 'सहयोग' को रोका जा सके । विनोद बंसल के लिए अनुभवी लोगों की एक सलाहियत रही ही है कि रोटरी के हर 'बड़े जहाज' पर लंगर डालने की उनकी 'रणनीति' अंततः उन्हें नुकसान ही पहुँचायेंगी । पीटी प्रभाकर के साथ उनकी नजदीकी शेखर मेहता को उनके घोर विरोधियों की तरफ धकेलने का काम कर रही हो - तो इसमें कोई बहुत हैरानी की बात नहीं है ।
विनोद बंसल के खिलाफ इस बेनामी मेल को अब तक के सबसे बड़े हमले के रूप में इसलिए देखा जा रहा है क्योंकि इसमें सिर्फ विनोद बंसल को ही नहीं, बल्कि उनकी पत्नी संगीता बंसल को भी निशाना बनाया गया है । मेल के तीसरे पैरा में कहा गया है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में विनोद बंसल के कई फैसले उनकी पत्नी संगीता बंसल लेती हैं, जो खुद भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की इच्छुक हैं । रोटरी ने और डिस्ट्रिक्ट 3010 ने बड़ी बड़ी लड़ाइयाँ देखी हैं, लेकिन किसी भी लड़ाई में मर्यादा का ऐसा उल्लंघन प्रायः नहीं देखा/सुना गया कि महिलाओं को निशाना बनाया गया हो । रोटरी को और डिस्ट्रिक्ट को यह निर्लज्ज किस्म की सौगात मुकेश अरनेजा की एंट्री के बाद मिली है । मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ने आशीष घोष के खिलाफ इस 'हथियार' का खूब इस्तेमाल किया था । उस समय लेकिन यह सब आपसी बातचीतों और गपशपों में हुआ था । विनोद बंसल के मामले में संगीता बंसल का नाम तो ये लोग अब 'रिकॉर्ड' पर भी ले आये हैं । अपने इस 'काम' को और अच्छे से पूरा करने के लिए इन्होंने विनय कुमार अग्रवाल को अपने साथ और जोड़ लिया है, जिनका कोई भी वाक्य माँ/बहनों से जुड़ी गालियों के बिना पूरा ही नहीं होता है । शेखर मेहता के विनोद बंसल के साथ जैसे संबंध 'दिखते' हैं, वैसे सचमुच में यदि 'हैं' भी तो उनकी 'कोर टीम' के दो सदस्य मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल आपस में मिल कर तीसरे सदस्य विनोद बंसल के खिलाफ बिलो-द-बेल्ट हमला करने का साहस भला कैसे कर सकते हैं ?
विनोद बंसल के खिलाफ उक्त बेनामी मेल में एक मुख्य आरोप यह लगाया गया है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में विनोद बंसल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के एक उम्मीदवार सुधीर मंगला के खिलाफ व्यक्तिगत रंजिश के कारण नकारात्मक अभियान चलाये हुए हैं । सचमुच में यदि ऐसा है तो मुकेश अरनेजा, रमेश अग्रवाल और विनय अग्रवाल को इस बारे में खुली और औपचारिक शिकायत करने से भला कौन रोक रहा है ? बेनामी मेल में इस तरह का आरोप लगाने का मतलब ही यह है कि आरोप झूठा है । सच बात यह है कि इन्हीं लोगों ने रोटरी इंटरनेशनल कार्यालय से अनुमति लेने के बाद डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संबंध में विनोद बंसल द्धारा अपनाई जा रही उस व्यवस्था को लागू नहीं होने दिया, जिसके तहत नॉमिनेटिंग कमेटी के सदस्य रोटरी के प्रति उम्मीदवारों की संलग्नता और प्रतिबद्धता की पहचान कर पाते । नॉमिनेटिंग कमेटी के सदस्यों के सामने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार रोटरी को लेकर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में अपनी सोच, अपना उद्देश्य और अपना लक्ष्य प्रस्तुत करते - जिससे नॉमिनेटिंग कमेटी के सदस्यों को उनका मूल्यांकन करने में सुविधा होती और डिस्ट्रिक्ट को वास्तव में एक जेनुइन गवर्नर मिलता - इससे अच्छी बात भला क्या हो सकती थी ? लेकिन तरह-तरह की बहानेबाजी करके उस व्यवस्था को लागू नहीं होने दिया गया ।
लोगों को लगता है कि मुकेश अरनेजा, रमेश अग्रवाल, विनय कुमार अग्रवाल ने उस व्यवस्था को इसीलिए लागू नहीं होने दिया क्योंकि उन्हें डर हुआ कि उसके चलते सुधीर मंगला नॉमिनेटिंग कमेटी के सदस्यों के सामने बाकी उम्मीदवारों से कमजोर साबित हो जायेंगे । दरअसल उस व्यवस्था को लागू करने को सुधीर मंगला को नुकसान पहुँचाने वाली कार्रवाई के रूप में देखा/पहचाना गया । माना गया कि वह व्यवस्था रोटरी और डिस्ट्रिक्ट का भले ही भला करती, लेकिन सुधीर मंगला की उम्मीदवारी का तो कबाड़ा ही कर देती । अरनेजा गिरोह ने उस व्यवस्था को लागू होने से रोक कर सुधीर मंगला को फ़िलहाल तो राहत दिलवा दी है, लेकिन उन्हें यह डर बराबर बना हुआ है कि विनोद बंसल ने यदि निष्पक्ष होकर काम किया और रोटरी व डिस्ट्रिक्ट के हितों को तवज्जो दी तो कहीं सुधीर मंगला की उम्मीदवारी का मामला गड़बड़ा न जाये । इसीलिये उन्होंने विनोद बंसल को दबाव में लेने के लिए बेनामी मेल के जरिये उन पर तगड़ा हमला बोला है ।
शेखर मेहता की शह - या चुपचाप तमाशा देखने की उनकी 'तरकीब' ने अरनेजा गिरोह को यह हौंसला भी दे दिया कि वह विनोद बंसल को ही नहीं, उनकी पत्नी को भी निशाना बना लें ।