Tuesday, April 4, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इंदरजीत सिंह के खिलाफ झूठा अभियान चलाना/चलवाना जेपी सिंह को खासा भारी पड़ा है

नई दिल्ली । जेपी सिंह और उनके बड़बोले व मूर्ख साथियों के फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इंदरजीत सिंह के खिलाफ चलाए गए अभियान में खुद ही फँस जाने से उक्त मुद्दे पर अब उनके सामने लोगों से मुँह छिपाने की जो नौबत आ गई है, उसने जेपी सिंह के लिए मुसीबतों को और बढ़ा दिया है । जेपी सिंह के खिलाफ जो नए आरोप सामने आए हैं, उसमें शान ट्रैवल्स को भी चपेट में ले लिया गया है, जिसके चलते जेपी सिह की दबी-छिपी कारगुजारियाँ भी बेनकाब होने लगी हैं । नए आरोपों से घबराए जेपी सिंह और उनके साथियों ने अपने को बचाने के लिए तर्क देना शुरू किया है कि डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में व्यक्तिगत आरोपों को नहीं उछालना चाहिए । इस पर उन्हें सुनने को मिल रहा है कि इंदरजीत सिंह के खिलाफ जब झूठे आरोप लगाकर हमला किया जा रहा था, तब उन्हें यह अक्ल क्यों नहीं आई थी ? अब जब जेपी सिंह पर सच्चे आरोप लग रहे हैं तो उन्हें याद आया कि व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाने चाहिए - और इसमें व्यक्तिगत क्या है ? जेपी सिंह ने लायन पदाधिकारी के रूप में जो घपलेबाजियाँ की हैं, उनकी बात करना और उन पर सवाल उठाना व्यक्तिगत कैसे हो गया ? जेपी सिंह के नजदीकियों और शुभचिंतकों को ही लगता है और वह कहते हैं कि जेपी सिंह अपनी और अपने समर्थकों की उदंड व बदतमीजीपूर्ण हरकतों के चलते बदनामी के जिस दलदल में फँसते जा रहे हैं, वह उनके राजनीतिक भविष्य के लिए अच्छा नहीं है । जेपी सिंह लायनिज्म में अपने लिए जो बड़ी भूमिका देख रहे हैं और उसे पाने के लिए प्रयत्नशील हैं, उसमें उनकी बदनामी भी रोड़ा अटका सकती है ।
जेपी सिंह लायनिज्म में जिस ऊँची उड़ान पर हैं, उसमें विरोधियों का बनना और सक्रिय होना स्वाभाविक ही है - सयानों ने कहा है कि जिसे ऊँची उड़ान भरनी हो, उसकी पहली जरूरत है कि वह अपने विरोधियों की संख्या को न बढ़ने दे तथा उनकी सक्रियता को नियंत्रित करने के उपाय करे; जेपी सिंह ने लेकिन उलटी ही राह पकड़ी है । अपनी हरकतों और अपने रवैये से वह विरोधियों की संख्या में तो इजाफा कर ही रहे हैं, उन्हें भड़का कर आक्रामक और बना रहे हैं । जेपी सिंह के शह पाकर उनके समर्थक उनसे चार कदम और आगे हैं - जिसका नतीजा है कि जेपी सिंह रोज नई मुसीबतों में फँस जा रहे हैं । इंदरजीत सिंह के मामले में तो यह हुआ कि बिना बात के जेपी सिंह और उनके साथियों ने मुसीबत आमंत्रित कर ली । यह भी तब हुआ जब जेपी सिंह और उनके साथी पिछले वर्ष हुई जेपी सिंह की फजीहत के लिए प्रमुख रूप से इंदरजीत सिंह को ही जिम्मेदार मानते और ठहराते हैं । यदि यह बात सच है, और पिछले वर्ष हुई जेपी सिंह की फजीहत के लिए वास्तव में इंदरजीत सिंह ही प्रमुख रूप से जिम्मेदार थे - तो जेपी सिंह के लिए अक्लमंदी की बात यह होती कि वह इंदरजीत सिंह के साथ अपने झगड़े को बढ़ाने की बजाए कम करने का प्रयास करें । जेपी सिंह के नजदीकियों ने इन पँक्तियों के लेखक को बताया है कि जेपी सिंह ने इसके लिए प्रयास किए थे, और इस बाबत उन्होंने अपनी पत्नी की भी मदद ली थी - जिन्होंने इंदरजीत सिंह की पत्नी के जरिए इंदरजीत सिंह को जेपी सिंह के करीब लाने की कोशिश की थी । जेपी सिंह की कोशिशों के कारण ही डिस्ट्रिक्ट में कुछेक लोगों को लगने भी लगा था कि इंदरजीत सिंह पहले की ही तरह जेपी सिंह के साथ फिर आ मिलेंगे । डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच इस तरह की चर्चा जोर पकड़ ही रही थी कि दृश्य बदला और जेपी सिंह व इंदरजीत सिंह के बीच दूरियाँ कम होने की बजाए बढ़ती हुई देखी जाने लगीं ।
जेपी सिंह के नजदीकियों के अनुसार ही, बनते-बनते बिगड़ गई बात के लिए खुद जेपी सिंह ही जिम्मेदार हैं । दरअसल, उस दौरान विनय गर्ग से निपटने के लिए जेपी सिंह ने इंदरजीत सिंह को ही इस्तेमाल करना शुरू कर दिया । अपनी पत्नी और इंदरजीत सिंह की पत्नी के बीच की सामान्य-सी बातों को इस्तेमाल करते हुए जेपी सिंह ने विनय गर्ग और इंदरजीत सिंह के बीच फूट डालने तथा सत्ता खेमे के लोगों के बीच इंदरजीत सिंह को बदनाम करने की कोशिश की । तब इंदरजीत सिंह को भी समझने में देर नहीं लगी कि जेपी सिंह उनके साथ संबंध सुधारना नहीं चाहते हैं, बल्कि उन्हें सिर्फ इस्तेमाल करना चाहते हैं । इंदरजीत सिंह जब उनकी चाल में नहीं फँसे, तो जेपी सिंह तरह तरह से इंदरजीत सिंह को फँसाने और बदनाम करने के मौकों की तलाश में जुट गए । इस काम के लिए उनकी तड़प ऐसी रही कि प्रोमिला घई की दोहरी सदस्यता के चक्कर में इंदरजीत सिंह का क्लब - लायंस क्लब दिल्ली मेरिडियन जब स्टेटस-को घोषित हुआ, तो जेपी सिंह मामले को बिना जाने-समझे अपने साथियों सहित इंदरजीत सिंह पर टूट पड़े । इन्होंने लोगों के बीच झूठ प्रचारित किया कि ड्यूज न देने के कारण इंदरजीत सिंह का क्लब स्टेटस-को में गया है । डिस्ट्रिक्ट और लायनिज्म के लिए सबसे ज्यादा शर्म की बात यह रही कि पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर विनोद खन्ना तक इस झूठे प्रचार में शामिल हुए । लेकिन जब सच्चाई सामने आई, तो इन्हें साँप सूँघ गया । अब इंदरजीत सिंह माँग कर रहे हैं कि उनके और उनके क्लब के बारे में झूठ फैलाने वाले लोग डिस्ट्रिक्ट के लोगों से माफी माँगे ।
जेपी सिंह और उनके साथियों का रवैया यह है कि झूठे आरोप लगाओ और भाग जाओ - ऐसे में, माफी कौन माँगे ? इंदरजीत सिंह और उनके क्लब को बदनाम करने के लिए लगाए गए झूठे आरोपों पर जेपी सिंह और उनके साथी माफी माँगने से भले ही बच रहे हों, लेकिन इस मामले को लेकर लोगों के बीच उनकी फजीहत खूब हो रही है । इस मामले के चलते लोगों का गुस्सा इतना भड़का हुआ है कि जेपी सिंह पर नए नए आरोपों की बौछार होने लगी है । जेपी सिंह पर नया आरोप यह लगा है कि जेपी सिंह शान ट्रैवल्स के साथ मिल कर लायन सदस्यों तथा पदाधिकारियों के कार्यक्रमों के नाम पर विदेशी टूर आयोजित करते हैं, और उससे पैसा बनाते/कमाते हैं । इस आरोप ने जेपी सिंह और उनके साथियों को बुरी तरह तिलमिला दिया है । तिलमिलाहट में इस आरोप का सीधा जबाव देने की बजाए उनकी तरफ से तर्क किया जा रहा है कि लायन राजनीति में व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाना चाहिए । आरोप लगाने वाले लोगों का कहना लेकिन यह है कि इस आरोप में व्यक्तिगत क्या है ? लायन पदाधिकारी के रूप में लायनिज्म के आयोजनों को जेपी सिंह ने यदि धंधा बनाया हुआ है, तो इस बारे में आरोप व्यक्तिगत कैसे हुए ? डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति जिस तरह से दिन-पर-दिन तीखी होती जा रही है, उसमें जेपी सिंह के लिए मुसीबत लगातार बढ़ती जा रही है । ऐसे में, बात सिर्फ चुनावी जीत-हार की ही नहीं रह गई है - जेपी सिंह के खिलाफ जिस तरह से नाराजगी बढ़ रही है और संगठित तथा आक्रामक हो रही है, उसे जेपी सिंह की भविष्य की राजनीति के लिए बड़े खतरे और फजीहत के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है ।

