Showing posts with label ROTARY INTERNATIONAL DIRECTOR. Show all posts
Showing posts with label ROTARY INTERNATIONAL DIRECTOR. Show all posts

Tuesday, July 3, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर का पद मिलने से पहले ही भरत पांड्या पद का रौब दिखा कर डिस्ट्रिक्ट 3080 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट जितेंद्र ढींगरा को मेमोरेंडम पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर करके राजा साबू गिरोह की 'सेवा' करेंगे क्या ?

चंडीगढ़ । भरत पांड्या को इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की कुर्सी तो अभी करीब एक वर्ष बाद मिलेगी, लेकिन डिस्ट्रिक्ट 3080 से जुड़ी मुसीबतों ने उन्हें अभी से घेरना शुरू कर दिया है । पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट राजेंद्र उर्फ राजा साबू और उनके गिरोह के पूर्व गवर्नर्स ने भरत पांड्या पर दबाव डालना शुरू किया है कि वह रोटरी फाउंडेशन से संबद्ध डिस्ट्रिक्ट क़्वालीफिकेशन मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टेंडिंग पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट जितेंद्र ढींगरा के हस्ताक्षर करवाएँ । भरत पांड्या चूँकि जितेंद्र ढींगरा के डायरेक्टर होंगे, इसलिए राजा साबू और उनके गिरोह के पूर्व गवर्नर्स को यकीन है कि भरत पांड्या दबाव डालेंगे, तो जितेंद्र ढींगरा उक्त मेमोरेंडम पर हस्ताक्षर करने से बच नहीं सकेंगे । उल्लेखनीय है कि उक्त मेमोरेंडम के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट्स में रोटरी फाउंडेशन से जुड़े खर्चों की निगरानी की जिम्मेदारी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट तथा डीआरएफसी की होती है; इसलिए रोटरी फाउंडेशन को उक्त मेमोरेंडम पर डिस्ट्रिक्ट के इन तीनों पदाधिकारियों के हस्ताक्षर चाहिए होते हैं । डिस्ट्रिक्ट 3080 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट जितेंद्र ढींगरा उक्त मेमोरेंडम पर हस्ताक्षर करने से पहले यह जानना चाहते हैं कि रोटरी फाउंडेशन से मिलने वाली रकम का किन प्रोजेक्ट्स में कैसे और कितना कितना इस्तेमाल होगा ? डीआरएफसी के रूप में शाजु पीटर का कहना है कि यह सब जानकार वह क्या करेंगे, वह तो बस चुपचाप उक्त मेमोरेंडम पर हस्ताक्षर कर दें - जैसे कि अभी तक के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट्स करते आ रहे हैं । शाजु पीटर का कहना है कि यह सब तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रवीन गोयल ने भी उनसे नहीं पूछा या कहा है और उन्होंने चुपचाप वहाँ हस्ताक्षर कर दिए, जहाँ उनसे हस्ताक्षर करने को कहा गया - जितेंद्र ढींगरा तो अभी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट हैं, वह यह सब आखिर क्यों जानना चाह रहे हैं ?
उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट 3080 में रोटरी फाउंडेशन सहित दूसरे फंड्स के मामले में जिस फार्मूले को अपनाया जाता है, वह है - 'खाता न बही, जो राजा साबू कहें वही सही ।' डिस्ट्रिक्ट के कई एकाउंट्स पर राजा साबू और उनके चहेते कुंडली मारे बैठे हैं, और उनमें काला-सफेद करते रहते हैं । इसी कारण निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर टीके रूबी को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने के बावजूद डिस्ट्रिक्ट से जुड़े कई एकाउंट्स के हिसाब-किताब देखने को नहीं मिले; जिसके चलते रोटरी के सौ वर्षों से अधिक के इतिहास में पहली बार एक डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को यह निवेदन करते हुए इंटरनेशनल बोर्ड में पिटीशन दायर करना पड़ी कि उन्हें उनके डिस्ट्रिक्ट से जुड़े एकाउंट्स के हिसाब-किताब उपलब्ध करवाए जाएँ । राजा साबू रोटरी इंटरनेशनल में यह जुगाड़ कर लेने में सफल हुए कि टीके रूबी की पिटीशन पर इंटरनेशनल बोर्ड टीके रूबी को हिसाब-किताब उपलब्ध करवाने का आदेश न जारी कर दे; रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड के सामने यह मजबूरी भी थी कि वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से यह भी नहीं कह सकता था कि भई, तुम क्यों हिसाब-किताब माँग रहे हो, राजा साबू और उनके साथी जो काला-सफेद कर रहे हैं वह उन्हें करते रहने दो ! लिहाजा रोटरी इंटरनेशनल ने बीच का रास्ता निकाला और उसने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर टीके रूबी को लिखा कि यह आपके डिस्ट्रिक्ट का अंदरूनी मामला है, इसे आप डिस्ट्रिक्ट में ही आपस में मिल-बैठ कर हल करो - और हमें माफ करो । इस तरह, रोटरी इंटरनेशनल में पिटीशन दायर करने के बाद भी टीके रूबी को डिस्ट्रिक्ट से जुड़े हिसाब-किताब देखने को नहीं मिल सके । पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर और रोटरी फाउंडेशन के ट्रस्टी सुशील गुप्ता की सहमति तथा रोटरी इंटरनेशनल की रीजनल ग्रांट्स ऑफिसर चंद्रा पामर के आदेश के बावजूद डिस्ट्रिक्ट ग्रांट 1860814 को स्वीकृति देने के मामले में लगातार इंकार करते हुए और फिर अपने इंकार से पलटते हुए डीआरएफसी के रूप में शाजु पीटर ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर टीके रूबी को कितना और कैसे कैसे परेशान किया, उसे 'रचनात्मक संकल्प' की 17 जून की रिपोर्ट में पढ़ा जा सकता है ।
राजा साबू तथा उनके गिरोह के पूर्व गवर्नर्स, खासकर डीआरएफसी के रूप में शाजु पीटर के रवैये को देखते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट जितेंद्र ढींगरा ने साफ कह दिया है कि जब उन्हें यह बताया ही नहीं जा रहा है कि रोटरी फाउंडेशन से मिलने वाली रकम कहाँ और कैसे खर्च होगी, तब फिर वह उसकी निगरानी की जिम्मेदारी कैसे ले सकते हैं । समझा जाता है कि राजा साबू गिरोह के लोग रोटरी फाउंडेशन के पैसे पर किसी दूसरे देश एक मेडिकल मिशन पर जाने की तैयारी कर रहे हैं, जिसे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट जितेंद्र ढींगरा से छिपाया जा रहा है । उल्लेखनीय है कि अभी करीब तीन-चार महीने पहले ही पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रंजीत भाटिया तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर टीके रूबी के साथ धोखाधड़ी करके एक मेडीकल मिशन ले गए थे । दरअसल रंजीत भाटिया को जब टीके रूबी उक्त मेडीकल मिशन में ज्यादा दिलचस्पी दिखाते हुए नजर आए, तो रंजीत भाटिया ने उन्हें मेडीकल मिशन पर जाने का कार्यक्रम रद्द कर देने की सूचना दी और उक्त मिशन के लिए डीडीएफ से मिली रकम को भी वापस कर दिया; लेकिन बाद में पता चला कि टीके रूबी - डिस्ट्रिक्ट गवर्नर टीके रूबी से छिपा कर एक दूसरे डिस्ट्रिक्ट से डीडीएफ की रकम लेकर उक्त मिशन पर जाने का कार्यक्रम पूरा कर लिया गया । जितेंद्र ढींगरा का कहना है कि जिस तरह से टीके रूबी को धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया, उस तरह से वह शिकार नहीं बनेंगे । रोटरी फाउंडेशन से मिली रकम के एक एक पैसे का हिसाब यदि उन्हें जानने/देखने को नहीं मिलेगा, तो वह संदर्भित मेमोरेंडम पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे । राजा साबू गिरोह के पूर्व गवर्नर्स ने अभी तक जिन जिन लोगों से जितेंद्र ढींगरा पर हस्ताक्षर करवाने के लिए दबाव डलवाया है, उनसे जितेंद्र ढींगरा ने एक ही बात कही है कि क्या आप गारंटी लेते हो कि रोटरी फाउंडेशन के पैसे का दुरूपयोग नहीं होगा; यदि आप गारंटी लो, तो मैं अभी हस्ताक्षर कर देता हूँ । लेकिन मजेदार दृश्य यह बना है कि कोई भी इस बात की गारंटी लेने को तैयार ही नहीं हो रहा है कि राजा साबू गिरोह के लोग रोटरी फाउंडेशन के पैसे में घपला नहीं करेंगे ।
राजा साबू गिरोह ने संदर्भित मेमोरेंडम पर जितेंद्र ढींगरा के हस्ताक्षर करवाने के लिए अब अगले रोटरी वर्ष में इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने वाले भरत पांड्या पर दबाव बनाना शुरू किया है । गिरोह के ही एक सदस्य ने इन पंक्तियों के लेखक को बताया है कि भरत पांड्या का कहना टालना जितेंद्र ढींगरा के लिए मुश्किल होगा, और इस तरह भरत पांड्या के दबाव में जितेंद्र ढींगरा मेमोरेंडम पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर हो जायेंगे । भरत पांड्या के लिए मुसीबत की बात लेकिन यह है कि जितेंद्र ढींगरा रोटरी फाउंडेशन से जुड़े हिसाब-किताब में पारदर्शिता रखने की जो माँग कर रहे हैं, उसे वह न तो ठुकरा सकते हैं - और न ही राजा साबू गिरोह के लोगों को उसके लिए राजी कर सकते हैं । भरत पांड्या को बताया गया है कि रोटरी के पैसों के इस्तेमाल को लेकर राजा साबू दोहरा रवैया दिखाते हैं : वरिष्ठ होने के नाते उनसे जब कहा जाता है कि वह मामलों को देखें और उन्हें दुरुस्त करवाएँ, तो राजा साबू यह कहते हुए बच निकलते हैं कि मुझे बीच में मत डालो, मुझसे कोई मतलब नहीं है; लेकिन जब मलाई बँट रही होती है तो राजा साबू लाइन में सबसे आगे खड़े नजर आते हैं । ऐसे में भरत पांड्या के सामने समस्या है कि कैसे वह मेमोरेंडम पर जितेंद्र ढींगरा के हस्ताक्षर करवाने की राजा साबू गिरोह की कोशिशों को सफल करें/करवाए ? देखना दिलचस्प होगा कि भरत पांड्या इंटरनेशनल डायरेक्टर का पद मिलने से पहले ही अपने पद का रौब दिखा कर अपने डायरेक्टर-काल के एक गवर्नर को कैसे मजबूर करके राजा साबू गिरोह की सेवा करते हैं ?

Wednesday, August 12, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में रोटरी फाउंडेशन के लिए घोषित की गई रकम जल्दी से जल्दी देने की बात कहने के जरिए मुकेश अरनेजा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ के अधिकार-क्षेत्र का अतिक्रमण कर उन्हें नीचा दिखाने का काम करने के साथ साथ अपने आप को इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई से भी ज्यादा जिम्मेदार, होशियार और रोटरी के प्रति प्रतिबद्ध साबित करने की फूहड़ कोशिश कर रहे हैं क्या ?

