Showing posts with label RAVI SACHDEVA. Show all posts
Showing posts with label RAVI SACHDEVA. Show all posts

Tuesday, October 16, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में रवि सचदेवा के उम्मीदवार के रूप में वापस लौटने के कारण डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई के समीकरणों में आये नाटकीय परिवर्तन ने अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी का रास्ता आसान बनाया

नोएडा । रवि सचदेवा के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई में वापस लौट आने से अमित गुप्ता की चुनावी स्थिति को तगड़ा झटका लगा है, और अशोक अग्रवाल के लिए चुनावी मुकाबला आसान होता हुआ नजर आया है । दरअसल रवि सचदेवा के घर पर डकैतों के हुए हमले के बाद रवि सचदेवा जिस तरह अपने परिवार को सुरक्षित करने की चिंता और व्यवस्था करने में व्यस्त हुए, उसके चलते लोगों के बीच संदेश गया कि रवि सचदेवा के लिए अब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव लड़ पाना मुश्किल होगा । रवि सचदेवा की पारिवारिक मुश्किल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई को दो-पक्षीय बना दे रही थी और माना जाने लगा था कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अशोक अग्रवाल और अमित गुप्ता के बीच ही मुकाबला होगा । रवि सचदेवा के मुकाबले से बाहर होने में अमित गुप्ता के लिए लाभ की स्थिति देखी/पहचानी जा रही थी; क्योंकि माना/समझा जा रहा था कि रवि सचदेवा के उम्मीदवार न रहने की स्थिति में उनके समर्थक अमित गुप्ता की उम्मीदवारी के साथ जुड़ेंगे ।रवि सचदेवा के चुनावी परिदृश्य से दूर होने के कारण उनके समर्थकों व शुभचिंतकों के बीच निराशा तो देखी/पहचानी जा रही थी, लेकिन यह बहुत साफ नहीं हो रहा था कि वह अंततः करेंगे क्या - क्योंकि उनमें से कुछेक लोगों को अशोक अग्रवाल के नजदीक जाता हुआ देखा जा रहा था, तो कुछेक को अमित गुप्ता की तरफ बढ़ता हुआ पाया जा रहा था । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों ने यह भी महसूस किया कि अमित गुप्ता के यहाँ अपनी अनुकूल स्थितियों का राजनीतिक लाभ उठाने का चूँकि कोई 'मैकेनिज्म' नहीं है, इसलिए रवि सचदेवा के चुनावी दौड़ से बाहर होते 'दिखने' के चलते बने मौके का डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी संदर्भ में अमित गुप्ता उचित फायदा नहीं उठा पा रहे हैं ।
अमित गुप्ता के समर्थक और शुभचिंतक हालाँकि उम्मीद लगाये हुए थे कि धीरे धीरे रवि सचदेवा के सभी साथी/समर्थक अमित गुप्ता के साथ आ जायेंगे । लेकिन रवि सचदेवा के उम्मीदवार के रूप में वापस आ जाने से उनकी उक्त उम्मीद पर पानी फिर गया है । रवि सचदेवा के उम्मीदवार के रूप में वापस लौट आने से अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के समर्थकों व शुभचिंतकों ने बड़ी राहत महसूस की है । उनका कहना है कि हालाँकि अमित गुप्ता से सीधा मुकाबला होने पर भी अशोक अग्रवाल के लिए कोई समस्या नहीं थी - क्योंकि रवि सचदेवा के उम्मीदवार न रहने की स्थिति में उन्हें मिलने वाले वोट अमित गुप्ता को ट्रांसफर नहीं हो रहे थे; और अब जब रवि सचदेवा उम्मीदवार के रूप में वापस लौट आए हैं, तब तो अशोक अग्रवाल के सामने कोई चुनौती बची ही नहीं रह गई है । रवि सचदेवा के चुनावी मुकाबले से बाहर होने की बातें बनने और फिर उम्मीदवार के रूप में उनके वापस आने से बने माहौल में अशोक अग्रवाल के समर्थकों व शुभचिंतकों को अपना दोहरा लाभ होता हुआ नजर आ रहा है - उन्हें लग रहा है कि रवि सचदेवा को पहले तो उस नुकसान की भरपाई करने में जुटना पड़ेगा जो उनके चुनावी मुकाबले से बाहर होने की बातें बनने से उन्हें हुआ है; और उनके भरपाई में जुटने से अमित गुप्ता पर दबाव बनेगा कि कहीं रवि सचदेवा उनके पाले में गए अपने समर्थकों को वापस न ले जाएँ । अमित गुप्ता और रवि सचदेवा के बीच होने वाली छीना-झपटी अशोक अग्रवाल के लिए अनुकूल माहौल बनाती हैं और उन्हें निश्चिंत करती है ।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी परिदृश्य में जिस समय उम्मीदवारों को अपने अपने समर्थन-आधार को बढ़ाने और उसे मजबूत करने में जुटना होता है,  उस समय पर रवि सचदेवा को अपने 'हो चुके' नुकसान की भरपाई करने में तथा अमित गुप्ता को अपने 'हो सकने' वाले नुकसान को बचाने में जुटना पड़ रहा है - यह स्थिति अशोक अग्रवाल के लिए एक अलग फायदे का कारण बनती/बनाती है । इस स्थिति ने दरअसल उन नेताओं को भी असमंजस में डाल दिया है, जो अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के पक्ष में नहीं हैं । उनके लिए वास्तव में यह समझना मुश्किल हो रहा है कि वह अमित गुप्ता और रवि सचदेवा में से किस की उम्मीदवारी का झंडा उठाएँ ? अपने प्रतिद्धंद्धियों और विरोधियों के असमंजस में फँसे होने से अशोक अग्रवाल के समर्थकों व शुभचिंतकों के लिए अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के लिए समर्थन बढ़ाने व मजबूत करने का काम और आसान हो गया है । उनके लिए डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच यह कहते/बताते हुए अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के पक्ष में माहौल बनाना और आसान हो गया है कि अमित गुप्ता और रवि सचदेवा के पास जब अपना कोई समर्थन-आधार ही नहीं है, और जो एक दूसरे के समर्थकों को 'छीनने' की होड़ में लगे हैं - तब फिर उनके लिए मुकाबले में टिके/बने रहना कैसे संभव होगा । रवि सचदेवा के उम्मीदवार के रूप में चुनावी मुकाबले में वापस लौटने से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई के समीकरणों में जो नाटकीय परिवर्तन हुआ है, उसमें अशोक अग्रवाल के लिए एकदम से जो अनुकूल उछाल आया है - उससे डिस्ट्रिक्ट का चुनावी परिदृश्य दिलचस्प व रोमांचपूर्ण हो उठा है ।

Friday, September 14, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में रवि सचदेवा के क्लब के अधिष्ठापन समारोह की सफलता के जरिये रवि सचदेवा और उनके समर्थकों व शुभचिंतकों में भरा जोश सचमुच डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव की गर्मी को बढ़ाते हुए उसे और दिलचस्प बना सकेगा क्या ?

