Showing posts with label SANJAY VASUDEVA. Show all posts
Showing posts with label SANJAY VASUDEVA. Show all posts

Sunday, December 23, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की सेंट्रल काउंसिल के चुनाव में एक तरफ यदि हंसराज चुग, प्रमोद जैन, प्रमोद बूब, श्रीनिवास जोशी जैसे जेनुइन किस्म के लोगों को जीत प्राप्त हुई है; तो दूसरी तरफ राजेश शर्मा, चरनजोत सिंह नंदा, अनुज गोयल, धीरज खंडेलवाल जैसे प्रोफेशन के साथ खिलवाड़ करने वाले लोग भी जीत गए हैं - और यही बात प्रोफेशन की पहचान व प्रतिष्ठा के लिए खतरे की घंटी बजाती है

नई दिल्ली । इंस्टीट्यूट ऑफ चॉर्टर्ड एकाउंटेंट्स की सेंट्रल काउंसिल के लिए हुए चुनाव में सबसे ज्यादा हैरान करने वाला फैसला संजय वासुदेवा की पराजय का रहा । हालाँकि सेंट्रल रीजन में मुकेश कुशवाह, वेस्टर्न रीजन में मंगेश किनरे, और नॉर्दर्न रीजन में संजय वासुदेवा के साथ-साथ विजय गुप्ता भी सेंट्रल काउंसिल की अपनी सीट बचा पाने में नाकाम रहे हैं - लेकिन संजय वासुदेवा की पराजय ने हर किसी को आश्चर्य में डाला है । दरअसल नॉर्दर्न रीजन में संजय वासुदेवा के पिता एससी वासुदेवा का खासा नाम है । उनके पिता द्वारा स्थापित फर्म एससी वासुदेवा एंड कंपनी को प्रोफेशन में बिग फोर फर्म्स जैसी 'हैसियत' प्राप्त है, और पूरे रीजन के हर प्रमुख शहर में उनके लाभार्थियों की अच्छी-खासी संख्या मौजूद है । एससी वासुदेवा चूँकि खुद भी इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में सक्रिय रहे हैं, और सेंट्रल काउंसिल में सदस्य भी रहे हैं - इसलिए उनकी प्रोफेशनल हैसियत का एक राजनीतिक आयाम भी रहा है; जिसका फायदा संजय वासुदेवा को पिछले चुनाव में मिला था । सेंट्रल काउंसिल सदस्य के रूप में संजय वासुदेवा का रिकॉर्ड कोई बहुत सक्रियता भरा तो नहीं रहा, लेकिन उनके खिलाफ कहीं कोई आवाज भी नहीं पैदा हुई - इसलिए माना/समझा जा रहा था कि वह अपनी सीट आसानी से बचा लेंगे । इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में खानदानी परंपरा का सम्मान करने का रिवाज चूँकि है, जिसके चलते नवीन गुप्ता और नीलेश विकमसे जैसे लोग भी चुनाव जीतते गए और प्रेसीडेंट तक बन गए; और जिस रिवाज के चलते अभी संपन्न हुए चुनाव में वेस्टर्न रीजन में अनिकेत तलति तक सेंट्रल काउंसिल का चुनाव जीत गए - उसी रिवाज के भरोसे संजय वासुदेवा के भी जीतने का विश्वास सभी को था । संजय वासुदेवा की चुनावी स्थिति को फायदा पहुँचाने वाली एक बड़ी बात इसी वर्ष अप्रैल में यह हुई थी कि उनकी फर्म एससी वासुदेवा एंड कंपनी तथा एक और बड़ी फर्म एसपी पुरी एंड कंपनी का विलय हुआ था, जिसके चलते माना/समझा जा रहा था कि संजय वासुदेवा की राजनीतिक ताकत और बढ़ी है । लेकिन फिर भी संजय वासुदेवा हार गए । वैसे संजय वासुदेवा यदि जीत जाते तो सेंट्रल काउंसिल में एक दिलचस्प नजारा यह बनता कि चरनजोत सिंह नंदा तथा अनुज गोयल को ऐसे सदस्यों के रूप में पहचान मिलती जिन्होंने पिता एससी वासुदेवा के साथ 19वीं काउंसिल में संगत की थी और अब 24वीं काउंसिल में पुत्र संजय वासुदेवा के साथ वह संगत करते ।
'जो जीता वह सिकंदर, बाकी सब बंदर' की तर्ज पर जीतने वालों को बड़ा जेनुइन व काबिल तथा हारने वालों को बेईमान व नाकारा मानने/बताने की सड़कछाप प्रवृत्ति की बजाये यदि गंभीरता के साथ चुनावी नतीजों का विश्लेषण करें, तो प्राप्त चुनावी नतीजे कोई 'पैटर्न' नहीं पेश करते हैं । चुनावी नतीजों में एक तरफ यदि हंसराज चुग, प्रमोद जैन, प्रमोद बूब, श्रीनिवास जोशी जैसे जेनुइन किस्म के लोगों को जीत प्राप्त हुई है; तो दूसरी तरफ राजेश शर्मा, चरनजोत सिंह नंदा, अनुज गोयल, धीरज खंडेलवाल जैसे प्रोफेशन के साथ खिलवाड़ करने वाले लोग भी जीत गए हैं । सेंट्रल काउंसिल का यह परिदृश्य संसद के उस परिदृश्य की याद दिलवाता है, जिसमें अटलबिहारी वाजपेयी के साथ फूलन देवी भी होती है । संसदीय चुनावों के मतदाताओं के बारे में कहा/माना जाता है कि उनमें बहुत से लोग अनपढ़ व भावुक व लालची होते हैं, जिसका फायदा फूलन देवी जैसे लोग उठा लेते हैं; लेकिन इंस्टीट्यूट के चुनावों के मतदाता तो पढ़े-लिखे जागरुक लोग होते हैं तथा प्रोफेशन में होने वाली ऊँच/नीच और काउंसिल सदस्यों की क्षमताओं व उनकी कारस्तानियों को नजदीक से देखते/पहचानते रहते हैं - फिर भी वह फूलन देवी किस्म के उम्मीदवारों को क्यों चुन लेते हैं ? इस 'क्यों' का जबाव मिलना आसान नहीं है, लेकिन फिर भी यह 'क्यों' इंस्टीट्यूट के सदस्य चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की समझ व जागरुकता तथा प्रोफेशन की पहचान व प्रतिष्ठा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े करता है । यह ठीक है कि किसी भी चुनाव में मतदाताओं को प्रायः 'बुरे' और 'कम बुरे' में से ही चुनने का विकल्प मिलता है; और 'कम बुरे' की तुलना में 'बुरे' उम्मीदवार मतदाताओं की आँखों में धूल झोंकने में ज्यादा होशियार साबित होते हैं - लेकिन ऐसी ही होशयारियों के बीच मतदाताओं के विवेक और उनकी समझदारी की परीक्षा होती है । ऐसे में, माना/कहा जा सकता है कि प्रोफेशन के लोग यदि संजय वासुदेवा की बजाये राजेश शर्मा व चरनजोत सिंह नंदा जैसे लोगों को तरजीह देते हैं, तो प्रोफेशन की विश्वसनीयता व प्रतिष्ठा को बनाये/बचाये रखने का काम ईश्वर भी नहीं कर सकेगा - क्योंकि माना/कहा जाता है कि ईश्वर भी उन्हीं को बचाने में मदद करता है, जो खुद को बचाने का प्रयास करते हैं ।
