Showing posts with label S B Zaware. Show all posts
Showing posts with label S B Zaware. Show all posts

Monday, October 29, 2018

चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट के नियमों की अनदेखी करते हुए धीरज खंडेलवाल द्वारा मुंबई में आयोजित किए गए 'एसएमई लीडर अवॉर्ड' पर प्रेसीडेंट नवीन गुप्ता की मजबूरीभरी चुप्पी इंस्टीट्यूट में अराजकता का सुबूत नहीं है क्या ?

मुंबई । सेंट्रल काउंसिल सदस्य धीरज खंडेलवाल ने मनमाने तरीके से 'एसएमई लीडर अवॉर्ड्स' के आयोजन के जरिये इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट नवीन गुप्ता के लिए किरकिरी वाले हालात बना दिए हैं । सेंट्रल काउंसिल सदस्यों के बीच ही कहा/सुना जाता है कि नवीन गुप्ता कहने को तो इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट जैसे बड़े पद पर हैं, लेकिन उनकी दशा मंदिर के उस घंटे की तरह है - जिसे कोई भी जब चाहे तब 'बजा' देता है और नवीन गुप्ता इस 'बजाये' जाने को असहाय देखते रहते हैं । धीरज खंडेलवाल ने 'एसएमई लीडर अवॉर्ड्स' के जरिये जो हरकत की है, उस पर नवीन गुप्ता की असहायता का आलम यह है कि अन्य कुछेक लोगों के साथ एसबी जावरे, संजीव चौधरी, एनसी हेगड़े जैसे सेंट्रल काउंसिल सदस्यों ने जो स्पष्टीकरण माँगे हैं - नवीन गुप्ता के लिए उनका जबाव तक देना मुश्किल हो रहा है,  और वह इनके सवालों से मुँह छिपाते फिर रहे हैं । 'एसएमई लीडर अवॉर्ड्स' को लेकर जो सवाल उठ रहे हैं, वह बड़े साधारण से हैं : इस आयोजन को क्या काउंसिल की अनुमति थी; इस आयोजन के लिए बजट तय व पास हुआ था क्या; आयोजन की स्पॉन्सरिंग के लिए काउंसिल की अनुमति थी क्या ? सेंट्रल काउंसिल के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा लिखित रूप में पूछे गए इन सवालों पर नवीन गुप्ता ने लेकिन चुप्पी साधी हुई है । मजे की बात यह है कि नवीन गुप्ता ने अभी पिछले दिनों ही ऐलान किया था कि इंस्टीट्यूट के आयोजनों में स्पॉन्सरशिप नहीं ली जाएगी । धीरज खंडेलवाल ने लेकिन उनके ऐलान की अनदेखी करते हुए 'एसएमई लीडर अवॉर्ड्स' को स्पॉन्सर करा लिया । इससे लगता है कि सेंट्रल काउंसिल सदस्यों के बीच नवीन गुप्ता की कोई इज्जत ही नहीं है, और जिसे जैसा जो मन करता है वह खुल्लमखुल्ला मनमानी करता है ।
इस मामले में सेंट्रल काउंसिल में गवर्नमेंट नॉमिनी विजय झालानी का रवैया भी बड़ा मजेदार है । अभी पिछले दिनों उन्होंने नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल की मीटिंग में अड़ंगा डाल कर उसे होने नहीं दिया था, क्योंकि उस मीटिंग के लिए चेयरमैन की सहमति नहीं थी । उनका कहना था कि वह इंस्टीट्यूट में कोई गलत काम नहीं होने दे सकते हैं । विजय झालानी लेकिन धीरज खंडेलवाल द्वारा काउंसिल को इग्नोर करके मनमाने तरीके से 'एसएमई लीडर अवॉर्ड' का आयोजन करने के मामले में चुप्पी साधे बैठे हुए हैं, जबकि वह आयोजक कमेटी के सदस्य भी हैं । 'एसएमई लीडर अवॉर्ड्स' का आयोजन कमेटी फॉर मेंबर्स इन इंडस्ट्रीज एंड बिजनेस द्वारा किया गया, जिसके चेयरमैन धीरज खंडेलवाल हैं । कमेटी के 'मिशन' और ऑब्जेक्टिव्स' तो बहुत व्यापक हैं, लेकिन धीरज खंडेलवाल ने अपनी छोटी सोच के चलते उन 'मिशन' व 'ऑब्जेक्टिव्स' को अवॉर्ड देने तक सीमित कर दिया है । धीरज खंडेलवाल को पता था कि इस तरह के मनमाने आयोजन के लिए काउंसिल से उन्हें अनुमति नहीं मिलेगी, लिहाजा वह अनुमति लेने के चक्कर में पड़े ही नहीं । लोगों के बीच चर्चा है कि यह आईडिया उन्हें इंस्टीट्यूट के पूर्व प्रेसीडेंट उत्तम प्रकाश अग्रवाल ने दिया होगा; समझा जाता है कि उत्तम प्रकाश अग्रवाल ने उनसे कहा होगा कि जैसा जो चाहें कर लो - बाद में काउंसिल की मीटिंग में शोर-शराबा होगा, उसे बेशर्मी के साथ झेल लेना; इससे ज्यादा क्या होगा ? धीरज खंडेलवाल को यह आईडिया कुछ ज्यादा ही पसंद आ गया है । उन्होंने 'एसएमई लीडर अवॉर्ड' का आयोजन तो कर ही लिया है, साथ ही दूसरे देशों में काम कर रहे इंस्टीट्यूट के सदस्य चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के लिए भी अवॉर्ड्स फंक्शन करने की घोषणा कर चुके हैं, और जिसके आयोजन के लिए भी उन्होंने काउंसिल से कोई अनुमति नहीं ली है ।
धीरज खंडेलवाल की इस हरकत पर सेंट्रल काउंसिल सदस्य खासे खफा हैं, और इसी कारण से वेस्टर्न रीजन तक का कोई सेंट्रल काउंसिल सदस्य उक्त अवॉर्ड फंक्शन में नहीं गया । वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के भी गिनती के वही सदस्य आयोजन में उपस्थित नजर आये, जिन्हें उत्तम प्रकाश अग्रवाल के 'आदमियों' के रूप में देखा/पहचाना जाता है । उत्तम प्रकाश अग्रवाल ने ही अवॉर्ड बाँटने का काम किया । वह इस आयोजन की आयोजक कमेटी - कमेटी फॉर मेंबर्स इन इंडस्ट्रीज एंड बिजनेस में को-ऑप्टेड सदस्य भी हैं । किसी पूर्व प्रेसीडेंट का किसी कमेटी में को-ऑप्टेड होना उसके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं देखा/पहचाना जाता है; इसीलिए अन्य कोई पूर्व प्रेसीडेंट किसी कमेटी में को-ऑप्टेड नहीं है - लेकिन उत्तम प्रकाश अग्रवाल के लिए पद की गरिमा जैसी चीजों का कोई महत्त्व नहीं है, और इसलिए उन्हें प्रायः नियम विरुद्ध होने वाले आयोजनों में देखा जाता है । 'एसएमई लीडर अवॉर्ड' को भी उत्तम प्रकाश अग्रवाल के आयोजन के रूप में देखा/पहचाना गया है, जिसमें धीरज खंडेलवाल की भूमिका को कठपुतली के रूप में देखा/समझा गया है । धीरज खंडेलवाल को लोगों के बीच उत्तम प्रकाश अग्रवाल की 'कठपुतली' के रूप में ही पहचाना जाता है । लोगों के बीच चर्चा है कि उत्तम प्रकाश अग्रवाल की शह पर ही धीरज खंडेलवाल ने काउंसिल और प्रेसीडेंट की अवहेलना करके 'एसएमई लीडर अवॉर्ड' का आयोजन कर लिया है, और इंटरनेशनल चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के लिए अवॉर्ड्स के आयोजन की तैयारी कर रहे हैं - और प्रेसीडेंट बेचारा मजबूर सा बना चुपचाप सारा तमाशा देख रहा है ।

Friday, September 7, 2018

चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में पुणे में संजय पवार को धोखे में रख कर सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत की गई सर्वेश जोशी की उम्मीदवारी ने वोटों के समीकरण को ऐसा गड़बड़ाया है कि संजय पवार के साथ-साथ शेखर चितले के लिए भी मुसीबत पैदा हो गई लगती है