नोएडा । रवि सचदेवा की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत उम्मीदवारी के समर्थकों व शुभचिंतकों की सक्रियता में अचानक से तेजी आ रही दिख रही है, जिसके चलते वह कल शाम एक मीटिंग कर रहे हैं - जिसमें रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के अभियान को लेकर आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी । दरअसल रोटरी क्लब नोएडा एक्सेलेंस के नए पदाधिकारियों के अधिष्ठापन समारोह में जुटी भीड़ ने रवि सचदेवा और उनकी उम्मीदवारी के समर्थकों व शुभचिंतकों को खासा उत्साहित किया है, और उन्हें लगने लगा है कि वह यदि अपनी मुहिम को सावधानी से संयोजित करें और चलाएँ, तो रवि सचदेवा की उम्मीदवारी को अच्छा समर्थन मिल सकेगा । उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब नोएडा एक्सेलेंस का अधिष्ठापन समारोह कहने को तो क्लब के नए पदाधिकारियों को अधिष्ठापित करने के लिए आयोजित किया गया था, लेकिन उसे जिस बड़े और खास डिजाईन के साथ आयोजित किया गया था उसे देख कर हर किसी को ठीक ठीक समझ में आ गया कि इसके पीछे वास्तविक उद्देश्य रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के लिए डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच माहौल बनाना और संदेश पहुँचाना है । इस समारोह के चलते रवि सचदेवा की उम्मीदवारी में यदि एक ऊँची छलाँग देखी/पहचानी गई, तो इसके दो कारण रहे - एक तो इस समारोह में डिस्ट्रिक्ट के कई खास और आम लोगों की उपस्थिति तथा दूसरे पूर्व गवर्नर मुकेश अरनेजा के साथ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट दीपक गुप्ता और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी आलोक गुप्ता की मौजूदगी । सामान्य स्थितियों में इन तीनों की मौजूदगी के कोई ज्यादा मतलब नहीं होते, और इनकी मौजूदगी को सामान्य शिष्टाचार के पर्याय के रूप में ही देखा/पहचाना जाता - लेकिन क्लब में और समारोह में सतीश सिंघल के होने के विवाद के बीच समारोह में इन तीनों की मौजूदगी के कुछ खास अर्थ 'बन' गए । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत रवि सचदेवा की उम्मीदवारी ने उन 'अर्थों' को राजनीतिक आयाम भी दे दिया ।
समारोह को मुकेश अरनेजा, दीपक गुप्ता और आलोक गुप्ता की मौजूदगी के चलते राजनीतिक आयाम इसलिए भी मिला - क्योंकि अभी तक डिस्ट्रिक्ट में जो राजनीतिक समीकरण रहे हैं, उसमें सतीश सिंघल, मुकेश अरनेजा, दीपक गुप्ता और आलोक गुप्ता एक खेमा बना कर रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट के प्रति रोटरी इंटरनेशनल के कठोर रवैये के सामने आने से - जिसके तहत सतीश सिंघल के खिलाफ कार्रवाई हुई और शरत जैन को चेतावनी मिली - डिस्ट्रिक्ट की राजनीति के समीकरणों में उलट-फेर होने की संभावना तो दिखी, लेकिन अभी तक कोई नया समीकरण बनता हुआ नजर नहीं आया है । पिछले दिनों मुकेश अरनेजा, दीपक गुप्ता और आलोक गुप्ता ने हालाँकि सतीश सिंघल के साथ दूरी बनाने/दिखाने की कोशिश तो की, लेकिन रोटरी क्लब नोएडा एक्सेलेंस के अधिष्ठापन समारोह में एक साथ मौजूदगी दिखा कर - वह फिर 'पुराने घेरे' में वापस लौटते हुए दिखे हैं । जो लोग राजनीति के घुमावदार मोड़ों को जानते/समझते हैं, वह मानते/कहते हैं कि मुकेश अरनेजा, दीपक गुप्ता और आलोक गुप्ता अभी रवि सचदेवा की उम्मीदवारी का झंडा उठाने की जल्दबाजी नहीं करेंगे/दिखायेंगे; यह लोग अभी माहौल भाँपेंगे और यदि रवि सचदेवा की उम्मीदवारी को दम पकड़ता पायेंगे, तभी आगे आयेंगे । रवि सचदेवा और उनकी उम्मीदवारी के समर्थक व शुभचिंतक भी इस बात को समझ रहे हैं, और इसलिए वह दो स्तरों पर एकसाथ तैयारी करते हुए देखे जा रहे हैं - एक स्तर पर वह मुकेश अरनेजा, दीपक गुप्ता और आलोक गुप्ता को रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के समर्थक के रूप में 'दिखाने' का काम कर रहे हैं, और दूसरे स्तर पर वह ऐसा दिखाते हुए रवि सचदेवा की उम्मीदवारी को डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच स्वीकृति दिलाने का प्रयास कर रहे हैं ।
रवि सचदेवा और उनकी उम्मीदवारी के समर्थकों व शुभचिंतकों ने रोटरी क्लब नोएडा एक्सेलेंस के अधिष्ठापन समारोह में दिए गए मुकेश अरनेजा, दीपक गुप्ता और आलोक गुप्ता के भाषणों के चुनिंदा अंशों को सोशल मीडिया के जरिये जिस तरह प्रचारित किया है, उसमें इन तीनों को रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के समर्थक के रूप में 'दिखाने' की होशियारी साफ झलकती है । हालाँकि रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के कुछेक समर्थकों का ही मानना/कहना है कि इस तरह की तरकीबों से क्षणिक रूप में तो माहौल में अनुकूलता और गर्मी लाई जा सकती है, किंतु इस अनुकूलता और गर्मी को यदि स्थाई रूप देना है तो इसके लिए जमीनी स्तर पर कुछ ठोस काम करना होगा । यह ठोस काम क्या होगा और इसे कैसे किया जायेगा, लगता है कि इसे तय करने के लिए ही रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के समर्थकों व शुभचिंतकों ने कल की बैठक बुलाई है । क्लब के अधिष्ठापन समारोह के रूप में