Thursday, October 18, 2018

रोटरी इंटरनेशनल के पूर्व प्रेसीडेंट राजा साबू ने अपने आप को महान दिखाने के चक्कर में एमएल मनचंदा को लेकर कही गई अपनी पत्नी की बात को जिस तरह से इस्तेमाल किया, उसे #मीटू अभियान के साइड इफेक्ट के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है

चंडीगढ़ । राजेंद्र उर्फ राजा साबू ने एमएल मनचंदा को लेकर अपनी 'महानता' दिखाने की 'राजनीति' में अपनी पत्नी उषा साबू का नाम जिस तरह से इस्तेमाल किया है, उसे कुछेक लोग #मीटू अभियान के एक प्रसंग की तरह देख रहे हैं - और इस नाते से राजा साबू की सोच को विश्लेषित कर रहे हैं । उल्लेखनीय है कि देश भर में इन दिनों #मीटू अभियान का शोर है, जिसमें तमाम जाने-माने लोगों के चेहरों से नकाब उतर रहे हैं और एक केंद्रीय मंत्री को तो अपनी कुर्सी तक से हाथ धोना पड़ा है । हालाँकि इस अभियान का अभी जो स्वरूप है उसमें मोटे व ऊपरी तौर पर इसे यौन शोषण व यौन छेड़छाड़ से जोड़ कर ही देखा/पहचाना जा रहा है, लेकिन इस अभियान का वास्तविक और गहरा अर्थ स्त्री के प्रति पुरुष की आंतरिक सामंती बनावट को सामने लाना है, जिसके तहत पुरुष अपने स्वार्थ में स्त्री को तरह तरह से इस्तेमाल करता है । स्त्री के प्रति पुरुष की सामंती बनावट की मार इतनी बारीक है, कि स्त्री घर में ही सबसे ज्यादा प्रताड़ित होती है, और स्त्री का पत्नी-रूप उत्पीड़न का सबसे ज्यादा शिकार होता है । इसी कारण से एक मामले में अभी हाल ही में सुप्रीम कोर्ट को साफ शब्दों में यह रेखांकित करना पड़ा कि पत्नी पति की संपत्ति नहीं है । पुरुष सौभाग्यशाली हैं कि असुरक्षाबोध और तथाकथित संस्कारों के चलते बनी मानसिकता के कारण पत्नियाँ तमाम उत्पीड़न को सहज भाव से लेती हैं और कोई शिकायत नहीं करती हैं । उषा साबू को सामने करके राजा साबू ने दिल्ली के एक आयोजन में अपने आपको महान दिखाने की जो कोशिश की, उस पर उषा साबू को हो सकता है कि कोई ऐतराज न हुआ हो - लेकिन कई एक लोगों को राजा साबू का व्यवहार उषा साबू को अपमानित व प्रताड़ित करने वाला लगा है; और इसीलिए लोग इस पर जहाँ तहाँ चर्चा कर रहे हैं । कुछेक लोग इस चर्चा को #मीटू अभियान के साइड इफेक्ट के रूप में देख रहे हैं ।
किस्सा यह हुआ कि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी घोषित होने के बाद सुशील गुप्ता देश लौटे तो सीधे चेन्नई इंस्टीट्यूट पहुँचे, जहाँ उनका स्वागत हुआ । इस मौके पर दिए अपने भाषण में सुशील गुप्ता ने अपने रोटरी जीवन में पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर एमएल मनचंदा के योगदान को सम्मान के साथ याद किया । एमएल मनचंदा वर्ष 1984-86 में इंटरनेशनल डायरेक्टर थे, और उसके ठीक बाद वाले वर्ष में यानि 1986-87 में सुशील गुप्ता डिस्ट्रिक्ट गवर्नर थे । ऐसे में स्वाभाविक है कि सुशील गुप्ता की 'मेकिंग' में एमएल मनचंदा का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा होगा, और उसी योगदान को सुशील गुप्ता ने इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी  के रूप में दिए अपने पहले भाषण में सम्मान के साथ याद किया । सुनने वालों ने इसे एक औपचारिक बात की तरह सुना । सुनने वालों में अधिकतर लोग तो ऐसे थे, जिन्होंने एमएल मनचंदा का नाम भी नहीं सुना होगा - इसलिए सुशील गुप्ता द्वारा एमएल मनचंदा को याद करना इंस्टीट्यूट में कोई इश्यू नहीं बना । यह बात इश्यू लेकिन दिल्ली में हुए सुशील गुप्ता के स्वागत समारोह में बनी, जहाँ राजा साबू को भाषण देने का मौका मिला । अपने भाषण में अपनी पत्नी के हवाले से राजा साबू ने जो कहा उसका आशय यह था कि - उषा साबू को चेन्नई इंस्टीट्यूट में सुशील गुप्ता द्वारा एमएल मनचंदा को याद करना और उनका नाम लेना अच्छा नहीं लगा और उन्होंने राजा साबू से कहा कि जिस व्यक्ति के कारण हमें खासी परेशानी उठानी पड़ी, उसे सुशील गुप्ता इतने सम्मान से क्यों याद कर रहे हैं । इस पर राजा साबू ने उनसे कहा कि हमें पुरानी बातों को भूल कर आगे बढ़ना है और मिलजुल कर काम करना है । एमएल मनचंदा ने 1991-92 के इंटरनेशनल प्रेसीडेंट पद के लिए नोमीनेटिंग कमेटी द्वारा चुने गए अधिकृत उम्मीदवार के रूप में राजा साबू को चेलैंज किया था, जिसके चलते राजा साबू को चुनाव लड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा था । एमएल मनचंदा की इस कार्रवाई से राजा साबू और उनकी पत्नी अभी तक इतने खफा हैं कि खुद राजा साबू के अनुसार, उषा साबू तो एमएल मनचंदा का नाम भी नहीं सुनना चाहती हैं और राजा साबू अपनी महानता के चलते उस बात को लेकिन अब भूलना चाहते हैं । 
राजा साबू की इस बात में लोगों को राजा साबू की अपने आपको महान 'दिखाने' की कोशिश नजर आई ।इसमें बुरी बात लोगों को यह लगी कि अपने आपको महान दिखाने की कोशिश में राजा साबू ने अपनी ही पत्नी को ही मोहरा बना लिया । राजा साबू के संपर्क में आने/रहने वाले लोग बताते रहे हैं कि अपने आपको महान दिखाने/जताने के चक्कर में राजा साबू प्रायः दूसरों को छोटा व नीचा दिखाने का काम खूब करते रहते हैं - लेकिन यह किसी ने नहीं सोचा था कि अपने इस प्रिय खेल में वह अपनी पत्नी को भी नहीं बख्शेंगे । एमएल मनचंदा के प्रति उषा साबू के मन में जो भाव हैं, उन्हें समझा जा सकता है । वास्तव में पति की परेशानी में सबसे ज्यादा कष्ट पत्नी को ही उठाना पड़ता है, इसलिए वह एक अलग तरीके से सोचती है, जो अक्सर ही एकांगी और अव्यावहारिक भी होता है । इस सोच को सार्वजनिक करने का कोई कारण नहीं बनता है । रोटरी में और राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में कई लोग हैं, जिन्हें राजा साबू ने तरह तरह से सताया है; राजा साबू द्वारा सताये गए लोगों की पत्नियाँ भी हो सकता है कि राजा साबू का नाम न सुनना चाहती हों या उनकी शक्ल न देखना चाहती हों - तो कोई क्या करें ? एमएल मनचंदा को सुशील गुप्ता सम्मान के साथ याद करना चाहते हैं, तो राजा साबू - या कोई और भी क्या कर सकता है ? राजा साबू की पत्नी एमएल मनचंदा का नाम सुनना नहीं चाहतीं, और यह बात उन्होंने सिर्फ राजा साबू से कही - राजा साबू के लिए बड़ा आसान था कि अपनी पत्नी की  इस बात को वह अपने बीच ही रहने देते । लेकिन तब फिर वह अपने आपको महान कैसे दिखाते/जताते ? अपने आपको महान दिखाने/जताने के लिए अक्सर दूसरों को छोटा व नीचा दिखाते रहने की आदत से मजबूर राजा साबू ने अपनी पत्नी को भी जिस तरह 'शिकार' बना लिया - उसे देख कर कई लोगों को लगा है कि #मीटू अभियान यदि अपनी वास्तविक व तार्किक परिणति तक पहुँचा तो राजा साबू की यह बात भी एक उदाहरण बनेगी । 

