Showing posts with label Yashwant Kasar. Show all posts
Showing posts with label Yashwant Kasar. Show all posts

Monday, April 23, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चुनाव में पुणे के अरुण गिरी द्वारा सबसे ज्यादा वोट प्राप्त करने के लक्ष्य-निर्धारण ने यशवंत कसार के लिए - बल्कि वास्तव में एसबी जावरे के लिए चुनौती खड़ी की

पुणे । वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए प्रस्तुत यशवंत कसार की उम्मीदवारी को कामयाब बनाने/बनवाने के लिए इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य एसबी जावरे ने जिस तरह से कमर कस ली है, उसने पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में खासी गर्मी पैदा कर दी है । उल्लेखनीय है कि यशवंत कसार के अलावा वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए सत्यनारायण मूंदड़ा, रेखा धमनकर व अरुण गिरी के नाम चर्चा में हैं । सत्यनारायण मूंदड़ा रीजनल काउंसिल में अपना छटवाँ वर्ष, यानि दूसरा टर्म पूरा कर रहे हैं, और तीसरे टर्म के लिए चुनावी मैदान में होंगे - इसलिए उनकी जीत तो पक्की ही मानी जा रही है । यशवंत कसार, रेखा धमनकर व अरुण गिरी पिछले तीन वर्षों में क्रमशः पुणे ब्रांच के चेयरमैन रहे हैं - यशवंत कसार पिछले टर्म के आखिरी वर्ष में, तथा रेखा धमनकर व अरुण गिरी मौजूदा टर्म के पहले दो वर्षों में । अरुण गिरी वर्ष 2009 में सेंट्रल काउंसिल का चुनाव लड़ चुके हैं, जिसमें उन्हें सफलता तो नहीं मिली थी - लेकिन उनका चुनावी प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा था । पुणे से रीजनल काउंसिल के लिए दो सीट निकलना आसान होता रहा है; पिछली बार तीन सीट निकालने के लिए कोशिशें तो खूब हुईं थीं - लेकिन उसमें कामयाबी नहीं मिल सकी थी । वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए पुणे से निकलने वाली दो सीटों पर सत्यनारायण मूंदड़ा के साथ अरुण गिरी का दावा माना/पहचाना जा रहा है, इसलिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी की नाव को पार लगाने के लिए एसबी जावरे को उनकी उम्मीदवारी की बागडोर अपने हाथ में लेना पड़ी है । 
यशवंत कसार को पुणे में एसबी जावरे के 'आदमी' के रूप में देखा/पहचाना जाता है । पिछली बार, पुणे ब्रांच का चेयरमैन रहते हुए यशवंत कसार ने एसबी जावरे का आशीर्वाद लेते हुए वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए पहले तो अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की थी, लेकिन कुछ ही दिनों में एसबी जावरे ने सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत अपनी उम्मीदवारी की सफलता को सुरक्षित बनाने के लिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी की बलि ले ली थी । इसलिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी को इस बार सफल बनाना एसबी जावरे अपनी नैतिक जिम्मेदारी मान रहे हैं । पुणे में एसबी जावरे की जो स्थिति है, उसमें उनका आशीर्वाद और उनका 'आदमी' होने की पहचान ही यशवंत कसार की जीत की गारंटी हो सकता था - लेकिन सत्यनारायण मूंदड़ा के चुनावी मैदान में डटे रहने और अरुण गिरी की उम्मीदवारी के प्रस्तुत होने से यशवंत कसार के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं । पिछली बार चुनावी वर्ष में यशवंत कसार पुणे ब्रांच के चेयरमैन थे, इसलिए लोगों के बीच उनकी पहचान और पैठ थी; लेकिन पिछले करीब दो वर्षों से वह चूँकि सीन से गायब हैं, और चुनावी राजनीति में चूँकि 'दिखने' वाले को ही लोग पहचानते हैं इसलिए यशवंत कसार के लिए इस बार का चुनावी मुकाबला खासा मुश्किल है । एसबी जावरे ने उन्हें हालाँकि इंस्टीट्यूट की 'कैपेसिटी बिल्डिंग ऑफ मेंबर्स इन प्रैक्टिस' कमेटी में को-ऑप्ट तो करवा दिया है, लेकिन उक्त कमेटी में को-ऑप्ट सदस्य रहते हुए यशवंत कसार के लिए वास्तव में ऐसा कुछ कर पाने की कोई संभावना होगी - जिसका वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चुनाव में वह कोई फायदा उठा सकें, इसमें उनके नजदीकियों और समर्थकों को ही संदेह है ।
