Showing posts with label VISHAL GARG. Show all posts
Showing posts with label VISHAL GARG. Show all posts

Tuesday, June 5, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की दो कमेटियों की तरफ से लुधियाना में आयोजित हो रही नेशनल कॉन्फ्रेंस के सहारे समर्थन जुटाने की राजेश शर्मा की कोशिशें, विशाल गर्ग और उनके समर्थकों के आक्रामक रवैये को देखते हुए अभी तो सफल होती नहीं नजर आ रही हैं

लुधियाना । चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट की कैपिटल मार्किट एंड इन्वेस्टर्स प्रोटेक्शन कमेटी द्वारा लुधियाना में आयोजित की जा रही दो दिवसीय नेशनल कॉन्फ्रेंस इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के दो संभावित उम्मीदवारों - राजेश शर्मा व विशाल गर्ग के बीच के चुनावी झगड़े में फँसती और विवादित होती नजर आ रही है । इंस्टीट्यूट की एक अन्य कमेटी - कैपेसिटी बिल्डिंग ऑफ मेंबर्स इन प्रैक्टिस के साथ मिलकर आयोजित की जा रही नेशनल कॉन्फ्रेंस की मुख्य आयोजक कमेटी के चेयरमैन चूँकि राजेश शर्मा हैं, इसलिए विशाल गर्ग और उनके समर्थकों का आरोप है कि लुधियाना में अपने लिए वोट जुटाने तथा विशाल गर्ग को नुकसान पहुँचाने के उद्देश्य से राजेश शर्मा नेशनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन लुधियाना में कर/करवा रहे हैं । दरअसल राजेश शर्मा के सामने इस बार के चुनाव में अपनी सीट बचाने की गंभीर चुनौती है । एक तरफ तो पिछले वर्ष हुए सीए डे के फंक्शन की बदइंतजामी को लेकर उनके माथे पर लगा कलंक हल्का पड़ने का नाम ही नहीं ले रहा है, और दूसरी तरफ चरनजोत सिंह नंदा की उम्मीदवारी ने उनके लिए मुसीबत खड़ी कर दी है । राजेश शर्मा सेंट्रल काउंसिल की अपनी सीट बचाने के लिए लुधियाना पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं; उनके नजदीकियों का कहना है कि उन्हें लग रहा है कि पंकज पेरिवाल के सहयोग से वह विशाल गर्ग को पीछे धकेल देंगे और लुधियाना में अपने लिए अच्छा समर्थन जुटा लेंगे । पिछली बार के चुनाव में हालाँकि पहली वरीयता के वोटों की गिनती में राजेश शर्मा को विशाल गर्ग से कम वोट मिले थे । पहली वरीयता के वोटों की गिनती में विशाल गर्ग 1412 वोटों के साथ छठे नंबर पर थे, जबकि 1361 वोटों के साथ राजेश शर्मा आठवें नंबर पर थे - दूसरी वरीयता के वोटों के सहारे राजेश शर्मा गिरते-पड़ते किसी तरह सातवें नंबर पर पहुँचने में हालाँकि सफल हो गए थे । पिछली बार जैसे-तैसे मिली सफलता को इस बार दोहरा पाना उनके लिए मुश्किल माना/समझा जा रहा है । पिछले वर्ष आयोजित हुए सीए डे से जुड़ी उनकी बदनामी के चलते पहली वरीयता के वोटों की गिनती में उनके पिछड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है ।
राजेश शर्मा ने पिछले कुछ दिनों में पिछले वर्ष के सीए डे से जुड़ी बदनामी के दागों को धोने की यह कहते/बताते हुए हालाँकि कोशिश तो बहुत की कि उन्होंने तो अपना काम बहुत जिम्मेदारी से किया था और बदइंतजामी के लिए उन्हें नाहक ही जिम्मेदार ठहराया गया - लेकिन उनकी यह कोशिश सफल होती दिख नहीं रही है । इसके लिए दरअसल राजेश शर्मा का व्यवहार भी जिम्मेदार है - चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के सामने वह डींगें तो बहुत मारते/दिखाते हैं कि उनकी तमाम मंत्रियों और नेताओं के साथ निकटता है और सरकारी विभागों में अच्छी पैठ है, लेकिन लोगों के काम करवाने में कोई दिलचस्पी नहीं लेते हैं; लोगों के अनुभव तो यहाँ तक हैं कि वह अक्सर फोन ही नहीं उठाते हैं, बाद में कभी मिलने या बात होने पर शिकायत करो तो उनसे रटा-रटाया यही जबाव सुनने को मिलता है कि अरे, उस समय मैं फलाँ मंत्री के साथ मीटिंग में था । इस तरह के रवैये से राजेश शर्मा ने लोगों को बुरी तरह से नाराज तो किया हुआ ही है, साथ ही पिछले वर्ष के सीए डे से जुड़ी बदनामी के दाग को भी और गहरा बनाया है । ऐसे में उनकी सारी उम्मीद लुधियाना पर टिकी हुई है । उन्हें उम्मीद है कि पंकज पेरिवाल को नॉर्दन इंडिया रीजनल काउंसिल का चेयरमैन बनवाने का श्रेय लेकर वह लुधियाना में अपने लिए अच्छा समर्थन जुटा सकते हैं । पंकज पेरिवाल के हालाँकि सेंट्रल काउंसिल के एक अन्य सदस्य विजय गुप्ता के साथ भी अच्छे और विश्वासपूर्ण संबंध हैं; और उनके नजदीकियों का मानना/कहना है कि पंकज पेरिवाल यदि राजेश शर्मा के ही भरोसे रहते तो राजेश शर्मा की बदनामी की चलते हरगिज चेयरमैन न बन पाते, वह तो विजय गुप्ता ने जुगाड़ बैठाये और तब पंकज पेरिवाल के लिए चेयरमैन बन पाना संभव हुआ । नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के सदस्यों का भी कहना/बताना है कि पंकज पेरिवाल के चेयरमैन-काल में राजेश शर्मा की उतनी मनमानी नहीं चल पा रही है, जितनी मनमानी राकेश मक्कड़ के चेयरमैन-काल में उन्होंने चला ली थी । इसका कारण यह भी माना/समझा जाता है कि पिछले वर्ष रीजनल काउंसिल में चेयरमैन रहे राकेश मक्कड़ चूँकि एक नाकारा और हद दर्जे के लालची/बेईमान व्यक्ति हैं, इसलिए राजेश शर्मा ने उनका जैसा मनमाना इस्तेमाल कर लिया, वैसा इस्तेमाल वह पंकज पेरिवाल का नहीं कर पा रहे हैं ।
जहाँ तक राजेश शर्मा के चेयरमैन वाली कमेटी द्वारा लुधियाना में नेशनल कॉन्फ्रेंस करने वाली बात है, तो पंकज पेरिवाल के नजदीकियों के अनुसार इसमें चूँकि पंकज पेरिवाल को भी अपना 'फायदा' नजर आ रहा है - इसलिए इस कॉन्फ्रेंस के लिए वह भी सहज रूप से इसे लुधियाना में आयोजित करने के लिए तैयार हो गए । पंकज पेरिवाल का विशाल गर्ग के साथ विरोध का संबंध है, यह बात भी पूरी तरह सच है - और विरोध के इसी संबंध का फायदा उठाने के लिए ही राजेश शर्मा ने अपने चेयरमैन वाली कमेटी द्वारा नेशनल कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के लिए लुधियाना को चुना है । विशाल गर्ग और उनके समर्थक भी राजेश शर्मा के इस खेल को समझ रहे हैं और कॉन्फ्रेंस के दौरान जुटे लोगों को राजेश शर्मा की कारस्तानियों से अवगत कराने के तरीकों पर विचार कर रहे हैं । नेशनल कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र में राजेश शर्मा का उपस्थित चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को संबोधित करने का प्रोग्राम है; सुना जा रहा है कि इसी सत्र में जुटे लोगों को राजेश शर्मा की कारगुजारियों से अवगत करवाया जायेगा । विशाल गर्ग और उनके समर्थकों ने पंकज पेरिवाल को भी निशाने पर लिया हुआ है; उनका गंभीर आरोप है कि रीजनल काउंसिल के चेयरमैन बनने के लिए की गई सौदेबाजी में वह लुधियाना में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स सदस्यों की एकजुटता को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं और बाहरी लोगों के प्यादे बने हुए हैं । विशाल गर्ग और उनके समर्थकों के आक्रामक रवैये को देखते हुए पंकज पेरिवाल के सहारे लुधियाना में समर्थन जुटाने की राजेश शर्मा की कोशिशें सफल होती हुई अभी तो नहीं नजर आ रही हैं ।

Sunday, October 4, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में हरियाणा-पंजाब के उम्मीदवारों के रूप में राजिंदर नारंग, आलोक कृष्ण व पंकज पेरिवाल के प्रवेश को रोकने की तैयारी की चर्चा से चुनावी परिदृश्य रोचक बना