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा ने डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन के रूप में डिस्ट्रिक्ट के रोटेरियंस को एक ईमेल पत्र लिख कर न सिर्फ अपनी फजीहत करवा ली है, बल्कि लोगों के बीच दीपक गुप्ता का भी अच्छा मजाक बना/बनवा दिया है । मुकेश अरनेजा अब अपने किए-धरे के लिए लोगों से माफी माँगते फिर रहे हैं, और लोगों को यह समझाने का प्रयास कर रहे हैं कि उनका इरादा वह नहीं था - जो समझा जा रहा है । मुकेश अरनेजा का वैसे यह प्रिय शगल है - वह स्मार्टनेस दिखाते हैं, लेकिन बदले में जब 'मार' पड़ती है तो माफी माँगने पर उत्तर आते हैं । अपनी इन्हीं हरकतों के चलते वह अपने ही क्लब में और अपनी ही कंपनी में अपने भाई-भतीजों से - यानि रोटरी में भी और बिजनेस में भी 'मार' खा चुके हैं लेकिन फिर भी सबक नहीं सीख पाए हैं । इसी का नतीजा है कि डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन के रूप में लिखे उनके ईमेल पत्र को लेकर उनपर चौतरफा 'मार' पड़ रही है, और लाख माफियाँ माँगने के बावजूद उन्हें माफी मिलती दिख नहीं रही है । कुछेक क्लब-अध्यक्षों ने मुकेश अरनेजा की कारस्तानी को लेकर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ को शिकायती पत्र लिखे हैं, और जेके गौड़ ने उन्हें आश्वस्त किया है कि उनकी शिकायतों पर वह आवश्यक कार्रवाई करेंगे तथा उनकी शिकायतों से रोटरी के बड़े पदाधिकारियों को भी वह अवगत करायेंगे । मुकेश अरनेजा की इस कारस्तानी ने दरअसल रोटरी फाउंडेशन ट्रस्ट के लिए मिलने वाली रकम पर प्रतिकूल असर डालने का खतरा पैदा कर दिया है - जिस कारण लोगों को भेजे गए उनके ईमेल पत्र को रोटरी विरोधी हरकत के रूप में भी देखा/पहचाना जा रहा है । 
मुकेश अरनेजा ने तमाम लोगों को भेजे अपने एक ईमेल पत्र के जरिए उन लोगों को आगाह किया, जिन्होंने 30 जून 2015 को रोटरी फाउंडेशन में रकम देने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक घोषित की गई रकम दी नहीं है । अपने इसी पत्र के जरिए मुकेश अरनेजा ने क्लब-अध्यक्षों को काम सौंपा कि वह देखें कि उनके क्लब के जिन जिन सदस्यों ने 30 जून 2015 को रोटरी फाउंडेशन में रकम देने की घोषणा की थी, वह जल्दी से जल्दी रोटरी फाउंडेशन में उक्त रकम का भुगतान करें । यह पत्र पाकर कई लोग भड़क गए हैं, और उनका सवाल है कि मुकेश अरनेजा यह सब कहने वाला होता कौन है ? डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन के रूप में यह सब कहना/करना न तो उनका काम है, और न ही यह उनके अधिकार क्षेत्र में आता है । यह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का काम है । रोटरी फाउंडेशन के लिए पैसा इकट्ठा करने और रोटरी फाउंडेशन में ज्यादा से ज्यादा पैसा देने के लिए लोगों को प्रेरित करने का काम डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का है, और लोग भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के प्रति अपने सहयोग/समर्थन के भाव के अनुसार रोटरी फाउंडेशन में पैसा देते हैं । रोटरी की व्यवस्था में डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन का काम डिस्ट्रिक्ट गवर्नर व रोटरी फाउंडेशन ट्रस्ट के बीच पुल का काम करने का होता है, और डिस्ट्रिक्ट में उसकी कोई भी भूमिका डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के थ्रू ही हो सकने का प्रावधान है । मुकेश अरनेजा ने जो मुद्दा बनाया है, पहली बात तो यह कि वह कोई मुद्दा ही नहीं है; दूसरी बात यह कि मुकेश अरनेजा को यह बात यदि जरूरी लगी भी, तो इस बारे में उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ से बात करना चाहिए थी । सदस्यों और या क्लब-अध्यक्षों से सीधे कुछ कहने का अधिकार डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन को बिलकुल भी नहीं है । इसी बिना पर कई लोगों ने सवाल उठाया है कि मुकेश अरनेजा रोटरी फाउंडेशन के लिए घोषित की गई रकम जल्दी से जल्दी देने की बात कहने वाला होता कौन है ? 
मुकेश अरनेजा का ईमेल पत्र डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ के अधिकार-क्षेत्र का अतिक्रमण कर उन्हें नीचा दिखाने का काम तो करता ही है, साथ ही वह उन लोगों को भी अपमानित करने का प्रयास करता है जो रोटरी फाउंडेशन के लिए बढ़चढ़ कर पैसे दे रहे हैं । उल्लेखनीय है कि 30 जून 2015 के आयोजन में कुछेक लोगों ने इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई को पोस्ट डेटेड चेक सौंपे थे, जिन्हें मनोज देसाई ने सहर्ष स्वीकार किया था और सिर्फ उस आयोजन में ही नहीं, बल्कि बाद में अपने फेसबुक एकाउंट की टाइमलाइन में भी उन लोगों की भूरि भूरि प्रशंसा की थी । मुकेश अरनेजा लेकिन ऐसे लोगों को हड़का रहे हैं, कि जल्दी से घोषित किए गए पैसे दो । मुकेश अरनेजा की यह हरकत क्या रोटरी फाउंडेशन के लिए कुछ अच्छा और बड़ा करने वाले लोगों को अपमानित करके हतोत्साहित करने का काम नहीं करती है । सवाल यह है कि पोस्ट डेटेड चेक लेने का जो काम करना इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई को गलत नहीं लगा है, वह मुकेश अरनेजा को स्वीकार क्यों नहीं हो रहा है ? सवाल यह भी है कि पोस्ट डेटेड चेक देने वाले जिन लोगों की इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई जगह जगह प्रशंसा कर रहे हैं, उन लोगों को अपमानित करने का काम मुकेश अरनेजा कैसे कर सकते हैं और क्यों कर रहे हैं ? मुकेश अरनेजा क्या अपने आप को मनोज देसाई से भी ज्यादा जिम्मेदार, होशियार और रोटरी के प्रति प्रतिबद्ध समझ रहे हैं ?
सवाल यह भी है कि 30 जून 2015 को जिन लोगों ने रोटरी फाउंडेशन में पैसा देने की घोषणा की थी, क्या उस समय उन्हें बताया गया था कि उन्हें घोषित किया गया पैसा 31 जुलाई तक देना है; या कब तक देना है ? रोटरी फाउंडेशन ट्रस्ट में इस तरह का कोई नियम ही नहीं है । मुकेश अरनेजा ने एक अनोखा ऐलान यह और किया कि 30 जून 2015 को पैसा देने की घोषणा करने वाले लोगों ने 31 जुलाई तक चूँकि पैसा नहीं दिया है, इसलिए वह चाहेंगे कि रोटरी फाउंडेशन के लिए लोग कमिटमेंट न करें, बल्कि सीधे डिमांड ड्राफ्ट दें । यह कह कर मुकेश अरनेजा ने अपनी घटिया सोच का एक बार फिर परिचय देते हुए अपने आप को रोटरी इंटरनेशनल से ऊँचा/ऊपर दिखाने का प्रयास किया है । लोगों का कहना/पूछना यह है कि रोटरी फाउंडेशन का काम रोटरी के नियम-कायदों से होगा, या मुकेश अरनेजा की मनमर्जियों से चलेगा ? रोटरी फाउंडेशन में पैसे देने का काम ऐच्छिक प्रेरणा का काम है, वह कोई जबर्दस्ती की जिम्मेदारी नहीं है; कमिटमेंट इसीलिए लिए/दिए जाते हैं, जिससे कि कमिटमेंट करने वाला एक नैतिक दबाव महसूस करे, और अपने कमिटमेंट को पूरा करे । कोई यदि अपने कमिटमेंट को पूरा नहीं भी कर पाता है, तो किसी को भी यह अधिकार नहीं दिया जा सकता है कि वह उसे अपमानित करे । पिछले वर्षों में लोगों के बीच चर्चा सुनी जाती रही है कि हाल-फिलहाल के वर्ष में मुकेश अरनेजा ने रोटरी फाउंडेशन में दो हजार डॉलर देने का कमिटमेंट किया था, किंतु दिए सिर्फ एक हजार डॉलर । किसी को भी यह अधिकार नहीं दिया जा सकता है कि वह मुकेश अरनेजा की गर्दन पकड़ पर रोटरी फाउंडेशन के लिए कमिट किए गए बाकी के एक हजार डॉलर भी बसूल करे । जैसे किसी और को यह अधिकार नहीं है कि वह मुकेश अरनेजा से कहे कि उन्होंने दो हजार डॉलर देने का जो कमिटमेंट किया था, उसे पूरा करें; वैसे ही मुकेश अरनेजा को भी यह अधिकार नहीं है कि वह किसी से कमिटमेंट पूरा करने की बात कहें । 
मुकेश अरनेजा ने अपने ईमेल पत्र से अपनी जो फजीहत कराई है, वह तो एक बात है ही - इससे भी बड़ी बात यह हुई है कि उन्होंने इस ईमेल पत्र के जरिए दीपक गुप्ता का भी मजाक बना/बनवा दिया है । कुछेक लोगों को हालाँकि लगता है कि मुकेश अरनेजा ने होशियारी तो दीपक गुप्ता को तारीफ दिलवाने की, की थी - लेकिन अपनी मूर्खता में उन्होंने जो किया और जैसे किया उससे दीपक गुप्ता का मजाक बन गया है । इस किस्से में दीपक गुप्ता का नाम घसीटने की कोई जरूरत ही नहीं थी, किंतु मुकेश अरनेजा ने अपनी होशियारी दिखाते हुए लोगों को यह बताना जरूरी समझा कि दीपक गुप्ता ने रोटरी फाउंडेशन में डिमांड ड्राफ्ट के जरिए पैसा दिया है । अब जब फजीहत हो रही है, तब मुकेश अरनेजा माफी माँगने की प्रक्रिया में लोगों को बता रहे हैं कि उन्होंने दीपक गुप्ता से इसीलिए ड्राफ्ट दिलवाया, क्योंकि उन्हें भरोसा नहीं था कि दीपक गुप्ता कमिटमेंट करने के बाद भी पैसे दे ही देंगे - दीपक गुप्ता बाद में पैसे नहीं देते, तो आरोप उन पर भी लगता । लोगों के बीच चर्चा है ही कि मुकेश अरनेजा ने रोटरी फाउंडेशन में दीपक गुप्ता से पैसे राजनीतिक चाल के तहत ही दिलवाए हैं । इस संदर्भ के बीच मुकेश अरनेजा को लोग जब दीपक गुप्ता के प्रति अविश्वास व्यक्त करते हुए सुन/देख रहे हैं, तो लोगों के बीच इस चर्चा को और बल मिला है कि दीपक गुप्ता को तो मुकेश अरनेजा सिर्फ इस्तेमाल कर रहे हैं, और दीपक गुप्ता को उकसा कर वास्तव में वह अशोक गर्ग के लिए राजनीतिक जमीन तैयार कर रहे हैं । दीपक गुप्ता के प्रति हमदर्दी रखने वाले लोगों का ही कहना है कि मुकेश अरनेजा सहयोग करने की आड़ में दीपक गुप्ता का पूरी तरह कबाड़ा ही करेंगे । 

Sunday, January 26, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में डीजीएन जेके गौड़ की मदद से आईपीडीजी रमेश अग्रवाल ने पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर्स सुदर्शन अग्रवाल और सुशील गुप्ता की फजीहत करने की तैयारी की

नई दिल्ली । रमेश अग्रवाल सीओएल (काउंसिल ऑन लेजिसलेशन) के लिए जिस तरह की चुनावी तैयारी करते हुए देखे/सुने जा रहे हैं, उसे रोटरी के बड़े नेता बिलकुल भी पसंद नहीं कर रहे हैं । रोटरी के बड़े नेताओं का मानना और कहना है कि सीओएल को लेकर रमेश अग्रवाल की जो और जिस तरह की हरकते हैं उनसे रोटरी की इमेज ख़राब हो रही है - और रमेश अग्रवाल यह तब  कर रहे हैं जबकि वह रोटरी रिसोर्स ग्रुप्स में जोन 4 व 6 ए के असिस्टेंट रोटरी पब्लिक इमेज कोआर्डीनेटर के पद पर हैं । रोटरी के बड़े नेताओं को यह देख/जान कर बड़ा अफ़सोस भी हो रहा है कि रमेश अग्रवाल जिस पद पर हैं उस पद की गरिमा का उन्हें जरा भी ख्याल नहीं है । इस प्रकरण से यह भी साबित हो रहा है कि रमेश अग्रवाल को सिर्फ पद चाहिए होता है, उस पद के अनुरूप काम और/या व्यवहार कर सकना उनके बस की बात नहीं है ।
उल्लेखनीय है कि रोटरी में बड़े नेताओं के बीच आम समझ यह है कि सीओएल में प्रतिनिधित्व के लिए काउंसिल ऑफ गवर्नर्स में ही फैसला हो जाना चाहिए और सभी को उस फैसले का सम्मान करना चाहिए और किसी को भी उस फैसले को आम रोटेरियंस के बीच विवाद बनाने जैसा घटिया काम नहीं करना चाहिए । विभिन्न डिस्ट्रिक्ट्स में प्रायः इस सोच और भावना को स्वीकार किया ही जाता है । लेकिन रमेश अग्रवाल इस सोच और भावना को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं दिखते हैं । काउंसिल ऑफ गवर्नर्स में आशीष घोष से हुए मुकाबले में उन्हें जिस पराजय का सामना करना पड़ा है, उसका बदला लेने के लिए वह हर तरह का घटियापन दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं । रमेश अग्रवाल की यह तैयारी रोटरी में ज्यादा बड़ा मुद्दा नहीं बनती - यदि उनकी तैयारी एक सामान्य चुनाव के बाबत होती । किंतु आशीष घोष की जीत में जिस स्तर के लोगों की भूमिका रही है, उसके कारण रमेश अग्रवाल की तैयारी रोटरी में एक बड़ा मुद्दा बन गया है । दरअसल डिस्ट्रिक्ट 3010 से सीओएल में रमेश अग्रवाल की बजाये आशीष घोष को प्रतिनिधित्व देने का जो फैसला हुआ है, उसे पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर्स सुदर्शन अग्रवाल और सुशील गुप्ता का समर्थन प्राप्त है । इस फैसले को स्वीकार करने से इंकार करके रमेश अग्रवाल एक तरह से सुदर्शन अग्रवाल और सुशील गुप्ता की तौहीन कर रहे हैं ।
रोटरी रिसोर्स ग्रुप्स में जोन 4 व 6 ए के असिस्टेंट रोटरी पब्लिक इमेज कोआर्डीनेटर जैसे महत्वपूर्ण पद पर होते हुए रमेश अग्रवाल जिस तरह से पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर्स सुदर्शन अग्रवाल और सुशील गुप्ता की फजीहत करने की तैयारी में हैं - उसे देख/जान कर रोटरी के बड़े नेता हैरान हैं । रमेश अग्रवाल के घटियापने की कई ख़बरें उन तक भी पहुँचीं हैं, लेकिन रमेश अग्रवाल इस स्तर तक उतर सकते हैं - इसका उन्हें आभास नहीं हो पाया था । रोटरी के बड़े नेताओं को यह देख/जान कर भी आश्चर्य हुआ है कि इस हरकत में रमेश अग्रवाल को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट जेके गौड़ और सुधीर मंगला का भी सहयोग व समर्थन मिल रहा है । रोटरी के बड़े नेताओं में चिंता इस बात को लेकर है कि जेके गौड़ और सुधीर मंगला जैसे लोगों के कारण रोटरी की पहचान और साख कैसे बनी/बची रह पायेगी ।
जेके गौड़ को इस बात का पूरा आभास है कि डिस्ट्रिक्ट में और डिस्ट्रिक्ट के बाहर उनकी पहचान रमेश अग्रवाल के पिट्ठू की बनती जा रही है; इसीलिये वह दूसरे लोगों को यह भरोसा दिलाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं कि काउंसिल ऑफ गवर्नर्स में हुए चुनाव में वोट उन्होंने भले ही रमेश अग्रवाल को दिया था, लेकिन अब वह रमेश अग्रवाल के लिए कुछ नहीं कर रहे हैं । बेचारे जेके गौड़ के लिए समस्या लेकिन यह है कि रमेश अग्रवाल उन्हें अपने पिट्ठू से ज्यादा कुछ समझते नहीं हैं और उन्हें लगातार हड़काये रखते हैं - जिसके चलते जेके गौड़ को रमेश अग्रवाल की जीहुजूरी में भी लगे रहना पड़ता है । जेके गौड़ 'दोनों' तरफ रहने/दिखने की कोशिश में एक तरफ तो यह दावा करते हैं कि रमेश अग्रवाल को वह गाजियाबाद के क्लब्स से कॉन्करेंस भी दिलवाएंगे और फिर वोट भी दिलवाएंगे; लेकिन साथ ही दूसरी तरफ वह यह सफाई देते हुए भी सुने जाते हैं कि वह तो रमेश अग्रवाल के लिए कुछ कर ही नहीं रहे हैं । जेके गौड़ के लिए एक और समस्या है - गाजियाबाद और आसपास के जो सक्रिय क्लब्स हैं उनके प्रमुख लोग आशीष घोष के समर्थन में हैं और इस मत में हैं कि रमेश अग्रवाल को एक पद के लालच में रोटरी की सच्ची भावना और डिस्ट्रिक्ट व डिस्ट्रिक्ट के बड़े नेताओं की शान पर धब्बा लगाने वाला काम नहीं करना चाहिए; जेके गौड़ को लेकिन रमेश अग्रवाल की 'सेवा में' रहना है और इसके चलते उन्हें गाजियाबाद और आसपास के क्लब्स के प्रमुख लोगों से निपटना पड़ेगा । जेके गौड़ को रमेश अग्रवाल के सामने साबित करना है कि गाजियाबाद के दूसरे प्रमुख लोग भले ही रमेश अग्रवाल के साथ न हों, लेकिन यहाँ रमेश अग्रवाल को समर्थन वह दिलवाएंगे ।
सुधीर मंगला के मामले में आशीष घोष और उनके मंजीत साहनी व अमित जैन जैसे समर्थकों को जिस तरह का झटका लगा है, उसने भी एक दिलचस्प नजारा पेश किया है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में सुधीर मंगला की उम्मीदवारी का समर्थन करने वाले आशीष घोष, मंजीत साहनी और अमित जैन को कई लोगों ने समझाया था कि सुधीर मंगला भरोसा करने लायक व्यक्ति नहीं हैं और सुधीर मंगला उन्हें कभी भी धोखा दे देंगे - लेकिन इन्होंने किसी की नहीं सुनी । सीओएल के चुनाव में सुधीर मंगला ने आशीष घोष की बजाये रमेश अग्रवाल का समर्थन करके जब अपना असली रंग दिखाया तब इन्हें समझ में आया है कि एक छोटी सोच वाला व्यक्ति छोटी सोच वालों के साथ में ही अपने आपको 'खड़ा' करता है ।
मजे की बात यह हुई है कि काउंसिल ऑफ गवर्नर्स में रमेश अग्रवाल को प्रायः उन लोगों का समर्थन मिला जो डिस्ट्रिक्ट में अपनी बदजुबानी के लिए, तिकड़मी राजनीति के लिए और या 'कुछ न करने' के लिए जाने जाते हैं; जबकि आशीष घोष को ऐसे लोगों का समर्थन मिला जिनकी कामकाज के मामले में रोटरी इंटरनेशनल में खासी साख है जिसके चलते उन्हें रोटरी इंटरनेशनल में जिम्मेदारी के काम और पद मिलते हैं । दरअसल इसीलिए रोटरी के बड़े नेताओं को सीओएल में प्रतिनिधित्व के लिए रमेश अग्रवाल द्धारा की जा रही घटिया स्तर की राजनीति पसंद नहीं आ रही है ।

Wednesday, November 27, 2013

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में विनोद बंसल और उनकी पत्नी को निशाना बनाने की अरनेजा गिरोह की कार्रवाई को शेखर मेहता की शह भी हो सकती है क्या ?

