Thursday, February 14, 2013

विनोद बंसल को नीचा दिखाने और उनके पारिवारिक समारोह में खलल डालने के इरादे से रमेश अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता को 17 फरवरी को ही करने की जिद की है क्या ?

नई दिल्ली । रमेश अग्रवाल ने रोटरी के झगड़े को व्यक्तिगत झगड़े का रूप देकर विनोद बंसल की बिटिया की शादी के रंग में भंग डालने का काम कर दिया है । इसके तहत, उन्होंने डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता का जो आयोजन 24 फरवरी के लिए घोषित हुआ था, उसे दबाव डाल कर 17 फरवरी को करवा दिया है । उल्लेखनीय है कि 17 फरवरी को ही विनोद बंसल की बिटिया की शादी का आयोजन है । डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े तथा उसमें भाग लेने वाले क्लब्स के रोटेरियंस ने रमेश अग्रवाल से जब यह कहा कि इसके कारण उनके लिए विनोद बंसल के यहाँ जाना मुश्किल होगा तो रमेश अग्रवाल ने उन्हें यह कह कर चुप कर दिया कि उनके लिए रोटरी ज्यादा जरूरी है या विनोद बंसल को खुश करना ज्यादा जरूरी है ? डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन को 17 फरवरी को करने के उनके फैसले पर सवाल उठाने वाले रोटेरियंस को उन्होंने यह कहते हुए भी धमकाया कि अवार्ड तुम्हें मुझसे लेने हैं या विनोद बंसल से लेने हैं । 
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार, उन्होंने तो 24 फरवरी को यह प्रतियोगिता करने की तैयारी की थी - जिसके लिए रमेश अग्रवाल ने भी अपनी सहमति दे दी थी; लेकिन पूरा कार्यक्रम घोषित हो जाने के बाद अचानक से रमेश अग्रवाल ने 24 फरवरी को एनआईडी होने का वास्ता देकर इसे 17 फरवरी को करने को कहा । आयोजन से जुड़े लोगों ने 17 फरवरी को विनोद बंसल के यहाँ होने वाले शादी समारोह का जिक्र करते हुए प्रस्ताव रखा कि तब 3 मार्च को क्रिकेट प्रतियोगिता कर लेते हैं । उनका तर्क था कि 17 फरवरी को प्रतियोगिता रखते हैं तो एक तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट के रूप में विनोद बंसल के लिए उसमें आ पाना संभव नहीं होगा, और दूसरी बात यह कि जिन रोटेरियंस को विनोद बंसल के यहाँ शादी समारोह में जाना है उन्हें मुश्किल होगी । इस पर रमेश अग्रवाल ने चुटकी भी ली कि तुन्हें विनोद बंसल की बड़ी फिक्र है, तुम रोटरी में विनोद बंसल को खुश करने आये हो क्या ? रमेश अग्रवाल ने यह कहते हुए भी 17 फरवरी को ही प्रतियोगिता कराने पर जोर दिया कि विनोद बंसल यदि नहीं आ पाएंगे तो प्रतियोगिता का आयोजन नहीं हो पायेगा क्या और विनोद बंसल की सुविधा के अनुसार डिस्ट्रिक्ट के और रोटरी के कार्यक्रम तय होंगे क्या ? रमेश अग्रवाल के इस रवैये को देख कर प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े लोगों ने रमेश अग्रवाल की बात मान लेने में ही अपनी भलाई देखी और 17 फरवरी को ही प्रतियोगिता आयोजित कर लेने के लिए वह मजबूर हुए ।