Sunday, April 2, 2017

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स प्रशासन फर्जीवाड़ा करने वाले राधेश्याम बंसल और एसके गुप्ता जैसे चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के सामने असहाय और मजबूर क्यों पड़ जाता है ?

नई दिल्ली । चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट के मुख्यालय के बराबर से निकलती बाराखम्बा रोड पर स्थित अरुणाचल बिल्डिंग में चार्टर्ड एकाउंटेंट एसके गुप्ता के ऑफिस पर पड़ा प्रवर्तन निदेशालय का छापा इंस्टीट्यूट प्रशासन पर भी कालिख पोतने/चिपकाने जैसा है । छापे के बाद प्रवर्तन निदेशालय के सूत्रों की तरफ से दावा किया गया है कि एसके गुप्ता ने दो सौ अधिक फर्जी कंपनियाँ बनाई हुई हैं, जिनके जरिए उसने काले धन को सफेद करने का धंधा जमाया हुआ था । उल्लेखनीय बात यह है कि एसके गुप्ता तीन-चार वर्ष पहले भी इसी तरह की हरकतों के चक्कर में आयकर विभाग की पकड़ में आया था, जब आयकर विभाग ने उसे 'एंट्री प्रोवाइडर' के रूप में चिन्हित किया था । यानि, आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय के रडार पर रहने वाला एसके गुप्ता लगातार प्रोफेशन और इंस्टीट्यूट का नाम बदनाम कर रहा था - लेकिन इंस्टीट्यूट प्रशासन ने कभी भी उसके खिलाफ कार्रवाई करने की जरूरत नहीं समझी । इससे पहले, राधेश्याम बंसल और अनिल अग्रवाल के मामले में इंस्टीट्यूट प्रशासन हालाँकि भारी फजीहत झेल चुका है । राधेश्याम बंसल का नाम वित्तीय फर्जीवाड़े में पहले भी आ चुका है, और वह इंस्टीट्यूट की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल का सदस्य और चेयरमैन भी रह चुका है । यानि, इंस्टीट्यूट प्रशासन की नाक के ठीक नीचे रहते हुए चार्टर्ड एकाउंटेंट्स फर्जीवाड़ों में लिप्त हैं, और इंस्टीट्यूट प्रशासन इस सब से बेपरवाह बना हुआ है ।
इस तरह के मामलों में इंस्टीट्यूट प्रशासन पर ज्यादा जिम्मेदारी थोपना उसके साथ ज्यादती करना भी होता - यदि उसने खुद ही आगे बढ़ कर नैतिकता व ईमानदारी के ऊँचे आदर्शों को स्थापित करने के लिए कदम न उठाए होते । सरकार के नोटबंदी के फैसले को लेकर इंस्टीट्यूट प्रशासन इतने जोश में आ गया था कि उसने चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के लिए एडवाईजरी तक जारी कर दी थी कि कोई भी चार्टर्ड एकाउंटेंट किसी भी तरह से और किसी भी रूप में सरकार के इस फैसले की आलोचना नहीं करेगा । इंस्टीट्यूट प्रशासन का तर्क था कि काले धन को समाप्त करने की दिशा में नोटबंदी एक महत्त्वपूर्ण कदम है, और इसलिए सरकार के इस कदम में कोई बाधा नहीं पड़ना चाहिए और इसलिए किसी भी रूप में इसकी आलोचना नहीं होनी चाहिए । उल्लेखनीय है कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स सरकार के फैसलों पर क्या राय रखें और व्यक्त करें - यह तय करने का अधिकार इस्टीट्यूट प्रशासन को नहीं है । लेकिन अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर भी इंस्टीट्यूट प्रशासन ने काले धन के खिलाफ लड़ाई को समर्थन देने का काम किया, और इस तरह नैतिकता व ईमानदारी के ऊँचे आदर्श दिखाने और स्थापित करने के लिए कदम उठाए - लेकिन इस बात से उसने आँखें मूँदे रखीं कि उसकी नाक के ठीक नीचे बैठे चार्टर्ड एकाउंटेंट्स कैसे काले धन को सफेद करने का धंधा चलाए हुए हैं । इंस्टीट्यूट प्रशासन से जुड़े लोग हालाँकि नियमों और प्रक्रिया का हवाला देकर कुछ कर सकने को लेकर अपनी असमर्थता जताते हैं, लेकिन यह सिर्फ बहानेबाजी ही है - एक बार फिर दोहरायेंगे कि जो इंस्टीट्यूट प्रशासन अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर चार्टर्ड एकाउंटेंट्स पर नोटबंदी के खिलाफ कुछ न कहने के लिए दबाव बना सकता है, वह चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को गैरकानूनी काम करने से रोकने का अपने अधिकार क्षेत्र का काम क्यों नहीं कर सकता है ?
इस सवाल का जबाव भी चार्टर्ड एकाउंटेंट्स से ही मिल जाता है । अधिकतर चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का कहना है कि फर्जीवाड़ा करने वाले चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नकेल कसना इंस्टीट्यूट प्रशासन के लिए मुश्किल इसलिए है, क्योंकि उनकी पहुँच इंस्टीट्यूट प्रशासन तक है और इंस्टीट्यूट प्रशासन उनके सामने अपने आप को लाचार पाता है । क्या कोई विश्वास करेगा कि फर्जी काम करने के मामले में जिस राधेश्याम बंसल की कुख्याति मीडिया तक की जानकारी में थी और मीडिया ने उसे 'रंगे हाथ' पकड़ा, उस राधेश्याम बंसल के कारनामों के बारे में इंस्टीट्यूट प्रशासन के लोगों को नहीं पता होगा ? नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल का चेयरमैन बनने के बाद राधेश्याम बंसल ने पिछले चुनाव में इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के लिए चुनाव लड़ा था, जीत जाता तो वह इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल का सदस्य होता । उस जैसे लोगों की जिस इंस्टीट्यूट प्रशासन में पहुँच इतनी आसान हो, तो उस इंस्टीट्यूट प्रशासन से उसके और उसके जैसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की उम्मीद भी भला कैसे की जा सकती है ? इस बात का सुबूत इंस्टीट्यूट प्रशासन के लोगों के रवैये में देखा भी जा सकता है : इंस्टीट्यूट प्रशासन से जुड़े या जुड़ने की तैयारी करने वाले कई चार्टर्ड एकाउंटेंट्स नेता सोशल मीडिया में बहुत सक्रिय हैं और देश व समाज में गंदगी फैलाने वाले नेताओं को कोसने में लगे रहते हैं; लेकिन अपने प्रोफेशन तथा अपने इंस्टीट्यूट में गंदगी फैलाने वाले नेताओं के बारे में वह कभी कुछ नहीं कहते - यहाँ वह पूरा भाईचारा दिखाते हैं । राधेश्याम बंसल की कारस्तानी को मीडिया ने पकड़ा और दिखाया, जिसके चलते प्रोफेशन और इंस्टीट्यूट की देशभर में बदनामी हुई; इंस्टीट्यूट प्रशासन तब सफाई देते हुए प्रेस रिलीज जारी करने के लिए भले मजबूर हुआ; किंतु सोशल मीडिया में बड़ी बड़ी बातें करने वाले चार्टर्ड एकाउंटेंट्स नेताओं ने इस मामले में चुप्पी साधने में ही अपनी भलाई देखी । एसके गुप्ता के मामले में भी सोशल मीडिया के वीर-बहादुरों का यही रवैया है ।
इस मामले में दिलचस्प व्यवहार राजेश शर्मा का है । इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य राजेश शर्मा सरकार और सरकार चला रही पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ अपनी तस्वीरें दिखा दिखा कर उनके साथ अपनी नजदीकी दिखाने और जताने का काम लगातार करते रहते हैं, और इस काम के जरिए इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट तथा दूसरे प्रमुख पदाधिकारियों के साथ नजदीकी बनाने और उनसे फायदा उठाने का प्रयास करते रहते हैं - लेकिन प्रोफेशन और इंस्टीट्यूट की साख व प्रतिष्ठा के साथ-साथ सरकार की नीतियों, उसके उद्देश्यों व लक्ष्यों में पलीता लगाने की कोशिश करने वाले चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के खिलाफ कुछ कहते और करते हुए उन्हें कभी सुना या देखा नहीं गया है । राजेश शर्मा की सक्रियता का जो 'दृश्य' दिखता है, उसमें सबसे ज्यादा उन्हीं से उम्मीद की जा सकती है कि वह राधेश्याम बंसल, अनिल अग्रवाल, एसके गुप्ता जैसे चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की पहचान को सामने लाने का काम करेंगे और सोशल मीडिया में ऐसे लोगों को बेनकाब करेंगे - लेकिन उनकी सारी सक्रियता नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें दिखाने में ही सिमटी रहती है । अपने प्रोफेशन, अपने इंस्टीट्यूट, अपनी पार्टी, अपनी सरकार के प्रति जिम्मेदारी निभाने के प्रति राजेश शर्मा की यह अरुचि यह शक पैदा करती है कि राधेश्याम बंसल और एसके गुप्ता जैसे लोगों के साथ कहीं उनकी भी तो मिलीभगत नहीं है ? आखिर उनके जैसे लोगों के होते हुए भी इंस्टीट्यूट प्रशासन राधेश्याम बंसल और एसके गुप्ता जैसे चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के सामने असहाय और कमजोर क्यों पड़ जाता है ?

