Showing posts with label Satyanarayan Mundada. Show all posts
Showing posts with label Satyanarayan Mundada. Show all posts

Sunday, June 10, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की पुणे ब्रांच के चेयरमैन आनंद जखोटिया वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के सदस्य सत्यनारायण मूंदड़ा को तरह तरह से अपमानित और परेशान करके रीजनल काउंसिल के लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की 'तैयारी' कर रहे हैं क्या ?

पुणे । पुणे ब्रांच के चेयरमैन आनंद जखोटिया ने वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के सदस्य सत्यनारायण मूंदड़ा के खिलाफ जिस तरह का अभियान छेड़ा हुआ है और अलग अलग तरीकों से उन्हें अपमानित करने तथा रीजनल काउंसिल की चुनावी राजनीति से बाहर करने के लिए वह प्रयास कर रहे हैं, उसके चलते माहेश्वरी समाज और चार्टर्ड एकाउंटेंट्स छात्रों के बीच गहरी नाराजगी पनपती देखी/महसूस की जा रही है । आनंद जखोटिया के लिए मुसीबत की बात यह भी हो गई है कि ब्रांच में भी वह पूरी तरह अलग-थलग और अकेले पड़ गए हैं, जिसका परिणाम 31 मई को स्थगित होकर चार जून को संपन्न हुई ब्रांच की मैनेजिंग कमेटी की मीटिंग में देखने को मिला । 31 मई को बुलाई गई मीटिंग में तो ऐतिहासिक काण्ड हो गया, क्योंकि पुणे ब्रांच के इतिहास में यह पहली बार हुआ कि चेयरमैन द्वारा बुलाई गई मैनेजिंग कमेटी की मीटिंग का सभी सदस्यों ने बहिष्कार किया, जिसके चलते मीटिंग में चेयरमैन के अलावा अन्य कोई सदस्य पहुँचा ही नहीं - जिसके नतीजे में चेयरमैन के रूप में आनंद जखोटिया को मीटिंग के लिए नई तारीख की घोषणा करने के लिए मजबूर होना पड़ा । 4 जून को जब दोबारा बुलाई गई मीटिंग हुई, तो उसमें अधिकतर सदस्यों ने आनंद जखोटिया को जमकर खरीखोटी सुनाई । पुणे ब्रांच के सेक्रेटरी तथा पुणे विकासा चेयरमैन राजेश अग्रवाल का तो गंभीर आरोप रहा कि उनसे पूछे व उन्हें बताये बिना ही आनंद जखोटिया ब्रांच के खर्चे तथा छात्रों से जुड़े कार्यक्रम कर ले रहे हैं । राजेश अग्रवाल कई मौकों पर रोना रो चुके हैं कि आनंद जखोटिया पिछले वर्ष जब चेयरमैन बनने की तिकड़में लगा रहे थे, तब तो वह तत्कालीन चेयरमैन अरुण गिरी का समर्थन दिलवाने के लिए उनकी खुशामद में रहते थे, लेकिन चेयरमैन बनने के बाद आनंद जखोटिया उन्हें सहयोगी पदाधिकारी के अनुरूप तक इज्जत देने को तैयार नहीं हैं । पुणे में कई लोग जानते हैं कि राजेश अग्रवाल ने आनंद जखोटिया को चेयरमैन बनवाने के लिए अरुण गिरी को समर्थन के लिए कितनी मुश्किलों से तैयार किया था, क्योंकि अरुण गिरी जानते/समझते थे कि आनंद जखोटिया भरोसा करने वाले व्यक्ति नहीं है । राजेश अग्रवाल अब महसूस कर रहे हैं कि अरुण गिरी की बात न मान कर उन्होंने बड़ी गलती की है ।
मीटिंग में एक्सऑफिसो सदस्य के रूप में वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के सदस्य सर्वेश जोशी ने आनंद जखोटिया की इस बात के लिए भारी आलोचना की कि वह ब्रांच के पदाधिकारी अपने साथियों के साथ-साथ वरिष्ठ सदस्यों को भी पर्याप्त इज्जत नहीं देते हैं, और अपनी कारगुजारियों व अपने व्यवहार से कभी भी किसी भी मौके पर किसी को भी बेइज्जत कर देते हैं । सर्वेश जोशी ने उन्हें यह कहते हुए सलाह दी, कि हालाँकि मैं जानता हूँ कि आप इसे मानेंगे नहीं, कि आपको सभी को उचित सम्मान देना चाहिए, ब्रांच की कार्रवाईयों में सभी सदस्यों को सम्मिलित करना चाहिए तथा सभी का सहयोग लेना चाहिए । पिछले वर्ष ब्रांच के चेयरमैन रहे अरुण गिरी ने आनंद जखोटिया के कार्य-व्यवहार की आलोचना करते हुए चेतावनी दी कि आनंद जखोटिया का काम करने का तरीका और उनका व्यवहार पुणे ब्रांच में हमेशा से रहे सौहार्द के माहौल को खराब करने के साथ-साथ पुणे ब्रांच को बदनाम करने का भी काम कर रहा है । आनंद जखोटिया पर एक गंभीर आरोप यह लगा कि ब्रांच की तरफ से होने वाले सेमिनार्स आदि में स्पीकर्स के रूप में अपने परिचितों के नाम पर वह मनमाने तरीके से ऐसे लोगों को बुला रहे हैं, जिनकी एकेडमिक क्षमताएँ कम और संदिग्ध हैं, और इस तरह वह सेमिनार्स व स्पीकर्स के मामले में पुणे ब्रांच की बनी हुई पहचान व प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं । 4 जून की मीटिंग में आनंद जखोटिया का जो हाल हुआ और उन पर जिस तरह के गंभीर आरोप लगे, उसके बारे में पुणे के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को जैसे जैसे पता चला, वैसे वैसे पुणे के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच आनंद जखोटिया के कार्य-व्यवहार को लेकर शिकायती बातें चर्चा में आने लगी हैं । इन्हीं चर्चाओं में वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के सदस्य सत्यनारायण मूंदड़ा के खिलाफ आनंद जखोटिया द्वारा की जा रही कारगुजारियों की बातें प्रमुखता से सुनाई देने लगी हैं । सत्यनारायण मूंदड़ा पुणे के वरिष्ठ चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं, जो कई वर्षों से वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में पुणे का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं । रीजनल काउंसिल के पिछले चुनाव में उन्हें पुणे के उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा वोट मिले थे । सत्यनारायण मूंदड़ा को पुणे में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की राजनीति में मारवाड़ी, खासकर माहेश्वरी समाज के एक बड़े प्रवक्ता व प्रतिनिधि के रूप में भी देखा/पहचाना जाता है । देखने में आ रहा है कि पुणे ब्रांच के चेयरमैन के रूप में आनंद जखोटिया तरह तरह की कार्रवाईयों के जरिये सत्यनारायण मूंदड़ा को अपमानित तथा परेशान करने का काम कर रहे हैं ।
समझा जा रहा है कि आनंद जखोटिया वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल का चुनाव लड़ने की 'तैयारी' कर रहे हैं, और इसी तैयारी के तहत वह सत्यनारायण मूंदड़ा पर इस बार चुनावी मुकाबले से बाहर रहने के लिए दबाव बना रहे हैं । दरअसल आनंद जखोटिया भी अपनी संभावित उम्मीदवारी के समर्थन के लिए माहेश्वरी वोटों पर निर्भर हैं; और जानते/समझते हैं कि सत्यनारायण मूंदड़ा के उम्मीदवार होते/रहते हुए तो माहेश्वरी वोट उन्हें मिलेंगे नहीं - लिहाजा वह किसी भी तरह से सत्यनारायण मूंदड़ा को रास्ते से हटाने के अभियान में जुट गए हैं । आनंद जखोटिया पुणे में माहेश्वरी प्रोफेशनल फोरम के चेयरमैन भी हैं, और इस रूप में वह माहेश्वरीज के बीच सत्यनारायण मूंदड़ा को बदनाम करने का प्रयास भी कर रहे हैं । इसके लिए आनंद जखोटिया अक्सर उस किस्से का इस्तेमाल करते हैं, जिसमें पुणे ब्रांच की एक मीटिंग में सत्यनारायण मूंदड़ा ने कथित रूप से यह कहा कि 'बिल्डिंग चेयरमैन के बाप की नहीं है ।' आनंद जखोटिया ने इस किस्से को वाट्स-ऐप पर भी प्रचारित किया और तरह तरह से लोगों को बताया भी कि सत्यनारायण मूंदड़ा ने मीटिंग में असभ्य भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें निशाना बनाया और अपमानित किया । आनंद जखोटिया के लिए मुसीबत की बात लेकिन यह है कि कोई इस बात पर विश्वास करने के लिए ही तैयार ही नहीं है कि सत्यनारायण मूंदड़ा किसी के लिए भी असभ्य भाषा का इस्तेमाल कर सकते हैं; कुछेक लोगों ने तो यहाँ तक कहा कि और यदि सत्यनारायण मूंदड़ा ने वास्तव में आनंद जखोटिया के लिए असभ्य भाषा का इस्तेमाल किया भी है, तो यह इस बात का प्रमाण है कि वह आनंद जखोटिया के व्यवहार से बुरी तरह तंग व परेशान हो गए होंगे । आनंद जखोटिया ने खुद ही बताया कि सत्यनारायण मूंदड़ा ब्रांच बिल्डिंग में छात्रों के साथ तस्वीर खिंचवाते समय उनके एक आदेश का हवाला देते हुए उन्हें रोके जाने पर नाराज थे, हालाँकि उन्होंने ऐसा कोई आदेश नहीं दिया है । लोगों का यह पूछना है कि चेयरमैन के रूप में आनंद जखोटिया ने क्या इस बात की जाँच और कार्रवाई की, कि उनके आदेश का झूठा हवाला देते हुए आखिर किसने और क्यों सत्यनारायण मूंदड़ा जैसे वरिष्ठ चार्टर्ड एकाउंटेंट व पदाधिकारी को ब्रांच बिल्डिंग में अपमानित करने का काम किया ? 