रवि सचदेवा की उम्मीदवारी को प्रमोट करने के उद्देश्य से हुए आयोजन के सात/आठ दिन के भीतर ही समर्थकों व शुभचिंतकों की मीटिंग करने की तैयारी से संकेत मिल रहा है कि अधिष्ठापन समारोह की सफलता ने रवि सचदेवा और उनके समर्थकों व शुभचिंतकों को उत्साहित किया है, तथा वह और जोरशोर के साथ रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के अभियान में जुटने की जरूरत समझ रहे हैं । कल शाम होने वाली मीटिंग का एक उद्देश्य समर्थकों व शुभचिंतकों को एकजुट व उत्साहित रखने के साथ-साथ अधिष्ठापन समारोह की सफलता को ज्यादा से ज्यादा भुनाने की कवायद के रूप में भी देखा/पहचाना जा रहा है । माना/समझा जा रहा है कि अधिष्ठापन समारोह की सफलता ने रवि सचदेवा और उनके समर्थकों व शुभचिंतकों में जो जोश भरा है, वह इस वर्ष होने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव की गर्मी को और भड़कायेगा तथा उसे और दिलचस्प बनायेगा ।

Tuesday, September 4, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में सतीश सिंघल की व्यूह रचना में शामिल होने की मुकेश अरनेजा, दीपक गुप्ता व आलोक गुप्ता की 'तैयारी' ने अशोक अग्रवाल के लिए चुनौती पैदा की तथा अमित गुप्ता के लिए मौका बनने के संकेत दिए हैं

नोएडा । रोटरी क्लब नोएडा एक्सेलेंस के नए पदाधिकारियों के अधिष्ठापन समारोह में मुकेश अरनेजा के मुख्य अतिथि तथा दीपक गुप्ता व आलोक गुप्ता के गेस्ट ऑफ ऑनर बनने ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में जो करंट पैदा किया है, उसने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार के रूप में अशोक अग्रवाल के लिए चुनौती और अमित गुप्ता के लिए एक बेहतर मौका बनाने वाली स्थितियाँ पैदा की हैं । उल्लेखनीय है कि नोएडा एक्सेलेंस के इस समारोह को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के प्रमोशन के उपक्रम के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । मजे की बात यह है कि तीनों ही - मुकेश अरनेजा, दीपक गुप्ता और आलोक गुप्ता लोगों को यह भरोसा दिलाने का प्रयास भी कर रहे हैं कि नोएडा एक्सेलेंस के अधिष्ठापन समारोह में उनके जाने को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति से जोड़ कर नहीं देखना चाहिए - और इसे रोटरी की एक गतिविधि के रूप में ही देखा जाना चाहिए । हालाँकि सयाने लोग जानते/समझते हैं कि सिर्फ रोटरी में ही नहीं, बल्कि जीवन और जगत में भी जो कुछ भी 'होता' है, उसका कोई न कोई खास उद्देश्य होता ही है - निरुद्देश्य या बेमतलब में तो पत्ता भी नहीं हिलता है । इसीलिए नोएडा एक्सेलेंस के अधिष्ठापन समारोह में जाने के पीछे कोई राजनीति न देखने के उक्त तीनों के आग्रह को राजनीति जानने/समझने वाले लोगों ने स्वीकार नहीं किया है; और माना/कहा जा रहा है कि यह पूरी तरह से एक राजनीतिक 'मूव' है - इसे राजनीतिक मूव स्वीकार करने से इंकार सिर्फ इसलिए किया जा रहा है ताकि इसके फेल हो जाने पर यह कह कर बचा जा सके कि 'हम' तो कोई राजनीति कर ही नहीं रहे थे !
सात सितंबर को होने जा रहे उक्त कार्यक्रम में इन तीनों के साथ सतीश सिंघल के भी 'दिखने' की संभावना है । इससे पिछले रोटरी वर्ष के उस घटना चक्र को याद करना प्रासंगिक होगा जब आलोक गुप्ता को चुनावी फायदा पहुँचवाने के लिए जल्दी चुनाव कराने से जुड़ी हलचल को देखते हुए, पूछे जाने पर इन चारों ने ही जल्दी चुनाव करवाने की बात से साफ-साफ इंकार किया था - लेकिन फिर जल्दी चुनाव करवा लिए थे । पहले इंकार और फिर स्वीकार का नाटक इसीलिए किया गया था, ताकि पूरी व्यवस्था कर लेने तथा पूरी तरह आश्वस्त हो लेने के बाद ही 'कार्यक्रम' की घोषणा की जाए । पिछले वर्ष के इसी 'व्यवहार' को देखते हुए लोगों को लग रहा है कि मुकेश अरनेजा, दीपक गुप्ता और आलोक गुप्ता पहले देख और समझ लेना चाहते हैं कि रवि सचदेवा की उम्मीदवारी को लेकर डिस्ट्रिक्ट में सचमुच कोई स्वीकार्यता बन भी रही है क्या ? वह यदि आश्वस्त हुए, तो रवि सचदेवा की उम्मीदवारी का झंडा उठायेंगे, अन्यथा यही कहते/बताते रहेंगे कि भई 'हम' तो राजनीति करते नहीं हैं, 'हम' तो राजनीति से दूर ही रहते हैं, 'हम' तो अमित गुप्ता और अशोक अग्रवाल के कार्यक्रमों में भी गए हैं । राजनीति न करने का दावा करना भी हालाँकि राजनीति का एक बहुत पुराना दाँव है ।
इन तीनों की भूमिका इस कारण से भी संदेहास्पद बनी है कि यह तीनों घोषित रूप से असिस्टेंट गवर्नर्स द्वारा आयोजित थैंक्स गिविंग कार्यक्रम में नहीं गए थे; क्योंकि उस कार्यक्रम के पीछे सतीश सिंघल को ही देखा/पहचाना गया था - सात सितंबर का कार्यक्रम भी कहने को तो रोटरी क्लब नोएडा एक्सेलेंस के नए पदाधिकारियों के अधिष्ठापन का कार्यक्रम है, लेकिन इसके पीछे मुख्य उद्देश्य रवि सचदेवा की उम्मीदवारी का प्रमोशन तथा शक्ति-प्रदर्शन है - और यह सतीश सिंघल की व्यूह रचना के अनुरूप है । करीब दो महीने पहले हुए थैंक्स गिविंग कार्यक्रम में सतीश सिंघल के नजदीक 'दिखने' से बचने की कोशिश करने वाले मुकेश अरनेजा. दीपक गुप्ता और आलोक गुप्ता को अब सतीश सिंघल के साथ दिखने में कोई समस्या