अरुण गिरी के आक्रामक चुनावी रवैये ने पुणे में चुनावी समीकरणों को जिस तरह से प्रभावित किया है, उसने पुणे के चुनावी परिदृश्य को रोचक बना दिया है । अरुण गिरी ने वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सबसे ज्यादा वोट प्राप्त करने का अपने लिए जो लक्ष्य निर्धारित और घोषित किया है, उसने दूसरे उम्मीदवारों के बीच और खलबली मचाई है । दरअसल अरुण गिरी के इस लक्ष्य निर्धारण को पुणे में चुनावी राजनीति में दिलचस्पी लेने वाले लोगों ने काफी गंभीरता से लिया है । इसका कारण है कि अरुण गिरी अभी भले ही ब्रांच की मैनेजिंग टीम में हों, लेकिन चुनावी राजनीति के संदर्भ में उनकी पहचान काफी बड़ी और व्यापक है । करीब दो वर्ष पहले हुए ब्रांच के चुनाव में उन्हें चुनाव में कुल वोटों का एक-चौथाई हिस्सा मिला था । इस तथ्य का विशेष अर्थ और महत्त्व है । यह कोई छोटी बात नहीं है । ब्रांच के चुनाव में 14 उम्मीदवार थे; जिनमें 13 उम्मीदवारों के बीच करीब 75 प्रतिशत वोट बँटे थे, और करीब 25 प्रतिशत वोट अकेले अरुण गिरी को मिले थे । ऐसा नतीजा तभी पाया जा सकता है, जब हर जातीय समूह और वर्ग के वोटों तक पहुँच व स्वीकार्यता हो । पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में कोई मराठा, तो कोई मारवाड़ी, कोई गुजराती, कोई महिला, कोई नए व युवा वोटों पर निर्भर करता है - तब एक अकेले अरुण गिरी ऐसे उम्मीदवार रहे जिन्हें हर समूह और हर वर्ग से समर्थन मिला । एक बार सेंट्रल काउंसिल का चुनाव लड़ लेने के कारण अरुण गिरी की पुणे से बाहर के लोगों के बीच भी अच्छी पहचान और पैठ है । वर्ष 2009 में अरुण गिरी ने जब सेंट्रल काउंसिल का चुनाव लड़ा था, तब वह पहली बार लोगो के सामने आए थे - हालाँकि तब भी पहली वरीयता में ही उन्हें करीब 850 वोट मिले थे, और एलिमिनेट होने के समय उन्हें मिलने वाले वोटों की गिनती एक हजार के पार हो गई थी । उनकी इसी बैक-ग्राउंड को देखते हुए वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सबसे ज्यादा वोट पाने के उनके लक्ष्य-निर्धारण को गंभीरता से लिया/देखा जा रहा है । इस स्थिति ने लेकिन यशवंत कसार के लिए - और यशवंत कसार के जरिये वास्तव में एसबी जावरे के लिए भारी मुसीबत खड़ी कर दी है । देखना दिलचस्प होगा कि यशवंत कसार को कामयाबी दिलवाने के लिए एसबी जावरे क्या क्या तरकीबें लगाते हैं ?

Saturday, September 19, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की पुणे ब्रांच में 'मराठा राजनीति' करने का आरोप झेल रहे एसबी जावरे गैर मराठों की नाराजगी से बचने के लिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी की बलि चढ़ाने के लिए अंततः मजबूर हुए

पुणे । यशवंत कसार ने वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए प्रस्तुत अपनी उम्मीदवारी को वापस लेकर लोगों को उससे ज्यादा चौंकाया है, जितना कि उन्होंने अपनी उम्मीदवारी को प्रस्तुत करके चौंकाया था । यशवंत कसार की उम्मीदवारी की प्रस्तुति और फिर अब अचानक तरीके से हुई उसकी वापसी ने पुणे में लोगों को चर्चा का मौका इसलिए दिया - क्योंकि दोनों ही 'फैसलों' के पीछे सेंट्रल काउंसिल के सदस्य एसबी जावरे को ही देखा/पहचाना जा रहा है । पुणे में लोगों ने इस बात पर भी बहुत माथापच्ची की कि एसबी जावरे ने आखिर क्या सोच कर यशवंत कसार को रीजनल काउंसिल के लिए उम्मीदवार बनवाया, और अब लोगों के बीच यह सवाल चर्चा में है कि एसबी जावरे ने आखिर क्यों रीजनल काउंसिल के लिए प्रस्तुत यशवंत कसार की उम्मीदवारी को वापस करा दिया ? यह सवाल इसलिए महत्वपूर्ण हैं और चर्चा में हैं क्योंकि चुनावी संदर्भ में न तो एसबी जावरे के सामने जीतने की समस्या है, और न यशवंत कसार के लिए जीतना कोई बड़ी चुनौती थी । उनके विरोधी भी मानते और कहते हैं कि एसबी जावरे यदि घर भी बैठ जाएँ तो भी चुनाव जीत जायेंगे, और यशवंत कसार को भी वह आसानी से चुनाव जितवा लेंगे । तब फिर एसबी जावरे को इतनी नाटक-नौटंकी करने की जरूरत आखिर क्यों पड़ी ? इस 'क्यों' 'क्यों' 'क्यों' का कोई आधिकारिक जबाव लोगों को न तो मिला है, और न ही कभी मिलेगा; इसलिए सारा माजरा 'बिटविन द लाइंस' में ही समझना होगा और इसी कारण से पुणे में चर्चाओं का बाजार खासा गर्म है ।