नई दिल्ली । नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में दिल्ली से बाहर के उम्मीदवारों का प्रवेश रोकने के लिए दिल्ली के चुनावी खिलाड़ियों ने हरियाणा-पंजाब के जीतते दिख रहे उम्मीदवारों को घेरने के लिए जो फील्डिंग लगाई/सजाई है, उससे नॉर्दर्न रीजन में चुनावी परिदृश्य खासा दिलचस्प हो गया है । उल्लेखनीय है कि नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के 22वें सत्र में दिल्ली और बाहरी दिल्ली के सदस्यों की संख्या अनुपात में एक बड़ा बदलाव होता नजर आ रहा है । मौजूदा 21वें सत्र में हरियाणा-पंजाब से विशाल गर्ग और राजिंदर नारंग के रूप में दो सदस्य हैं, किंतु अगले सत्र में यह संख्या तीन होने की तो पक्की उम्मीद की जा रही है । दिल्ली वालों को एक तरफ तो अपनी एक सीट घटती हुई दिख रही है; और दूसरी तरफ उन्हें यह डर भी सता रहा है कि बढ़ती संख्या के साथ साथ हरियाणा-पंजाब के सदस्य आपस में अच्छा तालमेल बना कर काउंसिल में प्रमुख पद भी हथियाने लगे हैं । उनका यह डर दरअसल मौजूदा सत्र में विशाल गर्ग के चेयरमैन तथा राजिंदर नारंग के सेक्रेटरी बनने से बढ़ा है । फरीदाबाद-गुडगाँव के सदस्य यूँ तो दिल्ली के ही माने जाते हैं, किंतु इनकी गिनती भी यदि दिल्ली से बाहर के सदस्यों के रूप में की जाये, तो दिल्ली और दिल्ली से बाहर के सदस्य बराबर की टक्कर के बैठते हैं - और यह टक्कर दिल्ली के बर्चस्व को चुनौती देती है । इस लिहाज से नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल का अगला सत्र दिलचस्प नजारा पेश करने वाला माना जा रहा है । 
इस संभावित दिलचस्प नजारे के मुख्य किरदारों के रूप में राजिंदर नारंग, आलोक कृष्ण और पंकज पेरिवाल को देखा/पहचाना जा रहा है । राजिंदर नारंग तो मौजूद सत्र के सदस्य हैं ही; अगले सत्र में उनकी वापसी को सुनिश्चित मानते हुए आकलन किया जा रहा है कि अगले सत्र में उनके साथ आलोक कृष्ण और पंकज पेरिवाल भी काउंसिल में बैठेंगे । आलोक कृष्ण पिछली बार थोड़े से अंतर से काउंसिल में प्रवेश पाने से रह गए थे । पिछली बार चंडीगढ़ में उनका जैसा विरोध देखा जा रहा था, वैसे विरोध का सामना उन्हें इस बार नहीं करना पड़ रहा है । पिछली बार चंडीगढ़ में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति से जुड़े जो कई नेता उनका खुला विरोध कर रहे थे और दिल्ली के उम्मीदवारों को बुला बुला कर उन्हें चंडीगढ़ में वोट दिलवाने के प्रयासों में लगे थे, उनमें से कुछेक इस बार उनका खुला समर्थन कर रहे हैं, और बाकी अधिकतर चुप बैठे हैं । पिछली बार चंडीगढ़ में भारी विरोध का सामना करने के बावजूद आलोक कृष्ण का प्रदर्शन बहुत बुरा नहीं रहा था । इस नाते विश्वास किया जा रहा है कि इस बार जब आलोक कृष्ण को चंडीगढ़ में किसी विरोध का सामना नहीं करना पड़ रहा है, तो इस बार उनकी जीत पक्की ही है । पंकज पेरिवाल को भी जीतने वाले उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । 
इनकी संभावित जीत में लेकिन दिल्ली वालों ने गोपाल बंसल, भरत कुमार, राघव गोयल रूपी काँटे बिछा दिए हैं । दरअसल ऐन मौके पर इनकी उम्मीदवारी जिस अप्रत्याशित तरीके से प्रकट हुई है, उससे लोगों के बीच शक पैदा हुआ है कि यह वास्तव में वोट कटवा उम्मीदवार हैं, जो जीतने के लिए नहीं बल्कि जीतते दिख रहे उम्मीदवारों को हरवाने के लिए उम्मीदवार बने हैं । चुनावी राजनीति में डमी उम्मीदवार और/या वोट कटवा उम्मीदवार एक जानी-पहचानी सच्चाई है । इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में कई चार्टर्ड एकाउंटेंट्स अपने बिजनेस नेटवर्किंग को बढ़ाने के लिए भी उम्मीदवार बन जाते हैं, और ऐसे उम्मीदवार डमी या वोट कटवा उम्मीदवार की तलाश में रहने वाले नेताओं के आसान शिकार भी हो जाते हैं । कुछेक लोगों ने बताया है कि असीम पाहवा तो कहने भी लगे हैं कि वह तो अपना बिजनेस नेटवर्क बढ़ाने के लिए उम्मीदवार बने हैं । असीम पाहवा की उम्मीदवारी के पीछे सेंट्रल काउंसिल के सदस्य अतुल गुप्ता का हाथ होने की चर्चा भी बड़ी आम रही है । गोपाल बंसल, भरत कुमार और राघव गोयल जिस अचानक तरीके से उम्मीदवार के रूप में सामने आए हैं, उससे लोगों को लगा है कि यह उम्मीदवार बने नहीं हैं - बल्कि इन्हें उम्मीदवार बनाया गया है । लोगों के बीच की चुनावी चर्चा के अनुसार गोपाल बंसल के जरिए राजिंदर नारंग को; तथा भरत कुमार व राघव गोयल के जरिए आलोक कृष्ण व पंकज पेरिवाल को घेरने की तरकीब लगाई गई है । 
हरियाणा-पंजाब के नॉन-सीरियस उम्मीदवारों के पीछे दिल्ली के नेताओं का हाथ होने की जितनी व्यापक चर्चा हो रही है, उससे लग रहा है कि हरियाणा-पंजाब के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स में भी जागरूकता बढ़ रही है - और वह दिल्ली के नेताओं की चालबाजियों को जानने/समझने लगे हैं । चंडीगढ़ में पिछली बार आलोक कृष्ण की उम्मीदवारी के खिलाफ सक्रिय लोगों को भी यह बात समझ में लगता है कि आई है कि उनके बीच के छोटे छोटे मतभेदों का दिल्ली वाले कैसे फायदा उठा लेते हैं; तथा दिल्ली से बाहर के लोगों को सिर्फ इस्तेमाल करना चाहते हैं । दिल्ली के नेताओं ने राजिंदर नारंग की जैसी घेराबंदी करने की तैयारी दिखाई है, उससे भी हरियाणा-पंजाब के लोगों को लगा है कि दिल्ली वाले कैसे उनकी सक्रियता व उपलब्धियों को बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं । काउंसिल में राजिंदर नारंग का कार्यकाल खासा सक्रियता भरा रहा है, और कई मौकों पर उनकी भूमिका को निर्णायक माना/पाया गया । अपनी उम्मीदवारी के लिए चुनाव अभियान पर निकले राजिंदर नारंग से कई जगह कहा गया कि अगली बार उन्हें सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवार बनना होगा । भविष्य की राजनीति का संकेत देते राजिंदर नारंग के प्रति व्यक्त हो रहे इस समर्थन ने दिल्ली के चुनावी नेताओं के सामने दोहरा संकट खड़ा कर दिया है । इस संकट से निपटने के लिए दिल्ली के नेताओं को राजिंदर नारंग को अभी ही घेरना जरूरी लगा है । हरियाणा-पंजाब से जीतते दिख रहे तीन उम्मीदवारों में पंकज पेरिवाल को तो दोनों तरफ से घेरने के लिए जाल डाला गया है । दरअसल दिल्ली के नेताओं को लगता है कि राजिंदर नारंग व आलोक कृष्ण को जीतने से वह भले ही न रोक पाएँ, किंतु पंकज पेरिवाल को शायद रोक सकते हैं । दिल्ली के नेताओं की इस हरकत के खिलाफ हरियाणा-पंजाब में लेकिन बड़ी तीखी प्रतिक्रिया है, जो जीतते दिख रहे तीनों उम्मीदवारों को और बल दे रही है । इस घटना-चक्र ने नॉर्दर्न रीजन में रीजनल काउंसिल के चुनावी परिदृश्य को खासा रोचक जरूर बना दिया है ।

Monday, May 11, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत संजय वासुदेवा की उम्मीदवारी ने संजीव चौधरी, विजय गुप्ता, विनोद जैन और विशाल गर्ग के लिए एक साथ मुश्किलें तो खड़ी कर दी हैं; लेकिन खुद संजय वासुदेवा के लिए भी मामला उतना आसान नहीं दिख रहा है, जितना कि समझा जा रहा है