Wednesday, March 29, 2017

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में चेयरमैन राकेश मक्कड़ तथा उनकी टीम के सदस्यों की कोशिशें अनिल लाल की वापसी करवा सकेंगी क्या ?

नई दिल्ली । नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में इंस्टीट्यूट के पदाधिकारी के रूप में अनिल लाल की वापसी की आहट ने काउंसिल के स्टॉफ सदस्यों को एक बार फिर आंदोलित कर दिया है । उल्लेखनीय है कि स्टॉफ सदस्यों की लगातार की जा रही शिकायतों के चलते ही अनिल लाल को पिछली 13 जनवरी को नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल से पदमुक्त किया गया था । काउंसिल के पॉवर ग्रुप के प्रमुख सदस्य उन्हीं अनिल लाल की वापसी की जिस तरह से कोशिशें कर रहे हैं, उसे जानने/सुनने के बाद काउंसिल के स्टॉफ सदस्यों का गुस्सा भड़का हुआ है । स्टॉफ सदस्यों का आरोप है कि काउंसिल चेयरमैन राकेश मक्कड़ और काउंसिल में उनके खास साथी नितिन कँवर, राजेंद्र अरोड़ा और सुमित गर्ग आदि जिस तरह से अनिल लाल को वापस लाने का प्रयास कर रहे हैं - उससे न सिर्फ एक बार फिर काउंसिल का माहौल बिगड़ेगा, बल्कि काउंसिल का कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित होगा । स्टॉफ सदस्यों का कहना है कि उन्होंने अनिल लाल को हटाने के लिए खासी लड़ाई लड़ी है, और लड़ाई को निरंतरता के साथ लड़ते हुए बड़ी मुश्किल से उन्हें हटाने/हटवाने में उन्होंने सफलता पाई है - जिसे वह किसी भी हालत में व्यर्थ नहीं जाने देंगे ।
स्टॉफ सदस्यों के भारी विरोध के बावजूद राकेश मक्कड़ और उनके संगी-साथी अनिल लाल की वापसी कराने को लेकर लेकिन जिस तरह से अड़े दिख रहे हैं, उसने इंस्टीट्यूट की प्रशासन व्यवस्था से जुड़े लोगों को हैरान किया हुआ है । किसी के लिए भी यह समझना मुश्किल बना हुआ है कि काउंसिल के मुख्य पदाधिकारी(यों) के रूप में जिन लोगों को प्रोफेशन तथा उससे जुड़े लोगों के हितों से संबंधित मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए - वह एक अधिकारी के ट्रांसफर-पोस्टिंग में आखिर क्यों इतनी दिलचस्पी ले रहे हैं ? वह भी तब जब, स्टॉफ सदस्यों की लगातार रहने वाली शिकायतों के कारण उसको हटाया गया था । उल्लेखनीय है कि अनिल लाल के अभद्र व्यवहार को लेकर स्टॉफ सदस्यों के गंभीर आरोप रहे हैं । स्टॉफ सदस्यों के आरोप रहे हैं कि अनिल लाल उनके साथ बहुत ही बदतमीजी के साथ पेश आते हैं और बात-बेबात उन्हें अपमानित करते रहते हैं । पिछली 17 दिसंबर को स्टॉफ-सदस्यों ने तत्कालीन कार्यकारी चेयरपरसन पूजा बंसल से मिलकर उन्हें हस्ताक्षरित ज्ञापन दिया जिसमें अनिल लाल के अभद्र व अशालीन व्यवहार का जिक्र करते हुए साफ कहा गया कि उनके लिए अनिल लाल के साथ काम करना संभव नहीं है । इसके बाद ही अनिल लाल की विदाई की तैयारी शुरू हो गई और अंततः 13 जनवरी को उनका ट्रांसफर आर्डर आ गया था ।
अनिल लाल की विदाई हालाँकि आसानी से नहीं हुई थी; उस समय अपने आप को नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल का स्वयंभू मुखिया समझने और जताने वाले राकेश मक्कड़ तथा उनके साथियों ने अनिल लाल को बचाने की बहुत कोशिश की थी, किंतु अपने आप को तुर्रमखाँ समझने के बावजूद तब वह असफल रहे थे । राकेश मक्कड़ और उनके साथी अब जब सचमुच सत्ता में आ गए हैं, तो उन्हें लगता है कि अब वह अनिल लाल को वापस बुला सकते हैं । अनिल लाल की वापसी में इनके इतनी दिलचस्पी लेने से इंस्टीट्यूट प्रशासन के लोगों के कान खड़े हुए हैं । यह बात तो लोगों को समझ में आती है कि अनिल लाल के जरिए यह स्टॉफ-सदस्यों पर दबाव बनाए रखने का काम करते हैं और अनिल लाल इनकी हाँ में हाँ मिलाते हुए इनके खाने-पीने की व्यवस्था करवाते रहते हैं; लेकिन सिर्फ इस कारण से यह अनिल लाल की वापसी कराने की बदनामी मोल लेंगे - यह बात किसी को हजम नहीं हो रही है । लोगों को लगता है कि अनिल लाल के साथ राकेश मक्कड़ एंड टीम का यह 'रिश्ता' कुछ ज्यादा गहरा है ।
इस गहरे रिश्ते की पड़ताल की कोशिश इस तथ्य से सामना करवाती है कि अनिल लाल पिछले कुछेक वर्षों से नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के सेमिनार्स के आयोजन का जिम्मा सँभाले हुए थे, जिसमें भारी झोल-झाल होने के आरोप लगते रहे हैं । आशंका है कि अनिल लाल ने राकेश मक्कड़ और उनकी टीम के लोगों को उस झोल-झाल में से हिस्सा देना शुरू कर दिया था, जिसके चलते वह राकेश मक्कड़ एंड टीम के चहेते बन गए । स्टॉफ-सदस्यों की शिकायत के चलते अनिल लाल से सेमिनार्स करवाने की जिम्मेदारी भी छिन गई थी, जिसके कारण राकेश मक्कड़ एंड टीम के सदस्यों के ऊपरी खर्चों की व्यवस्था पर भी रोक लग गई । समझा जाता है कि अनिल लाल की वापसी करवा कर वह उस 'व्यवस्था' को फिर से चालू करवाना चाहते हैं - और इसीलिए स्टॉफ-सदस्यों के विरोध के बावजूद अनिल लाल को नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में वापस लाने के लिए राकेश मक्कड़ एंड टीम के सदस्यों ने अपने प्रयासों में तेजी ला दी है । अनिल लाल की वापसी का विरोध करने के लिए काउंसिल के स्टॉफ-सदस्यों ने भी चूँकि कमर कस ली है, इसलिए उम्मीद की जा रही है कि रीजनल काउंसिल में टकरावपूर्ण दिलचस्प नजारे देखने को मिल सकेंगे ।
अनिल लाल के खिलाफ स्टॉफ-सदस्यों का शिकायती पत्र :

Tuesday, March 28, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में ब्लड बैंक के मामले में जेपी सिंह और उनके भक्तों ने बैठे-बिठाए खुद ही मुसीबत और फजीहत को आमंत्रित कर अपने लिए पिछले वर्ष जैसे ही हालात बना लिए हैं क्या ?