Wednesday, October 17, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की उम्मीदवारी के लिए संजीव गुप्ता को 'तैयार' करने के लिए रंगा-बिल्ला की जोड़ी ने मुकेश गोयल का दामन पकड़ने की चालबाजी शुरू की

हापुड़ । मुकेश गोयल के यहाँ नियमित रूप से उठने-बैठने वाले लोगों ने बताया है कि डिस्ट्रिक्ट में रंगा-बिल्ला के रूप में पहचानी जाने वाली जोड़ी - जिनमें एक डिस्ट्रिक्ट ही नहीं, बल्कि पूरे लायन समाज में 'चोर गवर्नर' के नाम से कुख्यात है - आजकल मुकेश गोयल के साथ नजदीकी दिखाने का नाटक दरअसल संजीव गुप्ता को आश्वस्त करने के लिए कर रही है । संजीव गुप्ता गाजियाबाद के एक व्यापारी नेता हैं, और पिछले कई वर्षों से लायनिज्म में भी सक्रिय हैं । रंगा-बिल्ला की जोड़ी ने उन्हें (सेकेंड वाइस) डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने के लिए तैयार तो कर लिया है, लेकिन उनके सामने मुसीबत की बात यह बनी हुई है कि संजीव गुप्ता उन पर भरोसा नहीं कर रहे हैं - और इस कारण से उनसे 'लुट' नहीं रहे हैं । संजीव गुप्ता को अच्छे से पता है कि पिछले तीन वर्षों में जो जो लोग इस जोड़ी के साथ रहे, वह लुट-पिट कर या तो घर बैठ गए और या इनसे पीछा छुड़ा कर और पाला बदल कर कामयाबी के रास्ते पर आगे बढ़ गए । संजीव गुप्ता एक कुशल व्यापारी व्यक्ति हैं, वह जानते/समझते हैं कि व्यापार में 'कबाड़' टाइप की चीजों की जरूरत तो होती है, लेकिन सिर्फ 'कबाड़' के भरोसे 'व्यापार' नहीं किया जा सकता है । इसलिए वह सिर्फ रंगा-बिल्ला के भरोसे उम्मीदवार बनने को - और उनके कहने में आकर अपनी जेब ढीली करने को तैयार नहीं हैं । इस समस्या को हल करने के लिए रंगा-बिल्ला की जोड़ी ने मुकेश गोयल के साथ नजदीकी बनाना और 'दिखाना' शुरू किया है, ताकि वह संजीव गुप्ता को आश्वस्त कर सकें कि मुकेश गोयल उनके साथ आ गए हैं - और जब मुकेश गोयल साथ आ गए हैं, तो फिर उनका (सेकेंड वाइस) डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनना पक्का ही है । रंगा-बिल्ला की जोड़ी को विश्वास है कि संजीव गुप्ता जब मुकेश गोयल को इनके साथ देखेंगे, तो सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए आश्वस्त हो जायेंगे - और तब वह इनके ऊपर पैसे खर्च करना शुरू कर देंगे । 
मुकेश गोयल को अपने साथ दिखाना रंगा-बिल्ला की जोड़ी को इसलिए थोड़ा आसान लग रहा है, क्योंकि मुकेश गोयल खुद सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार को लेकर असमंजस में हैं - वह कभी राजेश गुप्ता का नाम लेते हैं, तो कभी पंकज बिजल्वान की बात करते सुने जाते हैं । मुकेश गोयल के यहाँ नियमित रूप से उठने/बैठने वाले लोगों का कहना है कि मुकेश गोयल वास्तव में तो पंकज बिजल्वान को उम्मीदवार बनाना चाहते हैं; लेकिन एक तरफ तो उम्मीदवार हो सकने के नियमों को पूरा करने के मामले में पंकज बिजल्वान का पक्ष कुछ कमजोर पड़ रहा है, इसलिए उनके उम्मीदवार हो सकने को लेकर असमंजसता है; और दूसरी तरफ पंकज बिजल्वान की उम्मीदवारी के पक्ष में देहरादून से ही चूँकि कोई खास वकालत नहीं हो रही है - इसलिए अपनी उम्मीदवारी को लेकर पंकज बिजल्वान पर्दे के पीछे भले ही कोई जोड़-तोड़ कर रहे हों, उनकी उम्मीदवारी किसी को लेकिन नजर नहीं आ रही है । मसूरी के गौरव गर्ग ने अपनी उम्मीदवारी को लेकर जो सुगबुगाहट दिखाई है, और उनकी उम्मीदवारी को मेरठ में मुकेश गोयल के नजदीकियों के बीच ही जो समर्थन मिलता दिख रहा है, उसके चलते अनुमान लगाया जा रहा है कि मेरठ के लायन नेताओं के दबाव में मुकेश गोयल को कहीं गौरव गर्ग की उम्मीदवारी का ही झंडा न उठाना पड़ जाए । ऐसे में रंगा-बिल्ला की जोड़ी को उम्मीद बनी है कि असमंजस में फँसे मुकेश गोयल को अपने साथ करके - वह अपनी राजनीति चला सकते हैं । इसलिए 'गालियों की अपनी तोप' को उन्होंने फिलहाल मुकेश गोयल के सामने से हटा लिया है, और उसे मुकेश गोयल खेमे के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनय मित्तल व फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीवा अग्रवाल के सामने रख दिया है ।
रंगा-बिल्ला की जोड़ी को लगता है कि गालियों की अपनी तोप की इस शिफ्टिंग के जरिये वह विनय मित्तल व संजीवा अग्रवाल को बदनाम कर देंगे और मुकेश गोयल को उनसे दूर कर देंगे - और तब मुकेश गोयल के पास उनसे जुड़ने के अलावा कोई चारा नहीं बचेगा । ऐसी स्थिति में संजीव गुप्ता उन पर भरोसा कर लेंगे और (सेकेंड वाइस) डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने के लिए उनके हाथों 'लुटने' के लिए तैयार हो जायेंगे - और उजड़ी पड़ी उनकी राजनीतिक दुकान एक बार फिर सज जाएगी । लोगों को लगता है कि रंगा-बिल्ला की जोड़ी 'ख्याली पुलाव' तो ठीक बना रही है, क्योंकि उनके साथ-साथ अन्य कई लोगों को भी लगता है कि मुकेश गोयल नए नए समीकरण बनाने में तथा विरोधी रहे व गालियाँ बकते रहे लोगों के साथ पुनः जुड़ने में हिचकते नहीं हैं - समस्या लेकिन रंगा-बिल्ला की जोड़ी की बदनामी से जुड़ी है । इस जोड़ी की ऐसी बदनामी है कि जो भी इनसे जुड़ा, जिस पर भी इनकी छाया पड़ी - वह बेचारा तबाह ही हुआ । अश्वनी काम्बोज इसका जीवंत उदाहरण हैं -  वह जब पहली बार उम्मीदवार बने थे, तब उनके साथ सब कुछ अच्छा ही अच्छा था; बहुत से पूर्व गवर्नर्स का उन्हें समर्थन था, सत्ता का उन्हें समर्थन था, उन्होंने बहुत मेहनत भी की थी और जमकर पैसे भी खर्च किए थे; लेकिन फिर भी वह चुनाव हार गए थे । कारण सिर्फ यही था कि उन पर रंगा-बिल्ला की छाया थी, जो तमाम अनुकूलताओं के बावजूद उन्हें ले डूबी । अगली बार अश्वनी काम्बोज ने अपने आपको रंगा-बिल्ला की छाया से मुक्त किया, तो ऐसे हालात बने कि वह आराम से निर्विरोध ही सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुन लिए गए । मुकेश गोयल को डर है कि थोड़े से राजनीतिक स्वार्थ में वह यदि रंगा-बिल्ला की जोड़ी के साथ जुड़ जाते हैं, तो कहीं ऐसा न हो कि उक्त जोड़ी की छाया पड़ने से उनकी अभी तक की सारी 'राजनीतिक कमाई', साख और प्रतिष्ठा ही लुट जाए । मुकेश गोयल के इसी डर के चलते संजीव गुप्ता को लेकर बनाया जा रहा रंगा-बिल्ला का ख्याली पुलाव अभी तो पकता हुआ नहीं दिख रहा है - आगे क्या होगा, यह आगे देखेंगे ।