नई दिल्ली । एससी वासुदेवा ने अपने बेटे संजय वासुदेवा को इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के लिए चुनवाने का बीड़ा जिस तरह उठा लिया है, उसके कारण उन्होंने संजीव चौधरी, विजय गुप्ता, विनोद जैन और विशाल गर्ग के लिए एक साथ मुश्किलें खड़ी कर दी हैं । एससी वासुदेवा का प्रोफेशन के लोगों के बीच जो ऑरा (आभामंडल) है तथा उन्होंने संजय वासुदेवा की उम्मीदवारी के पक्ष में जो सक्रियता दिखाई है; उसके चलते एक तरफ जहाँ संजीव चौधरी और विजय गुप्ता के लिए सेंट्रल काउंसिल की अपनी मौजूदा सीट की रक्षा कर पाना मुश्किल हो गया है, वहीं दूसरी तरफ विनोद जैन और विशाल गर्ग के लिए सेंट्रल काउंसिल में घुसने का दरवाजा लोगों को और दूर हो गया लग रहा है । ऑडिट और कन्सल्टिंग क्षेत्र में नामी फर्म होने के नाते एससी वासुदेव का कंपनियों में जो वोट है, उस पर अच्छा प्रभाव है । संजीव चौधरी और विनोद जैन भी चूँकि कंपनियों के वोटों पर निर्भर रहते हैं, इसलिए इनके सामने कंपनियों के वोटों के छिन जाने का खतरा पैदा हो गया है । गौर करने वाला तथ्य यही है कि पिछली बार वासुदेवा खेमे का समर्थन मिलने के कारण ही संजीव चौधरी को जीत मिली थी; और संजीव चौधरी को वासुदेवा खेमे का समर्थन मिलने के कारण ही विनोद जैन सेंट्रल काउंसिल की अपनी सीट खो बैठे थे । इसीलिए लोगों को लग रहा है कि इस बार जब वासुदेवा खेमे से संजय वासुदेवा उम्मीदवार हो रहे हैं, तो विनोद जैन के लिए तो हालात और बुरे हो ही जाते हैं, संजीव चौधरी के लिए भी मुसीबत खड़ी हो जाती है । 
वासुदेवा फर्म का ब्राँच ऑफिस लुधियाना में होने के कारण लुधियाना तथा आसपास के शहरों में संजय वासुदेवा को अच्छा समर्थन मिलने की उम्मीद है - यही उम्मीद विजय गुप्ता और विशाल गर्ग के लिए खतरे की घंटी बजाती है । उल्लेखनीय है कि विजय गुप्ता को पिछली बार लुधियाना से ही संजीवनी मिली थी; संजय वासुदेवा की उम्मीदवारी और उनकी उम्मीदवारी को लुधियाना में मिलने वाले समर्थन की चर्चा ने विजय गुप्ता से वह संजीवनी छीन लेने का खतरा पैदा कर दिया है । विशाल गर्ग तो लुधियाना के भरोसे ही सेंट्रल काउंसिल के लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत कर रहे हैं । लोगों का पूछना लेकिन यह है कि लुधियाना में जब संजय वासुदेवा का डंका बजेगा, तब विशाल गर्ग के लिए बचेगा क्या ?
संजय वासुदेवा के लिए इस तरह ऊपरी तौर पर तो मामला बड़ा आसान लगता है, किंतु इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति के गणित तथा उसकी केमिस्ट्री को जानने/समझने वाले लोगों का यह भी मानना और कहना है कि संजय वासुदेवा के लिए मामला उतना आसान नहीं है, जितना कि समझा जा रहा है । संजय वासुदेवा के लिए सबसे बड़ी चुनौती यही है कि लोगों के बीच उनकी अपनी कोई पहचान नहीं है, वह एससी वासुदेवा के बेटे के रूप में ही पहचाने जाते हैं । यह सच है कि लोगों के बीच एससी सचदेवा की अच्छी साख, पहचान और प्रतिष्ठा है - किंतु इस साख, पहचान और प्रतिष्ठा को वोटों में बदलने का मैकेनिज्म भी उनके पास है, यह बात कोई भी विश्वास के साथ नहीं कह पा रहा है । वासुदेवा खेमे के एक प्रमुख सदस्य ने इन पँक्तियों के लेखक से साफ कहा कि एससी वासुदेवा के कारण संजय वासुदेवा को प्लेटफॉर्म तो अच्छा मिला है, लेकिन इस पर 'गाड़ी चलाने' का काम संजय वासुदेवा को ही करना पड़ेगा । वासुदेवा खेमे के जो बड़े नेता या लोग हैं, वह वास्तव में एससी वासुदेवा के साथ अपने को कनेक्ट करते हैं; उनका सक्रिय समर्थन संजय वासुदेवा को मिल सके - इसके लिए प्रयास संजय वासुदेवा को ही करने पड़ेंगे । यह प्रयास संजय वासुदेवा के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि सक्रिय राजनीति से वर्ष 2006 में एससी वासुदेवा के अलग होने के बाद से वासुदेवा खेमे के लिए 'अपने' उम्मीदवार को जितवा पाना और ला पाना मुश्किल हुआ है । 
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 में वासुदेवा खेमे से सुनील अरोड़ा उम्मीदवार बने थे, लेकिन कामयाब नहीं हो सके थे; और उसके बाद  चुनावों में वासुदेवा खेमे से कोई उम्मीदवार नहीं आया । आरोप की शक्ल में चर्चा यह रही है कि खेमे का पर्याप्त समर्थन न मिलने के कारण सुनील अरोड़ा कामयाब नहीं हो सके थे, और बाद के चुनावों में भी खेमे का पर्याप्त समर्थन न मिलने के डर से ही खेमे से कोई उम्मीदवार नहीं बना । हालाँकि खुद सुनील अरोड़ा इस तरह की बातों को गलत और बेबुनियाद बताते रहे हैं । कई मौकों पर सुनील अरोड़ा ने कहा है कि 2006 में यदि वह कामयाब नहीं हो सके थे, तो इसके लिए वह खुद ही जिम्मेदार थे । एक तो उन्होंने अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने में बहुत देर लगा दी थी, और दूसरे फिर वह अपने चुनाव अभियान के लिए भी आवश्यक समय नहीं दे पाए थे । सुनील अरोड़ा के अनुसार, खेमे के नेताओं ने तो वर्ष 2006 में भी उनको भरपूर सहयोग व समर्थन दिया था, तथा वर्ष 2009 में भी उन्हें उम्मीदवार बनने के लिए खूब प्रेरित किया था - लेकिन अपनी व्यस्तता के कारण वह ही उम्मीदवार नहीं बने थे । अब कारण चाहें जो रहे हों, सच्चाई यही है कि इंस्टीट्यूट के पिछले तीन चुनावों में वासुदेवा खेमे की जो 'प्रत्यक्ष' अनुपस्थिति रही है, उससे जो गैप बना है उसकी भरपाई करने की चुनौती एक उम्मीदवार के रूप में संजय वासुदेवा के सामने हैं । 
संजय वासुदेवा के जो कुछेक समर्थक नवीन गुप्ता के उदाहरण के साथ तर्क देते हैं कि जिस तरह 'सिर्फ' एनडी गुप्ता के बेटे होने के नाते नवीन गुप्ता इंस्टीट्यूट का चुनाव जीत सकते हैं, उसी तरह संजय वासुदेवा भी एससी वासुदेवा के बेटे होने के कारण चुनाव जीत लेंगे; वह एक तथ्य मिस कर रहे हैं कि जब नवीन गुप्ता पहली बार उम्मीदवार बने थे, तब तक एनडी गुप्ता की राजनीतिक सक्रियता में कोई गैप नहीं बना था और उनका खेमा वेद जैन को कामयाब करवा चुका था । एक बड़ा फर्क और है तथा वह यह कि एनडी गुप्ता का लोगों के बीच जो इन्वॉल्वमेंट और या प्रभाव रहा है उसमें राजनीतिक पुट ज्यादा रहा है; जबकि एससी वासुदेवा का लोगों के बीच जो इन्वॉल्वमेंट और या प्रभाव रहा है, उसमें एकेडमिक व कैरियर वाला पुट ज्यादा रहा है । इस एकेडमिक व कैरियर वाले पुट को राजनीति में - सीधे सीधे कहें तो वोटों में बदलने का काम संजय वासुदेवा को ही करना पड़ेगा, जो नवीन गुप्ता को नहीं करना पड़ा था । नवीन गुप्ता को तो बिना कुछ किए-धरे, अपने पिताजी के भरोसे जीत मिल गई थी - लेकिन संजय वासुदेवा को शायद उतनी आसानी से जीत न मिल सके । एससी वासुदेवा इस बात को बखूबी समझ रहे हैं और इसीलिए उन्होंने खुद भी मोर्चा सँभाला है तथा अपनी तरफ से पहल करके अपने लोगों को संजय वासुदेवा की उम्मीदवारी के पक्ष में सक्रिय होने के लिए प्रेरित करने में लगे हैं । 
संजय वासुदेवा की उम्मीदवारी के समर्थकों ने विश्वास व्यक्त किया है कि संजय वासुदेवा निश्चित रूप से एक उम्मीदवार की जिम्मेदारी निभायेंगे और वासुदेवा खेमे में चुनावी राजनीति के खिलाड़ी जो नेता हैं उनके सहयोग से संजय वासुदेवा चुनावी समीकरणों को अपने पक्ष में कर लेंगे । यह देखना सचमुच दिलचस्प होगा कि अपनी उम्मीदवारी के समर्थकों के इस विश्वास को बनाये रखने के लिए संजय वासुदेवा क्या करते हैं और कैसे करते हैं ? 

Tuesday, March 3, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन पद के चुनाव में सेंट्रल काउंसिल सदस्यों के तटस्थ हो जाने से बनी स्थितियों में विशाल गर्ग से निपटने और प्रमोद माहेश्वरी को रोकने के लिए दीपक गर्ग को ग्रुप के साथ बने रहने में अपनी जो भलाई दिखी है, उसने चुनावी परिदृश्य को दिलचस्प बनाया