नहीं है - तो इस हृदय परिवर्तन का एक ही कारण समझ में आता है और वह यह कि थैंक्स गिविंग कार्यक्रम की सफलता ने इन तीनों को अहसास कराया है कि सतीश सिंघल के साथ राजनीतिक गठजोड़ किया जा सकता है । इस गठजोड़ की संभावना को और पुख्ता करने के लिए ही इन तीनों ने सतीश सिंघल की व्यूह रचना में शामिल होना स्वीकार किया है । सतीश सिंघल की व्यूह रचना के तहत आ रही रवि सचदेवा की उम्मीदवारी को लेकर अभी भी चूँकि यह पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं, इसलिए यह अभी रवि सचदेवा की उम्मीदवारी का झंडा नहीं उठा रहे हैं; लेकिन जिस तरह से यह उनकी तरफ बढ़ रहे हैं, उसे देख कर समझा जा रहा है कि हालात रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के जरा भी अनुकूल नजर आये तो मुकेश अरनेजा, दीपक गुप्ता, आलोक गुप्ता के हाथों में रवि सचदेवा की उम्मीदवारी का झंडा होगा ।
यह स्थिति अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के लिए खासी बड़ी चुनौती खड़ी करती है । दरअसल अभी उन तीनों को अशोक अग्रवाल अपनी उम्मीदवारी के समर्थन में दिखाते/जताते हैं; जो स्थिति बन रही है वह लेकिन यह संकेत दे रही है कि उक्त तीनों लोग अशोक अग्रवाल का विकल्प खोज रहे हैं - यह संकेत अशोक अग्रवाल के लिए मनोवैज्ञानिक रूप से भी और व्यावहारिक कारणों से भी खासे झटके वाला है । इस स्थिति में अमित गुप्ता के समर्थकों व शुभचिंतकों को अमित गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए फायदे का मौका बनता दिख रहा है । उन्हें लगता है कि रवि सचदेवा की उम्मीदवारी को उन तीनों के परोक्ष और या अपरोक्ष समर्थन से जो बल मिलेगा, वह वास्तव में अशोक अग्रवाल की स्थिति को कमजोर करने का काम करेगा और रवि सचदेवा व अशोक अग्रवाल के समर्थक एक-दूसरे पर जो कीचड़ उछालेंगे - उससे लोगों के बीच दोनों की ही स्थिति डावांडोल बनेगी - जिसका फायदा अमित गुप्ता को मिल सकेगा । दरअसल सतीश सिंघल के बहाने रवि सचदेवा को तथा जेके गौड़ की कारस्तानियों के बहाने अशोक अग्रवाल को घेरने की दोनों तरफ से जो कोशिश होगी, उसमें डिस्ट्रिक्ट के लोग एक निर्विवाद उम्मीदवार को चुनना पसंद करेंगे, और तब उनकी पसंद अमित गुप्ता बन सकते हैं । सिद्धांततः और तर्कपूर्ण नजरिये से ठीक लग रही यह उम्मीद सचमुच पूरी हो सकेगी या नहीं, यह इस पर निर्भर करता है कि स्थितियाँ किस रास्ते पर चलती हैं और क्या मोड़ लेती हैं ? 

Saturday, August 25, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में अवैध माने गए थैंक्स गिविंग कार्यक्रम में अवॉर्ड पाए लोगों को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी आलोक गुप्ता ने जिस तरह अचानक से चिन्हित करके शाबाशी देने का काम शुरू किया है, उसके पीछे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के पक्ष में माहौल बनाने का खेल भी छिपा है क्या ?

नोएडा । सतीश सिंघल को लेकर तमाम प्रतिकूल स्थितियों का सामना कर रहे रवि सचदेवा की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उम्मीदवारी ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों को असमंजस में डाला हुआ है - और जिस असमंजस को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी आलोक गुप्ता की अचानक से शुरू की गई थैंक्स गिविंग के अवॉर्डियों को शाबाशी देने की कार्रवाई ने और बढ़ाने का काम किया है । डिस्ट्रिक्ट के राजनीतिक खिलाड़ियों के लिए असमंजस की बात यह है कि रोटरी इंटरनेशनल के एक फैसले के चलते जो सतीश सिंघल डिस्ट्रिक्ट की प्रशासनिक व्यवस्था से 'बाहर' हैं, और जिस कारण उनके लिए डिस्ट्रिक्ट और क्लब्स की गतिविधियों में शामिल हो सकना भी मुश्किल बना हुआ है, या 'बना दिया गया' है - उन सतीश सिंघल के उम्मीदवार के रूप में रवि सचदेवा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में बने/टिके कैसे रह पायेंगे ? डिस्ट्रिक्ट के चुनावी खिलाड़ियों को हैरान/परेशान करते हुए रवि सचदेवा लेकिन न सिर्फ उम्मीदवार बने हुए हैं, बल्कि लोगों के बीच अपनी सक्रियता की निरंतरता को भी बनाए हुए हैं । उल्लेखनीय है कि रवि सचदेवा को सतीश सिंघल को अपने क्लब में शामिल करने/करवाने को लेकर डिस्ट्रिक्ट के स्वयंभू नेताओं की तरफ से बड़े भारी विरोध का सामना करना पड़ा है । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल ने रवि सचदेवा पर तरह तरह से दबाव बनाया कि वह सतीश सिंघल को अपने क्लब में शामिल न करें । रवि सचदेवा ने लेकिन दो तर्कों के साथ उनके दबाव को स्वीकार करने से इंकार किया : रवि सचदेवा का कहना रहा कि पहली बात तो यह कि सतीश सिंघल के साथ उनकी बहुत पुरानी दोस्ती है, इसलिए आज जब सतीश सिंघल मुसीबत में हैं तो वह उनकी मदद करना अपना फर्ज और अपनी जिम्मेदारी समझते हैं; रवि सचदेवा का कहना है कि वह ऐसे व्यक्ति नहीं हैं कि अपने दोस्त को मुसीबत में देख/जान कर उसका साथ छोड़ दें; दूसरी बात यह कि रोटरी इंटरनेशनल को जब सतीश सिंघल के रोटेरियन होने/रहने पर कोई आपत्ति नहीं है, तो सतीश सिंघल के उनके क्लब का सदस्य होने पर आपत्ति क्यों की जा रही है ?