रमेश अग्रवाल के इस रवैये ने उन लोगों को भी हैरान किया है जो पहले से ही यह मानते/समझते रहे हैं कि रमेश अग्रवाल एक बहुत ही घटिया सोच का व्यक्ति है । दरअसल उन्हें भी यह उम्मीद नहीं रही कि रमेश अग्रवाल घटियापन में इस हद तक चले जायेंगे कि अपने साथी रोटेरियंस के पारिवारिक समारोह तक के प्रति बैर जैसा भाव दिखायेंगे । इस मामले का संगीन पक्ष यह है कि इस रवैये के लिए हर कोई जहाँ रमेश अग्रवाल की थू-थू कर रहा है, वहाँ मुकेश अरनेजा के रूप में रमेश अग्रवाल को अपने रवैये का एक समर्थक लेकिन मिल गया है । मुकेश अरनेजा का कहना है कि पेम के आयोजनों में विनोद बंसल ने जिस तरह रमेश अग्रवाल को किनारे करने की कोशिश की, उसके बाद रमेश अग्रवाल यदि उनके प्रति ऐसा रवैया दिखा रहे हैं तो यह 'जैसे को तैसा' जैसा मामला है । मुकेश अरनेजा के अनुसार, रमेश ने उनसे पेम के तीनों आयोजनों में उनके प्रति विनोद बंसल के व्यवहार की शिकायत की थी । रमेश अग्रवाल की शिकायत रही कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने के नाते पेम के आयोजनों में उन्हें जितनी तवज्जो मिलना चाहिए थी, उतनी नहीं मिली । मुकेश अरनेजा के अनुसार, रमेश अग्रवाल को विनोद बंसल से भी ज्यादा शिकायत विनोद बंसल की पत्नी संगीता बंसल के रवैये से रही । मुकेश अरनेजा के अनुसार रमेश अग्रवाल यह देख कर बहुत खफा रहे कि संगीता बंसल ने लोगों के बीच हावी होने/दिखने की लगातार कोशिश की और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने के बावजूद उन्हें किनारे लगाने का प्रयास किया ।
तो क्या, 17 फरवरी को डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन रखवाने के जरिये विनोद बंसल की बिटिया के विवाह समारोह के रंग में भंग डाल कर रमेश अग्रवाल पेम के आयोजनों में विनोद बंसल और संगीता बंसल के द्धारा हुई अपनी उपेक्षा का बदला ले रहे हैं ? मुकेश अरनेजा के दावे पर भरोसा करके जो लोग इसे सच भी मान रहे हैं, उनका भी कहना है कि रमेश अग्रवाल को रोटरी के झगड़ों को रोटरी तक ही रखना चाहिए और उन्हें इतना नहीं बढ़ा लेना चाहिए कि उसकी आँच पारिवारिक समारोहों तक को छूने लगे । रमेश अग्रवाल ने एक बार जब डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए 24 फरवरी की तारीख को मंजूर कर लिया था, तो फिर बंसल दंपति को नीचा दिखाने और उनके पारिवारिक समारोह में खलल डालने के इरादे से उसे 17 फरवरी को करने के लिए दबाव नहीं बनाना चाहिए था । डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजकों का कहना है कि उन्होंने रमेश अग्रवाल को यह तक सुझाव दिया था कि 24 फरवरी को एनआईडी का काम ग्यारह/बारह बजे तक हो जायेगा, उसके बाद एनआईडी के लिए बाहर से आने वाली टीम के सदस्यों को लंच के लिए प्रतियोगिता स्थल पर ही ले आया जायेगा और इस तरह वह डिस्ट्रिक्ट की दूसरी गतिविधियों से भी परिचित हो सकेंगे; लेकिन रमेश अग्रवाल तो बस प्रतियोगिता को 17 फरवरी को करने की जिद पकड़े रहे । लोगों का मानना और कहना है कि रमेश अग्रवाल अपनी इस जिद से विनोद बंसल का तो कुछ नहीं बिगाड़ पाए हैं, लेकिन डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच उन्होंने अपने आप को और छोटा व घटिया साबित कर लिया है ।

