Showing posts with label Rotary Vardan Blood Bank. Show all posts
Showing posts with label Rotary Vardan Blood Bank. Show all posts

Thursday, July 27, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के जेके गौड़, मुकेश अरनेजा, सतीश सिंघल जैसे पदाधिकारियों और नेताओं के निकम्मेपन और भ्रष्टाचार का स्मारक बने रोटरी वरदान ब्लड बैंक के उद्घाटन अवसर को उनकी छाया से भी बचाया गया

गाजियाबाद । रोटरी वरदान ब्लड बैंक का उद्घाटन रोटरी के पदाधिकारियों और सदस्यों की अनुपस्थिति में आज हो गया । रोटरी के पदाधिकारियों और सदस्यों की अनुपस्थिति का कारण यह रहा कि उन्हें आज हुए उद्घाटन कार्यक्रम की हवा भी नहीं लग सकी थी - और उन्हें पूरी तरह दरकिनार कर ब्लड बैंक का उद्घाटन कर लिया गया । रोटरी के पैसे से वरदान हॉस्पिटल में बने ब्लड बैंक के उद्घाटन अवसर से रोटरी के पदाधिकारियों और सदस्यों को ही दूर रख कर - उनका जो सार्वजनिक अपमान किया गया, वह समाज में रोटरी पदाधिकारियों और सदस्यों की 'औकात' का एक उदाहरण भी है । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि वरदान हॉस्पिटल में रोटरी क्लब्स प्रोजेक्ट के नाम पर प्रायः पैसे देते रहते हैं; करीब सवा करोड़ रुपए के खर्चे से लगने वाले ब्लड बैंक को लगाने के लिए भी वरदान हॉस्पिटल को चुना गया - लेकिन वरदान हॉस्पिटल के पदाधिकारियों ने ब्लड बैंक के उद्घाटन अवसर पर रोटरी पदाधिकारियों और सदस्यों को कोई तवज्जो देने की जरूरत तक नहीं समझी । मजेदार दृश्य यह देखने में आ रहा है कि उपेक्षा के अपमान से तिलमिलाए रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3012 के पदाधिकारी और सदस्य तो वरदान हॉस्पिटल के पदाधिकारियों को कोसने में लगे हैं; लेकिन वरदान के पदाधिकारियों का कहना है कि रोटरी के पदाधिकारियों के भरोसे रहते तो ब्लड बैंक कभी उद्घाटित न हो पाता ।
उल्लेखनीय है कि रोटरी ग्लोबल ग्रांट नंबर 1527923 के तहत एक लाख 90 हजार डॉलर से अधिक रकम की लागत वाले रोटरी वरदान ब्लड बैंक की रूपरेखा रोटरी क्लब साहिबाबाद, रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर और रोटरी क्लब गाजियाबाद इंडस्ट्रियल टाउन ने संजय खन्ना के गवर्नर-काल में तैयार की थी; जिसे जेके गौड़ के गवर्नर-काल में पूरा होना था । जेके गौड़ ने अपने गवर्नर-काल की 10 फरवरी को रोटरी इंटरनेशनल के तत्कालीन प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन के हाथों इसका उद्घाटन करवाने की योजना भी बना ली थी । लेकिन ब्लड बैंक की आड़ में 'लूट के बँटवारे' को लेकर ब्लड बैंक का काम देख रहे जेके गौड़ तथा उनके साथियों और डीआरएफसी के रूप में मुकेश अरनेजा के बीच जो झगड़ा फैला, तो फिर उसे सँभलते सँभलते ब्लड बैंक का काम पिछड़ता ही गया । झगड़े के फैलने और सँभलने के बीच ही आरोप सुनाई दिए कि इस ब्लड बैंक की आड़ में इसके काम से जुड़े रोटरी नेताओं ने 45 लाख रुपए से ज्यादा की रकम हड़प कर अपनी अपनी अंटी में कर ली है । रकम हड़प लेने के बाद रोटरी नेताओं और पदाधिकारियों ने इस ब्लड बैंक में दिलचस्पी लेना ही बंद कर दिया ।
वरदान हॉस्पिटल से जुड़े लोगों ने ब्लड बैंक से जुड़े रोटरी पदाधिकारियों से बार बार गुजारिश की कि वह इसका काम पूरा करें/करवाएँ, ताकि यह चालू हो सके - रोटरी पदाधिकारी लेकिन तरह तरह की बहानेबाजियों से उनकी गुजारिश को अनसुना करते रहे । इस कारण लाइसेंस लेने का काम भी काफी पिछड़ गया । रोटरी पदाधिकारियों ने उचित समय से - और जल्दी से जल्दी ब्लड बैंक का काम करने/करवाने में तो दिलचस्पी नहीं ली, लेकिन एक दूसरे पर दोषारोपण करने में उन्होंने अपनी काफी एनर्जी लगाई । जेके गौड़ और मुकेश अरनेजा के साथ साथ सतीश सिंघल भी आरोपों की चपेट में आए और उन पर आरोप लगा कि वह इस ब्लड बैंक पर कब्ज़ा करने की फ़िराक में हैं, ताकि इसकी कमाई भी हड़पने का मौका उन्हें मिले । रोटरी पदाधिकारियों के निकम्मेपन और लूट खसोट