नई दिल्ली । नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन पद की दौड़ में शामिल नेताओं के अपनी अपनी दौड़ को रोक देने के आभासों से लग रहा है कि चार मार्च को चुनाव की औपचारिकता पर मोहर लगने की कार्रवाई में राज चावला के नाम पर मोहर लग ही जायेगी । उल्लेखनीय है कि रीजनल काउंसिल के कई लोगों ने अस्त्रों-शस्त्रों से सुसज्जित होकर चेयरमैन पद की कुर्सी पर कब्जा करने की तैयारी की हुई थी, जिसे देखते हुए 27 फरवरी की मीटिंग में समीकरणों में भारी उलटफेर होने की संभावना देखी जा रही थी । 27 फरवरी की मीटिंग लेकिन जब सेंट्रल काउंसिल सदस्यों के रवैये की भेंट चढ़ गई, तब भी लगा यह था कि चेयरमैन पद पर निगाह लगाये घोषित और अघोषित लोगों को पाँच दिन का जो समय मिल गया है, उसमें वह अपने लिए नए समीकरण बैठा लेंगे । 27 फरवरी की मीटिंग में और मीटिंग से पहले जो कुछ हुआ उसमें कुछेक बातें ऐसी हुईं जिनसे आभास मिला कि जितना दिख रहा है, सिर्फ उतना ही नहीं हो रहा है - छिपे तौर पर 'कुछ' और करने की भी तैयारी है । हालाँकि फिर जो हालात बने, उसमें पर्दे के पीछे की सारी तैयारी धरी की धरी रह गई । लेकिन षड्यंत्रों की जो आहट उस दिन मिली, उससे यह आशंका जरूर बनी कि चार मार्च तक का जो समय मिल गया है उसमें चेयरमैन पद की दौड़ में शामिल नेता लोग अपने अस्त्रों-शस्त्रों को नए सिरे से धार देंगे और चार मार्च को एक नया घमासान देखने को मिलेगा ।
काउंसिल की चुनावी राजनीति में सक्रिय नेताओं की बात मानें तो रीजनल काउंसिल के चेयरमैन पद के लिए जो लोग दौड़ में थे, उन्होंने अपने अपने हथियार लेकिन अब रख दिए हैं । जो लोग चेयरमैन नहीं 'बन' पाये और या राज चावला के चेयरमैन 'बनने' से परेशान हैं, उन्होंने भी स्थिति को लगता है कि स्वीकार कर लिया है । चेयरमैन बनने के लिए दीपक गर्ग सबसे ज्यादा उतावले थे । उन्होंने हर संभव तिकड़म करके देख लिया था । सेंट्रल काउंसिल के सदस्य विजय गुप्ता का समर्थन तो उन्हें था ही, साथ ही उन्होंने सत्ता खेमे और विरोधी खेमे में भी अपनी चेयरमैनी के लिए समर्थन जुटा लेने का दावा किया था । किंतु 27 फरवरी को जब अपने समर्थकों को उन्होंने परखा तो यह देख कर तो उनके तोते उड़ गए कि जिन समर्थकों के भरोसे वह चेयरमैन पद पर दावा करने जा रहे हैं, वह तो दूसरे उम्मीेदवारों के साथ भी तार जोड़े हुए हैं । दीपक गर्ग ने मौके की नजाकत को समझा और पलटी मारने में देर नहीं लगाई और वह ग्रुप की एकता की बात करने लगे तथा पर्ची के जरिये फैसला करने की व्यवस्था के लिए राजी हो गए । चेयरमैन के लिए 'फैसला' हो जाने के बाद भी जब 27 फरवरी की मीटिंग में चेयरमैन का चुनाव नहीं हो पाया, तब एकबार फिर दीपक गर्ग की तरफ लोगों का संदेह गया और आशंका हुई कि दीपक गर्ग को पाँच दिन का जो समय मिल गया है, उसमें वह फिर अपने लिए कोई तिकड़म लगायेंगे ।
दीपक गर्ग ने इन संदेहों व आशंकाओं को खत्म करने के लिए अपनी तरफ से लेकिन यह साफ कर दिया है कि वह ग्रुप के साथ हैं और ग्रुप के फैसलों का साथ देंगे । दीपक गर्ग ने इन पँक्तियों के लेखक से बात करते हुए भी यह स्पष्ट किया कि ग्रुप के फैसलों के खिलाफ जाने की उनकी न तो कोई सोच है और न ही कोई तैयारी है । इन पँक्तियों के लेखक से बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि चार मार्च को आप देखियेगा कि मैं ग्रुप के फैसलों के साथ ही खड़ा दिखूँगा । दरअसल दीपक गर्ग ने समझ लिया है कि पीछे उन्होंने जैसी जो हरकतें की हैं उससे उन्हें हासिल तो कुछ हुआ नहीं, उलटे उनकी बदनामी खासी हुई है । अपनी बदनामी के दाग धोने के लिए दीपक गर्ग को अब ग्रुप के साथ बने रहना ही जरूरी लग रहा है । दीपक गर्ग के सामने दो और समस्याएँ पैदा हो गईं हैं - अपने गेमप्लान के फेल हो जाने के लिए दीपक गर्ग ने विशाल गर्ग को जिम्मेदार ठहराना शुरू किया है । दीपक गर्ग का कहना है कि विशाल गर्ग दिख तो उनके साथ रहे थे, लेकिन अंदर ही अंदर वह वास्तव में उनकी जड़ें खोदने का काम कर रहे थे । दीपक गर्ग का आरोप है कि उनकी तिकड़मों की जो बातें लोगों के बीच चर्चा में हैं वह सब विशाल गर्ग ने बताई/फैलाई हैं और इस तरह से विशाल गर्ग ने उन्हें धोखा दिया है । इसलिए अब वह विशाल गर्ग से निपटना चाहते हैं और इसलिए ग्रुप में रहना चाहते हैं । वह समझ रहे हैं कि ग्रुप में रह कर ही वह विशाल गर्ग से निपट सकते हैं ।
दीपक गर्ग के सामने दूसरी समस्या प्रमोद माहेश्वरी ने पैदा की हुई है । प्रमोद माहेश्वरी चेयरमैन पद के लिए अपनी खिचड़ी पकाते देखे/सुने गए हैं । 27 फरवरी की मीटिंग से पहले उन्हें कई एक लोगों से एक वोट की कमी को पूरा करने की गुहार लगाते देखा/सुना गया था । उनका कहना था कि उन्होंने छह वोट तो जुगाड़ लिए हैं, बस एक वोट की कमी बाकी है । किसी को हालाँकि प्रमोद माहेश्वरी की इस बात पर भरोसा नहीं था और लोगों का यही कहना था कि प्रमोद माहेश्वरी एक एक वोट माँगते हुए ही वोट इकठ्ठा करने की कोशिश कर रहे हैं । लोगों के बीच प्रमोद माहेश्वरी द्धारा चार मार्च की मीटिंग में अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की चर्चा तो जरूर है, लेकिन हर किसी का मानना और कहना यही है कि उनके पास कुछ है नहीं । दीपक गर्ग को डर लेकिन यह है कि प्रमोद माहेश्वरी का दावा यदि सच है तो उनके लिए तो यह बहुत ही बुरा होगा । दीपक गर्ग के लिए चुनौती की बात यह भी हो गई है कि वह कुछ भी करें और प्रमोद माहेश्वरी को चेयरमैन न बनने दें । इसी कारण से दीपक गर्ग इस बात को लेकर बहुत परेशान हैं कि ग्रुप में कौन कौन हैं जो प्रमोद माहेश्वरी को समर्थन देने का भरोसा दिए हुए हैं । यह जानने और उस कथित भरोसे को खत्म करने के लिए दीपक गर्ग को ग्रुप के साथ रहने व 'दिखने' में ही अपनी भलाई नजर आ रही है ।
चेयरमैन बनने की दौड़ में शामिल उम्मीदवारों को दरअसल सेंट्रल काउंसिल के सदस्यों के तटस्थ हो जाने से भी झटका लगा है । 27 फरवरी की मीटिंग में सेंट्रल काउंसिल सदस्यों ने जो किया और उनके किए से रीजनल काउंसिल के नए पदाधिकारियों का चुनाव जिस तरह से स्थगित हुआ, उससे उनकी भारी फजीहत हुई है । लिहाजा अब वह किसी नए विवाद में नहीं पड़ना चाहते हैं । यह वर्ष चूँकि चुनाव वर्ष है, इसलिए चुनाव में उतरने के प्रति गंभीर कोई भी उम्मीदवार राज चावला की राह का रोड़ा बनने की कोशिश करके बदनामी मोल नहीं लेना चाहेगा । दरअसल इन्हीं बनी स्थितियों में दीपक गर्ग ने अपने लिए नई भूमिका तय की है, जिस भूमिका के तहत उनके लिए विशाल गर्ग से निपटना और प्रमोद माहेश्वरी को रोकना जरूरी हो गया है । बाकी तो चार मार्च को जो होगा, सो होगा ही ।

Monday, March 3, 2014

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में दीपक गर्ग को भरोसा है कि उनके राजनीतिक गुरु विजय गुप्ता अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए एक्जीक्यूटिव कमेटी में तो उनकी जगह पक्की करवा ही देंगे; और इस तरह राजिंदर नारंग क्या एक बार फिर धोखाधड़ी का शिकार होंगे

