Showing posts with label LIONS CLUBS INTERNATIONAL DISTRICT 321 A 3. Show all posts
Showing posts with label LIONS CLUBS INTERNATIONAL DISTRICT 321 A 3. Show all posts

Monday, October 12, 2020

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरके शाह के सामने अपनी उम्मीदवारी को अजय बुद्धराज के समर्थन के दावे को लेकर झूठे साबित होने पर दिनेश जैन व उनके समर्थक अजय बुद्धराज से नाराज हुए  

नई दिल्ली । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए दिनेश जैन को उम्मीदवार बनवा कर पूर्व गवर्नर अजय बुद्धराज ने लगता है कि मुसीबतों को आमंत्रित कर लिया है, और फजीहत का शिकार हो बैठे हैं । उनके लिए बिडंवना तथा दूसरों के लिए मजे की बात यह है कि उनके लिए मुसीबत व फजीहत का कारण दिनेश जैन ही बन रहे हैं । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरके शाह के रवैये से निराश और नाराज दिनेश जैन तथा उनके नजदीकियों ने अजय बुद्धराज पर नया आरोप लगाया है कि अजय बुद्धराज ने अपनी राजनीति के चक्कर में दिनेश जैन को उम्मीदवार तो बनवा दिया है, लेकिन उनकी मदद करने में वह कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं । दिनेश जैन और उनके नजदीकी दरअसल इस बात पर भड़के हुए हैं कि उन्होंने अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के सिलसिले में जब आरके शाह से बात की, और अजय बुद्धराज के समर्थन का दावा किया - तो आरके शाह ने उनसे कहा कि वह इस संदर्भ में अजय बुद्धराज से उन्हें फोन करवा दें । दिनेश जैन की तमाम कोशिशों के बावजूद अजय बुद्धराज लेकिन आरके शाह को फोन करके यह कहने/बताने के लिए राजी नहीं हुए कि दिनेश जैन को उम्मीदवार बनने के लिए उन्होंने शह और हवा दी हुई है । दिनेश जैन तथा उनके नजदीकियों को लगता है कि अजय बुद्धराज के इस रवैये से वह आरके शाह के सामने झूठे साबित हुए हैं ।
असल में, आरके शाह के सामने दिनेश जैन और उनके समर्थकों ने जब यह दावा किया कि उनकी उम्मीदवारी को अजय बुद्धराज का समर्थन है, और उनके कहने पर ही वह उम्मीदवार बने हैं - तो आरके शाह ने उनसे कहा कि दिल्ली के अन्य साथी गवर्नर्स से बात किए बिना अजय बुद्धराज ऐसा कर ही नहीं सकते हैं । ऐसा कहते हुए, आरके शाह ने अप्रत्यक्ष रूप से तथा इशारों इशारों में वास्तव में दिनेश जैन और उनके नजदीकियों व समर्थकों को झूठा बताने का ही काम किया । दिनेश जैन और उनके नजदीकियों व समर्थकों को तो कम-अस-कम ऐसा ही लगा । इसलिए उन्होंने अजय बुद्धराज पर दबाव बनाया कि वह आरके शाह को फोन करके बता दें कि वह झूठ नहीं बोल रहे हैं । अजय बुद्धराज लेकिन फोन करने के लिए राजी नहीं हुए; और इस कारण से दिनेश जैन तथा उनके समर्थकों व नजदीकियों के लिए आरके शाह के सामने अपने को सच्चा साबित करने का मौका नहीं मिल सका । उन्हें लगता है कि अजय बुद्धराज के कारण आरके शाह के सामने वह झूठे साबित हो गए हैं ।
अजय बुद्धराज ने दिनेश जैन के कुछेक नजदीकियों को समझाने का प्रयास किया है कि दिनेश जैन राजनीति तो 'समझ' नहीं रहे हैं, और उनके साथ-साथ अपने लिए भी परेशानी खड़ी कर रहे हैं । अजय बुद्धराज का कहना है कि दिनेश जैन को समझना होगा कि अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने का काम उन्हें खुद करना होगा; अन्य लोग उन्हें सुझाव दे सकते हैं और उनका मार्गदर्शन कर सकते हैं; दिनेश जैन को ऐसे लोगों की निजता का ध्यान रखना होगा । अजय बुद्धराज ने दिनेश जैन के नजदीकियों से कहा/बताया है कि दिनेश जैन को अपनी उम्मीदवारी के लिए प्रत्येक का समर्थन पाने का प्रयास करना होगा - उन प्रत्येक में कई उनके विरोधी भी होंगे; ऐसे में उनका नाम लेने पर वह अपना ही नुकसान करेंगे । अजय बुद्धराज के लिए मुसीबत की बात यह हो रही है कि वह दिनेश जैन और उनके नजदीकियों व समर्थकों को 'राजनीति' सिखाने/पढ़ाने की कोशिश तो बहुत कर रहे हैं, लेकिन दिनेश जैन और उनके समर्थक व नजदीकी पढ़ने/सीखने की कोई कोशिश करते नजर नहीं आ रहे हैं - तथा अजय बुद्धराज के लिए मुसीबतें ही खड़ी कर रहे हैं । अजय बुद्धराज के लिए मुसीबत व फजीहत की बात यह भी हो रही है कि दिनेश जैन और उनके नजदीकी व समर्थक अजय बुद्धराज पर यह आरोप भी लगा रहे हैं कि वह दिनेश जैन की उम्मीदवारी के लिए कुछ कर नहीं रहे हैं और उन्होंने दिनेश जैन को उम्मीदवार बनवा कर फँसवा और दिया है ।

Saturday, October 3, 2020

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अशोक मनचंदा की सक्रियता को देख, पूर्व गवर्नर अजय बुद्धराज ने दिनेश जैन को चुनावी मैदान में उतार तो दिया - लेकिन दिनेश जैन ने अपने आप को उनका उम्मीदवार बता कर उनकी मुसीबत बढ़ा दी है

नई दिल्ली । दिनेश जैन ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने की कोशिशें शुरू करके तथा अपनी उम्मीदवारी को पूर्व गवर्नर अजय बुद्धराज के समर्थन का दावा करके डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में गर्मी पैदा कर दी है । दिनेश जैन के दावे पर लोगों ने अजय बुद्धराज से पूछना शुरू कर दिया है कि दिल्ली के दूसरे पूर्व गवर्नर्स से विचार-विमर्श किए बिना उन्होंने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अपना उम्मीदवार क्यों खड़ा कर दिया है ? अजय बुद्धराज के लिए इस सवाल का जबाव देना मुश्किल बना हुआ है - दरअसल वह समझ रहे हैं कि यदि वह दिनेश जैन को अपना उम्मीदवार कहने/बताने से इंकार करते हैं, तो दिनेश जैन की संभावनाओं को चोट पहुँचायेंगे; और यदि 'हाँ' कहते हैं, तो अपनी अलग राजनीति करने के दोषी ठहराए जायेंगे । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर्स के बीच यह अंडरस्टैंडिंग बनी है कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार का फैसला दिल्ली के पूर्व गवर्नर्स आपस में सहमति बना कर घोषित करेंगे । ऐसे में, दिनेश जैन ने अजय बुद्धराज की हरी झंडी मिलने के बाद उम्मीदवार बनने की बात कह कर डिस्ट्रिक्ट में उबाल लाने के साथ-साथ अजय बुद्धराज के लिए मुसीबत भी खड़ी कर दी है ।
अजय बुद्धराज के नजदीकियों का कहना/बताना है कि अजय बुद्धराज ने तो दिनेश जैन को दिल्ली के सभी पूर्व गवर्नर्स तथा वरिष्ठ व सक्रिय लायन सदस्यों व नेताओं से मिलने-जुलने और बात करने का सुझाव दिया था, जिससे कि उनकी उम्मीदवारी को लेकर एक सकारात्मक माहौल बने - लेकिन दिनेश जैन ने अजय बुद्धराज के समर्थन की बात कहते/बताते हुए सारी पोल खोल दी और बात का बतंगड़ बना दिया । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि दिनेश जैन ने कुछेक वर्ष पहले भी उम्मीदवार बनने की कोशिश की थी, लेकिन राजनीतिक अनुभवहीनता के कारण उन्होंने ऐसी बातें और हरकतें कीं कि माहौल उनके खिलाफ हो गया, और फिर अजय बुद्धराज ने भी उनके समर्थन से हाथ पीछे खींच लिए - और तब दिनेश जैन ने चुप लगा लेने में ही अपनी भलाई देखी थी । दिनेश जैन को जानने वाले लोगों का मानना और कहना है कि दिनेश जैन एक अच्छी भावना और सोच रखने वाले व्यक्ति हैं, विवादों में पड़ने से बचते हैं और जेनुइन तरीके से काम करने की कोशिश करते हैं; लेकिन उनकी समस्या यह है कि वह एक उम्मीदवार की तरह 'व्यवहार' करना नहीं जानते हैं - और न सीखना चाहते हैं । लोगों का कहना है कि दिनेश जैन को बहुत पहले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बन जाना चाहिए था, लेकिन अपनी एक कमजोरी के कारण उन्हें अभी भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है ।
दिनेश जैन के शुभचिंतक इसके लिए अजय बुद्धराज को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं । उनका कहना है कि अजय बुद्धराज को जब दिनेश जैन की खूबियों और कमजोरियों के बारे में अच्छे से पता है, तो उन्हें दिनेश जैन को ठीक से ट्रेनिंग देना चाहिए थी । लोगों के बीच चर्चा है कि अशोक मनचंदा को उम्मीदवार के रूप में सक्रिय देख कर अजय बुद्धराज ने जल्दबाजी में दिनेश जैन को चुनावी मैदान में उतार दिया है । अशोक मनचंदा चूँकि पूर्व गवर्नर दीपक टुटेजा के क्लब के सदस्य हैं, इसलिए उन्हें दीपक टुटेजा के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । अशोक मनचंदा भी कुछेक वर्ष पहले उम्मीदवार बनने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन दिनेश जैन की ही तरह व्यावहारिकता के अभाव में वह अपनी उम्मीदवारी को आगे नहीं बढ़ा सके थे । अब की बार हालाँकि वह 'ठीक से चलते' दिख रहे हैं । ओंकार सिंह रेनु भी उम्मीदवार के रूप में सक्रिय हैं । उनकी स्थिति लेकिन बड़ी विचित्र है - लोगों को उनसे कोई शिकायत नहीं है, लेकिन उनके समर्थक पूर्व गवर्नर्स से बहुतेरी शिकायतें हैं, और इस कारण से उनका काम बनता हुआ दिख नहीं रहा है । माना/समझा जा रहा है कि ऐसे में अजय बुद्धराज को डर हुआ कि कहीं बाजी अशोक मनचंदा के हाथ न लग जाए - इसलिए उन्होंने आनन फानन में दिनेश जैन को उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतार दिया है । दिनेश जैन ने अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने की कोशिशों को शुरू करते ही, अपने आप को अजय बुद्धराज का उम्मीदवार बता कर - फिलहाल अजय बुद्धराज के लिए मुसीबत बढ़ा दी है ।   

Monday, May 6, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस की कार्रवाईयों से चौतरफा मुश्किलों में घिरे आरके शाह के लिए सबसे बड़ी मुश्किल की बात यह हो गई है कि उनके साथ किसी को जैसे कोई हमदर्दी ही नहीं है और हर कोई अपने अपने तरीके से उन्हें इस्तेमाल कर रहा है

नई दिल्ली । आरके शाह की यह स्थिति देख/जान कर उनके समर्थक व शुभचिंतक खासे निराश और परेशान हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस की कार्रवाईयों और हरकतों की आलोचना करने वाले लोगों के बीच भी आरके शाह के प्रति हमदर्दी पैदा नहीं हो पा रही है, और अधिकतर लोगों को लग रहा है कि आरके शाह के साथ जो हो रहा है, वह ठीक हो रहा है और वह यही डिजर्व करते हैं । दरअसल वीके हंस की कार्रवाईयों और हरकतों के चलते आरके शाह को जबर्दस्ती चुनाव का सामना करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है और उन्हें अनाप-शनाप पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं । हर कोई मान रहा है कि वीके हंस पता नहीं आरके शाह के साथ कौन सी दुश्मनी निकाल रहे हैं, जिसके चलते उन्होंने आरके शाह पर चुनाव जबर्दस्ती थोप दिया है, और लगातार यह कहते सुने गए हैं कि वह आरके शाह को गवर्नर बनने नहीं देंगे । वीके हंस के रवैये से आरके शाह को कोई राजनीतिक नुकसान तो होता हुआ नहीं दिख रहा है, लेकिन चुनाव उनके लिए भारी मुसीबत जरूर बन गया है । आरके शाह को खासी दौड़-भाग करना पड़ रही है, और खूब पैसे खर्च करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है । आरके शाह और उनके नजदीकियों को यह देख/जान कर और ज्यादा बुरा लग रहा है कि वह वीके हंस द्वारा जिस मुसीबत में फँसा दिए गए हैं, डिस्ट्रिक्ट के लोग उसका फायदा उठाने में लगे हैं और मनमाने तरीके से उनसे पैसे खर्च करवा रहे हैं - और किसी को उनसे हमदर्दी तक नहीं हो रही है ।
कुछेक लोग तो यह तक कहते हुए सुने जा रहे हैं कि आरके शाह के साथ जोहो रहा है, वह ठीक ही हो रहा है - वह यही डिजर्व करते हैं । ऐसा मानने और कहने वाले लोग दरअसल पिछले वर्ष की उनकी कार्रवाई को याद कर रहे हैं, जब उन्होंने सर्वसहमति से उम्मीदवार चुने गए राजीव अग्रवाल की राह में रोड़े डालने का काम किया था, और सर्वसम्मत फैसले के विरोध में खड़े हो गए थे । नियमानुसार हालाँकि आरके शाह ने कुछ भी गलत नहीं किया था; उन्होंने जो कुछ भी किया था वह लायंस इंटरनेशनल, मल्टीपल और डिस्ट्रिक्ट के नियमों के तहत ही किया था; ठीक उसी तरह से इस बार दिल्ली और हरियाणा से उनके सामने जो उम्मीदवारी आई है, वह भी लायंस इंटरनेशनल, मल्टीपल और डिस्ट्रिक्ट के नियमों का पालन करते हुए ही आई है । आरके शाह और उनके नजदीकियों की शिकायत यह है कि दिल्ली और हरियाणा से जो उम्मीदवारी आई हैं, वह डिस्ट्रिक्ट में सर्वसहमति से बने फैसले का उल्लंघन करती हैं । यह आरोप सच है । लोगों का कहना है कि लेकिन यही काम तो खुद आरके शाह ने पिछले वर्ष किया था, इसलिए अब उन्हें ऐसी शिकायत करने का नैतिक हक नहीं है । यह तो ऐसी ही बात हुई कि वही काम जब आरके शाह करें, तो रासलीला - दूसरे लोग करें, तो करेक्टर ढीला । लोगों का कहना है कि इस बार जो उनके साथ हो रहा है, ठीक वही काम तो पिछले ही वर्ष उन्होंने राजीव अग्रवाल के साथ किया था । पिछले वर्ष, सर्वसम्मति से राजीव अग्रवाल के पक्ष में हुए फैसले के विरोध में खड़े होने की उन्होंने जब जिद पकड़ ली थी, तब कई लोगों ने उन्हें समझाया था कि डिस्ट्रिक्ट में सौहार्द बनाए रखने के लिए उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए और सर्वसम्मति से लिए गए फैसले का सम्मान करना चाहिए । आरके शाह ने लेकिन किसी की नहीं सुनी थी; और अपनी उम्मीदवारी उन्होंने तभी वापस ली थी, जब उन्हें अगली बार समर्थन देने के लिए सर्वसम्मत फैसला किया गया था । 
यह आरके शाह की बदकिस्मती है कि उनकी चुनावी राह को मुश्किल बनाने वाले उम्मीदवारों को मनाने के लिए नेता लोग उनके साथ 'सौदेबाजी' करने की कोई कोशिश ही नहीं कर रहे हैं - जैसी सौदेबाजी पिछले वर्ष राजीव अग्रवाल की राह आसान बनाने के लिए उनके साथ कर ली गई थी । इससे ऐसा भी लगता है कि नेता लोग आरके शाह की उम्मीदवारी के साथ तो हैं, लेकिन वह आरके शाह की राह आसान बनाने के लिए उत्सुक व उत्साहित नहीं हैं । आरके शाह की यह हालत देख/जान कर उनके नजदीकियों को लग रहा है कि चौतरफा मुश्किलों में घिरे आरके शाह के लिए सबसे बड़ी मुश्किल की बात यह हो गई है कि उनके साथ किसी को जैसे कोई हमदर्दी ही नहीं है और हर कोई अपने अपने तरीके से उन्हें इस्तेमाल कर रहा है ।    