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल को लांछित और अपमानित करने के उद्देश्य से उन पर जो सबसे बड़ा हमला हुआ है, उस हमले को पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर शेखर मेहता की शह और समर्थन की चर्चाओं ने खासा गंभीर बना दिया है । यूँ तो शेखर मेहता के विनोद बंसल के साथ भी बहुत नजदीक और भरोसे के संबंध हैं, जिसके कारण किसी के लिए भी यह विश्वास कर पाना सहज नहीं होगा कि विनोद बंसल को पूरी तरह धराशाही करने के उद्देश्य से किये गए हमले में उनका कोई हाथ होगा; लेकिन परिस्थितिजन्य तथ्य चूँकि इस ओर इशारा कर रहे हैं इसलिए लोगों का शक शेखर मेहता पर जा रहा है । विनोद बंसल के खिलाफ करीब दो पेज का जो मेल अभी अवतरित हुआ है, उस पर हालाँकि नाम तो किसी का नहीं है - लेकिन यह किन लोगों का कारनामा है, इसका संकेत खुद इसी मेल में मौजूद है । इस मेल के तीसरे पैरा में कहा गया है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संबंध में मुकेश अरनेजा, विनय कुमार अग्रवाल और रमेश अग्रवाल ने कई कई मेल विनोद बंसल को लिखी हैं । इन्होंने विनोद बंसल को कई कई मेल लिखी हैं - यह बात इनके अलावा और कौन जानता होगा ? इसी से लोगों को शक है कि विनोद बंसल को निशाना बनाने वाली बेनामी मेल के पीछे यही लोग हैं । यह शक इसलिए भी और पुख्ता होता है क्योंकि इस खेल के ये लोग बड़े बदनाम और मशहूर खिलाड़ी हैं । इनके इस बार के 'खेल' को शेखर मेहता की शह और समर्थन के साथ इसलिए जोड़ कर देखा जा रहा है क्योंकि मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल को भी शेखर मेहता के यहाँ बहुत तवज्जो है ।
शेखर मेहता के यहाँ - जैसा कि पहले कहा जा चुका है कि - तवज्जो विनोद बंसल को भी है । ऐसे में लोगों को आश्चर्य इस बात का है कि शेखर मेहता की कोर टीम में डिस्ट्रिक्ट 3010 के जो तीन लोग हैं उनके बीच आपस में इतनी मारकाट क्यों मची है - और यदि मची है तो शेखर मेहता इनके बीच की इस मारकाट को ख़त्म करवाने का प्रयास क्यों नहीं करते ? इस आश्चर्य की परतें खोलने का काम विनोद बंसल के खिलाफ लिखी गई बेनामी मेल भी करती है । बेनामी मेल का पहला पैरा विस्तार से विनोद बंसल की 'अति महत्वाकांक्षा' को रेखांकित करते हुए इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर के साथ उनकी नजदीकी को निशाना बनाता है । पीटी प्रभाकर से विनोद बंसल की नजदीकी डिस्ट्रिक्ट के लोगों की बजाये डिस्ट्रिक्ट से ऊपर के लोगों के लिए ही चिढ़ का कारण हो सकती है ! विनोद बंसल को शेखर मेहता के 'काम' आकर उतना फायदा नहीं मिला, जितना फायदा उन्हें पीटी प्रभाकर के काम आकर मिला है - यह तथ्य शेखर मेहता को ही 'चोट' पहुँचा सकता है । एक तो इस चोट के चलते, और दूसरे पीटी प्रभाकर से नजदीकी बना कर विनोद बंसल कहीं ज्यादा आगे न बढ़ जाएँ - इसलिए उन्हें पीछे खींचना शेखर मेहता की भी जरूरत हो जाती है । यह जरूरत इसलिए भी हो जाती है ताकि पीटी प्रभाकर के कार्यक्रमों को विनोद बंसल से मिलने वाले 'सहयोग' को रोका जा सके । विनोद बंसल के लिए अनुभवी लोगों की एक सलाहियत रही ही है कि रोटरी के हर 'बड़े जहाज' पर लंगर डालने की उनकी 'रणनीति' अंततः उन्हें नुकसान ही पहुँचायेंगी । पीटी प्रभाकर के साथ उनकी नजदीकी शेखर मेहता को उनके घोर विरोधियों की तरफ धकेलने का काम कर रही हो - तो इसमें कोई बहुत हैरानी की बात नहीं है ।
विनोद बंसल के खिलाफ इस बेनामी मेल को अब तक के सबसे बड़े हमले के रूप में इसलिए देखा जा रहा है क्योंकि इसमें सिर्फ विनोद बंसल को ही नहीं, बल्कि उनकी पत्नी संगीता बंसल को भी निशाना बनाया गया है । मेल के तीसरे पैरा में कहा गया है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में विनोद बंसल के कई फैसले उनकी पत्नी संगीता बंसल लेती हैं, जो खुद भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की इच्छुक हैं । रोटरी ने और डिस्ट्रिक्ट 3010 ने बड़ी बड़ी लड़ाइयाँ देखी हैं, लेकिन किसी भी लड़ाई में मर्यादा का ऐसा उल्लंघन प्रायः नहीं देखा/सुना गया कि महिलाओं को निशाना बनाया गया हो । रोटरी को और डिस्ट्रिक्ट को यह निर्लज्ज किस्म की सौगात मुकेश अरनेजा की एंट्री के बाद मिली है । मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ने आशीष घोष के खिलाफ इस 'हथियार' का खूब इस्तेमाल किया था । उस समय लेकिन यह सब आपसी बातचीतों और गपशपों में हुआ था । विनोद बंसल के मामले में संगीता बंसल का नाम तो ये लोग अब 'रिकॉर्ड' पर भी ले आये हैं । अपने इस 'काम' को और अच्छे से पूरा करने के लिए इन्होंने विनय कुमार अग्रवाल को अपने साथ और जोड़ लिया है, जिनका कोई भी वाक्य माँ/बहनों से जुड़ी गालियों के बिना पूरा ही नहीं होता है । शेखर मेहता के विनोद बंसल के साथ जैसे संबंध 'दिखते' हैं, वैसे सचमुच में यदि 'हैं' भी तो उनकी 'कोर टीम' के दो सदस्य मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल आपस में मिल कर तीसरे सदस्य विनोद बंसल के खिलाफ बिलो-द-बेल्ट हमला करने का साहस भला कैसे कर सकते हैं ?
विनोद बंसल के खिलाफ उक्त बेनामी मेल में एक मुख्य आरोप यह लगाया गया है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में विनोद बंसल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के एक उम्मीदवार सुधीर मंगला के खिलाफ व्यक्तिगत रंजिश के कारण नकारात्मक अभियान चलाये हुए हैं । सचमुच में यदि ऐसा है तो मुकेश अरनेजा, रमेश अग्रवाल और विनय अग्रवाल को इस बारे में खुली और औपचारिक शिकायत करने से भला कौन रोक रहा है ? बेनामी मेल में इस तरह का आरोप लगाने का मतलब ही यह है कि आरोप झूठा है । सच बात यह है कि इन्हीं लोगों ने रोटरी इंटरनेशनल कार्यालय से अनुमति लेने के बाद डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संबंध में विनोद बंसल द्धारा अपनाई जा रही उस व्यवस्था को लागू नहीं होने दिया, जिसके तहत नॉमिनेटिंग कमेटी के सदस्य रोटरी के प्रति उम्मीदवारों की संलग्नता और प्रतिबद्धता की पहचान कर पाते । नॉमिनेटिंग कमेटी के सदस्यों के सामने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार रोटरी को लेकर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में अपनी सोच, अपना उद्देश्य और अपना लक्ष्य प्रस्तुत करते - जिससे नॉमिनेटिंग कमेटी के सदस्यों को उनका मूल्यांकन करने में सुविधा होती और डिस्ट्रिक्ट को वास्तव में एक जेनुइन गवर्नर मिलता - इससे अच्छी बात भला क्या हो सकती थी ? लेकिन तरह-तरह की बहानेबाजी करके उस व्यवस्था को लागू नहीं होने दिया गया ।
लोगों को लगता है कि मुकेश अरनेजा, रमेश अग्रवाल, विनय कुमार अग्रवाल ने उस व्यवस्था को इसीलिए लागू नहीं होने दिया क्योंकि उन्हें डर हुआ कि उसके चलते सुधीर मंगला नॉमिनेटिंग कमेटी के सदस्यों के सामने बाकी उम्मीदवारों से कमजोर साबित हो जायेंगे । दरअसल उस व्यवस्था को लागू करने को सुधीर मंगला को नुकसान पहुँचाने वाली कार्रवाई के रूप में देखा/पहचाना गया । माना गया कि वह व्यवस्था रोटरी और डिस्ट्रिक्ट का भले ही भला करती, लेकिन सुधीर मंगला की उम्मीदवारी का तो कबाड़ा ही कर देती । अरनेजा गिरोह ने उस व्यवस्था को लागू होने से रोक कर सुधीर मंगला को फ़िलहाल तो राहत दिलवा दी है, लेकिन उन्हें यह डर बराबर बना हुआ है कि विनोद बंसल ने यदि निष्पक्ष होकर काम किया और रोटरी व डिस्ट्रिक्ट के हितों को तवज्जो दी तो कहीं सुधीर मंगला की उम्मीदवारी का मामला गड़बड़ा न जाये । इसीलिये उन्होंने विनोद बंसल को दबाव में लेने के लिए बेनामी मेल के जरिये उन पर तगड़ा हमला बोला है ।
शेखर मेहता की शह - या चुपचाप तमाशा देखने की उनकी 'तरकीब' ने अरनेजा गिरोह को यह हौंसला भी दे दिया कि वह विनोद बंसल को ही नहीं, उनकी पत्नी को भी निशाना बना लें ।  

Tuesday, November 12, 2013

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में दिवाकर अग्रवाल के नामांकन को निरस्त कराने के मामले में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल ने इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर को 'सेट' कर लेने का दावा किया

मुरादाबाद । दिवाकर अग्रवाल को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी होड़ से बाहर करने की तिकड़म को इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर का समर्थन मिल जाने का दावा करके डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल ने दीपक बाबू और उनके समर्थकों को खासा खुश कर दिया है । दीपक बाबू और उनके समर्थकों को विश्वास हो चला है कि राकेश सिंघल ने अब जब पीटी प्रभाकर को सेट कर लिया है तो दिवाकर अग्रवाल का नामांकन रद्द होना पक्का ही है और फिर दीपक बाबू डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी बन ही जायेंगे । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रतिद्धन्द्धी उम्मीदवार दिवाकर अग्रवाल की सक्रियता तथा डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच उनकी स्वीकार्यता को देख/भाँप पर दीपक बाबू और उनके समर्थकों को जब अपनी पराजय सुनिश्चित जान पड़ी तो वह तीन-तिकड़मपूर्ण षड़यंत्र की जुगाड़ में लग गए । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की इच्छा रखने वाले दीपक बाबू के साथ समस्या दरअसल यह हुई है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर तो उन्हें बनना है, लेकिन उसके लिए लोगों का समर्थन जुटाने वास्ते आवश्यक सक्रियता दिखाना उनके लिए संभव नहीं हो पाया । दीपक बाबू ने पिछले रोटरी वर्ष में भी अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की थी किंतु चुनाव का दिन नजदीक आते-आते उन्हें आभास हो गया कि चुनाव जीतना उनके लिए संभव नहीं होगा, लिहाजा चुनाव से ठीक पहले वह मैदान छोड़ भागे ।

दीपक बाबू ने इस वर्ष जब एक बार फिर अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की तो डिस्ट्रिक्ट के लोगों को लगा कि पिछले वर्ष की अपनी कमियों/कमजोरियों से सबक सीख कर वह इस बार उन्हें नहीं दोहरायेंगे । लेकिन इस बार तो उनका 'प्रदर्शन' और भी ख़राब रहा । एक उम्मीदवार के रूप में डिस्ट्रिक्ट में लोगों के बीच सक्रिय होने को लेकर दीपक बाबू ने कभी भी कोई दिलचस्पी ही नहीं दिखाई । डिस्ट्रिक्ट के विभिन्न क्लब्स के आयोजनों को तो छोड़िये, डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख कार्यक्रमों तक में उपस्थित होने/रहने की उन्होंने कोई जरूरत नहीं समझी । बीच में कई ऐसे मौके आये जबकि लगातार कई-कई दिनों तक रोटरी में और डिस्ट्रिक्ट में दीपक बाबू की शक्ल तक लोगों को नजर नहीं आई । इसी के चलते कई बार इस तरह की घोषणाएँ सामने आईं कि दीपक बाबू ने उम्मीदवार बनने का इरादा छोड़ दिया है । दीपक बाबू के नजदीकियों ने ही लोगों को बताया कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव की प्रक्रिया को अपना पाना दीपक बाबू के बस की बात नहीं है और इसीलिए दीपक बाबू ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने का इरादा छोड़ दिया है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के दूसरे उम्मीदवार के रूप में दिवाकर अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच जिस तरह की सक्रियता दिखाई और अपनी उम्मीदवारी के प्रति स्वीकार्यता और समर्थन को जुटाया, उसके चलते दीपक बाबू के लिए मामला और भी गंभीर व नाउम्मीदभरा हो गया ।
दीपक बाबू ने भले ही उम्मीद छोड़ दी हो - लेकिन दीपक बाबू के कुछेक समर्थक लोगों ने उम्मीद नहीं छोड़ी । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल की डिस्ट्रिक्ट टीम में प्रमुख हैसियत रखने वाले दीपक बाबू के समर्थकों ने उन्हें समझाया कि राकेश सिंघल थोड़े लालची किस्म के व्यक्ति हैं, इसलिए यदि उन्हें डिस्ट्रिक्ट कॉन्फरेंस के लिए खर्चे करने का आश्वासन दे दिया जाये, तो फिर उनसे कुछ भी करवाया जा सकता है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल के निकटवर्तियों ने दीपक बाबू को पूरा हिसाब समझाया कि डिस्ट्रिक्ट के लोगों से समर्थन जुटाने के लिए समय, एनर्जी और पैसा खर्च करना पड़ेगा; जबकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का समर्थन 'जुटाने' के लिए सिर्फ पैसा खर्च करना होगा । दीपक बाबू चूँकि चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं इसलिए उन्हें 'फर्जी एंट्रीज' के जरिये मुनाफा कमाने की तरकीबें पता ही हैं और इसीलिये उन्हें अपने समर्थकों द्धारा सुझाया गया फार्मूला समझ में भी आ गया और पसंद भी आया । इसके बाद ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई से भागते दिख रहे दीपक बाबू चुनावी मैदान में पुनः आ पहुँचे । पर्दे के पीछे यह जो खेल हुआ, उसमें दीपक बाबू को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनवाने के लिए दिवाकर अग्रवाल को रास्ते से हटाने का विकल्प अपनाने का फैसला हुआ । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल और उनकी टीम में मौज़ूद दीपक बाबू के समर्थकों ने जान/समझ लिया कि दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी के रहते हुए दीपक बाबू को चुनाव जितवाना असंभव ही होगा और इसलिए एकमात्र रास्ता दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को निरस्त करना/करवाना ही होगा ।
दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को निरस्त करने/करवाने के लिए डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी में उनके नाम/पते सहित प्रकाशित उनकी तस्वीर को बहाना बनाया गया; जबकि तथ्य यह है कि उसी डायरेक्टरी में नाम/पते सहित दीपक बाबू की भी तस्वीर छपी है । फर्क यह है कि दिवाकर अग्रवाल का नाम/पता/फोटो डिस्ट्रिक्ट टीम के एक पदाधिकारी के रूप में छपा है और दीपक बाबू का नाम/पता/फोटो एक विज्ञापन के रूप में है । डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी में दिवाकर अग्रवाल को जिस पद पर बताया गया है, उस पद से दिवाकर अग्रवाल ने मौजूदा रोटरी वर्ष शुरू होने से पहले ही इस्तीफ़ा दे दिया था । तथ्यों के और नियमों के संदर्भ में यदि देखें तो नामांकन दिवाकर अग्रवाल की बजाये दीपक बाबू का रद्द होना चाहिए - क्योंकि रोटरी इंटरनेशनल का कोई भी नियम किसी भी उम्मीदवार को अपना प्रचार करने के लिए विज्ञापन देने का अधिकार नहीं देता है ।
इस सारे झमेले की पड़ताल करें तो देखेंगे कि दिवाकर अग्रवाल से तो सिर्फ राजनीतिक लापरवाही हुई है : उन्हें जब इस वर्ष अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करनी थी और उन्हें पता था - और यदि नहीं पता था तो पता होना चाहिए था - कि डिस्ट्रिक्ट टीम में कोई पद लेकर वह उम्मीदवार नहीं हो सकेंगे, तो उन्हें पद का ऑफर स्वीकार नहीं करना चाहिए था । दिवाकर अग्रवाल को लेकिन जैसे ही अपनी इस लापरवाही का ज्ञान हुआ, उन्होंने तुरंत पद छोड़ दिया । पद छोड़ने का काम भी उन्होंने नियमों में तय की गई समय-सीमा में कर दिया । इस तरह तकनीकी रूप से दिवाकर अग्रवाल ने नियमों का कोई उल्लंघन नहीं किया है । जबकि दूसरी तरफ, दीपक बाबू ने अपना विज्ञापन देकर नियमों का घोर उल्लंघन किया है । संदेह का लाभ देकर यदि यह मान भी लिया जाये कि उन्हें - और विज्ञापन लेने और छापने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को - नियम का नहीं पता होगा, तो भी अब जब बातें उठ रही हैं तब तो दीपक बाबू और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को अपनी इस हरकत पर सार्वजानिक रूप से खेद प्रगट करना चाहिए । इन दोनों ने अभी तक भी ऐसा नहीं किया है । 'चोरी और सीनाजोरी' वाले अंदाज़ में ये दोनों उलटे दिवाकर अग्रवाल का नामांकन निरस्त करवाने में लग गए हैं - जबकि रोटरी इंटरनेशनल के नियमों का पालन करने का संदर्भ यदि लिया जाये तो नामांकन तो दीपक बाबू का रद्द होना चाहिए ।
मजे की बात यह है कि दिवाकर अग्रवाल और या उनके समर्थकों की तरफ से दीपक बाबू का नामांकन रद्द कराने की कोई मांग नहीं सुनी गई है । इस संदर्भ में उनकी तरफ से प्रायः यही सुनने को मिला है कि रोटरी में इस तरह की टुच्ची कोशिशों से आगे बढ़ने का रास्ता बनाने का उदाहरण प्रस्तुत नहीं करना चाहिए और चुनाव को साफ-सुथरे और ईमानदार तरीके से ही लड़ा जाना चाहिए । दिवाकर अग्रवाल के समर्थकों का यही कहना है कि अब जब दो उम्मीदवारों के नामांकन आ गए हैं तो उनके बीच चुनाव होने देना चाहिए और डिस्ट्रिक्ट के लोगों को अपनी पसंद का डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनने का मौका देना चाहिए ।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल ने लेकिन 'डिस्ट्रिक्ट कॉन्फरेंस के लिए खर्चे करने का आश्वासन' मिलने के बाद दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को निरस्त करने का जो खेल शुरू किया है, उसके चलते डिस्ट्रिक्ट में सरगर्मी तो खासी बढ़ ही गई है - साथ ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की गरिमा और डिस्ट्रिक्ट 3100 की साख भी दाँव पर लग गई है । लोगों का कहना है कि राकेश सिंघल को डिस्ट्रिक्ट कॉन्फरेंस के लिए खर्चे का जुगाड़ करने के लालच में इस तरह का षड्यंत्र नहीं करना चाहिए । राकेश सिंघल ने लेकिन न सिर्फ यह षड्यंत्र किया, बल्कि रोटरी साउथ एशिया लिटरेसी समिट 2013 की तैयारी के सिलसिले में 7 और 8 नबंवर को गुड़गॉव में संपन्न हुई साउथ एशियन रोटरी डिस्ट्रिक्ट्स के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स की मीटिंग्स से लौटने के बाद से तो वह पूरी तरह आश्वस्त हैं कि उनका यह षड्यंत्र सफल भी होगा । राकेश सिंघल ने उक्त मीटिंग से लौटने के बाद डिस्ट्रिक्ट के लोगों को बताया है कि वहाँ उन्होंने इस विषय में इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर से बात की है और पीटी प्रभाकर ने उन्हें आश्वस्त किया है कि जैसा फैसला चाहोगे, वैसा फैसला हो जायेगा । राकेश सिंघल के हवाले से उनके नजदीकियों ने लोगों को बताया है कि डिस्ट्रिक्ट में जिस तरह गवर्नर को कॉन्फरेंस को अच्छे से करने की चिंता होती है, इसी तरह से इंटरनेशनल डायरेक्टर को रोटरी फाउंडेशन के लिए पैसे जुटाने की चिंता होती है । ऐसे में जिस फार्मूले से दीपक बाबू के समर्थकों ने राकेश सिंघल को 'सेट' किया है, उसी फार्मूले से राकेश सिंघल ने पीटी प्रभाकर को 'सेट' कर लेने का दावा किया है ।
राकेश सिंघल ने लोगों को बताया है कि उनके कार्यकाल में अभी तक करीब साठ हज़ार डॉलर की जो रकम रोटरी फाउंडेशन के लिए जुटाई गई है, उससे पीटी प्रभाकर काफी खुश हैं । राकेश सिंघल ने उन्हें पूरे वर्ष में करीब एक लाख डॉलर की रकम जुटाने का आश्वासन देकर और खुश कर दिया है । पीटी प्रभाकर पीछे कई मौकों पर अपने फैसलों को लेकर 'खरीदने/बेचने' की बातें कर चुके हैं - इसलिए भी राकेश सिंघल आश्वस्त हैं कि उन्होंने दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को निरस्त करवाने का जो षड्यंत्र रचा है, उसे पीटी प्रभाकर की तरफ से हरी झंडी अवश्य ही मिल जायेगी । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद पर रह चुके कुछेक रोटरी के जिन बड़े नेताओं से इन पंक्तियों के लेखक की बात हो सकी है, उनका हालाँकि साफ कहना है कि जो तथ्य हैं उनके आधार पर दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी का नामांकन निरस्त नहीं किया जा सकता है । राकेश सिंघल लेकिन पीटी प्रभाकर से मिले आश्वासन के बाद अपने षड्यंत्र के सफल होने को लेकर जिस तरह से आश्वस्त हैं, उसके कारण दीपक बाबू के समर्थकों ने तो जीत का जश्न मनाना भी शुरू कर दिया है ।