आनंद जखोटिया जहाँ तहाँ सत्यनारायण मूंदड़ा की तो शिकायत करते रहते हैं, लेकिन उनका नाम लेकर ब्रांच बिल्डिंग में हुए सत्यनारायण मूंदड़ा के अपमान पर चुप्पी बनाये रखते हैं । आनंद जखोटिया के इस व्यवहार पर पुणे के माहेश्वरी चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच गहरा रोष है, जिसका सामना आनंद जखोटिया को माहेश्वरी प्रोफेशनल फोरम में भी करना पड़ रहा है । लोगों का कहना है कि आनंद जखोटिया अपने राजनीतिक स्वार्थ में माहेश्वरी समाज के सत्यनारायण मूंदड़ा जैसे वरिष्ठ व प्रतिष्ठित व्यक्ति को अपमानित कर/करवा सकते हैं, तो फिर उन पर कौन भरोसा कर सकता है ? आनंद जखोटिया के नजदीकियों का ही कहना/बताना है कि वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल की अपनी उम्मीदवारी को प्रस्तुत करने की तैयारी के तहत माहेश्वरी वोटों का समर्थन पक्का करने के उद्देश्य से सत्यनारायण मूंदड़ा को रास्ते से हटाने के लिए उन्हें तरह तरह से अपमानित व परेशान करने का जो दुष्चक्र रचा है, वह आनंद जखोटिया के लिए ही मुसीबत का कारण बन रहा है ।

Monday, April 23, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चुनाव में पुणे के अरुण गिरी द्वारा सबसे ज्यादा वोट प्राप्त करने के लक्ष्य-निर्धारण ने यशवंत कसार के लिए - बल्कि वास्तव में एसबी जावरे के लिए चुनौती खड़ी की

पुणे । वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए प्रस्तुत यशवंत कसार की उम्मीदवारी को कामयाब बनाने/बनवाने के लिए इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य एसबी जावरे ने जिस तरह से कमर कस ली है, उसने पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में खासी गर्मी पैदा कर दी है । उल्लेखनीय है कि यशवंत कसार के अलावा वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए सत्यनारायण मूंदड़ा, रेखा धमनकर व अरुण गिरी के नाम चर्चा में हैं । सत्यनारायण मूंदड़ा रीजनल काउंसिल में अपना छटवाँ वर्ष, यानि दूसरा टर्म पूरा कर रहे हैं, और तीसरे टर्म के लिए चुनावी मैदान में होंगे - इसलिए उनकी जीत तो पक्की ही मानी जा रही है । यशवंत कसार, रेखा धमनकर व अरुण गिरी पिछले तीन वर्षों में क्रमशः पुणे ब्रांच के चेयरमैन रहे हैं - यशवंत कसार पिछले टर्म के आखिरी वर्ष में, तथा रेखा धमनकर व अरुण गिरी मौजूदा टर्म के पहले दो वर्षों में । अरुण गिरी वर्ष 2009 में सेंट्रल काउंसिल का चुनाव लड़ चुके हैं, जिसमें उन्हें सफलता तो नहीं मिली थी - लेकिन उनका चुनावी प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा था । पुणे से रीजनल काउंसिल के लिए दो सीट निकलना आसान होता रहा है; पिछली बार तीन सीट निकालने के लिए कोशिशें तो खूब हुईं थीं - लेकिन उसमें कामयाबी नहीं मिल सकी थी । वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए पुणे से निकलने वाली दो सीटों पर सत्यनारायण मूंदड़ा के साथ अरुण गिरी का दावा माना/पहचाना जा रहा है, इसलिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी की नाव को पार लगाने के लिए एसबी जावरे को उनकी उम्मीदवारी की बागडोर अपने हाथ में लेना पड़ी है । 
यशवंत कसार को पुणे में एसबी जावरे के 'आदमी' के रूप में देखा/पहचाना जाता है । पिछली बार, पुणे ब्रांच का चेयरमैन रहते हुए यशवंत कसार ने एसबी जावरे का आशीर्वाद लेते हुए वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए पहले तो अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की थी, लेकिन कुछ ही दिनों में एसबी जावरे ने सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत अपनी उम्मीदवारी की सफलता को सुरक्षित बनाने के लिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी की बलि ले ली थी । इसलिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी को इस बार सफल बनाना एसबी जावरे अपनी नैतिक जिम्मेदारी मान रहे हैं । पुणे में एसबी जावरे की जो स्थिति है, उसमें उनका आशीर्वाद और उनका 'आदमी' होने की पहचान ही यशवंत कसार की जीत की गारंटी हो सकता था - लेकिन सत्यनारायण मूंदड़ा के चुनावी मैदान में डटे रहने और अरुण गिरी की उम्मीदवारी के प्रस्तुत होने से यशवंत कसार के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं । पिछली बार चुनावी वर्ष में यशवंत कसार पुणे ब्रांच के चेयरमैन थे, इसलिए लोगों के बीच उनकी पहचान और पैठ थी; लेकिन पिछले करीब दो वर्षों से वह चूँकि सीन से गायब हैं, और चुनावी राजनीति में चूँकि 'दिखने' वाले को ही लोग पहचानते हैं इसलिए यशवंत कसार के लिए इस बार का चुनावी मुकाबला खासा मुश्किल है । एसबी जावरे ने उन्हें हालाँकि इंस्टीट्यूट की 'कैपेसिटी बिल्डिंग ऑफ मेंबर्स इन प्रैक्टिस' कमेटी में को-ऑप्ट तो करवा दिया है, लेकिन उक्त कमेटी में को-ऑप्ट सदस्य रहते हुए यशवंत कसार के लिए वास्तव में ऐसा कुछ कर पाने की कोई संभावना होगी - जिसका वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चुनाव में वह कोई फायदा उठा सकें, इसमें उनके नजदीकियों और समर्थकों को ही संदेह है ।
अरुण गिरी के आक्रामक चुनावी रवैये ने पुणे में चुनावी समीकरणों को जिस तरह से प्रभावित किया है, उसने पुणे के चुनावी परिदृश्य को रोचक बना दिया है । अरुण गिरी ने वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सबसे ज्यादा वोट प्राप्त करने का अपने लिए जो लक्ष्य निर्धारित और घोषित किया है, उसने दूसरे उम्मीदवारों के बीच और खलबली मचाई है । दरअसल अरुण गिरी के इस लक्ष्य निर्धारण को पुणे में चुनावी राजनीति में दिलचस्पी लेने वाले लोगों ने काफी गंभीरता से लिया है । इसका कारण है कि अरुण गिरी अभी भले ही ब्रांच की मैनेजिंग टीम में हों, लेकिन चुनावी राजनीति के संदर्भ में उनकी पहचान काफी बड़ी और व्यापक है । करीब दो वर्ष पहले हुए ब्रांच के चुनाव में उन्हें चुनाव में कुल वोटों का एक-चौथाई हिस्सा मिला था । इस तथ्य का विशेष अर्थ और महत्त्व है । यह कोई छोटी बात नहीं है । ब्रांच के चुनाव में 14 उम्मीदवार थे; जिनमें 13 उम्मीदवारों के बीच करीब 75 प्रतिशत वोट बँटे थे, और करीब 25 प्रतिशत वोट अकेले अरुण गिरी को मिले थे । ऐसा नतीजा तभी पाया जा सकता है, जब हर जातीय समूह और वर्ग के वोटों तक पहुँच व स्वीकार्यता हो । पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में कोई मराठा, तो कोई मारवाड़ी, कोई गुजराती, कोई महिला, कोई नए व युवा वोटों पर निर्भर करता है - तब एक अकेले अरुण गिरी ऐसे उम्मीदवार रहे जिन्हें हर समूह और हर वर्ग से समर्थन मिला । एक बार सेंट्रल काउंसिल का चुनाव लड़ लेने के कारण अरुण गिरी की पुणे से बाहर के लोगों के बीच भी अच्छी पहचान और पैठ है । वर्ष 2009 में अरुण गिरी ने जब सेंट्रल काउंसिल का चुनाव लड़ा था, तब वह पहली बार लोगो के सामने आए थे - हालाँकि तब भी पहली वरीयता में ही उन्हें करीब 850 वोट मिले थे, और एलिमिनेट होने के समय उन्हें मिलने वाले वोटों की गिनती एक हजार के पार हो गई थी । उनकी इसी बैक-ग्राउंड को देखते हुए वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सबसे ज्यादा वोट पाने के उनके लक्ष्य-निर्धारण को गंभीरता से लिया/देखा जा रहा है । इस स्थिति ने लेकिन यशवंत कसार के लिए - और यशवंत कसार के जरिये वास्तव में एसबी जावरे के लिए भारी मुसीबत खड़ी कर दी है । देखना दिलचस्प होगा कि यशवंत कसार को कामयाबी दिलवाने के लिए एसबी जावरे क्या क्या तरकीबें लगाते हैं ?