पुणे । सर्वेश जोशी ने इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करके न सिर्फ संजय पवार, बल्कि शेखर चितले की उम्मीदवारी के लिए भी मुसीबतें खड़ी कर दी हैं । सबसे बुरा तो संजय पवार के साथ हुआ - वह बेचारे इस उम्मीद में थे कि सर्वेश जोशी उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करेंगे और उन्हें वोट दिलवायेंगे; पर अब जब सर्वेश जोशी खुद ही उम्मीदवार हो गए हैं, तो संजय पवार की सारी उम्मीदें बुरी तरह ध्वस्त हो गई हैं । संजय पवार को पुणे में सर्वेश जोशी के नजदीकी के रूप में देखा/पहचाना जाता है, और इस नाते हर किसी को विश्वास था कि संजय पवार यदि सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवार बनने की तैयारी कर रहे हैं, तो निश्चित ही सर्वेश जोशी से विचार-विमर्श करके और उनकी सहमति मिलने पर ही कर रहे होंगे । उल्लेखनीय है कि पुणे में इंस्टीट्यूट की छोटी से बड़ी चुनावी राजनीति तक को जानने/समझने वाले लोगों का मानना और कहना है कि पिछली बार एसबी जावरे ने यशवंत कसार के जरिये सर्वेश जोशी की रीजनल काउंसिल की उम्मीदवारी के लिए जो फंदा तैयार किया था, उससे निपटने के लिए सर्वेश जोशी ने ही संजय पवार को सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवार बनाया/बनवाया था । उनकी तरकीब काम कर गई थी और एसबी जावरे अपने 'फंदे' को उतारने/लपेटने के लिए मजबूर हो गए थे - और सर्वेश जोशी किसी तरह रीजनल काउंसिल की अपनी सदस्यता बचा लेने में कामयाब हो गए थे । लोगों को उम्मीद भी थी और विश्वास भी था कि संजय पवार के पिछली बार किए गए इस अहसान को सर्वेश जोशी याद रखेंगे और इस बार सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत होने वाली संजय पवार की उम्मीदवारी के समर्थन में काम करेंगे । सर्वेश जोशी ने लेकिन सभी उम्मीदों और विश्वासों को ठेंगा दिखाते हुए सेंट्रल काउंसिल के लिए अपनी ही उम्मीदवारी प्रस्तुत कर दी है । इससे लोगों को लगा है कि सर्वेश जोशी अभी तक संजय पवार को सिर्फ अपने फायदे के लिए इस्तेमाल ही कर रहे थे, और संजय पवार के साथ उनकी नजदीकी सिर्फ एक धोखा थी ।
सर्वेश जोशी की इस हरकत से सेंट्रल काउंसिल के लिए चुनावी तैयारी कर रहे संजय पवार को तो झटका लगा ही है, शेखर चितले की तैयारी के लिए भी मुसीबत पैदा हुई है । शेखर चितले को एसबी जावरे के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जाता है; और इस नाते सर्वेश जोशी तथा संजय पवार के बीच के झगड़े का उनकी उम्मीदवारी पर यूँ तो कोई सीधा प्रभाव पड़ता नजर नहीं आता है - लेकिन सर्वेश जोशी से मिले धोखे से संजय पवार के प्रति जो हमदर्दी पैदा हुई दिख रही है, उसे शेखर चितले के लिए जरूर एक चुनौती के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । खुद शेखर चितले के समर्थकों को लग रहा है कि सर्वेश जोशी के 'व्यवहार' की प्रतिक्रिया में संजय पवार जिस तरह से 'विक्टिम कॉर्ड' खेल रहे हैं, उससे वह लोगों की हमदर्दी पा लेंगे - और जो शेखर चितले को भी नुकसान पहुँचाने का काम करेगी । शेखर चितले को एसबी जावरे का समर्थन जरूर है और एसबी जावरे उनकी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने का प्रयास भी करेंगे ही - लेकिन लोगों को लगता नहीं है कि एसबी जावरे उन्हें अपने जैसा समर्थन दिलवा सकेंगे । शेखर चितले की लोगों के बीच कोई ज्यादा सक्रियता और संलग्नता भी नहीं रही है - लोग उन्हें एसबी जावरे के नजदीकी होने के नाते ही जानते/पहचानते हैं । शेखर चितले के समर्थकों को लगता है और उनका कहना भी है कि सेंट्रल काउंसिल के लिए यदि चुनाव सीधे-सीधे शेखर चितले और संजय पवार के बीच हो रहा होता, तो शेखर चितले निश्चित ही बेहतर स्थिति में होते - लेकिन सर्वेश जोशी की उम्मीदवारी ने वोटों के समीकरण को ऐसा गड़बड़ाया है कि संजय पवार के साथ-साथ शेखर चितले के लिए भी मुसीबत पैदा हो गई है ।
मजे की बात यह है कि पुणे में सेंट्रल काउंसिल के तीनों उम्मीदवारों में सर्वेश जोशी को बाकी दोनों से बेहतर स्थिति में देखा/आँका जा रहा है, लेकिन फिर भी किसी को यकीन नहीं है कि वह सेंट्रल काउंसिल में जा सकेंगे । सर्वेश जोशी के विरोधियों के रूप में देखे/पहचाने जाने वाले लोगों का भी मानना और कहना है कि सर्वेश जोशी रीजनल काउंसिल सदस्य और पदाधिकारी के रूप में लोगों को चूँकि लगातार 'दिखते' रहे हैं, इसलिए लोगों के बीच उनका 'परिचय' है और सीनियर्स के साथ-साथ नए बने चार्टर्ड एकाउंटेंट्स भी उन्हें जानते/पहचानते हैं; जबकि संजय पवार और शेखर चितले को तो अभी लोगों के बीच पहचान व परिचय बनाने का ही काम करना है - इस नाते सर्वेश जोशी फिलहाल तो संजय पवार और शेखर चितले से बेहतर स्थिति में हैं । लेकिन इन्हीं लोगों का मानना और कहना यह भी है कि सर्वेश जोशी ने रीजनल काउंसिल सदस्य के रूप में चूँकि कुछ भी उल्लेखनीय काम नहीं किया है, और न वह किसी के काम ही आये हैं - जिस कारण उनके संगी/साथी ही उनका साथ छोड़ते गए हैं, इसलिए सेंट्रल काउंसिल उम्मीदवार के रूप में वोट जुटा पाना उनके लिए मुश्किल ही होगा । लोग याद कर रहे हैं कि पिछली बार सर्वेश जोशी रीजनल काउंसिल की अपनी सदस्यता ही मुश्किल से बचा पाए थे; पुणे के उम्मीदवारों में ही वह पहली प्राथमिकता के वोटों की गिनती में सत्यनारायण मूंदड़ा और अंबरीश वैद्य से पीछे रहते हुए तीसरे नंबर पर रहे थे । लोगों का तर्क है कि पिछली बार जो व्यक्ति रीजनल काउंसिल की अपनी सदस्यता को मुश्किल से बचा पाया हो, वह सेंट्रल काउंसिल उम्मीदवार के रूप में क्या झंडा गाड़ पायेगा - इसे सहज ही समझा जा सकता है । संजय पवार और शेखर चितले के सामने समस्या यह है कि अभी उन्हें सर्वेश जोशी से भी पीछे समझा/देखा जा रहा है; ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह दोनों अपना अपना प्रचार अभियान किस तरह संयोजित करते और चलाते हैं, ताकि यह कम-अस-कम चुनावी मुकाबले में आते हुए तो नजर आएँ ।

Monday, April 23, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चुनाव में पुणे के अरुण गिरी द्वारा सबसे ज्यादा वोट प्राप्त करने के लक्ष्य-निर्धारण ने यशवंत कसार के लिए - बल्कि वास्तव में एसबी जावरे के लिए चुनौती खड़ी की

पुणे । वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए प्रस्तुत यशवंत कसार की उम्मीदवारी को कामयाब बनाने/बनवाने के लिए इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य एसबी जावरे ने जिस तरह से कमर कस ली है, उसने पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में खासी गर्मी पैदा कर दी है । उल्लेखनीय है कि यशवंत कसार के अलावा वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए सत्यनारायण मूंदड़ा, रेखा धमनकर व अरुण गिरी के नाम चर्चा में हैं । सत्यनारायण मूंदड़ा रीजनल काउंसिल में अपना छटवाँ वर्ष, यानि दूसरा टर्म पूरा कर रहे हैं, और तीसरे टर्म के लिए चुनावी मैदान में होंगे - इसलिए उनकी जीत तो पक्की ही मानी जा रही है । यशवंत कसार, रेखा धमनकर व अरुण गिरी पिछले तीन वर्षों में क्रमशः पुणे ब्रांच के चेयरमैन रहे हैं - यशवंत कसार पिछले टर्म के आखिरी वर्ष में, तथा रेखा धमनकर व अरुण गिरी मौजूदा टर्म के पहले दो वर्षों में । अरुण गिरी वर्ष 2009 में सेंट्रल काउंसिल का चुनाव लड़ चुके हैं, जिसमें उन्हें सफलता तो नहीं मिली थी - लेकिन उनका चुनावी प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा था । पुणे से रीजनल काउंसिल के लिए दो सीट निकलना आसान होता रहा है; पिछली बार तीन सीट निकालने के लिए कोशिशें तो खूब हुईं थीं - लेकिन उसमें कामयाबी नहीं मिल सकी थी । वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए पुणे से निकलने वाली दो सीटों पर सत्यनारायण मूंदड़ा के साथ अरुण गिरी का दावा माना/पहचाना जा रहा है, इसलिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी की नाव को पार लगाने के लिए एसबी जावरे को उनकी उम्मीदवारी की बागडोर अपने हाथ में लेना पड़ी है । 
यशवंत कसार को पुणे में एसबी जावरे के 'आदमी' के रूप में देखा/पहचाना जाता है । पिछली बार, पुणे ब्रांच का चेयरमैन रहते हुए यशवंत कसार ने एसबी जावरे का आशीर्वाद लेते हुए वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए पहले तो अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की थी, लेकिन कुछ ही दिनों में एसबी जावरे ने सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत अपनी उम्मीदवारी की सफलता को सुरक्षित बनाने के लिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी की बलि ले ली थी । इसलिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी को इस बार सफल बनाना एसबी जावरे अपनी नैतिक जिम्मेदारी मान रहे हैं । पुणे में एसबी जावरे की जो स्थिति है, उसमें उनका आशीर्वाद और उनका 'आदमी' होने की पहचान ही यशवंत कसार की जीत की गारंटी हो सकता था - लेकिन सत्यनारायण मूंदड़ा के चुनावी मैदान में डटे रहने और अरुण गिरी की उम्मीदवारी के प्रस्तुत होने से यशवंत कसार के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं । पिछली बार चुनावी वर्ष में यशवंत कसार पुणे ब्रांच के चेयरमैन थे, इसलिए लोगों के बीच उनकी पहचान और पैठ थी; लेकिन पिछले करीब दो वर्षों से वह चूँकि सीन से गायब हैं, और चुनावी राजनीति में चूँकि 'दिखने' वाले को ही लोग पहचानते हैं इसलिए यशवंत कसार के लिए इस बार का चुनावी मुकाबला खासा मुश्किल है । एसबी जावरे ने उन्हें हालाँकि इंस्टीट्यूट की 'कैपेसिटी बिल्डिंग ऑफ मेंबर्स इन प्रैक्टिस' कमेटी में को-ऑप्ट तो करवा दिया है, लेकिन उक्त कमेटी में को-ऑप्ट सदस्य रहते हुए यशवंत कसार के लिए वास्तव में ऐसा कुछ कर पाने की कोई संभावना होगी - जिसका वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चुनाव में वह कोई फायदा उठा सकें, इसमें उनके नजदीकियों और समर्थकों को ही संदेह है ।
अरुण गिरी के आक्रामक चुनावी रवैये ने पुणे में चुनावी समीकरणों को जिस तरह से प्रभावित किया है, उसने पुणे के चुनावी परिदृश्य को रोचक बना दिया है । अरुण गिरी ने वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सबसे ज्यादा वोट प्राप्त करने का अपने लिए जो लक्ष्य निर्धारित और घोषित किया है, उसने दूसरे उम्मीदवारों के बीच और खलबली मचाई है । दरअसल अरुण गिरी के इस लक्ष्य निर्धारण को पुणे में चुनावी राजनीति में दिलचस्पी लेने वाले लोगों ने काफी गंभीरता से लिया है । इसका कारण है कि अरुण गिरी अभी भले ही ब्रांच की मैनेजिंग टीम में हों, लेकिन चुनावी राजनीति के संदर्भ में उनकी पहचान काफी बड़ी और व्यापक है । करीब दो वर्ष पहले हुए ब्रांच के चुनाव में उन्हें चुनाव में कुल वोटों का एक-चौथाई हिस्सा मिला था । इस तथ्य का विशेष अर्थ और महत्त्व है । यह कोई छोटी बात नहीं है । ब्रांच के चुनाव में 14 उम्मीदवार थे; जिनमें 13 उम्मीदवारों के बीच करीब 75 प्रतिशत वोट बँटे थे, और करीब 25 प्रतिशत वोट अकेले अरुण गिरी को मिले थे । ऐसा नतीजा तभी पाया जा सकता है, जब हर जातीय समूह और वर्ग के वोटों तक पहुँच व स्वीकार्यता हो । पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में कोई मराठा, तो कोई मारवाड़ी, कोई गुजराती, कोई महिला, कोई नए व युवा वोटों पर निर्भर करता है - तब एक अकेले अरुण गिरी ऐसे उम्मीदवार रहे जिन्हें हर समूह और हर वर्ग से समर्थन मिला । एक बार सेंट्रल काउंसिल का चुनाव लड़ लेने के कारण अरुण गिरी की पुणे से बाहर के लोगों के बीच भी अच्छी पहचान और पैठ है । वर्ष 2009 में अरुण गिरी ने जब सेंट्रल काउंसिल का चुनाव लड़ा था, तब वह पहली बार लोगो के सामने आए थे - हालाँकि तब भी पहली वरीयता में ही उन्हें करीब 850 वोट मिले थे, और एलिमिनेट होने के समय उन्हें मिलने वाले वोटों की गिनती एक हजार के पार हो गई थी । उनकी इसी बैक-ग्राउंड को देखते हुए वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सबसे ज्यादा वोट पाने के उनके लक्ष्य-निर्धारण को गंभीरता से लिया/देखा जा रहा है । इस स्थिति ने लेकिन यशवंत कसार के लिए - और यशवंत कसार के जरिये वास्तव में एसबी जावरे के लिए भारी मुसीबत खड़ी कर दी है । देखना दिलचस्प होगा कि यशवंत कसार को कामयाबी दिलवाने के लिए एसबी जावरे क्या क्या तरकीबें लगाते हैं ?