नई दिल्ली । जेपी सिंह के 'सेनानियों' की वाट्स-ऐप पर जारी छिछोरपंती ने जिस तरह से ब्लड बैंक से जुड़े आरोपों की चपेट में एक बार फिर जेपी सिंह को ले लिया है, उससे लगता है कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी जेपी सिंह के भक्त ही उनकी फजीहत का कारण बनेंगे । उल्लेखनीय है कि ब्लड बैंक का मामला पूरी तरह से शांत हो गया था, किंतु जेपी सिंह के भक्तों को पता नहीं किस च्यूंटी ने काटा कि वह ब्लड बैंक का मामला फिर से चर्चा में ले आए । दरअसल ब्लड बैंक से जुड़ी जेपी सिंह की बदनामी के दाग को धोने की कोशिश में जेपी सिंह के भक्तों ने ब्लड बैंक के मौजूदा प्रबंधन को ललकारा कि ब्लड बैंक में पैसा बनाने के जो आरोप जेपी सिंह पर लगाए गए थे, उन आरोपों को अभी तक साबित क्यों नहीं किया गया है ? यह सवाल तो अपने आप में में बड़ा वाजिब है, लेकिन दुस्साहस भरा है, और बहुत ही गलत समय पर पूछा गया । यह ऐसी ही बात हुई कि चोरी के आरोप में पकड़ा गया व्यक्ति यदि सुबूतों के अभाव में छूट जाता है, तो फिर वह आरोप लगाने और पकड़ने वालों को ही कटघरे में खड़ा करने की कोशिश करने लगे । उसकी कोशिश जायज हो सकती है, लेकिन उसे समझना चाहिए कि यह वास्तव में व्यवस्था की एक बड़ी खामी है - जिसमें हम कभी शिकार 'करते' हैं, तो कभी शिकार 'बनते' हैं । इसलिए इसे लेकर ज्यादा हायतौबा नहीं मचाना चाहिए । जेपी सिंह और उनके भक्त लेकिन इस सबक को भूल गए, और बदले में अपनी बेवकूफाना हरकतों से अपने लिए और ज्यादा फजीहत व मुसीबत को आमंत्रित कर बैठे । 
जेपी सिंह के सेनानियों की वाट्स-ऐप पर ललकार सुनी तो ब्लड बैंक का मौजूदा प्रबंधन भी चार पृष्ठों की चिट्ठी के साथ मैदान में उतर आया । इस चिट्ठी ने ब्लड बैंक की बदनामी के संदर्भ में जेपी सिंह के बचे-खुचे कपड़े भी उतार लिए । इस चिट्ठी ने दरअसल ब्लड बैंक से जुड़े आरोपों को क्रमबद्ध करने का महत्त्वपूर्ण काम किया, जिसके कारण जेपी सिंह के लिए भ्रष्ट-आचरण के आरोपों से बचना और मुश्किल हो गया । इस चिट्ठी में कहा/बताया गया कि ब्लड बैंक में पैसा बनाने का आरोप तो प्रतिप्रश्न था, जिसका मुख्य प्रश्न यह था कि वर्ष 2013-14 में एक करोड़ 33 लाख रुपए का लाभ दर्ज करने वाले ब्लड बैंक को अगले ही वर्ष 80 लाख रुपए का भारी घाटा क्यों और कैसे हो जाता है ? ब्लड बैंक के मौजूदा प्रबंधन ने उक्त तथ्य को रेखांकित करते हुए इस बात को भी स्पष्ट किया कि इस सवाल का जबाव जेपी सिंह को ही देना है - कल भी उन्हें ही देना था, और आज भी उन्हें ही देना है । इस दो-टूक जबाव ने एक बार फिर जेपी सिंह को कठघरे में खड़ा कर दिया । मजे की बात यह रही कि कठघरे से निकलने की कोशिश में जेपी सिंह पहले यह जबाव दे चुके थे कि वर्ष 2013-14 में दिल्ली में चूँकि डेंगू का प्रकोप ज्यादा था, इसलिए ब्लड बैंक का धंधा अच्छा चला और उसे तगड़ा फायदा हुआ, लेकिन उसके अगले वर्ष चूँकि डेंगू का प्रकोप ज्यादा नहीं था, इसलिए ब्लड बैंक का धंधा पिटा और उसे घाटा हुआ । कई लोगों ने जेपी सिंह के इस तर्क को स्वीकार कर लिया था और मान लिया था कि डेंगू के बढ़ने/घटने के कारण ही ब्लड बैंक का नफा-नुकसान प्रभावित हुआ है, और इसका जेपी सिंह की प्रबंधकीय अक्षमता तथा ब्लड बैंक में की गई उनकी लूट-खसोट से कोई संबंध नहीं है ।
ब्लड बैंक के मौजूदा प्रबंधन की चार पृष्ठीय चिट्ठी ने लेकिन जेपी सिंह के इस झूठ को भी बेनकाब कर दिया । मौजूदा प्रबंधन ने चार वर्षों का हिसाब देते हुआ सवाल उठाया कि यदि डेंगू ही ब्लड बैंक के नफे-नुकसान का कारण है, तो वर्ष 2015-16 में डेंगू का प्रकोप होने के बाद भी ब्लड बैंक का लाभ 37 लाख रुपए ही क्यों रह गया - जबकि वर्ष 2013-14 में यह एक करोड़ 33 लाख रुपए था । प्रबंधन ने मौजूदा वर्ष के दस महीनों का आँकड़ा देते हुए बताया कि इस वर्ष डेंगू का प्रकोप न होने के बावजूद दस महीने में 80 लाख रुपए लाभ दर्ज किया गया है । इन तथ्यों से सवाल पैदा हुआ कि डेंगू न होने के बाद भी मौजूदा प्रबंधन यदि दस महीनों में ही 80 लाख रुपए कमा लेता है, तो जेपी सिंह के प्रबंधन को पूरे वर्ष में 80 लाख रुपए खोने क्यों पड़े थे ? यह सवाल इसलिए और भी गंभीर है क्योंकि जेपी सिंह के साथ ब्लड बैंक के प्रबंधन में जुड़े लोगों का साफ कहना रहा है कि ब्लड बैंक में होने वाली खरीद-बेच की सारी डील जेपी सिंह अकेले ही करते थे, और उन्हें किसी भी स्तर पर डील में शामिल नहीं होने देते थे ।
ब्लड बैंक के मौजूदा प्रबंधन की चार पृष्ठीय चिट्ठी ने जेपी सिंह की हरकतों की और बचाव में दिए उनके जबाव की जो पोल खोली, तो जेपी सिंह और उनके भक्तों को लगा कि वह जैसे 'रंगे हाथ' पकड़ लिए गए हैं । तब उन्होंने इस बात का शोर मचाया कि वर्ष पूरा होने से पहले ही लाभ के आंकड़े देकर ब्लड बैंक प्रबंधन राजनीति कर रहा है; इस पर उन्हें सुनने को मिला कि जेपी सिंह तो वर्ष पूरा हो जाने के बाद - बार बार माँगने के बाद भी हिसाब नहीं देते थे, हिसाब देने में आपत्ति की क्या बात है ? और रही राजनीति की बात, तो इसकी शुरुआत तो खुद जेपी सिंह और उनके भक्तों ने ही की है । जल्दी ही स्पष्ट हो गया कि जेपी सिंह और उनके भक्त अपने ही बिछाए जाल में खुद ही फँस गए हैं । इस प्रसंग ने पिछले वर्ष के घटना-चक्र को एक बार फिर से प्रासंगिक और उल्लेखनीय बना दिया है । जेपी सिंह के साथ सच्ची हमदर्दी रखने वाले लोगों को ही कहना/बताना है कि पिछले वर्ष जेपी सिंह के लिए हालात शुरू में ज्यादा बुरे नहीं थे, किंतु उनकी और उनके भक्तों की बड़बोली और बेवकूफाना हरकतों के चलते हालात लगातार बिगड़ते चले गए - जिसका नतीजा हुआ कि वह अपने आप से ही हार गए । ब्लड बैंक के मामले में अभी जिस तरह से जेपी सिंह और उनके भक्तों ने बैठे-बिठाए खुद ही मुसीबत और फजीहत को आमंत्रित कर लिया है, उससे लग रहा है कि जेपी सिंह और उनके भक्तों ने पिछले वर्ष की फजीहत से कोई सबक नहीं सीखा है - और इस वर्ष भी अपने लिए वह पिछले वर्ष जैसे ही हालात बना रहे हैं ।

Monday, March 27, 2017

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में पॉवर ग्रुप के सदस्यों की टीए/डीए के नाम पर मनमानीभरी लूट के तथ्य चिंदीचोरों को भी मात करने वाले हैं