की जुगाड़ में रहने की 'सोच' को देखते हुए वरदान हॉस्पिटल वालों को समझ में आ गया कि रोटरी वरदान ब्लड बैंक को यदि बचाना और चलाना है, तो उन्हें खुद ही इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी । लिहाजा, बाकी बचे जरूरी कामों को उन्होंने खुद ही पूरा किया/करवाया । वरदान हॉस्पिटल के पदाधिकारियों ने रोटरी वरदान ब्लड बैंक के उद्घाटन अवसर से ब्लड बैंक की योजना से जुड़े तथा इसके लिए रकम देने/दिलवाने वाले रोटरी पदाधिकारियों को दूर रखने का काम इसीलिए किया, ताकि रोटरी पदाधिकारी इसकी कमाई में हिस्सा माँगने/लूटने के लिए तैयार न हो जाएँ ।
रोटरी वरदान ब्लड बैंक रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3012 के जेके गौड़, मुकेश अरनेजा, सतीश सिंघल जैसे पदाधिकारियों और नेताओं के निकम्मेपन और भ्रष्टाचार का एक ऐसा स्मारक है, जिसके उद्घाटन अवसर को उनकी छाया से भी बचाने की कोशिश की गयी है - और इस तरह से इन्हें इनकी 'असली पहचान' से परिचित कराया गया ।

Saturday, April 16, 2016

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट के रूप में स्थापित होने वाले रोटरी वरदान ब्लड बैंक के घपले के लिए अजय सिन्हा व जेएस शेरावत के साथ-साथ अशोक अग्रवाल को भी जिम्मेदार 'दिखाने/बताने' के रवैये के चलते जेके गौड़ का मतलबी व अवसरवादी रूप सामने आया

गाजियाबाद । रोटरी वरदान ब्लड बैंक के घपले में अशोक अग्रवाल, अजय सिन्हा व जेएस शेरावत को 'दागी' बना/दिखा कर जेके गौड़ ने जिस तरह 'अकेला' छोड़ दिया है, उससे जेके गौड़ का अवसरवादी रूप एक बार फिर सामने आया है । उल्लेखनीय है कि रोटरी वरदान ब्लड बैंक की आड़ में कमाई करने की तैयारी कर चुके जेके गौड़ ने जब अपने आप को चारों तरफ से घिरा पाया, और वह ब्लड बैंक के लिए प्रस्तावित मशीनों की कीमत को एक लाख 70 हजार डॉलर से घटा कर मात्र एक लाख डॉलर पर ले आने के लिए मजबूर हुए; और इस तरह 70 हजार डॉलर, यानि 45 लाख रुपए से अधिक की रकम डकार जाने का उनका 'इंतजाम' फेल हो गया - तो सवाल खड़ा हुआ कि इस 'लूट' का इंतजाम करने के लिए किसे जिम्मेदार ठहराया जाए और किसे सजा दी जाए ? डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में जेके गौड़ ने रोटरी वरदान ब्लड बैंक की कमेटी से अशोक अग्रवाल, अजय सिन्हा व जेएस शेरावत को बाहर करके यह साफ संदेश दिया है कि 45 लाख रुपए की रकम फर्जीवाड़ा करके डकारे जाने की 'योजना' इन तीनों ने ही बनाई थी, और सजा के तौर पर इन्हें कमेटी से बाहर कर दिया । मजे की बात यह है कि जिस कमेटी ने ब्लड बैंक के नाम पर 45 लाख रुपए की हेराफेरी करने की योजना बनाई थी, उसके मुख्य कर्ताधर्ता तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट शरत जैन व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी सतीश सिंघल थे - इस योजना को 'सफल' बनाने के दाँव-पेंच डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में खुद जेके गौड़ चल रहे थे; लेकिन जब जिम्मेदारी तय करने का समय आया तो जेके गौड़ ने बदनामी का दाग अशोक अग्रवाल, अजय सिन्हा व जेएस शेरावत पर लगा दिया ।
जेके गौड़ का कहना है कि डीआरएफसी के रूप में मुकेश अरनेजा ने उनसे इन तीनों को कमेटी से बाहर करने की माँग की थी, जिसे मानने के लिए वह मजबूर हुए । डीआरएफसी के रूप में मुकेश अरनेजा तो लेकिन ब्लड बैंक के लिए खरीदी जाने वाली मशीनों की खरीद से संबंधित डिटेल्स देने की माँग कर रहे थे - जिसे मानने व पूरा करने में जेके गौड़ ने कभी भी दिलचस्पी नहीं ली, और तरह तरह की बहानेबाजी करके वह जिसे लगातार अनसुना करते रहे तथा उससे बचने की तिकड़में लगाते रहे । इस चक्कर में उन्होंने अपने गवर्नर-काल में डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट के रूप में स्थापित होने वाले ब्लड बैंक का उद्घाटन इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन से करवाने की महत्वाकांक्षी तैयारी तक को धूल में मिल जाने