Friday, August 14, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य एसबी जावरे ने रीजनल काउंसिल के लिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी को प्रस्तुत करवा कर अपनी जो दिलचस्पी व सक्रियता दिखाई है, उसने पुणे की चुनावी राजनीति को खासा दिलचस्प बना दिया है

पुणे । यशवंत कसार ने वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के संकेत देकर पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति को खासा दिलचस्प बना दिया है । यशवंत कसार अभी इंस्टीट्यूट की पुणे ब्रांच के चेयरमैन पद पर हैं । यशवंत कसार ने हालाँकि अभी सिर्फ अपने नजदीकियों को ही अपनी उम्मीदवारी की जानकारी दी है; और सभी को इससे अवगत कराने के लिए उचित मौके का इंतजार कर रहे हैं । अपने समर्थकों को उन्होंने बताया है कि वह जल्दी ही औपचारिक रूप से सभी को अपनी उम्मीदवारी की सूचना देंगे । यशवंत कसार को सेंट्रल काउंसिल सदस्य एसबी जावरे के नजदीकी के रूप में देखा/पहचाना जाता है, और माना जा रहा है कि उनको उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के लिए एसबी जावरे ने ही प्रोत्साहित किया है । पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले लोगों को लगता है कि रीजनल काउंसिल में और रीजनल काउंसिल के माध्यम से पुणे ब्रांच में अपना दबदबा रखने के लिए एसबी जावरे को रीजनल काउंसिल में चूँकि अपना एक 'आदमी' चाहिए, इसलिए ही उन्होंने यशवंत कसार को रीजनल काउंसिल के लिए उम्मीदवार बनवा दिया है । दरअसल अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने, तथा उनके जीतने की उम्मीद के बाद पुणे की चुनावी राजनीति में समीकरणों के बदलने की जो स्थितियाँ बनीं - उसके बाद एसबी जावरे के लिए पुणे में इंस्टीट्यूट की राजनीति में अपना दखल बनाए रखने के लिए 'कुछ' करना जरूरी लगा; और उनकी इस जरूरत के नतीजे के रूप में ही यशवंत कसार की उम्मीदवारी सामने आई है ।  
यशवंत कसार की उम्मीदवारी को सर्वेश जोशी की उम्मीदवारी के लिए चुनौती और खतरे के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । माना जा रहा है कि जो मराठा वोट पिछली बार सर्वेश जोशी को मिले थे, वह इस बार यशवंत कसार को मिलेंगे - इसलिए भी मिलेंगे, क्योंकि एसबी जावरे भी उसके लिए प्रयास करेंगे । सर्वेश जोशी को हालाँकि विश्वास है कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स पढ़े-लिखे होते हैं और वह जातीय गोलबंदी में नहीं फँसते हैं, इसलिए मराठावाद के नाम पर यशवंत कसार उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुँचा पायेंगे । सर्वेश जोशी को भले ही इसका विश्वास हो, लेकिन उनके साथियों/समर्थकों सहित अन्य दूसरे लोगों को उनका तर्क हजम नहीं हो रहा है । यद्यपि यह सच है कि सिर्फ जातीय आधार पर चुनाव जीते/ हारे नहीं जाते हैं - लेकिन चुनावी समर्थन जुटाने में जातीय गोलबंदी भूमिका निभाती अवश्य है - और कभी कभी तो वह भूमिका महत्वपूर्ण भी हो जाती है । सर्वेश जोशी और यशवंत कसार सिर्फ जातीय आधार पर ही एक दूसरे से नहीं भिड़ेंगे, बल्कि अपने अपने काम के सहारे भी एक दूसरे से मुकाबला करेंगे । सर्वेश जोशी को जहाँ रीजनल काउंसिल सदस्य होने के कारण फायदा मिलेगा, वहाँ यशवंत कसार को पुणे ब्रांच का चेयरमैन होने का लाभ मिलने का भरोसा है । यशवंत कसार पुणे ब्रांच में चेयरमैन पद की जिम्मेदारी सँभालने वाले सबसे युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं, इस नाते से वह युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच उनके प्रेरणा स्रोत भी बने हैं और उनके बीच लोकप्रिय भी हुए हैं । पुणे से सेंट्रल काउंसिल सदस्य एसबी जावरे का उन्हें जो समर्थन है, उसके चलते उन्हें सीनियर चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का सहयोग व समर्थन मिलने का भरोसा है । 