Saturday, December 24, 2016

पुणे में अपनी फजीहत के लिए सारा दोष अपने भतीजे अभिषेक जावरे पर मढ़ने और अपने आप को कोचिंग सर्विसेस व छात्रों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध बताने/दिखाने के उद्देश्य से लिखे एसबी जावरे के पत्र ने उनकी मुसीबत बढ़ाने का ही काम किया है

पुणे । अभिषेक जावरे के निकलने से जावरे प्रोफेशनल एकेडमी को लगे झटके से बचने/उबरने के लिए एसबी जावरे ने विनोद कुमार अग्रवाल के साथ जो हाथ मिलाया है - उसने पुणे में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की कोचिंग के धंधे के परिदृश्य में दिलचस्प नजारा प्रस्तुत किया है, जिसमें नए नए नाटक रोज रोज देखने को मिल रहे हैं । उल्लेखनीय है कि विनोद कुमार अग्रवाल पहले जावरे प्रोफेशनल एकेडमी में ही फैकल्टी थे, लेकिन एसबी जावरे के मनमाने रवैये के कारण अपमानित होकर उन्हें करीब 14/15 वर्ष पहले एकेडमी छोड़ना पड़ी थी । इससे पहले, जावरे प्रोफेशनल एकेडमी से निकल कर अभिषेक जावरे ने जिन सुबोध शाह के साथ गठबंधन किया है, वह भी पहले जावरे एकेडमी में ही थे । इस तरह, चाचा भतीजे ने अपनी आपसी लड़ाई में जिस तरह से अपनी एकेडमी से निकले लोगों को ही अपनी अपनी ढाल बनाया है - उससे लोगों को लग रहा है कि इन दोनों के बीच की यह लड़ाई अभी और गंदी होगी । इस बात के संकेत दोनों की तरफ से होने वाली बयानबाजी में भी मिले हैं : एसबी जावरे ने कई लोगों को भेजे अपने एक पत्र में 'एक फैकल्टी' के एकेडमी से निकलने के कारण बनी स्थिति का हवाला देते हुए अभिषेक जावरे पर निशाना साधा है, तो अभिषेक जावरे ने भी जबाव देने और लोगों को यह बताने में कोई संकोच नहीं किया है कि वह एकेडमी छोड़ना नहीं चाहते थे, उन्हें एकेडमी छोड़ने के लिए मजबूर किया गया । यह कहते हुए अभिषेक जावरे ने एसबी जावरे को सीधे-सीधे कठघरे में खड़ा कर दिया है - क्योंकि जावरे एकेडमी में एसबी जावरे के अलावा और कौन होगा, जो उन्हें एकेडमी छोड़ने के लिए मजबूर करता ? अभिषेक जावरे ने खुद को 'एक फैकल्टी' कहे जाने का भी करारा जबाव दिया है : अपने जबाव में उन्होंने स्पष्ट कहा है कि जावरे एकेडमी में वह सिर्फ एक फैकल्टी नहीं थे - बल्कि एक पार्टनर, चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफीसर और मुख्य फैकल्टी थे । चाचा/भतीजे के बीच आरोप-प्रत्यारोप का यह सिलसिला इसलिए छिड़ा है क्योंकि दोनों ही लोग अपने आप को निर्दोष बताने/साबित करने के साथ-साथ दूसरे के सिर पर ही सारी जिम्मेदारी मढ़ने की कोशिश कर रहे हैं ।
अभिषेक जावरे के एकेडमी से निकलने के कारण हुई और हो रही फजीहत से बचने के लिए एसबी जावरे ने अभिषेक जावरे पर सारा दोष मढ़ने और अपने आप को कोचिंग सर्विसेस व छात्रों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध बताने/दिखाने के लिए जो पत्र लिखा है, उसमें भी चालाकी दिखाते हुए आधी-अधूरी जानकारी दी गई है । एसबी जावरे ने अपने पत्र में कहा/बताया है कि इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के कामों में व्यस्त हो जाने के कारण वह एकेडमी से कुछ दूर हो गए थे, लेकिन छात्रों के बार-बार के अनुरोध के कारण वह सेंट्रल काउंसिल में अपनी व्यस्तता के बावजूद एकेडमी में फिर लौट आए हैं । एसबी जावरे का यह बयान बेहद चालाकी भरा है, और छात्रों व लोगों को भावनात्मक रूप से बरगलाने वाला है । वह कह/बता रहे हैं कि वह इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के कामों में व्यस्त हो गए थे - वह यह नहीं बता रहे हैं कि वह वहाँ क्यों व्यस्त हो गए थे : क्या वह रास्ता भटक गए थे, या उन्हें किसी ने जबर्दस्ती वहाँ पकड़ लिया था ? सच यह है कि उन्होंने अपनी मर्जी से, पूरे होशो-हवास में और अपने प्रयत्नों से सेंट्रल काउंसिल का चुनाव लड़ा था - और सेंट्रल काउंसिल पहुँचे थे । एसबी जावरे ने जानते-बूझते हुए अपने-आप को सेंट्रल काउंसिल में व्यस्त किया हुआ था, और इस कारण से उन्होंने छात्रों के साथ धोखा और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया था । अब जब वह बार-बार के अनुरोधों का हवाला देते हुए छात्रों के बीच वापस लौटने की बात कह रहे हैं, तो यह भी झूठ है - सच यह है कि नियमानुसार वह अबकी बार सेंट्रल काउंसिल का चुनाव लड़ ही नहीं सकते हैं, और इंस्टीट्यूट का प्रेसीडेंट बनने की उनकी हसरत भी बिखर चुकी है; लिहाजा सेंट्रल काउंसिल में अगले दो वर्ष उनके पास न तो करने को कुछ खास है, और न उनका उत्साह ही बचा है । सो, एसबी जावरे के पास एकेडमी में वापस लौटने के अलावा और कोई चारा ही नहीं बचा है ।
अभिषेक जावरे के अलग हो जाने से - और उनके अलग हो जाने के कारणों के सार्वजनिक हो जाने से एसबी जावरे को दोहरी चोट पड़ी है : उन्होंने एक तरफ तो विश्वसनीय सहयोगी खोया है, और दूसरी तरफ सारे घटनाक्रम से लोगों के बीच उनकी भारी फजीहत हुई है । इस बीच जावरे एकेडमी से दो-एक और फैकल्टी सदस्यों के निकलने की चर्चा जोर पकड़ रही है । इस दोहरी/तिहरी चोट से उबरने/सँभलने के लिए एसबी जावरे ने एक तो लोगों को ऊपर वर्णित पत्र लिखा और दूसरा काम एक समय जावरे एकेडमी से निकाले गए विनोद कुमार अग्रवाल से वापस संबंध जोड़ने का किया है । उन्हें उम्मीद है कि विनोद कुमार अग्रवाल को पुनः अपने साथ जोड़ कर वह एक अनुभवी फैकल्टी की कमी को भी दूर कर लेंगे, तथा साथ ही साथ लोगों को वह यह भी 'दिखा' देंगे कि उनके रवैये और व्यवहार में कोई गड़बड़ नहीं है - यदि सचमुच कोई गड़बड़ होती तो उनके यहाँ से छोड़ कर गए विनोद कुमार अग्रवाल पुनः उनके साथ भला क्यों जुड़ते ? पुणे की कोचिंग इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना लेकिन यह है कि एसबी जावरे और विनोद कुमार अग्रवाल के बीच बना गठबंधन वास्तव में मजबूरी का सौदा है । जावरे एकेडमी से निकलने के बाद विनोद कुमार अग्रवाल ने हालाँकि एक समय सफलता की सीढ़ियाँ बड़ी तेजी से चढ़ी थीं, और काफी समय पुणे के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स छात्रों के बीच उनकी खासी लोकप्रियता रही थी - लेकिन पिछले काफी समय से उनका धंधा बुरी तरह चौपट चल रहा है; इसलिए जावरे एकेडमी में लौटने में उन्हें फिलहाल अपनी भलाई ही नजर आई है । एसबी जावरे और विनोद कुमार अग्रवाल को अपनी अपनी मुसीबतों वाले मौजूदा समय में आपस में हाथ मिला लेने में फायदा दिखा - तो पिछले अनुभवों से मिली कड़वाहट को भूल कर वह इकट्ठा हो गए हैं । हालाँकि अधिकतर लोगों को लगता है कि एसबी जावरे और विनोद कुमार अग्रवाल के बीच होने वाला यह मौकापरस्त पुनर्मिलन ज्यादा दिन तक टिकेगा नहीं । इसीलिए माना जा रहा है कि पुणे में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की कोचिंग के धंधे में अभी और नए नए नाटक देखने को मिलेंगे ।
एसबी जावरे का पत्र :

Wednesday, December 14, 2016

पुणे में चार्टर्ड एकाउंटेंट की कोचिंग के धंधे में अभिषेक जावरे की बढ़ती पहचान और लोकप्रियता हजम न कर पाने के कारण ही एसबी जावरे ने उन्हें जावरे एकेडमी से निकाला है क्या ?