नई दिल्ली । इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन बनने में विफल रहे दीपक गर्ग ने अब काउंसिल की एक्जीक्यूटिव कमेटी में जगह बनाने के लिए तिकड़म लगाना शुरू कर दिया है । एक्जीक्यूटिव कमेटी के गठन की जिम्मेदारी में चूँकि उनके राजनीतिक गुरु सेंट्रल काउंसिल के सदस्य विजय गुप्ता की भी भूमिका रहनी है, इसलिए उन्हें विश्वास है कि विजय गुप्ता एक्जीक्यूटिव कमेटी में तो उनकी सीट पक्की करवा ही देंगे । दीपक गर्ग को भरोसा है कि विजय गुप्ता ने उन्हें चेयरमैन बनवाने का जो बीड़ा उठाया था, उसमें वह भले ही असफल रहे हों - लेकिन एक्जीक्यूटिव कमेटी में सदस्य तो वह उन्हें जरूर ही बनवा देंगे । दीपक गर्ग की इस कोशिश में योगिता आनंद और राजिंदर नारंग के साथ एक बार फिर अन्याय होता दिख रहा है । उल्लेखनीय है कि दीपक गर्ग की तिकड़म के चलते नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सत्ता समीकरण जिस तरह से बिगड़ा है, उसमें सबसे ज्यादा घाटा इन्हीं दोनों का हुआ है । योगिता आनंद को पिछले वर्ष की तुलना में पदों की वरीयता में पीछे धकेल दिया गया है, तो राजिंदर नारंग को तो टीम से ही बाहर कर दिया गया है - जबकि पिछले वर्ष वह सेक्रेटरी जैसे महत्वपूर्ण पद पर थे ।
विजय गुप्ता द्धारा लिखी गई पटकथा पर दीपक गर्ग ने जो शो मैनेज किया उसमें निशाना हालाँकि राजिंदर नारंग को बनाया गया, लेकिन चोट पहुँचाने का लक्ष्य विशाल गर्ग थे । दीपक गर्ग ने राजिंदर नारंग को दो तरह से घेर कर अपने खेल की शुरुआत की - एक तरफ तो उन्होंने राजिंदर नारंग पर आरोप लगाया कि वह ग्रुप तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, और दूसरी तरफ उन्होंने विशाल गर्ग को समझाया कि राजिंदर नारंग उन्हें बदनाम कर रहे हैं । इस तरह, राजिंदर नारंग के खिलाफ छेड़ी गई लड़ाई में उन्होंने विशाल गर्ग को अपने समर्थन में कर लिया । मजे की बात यही रही कि लड़ाई राजिंदर नारंग के खिलाफ थी ही नहीं, उन्हें तो बलि का बकरा बनाया जा रहा था; लड़ाई तो विशाल गर्ग के खिलाफ थी, और विशाल गर्ग अपने खिलाफ सजाई गई इस लड़ाई में अपने 'दुश्मनों' की ही मदद कर रहे थे । विशाल गर्ग सेंट्रल काउंसिल के लिए संभावित उम्मीदवार के रूप में देखे/पहचाने जा रहे हैं और इस संभावना में सबसे ज्यादा खतरा विजय गुप्ता महसूस कर रहे हैं । दीपक गर्ग और विजय गुप्ता ने एक तरफ तो विशाल गर्ग को उनकी प्रशासनिक असफलताओं के लिए बदनाम किया/कराया और इस बदनामी के लिए राजिंदर नारंग को जिम्मेदार बता कर हरियाणा व पंजाब की ब्रांचेज में उनके लिए चुनौती खड़ी करने का प्रयास किया । विजय गुप्ता को इस बात में अपना फायदा दिखता है कि विशाल गर्ग और राजिंदर नारंग एक-दूसरे से लड़ते हुए दिखाई दें । विशाल गर्ग इस खेल को समझ नहीं सके और राजिंदर नारंग यही साबित करने की कोशिश में जुटे रहे कि उन्होंने ग्रुप तोड़ने की कोशिश नहीं की ।
राजिंदर नारंग को बहुत देर में इस बात के सुबूत मिले कि ग्रुप तोड़ने की कोशिश तो दीपक गर्ग कर रहे थे और उन्हें तो सिर्फ इस्तेमाल किया जा रहा था । ग्रुप के सभी सदस्यों के सामने दीपक गर्ग के किये-धरे की पोल खुली तो राजिंदर नारंग आरोप से तो बरी हो गए, लेकिन तब तक वह सत्ता गलियारे से भी बाहर हो चुके थे । जिस सत्ता खेमे को बनाने में राजिंदर नारंग का भी सक्रिय सहयोग रहा था - और कुछेक लोगों से तो ज्यादा ही रहा था, उस सत्ता खेमे के लोगों ने उन्हें किनारे करके पदों की बंदरबाँट कर ली थी । सत्ता खेमे के लोगों ने यह सब कर जरूर लिया था, लेकिन सेंट्रल काउंसिल के सदस्यों की सक्रियता के चलते जो गणित बना था उसके कारण काउंसिल में सत्ता का समीकरण बदल चुका था । इस बदले समीकरण में एक मौके पर सत्ता की चाबी राजिंदर नारंग के हाथ में आ गई थी । राजिंदर नारंग यदि पाला बदल लेते तो फिर काउंसिल के पदाधिकारियों का चुनाव उनकी मर्जी से होता । एक मौके पर चेयरमैन का चुनाव होता दिखा तो सत्ता खेमे में निकली पर्ची के बल पर चेयरमैन पद के दावेदार राधेश्याम बंसल के पैरों तले की जमीन खिसक गई; उन्हें लगा कि चेयरमैन की हाथ आई कुर्सी उनसे निकल ही जायेगी । तब उन्होंने तथा खेमे के दूसरे लोगों ने और दीपक गर्ग ने भी उनकी खुशामद की और उन्हें खेमे में ही बने रहने के लिए मनाने का प्रयास किया । राधेश्याम बंसल ने उन्हें याद दिलाया कि उन्होंने उनसे वायदा किया था कि यदि उनका चेयरमैन बनने का मौका लगा तो वह उनकी राह का रोड़ा नहीं बनेंगे । दीपक गर्ग ने अपने किये-धरे के लिए माफी माँगी और इस बात पर जोर दिया कि जो हुआ सो हुआ पर अब हमें आगे देखना चाहिए ।
राजिंदर नारंग के कुछेक नजदीकियों का उनसे कहना था कि वह जिन्हें अपना मानते रहे हैं, उन्होंने उनके साथ तरह-तरह से धोखा ही किया है और उन्हें बदनाम करने से लेकर उन्हें टीम से बाहर रखने/करने तक का काम किया है, ऐसे में उनके साथ फिर जा मिलने का भला क्या औचित्य होगा ? राजिंदर नारंग ने लेकिन माना कि जिन लोगों के साथ वह पिछले एक वर्ष से हैं, और जिनके साथ काउंसिल में कुछ बेहतर करने का उन्होंने सपना देखा था और अपने स्तर पर जैसा जो हो सकता था प्रयास किया - उन्हें उन्हीं के साथ रहना चाहिए । कुछेक साथियों द्धारा निशाना बनाये जाने और अलग-थलग किये जाने के प्रसंग को लेकर राजिंदर नारंग का मानना रहा कि ऐसा करने वाले अब जब माफी माँग रहे हैं और जो हुआ उसे भूलने की बात कह रहे हैं, तो उन्हें भी उदारता का परिचय देना चाहिए । राजिंदर नारंग को यह कहने/समझाने वाले लोगों की हालाँकि कमी नहीं थी कि इन लोगों की माफी-वाफी के चक्कर में न पड़ो और जो मौका मिल रहा है उसका फायदा उठाओ - राजिंदर नारंग ने लेकिन यही उचित समझा कि किसी पद के लालच में उन्हें पश्चाताप कर रहे अपने साथी रहे लोगों का साथ नहीं छोड़ना चाहिए । राजिंदर नारंग ने विश्वास किया कि जो लोग अपने किये धरे के लिए माफी माँग रहे हैं, वह अब दोबारा उन्हें अपने किसी षड्यंत्र का शिकार नहीं बनायेंगे । राजिंदर नारंग द्धारा अपने खेमे में ही बने रहने का फैसला करने के बाद ही राधेश्याम बंसल के चेयरमैन बनने, स्वदेश गुप्ता के सेक्रेटरी बनने और राजेश अग्रवाल के ट्रेजरार बनने का रास्ता साफ हुआ ।
नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के पदों की तो बंदरबाँट हो गई है - समय अब एक्जीक्यूटिव कमेटी के गठन का है । एक्जीक्यूटिव कमेटी में 9 सदस्य होने हैं । 26 फरवरी की मीटिंग में जो तय हुआ था उसके अनुसार सत्ता खेमे के 9 में से 7 लोगों को एक्जीक्यूटिव कमेटी में लेना है । ज्यादा झमेला विशाल गर्ग, हंसराज चुग, राजिंदर नारंग, दीपक गर्ग और योगिता आनंद को लेकर है । इन पाँच में से तीन लोगों का चुनाव होना है । विशाल गर्ग और हंसराज चुग की सीट पक्की समझी जा रही है और योगिता आनंद का बाहर रहना तय माना जा रहा है । झगड़ा दीपक गर्ग और राजिंदर नारंग को लेकर है । राधेश्याम बंसल यूँ तो राजिंदर नारंग के प्रति झुकाव दिखा रहे हैं, किंतु दीपक गर्ग ने उन पर अपने लिए दबाव बनाया हुआ है । दीपक गर्ग ने ही उन्हें सुझाया है कि राजिंदर नारंग को लेना ही है, तो विशाल गर्ग की जगह ले लो । दीपक गर्ग को भरोसा है कि उनके राजनीतिक गुरु विजय गुप्ता अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए राधेश्याम बंसल को प्रभावित कर लेंगे और एक्जीक्यूटिव कमेटी में उनकी जगह पक्की करवा ही देंगे । ऐसे में, राजिंदर नारंग के लिए एक बार फिर धोखाधड़ी का शिकार होने की और अलग-थलग कर दिए जाने की संभावना बन रही है ।

Wednesday, February 26, 2014

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में दीपक गर्ग की पोल खुली और लॉटरी लगी राधेश्याम बंसल, मनोज बंसल और हरित अग्रवाल की