नई दिल्ली । नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल सदस्यों के टीए/डीए बिल के लेजर अकाउंट के जो दस्तावेज 'रचनात्मक संकल्प' को मिले हैं, वह काउंसिल के सत्ता खेमे के कुछेक सदस्यों की लूट-खसोट का बड़ा दिलचस्प ब्यौरा देते हैं - और बताते हैं कि टीए/डीए के नाम पर पैसों की लूट के मामले में इन्होंने तो चिंदी चोरों को भी मात कर रखा है । उल्लेखनीय है कि मौजूदा रीजनल काउंसिल में तीन सदस्य दीपक गर्ग, राजिंदर नारंग और पंकज पेरिवाल दिल्ली के बाहर के हैं - इस नाते रीजनल काउंसिल की मीटिंग में शामिल होने के लिए इनका टीए/डीए बसूलना तो एक बार के लिए फिर भी समझ में आता है; लेकिन काउंसिल मुख्यालय से कुछ कदमों की दूरी पर स्थित - लक्ष्मी नगर, शकरपुर, निर्माण विहार, दिलशाद गार्डन आदि कालोनियों में रहने तथा ऑफिस रखने वाले राकेश मक्कड़, सुमित गर्ग, नितिन कँवर आदि का मीटिंग में शामिल होने के लिए टीए/डीए बसूलना किसी की भी समझ से परे ही है । पिछले वर्ष के पहले छह महीने के जो लेजर अकाउंट 'रचनात्मक संकल्प' को मिले हैं, उनके अनुसार राकेश मक्कड़ ने टीए/डीए के नाम पर आठ हजार रुपए तथा दैनिक भत्ते के नाम पर 23 हजार रुपए के बिल दिए । इनका घर और ऑफिस निर्माण विहार में है । लक्ष्मी नगर में रहने और शकरपुर में ऑफिस रखने वाले सुमित गर्ग ने उक्त समयावधि में टीए/डीए के नाम पर 9 हजार रुपए बसूले । टीए/डीए बसूलने के मामले में सबसे लंबा हाथ नितिन कँवर ने मारा है : उक्त समयावधि के लिए उन्होंने टीए/डीए के नाम पर 14,400 तो बसूल लिए और 38,200 रुपए का और बिल दिया । नितिन कँवर दिलशाद गार्डन में रहते हैं, और शकरपुर में ऑफिस रखते हैं । टीए/डीए बसूलने में लंबा हाथ मारने में उनकी मदद उनके दूसरे ऑफिस ने की, जो गुड़गाँव में है ।
नितिन कँवर वैसे तो अपने गुड़गाँव ऑफिस में कम ही आते/जाते हैं, लेकिन रीजनल काउंसिल की मीटिंग में उन्हें जब भी आना होता है - वह गुड़गाँव से ही 'आते' हैं, और वापस भी गुड़गाँव ही जाते हैं । इसीलिए उनका टीए/डीए बिल अपने 'साथियों' से ज्यादा बना । राजेंद्र अरोड़ा ने उक्त समयावधि में 9 हजार और 2 हजार के टीए/डीए बिल बसूल किए । शुक्र है कि इनके घर और ऑफिस काउंसिल के ऑफिस के पास ही हैं, कहीं यदि ज्यादा दूर होते तो काउंसिल का सारा बजट तो इनके टीए/डीए में ही खर्च हो जाना था । रीजनल काउंसिल की मीटिंग के अलावा भी, टीए/डीए के नाम पर उलटे/सीधे बिल बनाने और बसूलने के लिए इन लोगों ने बड़ा आसान सा तरीका यह बनाया हुआ है कि स्टडी सर्किल से लेकर ब्रांचेज तक में तथा अन्य सेमिनार्स में यह अपने आप को स्पीकर के रूप में आमंत्रित करवाते हैं । इन तथ्यों को देखते हुए रीजनल काउंसिल के ही सदस्यों के उक्त आरोपों में सच्चाई नजर आने लगती है, जिनमें बताया जाता है कि विभिन्न क्लासेज के लिए फैकल्टी तय करने में पैसे खाए जाते हैं, और सेमिनार्स आदि में खाने-पीने की व्यवस्था करने वाले वेंडर्स तक से रिश्वत ली जाती है । आरोपों के अनुसार, छोटे-मोटे काम करने वालों तक से हजार/पाँच सौ रुपए झटकने में भी यह लोग शर्म महसूस नहीं करते हैं ।
रीजनल काउंसिल में पॉवर ग्रुप के चौगुटे की हरकतों के चलते हो रही बदनामी से परेशान दूसरे सदस्य जब मीटिंग में हिसाब-किताब रखने/देने की बात करते/उठाते हैं, तो यह झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं । काउंसिल के बाकी सदस्यों तथा स्टॉफ हावी होने के लिए इन्होंने फार्मूला यह निकाला हुआ है कि सामने वाला इन्हें जब भी सवाल करता/उठाता दिखता है, यह तुरंत आक्रामक हो जाते हैं और गाली-गलौच करने लगते हैं । माँ/बहनों से जुड़ी अश्लील व अशालीन किस्म की गालियाँ तो इनकी जुबाँ पर हमेशा चढ़ी रहती हैं । एक महिला स्टॉफ से की गई बदतमीजी का मामला तो इतना बढ़ गया था कि पुलिस तक में रिपोर्ट हो गई थी । तब माफी-वाफी मांग कर इन्होंने मामले को खत्म करवाया था । अपने इस व्यवहार से यह काउंसिल के दूसरे सदस्यों तथा स्टॉफ के लोगों के साथ-साथ वेंडर्स लोगों पर हावी हो जाते हैं, जिससे कि इनकी मनमानियों पर सवाल करने/उठाने वाले लोग फिर चुप लगा जाते हैं - और इन्हें बेरोकटोक रूप से अपनी मनमानियाँ और लूट करते रहने का मौका मिलता रहता है ।

Saturday, March 25, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 - यानि राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए रमेश बजाज की उम्मीदवारी जितेंद्र ढींगरा के लिए चुनौती क्यों है ?