पुणे । जावरे प्रोफेशनल एकेडमी में एसबी जावरे की मनमानी और फैकल्टी सदस्यों के साथ हिसाब-किताब की गड़बड़ी का शिकार अंततः अभिषेक जावरे को भी होना पड़ा है । उल्लेखनीय है कि अभिषेक जावरे फैकल्टी सदस्य होने के साथ-साथ एकेडमी का प्रबंधन भी देख रहे थे और रिश्ते में एसबी जावरे के सगे भतीजे हैं - इसके बावजूद वह एसबी जावरे की बेईमानीपूर्ण टैक्टिस का शिकार होने से नहीं बच सके । नियति का क्रूर मजाक यह हुआ है कि अभिषेक जावरे अभी तक एसबी जावरे की बेईमानीपूर्ण टैक्टिस को क्रियान्वित करने का माध्यम हुआ करते थे, और पिछले कुछेक वर्षों में एसबी जावरे ने एकेडमी की जिन फैकल्टीज को अपनी टैक्टिस का शिकार बनाया है - उन्हें अंजाम तक पहुँचाने का काम अभिषेक जावरे ने ही किया है; उन्होंने कभी सोचा भी नहीं होगा कि एसबी जावरे की जिस टैक्टिस को सफलता के साथ वह अंजाम तक पहुँचाने का काम करते हैं, एक दिन एसबी जावरे की उसी टैक्टिस का शिकार वह खुद भी होंगे ।
एसबी जावरे की टैक्टिस बड़ी सीधी सी है : जावरे एकेडमी में फैकल्टी से वह जीतोड़ काम लेते हैं, इसके लिए फैकल्टी को राजी करने के लिए वह उसे आकर्षक ऑफर देते हैं - जिसमें दो-तीन तरह से पैसा दिए जाने की बात होती है । कुछ पैसा हर माह दिया जाता है, और कुछ पैसा उनके हिसाब में जुड़ते जाने की बात होती है । कुछ समय बाद जब फैकल्टी को समझ में आता है कि जावरे सर तो न सिर्फ उसका शोषण कर रहे हैं, बल्कि मौके-बेमौके उसे अपमानित भी करते रहते हैं - तो वह जावरे एकेडमी छोड़ने की तैयारी करता है । इस तैयारी में उसे हिसाब में जुड़ती गई जो रकम मिलने की उम्मीद होती है, एसबी जावरे उसे नहीं देते हैं और अपने ही मनमाने हिसाब से उसे उसके पैसे देते हैं । पिछले वर्षों में जो लोग भी जावरे एकेडमी छोड़ कर गए हैं, प्रायः उन सभी का एसबी जावरे से पैसों को लेकर भारी झगड़ा हुआ है । झगड़े के बावजूद सभी को मिले उतने ही पैसे, जितने एसबी जावरे ने देना तय किया था । एसबी जावरे से उन्हें यह और सुनने को मिलता रहा कि तुम थे क्या ? जो तुम आज हो, मैंने तुम्हें बनाया है; मेरी बदौलत हो; आदि-इत्यादि । इस तरह की बातें सुनकर जावरे एकेडमी छोड़ कर जाने वाला फैकल्टी सदस्य बेचारा डर जाता है कि जावरे सर जो पैसे दे रहे हैं, कहीं वह भी 'क्या से क्या बना देने' की फीस के रूप में वापस न ले लें; सो जो मिल रहा होता है, उसे लेकर वह निकल लेता है । एसबी जावरे का यह फार्मूला बिलकुल हिट फार्मूला है, जिसके कई शिकारों में नया नाम अब - अभिषेक जावरे का भी जुड़ गया है । अभिषेक जावरे ने अपने नजदीकियों को जो बताया है, उसके अनुसार एसबी जावरे ने उनका करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपया मार लिया है । 'तुम क्या थे' जैसी बातें तो अभिषेक जावरे को दूसरों से ज्यादा सुनने को मिली हैं । अभिषेक जावरे ने ही कुछेक लोगों को बताया है कि एसबी जावरे ने उन्हें परिवार व खानदान के लोगों के बीच बेतरह अपमानित और जलील किया है ।
यह सच है कि अभिषेक जावरे जब जावरे प्रोफेशनल एकेडमी में आए थे, तब वह 'वह' नहीं थे, जो आज हैं । एसबी जावरे अगर यह कहना/बताना चाहते हैं कि उस समय अभिषेक जावरे 'कुछ' नहीं थे, तो इसे भी सच मान लेते हैं । किंतु सच यह भी है कि जावरे प्रोफेशनल एकेडमी भी तब वह नहीं थी, जो वह आज है । पुणे में चार्टर्ड एकाउंटेंट की कोचिंग के धंधे से जुड़े लोगों का मानना और कहना है कि जावरे प्रोफेशनल एकेडमी ने पिछले छह-सात वर्षों में तरक्की की जो ऊँची छलाँग लगाई है, वह अभिषेक जावरे की अथक मेहनत तथा दूरदृष्टि का नतीजा है । इसी वर्ष सुबोध शाह की एकेडमी के साथ गठबंधन करके जावरे एकेडमी ने अपना जो विस्तार किया है, वह पूरी तरह से अभिषेक जावरे के दिमाग की ही उपज है । एसबी जावरे तो इस गठबंधन के लिए तैयार ही नहीं थे, अभिषेक जावरे ने बहुत मुश्किल से उन्हें इसके लिए राजी किया था । इस गठबंधन को लेकिन जब जोरदार सफलता मिली, एसबी जावरे तब उसका श्रेय लेने के लिए जरूर आगे आ गए । पुणे में चार्टर्ड एकाउंटेंट की कोचिंग के धंधे से जुड़े लोगों का कहना है कि जावरे एकेडमी के कारण यदि अभिषेक जावरे ने पुणे में अपनी पहचान बनाई है, तो उनके कारण जावरे एकेडमी ने भी सफलता की सीढ़ियां तेजी से चढ़ी हैं ।
उल्लेखनीय है कि एसबी जावरे तो पिछले सात-आठ वर्षों से चार्टर्ड एकाउंटेंट इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के चुनावों में और उसकी कार्रवाइयों में व्यस्त रहे हैं, जिस कारण उनकी एकेडमी में कोई सक्रियता तो क्या, उपस्थिति तक नहीं रही । इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल में व्यस्तता के चलते उन्होंने पिछले सात-आठ वर्षों में एकेडमी में शायद ही कोई क्लास ली हो । इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल की उनकी सदस्यता के चलते एकेडमी को उलटे नुकसान और उठाना पड़ा है, जब अक्टूबर 2011 में कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट के आरोप के चलते पुणे ब्रांच से मिला एक कॉन्ट्रेक्ट एकेडमी से छिन गया था और एकेडमी को एक बड़ी रकम से हाथ धोना पड़ा था । यानि इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल में अपनी सक्रियता के चलते एसबी जावरे एकेडमी में कोई भी भूमिका तो नहीं ही निभा पा रहे थे, उलटे एकेडमी को तरह तरह से नुकसान और पहुँचवा रहे थे । इसके बावजूद जावरे एकेडमी सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ती जा रही थी और उसकी कमाई भी बढ़ रही थी - तो इसका एक बड़ा श्रेय अभिषेक जावरे के खाते में जुड़ रहा था ।
समझा जा रहा है कि अभिषेक जावरे की बढ़ती पहचान और कामयाबी को देख कर एसबी जावरे को उनसे जलन होने लगी, और उनकी यही जलन जावरे एकेडमी से अभिषेक जावरे के बाहर होने का कारण बनी । दरअसल किसी के लिए भी यह समझना मुश्किल बना हुआ है कि अभिषेक जावरे की देखरेख में जावरे एकेडमी जब अच्छे से काम कर रही थी और तमाम प्रतिकूल स्थितियों के बावजूद लगातार तरक्की कर रही थी; एसबी जावरे को बिना कुछ किए-धरे ही एकेडमी की कमाई में हिस्सा मिल रहा था, तब फिर ऐसा आखिर क्या हुआ कि चचा एसबी जावरे को अपने भतीजे अभिषेक जावरे को एकेडमी से बाहर निकालना पड़ा । इस बारे में न तो एसबी जावरे ने और न अभिषेक जावरे ने ही अपने अपने नजदीकियों से ज्यादा कुछ कहा/बताया है; किंतु दोनों के नजदीकियों के जरिए जो जो बातें सामने आई हैं, उनसे ही लोगों ने अनुमान लगाया है कि पुणे में चार्टर्ड एकाउंटेंट की कोचिंग के धंधे में अभिषेक जावरे की बढ़ती पहचान और लोकप्रियता एसबी जावरे को हजम नहीं हो पाई है । एसबी जावरे को यह बात तो बिलकुल ही पसंद नहीं आई कि पुणे में जावरे एकेडमी को अभिषेक जावरे की एकेडमी के रूप में देखा/पहचाना जाने लगे । सुना जाता है कि अभिषेक जावरे की सफलता से चिढ़ने वाले अन्य कुछेक लोगों ने एसबी जावरे को भड़काया भी कि कहीं ऐसा न हो कि जावरे एकेडमी पर अभिषेक कब्ज़ा कर लें । ऐसी ही परिस्थितियों और मनःस्थिति में एसबी जावरे ने तरह तरह से अभिषेक जावरे पर दबाव बनाने के लिए उनके काम में हस्तक्षेप करने तथा उनके फैसलों की आलोचना करने के रूप में उनको अपमानित करना शुरू किया । पिछले कुछेक महीनों में घटी घटनाओं से अभिषेक जावरे ने भी भाँप लिया कि चाचा जी उन्हें अब जावरे एकेडमी से निकालने की तैयारी कर रहे हैं ।
एसबी जावरे की बनाई और खासी सफलतापूर्वक आजमाई गई टैक्टिस के चलते अभिषेक जावरे के लिए जावरे एकेडमी से निकलना भी उतना ही मुश्किलों भरा होगा, जितना कि वह पिछले वर्षों में दूसरों के लिए रहा है - अभिषेक जावरे ने यह नहीं सोचा था । अभिषेक जावरे ने अपने पैसों का जो हिसाब बनाया, एसबी जावरे ने उस पर बड़ा बबाल खड़ा किया । नौबत मामले के परिवार व खानदान के सदस्यों के बीच पहुँचने की आ गई । परिवार व खानदान के सदस्यों के बीच एसबी जावरे ने अभिषेक जावरे की बुरी तरह से फजीहत की । अभिषेक जावरे ने भी समझ लिया कि एसबी जावरे ने एकेडमी से निकलने वाले दूसरे लोगों को जिस तरह से पूरा पैसा नहीं दिया है, उसी तर्ज पर वह उन्हें भी अपने ही हिसाब से पैसा देंगे । दूसरे लोगों की तरह अभिषेक जावरे ने भी एसबी जावरे के हिसाब से दिए जा रहे पैसे को लिया और जावरे एकेडमी से बाहर का रास्ता पकड़ा ।

Monday, February 8, 2016

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की चुनावी राजनीति में चंद्रशेखर चितले के लिए 'जमीन' तैयार करने की एसबी जाबरे की कोशिशों को पुणे ब्रांच की मैनेजमेंट कमेटी के चुनाव में अरुण गिरी से तगड़ा झटका लगा