दिया । ऐसे में सवाल यह है कि मुकेश अरनेजा की माँग मानने की बजाए, रोटरी में और शहर/समाज में अपना नाम बनाने/दिखाने के मौके की बलि चढ़ाने के लिए तैयार हो जाने वाले जेके गौड़ - इस बार तीन लोगों को कमेटी से बाहर करने की मुकेश अरनेजा की माँग मानने के लिए मजबूर क्यों हो गए ? जो हुआ, उससे लोगों को प्रथम दृष्टया यही लगा कि ब्लड बैंक के लिए खरीदी जाने वाली मशीनों की आड़ में जेके गौड़ ने हेराफेरी की जो योजना बनाई थी, उसके आरोपों से खुद को बचाने के लिए जेके गौड़ ने अशोक अग्रवाल, अजय सिन्हा व जेएस शेरावत को फँसा दिया - और इसका आरोप भी वह मुकेश अरनेजा के सिर मढ़ने का प्रयास कर रहे हैं । इस मामले में लोगों को हैरानी इस बात पर है कि जेके गौड़ ने अशोक अग्रवाल तक का भी कोई लिहाज नहीं किया और ब्लड बैंक की 'लूट' के लिए उन्होंने अशोक अग्रवाल को भी 'जिम्मेदार' बताने/दिखाने से परहेज नहीं किया ।
अजय सिन्हा व जेएस शेरावत के साथ जेके गौड़ ने जो किया, उसे लेकर किसी को कोई हैरानी नहीं है - किंतु अशोक अग्रवाल को भी उन्होंने अजय सिन्हा व जेएस शेरावत के साथ 'खड़ा' दिया, यह जरूर लोगों के लिए हैरानी की बात है । जेके गौड़ ने यूँ तो बहुत से लोगों के साथ 'यूज एंड थ्रो' वाला फार्मूला अपनाया है, किंतु अशोक अग्रवाल के साथ भी वह अपना यह फार्मूला अपनायेंगे - इसका किसी को विश्वास तो क्या, आभास तक नहीं था । जो लोग जेके गौड़ के प्रति दुर्भावना रखते रहे हैं, उनका भी मानना और कहना रहा कि जैसे डायन के पड़ोस का एक घर छोड़ने की बात मानी/कही जाती रही है - ठीक उसी तर्ज पर जेके गौड़ भी अशोक अग्रवाल को 'छोड़े' रखेंगे । किंतु अब जब मौका आया, तो पता चला कि जेके गौड़ ने अशोक अग्रवाल को भी नहीं छोड़ा । अशोक अग्रवाल के साथ किए गए व्यवहार ने जेके गौड़ के 'असली चरित्र' को उद्घाटित किया है । उल्लेखनीय है कि जेके गौड़ आज रोटरी में जो कुछ भी हैं, उसमें अशोक अग्रवाल का बहुत बड़ा रोल है - सिर्फ बड़ा ही नहीं, प्रमुख व निर्णायक रोल है । जेके गौड़ जब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार थे, तब भी; और अब जब जेके गौड़ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हैं, तब भी अशोक अग्रवाल उनके साथ जिस तरह से कंधे से कंधा मिला कर खड़े रहे हैं - डिस्ट्रिक्ट में व रोटरी में वैसा दूसरा उदाहरण मिलना मुश्किल क्या, असंभव ही है । जो लोग अशोक अग्रवाल को नजदीक से जानते/पहचानते हैं, वह भी इस बात पर हैरान रहे हैं कि अशोक अग्रवाल तो किसी को कुछ न समझें, फिर वह जेके गौड़ के साथ इस हद तक इन्वॉल्व कैसे हो गए ? जेके गौड़ और अशोक अग्रवाल के दूसरों के साथ भले ही कैसे भी संबंध रहे हों, और अपने अपने व्यवहार व रवैये के चलते दोनों चाहें कितने ही बदनाम रहे हों - लेकिन एक दूसरे के साथ निभाने के मामले में दोनों ने ही अपने नजदीकियों व जानने वालों को हैरान ही किया ।
लेकिन जेके गौड़ ने अंततः दिखा/बता दिया है कि उनका 'चरित्र' बिलकुल भी नहीं बदला है और अशोक अग्रवाल भी उनके लिए दूसरों जैसे ही हैं । कुछेक लोगों को लगता है कि जेके गौड़ के लिए अशोक अग्रवाल की जरूरत चूँकि अब पूरी हो गई है, अशोक अग्रवाल उनके लिए अब ज्यादा काम के नहीं रह गए हैं - इसलिए उन्होंने अशोक अग्रवाल को भी 'थ्रो' करने में  हिचक नहीं दिखाई है । डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट के रूप में स्थापित होने वाले रोटरी वरदान ब्लड बैंक के घपले तथा इस घपले के लिए अजय सिन्हा व जेएस शेरावत के साथ-साथ अशोक अग्रवाल को भी जिम्मेदार 'दिखाने/बताने' के जेके गौड़ के रवैये ने जेके गौड़ के मतलबी और अवसरवादी रूप को सामने लाने का काम किया है ।

Friday, March 4, 2016

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में रोटरी वरदान ब्लड बैंक की आड़ में 45 लाख रुपए से ज्यादा की रकम हड़पने के उद्देश्य से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ तथा ब्लड बैंक से जुड़े लोगों के खुले मुँह तो खुले के खुले ही रह गए हैं, और साथ ही ब्लड बैंक का बन पाना भी खटाई में पड़ता दिख रहा है