पानीपत । रमेश बजाज ने वर्ष 2018-19 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद हेतु समर्थन जुटाने के लिए हाल ही में जिन शहरों का दौरा किया है, वहाँ के रोटेरियंस - खासकर क्लब्स के अध्यक्षों की प्रतिक्रिया ने उनके और अभी हाल ही में चुने गए वर्ष 2019-20 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जितेंद्र ढींगरा के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है । अधिकतर रोटेरियंस ने रमेश बजाज की उम्मीदवारी को लेकर नकारात्मक प्रतिक्रिया ही व्यक्त की है; यह बात रमेश बजाज और जितेंद्र ढींगरा के लिए गंभीर चुनौती की इसलिए है - क्योंकि नकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करने वाले लोगों में उन लोगों की संख्या भी अच्छी-खासी है, जो जितेंद्र ढींगरा के नजदीक और समर्थक रहे हैं । इन लोगों का कहना है कि जितेंद्र ढींगरा के नजदीक और समर्थक होने का यह अर्थ तो नहीं है कि हम हमेशा उन्हीं के कहने पर वोट डालेंगे । हालाँकि इन्हीं नजदीकियों और समर्थकों में से कुछ का कहना है कि जितेंद्र ढींगरा जब रमेश बजाज के लिए समर्थन जुटाने निकलेंगे, तब अपने नजदीकियों और समर्थकों को रमेश बजाज के समर्थन के लिए राजी कर लेंगे । जितेंद्र ढींगरा के नजदीकियों और समर्थकों का यूँ भी कहना है कि रमेश बजाज की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने से वह खुश तो नहीं हैं, लेकिन अंततः उन्हें रहना तो रमेश बजाज के पक्ष में ही होगा ।
रमेश बजाज की उम्मीदवारी दो परस्पर विरोधी 'वैचारिक' ध्रुवों के बीच है : उनकी उम्मीदवारी को उनके अपने खेमे के लोगों के बीच पसंद भी नहीं किया जा रहा है, लेकिन साथ ही उनके जीतने को लेकर हर कोई आश्वस्त भी है । दरअसल बाकी जो उम्मीदवार हैं, उनकी उम्मीदवारी में लोगों को कोई करंट नहीं नजर आ रहा है । डॉक्टर सुधीर चौधरी की उम्मीदवारी को लेकर लोगों के बीच हमदर्दी का भाव तो है, लेकिन लोगों की इस हमदर्दी को वोट में बदलने का मैकेनिज्म डॉक्टर सुधीर चौधरी के पास नहीं दिख रहा है । कपिल गुप्ता को लेकर उम्मीद की गई थी कि सत्ता खेमे में 'वजनदार' उम्मीदवार की जो कमी महसूस की जा रही है, वह उसे पूरा करेंगे और चुनावी मुकाबले को प्रतिस्पर्द्धी बनायेंगे; पूरी तरह से किसी निर्णय पर पहुँचना हालाँकि अभी जल्दबाजी करना होगा, लेकिन अभी तक के जो संकेत हैं उससे लगता नहीं है कि कपिल गुप्ता अपनी उम्मीदवारी को मुकाबले में ला पायेंगे । इस तरह, दूसरे उम्मीदवारों की कमजोरियाँ रमेश बजाज की उम्मीदवारी को मजबूती देती हैं - और इसी आधार पर रमेश बजाज के नजदीकियों व समर्थकों को लगता है कि तमाम विरोधों और प्रतिकूलताओं के बावजूद रमेश बजाज को चुनावी कामयाबी अंततः मिल ही जाएगी ।
रमेश बजाज को तमाम विरोधों और प्रतिकूलताओं के बावजूद कामयाबी मिलने की यही आश्वस्ति - वास्तव में खुद रमेश बजाज और जितेंद्र ढींगरा के लिए चुनौती बनी है । चुनौती इसलिए कि इस आश्वस्ति के चलते इनके लिए यह तय करना मुश्किल हो रहा है कि रमेश बजाज की उम्मीदवारी के प्रति जो विरोध है, खुद इनके अपने लोगों के बीच जो विरोध है - उसे अनदेखा कर दें, या उसे खत्म करने के लिए कोई कार्रवाई करें ? यह सवाल दरअसल इसलिए महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि जितेंद्र ढींगरा के सामने चुनौती यह है कि उन्हें यह तय करना है कि उन्हें डिस्ट्रिक्ट का एक आम गवर्नर बनना है - जैसे बाकी गवर्नर हैं; या एक खास गवर्नर बनना है - जिसे डिस्ट्रिक्ट में एक नया माहौल बनाना है । डिस्ट्रिक्ट में कुछेक गवर्नर हैं, जो हर वर्ष अपने अपने उम्मीदवारों को हवा देते हैं - उनमें से कोई किसी वर्ष कामयाब होता है, तो कोई अन्य किसी वर्ष सफल हो जाता है । जितेंद्र ढींगरा के ही कई नजदीकियों का कहना है कि दूसरे गवर्नर जो करते रहे हैं, उसके चलते खुद जितेंद्र ढींगरा कभी फायदे में रहे हैं, तो कभी नुकसान उठाने के लिए मजबूर हुए हैं - इसलिए यह देखना दिलचस्प होगा कि अब जब जितेंद्र ढींगरा खुद उस खेल के एक खिलाड़ी हो गए हैं, तो वह खेल को पहले की ही तरह चलने देना चाहेंगे, या खेल को बदलने का प्रयास करेंगे ।
इसीलिए वर्ष 2018-19 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के लिए होने वाले चुनाव की केमिस्ट्री और उसका गणित - सिर्फ एक डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का ही चुनाव नहीं करेगा, बल्कि डिस्ट्रिक्ट की आगे की चुनावी राजनीति तथा दशा-दिशा को भी तय करेगा । रमेश बजाज की उम्मीदवारी के नजदीक दिखने से बचने की जो कोशिश जितेंद्र ढींगरा की तरफ से होती हुई दिख रही है, उससे लगता है कि जितेंद्र ढींगरा अपनी भूमिका को लेकर अभी जैसे अनिश्चय में हैं और - चुनावी राजनीति के दूसरे 'ठेकेदारों' जैसा व्यवहार करने से बचना चाहते हैं । जितेंद्र ढींगरा के सम्मान में होने वाले कार्यक्रमों में तो रमेश बजाज की उपस्थिति और उनकी उम्मीदवारी का प्रमोशन होता हुआ दिखा है, लेकिन उसके अलावा जितेंद्र ढींगरा ने अभी तक रमेश बजाज की उम्मीदवारी के लिए कुछ करने से बचने का ही प्रयास किया है । जितेंद्र ढींगरा के इस रवैये ने रमेश बजाज के लिए चुनौती बढ़ा दी है - क्योंकि जितेंद्र ढींगरा के ही कई नजदीकियों और समर्थकों ने रमेश बजाज की उम्मीदवारी के प्रति नाखुशी दिखाई/जताई है । ऐसे में, रमेश बजाज को यदि जितेंद्र ढींगरा की खुली मदद के बिना ही अपना चुनाव लड़ना पड़ता है, तो इससे जितेंद्र ढींगरा के 'खेमे' में एक अलग तरह की केमिस्ट्री बनने की स्थितियाँ बनेंगी । यही कारण है कि बहुत अनुकूलताओं और जीत की आश्वस्ति की बावजूद रमेश बजाज की उम्मीदवारी डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति को गहरे से प्रभावित करेगी - और यही चीज रमेश बजाज और जितेंद्र ढींगरा के लिए अलग अलग रूप में चुनौती की बात है ।

Thursday, March 23, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू के चुनाव में गुरचरण सिंह भोला को मिलती दिख रही बढ़त को यशपाल अरोड़ा ब्लड बैंक से जुड़ी जेपी सिंह की बदनामी और अगले लायन वर्ष के पदों के बँटवारे के जरिये रोक सकेंगे क्या ?