पुणे में बहुत से लोगों का मानना और कहना है कि एसबी जावरे ने यशवंत कसार की उम्मीदवारी के जरिए दरअसल कई 'काम' करने चाहे थे - उन्होंने एक तरफ तो सर्वेश जोशी और अंबरीश वैद्य के पर कतरने की 'फील्डिंग' लगाई थी, और दूसरी तरफ रीजनल काउंसिल में अपना सीधा दखल रखने/बनाने का मौका देखा था । सर्वेश जोशी के पिछली बार के बहुत से समर्थक चूँकि साथ छोड़ गए हैं, इसलिए उनके सामने इस बार अपनी सीट बचाने की गंभीर चुनौती वैसे ही है; ऐसे में एसबी जावरे को लगा कि यशवंत कसार की उम्मीदवारी के जरिए वह सर्वेश जोशी की संभावनाओं को और धक्का देंगे, तथा सर्वेश जोशी को निपटाने का श्रेय ले लेंगे । इससे पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में उनकी 'चौधराहट' और बढ़ेगी । यशवंत कसार के जरिए लेकिन एसबी जावरे ने मुख्य रूप से अंबरीश वैद्य का शिकार करने की योजना बनाई थी । उल्लेखनीय है कि अंबरीश वैद्य को पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में एक बड़ी संभावना के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । माना जा रहा है कि रीजनल काउंसिल के चुनाव में उन्हें काफी वोट मिलेंगे, और पुणे ब्रांच के चुनाव के नतीजे को दोहराते हुए वह एक खासी बड़ी जीत प्राप्त करेंगे । एसबी जावरे को इससे तो कोई समस्या नहीं है; किंतु उनकी चिंता इस आशंका से है कि अगली बार यशवंत वैद्य सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवार बनेंगे । एसबी जावरे की तरफ से सेंट्रल काउंसिल के लिए अगली बार शेखर चितले की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने की चर्चा है । अगली बार अंबरीश वैद्य कोई चुनौती खड़ी न कर सकें, इसके लिए एसबी जावरे को अंबरीश वैद्य के पर अभी से कतर देना जरूरी लगा ।
इसके लिए एसबी जावरे ने यशवंत कसार को मोहरा बनाया । उन्हें उम्मीद रही कि पुणे ब्रांच के चेयरमैन के रूप में यशवंत कसार युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के वोट लेकर अंबरीश वैद्य को नुकसान पहुँचायेंगे । यशवंत कसार की उम्मीदवारी के चलते अंबरीश वैद्य चुनाव हार जायेंगे, यह उम्मीद तो एसबी जावरे को नहीं रही; लेकिन यह विश्वास उन्हें जरूर रहा कि यशवंत कसार की उम्मीदवारी के चलते अंबरीश वैद्य के वोट कम जरूर होंगे । एसबी जावरे का यही उद्देश्य भी था । उनका आकलन रहा कि रीजनल काउंसिल के चुनाव में अंबरीश वैद्य को यदि ज्यादा बड़ी जीत प्राप्त करने से रोका जा सका, तो पुणे की इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में अंबरीश वैद्य का जो ऑरा बना हुआ है, उसे मिटाया जा सकेगा - और उससे पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति पर अपनी पकड़ को यथावत भी बनाया रखा जा सकेगा । एसबी जावरे को विश्वास रहा कि इस सबके चलते पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में अंबरीश वैद्य उनके लिए आगे कभी बड़ी चुनौती भी नहीं बन पायेंगे । समझा जाता है कि पुणे में इंस्टीट्यूट की भविष्य की राजनीति की बागडोर को अपने हाथों में सुरक्षित करने के लिए ही एसबी जावरे को अंबरीश वैद्य को अभी से घेरना जरूरी लगा, और इसके लिए ही उन्होंने यशवंत कसार को मोहरा बनाया । 