गाजियाबाद । रोटरी वरदान ब्लड बैंक के मामले को निपटाने के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ की तरफ से जो 'प्रयास' हुए हैं, उससे यह बात अब रिकॉर्ड पर आ गई है कि इस ब्लड बैंक की आड़ में जेके गौड़ और उनके संगी-साथियों ने 70 हजार डॉलर, यानि 45 लाख रुपए से अधिक की रकम डकार जाने की पूरी और अच्छी तैयारी की थी । उल्लेखनीय है कि ग्लोबल ग्रांट नंबर 1527923 के तहत रोटरी वरदान ब्लड बैंक के लिए जेके गौड़ की देख-रेख में एक लाख 90 हजार डॉलर से अधिक रकम का एक प्रोजेक्ट तैयार किया था, और इसके लिए रोटरी फाउंडेशन से पैसा लेना था । इस प्रोजेक्ट के लिए 57 हजार 500 डॉलर रोटरी फाउंडेशन से मिलना तय हो चुका था, और इतनी ही रकम पाकिस्तान के रोटेरियंस से मैचिंग ग्रांट के तहत मिलना सुनिश्चित हो चुका था । दस हजार डॉलर डिस्ट्रिक्ट फंड से मिलने थे और 70 हजार डॉलर तीन क्लब्स - रोटरी क्लब साहिबाबाद, रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर व रोटरी क्लब गाजियाबाद इंडस्ट्रियल टाउन ने अपने अपने सदस्यों से इकठ्ठा किए थे । यह सारी रकम रोटरी फाउंडेशन में संबंधित प्रोजेक्ट के नाम से इकठ्ठा हो चुकी थी - और बस मशीनों की खरीद के बिल प्रस्तुत होने का इंतजार किया जा रहा था । मशीनों की खरीद के नाम पर एक लाख 70 हजार डॉलर का जो बिल डीआरएफसी मुकेश अरनेजा की संस्तुति के लिए प्रस्तुत हुआ, उसमें लेकिन भारी लोचा देखा गया ।
'रचनात्मक संकल्प' की पिछली कुछेक रिपोर्ट्स में विस्तार से बताया जा चुका है कि मशीनों की खरीद से संबंधित विवरणों को छिपाया गया तथा मशीनों की सप्लायर कंपनी के पते व फोन नंबर देने से इंकार किया गया; और यहाँ तक कि खरीदी जा रही मशीनों की निर्माता कंपनी का नाम बताने तक से इंकार कर दिया गया । डीआरएफसी के रूप में मुकेश अरनेजा को शक हुआ कि ऐसा मशीनों की असली कीमत को छिपाने के उद्देश्य से किया गया है । उनका यह शक इस प्रोजेक्ट से जुड़े लोगों द्वारा इशारों इशारों में यह बताए जाने से और मजबूत हुआ कि मशीनों की कीमतें खूब बढ़ा-चढ़ा कर - किन्हीं मामलों में तो दुगनी तक 'दिखाई' गई हैं । मुकेश अरनेजा ने स्पष्ट कर दिया कि इस तरह की बातों/चर्चाओं के बीच, मशीनों की खरीद से संबंधित पूरे डिटेल्स मिले बिना उनके लिए रकम रिलीज करने का ऑर्डर पास करना संभव नहीं होगा । इसके बाद भी जेके गौड़ और ब्लड बैंक की आड़ में पैसे 'बनाने' की तिकड़म में लगे पदाधिकारियों ने मशीनों की खरीद से जुड़े डिटेल्स नहीं दिए । डीआरएफसी के रूप में मुकेश अरनेजा को मामले से हटाने के लिए जेके गौड़ ने रोटरी फाउंडेशन से चालाकी भरा यह प्रयास जरूर किया कि इस प्रोजेक्ट को डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट की बजाए क्लब प्रोजेक्ट मान/बना दिया जाए । रोटरी फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने लेकिन उनकी चालाकी को भाँप लिया और उनकी माँग को स्वीकार करने से मना कर दिया ।
रोटरी वरदान ब्लड बैंक की आड़ में कमाई करने की तैयारी कर चुके जेके गौड़ और उनके साथियों ने जब अपने आप को चारों तरफ से घिरा पाया, तो उन्होंने समर्पण करने में ही अपनी भलाई देखी/पहचानी । डीआरएफसी के रूप में मुकेश अरनेजा को मशीनों की खरीद से संबंधित जेके गौड़ की तरफ से जो संशोधित बिल मिला - इन पँक्तियों को पढ़ने वालों, यह जानने से पहले अपने अपने दिल थाम लेना कि उसमें मशीनों की कीमत एक लाख 70 हजार डॉलर से घटा कर मात्र एक लाख डॉलर कर दी गई । जेके गौड़ और इस प्रोजेक्ट से जुड़े दूसरे लोग यह बताने को तैयार नहीं हैं कि ब्लड बैंक के लिए आवश्यक जो मशीनें पहले एक लाख 70 हजार डॉलर में 'खरीदी' जा रही थीं, वह अब सिर्फ एक लाख डॉलर में कैसे मिल रही हैं ? आरोपपूर्ण आशंका है कि मशीनों की खरीद के नाम पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ और इस प्रोजेक्ट से जुड़े कर्ता-धर्ताओं ने 70 हजार डॉलर, यानि 45 लाख रुपए से अधिक की रकम डकार जाने का 'इंतजाम' कर लिया था - और इसके तहत ही पहले मशीनों की कीमत को 70 हजार डॉलर बढ़ा कर दिखाया गया था; मुकेश अरनेजा के सख्त रवैये के चलते लेकिन जो कामयाब नहीं हो सका । जेके गौड़ और उनके साथियों की बदकिस्मती रही कि अपने 'इंतजाम' को सफल बनाने के लिए उन्होंने चालबाजी दिखाते हुए रोटरी फाउंडेशन के पदाधिकारियों की जो 'मदद' लेने की कोशिश की, वह भी सफल नहीं हो सकी ।