पुणे । पुणे ब्रांच की आठ सदस्यीय मैनेजमेंट कमेटी का चुनाव जोरदार तरीके से जीतने के बावजूद अरुण गिरी के लिए पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति को साधने की योजना चुनौतियों से आजाद नहीं हुई है । यह ठीक है कि पुणे ब्रांच की मैनेजमेंट कमेटी के चुनाव में एसबी जाबरे को खासा तगड़ा झटका लगा है, और उनके बड़े खास उम्मीदवारों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है; लेकिन इस झटके के बावजूद एसबी जाबरे ने जोड़-तोड़ करके पुणे ब्रांच की मैनेजमेंट कमेटी पर अपना कब्जा ज़माने के लिए जो प्रयास शुरू किए हैं - उससे दिख रहा है कि पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति खासी दिलचस्प होने जा रही है । उल्लेखनीय है कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट की पुणे ब्रांच की मैनेजमेंट कमेटी के इस बार के चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं थे; अरुण गिरी की अप्रत्याशित उम्मीदवारी तथा एसबी जाबरे की अति अति सक्रियता ने इस बार के चुनाव को बहुत बहुत खास बना दिया था । पुणे ब्रांच के इस बार के चुनाव को वर्ष 2018 में होने वाले सेंट्रल काउंसिल के चुनाव की 'तैयारी' के रूप में इस्तेमाल किया गया । उल्लेखनीय है कि एसबी जाबरे पहले ही चंद्रशेखर चितले को वर्ष 2018 में सेंट्रल काउंसिल के लिए अपने उम्मीदवार के रूप में घोषित कर चुके हैं, और चंद्रशेखर चितले की प्रस्तावित उम्मीदवारी को मजबूती दिलाने के लिए वह पुणे ब्रांच पर अपना 'कब्जा' चाहते हैं । इस 'कब्जे' के लिए ही उन्होंने पुणे ब्रांच के चुनाव में अपनी सारी ताकत झोंकी और अपने उम्मीदवारों को समर्थन दिलवाने के लिए दिन-रात एक किया । 
पुणे ब्रांच के इस बार के चुनाव की खासियत को पहचानने व रेखांकित करने के लिए यही एक तथ्य काफी है कि एसबी जाबरे को अपना जो समय और अपनी जो एनर्जी इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट पद के लिए प्रस्तुत अपनी उम्मीदवारी के लिए खर्च करना चाहिए थी, उसे उन्होंने पुणे ब्रांच के चुनाव में खर्च किया । उनके नजदीकियों व उनके समर्थकों को भी हैरानी हुई कि एसबी जाबरे वाइस प्रेसीडेंट पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए काम करने की बजाए पुणे ब्रांच के चुनाव के उम्मीदवारों के लिए काम करने में दिलचस्पी क्यों ले रहे हैं ? यह बात शायद अकेले एसबी जाबरे ही जानते थे कि उनका 'राजनीतिक जीना-मरना' वाइस प्रेसीडेंट पद के चुनाव से नहीं, बल्कि पुणे ब्रांच के चुनाव से तय होगा । पुणे ब्रांच की मैनेजमेंट कमेटी के लिए प्रस्तुत हुई अरुण गिरी की अप्रत्याशित उम्मीदवारी ने एसबी जाबरे के लिए पुणे ब्रांच के चुनाव में सारा दम लगाना और जरूरी बना दिया । अरुण गिरी ने वर्ष 2009 में सेंट्रल काउंसिल का चुनाव लड़ा था - चुनाव जीतने में तो वह असफल रहे थे, किंतु उनकी कुल परफॉर्मेंस ने चुनावी राजनीति के जानकारों को चकित जरूर किया था । इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति के परिदृश्य में अरुण गिरी के नाम कोई बड़ी उपलब्धियाँ तो नहीं हैं, लेकिन फिर भी चुनावी राजनीति में उनकी खासी धाक है । इस धाक के कारण ही पुणे ब्रांच की मैनेजमेंट कमेटी के लिए प्रस्तुत हुई उनकी उम्मीदवारी ने लोगों को चौंकाया । हर किसी को इस सवाल ने परेशान किया कि अरुण गिरी को पुणे ब्रांच की मैनेजमेंट कमेटी के चुनाव में कूदने की आखिर क्या जरूरत पड़ी ?
अरुण गिरी की तरफ से तो उनकी 'भविष्य की राजनीति' की कोई बात सुनने को नहीं मिली है, किंतु लोगों को लग रहा है कि अरुण गिरी पुणे ब्रांच के 'रास्ते' से वर्ष 2018 में सेंट्रल काउंसिल के लिए अपनी उम्मीदवारी के लिए मौका बना रहे हैं । लोगों को लग रहा है कि पुणे ब्रांच की मैनेजमेंट कमेटी में अपनी उपस्थिति के जरिए अरुण गिरी को लोगों के बीच अपनी पहचान बनाने तथा पहचान को और गाढ़ा करने का अवसर मिलेगा, और इस तरह उनके लिए सेंट्रल काउंसिल की अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में समर्थन जुटाने में मदद मिलेगी । अरुण गिरी की इस 'योजना' ने एसबी जाबरे को वाइस प्रेसीडेंट पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए काम करने की बजाए पुणे ब्रांच के चुनाव में 'उतरने' के लिए मजबूर किया । वर्ष 2018 के चुनाव में 'अपने उम्मीदवार' चंद्रशेखर चितले के लिए स्थिति को सुरक्षित करने/बनाने के लिए उन्हें अरुण गिरी की योजना में पंक्चर करना जरूरी लगा - और इसी जरूरत के चलते एसबी जाबरे ने पुणे ब्रांच के चुनाव को अपनी प्रतिष्ठा का विषय बना लिया । चुनावी नतीजों से लेकिन एसबी जाबरे को तगड़ा वाला झटका लगा । उनकी तमाम कोशिशों के बावजूद उनके दो-तीन बड़े खास उम्मीदवार चुनाव हार गए । जीतने वाले आठ सदस्यों में दो - सचिन परकाले व अभिषेक धामने को एसबी जाबरे के उम्मीदवारों के रूप में देखा/पहचाना गया है । इनमें भी सचिन परकाले ब्रांच में दोबारा चुने गए हैं - जाहिर है कि उनकी जीत का श्रेय एसबी जाबरे को नहीं दिया जा सकता है । इस तरह एसबी जाबरे की कामयाबी अपने सिर्फ एक उम्मीदवार को जितवाने के रूप में देखी जा रही है । उनके विरोधी खेमे के चार उम्मीदवार जीते हैं - जिनमें एक, रेखा धमनकर का ब्रांच में तीसरा टर्म होगा । उनकी जीत को यदि खेमे की जीत के रूप में यदि न भी देखें, तो भी विरोधी खेमे के तीन लोगों की जीत से एसबी जाबरे को झटका तो लगा ही है । विरोधी खेमे में अरुण गिरी की रिकॉर्ड जीत तो एसबी जाबरे के लिए भारी मुसीबत की बात है । 
पुणे ब्रांच की मैनेजमेंट कमेटी के चुनाव को वर्ष 2018 के सेंट्रल काउंसिल के चुनाव के सेमीफाइनल के रूप में देखें, तो इस चुनाव के नतीजे ने एसबी जाबरे तथा उनके होने/रहने वाले उम्मीदवार चंद्रशेखर चितले के लिए गंभीर समस्या खड़ी कर दी है । इस समस्या को हल्का व हल करने के लिए एसबी जाबरे ने पुणे ब्रांच के चेयरमैन पद पर अपने किसी 'आदमी' को बिठाने की तैयारी शुरू कर दी है । एसबी जाबरे को उम्मीद है कि उन्हें चारुहास उपासनी तथा आनंद जखोटिया का समर्थन तो आसानी से मिल जायेगा, और उसके बाद उन्हें अरुण गिरी खेमे से एक सदस्य को तोड़ने की जरूरत रह जाएगी । उनके सामने समस्या लेकिन यह है कि उनके दोनों समर्थक सदस्य सचिन परकाले तथा अभिषेक धामने चेयरमैन बनने की दौड़ में हैं । राजनीतिक तिकड़म करके पाँच सदस्यों को जोड़ने की कोशिश लेकिन इन दोनों की चेयरमैनी को बलि चढ़ा कर ही प्राप्त हो सकेगी । एसबी जाबरे को डर है कि इससे कहीं मामला और न बिगड़ जाए । उनके सामने एक विकल्प यह भी है कि एक्स-ऑफिसो सदस्य के रूप में चेयरमैन के चुनाव में वह अपने वोट का भी इस्तेमाल करें और अपने किसी 'आदमी' को चेयरमैन चुनवा लें । उन्हें उम्मीद है कि एक्स-ऑफिसो सदस्य के रूप में उन्हें सत्यनारायण मूंदड़ा का समर्थन भी मिल जायेगा । इस विकल्प का इस्तेमाल करने को लेकर उनका डर यह है कि इससे बदनामी बहुत होगी । उनके पास एक और विकल्प यह है कि वह विरोधी खेमे की रेखा धमनकर को चेयरमैन बन जाने दें, और इसका श्रेय खुद लेने की कोशिश करें । एसबी जाबरे के लिए राहत की बात सिर्फ यह है कि चुनावी मुकाबले में उनके उम्मीदवारों को धूल चटा देने के बावजूद अरुण गिरी खुद भी चेयरमैन चुनने/चुनवाने को लेकर बहुत कंफर्टेबल नहीं हैं । अरुण गिरी की इस लाचारी में एसबी जाबरे को अपने लिए पुणे ब्रांच की मैनेजमेंट कमेटी में वापसी करने का मौका नजर आ रहा है । उनका यही मौका अरुण गिरी के लिए चुनौती बना है । अरुण गिरी और चंद्रशेखर चितले के लिए 'जमीन' तैयार करने में लगे एसबी जाबरे के बीच की इस होड़ ने पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति के परिदृश्य को खासा दिलचस्प बना दिया है ।

Saturday, September 19, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की पुणे ब्रांच में 'मराठा राजनीति' करने का आरोप झेल रहे एसबी जावरे गैर मराठों की नाराजगी से बचने के लिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी की बलि चढ़ाने के लिए अंततः मजबूर हुए