संजय पवार की सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत उम्मीदवारी ने लेकिन एसबी जावरे की दूसरों की राजनीतिक घेराबंदी करने की 'तैयारी' की हवा निकाल दी । समझा जाता है कि संजय पवार की उम्मीदवारी के जरिए सर्वेश जोशी ने एसबी जावरे को उन्हीं की 'तरकीब' से जबाव देने का प्रयास किया । संजय पवार की उम्मीदवारी से एसबी जावरे की जीत पर तो कोई संकट आया नहीं दिखता है, लेकिन उनके वोटों की संख्या लोगों को अवश्य घटती हुई नजर आ रही है । संजय पवार की उम्मीदवारी से एसबी जावरे को बड़ी चुनौती मिलती भले ही न दिख रही हो - लेकिन संजय पवार की उम्मीदवारी से एसबी जावरे को एक दूसरा बड़ा संकट सामने खड़ा जरूर दिखाई दिया । यह संकट जातीय ध्रुवीकरण से पैदा हो सकने वाली स्थिति का है । चार्टर्ड एकाउंटेंट जैसे प्रोफेशन में जातीय गोलबंदी की कोई भूमिका होनी तो नहीं चाहिए, लेकिन चुनावी खिलाड़ियों द्वारा सफलता के फार्मूले बनाने में जिस तरह जाति का सहारा लिया जाता है, उससे इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में जातीय गोलबंदी की महत्वपूर्ण भूमिका बन गई है । एसबी जावरे ने जिस तरह यशवंत कसार को आगे किया, और उनसे 'निपटने' के लिए जिस तरह संजय पवार आगे आए या किए गए - उससे पुणे के गैर मराठा लोगों के बीच तीखी प्रतिक्रिया हुई । इन तीनों के मराठा होने के कारण गैर मराठा लोगों को लगा कि पुणे में इंस्टीट्यूट की राजनीति क्या सिर्फ मराठा ही करेंगे ? गैर मराठा लोगों के बीच उठे इस सवाल से पैदा हो सकने वाले खतरे को एसबी जावरे ने समय रहते भाँप लिया और तुरंत कार्रवाई करते हुए यशवंत कसार की उम्मीदवारी को वापस करवा दिया । पुणे में सेंट्रल काउंसिल सदस्य के रूप में एसबी जावरे पर एक बड़ा गंभीर आरोप मराठावाद फैलाने का है । 
इसे पुणे ब्रांच में एसबी जावरे द्वारा की गई राजनीति से समझा जा सकता है । पुणे में मराठा वोट मुश्किल से आठ/दस प्रतिशत होंगे, किंतु एसबी जावरे की दिलचस्पीपूर्ण सक्रियता से पुणे ब्रांच की मैनेजमेंट कमेटी में इस बार आठ में से तीन मराठा सदस्य चुन कर आए । इन तीनों को वोट हालाँकि कम मिले -  इन तीनों को मिले वोटों का कुल जोड़ अकेले अंबरीश वैद्य को मिले वोटों से कम रहा । इसके बावजूद एसबी जावरे की राजनीति के चलते इनमें से दो ब्रांच के चेयरमैन बने, और इस वर्ष तो पक्षपात इस हद तक हुआ है कि चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के पद मराठा सदस्यों के पास हैं । ब्रांच के चुनाव में सबसे ज्यादा वोट पाने वाले तीन गैर मराठा सदस्यों में से दो को ब्रांच की गतिविधियों में बिलकुल अलग-थलग रखा गया । ब्रांच के चुनाव में सबसे ज्यादा वोट पाने वालों में तीसरे नंबर पर रहीं रेखा धमनकर को पिछली बार चेयरपरसन बनाने के लिए तर्क दिए गए कि उनका ब्रांच में यह दूसरा टर्म है, और उन्हें चेयरपरसन बना कर पुणे में महिला चेयरपरसन बनने/बनाने का इतिहास बनाया जा सकता है - लेकिन एसबी जावरे ने इन तर्कों को यह कह कर खारिज कर दिया कि 'उनकी राजनीति' में रेखा धमनकर के लिए कोई जगह है नहीं । एसबी जावरे की मराठा राजनीति के तहत ही ब्रांच के चुनाव में सबसे ज्यादा वोट पाने वाले अंबरीश वैद्य को तीनों वर्ष पूरी तरह किनारे बैठाए रखा गया । 
पुणे ब्रांच में एसबी जावरे द्वारा की गई इस राजनीति के प्रति गैर मराठा लोगों के बीच नाराजगी के स्वर तो हैं, किंतु वह न तो संगठित हैं और न बहुत मुखर हैं । यशवंत कसार और संजय पवार की अचानक प्रस्तुत हुई उम्मीदवारियों से लेकिन उस नाराजगी के भड़कने का मौका बनता दिखा । संजय पवार की उम्मीदवारी में हालाँकि एसबी जावरे का कोई हाथ नहीं है, किंतु संजय पवार की उम्मीदवारी को चूँकि एसबी जावरे की 'राजनीति' के प्रतिफल के रूप में ही देखा/पहचाना गया है - इसलिए उस नाराजगी का ठीकरा एसबी जावरे के सिर पर फूटने का खतरा नजर आया । एसबी जावरे ने इस खतरे को तुरंत से पहचान लिया, और खतरे को टालने के लिए तुरंत से यशवंत कसार की उम्मीदवारी को वापस कर/करा दिया । एसबी जावरे ने अपनी जान बचाने के लिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी की जो बलि ली है, उसने फिलहाल सर्वेश जोशी और अंबरीश वैद्य को बड़ी राहत दी है । 