जेके गौड़ और रोटरी वरदान ब्लड बैंक के दूसरे कर्ता-धर्ता इस तरह 70 हजार डॉलर की रकम की हेराफेरी करने के मामले में जब 'रंगे-हाथ' पकड़े गए, तो उन्होंने लीपापोती करने के अंदाज में एक होशियारी और दिखाई - बाद में उन्होंने 70 हजार डॉलर के खर्चे दिखाते/बताते हुए एक बिल डीआरएफसी मुकेश अरनेजा को और भेज दिया । रोटरी वरदान ब्लड बैंक को लेकर शुरू से ही बेवकूफी पर बेवकूफी करते जाने तथा रकम हड़पने के आरोपों में गहरे से गहरे धँसते जाने से बचने के लिए चला गया यह दाँव भी जेके गौड़ और ब्लड बैंक के कामकाज से जुड़े लोगों को उल्टा पड़ा है । डीआरएफसी मुकेश अरनेजा ने अभी हाल ही में जेके गौड़ को लिखा है कि ब्लड बैंक के लिए खरीदी जाने वाली मशीनों के लिए जो तीन-तीन तरफ के बिल दिए गए हैं, उससे मशीनों पर आने वाले खर्च का तथ्य स्पष्ट नहीं हो पा रहा है - इसलिए वह उचित तरीके से बनाया गया और ऑडिट किया हुआ बिल प्रस्तुत करें । समस्या की बात यह है कि उचित तरीके से बनाया गया बिल यदि वास्तव में प्रस्तुत किया जा सकता होता, तो फिर बिल व खर्चे को लेकर जेके गौड़ तथा ब्लड बैंक से जुड़े लोगों को बार-बार कलाबाजियाँ क्यों खानी पड़तीं तथा क्यों उन्हें फजीहत झेलनी पड़ती । मामला जहाँ आकर फँसा है - वहाँ का नजारा देखकर अभी तो यही लग रहा है कि ब्लड बैंक की आड़ में 45 लाख रुपए से ज्यादा की रकम हड़पने के उद्देश्य से जेके गौड़ तथा ब्लड बैंक से जुड़े लोगों के जो मुँह खुले थे, वह खुले के खुले ही रह गए हैं - और साथ ही ब्लड बैंक का बन पाना भी खटाई में पड़ता दिख रहा है ।

Tuesday, February 9, 2016

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में रोटरी वरदान ब्लड बैंक के कर्ता-धर्ता जो मशीनें पहले एक करोड़ रुपए से भी अधिक कीमत की बता रहे थे, सतीश सिंघल के डबल-क्रॉस के बाद उन्हें अब वह पचास-साठ लाख रुपए में खरीद लेने की बातें करने लगे हैं

गाजियाबाद । रोटरी वरदान ब्लड बैंक पर आए/छाए खतरे के लिए जेके गौड़, रमेश अग्रवाल व शरत जैन की तिकड़ी ने सतीश सिंघल को जिम्मेदार ठहराना शुरू कर दिया है । इनकी तरफ से कहा/बताया जा रहा है कि सतीश सिंघल ने अजय सिन्हा को बातों में फँसा कर पहले तो हेराफेरी करने का तरीका बताया और हेराफेरी होने के बाद फिर 'पकड़वा' दिया । अजय सिन्हा रोटरी क्लब साहिबाबाद के वरिष्ठ सदस्य हैं, और रोटरी वरदान ब्लड बैंक से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी उन्हीं ने निभाई है । जिम्मेदारी निभाते हुए ही अजय सिन्हा ने सतीश सिंघल से शुरुआती जरूरी बातें कीं और सुझाव लिए । सतीश सिंघल ने चूँकि नोएडा में रोटरी ब्लड बैंक बनाया है और उसे 'चला' रहे हैं, इसलिए उनके अनुभव का फायदा उठाने के उद्देश्य से उनसे सुझाव लिए । कहा/बताया जा रहा है कि सतीश सिंघल ने ही अजय सिन्हा को 'बताया' था कि सप्लायर से कैसे कम कीमत की मशीनों के बढ़ा-चढ़ा कर बिल बनवाए जा सकते हैं; और कैसे प्रोजेक्ट की कीमत को 'बढ़ाया' जा सकता है ? कहा/बताया जा रहा है कि रोटरी वरदान ब्लड बैंक की सारी कार्रवाई ठीक वैसे ही हुई, जैसे कि सतीश सिंघल ने बताया था । जेके गौड़, रमेश अग्रवाल व शरत जैन की तिकड़ी का कहना है कि लेकिन जैसे ही रोटरी फाउंडेशन से पैसा रिलीज कराने के लिए रोटरी वरदान ब्लड बैंक के संबंधित कागजात डीआरएफसी मुकेश अरनेजा के पास पहुँचे, वैसे ही सतीश सिंघल ने मुकेश अरनेजा के सामने सारी पोलपट्टी खोल दी - नतीजा यह रहा है कि डीआरएफसी के रूप में मुकेश अरनेजा ने जो सवाल उठाए, उनके जबाव देने की बजाए रोटरी वरदान ब्लड बैंक के कर्ता-धर्ताओं को मुँह छिपाने पड़ रहे हैं । 