Sunday, February 3, 2019

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस की मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन बनने की कोशिशों को चंदर शेखर मेहता को मल्टीपल ट्रेजरर बनवाने की मुहिम के जरिये राजीव अग्रवाल और जेपी सिंह ने फेल किया

नई दिल्ली । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चंदर शेखर मेहता और फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजीव अग्रवाल की मिलीजुली कोशिशों से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस को मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के लिए अपनी उम्मीदवारी खतरे में पड़ती दिख रही है, और वीके हंस इसके लिए इंटरनेशनल डायरेक्टर जेपी सिंह को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें जमकर कोस रहे हैं । वीके हंस इसलिए और भड़के हुए हैं, क्योंकि मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के चक्कर में उन्होंने हाल ही में हरिद्वार में संपन्न हुई मल्टीपल काउंसिल की मीटिंग में एयर प्यूरीफायर गिफ्ट के रूप में बाँट दिए; उनका रोना है कि जेपी सिंह और राजीव अग्रवाल ने उनसे गिफ्ट तो बँटवा दिए हैं, लेकिन पर्दे के पीछे वह खेल कुछ और खेल रहे हैं । मल्टीपल काउंसिल की मीटिंग में वीके हंस को दो झटके एक साथ लगे - पहले तो वह यह सुन/देख का चकराए कि चंदर शेखर मेहता मीटिंग में पहुँचे हैं और मल्टीपल ट्रेजरर बनने के जुगाड़ में हैं; दूसरा झटका उन्हें राजीव अग्रवाल को अपने से दूर 'दिखने' की कोशिश करते देख लगा । राजीव अग्रवाल के प्रति तो वीके हंस ने कई लोगों के सामने चिल्ला कर अपनी नाराजगी भी प्रकट की । पूरे घटनाचक्र को मिला कर वीके हंस ने देखा, तो समझा/पाया कि इसके पीछे जेपी सिंह की शह है;और जेपी सिंह ने राजीव अग्रवाल को अगले लायन वर्ष में मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन बनवाने का ऑफर देकर वीके हंस को इस वर्ष मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद की दौड़ से हटाने का प्रबंध कर लिया है ।
चंदर शेखर मेहता को मल्टीपल ट्रेजरर बनवाने की मुहिम के पीछे जेपी सिंह और राजीव अग्रवाल की सोची-समझी योजना को देखा/पहचाना जा रहा है । माना/कहा जा रहा है कि इसके जरिये अगले लायन वर्ष में राजीव अग्रवाल की मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद की उम्मीदवारी के लिए हरदीप सरकारिया का वोट/समर्थन पक्का कर लिया गया है । हरदीप सरकारिया को चंदर शेखर मेहता के नजदीकी के रूप में देखा/पहचाना जाता है; ऐसे में यह उम्मीद करना स्वाभाविक भी है कि मल्टीपल ट्रेजरर बनने के ऐवज में चंदर शेखर मेहता अगले लायन वर्ष में मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के लिए हरदीप सरकारिया का वोट/समर्थन बिना किसी हील-हुज्जत के राजीव अग्रवाल को दिलवा ही देंगे । पर्दे के पीछे चले इस खेल को लेकर वीके हंस को पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर केएल खट्टर के व्यवहार से भी शिकायत और नाराजगी है । केएल खट्टर को वीके हंस अपने बड़े समर्थक और शुभचिंतक के रूप में देखते/समझते हैं; लेकिन अब वीके हंस को लगता है कि केएल खट्टर ने उनके साथ धोखा किया है । उल्लेखनीय है कि चंदर शेखर मेहता हरिद्वार में संपन्न हुई मल्टीपल काउंसिल की मीटिंग में केएल खट्टर के साथ ही पहुँचे थे । इससे वीके हंस मान/समझ रहे हैं कि चंदर शेखर मेहता को मल्टीपल ट्रेजरर बनवाने की मुहिम की जानकारी केएल खट्टर को भी थी, जिसे केएल खट्टर ने उनसे छिपाया - और इस तरह उन्हें धोखा दिया । दरअसल चंदर शेखर मेहता के मल्टीपल ट्रेजरर बनने से वीके हंस का मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन बनने का मामला अपने आप खत्म हो जाता है, क्योंकि एक ही डिस्ट्रिक्ट को मल्टीपल में दो पद तो नहीं ही मिल सकेंगे ।
चंदर शेखर मेहता को मल्टीपल ट्रेजरर बनवाने की मुहिम के जरिये वीके हंस को रास्ते से हटाने के खेल के प्रति आश्वस्त होने के कारण ही राजीव अग्रवाल ने मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के लिए अभियान चला रहे वीके हंस से दूरी बनाने/दिखाने की कोशिश की । उल्लेखनीय है कि वीके हंस ने अपनी उम्मीदवारी के लिए माहौल बनाने के उद्देश्य से मल्टीपल काउंसिल की मीटिंग में एयर प्यूरीफायर गिफ्ट में देने की तैयारी की थी । इस तैयारी में वह चाहते थे कि गिफ्ट देने/बाँटने के काम में राजीव अग्रवाल उनके साथ रहें/दिखें, ताकि वह राजीव अग्रवाल के समर्थन के प्रति दूसरे लोगों को आश्वस्त कर सकें । वीके हंस ने राजीव अग्रवाल से साथ रहने के लिए बात भी कर ली, और राजीव अग्रवाल ने इसके लिए हामी भी भर दी; लेकिन वीके हंस जब गिफ्ट देने/बाँटने के काम पर निकले, तब राजीव अग्रवाल दाएँ/बाएँ हो गए । वीके हंस को राजीव अग्रवाल का यह रवैया नागवार लगा और उन्होंने कई लोगों के सामने ही राजीव अग्रवाल को जोर से चिल्ला कर हड़काया । वीके हंस का यह व्यवहार राजीव अग्रवाल को बुरा लगा और फिर वीके हंस को अकेले ही गिफ्ट देने/बाँटने का काम करना पड़ा । इस स्थिति के लिए लोगों ने वीके हंस को ही जिम्मेदार ठहराया; उनका कहना है कि वीके हंस को राजीव अग्रवाल के साथ बदतमीजी नहीं करना चाहिए थी । वीके हंस का कहना है कि राजीव अग्रवाल को यदि उनके साथ नहीं आना था, तो साफ मना कर देना चाहिए था । बाद में जब पर्दे के पीछे चले खेल की पूरी जानकारी वीके हंस को मिली, तो वह और नाराज हुए । उनका कहना है कि जेपी सिंह और राजीव अग्रवाल को उनके साथ यही धोखा करना था तब फिर उन्होंने मल्टीपल काउंसिल की मीटिंग में उनसे गिफ्ट बँटवा कर उनके पैसे क्यों खराब करवाए ? मल्टीपल काउंसिल में वीके हंस के साथ जो हुआ, उसे 'देख' कर वीके हंस अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और इस 'ठगी' के लिए जेपी सिंह और राजीव अग्रवाल को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं ।

Monday, December 24, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में कल हो रहे कार्यक्रम में आमंत्रित किए गए इंटरनेशनल डायरेक्टर जेपी सिंह तथा कुछेक फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के न आने की चर्चाओं ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस का मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन बनने का गेमप्लान गड़बड़ाया

नई दिल्ली । इंटरनेशनल डायरेक्टर जेपी सिंह द्वारा ना-नुकुर करने के कारण डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस का कल दोपहर होने वाला कार्यक्रम मुसीबत में पड़ गया है, और इसके चलते वीके हंस के लिए फजीहत वाली स्थिति बन गई है । फजीहत से बचने के लिए वीके हंस ने गुरचरण सिंह भोला की मदद से जेपी सिंह को मनाने की कवायद शुरू तो की है; लेकिन जेपी सिंह के अन्य नजदीकियों के अनुसार, जेपी सिंह ने कार्यक्रम में न जाने का पक्का इरादा कर लिया है । जेपी सिंह के नजदीकियों का कहना/बताना है कि वीके हंस के कार्यक्रम में जाने से बचने के लिए जेपी सिंह को यदि अन्य किसी जगह अपनी व्यस्तता दिखाने की जरूरत पड़ी, तो जेपी सिंह वह भी करेंगे - ताकि वह एक ठोस बहाना पेश कर सकें । उल्लेखनीय है कि कल होने वाला कार्यक्रम दिखाने के लिए तो 'कैंसर अवेयरनेस सेमीनार' तथा 'क्रिसमस व न्यू ईयर सेलीब्रेशन'  के नाम पर हो रहा है, लेकिन इसके पीछे असली मकसद वीके हंस द्वारा मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के लिए अपनी उम्मीदवारी को प्रमोट करने का देखा/बताया जा रहा है । कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र में जिस तरह से पाँच डिस्ट्रिक्ट्स के फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स की उपस्थिति को दिखाया गया है, और जेपी सिंह को मुख्य अतिथि बनाया गया है - उसके जरिये दरअसल यही दिखाने का प्रयास किया गया है कि मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के लिए वीके हंस को इन सब लोगों का सहयोग व समर्थन प्राप्त है ।
जेपी सिंह के नजदीकियों का कहना है कि एक सामाजिक हित के काम की आड़ में की जा रही वीके हंस की इस राजनीतिक हरकत की भनक लगते ही जेपी सिंह ने इस कार्यक्रम से दूर रहने का फैसला कर लिया । असल में, मल्टीपल के लोगों के बीच चर्चा है कि जेपी सिंह की वीके हंस को मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन बनाने/बनवाने में दिलचस्पी नहीं है । वीके हंस वैसे तो आठ फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के समर्थन का दावा करते हैं और लोगों को कहते/बताते रहे हैं कि जेपी सिंह यदि नहीं भी चाहेंगे, तो भी वह मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन बनेंगे; लेकिन अब वीके हंस को लगने लगा है - या शायद उन्हें किसी ने समझाया होगा - कि जेपी सिंह को भी सहयोग व समर्थन के लिए राजी कर लेना चाहिए । वीके हंस ने इसीलिए कल के कार्यक्रम में जेपी सिंह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कर लिया । उनकी कोशिश है कि जेपी सिंह उनके कार्यक्रम में आयेंगे, तो लोगों के बीच यही संदेश जायेगा कि जेपी सिंह भी मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के लिए उनकी उम्मीदवारी के समर्थक हो गए हैं । वीके हंस के कार्यक्रम के बहाने मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के इरादे की पोल खुलते ही लेकिन जेपी सिंह भड़क गए हैं और कल के कार्यक्रम में उनका आना खटाई में पड़ गया है ।       
जेपी सिंह के फैसले का संकेत मिला तो कार्यक्रम में आमंत्रित किए गए दो तीन फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स द्वारा भी कार्यक्रम में न आने का निश्चय कर लिया बताया जा रहा है । इन चर्चाओं ने वीके हंस को बुरी तरह डरा दिया है; उन्हें लग रहा है कि यह सब बातें यदि सच साबित हो गईं, और जेपी सिंह तथा आमंत्रित किए गए पाँच फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स में से दो/तीन भी यदि कार्यक्रम में नहीं पहुँचे तो उनकी तो भारी फजीहत हो जायेगी और मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन बनने की उनकी सारी योजना अभी से ही धराशाही हो जायेगी । वीके हंस ने इस संभावित फजीहत से बचने के लिए प्रयास करने शुरू कर दिए हैं, और वह कल के कार्यक्रम में जेपी सिंह तथा आमंत्रित फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स की उपस्थिति सुनिश्चित करने की कोशिशों में जुट गए हैं । वीके हंस की कोशिश है कि जेपी सिंह तो जरूर ही कल के कार्यक्रम में पहुँचे । वीके हंस के नजदीकियों के अनुसार, इसके लिए उन्होंने जेपी सिंह के डिस्ट्रिक्ट - डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू के फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर गुरचरण सिंह भोला से मदद माँगी है । गुरचरण सिंह भोला को चूँकि जेपी सिंह के नजदीक देखा/पहचाना जाता है; इसलिए वीके हंस ने उनसे गुजारिश की है कि वह जेपी को कल के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए किसी भी तरह से राजी करें । वीके हंस ने उनसे कहा है कि जेपी सिंह भले ही थोड़ी देर के लिए कार्यक्रम में आएँ - पर आएँ जरूर । देखना दिलचस्प होगा कि वीके हंस ने जिस उद्देश्य से कल का कार्यक्रम डिजाईन किया है, उसका उन्हें कोई लाभ होता है - या फिर उन्हें फजीहत का शिकार होना पड़ता है ।

Saturday, November 3, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार के रूप में आरके शाह के सबसे बड़े विरोधी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस अपनी हरकतों के चलते उनके सबसे बड़े मददगार साबित हो रहे हैं

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस की भारी बदनामी और हर किसी के उनके खिलाफ होने की स्थिति ने आरके शाह को बड़ी राहत दी है, और उन्हें विश्वास हो चला है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने के बावजूद वीके हंस उनका कुछ नहीं बिगाड़ पायेंगे और उन्हें सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुने जाने से नहीं रोक सकेंगे । डिस्ट्रिक्ट में बड़ा मजेदार सीन बना हुआ है - डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के अकेले उम्मीदवार आरके शाह से बुरी तरह नाराज हैं, जिसके चलते उन्होंने ठाना हुआ है कि वह आरके शाह को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नहीं बनने देंगे; और इसके लिए वह बड़ी सक्रियता से एक उम्मीदवार की तलाश कर रहे हैं । अभी तक ओंकार सिंह रेनु को उनके उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा था; वीके हंस को जहाँ कहीं मौका मिलता/दिखता था, वह वहाँ ओंकार सिंह रेनु को आगे बढ़ाते व प्रमोट करते नजर आते थे - लेकिन पिछले कुछ दिनों से वीके हंस महसूस कर रहे हैं कि ओंकार सिंह रेनु चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं होंगे और पीछे हट जायेंगे, इसलिए वीके हंस ने एक नए उम्मीदवार की तलाश शुरू कर दी और कुछेक लोगों को उम्मीदवार बनने के लिए तैयार करने का काम किया । वीके हंस को अभी अपने इस 'काम' में हालाँकि सफलता नहीं मिली है, किंतु उन्हें विश्वास है कि उन्हें जल्दी ही सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए एक उम्मीदवार मिल जायेगा ।
वीके हंस के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि अपनी बातों और अपनी हरकतों से उन्होंने डिस्ट्रिक्ट में हर किसी को अपना दुश्मन और या विरोधी बना लिया है । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स में डीके अग्रवाल और अजय बुद्धराज हालाँकि उनके शुभचिंतक बने हुए हैं, लेकिन उम्मीदवार के 'खोज-अभियान' में वह भी कोई मदद करते हुए नहीं दिख रहे हैं । दरअसल वीके हंस ने डिस्ट्रिक्ट में अपनी ऐसी हालत बना ली है, कि कोई भी न तो उन पर भरोसा करने को तैयार है और न उनके साथ मिलकर कोई राजनीति करने को उत्सुक है । वास्तव में इसीलिए डीके अग्रवाल और अजय बुद्धराज भी उनके साथ 'ज्यादा आगे' नहीं जाना चाहते हैं, और सीमित रूप में ही उनके साथ जुड़े रहने में अपनी भलाई देख रहे हैं । डीके अग्रवाल और अजय बुद्धराज डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के साथ रहने के फायदे तो उठाना चाहते हैं, लेकिन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की राजनीति के साथ जुड़ कर कोई नुकसान उठाने के लिए तैयार नहीं हैं । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजीव अग्रवाल के साथ भी संबंधों के बिगड़ जाने से वीके हंस की हालत और पतली हो गयी है । राजीव अग्रवाल ने हालाँकि काफी समय तक तो वीके हंस की हरकतों और उनकी हरकतों के चलते उनकी होने वाली बदनामी को अनदेखा किया, लेकिन फिर उनके साथ उन्होंने दूरी बना ली है । दरअसल राजीव अग्रवाल ने समझ लिया कि वीके हंस के वह ज्यादा चक्कर में रहे, तो उनकी हरकतों व उनकी बदनामी के चलते वह डिस्ट्रिक्ट में अपने दुश्मन व विरोधी और बना लेंगे और तब उनके लिए गवर्नरी कर पाना मुश्किल हो जायेगा । 
वीके हंस से डिस्ट्रिक्ट में जिस तरह से लोग दूर होते जा रहे हैं, उससे आरके शाह को बड़ी राहत मिल रही है । आरके शाह के लिए खुशकिस्मती की बात यह हो रही है कि डिस्ट्रिक्ट में हालाँकि उनके विरोधियों की संख्या भी कम नहीं है, और डिस्ट्रिक्ट में बहुत से लोग हैं जो उन्हें (सेकेंड वाइस) डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनते नहीं देखना चाहते हैं - लेकिन वीके हंस के कारण उनके विरोधियों के बीच कोई एकता नहीं हो पा रही है; और उनके लिए रास्ता साफ होता जा रहा है । इस तरह, डिस्ट्रिक्ट में उनके सबसे बड़े विरोधी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस ही उनके सबसे बड़े मददगार साबित हो रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट में आरके शाह के विरोधियों का कहना यही है कि आरके शाह को जिस तरह से अधिकतर पूर्व गवर्नर्स की तरफ से समर्थन का आश्वासन मिल गया है, उसके चलते उन्होंने अपने आपको (सेकेंड वाइस) डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मान लिया है, और इस कारण उनके व्यवहार व रवैये में भी परिवर्तन आ गया है । आरके शाह के व्यवहार व रवैये में आए परिवर्तन के कारण कई लोग उनके विरोधी हो गए हैं, और इसके चलते उनके लिए चुनावी मुकाबले की स्थिति बनाई जा सकती थी और उन्हें सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुने जाने से रोका जा सकता था - लेकिन वीके हंस के कारण आरके शाह को अभयदान मिलता दिख रहा है । आरके शाह का जो विरोध - आरके शाह के विरोधियों के बीच एकता का कारण बन सकता था, वीके हंस की हरकतों के वह एकता लेकिन नहीं बन पा रही है - और इसके चलते आरके शाह तमाम विरोध व विरोधियों के होने के बावजूद मजे में हैं ।