सेंट्रल काउंसिल के चुनावी नतीजे कुछ महत्त्वपूर्ण सबक भी देते हैं । संजय वासुदेवा की पराजय में उनके अति-आत्मविश्वास का भी योगदान है । चुनावी राजनीति में मतदाता के पास जाने के काम को एक बहुत जरूरी काम के रूप में देखा/पहचाना जाता है, जिस पर संजय वासुदेवा ने ध्यान नहीं दिया । दूसरों की तरह वह भी इस भरोसे रहे कि उनके पिता और उनकी फर्म का जो आभामंडल है, वही उन्हें चुनाव जितवा देगा - और धोखा खा बैठे । चुनाव को चुनौती की तरह लेने का काम सिर्फ दो लोगों ने किया - संजीव सिंघल और हंसराज चुग ने; और दोनों को अच्छे/खासे वोट मिले । संजीव सिंघल और उनके समर्थकों को भी इतनी बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद नहीं थी - यदि होती तो उनके एक बड़े समर्थक के रूप में गिरीश आहुजा जैसे बड़े व्यक्ति को छोटी छोटी जगहों पर भी अपनी फजीहत नहीं कराना पड़ती । संजीव सिंघल और उनके समर्थकों ने जिस तरह से हर हथकंडा अपनाया, उसका उन्हें अच्छा सुफल भी मिला । हंसराज चुग के साथ कोई बड़ा नाम तो नहीं था, लेकिन छोटे छोटे ग्रुपों और नेताओं के बीच प्रभावी तालमेल बना कर उन्होंने अपने चुनाव अभियान को जिस तरह से संयोजित किया, उससे लगा कि उन्होंने हर चुनावी जरूरत का ध्यान रखा और खतरे वाली हर जगह पर ध्यान दिया और वहाँ हालात को साधने की कोशिश की - और अच्छा नतीजा पाया । संजय वासुदेवा की तरह अतुल गुप्ता की सीट को भी कोई खतरा नहीं समझा/पहचाना जा रहा था, लेकिन संजय वासुदेवा की तरह अतुल गुप्ता अति-आत्मविश्वास का शिकार नहीं हुए । अतुल गुप्ता को जो झटके लग रहे थे, वह उन्हें कोई बड़ा नुकसान पहुँचाते हुए नहीं दिख रहे थे, लेकिन फिर भी उन्होंने झटकों से होने वाले नुकसान की भरपाई करने के पुरजोर इंतजाम किए और जिनके चलते वह अपनी सीट बचा सकने में सफल रहे । विजय गुप्ता ने संजय वासुदेवा जैसी लापरवाही तो नहीं दिखाई, किंतु अतुल गुप्ता जैसी होशियारी भी वह नहीं दिखा सके; उन्होंने बँधे/बँधाये फार्मूले पर काम किया, जिसके तहत वह चुनाव से कुछ पहले सक्रिय हुए और उसमें भी उन्होंने खतरे वाली जगहों को पहचानने की जरूरत नहीं समझी - हंसराज चुग, प्रमोद जैन, सुधीर अग्रवाल की तरफ से मिलने वाली चुनौती को समझने/पहचानने में वह चूक कर बैठे और अपनी सीट गँवा बैठे । चुनावी नतीजों ने यह बात भी स्पष्ट कर दी है कि सिर्फ ज्ञान बाँट कर और या सिर्फ पार्टियाँ आयोजित करके ही चुनाव नहीं जीते जा सकते हैं, जो लोग इन दोनों चीजों में बेहतर तालमेल बनायेंगे - जीत उन्हीं को मिलेगी ।

Wednesday, December 5, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के पूर्व प्रेसीडेंट एनडी गुप्ता ने चुनाव से ऐन पहले विजय गुप्ता के समर्थकों के बीच पहुँच कर चुनावी परिदृश्य को रोमांचपूर्ण बनाया, जिसमें विजय गुप्ता के साथ अतुल गुप्ता, संजय वासुदेवा व हंसराज चुग को अगली सेंट्रल काउंसिल के सदस्य के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है

नई दिल्ली । इंस्टीट्यूट के पूर्व प्रेसीडेंट एनडी गुप्ता ने इंस्टीट्यूट की काउंसिल के लिए हो रहे चुनाव के अंतिम चरण में एक नाटकीय कदम उठाया, जिसने नॉर्दर्न रीजन के चुनावी परिदृश्य में एक नया रोमांच भर दिया है । दिल्ली में जनपथ पर स्थित मॅसोनिक क्लब में आयोजित हो रही 'सीए मीट ऑन इन्सॉल्वेंसी' - जिसमें सेंट्रल काउंसिल के उम्मीदवार विजय गुप्ता के समर्थकों का जमावड़ा था, और जिन्होंने विजय गुप्ता को भी मीटिंग में बुला लिया था - में अचानक से पहुँच कर एनडी गुप्ता ने सभी को हतप्रभ कर दिया । एनडी गुप्ता चूँकि सेंट्रल काउंसिल के एक अन्य उम्मीदवार सुधीर अग्रवाल की उम्मीदवारी के समर्थन में होने वाली मीटिंग्स में शामिल होते रहे हैं; इस कारण से विजय गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थकों की मीटिंग में उपस्थित होकर उन्होंने हर किसी को चौंकाया - फलस्वरूप विजय गुप्ता के समर्थकों की मीटिंग में एनडी गुप्ता के उपस्थित होने की खबर जंगल में आग की तरह नॉर्दर्न रीजन में फैल गई । दरअसल उक्त मीटिंग में नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के पाँच/छह पूर्व चेयरमैन मौजूद थे, और रीजनल काउंसिल के बारह/पंद्रह उम्मीदवार अपनी अपनी उम्मीदवारी का प्रचार करने में लगे थे - जिन्हें एनडी गुप्ता को वहाँ पहुँचा देख कर घोर आश्चर्य हुआ और उनके द्वारा ही फिर यह आश्चर्य पूरे रीजन के लोगों के बीच पहुँचा । एनडी गुप्ता ने मीटिंग में हालाँकि कहा कुछ नहीं; सुधीर अग्रवाल की मीटिंग्स में भी वह कभी कुछ कहते हुए नहीं सुने गए हैं - और उनकी उपस्थिति से ही लोग 'मतलब' निकालते/लगाते रहे हैं । 'मतलब' निकालने/लगाने की प्रक्रिया में ही लोगों के बीच सवाल के रूप में चर्चा रही कि एनडी गुप्ता जब सुधीर अग्रवाल की उम्मीदवारी का समर्थन करने का संकेत दे रहे थे, तो उन्हें चुनाव से ठीक पहले विजय गुप्ता की उम्मीदवारी का भी समर्थन देने का संकेत देने की जरूरत आखिर क्यों पड़ी ?
इस चर्चा में एक मजेदार बात यह सुनने को मिली कि हो सकता है कि दो उम्मीदवारों का एक साथ समर्थन करके एनडी गुप्ता ने एक दूसरे पूर्व प्रेसीडेंट अमरजीत चोपड़ा की बराबरी करने की कोशिश की हो । उल्लेखनीय है कि इस बार के चुनाव में अमरजीत चोपड़ा भी दो उम्मीदवारों के समर्थन में दिख रहे हैं - एक संजीव सिंघल के और दूसरे हंसराज चुग के । अमरजीत चोपड़ा के कई एक नजदीकी और समर्थक हंसराज चुग की उम्मीदवारी के समर्थन में जिस तरह से सक्रिय हैं, उसे देख/जान कर लोगों को लग रहा है कि इसके लिए निश्चित ही उन्हें अमरजीत चोपड़ा की तरफ से निर्देश दिए गए होंगे । लोगों को लगता है कि अमरजीत चोपड़ा को दो दो उम्मीदवारों के समर्थन में देख एनडी गुप्ता को भी प्रेरणा मिली होगी, और फिर उन्होंने भी सुधीर अग्रवाल के साथ-साथ विजय गुप्ता की भी उम्मीदवारी का झंडा उठा लिया । उल्लेखनीय है कि सुधीर अग्रवाल के साथ-साथ विजय गुप्ता भी एनडी गुप्ता के 'राजनीतिक शिष्यों' में रहे हैं, और एनडी गुप्ता की छत्रछाया में दोनों ने ही अपनी अपनी राजनीतिक यात्राओं को आगे बढ़ाया है । राजनीतिक संदर्भ में विजय गुप्ता चूँकि सुधीर अग्रवाल के मुकाबले ज्यादा 'कामयाब' हुए हैं, इसलिए हो सकता है कि विजय गुप्ता के प्रति एनडी गुप्ता का पुराना स्नेह पुनः जागा हो और उन्हें लगा हो कि चुनावी दौर में उन्हें विजय गुप्ता के साथ भी खड़ा होना चाहिए और 'दिखना' भी चाहिए । दिलचस्प संयोग है कि अभी कुछ ही दिन पहले नफरा (एनएफआरए - नेशनल फाइनेंशियल रिपोर्टिंग अथॉरिटी) मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में दर्ज अपील की सुनवाई में पार्टी बनाए गए इंस्टीट्यूट का प्रतिनिधित्व करने का सवाल आया तो एनडी गुप्ता के बेटे और इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट नवीन गुप्ता ने विजय गुप्ता की काबिलियत और क्षमताओं पर भरोसा किया और उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट में मामले को देखने और फैसला लेने की पूरी स्वतंत्रता दी । समझा जाता है कि नवीन गुप्ता ने विजय गुप्ता पर यह भरोसा अपने पिता एनडी गुप्ता के साथ बने विजय गुप्ता के काबिलियत व जिम्मेदारी के संबंधों को देखते/समझते हुए  ही लिया होगा । विजय गुप्ता के समर्थकों की मीटिंग में उपस्थित होकर एनडी गुप्ता ने विजय गुप्ता की काबिलियत तथा जिम्मेदारीभरी क्षमताओं से जुड़ी बातों को जिस तरह से चुनाव से ऐन पहले चर्चा के केंद्र में ला दिया है, उससे विजय गुप्ता की उम्मीदवारी को और ताकत मिली दिख रही है ।          