रोटरी वरदान ब्लड बैंक के कर्ता-धर्ताओं को सतीश सिंघल के डबल-क्रॉस करने पर नाराजगी तो है ही, साथ ही हैरानी भी है; उनके लिए यह समझना मुश्किल हो रहा है कि सतीश सिंघल ने उनके साथ यह डबल-गेम क्यों खेला ? उन्हें इसके दो कारण समझ में आ रहे हैं : एक कारण तो यह कि सतीश सिंघल नहीं चाहते हैं कि डिस्ट्रिक्ट में कोई दूसरा ब्लड बैंक बने और इसलिए ही उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से रोटरी वरदान ब्लड बैंक का मामला फँसा दिया है; दूसरा कारण उन्हें यह समझ में आ रहा है कि सतीश सिंघल को लगा होगा कि प्रोजेक्ट का खर्चा बढ़ा-चढ़ा कर दिखाने का फार्मूला उन्होंने बताया, फार्मूले को इम्प्लीमेंट उन्होंने करवाया और 'मलाई' अकेले यह खा रहे हैं, उन्हें उनका हिस्सा भी नहीं दे रहे हैं - सो उन्होंने 'मलाई' बिखेरने का इंतजाम कर दिया । रोटरी वरदान ब्लड बैंक के कर्ता-धर्ताओं को हैरानी इस बात की भी हुई है कि सतीश सिंघल ने जो तरकीब उन्हें बताई, उसे अपना कर वह तो फँस गए - लेकिन सतीश सिंघल नहीं 'पकड़े' गए । इसकी बजह सतीश सिंघल ने ही उन्हें बताई और वह यह कि उन्होंने जो ब्लड बैंक बनाया, वह क्लब प्रोजेक्ट के तहत बनाया, जिसका किसी को हिसाब नहीं देना - इसलिए मजे से कुछ भी काला-पीला करते रहो; रोटरी वरदान ब्लड बैंक डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट के रूप में बनाया जा रहा है - जिसका हिसाब देना पड़ेगा, और इसलिए 'पकड़े' जाने का डर बना रहेगा । रोटरी वरदान ब्लड बैंक के कर्ता-धर्ताओं को सतीश सिंघल से जब यह 'ज्ञान' मिला तो उन्होंने रोटरी वरदान ब्लड बैंक को डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट से क्लब प्रोजेक्ट में बदलने की कोशिश की । 
जेके गौड़ ने रोटरी फाउंडेशन कार्यालय को पत्र लिख कर बताया कि ग्लोबल ग्रांट नंबर 1527923 के तहत रोटरी वरदान ब्लड बैंक का जो प्रोजेक्ट है, उसे 'गलती से' डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट कह दिया गया है, वास्तव में वह क्लब प्रोजेक्ट है । रोटरी फाउंडेशन कार्यालय के लोगों को भी लगा होगा कि कैसे कैसे लोग गवर्नर बन जाते हैं, जिन्हें इतना भी नहीं पता कि डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट के फॉर्मेट में जब आवेदन दे रहे हो, तो वह डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट ही है - उसमें गलती क्या हो गई, और उसे क्लब प्रोजेक्ट कैसे कहा जा सकता है ? रोटरी फाउंडेशन कार्यालय के लोगों को क्या पता कि जेके गौड़ यह 'नाटक' पकड़े जाने से बचने के लिए कर रहे हैं । जेके गौड़ ने तो यह समझा कि जिस तरह की मनमानियों व बेवकूफियों से वह डिस्ट्रिक्ट चला रहे हैं, वैसे ही रोटरी फाउंडेशन कार्यालय भी चल रहा होगा - और वह कहेंगे कि हमारे प्रोजेक्ट को डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट की जगह क्लब प्रोजेक्ट बना दो, ताकि हमें किसी को कोई हिसाब न देना पड़े, और रोटरी फाउंडेशन कार्यालय तुरंत उनकी बात मान लेगा । रोटरी फाउंडेशन कार्यालय ने लेकिन उनकी माँग को दो-टूक तरीके से खारिज कर दिया और ग्लोबल ग्रांट नंबर 1527923 के प्रोजेक्ट को डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट के रूप में ही रेखांकित किया । जेके गौड़ और रोटरी वरदान ब्लड बैंक की हेराफेरी में शामिल दूसरे लोगों को इसके कारण भारी झटका लगा । 