नई दिल्ली । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू के क्लब्स के बीच गुरचरण सिंह भोला की बढ़ती स्वीकार्यता का मुकाबला करने के लिए यशपाल अरोड़ा के समर्थकों ने जेपी सिंह पर लगे ब्लड बैंक के आरोपों को जिस तरह दोबारा से 'हथियार' बनाया है, उससे सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का चुनाव खासा दिलचस्प हो गया है । मजे की बात यह देखने में आ रही है कि जेपी सिंह की बदनामी की छड़ी से जेपी सिंह की उम्मीदवारी को 'पीटने' की बजाए गुरचरण सिंह भोला की उम्मीदवारी को चोट पहुँचाने की कोशिश की जा रही है । इससे सत्ता खेमे के नेताओं की रणनीति का यह अंतर्विरोध सामने आ रहा है कि उन्होंने इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडोर्सी वाले चुनाव की बजाए अपना सारा ध्यान और जोर सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव पर केंद्रित कर लिया है, और इसीलिए उन्होंने जेपी सिंह की बदनामी की छड़ी से जेपी सिंह की उम्मीदवारी को पीटना छोड़ कर गुरचरण सिंह भोला की उम्मीदवारी को निशाना बनाना शुरू कर दिया है । उल्लेखनीय है कि गुरचरण सिंह भोला की उम्मीदवारी के खिलाफ शुरू से ही ब्लड बैंक से जुड़ी जेपी सिंह की बदनामी को इस्तेमाल किया गया है; लेकिन लगता है कि सत्ता खेमे के नेताओं का यह फार्मूला कामयाब नहीं हुआ; और जेपी सिंह की भारी बदनामी के बावजूद गुरचरण सिंह भोला का पलड़ा पहले मुकेश गोयल और फिर यशपाल अरोड़ा पर भारी साबित होता गया है । अब जब चुनाव नजदीक आ पहुँचा है, तब एक फिर गुरचरण सिंह भोला की उम्मीदवारी की बढ़ती दिख रही बढ़त को रोकने के लिए यशपाल अरोड़ा की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं ने जेपी सिंह की बदनामी को ही जिस तरह से मुद्दा बनाने का प्रयास शुरू किया है - उससे लग रहा है कि गुरचरण सिंह भोला की उम्मीदवारी को कमजोर करने/बनाने के लिए उनके पास रणनीति का खासा अभाव है ।
लायनिज्म में गुरचरण सिंह भोला की तुलना में यशपाल अरोड़ा के बेहतर प्रोफाइल का भी यशपाल अरोड़ा को फायदा नहीं हो सका है । इस आधार पर भी हालाँकि यशपाल अरोड़ा और उनके समर्थकों ने हवा बनाने की कोशिश की थी और तर्क दिए थे कि गुरचरण सिंह भोला की तुलना में यशपाल अरोड़ा डिस्ट्रिक्ट में चूँकि ज्यादा पदों पर रहे हैं, इसलिए लायनिज्म में उन्होंने ज्यादा काम किया है और उनका अनुभव गुरचरण सिंह भोला से ज्यादा है । लेकिन यह फार्मूला भी उनके काम नहीं आया । चुनावी राजनीति में दरअसल सिर्फ इस तरह की बातों के ही भरोसे फायदा नहीं मिलता है । राष्ट्रीय राजनीति से संदर्भ लें - तो पाते हैं कि दिल्ली में कांग्रेस, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और पंजाब में अकाली-भाजपा को भरोसा था कि उन्होंने चूँकि बहुत काम किए हैं, इसलिए उन्हें हराना संभव नहीं है; किंतु बहुत काम करने के बावजूद तीनों ही न सिर्फ हारे, बल्कि बुरी तरह से हारे । चुनाव दरअसल स्थितियों/परिस्थितियों के मैनेजमेंट से भी प्रभावित होता है - इसीलिए स्थितियों/परिस्थितियों के मामले में 'भारी' होने के बावजूद यशपाल अरोड़ा को गुरचरण सिंह भोला के सामने मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है । यशपाल अरोड़ा को सत्ता खेमे का एकतरफा समर्थन है, लायनिज्म का उनका प्रोफाइल बढ़िया है, प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार पर जेपी सिंह की बदनामी का भार लटका हुआ है - लेकिन फिर भी प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार गुरचरण सिंह भोला से उन्हें कड़ी टक्कर मिल रही है, तो इसका कारण यही माना/समझा जा रहा है कि उनके चुनावी मैनेजमेंट में भारी कमी है ।