यशवंत कसार पुणे ब्रांच के चेयरमैन के रूप में किए जा रहे अपने कामों तथा अपनी सक्रियता के बल पर पुणे से बाहर के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का समर्थन पाने की उम्मीद तो कर सकते हैं, लेकिन उनकी सारी चुनावी निर्भरता पुणे पर ही होगी; उधर रीजनल काउंसिल का सदस्य होने के नाते सर्वेश जोशी के लिए पुणे से बाहर के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का समर्थन जुटाना ज्यादा मुश्किल तो नहीं होना चाहिए, किंतु उनके लिए मुश्किल की बात यह होगी कि रीजनल काउंसिल की अपनी सीट बचाने के लिए उन्हें पुणे के बाहर के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का समर्थन हर हाल में जुटाना ही होगा । यशवंत कसार की उम्मीदवारी ने सर्वेश जोशी के लिए दरअसल समस्या यह खड़ी कर दी है कि पुणे में उनकी 'जगह' को छोटा कर दिया है । ऐसे में, सर्वेश जोशी के लिए दोहरी समस्या यह बनी है कि एक तरफ तो उन्हें पुणे में अपनी 'जगह' बचानी है, और दूसरी तरफ पुणे से बाहर अपने लिए समर्थन जुटाना है । यशवंत कसार के लिए चुनौती की बात यह होगी - और इसी बात पर उनकी सफलता निर्भर है कि पुणे में सर्वेश जोशी की जो 'जगह' है, उसमें वह कितनी जगह पर अपना कब्जा कर सकते हैं ? इन दोनों के लिए ही मुसीबत की बात यह भी होगी कि इन्हें जिन लोगों के पहली वरीयता के वोट मिलेंगे, उनके दूसरी वरीयता के वोट इनके बीच आपस में एक्सचेंज शायद नहीं होंगे - और इस कारण से इन्हें दूसरे के पहले आउट होने का फायदा भी नहीं मिल पायेगा । 
यशवंत कसार की उम्मीदवारी से सत्यनारायण मूंदड़ा और अंबरीश वैद्य को यूँ तो सीधी टक्कर मिलती नहीं दिख रही है; लेकिन यशवंत कसार की उम्मीदवारी के चलते पुणे में राजनीति और वोटों का जो नया समीकरण बनेगा - उसके कारण उनकी स्थिति में अवश्य ही कुछ उलट-फेर होने का अनुमान लगाया जा रहा है, और इस नाते से उन्हें अपनी चुनावी रणनीति व तैयारी में कुछ बदलाव करने पड़ सकते हैं । ऐसे में, यह देखना दिलचस्प होगा कि यह दोनों यशवंत कसार की अचानक से प्रस्तुत हुई उम्मीदवारी को किस तरह से देख रहे हैं और उनकी उम्मीदवारी के कारण बदली हुई स्थिति में अपनी भूमिकाओं को कैसे देखते हैं । सत्यनारायण मूंदड़ा का जो 'स्टाइल' है, उसमें तो कोई बदलाव भला क्या आ सकेगा - किंतु यह देखना जरूर महत्वपूर्ण होगा कि उनके स्टाइल को तमाम आलोचनाओं के बावजूद जो सफलता मिलती रही है, क्या वह बरक़रार रह पायेगी ? अंबरीश वैद्य ने अपना एक अलग तरह का ऑडियंस बनाया है - जिसके भरोसे से उन्होंने पिछली बार पुणे ब्रांच के चुनाव में सबसे ज्यादा वोट प्राप्त किए थे; पुणे ब्रांच में लेकिन वह अलग-थलग रहे । अलग-थलग रहने के बावजूद अंबरीश वैद्य ने प्रोफेशन और प्रोफेशन से जुड़े लोगों के लिए एक बड़ा मौलिक किस्म का 'विज़न' दिया है - उनके सामने चुनौती किंतु यह है कि वह लोगों के बीच अपने इस 'विज़न' की महत्ता को स्थापित कर सकें और उसे स्वीकार्य बना सकें । कुछ लोगों को लग रहा है कि अंबरीश वैद्य की 'हवा' तो अच्छी बनी हुई है, किंतु इस हवा को चुनावी समर्थन और वोट में बदलने की तरकीब उन्हें अभी अपनानी है । अंबरीश वैद्य के कुछेक नजदीकियों का ही कहना है कि अंबरीश वैद्य लगता है कि अभी अति-आत्मविश्वास के शिकार हैं, और इसके चलते ही अपनी चुनावी तैयारियों को लेकर गंभीर नहीं हुए हैं । अभी तक तो इस रवैये के बावजूद अंबरीश वैद्य के लिए कोई समस्या नहीं थी, लेकिन अब यशवंत कसार की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने के बाद जो हालात बनते दिख रहे हैं - उसमें अंबरीश वैद्य के सामने अपनी चुनावी तैयारियों को संयोजित व संगठित करने की जिम्मेदारी आ पड़ी है । यशवंत कसार की उम्मीदवारी के जरिए एसबी जावरे ने रीजनल काउंसिल के चुनाव में जो दिलचस्पी व सक्रियता दिखाई है, उसने पुणे की चुनावी राजनीति को खासा दिलचस्प बना दिया है । 

Monday, July 13, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए प्रस्तुत अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी ने पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति के समीकरणों को उलझाया