Tuesday, October 16, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में रवि सचदेवा के उम्मीदवार के रूप में वापस लौटने के कारण डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई के समीकरणों में आये नाटकीय परिवर्तन ने अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी का रास्ता आसान बनाया

नोएडा । रवि सचदेवा के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई में वापस लौट आने से अमित गुप्ता की चुनावी स्थिति को तगड़ा झटका लगा है, और अशोक अग्रवाल के लिए चुनावी मुकाबला आसान होता हुआ नजर आया है । दरअसल रवि सचदेवा के घर पर डकैतों के हुए हमले के बाद रवि सचदेवा जिस तरह अपने परिवार को सुरक्षित करने की चिंता और व्यवस्था करने में व्यस्त हुए, उसके चलते लोगों के बीच संदेश गया कि रवि सचदेवा के लिए अब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव लड़ पाना मुश्किल होगा । रवि सचदेवा की पारिवारिक मुश्किल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई को दो-पक्षीय बना दे रही थी और माना जाने लगा था कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अशोक अग्रवाल और अमित गुप्ता के बीच ही मुकाबला होगा । रवि सचदेवा के मुकाबले से बाहर होने में अमित गुप्ता के लिए लाभ की स्थिति देखी/पहचानी जा रही थी; क्योंकि माना/समझा जा रहा था कि रवि सचदेवा के उम्मीदवार न रहने की स्थिति में उनके समर्थक अमित गुप्ता की उम्मीदवारी के साथ जुड़ेंगे ।रवि सचदेवा के चुनावी परिदृश्य से दूर होने के कारण उनके समर्थकों व शुभचिंतकों के बीच निराशा तो देखी/पहचानी जा रही थी, लेकिन यह बहुत साफ नहीं हो रहा था कि वह अंततः करेंगे क्या - क्योंकि उनमें से कुछेक लोगों को अशोक अग्रवाल के नजदीक जाता हुआ देखा जा रहा था, तो कुछेक को अमित गुप्ता की तरफ बढ़ता हुआ पाया जा रहा था । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों ने यह भी महसूस किया कि अमित गुप्ता के यहाँ अपनी अनुकूल स्थितियों का राजनीतिक लाभ उठाने का चूँकि कोई 'मैकेनिज्म' नहीं है, इसलिए रवि सचदेवा के चुनावी दौड़ से बाहर होते 'दिखने' के चलते बने मौके का डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी संदर्भ में अमित गुप्ता उचित फायदा नहीं उठा पा रहे हैं ।
अमित गुप्ता के समर्थक और शुभचिंतक हालाँकि उम्मीद लगाये हुए थे कि धीरे धीरे रवि सचदेवा के सभी साथी/समर्थक अमित गुप्ता के साथ आ जायेंगे । लेकिन रवि सचदेवा के उम्मीदवार के रूप में वापस आ जाने से उनकी उक्त उम्मीद पर पानी फिर गया है । रवि सचदेवा के उम्मीदवार के रूप में वापस लौट आने से अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के समर्थकों व शुभचिंतकों ने बड़ी राहत महसूस की है । उनका कहना है कि हालाँकि अमित गुप्ता से सीधा मुकाबला होने पर भी अशोक अग्रवाल के लिए कोई समस्या नहीं थी - क्योंकि रवि सचदेवा के उम्मीदवार न रहने की स्थिति में उन्हें मिलने वाले वोट अमित गुप्ता को ट्रांसफर नहीं हो रहे थे; और अब जब रवि सचदेवा उम्मीदवार के रूप में वापस लौट आए हैं, तब तो अशोक अग्रवाल के सामने कोई चुनौती बची ही नहीं रह गई है । रवि सचदेवा के चुनावी मुकाबले से बाहर होने की बातें बनने और फिर उम्मीदवार के रूप में उनके वापस आने से बने माहौल में अशोक अग्रवाल के समर्थकों व शुभचिंतकों को अपना दोहरा लाभ होता हुआ नजर आ रहा है - उन्हें लग रहा है कि रवि सचदेवा को पहले तो उस नुकसान की भरपाई करने में जुटना पड़ेगा जो उनके चुनावी मुकाबले से बाहर होने की बातें बनने से उन्हें हुआ है; और उनके भरपाई में जुटने से अमित गुप्ता पर दबाव बनेगा कि कहीं रवि सचदेवा उनके पाले में गए अपने समर्थकों को वापस न ले जाएँ । अमित गुप्ता और रवि सचदेवा के बीच होने वाली छीना-झपटी अशोक अग्रवाल के लिए अनुकूल माहौल बनाती हैं और उन्हें निश्चिंत करती है ।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी परिदृश्य में जिस समय उम्मीदवारों को अपने अपने समर्थन-आधार को बढ़ाने और उसे मजबूत करने में जुटना होता है,  उस समय पर रवि सचदेवा को अपने 'हो चुके' नुकसान की भरपाई करने में तथा अमित गुप्ता को अपने 'हो सकने' वाले नुकसान को बचाने में जुटना पड़ रहा है - यह स्थिति अशोक अग्रवाल के लिए एक अलग फायदे का कारण बनती/बनाती है । इस स्थिति ने दरअसल उन नेताओं को भी असमंजस में डाल दिया है, जो अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के पक्ष में नहीं हैं । उनके लिए वास्तव में यह समझना मुश्किल हो रहा है कि वह अमित गुप्ता और रवि सचदेवा में से किस की उम्मीदवारी का झंडा उठाएँ ? अपने प्रतिद्धंद्धियों और विरोधियों के असमंजस में फँसे होने से अशोक अग्रवाल के समर्थकों व शुभचिंतकों के लिए अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के लिए समर्थन बढ़ाने व मजबूत करने का काम और आसान हो गया है । उनके लिए डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच यह कहते/बताते हुए अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के पक्ष में माहौल बनाना और आसान हो गया है कि अमित गुप्ता और रवि सचदेवा के पास जब अपना कोई समर्थन-आधार ही नहीं है, और जो एक दूसरे के समर्थकों को 'छीनने' की होड़ में लगे हैं - तब फिर उनके लिए मुकाबले में टिके/बने रहना कैसे संभव होगा । रवि सचदेवा के उम्मीदवार के रूप में चुनावी मुकाबले में वापस लौटने से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई के समीकरणों में जो नाटकीय परिवर्तन हुआ है, उसमें अशोक अग्रवाल के लिए एकदम से जो अनुकूल उछाल आया है - उससे डिस्ट्रिक्ट का चुनावी परिदृश्य दिलचस्प व रोमांचपूर्ण हो उठा है ।

रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने जा रहे भरत पांड्या द्वारा अगले रोटरी वर्ष में होने वाले इंदौर इंस्टीट्यूट के पदाधिकारियों की सूची डिस्ट्रिक्ट 3054 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनिल अग्रवाल की उम्मीदों व अपेक्षाओं का गला घोटती सी दिख रही है