Monday, February 11, 2013

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में विशाल सिन्हा ने पिकनिक कार्यक्रम के जरिये अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने और 'दिखाने' का काम जोरदार तरीके से किया है

लखनऊ । विशाल सिन्हा ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के अभियान में लखनऊ में एक बड़ा 'प्रदर्शन' किया । उनके द्धारा आयोजित पिकनिक कार्यक्रम में दो क्लब्स को छोड़ कर लखनऊ के अन्य सभी क्लब्स के लोगों की हुई भागीदारी ने एक उम्मीदवार के रूप में विशाल सिन्हा की सक्रियता और संलग्नता को तो जाहिर किया ही - साथ ही यह 'संदेश' भी दिया कि जरूरत पड़ने पर वह अपने से नाराज और विरोधी लोगों को भी मना सकते हैं और अपने साथ जोड़ सकते हैं । विशाल सिन्हा द्धारा आयोजित पिकनिक कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कई ऐसे प्रमुख लोगों को भी दिलचस्पी के साथ सक्रिय देखा गया जिन्हें विशाल सिन्हा की उम्मीदवारी के खिलाफ और शिव कुमार गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन में समझा/पहचाना जाता है । शिव कुमार गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थकों ने हालाँकि यह कहते हुए पिकनिक के प्रभाव को कम करने की कोशिश की है कि पिकनिक में कई क्लब्स के लोगों को तरह-तरह से फुसला कर तथा तरह-तरह के भावनात्मक दबावों से घेर-घार कर इकठ्ठा किया गया - ताकि उन्हें अपने समर्थन में 'दिखाया' जा सके । शिव कुमार गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थकों ने यह तर्क भी दिया है कि विशाल सिन्हा द्धारा आयोजित पिकनिक कार्यक्रम में शामिल होने का मतलब यह नहीं हो जाता है कि पिकनिक कार्यक्रम में जो लोग शामिल हुए वह वोट भी विशाल सिन्हा को ही देंगे ।
विशाल सिन्हा द्धारा आयोजित पिकनिक कार्यक्रम की सफलता की जो व्याख्या विशाल सिन्हा और उनके समर्थक तथा शिव कुमार गुप्ता और उनके समर्थक कर रहे हैं उसे यदि अनदेखा भी करें और उन लोगों की बातों पर ध्यान दें जो अभी किसी भी तरफ नहीं हैं - तो पिकनिक कार्यक्रम की सफलता से विशाल सिन्हा ने यह साबित तो कर ही दिया है कि लोगों को अपने साथ जोड़ने और 'दिखाने' का हुनर उन्हें आता है और अपने इसी हुनर का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में लोगों के भारी जमावड़े को संभव कर दिखाया । यह ठीक है कि पिकनिक कार्यक्रम की जोरदार सफलता के बावजूद एक उम्मीदवार के रूप में उनकी चुनौतियाँ ख़त्म नहीं हो गईं हैं - पिकनिक कार्यक्रम में भूपेश बंसल की अनुपस्थिति ने उनकी चुनौतियों को बरक़रार रखने का ही काम किया है । विद्या शंकर दीक्षित और नीरज बोरा की अनुपस्थिति को तो विशाल सिन्हा और उनके समर्थकों ने यह कह कर तवज्जो नहीं दी कि यह दोनों चूँकि शिव कुमार गुप्ता के क्लब में हैं, इसलिए इन्हें तो इस पिकनिक कार्यक्रम में नहीं ही आना था; लेकिन भूपेश बंसल की अनुपस्थिति को लेकर विशाल सिन्हा के समर्थकों के बीच कुछ निराशा का-सा माहौल था । विशाल सिन्हा ने हालाँकि यह बता कर अपने समर्थकों की निराशा को कम करने का प्रयास किया कि भूपेश बंसल ने उनसे पहले ही कह दिया था कि पिकनिक वाले दिन उन्हें बाहर जाना है, इसलिए उस दिन लखनऊ में न रहने के कारण वह पिकनिक में नहीं आ सकेंगे ।
भूपेश बंसल की अनुपस्थिति के कारण विशाल सिन्हा के 'प्रदर्शन' में जो कमी रह गई, उसे अनुपम बंसल की सक्रियता भरी मौजूदगी ने काफी हद तक भरने का काम किया । भूपेश बंसल के 'तेवरों' से डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच विशाल सिन्हा की उम्मीदवारी को अनुपम बंसल के समर्थन को लेकर शंकाएँ पैदा होने लगी थीं । यह शंकाएँ दरअसल इसलिए पैदा हो रही थीं, क्योंकि अनुपम बंसल से जब भी कोई उनके फैसले के बारे में पूछता था, तो अनुपम बंसल यह कह कर बच निकलने की कोशिश करते कि 'जैसा भाई साहब कहेंगे' । 'भाई साहब' से उनका आशय भूपेश बंसल से होता । विशाल सिन्हा के समर्थकों के बीच चूँकि 'भाई साहब' की भूमिका ही संदिग्ध थी, इसलिए अनुपम बंसल की भूमिका को लेकर भी संदेह होने लगे । विशाल सिन्हा की उम्मीदवारी के प्रति समर्थन दिखाने के उद्देश्य से आयोजित हुई पिकनिक में अपनी सक्रिय भागीदारी से अनुपम बंसल ने लेकिन सारे संदेहों को दूर कर दिया है और विशाल सिन्हा की उम्मीदवारी के प्रति अपना समर्थन स्पष्ट कर दिया है । अनुपम बंसल की उपस्थिति के जरिये विशाल सिन्हा और उनके समर्थकों ने लोगों को यह संदेश देने का प्रयास भी किया है कि अब जब अनुपम बंसल उनके पक्ष में खुल कर आ गये हैं, तो आने वाले दिनों में भूपेश बंसल भी उनके साथ ही खड़े दिखेंगे ।
पिकनिक कार्यक्रम के जरिये विशाल सिन्हा ने अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने और दिखाने का जो आयोजन किया है, उससे साफ है कि अपनी 'लड़ाई' को भले ही वह जीता हुआ मान रहे हों, लेकिन फिर भी वह महसूस कर रहे हैं कि उनकी लड़ाई एकतरफा नहीं है और अपनी जीत को सचमुच सुनिश्चित करने के लिए उन्हें लगातार लोगों के बीच रहना होगा और किसी भी कारण से नाराज हो सकने वाले लोगों को अपने साथ जोड़े रखना होगा । पिकनिक कार्यक्रम के जरिये उन्होंने लोगों को अपने साथ दिखाने में अभी तो सफलता पाई है, लेकिन देखना होगा कि इस सफलता को बनाये रखने के लिए वह आगे क्या करते हैं ?
विशाल सिन्हा की उम्मीदवारी के समर्थन में हुई पिकनिक के कुछ जीवंत दृश्य :