Wednesday, August 15, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस की लूट-खसोट के प्रति हरियाणा के नेताओं की नाराजगी के चलते ओंकार सिंह रेनु को मिले मौके ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव को दिलचस्प बनाया और आरके शाह के लिए मुसीबत खड़ी की

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस ने पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजिंदर बंसल से मिली फटकार के लिए आरके शाह को जिम्मेदार ठहरा कर ओंकार सिंह रेनु को जो 'हौंसला' दिया है, उससे डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में एक नया समीकरण बनता दिख रहा है । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट पदाधिकारियों के गोवा में हुए अधिष्ठापन समारोह के लिए वीके हंस ने जिस तरह से कई लोगों से स्पॉन्सरशिप के नाम पर पैसे उगाहे, उसे लेकर राजिंदर बंसल ने उन्हें जोरदार तरीके से फटकारा । राजिंदर बंसल का कहना रहा कि इस तरह की हरकतों से लायनिज्म का, डिस्ट्रिक्ट का और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद पर रहे लोगों का नाम खराब होता है, इसलिए इस तरह की हरकतों से बचा जाना चाहिए । वीके हंस की पैसा उगाहु हरकत पर कई लोगों की नाराजगी रही, और सभी का कहना रहा कि वीके हंस ने गोवा का जो पैकेज दिया/लिया, वह वैसे ही खासा महँगा था - वीके हंस को उसके बाद भी लोगों से स्पॉन्सरशिप के नाम पर पैसे लेने की जरूरत आखिर क्यों पड़ी ? लोगों ने खुलकर आरोप लगाए कि वीके हंस ने अधिष्ठापन समारोह को अपनी जेब भरने के कार्यक्रम में बदल दिया, और महँगे पैकेज के बावजूद स्पॉन्सरशिप के नाम पर जमकर पैसे बसूले । वीके हंस की हरकत के चलते लोगों के बीच पैदा हुई नाराजगी को पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजिंदर बंसल ने 'आवाज' दी और इस मामले में वीके हंस को फटकार लगाई । अधिष्ठापन समारोह में गैरहाजिर होकर भी राजिंदर बंसल ने वीके हंस के प्रति अपनी नाराजगी को जाहिर किया । वीके हंस ने राजिंदर बंसल से मिली फटकार के लिए आरके शाह को जिम्मेदार ठहराया है । वीके हंस का कहना है कि आरके शाह ने ही राजिंदर बंसल से उनकी शिकायत की और उनके कान भरे । 
आरके शाह को सबक सिखाने के लिए ही वीके हंस ने अधिष्ठापन समारोह में ओंकार सिंह रेनु को ज्यादा तवज्जो दी । ओंकार सिंह रेनु को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के संभावित उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । हालाँकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स की तरफ से इस वर्ष आरके शाह को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुने जाने का भरोसा दिया गया है । ओंकार सिंह रेनु की सक्रियता भरी तैयारी के पीछे पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश त्रेहन को देखा/पहचाना जा रहा है । उनके नजदीकियों का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि आरके शाह अवश्य ही ऐसी हरकतें करेंगे, जिनसे पूर्व गवर्नर्स नाराज होंगे और तब ओंकार सिंह रेनु के लिए मौका बन जायेगा । राकेश त्रेहन और ओंकार सिंह रेनु के लिए खुशकिस्मती की बात यह रही कि डिस्ट्रिक्ट के पहले ही आयोजन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस, राजिंदर बंसल से मिली फटकार के चलते आरके शाह से नाराज हो गए । आरके शाह के लिए मुसीबत की बात यह रही कि उन्होंने स्पॉन्सरशिप के नाम पर वीके हंस को मुँहमाँगा पैसा भी दिया, और उनसे नाराजगी के चलते वीके हंस ने अधिष्ठापन समारोह में कोई तवज्जो भी नहीं दी । राजिंदर बंसल के साथ-साथ केएल खट्टर और चंद्रशेखर मेहता ने भी अधिष्ठापन समारोह का जो बहिष्कार किया, और अपने लोगों से भी बहिष्कार करवाया - उसे राकेश त्रेहन और ओंकार सिंह रेनु ने अपनी 'रणनीति' के लिए उत्साहजनक माना/पाया है । उन्हें लगता है कि हरियाणा के नेता लोग डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस को यदि इसी तरह से अपमानित करते रहेंगे, तो वीके हंस भी प्रतिक्रिया में जबाव देंगे और इससे डिस्ट्रिक्ट के चुनावी राजनीति के समीकरण नए सिरे से बनेंगे - जिसमें उन्हें सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के लिए अपनी राजनीति करने का मौका मिल सकेगा ।
अधिष्ठापन समारोह में वरिष्ठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डीके अग्रवाल और उनके साथी अजय बुद्धराज जिस तरह से वीके हंस को हर मुद्दे पर समर्थन देते हुए उनके 'नजदीक' बने रहने की कोशिश करते देखे गए, उससे भी लग रहा है कि वीके हंस के बहाने से डिस्ट्रिक्ट के चुनावी राजनीतिक समीकरण में एक नया ध्रुवीकरण होगा - जो सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव की दशा और दिशा तय करेगा । डिस्ट्रिक्ट में कुछेक नेताओं को लगता है कि ओंकार सिंह रेनु चुनाव लड़ने का साहस नहीं दिखा सकेंगे, और इसलिए आरके शाह के 'चयन' को कोई खतरा नहीं है; हालाँकि यह मानने/समझने और कहने वालों की भी कमी नहीं है कि चुनाव लड़ना तो आरके शाह के भी बस की नहीं है, चुनाव लड़ने का दिखावा करके पिछले वर्ष उन्होंने पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को समझौते के लिए मजबूर तो कर दिया था, लेकिन यदि सचमुच चुनाव की नौबत आती - तो वह मैदान छोड़ जाते । इसीलिए लोगों को लगता है कि आरके शाह और ओंकार सिंह रेनु में से जो भी ज्यादा देर तक उम्मीदवार बने रहने का दिखावा कर लेगा, वह बाजी मार लेगा । ओंकार सिंह रेनु की सक्रियता और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस का 'समर्थन' जुटा लेने से आरके शाह की उम्मीदवारी की सफलता पर कोई प्रतिकूल असर पड़ेगा या नहीं, यह तो बाद में पता चलेगा - अभी लेकिन उसके चलते आरके शाह के लिए मुसीबत जरूर खड़ी हो गई है ।

Friday, July 13, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में अधिष्ठापन समारोह के पैकेज के महँगे होने के आरोप से परेशान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस ने लॉस बेगास में ही अगले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरके अग्रवाल को 'गहरा मंत्र' दिया है कि वरिष्ठ लायन को सेक्रेटरी बनाओगे, तो मेरी ही तरह पछताओगे

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वीके हंस ने पुनीत बंसल व ओंकार सिंह रेनु के व्यवहार से तंग आकर अगले लायन वर्ष के गवर्नर आरके अग्रवाल को लॉस बेगास में एक महत्त्वपूर्ण सलाह यह दी है कि अपना गवर्नर-काल यदि ठीक से चलाना है, तो भूल कर भी किसी वरिष्ठ लायन को कैबिनेट सेक्रेटरी मत बनाना । मजे की बात यह है कि वीके हंस ने आरके अग्रवाल को दी गई इस सलाह को कुछेक दूसरों तक पहुँचाने का काम भी किया है । इसके जरिये वीके हंस ने वास्तव में जाहिर किया है कि पुनीत बंसल व ओंकार सिंह रेनु को कैबिनेट सेक्रेटरी बना कर वह पछता रहे हैं । वीके हंस के लिए मुसीबत की बात यह भी हुई है कि डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी के रूप में पुनीत बंसल व ओंकार सिंह रेनु के रवैये की वह किसी पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से शिकायत भी करते हैं, तो उन्हें यही सुनने को मिलता है कि इन्हें सेक्रेटरी बनाने से पहले हम से सलाह की थी क्या; तुम्हीं ने तो इन्हें सेक्रेटरी बनाया है, तो तुम्हीं भुगतो - हम क्या करें ? वीके हंस को ज्यादा शिकायत करता देख/सुन लोग यहाँ तक कहने लगे हैं कि इन दोनों से अच्छी/मोटी रकम ऐंठने के चक्कर में वीके हंस ने इन्हें सेक्रेटरी बनाया है, तो अब शिकायत क्यों कर रहे हैं ? उल्लेखनीय है कि पुनीत बंसल को अगले लायन वर्ष में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का उम्मीदवार बनना है, और ओंकार सिंह रेनु इसी वर्ष सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार बनने की 'तैयारी' में हैं - इसलिए इन्हें डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी बनने में अपना अपना राजनीतिक फायदा दिखा और वीके हंस को इन्हें बनाने में आर्थिक फायदा हुआ, तो इस दोहरे फायदे के चलते यह डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी बन गए ।
लोगों को हैरानी हालाँकि इस बात पर है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में वीके हंस का कामकाज अभी शुरू भी नहीं हुआ है, तब फिर वह पुनीत बंसल व ओंकार सिंह रेनु से आखिर किस बात पर नाराज हो गए हैं और उन्हें सेक्रेटरी बनाने के अपने फैसले पर पछताने लगे हैं ? वीके हंस के नजदीकियों का कहना है कि वीके हंस इन दोनों से दरअसल इस बात पर खफा हैं कि यह दोनों उन्हें फोन करके कुछ पूछते/बताते ही नहीं हैं; इसलिए जब कुछ काम होता है, तब वीके हंस को ही इन्हें फोन करना पड़ता है । पिछले कई दिनों से अमेरिका और कनाडा में घूम रहे तथा काम कर रहे वीके हंस इस बात से भी आहत हैं कि सेक्रेटरी होने के बावजूद पुनीत बंसल और ओंकार सिंह रेनु दिल्ली लौटने के अवसर पर उनके स्वागत के लिए कोई तैयारी ही नहीं कर रहे हैं । आरके शाह के रवैये से भी वीके हंस को झटका लगा है । उन्हें उम्मीद थी कि कम से कम आरके शाह तो उनके वापस लौटने के अवसर पर उनके स्वागत की तैयारी करेंगे/करवायेंगे, क्योंकि आरके शाह को इस वर्ष सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 'बनना' है और इसके लिए वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उनके मान/सम्मान का ध्यान रखेंगे । वीके हंस ने अपने नजदीकियों से शिकायती लहजे में कहा है कि आरके शाह ने लगता है कि अपने आपको सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मान ही लिया है, और इसलिए एक उम्मीदवार के रूप में वह कुछ भी करने को तैयार नहीं दिखते हैं । पुनीत बंसल, ओंकार सिंह रेनु और आरके शाह के रवैये से निराश/हताश हो कर वीके हंस ने दिल्ली लौटने के अवसर पर अपने स्वागत की तैयारी करवाने की जिम्मेदारी फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरके अग्रवाल को सौंपी है, और आरके अग्रवाल ही वीके हंस के स्वागत में जुटने के लिए लोगों को राजी करने के काम में लगे हैं ।
पुनीत बंसल और ओंकार सिंह रेनु को लेकर वीके हंस की शिकायत यह भी है कि यह दोनों गोवा में होने वाले डिस्ट्रिक्ट पदाधिकारियों के अधिष्ठापन समारोह के लिए रजिस्ट्रेशन करवाने के काम में भी दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं, और जिस कारण अधिष्ठापन समारोह की तैयारी पिछड़ी हुई है । तैयारी तो पिछड़ी हुई है ही, रजिस्ट्रेशन चार्जेज को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है । गोवा में इन महीनों में ऑफ सीजन है, इसलिए दो रातों के लिए दस हजार रुपये प्रति व्यक्ति के रजिस्ट्रेशन चार्जेज लोगों को ज्यादा लग रहे हैं । कुछेक लोगों का दावा है कि वह इस सीजन में गोवा के अच्छे से अच्छे रिसॉर्ट्स में इससे काफी कम रकम में बुकिंग दिलवा सकते हैं । महँगे रजिस्ट्रेशन की शिकायत करते हुए लोगों का कहना है कि लगता है कि अधिष्ठापन समारोह के नाम पर वीके हंस ने मोटी कमाई की 'व्यवस्था' कर ली है । वास्तव में इसी तरह के आरोपों के चलते अधिष्ठापन समारोह के लिए रजिस्ट्रेशन का काम ढीला पड़ा हुआ है । अधिष्ठापन समारोह की तैयारी से जुड़े लोगों का कहना है कि वीके हंस ने एक तो महँगा पैकेज बनाया, जिसमें ज्यादा लोगों को विश्वास में भी नहीं लिया - और फिर खुद अमेरिका/कनाडा घूम रहे हैं, तथा लोगों के नाराजगी भरे सवालों का सामना हमें करना पड़ रहा है । वास्तव में, महँगे पैकेज की शिकायत करने वाले लोगों का गुस्सा यह देख/जान कर और भड़क रहा है कि पैकेज महँगा क्यों है, यह बताने वाला भी कोई नहीं है । वीके हंस की शिकायत है कि महँगे पैकेज का वास्ता देकर लोगों को भड़काने का काम डिस्ट्रिक्ट के कुछेक लोग ही कर रहे हैं; किंतु उनकी बड़ी शिकायत अपने साथ के पुनीत बंसल व ओंकार सिंह रेनु जैसे उन लोगों से है, जो बड़े बड़े पद लेकर तो बैठ गए हैं, लेकिन जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार नहीं हैं । इसीलिए लॉस बेगास में ही उन्होंने आरके अग्रवाल को 'गहरा मंत्र' दे दिया है कि वरिष्ठ लायन को सेक्रेटरी बनाओगे, तो मेरी ही तरह पछताओगे । हालाँकि दूसरे कई लोगों का कहना है कि वीके हंस को ही काम करना/लेना नहीं आता है, और वह समझ रहे हैं कि गवर्नर के रूप में उन्हें तो बस घूमना/फिरना है और तरह तरह से 'कमाई' करनी है - काम दूसरे लोग करेंगे ।

Sunday, February 4, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में आरके अग्रवाल की उम्मीदवारी के समर्थक नेता चुनाव लड़ने पर अड़े आरके शाह के रवैये को गीदड़भभकी के रूप में ही देखते/पहचानते हुए, इसे उनके अगली बार के लिए समर्थन का आश्वासन पाने के प्रयास के रूप में देख रहे हैं