नई दिल्ली । इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के एक सदस्य दीपक गर्ग के साथ तो बहुत ही बुरा हुआ । दीपक गर्ग पिछले करीब तीन महीने से चेयरमैन बनने की तिकड़म लगा रहे थे - लेकिन चेयरमैन बनना तो दूर वह एक्जीक्यूटिव काउंसिल के सदस्य तक नहीं बन सके । सिर्फ इतना ही नहीं, रीजनल काउंसिल की मीटिंग में उनकी हरकतों का खुलासा हुआ, जिससे उनकी भारी फजीहत हुई - और सिर्फ यही नहीं हुआ, उन्हें फजीहत से बचाने में उनके 'गुरु' विजय गुप्ता ने भी कोई प्रयास नहीं किया और उन्हें अकेला छोड़ दिया । नए पदाधिकारियों को चुनने के लिए हुई रीजनल काउंसिल की मीटिंग दीपक गर्ग के लिए 'सिर मुंडाते ही ओले पड़ने' वाली साबित हुई । मीटिंग की शुरुआत सेंट्रल काउंसिल के सदस्य संजीव चौधरी के उस निमंत्रण से हुई जो उन्होंने रीजनल काउंसिल के सदस्य हरित अग्रवाल को दिया, जिसमें कहा गया कि हरित, जो कुछ तुम अभी बाहर कह रहे थे, उसे यहाँ कहो । दरअसल, मीटिंग शुरू होने से पहले एक अनौपचारिक बातचीत में हरित अग्रवाल ने संजीव चौधरी से कुछ कहा था - उसी का संज्ञान लेते हुए संजीव चौधरी ने मीटिंग के औपचारिक रूप से शुरू होने पर हरित अग्रवाल को निमंत्रित किया ।
हरित अग्रवाल ने जो कुछ कहा, उससे दीपक गर्ग के लिए फजीहत का माहौल पूरी तरह बन गया । हरित अग्रवाल ने जो बताया, उसका लब्बोलुबाब यह था कि दीपक गर्ग ने चेयरमैन पद हथियाने की अपनी तिकड़म में सत्ता खेमे से बाहर के दो सदस्यों - हरित अग्रवाल और मनोज बंसल से संपर्क साधा था और उन्हें पदों का लालच देकर अपने साथ करने की तैयारी की थी । दीपक गर्ग ने उन्हें समझाया था कि अपने खेमे में उनकी राजिंदर नारंग, हंसराज चुग और राज चावला से नहीं बन रही है, इसलिए यदि वह दोनों उनके साथ आ जाते हैं तो उनका एक नया सत्ता खेमा बन जायेगा । नया सत्ता खेमा बनाने की दीपक गर्ग की कोशिश में स्वदेश गुप्ता का समर्थन तो उन्हें खुल कर मिल रहा था, लेकिन राधेश्याम बंसल और विशाल गर्ग के समर्थन को लेकर संदेह बना हुआ था । दरअसल इसीलिए दीपक गर्ग के प्रयासों के फलीभूत होने में देर लग रही थी । हरित अग्रवाल और मनोज बंसल सत्ता खेमे का हिस्सा बनने को लेकर तो तैयार हो गए थे, लेकिन वह आश्वस्त भी हो लेना चाहते थे कि सचमुच में कोई नया सत्ता खेमा बन भी रहा है ? उधर राधेश्याम बंसल और विशाल गर्ग भी दीपक गर्ग की खिचड़ी में शामिल होने के लिए तब तक इंतज़ार कर लेना चाहते थे, जब तक की खिचड़ी के सचमुच तैयार होने की स्थितियाँ न बन जाएँ । दीपक गर्ग ने इस खिचड़ी को तैयार करने में काफी मेहनत की और उनकी मेहनत से परिचित लोगों का कहना है कि इस खिचड़ी को तैयार करने/करवाने में सेंट्रल काउंसिल के सदस्य विजय गुप्ता ने दीपक गर्ग की बहुत मदद की । चर्चा तो यहाँ तक रही कि दीपक गर्ग के इस खेल के असली सूत्रधार विजय गुप्ता ही थे, दीपक गर्ग तो सिर्फ इस्तेमाल हो रहे थे ।
ख़ैर, इस संबंध में सच्चाई चाहें जो हो - दीपक गर्ग के लिए एक समय उपलब्धि की बात यह रही कि नए सत्ता खेमे के लिए पर्याप्त लोग जुट गए । इन जुटे लोगों की एकजुटता को और सीमेंटेड करने के उद्देश्य से दीपक गर्ग इन्हें लेकर कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर गए और वहाँ एकजुट रहने की सौगंध ली । यहाँ तक लगा कि दीपक गर्ग ने नया कुनबा जोड़ लिया है और अब उन्हें चेयरमैन बनने से कोई नहीं रोक सकता है । लेकिन इसके बाद फिर अचानक पता नहीं कि क्या हुआ, दीपक गर्ग ने हरित अग्रवाल और मनोज बंसल से बात तक करना बंद कर दिया । उनका माथा ठनका और उन्होंने तहकीकात की तो उन्हें पता चला कि दीपक गर्ग दूसरे लोगों के साथ भी समीकरण बनाने की जुगाड़ में हैं । हरित अग्रवाल और मनोज बंसल ने अपने आप को ठगा हुआ पाया । यह किस्सा बयान करते हुए हरित अग्रवाल ने अपनी बात को भावनात्मक-सा ट्विस्ट दिया और कहा कि मेरा कैरियर अभी शुरू ही हुआ है, इस तरह की धोखेबाजी और ठगी के अनुभव लेकर मैं आगे बढ़ूँगा तो मैं कैसा बनूँगा और प्रोफेशन को तथा इंस्टीट्यूट को कैसी पहचान दूँगा । हरित अग्रवाल के इस किस्से ने मीटिंग में मौजूद सेंट्रल काउंसिल के सदस्यों को भड़का दिया और उन्होंने लगभग एक मत से कहा कि रीजनल काउंसिल में जो खेमेबाजी है, उसे ख़त्म किया जाए । इसके लिए उन्होंने फार्मूला सुझाया कि दीपक गर्ग ने सत्ता खेमे के बहुमत के भरोसे हरित अग्रवाल और मनोज बंसल को जो पद देने का वायदा किया था, उन दोनों को वह पद दिए जाएँ और बाकी पदों के लिए सत्ता खेमे के लोग जैसे चाहें वैसे चुनाव कर लें । फार्मूले में एक बात यह और कही गई कि सत्ता खेमे से बाहर जो दो सदस्य हैं - गोपाल केडिया और प्रमोद माहेश्वरी, उन्हें एक्जीक्यूटिव काउंसिल की प्रत्येक मीटिंग में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया जाये ।
सेंट्रल काउंसिल के सदस्यों ने यह फार्मूला सुझाते हुए स्पष्ट कर दिया कि रीजनल काउंसिल के सत्ता खेमे के लोग यदि इस फार्मूले को स्वीकार नहीं करेंगे तो फिर वह एक्स-ऑफिसो सदस्य के रूप में रीजनल काउंसिल में शामिल होंगे और देखेंगे कि यहाँ कौन कैसे क्या मनमानी करता है ? सेंट्रल काउंसिल सदस्यों के यह तेवर देख कर रीजनल काउंसिल में सत्ता की बंदरबाँट की जुगाड़ में लगे सत्ता खेमे के सदस्यों ने समर्पण करने में ही अपनी भलाई देखी और सेंट्रल काउंसिल के सदस्यों द्धारा सुझाए गए फार्मूले को स्वीकार करते हुए बाकी बचे पदों के लिए पिछली बार तय किये गए तरीके - लॉटरी निकालने के जरिए - से चुनाव करने को राजी हो गए । यानि, सत्ता खेमे के लिए दीपक गर्ग की हरकत से हालात यह बने कि 'खाया पिया कुछ नहीं और गिलास तोड़ा बारह आना ।' आखिर हुआ वही जो होना तय हुआ था; दीपक गर्ग हरकत न करते और यही होने देते तो सत्ता खेमे की एकता भी बनी रहती और उन्हें सेंट्रल काउंसिल के फार्मूले को स्वीकार करने के लिए मजबूर भी न होना पड़ता - और सबसे बड़ी बात कि दीपक गर्ग की फजीहत भी नहीं होती । जिनको भी दीपक गर्ग की हरकत का पता चला है, उनका कहना रहा है कि दीपक गर्ग ने काउंसिल के अपने साथियों को तो धोखा दिया और देने की कोशिश की ही, हनुमान जी को भी धोखा देने की जो कोशिश की, उसका ही प्रतिफल उन्हें मिला है और उन्हें भारी फजीहत का शिकार होना पड़ा है ।  

Monday, February 24, 2014

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में चेयरमैन पद को लेकर चली दीपक गर्ग की तिकड़म में राधेश्याम बंसल और गोपाल केडिया ने भी अपना काम बनाने का मौका देखा