Saturday, February 9, 2013

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के वाइस प्रेसीडेंट का चुनाव चुनावी पंडितों के लिए चौंकाने वाला भी हो सकता है

नई दिल्ली । इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के वाइस प्रेसीडेंट पद की चुनावी लड़ाई अब पूरी तरह दिल्ली आ गई है और चूँकि इस लड़ाई के सारे खिलाड़ी और प्यादे दिल्ली आ गए हैं, इसलिए इस लड़ाई की सारी तीन-तिकड़में अब यहीं अपने को संभव करने में जुट गई हैं । वाइस प्रेसीडेंट पद की चुनावी लड़ाई के दिल्ली में केंद्रित हो जाने के चलते, इस लड़ाई के फिलबक्त सबसे बड़े खिलाड़ी समझे जाने वाले संजीव माहेश्वरी को एक बड़ा फायदा यह हुआ है कि अभी तक परदे के पीछे से उनका समर्थन करने वाले इंस्टीट्यूट के पूर्व अध्यक्ष अमरजीत चोपड़ा अब परदे के आगे आ गए हैं । मौजूदा वाइस प्रेसीडेंट सुबोध कुमार अग्रवाल के समर्थन के कारण संजीव माहेश्वरी की स्थिति पहले से ही अच्छी समझी जा रही है, उसमें अमरजीत चोपड़ा का समर्थन भी जुट जाने से उनके नजदीकियों को उनका कम 'बनता' हुआ दिख रहा है । हालाँकि कुछेक लोगों को लगता है कि सुबोध कुमार अग्रवाल और अमरजीत चोपड़ा का समर्थन संजीव माहेश्वरी के लिए 'बिल्ली के रास्ता काटने वाला काम करेगा' और संजीव माहेश्वरी के लिए भारी पड़ेगा ।
निलेश विकमसे ने इसका फायदा उठाना शुरू कर भी दिया है । उल्लेखनीय है कि निलेश विकमसे को भी वाइस प्रेसीडेंट पद के प्रबल दावेदार के रूप में देखा/पहचाना जाता रहा है, लेकिन संजीव माहेश्वरी की तुलना में उन्हें अभी तक पीछे ही पाया जा रहा था । लेकिन जैसे ही उन्हें भनक लगी है कि सुबोध कुमार अग्रवाल और अमरजीत चोपड़ा के समर्थन के कारण कुछेक लोग संजीव माहेश्वरी से बिदक रहे हैं और विरोधी लोगों ने सुबोध और अमरजीत की न चलने देने का 'फैसला' किया है, निलेश विकमसे उन विरोधी लोगों का समर्थन जुटाने में लग गए हैं । निलेश विकमसे की सक्रियता से संजीव माहेश्वरी के लिए खतरा तो पैदा हुआ है, लेकिन उनकी उम्मीद पंकज जैन की सक्रियता पर टिकी है । संजीव माहेश्वरी के समर्थक मान रहे हैं कि निलेश विकमसे और पंकज जैन के बीच आगे निकलने की जो होड़ है, वह संजीव माहेश्वरी का काम आसान करेगी । सेंट्रल काउंसिल के सदस्यों के बीच जो समीकरण बनते हुए दिख रहे हैं, उसमें संजीव माहेश्वरी, निलेश विकमसे और पंकज जैन - तीनों को अपनी अपनी जीत नज़र आ रही ।
इन तीनों के अपनी-अपनी जीत के दावों के बावजूद वेंकटेश्वरलु अपनी जीत को लेकर बिलकुल भी चिंतित नहीं दिख रहे हैं । संथानाकृष्णन के उम्मीदवारी से हटने के बाद वेंकटेश्वरलु को अपनी स्थति और भी सुरक्षित दिखने लगी है । वेंकटेश्वरलु की सेंट्रल काउंसिल सदस्यों के बीच अच्छी स्वीकार्यता है और उनका नाम किसी झगड़े-झंझट में भी नहीं सुना गया है । चरनजोत सिंह नंदा, नवीन गुप्ता और अनुज गोयल सेंट्रल काउंसिल सदस्यों के बीच अलग-अलग कारणों से बुरी तरह बदनाम होने के बावजूद नाउम्मीद नहीं हैं । उनकी तरफ से तर्क भी सुने जाते हैं कि बदनाम और घटिया आचरण रखने वाले वाले लोग क्या पहले (वाइस) प्रेसीडेंट नहीं बने हैं क्या ? नवीन गुप्ता के लिए तो बहुत ही कन्विंसिंग तर्क चर्चा में है - और वह यह कि उनके पिता एनडी गुप्ता तो बहुत ही बदनाम थे, लेकिन फिर भी वह (वाइस) प्रेसीडेंट बने ही थे न ? इस तरह के तर्कों और बदनामियों वाले सदस्यों के भी वाइस प्रेसीडेंट बनने की कोशिशों के चलते इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के वाइस प्रेसीडेंट के चुनाव का नजारा खासा दिलचस्प हो गया है ।
इस दिलचस्प नज़ारे में के रघु, संजय अग्रवाल और शिवाजी जावरे भी अपनी-अपनी उम्मीदवारी लेकर सक्रिय हैं । ये तीनों चूँकि अपने-अपने दम पर सक्रिय हैं इसलिए इनकी उम्मीदवारी का ज्यादा हल्ला नहीं है । संजय अग्रवाल और शिवाजी जावरे हमेशा ही अंडर ऐस्टीमेट किये जाने के शिकार बने हैं । नॉर्दर्न रीजन में संजय अग्रवाल और वेस्टर्न रीजन में शिवाजी जावरे को चुनाव में ही घेरने की चौतरफा कोशिश की गई थी और इनके चुनाव जीतने पर ही सवालिया निशान लगाये गए थे, लेकिन यह दोनों अपने अपने रीजन में अच्छे समर्थन के साथ चुनाव जीते । वाइस प्रेसीडेंट के चुनाव में भी - अभी तक लगभग वैसी ही कहानी दोहराई जाती दिख रही है; खिलाड़ी नेताओं का प्रचार इनके पक्ष में नहीं है लेकिन कई लोग हैं जो मान रहे हैं कि जैसा चमत्कार इन्होंने सेंट्रल काउंसिल के चुनाव में किया वैसा ही चमत्कार यह यहाँ भी कर दें तो आश्चर्य नहीं होगा । जो लोग ऐसा मान रहे हैं उन्होंने ऐसा मानने का कारण यह बताया कि संजय अग्रवाल और शिवाजी जावरे बहुत ही साफ-सुथरे तरीके से अपना अभियान चला रहे हैं और सचमुच इंस्टीट्यूट और प्रोफेशन के प्रति अपना कंसर्न दिखा/जाता रहे हैं । कई लोगों को लगता है कि इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट का चुनाव चुनावी पंडितों के लिए चौंकाने वाला हो सकता है ।