जयपुर । अगले रोटरी वर्ष में इंदौर में होने वाले रोटरी जोन इंस्टीट्यूट के लिए भरत पांड्या द्वारा घोषित की गई पदाधिकारियों की सूची में नाम न देख कर डिस्ट्रिक्ट 3054 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनिल अग्रवाल को जोर का झटका लगा है, और इस झटके ने अनिल अग्रवाल और उनके साथियों को तो निराश किया ही है - साथ ही अन्य कई लोगों को हैरान भी किया है । दरअसल अनिल अग्रवाल ने इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में भरत पांड्या की जैसी मदद की थी, उसके चलते अनिल अग्रवाल को ही नहीं - बल्कि अन्य कई लोगों को पूरी/पक्की उम्मीद थी कि इंटरनेशनल डायरेक्टर के रूप में भरत पांड्या जब भी पदों की बंदरबाँट करेंगे - अनिल अग्रवाल का नंबर अवश्य ही लगेगा । चेन्नई इंस्टीट्यूट में भरत पांड्या ने लेकिन जब इंदौर में होने वाली अगली इंस्टीट्यूट के लिए प्रमुख पदों की घोषणा की, तो घोषणा को सुनने वालों को अनिल अग्रवाल का नाम न लिए जाने पर हैरानी हुई । चेन्नई इंस्टीट्यूट में अनुपस्थित रहे अनिल अग्रवाल के नजदीकियों से बाद में सुनने को मिला कि भरत पांड्या के इस 'व्यवहार' से अनिल अग्रवाल खुद भी बहुत आहत महसूस कर रहे हैं । हालाँकि अनिल अग्रवाल ने अपने नजदीकियों के बीच यह कहते/बताते हुए अपना हौंसला और अपनी उम्मीद भी बनाये रखी/दिखाई कि भरत पांड्या ने स्वयं कहा है कि वह अभी चेन्नई इंस्टीट्यूट में मौजूद लोगों के नामों की ही घोषणा कर रहे हैं, इसलिए उनका नाम अभी घोषित नहीं हुआ है । अनिल अग्रवाल ने उम्मीद जताई है कि इंदौर इंस्टीट्यूट के लिए भरत पांड्या जब अपनी पूरी टीम की घोषणा करेंगे, तो टीम में उनका नाम अवश्य ही होगा । 
अनिल अग्रवाल के नजदीकियों के लिए, भरत पांड्या की टीम में अनिल अग्रवाल का नाम होने या न होने की बात का रोमांच लेकिन अब खत्म हो गया है । उनका कहना है कि महत्त्वपूर्ण पद तो बँट गए हैं, अब तो बस टीम में खुरचन वाले पद ही बचे हैं - जिनका मिलना या न मिलना एक बराबर ही है । भरत पांड्या ने इंदौर इंस्टीट्यूट के पदाधिकारियों की सूची में इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में अपने मददगार रहे लोगों को जिस दिल-खोल तरीके से उपकृत किया है, उसे देखते हुए अनिल अग्रवाल को उक्त सूची में नाम न होने का झटका कुछ ज्यादा ही जोर से लग गया 'सुना' जा रहा है । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के जिन सदस्यों ने भरत पांड्या की उम्मीदवारी का समर्थन किया था, उन सभी को भरत पांड्या ने इंदौर इंस्टीट्यूट की टीम में प्रमुख पदों से सुसज्जित कर दिया है । इंस्टीट्यूट के चेयरमैन और सेक्रेटरी जैसे महत्त्वपूर्ण पद तक उन्होंने चुनाव में मदद करने के 'गणित' के आधार पर बाँट दिए हैं । अनिल अग्रवाल को वास्तव में इसी बात से झटका लगा है, और अन्य कई लोगों को हैरानी हुई है । इनको लगता है कि मदद करने के 'गणित' के आधार पर ही भरत पांड्या ने जब पदों की बंदरबाँट की है, तब तो अनिल अग्रवाल को महत्त्वपूर्ण पद अवश्य ही मिलना चाहिए था । वास्तव में, इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में अनिल अग्रवाल ने भरत पांड्या की जैसी मदद की थी, वैसी मदद भरत पांड्या को किसी और से मिल ही नहीं सकती थी । कई लोगों का मानना और कहना है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में चेलैंजिंग उम्मीदवार अशोक गुप्ता के डिस्ट्रिक्ट में होते हुए भी अनिल अग्रवाल ने जिस हिम्मत के साथ भरत पांड्या की उम्मीदवारी का झंडा उठाया हुआ था - उसके लिए वह भरत पांड्या से एक अच्छे 'अवॉर्ड' का हक रखते हैं, लेकिन भरत पांड्या ने लगता है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की कुर्सी पर बैठने से पहले ही अनिल अग्रवाल के उपकार को भुला दिया है ।
भरत पांड्या के नजदीकियों का कहना लेकिन यह है कि भरत पांड्या की नजर में अनिल अग्रवाल की मदद वास्तव में कोई मदद थी ही नहीं - वह तो बस अशोक गुप्ता के प्रति अपनी खुन्नस निकालने के लिए उनकी उम्मीदवारी का झंडा उठाये हुए थे । भरत पांड्या के समर्थक नेताओं का भी मानना/कहना रहा है कि अनिल अग्रवाल अपने डिस्ट्रिक्ट की राजनीति के चलते अशोक गुप्ता का विरोध करने के अभियान पर थे - न कि भरत पांड्या की उम्मीदवारी का समर्थन व सहयोग कर रहे थे; और इसीलिए भरत पांड्या को उनसे वोटों का कोई सहयोग नहीं मिला । भरत पांड्या के लोगों का तो बल्कि यहाँ तक कहना है कि भरत पांड्या की उम्मीदवारी के समर्थन की बात कहते/करते हुए अनिल अग्रवाल कई बार अशोक गुप्ता को आश्वस्त करते हुए भी सुने/देखे गए कि मैं तो आपके ही साथ हूँ, और लोग झूठे ही अफवाह उड़ा रहे हैं कि मैं आपका विरोध कर रहा हूँ । दरअसल इस तरह के नजारों को देख कर ही भरत पांड्या के खेमे में अनिल अग्रवाल की भूमिका के प्रति संदेह पैदा हो गया था और उन्हें भरोसे के साथी के रूप में स्वीकार किए जाने से बचा गया था । किसी भी चुनाव में उम्मीदवारों के समर्थकों और विरोधियों की एक 'श्रेणी' स्वतः बन जाती है, और उसके बनने को व्यापक स्तर पर 'स्वीकार' भी कर लिया जाता है - लेकिन जोन चार में हुए रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में डिस्ट्रिक्ट 3054 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनिल अग्रवाल की भूमिका ने एक अलग ही 'श्रेणी' बनाई, जिसके चलते वह किसी भी तरफ 'स्वीकार' नहीं हुए । कुछेक लोगों का यह भी मानना और कहना है कि भरत पांड्या यदि अनिल अग्रवाल को ज्यादा तवज्जो देते हैं, तो लोगों के बीच यह समझा जायेगा कि वह अशोक गुप्ता को नीचा दिखाने और उन्हें चिढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं; भरत पांड्या अपने समर्थकों को उपकृत करने का काम तो खुल कर करना चाहते हैं, लेकिन विरोधी रहे लोगों से सीधे-सीधे पंगा लेने से भी बचने का प्रयास कर रहे हैं - ताकि उनकी डायरेक्टरी में कोई बखेड़ा खड़ा न हो । भरत पांड्या की यह 'सावधानी' अनिल अग्रवाल की उम्मीदों व अपेक्षाओं का गला घोटती सी दिख रही है । 

Monday, October 15, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की सीपीई कमेटी की चेयरपरसन श्रीप्रिया कुमार द्वारा नॉर्थ-एक्स सीपीई स्टडी सर्किल के खिलाफ मिली शिकायत की जाँच में अड़ंगा डालने की अतुल गुप्ता की कोशिश कामयाब हो सकेगी क्या ?