Wednesday, September 9, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की सेंट्रल काउंसिल के लिए संजय पवार की उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के जरिए एसबी जावरे को घेर कर यशवंत कसार को मिल सकने वाले समर्थन को कमजोर करने की सर्वेश जोशी द्वारा चली गई चाल ने पुणे में चुनावी राजनीति के परिदृश्य को रोमांचक बनाया

पुणे । संजय पवार की सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत होने के साथ ही सर्वेश जोशी की उम्मीदवारी की 'पोजीशन' को लेकर घिरे हुए अनिश्चय के बादल पूरी तरह छंट गए हैं, और पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति का परिदृश्य लगभग साफ हो गया है । उल्लेखनीय है कि पुणे के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच पिछले कई दिनों से सर्वेश जोशी की उम्मीदवारी को लेकर यह अनिश्चय बना हुआ था कि वह रीजनल काउंसिल के लिए उम्मीदवार होंगे, और या सेंट्रल काउंसिल के लिए । दरअसल रीजनल काउंसिल के लिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने से रीजनल काउंसिल में सर्वेश जोशी की सीट खतरे में पड़ती/फँसती हुई दिख रही है । यशवंत कसार की उम्मीदवारी को लेकर सर्वेश जोशी ने एसबी जावरे के प्रति गुस्सा और नाराजगी व्यक्त की है - उन्हें लगता है कि रीजनल काउंसिल से उन्हें बाहर धकेलने के लिए ही एसबी जावरे ने यशवंत कसार को उम्मीदवार बनाया/बनवाया है । सर्वेश जोशी की इस बात से पुणे में उनके विरोधी भी बहुत हद तक सहमत हैं । इससे सर्वेश जोशी को बल मिला, तथा एसबी जावरे के प्रति उनकी नाराजगी और परवान चढ़ी । एसबी जावरे के प्रति सर्वेश जोशी की नाराजगी के जाहिर होने के साथ-साथ पुणे में सर्वेश जोशी की सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी की चर्चा भी गर्म होने लगी । सर्वेश जोशी ने अपनी तरफ से इस चर्चा को ठंडा करने की कोई कोशिश नहीं की; उनके नजदीकियों ने बल्कि यह कहते हुए इस चर्चा में और उबाल पैदा किया कि सर्वेश जोशी का उद्देश्य अब अपना चुनाव जीतना नहीं रह गया है, बल्कि उनका उद्देश्य अब एसबी जावरे को सबक सिखाना हो गया है । सर्वेश जोशी के कुछेक समर्थकों ने तो बाकायदा लोगों को बताया कि एसबी जावरे ने यशवंत कसार के जरिए सर्वेश जोशी के लिए जो मुसीबत खड़ी की है, उसका बदला सर्वेश जोशी सेंट्रल काउंसिल लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करके लेंगे । नजदीकियों व समर्थकों की इसी तरह की बातों के कारण सर्वेश जोशी की उम्मीदवारी को लेकर पुणे में संशय के बादल घिरे और कन्फ्यूजन पैदा हुआ । 
संजय पवार की उम्मीदवारी ने लेकिन इस कन्फ्यूजन को दूर कर दिया है । सर्वेश जोशी की उम्मीदवारी को लेकर कन्फ्यूजन भले ही दूर हो गया है, किंतु संजय पवार की उम्मीदवारी से सर्वेश जोशी की 'राजनीति' पर मोहर भी लग गई है । संजय पवार को सर्वेश जोशी के 'आदमी' के रूप देखा/पहचाना जाता है - और इसी आधार पर माना/कहा जा रहा है कि सर्वेश जोशी ने संजय पवार को एसबी जावरे की नाक में दम करने के लिए ही उम्मीदवार बनाया/बनवाया है । एसबी जावरे के कट्टर से कट्टर विरोधी और आलोचक भी मान रहे हैं तथा कह रहे हैं कि एक उम्मीदवार के रूप में संजय पवार कोई उल्लेखनीय प्रदर्शन नहीं कर पायेंगे तथा जीत से बहुत दूर ही छूट जायेंगे । मजे की बात यह है कि संजय पवार और सर्वेश जोशी के नजदीकी भी/ही यह कह/बता रहे हैं कि संजय पवार का उद्देश्य चुनाव जीतना है भी नहीं - इसीलिए अपनी उम्मीदवारी घोषित करने के बावजूद संजय पवार अपनी उम्मीदवारी के अभियान चलाने को लेकर गंभीर नहीं हुए हैं । इन नजदीकियों का ही कहना/बताना है कि संजय पवार की उम्मीदवारी के जरिए सर्वेश जोशी ने एसबी जावरे की उम्मीदवारी को नुकसान पहुँचाने