Monday, February 4, 2013

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के वाइस प्रेसीडेंट पद की राह में संजीव माहेश्वरी रूपी काँटे को मनोज फडनिस पहचान तो रहे हैं और 'इस' काँटे को निकालने की तरकीबें भी भिड़ा रहे हैं

नई दिल्ली । मनोज फडनिस को इस बार अपनी 'लॉटरी' लगने का पूरा भरोसा है । इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के (वाइस) प्रेसीडेंट चुने जाने को मनोज फडनिस लॉटरी लगने जैसा ही मानते और बताते रहे हैं । हालाँकि इस बार वह पूरी तैयारी के साथ जुटे नज़र आ रहे हैं और 'लॉटरी' को अपने पक्ष में कर लेने का हर संभव उपाय आजमा रहे हैं । मनोज फडनिस कई वर्षों से सेंट्रल काउंसिल में हैं और इस नाते वाइस प्रेसीडेंट के कई चुनावों के बनते-बिगड़ते, बनते-बनते बिगड़ते और अचानक से बनते समीकरणों को उन्होंने बहुत नजदीक से देखा/पहचाना है । वाइस प्रेसीडेंट चुनने वाले 'वोटर' किस किस तरह झांसा देते हैं - मनोज फडनिस इसे भी अच्छी तरह जानते/समझते हैं । देखी/पहचानी/जानी/समझी स्थितियों के बीच मनोज फडनिस ने इस बार मैदान मार लेने की लेकिन अच्छी तैयारी की है । सेंट्रल काउंसिल में उनके साथ रहे सदस्य बताते हैं कि यह 'तैयारी' वह पिछले तीन वर्षों से सुनियोजित तरीके से कर रहे हैं ।
मनोज फडनिस के साथ रहे दूसरे काउंसिल सदस्यों के अनुसार, पिछले वर्षों में मनोज फडनिस ने बिग फोर खेमे में अपनी पैठ बनाने की कोशिश की है । इंस्टीट्यूट की विभिन्न कमेटियों के सदस्य-पदाधिकारियों के रूप में उन्होंने इस तरह की गतिविधियाँ संयोजित कीं जिससे कि बिग फोर खेमे में उन्हें स्वीकार्यता मिले । हालाँकि सेंट्रल काउंसिल में बिग फोर खेमे की नुमाइंदगी करने वाले अपने 'लोग' भी रहे हैं और उनमें से कुछ लगातार वाइस प्रेसीडेंट बनने की लाइन में भी लगे रहे हैं - जाहिर है कि वाइस प्रेसीडेंट पद के लिए मनोज फडनिस का उनसे सीधा मुकाबला रहा और रहेगा; लेकिन फिर भी मनोज फडनिस ने बिग फोर खेमे में अपनी स्वीकार्यता बनाने की कोशिश की तो इसका कारण उनका यह मानना रहा कि बिग फोर खेमे का समर्थन उन्हें यदि निचली प्राथमिकताओं पर भी मिला तो हो सकता है कि उनका काम बन जाये ।
मनोज फडनिस की इस रणनीति को हालाँकि इस बार के चुनावों ने तगड़ा झटका दिया है । इस बार के चुनावी नतीजों ने सेंट्रल काउंसिल में बिग फोर की आधिकारिक ताकत को घटा दिया है । इससे बिग फोर से मदद मिलने की मनोज फडनिस की उम्मीद की 'मात्रा' काफी घट गई है; लेकिन फिर भी मनोज फडनिस के लिए सौदा कोई बुरा नहीं हुआ है । उन्हें उम्मीद है कि बिग फोर खेमा यदि अपने आधिकारिक प्रतिनिधि को वाइस प्रेसीडेंट चुनवाने की स्थिति में नहीं होता है तो उसका समर्थन उन्हें मिल सकेगा । मनोज फडनिस को विश्वास है कि बिग फोर के बीच अपनी स्वीकार्यता को बनाने के उन्होंने जो प्रयास लगातार किये हैं, उसका सुफल उन्हें अवश्य ही मिलेगा ।
मनोज फडनिस को इंस्टीट्यूट के मौजूदा वाइस प्रेसीडेंट सुबोध कुमार अग्रवाल की मदद मिलने की भी उम्मीद है । मनोज फडनिस एकेडमीकली स्ट्रांग माने/समझे जाते हैं - जिसे सुबोध कुमार अग्रवाल की बड़ी कमजोरी के रूप में देखा/पहचाना जाता है । सुबोध कुमार अग्रवाल राजनीतिक रूप से तो बहुत पहुँच वाले और तिकड़मी माने जाते हैं, लेकिन एकेडमीकली उनका हाथ जरा तंग माना/समझा जाता है । इसके चलते समझा जाता है कि प्रेसीडेंट के रूप में वह एक ऐसा वाइस प्रेसीडेंट चाहेंगे जो उनकी एकेडमिक कमजोरी को ढँक सके । मनोज फडनिस को लगता है कि यह 'काम' उनसे अच्छा कोई और नहीं कर सकेगा और इसी कारण से उन्हें उम्मीद है कि सुबोध कुमार अग्रवाल वाइस प्रेसीडेंट चुनवाने में उनकी मदद करेंगे ।
सुबोध कुमार अग्रवाल के भरोसे लेकिन वेस्टर्न रीजन के संजीव माहेश्वरी भी हैं । संजीव माहेश्वरी और सुबोध कुमार अग्रवाल के बीच पिछले वर्षों में काफी नजदीकी देखी गई है और दोनों के बीच कई मामलों में अच्छी ट्यूनिंग रही है । संजीव माहेश्वरी को वाइस प्रेसीडेंट पद के एक गंभीर उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है, तो इसका एक बड़ा कारण सुबोध कुमार अग्रवाल के साथ उनकी नजदीकी भी है । संजीव माहेश्वरी रूपी काँटे को मनोज फडनिस पहचान भी रहे हैं और 'इस' काँटे को निकालने की तरकीबें भी भिड़ा रहे हैं - क्योंकि मनोज फडनिस इस बार के मौके को अपने लिए बहुत अनुकूल पा रहे हैं ।


Thursday, January 31, 2013

कई लोगों की चिंता है कि इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की काउंसिल की मीटिंग्स में दिलचस्पी न लेने वाले नवीन गुप्ता प्रेसीडेंट बन गए तो क्या होगा