नई दिल्ली । इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सत्ता खेमे के एक सदस्य दीपक गर्ग की चेयरमैन बनने की कोशिश ने सत्ता खेमे में जो फूट डाल दी है, उसके चलते नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में चेयरमैन पद के लिए होने वाला चुनाव खासा दिलचस्प हो गया है । रीजनल काउंसिल के कुछेक सदस्यों को हालाँकि लगता है कि दीपक गर्ग ने बड़े प्रयत्न से और बड़ी तिकड़म से अपने लिए जो घोड़ी सजाई है, एन मौके पर हो सकता है कि उस पर राधेश्याम बंसल जा बैठें और दीपक गर्ग टापते ही रह जाएँ । दीपक गर्ग की चेयरमैन पद हथियाने की कोशिश के चलते काउंसिल में नए समीकरण बनने की जो संभावना बनी है, उसने गोपाल केडिया को भी उम्मीदों से भर दिया है । गोपाल केडिया को लगने लगा है कि जिस सत्ता खेमे में उनके लिए कोई जगह नहीं बन पाई थी, उस सत्ता खेमे के बिखरने से शायद उनके लिए कोई राह बन सके । जो हो रहा है उसे देख कर चेयरमैन बनने की गुपचुप-गुपचुप इच्छा रखने वाले काउंसिल सदस्यों के मन में भी यह सोच कर गुदगुदी-सी होने लगी है कि दीपक गर्ग की चाल से जो आग लगी है, उसमें शायद उनकी दाल ही गल जाये ।
जाहिर है कि नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में चेयरमैन पद के चुनाव को लेकर नजारा दिलचस्प है ।
उल्लेखनीय है कि नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के मौजूदा टर्म के पहले वर्ष - यानि पिछले वर्ष 13 में से 8 सदस्यों ने एक ग्रुप बना कर सत्ता पर कब्ज़ा कर लिया था । सत्ता के सभी महत्वपूर्ण पदों के लिए सर्वसम्मती से यह फैसला किया गया था कि प्रत्येक पद के लिए इच्छुक लोगों के नाम की पर्ची डाली जायेगी और जिसका नाम निकलेगा, उसका उक्त पद पर कब्ज़ा होगा । इस फार्मूले पर सभी आठों सदस्यों की रजामंदी तो थी ही, इस फार्मूले के साथ बने/टिके रहने को लेकर दिल्ली के कनाट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में उन्होंने सौगंध भी खा ली थी । लेकिन दूसरी बार अब जब पदाधिकारी चुनने का समय आया तो दीपक गर्ग ने उक्त फार्मूले को और उसे लेकर खाई गई सौगंध को भुला दिया और चेयरमैन के पद पर अपना दावा ठोक दिया । मजे की बात यह रही कि दीपक गर्ग इसके लिए काफी समय से तैयारी कर रहे थे और उन्होंने इसकी किसी को भनक तक नहीं लगने दी । उन्होंने इसके लिए दो-तरफ़ा तैयारी की - एक तरफ तो उन्होंने काउंसिल में अपने खेमे के राजिंदर नारंग, हंसराज चुग और राज चावला को चेयरमैन विशाल गर्ग की आलोचना करने के लिए उकसाया; और दूसरी तरफ विशाल गर्ग को समझाया कि यह तीनों उन्हें बदनाम करने के काम में लगे हैं । दीपक गर्ग की इस तैयारी का भेद तब खुला जब चेयरमैन पद के लिए प्रस्तुत किये गए उनके दावे को विशाल गर्ग का समर्थन मिलता दिखा । राजिंदर नारंग, हंसराज चुग और राज चावला यह देख कर हैरान रह गए कि जो दीपक गर्ग हमेशा ही जिन विशाल गर्ग की शिकायत और आलोचना करते रहते थे, अब उन्हीं विशाल गर्ग के समर्थन के बूते चेयरमैन बनने की राह पर हैं ।
दीपक गर्ग ने इस काम में जातिवाद का कार्ड भी चला और अपने खेमे को बनिया-पंजाबी खेमे में बाँट दिया । इस काम में उन्हें इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य विजय गुप्ता की भी मदद मिली । इन दोनों ने ही बार-बार इस बात को उड़ाया कि हंसराज चुग चेयरमैन बनने के लिए विशाल गर्ग को बदनाम कर रहे हैं और इस काम में उन्हें राज चावला और राजिंदर नारंग का सहयोग मिल रहा है । चेयरमैन के रूप में लिए गए विशाल गर्ग के जिन भी फैसलों की आलोचना हुई, उसके लिए दीपक गर्ग और विजय गुप्ता बड़ी होशियारी से राजिंदर नारंग, हंसराज चुग और राज चावला को जिम्मेदार साबित करते रहे - और इस तरह एक तरफ वह विशाल गर्ग को बदनाम भी करते रहे और उनकी बदनामी का ठीकरा दूसरों के सिर फोड़ कर विशाल गर्ग को अपने नजदीक भी करते रहे । इसका नतीजा नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के अवार्ड फंक्शन में दिखा, जहाँ विजय गुप्ता के अलावा सेंट्रल काउंसिल के और किसी सदस्य को कोई तवज्जो नहीं मिली । विजय गुप्ता इस खेल में इसलिए ही शामिल हुए हैं कि इसमें उन्हें दोहरा फायदा दिखा है । एक तरफ विशाल गर्ग की बदनामी कर/करवा कर सेंट्रल काउंसिल के अगले चुनाव में विशाल गर्ग से मिलने वाली संभावित चुनौती को उन्होंने कमजोर करने का काम किया है, और दूसरी तरफ दीपक गर्ग के जरिये रीजनल काउंसिल पर कब्जे की उम्मीद लगाई है । विजय गुप्ता को विश्वास है कि दीपक गर्ग चेयरमैन बनेंगे, तो वह तो बस नाम के चेयरमैन होंगे; चेयरमैनी करने का मौका तो वास्तव में उन्हें (यानि विजय गुप्ता को) मिलेगा ।
दीपक गर्ग ने पूरी तैयारी के साथ जो चाल चली है, उसमें उन्हें लेकिन सिर्फ विशाल गर्ग और स्वदेश गुप्ता का ही समर्थन खुले तौर पर मिल सका है । राजिंदर नारंग ने दीपक गर्ग की कोशिश का खुला और कड़ा विरोध करके दीपक गर्ग की राह में रोड़ा डालने का काम तो किया है, लेकिन दीपक गर्ग और विजय गुप्ता को भरोसा है कि वह अपना काम बना लेंगे । यह उम्मीद उन्हें इसलिए है क्योंकि हंसराज चुग और राज चावला ने राजिंदर नारंग का साथ नहीं दिया है । इन्होंने अभी हालाँकि दीपक गर्ग का समर्थन करने का भी संकेत नहीं दिया है, लेकिन दीपक गर्ग को भरोसा है कि खेमे की एकता बनाये रखने के नाम पर इन दोनों का समर्थन उन्हें मिल जायेगा । यह भरोसा दीपक गर्ग को इसलिए भी है क्योंकि राजिंदर नारंग ने भले ही उनकी कोशिश का विरोध किया है, लेकिन उन्होंने भी किसी और के साथ जाने का संकेत नहीं दिया है । दीपक गर्ग को विश्वास है कि 'तटस्थ' राजिंदर नारंग उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुँचा सकेंगे । योगिता आनंद को भी काम दिलवाने का लालच देकर अपनी तरफ कर लेने का भरोसा दीपक गर्ग को है ।
दीपक गर्ग को इतने सब भरोसों के बाद भी लेकिन खतरा खेमे के भीतर राधेश्याम बंसल से है । राधेश्याम बंसल ने समझ लिया है कि दीपक गर्ग ने अपनी जो तिकड़म लगाई है, उसके कारण उन्होंने अपने लिए विरोध भी खड़ा कर लिया है । राधेश्याम बंसल को लगता है कि जो हालात बने हैं, उसमें उनके लिए भी मौका बन सकता है । दीपक गर्ग ने हालाँकि तीसरे वर्ष में राधेश्याम बंसल को चेयरमैन बनाने/बनवाने का ऑफर देकर अपने समर्थन में लाने का प्रयास किया है, लेकिन राधेश्याम बंसल ने उन्हें फार्मूला सुझाया है कि इस बार राधेश्याम बंसल और अगली बार दीपक गर्ग । राधेश्याम बंसल समझ रहे हैं कि अगली बारी किसने देखी है, जो पाना है अभी ही पा लो । राधेश्याम बंसल के इस तेवर ने दीपक गर्ग को सचमुच डरा दिया है : उन्हें लग रहा है कि चेयरमैन पद की जिस घोड़ी को उन्होंने अपने लिए सजाया है, राधेश्याम बंसल उस पर चढ़ बैठने की ताक में हैं । सत्ता खेमे में मचे इस घमासान में गोपाल केडिया को अपना काम बनता हुआ दिखने लगा है । उन्हें लग रहा है कि सत्ता खेमे में चेयरमैन पद को लेकर खींचतान यदि ज्यादा बढ़ी तो चेयरमैन पद पर उनका दाँव भी लग सकता है ।
नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन पद की आड़ में दरअसल अगले सेंट्रल काउंसिल के चुनाव के पक्के और संभावित उम्मीदवारों की राजनीति भी छिपी हुई है, इसलिए चेयरमैन पद के चुनाव को लेकर बनने वाले नए समीकरण में लगातार उलटफेर हो रहे हैं । इस लगातार हो रहे उलटफेर ने ही नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन पद के लिए होने वाले चुनाव को दिलचस्प बना दिया है ।  

Monday, September 16, 2013

चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में विशाल गर्ग के खिलाफ मुहिम चलाने के कारण अतुल कुमार गुप्ता को दोहरी मार का शिकार होना पड़ रहा है