की व्यूह-रचना की है । सर्वेश जोशी ने संजय पवार को सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवार बनाया/बनवाया ही इसलिए है क्योंकि संजय पवार, एसबी जावरे की ही जाति के हैं; और संजय पवार इस नाते से एसबी जावरे को मिलने वाले वोटों में तोड़फोड़ मचायेंगे । किसी को भी यह उम्मीद तो नहीं है कि संजय पवार की उम्मीदवारी के सहारे एसबी जावरे को चुनाव हरवाया जा सकता है, लेकिन सर्वेश जोशी और संजय पवार के कुछेक समर्थकों को यह विश्वास जरूर है कि संजय पवार की उम्मीदवारी के भरोसे एसबी जावरे के वोटों को कम अवश्य किया जा सकेगा, तथा एसबी जावरे को अपने चुनाव अभियान को गंभीरता से लेने के लिए मजबूर किया जा सकेगा । 
एसबी जावरे को संजय पवार की उम्मीदवारी के मार्फ़त सेंट्रल काउंसिल के अपने चुनाव में 'फँसा' कर सर्वेश जोशी ने दरअसल रीजनल काउंसिल के अपने चुनाव को सुरक्षित बनाने का दाँव चला है । उनका आकलन है कि एसबी जावरे अपने चुनाव में व्यस्त होंगे, तो यशवंत कसार के लिए कम समय निकाल सकेंगे । यशवंत कसार को एसबी जावरे के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जाता है । यशवंत कसार की उम्मीदवारी को सर्वेश जोशी के लिए बड़े खतरे के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । सर्वेश जोशी पिछली बार लुढ़कते/पुढ़कते ही जीत प्राप्त कर सके थे - और 21वें नंबर पर रहे थे । इस बार के चुनाव आते आते तक सर्वेश जोशी ने अपनी पिछली बार के बहुत से समर्थकों को अलग अलग कारणों से खो दिया है, जिस कारण उनके लिए अपनी सीट बचा पाना पहले से ही मुश्किल हो रहा था । यशवंत कसार की उम्मीदवारी ने उनकी मुसीबतों को और बढ़ाने का ही काम किया है । दरअसल यशवंत कसार की उम्मीदवारी के चलते सर्वेश जोशी के सामने पिछली बार उन्हें मिले मराठा वोटों के छिन जाने का खतरा पैदा हो गया है - इसके चलते सर्वेश जोशी के लिए रीजनल काउंसिल में अपनी सीट बचा पाना वास्तव में मुश्किल हो गया है । यशवंत कसार की उम्मीदवारी को चूँकि एसबी जावरे की प्रेरणा व प्रोत्साहन से प्रस्तुत हुआ माना/देखा जा रहा है, इसलिए आशंका और डर यह भी है कि एसबी जावरे ने यदि यशवंत कसार की खुली वकालत कर दी, तो फिर सर्वेश जोशी को कोई नहीं बचा सकेगा । 
एसबी जावरे किसी भी तरह से यशवंत कसार की मदद न कर सकें, इस वास्ते उन्हें घेरने के लिए सर्वेश जोशी ने संजय पवार को 'फील्डिंग' पर लगाया है । सर्वेश जोशी के समर्थकों का कहना है कि संजय पवार की उम्मीदवारी के जरिए एसबी जावरे को घेर कर यशवंत कसार को मिल सकने वाले समर्थन को कमजोर करने की चाल चली गई है । कुछेक लोगों का तो यहाँ तक कहना है कि एसबी जावरे को संदेश भेजा गया है कि वह यदि यशवंत कसार की उम्मीदवारी को वापस कर/करा लें, तो संजय पवार की उम्मीदवारी भी वापस हो जाएगी - और एसबी जावरे बड़ी जीत प्राप्त करने की अपनी तैयारी को सफल कर सकेंगे । इसीलिए उम्मीदवारी घोषित करने के बावजूद संजय पवार अपनी उम्मीदवारी के अभियान को लेकर सुस्त बने हुए हैं - दरअसल उन्हें लगता है कि एसबी जावरे 'उनके' ऑफर को स्वीकार कर लेंगे और यशवंत कसार की उम्मीदवारी को वापस कर/करा लेंगे; इसलिए अपनी उम्मीदवारी के लिए उन्हें कुछ करने की जरूरत ही क्या है ? एसबी जावरे और यशवंत कसार के समर्थकों ने हालांकि यशवंत कसार की उम्मीदवारी वापस होने की संभावना से स्पष्ट रूप से इंकार किया है । उनका कहना है कि संजय पवार की उम्मीदवारी से एसबी जावरे की उम्मीदवारी की जीत पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा, और यशवंत कसार को भी लोगों के बीच अपनी उम्मीदवारी के लिए अच्छा समर्थन मिल रहा है, इसलिए सर्वेश जोशी की चाल में फँसने की उन्हें कोई जरूरत नहीं है । संजय पवार के जरिए सर्वेश जोशी ने जो चाल चली है, उससे उन्हें सचमुच क्या फायदा मिलेगा - यह तो बाद में पता चलेगा; अभी लेकिन उनकी इस चाल से पुणे में चुनावी राजनीति का परिदृश्य रोमांचक जरूर हो गया है । 