नई दिल्ली । एनडी गुप्ता ने अपने बेटे नवीन गुप्ता को इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया का प्रेसीडेंट बनवाने के लिए आजकल अपना दिन-रात एक किया हुआ है । उल्लेखनीय है कि एनडी गुप्ता खुद भी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के प्रेसीडेंट रह चुके हैं और चूँकि प्रेसीडेंट रहते हुए उन्होंने इंस्टीट्यूट को अपनी निजी जायदाद की तरह इस्तेमाल किया था, इसलिए उसी समय लोगों ने यह भाँप लिया था कि एनडी गुप्ता अपने बेटे को भी इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल में लायेंगे और उसे भी प्रेसीडेंट बनवायेंगे । लोगों ने जो भाँपा था, एनडी गुप्ता ने करीब तीन वर्ष पहले उसे चरितार्थ कर दिया और अपने बेटे नवीन गुप्ता को सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवार बना कर चार्टर्ड एकाउंटेंट्स मतदाताओं के बीच प्रस्तुत किया । चार्टर्ड एकाउंटेंट्स अपने आपको समझते/बताते जरूर पढ़ा-लिखा हैं, लेकिन मतदाता के रूप में उनका 'व्यवहार' भेड़ों 'सरीखा' ही नज़र आता है । मतदाता के रूप में जिन चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ने एनडी गुप्ता की सेवा की थी, करीब-करीब उन्हीं चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ने उनका आदेश मिलते ही उनके बेटे की भी सेवा की । एनडी गुप्ता जानते थे कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का चोला पहने हुए कई चार्टर्ड एकाउंटेंट्स उनके भक्त हैं - उन भक्तों को सिर्फ इतना पता चलना चाहिए कि नवीन गुप्ता उनका बेटा है, वह नवीन की सेवा में जुट जायेंगे; इसलिए उम्मीदवार बनाने से पहले एनडी गुप्ता ने अपने बेटे का नाम नवीन गुप्ता से बदल कर 'नवीन एनडी गुप्ता' कर दिया ।
नवीन गुप्ता अपने पापा की इच्छा और अपने पापा के भक्तो की कृपा से सेंट्रल काउंसिल में तो आ गए, लेकिन सेंट्रल काउंसिल की गतिविधियों में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं दिखी । यह बात इससे जाहिर है कि फरवरी 2010 से जून 2012 के बीच काउंसिल की कुल हुईं 15 मीटिंग्स में से नवीन गुप्ता नौ मीटिंग्स में गायब रहे । 'रचनात्मक संकल्प' के पास फरवरी 2010 से जून 2012 के बीच हुईं 15 मीटिंग्स का जो ब्यौरा है, उसके अनुसार इस समयावधि में संपन्न हुईं 15 मीटिंग्स में नवीन गुप्ता कुल छह मीटिंग्स में उपस्थित हुए । इन 15 में से जो 5 मीटिंग्स वर्ष 2011 तथा 2012 में हुईं हैं, उनमें से तो एक में भी नवीन गुप्ता शामिल नहीं हुए । एनडी गुप्ता इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट रह चुके हैं; इस लिहाज से उनसे इतनी उम्मीद तो की ही जा सकती है कि वह अपने बेटे को काउंसिल की मीटिंग्स में उपस्थित रहने की आवश्यकता और अहमियत बताते/समझाते । काउंसिल की मीटिंग्स में उपस्थिति को लेकर नवीन गुप्ता का जो रिकार्ड है, उसे देख कर लगता है कि या तो उनके पापा ने उन्हें मीटिंग्स में उपस्थित होने की आवश्यकता और अहमियत बताई नहीं है और या पापा के बताये जाने के बावजूद उन्होंने उसे एक कान से सुन कर दूसरे कान से बाहर निकाल दिया है ।
जिन नवीन गुप्ता ने काउंसिल की मीटिंग्स में शामिल होने की जरूरत नहीं समझी, वह नवीन गुप्ता उन लोगों के संपर्क में रहने की भला क्या जरूरत समझते जिन्होंने उन्हें वोट देकर चुनवाया था । कई लोगों की शिकायत रही कि नवीन गुप्ता उनके फोन तक नहीं उठाते हैं और जरूरत पड़ने पर जिनसे संपर्क करना तक मुश्किल होता है । नवीन गुप्ता को पूरा हक़ है कि वह किसी के फोन न उठाये और काउंसिल की मीटिंग्स में शामिल न हों - उनका यह हक़ तब और बढ़ जाता है जब वह समझ लेते हैं कि उनके पिता के भक्त चार्टर्ड एकाउंटेंट्स मतदाता के रूप में इतने मूढ़ हैं कि फिर भी उन्हें ही वोट देंगे । यही कारण बना कि दूसरी बार भी उन्हें अच्छे-खासे वोट मिले और वह जीते । हालाँकि कई लोगों को यह बाप-बेटे की बेशर्मी ही लगती है कि नवीन गुप्ता को सेंट्रल काउंसिल की मीटिंग में शामिल होने का समय और दिलचस्पी भले ही न हो, लेकिन उन्हें इंस्टीट्यूट का प्रेसीडेंट बनना है । दरअसल दोनों जानते हैं कि नाकारा भूमिका के बावजूद नवीन गुप्ता जिस तरह काउंसिल का चुनाव जीत गए हैं, उसी तरह वह प्रेसीडेंट भी बन जा सकते हैं । दरअसल वह जानते हैं कि हर शाख पे उनके भक्त चार्टर्ड एकाउंटेंट्स बैठे हैं ।
'भक्तों' के आलावा जो लोग हैं उन्हें तो लेकिन नवीन गुप्ता को प्रेसीडेंट बनाने/बनवाने में लगे एनडी गुप्ता से यह पूछने का हक़ है कि उनके बेटे को जब काउंसिल की मीटिंग्स में कोई दिलचस्पी ही नहीं है और काउंसिल की मीटिंग्स में शामिल होना वह जरूरी नहीं समझते हैं तो उन्हें काउंसिल में चुनवाने को लेकर तथा अब प्रेसीडेंट बनवाने को लेकर वह इतना परेशान क्यों हो रहे हैं ? उल्लेखनीय है कि स्कूल-कॉलिज तक में नियम है कि उपस्थिति कम होने पर छात्र को परीक्षा में नहीं बैठने दिया जाता है । लेकिन इन बाप-बेटे ने इंस्टीट्यूट जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की हैसीयत ऐसी बना दी है कि इसे स्कूल-कॉलिज से भी गई-बीती हालत में पहुँचा दिया है । ऐसे में, नवीन गुप्ता यदि कहीं सचमुच प्रेसीडेंट बन गए तो कल्पना कीजिये कि इंस्टीट्यूट का क्या हाल होगा ?

Tuesday, January 29, 2013

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में अपनी राजनीति को बचाने के लिए गुरनाम सिंह ने भूपेश बंसल और अनुपम बंसल के बीच झगड़ा पैदा करने की चाल चली है