मजे की बात यह रही कि रमेश अग्रवाल तो रवि सचदेवा पर दबाव बना रहे थे कि वह सतीश सिंघल को अपने क्लब में न रहने दें; लेकिन रवि सचदेवा ने उनके दबाव में आने से इंकार करने के साथ-साथ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अपनी उम्मीदवारी और प्रस्तुत कर दी । दरअसल इसके लिए उन्हें पिछले रोटरी वर्ष के थैंक्स गिविंग कार्यक्रम की सफलता से उत्साह मिला - जो घोषित रूप से तो असिस्टेंट गवर्नर्स की तरफ से आयोजित किया गया था, लेकिन अवॉर्ड देने का काम सतीश सिंघल ने ही किया था । रोटरी इंटरनेशनल द्वारा सतीश सिंघल को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद से हटा देने के बाद हुए इस कार्यक्रम को रोटरी के नजरिये से अवैध भले ही माना गया हो, लेकिन रोटेरियंस की अच्छी-खासी उपस्थिति के कारण वैध/अवैध के सारे तर्क बेअसर हो कर रह गए । मजे की बात यह रही कि थैंक्स गिविंग कार्यक्रम के अवैध होने को लेकर नेताओं के बीच ऐसा 'डर' रहा कि सतीश सिंघल के नजदीक समझे जाने वाले डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर मुकेश अरनेजा तथा सतीश सिंघल की मेहरबानी से गवर्नर की कुर्सी तक पहुँचने की लाइन में लगे दीपक गुप्ता और आलोक गुप्ता तक ने कार्यक्रम से दूरी बनाई, हालाँकि रोटेरियंस ने उक्त कार्यक्रम में उत्साह के साथ भाग लिया । रोटेरियंस की उपस्थिति के लिहाज से थैंक्स गिविंग कार्यक्रम को जो सफलता मिली, समझा जाता है कि उससे उत्साहित हो कर ही रवि सचदेवा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में कूद पड़े हैं । रवि सचदेवा तथा सतीश सिंघल के दूसरे नजदीकियों को लगता है कि रोटरी इंटरनेशनल ने भले ही सतीश सिंघल के साथ न्याय न किया हो, और डिस्ट्रिक्ट में कुछेक लोग भले ही सतीश सिंघल को रोटरी के दुश्मन के रूप में देखते हों - लेकिन आम रोटेरियंस के बीच सतीश सिंघल के प्रति प्रेम और समर्थन का भाव है, जो थैंक्स गिविंग कार्यक्रम में साफ-साफ नजर आया । रवि सचदेवा को विश्वास है कि सतीश सिंघल के प्रति आम रोटेरियंस का यही प्रेम और समर्थन तथा उनकी मेहनत उनकी उम्मीदवारी को कामयाब बनायेगी । रवि सचदेवा लोगों के बीच कहते भी हैं कि वह सिर्फ उम्मीदवार नहीं हैं, बल्कि 'फाइटर' हैं - और वह सिर्फ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने के लिए नहीं, बल्कि रोटरी से जुड़े कुछेक बड़े उद्देश्यों व लक्ष्यों को पूरा करने के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में शामिल हुए हैं ।
रवि सचदेवा की उम्मीदवारी ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों के समीकरणों को उलझाने का काम किया है, और इसीलिए उन्होंने तरह तरह से रवि सचदेवा को चुनावी मैदान से बाहर करने का प्रयास किया । रवि सचदेवा को कई मौकों पर सतीश सिंघल का संदर्भ देकर उकसाने/भड़काने का प्रयास किया गया, ताकि वह ऐसा कुछ कहें/करें जिससे उन्हें लोगों के बीच बदनामी मिले । रवि सचदेवा लेकिन होशियारी दिखाते हुए 'कूल' बने रहे हैं और अभी तक तो वह उकसाने/भड़काने वाली कार्रवाई से अपने आपको बचाये हुए हैं । रवि सचदेवा ने अभी तक अपनी उम्मीदवारी के अभियान को 'लो-प्रोफाइल' रखा हुआ है और अपनी सक्रियताओं को क्लब्स के प्रेसीडेंट्स के बीच तक सीमित रखा हुआ है, दरअसल इस कारण ही उनकी उम्मीदवारी को डिस्ट्रिक्ट के नेताओं के बीच ज्यादा 'भाव' नहीं मिल रहा है । दिलचस्प नजारा लेकिन यह है कि डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ी रवि सचदेवा की उम्मीदवारी को ज्यादा भाव भी नहीं दे रहे हैं, किंतु उनकी उम्मीदवारी से 'डरे' हुए से भी हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी आलोक गुप्ता ने क्लब्स के जीओवी आयोजनों में अचानक से जिस तरह से सतीश सिंघल के अवैध माने गए थैंक्स गिविंग कार्यक्रम में अवॉर्ड पाए लोगों को चिन्हित करके उन्हें शाबाशी देने का काम शुरू किया है, उससे लग रहा है कि सतीश सिंघल के नजदीकियों की जैसे कोई अलग खिचड़ी पक रही है । रोटरी इंटरनेशनल की 'निगरानी' के चलते आलोक गुप्ता थैंक्स गिविंग कार्यक्रम में तो नहीं जा सके थे, इसलिए अब वह थैंक्स गिविंग के अवॉर्डियों को शाबाशी देकर सतीश सिंघल के 'उपकार' का ऋण चुकाने की कोशिश कर रहे हैं । आलोक गुप्ता की इस कोशिश का उद्देश्य सिर्फ सतीश सिंघल के उपकार का ऋण चुकाना भर है, या इसके पीछे रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के पक्ष में माहौल बनाने का खेल भी छिपा है - यह तो आने वाले समय में ही पता चल सकेगा; लेकिन अचानक से आलोक गुप्ता की तरफ से शुरू हुई इस कार्रवाई ने रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के 'भाव' को फिलहाल महत्त्वपूर्ण जरूर बना दिया है ।

Tuesday, August 21, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए अमित गुप्ता ने अपने समर्थन-आधार को जिस तरह से बढ़ाया है, उसमें अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के लिए भी फायदे का मौका देखा जा रहा है