Friday, August 14, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य एसबी जावरे ने रीजनल काउंसिल के लिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी को प्रस्तुत करवा कर अपनी जो दिलचस्पी व सक्रियता दिखाई है, उसने पुणे की चुनावी राजनीति को खासा दिलचस्प बना दिया है

पुणे । यशवंत कसार ने वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के संकेत देकर पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति को खासा दिलचस्प बना दिया है । यशवंत कसार अभी इंस्टीट्यूट की पुणे ब्रांच के चेयरमैन पद पर हैं । यशवंत कसार ने हालाँकि अभी सिर्फ अपने नजदीकियों को ही अपनी उम्मीदवारी की जानकारी दी है; और सभी को इससे अवगत कराने के लिए उचित मौके का इंतजार कर रहे हैं । अपने समर्थकों को उन्होंने बताया है कि वह जल्दी ही औपचारिक रूप से सभी को अपनी उम्मीदवारी की सूचना देंगे । यशवंत कसार को सेंट्रल काउंसिल सदस्य एसबी जावरे के नजदीकी के रूप में देखा/पहचाना जाता है, और माना जा रहा है कि उनको उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के लिए एसबी जावरे ने ही प्रोत्साहित किया है । पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले लोगों को लगता है कि रीजनल काउंसिल में और रीजनल काउंसिल के माध्यम से पुणे ब्रांच में अपना दबदबा रखने के लिए एसबी जावरे को रीजनल काउंसिल में चूँकि अपना एक 'आदमी' चाहिए, इसलिए ही उन्होंने यशवंत कसार को रीजनल काउंसिल के लिए उम्मीदवार बनवा दिया है । दरअसल अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने, तथा उनके जीतने की उम्मीद के बाद पुणे की चुनावी राजनीति में समीकरणों के बदलने की जो स्थितियाँ बनीं - उसके बाद एसबी जावरे के लिए पुणे में इंस्टीट्यूट की राजनीति में अपना दखल बनाए रखने के लिए 'कुछ' करना जरूरी लगा; और उनकी इस जरूरत के नतीजे के रूप में ही यशवंत कसार की उम्मीदवारी सामने आई है ।  
यशवंत कसार की उम्मीदवारी को सर्वेश जोशी की उम्मीदवारी के लिए चुनौती और खतरे के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । माना जा रहा है कि जो मराठा वोट पिछली बार सर्वेश जोशी को मिले थे, वह इस बार यशवंत कसार को मिलेंगे - इसलिए भी मिलेंगे, क्योंकि एसबी जावरे भी उसके लिए प्रयास करेंगे । सर्वेश जोशी को हालाँकि विश्वास है कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स पढ़े-लिखे होते हैं और वह जातीय गोलबंदी में नहीं फँसते हैं, इसलिए मराठावाद के नाम पर यशवंत कसार उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुँचा पायेंगे । सर्वेश जोशी को भले ही इसका विश्वास हो, लेकिन उनके साथियों/समर्थकों सहित अन्य दूसरे लोगों को उनका तर्क हजम नहीं हो रहा है । यद्यपि यह सच है कि सिर्फ जातीय आधार पर चुनाव जीते/ हारे नहीं जाते हैं - लेकिन चुनावी समर्थन जुटाने में जातीय गोलबंदी भूमिका निभाती अवश्य है - और कभी कभी तो वह भूमिका महत्वपूर्ण भी हो जाती है । सर्वेश जोशी और यशवंत कसार सिर्फ जातीय आधार पर ही एक दूसरे से नहीं भिड़ेंगे, बल्कि अपने अपने काम के सहारे भी एक दूसरे से मुकाबला करेंगे । सर्वेश जोशी को जहाँ रीजनल काउंसिल सदस्य होने के कारण फायदा मिलेगा, वहाँ यशवंत कसार को पुणे ब्रांच का चेयरमैन होने का लाभ मिलने का भरोसा है । यशवंत कसार पुणे ब्रांच में चेयरमैन पद की जिम्मेदारी सँभालने वाले सबसे युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं, इस नाते से वह युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच उनके प्रेरणा स्रोत भी बने हैं और उनके बीच लोकप्रिय भी हुए हैं । पुणे से सेंट्रल काउंसिल सदस्य एसबी जावरे का उन्हें जो समर्थन है, उसके चलते उन्हें सीनियर चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का सहयोग व समर्थन मिलने का भरोसा है । 