Sunday, October 6, 2013

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में विनोद बंसल और पीटी प्रभाकर को बदनाम करके उन्हें ब्लैकमेल करने के सूत्रधार की खोज के संकेतों के मुकेश अरनेजा की तरफ जाने से मामला खासा दिलचस्प हुआ

नई दिल्ली । विनोद बंसल और पीटी प्रभाकर को बेनकाब करने का आह्वान करती हुई फर्जी ईमेल डिस्ट्रिक्ट के जिन पूर्व गवर्नर्स को भेजी गई है, उनमें से कुछ का माथा इस दिलचस्प संयोग को देख/पहचान कर ठनका है कि उक्त मेल मुकेश अरनेजा को नहीं भेजी गई है । मुकेश अरनेजा डिस्ट्रिक के बड़े नेता हैं; बड़े तुर्रमखाँ नेता हैं । डिस्ट्रिक्ट में ही नहीं, डिस्ट्रिक्ट से बाहर भी उनका बड़ा नाम है । ऐसे में, सोचने/विचारने वाली बात यह है कि जो व्यक्ति विनोद बंसल और पीटी प्रभाकर को बेनकाब करना चाहता है, वह अपना आह्वान डिस्ट्रिक्ट 3010 के ऐसे पूर्व गवर्नर्स तक तो पहुँचा रहा है, जो बेचारे न तीन में हैं और तेरह में - तो फिर वह मुकेश अरनेजा को अपना आह्वान क्यों नहीं पहुँचा रहा है ?
यह सवाल इसलिए और भी महत्वपूर्ण हो गया है क्योंकि उक्त आह्वान करने वाले ने जो तरीका अपनाया है वह फर्जी, धोखाधड़ी और षड्यंत्र की श्रेणी में आता है । अब जो व्यक्ति फर्जी, धोखाधड़ी और षड्यंत्रपूर्ण तरीके से एक आह्वान कर रहा है और सभी से कर रहा है तो वह मुकेश अरनेजा को आह्वान क्यों नहीं कर रहा है ?
कहीं इसका कारण यह तो नहीं है कि यह आह्वान करने का काम खुद मुकेश अरनेजा ने ही किया है । सामान्य व्यवहार की बात है कि कोई भी जब दूसरों को - बहुत सारे दूसरों को - ईमेल भेजता है तो वह अपने आप को नहीं भेजता । अपने आप को भेजने की उसे जरूरत ही नहीं होती । तो क्या, मुकेश अरनेजा भी अनजाने में इसी सामान्य व्यवहार का पालन कर बैठे और 'रंगेहाथ' पकड़े जाने का सुराग दे बैठे । अपराधशास्त्र का एक महत्वपूर्ण सूत्र है कि हर अपराधी कोई न कोई ऐसी चूक कर बैठता है जिससे वह पकड़ा जाता है । इस तथ्य के आधार पर जो लोग यह मान रहे हैं कि उक्त फर्जी मेल मुकेश अरनेजा की ही कारस्तानी है, वह एक यह तर्क और दे रहे हैं कि मुकेश अरनेजा को फर्जी, धोखाधड़ी और षड्यंत्रपूर्ण तरीके से काम करने का बहुत शौक है । अपने इस शौक के चलते वह बार-बार 'पकड़ा' गया है - लेकिन बेशर्मी वाला गुण भी उसमें इस कदर कूट-कूट कर भरा हुआ है कि फिर भी वह बाज नहीं आता है ।
विनोद बंसल और पीटी प्रभाकर को बेनकाब करने का आह्वान करने की मुकेश अरनेजा की इस कारस्तानी के पीछे लोगों को एक और कारण ध्यान में आता है और वह यह कि मुकेश अरनेजा और उनके गिरोह के रमेश अग्रवाल, असित मित्तल और विनय कुमार अग्रवाल जैसे दूसरे लोग पिछले कुछ दिनों से विनोद बंसल को किसी न किसी बहाने से निशाने पर लेते रहे हैं । पिछले दिनों रोटरी फाउंडेशन के लिए पैसे जुटाने के मामले में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में विनोद बंसल ने जब एक बड़ा कीर्तिमान बनाया और इस कीर्तिमान के चलते वह रोटरी के बड़े नेताओं व पदाधिकारियों की निगाह में चढ़े तो इन लोगों की तो जैसे बुरी तरह सुलग गई । इसके चलते इन्होंने अलग-अलग मौकों पर तरह-तरह से विनोद बंसल को लेकर मुँहझाँसी की और विनोद बंसल को विभिन्न आरोपों के घेरे में लेते हुए उन्हें बदनाम करने की कोशिश की । विनोद बंसल का उससे जब कुछ बिगड़ता हुआ इन्हें नहीं दिखा तो - जैसा कि समझा जाता है - मुकेश अरनेजा ने फर्जी ईमेल के जरिये उन्हें बदनाम करने करने की चाल चली ।
मुकेश अरनेजा को - और उनके गिरोह के सदस्यों को विनोद बंसल से जो भी समस्याएँ और शिकायतें हैं उन्हें वह उनकी अनुपस्थिति में और या फर्जी तरीके से लोगों के बीच क्यों लाते हैं; सीधे बात क्यों नहीं करते हैं ? उनकी बातें, उनकी शिकायतें यदि सचमुच सही और प्रासंगिक हैं तो छिप कर उन बातों को कहने का भला क्या मतलब है ? लोगों को लगता है कि अपनी पहचान के साथ और सीधी बात करने की इनकी औकात नहीं है और इसीलिए यह फर्जी, धोखाधड़ी और षड्यंत्रपूर्ण तरीके अपनाते हैं । इस बार, विनोद बंसल और पीटी प्रभाकर को बदनाम करने के लिए जिस तरह का फर्जी तरीका अपनाया गया है, उससे लगता है कि असल उद्देश्य विनोद बंसल और पीटी प्रभाकर को ब्लैकमेल करने का है ।
विनोद बंसल और पीटी प्रभाकर को बदनाम करके उन्हें ब्लैकमेल करने के सूत्रधार की खोज के सारे संकेत मुकेश अरनेजा की तरफ जाने से यह सारा मामला खासा दिलचस्प हो गया है ।

Saturday, July 27, 2013

'रोटरी इंस्टीट्यूट 2014' के चेयरमैन का पद 'बेचने' में लगे रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर पूछ रहे हैं कि रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मंजीत साहनी और अशोक घोष की औकात क्या है ?

नई दिल्ली । दिल्ली में 'रोटरी इंस्टीट्यूट 2014' का आयोजन करने का प्रस्ताव देने वाले रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर को जब यह बताया गया कि डिस्ट्रिक्ट 3010 की काउंसिल ऑफ गवर्नर्स ने उक्त इंस्टीट्यूट के चेयरमैन के रूप में मंजीत साहनी और/या अशोक घोष का नाम प्रस्तावित किया है, तो पीटी प्रभाकर बुरी तरह बिफर गए और पूछने लगे कि मंजीत साहनी और अशोक घोष की औकात क्या है ? मंजीत साहनी ने जब यह सुना तो किंचित आश्चर्य के साथ उन्होंने कहा कि प्रभाकर को मेरी औकात तो पता है - तभी तो वह डायरेक्टर चुने जाने से पहले फोन पर मुझसे दिन में दो दो बार बात करता था, सलाह लेता था, मदद माँगता था, कभी 'इससे' तो कभी 'उससे' सिफारिश करवाता था; उसे मेरी औकात का पता है, तभी तो वह यह सब करता था । मंजीत साहनी को हैरानी इस बात पर हुई कि प्रभाकर यह सब इतनी जल्दी भूल गया और पूछ रहा है कि उनकी औकात क्या है ? रोटरी में हालाँकि यह आम चलन है - चुनाव जीतने के लिए तो हर किसी की बड़ी खुशामद की जाती है, लेकिन चुनाव जीतने के बाद हर किसी के प्रति नजरिया यह होता है कि तुम हो कौन ? इसलिए यदि पीटी प्रभाकर ने मंजीत साहनी के प्रति यह रवैया प्रदर्शित किया है तो इसमें हैरान होने वाली भी कोई बात नहीं है । लेकिन यहाँ मामला अवसरवादी व्यवहार का नहीं है, बल्कि उससे भी ज्यादा गंभीर है ।
पीटी प्रभाकर की बातों से और उनके 'व्यवहार' से डिस्ट्रिक्ट 3010 के पूर्व गवर्नर्स को 'बाद में' यह 'पता' चला की 'रोटरी इंस्टीट्यूट 2014' के चेयरमैन का पद पीटी प्रभाकर बेचने की फ़िराक में हैं और शायद उन्हें ग्राहक मिल भी गया है । दरअसल इसीलिए पीटी प्रभाकर को जब डिस्ट्रिक्ट 3010 में काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में इंस्टीट्यूट के चेयरमैन के रूप में मंजीत साहनी और अशोक घोष का नाम प्रस्तावित होने की सूचना मिली तो वह बुरी तरह उखड़ गए । उखड़ कर फिर उन्होंने अपना जो असली वाला रंग दिखाया तो उसमें निशाना भले ही उन्होंने डिस्ट्रिक्ट 3010 के पूर्व गवर्नर्स को, और खास कर मंजीत साहनी व अशोक घोष को बनाया लेकिन फजीहत अपनी ही कराई और रोटरी को बदनाम किया । उन्होंने जो कुछ भी कहा उसका लब्बोलुबाब यह है कि वह रोटरी इंस्टीट्यूट के चेयरमैन पद को बेचेंगे और जो उन्हें इसकी कीमत देगा उसे चेयरमैन बनायेंगे । उन्होंने दावा किया कि उन्हें ऐसा करने से कोई भी नहीं रोक सकता । इसी संदर्भ में उन्होंने पूछा कि मंजीत साहनी और अशोक घोष चेयरमैन पद की कीमत देने को तैयार हैं क्या ? पीटी प्रभाकर फिर औकात पता करने पर आ गए; उन्होंने पूछा कि मंजीत साहनी और अशोक घोष की कीमत देने की औकात है क्या ? इंटरनेशनल डायरेक्टर के पद पर बैठे व्यक्ति के मुँह से इस तरह की बातें जिसने भी सुनी वह हतप्रभ रह गया । मंजीत साहनी और अशोक घोष ने तुरंत ही यह स्पष्ट कर दिया कि रोटरी में उन्होंने कभी भी पद खरीदने की न तो कोई कोशिश की और न इस तरह की कोई बात उनके मन में कभी भी आई; उन्हें यहाँ जो कोई भी पद मिले हैं, उनकी काबिलियत के आधार पर ही मिले हैं । इन्होंने साफ कहा है कि पीटी प्रभाकर रोटरी इंस्टीट्यूट के चेयरमैन का पद बेचना चाहते हैं, तो बेच लें - उनकी इसे खरीदने में कोई दिलचस्पी नहीं है ।
उल्लेखनीय है कि पीटी प्रभाकर ने जो कुछ भी कहा है, उसके पीछे जो 'सोच' है उसे रोटरी में स्वीकार्यता प्राप्त है । उन्होंने कोई अनोखा काम करने की कोशिश नहीं की है । उनसे पहले इंटरनेशनल डायरेक्टर पद पर रहे शेखर मेहता ने जब दो बार - पहली बार 'रोटरी इंस्टीट्यूट 2011' में और दूसरी बार अभी हाल ही में हैदराबाद में आयोजित हुए 'रोटरी साउथ एशिया समिट 2013' में - चेयरमैन कमल सांघवी को बनाया था, तो उन्होंने वास्तव में चेयरमैन का पद 'बेचा' ही था । इसे लेकर शेखर मेहता को अपने डिस्ट्रिक्ट में और कमल सांघवी को अपने डिस्ट्रिक्ट में हालाँकि विरोध भी झेलना पड़ा था - लेकिन शेखर मेहता और कमल सांघवी चूँकि होशियार लोग हैं इसलिए उन्होंने ज्यादा हील-हुज्जत में फंसे बिना डील कर ली थी । पीटी प्रभाकर ने अपनी मूरखता से सब गुड़-गोबर कर लिया । जैसा कि पहले कहा जा चुका है कि पीटी प्रभाकर ने जो 'सोचा' और जो करने की कोशिश की, उसमें कुछ भी गलत नहीं है । क्लब्स में, डिस्ट्रिक्ट्स में और उसके ऊपर भी 'ऐसे' ही काम होते हैं - यह कहना ज्यादा सही होगा कि काम 'ऐसे' ही हो सकते हैं । पीटी प्रभाकर इसे ठीक तरह से अंजाम नहीं दे पाए और बुरी तरह एक्सपोज हो गए । इंस्टीट्यूट के चेयरमैन पद के लिए पीटी प्रभाकर की पसंद बने विनोद बंसल भी इस बात को या तो पहचान नहीं पाए और या पीटी प्रभाकर को कम्युनिकेट नहीं कर पाए कि उनके चेयरमैन बनने के मुद्दे पर उनके डिस्ट्रिक्ट में बबाल हो जायेगा - इसलिए अच्छा होगा कि इंस्टीट्यूट की मोटी-मोटी बातें तय होने से पहले डिस्ट्रिक्ट 3010 के लोगों को किसी भी स्तर पर शामिल ही न किया जाये ।
पीटी प्रभाकर और विनोद बंसल यह जानने/समझने में भी चूक कर बैठे कि जो खिचड़ी वह गुपचुप गुपचुप पका रहे हैं उसकी खुशबु लोगों तक जा पहुँची है और इस खिचड़ी को बिखेरने के लिए वह बस मौके का इंतजार कर रहे हैं । और यह मौका पीटी प्रभाकर ने खुद दे दिया । यह इससे साबित है कि पीटी प्रभाकर ने इंस्टीट्यूट के चेयरमैन को लेकर तो कोई बात ही नहीं की थी, उन्होंने तो दिल्ली के लोगों से दिल्ली में इंस्टीट्यूट करने को लेकर बात शुरू की थी - मौके का इंतजार कर रहे दिल्ली के भाई लोगों ने चेयरमैन का चुनाव ही कर डाला । विनोद बंसल के लिए इसे दुर्भाग्यपूर्ण विडंबना के अलावा और क्या कहा जायेगा कि पर्दे के पीछे तो वह रोटरी इंस्टीट्यूट के चेयरमैन बनने की तैयारी कर रहे थे, और पर्दे के सामने वह उस मीटिंग के हिस्सा थे जो मंजीत साहनी और या अशोक घोष को चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव पास कर रही थी । विनोद बंसल के साथ हमदर्दी रखने वाले लोगों का कहना है कि 'रोटरी इंस्टीट्यूट 2014' को लेकर महत्वपूर्ण फैसले करने से पहले पीटी प्रभाकर को डिस्ट्रिक्ट 3010 में आना ही नहीं चाहिए था । यह सच है कि विनोद बंसल चेयरमैन हो जाते और फिर डिस्ट्रिक्ट 3010 में बात आती तो बबाल तब भी होता, लेकिन तब वह जल्दी शांत भी हो जाता । अब लेकिन मामला गंभीर हो गया है - पीटी प्रभाकर ने मंजीत साहनी और अशोक घोष की औकात की बात करके तथा चेयरमैन पद को बेचने की घोषणा करके मामले को कुछ ज्यादा पेजीदा बना दिया है ।
बहरहाल, चूँकि पीटी प्रभाकर ने यह दावा कर दिया है कि 'रोटरी इंस्टीट्यूट 2014' के चेयरमैन पद को बेचने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता - इसलिए अब यह देखना दिलचस्प होगा कि उक्त पद को कौन खरीदता है ? 