यूँ भी संजय वासुदेवा के साथ-साथ विजय गुप्ता ही अकेले ऐसे सेंट्रल काउंसिल सदस्य हैं, जिन्हें लेकर कोई नकारात्मक बात चर्चा में नहीं है । इन्हें नापसंद करने वाले लोग तो हैं, लेकिन इनकी राजनीतिक केमिस्ट्री को नकारात्मक रूप से प्रभावित करने वाली स्थितियाँ नहीं हैं; और इसीलिए सेंट्रल काउंसिल में इनकी पुनर्वापसी करने को लेकर किसी को संदेह नहीं है । अतुल गुप्ता की जान को हालाँकि बहुत सी मुसीबतें हैं, लेकिन किसी को भी उनकी पुनर्वापसी को लेकर संदेह नहीं है, और हर किसी का मानना/कहना है कि तमाम मुसीबतों के बीच भी अतुल गुप्ता अपनी सीट आसानी से बचा लेंगे । सेंट्रल काउंसिल के मौजूदा सदस्यों में राजेश शर्मा ही ऐसे हैं, जिन्हें काउंसिल में हुए तो सिर्फ तीन वर्ष ही हैं, लेकिन जिन्होंने इन तीन वर्षों में ही इंस्टीट्यूट और प्रोफेशन को तरह तरह से न सिर्फ बदनामी ही दिलवाई है, बल्कि खुद के लिए भी बदनामी ही कमाई है । इसलिए उनकी पुनर्वापसी को लेकर न सिर्फ संदेह है, बल्कि कई लोगों का तो मानना/कहना है कि राजेश शर्मा यदि जीते तो यह इंस्टीट्यूट व प्रोफेशन के लिए बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण होगा । नए उम्मीदवारों में हंसराज चुग अकेले ऐसे हैं, जिनके समर्थन-आधार को कहीं किसी की चुनौती नहीं है और जिन्होंने वरिष्ठ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के साथ-साथ युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच भी अपनी पहचान बनाई है और अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में समर्थन की अपील पैदा की है । सक्रियता के लिहाज से संजीव सिंघल, प्रमोद जैन और सुधीर अग्रवाल ने भी अपने आपको लोगों  के बीच संभावित विजेताओं के रूप में स्थापित किया है - लेकिन इनके मामलों में सकारात्मक पक्षों के साथ-साथ नकारात्मक पक्षों का भी जोर रहा है, जिस कारण इनके सामने गंभीर चुनौतियाँ हैं । हंसराज चुग इस मामले में भाग्यशाली रहे हैं कि उन्हें नकारात्मक पक्षों से मुठभेड़ नहीं करना पड़ी, और इस तथ्य को लोगों के बीच उनकी नेतृत्व-कुशलता के रूप में देखा/पहचाना गया है । संभावित मुश्किलों को हंसराज चुग तथा उनके समर्थकों ने जिस कुशलता के साथ संभाला और उन्हें बढ़ने से रोका - तथा जिसके चलते उन्हें अपनी सकारात्मक पहचान बनाने व उसे स्थापित करने का प्रभावी मौका मिला, उससे उनकी उम्मीदवारी के पक्ष में लोगों के बीच अच्छी हवा बनी है । आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स एक अच्छे लीडर से उम्मीद करते हैं कि उसे प्रोफेशन से जुड़े विषयों की भी उपयोगी जानकारी हो तथा उस जानकारी को बढ़ाने के प्रति उसमें दिलचस्पी भी हो, और साथ-साथ ही उसमें संगठनात्मक स्थितियों को मैनेज करने की काबिलियत भी हो - लोगों ने हंसराज चुग में इन दोनों ही खूबियों को देखा/पाया है; और यह भी देखा/पाया है कि हंसराज चुग को इन दोनों खूबियों के बीच तालमेल बैठाना भी आता है । अधिकतर चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का मानना/कहना है कि हंसराज चुग जैसे व्यक्ति को तो सेंट्रल काउंसिल में होना ही चाहिए । आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के इस मूड को भाँपते/देखते हुए इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों को हंसराज चुग सेंट्रल काउंसिल के चौथे सदस्य के रूप में नजर आ रहे हैं । बाकी दो सीटों के लिए संजीव सिंघल, सुधीर अग्रवाल, प्रमोद जैन और राजेश शर्मा के बीच काँटे का मुकाबला होता हुआ माना/पहचाना जा रहा है । 

Saturday, December 1, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के नॉर्दर्न रीजन में सेंट्रल काउंसिल की तीन सीटों में से एक हंसराज चुग के पक्ष में तथा बाकी दो सीटों पर संजीव सिंघल, राजेश शर्मा, प्रमोद जैन व सुधीर अग्रवाल के बीच मुकाबला होता दिख रहा है

नई दिल्ली । नॉर्दर्न रीजन में सेंट्रल काउंसिल के उम्मीदवारों की स्थिति में पिछले पंद्रह/बीस दिनों से जो 'स्थिरता' बनी हुई है, उसने चुनावी परिदृश्य को लगभग निश्चित बना दिया है और बाकी बचे पाँच-छह दिनों में किसी बड़े चमत्कार की उम्मीद नहीं की जा सकती है । दिल्ली और पंजाब व हरियाणा के छोटे/बड़े शहरों में लोगों के रुझान तथा उनके बीच होने वाली चर्चाओं का संज्ञान यदि लें, तो साफ नजर आता है कि अतुल गुप्ता, संजय वासुदेवा व विजय गुप्ता तो निश्चित रूप से सेंट्रल काउंसिल में आसानी से वापसी कर रहे हैं; तथा बाकी तीन सीटों के लिए हंसराज चुग, संजीव सिंघल, प्रमोद जैन, राजेश शर्मा, सुधीर अग्रवाल व चरनजोत सिंह नंदा के बीच नजदीकी मुकाबला है । सेंट्रल काउंसिल में वापसी के लिए राजेश शर्मा भी प्रयासरत हैं, लेकिन उनकी पुनर्वापसी को लेकर लोगों के बीच भारी मतभेद है । मजे की बात यह है कि जो लोग सेंट्रल काउंसिल में उनकी वापसी होते हुए देख भी रहे हैं, वह भी उनकी किसी खूबी या उनके किसी समर्थन-आधार के भरोसे नहीं बल्कि उनके तिकड़मी जुगाड़ में उनके सफल होने का अनुमान लगा रहे हैं । बहुत से लोगों का मानना/कहना है कि अपनी हरकतों से राजेश शर्मा ने बार बार यह साबित किया है कि सेंट्रल काउंसिल सदस्य के रूप में वह इंस्टीट्यूट व प्रोफेशन के लिए एक कलंक ही साबित हुए हैं, लेकिन सत्ता से लाभ दिलवाने का लालच देकर वह लोगों के वोट जुटा लेंगे और अपनी सीट बचा लेंगे । चुनावी राजनीति में बदनाम लोग लोगों की भावनाओं तथा उनके निजी स्वार्थों को पूरा करने का लालच देकर चुनाव जीतते रहे हैं । किसी ने उदाहरण भी दिया कि फूलन देवी भी सांसद का चुनाव जीती ही थी न, इसलिए राजेश शर्मा भी जीत जायेंगे - आप यह उम्मीद क्यों करते हैं कि सभी चार्टर्ड एकाउंटेंट्स वोटर के रूप में समझदारी का परिचय देंगे ही और जिस राजेश शर्मा के लिए इंस्टीट्यूट के मुख्यालय में 'राजेश शर्मा चोर है' जैसे नारे तक लगे/गूँजे, उसे वोट नहीं देंगे ?