लखनऊ । गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा अपने फायदे के लिए क्या पूर्व गवर्नर भूपेश बंसल और अगले लायन वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पदभार संभालने की तैयारी कर रहे उनके भाई अनुपम बंसल के बीच झगड़ा करवाने की कोशिश कर रहे हैं ? लोगों के बीच यह सवाल इसलिए पैदा हुआ क्योंकि पिछले कुछ समय से गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा की तरफ से लोगों को बताया जा रहा है कि भूपेश बंसल भले ही केएस लूथरा के साथ हों, लेकिन अनुपम बंसल को भूपेश बंसल का यह रवैया पसंद नहीं है और अनुपम बंसल पूरी तरह से गुरनाम सिंह के साथ हैं । मजे की बात यह है कि भूपेश बंसल और अनुपम बंसल ने अपने आप को विशाल सिन्हा और शिव कुमार गुप्ता के बीच होने वाले चुनावी झमेले से दूर ही रखा हुआ है - लेकिन फिर भी गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा उन्हें अपने समर्थन में होने का झूठा प्रचार लगातार किये जा रहे हैं । भूपेश बंसल के बारे में किये जा रहे उनके झूठे प्रचार की पोल तो इस बात से खुल गई है कि उनकी लाख कोशिशों के बाद भी भूपेश बंसल ने कॉन्फ्रेंस चेयरपरसन का पद नहीं छोड़ा है । भूपेश बंसल के कॉन्फ्रेंस चेयरपरसन के पद को न छोड़ने के फैसले को गुरनाम सिंह के समानांतर सत्ता केंद्र बनने के उनके प्रयास के रूप में देखा/पहचाना गया है ।
भूपेश बंसल ने हालाँकि लगातार यह कहा/बताया है कि कॉन्फ्रेंस चेयरपरसन का पद उन्होंने सिर्फ इसलिए स्वीकार किया है, ताकि डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस को डिस्ट्रिक्ट की और लायनिज्म की परंपरा व मर्यादा के अनुसार आयोजित किया जा सके । भूपेश बंसल ने जोर देकर कहा कि केएस लूथरा को हमीं लोगों ने दिन-रात एक करके गवर्नर बनाया/बनवाया है, इसलिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उनकी मदद करना भी हमारा फ़र्ज़ है और हम उन्हें अकेला नहीं छोड़ सकते हैं । भूपेश बंसल का कहना है कि उनके कॉन्फ्रेंस चेयरपरसन बनने के पीछे कोई राजनीति नहीं देखी जानी चाहिए । लोग लेकिन उनके कॉन्फ्रेंस चेयरपरसन बनने के फैसले के पीछे राजनीति देख रहे हैं । गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा को उनका यह फैसला अभी तक भी हज़म नहीं हो सका है । विशाल सिन्हा ने तो भूपेश बंसल पर इस बात के लिए पूरा दबाव बनाया कि वह कॉन्फ्रेंस चेयरपरसन का पद स्वीकार न करें । भूपेश बंसल ने विशाल सिन्हा को हड़काया भी कि तुम खुद तो पद प्राप्त करने के लिए तिकड़में करते रहते हो, और मुझसे कह रहे हो कि मैं पद न लूँ । भूपेश बंसल ने उन्हें साफ शब्दों में जता/बता दिया कि तुम्हें मुझसे यह कहने का कोई हक़ नहीं है कि मैं कहाँ क्या पद लूँ या न लूँ । लेकिन विशाल सिन्हा फिर भी भूपेश बंसल पर दबाव बनाने की कोशिश करते रहे । गुरनाम सिंह ने भी विशाल सिन्हा का समर्थन किया - लेकिन भूपेश बंसल ने किसी की नहीं सुनी ।
भूपेश बंसल को कॉन्फ्रेंस चेयरपरसन न बनने के लिए राजी करने में असफल रहने के बाद गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा की जोड़ी ने नई चाल चली । अब उन्होंने भूपेश बंसल को बदनाम करने की मुहिम शुरू की । उन्होंने प्रचारित किया कि भूपेश बंसल डिस्ट्रिक्ट के नेता बनना चाहते हैं और गुरनाम सिंह की जगह लेना चाहते हैं । इसी प्रचार-क्रम में उन्होंने कहा/बताया कि भूपेश बंसल को भारी गलतफहमी है कि अगले वर्ष जब अनुपम बंसल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद पर होंगे तब डिस्ट्रिक्ट में उनकी चलेगी । गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा ने लोगों के बीच दावा किया हुआ है कि सब देखेंगे कि अनुपम बंसल के गवर्नर-काल में भी चलेगी गुरनाम सिंह की ही और भूपेश बंसल को कोई पूछेगा भी नहीं । उल्लेखनीय है कि भूपेश बंसल और अनुपम बंसल रिश्ते में भाई हैं और एक ही क्लब में हैं । इस तथ्य के संदर्भ में गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा की इस तरह की बातों को भूपेश बंसल और अनुपम बंसल के बीच झगड़ा पैदा करने की कोशिश के रूप में देखा/पहचाना गया है ।
गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा को ऐसा करना दरअसल इसलिए जरूरी लग रहा है क्योंकि वह मान और समझ रहे हैं कि भूपेश बंसल भले ही चुनावी राजनीति में कोई सक्रिय भूमिका नहीं निभा रहे हैं - लेकिन लोगों के बीच उन्हें केएस लूथरा के साथ होने के कारण शिव कुमार गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन में देखा/पहचाना जा रहा है । ऐसे में उन्हें डर इस बात का हुआ है कि भूपेश बंसल के साथ कहीं अनुपम बंसल को भी शिव कुमार गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन में न देखा/पहचाना जाना लगे ? यह डर इसलिए भी हुआ क्योंकि अनुपम बंसल ने भी अपने आप को विशाल सिन्हा और शिव कुमार गुप्ता के बीच के चुनावी मुकाबले में किसी एक तरफ 'दिखने' से बचाया हुआ है । अनुपम बंसल ने ऐसा इसलिए किया हुआ है, ताकि उन्हें नेगेटिव वोट न पड़ें । अनुपम बंसल की इस 'राजनीति' में गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा को लेकिन अपनी राजनीति पिटती हुई दिख रही है । अपनी राजनीति को बचाने के लिए गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा ने भूपेश बंसल और अनुपम बंसल के बीच झगड़ा पैदा करने और उस 'झगड़े' को प्रचारित करने की चाल चल दी है । देखने की बात होगी कि गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा की इस चाल का भूपेश बंसल और अनुपम बंसल कैसे और क्या जबाव देते हैं ?   

Monday, January 28, 2013

मुकेश अरनेजा ने ललित खन्ना का बदला उनकी पत्नी नीलू खन्ना से लेने का निश्चय किया है और दावा किया है कि वह नीलू खन्ना को इनरव्हील की डिस्ट्रिक्ट चेयरपरसन नहीं बनने देंगे