पुणे । अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी से वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए पुणे में होने वाली चुनावी राजनीति में खासी गर्मी पैदा हो गई है । यूँ तो अंबरीश वैद्य को पुणे के उस खेमे के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है, जिस खेमे की तरफ से पिछली बार विजयकांत कुलकर्णी ने उम्मीदवारी प्रस्तुत की थी और रीजनल काउंसिल में जगह बनाने में असफल रहे थे - इस नाते से कुछेक लोगों को अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी से पुणे के सत्ता समीकरणों में कोई बड़ा उलटफेर होता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है; किंतु अन्य कई लोगों को अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी में पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति का भविष्य आकार लेता हुआ 'दिखाई' दे रहा है । जो लोग अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी को एक सामान्य चुनावी कार्रवाई के रूप में देख रहे हैं, उनका कहना है कि विजयकांत कुलकर्णी पुणे ब्रांच के चेयरमैन रह चुकने के बाद भी जब रीजनल काउंसिल का चुनाव नहीं जीत सके - तो अंबरीश वैद्य ही क्या खास कर लेंगे ? इस बार चूँकि दिलीप ऑप्टे रीजनल काउंसिल का चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं दिख रहे हैं, इसलिए हो सकता है कि अंबरीश वैद्य आसानी से चुनाव जीत जाएँ - पर इसमें क्या खास बात है ? दिलीप ऑप्टे पिछली बार चुनाव यदि नहीं लड़ते, तो हो सकता है कि विजयकांत कुलकर्णी भी चुनाव जीत जाते । पिछली बार पुणे से रीजनल काउंसिल के लिए छह उम्मीदवार थे, जिसमें से तीन रीजनल काउंसिल में जगह बनाने में कामयाब रहे थे; इस बार पुणे में रीजनल काउंसिल के लिए चार उम्मीदवार रहने की उम्मीद है, इसलिए अंबरीश वैद्य के रीजनल काउंसिल में जगह पाने को लेकर किसी को कोई शक नहीं है । इसके बावजूद कुछेक लोगों को अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी में कोई खास बात नहीं लग रही है, जबकि कई लोग हैं जो अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी को लेकर बहुत रोमांच महसूस कर रहे हैं । 
पुणे में जिन लोगों को अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी में बहुत रोमांच महसूस हो रहा है, वह दरअसल अंबरीश वैद्य के व्यक्तित्व, प्रोफेशन को लेकर उनकी सोच तथा काम करने के उनके तरीके से बहुत प्रभावित हैं - और विश्वास करते हैं कि अंबरीश वैद्य अपनी सक्रियता को यदि सचमुच चुनावी समर्थन यानि वोटों में बदल सके, तो इंस्टीट्यूट में पुणे को एक खास जगह और पहचान दिलवायेंगे । पुणे के जो लोग यह काम कर सकते थे, दुर्भाग्य से वह चुनावी पचड़े से दूर रहे; और जो पचड़े में कूदे भी उन्हें चुनावी सफलता नहीं मिली; और जिन्हें चुनावी सफलता मिली, वह 'छोटे' कद के साबित हुए । रीजनल काउंसिल के चुनाव में पिछली बार सत्यनारायण मुंदड़ा को सबसे ज्यादा वोट मिले थे, लेकिन वह इंस्टीट्यूट व प्रोफेशन के लिए कुछ भी डिलीवर करने में विफल रहे हैं । हालाँकि वह लोगों के काम तो खूब आते हैं, लेकिन वह जिस तरह के काम करने में दिलचस्पी लेते हैं उनका प्रोफेशन व इंस्टीट्यूट को नई दिशा या विज़न देने से कोई वास्ता नहीं है । पहली वरीयता के वोटों में दिलीप ऑप्टे से पीछे रहने के बावजूद कुल वोटों की गणना में दूसरे नंबर पर रहने वाले सर्वेश जोशी अपनी अतिमहत्वाकांक्षा के ऐसे शिकार हुए कि कुछ करना/कराना तो दूर, अपने दोस्तों और सहयोगियों तक को खो बैठे । पहली वरीयता के वोटों की गिनती में दूसरे स्थान पर रहते हुए वोटों की कुल गणना में तीसरे स्थान पर खिसके दिलीप ऑप्टे यह समझने में ही विफल रहे कि वह करें तो क्या करें ? रीजनल काउंसिल में अपनी कोई भूमिका खोजने में विफल रहे दिलीप ऑप्टे के बारे में माना जा रहा है कि वह सेंट्रल काउंसिल के लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के बारे में सोच रहे हैं । 
