Showing posts with label DISTRICT GOVERNOR. Show all posts
Showing posts with label DISTRICT GOVERNOR. Show all posts

Wednesday, May 1, 2013

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में रमेश अग्रवाल अपनी उपस्थिति के बिना ही क्लब्स को जीओवी करने/कराने का विकल्प सुझा रहे हैं

नई दिल्ली । साल भर से लोगों के साथ मुँहफटी और बदतमीजी करने तथा लोगों को तरह-तरह से अपमानित करते रहने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल लोगों से अब संबंध सुधारते नजर आ रहे हैं । जिन लोगों का यह मानना/समझना रहा है कि 'जैसे कुत्ते की दुम को कितनी ही कोशिश करने के बाद भी सीधा नहीं किया जा सकता है' वैसे ही रमेश अग्रवाल अपने बुनियादी घटिया स्वभाव को नहीं छोड़ सकते हैं - उन्हें रमेश अग्रवाल के बदले-बदले से रवैये ने हैरान किया । उन्होंने रमेश अग्रवाल के बदले-बदले रवैये के पीछे के रहस्य को जानने/समझने की कोशिश की तो भेद खुला कि क्लब्स में जीओवी का रिकॉर्ड पूरा करने के लिए रमेश अग्रवाल को 'भला बनने/दिखने' का नाटक करना पड़ रहा है । दरअसल रमेश अग्रवाल के घटिया और अपमानजनक व्यवहार के कारण कई क्लब्स ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उनकी जीओवी नहीं करवाई है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में रमेश अग्रवाल डिस्ट्रिक्ट के सभी क्लब्स में जीओवी करने का रिकॉर्ड पूरा कर लेना चाहते हैं - इसीलिये जिन क्लब्स के लोगों को उन्होंने तरह-तरह से तंग और अपमानित किया उन क्लब्स के लोगों को जीओवी कराने के लिए अब वह पटाने/मनाने में जुटे हैं ।
रमेश अग्रवाल को इस चक्कर में लोगों से जमकर लताड़ भी सुनने को मिल रही है - लेकिन वह फिर भी लोगों की खुशामद में लगे हुए हैं । एक क्लब के एक वरिष्ठ और क्लब में प्रभाव रखने वाले रोटेरियन से रमेश अग्रवाल ने सिफारिश की कि वह अपने क्लब के पदाधिकारियों को जीओवी करने के लिए मनाये - तो उन वरिष्ठ रोटेरियन ने उन्हें टका-सा जबाव दिया कि 'रमेश, मेरे क्लब के लोग तुझसे बहुत ही नाराज हैं । मुझे भी लगता है कि तू अपनी हरकतों से बाज आयेगा नहीं । जीओवी में तू जरूर कुछ न कुछ बकवास और बेहूदा बात करेगा ही, उससे भड़क कर क्लब के लोग तेरे साथ पता नहीं क्या करें ? अपनी हरकतों के चलते राजेंद्र जेना से तू पिट चुका है, केके भटनागर से पिटते-पिटते बच चुका है - मैं नहीं चाहता कि अब तेरे साथ कुछ और हो, इसलिए भलाई इसी में है कि मेरे क्लब में आने के बारे में न ही सोच ।' कई लोगों ने इसी तरह के तर्क देकर जीओवी कराने से बचने की कोशिश की तो रमेश अग्रवाल ने इसका भी तोड़ निकाल लिया । उन्हें अपने क्लब में न घुसने देने पर आमादा क्लब्स के लोगों को उन्होंने सुझाव दिया कि 'ठीक है, जीओवी में मैं नहीं आऊँगा । तुम जिसे कहो मैं उसे अपने प्रतिनिधि के रूप में तुम्हारे यहाँ भेज दूँगा ।' डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में नियम-कानूनों की और प्रोटोकॉल की ऊँची-ऊँची बातें करते रहने वाले रमेश अग्रवाल अब यह कहने में भी कोई शर्म या ग्लानी महसूस नहीं कर रहे हैं कि जीओवी न करना चाहो तो न करो, बस संबंधित फॉर्म पर हस्ताक्षर कर दो ताकि रिकॉर्ड पूरा हो जाये ।