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा ने अब इनरव्हील क्लब्स की राजनीति करने का भी निश्चय किया है और वहाँ उनके निशाने पर होंगी नीलू खन्ना । नीलू खन्ना को इनरव्हील क्लब्स में एक वर्ष बाद डिस्ट्रिक्ट चेयरपरसन बनना है; लेकिन मुकेश अरनेजा ने ऐलान किया है कि वह देखते हैं कि नीलू खन्ना कैसे चेयरपरसन का पदभार संभालती हैं । मुकेश अरनेजा के निशाने पर आने के लिए नीलू खन्ना का गुनाह सिर्फ यह है कि वह ललित खन्ना की पत्नी हैं । मुकेश अरनेजा का असली गुस्सा ललित खन्ना के प्रति है - लेकिन उनका तो वह कुछ कर नहीं सकते हैं; इसलिए ललित खन्ना से अपना बदला पूरा करने के लिए उन्होंने नीलू खन्ना को निशाने पर लेने की तैयारी की है । मुकेश अरनेजा आजकल खाली भी हैं, रोटरी में उन्हें कोई उम्मीदवार अभी मिला नहीं है - लिहाजा उन्होंने ललित खन्ना से निपटने का काम खोज लिया है ।
ललित खन्ना से मुकेश अरनेजा की नाराजगी का कारण यह है कि ललित खन्ना के कारण मुकेश अरनेजा की राजनीति की सारी चमक और धमक मिट्टी में मिल गई है । मुकेश अरनेजा खुद से इतराते हुए डींगे भले ही मारते हों कि वह ही डिस्ट्रिक्ट की राजनीति को नियंत्रित करते हैं, और वह ही चुनाव जितवाते हैं और उन्होंने ही जेके गौड़ को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी बनवाया है - लेकिन जब लोग उनसे पूछते हैं कि तुम अगर इतने ही प्रभावी नेता हो तो तुमने अपने क्लब के ललित खन्ना को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी क्यों नहीं बनवाया; तब मुकेश अरनेजा का सारा इतराना झड़ जाता है । इस सवाल के चलते मुकेश अरनेजा की सबसे ज्यादा किरकिरी अपने ही क्लब में हो रही है । अपनी तथाकथित उपलब्धियों का बखान करके मुकेश अरनेजा अभी तक अपने क्लब में अपनी तारीफों के कसीदे खुद ही पढ़ लिया करते थे - लेकिन उक्त सवाल के चलते उनके लिए ऐसा कर पाना अब मुश्किल हो गया है । क्लब के लोग उनसे पूछते भी हैं कि ललित खन्ना उनके क्लब के पुराने सदस्य हैं, हमेशा ही उनके बहुत खास रहे हैं, उनके ही कहने और प्रेरित करने पर वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार बने - तब फिर उन्होंने ललित खन्ना को क्यों नहीं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी बनवाया, जेके गौड़ को क्यों बनवाया ?
ललित खन्ना को लेकर पूछे जाने वाले इस सवाल के बाद क्लब के लोगों के बीच अगला सवाल यह पैदा हुआ कि मुकेश अरनेजा ने कहीं जेके गौड़ का समर्थन करने के बदले में उनसे पैसे तो नहीं ऐंठे हैं ? यह सवाल दरअसल इसलिए पैदा हुआ क्योंकि क्लब के लोग जानते हैं कि बिजनेस फ्रंट पर मुकेश अरनेजा की हालत आजकल पतली चल रही है और वह भी असित मित्तल वाले 'रास्ते' पर हैं । क्लब के लोग यह भी जानते हैं कि मुकेश अरनेजा ने जेके गौड़ को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लायक कभी माना ही नहीं; और जेके गौड़ ही उन्हें तथा दूसरों को बताया करते थे कि मुकेश अरनेजा ने उन्हें चुनावी मुकाबले से बाहर करने के लिए आलोक गुप्ता को मोहरा बनाया हुआ है । नोमीनेटिंग कमेटी का गठन होने और उसके द्धारा फैसला करने के ठीक एक दिन पहले मुकेश अरनेजा ने पूर्व गवर्नर हरीश मल्होत्रा को फोन करके डॉक्टर सुब्रमणियन को नोमीनेट कराने में मदद का भरोसा दिया था तब फिर आखिर ऐसा क्या हुआ कि मुकेश अरनेजा ने अचानक से जेके गौड़ की उम्मीदवारी का झंडा उठा लिया । कुछेक लोगों को लगता है कि यह भांप लेने के बाद कि जेके गौड़ में ही दम है और वही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुने जायेंगे, मुकेश अरनेजा ने रंग बदल कर जेके गौड़ की उम्मीदवारी का झंडा उठा लिया; लेकिन जो लोग मुकेश अरनेजा के बिजनेस के बुरे दौर से गुजरने की बात जानते हैं उनका कहना है कि जेके गौड़ के समर्थन को उन्होंने एक बिजनेस डील के रूप में पहचाना और जेके गौड़ की उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए मुकेश अरनेजा ने मोटी रकम बसूली है ।
मुकेश अरनेजा के क्लब के लोगों का ही कहना है कि मोटी रकम के लालच में ही मुकेश अरनेजा ने अपने ही क्लब के सदस्य ललित खन्ना की उम्मीदवारी के साथ धोखा किया - जबकि ललित खन्ना के साथ उनके वर्षों के संबंध हैं और ललित खन्ना ने उनके ही कहने से अपनी उम्मीदवारी को प्रस्तुत किया था । इस स्थिति के चलते मुकेश अरनेजा के लिए अपने ही क्लब के लोगों का सामना करना मुश्किल हो गया है । मुकेश अरनेजा इस स्थिति के लिए ललित खन्ना को जिम्मेदार मानते/ठहराते हैं । उम्मीदवारी प्रस्तुत करके ललित खन्ना अपने लिए तो कुछ नहीं पा सके, लेकिन उनकी उम्मीदवारी ने मुकेश अरनेजा की अच्छी खासी फजीहत जरूर कर दी है । मुकेश अरनेजा के सामने समस्या लेकिन यह है कि वह ललित खन्ना का करें तो क्या करें ? ललित खन्ना का कुछ करना भी उन्हें लेकिन जरूरी लगता है । सो, मुकेश अरनेजा ने ललित खन्ना का बदला उनकी पत्नी नीलू खन्ना से लेने का निश्चय किया है । अपने नजदीकियों से मुकेश अरनेजा ने बता दिया है कि वह नीलू खन्ना को इनरव्हील की डिस्ट्रिक्ट चेयर परसन नहीं बनने देंगे ।
जाहिर है कि मुकेश अरनेजा को काम मिल गया है ।