दिलीप ऑप्टे लेकिन सेंट्रल काउंसिल की उम्मीदवारी को लेकर कुछ उलझन में हैं । दिलीप ऑप्टे की चूँकि मुंबई में भी सक्रियता है, इसलिए उनके कुछेक समर्थक उन्हें सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के लिए उत्साहित कर रहे हैं । सेंट्रल काउंसिल में वेस्टर्न रीजन की तीन सीटों के खाली होने का वास्ता देकर कुछेक समर्थक दिलीप ऑप्टे को सेंट्रल काउंसिल के लिए कूद पड़ने की सलाह दे रहे हैं । किंतु उनके अन्य कुछेक समर्थकों का सुझाव है कि उन्हें यदि सचमुच में सेंट्रल काउंसिल में आने का मन है, तो उन्हें उसके लिए अगली बार प्रयास करना चाहिए - जब एसबी जावरे की सीट खाली होगी । यह सुझाव देने वालों का तर्क है कि इस बार यदि वह सफल नहीं हो पाए, तो फिर उनका राजनीतिक जीवन खत्म हुआ ही समझो; इसलिए दिलीप ऑप्टे के लिए इनकी सलाह है कि इस बार उन्हें रीजनल काउंसिल में ही आना चाहिए जिससे कि अगली बार सेंट्रल काउंसिल में आने की उनकी तैयारी में निरंतरता बनी रहे । इन्होंने दिलीप ऑप्टे को सावधान भी किया है कि रीजनल काउंसिल में उनकी जगह यदि अंबरीश वैद्य ने ले ली, तो फिर अगली बार सेंट्रल काउंसिल के लिए अंबरीश वैद्य आयेंगे और तब अंबरीश वैद्य का ही पलड़ा भारी साबित होगा । जो लोग इस बार दिलीप ऑप्टे के लिए सेंट्रल काउंसिल का उम्मीदवार होने की वकालत कर रहे हैं, उनका कहना है कि सेंट्रल काउंसिल का चुनाव इस बार वह यदि नहीं भी जीत पाते हैं तो अगली बार के लिए तो उनका दावा मजबूत हो ही जायेगा - और यदि जीत गए, तो फिर उनकी राजनीति सुरक्षित है ही । इनका डर दरअसल यह है कि रीजनल काउंसिल का चुनाव न लड़ने में भी घाटा है, और लड़ने में खतरा यह है कि दिलीप ऑप्टे यदि नहीं जीत सके, तो फिर उनके लिए सब खत्म जायेगा । रीजनल काउंसिल का चुनाव न लड़ने और या हारने से बेहतर दिलीप ऑप्टे के लिए सेंट्रल काउंसिल का चुनाव हारना होगा । समर्थकों के अलग अलग सुझावों ने दिलीप ऑप्टे को और भी ज्यादा कन्फ्यूज कर दिया है ।   
उनका यह कन्फ्यूजन वास्तव में अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी ने और बढ़ा दिया है । पुणे में जो लोग अंबरीश वैद्य को जानते/पहचानते हैं, और उनकी सक्रियता को देखते रहे हैं उनका मानना और कहना है कि अंबरीश वैद्य इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में लंबी पारी खेलने के लिए उतरे हैं । इसके लिए उन्होंने पर्याप्त 'होमवर्क' किया है और एक एक कदम करके अपनी राजनीतिक यात्रा पर बढ़ रहे हैं । पिछली बार ब्रांच का चुनाव लड़ने से पहले उन्होंने पर्दे के पीछे से अपने साथियों के चुनाव के संचालन में हिस्सेदारी की थी और इस तरह चुनावी प्रक्रिया को नजदीक से देखने/समझने का प्रयास किया था । उन्होंने सीखा कि कैसे अपने आप को डी-ग्रेड किए बिना भी लोगों के बीच अपनी साख और स्वीकार्यता बनाई जा सकती है, तथा वोट प्राप्त किए जा सकते हैं । पिछली बार इंदौर ब्राँच के चुनाव में उन्हें सबसे ज्यादा वोट मिले थे । इसके बावजूद अंबरीश वैद्य ब्राँच में सत्ता की लड़ाई में नहीं पड़े/फँसे और ब्राँच में कोई पद पाए बिना भी प्रोफेशन से जुड़े लोगों के बीच काम करते रहे और उन्हें प्रोफेशन के प्रति जागरूक व जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित करते रहे । लोगों ने भी अंबरीश वैद्य में एक नए तरह के 'नेता' को देखा/पहचाना - और माना कि उन्हें अंबरीश वैद्य जैसी सोच और सक्रियता रखने वाला नेता ही चाहिए । अंबरीश वैद्य ने एक बिलकुल नई तरह की राजनीति की नींव रखी है - और उन्हें अभी तक उसके सकारात्मक नतीजे ही मिले हैं । रीजनल काउंसिल के लिए - अभी जो स्थिति है उसमें - उनकी जीत को लेकर शायद ही किसी को कोई शक हो । लोगों को बल्कि लग यह रहा है कि अंबरीश वैद्य की जिस तरह की सक्रियता है, उसमें रीजनल काउंसिल का चुनाव जीतने के बाद की राजनीति को साधने की तैयारी ज्यादा है । दरअसल इसीलिए रीजनल काउंसिल के लिए प्रस्तुत अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी ने पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में खासी गर्मी पैदा कर दी है ।