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी परिदृश्य में अमित गुप्ता की उम्मीदवारी की स्थिति का आकलन करने के लिए उनके समर्थकों व शुभचिंतकों की हुई मीटिंग ने चुनावी परिदृश्य का एक दिलचस्प नजारा पेश किया है । नजारा दिलचस्प इसलिए माना गया क्योंकि इस मीटिंग में कई ऐसे लोग शामिल हुए जिन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के एक दूसरे उम्मीदवार रवि सचदेवा के समर्थकों व शुभचिंतकों के रूप में देखा/पहचाना जाता है । इस स्थिति ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के तीसरे उम्मीदवार अशोक अग्रवाल के नजदीकियों को बड़ी राहत दी है; क्योंकि उन्हें लगता है कि यह स्थिति इस बात का संकेत और सुबूत है कि डिस्ट्रिक्ट में जो लोग उनकी उम्मीदवारी के विरोधी हैं, उनके बीच इस बात को लेकर कंफ्यूजन है कि वह अमित गुप्ता और रवि सचदेवा में से किस की उम्मीदवारी का झंडा उठाएँ । विरोधियों के इसी कंफ्यूजन में अशोक अग्रवाल के साथियों व समर्थकों को अपनी राह आसान होती नजर आ रही है । उन्हें लग रहा है कि उनकी उम्मीदवारी के विरोधी लोग इसी गफलत में पड़े रहेंगे कि वह अमित गुप्ता की उम्मीदवारी का साथ दें, या रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के समर्थन में रहें - और उनकी यही गफलत इन दोनों उम्मीदवारों की स्थिति को कमजोर करने का काम करेगी, और इन दोनों की कमजोरी स्वाभाविक रूप से अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के लिए माहौल को अनुकूल बनाने का काम करेगी । मजे की बात लेकिन यह है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संदर्भ में इस स्थिति में अमित गुप्ता और रवि सचदेवा के समर्थक व शुभचिंतक भी अपने अपने तर्कों से अपने अपने फायदे देख रहे हैं ।
अमित गुप्ता के समर्थकों व शुभचिंतकों का मानना/कहना है कि रवि सचदेवा के समर्थकों व शुभचिंतकों के अमित गुप्ता की उम्मीदवारी के साथ आ मिलने से अमित गुप्ता की उम्मीदवारी की ताकत बढ़ी ही है, और उनकी उम्मीदवारी के समर्थन-आधार ने एक ऊँची छलाँग लगाई है । अमित गुप्ता के समर्थकों व शुभचिंतकों को लगता है कि जो हुआ उसके चलते अमित गुप्ता की उम्मीदवारी को दोहरा लाभ हुआ है - रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के समर्थकों व शुभचिंतकों के पाला बदल लेने से एक तरफ तो रवि सचदेवा की स्थिति कमजोर हुई है, और दूसरी तरफ अमित गुप्ता की स्थिति में गुणात्मक उछाल दर्ज हुई है । लेकिन रवि सचदेवा के नजदीकियों का कहना है कि महत्त्वपूर्ण यह नहीं है कि कौन किसकी मीटिंग में गया, महत्त्वपूर्ण यह देखना है कि वहाँ उसने 'किया' क्या ? उन्होंने बताया कि अमित गुप्ता द्वारा बुलाई गई मीटिंग में ज्यादातर लोगों ने उनकी उम्मीदवारी के अभियान की कमजोरियों को ही चिन्हित करने का काम किया; और इस तरह इस बात को रेखांकित किया कि अमित गुप्ता जिस तरीके से अपनी उम्मीदवारी के अभियान को चला रहे हैं, वह चुनाव के संदर्भ में नाकाफी है और अमित गुप्ता को अपने अभियान को एक आक्रामक शक्ल देना चाहिए । एक तरह से मीटिंग में जो लोग उपस्थित हुए, उन्होंने अमित गुप्ता के चुनाव-अभियान को सिर के बल खड़ा करने की ही कोशिश की; ऐसे में अमित गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए चुनौती की बात यह हुई है कि वह मीटिंग में दी गई गई सलाह पर अमल करते हुए कैसे अपने चुनाव अभियान को पुनर्संयोजित करें ?
अमित गुप्ता के नजदीकियों की तरफ से इस बात का जबाव यह सुनने को मिला है कि जब 'नए' लोग एक-दूसरे के साथ जुड़ते हैं, तब उनके बीच सोच/विचार तथा व्यवहार की कुछ दिक्कतें होती ही हैं, जो धीरे-धीरे स्वतः दूर हो जाती हैं । अमित गुप्ता को जो नए समर्थक मिले हैं, उनके साथ सोच/विचार व व्यवहार की अभी जो दिक्कतें नजर आ रही हैं, वह जल्दी ही समाप्त हो जायेंगी और तब अमित गुप्ता की उम्मीदवारी को मिलने वाली ताकत का नजारा सामने आएगा । अमित गुप्ता और रवि सचदेवा के बीच समर्थकों/शुभचिंतकों को लेकर जो छीना-झपटी मची है, उसने अशोक अग्रवाल के समर्थकों व शुभचिंतकों को खासा उत्साहित किया है; उन्हें लगता है कि समर्थकों व शुभचिंतकों को लेकर मची यह छीना-झपटी अलग अलग तरीकों से अमित गुप्ता और रवि सचदेवा के चुनाव अभियान पर प्रतिकूल असर डालेगी - और जब तक यह मामला सेटल होगा, तब तक इन्हें काफी नुकसान हो चुका होगा; और उसके बाद का उनका समय उस नुकसान की भरपाई में बीतेगा । अशोक अग्रवाल के नजदीकियों को लगता है कि डिस्ट्रिक्ट में जो लोग उनके साथ नहीं हैं, उनके बीच यदि यह कन्फ्यूजन रहेगा कि वह अन्य किस उम्मीदवार के साथ जाएँ - तो उससे अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी को पहले मनोवैज्ञानिक और फिर व्यावहारिक फायदा ही मिलेगा । अमित गुप्ता की उम्मीदवारी की स्थिति का आकलन करने के लिए उनके समर्थकों व शुभचिंतकों की हुई मीटिंग ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संदर्भ में मजेदार नजारा यह बनाया है कि उक्त मीटिंग में उपस्थित लोगों की पहचान के कारण अमित गुप्ता के समर्थक तो इसमें अपना फायदा देख ही रहे हैं, अशोक अग्रवाल के नजदीकी भी खुश और उत्साहित हो रहे हैं ।

Friday, April 20, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में सतीश सिंघल के रोटरी और डिस्ट्रिक्ट से बाहर होने की बन रही संभावना के चलते अमित गुप्ता और रवि सचदेवा के गेम-प्लान के पूरी तरह तहस-नहस हो जाने की स्थिति डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संदर्भ में अशोक अग्रवाल के लिए वरदान की तरह ही है