नई दिल्ली । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए आरके शाह की उम्मीदवारी को लेकर जो 'खेल' चल रहा है, उसने आरके अग्रवाल और उनके समर्थकों की चिंता को तो लगभग दूर कर दिया है, लेकिन आरके शाह के समर्थकों की परेशानी को बढ़ा दिया है - उन्हें डर हुआ है कि इस खेल में फँस कर खुद आरके शाह कहीं अपना बना/बनाया काम बिगाड़ न लें । दरअसल आरके शाह और उनके समर्थकों की तरफ से अब जो कोशिश हो रही है, उससे संकेत मिल रहे हैं कि आरके शाह इस वर्ष चुनाव लड़ने के लिए नहीं - बल्कि अगले वर्ष के लिए समर्थन का आश्वासन पाने के लिए अपनी उम्मीदवारी की गर्मी 'दिखा' रहे हैं । मजे की बात यह हुई है कि हरियाणा और दिल्ली में हुए फैसलों को लेकर जो पूर्व गवर्नर्स अपने आप को उपेक्षित व ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं, वह डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में अपनी अहमियत बनाने/दिखाने/जताने के लिए आरके शाह की उम्मीदवारी को मोहरे के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं - उनकी भी लेकिन एक सीमा है; इसलिए आरके शाह के लिए मामला थोड़ा पेचीदा बन गया है । पेचीदा इसलिए बन गया है क्योंकि आरके अग्रवाल के समर्थक नेता भी खेल को - और उसके पीछे की 'कहानी' को भी समझ गए हैं; अब उनके लिए सिर्फ यह समझना बाकी है कि इस खेल के पीछे छिपे किरदारों को वह कितनी अहमियत दें ? ऐसे में, आरके शाह का राजनीतिक भविष्य अब इस बात पर आ टिका है कि उनकी उम्मीदवारी के जरिये अपनी अहमियत बनाने/दिखाने वाले पूर्व गवर्नर्स वास्तव में उनकी कितनी वकालत करते हैं, और उनकी वकालत को दूसरे पूर्व गवर्नर्स कितनी तवज्जो देते हैं ?
आरके शाह की वकालत करने वाले नेताओं का कहना है कि आरके शाह यदि उम्मीदवार बने रहते हैं और फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए चुनाव की नौबत आती है, तो आरके अग्रवाल के मुकाबले आरके शाह निश्चित ही चुनाव जीत जायेंगे । दिलचस्प बात यह हो रही है कि नेताओं का यह दावा ही आरके शाह के गले की फाँस बन गया है । लोगों का कहना है कि आरके शाह की जीत को लेकर जब आरके शाह और उनके समर्थक नेता इतने आश्वस्त हैं, तो फिर उन्हें उम्मीदवार बनने से रोक कौन रहा है - और वह अगली बार के लिए समर्थन का आश्वासन पाने का प्रयास क्यों कर रहे हैं ? दिल्ली के कई पूर्व गवर्नर्स आरके शाह को लेकर इस बात पर भी भड़के हुए हैं कि फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार का चयन करने के लिए पूर्व गवर्नर्स की दिल्ली में जो मीटिंग हुई थी, उसमें आरके शाह ने पूर्व गवर्नर्स के प्रति सम्मान नहीं दिखाया था; लिहाजा अब आरके शाह उनके समर्थन और या उनके आश्वासन की जरूरत क्यों समझ रहे हैं ? उनका कहना है कि आरके शाह और उन्हें शह देने वाले पूर्व गवर्नर्स को यदि वास्तव में इस बात का भरोसा है कि आरके शाह इस वर्ष ही यदि चुनाव लड़ लेते हैं, तो जीत जायेंगे - तो इसी वर्ष चुनाव लड़ क्यों नहीं लेते हैं; वह अगले वर्ष के लिए समर्थन का आश्वासन पाने के लिए प्रयत्न क्यों कर रहे हैं ? वास्तव में यही वह सवाल है, जिस पर आरके शाह और उनकी उम्मीदवारी के सहारे अपनी अहमियत बनाने/दिखाने वाले पूर्व गवर्नर्स नेताओं की गर्दन फँस गई है ।
समस्या की बात दरअसल यह है कि डिस्ट्रिक्ट जिन हालात में सुधरने की दिशा में बढ़ना शुरू हुआ है, उसमें कोई भी पूर्व गवर्नर अपने माथे पर हालात को बिगाड़ने का कलंक नहीं लेना चाहता है । इस कारण से फर्स्ट और सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए जिन उम्मीदवारों का चयन हुआ है और जिस तरीके से हुआ है - उस पर ऐतराज रखने/दिखाने वाले नेताओं के लिए भी अपना ऐतराज रखना/दिखाना मुश्किल हुआ है । उनके लिए आरके शाह की उम्मीदवारी का खुलकर समर्थन करना मुश्किल ही होगा । आरके शाह ने हालात में गर्मी तो पैदा की हुई है, लेकिन अभी तक भी वह यह दिखा/जता सकने में असफल ही हैं कि जमीनी स्तर पर काम करने के लिए उनके पास कोई स्पष्ट रणनीति और टीम है । आरके शाह पूरी तरह से आरके अग्रवाल की कमजोरी पर निर्भर हैं; आरके अग्रवाल को हरियाणा में कोई नहीं जानता है - इस तथ्य को आरके शाह अपनी ताकत मान रहे हैं और अभी भी वह इसी उम्मीद में हैं कि आरके अग्रवाल के चयन से नाखुश हुए नेता उनकी नैय्या पार लगवा देंगे । नेताओं की अपनी समस्या है - आरके अग्रवाल के चयन से वह नाखुश भले ही हों, लेकिन वह कोई ऐसा काम भी नहीं करना चाहते हैं, जिससे उनके माथे पर बदनामी का दाग लगे । इसीलिए बीच का फार्मूला यह चुना गया है कि आरके शाह के लिए अगले वर्ष में समर्थन का आश्वासन ले लिया जाए - इससे किसी के माथे पर कलंक भी नहीं लगेगा और उन्हें हवा दे रहे नेताओं की नेतागिरी भी चमक जायेगी । नेतागिरी चमकाने की कोशिश करने वाले नेताओं को लगता है कि यह फार्मूला आरके अग्रवाल के समर्थक नेता भी आसानी से स्वीकार कर लेंगे, क्योंकि इससे उन्हें भी चुनावी झंझट में नहीं फँसना पड़ेगा ।
आरके अग्रवाल के समर्थक नेता अभी लेकिन आरके शाह को अगले वर्ष में समर्थन का आश्वासन देने के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं । इस वर्ष चुनाव लड़ने पर अड़े आरके शाह के रवैये को दरअसल वह गीदड़भभकी के रूप में ही देख/पहचान रहे हैं । उन्हें लग रहा है कि आरके शाह चुनाव लड़ने की बात जरूर कर रहे हैं, लेकिन चुनाव लड़ना उनके बस की बात है नहीं - आरके शाह अभी भी नेताओं का ही समर्थन जुटाने का प्रयास कर रहे हैं और किसी भी तरह से अगले वर्ष के लिए अपना मामला पक्का करने की जुगाड़ में हैं । इसीलिए आरके अग्रवाल के समर्थक नेता आरके शाह और उनके समर्थक नेताओं को अभी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं - और इस स्थिति ने आरके शाह के लिए मामले को और भी ज्यादा पेचीदा व मुश्किल बना दिया है ।

Wednesday, January 17, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में राजीव अग्रवाल को फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का उम्मीदवार चुने जाने के तरीके को लेकर पैदा हुई नाराजगी का, राजिंदर बंसल के 'कभी पास/कभी दूर' दिखने के चलते आरके शाह कोई फायदा उठाते हुए नजर नहीं आ रहे हैं

नई दिल्ली । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार के रूप में राजीव अग्रवाल को आशीर्वाद देने वाले कार्यक्रम में राजिंदर बंसल की उपस्थिति ने आरके शाह को तगड़ा झटका दिया है । दरअसल आरके शाह को उम्मीद थी कि राजिंदर बंसल हरियाणा में उन्हें समर्थन दिलवाने के लिए प्रयास करेंगे । यह उम्मीद उन्हें दो कारणों से थी : एक कारण तो राजिंदर बंसल के साथ उनके पुराने संबंध के रूप में था, जिसमें हालाँकि बीच में काफी उतार-चढ़ाव आते रहे थे - लेकिन पिछले दिनों राजिंदर बंसल के क्लब के अधिष्ठापन समारोह में जब दिल्ली से पहुँचने वालों में एक अकेले आरके शाह ही लोगों को दिखे थे, तब यह मान लिया गया था कि तमाम उतार-चढ़ावों के बावजूद राजिंदर बंसल के साथ आरके शाह के संबंध यथावत है; दूसरा कारण राजिंदर बंसल का वह कथन बना, जो दिल्ली के पूर्व गवर्नर्स की मीटिंग में राजीव अग्रवाल की उम्मीदवारी को हरी झंडी मिलने के बाद राजिंदर बंसल की तरफ से सुना गया - जिसमें कहा बताया गया कि राजीव अग्रवाल को हरियाणा में जानता ही कौन है ? इससे संकेत मिला कि राजिंदर बंसल फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार के रूप में राजीव अग्रवाल के चयन से खुश नहीं हैं । कुछेक लोगों का कहना भी रहा कि राजिंदर बंसल फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार के रूप में आरके शाह की वकालत कर रहे थे - हालाँकि ढीले/ढाले ढंग से ही कर रहे थे । इस तरह की बातों से आरके शाह की उम्मीदवारी को बल मिल रहा था । लेकिन दिल्ली में राजीव अग्रवाल की उम्मीदवारी को पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स का आशीर्वाद देने/दिलवाने के उद्देश्य से आयोजित हुए कार्यक्रम में हरियाणा के अन्य पूर्व गवर्नर्स के साथ-साथ राजिंदर बंसल की भी मौजूदगी ने आरके शाह की उम्मीदवारी को मिल रहे बल का दम निकालने का काम किया ।
हालाँकि कार्यक्रम में मौजूदगी से समर्थन का कोई ठोस दावा तो नहीं किया जा सकता है, लेकिन उससे एक संकेत तो मिलता ही है । राजीव अग्रवाल की उम्मीदवारी को आशीर्वाद देने/दिलवाने वाले कार्यक्रम में दिल्ली के ही जो पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मौजूद थे, उनमें से कई राजीव अग्रवाल को उम्मीदवार चुने जाने के 'तरीके' को लेकर अभी तक भी अपनी नाराजगी दिखा रहे हैं, और यदि हालात बने तो उनको राजीव अग्रवाल की उम्मीदवारी के खिलाफ जाते देखने का भी नजारा दिख जायेगा । इन पूर्व गवर्नर्स का आरोप है कि राजीव अग्रवाल की उम्मीदवारी को हरी झंडी देने में डीके अग्रवाल और अजय बुद्धराज की जोड़ी ने धोखे का सहारा लिया । आरोप है कि मीटिंग से पहले तक यह दोनों आनंद दुआ को हरी झंडी देने की बात कर रहे थे, इसलिए आनंद दुआ की उम्मीदवारी का समर्थन करने वाले पूर्व गवर्नर्स ने इन पर भरोसा कर लिया और मीटिंग को संचालित करने की जिम्मेदारी इन्हें ही सौंप दी । मीटिंग के संचालन की बागडोर हाथ में आते ही डीके अग्रवाल और अजय बुद्धराज ने खेल कर दिया, और राजीव अग्रवाल के नाम की घोषणा कर दी । आनंद दुआ के समर्थक हक्के-बक्के रह गए और मौके की नजाकत भाँप कर वह कुछ कहने का साहस भी नहीं कर सके और राजीव अग्रवाल के नाम पर सहमति 'व्यक्त' करने के लिए मजबूर हुए । डीके अग्रवाल और अजय बुद्धराज के धोखे से खुद आनंद दुआ इतने हताश हुए कि दूसरा नंबर देने की पेशकश को उन्होंने तुरंत ठुकरा दिया । उनकी तरफ से सुनने को मिला कि धोखेबाजों का क्या भरोसा, अगले वर्ष वह फिर धोखा दे सकते हैं । आनंद दुआ और उनके समर्थक पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स नेताओं की नाराजगी और हताशा राजीव अग्रवाल  की उम्मीदवारी के लिए चुनौती बन सकती है ।
राजीव अग्रवाल के लिए अभी हालाँकि हालात अनुकूल नजर आ रहे हैं । हरियाणा में उन्हें अभी भले ही कोई न जानता/पहचानता हो और दिल्ली में अलग अलग कारणों से कई लोग उम्मीदवार के रूप में उनके चयन से भले ही खुश न हों - लेकिन चूँकि उनके सामने कोई मजबूत और संगठित चुनौती उपस्थित नहीं है, इसलिए उनके सामने 'अभी' खतरा कुछ नहीं दिख रहा है । आरके शाह उम्मीदवार बने जरूर हुए हैं, लेकिन उनकी सक्रियता में कोई सुनियोजित योजना और तैयारी नजर नहीं आ रही है । यही कारण है कि उम्मीदवार के रूप में राजीव अग्रवाल के चयन के तरीके को लेकर पैदा हुई नाराजगी का वह कोई फायदा उठाते हुए नहीं दिखे हैं । मजे की बात यह है कि जो 'नाराज' पूर्व गवर्नर आरके शाह की उम्मीदवारी में अपना 'भविष्य' देख रहे हैं, वह भी आरके शाह के ढीले/ढाले व बिखरे हुए से रवैये को देख कर नाउम्मीद से हो रहे हैं । उनका कहना है कि आरके शाह के पास/साथ लगता है कि कोई योजनाकार नहीं है और आरके शाह विश्वास कर रहे हैं कि 'नाराज' पूर्व गवर्नर्स अपने आप उनके पास जायेंगे । 'नाराज' पूर्व गवर्नर्स का कहना है कि वह कितना ही राजीव अग्रवाल के चयन से नाराज हों, और इसका बदला वह आरके शाह का समर्थन करके लेना चाहते हों - लेकिन इसके लिए पहल वह नहीं कर सकते हैं, पहल तो आरके शाह को ही करना है । आरके शाह की तरफ से कोई प्रभावी पहल होती हुई नजर नहीं आ रही है । ऐसे ही मुकाम पर राजिंदर बंसल की भूमिका रेखांकनीय हो जाती है । आरके शाह के लिए मुश्किल की बात यह हो गई है कि आरके शाह के समर्थक हो सकने वाले पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को जोड़ने का काम राजिंदर बंसल कर सकते हैं - पर वह यदि यह नहीं कर रहे हैं, तो फिर लोगों के बीच इसका मतलब यही समझा जायेगा कि आरके शाह की उम्मीदवारी को राजिंदर बंसल का समर्थन भी नहीं रह गया है ।
राजीव अग्रवाल और आरके शाह आजकल हरियाणा की खाक छान रहे हैं; हरियाणा के क्लब्स के प्रमुख लोग अपने अपने नेताओं से पूछ रहे हैं कि किसे 'हाँ' कहनी और किसे 'न' ? मजे की बात यह सुनने को मिल रही है कि नेताओं की तरफ से उन्हें सलाह दी जा रही है कि अभी न किसी से 'हाँ' कहो और न किसी को 'न' कहो; दोनों को ही भरोसा दो कि हम तुम्हारे साथ है, बाद में देखेंगे कि क्या करना है । इससे संकेत मिल रहा है कि अनुकूल माहौल के बावजूद अभी भी राजीव अग्रवाल के लिए आगे का रास्ता पूरी तरह सुरक्षित नहीं हुआ है, और आरके शाह के लिए उम्मीद अभी भी बाकी है । आगे का सीन इस बात पर निर्भर करेगा कि दोनों उम्मीदवार आगे तैयारी क्या दिखाते हैं, और चाल क्या चलते हैं ?