उनके लिए झटके की लेकिन इससे भी बड़ी बात यह है कि रोटरी वरदान ब्लड बैंक के लिए रोटरी क्लब साहिबाबाद, रोटरी क्लब ग्रेटर व रोटरी क्लब इंडस्ट्रियल टाउन के जिन सदस्यों ने पैसे दिए हैं - उनके बीच इस बात को लेकर खलबली है कि एक नेक काम के नाम पर उनसे लिए गए पैसों में हेराफेरी की जा रही है । उनके बीच इस तरह की आवाजें सुनी जा रही हैं कि यदि यह प्रोजेक्ट समय से पूरा नहीं हो रहा है तो उनके पैसे वापस किए जाएँ । प्रोजेक्ट-कॉस्ट कम करने की खबरों को लेकर भी हलचल है । सुना जा रहा है कि रोटरी वरदान ब्लड बैंक के कर्ता-धर्ता अब इस बात के लिए राजी हो रहे हैं, कि जो मशीनें पहले वह एक करोड़ रुपए से भी अधिक कीमत की बता रहे थे, उन्हें अब वह पचास-साठ लाख रुपए में खरीद लेंगे । यह फैसला करने से पहले हालाँकि वह यह समझने की भी कोशिश कर रहे हैं कि ऐसा कुछ करने पर उनकी तारीफ होगी, या और ज्यादा लानत-मलानत होगी ? जेके गौड़, रमेश अग्रवाल और शरत जैन की तिकड़ी सतीश सिंघल के खिलाफ पहले से ही थी, रोटरी वरदान ब्लड बैंक को लेकर फजीहत में फँसने के बाद तो यह तिकड़ी सतीश सिंघल के और भी ज्यादा खिलाफ हो गई है । इससे डिस्ट्रिक्ट में आगे और क्या क्या नज़ारे देखने को मिलेंगे, यह आगे पता चलेगा ।

Saturday, February 6, 2016

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में बनने वाला रोटरी वरदान ब्लड बैंक जेके गौड़ की निगरानी में होने वाली पैसों की हेराफेरी के आरोपों के चलते खतरे में फँसा

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ की देखरेख में होने वाली पैसों की हेराफेरी के चलते गाजियाबाद में बनने वाला रोटरी वरदान ब्लड बैंक खतरे में पड़ता नजर आ रहा है । योजनानुसार 10 फरवरी को रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन के हाथों इसका उद्घाटन होना था, किंतु पैसों की हेराफेरी के आरोपों के कारण रोटरी इंटरनेशनल फाउंडेशन से पैसा रिलीज न होने के कारण मशीनों की खरीद लटक गई है - और अब यह पूरी तरह तय हो गया है कि केआर रवींद्रन को इसका उद्घाटन किए बिना बैरंग ही वापस लौटना पड़ेगा । उल्लेखनीय तथ्य यह है कि इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए करीब एक-सवा करोड़ रुपए की आवश्यक रकम महीनों पहले ही जुटा ली गई है, और यह रोटरी इंटरनेशनल फाउंडेशन में जमा है; इस प्रोजेक्ट के लिए जो मशीनें खरीदी जानी हैं, वह भी देखभाल कर तय कर ली गई हैं - और उनके सप्लायर से सौदा तय हो गया है । रोटरी इंटरनेशनल फाउंडेशन को इसकी जानकारी देते हुए सप्लायर के लिए रकम का आवेदन किए हुए कुछेक महीने बीत गए हैं । इसके बाद का जो काम कुछ घंटों में हो जाना चाहिए था, उसके कुछेक महीने बीत जाने के बाद भी न हो पाने के कारण मशीनों का आना/पहुँचना टल गया है - और इसके चलते 10 फरवरी को इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन द्वारा उद्घाटित होने का प्रोग्राम खटाई में पड़ गया है ।
जेके गौड़, उनके 'पथ-प्रदर्शक' और डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर रमेश अग्रवाल तथा ब्लड बैंक को स्थापित करने में भूमिका निभा रहे कुछेक दूसरे लोग इसका ठीकरा मुकेश अरनेजा के सिर फोड़ रहे हैं । इनका कहना है कि डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में अपनी हार की खीज मिटाने/निकालने के लिए मुकेश अरनेजा इसमें रोड़ा अटका रहे हैं; और डीआरएफसी के रूप में अपने पद का दुरूपयोग करते हुए रोटरी फाउंडेशन से पैसा रिलीज नहीं होने दे रहे हैं - जिसके चलते प्रोजेक्ट अधर में लटक गया है । मुकेश अरनेजा का कहना है कि डीआरएफसी के रूप में उनका काम यह देखना है कि आम रोटेरियंस द्वारा इकट्ठा किए गए तथा रोटरी फाउंडेशन द्वारा खर्च किए जाने वाले पैसे का सही सही उपयोग हो रहा है या नहीं - और वह अपनी यही जिम्मेदारी निभा रहे हैं । मुकेश अरनेजा का कहना है कि मशीनों की खरीद से संबंधित जो विवरण दिए गए हैं, वह आधे-अधूरे हैं और पूरे विवरण देने की उनकी माँग को तरह तरह की बहानेबाजी करके लगातार टाला जा रहा है । मुकेश अरनेजा का कहना है कि मशीनों की खरीद से संबंधित सामान्य सी जानकारियों को पाने के लिए उन्होंने बार बार जो भी ईमेल-पत्र लिखे, उसके उन्हें उचित जबाव नहीं मिले । मुकेश अरनेजा का कहना है कि मशीनों