गाजियाबाद । सतीश सिंघल की मुश्किलें और उनके कारण बनी स्थितियाँ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संदर्भ में अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के लिए जैसे वरदान बन कर आई हैं । दरअसल सतीश सिंघल को लेकर जो हालात बने हैं, उन्होंने अन्य संभावित उम्मीदवारों - अमित गुप्ता और रवि सचदेवा के सामने अप्रत्याशित आफतें खड़ी कर दी हैं, और उनकी यही अप्रत्याशित आफतें अशोक अग्रवाल के लिए वरदान बन गईं हैं । मजे की बात यह है कि सतीश सिंघल के कारण बनी मुश्किलों को अमित गुप्ता और रवि सचदेवा ने अलग अलग तरीकों से खुद ही आमंत्रित किया है । रवि सचदेवा का मामला तो ज्यादा ही दिलचस्प है । उल्लेखनीय है कि सतीश सिंघल को मुसीबतों ने जब घेरना शुरू किया, और उसके एक पड़ाव पर उन्हें जब अपने ही क्लब से निकाला गया - तब रवि सचदेवा ने उन्हें अपने क्लब में शरण दी/दिलवाई । रवि सचदेवा और उनके संगी-साथियों ने सोचा था कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर उनके क्लब का सदस्य होगा, तो उनके क्लब की धाक बनेगी और एक उम्मीदवार के रूप में रवि सचदेवा का पलड़ा भारी होगा । ऐसा सोचते हुए उन्हें जरा भी आशंका नहीं रही होगी कि सतीश सिंघल को अपने क्लब में शामिल करने के साथ ही बदकिस्मती ने भी उनके क्लब में डेरा डाल दिया है । पहले तो, रवि सचदेवा की उम्मीदवारी को बड़े जोरशोर के साथ प्रमोट करने के लिए जो कार्यक्रम बनाया गया, उसके ठीक एक दिन पहले सतीश सिंघल को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद से बर्खास्त करने की घोषणा हो गई - जिसके चलते कार्यक्रम का सारा तामझाम निरर्थक हो गया । दूसरी मुसीबत अब यह आ पड़ी है कि सतीश सिंघल द्वारा रोटरी इंटरनेशनल के खिलाफ अदालती कार्रवाई शुरू किए जाने की प्रतिक्रिया में रोटरी इंटरनेशनल कार्यालय की तरफ से सतीश सिंघल को क्लब से निकालने के लिए दबाव बनाया जा रहा है । 
 उल्लेखनीय है कि रोटरी इंटरनेशनल का यह नियम है कि कोई रोटेरियन यदि उसके खिलाफ अदालत जाता है, तो उसके क्लब को उसकी सदस्यता खत्म करने के लिए कहा जाता है, और यदि क्लब ऐसा नहीं करता है तो क्लब को ही बंद कर दिया जाता है । पिछले दिनों ही गवर्नरी के चक्कर में डिस्ट्रिक्ट 3100 और डिस्ट्रिक्ट 3080 में ऐसा हो चुका है । इसीलिए रवि सचदेवा के क्लब के सामने अपने आप को बचाये रखने के लिए एक ही विकल्प है - और वह यह कि वह सतीश सिंघल को क्लब से निकाल दें । यह स्थिति रवि सचदेवा की उम्मीदवारी को बड़ा झटका देने वाली है, जिससे उबर पाना उनके लिए मुश्किल ही होगा । अमित गुप्ता का मामला थोड़ा अलग है, और एक बड़ी सुनियोजित योजना के फेल हो जाने की कहानी कहता है । दरअसल अमित गुप्ता ने अगले रोटरी वर्ष में अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की योजना सतीश सिंघल के कहने पर ही बनाई थी । वास्तव में अमित गुप्ता इसी वर्ष उम्मीदवार होने की तैयारी कर रहे थे । उनके नजदीकियों ने उन्हें समझाया था कि यह वर्ष उनके लिए बहुत ही मुफीद रहेगा; क्योंकि मुकेश अरनेजा ने आलोक गुप्ता की उम्मीदवारी के प्रति अपना अनमनापन प्रकट कर ही दिया था - इसलिए अलग अलग कारणों से अमित गुप्ता को कई नेताओं का समर्थन मिल सकने की संभावना बन रही थी । सतीश सिंघल ने लेकिन अमित गुप्ता को अपनी टीम में महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ दीं और समझाया कि इन जिम्मेदारियों को निभाते और काम करते हुए इस वर्ष डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच पहचान और पैठ बनाओ और अगले वर्ष उम्मीदवार बनो ।
सतीश सिंघल ने तर्क दिया कि अगले वर्ष गवर्नर के क्लब का उम्मीदवार होने का फायदा मिलेगा और फिर निवर्त्तमान गवर्नर के रूप में मेरा और आने वाले दो गवर्नरों का समर्थन मिलेगा । किसी भी उम्मीदवार को यह तर्क लुभायेगा ही, सो अमित गुप्ता को भी इस तर्क ने लुभा लिया और अपने तमाम समर्थकों की सलाह को दरकिनार कर उन्होंने अगले वर्ष के लिए उम्मीदवारी लाने का फैसला कर लिया । उनके कुछेक नजदीकियों ने फिर भी समझाया कि इस वर्ष यदि हार भी गए तो अगले वर्ष अपनी स्थिति को मजबूत करोगे । अमित गुप्ता पर लेकिन सतीश सिंघल के तर्क का जादु चढ़ चुका था, लिहाजा उन्होंने किसी की नहीं सुनी । पर अब जब अमित गुप्ता को सतीश सिंघल की मदद की जरूरत पड़ी, तब सतीश सिंघल खुद मुसीबत में फँस गए और ऐसी मुसीबत में फँस गए कि किसी उम्मीदवार के तो काम के नहीं ही रह गए । सतीश सिंघल के मुसीबत में फँसने से अमित गुप्ता और रवि सचदेवा के सामने बैठे-बिठाए जो संकट आ खड़ा हुआ है, उसने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संदर्भ में अशोक अग्रवाल को बिना कुछ करे-धरे ही लाभ की स्थिति में ला दिया है । सतीश सिंघल के साथ जो हुआ है, उसके चलते डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के समीकरणों का ताना-बाना पूरी तरह बिखर गया है और दूसरे किसी खेमे के 'बनने' की संभावना फिलहाल धूमिल ही लगती है । अलग अलग कारणों से और अलग अलग तरीकों से अमित गुप्ता तथा रवि सचदेवा चूँकि सतीश सिंघल के समर्थन पर निर्भर थे, इसलिए सतीश सिंघल के रोटरी और डिस्ट्रिक्ट से बाहर होने की बन रही संभावना के चलते इनका गेम-प्लान पूरी तरह तहस-नहस हो गया है । चुनावी मुकाबला शुरू होने से पहले ही संभावित प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवारों के गेम प्लान के ध्वस्त होने की स्थिति अशोक अग्रवाल के लिए वरदान से कम नहीं है ।