संजीव सिंघल की उम्मीदवारी की सफलता को लेकर भी लोगों के बीच भारी मतभेद है । उनकी उम्मीदवारी के साथ मजे की बात यह हुई है कि जिस बिग फोर 'ब्रांड' को उनकी ताकत बनना चाहिए था, वही उनकी कमजोरी बन गया; इस कमजोरी से निपटने के लिए उन्होंने अमरजीत चोपड़ा व गिरीश आहुजा जैसे बड़े लोगों का सहारा लिया, तो उसके कारण उनकी उम्मीदवारी और भी फजीहत का शिकार हो गई । बिग फोर का उम्मीदवार होने के बावजूद संजीव सिंघल को आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के वोट जुटाने के लिए जिस तरह से जुटना पड़ा है, उसमें उनकी उम्मीदवारी की कमजोरी के लक्षण ही देखने को मिले हैं । हालाँकि पिछले दिनों संजीव सिंघल ने बिग फोर के वोटों को पक्का करने की व्यवस्था की है । गिरीश आहुजा अपनी भारी फजीहत के बावजूद संजीव सिंघल की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के अभियान में जिस तरह से लगे रहे हैं, उससे भी संजीव सिंघल और उनके समर्थकों को सफलता मिलने का भरोसा है । हालाँकि बहुत से लोग उनकी सफलता को संदेह के घेरे में रखे हुए हैं । प्रमोद जैन को इस बार काफी मेहनत करते हुए देखा/पाया गया है, जिस कारण कुछेक लोग उन्हें 'दौड़' में देख रहे हैं; लेकिन उनकी उम्मीदवारी का कोई 'शोर' नहीं बन सका है - जिसे चुनावी राजनीति में सफलता पाने की एक बड़ी 'जरूरत' के रूप में देखा/पहचाना जाता है । सुधीर अग्रवाल की उम्मीदवारी पूर्व प्रेसीडेंट एनडी गुप्ता के रवैये पर अटकी/टिकी है । एनडी गुप्ता उनके कुछेक आयोजनों में उपस्थित तो हुए हैं, लेकिन एनडी गुप्ता की 'चुनावी मशीनरी' अभी सुधीर अग्रवाल की उम्मीदवारी के लिए जुटती नजर नहीं आई है । समझा जाता है कि चुनाव के अंतिम दौर में उक्त 'मशीनरी' यदि सचमुच सक्रिय हुई, तो सुधीर अग्रवाल की उम्मीदवारी को ऊँची छलाँग मिल सकती है ।
सेंट्रल काउंसिल के दरवाजे पर दस्तक दे रहे नए उम्मीदवारों में यदि किसी की उम्मीदवारी को बेहतर स्थिति में देखा/पहचाना जा रहा है, तो वह है हंसराज चुग की उम्मीदवारी । रीजन के चुनावी परिदृश्य में दिलचस्पी रखने वाले अनुभवी लोगों का कहना है कि हंसराज चुग की उम्मीदवारी के साथ सबसे अच्छी बात यह रही कि उससे किसी और की उम्मीदवारी टकराती हुई नहीं दिखी; किसी और की उम्मीदवारी उनकी उम्मीदवारी को नुकसान पहुँचाने का काम करती हुई नहीं नजर आई है । और खुद हंसराज चुग ने अपनी उम्मीदवारी के अभियान को इस तरह से डिजाइन किया कि उनकी उम्मीदवारी को लेकर न तो कोई नकारात्मक बात पैदा हुई और न उनकी उम्मीदवारी का अभियान किसी भी मौके पर ढीला पड़ता नजर आया । पिछली बार मामूली अंतर से सफलता पाने से वंचित रहे हंसराज चुग की उम्मीदवारी के प्रति इस बार लोगों में सहानुभूति वाला रवैया भी है; लोगों को लगता है कि पिछली बार थोड़े से वोटों की कमी के कारण उनके साथ जो 'अन्याय' हुआ, वह इस बार नहीं होना चाहिए । हंसराज चुग ने अपनी सक्रियता के जरिये विभिन्न विषयों को गहराई से समझने वाले एक अच्छे वक्ता होने के साथ-साथ प्रोफेशन व प्रोफेशन से जुड़े लोगों की समस्याओं को व्यापकता के साथ पहचानने वाले एक लीडर की जो मिलीजुली पहचान बनाई तथा 'दिखाई' है, उसके कारण लोगों के बीच उनकी स्वीकार्यता का दायरा खासा बढ़ा है । दिल्ली ही नहीं, पंजाब व हरियाणा के छोटे/बड़े शहरों में लोगों का दो-टूक ढंग से कहना/बताना है कि अतुल गुप्ता, संजय वासुदेवा, विजय गुप्ता के साथ हंसराज चुग को भी अगली सेंट्रल काउंसिल में पक्का समझिये । चरनजोत सिंह नंदा को भी चुनावी दौड़ में तो माना/बताया जाता है, लेकिन उनके नजदीकियों और समर्थकों की आवाजें इतनी धीमी हो गईं हैं कि लगता है कि जैसे उनके नजदीकियों व समर्थकों ने ही उनकी जीतने की उम्मीद को खो दिया है । करीब एक महीने पहले तक उनके चुनाव अभियान में जो गर्मी देखी/सुनी जा रही थी, वह धीरे धीरे करके ठंडी पड़ती गई है और अब प्रायः हर किसी ने मान लिया है कि वह वास्तव में चुनावी दौड़ से बाहर हो गए हैं । उम्मीदवारों के सामने अब जो चुनौती है, वह यह है कि वह अपने अपने समर्थकों को पोलिंग बूथ तक लाने और उनके वोट डलवाने की 'व्यवस्था' को पुख्ता करें । चुनावी नतीजा उक्त 'व्यवस्था' से भी प्रभावित तो होगा ही 

Saturday, November 17, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के सेंट्रल काउंसिल चुनाव में पंजाब के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच राजेश शर्मा और चरनजोत सिंह नंदा को मिलती दिख रही दुत्कार संजय वासुदेवा, विजय गुप्ता, अतुल गुप्ता और हंसराज चुग के लिए वरदान साबित होती नजर आ रही है

चंडीगढ़ । इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल में प्रवेश करने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों ने इस बार पंजाब के छोटे/बड़े शहरों को चुनावी युद्ध का मैदान बना दिया है - जिसका फायदा संजय वासुदेवा, विजय गुप्ता, अतुल गुप्ता और हंसराज चुग को होता हुआ दिख रहा है । यूँ तो इंस्टीट्यूट के चुनावों में हर बार ही पंजाब के शहरों में गहमागहमी रहती रही है, लेकिन  इस बार एक एक वोट पाने/छीनने के प्रयासों का जो नजारा देखा/सुना जा रहा है, वैसा इससे पहले कभी देखा/सुना नहीं गया है । इस नजारे का श्रेय चरनजोत सिंह नंदा और राजेश शर्मा के बीच एक दूसरे को मात देने के लिए छिड़ी लड़ाई को दिया जा रहा है । चरनजोत सिंह नंदा का प्रयास है कि सेंट्रल काउंसिल की जो सीट पिछली बार उन्होंने राजेश शर्मा को 'गिफ्ट' की थी, वह उन्हें वापस मिल जाये; लेकिन राजेश शर्मा का जताना है कि गिफ्ट भी कोई वापस करता है क्या ? मजे की बात यह नजर आ रही है कि दोनों के बीच छिड़ी इस लड़ाई ने अधिकतर चार्टर्ड एकाउंटेंट्स - खासकर युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को बुरी तरह से निराश किया है और वह इन दोनों को ही सबक सिखाना चाहते हैं । युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के इस मूड को भाँप कर उन्हें लुभाने के उद्देश्य से बाकी उम्मीदवारों ने पंजाब के शहरों पर जैसे धावा सा बोल दिया है । सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करने वाले उम्मीदवारों में शायद ही कोई होगा, जिसने पंजाब से वोट जुटाने के लिए आक्रामक रवैया न दिखाया हो । अधिकतर उम्मीदवारों ने अपनी अपनी पसंद और/या प्रभाव वाले कुछेक शहरों पर ही ध्यान केंद्रित किया है - लेकिन संजय वासुदेवा, विजय गुप्ता, अतुल गुप्ता और हंसराज चुग ने चूँकि पंजाब के कोने कोने तक दस्तक दी है, इसलिए पंजाब के अलग अलग शहरों में वोटों के लिए छिड़ी लड़ाई में इन्हीं चारों को सबसे ज्यादा फायदा होते हुए देखा/सुना जा रहा है ।
पंजाब के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के वोट इस बार के चुनाव में कितने महत्त्वपूर्ण बन गए हैं, इसका सुबूत इस एक तथ्य में देखा/पहचाना जा सकता है कि बठिंडा जैसी छोटी ब्रांच तक में न सिर्फ नई बनी अधूरी बिल्डिंग के उद्घाटन को लेकर भारी खींचातानी हुई, बल्कि गिरीश आहुजा जैसे वरिष्ठ व सम्मानित व्यक्ति तक वहाँ चुनावी चक्कर में धक्के खाते देखे गए हैं । दरअसल चरनजोत सिंह नंदा और राजेश शर्मा को पंजाब के शहरों में जो झटके लगते देखे/सुने गए, उसने दूसरे उम्मीदवारों को उम्मीद से भर दिया है । उल्लेखनीय है कि पिछले कई चुनावों से पंजाब चरनजोत सिंह नंदा के लिए वोटों की दुधारू गाय बना रहा है, पिछली बार चरनजोत सिंह नंदा ने यह 'गाय' राजेश शर्मा को सौंप दी थी - इसके चलते दूसरे उम्मीदवारों ने अभी तक यहाँ ज्यादा प्रयास नहीं किए थे । राजेश शर्मा लेकिन अपनी हरकतों के चलते, खासकर पिछले वर्ष चार्टर्ड एकाउंटेंट्स डे के फंक्शन में की गई अपनी हरकत के कारण चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच बुरी तरह बदनाम हो गए हैं । राजेश शर्मा हालाँकि सोच रहे थे कि उनके उस कांड को लोग भूल चुके होंगे, लेकिन कई मौकों पर देखने को मिला कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स राजेश शर्मा के उस कांड को तो नहीं ही भूले हैं, साथ ही उनकी कई और कारस्तानियों को भी याद किए हुए हैं और बता/जता चुके हैं कि 7 और 8 दिसंबर को वह राजेश शर्मा को सबक सिखायेंगे । राजेश शर्मा की बदनामी का फायदा उठाने के लिए चरनजोत सिंह नंदा ने कमर कसी, लेकिन लोगों ने उन्हें कोई तवज्जो नहीं दी । वास्तव में किसी को यह बात हजम नहीं हो पा रही है कि तमाम तमाम वर्ष सेंट्रल काउंसिल में रह चुके चरनजोत सिंह नंदा ने प्रोफेशन के लिए आखिर किया क्या है, जिसके कारण उन्हें फिर से सेंट्रल काउंसिल में लाया जाना चाहिए ? 