के लिए जिस सप्लायर को करीब एक करोड़ रुपए की रकम देनी है - उसके पते व फोन नंबर तथा उसके पदाधिकारियों के नाम व उनके पते छिपाने की जो कोशिश की जा रही है, उससे मशीनों की खरीद का सारा मामला संदेहास्पद हो गया है । मुकेश अरनेजा के अनुसार, हद तो यह है कि खरीदी जा रही मशीनों की निर्माता कंपनी का नाम तक छिपाया जा रहा है - जिससे कि बाजार से उनकी असली कीमत न पता की जा सके । मुकेश अरनेजा का कहना है कि इस प्रोजेक्ट से जुड़े लोगों ने ही उन्हें इशारों इशारों में 'बताया' है कि मशीनों की कीमतें खूब बढ़ा-चढ़ा कर - किन्हीं मामलों में तो दुगनी तक 'दिखाई' गई हैं । मुकेश अरनेजा ने स्पष्ट कर दिया है कि घपलेबाजी की इस तरह की बातों/चर्चाओं के बीच, मशीनों की खरीद से संबंधित पूरे डिटेल्स मिले बिना उनके लिए रकम रिलीज करने का ऑर्डर पास करना संभव नहीं होगा ।
जेके गौड़ ने रमेश अग्रवाल के साथ मिलकर इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई तथा पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता से भी मदद की गुहार लगाई और उम्मीद की कि यह लोग मुकेश अरनेजा को प्रोजेक्ट के लिए पैसा रिलीज करने/कराने के लिए राजी करें । इन्होंने लेकिन मुकेश अरनेजा का पक्ष सुन/जान कर मामले में हस्तक्षेप करने से इंकार कर दिया है । मनोज देसाई व सुशील गुप्ता के इस इंकार से मुकेश अरनेजा को और बल मिला है; इस इंकार में उन्हें दरअसल अपना पक्ष मजबूत होता हुआ दिखा है । मामले को गंभीर होता देख जेके गौड़ व रमेश अग्रवाल को अपना रुख लचीला करने के लिए मजबूर होना पड़ा । उनकी तरफ से मुकेश अरनेजा को समझाने की कोशिश की गई कि कुछ ऊपर के और कुछ दो नंबर के काम के खर्चे जुटाने के लिए मशीनों की कीमतें थोड़ी ज्यादा 'दिखाई' गई हैं, और इस मामले को उन्हें ज्यादा तूल नहीं देना चाहिए । मुकेश अरनेजा का कहना है कि इस बात को वह भी जानते/समझते हैं, लेकिन यह खर्च कुल खर्च का मुश्किल से पाँच-सात प्रतिशत ही होता है - इसके लिए मशीनों की खरीद से जुड़े सामान्य से विवरणों को देने/बताने में आनाकानी क्यों की जा रही है ? जेके गौड़ और रमेश अग्रवाल द्वारा मशीनों की खरीद से जुड़े विवरणों को देने/बताने की बजाए ब्लड बैंक प्रोजेक्ट को लेट करना मंजूर करने से मशीनों की खरीद में बड़े घोटाले का शक और बढ़ा है ।
इस शक ने मुकेश अरनेजा को और उत्साहित किया है; इस उत्साह में उन्होंने जेके गौड़ व रमेश अग्रवाल को चुनौती दी है कि डीआरएफसी की उनकी भूमिका व उनके काम से यदि वह संतुष्ट नहीं हैं तो उन्हें उनकी शिकायत रोटरी फाउंडेशन तथा रोटरी इंटरनेशनल में कर देनी चाहिए - वहीं तय हो जायेगा कि कौन सही है और कौन गलत । जेके गौड़ और रमेश अग्रवाल इस मामले में मुकेश अरनेजा को कोस तो रहे हैं, किंतु मुकेश अरनेजा की चुनौती को स्वीकार करने से हिचक रहे हैं । दरअसल अभी पिछले दिनों ही पड़ोसी डिस्ट्रिक्ट - डिस्ट्रिक्ट 3100 के गवर्नर सुनील गुप्ता को पैसों की हेराफेरी के आरोपों के चलते इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन की पहल पर जिस तरह से गवर्नर पद से हटाया गया है, उसे देख/जान कर जेके गौड़ को डर हुआ है कि कहीं उनका हाल भी सुनील गुप्ता जैसा न हो । सुनील गुप्ता का जो हाल हुआ है, उससे संकेत गया/मिला है कि रोटरी में पैसों की घपलेबाजी पर केआर रवींद्रन का रवैया बड़ा सख़्त है । केआर रवींद्रन की सख़्ती को देखते/भाँपते हुए ही जेके गौड़ रोटरी वरदान ब्लड बैंक के मामले में मुकेश अरनेजा की भूमिका को कोसने के बावजूद उनकी शिकायत रोटरी इंटरनेशनल में नहीं कर रहे हैं । जेके गौड़ को डर है कि ऐसा करने पर कहीं वह खुद ही न फँस जाएँ । इसीलिए जेके गौड़ इस मामले को जैसेतैसे करके डिस्ट्रिक्ट में ही निपटा लेना चाहते हैं; इसके लिए भी लेकिन वह मशीनों की खरीद से संबंधित जानकारियाँ देने को तैयार नहीं हो रहे हैं । जेके गौड़ के इस रवैये ने रोटरी वरदान ब्लड बैंक को खतरे में डाल दिया है ।