Showing posts with label PHF. Show all posts
Showing posts with label PHF. Show all posts

Tuesday, May 10, 2016

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ ने नए बने रोटरी क्लब गाजियाबाद विकास के कर्ताधर्ताओं से अपनी खुन्नस निकालने के लिए ही साढ़े तीन सौ डॉलर में पीएचएफ बनाने के अपने ही ऑफर को रद्द किया है क्या ?

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में जेके गौड़ पीएचएफ बनाने के अपने ही फार्मूले को लागू करने से इंकार करने के कारण, क्लब्स के पदाधिकारियों की गाली खा रहे हैं । क्लब्स के पदाधिकारी जेके गौड़ को इस बात के लिए कोस रहे हैं कि जेके गौड़ ने अपनी मूर्खतापूर्ण व खुन्नसी हरकतों से उन्हें बेकार की मुसीबत में फँसा दिया है । दरअसल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में जेके गौड़ ने क्लब्स के पदाधिकारियों को ऑफर दिया था कि वह साढ़े तीन सौ डॉलर में पीएचएफ बना/बनवा देंगे । उनके इस ऑफर के ऐवज में कई क्लब्स के पदाधिकारियों ने अपने अपने क्लब में सदस्यों को साढ़े तीन सौ साढ़े डॉलर प्रति सदस्य देने के लिए राजी किया - लेकिन अब जेके गौड़ कह रहे हैं कि इस रकम में पीएचएफ नहीं बनाया जा सकेगा, तथा पीएचएफ बनने/बनाने के लिए और पैसे देने होंगे । जेके गौड़ के इस बदले रूप ने क्लब्स के पदाधिकारियों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है; क्योंकि इसके चलते उन्हें अब अपने क्लब के सदस्यों के सामने लज्जित होना पड़ेगा और उनके लिए सदस्यों के बीच अपनी साख को बचाने की गंभीर चुनौती खड़ी होगी । क्लब्स के पदाधिकारियों का कहना है कि क्लब को चलाने में सदस्यों के बीच बनी साख की महत्वपूर्ण व निर्णायक भूमिका होती है, उसके न होने और या खत्म हो जाने से क्लब के सदस्यों का सहयोग मिलने में दिक्कत होती है । जेके गौड़ के ऑफर के भरोसे ही क्लब्स के पदाधिकारियों ने अपने अपने क्लब में सदस्यों को साढ़े तीन सौ डॉलर में पीएचएफ बनने के लिए मुश्किल से तो राजी किया, ऐसे में अब वह किस मुँह से सदस्यों से कहें कि पीएचएफ बनने के लिए उन्हें और रकम देनी होगी । जिन क्लब्स के पदाधिकारियों ने साढ़े तीन सौ डॉलर प्रति सदस्य के हिसाब से रकम इकट्ठा कर जेके गौड़ को पहले ही सौंप दी है, उनके सामने समस्या और विकट हो गई है - उनके तो पैसे भी गए और पीएचएफ बनाने की बजाये जेके गौड़ ने उन्हें झुनझुना थमा दिया है ।
जेके गौड़ के इस रवैये से क्लब्स के पदाधिकारी अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं । ऐसे क्लब्स में अभी हाल ही में चार्टर हुए रोटरी क्लब गाजियाबाद विकास के पदाधिकारियों के सामने संकट खासा गंभीर है । यह एक नया क्लब है और इसमें अधिकतर सदस्य पहली बार रोटरी के संपर्क में आए हैं । ऐसे में जाहिर तौर पर क्लब्स के प्रमुख कर्ताधर्ताओं व पदाधिकारियों ने पहली बार रोटरी के संपर्क में आए लोगों को प्रेरित करने तथा रोटरी के लिए कुछ करने हेतु तैयार करने में काफी मेहनत की और उन्हें पीएचएफ बनने के लिए राजी किया । रोटरी सदस्य बनते ही पीएचएफ बनने के उदाहरण कम ही देखने को मिलते हैं - रोटरी क्लब गाजियाबाद विकास में चार्टर लेने/मिलने के साथ ही यह काम हुआ, तो इसे रोटरी व डिस्ट्रिक्ट के इतिहास की एक उल्लेखनीय घटना के रूप में देखा/पहचाना गया । किंतु रोटरी व डिस्ट्रिक्ट के इतिहास की यह उल्लेखनीय घटना डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ की वायदाखिलाफी व मूर्खता की भेंट चढ़ती नजर आ रही है । रोटरी क्लब गाजियाबाद विकास के मामले