Wednesday, January 10, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवारों के चयन को लेकर दिखाए गए डीके अग्रवाल के 'डुप्लीकेट' रवैये को लेकर योगेश भसीन की नाराजगी ने डिस्ट्रिक्ट के माहौल में बदमजगी पैदा की

नई दिल्ली । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार चुनने की प्रक्रिया में डीके अग्रवाल और - पहले उनके चेले रहे लेकिन अब गुरु 'बनने' की कोशिश कर रहे - अजय बुद्धराज ने जो खेल किया है, उससे योगेश भसीन तथा उनके समर्थक पूर्व गवर्नर्स भड़के हुए हैं । डीके अग्रवाल और अजय बुद्धराज हालाँकि इसकी कोई परवाह करते हुए नहीं दिख रहे हैं । उनकी तरफ से कहा जा रहा है कि उन्हें पता है कि योगेश भसीन को कौन भड़का रहा है, लेकिन वह यह भी जानते हैं कि योगेश भसीन और उन्हें भड़काने वाले लोग कुछ कर नहीं पायेंगे । योगेश भसीन की शिकायत है कि पूर्व गवर्नर्स की मीटिंग में इस वर्ष और अगले वर्ष के लिए फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार का चयन होना था, और वह हुआ भी - लेकिन इस प्रक्रिया को पूर्णता तक नहीं पहुँचाया गया है । योगेश भसीन का कहना है कि उक्त प्रक्रिया को यदि पूर्णता तक पहुँचाया जाए, तो अगले वर्ष के लिए उनकी उम्मीदवारी घोषित होती है - लेकिन जिन डीके अग्रवाल पर उक्त प्रक्रिया को पूर्णता तक पहुँचाने की जिम्मेदारी है, वह चूँकि उनके प्रति निजी खुन्नस रखते हैं इसलिए उन्होंने उक्त प्रक्रिया को बीच में ही रोक दिया है; और कोई फैसला भी नहीं दे रहे हैं । उल्लेखनीय है कि फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवारों का चयन करने के लिए तीन जनवरी को डिस्ट्रिक्ट के दिल्ली के पूर्व गवर्नर्स की मीटिंग हुई, जिसमें 14 पूर्व गवर्नर्स ने हिस्सा लिया । मीटिंग की संचालन व्यवस्था डीके अग्रवाल के हाथ में थी, जिनकी तरफ से सभी पूर्व गवर्नर्स को आरके अग्रवाल, आनंद दुआ और योगेश भसीन के नाम लिखे कागज दिए गए - जिसमें पूर्व गवर्नर्स को तीनों नामों को अपनी पसंद के अनुसार वरीयता क्रम देने थे । फिर यह कागज वापस डीके अग्रवाल के पास पहुँचने थे, और उन्हें प्रत्येक उम्मीदवार को मिले वोटों की गणना करके इस वर्ष और अगले वर्ष के लिए उम्मीदवार की घोषणा करना थी । गणना करके डीके अग्रवाल ने इस वर्ष के लिए आरके अग्रवाल को और अगले वर्ष के लिए आनंद दुआ को उम्मीदवार घोषित किया ।
योगेश भसीन के अनुसार, यहाँ तक तो सब ठीक हुआ - लेकिन डीके अग्रवाल का असली रंग इसके बाद देखने को मिला । योगेश भसीन का कहना है कि फैसला सुनने के बाद आनंद दुआ ने तुरंत मौके पर ही चूँकि अगले वर्ष उम्मीदवार होने से साफ इंकार कर दिया, इसलिए अगले वर्ष उम्मीदवार बनने का मौका उन्हें मिलना चाहिए था । डीके अग्रवाल ने लेकिन ऐसा करने में कोई दिलचस्पी नहीं ली । अजय बुद्धराज ने आनंद दुआ को विचार करने के लिए चौबीस घंटे का समय देने की बात कही । योगेश भसीन ने इसे भी स्वीकार कर लिया था । उनका कहना है कि आनंद दुआ को विचार करने के लिए दिए गए चौबीस घंटों को बीते हुए भी अब तो डेढ़ सौ घंटे से भी ऊपर हो गए हैं, आनंद दुआ ने लेकिन अपना फैसला बदलने की घोषणा नहीं की है - फिर भी डीके अग्रवाल तीन जनवरी की मीटिंग की प्रक्रिया को पूर्ण करते हुए अगले वर्ष के उम्मीदवार के रूप में उनके नाम की घोषणा नहीं कर रहे हैं । योगेश भसीन के दावे और उनकी माँग का समर्थन करते हुए एक पूर्व गवर्नर ने बताया कि इसी तरह का दोहरा रवैया अपनाने के कारण बड़े नेताओं ने डीके अग्रवाल का नाम 'डुप्लीकेट कुमार' रखा हुआ है । डीके अग्रवाल का पूरा नाम दरअसल धीरज कुमार अग्रवाल है, जिसे बिगाड़ कर कुछेक बड़े नेताओं ने डुप्लीकेट कुमार अग्रवाल किया हुआ है । योगेश भसीन का दावा यह भी है कि तीन जनवरी की मीटिंग में उपस्थित हुए पूर्व गवर्नर्स से उनकी जो अलग अलग बात हुई है, उसके अनुसार आठ/नौ पूर्व गवर्नर्स ने अगले वर्ष के उम्मीदवार के रूप में उन्हें वोट दिया था; इस आधार पर उनका गंभीर आरोप यह भी है कि डीके अग्रवाल ने वोटों की गिनती में भी धोखाधड़ी की है ।
योगेश भसीन और उनके समर्थक - और या उन्हें भड़काने में लगे - पूर्व गवर्नर्स अजय बुद्धराज के रवैये पर और भी ज्यादा खफा हैं । खफा होने का कारण अजय बुद्धराज की योगेश भसीन के स्वास्थ्य को लेकर की गई टिप्पणी है । तीन जनवरी की मीटिंग में अगले वर्ष के लिए आनंद दुआ के इंकार के बाद जब योगेश भसीन अपनी उम्मीदवारी घोषित किये जाने की माँग कर रहे थे, तब अजय बुद्धराज ने यह कहते हुए उन्हें हतोत्साहित किया कि आपके कमजोर स्वास्थ्य को देखते हुए आपकी उम्मीदवारी पर फैसला करना अभी उचित नहीं होगा । यह सुनकर योगेश भसीन भड़क गए और उन्होंने अजय बुद्धराज से पूछा कि मेरे स्वास्थ्य का हाल पूछने कितनी बार मेरे यहाँ आए हो - जो अब मेरे स्वास्थ्य की चिंता कर रहे हो । योगेश भसीन के स्वास्थ्य को मुद्दा बनाने की अजय बुद्धराज की कोशिश को लेकर अन्य कुछेक पूर्व गवर्नर्स ने भी अपनी नाराजगी व्यक्त की । उनका कहना रहा कि योगेश भसीन अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के उद्देश्य से जब उनके यहाँ महँगी घड़ी का गिफ्ट लेकर आए थे, तब अजय बुद्धराज ने उनसे क्यों नहीं कहा कि आपका स्वास्थ्य ठीक नहीं है और अब आपको उम्मीदवारी के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए । उल्लेखनीय है कि उम्मीदवार चुनने की प्रक्रिया शुरू होने से पहले योगेश भसीन दिल्ली के सभी पूर्व गवर्नर्स के यहाँ महँगी घड़ी का गिफ्ट लेकर गए थे; उनके अनुसार, जिस पर उन्होंने दो/ढाई लाख रुपए खर्च किए । योगेश भसीन के समर्थक पूर्व गवर्नर्स का कहना है कि महँगा गिफ्ट लेने के बावजूद अजय बुद्धराज को योगेश भसीन की उम्मीदवारी का समर्थन नहीं करना था, तो न करते - उसमें शिकायत की कोई बात नहीं है; लेकिन योगेश भसीन के स्वास्थ्य को मुद्दा बनाने का उनका प्रयास बहुत ही अशोभनीय, अमानवीय व आपत्तिजनक है ।
योगेश भसीन और उनके समर्थकों की नाराजगीभरी बातें डीके अग्रवाल और अजय बुद्धराज तक भी पहुँची हैं । दोनों ही लेकिन उनकी बातों की परवाह करते हुए नहीं नजर आ रहे हैं । गिफ्ट की बात पर अजय बुद्धराज की तरफ से कहा/सुना गया है कि उन्होंने - या अन्य किसी ने भी योगेश भसीन से गिफ्ट माँगा था क्या; अब वह क्यों बखान कर रहे हैं कि उन्होंने कितना महँगा गिफ्ट दिया और उस पर कितने रुपए खर्च किए । डीके अग्रवाल और अजय बुद्धराज की तरफ से कहा/सुना जा रहा है कि उन्हें पता है कि योगेश भसीन को भड़का कर, उनकी आड़ में कौन क्या राजनीति कर रहा है - लेकिन इससे कुछ होगा नहीं । लोगों का कहना लेकिन यह है कि डीके अग्रवाल और अजय बुद्धराज का यह विश्वास हो सकता है कि सही साबित हो कि योगेश भसीन व उनके समर्थक होने का दिखावा करने वाले पूर्व गवर्नर्स की बातों से कुछ होगा नहीं - लेकिन उनकी बातों ने लोगों के बीच डीके अग्रवाल व अजय बुद्धराज के पक्षपातपूर्ण तथा दोहरे रवैये को बेनकाब करने का काम तो किया ही है; और इससे डिस्ट्रिक्ट में बदमजगी तो पैदा हुई ही है ।

Monday, January 1, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में दिल्ली में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार चुनने में हो देरी से बनी स्थिति ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के समीकरणों में उलटफेर होने की परिस्थितियाँ बनाते हुए आरके शाह को चुनावी मुकाबले में 'स्पेस' दिया और महत्त्वपूर्ण बना दिया है

नई दिल्ली । आनंद दुआ और आरके अग्रवाल में से किसी एक को फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार चुनने के मामले में दिल्ली के पूर्व गवर्नर्स नेताओं की बढ़ती असमंजसता ने डिस्ट्रिक्ट के चुनावी समीकरणों में उलटफेर का माहौल बनाना शुरू कर दिया है, जिसका फायदा उठाने के लिए आरके शाह की तरफ से तैयारी होती सुनी जा रही है । यही कारण है कि अभी तक जिन आरके शाह को 'न तीन में और न तेरह में' माना/देखा जा रहा था, वही आरके शाह अब एक महत्त्वपूर्ण कारक बन गए हैं - और दिल्ली के पूर्व गवर्नर्स नेता उम्मीदवार चुनने में इस तथ्य को भी सामने रख रहे हैं कि आरके शाह की तरफ से मिलने वाली चुनौती से आनंद दुआ और आरके शाह में से कौन प्रभावी तरीके से निपट सकेगा । उम्मीदवार चुनने में देरी करके उम्मीदवारों को 'थका' देने और विरोध की संभावना को खत्म करने का जो फार्मूला दिल्ली के पूर्व गवर्नर्स नेताओं ने अपनाया, वही फार्मूला दरअसल अब उनके लिए मुसीबत बन गया है । दिल्ली में वास्तव में खतरा यह था कि आनंद दुआ और आरके अग्रवाल में से वह जिस किसी को उम्मीदवार नहीं चुनेंगे, वह बागी उम्मीदवार के रूप में खड़ा हो जायेगा - और तब दिल्ली में दो खेमे बन जायेंगे और अपनी अपनी जीत को लेकर खेमेबाजी शुरू हो जाएगी । इस संभावना को खत्म करने के लिए ही सोचा यह गया कि उम्मीदवार चुनने में देरी करके वह किसी एक को बागी हो सकने की तैयारी करने के लिए समय ही नहीं देंगे, और इस तरीके से दिल्ली में एकता 'बना' कर वह आरके शाह को भी अलग-थलग कर देंगे । पूर्व गवर्नर्स नेता अपने इस फार्मूले को कामयाब होते हुए तो देख रहे हैं, लेकिन उनकी इस कामयाबी ने एक अलग तरह का जो समीकरण बनाया है - उससे फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार चुनने को लेकर दिल्ली के पूर्व गवर्नर्स नेताओं की मुश्किलें कम होने की बजाए बढ़ और गई हैं ।
आनंद दुआ और आरके अग्रवाल में से किसी एक के बागी हो सकने की संभावनाओं को तो मामले को घसीट कर पूर्व गवर्नर्स नेताओं ने फ्यूज कर दिया है, लेकिन इस प्रक्रिया में दोनों की इतनी 'फजीहत' भी हो चुकी है कि दोनों में से कोई भी - और उसके समर्थक नेता भी - दूसरे की उम्मीदवारी को सहज रूप में स्वीकार नहीं कर सकेगा । अब जो स्थिति बनी है, आशंका है कि उसमें जो उम्मीदवार नहीं चुना जायेगा - वह घोषित रूप में तो बागी नहीं बनेगा, लेकिन उसका और उसके समर्थक नेताओं का व्यवहार जरूर बागियों जैसा हो जायेगा । यह स्थिति आरके शाह की 'राजनीतिक पूँजी' बनती है । आरके शाह इस राजनीतिक पूँजी को इस्तेमाल कर सकेंगे या नहीं, यह तो बाद में पता चलेगा; लेकिन इस स्थिति ने चुने जाने वाले उम्मीदवार के सामने अभी से ही मुसीबत तो खड़ी कर ही दी है । इस स्थिति ने उम्मीदवारों से भी ज्यादा नेताओं को मुसीबत में फँसा दिया है । नेताओं के लिए मुसीबत की बात यह हो गई है कि बड़े सोच-विचार के बाद वह जिस उम्मीदवार को चुनें, वह कहीं हालात का मुकाबला कर सकने में विफल रहा तो - उम्मीदवार से ज्यादा तो नेताओं की फजीहत होगी । हरियाणा के पूर्व गवर्नर्स नेता जिस तरह से दिल्ली के उम्मीदवारों में दिलचस्पी 'दिखा' रहे हैं, उसके कारण भी फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के मामले में दिल्ली के पूर्व गवर्नर्स नेताओं के लिए मुसीबत बढ़ी है ।
केएल खट्टर ने सुरेश बिंदल के साथ दोस्ती निभाने के चक्कर में आरके अग्रवाल की उम्मीदवारी के प्रति दिलचस्पी दिखाई है, तो राजिंदर बंसल ने आरके शाह के प्रति अपने समर्थन को छिपाने का प्रयास तक नहीं किया है । अभी हाल ही में रोहतक में आयोजित हुए राजिंदर बंसल के क्लब के अधिष्ठापन समारोह में दिल्ली से डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डीनेटर केएम गोयल के अलावा एक सिर्फ आरके शाह को ही निमंत्रण मिला था और वह शामिल हुए थे । उक्त समारोह में - हरियाणा के बाकी पूर्व गवर्नर्स नेताओं के भी शामिल होने के कारण - आरके शाह की मौजूदगी का खास राजनीतिक संदेश तो लोगों के बीच गया ही है । दिल्ली के पूर्व गवर्नर्स नेताओं को हालाँकि यह विश्वास है कि हरियाणा के पूर्व गवर्नर्स नेता 'उनके' और उनके उम्मीदवार के साथ ही रहेंगे । संभव है कि घोषित रूप में यह स्थिति बनी रहे, लेकिन चुनावी राजनीति के खिलाड़ी इस बात को अच्छी तरह से जानते/समझते हैं कि चुनावी राजनीति का परिणाम इससे तय नहीं होता है कि ऊपर ऊपर क्या हो रहा है या दिख रहा है - परिणाम इससे तय होता है कि अंदरूनी तौर पर क्या हो रहा है और वास्तविक सच्चाई क्या है । हरियाणा में वैसे भी आरके शाह के लिए अच्छा समर्थन आधार देखा/पहचाना जाता है । इसका नजारा विक्रम शर्मा और आरके शाह के बीच हुए पिछले चुनाव में देखा भी जा चुका है, जबकि पूर्व गवर्नर्स नेताओं का समर्थन विक्रम शर्मा के साथ था - लेकिन वोट आरके शाह को मिले थे और चुनाव वह जीते थे । इन हालातों में, दिल्ली में उम्मीदवार चुनने में हो देरी से बनी स्थिति ने आरके शाह को जिस तरह से चुनावी मुकाबले में 'स्पेस' दे दिया है, उससे डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के समीकरणों में उलटफेर होने की परिस्थितियाँ बनी हैं और माहौल थोड़ा रोमांचपूर्ण होता दिख रहा है ।

Friday, December 29, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में प्रवीन राजगढ़िया के मामले में और अपने गवर्नर-काल के अकाउंट्स न देने के किस्से के फिर से उठने के कारण पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर केएल खट्टर चौतरफा मुसीबत में फँसे