रमेश अग्रवाल की इस 'गिरगिटी कलाबाजी' ने उन्हें विनोद चावला के साथ भी अपने व्यवहार को अच्छा बनाने के लिए मजबूर किया है । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि विनोद चावला को तरह-तरह से परेशान करने और अपमानित करने का रमेश अग्रवाल ने कोई भी मौका नहीं छोड़ा । विनोद चावला के खुद के क्लब की बात तो छोड़िये, उनके प्रभाव में समझे जाने वाले क्लब तक को रमेश अग्रवाल ने गाजियाबाद के बाहर के जोन में डाल कर नीचा दिखाने की हरकत तो की ही; रोटरी क्लब गाजियाबाद के एक कार्यक्रम में उन्हें निशाना बनांते हुए उनके लिए नितांत असभ्य और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल तक किया । लेकिन अब, रमेश अग्रवाल जीओवी कराने के लिए विनोद चावला के साथ मीठा-मीठा बनने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें तरह-तरह से फुसलाने में लगे हुए हैं ।
उल्लेखनीय है कि यूँ तो हर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को जीओवी का अपना रिकॉर्ड पूरा करने के लिए अपनी गवर्नरी के आख़िरी दिनों में काफी मशक्कत करनी पड़ती है - लेकिन रमेश अग्रवाल का मामला उनसे इसलिए अलग है कि कई क्लब रमेश अग्रवाल के घटिया व्यवहार के कारण जीओवी करने/कराने के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं । मजे की बात यह है कि रमेश अग्रवाल ने इस बात को समझ लिया है और इसीलिये वह क्लब के पदाधिकारियों की पसंद के रोटेरियन को अपने प्रतिनिधि के रूप में भेज कर जीओवी कराने का विकल्प दे रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की उपस्थिति के बिना जीओवी होने का रोटरी के इतिहास में शायद यह पहला मौका होगा । रमेश अग्रवाल ने अपनी ओछी किस्म की सोच और अपने घटिया व्यवहार के कारण रोटरी की भावना और उसकी प्रतिष्ठा को बहुत ही नुकसान पहुँचाया है । बिना डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की उपस्थिति के होने वाली जीओवी से डिस्ट्रिक्ट की और रोटरी की साख को जो चोट पहुँची है या पहुँचेगी, वह रमेश अग्रवाल की डिस्ट्रिक्ट को और रोटरी को देन है । 

Friday, January 11, 2013

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की लड़ाई में नरेश गुप्ता के जरिये सत्ता खेमे के नेताओं ने सुरेश बिंदल को क्या 'पप्पू' बना दिया है

नई दिल्ली । नरेश गुप्ता को आगे करके डिस्ट्रिक्ट के सत्ता खेमे के नेताओं ने एक तरफ विपक्षी नेताओं को तो दूसरी तरफ अलग होने की कोशिश करते दिख रहे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश त्रेहन को दबाव में ले लिया है । मजे की बात यह है कि दो दिन पहले दिल्ली के पूर्व गवर्नरों की मीटिंग में नरेश गुप्ता का नाम जिन सुरेश बिंदल ने आगे किया था, वही सुरेश बिंदल अपने लोगों के बीच नरेश गुप्ता को लेकर अपनी नापसंदगी व्यक्त कर रहे हैं । सुरेश बिंदल के कुछेक नजदीकी बता रहे हैं कि नरेश गुप्ता की उम्मीदवारी सुरेश बिंदल के गले में ऐसी फँसी है जिसे सुरेश बिंदल के लिए न उगलते बन रहा है और न निगलते बन रहा है । उल्लेखनीय है कि सुरेश बिंदल ने पहले अपने क्लब के एस जयरमन का नाम आगे बढ़ाया था लेकिन किसी का समर्थन नहीं मिलने के कारण उन्हें मुहँकी खानी पड़ी । नेता बनने की कोशिश में सुरेश बिंदल ने तब लायंस क्लब दिल्ली प्रभात के प्रमोद अग्रवाल और देवेंद्र जैन को