Friday, July 26, 2013

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स ने मंजीत साहनी को आगे करके विनोद बंसल की रोटरी इंस्टीट्यूट का चेयरमैन बनने की तैयारी में अड़चन पैदा की

नई  दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट 3010 में इन दिनों उस मशहूर हिंदी कहावत को चरितार्थ होते देखा जा सकता है जिसमें 'गाँव के बसने से पहले ही लुटेरों के सक्रिय होने' की बात कही गई है । हुआ यह है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर ने वर्ष 2014 में होने वाले रोटरी इंस्टीट्यूट को दिल्ली में आयोजित करने का प्रस्ताव रखा तो डिस्ट्रिक्ट 3010 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के बीच उस इंस्टीट्यूट का चेयरमैन बनने को लेकर भयानक मारकाट मच गई । यह मारकाट इतने गंभीर रूप में चल रही है कि इसके चलते इंस्टीट्यूट के दिल्ली में होने का प्रस्ताव रद्द होने का खतरा तक पैदा हो गया है । उल्लेखनीय है कि क्लब्स के लोग इन पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को अपने प्रोजेक्ट्स संबंधी कार्यक्रम में आमंत्रित करें, तो यह व्यस्तता का तर्क देकर बच निकलते हैं । डिस्ट्रिक्ट के इंटरसिटी सेमीनारों में न आने का इनके पास बड़ा ठोस बहाना होता है कि गवर्नर ने इन्हें तरीके से निमंत्रित ही नहीं किया, बस एक इमेल भेज दिया है । लेकिन प्रस्तावित इंस्टीट्यूट के चेयरमैन बनने को लेकर छिड़ी लड़ाई में अपनी अपनी पोजीशन लेने की तैयारी को लेकर होने वाली मीटिंग्स के लिए इन्हें न तो किसी निमंत्रण के 'तरीके से' मिलने की जरूरत है और न इनके पास समय की कोई कमी है । इससे भी ज्यादा मजे की बात यह हुई है कि प्रस्तावित इंस्टीट्यूट के चेयरमैन पद को लेकर छिड़ी लड़ाई में अभी कुछ दिन पहले तक एक-दूसरे को अश्लील और अशालीन तरीके से निशाना बना रहे कुछेक पूर्व गवर्नर्स अब एक दूसरे से गलबहियाँ करते देखे जा हैं ।
इस संबंध में मुकेश अरनेजा, आशीष घोष और अमित जैन के बीच बनी निकटता ने लोगों का ध्यान खास तौर से खींचा है । उल्लेखनीय है कि मुकेश अरनेजा पिछले काफी समय से आशीष घोष और अमित जैन को तरह-तरह से निशाना बनाते हुए अपमानित करते रहे हैं । आशीष घोष को लेकर मुकेश अरनेजा ने जिस तरह की अश्लील और अशालीन किस्म की बातें की हैं, किसी सामान्य भले व्यक्ति के लिए तो उन बातों को कहना/सुनना भी मुश्किल होगा । अमित जैन के साथ तो मुकेश अरनेजा का ऐसा टकराव रहा कि अमित जैन के लिए मुकेश अरनेजा को अपने गवर्नर-काल में डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के पद से हटाने की मजबूरी पैदा हो गई थी जिसके बदले में मुकेश अरनेजा ने अमित जैन के गवर्नर-काल को खराब करने का बीड़ा उठा लिया था । लेकिन अब, प्रस्तावित इंस्टीट्यूट के चेयरमैन पद को लेकर छिड़ी लड़ाई में मुकेश अरनेजा की 'बातों' में आशीष घोष और अमित जैन को मजे लेते हुए देखा गया है । दरअसल, मुकेश अरनेजा की अश्लील और अशालीन किस्म की बातों में निशाने पर अब विनोद बंसल हैं - इसलिए इन्हें मजा आ रहा है । इन्हें मजा इसलिए भी आ रहा है क्योंकि अभी तक मुकेश अरनेजा की  बातों में निशाने पर जब ये होते थे तो विनोद बंसल मजा लेते थे । विनोद बंसल ने यह समझने की दरअसल कोई कोशिश ही नहीं की कि जो मुकेश अरनेजा अभी आशीष घोष और अमित जैन को निशाना बना रहे हैं, कल वही मुकेश अरनेजा उन्हें निशाना बनाने से नहीं चूकेंगे ।
मुकेश अरनेजा ने विनोद बंसल को आजकल इसलिए निशाने पर लिया हुआ है, क्योंकि दिल्ली में प्रस्तावित रोटरी इंस्टीट्यूट के चेयरमैन पद के लिए पीटी प्रभाकर की पसंद के रूप में उन्हें विनोद बंसल का नाम सुनाई दिया । मुकेश अरनेजा ने यह भाँपने में कोई देर नहीं की कि पूर्व गवर्नर्स के बीच राजनीति करने का उन्हें यह सुनहरा मौका मिला है । उन्होंने समझ लिया कि अलग-अलग तरीके से वह लोगों को उकसायेंगे तो विनोद बंसल को चेयरमैन बनाने का विरोध करने के लिए हर कोई तैयार हो जायेगा । मुकेश अरनेजा ने गणित यह लगाया कि पिछले छह-आठ वर्ष में बने गवर्नर निजी खुन्नस, ईर्ष्या और या निजी महत्वाकांक्षा के चलते विनोद बंसल के खिलाफ किये जा सकते हैं और पुराने गवर्नर्स को वरिष्ठता का नारा देकर विनोद बंसल के खिलाफ किया जा सकता है । दिल्ली में प्रस्तावित रोटरी इंस्टीट्यूट के चेयरमैन पद के लिए मंजीत साहनी और अशोक घोष का नाम उछाल कर मुकेश अरनेजा ने पहले तो काउंसिल ऑफ गवर्नर्स में स्थितियों को विनोद बंसल के लिए प्रतिकूल बना दिया और फिर अपनी आदत के अनुसार चटखारेदार बातों के जरिये विनोद बंसल को निशाने पर ले कर मजाक का विषय बना दिया । इस तरह, आशीष घोष और अमित जैन को भी मुकेश अरनेजा की बातों में मजे लेने का मौका बहुत समय बाद मिला ।
मुकेश अरनेजा लोगों को रस ले ले कर बता रहे हैं कि दिल्ली में प्रस्तावित रोटरी इंस्टीट्यूट के चेयरमैन पद की लड़ाई में किस तरह सुशील गुप्ता भी विनोद बंसल के काम नहीं आ पाये । लोगों को यह बात बताना मुकेश अरनेजा को इसलिए जरूरी लगा क्योंकि मुकेश अरनेजा को इस बात से भी बड़ी चिढ़ रही कि विनोद बंसल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में सुशील गुप्ता को कुछ ज्यादा ही तवज्जो दे रहे हैं । मुकेश अरनेजा ने लोगों को जो बताया उसके अनुसार, काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में सुशील गुप्ता ने एक बार यह तर्क जरूर दिया कि इंस्टीट्यूट के चेयरमैन को चुनने का अधिकार तो इंटरनेशनल डायरेक्टर को मिलना ही चाहिए । लेकिन बाकी लोगों ने जब यह तर्क दिया कि इंटरनेशनल डायरेक्टर को यह अधिकार मिलना तो जरूर चाहिए, लेकिन इंस्टीट्यूट की व्यवस्था अच्छे से हो सके इसके लिए क्या यह उचित नहीं होगा कि वह चेयरमैन का चुनाव दूसरों से सलाह करके करे - तो सुशील गुप्ता को चुप रह जाना पड़ा । दिल्ली में अगले रोटरी वर्ष में, यानि संजय खन्ना के गवर्नर-काल में रोटरी इंस्टीट्यूट की बात अभी सिर्फ प्रस्ताव के स्तर पर है - लेकिन डिस्ट्रिक्ट 3010 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स इंस्टीट्यूट के चेयरमैन पद को लेकर आपस में भिड़ गए हैं । इंस्टीट्यूट के प्रभारी के रूप में पीटी प्रभाकर ने विनोद बंसल को चेयरमैन बनाने की तैयारी की, तो डिस्ट्रिक्ट के सभी पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर उनके खिलाफ लामबंद हो गए; मंजीत साहनी और अशोक घोष का नाम काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में आया जरूर, लेकिन किसी एक नाम पर सहमति नहीं हो पाई - सहमति बनाने की कोशिश भी दरअसल नहीं हुई और इसलिए नहीं हुई क्योंकि इनके नाम ऐसे लोगों ने दिए जो इनके घोर विरोधी के रूप में जाने/पहचाने जाते हैं । समझा जाता है कि इनके नाम तो विनोद बंसल के खिलाफ माहौल बनाने के उद्देश्य से लिया गया है - चेयरमैन चुनने का जब सचमुच का वक्त आयेगा तो कुछेक लोग अपना नाम आगे कर सकते हैं । चेयरमैन पद को लेकर काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग होने के बाद भी जिस तरह की हलचल है और छोटे-छोटे समूहों में गुपचुप गुपचुप बातचीतें हो रही हैं उससे यही आभास मिल रहा है कि इंस्टीट्यूट - जिसके दिल्ली में होने का सिर्फ प्रस्ताव भर है, अभी यह तय नहीं हुआ है कि वह दिल्ली में होगा भी या नहीं - के चेयरमैन पद को लेकर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स तलवारें लिए घूम रहे हैं, इस बात की परवाह किये बिना कि उनकी यह तलवारें इंस्टीट्यूट के दिल्ली में होने की संभावना को ही काटने का काम करेंगी ।

Friday, May 3, 2013

हैदराबाद में आयोजित हो रही 'रोटरी साउथ एशिया समिट 2013' के आयोजन के जरिये शेखर मेहता और कमल सांघवी क्या एक-दूसरे को इस्तेमाल कर रहे हैं

धनबाद/कोलकाता । कमल सांघवी हैदराबाद में आयोजित हो रही 'रोटरी साउथ एशिया समिट 2013' के जरिये क्या रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर पद तक पहुँचने की तिकड़म बना/लगा रहे हैं ? अभी तक यह सवाल उनके डिस्ट्रिक्ट के लोगों की जुबान पर था, लेकिन अब यह दूसरे डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच भी चर्चा का विषय है । कमल सांघवी खुशकिस्मत हैं कि जो लोग उन्हें नहीं भी जानते हैं और/या उनके इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने में जिनकी कहीं कोई भूमिका नहीं होनी है, वह भी इस सवाल के जबाव में उनके समर्थक बन जाते हैं और प्रश्न का जबाव देने की बजाये प्रतिप्रश्न करते हैं कि कमल सांघवी यदि ऐसा कर भी रहे हैं तो क्या गलत कर रहे हैं ? लेकिन इन नादान किस्म के लोगों की इस तरह की पैरवी कमल सांघवी की इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने की तिकड़म की बात को और पुष्ट करने का ही काम कर रही है । ऐसे में, कमल सांघवी के लिए इस 'आरोप' के घेरे से खुद को बाहर निकालना और मुश्किल हो गया है ।
हैदराबाद में आयोजित हो रही 'रोटरी साउथ एशिया समिट 2013' को कमल सांघवी की इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने की तिकड़म से जोड़ने की बात को दरअसल इसलिए हवा मिली क्योंकि रोटरी के तमाम बड़े नेता इस आयोजन की प्रासंगिकता और जरूरत को समझने/पहचानने में असफल रहे हैं । चूँकि इस तरह के किसी आयोजन की बात रोटरी इंटरनेशनल की व्यवस्था में नहीं है इसलिए तमाम बड़े नेताओं के लिए यह समझना बड़ा मुश्किल हुआ कि यह समिट आखिर हो किसलिए रही है । रोटरी के कई एक बड़े नेताओं ने इन पंक्तियों के लेखक का ध्यान इस तथ्य की तरफ दिलाया कि रोटरी इंटरनेशनल के प्रत्येक कार्यक्रम का एक खास डिजाइन है, उसका एक उद्देश्य है और इस कारण उसका एक टारगेट ऑडिएंस होता है । तथाकथित 'रोटरी साउथ एशिया समिट 2013' एक ऐसा आयोजन है, जिसका कोई डिजाइन नहीं है और इसलिए उसका कोई निश्चित उद्देश्य नहीं है और यही कारण है कि उसका कोई टारगेट ऑडिएंस नहीं है । समिट में कौन रोटेरियन शामिल होने का अधिकारी है, इसका कोई मापदण्ड तय नहीं किया गया है । यह इसीलिये नहीं किया गया क्योंकि इसका एकमात्र उद्देश्य यह 'दिखाना' है कि आयोजक लोग कितनी भीड़ इकट्ठी कर सकते हैं । इसी वजह से हैदराबाद में आयोजित हो रही समिट में ऐसे लोगों की संख्या ज्यादा है, जिनके लिए रोटरी तफरीह का दूसरा नाम है । यहाँ तमाम लोग ऐसे हैं जो अपने क्लब की मीटिंग्स में ही कभी-कभार जाते हैं और डिस्ट्रिक्ट के आयोजनों में तो शायद ही कभी गए होंगे - यानि उन्हें न तो रोटरी में कोई दिलचस्पी है और न ही कभी उन्हें प्रेरित करने की जरूरत ही समझी गई ।
समझा जा सकता है कि जो रोटेरियन बेचारा कभी डिस्ट्रिक्ट के आयोजनों में नहीं गया वह यहाँ - तथाकथित रोटरी साऊथ एशिया समिट में क्या करने आया होगा ? जाहिर है कि वह आया नहीं है, उसे 'लाया गया' है । समिट के आयोजकों की तरफ से डिस्ट्रिक्ट के नेताओं से पूछा गया कि कितने लोग हैदराबाद लाओगे - डिस्ट्रिक्ट के नेताओं ने अपनी हैसियत और आयोजकों के निगाह में चढ़ने की जरूरत के हिसाब से लोगों की संख्या बता दी; कुछेक डिस्ट्रिक्ट के नेताओं ने अपनी बताई संख्या के हिसाब से रजिस्ट्रेशन का पैसा भी अपनी ही जेब से भर दिया । डिस्ट्रिक्ट 3120 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी सतपाल गुलाटी बेचारे को यह अहसान उतारने के एवज में करना पड़ा । उल्लेखनीय है कि सतपाल गुलाटी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी के लिए पिछले रोटरी वर्ष में हुए चुनाव में हार गए थे । उन्हें चुनाव लड़ाने वाले डिस्ट्रिक्ट के उनके आका जब उन्हें सीधे मुकाबले में चुनाव नहीं जितवा सके तो उन्होंने चोर दरवाजे से सतपाल गुलाटी को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी बनवाने का बीड़ा उठाया । उनके आकाओं के तार चूँकि इंटरनेशनल डायरेक्टर शेखर मेहता से जुड़े हैं, इसलिए शेखर मेहता की मदद से एक 'शिकायती खेल' हुआ और सतपाल गुलाटी को हारी हुई बाजी जितवा दी गई । शेखर मेहता का उन पर यह अहसान था, इसलिए 'रोटरी साउथ एशिया समिट' के प्रमुख कर्ता-धर्ता के रूप में शेखर मेहता ने जब उनसे पूछा कि कितने लोग हैदराबाद लाओगे तो उन्होंने झट से कई लोगों के रजिस्ट्रेशन का पैसा उन्हें भेज दिया । बाद में वह उतने लोगों का जुगाड़ करने में जुटे । यह पता हालाँकि अभी नहीं लग पाया है कि उन्होंने जितने लोगों का रजिस्ट्रेशन करवाया था, उतने लोगों का जुगाड़ वह कर पाए या नहीं ? इस 'तरकीब' से जो आयोजन हो रहा हो उसके बारे में लोगों का यह सोचना स्वाभाविक ही है कि इसके पीछे असल उद्देश्य क्या है ?
हैदराबाद में आयोजित हो रही 'रोटरी साउथ एशिया समिट 2013' में जिस तरह से और जिस तरह के लोगों को जुटाया गया है उससे 'दिखा' यही है कि इस तथाकथित समिट के आयोजकों का मुख्य उद्देश्य भीड़ इकट्ठी करके अपना उल्लू सीधा करना है । यह समिट शेखर मेहता के दिमाग की उपज है और इसे संभव करने के लिए उन्होंने कमल सांघवी पर भरोसा किया । शेखर मेहता ने वर्ष 2011 में कोलकाता में आयोजित किये रोटरी इंस्टीट्यूट के आयोजन में भी कमल सांघवी पर भरोसा किया था । उस समय भी कुछेक लोगों के जहन में यह बात आई थी कि शेखर मेहता इंटरनेशनल डायरेक्टर पद का लालच दिखा कर कमल सांघवी को इस्तेमाल कर रहे हैं । इस समिट में शेखर मेहता ने जब एक बार फिर कमल सांघवी को 'आगे' रखा - तो वही बात साबित होती हुई दिखी । हालाँकि कमल सांघवी के नजदीकियों का कहना है कि शेखर मेहता उन्हें इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, बल्कि वह शेखर मेहता को इस्तेमाल कर रहे हैं । उनका कहना है कि कमल सांघवी ने रोटरी के बड़े नेताओं के बीच इतनी जड़ें जमाई हुई हैं कि वह इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने के लिए शेखर मेहता की मदद के मोहताज नहीं हैं । कई लोगों को लगता है कि दोनों को एक दूसरे की जरूरत है - शेखर मेहता को इंटरनेशनल प्रेसीडेंट बनना है और कमल सांघवी को इंटरनेशनल डायरेक्टर बनना है, इसलिए दोनों एक दूसरे की मदद से आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं । हैदराबाद में आयोजित हो रही 'रोटरी साउथ एशिया समिट 2013' के आयोजन को उन दोनों के इसी संयुक्त प्रयास के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । 

Tuesday, April 2, 2013

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में राजेश बत्रा की अड़ंगेबाजी के बावजूद मुकेश अरनेजा ने पेट्स का निमंत्रण अंततः जुगाड़ ही लिया

नई दिल्ली । मिल गया .....मिल गया .....मिल गया .....मुकेश अरनेजा को पेट्स का निमंत्रण मिल गया । पेट्स का निमंत्रण मिलने की बात को मुकेश अरनेजा कुछ इस तरह से लोगों को बता रहे हैं जैसे उन्होंने कोई बहुत बड़ा किला फतह कर लिया हो । डीटीटीएस का निमंत्रण न मिलने से मुकेश अरनेजा जिस तरह दुखी और निराश हुए दिखे थे, उसे देखते हुए पेट्स का निमंत्रण मिलना उनके लिए किला जीतने जैसा ही है । डीटीटीएस में निमंत्रित न करके विनोद बंसल ने मुकेश अरनेजा को ऐसा करारा झटका दिया था कि मुकेश अरनेजा को अपनी भारी किरकिरी महसूस हुई थी । मुकेश अरनेजा अपने आप को डिस्ट्रिक्ट का बड़ा भारी नेता मानते हैं, लेकिन विनोद बंसल ने 'बिना कुछ किये' ही उनकी नेतागिरी की हवा निकाल दी । मजे की बात यह दिखी कि डीटीटीएस में निमंत्रित न किये जाने के लिए मुकेश अरनेजा ने विनोद बंसल के लिए तो कुछ नहीं कहा, लेकिन राजेश बत्रा को उन्होंने जी भर कर कोसा । डीटीटीएस में निमंत्रित न किये जाने के लिए मुकेश अरनेजा ने दरअसल विनोद बंसल की बजाये राजेश बत्रा को जिम्मेदार माना था । उन्होंने कुछेक लोगों से कहा था कि विनोद बंसल की हिम्मत नहीं हो सकती कि वह उन्हें निमंत्रित न करें; लेकिन वह राजेश बत्रा के हाथों मजबूर हुए । राजेश बत्रा को कोसने/गलियाने का मुकेश अरनेजा वैसे भी कोई मौका नहीं छोड़ते हैं, डीटीटीएस का निमंत्रण न मिलने के बाद तो राजेश बत्रा के प्रति उनका गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुँचा ।
राजेश बत्रा के प्रति मुकेश अरनेजा ने गुस्सा तो खूब निकाला, लेकिन उन्हें साथ ही साथ यह चिंता भी हुई कि उन्हें कहीं पेट्स का निमंत्रण भी नहीं मिला तो उनकी तो सारी शेखीबाजी निकल जायेगी । इसलिए मुकेश अरनेजा पेट्स का निमंत्रण जुगाड़ने की कोशिश में भी जुटे । विनोद बंसल के नजदीकियों ने ही बताया कि इस कोशिश में वह एक तरफ तो विनोद बंसल की खुशामद में जुटे और दूसरी तरफ उन्होंने मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर शेखर मेहता से तथा पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता से सिफारिश भी करवाई । पेट्स का निमंत्रण पाना मुकेश अरनेजा के लिए दरअसल जीने-मरने जैसा मामला रहा । उन्होंने माना/कहा कि उन्हें यदि पेट्स का निमंत्रण नहीं मिला तो उनकी तो नाक ही कट जायेगी । इसीलिये पेट्स का निमंत्रण पाने के लिए उन्होंने शेखर मेहता और सुशील गुप्ता जैसे बड़े नेताओं की मदद लेने से भी गुरेज नहीं किया । इनकी मदद जुटाने के लिए मुकेश अरनेजा ने राजेश बत्रा का नाम इस्तेमाल किया । मुकेश अरनेजा ने इन्हें भरमाया कि राजेश बत्रा ने ही विनोद बंसल पर दबाव बनाया हुआ है कि मुकेश अरनेजा को उनके गवर्नर-काल में कोई तवज्जो न मिले, और राजेश बत्रा के दबाव के कारण ही विनोद बंसल ने उन्हें डीटीटीएस में निमंत्रित नहीं किया । इस तरह की बातें करके मुकेश अरनेजा ने शेखर मेहता और सुशील गुप्ता को विनोद बंसल से उन्हें पेट्स में निमंत्रित करने की सिफारिश करने के लिए तैयार किया ।
मुकेश अरनेजा की पर्दे के पीछे की इस कार्रवाई ने 'काम' किया और उन्हें पेट्स का निमंत्रण मिल गया । पेट्स का निमंत्रण पाकर मुकेश अरनेजा इतने खुश हुए हैं कि सभी को बताते फिर रहे हैं । पेट्स का निमंत्रण और भी कई लोगों को मिला है, लेकिन इस निमंत्रण की जितनी खुशी मुकेश अरनेजा को हो रही है उतनी खुशी अन्य किसी ने प्रकट नहीं की है । मुकेश अरनेजा लोगों को बता रहे हैं कि राजेश बत्रा ने तो पूरी कोशिश की थी कि डीटीटीएस की तरह उन्हें पेट्स का भी निमंत्रण न मिले, लेकिन उन्होंने विनोद बंसल की ऐसी हालत कर दी कि विनोद बंसल के लिए राजेश बत्रा की बात मानना संभव ही नहीं रहा । मुकेश अरनेजा ने लोगों के बीच दावा किया है कि उन्हें यदि पहले से पता होता कि डीटीटीएस में उनकी उपस्थिति में राजेश बत्रा अड़ंगा डालेंगे तो वह डीटीटीएस का निमंत्रण भी ले कर दिखा देते । मुकेश अरनेजा का कहना है कि उन्हें पता है कि विनोद बंसल को कहाँ से, किससे और कैसे 'कसवाना' है - जिसके बाद विनोद बंसल के पास राजेश बत्रा की बात मानने या उनके दबावों में आने से इंकार करने के अलावा कोई चारा नहीं बचेगा ।
मुकेश अरनेजा पेट्स का निमंत्रण पाकर बहुत खुश हैं । खुश होने का कारण भी है - उन्होंने एक बार फिर यह साबित किया है कि वह अपने लिए जो चाहते हैं उसे किसी न किसी तिकड़म से पा ही लेते हैं ।

Tuesday, January 1, 2013

सुशील गुप्ता के सामने मुकेश अरनेजा और विनोद बंसल की मिलीजुली राजनीति के सामने समर्पण करने के अलावा कोई चारा नहीं बचा लगता है

नई दिल्ली । सुशील गुप्ता की इंटरनेशनल डायरेक्टरी की हेकड़ी की नोमीनेटिंग कमेटी के चुनाव को लेकर मुकेश अरनेजा ने जैसी रेड़ मारी है, उसके चलते सुशील गुप्ता की खासी किरकिरी हो रही है । सुशील गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट के और डिस्ट्रिक्ट के बाहर के नेताओं के बीच रुतबा तो यह जताया/दिखाया था कि उनके डिस्ट्रिक्ट में नोमीनेटिंग कमेटी के लिए उसका नाम जायेगा जिसे वह चाहेंगे/कहेंगे - लेकिन मुकेश अरनेजा के रवैये के चलते उनके लिए अपने रुतबे की घोषणा को कार्यरूप दे पाना मुश्किल हो रहा है । सुशील गुप्ता की इस 'दुर्गति' के एक गवाह का कहना है कि सुशील गुप्ता चाहते हैं कि रंजन ढींगरा नोमीनेट कमेटी में शामिल हों, लेकिन मुकेश अरनेजा ने उन्हें ऐसी टंगड़ी मारी है कि उनके लिए अपनी इज्ज़त बचाना मुश्किल हो गया है । दरअसल सुशील गुप्ता को विश्वास था कि वह मुकेश अरनेजा से उम्मीदवारी छोड़ने को कहेंगे तो मुकेश अरनेजा तुरंत से अपनी उम्मीदवारी को वापस ले लेंगे । मुकेश अरनेजा ने लेकिन उन्हें ठेंगा दिखा दिया है । जिन लोगों ने मुकेश अरनेजा को समझाने की कोशिश की कि सुशील गुप्ता ने चूँकि सीओएल के चुनाव में उनकी मदद की थी इसलिए भी अब उन्हें सुशील गुप्ता की बात को मान लेना चाहिए । लेकिन मुकेश अरनेजा ने इस समझाईश को मानने से साफ इंकार कर दिया है ।
मुकेश अरनेजा का कहना है कि सीओएल के चुनाव में सुशील गुप्ता ने उनकी मदद तो इसलिए की थी ताकि कहीं अशोक घोष सीओएल में न पहुँच जाएँ । इस तरह से, मुकेश अरनेजा का तर्क है कि सीओएल के चुनाव में सुशील गुप्ता ने उनकी मदद नहीं की थी, बल्कि उन्होंने सुशील गुप्ता की मदद की थी । नोमीनेटिंग कमेटी को लेकर मुकेश अरनेजा ने खुली घोषणा की है कि सुशील गुप्ता यदि रंजन ढींगरा को नोमीनेटिंग कमेटी में भेजना चाहते हैं तो उन्हें चुनाव लड़वायें और जितवा लें । मुकेश अरनेजा के इन तेवरों के बाद सुशील गुप्ता की सिट्टी-पिट्टी गुम है । सिट्टी-पिट्टी इसलिए गुम है, क्योंकि सुशील गुप्ता इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के संभावित उम्मीदवारों को और उन उम्मीदवारों के सिपहसालारों को बता चुके हैं कि वह रंजन ढींगरा को नोमीनेटिंग कमेटी में भिजवा रहे हैं; लेकिन मुकेश अरनेजा ने इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के उन्हीं संभावित उम्मीदवारों को और उन उम्मीदवारों के सिपहसालारों को बताया हुआ है कि डिस्ट्रिक्ट के चौधरी बनते भले ही सुशील गुप्ता हों, किन्तु उनके बस की कुछ है नहीं; रंजन ढींगरा को नोमीनेटिंग कमेटी में भिजवाना तो उनके बस की बात बिलकुल भी नहीं है ।
मुकेश अरनेजा के हाथों हो रही सुशील गुप्ता की इस किरकिरी के लिए कुछेक लोग सुशील गुप्ता को ही जिम्मेदार ठहरा रहे हैं । उनका कहना है कि सुशील गुप्ता को पहले ही समझ लेना चाहिए था कि मुकेश अरनेजा धोखेबाज व्यक्ति हैं और उन पर विश्वास करके वह कभी भी मुसीबत में फँस जायेंगे । कई एक लोगों ने सुशील गुप्ता को आगाह भी किया था कि मुकेश अरनेजा भरोसा करने लायक व्यक्ति नहीं हैं - लेकिन सुशील गुप्ता ने किसी की नहीं सुनी, और नतीजे में अब उन्हें मुँह छिपाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है । मजे की बात यह हो रही है कि मुकेश अरनेजा ने ही यह उपाय भी सुझाया है कि सुशील गुप्ता रोटरी नेताओं के बीच अपनी इज्जत कैसे बचा सकते हैं ? मुकेश अरनेजा ने उपाय सुझाया है कि सुशील गुप्ता के सामने अब इसके आलावा कोई चारा नहीं है कि वह लोगों को यह कहने/बताने लगें कि वह तो मुकेश अरनेजा को ही नोमीनेटिंग कमेटी में भेजना चाहते हैं । सुशील गुप्ता को यह उपाय जँच तो रहा है, लेकिन उनकी समस्या यह है कि वह अभी तक चूँकि रंजन ढींगरा का नाम लेते रहे हैं इसलिए अब अचानक से मुकेश अरनेजा का नाम लेंगे तो लोगों के बीच और ज्यादा हँसी होगी । रोटरी नेताओं के बीच रंजन ढींगरा को सुशील गुप्ता के 'ब्ल्यू आइड ब्यॉय' के रूप में देखा/पहचाना जाता है, इसलिए कोई भी इस उपाय की बात पर विश्वास नहीं करेगा और यही माना जायेगा कि मुकेश अरनेजा का नाम सुशील गुप्ता मजबूरी में ही ले रहे हैं ।
विनोद बंसल ने जब रंजन ढींगरा के लिए लॉबिइंग शुरू की थी तो कुछ लोगों को लगा था कि विनोद बंसल के जरिये सुशील गुप्ता ने मुकेश अरनेजा को अलग-थलग करने/दिखाने के लिए कोई जाल बिछाया है; लेकिन अब उन्हीं लोगों को लग रहा है कि वह जाल सुशील गुप्ता के लिए नहीं बल्कि मुकेश अरनेजा का काम आसान बनाने के लिए बिछाया गया था । विनोद बंसल की उस लॉबिइंग ने पहले तो मंजीत साहनी को नोमीनेटिंग कमेटी की चुनावी दौड़ से बाहर किया, और ऐसा करते हुए रंजन ढींगरा को लेकर सुशील गुप्ता के दावे को विश्वसनीय-सा बनाया । इसके बाद जब सुशील गुप्ता जोर-शोर से रंजन ढींगरा का नाम लेने लगे तो अगली चाल मुकेश अरनेजा ने यह घोषणा करते हुए चली कि वह सुशील गुप्ता के कहने में आकर अपनी उम्मीदवारी बिलकुल भी नहीं छोड़ेंगे और सुशील गुप्ता चाहें तो रंजन ढींगरा को चुनाव लड़वा लें । मुकेश अरनेजा ने यह दावा करके कि चुनाव होने की स्थिति में विनोद बंसल उनका समर्थन करेंगे, न कि रंजन ढींगरा का - लोगों को यह अनुमान लगाने के लिए प्रेरित किया है कि कहीं मुकेश अरनेजा और विनोद बंसल ने मिलकर तो सुशील गुप्ता को 'पोपट' नहीं बनाया है ? खुद को डिस्ट्रिक्ट का चौधरी समझने वाले पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता के सामने वास्तव में बड़ी विकट स्थिति है - उनके लिए यह तय कर पाना मुश्किल हो रहा है कि वह रंजन ढींगरा के लिए कुछ करें या मुकेश अरनेजा और विनोद बंसल की मिलीजुली राजनीति के सामने समर्पण करें ?