नई दिल्ली । अतुल गुप्ता को इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल में पुनर्निर्वाचन के लिए चलाया जा रहा अपना चुनाव अभियान बीच में छोड़ कर अपने नजदीकी रिश्तेदार और उनके नॉर्थ-एक्स सीपीई स्टडी सर्किल को बचाने के लिए जुटना पड़ रहा है । उल्लेखनीय है कि सेंट्रल काउंसिल के सदस्य अतुल गुप्ता के नजदीकी रिश्तेदार नॉर्थ-एक्स सीपीई स्टडी सर्किल के प्रमुख कर्ता-धर्ता हैं, और इस रिश्तेदारी के चलते नॉर्थ-एक्स सीपीई स्टडी सर्किल पर अतुल गुप्ता के चुनाव अभियान का अड्डा बन जाने का आरोप लगता रहा है । नॉर्थ-एक्स सीपीई स्टडी सर्किल के सामने मौजूदा मुसीबत फर्जी तरीके से सीपीई आर्स बाँटने/देने के आरोप के चलते आई है । मामला हाई-प्रोफाइल है, इसलिए उसमें लीपापोती कर पाना मुश्किल बना हुआ है । नॉर्थ-एक्स सीपीई स्टडी सर्किल ने फर्जी तरीके से सीपीई आर्स बाँटने/देने के जोश में नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल की सेक्रेटरी पूजा बंसल और उनके पति मोहित बंसल को भी चार सेमिनार्स के 16 घंटे के सीपीई आर्स दे दिए, जबकि यह दोनों किसी भी सेमीनार में उपस्थित नहीं हुए थे । सेमीनार में बिना उपस्थित हुए सीपीई आर्स मिलने पर चकराए मोहित बंसल ने इंस्टीट्यूट की सीपीई (कन्टीन्यूइंग प्रोफेशनल एजुकेशन) कमेटी में इसकी शिकायत कर दी; कमेटी की चेयरपरसन श्रीप्रिया कुमार ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कमेटी के सचिव अजीत नाथ तिवारी को जाँच के आदेश दे दिए और जाँच पूरी होने तक नॉर्थ-एक्स सीपीई स्टडी सर्किल के सीपीई से जुड़े सभी प्रोग्राम स्थगित करने के लिए कहा है । मजे की बात यह है कि खुद सेंट्रल काउंसिल सदस्य के रूप में अतुल गुप्ता भी इंस्टीट्यूट की सीपीई कमेटी के सदस्य हैं ।
अतुल गुप्ता के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि उनकी छत्रछाया में उनके नजदीकी रिश्तेदार द्वारा चलाये जा रहे स्टडी सर्किल में 'चोरी' का सामान 'बेचने' की कोशिश चूँकि नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल की सेक्रेटरी पूजा बंसल और उनके पति मोहित बंसल को हुई, इसलिए मामला हाई-प्रोफाइल बन गया है । उल्लेखनीय है कि इस तरह के मामले प्रायः यह कहते/बताते हुए रफा-दफा कर दिए जाते रहे हैं कि हो सकता है कि सदस्य ने अपनी जगह किसी और को या अपने ऑर्टिकल को सेमीनार में भेज दिया होगा, जो उनके हस्ताक्षर करके सेमीनार में शामिल हो गया होगा । लेकिन संदर्भित मामले में यह बहाना तर्कसंगत नहीं पड़ता है । रीजनल काउंसिल चूँकि स्टडी सर्किल्स की पैरेंट बॉडी होती है, इसलिए इस बात पर विश्वास करना संभव नहीं है कि स्टडी सर्किल के कर्ता-धर्ता रीजनल काउंसिल के एक प्रमुख पदाधिकारी को नहीं पहचानते हैं - और उनके हस्ताक्षर करके कोई और सेमीनार में शामिल होकर चला गया । इस मामले ने वास्तव में स्टडी सर्किल्स में होने वाली घपलेबाजियों के पिटारे को खोलने का काम किया है । स्टडी सर्किल्स पर फर्जी तरीके से सीपीई आर्स बाँटने/देने का आरोप ही नहीं लगता रहा है, बल्कि सेमिनार्स में उपस्थिति को बढ़ा-चढ़ा कर दिखा कर पैसों की लूट-खसोट करने के आरोप भी लगते रहे हैं । स्टडी सर्किल्स इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों के लिए उड़ान भरने के अड्डे के रूप में भी देखे/पहचाने जाते हैं - और इसलिए इन्हें राजनीतिक स्वार्थों को पूरा करने के लिए भरसक तरीके से