नई दिल्ली। अतुल कुमार गुप्ता को नार्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरपरसन विशाल गर्ग से इस बात को लेकर बहुत शिकायत है कि चेयरपरसन के रूप में विशाल गर्ग ने ब्रांचेज में अपना स्वागत.सम्मान कराने का अकेला एजेंडा लागू किया हुआ है और इस तरह चेयरपरसन के रूप में सेंट्रल काउंसिल के लिए चुनावी तैयारी कर रहे हैं । चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य अतुल कुमार गुप्ता कई मौकों पर अपनी इस शिकायत को व्यक्त कर चुके हैं कि नार्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरपरसन के रूप में विशाल गर्ग चार्टर्ड एकाउंटेंट्स और प्रोफेशन के हित में कुछ ठोस पहल करने की बजाये अपने आप को प्रमोट करने में लगे हुए हैं । अतुल कुमार गुप्ता का आरोप है कि चेयरपरसन के रूप में विशाल गर्ग ब्रांचेज के पदाधिकारियों पर दबाव बनाते हैं कि वह अपने-अपने आयोजनों में चेयरपरसन के रूप में उनका सम्मान करें और या उनका सम्मान करने के लिए अलग से कार्यक्रम आयोजित करें । अतुल कुमार गुप्ता का कहना है कि इससे ब्रांचेज में कामकाज पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है; क्योंकि ब्रांचेज के साधन और उनके पदाधिकारियों की एनर्जी विशाल गर्ग का स्वागत.सम्मान करने में ही खर्च हो जा रही है । अतुल कुमार गुप्ता ने इस तथ्य की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है कि नार्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल की ब्रांचेज में इस बार रीजनल काउंसिल के पदाधिकारियों का स्वागत.सम्मान कुछ ज्यादा ही हो रहा है । तथ्यात्मक रूप से देखें तो अतुल कुमार गुप्ता की बात सच है । हालाँकि तथ्य यह भी है कि ब्रांचेज में इस तरह के स्वागत.सम्मान हर वर्ष ही होते हैं, पर अतुल कुमार गुप्ता की बात भी सच है कि इस बार यह कुछ ज्यादा ही हो रहे हैं । प्रोफेशन से जुड़े लोग इस तथ्य से परेशान तो हैं, लेकिन अतुल कुमार गुप्ता की शिकायत के पीछे वह प्रोफेशन के प्रति उनके कंसर्न को नहीं, बल्कि उनकी राजनीति को देख/पहचान रहे हैं ।
विशाल गर्ग और नार्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के दूसरे पदाधिकारियों के ब्रांचेज में जो स्वागत समारोह हो रहे हैं, वह अतुल कुमार गुप्ता की आंखों में दरअसल इसलिए खटक रहे हैं, क्योंकि इनमें उन्हें अपना राजनीतिक समर्थन.आधार खिसकता/कमजोर पड़ता दिख रहा है । ब्रांचेज में होने वाले स्वागत समारोहों की आलोचना करते हुए अतुल कुमार गुप्ता जब यह आरोप लगाते हैं कि इन स्वागत.समारोहों के जरिये विशाल गर्ग दरअसल सेंट्रल काउंसिल के लिए अपनी चुनावी तैयारी कर रहे हैं तो स्वतः जता देते हैं कि उनका दर्द भी वास्तव में राजनीतिक ही है । मजे की बात यह है कि विशाल गर्ग के चेयरपरसन के रूप में शुरू के कई दिन अतुल कुमार गुप्ता के साथ अच्छी दोस्ती में गुजरे थे । उन दिनों तो कई लोग यहाँ तक कहने लगे थे कि पर्दे के पीछे से नार्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल को अतुल कुमार गुप्ता ही चला रहे हैं । किंतु जैसे ही विशाल गर्ग ने अतुल कुमार गुप्ता को रीजनल काउंसिल की रोज.रोज की गतिविधियों से बाहर किया, अतुल कुमार गुप्ता भड़क गये हैं और विशाल गर्ग पर राजनीति करने का आरोप लगाने लगे हैं । अतुल कुमार गुप्ता की बदकिस्मती लेकिन यह है कि कोई भी उनकी शिकायत को गंभीरता से लेता नहीं दिख रहा है । विशाल गर्ग के खिलाफ अतुल कुमार गुप्ता ने जो अभियान छेड़ा हुआ है, उसे कोई तवज्जो देता हुआ नहीं दिख रहा है तो इसका कारण यही है कि हर किसी ने यह स्वीकार कर लिया है कि रीजनल काउंसिल में जो कोई भी चेयरपरसन बनता है, वह फिर सेंट्रल काउंसिल के लिए तैयारी करता ही है । नार्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के पिछले टर्म के पहले वर्ष में जब अतुल कुमार गुप्ता चेयरपरसन थे, तब उन्होंने भी यही किया था - जो अब विशाल गर्ग कर रहे हैं । ऐसे में, विशाल गर्ग की शिकायत को अतुल कुमार गुप्ता की राजनीतिक खिसियाहट के रूप में ही देखा/पहचाना जा रहा है ।
अतुल कुमार गुप्ता के नजदीकियों का कहना है कि अतुल कुमार गुप्ता को समस्या इस बात से नहीं है कि विशाल गर्ग सेंट्रल काउंसिल के लिए तैयारी कर रहे हैं; समस्या उन्हें इस बात को लेकर है कि विशाल गर्ग जो तैयारी कर रहे हैं उसमें वह उनके समर्थन-आधार को अपने साथ करने का प्रयास कर रहे हैं । विशाल गर्ग की तैयारी में अतुल कुमार गुप्ता चूँकि अपने लिए सीधा खतरा देख/पहचान रहे हैं, इसलिए वह बौखला गये हैं । उल्लेखनीय है कि ब्रांचेज अधिकतर हरियाणा और पंजाब में हैं, जहाँ अतुल कुमार गुप्ता अपने लिए अच्छा समर्थन प्राप्त करते हैं और देखते हैं । ब्रांचेज में ध्यान देकर विशाल गर्ग ने भी हरियाणा और पंजाब के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच अपना समर्थन-आधार खोजने और बनाने का प्रयास किया है । रीजनल काउंसिल का चुनाव तो उन्होंने अपने शहर लुधियाना और आसपास के शहरों के भरोसे जीत लिया, लेकिन सेंट्रल काउंसिल के लिए उन्हें अपने समर्थन-आधार को बढ़ाना ही होगा - और विशाल गर्ग को पता है कि उनका समर्थन-आधार हरियाणा और पंजाब में ही बढ़ सकेगा । रीजनल काउंसिल के चेयरपरसन के रूप में विशाल गर्ग ने ब्रांचेज पर इसीलिए ज्यादा फोकस किया हुआ है । नार्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में ब्रांचेज चूँकि हमेशा ही उपेक्षित सी रही हैं, इसलिए इस बार जब उन पर ध्यान दिया गया तो उन्होंने भी उत्साह दिखाया । ब्रांचेज के पदाधिकारियों के उत्साह को विशाल गर्ग की राजनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है, जिससे अतुल कुमार गुप्ता की नींद उड़ गई है । अतुल कुमार गुप्ता को लगता है कि विशाल गर्ग को जो भी फायदा होगा, वह उनका नुकसान होगा । अपने नुकसान को रोकने के लिए ही अतुल कुमार गुप्ता ने विशाल गर्ग को बदनाम करने की मुहिम छेड़ दी है ।
विशाल गर्ग के खिलाफ चलाई जा रही अपनी इस मुहिम में अतुल कुमार गुप्ता को पहले सेंट्रल काउंसिल के एक अन्य सदस्य विजय कुमार गुप्ता का भी समर्थन मिल रहा था, लेकिन फिर जल्दी ही विजय कुमार गुप्ता ने अपने आप को अतुल कुमार गुप्ता की मुहिम से अलग कर लिया । विशाल गर्ग की सक्रियता के कारण विजय कुमार गुप्ता को हालाँकि ज्यादा खतरा महसूस हो रहा है । विजय कुमार गुप्ता चूँकि सेंट्रल काउंसिल में होते हुए एक बार चुनाव हार चुके हैं, इसलिए पुरानी गलतियों को वह नहीं दोहराना चाहते हैं, और विवादों में फँसने से बचने की कोशिश करते हुए वह अपने समर्थन आधार को बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं । इस बार अमरजीत चोपड़ा से अचानक मिले समर्थन के कारण विजय कुमार गुप्ता की चुनावी नैया पार लगी है; अमरजीत चोपड़ा का समर्थन अगली बार उन्हें मिल सकेगा, चूँकि इसमें संदेह है; लिहाजा उन्होंने अपना समर्थन आधार बनाने का काम खुद ही करना शुरू कर दिया है । यह समर्थन आधार बनाने का काम पहले उन्होंने अतुल कुमार गुप्ता की तर्ज पर विशाल गर्ग के साथ मिल कर करने का प्रयास किया था, लेकिन जब विशाल गर्ग ने उन्हें छिटक दिया और अपनी चाल अकेले ही चलने लगे तो पहले तो विजय कुमार गुप्ता भी अतुल कुमार गुप्ता की तरह बहुत बौखलाए, लेकिन फिर जल्दी ही वह संभल गये । विजय कुमार गुप्ता ने समझ लिया कि बौखलाने से तो वह अपना नुकसान ही करेंगे, इसलिए उन्होंने अपने आप को अतुल कुमार गुप्ता की लाइन से अलग कर लिया । विजय कुमार गुप्ता ने दरअसल देख/जान लिया कि विशाल गर्ग चूँकि रीजनल काउंसिल के चेयरपरसन हैं, इसलिए ब्रांचेज में जो पदाधिकारी हैं वह भावनात्मक रूप से विशाल गर्ग के साथ जुड़े हुए हैं और ऐसे में विशाल गर्ग के खिलाफ कही गई कोई भी बात उनके बीच अपील और/या समर्थन पैदा नहीं करेगी । चेयरपरसन पद पर बैठे व्यक्ति की आलोचना करके ब्रांचेज के पदाधिकारियों का समर्थन जुटा पाना एक मुश्किल ही नहीं, असंभव सा काम है, इसीलिए अतुल कुमार गुप्ता ब्रांचेज में तेजी से अलोकप्रिय होते जा रहे हैं । अतुल कुमार गुप्ता को दोहरी मार पड़ रही है - एक तरफ तो ब्रांचेज में उन्हें कोई तवज्जो नहीं मिल रही है, और दूसरी तरफ रीजनल काउंसिल के जो आयोजन दिल्ली में हो रहे हैं उनमें उनकी बजाये सेंट्रल काउंसिल के दूसरे सदस्यों को ज्यादा तरजीह मिल रही है ।
अतुल कुमार गुप्ता को उनके व्यवहार के कारण उन लोगों में गिना जा रहा है, जो सफलता को पचा नहीं पाते हैं और सफलता के नशे में ऐसे चूर रहते हैं कि समझते हैं कि वह जो कुछ भी करेंगे उससे उन्हें फायदा ही होगा । विजय कुमार गुप्ता, पंकज त्यागी, विनाद जैन के अनुभव से उन्होंने लगता है कि कुछ नहीं सीखा है । विजय कुमार गुप्ता जब पहली बार सेंट्रल काउंसिल में जीते थे, तब उन्हें भी यह गलतफहमी हो गई थी कि इंस्टीट्यूट वही चलायेंगे । नतीजा यह हुआ कि दूसरी बार के अपने चुनाव में उन्हें इंस्टीट्यूट से बाहर हो जाना पड़ा । पंकज त्यागी ने विजय कुमार गुप्ता के अनुभव से सबक नहीं लिया और नतीजा सभी के सामने है । विनोद जैन की तो बात ही निराली है, दूसरों को तो छोड़िये उन्होंने तो अपने ही अनुभव से सबक नहीं सीखा - यही कारण है कि उन्होंने एक बार जीतने का तो दूसरी बार हारने का रिकार्ड बनाया है । अतुल कुमार गुप्ता भी इसी ‘राह’ पर बढ़ते दिख रहे हैं । उनके साथ रहे लोगों को ही लगने लगा है कि सफलता उनसे हजम नहीं हो रही है, जिसके कारण वह ऐसी.ऐसी हरकतें कर रहे हैं कि लोगों के बीच तेजी से अलोकप्रिय हो रहे हैं । इस बार के चुनाव में उनके साथ रहे लोगों को ही लग रहा है कि सेंट्रल काउंसिल सदस्य के रूप में अतुल कुमार गुप्ता जैसी जो हरकतें कर रहे हैं, उसके चलते अपने दुश्मन आप ही साबित हो रहे हैं ।