Saturday, November 17, 2012

सरोज जोशी की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नोमिनी पद की उम्मीदवारी के मुद्दे पर, सुशील गुप्ता के समर्थन के बावजूद रमेश अग्रवाल को यश पाल दास से लताड़ खानी पड़ी है

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल को अभी थोड़ी देर पहले ही इंटरनेशनल डायरेक्टर यश पाल दास का यहाँ नीचे प्रस्तुत ई मेल पत्र मिला है । डिस्ट्रिक्ट 3010 के रोटेरियंस अपने गवर्नर रमेश अग्रवाल को इंटरनेशनल डायरेक्टर यश पाल दास द्धारा लिखे गए इस पत्र को पढ़ कर पता नहीं कैसा महसूस करेंगे । क्योंकि यह कोई सामान्य पत्र नहीं है । मुहावरे की भाषा में बात करें तो यह यश पाल दास की तरफ से रमेश अग्रवाल को 'भिगो कर मारा गया जूता है' । पहले आप पत्र पढ़ लीजिये, बाकी बातें उसके बाद करते हैं ।

Dear DG Ramesh,
I am surprised to learn that you are not accepting
the Candidature of Rtn. Saroj Joshi on the pretext
that I gave an opinion that her candidature should
be accepted. Please note that it is my decision
that Rtn Saroj Joshi is eligible to file her name
for DGN Candidate.

Kind regards

Y. P. Das
RI Director

यश पाल दास को - इंटरनेशनल डायरेक्टर यश पाल दास को रमेश अग्रवाल को ऐसा पत्र इसलिए लिखना पड़ा, क्योंकि रमेश अग्रवाल ने बेहद धूर्तता और तिकड़म के साथ अपनी मनमानी व्याख्या करते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नोमिनी पद के लिए सरोज जोशी की उम्मीदवारी को लेकर यश पाल दास द्धारा दिए गए निर्देश को मानने से इंकार कर दिया था । उल्लेखनीय है कि सरोज जोशी की उम्मीदवारी को लेकर रमेश अग्रवाल ने जो बखेड़ा खड़ा किया था, उस पर इंटरनेशनल डायरेक्टर के रूप में यश पाल दास ने बहुत पहले ही अपना स्पष्ट फैसला बता दिया था । अपना फैसला बताने में यस पाल दास से बस एक गलती हो गई - उन्होंने गलती से यह मान/समझ लिया कि रमेश अग्रवाल एक पढ़े/लिखे व्यक्ति हैं और पढ़े/लिखे लोगों की संस्था में एक-दूसरे का सम्मान करते/रखते हुए उनके लिए तमीजपूर्ण शब्दों का इस्तेमाल करना काफी होगा । अपनी इस समझ के चलते यश पाल दास ने रमेश अग्रवाल को जो निर्देश दिया, उसे उन्होंने 'ओपिनियन' के रूप में प्रस्तुत किया । यश पाल दास यह समझने में चूक गए कि रमेश अग्रवाल एक बहुत ही धूर्त और पाजी किस्म का व्यक्ति है और मुहावरे की भाषा में कहें तो सिर्फ 'जूते की भाषा' ही समझता है । रमेश अग्रवाल पहले और अकेले गवर्नर हैं जो अपने व्यवहार के कारण एक वरिष्ठ रोटेरियन राजेंद्र जैना से सार्वजानिक रूप से पिटे और एक अन्य वरिष्ठ रोटेरियन केके भटनागर से पिटते हुए बचाए गए । यश पाल दास को रमेश अग्रवाल की करतूतों के बारे में शायद पता न हो । लेकिन ललित खन्ना की उम्मीदवारी को रोकने के लिए रमेश अग्रवाल ने जो नौटंकी की थी, उसकी जानकारी तो यश पाल दास को थी ही । उल्लेखनीय है कि ललित खन्ना के मामले में भी यश पाल दास के हस्तक्षेप के बाद रमेश अग्रवाल को ललित खन्ना की उम्मीदवारी को स्वीकार करने के लिए मजबूर होना पड़ा था । हो सकता है कि यश पाल दास ने समझा हो कि उस अनुभव से सबक लेकर रमेश अग्रवाल सुधर गए हों और पढ़े-लिखे लोगों के 'व्यवहार' को समझने लगे हों । यश पाल दास से दरअसल यही गलती हो गई; वह यह समझने से चूक गए कि रमेश अग्रवाल सुधरने वाली चीज नहीं हैं ।
रमेश अग्रवाल खुशकिस्मत निकले कि सरोज जोशी की उम्मीदवारी को लेकर अपनी धूर्तता को अंजाम देने के लिए उन्हें पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता का साथ भी मिल गया । सुशील गुप्ता अपने आप को डिस्ट्रिक्ट का स्वयं-भू ठेकेदार समझते हैं और विश्वास करते हैं कि डिस्ट्रिक्ट में फैसले करने का अधिकार उन्हें मिला हुआ है । वह यह नहीं बताते कि फैसले करने का अधिकार उन्हें दिया किसने है ? सुशील गुप्ता इंटरनेशनल डायरेक्टर रहे हैं । इस नाते उनसे इतनी उम्मीद तो की ही जा सकती है कि वह यह बात अच्छी तरह जानते ही होंगे कि रोटरी इंटरनेशनल में फैसले करने की एक व्यवस्था है, और उसी व्यवस्था में हुए फैसले मान्य होते हैं । सुशील गुप्ता से इतनी उम्मीद तो की ही जानी चाहिए कि उनका चहेता डिस्ट्रिक्ट गवर्नर यदि मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर द्धारा लिए गए किसी फैसले से असंतुष्ट है तो वह उसे सलाह दें कि वह उस फैसले के खिलाफ और ऊपर की अथॉरिटी में शिकायत दर्ज करे । सुशील गुप्ता ने यह किस अधिकार से कर लिया कि मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर के फैसले को मनमाने तरीके से एक फर्जी कमेटी बना कर पलट दें । सुशील गुप्ता ने जिस तथाकथित ओवरसाईट कमेटी में सरोज जोशी की उम्मीदवारी के बारे में यश पाल दास द्धारा लिए गए फैसले को पलट देने का फैसला किया, उस ओवरसाईट कमेटी को न तो रोटरी इंटरनेशनल मान्यता देता है और न ही रमेश अग्रवाल के गवर्नर-काल की डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी में उसका कोई जिक्र है । रोटरी के लिए इससे ज्यादा शर्मनाक बात शायद नहीं हो सकती कि उसके यहाँ इंटरनेशनल डायरेक्टर पद पर रह चुका व्यक्ति अपनी चौधराहट दिखाने के चक्कर में इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की इस तरह से अवमानना करे । रमेश अग्रवाल की धूर्तता यह कि जिस तथाकथित कमेटी का उन्होंने अपनी डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी में जिक्र तक करना जरूरी नहीं समझा, उसके पास वह सरोज जोशी की उम्मीदवारी जैसे मामले को लेकर चले गए । वैसे देखा जाये तो इसमें रमेश अग्रवाल की भी क्या गलती है ? उन्हें जब पता है कि सुशील गुप्ता को 'अक्ल' नहीं है और वह खुशी-खुशी इस्तेमाल हो सकते हैं तो उन्होंने सुशील गुप्ता का इस्तेमाल कर लिया ।
यहाँ मजे की बात यह है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नोमिनी पद के लिए सरोज जोशी की उम्मीदवारी के बारे में इंटरनेशनल डायरेक्टर यश पाल दास द्धारा लिए गए फैसले को मानने से इंकार करने की तथाकथित ओवरसाईट कमेटी की कार्रवाई की शिकायत जब रोटरी इंटरनेशनल कार्यालय में की गई, तो वहाँ से डिप्टी जनरल कोंसेल एण्ड्रू मेक्डोनल्ड का रमेश अग्रवाल को पत्र आया कि सरोज जोशी की उम्मीदवारी के बारे में उन्हें अपने जोन के इंटरनेशनल डायरेक्टर यश पाल दास के निर्देश का पालन करना चाहिए तथा इस मामले में यदि उन्हें कोई और क्लेरिफिकेशन चाहिए तो उन्हें यश पाल दास से ही बात करना चाहिए । रमेश अग्रवाल ने लेकिन इस पत्र पर भी कोई ध्यान नहीं दिया और वह तरह-तरह से सरोज जोशी की उम्मीदवारी के पेपर्स को स्वीकार करने को लेकर टाल-मटोल करते रहे और उनके क्लब के पदाधिकारियों पर नोमीनेटिंग कमेटी के लिए नाम भेजने का दबाव बनाते रहे । रमेश अग्रवाल की चाल थी कि वह किसी तरह धोखे से सरोज जोशी के क्लब से नोमीनेटिंग कमेटी के लिए नाम ले लें तो फिर उनके लिए सरोज जोशी की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नोमिनी पद की उम्मीदवारी के दावे को पचड़े में डालने में आसानी हो जायेगी । सरोज जोशी के क्लब के पदाधिकारी लेकिन उनके किसी झांसे में या धोखे में नहीं आये । इतने सब के बावजूद, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नोमिनी पद के लिए आवेदन करने के अंतिम दिन तक रमेश अग्रवाल ने जब सरोज जोशी की उम्मीदवारी को लेकर अपना टाल-मटोल बाला रवैया जारी रखा, तब यश पाल दास ने भी समझ लिया कि - मुहाबरे की भाषा में कहें तो - रमेश अग्रवाल को 'जूते की भाषा' ही समझ में आती है; और उन्होंने दो-टूक शब्दों में लिख दिया कि यह उनकी ओपिनियन नहीं है, बल्कि यह उनका फैसला है कि सरोज जोशी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नोमिनी पद के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के योग्य हैं ।
यश पाल दास द्धारा लिख कर बताये गये इस स्पष्ट फैसले के बाद उम्मीद तो की जाती है कि रमेश अग्रवाल के पास सरोज जोशी की उम्मीदवारी पर टाल-मटोल करने का अब कोई मौका नहीं बचा है; लेकिन जैसा कि बार-बार की घटनाओं से साबित होता रहा है कि रमेश अग्रवाल बहुत ही धूर्त किस्म की खूबियाँ रखते हैं - इसलिए हो सकता है कि वह और कोई तिकड़म भिड़ाने की कोशिश करें । यश पाल दास के रवैये से भी लेकिन एक बात साफ नज़र आ रही है कि सरोज जोशी की उम्मीदवारी के मुद्दे पर वह रमेश अग्रवाल को बख्शने के मूड में नहीं हैं । ललित खन्ना की उम्मीदवारी के मामले में यश पाल दास एक बार रमेश अग्रवाल के 'कान उमेठ कर उन्हें सीधा कर चुके हैं' । सरोज जोशी की उम्मीदवारी के मामले में भी लगता है कि उन्होंने वही कहानी दोहराने का मन बना लिया है और रमेश अग्रवाल को सबक सिखाने का फैसला कर लिया है । ऐसे में, तमाम धूर्त किस्म की खूबियाँ रखने के बावजूद रमेश अग्रवाल के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नोमिनी पद के लिए सरोज जोशी की उम्मीदवारी को लेकर टाल-मटोल कर पाना अब संभव नहीं होगा और उन्हें सरोज जोशी की उम्मीदवारी को स्वीकार करना ही पड़ेगा जैसे कि तमाम नौटंकी के बाद भी उन्हें ललित खन्ना की उम्मीदवारी को स्वीकार करना पड़ा था ।

Thursday, August 30, 2012

नोमीनेटिंग कमेटी के लिए अचानक और आश्चर्यजनक रूप से प्रस्तुत हुई दमनजीत सिंह की उम्मीदवारी ने बड़े रोटरी नेताओं की सक्रियता का खेल उजागर किया