राजी करने का प्रयास किया । इन दोनों ने लेकिन इस झमेले में पड़ने से इंकार कर दिया । सुरेश बिंदल भी तब यह सोच कर चुप बैठ गए कि अभी उनकी किस्मत में 'डिस्ट्रिक्ट का नेता' बनना है नहीं । नरेश गुप्ता के नजदीकियों के अनुसार, यही वजह रही कि जब नरेश गुप्ता ने सुरेश बिंदल से उनका नाम आगे बढ़ाने के लिए कहा, तो सुरेश बिंदल ने साफ इंकार कर दिया । सुरेश बिंदल ने नरेश गुप्ता की सिफारिश करने वाले प्रभात क्लब के सदस्यों से कहा भी कि इसे कौन उम्मीदवार स्वीकार करेगा ? नरेश गुप्ता और उनके समर्थकों ने सुरेश बिंदल को किसी तरह बड़ी मुश्किल से इस बात के लिए राजी किया कि वह नरेश गुप्ता का नाम आगे तो बढ़ायें ।
सुरेश बिंदल ने पूर्व गवर्नर्स की मीटिंग में बहुत ही बेमन से नरेश गुप्ता की उम्मीदवारी की बात रखी । लेकिन वह यह देख कर हैरान रह गए कि मीटिंग में मौजूद सभी पूर्व गवर्नर्स ने नरेश गुप्ता की उम्मीदवारी के प्रति सकारात्मक रवैया ही दिखाया । सुरेश बिंदल के लिए चौंकने की बात यह रही कि सत्ता खेमे के मुखिया डीके अग्रवाल ने तो आगे बढ़ कर यह सुझाव भी दिए कि नरेश गुप्ता को किस तरह अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के लिए काम करना चाहिए । सुरेश बिंदल जब तक माजरा समझते, तब तक नरेश गुप्ता की उम्मीदवारी की बात पूर्व गवर्नर्स के बीच स्थापित हो चुकी थी । दरअसल उस मीटिंग में और किसी उम्मीदवार का नाम ही नहीं लिया गया । एक अकेले नरेश गुप्ता का नाम आया और किसी ने भी उनके नाम पर नकारात्मक रवैया नहीं दिखाया । नरेश गुप्ता की उम्मीदवारी को लेकर नकारात्मक बातें होना तो बाद में शुरू हुईं; और यह नकारात्मक बातें सुरेश बिंदल के प्रभाव वाले क्लब्स के लोगों की ही तरफ से ज्यादा आईं । अधिकतर लोगों को लगता है कि नरेश गुप्ता तो ज्यादा सक्रिय ही नहीं हैं; न वह डिस्ट्रिक्ट में लोगों को जानते/पहचानते हैं, और न लोग ही उन्हें जानते/पहचानते हैं - ऐसे में वह कैसे गवर्नर बन सकते हैं और कैसे और क्यों सुरेश बिंदल ने उनका नाम आगे बढ़ाया ।
नरेश गुप्ता की उम्मीदवारी से हतप्रभ लोगों को लगता है कि सत्ता खेमे के कुछेक नेताओं ने बड़ी होशियारी से नरेश गुप्ता को तैयार करके सुरेश बिंदल के जरिये उनका नाम आगे बढ़वाया है; और इस तरह सत्ता खेमे के नेताओं ने नरेश गुप्ता के जरिये सुरेश बिंदल को 'पप्पू' बना दिया । सत्ता खेमे के सामने समस्या दरअसल यह है कि उनके पास 'अपना' कोई उम्मीदवार ही नहीं है । दूसरे लोगों के बीच सत्ता खेमे के उम्मीदवार के रूप में जिन ओंकार सिंह को देखा/पहचाना भी जा रहा है; सत्ता खेमे में ही उन्हें राकेश त्रेहन के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है और यही बात उनके विरोध का कारण बनी हुई है । सत्ता खेमे में ओंकार सिंह से किसी को शिकायत नहीं है, लेकिन राकेश त्रेहन के नजदीक होना ही उनके लिए मुसीबत बन गया है । सत्ता खेमे के नेताओं की चिंता यह भी है कि राकेश त्रेहन कहीं विपक्षी खेमे के साथ मिल कर ओंकार सिंह को न नोमिनेट करवा लें - इसलिए उन्हें एक ऐसा उम्मीदवार चाहिए, जिसके नाम पर विपक्षी खेमा ऐतराज न व्यक्त कर सके । समझा जाता है कि इसी चाहत में उनकी निगाह नरेश गुप्ता पर पड़ी । कहने/दिखाने को तो नरेश गुप्ता विपक्षी खेमे के हैं, लेकिन सत्ता खेमे के नेता उन्हें विपक्षी खेमे में अपने 'आदमी' के रूप में देखते/पहचानते हैं । सत्ता खेमे के नेताओं ने जिस होशियारी के साथ नरेश गुप्ता को सुरेश बिंदल के गले में फँसाया है, उसके चलते सुरेश बिंदल अपने आपको ठगा हुआ सा महसूस कर रहे हैं ।