रोहतक । प्रवीन राजगढ़िया के साथ हरियाणा के लीडर्स की रोहतक में होने वाली मीटिंग के लगातार स्थगित होते जाने से प्रवीन राजगढ़िया के नजदीकियों और समर्थकों के बीच पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर केएल खट्टर के प्रति नाराजगी और विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है । प्रवीन राजगढ़िया के नजदीकियों की तरफ से केएल खट्टर पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए जा रहे हैं । रोहतक में पूर्व गवर्नर राजिंदर बंसल के क्लब के अधिष्ठापन समारोह का निमंत्रण न मिलने के बाद से तो प्रवीन राजगढ़िया और उनके समर्थक बुरी तरह भड़के हुए हैं । उल्लेखनीय है कि उक्त समारोह में हरियाणा के चारों-पाँचों लीडर्स उपस्थित हुए थे । प्रवीन राजगढ़िया ने प्रयास किया था कि जब सभी लीडर्स रोहतक में आ ही रहे हैं, तो समारोह से पहले प्रस्तावित मीटिंग हो सकती है । केएल खट्टर ने मीटिंग हो पाने में तो असमर्थता व्यक्त कर ही दी; प्रवीन राजगढ़िया को अधिष्ठापन समारोह का निमंत्रण तक नहीं मिला । प्रवीन राजगढ़िया के लिए यह घटना काफी झटके वाली रही । उनकी तरफ से लोगों के बीच माहौल तो यह बनाया/दिखाया गया था कि हरदीप सरकारिया को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार चुनने के तरीके पर उनकी तरफ से नाराजगी व्यक्त किए जाने से हरियाणा की लीडरशिप बुरी तरह से 'हिल' गई है, लेकिन देखने में यह आया कि उनकी नाराजगी के बावजूद लीडरशिप के कानों पर जूँ तक नहीं रेंगी है । प्रवीन राजगढ़िया के नजदीकियों का कहना है कि रोहतक में होने वाली मीटिंग को लेकर केएल खट्टर जिस तरह से टालमटोल करते नजर आ रहे हैं, और बार-बार तरह तरह की बहानेबाजी करके मीटिंग के दिन को आगे बढ़ाते नजर आ रहे हैं - उससे अब लगने लगा है कि केएल खट्टर सिर्फ टाइम पास कर रहे हैं, और प्रवीन राजगढ़िया को बेवकूफ बना रहे हैं ।
प्रवीन राजगढ़िया के नजदीकियों और समर्थको को अब महसूस हो रहा है कि केएल खट्टर की बातों में आकर उन्होंने बड़ी गलती कर दी और डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच अपनी जगहँसाई और फजीहत करवा ली है । प्रवीन राजगढ़िया के कुछेक नजदीकियों की तरफ से हालाँकि अभी भी दावा किया जा रहा है कि उनके चैप्टर को अभी बंद हुआ नहीं समझा जाए, और प्रवीन राजगढ़िया अपने साथ हुए 'खेल' का उचित समय पर बदला जरूर लेंगे । नजदीकियों का कहना है कि प्रवीन राजगढ़िया लीडर्स को पूरा समय देना चाहते हैं, ताकी बाद में वह यह न कह सकें कि वह तो बात करना चाहते थे - प्रवीन राजगढ़िया ने ही जल्दी मचा दी थी । इस मामले में केएल खट्टर भी खुद को बुरी तरह घिरा हुआ महसूस कर रहे हैं । दरअसल इस मामले में हरियाणा के बाकी लीडर्स ने केएल खट्टर को अकेला छोड़ दिया है । बाकी लीडर्स अभी हरदीप सरकारिया को और उनके बाद पुनीत बंसल को समर्थन देने के मुद्दे पर पुनर्विचार करने के मूड में बिलकुल भी नहीं हैं । उनकी तरफ से केएल खट्टर को बता दिया गया है कि प्रवीन राजगढ़िया से उन्होंने जो कहा है, उसे वह खुद ही देखें । बाकी लीडर्स के इसी रवैये के चलते, प्रवीन राजगढ़िया से रोहतक में मीटिंग करने के वायदे को निभा पाना केएल खट्टर के लिए मुश्किल हो रहा है । केएल खट्टर के लिए मुसीबत की बात यह है कि बाकी लीडर्स की तरफ से उन्हें यह और सुनने को मिल रहा है कि प्रवीन राजगढ़िया को उन्होंने नाहक ही ज्यादा तवज्जो दे दी है, और मामले को थोड़ा टेढ़ा कर दिया है - अन्यथा प्रवीण राजगढ़िया कुछ दिन शोर मचा कर खुद ही शांत हो जाते । बाकी लीडर्स की नसीहत सुनते हुए केएल खट्टर ने लगता है कि उन्हीं का फार्मूला अपना लिया है और प्रवीन राजगढ़िया को कभी इग्नोर करने तो कभी 'चिंता मत करो' का झाँसा देकर लटकाए हुए हैं । केएल खट्टर की इस झाँसेबाजी से प्रवीन राजगढ़िया और उनके नजदीकी व समर्थक भड़के हुए तो बहुत हैं, लेकिन उनकी समझ में आ नहीं रहा है कि इस स्थिति में वह करें, तो आखिर क्या करें ?

-------------------------------------------------------------------------------------------

नई दिल्ली । केएल खट्टर पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर तथा डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डीनेटर केएम गोयल के आक्रामक रवैये के कारण एक अलग तरह की फजीहत के दरवाजे पर पहुँच गए हैं । केएल खट्टर के लिए यह फजीहत पूर्व गवर्नर हर्ष बंसल द्वारा केएम गोयल पर लगाए एक आरोप के चलते पैदा हुई है । हर्ष बंसल ने डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डीनेटर के रूप में केएम गोयल पर डिस्ट्रिक्ट के हिसाब-किताब में हेराफेरी करने की आशंका व्यक्त करते हुए अकाउंट्स समय से न देने का आरोप लगाया है । हर्ष बंसल का कहना है कि केएम गोयल की इस हरकत पर उनकी तरफ से यदि उचित स्पष्टीकरण नहीं आया, तो वह इस मामले को आगे ले जायेंगे । केएम गोयल ने अधिकृत रूप से तो इस आरोप का जबाव नहीं दिया है, लेकिन अलग अलग मौकों पर कुछेक लोगों के बीच उन्होंने अपने आक्रामक तेवर दिखाए और कहा कि हर्ष बंसल को समय से अकाउंट्स लेने/पाने का इतना शौक है तो पहले राकेश त्रेहन और केएल खट्टर से अकाउंट्स माँगे, जो अभी तक नहीं मिले हैं । केएम गोयल की तरफ से यहाँ तक कहा गया कि हर्ष बंसल की हिम्मत केएल खट्टर से अकाउंट्स माँगने की नहीं होगी, जिनसे वह एक बार पिट चुके हैं । केएम गोयल की यह बात हर्ष बंसल और केएल खट्टर, दोनों के लिए चुनौती की तरह है । हर्ष बंसल भले ही एक बार केएल खट्टर से पिट चुके हैं, लेकिन वह इतने बेशर्म किस्म के व्यक्ति के रूप में देखे/पहचाने जाते हैं कि दोबारा भी पिटने के लिए तैयार हो जायेंगे । केएल खट्टर के लिए मुसीबत की बात यह है कि हर्ष बंसल यदि बेशर्मी पर सचमुच उतर ही आए तो उन्हें नाहक एक बार फिर फिजूल के विवाद और झगड़े में पड़ना पड़ेगा - और हो सकता है कि वह विवाद और झगड़ा खुद उनके लिए भी फजीहत का कारण बने, क्योंकि यदि अपने गवर्नर-काल के अकाउंट्स न देने का उन पर लगा केएम गोयल का आरोप सच है तो यह उनके लिए फजीहत का कारण तो बन ही जाएगा ।

Thursday, December 14, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में हरदीप सरकारिया को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का उम्मीदवार चुनने के तरीके पर नाराजगी जाता रहे प्रवीन राजगढ़िया को 'समझाबुझा' कर मामला सचमुच सेटल कर लिया गया है, या पिक्चर अभी बाकी है ?

रोहतक । हरदीप सरकारिया को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार चुनने के तरीके को लेकर बबाल करने वाले वरिष्ठ लायन प्रवीन राजगढ़िया अचानक से चुप्पी साध कर अब खुद ही बबाल का कारण बन गए हैं । उनकी चुप्पी को लेकर तरह तरह की बातें हो रही हैं, जिन्हें भड़काने का काम लीडरशिप की तरफ से आने वाली उन बातों ने भी किया है - जिनमें दावा किया गया है कि प्रवीन राजगढ़िया को समझा लिया गया है और मामला सेटल हो गया है । इन बातों से लोगों के बीच सवाल पैदा हुआ है कि प्रवीन राजगढ़िया को आखिर क्या समझाया गया है और मामला किस शर्त पर सेटल हुआ है ? लोगों का कहना/पूछना है कि प्रवीन राजगढ़िया और लीडरशिप के नेताओं के बीच आखिर क्या सौदा/समझौता हुआ है, यह बात तो पता चलना चाहिए ? प्रवीन राजगढ़िया के नजदीकियों ने यह तो बताया था कि हरदीप सरकारिया को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार चुनने के तरीके पर प्रवीन राजगढ़िया द्वारा आपत्ति करने और नाराजगी दिखाने के बाद पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर केएल खट्टर ने प्रवीन राजगढ़िया को फोन किया था । उनके बीच क्या बात हुई, यह तो पता नहीं चल सका - लेकिन देखने में यह आया कि उसके बाद प्रवीन राजगढ़िया ने पूरी तरह चुप्पी साध ली । उनके चुप्पी साध लेने के साथ-साथ ही लीडरशिप की तरफ से सुनने को मिला कि प्रवीन राजगढ़िया को मना लिया गया है और मामला सेटल हो गया है । इससे लीडरशिप को निशाना बनाने वाले प्रवीन राजगढ़िया खुद लोगों के निशाने पर आ गए और उनके बीच सवाल उठे कि उन्होंने लीडरशिप से सौदेबाजी करने के लिए ही बबाल खड़ा किया था क्या ?
प्रवीन राजगढ़िया को लोगों की आलोचना का शिकार बनता देख उनके नजदीकियों ने कहा/बताया है कि वह पारिवारिक फंक्शन में शामिल होने के लिए बाहर गए हैं और वहाँ व्यस्त हैं, इसलिए उनकी तरफ से कुछ कहा/सुना नहीं जा पा रहा है; और इसलिए उनकी चुप्पी के कोई मनमाने अर्थ नहीं निकाले जाने चाहिए । नजदीकियों की तरफ से यह दावा भी किया गया है कि प्रवीन राजगढ़िया कोई छिप कर सौदेबाजी करने वाले व्यक्ति नहीं हैं, वह जो कुछ भी करेंगे सभी को बता कर और सभी को विश्वास में लेकर करेंगे । नजदीकियों ने यह भी बताया है कि केएल खट्टर से फोन पर उनकी जो बात हुई है, उसमें अभी यही तय हुआ है कि पारिवारिक फंक्शन से लौट कर उनकी लीडरशिप के नेताओं से रोहतक में मीटिंग होगी, जिसमें मामले पर विस्तृत विचार होगा । उल्लेखनीय है कि प्रवीन राजगढ़िया की मुख्य आपत्ति इस बात पर थी कि लीडरशिप के नाम पर पाँच लोग हरियाण के लायन सदस्यों की तरफ से फैसला नहीं ले सकते हैं, और सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार का फैसला हरियाणा फोरम की मीटिंग में होना चाहिए । दरअसल हरदीप सरकारिया को उम्मीदवार चुने जाने पर लोग भड़के इसीलिए क्योंकि हरदीप सरकारिया की लोगों के बीच कोई सक्रियता ही नहीं थी । मजे की बात यह रही कि हरदीप सरकारिया को चुनने के पहले भी उनके समर्थक पूर्व गवर्नर्स ने उन्हें सक्रिय करने तथा लोगों से मिल-जुल कर माहौल बनाने के लिए प्रेरित नहीं किया । इससे लोगों ने महसूस किया कि पूर्व गवर्नर्स ने मनमानी करते/दिखाते हुए एक ऐसा व्यक्ति उम्मीदवार के रूप में उनके सिर पर थोप दिया है, जो उन्हें तवज्जो देने की कोई जरूरत ही नहीं समझता है । प्रवीन राजगढ़िया ने लोगों की इसी भावना को अभिव्यक्त करते हुए लीडरशिप के फैसले के खिलाफ मोर्चा खोल दिया ।
प्रवीन राजगढ़िया के मोर्चा खोलने के बाद लीडरशिप ने एक काम यह तो किया कि उन्होंने हरदीप सरकारिया को सक्रिय किया है, जिसके चलते हरदीप सरकारिया ने हरियाणा में लोगों से बात/मुलाकात करना शुरू किया है और वह दिल्ली के पूर्व गवर्नर्स से भी मिल गए हैं । इसी के साथ-साथ लीडरशिप की तरफ से यह कहना भी शुरू किया गया है कि उम्मीदवार का फैसला तो लीडरशिप को ही करना था, हरियाणा फोरम की मीटिंग में यह फैसला नहीं हो सकता है । प्रवीन राजगढ़िया तथा अन्य लोगों की हालाँकि माँग ही यह है कि उम्मीदवार का फैसला हरियाणा फोरम की मीटिंग में हो । हरदीप सरकारिया को उम्मीदवार चुनने वाले पूर्व गवर्नर्स भी जानते/समझते हैं कि हरियाणा फोरम की मीटिंग में यदि उम्मीदवार चुनने की बात हुई तो हरदीप सरकारिया कतई उम्मीदवार नहीं चुने जा सकेंगे । इसीलिए उनकी कोशिश है कि उम्मीदवार तो उन्होंने चुन लिया है, अब हरियाणा फोरम में उनके फैसले पर मोहर लगा दी जाए । समझा जाता है कि प्रवीन राजगढ़िया को इसी बात के लिए राजी करने का प्रयास किया जायेगा । हरदीप सरकारिया के समर्थक पूर्व गवर्नर्स को विश्वास है कि प्रवीण राजगढ़िया को बहला/फुसला कर और या अगली बार उम्मीदवार बनाने का लालच देकर चुप करा लिया गया, तो फिर हरियाणा में और कोई उनके फैसले का विरोध नहीं करेगा । समस्या की बात लेकिन यह है कि हरदीप सरकारिया के समर्थक पूर्व गवर्नर्स अगली बार की उम्मीदवारी के लिए पुनीत बंसल के साथ वायदा कर चुके हैं; इसलिए सार्वजनिक रूप से उनके लिए प्रवीन राजगढ़िया से अगली बार का वायदा कर पाना तो संभव नहीं होगा - यह काम गुपचुप रूप से ही होगा । गुपचुप रूप से किए वायदे पर प्रवीन राजगढ़िया कितना भरोसा करेंगे, यह एक अलग सवाल है ।
प्रवीन राजगढ़िया के नजदीकियों के अनुसार, रोहतक में प्रवीन राजगढ़िया की पूर्व गवर्नर्स के साथ जो मीटिंग होनी है - लोगों की नजर अब उसके नतीजे पर है । हरदीप सरकारिया को उम्मीदवार चुनने के तरीके पर प्रवीण राजगढ़िया ने जो आपत्ति और नाराजगी जाहिर की है तथा उम्मीदवार चुनने के लिए हरियाणा फोरम की मीटिंग बुलाने की जो माँग की हुई है - उसके पीछे उनका वास्तविक इरादा क्या है; क्या वह सचमुच हरियाणा के लायन सदस्यों की आवाज को सुनने की वकालत कर रहे हैं या अपने लिए कोई सौदेबाजी करने का मौका बना रहे हैं - यह जल्दी ही स्पष्ट हो जायेगा ।

Tuesday, December 12, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में आनंद दुआ के नाम पर बिछाई जा रही दिल्ली के पाँच सदस्यीय गुट की राजनीतिक बिसात को सुरेश बिंदल और केएल खट्टर की मिलीजुली चाल ने सचमुच पलट दिया है क्या ?