यशवंत कसार पुणे ब्रांच के चेयरमैन के रूप में किए जा रहे अपने कामों तथा अपनी सक्रियता के बल पर पुणे से बाहर के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का समर्थन पाने की उम्मीद तो कर सकते हैं, लेकिन उनकी सारी चुनावी निर्भरता पुणे पर ही होगी; उधर रीजनल काउंसिल का सदस्य होने के नाते सर्वेश जोशी के लिए पुणे से बाहर के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का समर्थन जुटाना ज्यादा मुश्किल तो नहीं होना चाहिए, किंतु उनके लिए मुश्किल की बात यह होगी कि रीजनल काउंसिल की अपनी सीट बचाने के लिए उन्हें पुणे के बाहर के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का समर्थन हर हाल में जुटाना ही होगा । यशवंत कसार की उम्मीदवारी ने सर्वेश जोशी के लिए दरअसल समस्या यह खड़ी कर दी है कि पुणे में उनकी 'जगह' को छोटा कर दिया है । ऐसे में, सर्वेश जोशी के लिए दोहरी समस्या यह बनी है कि एक तरफ तो उन्हें पुणे में अपनी 'जगह' बचानी है, और दूसरी तरफ पुणे से बाहर अपने लिए समर्थन जुटाना है । यशवंत कसार के लिए चुनौती की बात यह होगी - और इसी बात पर उनकी सफलता निर्भर है कि पुणे में सर्वेश जोशी की जो 'जगह' है, उसमें वह कितनी जगह पर अपना कब्जा कर सकते हैं ? इन दोनों के लिए ही मुसीबत की बात यह भी होगी कि इन्हें जिन लोगों के पहली वरीयता के वोट मिलेंगे, उनके दूसरी वरीयता के वोट इनके बीच आपस में एक्सचेंज शायद नहीं होंगे - और इस कारण से इन्हें दूसरे के पहले आउट होने का फायदा भी नहीं मिल पायेगा । 
यशवंत कसार की उम्मीदवारी से सत्यनारायण मूंदड़ा और अंबरीश वैद्य को यूँ तो सीधी टक्कर मिलती नहीं दिख रही है; लेकिन यशवंत कसार की उम्मीदवारी के चलते पुणे में राजनीति और वोटों का जो नया समीकरण बनेगा - उसके कारण उनकी स्थिति में अवश्य ही कुछ उलट-फेर होने का अनुमान लगाया जा रहा है, और इस नाते से उन्हें अपनी चुनावी रणनीति व तैयारी में कुछ बदलाव करने पड़ सकते हैं । ऐसे में, यह देखना दिलचस्प होगा कि यह दोनों यशवंत कसार की अचानक से प्रस्तुत हुई उम्मीदवारी को किस तरह से देख रहे हैं और उनकी उम्मीदवारी के कारण बदली हुई स्थिति में अपनी भूमिकाओं को कैसे देखते हैं । सत्यनारायण मूंदड़ा का जो 'स्टाइल' है, उसमें तो कोई बदलाव भला क्या आ सकेगा - किंतु यह देखना जरूर महत्वपूर्ण होगा कि उनके स्टाइल को तमाम आलोचनाओं के बावजूद जो सफलता मिलती रही है, क्या वह बरक़रार रह पायेगी ? अंबरीश वैद्य ने अपना एक अलग तरह का ऑडियंस बनाया है - जिसके भरोसे से उन्होंने पिछली बार पुणे ब्रांच के चुनाव में सबसे ज्यादा वोट प्राप्त किए थे; पुणे ब्रांच में लेकिन वह अलग-थलग रहे । अलग-थलग रहने के बावजूद अंबरीश वैद्य ने प्रोफेशन और प्रोफेशन से जुड़े लोगों के लिए एक बड़ा मौलिक किस्म का 'विज़न' दिया है - उनके सामने चुनौती किंतु यह है कि वह लोगों के बीच अपने इस 'विज़न' की महत्ता को स्थापित कर सकें और उसे स्वीकार्य बना सकें । कुछ लोगों को लग रहा है कि अंबरीश वैद्य की 'हवा' तो अच्छी बनी हुई है, किंतु इस हवा को चुनावी समर्थन और वोट में बदलने की तरकीब उन्हें अभी अपनानी है । अंबरीश वैद्य के कुछेक नजदीकियों का ही कहना है कि अंबरीश वैद्य लगता है कि अभी अति-आत्मविश्वास के शिकार हैं, और इसके चलते ही अपनी चुनावी तैयारियों को लेकर गंभीर नहीं हुए हैं । अभी तक तो इस रवैये के बावजूद अंबरीश वैद्य के लिए कोई समस्या नहीं थी, लेकिन अब यशवंत कसार की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने के बाद जो हालात बनते दिख रहे हैं - उसमें अंबरीश वैद्य के सामने अपनी चुनावी तैयारियों को संयोजित व संगठित करने की जिम्मेदारी आ पड़ी है । यशवंत कसार की उम्मीदवारी के जरिए एसबी जावरे ने रीजनल काउंसिल के चुनाव में जो दिलचस्पी व सक्रियता दिखाई है, उसने पुणे की चुनावी राजनीति को खासा दिलचस्प बना दिया है ।