मजे की बात यह है कि सत्ता खेमे के नेताओं ने अपनी इस चाल से अपने दोनों हाथों में पत्ते कर लिए हैं - उन्हें यदि नरेश गुप्ता के रवैये को लेकर कोई समस्या हुई तो वह यह कह/बता कर बच निकल सकते हैं कि उनकी उम्मीदवारी से सुरेश बिंदल ही बिदके हुए थे; और यदि उन्हें कोई बेहतर विकल्प नहीं मिला और वह नरेश गुप्ता को ही नोमिनेट करवाने के लिए मजबूर हुए तो सुरेश बिंदल के बिदकने की परवाह करने की उन्हें कोई जरूरत नहीं है । सत्ता खेमे के एक प्रमुख नेता ने इन पंक्तियों के लेखक से साफ कहा कि होगा वह जो 'वे' चाहेंगे; दूसरे लोगों का कहना लेकिन यह है कि मौटे तौर पर तो यह बात सच है कि होगा वही, जो 'वे' चाहेंगे लेकिन सत्ता खेमे के लोगों के बीच जिस तरह की उठा-पटक और विकल्पहीनता की स्थिति है उसे समझते हुए यह देखना दिलचस्प होगा कि 'वे' जो चाहेंगे उसे खुशी से चाहेंगे या मजबूरी में स्वीकार करेंगे ?

Tuesday, December 25, 2012

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की खाली हुई कुर्सी को भरने का मामला कहीं राकेश त्रेहन और विजय शिरोहा के बीच के झगड़े का शिकार तो नहीं बनेगा ?

नई दिल्ली । सुभाष गुप्ता के आकस्मिक निधन से खाली हुए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद को भरने के लिए डिस्ट्रिक्ट की राजनीति में हलचल तेज हो गई है । इस हलचल में खेमों की दीवारें टूटती हुई सी दिख रही हैं और नई खेमेबाजियाँ आकार लेती हुई नजर आ रही हैं । हालांकि अभी कुछ भी पक्के तौर पर कहना संभव नहीं है, लेकिन तेजी से घटते हुए घटनाचक्र में कई बातें ऐसी हो रही हैं जिनके होने के कई.कई अर्थ लगाये जा रहे हैं - और उन अर्थों के भरोसे नए समीकरणों को बनते-बिगड़ते देखा जा रहा है । नए समीकरणों की बात इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इस हलचल ने कई दबे-ढके झगड़ों को पुनः सतह पर ला दिया है | ऊपर से साथ-साथ दिखने वाले चंद्रशेखर मेहता और केएल खट्टर के बीच नेतृत्व की होड़ का मामला हो; या रोहतक मीटिंग की सफलता के बाद इन दोनों का राजिंदर बंसल से खतरा महसूस करने का मुद्दा हो; या डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश त्रेहन से तनातनी की घटनाओं के बाद फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विजय शिरोहा का रोहतक मीटिंग में जाना और फिर वहाँ वाह-वाही लूटने का किस्सा हो; या चंद्रशेखर मेहता के साथ राकेश त्रेहन की नजदीकियों की कहानियाँ हों - खाली हुए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद को भरने के लिए होने वाली जोड़-तोड़ में यह सब बातें अचानक से महत्वपूर्ण हो उठी हैं ।