में गंभीर बात यह है कि कुछेक लोगों को लगता है कि जेके गौड़ ने वायदाखिलाफी का जो कदम उठाया है, उसके पीछे वास्तव में उनका उद्देश्य इस क्लब के मुख्य कर्ताधर्ताओं को परेशान करना ही है । इस क्लब के मुख्य कर्ताधर्ताओं के प्रति जेके गौड़ का 'दुश्मनी' वाला भाव किसी से छिपा हुआ नहीं है । इस क्लब के गठन को रोकने के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में जेके गौड़ जितने प्रयास कर सकते थे, वह उन्होंने किए; रोटरी के बड़े नेताओं ने हस्तक्षेप न किया होता तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ इस क्लब को कभी भी बनने नहीं देते ।
जेके गौड़ के नजदीकियों का ही कहना है कि रोटरी क्लब गाजियाबाद विकास के प्रमुख कर्ताधर्ताओं की तरफ से जेके गौड़ को जो दोतरफा 'मार' पड़ी, उसी का बदला लेने के लिए जेके गौड़ ने साढ़े तीन सौ डॉलर में पीएचएफ बनाने की अपनी ही योजना को बंद कर दिया है । उल्लेखनीय है कि जेके गौड़ अपनी तमाम कोशिशों के बावजूद इस क्लब के गठन को तो नहीं ही रोक सके - उनके लिए 'कोढ़ में खाज' वाली बात यह भी हुई कि इस क्लब के चार्टर प्रेजेंटेशन कार्यक्रम में मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई तथा पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता शामिल हुए । इस तरह से रोटरी क्लब गाजियाबाद विकास को लेकर जेके गौड़ को दोहरी 'मार' पड़ी । ऐसे में, जेके गौड़ को यह बात पसंद नहीं आई कि इस क्लब के कई सदस्य पीएचएफ बन कर रोटरी व डिस्ट्रिक्ट में एक उल्लेखनीय रिकॉर्ड बनाएँ - और वह भी उनके द्वारा घोषित किए गए फार्मूले का फायदा उठा कर । सो, जेके गौड़ ने फार्मूला ही खत्म कर दिया - 'न रहेगा बाँस, और न बजेगी बाँसुरी' वाली तर्ज पर । जेके गौड़ के 'बदले की भावना' वाले इस रवैये ने रोटरी क्लब गाजियाबाद विकास के कर्ताधर्ताओं के सामने समस्या तो खड़ी कर ही दी है; उनकी समस्या इसलिए और बड़ी है - क्योंकि वह साढ़े तीन सौ डॉलर के हिसाब से पैसे दे चुके हैं । अब जब जेके गौड़ की धोखाधड़ी के चलते, साढ़े तीन सौ डॉलर देकर पीएचएफ बनने की तैयारी कर रहे सदस्य पीएचएफ नहीं बन सकेंगे - तब उनका निराश और नाराज होना स्वाभाविक ही होगा; क्लब के कर्ताधर्ताओं के सामने निराश व नाराज होने वाले सदस्यों को समझा पाना वास्तव में एक चुनौती होगा । यह उनसे जेके गौड़ का बदला होगा । क्लब के पदाधिकारियों की तरफ से हालाँकि कहा जा रहा है कि जेके गौड़ ने यदि अपना वायदा पूरा नहीं किया, तो वह साढ़े तीन सौ डॉलर के हिसाब से दी गई रकम वापस करने की माँग करेंगे और इस बारे में सुशील गुप्ता व मनोज देसाई से शिकायत करेंगे । जेके गौड़ की तरफ से कहा जा रहा है कि रकम तो वापस होगी नहीं, और इस बारे में सुशील गुप्ता व मनोज देसाई भी कुछ नहीं कर पायेंगे ।
रोटरी क्लब गाजियाबाद विकास के प्रमुख कर्ताधर्ताओं से अपनी खुन्नस निकालने के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ ने जो यह रास्ता चुना है, उसने लेकिन दूसरे कई क्लब्स के पदाधिकारियों को भी मुसीबत में फँसा दिया है । हालाँकि उनमें कुछेक ऐसे भी हैं, जिन्होंने अपने अपने क्लब के सदस्यों से साढ़े तीन सौ डॉलर के हिसाब से पैसे इकट्ठे तो कर लिए हैं, किंतु अभी जेके गौड़ को नहीं सौंपे हैं । ऐसे पदाधिकारियों के सामने बचने का आसान तरीका यही है कि वह इकठ्ठा किए गए पैसे जेके गौड़ को देने की बजाए सदस्यों को वापस कर दें । ऐसे कुछेक पदाधिकारियों का लेकिन यह भी कहना है कि जेके गौड़ ने अपने नजदीकियों से उन्हें कहलवाया है कि वह अभी चुप रहें, कुछ दिनों में वह अपने फार्मूले के अनुसार साढ़े तीन सौ डॉलर में उनके सदस्यों को चुपचाप से पीएचएफ बना/बनवा देंगे । जेके गौड़ आगे क्या करेंगे और क्या नहीं करेंगे, यह तो आने वाले दिनों में ही पता चल पायेगा - अभी लेकिन रोटरी क्लब गाजियाबाद विकास के प्रमुख कर्ताधर्ताओं के साथ अपनी खुन्नस निकालने के लिए उन्होंने जिस तरह से साढ़े तीन सौ डॉलर में पीएचएफ बनाने के अपने ही ऑफर को रद्द कर दिया है, उसके कारण वह कई लोगों के निशाने पर आ गए हैं; जो उन्हें उनकी वायदाखिलाफी के लिए जम जम कर कोस रहे हैं ।

Friday, July 25, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के विभाजित प्रस्तावित डिस्ट्रिक्ट 3012 में पूर्व गवर्नर रमेश अग्रवाल, शरत जैन की उम्मीदवारी के प्रमोशन कार्यक्रम को सफल बनाने की मुस्तैदी में शरत जैन की मुख्य लक्ष्य तक पहुँचने की राह में रोड़े बिछाने का काम तो नहीं कर रहे हैं ?

नई दिल्ली । शरत जैन की उम्मीदवारी के प्रमोशन में कमी न छोड़ने की रमेश अग्रवाल और जेके गौड़ की कोशिशों ने दूसरे क्लब्स में लेकिन खासे बबाल पैदा कर दिए हैं । रोटरी क्लब गाजियाबाद सिटी के 26 जुलाई को होने वाले अधिष्ठापन समारोह को इन्होंने जिस षड्यंत्रपूर्ण तरीके से स्थगित करवाया, उससे क्लब के सदस्यों में भारी रोष है; तो दूसरी तरफ रोटरी क्लब दिल्ली विकास में अपने प्रति नाराजगी को निष्प्रभावी करने के लिए रमेश अग्रवाल ने जो हथकंडा अपनाया उससे मामला और बिगड़ गया है । रोटरी की चुनावी राजनीति में उम्मीदवार के क्लब के अधिष्ठापन कार्यक्रम का एक महत्व निश्चित ही होता है - पर उम्मीदवार और उसके समर्थकों के लिए यह महत्व लोगों के बीच अपनी पहुँच और स्वीकार्यता को जानने/पहचानने तथा 'जताने' के साथ-साथ अपनी कमजोरियों और अपनी राह के 'रोड़ों' को पहचानने के संदर्भ में होता है । क्लब के अधिष्ठापन समारोह के आयोजित होने तक उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी के प्रमोशन को लेकर कुछ काम कर चुका होता है - अधिष्ठापन समारोह उसके लिए फाइनल एग्जाम से पहले होने वाले मंथली टेस्ट की तरह; और या किसी प्रोजेक्ट के सचमुच शुरू होने से पहले के 'ट्रॉयल रन' की तरह होता है - जहाँ वह अभी तक किए गए अपने प्रयासों के नतीजों को देखता/समझता/पहचानता और 'दिखाता' है - तथा अपनी कमियों/कमजोरियों को भी चिन्हित करता है । रमेश अग्रवाल ने लेकिन क्लब के अधिष्ठापन समारोह को शरत जैन की उम्मीदवारी का फाइनल एग्जाम ही बना दिया है । रमेश अग्रवाल जिस तरह दिन में चार-चार छह-छह बार ईमेल भेज कर 'आओ' 'आओ' की गुहार लगा रहे हैं, उसने लोगों को बुरी तरह पका दिया है ।
रमेश अग्रवाल दरअसल कोई कमी नहीं रहने देना चाहते हैं और इसलिए पूरी मुस्तैदी से जुटे हैं -  मुस्तैदी में लेकिन वह इस बात को जैसे भूल रहे हैं कि उनका मुख्य लक्ष्य क्लब के अधिष्ठापन समारोह को सफल बनाना नहीं, बल्कि शरत जैन को प्रस्तावित डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट चुनवाना है; और अधिष्ठापन समारोह को सफल बनाने की मुस्तैदी में वह वास्तव में शरत जैन की मुख्य लक्ष्य तक पहुँचने की राह में रोड़े बिछाने का काम कर रहे हैं । सीओएल के अपने चुनाव में भी रमेश अग्रवाल ने बड़ी मुस्तैदी दिखाई थी, लेकिन नतीजा उन्हें पराजय के रूप में ही मिला । सीओएल के चुनाव के एक 'दृश्य' का जिक्र करना यहाँ प्रासंगिक होगा - सीओएल के लिए नोमीनेटिंग कमेटी के चुनाव में रमेश अग्रवाल को जब आशीष घोष से बुरी तरह हारने की सूचना मिली तब रमेश अग्रवाल ने आशीष घोष को बधाई