पुणे । यशवंत कसार ने वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए प्रस्तुत अपनी उम्मीदवारी को वापस लेकर लोगों को उससे ज्यादा चौंकाया है, जितना कि उन्होंने अपनी उम्मीदवारी को प्रस्तुत करके चौंकाया था । यशवंत कसार की उम्मीदवारी की प्रस्तुति और फिर अब अचानक तरीके से हुई उसकी वापसी ने पुणे में लोगों को चर्चा का मौका इसलिए दिया - क्योंकि दोनों ही 'फैसलों' के पीछे सेंट्रल काउंसिल के सदस्य एसबी जावरे को ही देखा/पहचाना जा रहा है । पुणे में लोगों ने इस बात पर भी बहुत माथापच्ची की कि एसबी जावरे ने आखिर क्या सोच कर यशवंत कसार को रीजनल काउंसिल के लिए उम्मीदवार बनवाया, और अब लोगों के बीच यह सवाल चर्चा में है कि एसबी जावरे ने आखिर क्यों रीजनल काउंसिल के लिए प्रस्तुत यशवंत कसार की उम्मीदवारी को वापस करा दिया ? यह सवाल इसलिए महत्वपूर्ण हैं और चर्चा में हैं क्योंकि चुनावी संदर्भ में न तो एसबी जावरे के सामने जीतने की समस्या है, और न यशवंत कसार के लिए जीतना कोई बड़ी चुनौती थी । उनके विरोधी भी मानते और कहते हैं कि एसबी जावरे यदि घर भी बैठ जाएँ तो भी चुनाव जीत जायेंगे, और यशवंत कसार को भी वह आसानी से चुनाव जितवा लेंगे । तब फिर एसबी जावरे को इतनी नाटक-नौटंकी करने की जरूरत आखिर क्यों पड़ी ? इस 'क्यों' 'क्यों' 'क्यों' का कोई आधिकारिक जबाव लोगों को न तो मिला है, और न ही कभी मिलेगा; इसलिए सारा माजरा 'बिटविन द लाइंस' में ही समझना होगा और इसी कारण से पुणे में चर्चाओं का बाजार खासा गर्म है ।
पुणे में बहुत से लोगों का मानना और कहना है कि एसबी जावरे ने यशवंत कसार की उम्मीदवारी के जरिए दरअसल कई 'काम' करने चाहे थे - उन्होंने एक तरफ तो सर्वेश जोशी और अंबरीश वैद्य के पर कतरने की 'फील्डिंग' लगाई थी, और दूसरी तरफ रीजनल काउंसिल में अपना सीधा दखल रखने/बनाने का मौका देखा था । सर्वेश जोशी के पिछली बार के बहुत से समर्थक चूँकि साथ छोड़ गए हैं, इसलिए उनके सामने इस बार अपनी सीट बचाने की गंभीर चुनौती वैसे ही है; ऐसे में एसबी जावरे को लगा कि यशवंत कसार की उम्मीदवारी के जरिए वह सर्वेश जोशी की संभावनाओं को और धक्का देंगे, तथा सर्वेश जोशी को निपटाने का श्रेय ले लेंगे । इससे पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में उनकी 'चौधराहट' और बढ़ेगी । यशवंत कसार के जरिए लेकिन एसबी जावरे ने मुख्य रूप से अंबरीश वैद्य का शिकार करने की योजना बनाई थी । उल्लेखनीय है कि अंबरीश वैद्य को पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में एक बड़ी संभावना के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । माना जा रहा है कि रीजनल काउंसिल के चुनाव में उन्हें काफी वोट मिलेंगे, और पुणे ब्रांच के चुनाव के नतीजे को दोहराते हुए वह एक खासी बड़ी जीत प्राप्त करेंगे । एसबी जावरे को इससे तो कोई समस्या नहीं है; किंतु उनकी चिंता इस आशंका से है कि अगली बार यशवंत वैद्य सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवार बनेंगे । एसबी जावरे की तरफ से सेंट्रल काउंसिल के लिए अगली बार शेखर चितले की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने की चर्चा है । अगली बार अंबरीश वैद्य कोई चुनौती खड़ी न कर सकें, इसके लिए एसबी जावरे को अंबरीश वैद्य के पर अभी से कतर देना जरूरी लगा ।
इसके लिए एसबी जावरे ने यशवंत कसार को मोहरा बनाया । उन्हें उम्मीद रही कि पुणे ब्रांच के चेयरमैन के रूप में यशवंत कसार युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के वोट लेकर अंबरीश वैद्य को नुकसान पहुँचायेंगे । यशवंत कसार की उम्मीदवारी के चलते अंबरीश वैद्य चुनाव हार जायेंगे, यह उम्मीद तो एसबी जावरे को नहीं रही; लेकिन यह विश्वास उन्हें जरूर रहा कि यशवंत कसार की उम्मीदवारी के चलते अंबरीश वैद्य के वोट कम जरूर होंगे । एसबी जावरे का यही उद्देश्य भी था । उनका आकलन रहा कि रीजनल काउंसिल के चुनाव में अंबरीश वैद्य को यदि ज्यादा बड़ी जीत प्राप्त करने से रोका जा सका, तो पुणे की इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में अंबरीश वैद्य का जो ऑरा बना हुआ है, उसे मिटाया जा सकेगा - और उससे पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति पर अपनी पकड़ को यथावत भी बनाया रखा जा सकेगा । एसबी जावरे को विश्वास रहा कि इस सबके चलते पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में अंबरीश वैद्य उनके लिए आगे कभी बड़ी चुनौती भी नहीं बन पायेंगे । समझा जाता है कि पुणे में इंस्टीट्यूट की भविष्य की राजनीति की बागडोर को अपने हाथों में सुरक्षित करने के लिए ही एसबी जावरे को अंबरीश वैद्य को अभी से घेरना जरूरी लगा, और इसके लिए ही उन्होंने यशवंत कसार को मोहरा बनाया । 
संजय पवार की सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत उम्मीदवारी ने लेकिन एसबी जावरे की दूसरों की राजनीतिक घेराबंदी करने की 'तैयारी' की हवा निकाल दी । समझा जाता है कि संजय पवार की उम्मीदवारी के जरिए सर्वेश जोशी ने एसबी जावरे को उन्हीं की 'तरकीब' से जबाव देने का प्रयास किया । संजय पवार की उम्मीदवारी से एसबी जावरे की जीत पर तो कोई संकट आया नहीं दिखता है, लेकिन उनके वोटों की संख्या लोगों को अवश्य घटती हुई नजर आ रही है । संजय पवार की उम्मीदवारी से एसबी जावरे को बड़ी चुनौती मिलती भले ही न दिख रही हो - लेकिन संजय पवार की उम्मीदवारी से एसबी जावरे को एक दूसरा बड़ा संकट सामने खड़ा जरूर दिखाई दिया । यह संकट जातीय ध्रुवीकरण से पैदा हो सकने वाली स्थिति का है । चार्टर्ड एकाउंटेंट जैसे प्रोफेशन में जातीय गोलबंदी की कोई भूमिका होनी तो नहीं चाहिए, लेकिन चुनावी खिलाड़ियों द्वारा सफलता के फार्मूले बनाने में जिस तरह जाति का सहारा लिया जाता है, उससे इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में जातीय गोलबंदी की महत्वपूर्ण भूमिका बन गई है । एसबी जावरे ने जिस तरह यशवंत कसार को आगे किया, और उनसे 'निपटने' के लिए जिस तरह संजय पवार आगे आए या किए गए - उससे पुणे के गैर मराठा लोगों के बीच तीखी प्रतिक्रिया हुई । इन तीनों के मराठा होने के कारण गैर मराठा लोगों को लगा कि पुणे में इंस्टीट्यूट की राजनीति क्या सिर्फ मराठा ही करेंगे ? गैर मराठा लोगों के बीच उठे इस सवाल से पैदा हो सकने वाले खतरे को एसबी जावरे ने समय रहते भाँप लिया और तुरंत कार्रवाई करते हुए यशवंत कसार की उम्मीदवारी को वापस करवा दिया । पुणे में सेंट्रल काउंसिल सदस्य के रूप में एसबी जावरे पर एक बड़ा गंभीर आरोप मराठावाद फैलाने का है । 
इसे पुणे ब्रांच में एसबी जावरे द्वारा की गई राजनीति से समझा जा सकता है । पुणे में मराठा वोट मुश्किल से आठ/दस प्रतिशत होंगे, किंतु एसबी जावरे की दिलचस्पीपूर्ण सक्रियता से पुणे ब्रांच की मैनेजमेंट कमेटी में इस बार आठ में से तीन मराठा सदस्य चुन कर आए । इन तीनों को वोट हालाँकि कम मिले -  इन तीनों को मिले वोटों का कुल जोड़ अकेले अंबरीश वैद्य को मिले वोटों से कम रहा । इसके बावजूद एसबी जावरे की राजनीति के चलते इनमें से दो ब्रांच के चेयरमैन बने, और इस वर्ष तो पक्षपात इस हद तक हुआ है कि चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के पद मराठा सदस्यों के पास हैं । ब्रांच के चुनाव में सबसे ज्यादा वोट पाने वाले तीन गैर मराठा सदस्यों में से दो को ब्रांच की गतिविधियों में बिलकुल अलग-थलग रखा गया । ब्रांच के चुनाव में सबसे ज्यादा वोट पाने वालों में तीसरे नंबर पर रहीं रेखा धमनकर को पिछली बार चेयरपरसन बनाने के लिए तर्क दिए गए कि उनका ब्रांच में यह दूसरा टर्म है, और उन्हें चेयरपरसन बना कर पुणे में महिला चेयरपरसन बनने/बनाने का इतिहास बनाया जा सकता है - लेकिन एसबी जावरे ने इन तर्कों को यह कह कर खारिज कर दिया कि 'उनकी राजनीति' में रेखा धमनकर के लिए कोई जगह है नहीं । एसबी जावरे की मराठा राजनीति के तहत ही ब्रांच के चुनाव में सबसे ज्यादा वोट पाने वाले अंबरीश वैद्य को तीनों वर्ष पूरी तरह किनारे बैठाए रखा गया । 
पुणे ब्रांच में एसबी जावरे द्वारा की गई इस राजनीति के प्रति गैर मराठा लोगों के बीच नाराजगी के स्वर तो हैं, किंतु वह न तो संगठित हैं और न बहुत मुखर हैं । यशवंत कसार और संजय पवार की अचानक प्रस्तुत हुई उम्मीदवारियों से लेकिन उस नाराजगी के भड़कने का मौका बनता दिखा । संजय पवार की उम्मीदवारी में हालाँकि एसबी जावरे का कोई हाथ नहीं है, किंतु संजय पवार की उम्मीदवारी को चूँकि एसबी जावरे की 'राजनीति' के प्रतिफल के रूप में ही देखा/पहचाना गया है - इसलिए उस नाराजगी का ठीकरा एसबी जावरे के सिर पर फूटने का खतरा नजर आया । एसबी जावरे ने इस खतरे को तुरंत से पहचान लिया, और खतरे को टालने के लिए तुरंत से यशवंत कसार की उम्मीदवारी को वापस कर/करा दिया । एसबी जावरे ने अपनी जान बचाने के लिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी की जो बलि ली है, उसने फिलहाल सर्वेश जोशी और अंबरीश वैद्य को बड़ी राहत दी है । 

Wednesday, September 9, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की सेंट्रल काउंसिल के लिए संजय पवार की उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के जरिए एसबी जावरे को घेर कर यशवंत कसार को मिल सकने वाले समर्थन को कमजोर करने की सर्वेश जोशी द्वारा चली गई चाल ने पुणे में चुनावी राजनीति के परिदृश्य को रोमांचक बनाया

पुणे । संजय पवार की सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत होने के साथ ही सर्वेश जोशी की उम्मीदवारी की 'पोजीशन' को लेकर घिरे हुए अनिश्चय के बादल पूरी तरह छंट गए हैं, और पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति का परिदृश्य लगभग साफ हो गया है । उल्लेखनीय है कि पुणे के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच पिछले कई दिनों से सर्वेश जोशी की उम्मीदवारी को लेकर यह अनिश्चय बना हुआ था कि वह रीजनल काउंसिल के लिए उम्मीदवार होंगे, और या सेंट्रल काउंसिल के लिए । दरअसल रीजनल काउंसिल के लिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने से रीजनल काउंसिल में सर्वेश जोशी की सीट खतरे में पड़ती/फँसती हुई दिख रही है । यशवंत कसार की उम्मीदवारी को लेकर सर्वेश जोशी ने एसबी जावरे के प्रति गुस्सा और नाराजगी व्यक्त की है - उन्हें लगता है कि रीजनल काउंसिल से उन्हें बाहर धकेलने के लिए ही एसबी जावरे ने यशवंत कसार को उम्मीदवार बनाया/बनवाया है । सर्वेश जोशी की इस बात से पुणे में उनके विरोधी भी बहुत हद तक सहमत हैं । इससे सर्वेश जोशी को बल मिला, तथा एसबी जावरे के प्रति उनकी नाराजगी और परवान चढ़ी । एसबी जावरे के प्रति सर्वेश जोशी की नाराजगी के जाहिर होने के साथ-साथ पुणे में सर्वेश जोशी की सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी की चर्चा भी गर्म होने लगी । सर्वेश जोशी ने अपनी तरफ से इस चर्चा को ठंडा करने की कोई कोशिश नहीं की; उनके नजदीकियों ने बल्कि यह कहते हुए इस चर्चा में और उबाल पैदा किया कि सर्वेश जोशी का उद्देश्य अब अपना चुनाव जीतना नहीं रह गया है, बल्कि उनका उद्देश्य अब एसबी जावरे को सबक सिखाना हो गया है । सर्वेश जोशी के कुछेक समर्थकों ने तो बाकायदा लोगों को बताया कि एसबी जावरे ने यशवंत कसार के जरिए सर्वेश जोशी के लिए जो मुसीबत खड़ी की है, उसका बदला सर्वेश जोशी सेंट्रल काउंसिल लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करके लेंगे । नजदीकियों व समर्थकों की इसी तरह की बातों के कारण सर्वेश जोशी की उम्मीदवारी को लेकर पुणे में संशय के बादल घिरे और कन्फ्यूजन पैदा हुआ । 
संजय पवार की उम्मीदवारी ने लेकिन इस कन्फ्यूजन को दूर कर दिया है । सर्वेश जोशी की उम्मीदवारी को लेकर कन्फ्यूजन भले ही दूर हो गया है, किंतु संजय पवार की उम्मीदवारी से सर्वेश जोशी की 'राजनीति' पर मोहर भी लग गई है । संजय पवार को सर्वेश जोशी के 'आदमी' के रूप देखा/पहचाना जाता है - और इसी आधार पर माना/कहा जा रहा है कि सर्वेश जोशी ने संजय पवार को एसबी जावरे की नाक में दम करने के लिए ही उम्मीदवार बनाया/बनवाया है । एसबी जावरे के कट्टर से कट्टर विरोधी और आलोचक भी मान रहे हैं तथा कह रहे हैं कि एक उम्मीदवार के रूप में संजय पवार कोई उल्लेखनीय प्रदर्शन नहीं कर पायेंगे तथा जीत से बहुत दूर ही छूट जायेंगे । मजे की बात यह है कि संजय पवार और सर्वेश जोशी के नजदीकी भी/ही यह कह/बता रहे हैं कि संजय पवार का उद्देश्य चुनाव जीतना है भी नहीं - इसीलिए अपनी उम्मीदवारी घोषित करने के बावजूद संजय पवार अपनी उम्मीदवारी के अभियान चलाने को लेकर गंभीर नहीं हुए हैं । इन नजदीकियों का ही कहना/बताना है कि संजय पवार की उम्मीदवारी के जरिए सर्वेश जोशी ने एसबी जावरे की उम्मीदवारी को नुकसान पहुँचाने की व्यूह-रचना की है । सर्वेश जोशी ने संजय पवार को सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवार बनाया/बनवाया ही इसलिए है क्योंकि संजय पवार, एसबी जावरे की ही जाति के हैं; और संजय पवार इस नाते से एसबी जावरे को मिलने वाले वोटों में तोड़फोड़ मचायेंगे । किसी को भी यह उम्मीद तो नहीं है कि संजय पवार की उम्मीदवारी के सहारे एसबी जावरे को चुनाव हरवाया जा सकता है, लेकिन सर्वेश जोशी और संजय पवार के कुछेक समर्थकों को यह विश्वास जरूर है कि संजय पवार की उम्मीदवारी के भरोसे एसबी जावरे के वोटों को कम अवश्य किया जा सकेगा, तथा एसबी जावरे को अपने चुनाव अभियान को गंभीरता से लेने के लिए मजबूर किया जा सकेगा । 
एसबी जावरे को संजय पवार की उम्मीदवारी के मार्फ़त सेंट्रल काउंसिल के अपने चुनाव में 'फँसा' कर सर्वेश जोशी ने दरअसल रीजनल काउंसिल के अपने चुनाव को सुरक्षित बनाने का दाँव चला है । उनका आकलन है कि एसबी जावरे अपने चुनाव में व्यस्त होंगे, तो यशवंत कसार के लिए कम समय निकाल सकेंगे । यशवंत कसार को एसबी जावरे के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जाता है । यशवंत कसार की उम्मीदवारी को सर्वेश जोशी के लिए बड़े खतरे के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । सर्वेश जोशी पिछली बार लुढ़कते/पुढ़कते ही जीत प्राप्त कर सके थे - और 21वें नंबर पर रहे थे । इस बार के चुनाव आते आते तक सर्वेश जोशी ने अपनी पिछली बार के बहुत से समर्थकों को अलग अलग कारणों से खो दिया है, जिस कारण उनके लिए अपनी सीट बचा पाना पहले से ही मुश्किल हो रहा था । यशवंत कसार की उम्मीदवारी ने उनकी मुसीबतों को और बढ़ाने का ही काम किया है । दरअसल यशवंत कसार की उम्मीदवारी के चलते सर्वेश जोशी के सामने पिछली बार उन्हें मिले मराठा वोटों के छिन जाने का खतरा पैदा हो गया है - इसके चलते सर्वेश जोशी के लिए रीजनल काउंसिल में अपनी सीट बचा पाना वास्तव में मुश्किल हो गया है । यशवंत कसार की उम्मीदवारी को चूँकि एसबी जावरे की प्रेरणा व प्रोत्साहन से प्रस्तुत हुआ माना/देखा जा रहा है, इसलिए आशंका और डर यह भी है कि एसबी जावरे ने यदि यशवंत कसार की खुली वकालत कर दी, तो फिर सर्वेश जोशी को कोई नहीं बचा सकेगा । 
एसबी जावरे किसी भी तरह से यशवंत कसार की मदद न कर सकें, इस वास्ते उन्हें घेरने के लिए सर्वेश जोशी ने संजय पवार को 'फील्डिंग' पर लगाया है । सर्वेश जोशी के समर्थकों का कहना है कि संजय पवार की उम्मीदवारी के जरिए एसबी जावरे को घेर कर यशवंत कसार को मिल सकने वाले समर्थन को कमजोर करने की चाल चली गई है । कुछेक लोगों का तो यहाँ तक कहना है कि एसबी जावरे को संदेश भेजा गया है कि वह यदि यशवंत कसार की उम्मीदवारी को वापस कर/करा लें, तो संजय पवार की उम्मीदवारी भी वापस हो जाएगी - और एसबी जावरे बड़ी जीत प्राप्त करने की अपनी तैयारी को सफल कर सकेंगे । इसीलिए उम्मीदवारी घोषित करने के बावजूद संजय पवार अपनी उम्मीदवारी के अभियान को लेकर सुस्त बने हुए हैं - दरअसल उन्हें लगता है कि एसबी जावरे 'उनके' ऑफर को स्वीकार कर लेंगे और यशवंत कसार की उम्मीदवारी को वापस कर/करा लेंगे; इसलिए अपनी उम्मीदवारी के लिए उन्हें कुछ करने की जरूरत ही क्या है ? एसबी जावरे और यशवंत कसार के समर्थकों ने हालांकि यशवंत कसार की उम्मीदवारी वापस होने की संभावना से स्पष्ट रूप से इंकार किया है । उनका कहना है कि संजय पवार की उम्मीदवारी से एसबी जावरे की उम्मीदवारी की जीत पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा, और यशवंत कसार को भी लोगों के बीच अपनी उम्मीदवारी के लिए अच्छा समर्थन मिल रहा है, इसलिए सर्वेश जोशी की चाल में फँसने की उन्हें कोई जरूरत नहीं है । संजय पवार के जरिए सर्वेश जोशी ने जो चाल चली है, उससे उन्हें सचमुच क्या फायदा मिलेगा - यह तो बाद में पता चलेगा; अभी लेकिन उनकी इस चाल से पुणे में चुनावी राजनीति का परिदृश्य रोमांचक जरूर हो गया है । 