खाली हुए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद को भरने के लिए होने वाली जोड़-तोड़ में कुछेक लोगों को राकेश त्रेहन के साथ नजदीकी के चलते चंद्रशेखर मेहता की भूमिका महत्वपूर्ण लग रही है, तो कुछेक लोगों को राजिंदर बंसल और विजय शिरोहा के बीच बढ़ती ‘दिखती’ नजदीकी में एक अलग खिचड़ी के पकने की ‘खुशबू’ महसूस हो रही है । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि चंद्रशेखर मेहता के साथ राकेश त्रेहन की नजदीकी को राकेश त्रेहन के साथी नेताओं ने कभी भी ऐप्रीशियेट नहीं किया - और उनकी नजदीकी को हमेशा ही संशय के साथ देखा/पहचाना है; लेकिन फिर भी राकेश त्रेहन ने चंद्रशेखर मेहता के साथ अपनी नजदीकी को न सिर्फ बनाये रखने पर, बल्कि किसी न किसी रूप में उसे ‘दिखाते’ रहने पर भी जोर दिया है । कुछेक लोगों को लगता है कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की खाली जगह को भरने के मामले में सारा खेल चूँकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश त्रेहन के हाथ में है, इसलिए उनकी मदद से चंद्रशेखर मेहता अपना काम बना लेंगे । चंद्रशेखर मेहता अपना काम बना लेंगे या नहीं बना लेंगे - यह तो बाद में पता चलेगा; काम बना लेने की चर्चाओं के बीच अभी केएल खट्टर को ही यह बात पसंद नहीं आ रही है कि चंद्रशेखर मेहता इस मामले में नाहक ही नेता बनने की कोशिश कर रहे हैं । इन दोनों के बीच नेतृत्व को लेकर जो होड़ है, वह इस मामले के कारण और मुखर हो गई है । केएल खट्टर का कहना है कि चंद्रखेखर मेहता कर कुछ भी नहीं पायेंगे, इस तरह की बातें उड़वा कर बस अपने आप को चर्चा में बनाये रखेंगे । मजे की बात यह है कि एक तरफ तो यह दोनों आपस में लड़ रहे हैं, और दूसरी तरफ इन्हें राजिंदर बंसल और विजय शिरोहा के बीच बढ़ती नजदीकी में अपने लिए खतरा नजर आ रहा है ।
रोहतक में राजिंदर बंसल की पहल पर आयोजित डिस्ट्रिक्ट के ‘हरियाणवी’ नेताओं की मीटिंग में विजय शिरोहा ने जिस तरह से वाह-वाही लूटी, उसे देख कर चंद्रशेखर मेहता और केएल खट्टर के तो होश ही उड़ गये हैं । उन्हें आश्चर्य इस बात का है कि राजिंदर बंसल ने ‘अपने मंच’ पर विजय शिरोहा को इतनी महत्ता क्यों दी कि कार्यक्रम की सारी रौनक विजय शिरोहा लूट ले गये । चंद्रशेखर मेहता और केएल खट्टर को इसके पीछे राजिंदर बंसल और विजय शिरोहा के बीच कुछ खिचड़ी पकने की महक आ रही है । इस महक के प्रभाव में रहते हुए, सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के खाली पद को भरने के लिए आरके शाह की सक्रियता के बारे में जानते/सुनते हुए चंद्रशेखर मेहता और केएल खट्टर को कुछ ज्यादा ही बेचैनी होने लगी है । पहले विजय शिरोहा को तवज्जो देकर और फिर आरके शाह को आगे करके राजिंदर बंसल ने हरियाणवी नेताओं के बीच तो अपना कद बढ़ा ही लिया है - क्योंकि उन्होंने दिखा दिया है कि उनके पास योजना भी है; योजना को क्रियान्वित करने का हुनर भी है; और मौका आने पर आगे बढ़ाने के लिए उम्मीदवार भी है । चंद्रशेखर मेहता और केएल खट्टर के पास सिर्फ बातें ही बातें हैं । विजय शिरोहा के साथ राजिंदर बंसल की बढ़ती नजदीकी में चंद्रशेखर मेहता और केएल खट्टर को इसलिए खतरा नजर आ रहा है क्योंकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश त्रेहन के साथ विजय शिरोहा की तनातनी की खबरें अब आम हैं और डिस्ट्रिक्ट के बाहर भी सुनी/बताई जाती हैं । ऐसे में, कई एक लोगों को आशंका है कि चुनावी खेमेबाजी कहीं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर और फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को आगे करके तो नए समीकरण नहीं बनायेगी । सत्ता खेमे के दूसरे नेताओं का हालाँकि दावा है कि राकेश त्रेहन और विजय शिरोहा के बीच के झगड़े को सुलझा लिया गया है, और दोनों के बीच के झगड़े को इस्तेमाल करके सत्ता खेमे में फूट डालने का सपना देखने वाले लोगों को निराशा ही हाथ लगेगी ।