देते हुए कहा था कि अभी तो आप खुश हो लीजिये, लेकिन सीधे चुनाव में तो मैं ही जीतूँगा । सीधे चुनाव की प्रक्रिया अभी शुरू भी नहीं हुई थी, लेकिन रमेश अग्रवाल ने अपने उस प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार के सामने, जिससे वह अभी अभी ही 'पिटे' थे, दावा करना शुरू कर दिया कि सीधे चुनाव में तो वही जीतेंगे । सीओएल के चुनाव के संदर्भ में कई लोगों का मानना और कहना है कि रमेश अग्रवाल को आशीष घोष ने नहीं हराया, बल्कि रमेश अग्रवाल को उसके खुद के अहंकार ने, उसकी खुद की बेवकूफियों ने और उसके खुद के चीमड़पने ने हराया ।
शरत जैन की उम्मीदवारी के कई एक शुभचिंतकों का मानना और कहना है कि शरत जैन को रमेश अग्रवाल से मदद तो अवश्य ही लेनी चाहिए और उनके अनुभवों व संपर्कों का फायदा निश्चित ही उठाना चाहिए, लेकिन साथ ही इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि रमेश अग्रवाल की कारस्तानियाँ उन्हें फायदा पहुँचाने की बजाये कहीं नुकसान तो नहीं पहुँचा रही हैं ? करीब तीन वर्ष पहले जब रवि चौधरी उम्मीदवार थे तब उन्हें कई लोगों ने समझाया था कि उन्हें अपने 'समर्थकों' की हरकतों को नियंत्रित करना चाहिए या उनसे अपने आप को अलग दिखाना चाहिए । रवि चौधरी इस समझाइश पर गौर करने की बजाये अपने बड़बोले और तिकड़मों को ही हुनर समझने वाले 'समर्थकों' के रंग में रंग गए थे, जिसका नतीजा यह हुआ कि जिन संजय खन्ना से उन्हें चुनाव जीतना था उन संजय खन्ना से तीन वर्ष बाद उन्हें खुशामद करनी पड़ रही है कि इस वर्ष तो वह उन्हें गवर्नर नॉमिनी चुनवा दें । रवि चौधरी के 'समर्थकों' - उनके एक समर्थक रमेश अग्रवाल भी थे - ने उनका जैसा कबाड़ा किया था, शरत जैन के साथ भी रमेश अग्रवाल वैसी ही हरकत करते हुए 'दिख' रहे हैं ।
रमेश अग्रवाल ने अपने चेले जेके गौड़ की मदद से रोटरी क्लब गाजियाबाद सिटी के 26 जुलाई को होने वाले अधिष्ठापन समारोह को स्थगित तो करवाया शरत जैन को फायदा पहुँचवाने के इरादे से, लेकिन इसका असर उल्टा पड़ता दिख रहा है । क्लब के सदस्यों में इस बात को लेकर गहरा रोष है कि अपने फायदे के लिए शरत जैन, रमेश अग्रवाल और जेके गौड़ की तिकड़ी ने उनका आयोजन खराब करवा दिया । उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब गाजियाबाद सिटी के पदाधिकारियों ने अधिष्ठापन समारोह की सारी तैयारी कर ली थी - फोन करके आमंत्रितों को निमंत्रित कर लिया गया था, निमंत्रण पत्र छपवा लिए गए थे; निमंत्रण पत्र बँटते उससे पहले शरत जैन, रमेश अग्रवाल और जेके गौड़ की तिकड़ी को इसकी जानकारी मिली तो उन्हें लगा कि इस आयोजन के कारण उनके आयोजन में उपस्थिति कहीं कम न रह जाए, सो वह रोटरी क्लब गाजियाबाद सिटी के आयोजन को स्थगित करवाने की मुहिम में जुट गए । खास बात यह है कि यह क्लब इन्हीं लोगों के समर्थक क्लब के रूप देखा/पहचाना जाता है; इसके बावजूद क्लब के पदाधिकारियों ने उसी तारीख को अपना आयोजन करने का फैसला किया, जिस दिन शरत जैन की उम्मीदवारी का प्रमोशन कार्यक्रम है और इन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी । रोटरी क्लब गाजियाबाद सिटी कोई ऐसा बड़ा क्लब नहीं है कि वह शरत जैन के प्रमोशन कार्यक्रम को कोई नुकसान पहुँचा देता; और फिर शरत जैन को भी यह देखने/समझने का मौका मिलता कि ऐसे कौन हैं जो उनके यहाँ की बजाये गाजियाबाद सिटी के आयोजन में जाना ज्यादा जरूरी समझते हैं, और तब शरत जैन उन पर और काम कर सकते थे । रमेश अग्रवाल और जेके गौड़ लेकिन यदि ऐसा होने देते तो फिर अपने टुच्चेपन को कैसे प्रकट करते ?