Friday, August 14, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य एसबी जावरे ने रीजनल काउंसिल के लिए यशवंत कसार की उम्मीदवारी को प्रस्तुत करवा कर अपनी जो दिलचस्पी व सक्रियता दिखाई है, उसने पुणे की चुनावी राजनीति को खासा दिलचस्प बना दिया है

पुणे । यशवंत कसार ने वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के संकेत देकर पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति को खासा दिलचस्प बना दिया है । यशवंत कसार अभी इंस्टीट्यूट की पुणे ब्रांच के चेयरमैन पद पर हैं । यशवंत कसार ने हालाँकि अभी सिर्फ अपने नजदीकियों को ही अपनी उम्मीदवारी की जानकारी दी है; और सभी को इससे अवगत कराने के लिए उचित मौके का इंतजार कर रहे हैं । अपने समर्थकों को उन्होंने बताया है कि वह जल्दी ही औपचारिक रूप से सभी को अपनी उम्मीदवारी की सूचना देंगे । यशवंत कसार को सेंट्रल काउंसिल सदस्य एसबी जावरे के नजदीकी के रूप में देखा/पहचाना जाता है, और माना जा रहा है कि उनको उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के लिए एसबी जावरे ने ही प्रोत्साहित किया है । पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले लोगों को लगता है कि रीजनल काउंसिल में और रीजनल काउंसिल के माध्यम से पुणे ब्रांच में अपना दबदबा रखने के लिए एसबी जावरे को रीजनल काउंसिल में चूँकि अपना एक 'आदमी' चाहिए, इसलिए ही उन्होंने यशवंत कसार को रीजनल काउंसिल के लिए उम्मीदवार बनवा दिया है । दरअसल अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने, तथा उनके जीतने की उम्मीद के बाद पुणे की चुनावी राजनीति में समीकरणों के बदलने की जो स्थितियाँ बनीं - उसके बाद एसबी जावरे के लिए पुणे में इंस्टीट्यूट की राजनीति में अपना दखल बनाए रखने के लिए 'कुछ' करना जरूरी लगा; और उनकी इस जरूरत के नतीजे के रूप में ही यशवंत कसार की उम्मीदवारी सामने आई है ।  
यशवंत कसार की उम्मीदवारी को सर्वेश जोशी की उम्मीदवारी के लिए चुनौती और खतरे के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । माना जा रहा है कि जो मराठा वोट पिछली बार सर्वेश जोशी को मिले थे, वह इस बार यशवंत कसार को मिलेंगे - इसलिए भी मिलेंगे, क्योंकि एसबी जावरे भी उसके लिए प्रयास करेंगे । सर्वेश जोशी को हालाँकि विश्वास है कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स पढ़े-लिखे होते हैं और वह जातीय गोलबंदी में नहीं फँसते हैं, इसलिए मराठावाद के नाम पर यशवंत कसार उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुँचा पायेंगे । सर्वेश जोशी को भले ही इसका विश्वास हो, लेकिन उनके साथियों/समर्थकों सहित अन्य दूसरे लोगों को उनका तर्क हजम नहीं हो रहा है । यद्यपि यह सच है कि सिर्फ जातीय आधार पर चुनाव जीते/ हारे नहीं जाते हैं - लेकिन चुनावी समर्थन जुटाने में जातीय गोलबंदी भूमिका निभाती अवश्य है - और कभी कभी तो वह भूमिका महत्वपूर्ण भी हो जाती है । सर्वेश जोशी और यशवंत कसार सिर्फ जातीय आधार पर ही एक दूसरे से नहीं भिड़ेंगे, बल्कि अपने अपने काम के सहारे भी एक दूसरे से मुकाबला करेंगे । सर्वेश जोशी को जहाँ रीजनल काउंसिल सदस्य होने के कारण फायदा मिलेगा, वहाँ यशवंत कसार को पुणे ब्रांच का चेयरमैन होने का लाभ मिलने का भरोसा है । यशवंत कसार पुणे ब्रांच में चेयरमैन पद की जिम्मेदारी सँभालने वाले सबसे युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं, इस नाते से वह युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच उनके प्रेरणा स्रोत भी बने हैं और उनके बीच लोकप्रिय भी हुए हैं । पुणे से सेंट्रल काउंसिल सदस्य एसबी जावरे का उन्हें जो समर्थन है, उसके चलते उन्हें सीनियर चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का सहयोग व समर्थन मिलने का भरोसा है । 
यशवंत कसार पुणे ब्रांच के चेयरमैन के रूप में किए जा रहे अपने कामों तथा अपनी सक्रियता के बल पर पुणे से बाहर के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का समर्थन पाने की उम्मीद तो कर सकते हैं, लेकिन उनकी सारी चुनावी निर्भरता पुणे पर ही होगी; उधर रीजनल काउंसिल का सदस्य होने के नाते सर्वेश जोशी के लिए पुणे से बाहर के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का समर्थन जुटाना ज्यादा मुश्किल तो नहीं होना चाहिए, किंतु उनके लिए मुश्किल की बात यह होगी कि रीजनल काउंसिल की अपनी सीट बचाने के लिए उन्हें पुणे के बाहर के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का समर्थन हर हाल में जुटाना ही होगा । यशवंत कसार की उम्मीदवारी ने सर्वेश जोशी के लिए दरअसल समस्या यह खड़ी कर दी है कि पुणे में उनकी 'जगह' को छोटा कर दिया है । ऐसे में, सर्वेश जोशी के लिए दोहरी समस्या यह बनी है कि एक तरफ तो उन्हें पुणे में अपनी 'जगह' बचानी है, और दूसरी तरफ पुणे से बाहर अपने लिए समर्थन जुटाना है । यशवंत कसार के लिए चुनौती की बात यह होगी - और इसी बात पर उनकी सफलता निर्भर है कि पुणे में सर्वेश जोशी की जो 'जगह' है, उसमें वह कितनी जगह पर अपना कब्जा कर सकते हैं ? इन दोनों के लिए ही मुसीबत की बात यह भी होगी कि इन्हें जिन लोगों के पहली वरीयता के वोट मिलेंगे, उनके दूसरी वरीयता के वोट इनके बीच आपस में एक्सचेंज शायद नहीं होंगे - और इस कारण से इन्हें दूसरे के पहले आउट होने का फायदा भी नहीं मिल पायेगा । 
यशवंत कसार की उम्मीदवारी से सत्यनारायण मूंदड़ा और अंबरीश वैद्य को यूँ तो सीधी टक्कर मिलती नहीं दिख रही है; लेकिन यशवंत कसार की उम्मीदवारी के चलते पुणे में राजनीति और वोटों का जो नया समीकरण बनेगा - उसके कारण उनकी स्थिति में अवश्य ही कुछ उलट-फेर होने का अनुमान लगाया जा रहा है, और इस नाते से उन्हें अपनी चुनावी रणनीति व तैयारी में कुछ बदलाव करने पड़ सकते हैं । ऐसे में, यह देखना दिलचस्प होगा कि यह दोनों यशवंत कसार की अचानक से प्रस्तुत हुई उम्मीदवारी को किस तरह से देख रहे हैं और उनकी उम्मीदवारी के कारण बदली हुई स्थिति में अपनी भूमिकाओं को कैसे देखते हैं । सत्यनारायण मूंदड़ा का जो 'स्टाइल' है, उसमें तो कोई बदलाव भला क्या आ सकेगा - किंतु यह देखना जरूर महत्वपूर्ण होगा कि उनके स्टाइल को तमाम आलोचनाओं के बावजूद जो सफलता मिलती रही है, क्या वह बरक़रार रह पायेगी ? अंबरीश वैद्य ने अपना एक अलग तरह का ऑडियंस बनाया है - जिसके भरोसे से उन्होंने पिछली बार पुणे ब्रांच के चुनाव में सबसे ज्यादा वोट प्राप्त किए थे; पुणे ब्रांच में लेकिन वह अलग-थलग रहे । अलग-थलग रहने के बावजूद अंबरीश वैद्य ने प्रोफेशन और प्रोफेशन से जुड़े लोगों के लिए एक बड़ा मौलिक किस्म का 'विज़न' दिया है - उनके सामने चुनौती किंतु यह है कि वह लोगों के बीच अपने इस 'विज़न' की महत्ता को स्थापित कर सकें और उसे स्वीकार्य बना सकें । कुछ लोगों को लग रहा है कि अंबरीश वैद्य की 'हवा' तो अच्छी बनी हुई है, किंतु इस हवा को चुनावी समर्थन और वोट में बदलने की तरकीब उन्हें अभी अपनानी है । अंबरीश वैद्य के कुछेक नजदीकियों का ही कहना है कि अंबरीश वैद्य लगता है कि अभी अति-आत्मविश्वास के शिकार हैं, और इसके चलते ही अपनी चुनावी तैयारियों को लेकर गंभीर नहीं हुए हैं । अभी तक तो इस रवैये के बावजूद अंबरीश वैद्य के लिए कोई समस्या नहीं थी, लेकिन अब यशवंत कसार की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने के बाद जो हालात बनते दिख रहे हैं - उसमें अंबरीश वैद्य के सामने अपनी चुनावी तैयारियों को संयोजित व संगठित करने की जिम्मेदारी आ पड़ी है । यशवंत कसार की उम्मीदवारी के जरिए एसबी जावरे ने रीजनल काउंसिल के चुनाव में जो दिलचस्पी व सक्रियता दिखाई है, उसने पुणे की चुनावी राजनीति को खासा दिलचस्प बना दिया है । 