राजेश शर्मा और चरनजोत सिंह नंदा को पंजाब के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच दुत्कार मिलती दिखी, तो दूसरे उम्मीदवारों को पंजाब में वोटों का भंडार नजर आया और वह पंजाब की तरफ दौड़ पड़े । उन्हें इस बात से भी उम्मीद बंधी कि विशाल गर्ग लुधियाना के होने के बावजूद पंजाब के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच कोई पैठ नहीं बना सके हैं । असल में, विशाल गर्ग उम्मीदवार तो बन गए हैं, लेकिन चूँकि वह चुनावी दौड़ में बहुत पीछे 'दिख' रहे हैं, इसलिए पंजाब के दूसरे शहरों के साथ-साथ लुधियाना तक के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को लग रहा है कि विशाल गर्ग को वोट देने का मतलब अपने वोट को व्यर्थ में नष्ट कर देने जैसा है । इस सोच व समझ के चलते वह ऐसे उम्मीदवारों के साथ जुड़ने की जरूरत महसूस कर रहे हैं, जो जीतते हुए नजर आ रहे हैं । पंजाब के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की इस सोच व समझ का फायदा संजय वासुदेवा, विजय गुप्ता, अतुल गुप्ता और हंसराज चुग को होता हुआ दिख रहा है । इनमें पहले तीन को सेंट्रल काउंसिल सदस्य होने का फायदा मिल रहा है । सेंट्रल काउंसिल में होने के कारण इनकी प्रत्येक ब्रांच तक प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष पहुँच है; और अलग अलग कारणों से किसी को कहीं तो किसी को कहीं अच्छा समर्थन मिल रहा है । इनके अलावा हंसराज चुग ही हैं, जिन्होंने पंजाब के शहरों में अपने समर्थकों व शुभचिंतकों की अच्छी व प्रभावी टीम खड़ी की है और जिसके सहारे/भरोसे पंजाब के कोने कोने तक अपनी पहुँच बनाई है । पंजाब के शहरों में दूसरे उम्मीदवारों ने भी अपने अपने तरीकों से 'धावा' बोला है और बहुत बहुत समय लगाया है, लेकिन चूँकि एक तो वह कुछ ही शहरों तक अपनी सक्रियता रख पाए हैं और अपनी पहुँच को व्यापक नहीं बना सके हैं, और दूसरे वह यहाँ अपनी कोई टीम नहीं बना सके हैं, इसलिए वह यहाँ अपने अपने लिए वैसा समर्थन बनाते हुए नहीं दिख रहे हैं, जैसा समर्थन संजय वासुदेवा, विजय गुप्ता, अतुल गुप्ता और हंसराज चुग बना सके हैं ।

Friday, November 20, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत अपनी उम्मीदवारी के संदर्भ में चरनजोत सिंह नंदा के रवैये से राजेश शर्मा अपने आप को ठगा हुआ पा रहे हैं

नई दिल्ली । राजेश शर्मा, चरनजोत सिंह नंदा और उमेश वर्मा जिस तरह से एक-दूसरे को कोस रहे हैं और उनके बीच आरोपों-प्रत्यारोपों की बातें हो रही हैं, उससे चरनजोत सिंह नंदा की राजनीतिक विरासत तथा राजेश शर्मा व उमेश वर्मा की उम्मीदवारी एक साथ खतरे में पड़ी दिख रही है । मजे की बात यह है कि कहने को तो यह तीनों एक साथ हैं, लेकिन इनमें आपस का अविश्वास इतना मुखर हो गया है कि लोगों के बीच सवाल पैदा हो रहा है कि यह एक साथ होने का ढोंग आखिर क्यों कर रहे हैं ? राजेश शर्मा अपने खास समर्थकों व नजदीकियों के बीच यह शिकायत कर रहे हैं कि चरनजोत सिंह नंदा उनका समर्थन करने के नाम पर उनका उल्लू बना रहे हैं और उन्हें इस्तेमाल कर रहे हैं; राजेश शर्मा का गंभीर आरोप यह है कि चरनजोत सिंह नंदा बात तो उनके समर्थन की कर रहे हैं, लेकिन उनके तमाम समर्थक, खासकर पंजाब के उनके समर्थक संजय अग्रवाल और/या संजय वासुदेवा के साथ घूम रहे हैं; चरनजोत सिंह नंदा का रोना है कि राजेश शर्मा उनकी बात तो मानते नहीं हैं, सिर्फ शिकायत करते रहते हैं कि वह उनके लिए कुछ कर नहीं रहे हैं; उमेश वर्मा को अपनी फिक्र है और अपनी इस फिक्र में उनका जिक्र यह है कि राजेश शर्मा सेंट्रल काउंसिल की अपनी उम्मीदवारी के लिए उनका समर्थन तो ले रहे हैं, किंतु बदले में रीजनल काउंसिल की उनकी उम्मीदवारी को कोई मदद नहीं कर रहे हैं । 
दरअसल, जैसा कि राजेश शर्मा के नजदीकियों ने बताया कि इन तीनों के बीच अविश्वास व परस्पर आरोपों का सिलसिला तब शुरू हुआ, जब चरनजोत सिंह नंदा ने राजेश शर्मा से उमेश वर्मा की रीजनल काउंसिल की उम्मीदवारी में मदद करने का अनुरोध किया । राजेश शर्मा की खूबी यह है कि कि वह किसी का भी काम करें भले ही न, लेकिन इंकार किसी को नहीं करते हैं । सो उन्होंने उमेश वर्मा की उम्मीदवारी का सहयोग/समर्थन करने के लिए चरनजोत सिंह नंदा से हामी भर दी । अपने स्वभाव के अनुरूप इस संबंध में उन्होंने लेकिन किया कुछ भी नहीं । चरनजोत सिंह नंदा ने भी किंतु कोई कच्ची गोलियाँ नहीं खेली हैं - सो उन्होंने राजेश शर्मा द्वारा आयोजित की जाने वाली पार्टियों/मीटिंगों में उमेश वर्मा को भी आमंत्रित करना शुरू कर दिया । इन पार्टियों/मीटिंगों में उमेश वर्मा ने अपने साथियों व अपने कार्यकर्ताओं को बुलाना शुरू कर दिया । इस कारण से हुआ यह कि राजेश शर्मा द्वारा की जाने पार्टियाँ/मीटिंग उमेश वर्मा की पार्टियाँ/मीटिंग लगने लगीं - ऐसा लगने का कारण यह भी रहा क्योंकि चरनजोत सिंह नंदा इन पार्टियों/मीटिंगों में राजेश शर्मा की बजाए उमेश वर्मा की बात ज्यादा करते सुने जाते । यही सब देख कर राजेश शर्मा को लगा और उन्होंने कहना भी शुरू किया कि चरनजोत सिंह नंदा उनके पैसे पर उमेश वर्मा का प्रचार कर रहे हैं । राजेश शर्मा को सबसे बड़ा झटका तो पंजाब में लगा । उन्हें उम्मीद थी कि पंजाब में चरनजोत सिंह नंदा के समर्थक उनकी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने का काम करेंगे; लेकिन वह यह देख कर हैरान/परेशान हो गए कि पंजाब में चरनजोत सिंह नंदा के समर्थक या तो संजय अग्रवाल की उम्मीदवारी का झंडा लेकर घूम रहे हैं, और या संजय वासुदेवा के साथ हैं । यह देख/जान कर राजेश शर्मा को पक्का यकीन हो गया है कि चरनजोत सिंह नंदा समर्थन के नाम पर उन्हें धोखा ही दे रहे हैं । 
राजेश शर्मा की यह शिकायतें चरनजोत सिंह नंदा तक पहुँची तो उन्होंने राजेश शर्मा की इन शिकायतों के लिए राजेश शर्मा को ही जिम्मेदार ठहरा दिया । उनका कहना है कि उन्होंने राजेश शर्मा से जो जो जैसे जैसे करने को कहा, राजेश शर्मा ने कुछ किया ही नहीं; वह अपनी ही मनमानी से काम कर रहे हैं - ऐसा लग रहा है जैसे कि उन्हें मेरी मदद की जरूरत ही नहीं है; ऐसे में वह यह शिकायत कैसे कर सकते हैं कि उन्हें मेरी मदद मिल नहीं रही है ? चरनजोत सिंह नंदा का कहना है कि राजेश शर्मा यदि मेरे समर्थकों का सहयोग/समर्थन चाहते हैं, तो पहले तो उन्हें यह जानना/समझना होगा कि मेरे किन समर्थकों को साथ लाने के लिए क्या करना होगा और कैसे करना होगा, फिर उसे 'करना' होगा । चरनजोत सिंह नंदा का आरोप है कि राजेश शर्मा यह सब तो करना नहीं चाहते; वह बस यह चाहते हैं कि मुझसे जुड़े रहे लोग उनकी उम्मीदवारी के समर्थन में जुट जाएँ - वह यह नहीं समझ रहे हैं कि ऐसा होता नहीं है । चरनजोत सिंह नंदा का कहना है कि संजय अग्रवाल और संजय वासुदेवा ने ज्यादा होशियारी से काम किया और पहले से सक्रियता बना कर तमाम लोगों को अपने साथ जोड़ लिया । संजय वासुदेवा को अपने पिता के नाम का फायदा मिला है, और संजय अग्रवाल ने अपनी निरंतर सक्रियता तथा नेटवर्किंग से लोगों को अपने साथ जोड़ा है । चरनजोत सिंह नंदा को इस बात पर बड़ी आपत्ति है कि राजेश शर्मा अपनी कमजोरियों व कमियों के लिए उन्हें नाहक ही जिम्मेदार ठहरा रहे हैं । 