नई दिल्ली । आनंद दुआ की परेशानी और बेचैनी यह देख/जान कर बढ़ती जा रही है कि फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की उम्मीदवारी के लिए संपर्क अभियान शुरू कर देने के बाद भी उनके समर्थक नेता उनकी उम्मीदवारी को हरी झंडी नहीं दे रहे हैं, जिसके चलते उनकी उम्मीदवारी का मामला उलझता ही जा रहा है । आनंद दुआ ने अपने नजदीकियों से यह कहते/बताते हुए अपना संपर्क अभियान शुरू किया था कि दिल्ली के पाँच पूर्व गवर्नर्स - डीके अग्रवाल, दीपक तलवार, अजय बुद्धराज, अरुण पुरी और दीपक टुटेजा - के गुट ने उनकी उम्मीदवारी को समर्थन घोषित करने का भरोसा उन्हें दिया है । दरअसल इस भरोसे के बाद ही आनंद दुआ ने अपनी उम्मीदवारी के लिए संपर्क अभियान शुरू किया था । आनंद दुआ के नजदीकियों का कहना/बताना है कि उक्त पाँच पूर्व गवर्नर्स ने आनंद दुआ की उम्मीदवारी का झंडा उठाने का फैसला कर लिया है, और अपने इस फैसले की घोषणा सार्वजनिक करने के लिए वह बस 'उचित समय' का इंतजार कर रहे हैं । 'उचित समय' का इंतजार लेकिन जिस तरह से बढ़ता जा रहा है, उसे 'देख' कर आनंद दुआ की बेचैनी और परेशानी बढ़ने लगी है । उनके नजदीकियों ने भी उनसे पूछना शुरू कर दिया है कि जिन पूर्व गवर्नर्स ने उन्हें समर्थन देने का भरोसा दिया था, वह कहीं उनका पोपट तो नहीं बना रहे हैं । इस गुट का समर्थन पाने के लिए योगेश भसीन द्वारा शुरू की गई कोशिशों को तथा योगेश भसीन की कोशिशों के शुरू होने के बाद गुट के नेताओं के बदले हुए तथा टालमटोल वाले रवैये को देखते हुए आनंद दुआ का माथा ठनका है और वह असमंजस में पड़ गए हैं ।
आनंद दुआ के नजदीकियों के अनुसार, आनंद दुआ की उम्मीदवारी का झंडा उठाने का वायदा करने वाले पूर्व गवर्नर्स अपना वायदा पूरा करने के लिए तैयार तो हैं, लेकिन वह इस बात से डरे हुए भी हैं कि चुनाव की नौबत आने पर आनंद दुआ कहीं मैदान तो नहीं छोड़ जायेंगे - और इस तरह कहीं उनकी फजीहत तो नहीं करा बैठेंगे ? इसी डर के कारण दिल्ली के उक्त पाँच पूर्व गवर्नर्स का गुट वायदा करने के बावजूद आनंद दुआ की उम्मीदवारी को अपने समर्थन की घोषणा करने से अभी बच रहा है । दरअसल सुरेश बिंदल की राजनीतिक चाल और हरियाणा में मची उथल-पुथल ने उन्हें बचाव की मुद्रा में ला दिया है । उल्लेखनीय है कि अभी करीब दस दिन पहले तक दिल्ली में उम्मीदवारों का जो राजनीतिक समीकरण था, वह दिल्ली के उक्त पाँच पूर्व गवर्नर्स के गुट के अनुकूल था । आनंद दुआ और आरके अग्रवाल के रूप में जिन दो उम्मीदवारों को सशक्त उम्मीदवारों के रूप में देखा/पहचाना जा रहा था, वह इस गुट के भरोसे ही आगे कदम बढ़ाने का संकेत दे चुके थे । इस गुट के नेताओं को जिन सुरेश बिंदल से चुनौती मिलने का डर था, उन सुरेश बिंदल ने आरके अग्रवाल की उम्मीदवारी के प्रति अपनी नापसंदगी जाहिर कर दी थी - जिसके बाद उक्त गुट ने आनंद दुआ की उम्मीदवारी को हरी झंडी देने का फैसला कर लिया था । इस फैसले के तहत ही आनंद दुआ को सक्रिय होने की सलाह दी गई, और आनंद दुआ ने भी अपने आप को उम्मीदवार मानते हुए संपर्क अभियान शुरू कर दिया । आनंद दुआ और उन्हें उम्मीदवार बनाने का फैसला करने वाले पाँच पूर्व गवर्नर्स के गुट को विश्वास था कि दिल्ली में कोई भी पूर्व गवर्नर आनंद दुआ की उम्मीदवारी का विरोध नहीं करेगा, और उस स्थिति में कोई दूसरा उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत नहीं करेगा - इसलिए फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए आनंद दुआ को रास्ता पूरी तरह साफ मिलेगा ।
लेकिन सुरेश बिंदल की राजनीतिक चाल ने आनंद दुआ और उनकी उम्मीदवारी का झंडा उठाने को तैयार बैठे पाँच पूर्व गवर्नर्स के गुट की तैयारी को झटका दे दिया । आरके अग्रवाल की उम्मीदवारी के प्रति नापसंदगी जाहिर करने के बावजूद, आरके अग्रवाल की उम्मीदवारी को समर्थन देने के क्लब के फैसले का वास्ता देकर सुरेश बिंदल ने आरके अग्रवाल की उम्मीदवारी का झंडा उठाने का संकेत देकर उक्त गुट को आनंद दुआ की उम्मीदवारी की घोषणा करने से पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया । दरअसल उक्त गुट के नेताओं को यह भरोसा नहीं है कि चुनाव की स्थिति आने पर भी आनंद दुआ उम्मीदवार बने रहेंगे, और चुनाव लड़ने को तैयार होंगे ? आरके अग्रवाल की उम्मीदवारी को लेकर सुरेश बिंदल ने यदि पलटी मारी है, तो इसे एक बड़ी राजनीतिक रणनीति के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । सुरेश बिंदल के चूँकि हरियाणा की राजनीति की कमान सँभाले बैठे केएल खट्टर के साथ नजदीकी संबंध हैं, इसलिए आशंका व्यक्त की जा रही है कि आरके अग्रवाल को लेकर सुरेश बिंदल ने जो चाल चली है - कहीं सुरेश बिंदल और केएल खट्टर की मिलीजुली चाल तो नहीं है ? हरियाणा में हरदीप सरकारिया की उम्मीदवारी को लेकर जो बवाल मचा हुआ है, केएल खट्टर को उसके पीछे दिल्ली के उक्त पाँच सदस्यीय गुट का हाथ दिखता है - इसलिए भी दिल्ली की राजनीति में केएल खट्टर के नाक घुसाने को बदला लेने की करवाई के रूप में देखा/समझा जा रहा है । इससे डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति एक बड़ी लड़ाई की तरफ बढ़ती दिख रही है । दिल्ली के उक्त पाँच सदस्यीय गुट को राजनीतिक लड़ाई लड़ने में तो परहेज नहीं है, राजनीतिक लड़ाई में उसे अपना पलड़ा भारी ही नजर आ रहा है - लेकिन उस लड़ाई के लिए जो 'ईंधन' चाहिए होगा, आनंद दुआ की तरफ से उसकी 'सप्लाई' को लेकर वह आशंकित हैं । इसी आशंका के चलते उन्होंने फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए आनंद दुआ की उम्मीदवारी को समर्थन देने की घोषणा को रोक दिया है ।
आनंद दुआ की उम्मीदवारी का झंडा उठाने को तैयार बैठे दिल्ली के पाँच सदस्यीय गुट के लिए बदकिस्मती की बात यह रही कि हरदीप सरकारिया की उम्मीदवारी को लेकर हरियाणा में जो उबाल आ रहा था, वह ठंडा पड़ता दिख रहा है; पाँच सदस्यीय गुट के नेताओं को उम्मीद थी कि उक्त उबाल के कारण केएल खट्टर उनके सामने समर्पण करेंगे और उनके साथ जुड़ेंगे, केएल खट्टर ने लेकिन सुरेश बिंदल के साथ जुड़ने को महत्ता दी है । इससे दिल्ली के पाँच सदस्यीय गुट को अपनी राजनीति फेल होती हुई नजर आ रही है । मजे की बात यह है कि जमीनी स्थिति अभी भी उनके अनुकूल है; हरियाणा में लोग हरियाणा की लीडरशिप के फैसले के खिलाफ बगावत करने को तैयार बैठे हैं, और इसके लिए दिल्ली के उक्त पाँच सदस्यीय गुट के इशारे का इंतजार कर रहे हैं - दिल्ली में भी बाकी नेताओं के बीच चूँकि बिखराव की स्थिति है, इसलिए इस गुट के पास समर्थन जुटाने का अच्छा मौका है । लेकिन इन नेताओं को ही यह भी लग रहा है कि इस अच्छे मौके को हथियाने/पाने के लिए जो कसरत करना पड़ेगी, वह आनंद दुआ के भरोसे/सहारे नहीं सकती है । ऐसे में, लगता है कि दिल्ली का पाँच सदस्यीय गुट अपने ही बिछाए राजनीतिक जाल में खुद फँस गया है । इस स्थिति में योगेश भसीन को अपने लिए मौका नजर आया है; उन्हें लगा है कि अपने आप को मुसीबत से बचाने/निकालने के लिए दिल्ली का उक्त पाँच सदस्यीय गुट शायद उन्हें ही सहारा बना ले - इसलिए योगेश भसीन ने फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अपनी सक्रियता दिखा/बढ़ा कर अपनी तरफ से सहारा बनने का संकेत दे दिया है । योगेश भसीन की सक्रियता ने आनंद दुआ तथा उनके नजदीकियों को और चिंतित कर देने के साथ-साथ डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के ताने-बाने को और दिलचस्प बना दिया है ।

Monday, December 4, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की उम्मीदवारी के लिए आरके अग्रवाल और आनंद दुआ के बीच चल रही होड़ में हालात बदलने के बाद भी असमंजसता अभी बनी हुई है

नई दिल्ली । सुरेश बिंदल द्वारा आरके अग्रवाल की उम्मीदवारी का झंडा उठा लेने तथा आनंद दुआ द्वारा अपनी उम्मीदवारी के लिए संपर्क अभियान शुरू कर देने से डिस्ट्रिक्ट में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए गहमागहमी बढ़ भी गई है और थोड़ा उलझ भी गई है - इस उलझन में अपनी अलग अलख जलाए बैठे आरके शाह के लिए भी मौका बनता नजर आने लगा है । उल्लेखनीय है कि अभी तक फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की सर्वसम्मत उम्मीदवारी को लेकर दिल्ली में ऊपरी तौर पर तो अनिश्चितता नजर आ रही थी, लेकिन भीतर ही भीतर आरके अग्रवाल और आनंद दुआ के बीच होड़ भी छिड़ी हुई थी । आरके अग्रवाल का समर्थन करने वाले तो कई थे, लेकिन सुरेश बिंदल के विरोध के चलते उनके नाम पर पूर्ण सहमति बनने में दिक्कत आती दिख रही थी; आनंद दुआ के नाम पर विरोध करने वाला तो कोई नहीं था, लेकिन उनकी सक्रियता के अभाव में उनका नाम आगे बढ़ाने वाला - यानि उनकी जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं था । आनंद दुआ को एक आदर्श उम्मीदवार के रूप में तो देखा/पहचाना जा रहा था, लेकिन उन्हें व्यावहारिक उम्मीदवार के रूप में स्वीकार नहीं किया जा पा रहा था । इसका एक बड़ा कारण यह था कि वह खुद अपनी उम्मीदवारी को लेकर कोई उत्साह नहीं दिखा रहे थे । उनके नजदीकियों का कहना/बताना था कि आनंद दुआ उम्मीदवार तो बनना चाहते हैं, लेकिन वह किसी नेता से यह कहना नहीं चाहते हैं - क्योंकि वह जानते हैं कि वह यदि अपनी उम्मीदवारी के लिए पहल करेंगे और नेताओं से समर्थन मागेंगे, तो उम्मीदवार के रूप में उन्हें पैसे खर्च करने पड़ेंगे; वह लेकिन 'मुफ्त' में गवर्नर बनना चाहते हैं । इस चक्कर में कोई भी नेता आनंद दुआ की उम्मीदवारी का झंडा उठाने के लिए तैयार नहीं हुआ । आरके अग्रवाल और आनंद दुआ के बीच उलझे मामले को उलझा हुआ छोड़ कर नेताओं ने कोई और उम्मीदवार खोजने की कोशिश भी की, लेकिन जो मिला नहीं ।
इस बीच हालात ने पलटा खाया । आरके अग्रवाल की उम्मीदवारी का विरोध कर रहे सुरेश बिंदल ने अंततः मन बदला और आरके अग्रवाल की उम्मीदवारी का झंडा उठा लिया । इससे आरके अग्रवाल का पलड़ा भारी होता हुआ नजर आया, तो आनंद दुआ ने भी 'किसी से न कहने' की जिद छोड़ी और अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के लिए निकल पड़े । हालात बदलने के बाद भी नतीजा लेकिन अभी भी उलझन भरा ही है और नेताओं के लिए किसी भी नतीजे पर पहुँचना मुश्किल बना हुआ है । एक पूर्व गवर्नर का कहना है कि किसी उम्मीदवार पर सर्वसम्मति बनाने के लिए कोई पहल नहीं करना चाहता है । नेताओं की स्थिति की सच्चाई दरअसल इसी बात में छिपी हुई है । इस बात से लग रहा है कि नेताओं ने अपने अपने उम्मीदवार तो चुन लिए हैं, लेकिन वह अपने अपने उम्मीदवारों पर भरोसा नहीं कर रहे हैं  इसलिए वह अपने उम्मीदवार के साथ आगे नहीं बढ़ना चाहते हैं । असल में, आरके अग्रवाल और आनंद दुआ में से किसी ने भी यह संकेत नहीं दिए हैं कि उनके नाम पर नेताओं के बीच यदि सर्वसम्मति नहीं बनी - तो भी वह किसी एक खेमे के भरोसे ही उम्मीदवार बनने को तैयार हैं । इसलिए उनके समर्थक नेता उनके नाम पर ज्यादा आगे बढ़ने को तैयार नहीं हैं, और मामला जहाँ का तहाँ ही अटका पड़ा है । सुरेश बिंदल की चंद्र शेखर मेहता के साथ अच्छी बनती है; समझा जाता है कि चंद्र शेखर मेहता ने हरियाणा में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए हरदीप सरकारिया के नाम पर मोहर लगवाने से पहले सुरेश बिंदल सहित दिल्ली के दो-तीन अन्य नेताओं को विश्वास में ले लिया था - इससे एक संभावना यह बन रही है कि सुरेश बिंदल दिल्ली में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए आरके अग्रवाल का नाम घोषित करवा लें । हालाँकि कइयों को इस बात पर शक भी है कि दिल्ली में सुरेश बिंदल की ऐसी स्थिति है कि वह अपनी बात मनवा लें, इसलिए शक यही है कि दिल्ली में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए जो भी उम्मीदवार 'घोषित' होगा - वह वास्तव में एक खेमे का ही होगा, और दूसरे नेता तो उसे मजबूरी में ही समर्थन देंगे ।
इस स्थिति ने आरके शाह के लिए उम्मीदों के द्वार खोल दिए हैं । उल्लेखनीय है कि आरके शाह अकेले ऐसे उम्मीदवार हैं जो अपनी उम्मीदवारी के लिए डटे हुए हैं और उसके लिए समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं । समर्थन जुटाने की आरके शाह की कोशिशें हालाँकि अभी तक सफल नहीं हो सकी हैं, लेकिन जमीनी हालात उनके लिए अनुकूल बनते दिख रहे हैं । दरअसल हरियाणा में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए हरदीप सरकारिया का जिस मनमाने तरीके से चयन हुआ है, और जिसके चलते हरियाणा में लोग लीडरशिप के खिलाफ हो गए दिख रहे हैं - उसमें आरके शाह के लिए समर्थन बनने जैसे हालात छिपे नजर आ रहे हैं । हरियाणा में कई लोग लीडरशिप के नाम पर 'चार लोगों की मनमानी' के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए सुने जा रहे हैं । दिल्ली में भी, फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए यदि 'सचमुच' सर्वसम्मति नहीं बनी, तो विरोधी नेता आरके शाह की उम्मीदवारी को समर्थन दे सकते हैं । आरके शाह के रवैये से यह तो तय ही माना जा रहा है कि फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए दिल्ली में दो उम्मीदवार तो होंगे ही, जिसके चलते हरियाणा की लीडरशिप पर दबाव होगा कि वह अपना ध्यान 'अपने' उम्मीदवार पर ही दे, और दिल्ली के झगड़े के पचड़े में न पड़े । यह स्थिति आरके शाह के अनुकूल बैठती है । स्थिति तो अनुकूल बैठी नजर आ रही है, लेकिन इस अनुकूल स्थिति को मैनेज करने तथा वोट में बदलने के लिए प्रेरित करने का काम आरके शाह कर पायेंगे या नहीं - यह सवाल जरूर लोगों को असमंजस में डाले हुए है । जाहिर है कि हालात साफ/स्पष्ट होने के लिए अभी थोड़ा और इंतज़ार करना पड़ेगा ।

Saturday, December 2, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में पूर्व गवर्नर चंद्र शेखर मेहता की दिल्ली के लीडर्स के समर्थन के भरोसे सुरेश जिंदल और पुनीत बंसल का पत्ता कटवा कर हरदीप सरकारिया को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का उम्मीदवार बनवा लेने की कार्रवाई पर हरियाणा में नाराजगी और विरोध