Saturday, March 31, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सतीश सिंघल के समर्थन के दावे के साथ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करके रवि सचदेवा ने अपने साथ-साथ सतीश सिंघल को भी मुसीबत में फँसाया

नोएडा । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत रवि सचदेवा की उम्मीदवारी उनके अपने समर्थकों के बीच डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सतीश सिंघल को लेकर छिड़ी बहस के चलते खासी मुसीबत में फँस गई लग रही है । रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के समर्थकों के बीच दरअसल सतीश सिंघल के साथ नजदीकी या दूरी बनाने/रखने को लेकर बहस है, और इस बहस में उनके लिए किसी नतीजे पर पहुँचना मुश्किल हो रहा है - इसी मुश्किल ने रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के अभियान को मुसीबत में फँसा दिया है । यह फसान सतीश सिंघल के रवि सचदेवा के क्लब में आ जाने से पैदा हुई है । मजे की बात लेकिन यह है कि सतीश सिंघल के क्लब में आ जाने के बाद ही तो रवि सचदेवा को उम्मीदवार बनने का ख्याल आया - और वह उम्मीदवार बन बैठे; लेकिन जल्दी ही वही सतीश सिंघल उन्हें मुसीबत बनते नजर आने लगे । रवि सचदेवा और उन्हें उम्मीदवार बनवाने वाले लोगों ने सोचा तो यह था कि 'सतीश सिंघल के उम्मीदवार' का ठप्पा लगेगा, तो रवि सचदेवा की उम्मीदवारी का घोड़ा सरपट दौड़ेगा; लेकिन पाया यह गया कि सतीश सिंघल के उम्मीदवार के ठप्पे ने तो जैसे रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के घोड़े के पैर बिलकुल ही जाम कर दिए हैं । यह देख/पा कर ही रवि सचदेवा के कुछेक नजदीकियों ने कहना शुरू कर दिया कि सतीश सिंघल इस समय जिस मुसीबत में घिरे हुए हैं, उसके चलते उनका 'समर्थन' मदद करने की बजाये मुश्किलों को बढ़ाने का ही काम करेगा - इसलिए उनसे नजदीकी नहीं, बल्कि दूरी बनाने/रखने की जरूरत है । बस यहीं से, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत रवि सचदेवा की उम्मीदवारी सतीश सिंघल से नजदीकी या दूरी बनाने/रखने के विवाद में फँस गईं । 
यह फँसाव सतीश सिंघल के रवैये के चलते भी बना । रवि सचदेवा की उम्मीदवारी को लेकर सतीश सिंघल का कोई 'स्टैण्ड' ही लोगों को देखने/सुनने को नहीं मिला । रवि सचदेवा के कुछेक समर्थकों की तरफ से दावा तो किया गया कि रवि सचदेवा की उम्मीदवारी सतीश सिंघल से विचार-विमर्श करके और उनका समर्थन हासिल करके ही लाई गई है, लेकिन सतीश सिंघल खुद रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के पक्ष में कुछ करते हुए नजर नहीं आये हैं । इसी तरह के दबाव में, अमित गुप्ता की उम्मीदवारी के चलते डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सुभाष जैन भी फँसे थे; लेकिन उन्होंने शुरू में ही दो-टूक शब्दों में ऐलान कर दिया कि अगले रोटरी वर्ष में वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की जिम्मेदारी निभाने में व्यस्त होंगे, इसलिए उम्मीदवार के रूप में अमित गुप्ता उनसे किसी भी तरह की मदद की कोई भी उम्मीद न करें/रखें । सुभाष जैन जैसी दो-टूक घोषणा सतीश सिंघल के लिए कर पाना मुश्किल ही नहीं, असंभव है । इसका कारण यही है कि सुभाष जैन की अपने क्लब में धाक और पकड़ है, जबकि सतीश सिंघल मुसीबत में घिरे होने के चलते रवि सचदेवा के क्लब में शरण लिए हुए हैं; उनके लिए डर की बात यह है कि उन्होंने भी कहीं सुभाष जैन जैसी दो-टूक घोषणा कर दी, तो कहीं ऐसा न हो कि उन्हें इस क्लब से भी निकाल दिया जाये । रवि सचदेवा और उन्हें उम्मीदवार बना/बनवा देने वाले लोगों ने सतीश सिंघल का फायदा उठा लेने का जुगाड़ तो बैठा लिया, लेकिन सतीश सिंघल की मुश्किलों को - और उनकी मुश्किलों के कारण अपने लिए पैदा होने वाली मुसीबतों को नहीं समझा/पहचाना । उन्होंने यह समझने में भी चूक कर दी कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सतीश सिंघल इस समय जिस मुसीबत में घिरे हुए हैं, उसके कारण उनके समर्थन के बूते रवि सचदेवा के उम्मीदवार बनने से सतीश सिंघल की भी दुविधा बढ़ेगी और रवि सचदेवा की उम्मीदवारी भी मजाक बन जाएगी ।
रवि सचदेवा और उनकी उम्मीदवारी के समर्थकों को यह देख कर और तगड़ा झटका लगा है कि सतीश सिंघल के समर्थन से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की लाइन में लगने वाले दीपक गुप्ता और आलोक गुप्ता भी रवि सचदेवा की उम्मीदवारी के प्रति कोई समर्थन-भाव नहीं दिखा रहे हैं । दीपक गुप्ता का तो रवि सचदेवा के साथ दो वर्ष पहले का व्यावसायिक झगड़ा है, जब दीपक गुप्ता उम्मीदवार थे । दीपक गुप्ता का लगातार आरोप रहा है कि उनकी उम्मीदवारी को प्रमोट करने के नाम पर रवि सचदेवा के व्यावसायिक प्रोजेक्ट 'बाबु मोशाय' में उनसे अनाप-शनाप पैसे खर्च करवाए गए और इस तरह उन्हें ठगा गया । रवि सचदेवा की उम्मीदवारी को सतीश सिंघल के समर्थन के दावे के बावजूद रवि सचदेवा के प्रति दीपक गुप्ता की नाराजगी लगता है कि अभी भी दूर नहीं हो पाई है; रवि सचदेवा और उनके समर्थकों के लिए लेकिन लोगों के इस सवाल का जबाव देना मुश्किल हो रहा है कि उन्हें सतीश सिंघल के समर्थन का दावा यदि सच है तो आलोक गुप्ता उनकी उम्मीदवारी के साथ क्यों नहीं नजर आ रहे हैं ? इन्हीं स्थितियों के चलते रवि सचदेवा और उनकी उम्मीदवारी के समर्थकों को लग रहा है कि सतीश सिंघल के उनके क्लब में आने से रवि सचदेवा की उम्मीदवारी को फायदा मिलने की जो उम्मीद की गई थी, वह पूरी तो नहीं ही हुई है - उनके लिए मुसीबत और बन गई है ।