चरनजोत सिंह नंदा के सुर में सुर मिलाकर उमेश वर्मा को भी राजेश शर्मा पर हमला बोलते हुए सुना गया है । उमेश वर्मा का आरोप है कि राजेश शर्मा अपनी उम्मीदवारी के लिए तो उनसे मदद की उम्मीद कर रहे हैं और ले रहे हैं - लेकिन बदले में वह उनकी कोई मदद नहीं कर रहे हैं । उमेश वर्मा के अनुसार, इस मामले में राजेश शर्मा का तर्क है कि वह यदि उनकी मदद करते हुए 'दिखेंगे', तो रीजनल काउंसिल के दूसरे उम्मीदवार बिदकेंगे तथा उनके खिलाफ सक्रिय होंगे । राजेश शर्मा ने उमेश वर्मा को पाठ पढ़ाया है कि इसलिए वह उनकी खुलकर नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे से ही मदद करेंगे । राजेश शर्मा का यह तर्क उमेश वर्मा को भा नहीं रहा है; और वह इस तर्क को राजेश शर्मा की बहानेबाजी के रूप में ही देख रहे हैं और राजेश शर्मा के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं ।
इस सारे नजारे को देख कर राजेश शर्मा के नजदीकियों व समर्थकों को लग रहा है कि चरनजोत सिंह नंदा ने राजेश शर्मा को ऐसा फँसा दिया है कि राजेश शर्मा के लिए न आगे बढ़ पाना संभव रह गया है, और न पीछे हटना ही उनके लिए आसान है । मजे की बात यह है कि औरों को दिखाई तो यह दे रहा है कि चरनजोत सिंह नंदा पूरी तरह से राजेश शर्मा की उम्मीदवारी के साथ हैं; लेकिन राजेश शर्मा और उनके समर्थक जान/समझ रहे हैं तथा आपस की बातचीत में रोना भी रो रहे हैं कि चरनजोत सिंह नंदा उनकी उम्मीदवारी के लिए वास्तव में कुछ कर नहीं रहे हैं और इसलिए ही उनकी उम्मीदवारी के पक्ष में वैसा माहौल नहीं बन पा रहा है, जैसे माहौल की उम्मीद की गई थी । राजेश शर्मा यह देख कर तो अपने आप को और ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं कि चरनजोत सिंह नंदा उनके समर्थन के नाम पर उनसे अनाप-शनाप पैसे खर्च करवा रहे हैं और उनके पैसे पर उमेश वर्मा को चुनाव लड़वा रहे हैं । 

Monday, October 12, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के यंग मैंबर्स के बीच पहुँची अपनी बदनामी को ढँकने के लिए अमरजीत चोपड़ा को सहारा बनाने की विजय गुप्ता की कोशिश सफल होगी क्या ?

नई दिल्ली । अमरजीत चोपड़ा जिस तरह संजय वासुदेव की उम्मीदवारी का समर्थन करने की घोषणा करने के बावजूद संजीव चौधरी के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश करते देखे गए, उससे विजय गुप्ता को उम्मीद बँधी थी कि अमरजीत चोपड़ा को वह अपने समर्थन के लिए भी राजी कर लेंगे - किंतु अमरजीत चोपड़ा अभी तक तो विजय गुप्ता से पटते हुए नहीं लग रहे हैं । उल्लेखनीय है कि चौतरफा मुसीबतों में घिरे विजय गुप्ता अपने नजदीकियों व समर्थकों को अपने साथ बनाए रखने के लिए लगातार उन्हें यह भरोसा देते रहे हैं कि इंस्टीट्यूट के पूर्व प्रेसीडेंट अमरजीत चोपड़ा जल्दी ही उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करने की घोषणा करेंगे । शुरू में तो लोगों को ऐसा लगा कि इस तरह का झूठा दावा करके विजय गुप्ता अपने नजदीकियों व समर्थकों को बहकाने का काम कर रहे हैं, किंतु बाद में यह स्पष्ट हुआ कि विजय गुप्ता को सचमुच में खुद भी यह विश्वास रहा कि अमरजीत चोपड़ा को वह जल्दी ही अपने समर्थन में ले आयेंगे । पिछले दिनों उन्होंने कुछेक लोगों से बहुत ही भरोसे से यह कहा कि वह अमरजीत चोपड़ा की नस नस को पहचानते हैं, और उनकी कमजोरियों से अच्छी तरह परिचित हैं - इसलिए उनके लिए अमरजीत चोपड़ा को पटाना, तथा अपने साथ लाना कोई मुश्किल नहीं होगा । विजय गुप्ता ने लोगों को याद दिलाया कि पिछली बार भी उन्हें अमरजीत चोपड़ा का समर्थन ऐन मौके पर ही घोषित हुआ था । इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट के पिछले चुनाव का नतीजा आने के बाद विजय गुप्ता ने अमरजीत चोपड़ा के लिए जिस तरह के गाली-गलौच भरे शब्दों का सार्वजनिक रूप से उच्चारण किया था, उसे देखने/सुनने/जानने वालों को इस बात पर भरोसा तो नहीं था कि विजय गुप्ता से तमाम गालियाँ खाने के बाद भी अमरजीत चोपड़ा उनका समर्थन करने को तैयार हो जायेंगे - लेकिन इन दोनों को जानने वालों का कहना रहा कि यह दोनों कुछ भी कर सकते हैं । 
विजय गुप्ता को यूँ तो काफी अहंकारी व अकड़ू किस्म के व्यक्ति के रूप में जाना/पहचाना जाता है, किंतु अपना काम निकालने/बनाने के लिए माफी माँगने व खुशामद करने की कला में भी वह खासे उस्ताद माने जाते हैं । और अमरजीत चोपड़ा की तो ख्याति ही इस बात के लिए है कि वह कब कहाँ किस करवट बैठेंगे, इसे समझना नामुमकिन ही है । अमरजीत चोपड़ा की महिमा बड़ी ही निराली है, इतनी निराली कि अपने हर कदम से वह लोगों को हैरान/परेशान ही करते रहते हैं । पिछले वर्षों के उनके निरालेपन के किस्सों को यदि जाने भी दें, तो अभी ही संजय वासुदेव के साथ उन्होंने जो खेल खेला है उसे देख कर संजय वासुदेव व उनके समर्थक सकते में हैं । उल्लेखनीय है कि इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के चुनाव के संदर्भ में अमरजीत चोपड़ा ने संजय वासुदेव की उम्मीदवारी का समर्थन करने की घोषणा की हुई है । दूसरे लोगों के साथ साथ संजय वासुदेव व उनके समर्थक लेकिन यह जान/सुन कर हैरान/परेशान हो गए हैं कि अमरजीत चोपड़ा तो संजीव चौधरी के लिए समर्थन जुटाने के अभियान में लगे हुए हैं । कुछेक लोगों का मानना/कहना है कि अमरजीत चोपड़ा बड़े भोले किस्म के सरल हृदय व्यक्ति हैं, जिसका फायदा लोग उठा लेते हैं; किंतु अन्य कई लोगों का मानना/कहना ठीक इसके विपरीत है और वह यह कि अमरजीत चोपड़ा ऊँची महत्वाकांक्षा के साथ बड़ी छोटी सोच रखने वाले व्यक्ति हैं, और इस कारण अपनी पहचान/प्रतिष्ठा को दाँव पर लगाते हुए 'छोटी छोटी नालियों' में भी घुसने को तैयार हो जाते हैं । विजय गुप्ता और अमरजीत चोपड़ा की खूबियों/कमियों को देखते/पहचानते हुए कई लोगों ने विजय गुप्ता के इस दावे पर भरोसा करना शुरू भी कर दिया कि पीछे उन्होंने अमरजीत चोपड़ा को चाहें जितना भला-बुरा कहा हो, लेकिन चूँकि वह उनकी कमजोरियों को जानते/समझते हैं इसलिए अंततः वह अमरजीत चोपड़ा को अपने समर्थन के लिए पटा लेंगे । 