सिरसा । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए हरदीप सरकारिया को उम्मीदवार घोषित करने के साथ ही हरियाणा लायंस फोरम में बिखराव और टकराव के संकेत मिलने शुरू हो गए हैं । उल्लेखनीय है कि हरियाणा लायंस फोरम की मीटिंग में ही हरदीप सरकारिया को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार चुना गया है, लेकिन इस फैसले के सार्वजनिक होने के साथ ही हरियाणा के लायंस सदस्यों की तरफ से न सिर्फ इस फैसले की आलोचना होने लगी है, बल्कि हरियाणा लायंस फोरम के सांगठनिक स्वरूप पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं । इस फैसले को लेकर सुरेश जिंदल और पुनीत बंसल के नजदीकियों व समर्थकों में गहरी नाराजगी है - और इनकी तरफ से हरदीप सरकारिया को उम्मीदवार बनाए जाने के फैसले को पक्षपातपूर्ण बताया जा रहा है । दिलचस्प नजारा यह देखने को मिल रहा है कि हरदीप सरकारिया के समर्थकों की तरफ से फैसले के विरोध में उठ रही आवाज़ों को दिल्ली के लायन नेताओं की शह और प्रेरणा के रूप में देखा/पहचाना और बताया जा रहा है । हरदीप सरकारिया के समर्थकों की तरफ से कहा/बताया जा रहा है कि दिल्ली के लायन लीडर्स हरियाणा में भी अपना दखल बनाए रखना चाहते हैं, और इसलिए वह नहीं चाहते हैं कि हरियाणा में लायंस सदस्यों के बीच एकता स्थापित हो - और इसीलिए वह हरदीप सरकारिया के नाम पर बनी एकता को तोड़ने की कोशिशों में जुट गए हैं । हालाँकि हरियाणा के ही कई नेताओं का मानना/कहना है कि दिल्ली के लायन लीडर्स का नाम लेकर हरदीप सरकारिया की उम्मीदवारी तय करने के मनमाने और पक्षपातपूर्ण फैसले को सही नहीं ठहराया जा सकता और हरियाणा की एकता के नाम पर इस फैसले को हरियाणा के लायंस सदस्यों के सिर जबर्दस्ती नहीं थोपा जा सकता है ।
उल्लेखनीय है कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए हरियाणा में सुरेश जिंदल और पुनीत बंसल के नाम चर्चा में थे । सुरेश जिंदल और उनके समर्थकों का तर्क था कि वह चूँकि एक बार चुनाव लड़ चुके हैं, इसलिए अब जब मौका आया है तब उन्हें उम्मीदवार होना चाहिए और पिछली बार जो चंद्रशेखर मेहता और केएल खट्टर जैसे पूर्व गवर्नर्स उन्हें सफलता नहीं दिलवा सके थे, उन्हें इस बार उनकी उम्मीदवारी की वकालत करना चाहिए । पुनीत बंसल पिछले दो-तीन वर्षों की अपनी निरंतर सक्रियता के भरोसे अपनी उम्मीदवारी का दावा ठोक रहे थे । उनका और उनके समर्थकों का कहना रहा कि डिस्ट्रिक्ट को इस समय ऐसे लीडर की जरूरत है, जिसका लोगों के बीच संपर्क और संलग्नता है -  इसलिए पुनीत बंसल ही उपयुक्त उम्मीदवार हो सकते हैं । इन दोनों की दावेदारी के बीच एक बात यह भी लोगों के बीच सुनी/कही जा रही थी कि पूर्व गवर्नर चंद्र शेखर मेहता किसी भी कीमत पर पुनीत बंसल को तो उम्मीदवार नहीं बनने देंगे । इस बात से सुरेश जिंदल और उनके समर्थकों को अपनी दाल गलती हुई दिख रही थी । लेकिन चंद्र शेखर मेहता ने अचानक से हरदीप सरकारिया का नाम आगे बढ़ा कर सुरेश जिंदल की दाल को गलने से पहले ही बिखेर देने का काम कर दिया । हरदीप सरकारिया का नाम आगे बढ़ा कर चंद्र शेखर मेहता ने पुनीत बंसल का शिकार करने के लिए घेराबंदी की । पुनीत बंसल की यह घेराबंदी करने के बाद भी उन्हें डर था कि दिल्ली के लायन लीडर्स पुनीत बंसल को शह और समर्थन देकर यदि उम्मीदवार बना/बनवा देते हैं, तब फिर उनके लिए मुसीबत हो जाएगी । वह भी मानते/जानते हैं कि चुनाव की नौबत यदि आई तो पुनीत बंसल और या सुरेश जिंदल के सामने हरदीप सरकारिया का टिक पाना मुश्किल क्या असंभव ही होगा ।
ऐसे में, हरदीप सरकारिया के जरिए पुनीत बंसल को 'ठिकाने' लगाने के लिए चंद्र शेखर मेहता को दिल्ली के लीडर्स के समर्थन की जरूरत थी । वह जान/समझ रहे थे कि दिल्ली के लीडर्स के समर्थन के बिना पुनीत बंसल या सुरेश जिंदल के लिए उम्मीदवार बनना असंभव होगा । चंद्र शेखर मेहता ने दिल्ली के लीडर्स का मूड भाँपने की जो कोशिश की, उसमें उन्हें यह जान/देख कर राहत मिली कि दिल्ली के हर प्रभावी लीडर ने उन्हें आश्वस्त किया कि हरियाणा को लेकर वह जो फैसला करेंगे, वह उन्हें मान्य होगा । दिल्ली के लायन लीडर्स से आश्वासन मिलने के बाद चंद्र शेखर मेहता निश्चिन्त हो गए और फिर उन्होंने सुरेश जिंदल को इग्नोर करके तथा पुनीत बंसल को फुसला करके हरदीप सरकारिया की उम्मीदवारी के नाम पर मोहर लगवा ली । हरियाणा लायंस फोरम के फैसले का दिलचस्प पक्ष यह है कि उसे फैसला अभी होने वाले सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए करना था, लेकिन उसने हरियाणा से अगले उम्मीदवार बारे में भी फैसला कर डाला । चंद्र शेखर मेहता ने पुनीत बंसल को फुसलाने के लिए उनसे वायदा कर दिया है कि हरियाणा का अगला नंबर जब आएगा, तब वह उनकी उम्मीदवारी को समर्थन देंगे - और इस वायदे के आधार पर हरियाणा लायंस फोरम ने अपने अगले उम्मीदवार के रूप में पुनीत बंसल के नाम की घोषणा कर दी है । यह कुछ कुछ ऐसा ही मामला है जैसे रोते बच्चे को चुप करवाने के लिए उसे झुनझुना पकड़ा दिया जाता है । पुनीत बंसल की भी मजबूरी है कि अगले उम्मीदवार रूपी झुनझुने को लेकर वह शांत हो जाएँ ।
हरदीप सरकारिया को उम्मीदवारी चुनने/बनाने के फैसले पर पुनीत बंसल और सुरेश जिंदल के समर्थकों व नजदीकियों के बीच तुरंत से जो नाराजगी देखने/सुनने को मिली है, वह हरदीप सरकारिया की उम्मीदवारी के लिए अभी तो कोई संकट बनती नहीं दिख रही है - दरअसल इसीलिए हरदीप सरकारिया के समर्थकों ने तुरंत से जबावी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के लायन लीडर्स को निशाने पर ले लिया है । इसके जरिए उनकी कोशिश वास्तव में दिल्ली के लायन लीडर्स को हरियाणा से दूर करने/रखने की है । अपनी इस कोशिश में अभी वह सफल भी नजर आ रहे हैं । दिल्ली के लायन लीडर्स ने हरियाणा लायंस फोरम के फैसले का स्वागत ही किया है । लेकिन डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों का मानना/कहना है कि यह 'स्वागत' तभी तक है, जब तक कि फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए दिल्ली वाले एक उम्मीदवार का चयन नहीं कर लेते हैं । राजनीति जानने/समझने वाले लोगों को लगता है कि दिल्ली में भी यदि एकमत से किसी उम्मीदवार के बारे में फैसला हो गया, तब तो बबाल नहीं होगा और हरदीप सरकारिया को कोई चुनौती नहीं मिलेगी । लेकिन यदि दिल्ली में दो उम्मीदवार हो गए, जिनके पीछे दो खेमे बने - तब हरियाणा की राजनीति में भी पलटी लगेगी । क्योंकि तब चंद्र शेखर मेहता के सामने किसी एक उम्मीदवार और उसके खेमे को समर्थन देने की मजबूरी पैदा होगी, और तब दूसरा खेमा हरियाणा में किसी दूसरे उम्मीदवार को शह और समर्थन दे देगा । हरियाणा में भी और दिल्ली में भी हर कोई जानता/समझता है कि हरियाणा में यदि दो उम्मीदवार हुए और चुनाव की नौबत आई तो हरदीप सरकारिया के लिए मामला खासा मुश्किल हो जाएगा । वास्तव में इसीलिए हरियाणा लायंस फोरम में उम्मीदवारी के लिए हरी झंडी मिल जाने के बाद भी हरदीप सरकारिया के लिए रास्ता अभी भी पूरी तरह क्लियर नहीं हुआ है ।

Friday, October 20, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री की चुनावी राजनीति में सीमेंट की एजेंसी दिलवाने की बात को मुद्दा बना कर सुरेश बिंदल क्या सचमुच संकरन जयरमन की उम्मीदवारी को केएल खट्टर का समर्थन दिलवा सकेंगे ?

नई दिल्ली । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की उम्मीदवारी के मामले में विपिन शर्मा को पीछे हटता देख सुरेश बिंदल ने संकरन जयरमन की उम्मीदवारी को हवा दी है, और दावा करना शुरू किया है कि केएल खट्टर अपना और हरियाणा के दूसरे पूर्व गवर्नर्स का समर्थन संकरन जयरमन को दिलवायेंगे । सुरेश बिंदल के दावे के अनुसार तो उनकी केएल खट्टर से इस बारे में बात भी हो गई है, और उनसे आश्वासन मिलने के बाद ही वह जयरमन की उम्मीदवारी को लेकर आगे बढ़े हैं । अपने दावे को विश्वसनीय बनाने/दिखाने के लिए सुरेश बिंदल ने तर्क भी जोरदार दिया है और वह यह कि केएल खट्टर को जेके सीमेंट की एजेंसी जयरमन के कारण ही मिली है, इसलिए केएल खट्टर उस अहसान का बदला चुकाने के लिए क्या इतना भी नहीं करेंगे ? सुरेश बिंदल का दावा भले ही है, लेकिन केएल खट्टर के लिए सीमेंट की एजेंसी मिलने के अहसान के ऐवज में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए जयरमन की उम्मीदवारी का सचमुच समर्थन करना और दूसरे नेताओं से भी समर्थन दिलवाना आसान नहीं होगा ।
दरअसल केएल खट्टर के लिए प्राथमिकता सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए हरियाणा से 'अपना' उम्मीदवार तय करने - और उसे जितवाने की है । हरियाणा में लोगों के बीच की चर्चाओं के अनुसार, केएल खट्टर की पसंद तो सुरेश जिंदल हैं - लेकिन वहाँ 'दम' पुनीत बंसल में नजर आ रहा है । ऐसे में, केएल खट्टर के सामने दिल्ली के ऐसे उम्मीदवार का समर्थन करने की मजबूरी आएगी, जिसके समर्थक नेता सुरेश जिंदल को 'जितवा' सकते हों । सुरेश बिंदल पर तो केएल खट्टर को भरोसा नहीं है; उन्हें दूर दूर तक यह उम्मीद नहीं है कि सुरेश जिंदल दिल्ली में सुरेश जिंदल को इतना समर्थन दिलवा सकेंगे कि सुरेश जिंदल की चुनावी नैय्या पार हो जाए । केएल खट्टर को इस बारे में यदि जरा सी भी उम्मीद होती तो सुरेश बिंदल के साथ उनका 'समझौता' हो गया होता और सुरेश बिंदल को अकेले ही दावा नहीं करना पड़ता । जयरमन की उम्मीदवारी के संदर्भ में सुरेश जिंदल के दावे पर चूँकि केएल खट्टर ने ही चुप्पी साधी हुई है, इसलिए उनका दावा लोगों के बीच संदेहास्पद ही बना हुआ है ।
सुरेश बिंदल के लिए मुसीबत की बात यह बनी हुई है कि विपिन शर्मा ने अपनी उम्मीदवारी को अभी पूरी तरह से वापस नहीं लिया है, और वह पुनर्वापसी के मौके की तलाश में हैं । उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों रामलीला के एक आयोजन में पूर्व गवर्नर्स के सम्मान का जो एक कार्यक्रम उन्होंने रखा था, उसके फ्लॉप होने पर विपिन शर्मा को यह बात तो अच्छे से समझ में आ गई थी कि सुरेश बिंदल के भरोसे तो वह गवर्नर नहीं बन सकेंगे - और इसीलिए उन्होंने अपनी उम्मीदवारी से पीछे हटने के संकेत दे दिए थे । डिस्ट्रिक्ट के चुनावी महाभारत में पाँच पाँडवों वाली भूमिका निभा रहे डीके अग्रवाल, दीपक तलवार, अजय बुद्धराज, अरुण पुरी और दीपक टुटेजा ने उक्त कार्यक्रम का बहिष्कार करके यह स्पष्ट संकेत दे दिया था कि सुरेश बिंदल के उम्मीदवार के रूप में विपिन शर्मा को वह कतई कोई तवज्जो नहीं देंगे । विपिन शर्मा ने भी उनके इस संकेत को 'सम्मान' देते हुए 'जता' दिया कि उनसे तवज्जो नहीं मिलने की सूरत में वह भी उम्मीदवार नहीं बनेंगे । विपिन शर्मा के नजदीकियों का कहना है कि उनके इस 'रिएक्शन' को पाँडवों वाली टीम ने सकारात्मक तरीके से लिया है, और उनकी तरफ से विपिन शर्मा को संदेश भिजवाया गया है कि उन्हें विपिन शर्मा से कोई समस्या नहीं है । इस बात से विपिन शर्मा को उम्मीद बनी है कि वह यदि फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में पाँडवों वाली टीम का समर्थन जुटा लें, तो फिर सुरेश बिंदल को भी अपनी उम्मीदवारी के लिए राजी कर ही लेंगे ।
पाँडवों वाली टीम का समर्थन जुटाने के लिए आरके शाह और राजीव अग्रवाल भी प्रयास कर रहे हैं । पूर्व गवर्नर राजिंदर बंसल के 'आदमी' के रूप में देखे/पहचाने जाने के कारण आरके शाह दिल्ली और हरियाणा के नेताओं के बीच फुटबॉल बने हुए हैं - दिल्ली के नेता उनसे कह रहे हैं कि पहले राजिंदर बंसल के जरिए हरियाणा के नेताओं का समर्थन घोषित करवाओ, उधर हरियाणा के नेता कह रहे हैं कि पहले दिल्ली में तो अपने लिए समर्थन घोषित करवाओ । नेताओं के इस रवैये से तंग आकर ही आरके शाह ने घोषित कर दिया है कि उन्हें चाहें किसी का भी समर्थन न मिले, वह तो उम्मीदवार बनेंगे ही । चुनावी नजरिये से सबसे अनुकूल स्थिति राजीव अग्रवाल की समझी जा रही है, हालाँकि इस अनुकूल स्थिति में भी उनके लिए आश्वस्त और सुरक्षित होने वाला मौका अभी नहीं बन सका है - और उनकी अनुकूल स्थिति पर तलवार लगातार लटकी हुई भी है । दरअसल तमाम अनुकूल स्थिति के बावजूद राजीव अग्रवाल अपना कोई 'वकील' तैयार नहीं कर सके हैं, जो नेताओं के बीच उनकी उम्मीदवारी की जोरशोर से वकालत करे । स्थितियाँ फिलहाल राजीव अग्रवाल के अनुकूल हैं, लेकिन बनते/बिगड़ते समीकरणों के बीच कौन जानता है कि स्थितियाँ कब पलटी मार जाएँ ? राजीव अग्रवाल के लिए तो मुसीबत व चुनौती की बात यह हुई है कि उनके 'क्षेत्र' से ही दो दो और उम्मीदवार मैदान में हैं, जो दिख भले ही कमजोर रहे हों - लेकिन चुनावी समीकरणों को बनाने/बिगाड़ने का काम तो कर ही सकते हैं ।