सत्ता खेमे के नेताओं ने यह दावा कर तो दिया है लेकिन उन्हें भी पता है कि इसे पूरा करना उनके लिए आसान नहीं है । दरअसल इसीलिए सत्ता खेमे की तरफ भी, खाली हुए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अभी किसी नाम पर सहमति बनना तो दूर, आपस में विचार.विमर्श भी नहीं हुआ है । दरअसल, हर कोई एक दूसरे की तरफ देख रहा है कि कौन किसका नाम लाता है और क्यों लाता है ? राकेश त्रेहन और विजय शिरोहा के बीच की तनातनी ने खाली हुए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की कुर्सी के लिए होने वाले ‘चुनाव’ को सत्ता खेमे के लिए एक बड़ी चुनौती बना दिया है । चुनौती इसलिए क्योंकि सत्ता खेमे के नेता भी जानते और मानते हैं कि राकेश त्रेहन और विजय शिरोहा के बीच किसी बड़े मुद्दे को लेकर झगड़ा नहीं है, बल्कि बहुत छोटी-छोटी बातों का बखेड़ा भर है - लेकिन यदि छोटी-छोटी बातें बड़ा बखेड़ा खड़ा कर सकती हैं तो फिर उस बखेड़े के कारण पैदा हुआ परस्पर अविश्वास और अपनी.अपनी चलाने की जिद खाली हुए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद को भरने के मामले में क्या-क्या नजारे पेश कर सकती है ? यह बात तब और महत्वपूर्ण हो जाती है, जब खाली हुए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद को भरने के मामले में पैसे देने-लेने की चर्चाएँ भी सुनी/बताई जा रही हैं । सत्ता खेमे के नेताओं के सामने एक चुनौती यह भी है कि उन्होंने ‘दिल्ली के’ इस मामले को यदि होशियारी से हल नहीं किया तो फिर डर यह है कि कहीं ‘हरियाणा का’ मामला भी उनके हाथ से न निकल जाये । सत्ता खेमे के नेताओं को ‘हरियाणा के’ संभावित उम्मीदवार संजय खन्ना ने जिस तरह से छकाया हुआ है, उसके कारण ‘हरियाणा का’ मामला उनके लिए पहले से ही परेशानी का सबब बना हुआ है । अचानक से पैदा हो गये ‘दिल्ली के’ मामले ने सत्ता खेमे के नेताओं को डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति पर अपनी पकड़ को मजबूत बनाने/करने का हालांकि एक बड़ा मौका दे दिया है - लेकिन इस मौके के साथ बनी परिस्थितियों ने उनके सामने यह खतरा भी पैदा कर दिया है कि ‘यहाँ’ से आगे का रास्ता उन्हें बढ़ा भी सकता है और घटा भी सकता है । सत्ता खेमे के नेता भी समझ रहे हैं और मान रहे हैं कि ‘दिल्ली के’ मामले को हल करने में उन्होंने जरा सा भी चूक की, तो ‘हरियाणा का’ मामला उनके हाथ से निकलने में देर नहीं लगेगी । सत्ता खेमे के नेताओं की खुशकिस्मती सिर्फ इतनी ही है कि उन्हें फँसाने/गिराने को लेकर विरोधी खेमे के नेताओं में एका नहीं है - विरोधी खेमे के नेता हालाँकि अपने-अपने स्तर पर मौके का फायदा उठाने की कोशिश में जरूर लगे हुए हैं, और सीमित दायरे में सफलता पाने की तरफ बढ़ने का आभास भी दे रहे हैं । जाहिर है कि सत्ता खेमे के सामने दोहरी चुनौती है - एक चुनौती उन्हें विरोधी खेमे के नेताओं से मिल रही है; और दूसरी चुनौती उन्हें अपने आपस के अंतर्विरोधों से, आपस के अविश्वासों व अपनी-अपनी जिदों से मिल रही है ।