विजय गुप्ता ने अपनी बात को विश्वसनीय बनाने/दिखाने के लिए तर्क भी दिया कि अमरजीत चोपड़ा वायदा करने तथा अपने वायदे को घोषित करने के बाद भी जब संजय वासुदेव का साथ छोड़ कर संजीव चौधरी के साथ जुड़ सकते हैं; तो इसकी क्या गारंटी है कि कल वह संजीव चौधरी का साथ छोड़ कर उनके साथ नहीं आ जायेंगे ? अमरजीत चोपड़ा को संजय वासुदेव की बजाए संजीव चौधरी की उम्मीदवारी के समर्थन में देख कर कई लोगों को हालाँकि आश्चर्य तो हुआ, किंतु अमरजीत चोपड़ा की 'महिमा' से परिचित होने के कारण उनके आश्चर्य को ज्यादा चर्चा नहीं मिली । लोगों ने मान/समझ लिया कि अमरजीत चोपड़ा को संजीव चौधरी से जरूर कुछ फायदे वाला 'काम' होने की उम्मीद बनी होगी, इसलिए उन्होंने यह भूल जाने में कोई देर नहीं लगाई कि उन्होंने तो संजय वासुदेव की उम्मीदवारी का समर्थन करने का ऐलान किया हुआ है । इसी तरह की बातें करते हुए विजय गुप्ता ने अपने नजदीकियों व समर्थकों को आश्वस्त किया हुआ है कि फायदे वाले 'काम' के चक्कर में अमरजीत चोपड़ा के हाथों में जल्दी ही उनकी उम्मीदवारी का झंडा होगा । 
अमरजीत चोपड़ा की तरफ से लेकिन अभी तक विजय गुप्ता के पक्ष में आ सकने के कोई संकेत मिलते नहीं दिखे हैं । संकेत बल्कि उलटे मिल/दिख रहे हैं । हाल ही के दिनों में जिन लोगों की अमरजीत चोपड़ा से विजय गुप्ता को लेकर बात हुई है, उनका कहना है कि अमरजीत चोपड़ा अब की बार विजय गुप्ता की खुशामद या किसी फायदे वाले ऑफर में फँसने के मूड में नहीं दिख रहे हैं । इंस्टीट्यूट के पिछले वाइस प्रेसीडेंट के चुनाव का नतीजा आने के बाद विजय गुप्ता ने उन्हें लेकर जो गाली-गलौच की थी, उसे वह भूले नहीं हैं और अभी वह विजय गुप्ता को माफ करने के मूड में बिलकुल नहीं हैं । अमरजीत चोपड़ा के नजदीकियों का कहना है कि पिछले दिनों विजय गुप्ता ने तरह तरह से अमरजीत चोपड़ा से पुनः तार जोड़ने के प्रयास तो खूब किए हैं, लेकिन अमरजीत चोपड़ा उनके प्रयासों को कामयाब नहीं होने दे रहे हैं । पंजाब व हरियाणा में अमरजीत चोपड़ा के नजदीक समझे जाने वाले चार्टर्ड एकाउंटेंट्स से संपर्क साधने के जरिए विजय गुप्ता ने अमरजीत चोपड़ा के खेमे में घुसने की कोशिश की, किंतु इसमें भी उनकी दाल पकने की खुशबु किसी को भी नहीं लगी है ।
विजय गुप्ता के लिए समस्या की बात दरअसल यह हो गई है कि यंग चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच पैठ बनाने की उनकी कोशिशें सिरे नहीं चढ़ पा रही हैं । 'यंग मैंबर्स एम्पॉवरमेंट कमेटी' के चेयरमैन के रूप में उन्होंने यंग चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच अभी तक जो भी काम किए हैं, वह कोई राजनीतिक फल देने वाले साबित होते हुए नहीं दिखे हैं । हुआ दरअसल यह है कि कमेटी के चेयरमैन के रूप में विजय गुप्ता जब यंग चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच पहुँचते हैं, तो पता चलता है कि उनकी बदनामी उनसे पहले उन यंग चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच पहुँची हुई है । वास्तव में हुआ यह है कि चुनाव के चक्कर में हर उम्मीदवार की निगाह यंग चार्टर्ड एकाउंटेंट्स पर है; और दूसरे सभी उम्मीदवारों को लगता है कि 'यंग मैंबर्स एम्पॉवरमेंट कमेटी' के चेयरमैन के रूप में काम करते हुए विजय गुप्ता कहीं इनके वोटों पर कब्जा न कर लें - इसलिए हर कोई यंग मैंबर्स के बीच विजय गुप्ता की 'जन्मपत्री' जरूर खोलता/पढ़ता है । इससे विजय गुप्ता की सारी कवायद पर पानी फिर जा रहा है । इस स्थिति में, उन्हें एक ऐसे बड़े सहारे की जरूरत महसूस हो रही है जो लोगों के बीच - खासतौर से यंग मैंबर्स के बीच उनकी साख व विश्वसनीयता को स्थापित कर सके । इस बड़े सहारे के रूप में विजय गुप्ता ने अमरजीत चोपड़ा को पहचाना है । विजय गुप्ता समझते हैं कि अमरजीत चोपड़ा की नस नस को चूँकि वह पहचानते हैं और उनकी कमजोरियों से भी वह वाकिफ हैं, इसलिए अमरजीत चोपड़ा का 'शिकार' करना उनके लिए आसान होगा । कई स्थितियाँ ऐसी हैं जिनका हवाला देकर वह अमरजीत चोपड़ा का समर्थन मिलने का दावा कर सकते हैं, और अपने इस दावे के प्रति लोगों को विश्वास भी दिला सकते हैं । यही उन्होंने किया भी । लेकिन इस बार अमरजीत चोपड़ा - अपनी सारी भलमनसाहत या अपनी स्वार्थी-सोच के बावजूद - विजय गुप्ता के झाँसे में फँसते हुए नहीं दिख रहे हैं ।

Monday, May 11, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत संजय वासुदेवा की उम्मीदवारी ने संजीव चौधरी, विजय गुप्ता, विनोद जैन और विशाल गर्ग के लिए एक साथ मुश्किलें तो खड़ी कर दी हैं; लेकिन खुद संजय वासुदेवा के लिए भी मामला उतना आसान नहीं दिख रहा है, जितना कि समझा जा रहा है

नई दिल्ली । एससी वासुदेवा ने अपने बेटे संजय वासुदेवा को इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के लिए चुनवाने का बीड़ा जिस तरह उठा लिया है, उसके कारण उन्होंने संजीव चौधरी, विजय गुप्ता, विनोद जैन और विशाल गर्ग के लिए एक साथ मुश्किलें खड़ी कर दी हैं । एससी वासुदेवा का प्रोफेशन के लोगों के बीच जो ऑरा (आभामंडल) है तथा उन्होंने संजय वासुदेवा की उम्मीदवारी के पक्ष में जो सक्रियता दिखाई है; उसके चलते एक तरफ जहाँ संजीव चौधरी और विजय गुप्ता के लिए सेंट्रल काउंसिल की अपनी मौजूदा सीट की रक्षा कर पाना मुश्किल हो गया है, वहीं दूसरी तरफ विनोद जैन और विशाल गर्ग के लिए सेंट्रल काउंसिल में घुसने का दरवाजा लोगों को और दूर हो गया लग रहा है । ऑडिट और कन्सल्टिंग क्षेत्र में नामी फर्म होने के नाते एससी वासुदेव का कंपनियों में जो वोट है, उस पर अच्छा प्रभाव है । संजीव चौधरी और विनोद जैन भी चूँकि कंपनियों के वोटों पर निर्भर रहते हैं, इसलिए इनके सामने कंपनियों के वोटों के छिन जाने का खतरा पैदा हो गया है । गौर करने वाला तथ्य यही है कि पिछली बार वासुदेवा खेमे का समर्थन मिलने के कारण ही संजीव चौधरी को जीत मिली थी; और संजीव चौधरी को वासुदेवा खेमे का समर्थन मिलने के कारण ही विनोद जैन सेंट्रल काउंसिल की अपनी सीट खो बैठे थे । इसीलिए लोगों को लग रहा है कि इस बार जब वासुदेवा खेमे से संजय वासुदेवा उम्मीदवार हो रहे हैं, तो विनोद जैन के लिए तो हालात और बुरे हो ही जाते हैं, संजीव चौधरी के लिए भी मुसीबत खड़ी हो जाती है । 
वासुदेवा फर्म का ब्राँच ऑफिस लुधियाना में होने के कारण लुधियाना तथा आसपास के शहरों में संजय वासुदेवा को अच्छा समर्थन मिलने की उम्मीद है - यही उम्मीद विजय गुप्ता और विशाल गर्ग के लिए खतरे की घंटी बजाती है । उल्लेखनीय है कि विजय गुप्ता को पिछली बार लुधियाना से ही संजीवनी मिली थी; संजय वासुदेवा की उम्मीदवारी और उनकी उम्मीदवारी को लुधियाना में मिलने वाले समर्थन की चर्चा ने विजय गुप्ता से वह संजीवनी छीन लेने का खतरा पैदा कर दिया है । विशाल गर्ग तो लुधियाना के भरोसे ही सेंट्रल काउंसिल के लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत कर रहे हैं । लोगों का पूछना लेकिन यह है कि लुधियाना में जब संजय वासुदेवा का डंका बजेगा, तब विशाल गर्ग के लिए बचेगा क्या ?