गुरचरण सिंह भोला और उनके समर्थक नेताओं ने संगठित व योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाया है, जबकि यशपाल अरोड़ा और उनके समर्थक नेताओं का अभियान बिखरा-बिखरा सा रहा है; इसी का नतीजा रहा कि यशपाल अरोड़ा और उनके समर्थक नेता न तो अपने कुनबे को एक रख सके - और न अपने समर्थकों व शुभचिंतकों की सामर्थ्य का उचित और पूरा फायदा उठा सके हैं । गुरचरण सिंह भोला के समर्थक नेताओं ने दिल्ली में विनय सागर जैन तथा हरियाणा में नरेंद्र गोयल को अपनी तरफ मिला कर सत्ता खेमे को तगड़ा झटका दिया । अपने कुनबे को संभाले रखने में असफल रहे सत्ता खेमे के लोग अपनी असफलता पर पर्दा डालने की कोशिश करते हुए विनय सागर जैन और नरेंद्र गोयल को ही कोसते रहे । गुरचरण सिंह भोला और उनके समर्थक नेताओं ने क्लब्स के पदाधिकारियों तथा प्रमुख लोगों के बीच अपनी पैठ बनाने के लिए योजनाबद्ध रूप से हर तरकीब भिड़ाई - उन्होंने अपनी कमजोरियों और कमियों को पहचानते हुए उन्हें दूर करने का हर संभव प्रयास किया; दूसरी तरफ यशपाल अरोड़ा और उनके समर्थक नेताओं ने यह समझने/मानने का प्रयास ही नहीं किया कि उनकी कोई कमजोरी और कमी भी है - वह अधिकतर समय इसी भरोसे रहे कि गुरचरण सिंह भोला को लायनिज्म का कुछ पता नहीं है, और जेपी सिंह की लोगों के बीच बदनामी है । यशपाल अरोड़ा और उनके समर्थक नेताओं ने गुरचरण सिंह भोला और जेपी सिंह की कमजोरियों और कमियों को तो बढ़ा-चढ़ा कर देखा, लेकिन अपनी कमजोरियों और कमियों की तरफ से आँखें बंद रखीं - और इसलिए उन्हें इस बात का आभास भी नहीं हुआ कि कैसे और कब हालात उनके लिए मुश्किल भरे हो गए ।
यशपाल अरोड़ा और उनके समर्थक नेताओं के बीच परस्पर अविश्वास और तालमेल के अभाव का दिलचस्प उदाहरण यह है कि बीमारी के चलते यशपाल अरोड़ा जब उम्मीदवारी से पीछे हट गए थे, और उनकी जगह मुकेश गोयल उम्मीदवार थे - तब यशपाल अरोड़ा ने ही गुरचरण सिंह भोला को जोरदार तरीके से हौंसला व प्रोत्साहन देने का काम किया था । संभवतः यशपाल अरोड़ा को यह बात पसंद नहीं आई थी कि उनके पीछे हटने का फायदा उनके अपने खेमे के मुकेश गोयल को मिले, उक्त फायदा वह अपने लगभग-पड़ोसी गुरचरण सिंह भोला को 'देना' चाहते थे - इसलिए जब/तब वह गुरचरण सिंह भोला को समझाते रहते थे कि 'पीछे मत हटना', 'डटे रहना', 'मेहनत करोगे तो जरूर कामयाब होगे', आदि-इत्यादि । उस समय यशपाल अरोड़ा को इस बात की भनक भी नहीं थी कि हालात पलटेंगे और गुरचरण सिंह भोला को वह जो सबक दे रहे हैं, वह सबक मुकेश गोयल के लिए नहीं बल्कि खुद उनके लिए भारी पड़ेंगे । यशपाल अरोड़ा ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि पड़ोसी-धर्म निभाने की आड़ में गुरचरण सिंह भोला को प्रोत्साहित करने के जरिये मुकेश गोयल के लिए वह जो खड्डा खोद रहे हैं, उसमें खुद उनके गिरने का खतरा पैदा हो जायेगा ।
गुरचरण सिंह भोला की उम्मीदवारी के अभियान को मिलती दिख रही सफलता से अब जब यशपाल अरोड़ा और उनके समर्थकों को खतरा महसूस हुआ है, तब उन्होंने ब्लड बैंक से जुड़ी जेपी सिंह की बदनामी और अगले लायन वर्ष के पदों के बँटवारे के जरिये अपनी स्थिति को सुधारने के लिए कमर कसी है । यशपाल अरोड़ा और उनके समर्थक नेताओं को भरोसा है कि जेपी सिंह की बदनामी का वास्ता देकर तथा अगले लायन वर्ष के पदों का ऑफर देकर वह जरूरी वोटों की व्यवस्था कर लेंगे तथा गुरचरण सिंह भोला को मिलती नजर आ रही सफलता को रोक लेंगे । चुनाव के नजदीक आते आते सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के दोनों उम्मीदवारों और उनके समर्थक नेताओं की सक्रियताओं व गतिविधियों में जिस तरह की तेजी आई है, उसने डिस्ट्रिक्ट के चुनावी परिदृश्य को रोमांचपूर्ण बना दिया है ।