इस्तेमाल किया जाता है । द्वारका सीपीई स्टडी सर्किल की आड़ में नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए चुनावी तैयारी करते रहने वाले रतन सिंह यादव ने हाल ही में नए राजनीतिक प्रयोग किए, जिसके तहत उन्होंने सेंट्रल काउंसिल के कुछेक उम्मीदवारों को स्पीकर के रूप में आमंत्रित किया । उनमें से कुछेक से पैसे लेने के आरोप भी उन पर लगे और इंस्टीट्यूट में शिकायत हुई । इस शिकायत के लिए रतन सिंह यादव को सेंट्रल काउंसिल के जिन उम्मीदवार पर शक हुआ, उन्हें भी फिर एक सेमीनार में स्पीकर के रूप में आमंत्रित कर उनके गुस्से को उन्होंने शांत किया और अपने खिलाफ हुई शिकायत को रफा-दफा करवाने का प्रयास किया ।
समझा जाता है कि स्टडी सर्किल्स के कर्ता-धर्ताओं के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों के कारण ही सीपीई कमेटी की चेयरपरसन श्रीप्रिया कुमार ने नॉर्थ-एक्स सीपीई स्टडी सर्किल के मामले को खासी गंभीरता से लिया, और जाँच के दायरे में सभी स्टडी सर्किल्स को ले लिया है । वास्तव में, फर्जी तरीके से सीपीई आर्स बाँटना/देना सिर्फ नार्थ-एक्स सीपीई स्टडी सर्किल का ही मामला नहीं है, बल्कि अधिकतर स्टडी सर्किल्स से जुड़ा मामला है । जो स्टडी सर्किल्स इंस्टीट्यूट की विभिन्न काउंसिल्स के लिए चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के सीधे नियंत्रण में हैं, और या उम्मीदवारों के नजदीकी रिश्तेदारों द्वारा नियंत्रित किए जा रहे हैं - उनमें तो मामला बहुत ही खराब है, और वहाँ हर तरह की हेरा-फेरियाँ व बेईमानियाँ होने के आरोप लगते हैं । समझा जाता है कि आरोपों को ध्यान में रखते हुए ही श्रीप्रिया कुमार ने नॉर्थ-एक्स सीपीई स्टडी सर्किल के मामले में शिकायत मिलने के मौके को स्टडी सर्किल्स में होने वाली मनमानियों व बेईमानियों पर लगाम कसने के अवसर के रूप में देखा/पहचाना और चेयरपर्सनी का चाबुक खड़का दिया है । श्रीप्रिया कुमार द्वारा शुरू की गई कार्रवाई को पंक्चर करने के लिए अतुल गुप्ता के भी सक्रिय होने की चर्चा सुनी जा रही है । उनके नजदीकियों का ही कहना है कि अतुल गुप्ता ने नार्थ-एक्स सीपीई स्टडी सर्किल के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया है, कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी और मामला यूँ ही रफादफा हो जाएगा । हालाँकि नार्थ-एक्स सीपीई स्टडी सर्किल के कुछेक पदाधिकारियों को लग रहा है कि अतुल गुप्ता को चूँकि अगले तीन महीनों में इंस्टीट्यूट के वाइस प्रेसीडेंट पद के लिए समर्थन जुटाने के काम में लगना है, इसलिए इस मामले में वह ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे कि उनके वाइस प्रेसीडेंट पद की उम्मीदवारी में बात बिगड़े - और इस कारण से नॉर्थ-एक्स सीपीई स्टडी सर्किल के मामले में श्रीप्रिया कुमार द्वारा बैठाई गई जाँच का संभव है कि कोई सकारात्मक नतीजा मिल सके । देखना दिलचस्प होगा कि इस मामले को ठंडे बस्ते में पहुँचाने के लिए अतुल गुप्ता खुलकर या छिपकर कोई प्रयास करते हैं, या फिर ईमानदारी से जाँच व कार्रवाई होने देते हैं ?

Sunday, October 14, 2018

रोटरी में घटी कुछेक प्रमुख व बड़ी घटनाओं के समकक्ष रखे जाने के चलते स्वाति गुप्ता को मिला पुरुस्कार डिस्ट्रिक्ट 3012 में अमित गुप्ता की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उम्मीदवारी के संदर्भ में माहौल बनाता सा दिखने लगा है क्या ?