संजय वासुदेवा के लिए इस तरह ऊपरी तौर पर तो मामला बड़ा आसान लगता है, किंतु इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति के गणित तथा उसकी केमिस्ट्री को जानने/समझने वाले लोगों का यह भी मानना और कहना है कि संजय वासुदेवा के लिए मामला उतना आसान नहीं है, जितना कि समझा जा रहा है । संजय वासुदेवा के लिए सबसे बड़ी चुनौती यही है कि लोगों के बीच उनकी अपनी कोई पहचान नहीं है, वह एससी वासुदेवा के बेटे के रूप में ही पहचाने जाते हैं । यह सच है कि लोगों के बीच एससी सचदेवा की अच्छी साख, पहचान और प्रतिष्ठा है - किंतु इस साख, पहचान और प्रतिष्ठा को वोटों में बदलने का मैकेनिज्म भी उनके पास है, यह बात कोई भी विश्वास के साथ नहीं कह पा रहा है । वासुदेवा खेमे के एक प्रमुख सदस्य ने इन पँक्तियों के लेखक से साफ कहा कि एससी वासुदेवा के कारण संजय वासुदेवा को प्लेटफॉर्म तो अच्छा मिला है, लेकिन इस पर 'गाड़ी चलाने' का काम संजय वासुदेवा को ही करना पड़ेगा । वासुदेवा खेमे के जो बड़े नेता या लोग हैं, वह वास्तव में एससी वासुदेवा के साथ अपने को कनेक्ट करते हैं; उनका सक्रिय समर्थन संजय वासुदेवा को मिल सके - इसके लिए प्रयास संजय वासुदेवा को ही करने पड़ेंगे । यह प्रयास संजय वासुदेवा के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि सक्रिय राजनीति से वर्ष 2006 में एससी वासुदेवा के अलग होने के बाद से वासुदेवा खेमे के लिए 'अपने' उम्मीदवार को जितवा पाना और ला पाना मुश्किल हुआ है । 
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 में वासुदेवा खेमे से सुनील अरोड़ा उम्मीदवार बने थे, लेकिन कामयाब नहीं हो सके थे; और उसके बाद  चुनावों में वासुदेवा खेमे से कोई उम्मीदवार नहीं आया । आरोप की शक्ल में चर्चा यह रही है कि खेमे का पर्याप्त समर्थन न मिलने के कारण सुनील अरोड़ा कामयाब नहीं हो सके थे, और बाद के चुनावों में भी खेमे का पर्याप्त समर्थन न मिलने के डर से ही खेमे से कोई उम्मीदवार नहीं बना । हालाँकि खुद सुनील अरोड़ा इस तरह की बातों को गलत और बेबुनियाद बताते रहे हैं । कई मौकों पर सुनील अरोड़ा ने कहा है कि 2006 में यदि वह कामयाब नहीं हो सके थे, तो इसके लिए वह खुद ही जिम्मेदार थे । एक तो उन्होंने अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने में बहुत देर लगा दी थी, और दूसरे फिर वह अपने चुनाव अभियान के लिए भी आवश्यक समय नहीं दे पाए थे । सुनील अरोड़ा के अनुसार, खेमे के नेताओं ने तो वर्ष 2006 में भी उनको भरपूर सहयोग व समर्थन दिया था, तथा वर्ष 2009 में भी उन्हें उम्मीदवार बनने के लिए खूब प्रेरित किया था - लेकिन अपनी व्यस्तता के कारण वह ही उम्मीदवार नहीं बने थे । अब कारण चाहें जो रहे हों, सच्चाई यही है कि इंस्टीट्यूट के पिछले तीन चुनावों में वासुदेवा खेमे की जो 'प्रत्यक्ष' अनुपस्थिति रही है, उससे जो गैप बना है उसकी भरपाई करने की चुनौती एक उम्मीदवार के रूप में संजय वासुदेवा के सामने हैं । 
संजय वासुदेवा के जो कुछेक समर्थक नवीन गुप्ता के उदाहरण के साथ तर्क देते हैं कि जिस तरह 'सिर्फ' एनडी गुप्ता के बेटे होने के नाते नवीन गुप्ता इंस्टीट्यूट का चुनाव जीत सकते हैं, उसी तरह संजय वासुदेवा भी एससी वासुदेवा के बेटे होने के कारण चुनाव जीत लेंगे; वह एक तथ्य मिस कर रहे हैं कि जब नवीन गुप्ता पहली बार उम्मीदवार बने थे, तब तक एनडी गुप्ता की राजनीतिक सक्रियता में कोई गैप नहीं बना था और उनका खेमा वेद जैन को कामयाब करवा चुका था । एक बड़ा फर्क और है तथा वह यह कि एनडी गुप्ता का लोगों के बीच जो इन्वॉल्वमेंट और या प्रभाव रहा है उसमें राजनीतिक पुट ज्यादा रहा है; जबकि एससी वासुदेवा का लोगों के बीच जो इन्वॉल्वमेंट और या प्रभाव रहा है, उसमें एकेडमिक व कैरियर वाला पुट ज्यादा रहा है । इस एकेडमिक व कैरियर वाले पुट को राजनीति में - सीधे सीधे कहें तो वोटों में बदलने का काम संजय वासुदेवा को ही करना पड़ेगा, जो नवीन गुप्ता को नहीं करना पड़ा था । नवीन गुप्ता को तो बिना कुछ किए-धरे, अपने पिताजी के भरोसे जीत मिल गई थी - लेकिन संजय वासुदेवा को शायद उतनी आसानी से जीत न मिल सके । एससी वासुदेवा इस बात को बखूबी समझ रहे हैं और इसीलिए उन्होंने खुद भी मोर्चा सँभाला है तथा अपनी तरफ से पहल करके अपने लोगों को संजय वासुदेवा की उम्मीदवारी के पक्ष में सक्रिय होने के लिए प्रेरित करने में लगे हैं । 
संजय वासुदेवा की उम्मीदवारी के समर्थकों ने विश्वास व्यक्त किया है कि संजय वासुदेवा निश्चित रूप से एक उम्मीदवार की जिम्मेदारी निभायेंगे और वासुदेवा खेमे में चुनावी राजनीति के खिलाड़ी जो नेता हैं उनके सहयोग से संजय वासुदेवा चुनावी समीकरणों को अपने पक्ष में कर लेंगे । यह देखना सचमुच दिलचस्प होगा कि अपनी उम्मीदवारी के समर्थकों के इस विश्वास को बनाये रखने के लिए संजय वासुदेवा क्या करते हैं और कैसे करते हैं ?