Monday, July 13, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए प्रस्तुत अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी ने पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति के समीकरणों को उलझाया

पुणे । अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी से वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए पुणे में होने वाली चुनावी राजनीति में खासी गर्मी पैदा हो गई है । यूँ तो अंबरीश वैद्य को पुणे के उस खेमे के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है, जिस खेमे की तरफ से पिछली बार विजयकांत कुलकर्णी ने उम्मीदवारी प्रस्तुत की थी और रीजनल काउंसिल में जगह बनाने में असफल रहे थे - इस नाते से कुछेक लोगों को अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी से पुणे के सत्ता समीकरणों में कोई बड़ा उलटफेर होता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है; किंतु अन्य कई लोगों को अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी में पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति का भविष्य आकार लेता हुआ 'दिखाई' दे रहा है । जो लोग अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी को एक सामान्य चुनावी कार्रवाई के रूप में देख रहे हैं, उनका कहना है कि विजयकांत कुलकर्णी पुणे ब्रांच के चेयरमैन रह चुकने के बाद भी जब रीजनल काउंसिल का चुनाव नहीं जीत सके - तो अंबरीश वैद्य ही क्या खास कर लेंगे ? इस बार चूँकि दिलीप ऑप्टे रीजनल काउंसिल का चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं दिख रहे हैं, इसलिए हो सकता है कि अंबरीश वैद्य आसानी से चुनाव जीत जाएँ - पर इसमें क्या खास बात है ? दिलीप ऑप्टे पिछली बार चुनाव यदि नहीं लड़ते, तो हो सकता है कि विजयकांत कुलकर्णी भी चुनाव जीत जाते । पिछली बार पुणे से रीजनल काउंसिल के लिए छह उम्मीदवार थे, जिसमें से तीन रीजनल काउंसिल में जगह बनाने में कामयाब रहे थे; इस बार पुणे में रीजनल काउंसिल के लिए चार उम्मीदवार रहने की उम्मीद है, इसलिए अंबरीश वैद्य के रीजनल काउंसिल में जगह पाने को लेकर किसी को कोई शक नहीं है । इसके बावजूद कुछेक लोगों को अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी में कोई खास बात नहीं लग रही है, जबकि कई लोग हैं जो अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी को लेकर बहुत रोमांच महसूस कर रहे हैं । 
पुणे में जिन लोगों को अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी में बहुत रोमांच महसूस हो रहा है, वह दरअसल अंबरीश वैद्य के व्यक्तित्व, प्रोफेशन को लेकर उनकी सोच तथा काम करने के उनके तरीके से बहुत प्रभावित हैं - और विश्वास करते हैं कि अंबरीश वैद्य अपनी सक्रियता को यदि सचमुच चुनावी समर्थन यानि वोटों में बदल सके, तो इंस्टीट्यूट में पुणे को एक खास जगह और पहचान दिलवायेंगे । पुणे के जो लोग यह काम कर सकते थे, दुर्भाग्य से वह चुनावी पचड़े से दूर रहे; और जो पचड़े में कूदे भी उन्हें चुनावी सफलता नहीं मिली; और जिन्हें चुनावी सफलता मिली, वह 'छोटे' कद के साबित हुए । रीजनल काउंसिल के चुनाव में पिछली बार सत्यनारायण मुंदड़ा को सबसे ज्यादा वोट मिले थे, लेकिन वह इंस्टीट्यूट व प्रोफेशन के लिए कुछ भी डिलीवर करने में विफल रहे हैं । हालाँकि वह लोगों के काम तो खूब आते हैं, लेकिन वह जिस तरह के काम करने में दिलचस्पी लेते हैं उनका प्रोफेशन व इंस्टीट्यूट को नई दिशा या विज़न देने से कोई वास्ता नहीं है । पहली वरीयता के वोटों में दिलीप ऑप्टे से पीछे रहने के बावजूद कुल वोटों की गणना में दूसरे नंबर पर रहने वाले सर्वेश जोशी अपनी अतिमहत्वाकांक्षा के ऐसे शिकार हुए कि कुछ करना/कराना तो दूर, अपने दोस्तों और सहयोगियों तक को खो बैठे । पहली वरीयता के वोटों की गिनती में दूसरे स्थान पर रहते हुए वोटों की कुल गणना में तीसरे स्थान पर खिसके दिलीप ऑप्टे यह समझने में ही विफल रहे कि वह करें तो क्या करें ? रीजनल काउंसिल में अपनी कोई भूमिका खोजने में विफल रहे दिलीप ऑप्टे के बारे में माना जा रहा है कि वह सेंट्रल काउंसिल के लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के बारे में सोच रहे हैं । 
दिलीप ऑप्टे लेकिन सेंट्रल काउंसिल की उम्मीदवारी को लेकर कुछ उलझन में हैं । दिलीप ऑप्टे की चूँकि मुंबई में भी सक्रियता है, इसलिए उनके कुछेक समर्थक उन्हें सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के लिए उत्साहित कर रहे हैं । सेंट्रल काउंसिल में वेस्टर्न रीजन की तीन सीटों के खाली होने का वास्ता देकर कुछेक समर्थक दिलीप ऑप्टे को सेंट्रल काउंसिल के लिए कूद पड़ने की सलाह दे रहे हैं । किंतु उनके अन्य कुछेक समर्थकों का सुझाव है कि उन्हें यदि सचमुच में सेंट्रल काउंसिल में आने का मन है, तो उन्हें उसके लिए अगली बार प्रयास करना चाहिए - जब एसबी जावरे की सीट खाली होगी । यह सुझाव देने वालों का तर्क है कि इस बार यदि वह सफल नहीं हो पाए, तो फिर उनका राजनीतिक जीवन खत्म हुआ ही समझो; इसलिए दिलीप ऑप्टे के लिए इनकी सलाह है कि इस बार उन्हें रीजनल काउंसिल में ही आना चाहिए जिससे कि अगली बार सेंट्रल काउंसिल में आने की उनकी तैयारी में निरंतरता बनी रहे । इन्होंने दिलीप ऑप्टे को सावधान भी किया है कि रीजनल काउंसिल में उनकी जगह यदि अंबरीश वैद्य ने ले ली, तो फिर अगली बार सेंट्रल काउंसिल के लिए अंबरीश वैद्य आयेंगे और तब अंबरीश वैद्य का ही पलड़ा भारी साबित होगा । जो लोग इस बार दिलीप ऑप्टे के लिए सेंट्रल काउंसिल का उम्मीदवार होने की वकालत कर रहे हैं, उनका कहना है कि सेंट्रल काउंसिल का चुनाव इस बार वह यदि नहीं भी जीत पाते हैं तो अगली बार के लिए तो उनका दावा मजबूत हो ही जायेगा - और यदि जीत गए, तो फिर उनकी राजनीति सुरक्षित है ही । इनका डर दरअसल यह है कि रीजनल काउंसिल का चुनाव न लड़ने में भी घाटा है, और लड़ने में खतरा यह है कि दिलीप ऑप्टे यदि नहीं जीत सके, तो फिर उनके लिए सब खत्म जायेगा । रीजनल काउंसिल का चुनाव न लड़ने और या हारने से बेहतर दिलीप ऑप्टे के लिए सेंट्रल काउंसिल का चुनाव हारना होगा । समर्थकों के अलग अलग सुझावों ने दिलीप ऑप्टे को और भी ज्यादा कन्फ्यूज कर दिया है ।   
उनका यह कन्फ्यूजन वास्तव में अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी ने और बढ़ा दिया है । पुणे में जो लोग अंबरीश वैद्य को जानते/पहचानते हैं, और उनकी सक्रियता को देखते रहे हैं उनका मानना और कहना है कि अंबरीश वैद्य इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में लंबी पारी खेलने के लिए उतरे हैं । इसके लिए उन्होंने पर्याप्त 'होमवर्क' किया है और एक एक कदम करके अपनी राजनीतिक यात्रा पर बढ़ रहे हैं । पिछली बार ब्रांच का चुनाव लड़ने से पहले उन्होंने पर्दे के पीछे से अपने साथियों के चुनाव के संचालन में हिस्सेदारी की थी और इस तरह चुनावी प्रक्रिया को नजदीक से देखने/समझने का प्रयास किया था । उन्होंने सीखा कि कैसे अपने आप को डी-ग्रेड किए बिना भी लोगों के बीच अपनी साख और स्वीकार्यता बनाई जा सकती है, तथा वोट प्राप्त किए जा सकते हैं । पिछली बार इंदौर ब्राँच के चुनाव में उन्हें सबसे ज्यादा वोट मिले थे । इसके बावजूद अंबरीश वैद्य ब्राँच में सत्ता की लड़ाई में नहीं पड़े/फँसे और ब्राँच में कोई पद पाए बिना भी प्रोफेशन से जुड़े लोगों के बीच काम करते रहे और उन्हें प्रोफेशन के प्रति जागरूक व जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित करते रहे । लोगों ने भी अंबरीश वैद्य में एक नए तरह के 'नेता' को देखा/पहचाना - और माना कि उन्हें अंबरीश वैद्य जैसी सोच और सक्रियता रखने वाला नेता ही चाहिए । अंबरीश वैद्य ने एक बिलकुल नई तरह की राजनीति की नींव रखी है - और उन्हें अभी तक उसके सकारात्मक नतीजे ही मिले हैं । रीजनल काउंसिल के लिए - अभी जो स्थिति है उसमें - उनकी जीत को लेकर शायद ही किसी को कोई शक हो । लोगों को बल्कि लग यह रहा है कि अंबरीश वैद्य की जिस तरह की सक्रियता है, उसमें रीजनल काउंसिल का चुनाव जीतने के बाद की राजनीति को साधने की तैयारी ज्यादा है । दरअसल इसीलिए रीजनल काउंसिल के लिए प्रस्तुत अंबरीश वैद्य की उम्मीदवारी ने पुणे में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में खासी गर्मी पैदा कर दी है ।