गाजियाबाद । स्वच्छ भारत मिशन में सहयोग के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल के हाथों स्वाति गुप्ता के पुरुस्कृत होने की खबर - बाद की रोटरी की कुछेक अन्य सकारात्मक घटनाओं के चलते जिस तरह पुनः चर्चा में आ गई है, उसने स्वाति गुप्ता और उनके पति अमित गुप्ता के रोटरी को वास्तविक अर्थों में पहचान देने और उसके लिए सक्रिय होने के तथ्य को एक बार फिर स्थापित किया है । उल्लेखनीय है कि रोटेरियन के रूप में स्वाति गुप्ता जिस समय लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल के हाथों पुरुस्कार प्राप्त कर रही थीं, लगभग उसी समय इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी घोषित होने के बाद सुशील गुप्ता चेन्नई में आयोजित इंस्टीट्यूट में सम्मानित हो रहे थे । उसके बाद दिल्ली और जयपुर में सुशील गुप्ता के स्वागत-सम्मान की और दिल्ली में कार रैली की तैयारी की चर्चा शुरू हो गई । दिल्ली में सुशील गुप्ता के स्वागत-सम्मान और कार रैली के आयोजन की धूम रही - और इस धूम में रोटेरियंस ने मौजूदा पखवाड़े को रोटरी के लिहाज से उल्लेखनीय व महत्त्वपूर्ण माना और रेखांकित किया ।
इसी रेखांकन में यह तथ्य उभर का सामने आया कि रोटरी के लिए महत्त्वपूर्ण बने मौजूदा पखवाड़े की शुरुआत लखनऊ में स्वाति गुप्ता के पुरुस्कार प्राप्त करने से हुई थी । स्वाति गुप्ता यूँ तो निरंतर व विविधतापूर्ण सक्रियता के कारण डिस्ट्रिक्ट के रोटेरियंस के बीच खुद की व्यापक पहचान व सम्मान रखती हैं, लेकिन डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के संदर्भ में इस वर्ष उनकी पहचान अमित गुप्ता की पत्नी के रूप में भी सहज रूप में उल्लेखनीय हो जाती है । अमित गुप्ता इस वर्ष चूँकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार हैं, इसलिए उनके साथ-साथ स्वाति गुप्ता की सक्रियता व उपलब्धियों को उनकी उम्मीदवारी के 'चश्मे' से भी लोग देखने लगते हैं । यूँ भी अमित गुप्ता और स्वाति गुप्ता का रोटरी में भागीदारी और सक्रियता का जो स्तर है, वह उन्हें डिस्ट्रिक्ट में अकेले ऐसे दंपति की पहचान देता है, जो रोटरी में समान रूप से सक्रिय हैं और रोटरी के कामों में समान रूप से बढ़चढ़ कर भाग लेते हैं । ऐसे में यह स्वाभाविक ही है कि स्वाति गुप्ता की सक्रियता व उपलब्धि की व्यापक तस्वीर अमित गुप्ता की उम्मीदवारी के पक्ष में डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच एक व्यापक सकारात्मक अपील पैदा करती है और उसे विश्वसनीय रूप देती है - और इस तरह से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी परिदृश्य में अमित गुप्ता की उम्मीदवारी को दिलचस्प बनाती है ।
स्वाति गुप्ता ने लखनऊ में जो पुरुस्कार प्राप्त किया, उसकी जानकारी एक सामान्य घटना के रूप में 'आई' और 'गई' खबर बन कर रह जाती - यदि कुछेक अन्य बड़ी 'बातों' के कारण मौजूदा पखवाड़ा रोटरी के लिए उल्लेखनीय व महत्त्वपूर्ण न बन गया होता । मौजूदा पखवाड़ा उल्लेखनीय व महत्त्वपूर्ण बना तो उसके प्रस्थान बिंदु के रूप में स्वाति गुप्ता का पुरुस्कार प्राप्त करना स्वतः चर्चा में आ गया - और रोटरी व डिस्ट्रिक्ट 3012 की पहचान के संदर्भ में एक प्रमुख और बड़ी घटना बन गया । उक्त पुरुस्कार के लिए स्वाति गुप्ता ने जिस तरह से अपने क्लब - रोटरी क्लब गाजियाबाद सेंट्रल के पदाधिकारियों व सदस्यों तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सहित डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख पदाधिकारियों से मिले सहयोग को श्रेय दिया है, तथा इस पुरुस्कार पर डिस्ट्रिक्ट के सभी लोगों का हक बताया है - उसके जरिए वास्तव में उन्होंने रोटरी की सामूहिक भावना व शक्ति को ही अभिव्यक्ति दी है । स्वाति गुप्ता को मिले पुरुस्कार के वाकये को जिस तरह से रोटरी में घटने वाली बड़ी घटनाओं के समकक्ष रखा गया है, और उसके चलते वह जिस तरह से अमित गुप्ता की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उम्मीदवारी के संदर्भ में माहौल बनाता सा दिखने लगा है - उससे डिस्ट्रिक्ट का चुनावी परिदृश्य रोमांचपूर्ण हो उठा है ।

Thursday, October 11, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 में डिस्ट्रिक्ट अकाउंट्स को मनमाने और अनुचित तरीके से 'बनाने' के आरोपी रहे हेमंत अरोड़ा को डिस्ट्रिक्ट फाइनेंस कमेटी का सदस्य बनाए जाने से भड़के माहौल में राजा साबू भी फजीहत का शिकार बने