रोटरी क्लब दिल्ली विकास में तो और भी बड़ा तमाशा हुआ । दिल्ली विकास के लोग पीएचएफ बनाने के मामले में की गई रमेश अग्रवाल की कारस्तानी से बड़े नाराज हैं । उल्लेखनीय है कि रमेश अग्रवाल ने अपने गवर्नर-काल में पीएचएफ की मैचिंग को लेकर जो फार्मूला घोषित किया था, दिल्ली विकास के कई लोगों ने उस मैचिंग के हिसाब से अपने हिस्से की रकम दे दी थी; किंतु रमेश अग्रवाल की चूँकि रोटरी के काम की बजाए रोटरी की राजनीति में ज्यादा दिलचस्पी थी, इसलिए वह उन लोगों को पीएचएफ बनाने की कार्रवाई पूरी नहीं करवा सके और एक से दूसरे और फिर दूसरे से तीसरे चुनाव में व्यस्त रहने के चलते इस काम को बराबर टालते रहे । फिर उनका खुद का सीओएल का चुनाव आ गया । रमेश अग्रवाल ने रोटरी के काम को भी और रोटरी की राजनीति को भी एक 'ब्लैकमेलर' के तरीके से अंजाम दिया है । सीओएल के चुनाव में पीएचएफ के मामले को उन्होंने रोटरी क्लब दिल्ली विकास को ब्लैकमेल करने के जरिये के रूप में देखा/पहचाना और उन्हें बता दिया कि पहले मुझे सीओएल के चुनाव में वोट दो, फिर पीएचएफ बनाऊँगा । सीओएल चुनाव लेकिन रमेश अग्रवाल हार गए और अपनी हार का ठीकरा उन्होंने दिल्ली विकास के लोगों के सिर पर भी फोड़ा । उन्होंने साफ कह दिया कि सीओएल के चुनाव में चूँकि दिल्ली विकास ने उन्हें वोट नहीं दिया, इसलिए वह दिल्ली विकास के लोगों को पीएचएफ नहीं बनवायेंगे । रमेश अग्रवाल से मिले इस दो-टूक जबाव के बाद दिल्ली विकास के लोगों ने विनोद बंसल से बात की, तो विनोद बंसल ने 'अपने एकाउंट' से उनकी सभी की पीएचएफ की मैचिंग करवा दी । क्लब के आगरा में हुए अधिष्ठापन समारोह में इस मामले को लेकर क्लब के लोगों ने विनोद बंसल का तो आभार जताया और रमेश अग्रवाल की जमकर थू-थू की । क्लब के लोगों ने रमेश अग्रवाल को सबक सिखाने जैसी बातें भी कीं । रमेश अग्रवाल लेकिन अभी भी बाज नहीं आ रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि दिल्ली विकास में उनके कई एजेंट हैं जो जरूरत पड़ने पर उनके काम आयेंगे । रमेश अग्रवाल का दावा है कि दिल्ली विकास में उनके जो एजेंट हैं वह शरत जैन की उम्मीदवारी के प्रमोशन कार्यक्रम में भी आयेंगे और शरत जैन को वोट भी देंगे/दिलवायेंगे । यह दावा करते हुए रमेश अग्रवाल लेकिन यह भूल जाते हैं कि दिल्ली विकास में के उनके एजेंट सीओएल के चुनाव में उन्हें वोट नहीं दिलवा सके थे, और वह चुनाव हार गए थे ।