नई दिल्ली/मुंबई | दमनजीत सिंह ने इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार चुनने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करके अपने डिस्ट्रिक्ट के लोगों को तो चक्कर में डाल ही दिया है, पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता की राजनीति के लिए भी गंभीर संकट पैदा कर दिया है | दमनजीत सिंह राजनीति से कोसों दूर रहने वाले एक भले रोटेरियन के रूप में डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच पहचाने जाते हैं; लेकिन 'राजनीति से कोसों दूर रहने वाले' दमनजीत सिंह की एक चाल ने डिस्ट्रिक्ट ही नहीं देश की रोटरी की राजनीति की चाल बिगाड़ दी है | चूँकि सच यही है कि दमनजीत सिंह राजनीति से कोसों दूर रहने वाले रोटेरियन हैं, इसलिए इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार चुनने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के लिए जैसे ही दमनजीत सिंह की उम्मीदवारी की प्रस्तुति की चर्चा चली, जूलियस सीजर के 'यू टू ब्रूटस' वाली स्टाइल में डिस्ट्रिक्ट के लोगों ने जैसे एक-दूसरे से पूछा - 'दमनजीत सिंह भी !' एक तरफ सच यदि यह है कि दमनजीत सिंह राजनीति से कोसों दूर रहने वाले रोटेरियन हैं, तो दूसरी तरफ सच यह भी है कि कोयले की खदान में रहते हुए कोई कब तक अपने हाथ काले होने से बचा सकता है | सो, डिस्ट्रिक्ट के लोगों के सामने एक ऐसा सच सामने था जिसे स्वीकार करते हुए उन्हें चक्कर आ रहा था - इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार चुनने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के लिए दमनजीत सिंह भी उम्मीदवार बनने की तैयारी कर रहे हैं | जो लोग सिर्फ दमनजीत सिंह को जानते हैं उन्हें इस जानकारी से आश्चर्य हो रहा था; लेकिन जो लोग मानते हैं कि हर 'घटना' के पीछे कोई न कोई कारण अवश्य होता है उन्होंने समझने की कोशिश की कि राजनीति से कोसों दूर रहने वाले दमनजीत सिंह के राजनीति के मैदान में उतरने के पीछे कारण आखिर क्या है ?
दमनजीत सिंह के निकटवर्तियों के हवाले से ऐसे लोगों ने जाना/पाया कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार चुनने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के लिए प्रस्तुत होने वाली दमनजीत सिंह की उम्मीदवारी के पीछे भरत पांड्या और मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर यशपाल दास तथा पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर अशोक महाजन हैं | यहाँ यह जानना महत्वपूर्ण है कि भरत पांड्या इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के उम्मीदवार हैं और यशपाल दास व अशोक महाजन ने उन्हें इंटरनेशनल डायरेक्टर चुनवाने का बीड़ा उठाया हुआ है | डिस्ट्रिक्ट 3010 में अशोक महाजन का काम अभी कुछ समय पहले तक मुकेश अरनेजा देखते थे, लेकिन 'जहाँ देखी तवा परांत, वहीं बिताई सारी रात' जैसी अपनी फितरत के चलते मुकेश अरनेजा ने अब शेखर मेहता से अपने तार जोड़े हुए हैं; लिहाजा अशोक महाजन को डिस्ट्रिक्ट 3010 में अपनी राजनीति चलाने के लिए कोई और 'आधार' चाहिए | दमनजीत सिंह पर हाथ रख कर अशोक महाजन ने वास्तव में डिस्ट्रिक्ट 3010 में अपनी पैठ बनाने की कोशिश की है | अशोक महाजन और शेखर मेहता की निगाह रोटरी इंटरनेशनल के प्रेसीडेंट पद पर है, और इसीलिए उन्हें प्रत्येक डिस्ट्रिक्ट में 'अपने' आदमी चाहिए हैं | डिस्ट्रिक्ट 3010 की चौधराहट सुशील गुप्ता अपने पास रखना चाहते हैं - उनका राजनीतिक गठजोड़ शेखर मेहता के साथ तो बनता है, लेकिन अशोक महाजन के साथ नहीं बनता |
इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार चुनने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के चुनाव के जरिये डिस्ट्रिक्ट 3010 को इन तीनों ने अपनी अपनी प्रयोगशाला बना लिया है | सुशील गुप्ता अपने डिस्ट्रिक्ट की चौधराहट को अपने पास बनाये रखने के लिए रंजन ढींगरा पर दांव लगाना चाहते हैं; शेखर मेहता को लगता है कि मुकेश अरनेजा इस डिस्ट्रिक्ट में 'उनकी' राजनीति करेंगे; उन्हें दरअसल एक 'खाड़कू' किस्म का व्यक्ति चाहिए और वह मुकेश अरनेजा को इसके लिए बिलकुल फिट पाते हैं - इसलिए वह सुशील गुप्ता को मुकेश अरनेजा का समर्थन करने के लिए समझा रहे हैं | सुशील गुप्ता उन्हें मुकेश अरनेजा पर भरोसा करने से सावधान करने की कोशिश कर रहे हैं | कुछेक और लोगों ने भी शेखर मेहता को मुकेश अरनेजा जैसे अवसरवादी से बचने की सलाह दी है - शेखर मेहता को बताया/समझाया गया है कि मुकेश अरनेजा ने हर किसी को अपने स्वार्थ में इस्तेमाल ही किया है और हर किसी को धोखा ही दिया है | डिस्ट्रिक्ट 3010 में सुशील गुप्ता और शेखर मेहता के बीच इस मत-भिन्नता में आशोक महाजन ने अपनी दाल गलाने के लिए दमनजीत सिंह पर हाथ रखा है - उन्हें विश्वास है कि दमनजीत सिंह की साफ छवि उनका काम आसान बनायेगी | अशोक महाजन को विश्वास है कि दमनजीत सिंह को आगे करके वह डिस्ट्रिक्ट 3010 के उन नेताओं को भी अपने पाले में ले आयेंगे, जो राजा साबू के आदमी के रूप में जाने/पहचाने/समझे जाते हैं |
राजा साबू और कल्याण बनर्जी के बीच पिछले कुछ समय से जो 'सीजफायर' बना हुआ है, उसके चलते उम्मीद है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर का चुनाव बहुत दूर तक नहीं जायेगा और ज्यादा घमासान नहीं मचेगा और सारा खेल नोमीनेटिंग कमेटी के फैसले तक ही चलेगा | इसलिए रोटरी की राजनीति में राजा साबू और कल्याण बनर्जी की छाया से निकल कर अपना अपना झंडा फहराने की तैयारी कर रहे सुशील गुप्ता, शेखर मेहता और अशोक महाजन ने अपनी सारी ताकत इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार चुनने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के चुनाव में लगा दी है | नोमीनेटिंग कमेटी का चुनाव इस कारण से भी महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के उम्मीदवारों की पसंद और भरोसा उन्हें चुनवाने/जितवाने का 'ठेका' लिए नेताओं की पसंद और भरोसे से अलग भी दिख रहा है | इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए भरत पांड्या यदि राजा साबू/अशोक महाजन ग्रुप के भरोसे हैं तो उन्हीं के डिस्ट्रिक्ट - डिस्ट्रिक्ट 3140 - के गुलाम वहनवती को कल्याण बनर्जी ग्रुप की शह है | कल्याण बनर्जी ग्रुप से लेकिन डिस्ट्रिक्ट 3060 के मनोज देसाई का पलड़ा भारी दिखता है, क्योंकि उनकी उम्मीदवारी में मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर शेखर मेहता दिलचस्पी लेते सुने गए हैं | डिस्ट्रिक्ट 3131 के विनय कुलकर्णी को भरोसा है कि राजा साबू/अशोक महाजन ग्रुप उन पर भी दांव लगा सकता है | डिस्ट्रिक्ट 3132 के राजीव प्रधान और उनके समर्थकों को उम्मीद है कि रोटरी के भले के लिए दोनों ग्रुप के नेता उन्हें ही इंटरनेशनल डायरेक्टर चुनवायेंगे | डिस्ट्रिक्ट 3040 के आलोक बिल्लोरे तथा डिस्ट्रिक्ट 3030 के मधु रुघवानी भी अपनी उम्मीदवारी के लिए माहौल बनाने की जुगत में लगे हैं, लेकिन अभी उन्हें अपनी उम्मीदवारी के प्रति लोगों को आश्वस्त करने का काम ही करना पड़ रहा है |
दमनजीत सिंह की अचानक और आश्चर्यजनक रूप से इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार चुनने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के लिए प्रस्तुत हुई उम्मीदवारी ने नोमीनेटिंग कमेटी के लिए होने वाले चुनाव में पर्दे के पीछे चलने वाले खेल का एक संकेत भर दिया है | लेकिन यह ऐसा संकेत है जो बताता है कि नोमीनेटिंग कमेटी का चुनाव खासा दिलचस्प होने जा रहा है, क्योंकि इसमें बड़े नेताओं की सक्रिय भूमिका रहेगी |  
 

Thursday, November 10, 2011

रमेश अग्रवाल द्धारा अपमानित किये जाने के बाद भी सुशील गुप्ता आखिर किस मजबूरी के चलते चुप हैं

भूतपूर्व रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता को अपने ही डिस्ट्रिक्ट - रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में बुरी तरह अपमानित होना पड़ा है | उन्हें अपमानित करने का काम किया डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट रमेश अग्रवाल ने | रमेश अग्रवाल ने सुशील गुप्ता को तो उनकी 'राजनीतिक औकात' बताने का काम किया ही, साथ ही रोटरी भावना को भी लज्जित किया | मामला डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट के रूप में रमेश अग्रवाल के पहले कार्यक्रम 'पेम' - प्रेसीडेंट इलेक्ट मीट से जुड़ा है | जैसा कि नाम से ही जाहिर है, 'पेम' (प्रेसीडेंट इलेक्ट मीट) प्रेसीडेंट इलेक्ट के आपस में एक-दूसरे से और अपने कार्यकाल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर व उसकी टीम के संभावित पदाधिकारियों से मिलने-जुलने का और परिचित होने का कार्यक्रम है - जिसमें प्रेसीडेंट इलेक्ट की उपस्थिति जरूरी होती है | रमेश अग्रवाल ने लेकिन कई प्रेसीडेंट इलेक्ट को अपने 'पेम' कार्यक्रम में आने से मना किया | इसका उन्होंने किसी को कोई स्पष्ट कारण भी नहीं बताया | रोटरी क्लब दिल्ली सेलेक्ट की अध्यक्ष दीप्ति गुप्ता ने इसकी शिकायत सुशील गुप्ता से की | दीप्ति गुप्ता ने सुशील गुप्ता से कहा कि प्रेसीडेंट इलेक्ट होने के नाते 'पेम' कार्यक्रम में उपस्थित होना उनका अधिकार भी है, और उनके लिए जरूरी भी है | दीप्ति गुप्ता ने सुशील गुप्ता से यह शिकायत इसलिए की क्योंकि सुशील गुप्ता डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच लगातार यह आह्वान करते रहे हैं कि किसी भी तरह की शिकायतों को डिस्ट्रिक्ट से बाहर ले जाने से पहले उन्हें डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख लोगों के बीच ही रखना चाहिए, ताकि डिस्ट्रिक्ट की बदनामी न हो | दीप्ति गुप्ता ने सोचा कि पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर होने के नाते सुशील गुप्ता का कद बड़ा है, इसलिए अपनी शिकायत उन्होंने सुशील गुप्ता के सामने ही रखी | सुशील गुप्ता ने उनकी शिकायत पर दिलचस्पी के साथ सिर्फ गौर ही नहीं किया, उनकी शिकायत को जायज़ भी माना |
सुशील गुप्ता ने इस बात पर आश्चर्य भी किया कि रमेश अग्रवाल वैसे तो रोटरी के बारे में बहुत ज्ञान की बातें करते हैं लेकिन फिर भी वह प्रेसीडेंट इलेक्ट मीट में प्रेसीडेंट इलेक्ट को ही आने से मना क्यों कर रहे हैं | सुशील गुप्ता ने दीप्ति गुप्ता को आश्वस्त किया कि वह रमेश अग्रवाल से बात करेंगे | उन्होंने रमेश अग्रवाल से बात की भी | इसका असर यह हुआ कि दीप्ति गुप्ता को रमेश अग्रवाल के कार्यालय से 'पेम' में शामिल होने का निमंत्रण मिल गया | दीप्ति गुप्ता के पास यह निमंत्रण लेकिन ज्यादा समय नहीं रह सका | जल्दी ही रमेश अग्रवाल के कार्यालय से उन्हें फोन मिला कि भले ही वह प्रेसीडेंट इलेक्ट हों, लेकिन उन्हें प्रेसीडेंट इलेक्ट मीट में आने की जरूरत नहीं है | कुछेक लोगों ने रमेश अग्रवाल को समझाया भी कि सुशील गुप्ता के कहने के बावजूद आप यदि दीप्ति गुप्ता को 'पेम' में शामिल नहीं होने दोगे तो यह सुशील गुप्ता का अपमान होगा | रमेश अग्रवाल ने लेकिन अपने स्वभाव के अनुरूप बदतमीजी से यह कहते हुए उन्हें चुप करा दिया कि 'पेम' में कौन शामिल होगा - यह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने के नाते वह तय करेंगे या सुशील गुप्ता तय करेगा | इस तरह सुशील गुप्ता के हस्तक्षेप के बावजूद दीप्ति गुप्ता को 'पेम' में उपस्थित होने का मौका नहीं मिला | कुछ लोगों को लगता है कि रमेश अग्रवाल चूंकि दीप्ति गुप्ता के पति जीतेंद्र गुप्ता से खुन्नस रखते हैं, और अपनी खुन्नस का बदला उन्होंने दीप्ति गुप्ता से लिया | हो सकता है कि यह सच भी हो, लेकिन रमेश अग्रवाल ने जो हरकत दीप्ति गुप्ता के साथ की, वैसी ही हरकत कुछेक और क्लब्स के प्रेसीडेंट इलेक्ट के साथ भी की है |
रोटरी क्लब ऑफ़ गाज़ियाबाद मिडटाउन के मामले में तो उन्हें क्लब के वरिष्ठ सदस्य उमेश चोपड़ा से जमकर खरी-खोटी भी सुननी पड़ी | रोटरी क्लब ऑफ़ गाज़ियाबाद मिडटाउन के प्रेसीडेंट इलेक्ट संदीप गोयल के साथ तो दरअसल और मजाक हुआ | रमेश अग्रवाल ने गाज़ियाबाद के अपने एक दूत आलोक गर्ग से संदीप गोयल को पहले तो यह सन्देश भिजवाया कि उन्हें इस-इस तैयारी के साथ और इस ड्रेस-कोड का पालन करते हुए 'पेम' में आना है, लेकिन ठीक एक दिन पहले आलोक गर्ग से ही यह कहलवा दिया कि उन्हें 'पेम' में आने की जरूरत नहीं है | संदीप गोयल ने अपने आप को इतना अपमानित महसूस किया कि वह यह बात किसी को बता भी नहीं पाए | दो-तीन दिन बाद जब क्लब के वरिष्ठ सदस्य उमेश चोपड़ा को यह पता चला तो उन्होंने रमेश अग्रवाल को फोन करके खूब लताड़ा | रमेश अग्रवाल ने उन्हें 'रोटरी' समझाने की कोशिश की, लेकिन उमेश चोपड़ा ने उन्हें नसीहत दी कि रोटरी पहले वह खुद समझें | उमेश चोपड़ा ने उनसे पूछा कि प्रेसीडेंट इलेक्ट मीट में प्रेसीडेंट इलेक्ट नहीं होगा तो कौन होगा ? रमेश अग्रवाल इसका कोई जबाव नहीं दे सके | उमेश चोपड़ा ने रमेश अग्रवाल को याद दिलाया कि रमेश, अभी ज्यादा दिन थोड़े ही हुए हैं जब तू उम्मीदवार था और वोट के लिए हम लोगों की खुशामद किया फिरता था | इतनी जल्दी भूल गया कि हम लोगों के समर्थन से ही गवर्नर बना है |
रमेश अग्रवाल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुने जाने के बाद से दरअसल इतने घमंड में आ गए हैं कि किसी के साथ भी बदतमीजी कर देते हैं | अपनी बदतमीजीपूर्ण हरकतों के चलते वह लोगों को लगातार नाराज़ करते जा रहे हैं और इसके बदले में उनके गुस्से का शिकार होते जा रहे हैं | रोटरी कलब मोदीनगर के वरिष्ठ सदस्य केके भटनागर उनकी बदतमीजी के लिए उन्हें बुरी तरह लताड़ चुके हैं | राजेंद्र जेना से तो रमेश अग्रवाल भरी मीटिंग में पिट भी चुके हैं | रमेश अग्रवाल की बकवासपूर्ण बदतमीजी से डिस्ट्रिक्ट के मौजूदा गवर्नर असित मित्तल भी नहीं बच सके हैं; जिसके बाद असित मित्तल ने जुमला कसा कि रमेश अग्रवाल की शक्ल तो काली है ही, उसका मन भी काला है | रमेश अग्रवाल की हरकतों का आलम यह है कि उन्होंने जिन मुकेश अरनेजा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया है, वह मुकेश अरनेजा भी उनसे डर कर रहते हैं | लोगों से बदतमीजी करने के मामले में मुकेश अरनेजा ने भी हालाँकि खूब नाम कमाया है और वह खुद ही अपने आप को डिस्ट्रिक्ट का 'गुंडा' बताते रहे हैं लेकिन रमेश अग्रवाल के सामने उन्हें भी लगता है कि वह कमजोर हैं | 'पेम' में प्रेसीडेंट इलेक्ट को आने से मना करने के मामले में कुछेक लोगों ने जब मुकेश अरनेजा से संपर्क किया तो उन्होंने साफ कहा कि वह डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर जरूर हैं लेकिन वह रमेश अग्रवाल को कोई सुझाव नहीं दे सकेंगे | मुकेश अरनेजा ने लोगों से साफ कहा कि रमेश अग्रवाल सिरफिरा आदमी है, तुम्हारी कुर्सी रखवाने की कोशिश मैं करूंगा तो वह मेरी कुर्सी ही हटा देगा, इसलिए मैं तो चुप ही रहूँगा |
मुकेश अरनेजा का तो स्वार्थ समझ में आता है | डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर का पद वह दोबारा गँवाना नहीं चाहेंगे | उल्लेखनीय है कि इससे पहले अमित जैन ने उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया था, लेकिन उनकी हरकतों से तंग आकर फिर उन्हें हटा दिया था | मुकेश अरनेजा ने बड़ी खुशामद करके दोबारा डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर का पद पाया है | इसलिए वह रमेश अग्रवाल को किसी भी तरह नाराज़ नहीं करना चाहते | लेकिन सुशील गुप्ता का स्वार्थ किसी की भी समझ से परे हैं | वह मानते हैं कि रमेश अग्रवाल ने प्रेसीडेंट इलेक्ट मीट में प्रेसीडेंट इलेक्ट को आने से मना करके रोटरी भावना के खिलाफ काम किया है; वह मानते हैं कि इस तरह की बातों से रोटरी की और डिस्ट्रिक्ट की बदनामी होती है; उन्होंने कोशिश भी की कि रमेश अग्रवाल प्रेसीडेंट इलेक्ट मीट में प्रेसीडेंट इलेक्ट को आमंत्रित करें - उसके बावजूद रमेश अग्रवाल के कानों पर जूँ तक नहीं रेंगी; और सुशील गुप्ता चुपचाप बने रहे | किसी के लिए भी यह समझ पाना मुश्किल बना हुआ है कि सुशील गुप्ता आखिर किस मजबूरी के चलते रमेश अग्रवाल द्धारा उन्हें अपमानित करने तथा रोटरी भावना को लज्जित करने की कार्रवाई को चुपचाप देखते रहे हैं |
[यह रिपोर्ट विस्तृत रूप में 'रचनात्मक संकल्प' के प्रिंट ऐडीशन में पढ़ी जा सकती है |]