चंडीगढ़/रुड़की । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हेमंत अरोड़ा को डिस्ट्रिक्ट फाइनेंस कमेटी का सदस्य बनाने को लेकर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रवीन गोयल तो आरोपों के घेरे में आ ही गए हैं, खुद हेमंत अरोड़ा और पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट राजेंद्र उर्फ राजा साबू के लिए भी फजीहत वाली स्थिति बन गई है । हेमंत अरोड़ा को तुरंत प्रभाव से फाइनेंस कमेटी से हटाने की माँग की जा रही है; लोगों का कहना है कि प्रवीन गोयल यदि फाइनेंस कमेटी से उन्हें नहीं हटाते हैं तो राजा साबू को मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए और हेमंत अरोड़ा को तुरंत डिस्ट्रिक्ट फाइनेंस कमेटी से हटवाना चाहिए । डिस्ट्रिक्ट के लोगों का मानना और कहना है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में प्रवीन गोयल ने हेमंत अरोड़ा को डिस्ट्रिक्ट फाइनेंस कमेटी का सदस्य बनाने के लिए राजा साबू से अवश्य ही हरी झंडी ली होगी; ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि हेमंत अरोड़ा 'जैसे' व्यक्ति को डिस्ट्रिक्ट फाइनेंस कमेटी का सदस्य बनाने का फैसला प्रवीन गोयल ने क्यों तो लिया - और क्यों राजा साबू ने उन्हें इस फैसले के लिए अपनी तरफ से हरी झंडी दी ? हेमंत अरोड़ा वर्ष 2014-15 के डिस्ट्रिक्ट अकाउंट्स के ऑडिटर थे, और उस वर्ष के अकाउंट्स में भारी झोलझाल हुआ था - और उस झोलझाल में ऑडिटर के रूप में हेमंत अरोड़ा की भूमिका को संदिग्ध देखा/समझा गया था । उक्त भूमिका को लेकर हेमंत अरोड़ा की उस समय भी खासी फजीहत हुई थी । डिस्ट्रिक्ट में लोग तीन वर्ष पुराने उस किस्से को भूलने लगे थे, लेकिन हेमंत अरोड़ा के डिस्ट्रिक्ट फाइनेंस कमेटी का सदस्य बनने की खबर मिलने के बाद से - हेमंत अरोड़ा की तीन वर्ष पहले की वह 'अनुचित' भूमिका एक बार फिर चर्चा में आ गई है, और लोगों की यादें ताजा हो गई हैं । 
उल्लेखनीय है कि दिलीप पटनायक के गवर्नर-वर्ष 2014-15 के डिस्ट्रिक्ट अकाउंट्स की दो बैलेंस-शीट बनी थीं, जिन्हें ऑडिटर के रूप में हेमंत अरोड़ा ने साइन किया था । यह दो बैलेंस-शीट का बनना और साइन होना विवाद और आरोपों का विषय इसलिए बना था - क्योंकि 16 सितंबर 2015 को साइन हुई बैलेंस-शीट में 20,407 रुपए का जो लाभ आ रहा था, वह 30 अक्टूबर 2015 को साइन हुई दूसरी बैलेंस-शीट में 6 लाख 23 हजार 547 रुपए के घाटे में बदल गया । इस 'जादु' को चार्टर्ड एकाउंटेंट व ऑडिटर हेमंत अरोड़ा के 'अनुचित व्यवहार' के रूप में देखा/समझा गया था । हेमंत अरोड़ा को इसलिए भी फजीहत का सामना करना पड़ा था क्योंकि बैलेंस-शीट में ऑडिटर के रूप में उन्होंने खुद दर्ज किया था कि बहुत से खर्चे कच्चे बिल्स के आधार पर हिसाब-किताब में लिए गए हैं । उस समय डिस्ट्रिक्ट के लोगों की तरफ से खुल कर आरोप लगे थे कि डिस्ट्रिक्ट के पैसों में हेराफेरी करने के उद्देश्य से फर्जी तरीके से लाभ को घाटे में बदला गया है - और इसमें दिलीप पटनायक से लेकर राजा साबू की भी मिलीभगत है । विवाद और आरोपों से परेशान और हताश हेमंत अरोड़ा ने कुछेक लोगों के बीच कहा भी था कि सभी जानते हैं कि डिस्ट्रिक्ट में किसके दबाव में न जाने क्या-क्या करना पड़ता है । डिस्ट्रिक्ट अकाउंट्स में फर्जीवाड़ा करने के आरोपों से घिरे हेमंत अरोड़ा के लिए पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने के नाते फजीहत की ज्यादा स्थिति बनी । वह पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर न होते, तो सिर्फ ऑडिटर होने के नाते फजीहत का शिकार न बनते ।  
हेमंत अरोड़ा पर आरोपों की बौछार से बना माहौल धीरे-धीरे ठंडा पड़ रहा था, लेकिन अब जो फिर से गर्म हो उठा है । 'बिल्ली को थैले से बाहर निकालने' का काम डिस्ट्रिक्ट के वरिष्ठ रोटेरियन तथा डिस्ट्रिक्ट फाइनेंस कमेटी के पूर्व सदस्य एमपी गुप्ता ने किया । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रवीन गोयल को पत्र लिख कर उन्होंने हेमंत अरोड़ा के वर्ष 2014-15 के कार्य-व्यवहार का उदाहरण देते हुए डिस्ट्रिक्ट फाइनेंस कमेटी का सदस्य बनाए जाने पर अपनी आपत्ति दर्ज करवायी है । एमपी गुप्ता ने अपने पत्र में प्रवीन गोयल को लिखा है कि हेमंत अरोड़ा के पिछले कृत्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें तुरंत प्रभाव से डिस्ट्रिक्ट फाइनेंस कमेटी से हटाया जाए । मजे की बात यह भी है कि हेमंत अरोड़ा को डिस्ट्रिक्ट फाइनेंस कमेटी का सदस्य गुपचुप रूप से बनाया गया, और इसकी किसी को हवा भी नहीं लगी । इसका पता लोगों को अभी तब लगा, जब डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी की ई-कॉपी उन्हें मिली । प्रवीन गोयल की गवर्नरी का चौथा महीना चल रहा है, लेकिन कामकाज का आलम यह है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नरी की हॉर्ड-कॉपी का अभी तक कोई अता-पता नहीं है । डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी की ई-कॉपी भी लोगों को अभी मिल पायी है । इससे ही हेमंत अरोड़ा के डिस्ट्रिक्ट फाइनेंस कमेटी के सदस्य बनने का लोगों को पता चला - और बबाल हो गया । डिस्ट्रिक्ट में राजा साबू और उनसे जुड़े लोगों की बेईमानियों के किस्से दरअसल इतने इकट्ठे हो गए हैं, कि लोगों को उनके द्वारा लिया जाने वाला कोई भी संदेहास्पद फैसला लूट-खसोट की मदद करने वाला दिखने/लगने लगता है । डिस्ट्रिक्ट के तमाम प्रोजेक्ट्स व ट्रस्ट के हिसाब-किताब जिस तरह से कुछेक लोगों की ही जानकारी में रहते हैं और उन्हें लोगों से - यहाँ तक कि कॉलिज ऑफ गवर्नर्स तक से - छिपा कर रखा जाता है; जिसे लेकर निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर टीके रूबी रोटरी इंटरनेशनल तक में शिकायत कर चुके हैं; उसके चलते राजा साबू और उनसे जुड़े पूर्व गवर्नर्स की भूमिका को संदेह से देखा जाता है । इसी कारण से हेमंत अरोड़ा को डिस्ट्रिक्ट फाइनेंस कमेटी का सदस्य बनाए जाने से मामला भड़क गया है, और हेमंत अरोड़ा को फाइनेंस कमेटी से हटाने की माँग होने लगी है ।