Thursday, May 18, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए बनने वाली नोमीनेटिंग कमेटी की सदस्यता के चुनाव में मुकेश अरनेजा के समर्थन के बावजूद जेके गौड़ का हुआ बुरा हाल, आलोक गुप्ता के लिए वरदान बना

गाजियाबाद । मुकेश अरनेजा के समर्थन से इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी की सदस्यता का चुनाव जीतने की तैयारी करने वाले जेके गौड़ का जो हाल हुआ है, उसने अगले रोटरी वर्ष में होने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संदर्भ में आलोक गुप्ता को बड़ी राहत दी है । उल्लेखनीय है कि जेके गौड़ तो आलोक गुप्ता की उम्मीदवारी के विरोध की बातें कर ही रहे थे, मुकेश अरनेजा ने भी आशीष मखीजा की उम्मीदवारी का झंडा उठा कर आलोक गुप्ता को धोखा देने की तैयारी कर ली थी । आलोक गुप्ता को धोखा देने की मुकेश अरनेजा की हरकत से आलोक गुप्ता के प्रति लोगों के बीच हालाँकि हमदर्दी सी पैदा हुई, और इस हमदर्दी के चलते मुकेश अरनेजा द्वारा दिया गया धोखा आलोक गुप्ता की मदद करता हुआ ही नजर आ रहा था । फिर भी यह सिर्फ भावना की बात थी - और हमदर्दी की इस भावना को बचा कर रख पाना और इसे बढ़ाते हुए समर्थन व वोट में तब्दील करना आलोक गुप्ता के लिए बड़ी चुनौती का काम होता । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी की सदस्यता का चुनाव यदि कहीं जेके गौड़ जीत गए होते, तो वह मुकेश अरनेजा के साथ मिल कर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति को अपने नियंत्रणानुसार चलाने की ताकत पाते । उस स्थिति में आलोक गुप्ता को ही सीधा और तगड़ा घाटा होना था - लेकिन जेके गौड़ की चुनावी हार ने, और बहुत ही बुरी तरह से हुई इस चुनावी हार ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति में जेके गौड़ और मुकेश अरनेजा के पास कोई विकल्प नहीं छोड़े हैं; और उन दोनों की यह विकल्पहीनता आलोक गुप्ता के लिए तो जैसे वरदान बन कर आई है ।
मुकेश अरनेजा के खुल्लमखुल्ला समर्थन के बावजूद जेके गौड़ का जो बुरा हाल हुआ है, उसे देख कर सबसे तगड़ा झटका तो आशीष मखीजा को लगा होगा; और समझा जाता है कि जेके गौड़ का हुआ हाल देख कर आशीष मखीजा कम-अस-कम मुकेश अरनेजा के भरोसे तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी दौड़ में शामिल नहीं होंगे । आशीष मखीजा की गतिविधियों से किसी को भी ऐसा आभास भी नहीं मिला है कि अपनी उम्मीदवारी को लेकर उन्हें और कोई सहारा भी है; ऐसे में, यही माना जा रहा है कि उनकी उम्मीदवारी आई तो थी सभी को चौंकाते हुए - लेकिन जाएगी वह सभी के जानते/बूझते हुए, और तब मुकेश अरनेजा तो राजनीतिक रूप से 'अनाथ' ही हो जायेंगे । लेकिन लोग जानते हैं कि मुकेश अरनेजा की रगो में खून नहीं राजनीति बहती है, इसलिए 'राजनीतिक अनाथ' बन कर तो वह नहीं ही रहेंगे - और यह 'काम' भी मुकेश अरनेजा ही कर सकते हैं कि जिस बेशर्मी के साथ उन्होंने आलोक गुप्ता को धोखा देकर आशीष मखीजा की उम्मीदवारी की घोषणा कर दी थी, उसी बेशर्मी के साथ वह आलोक गुप्ता के पास वापस लौट सकते हैं । हाल ही में संपन्न हुई असेम्बली में मुकेश अरनेजा को लोगों ने आलोक गुप्ता के साथ जिस तरह 'चिपकने' की कोशिश करते हुए देखा, उससे अंदाज लगाया गया कि मुकेश अरनेजा ने आलोक गुप्ता के पास लौटने की तैयारी शुरू भी कर दी है । लगता है कि जेके गौड़ के बुरे हाल की खबर मिलने से पहले ही, आशीष मखीजा के ढीले-ढाले रवैये को देखते हुए मुकेश अरनेजा ने आलोक गुप्ता के पास लौटने की जरूरत को पहचान/समझ लिया होगा । अब, जबकि जेके गौड़ के बुरे चुनावी हाल की खबर चारों तरफ फैल गई है - तब मुकेश अरनेजा को उक्त पहचान व समझ और भी ज्यादा हो गई होगी ।
आलोक गुप्ता के लिए यह स्थिति दोहरे फायदे का मौका बनाती है - दरअसल अब जब मुकेश अरनेजा उनके समर्थन में फिर से आते हैं, तो मुकेश अरनेजा के साथ उनके संबंध 'कुछ पास, कुछ दूर' वाले ही होंगे; ऐसे में, आलोक गुप्ता उनकी बदनामी के कारण होने वाले नुकसान से भी बच सकेंगे, और उनके कारण होने वाले फायदे को भी उठा सकेंगे । दीपक गुप्ता ने भी इसी तरकीब से इस वर्ष अपने लिए मौका बनाया था; उन्होंने चुनाव से करीब दो महीने पहले ही मुकेश अरनेजा से अनुरोध किया था कि मुझ पर एक अहसान करो, और वह यह कि मुझ पर कोई अहसान मत करो - और मेरे चुनाव प्रचार से दूर रहो । दीपक गुप्ता के चुनाव प्रचार से दूर रहने के कारण लोगों के बीच यह आशंका भी पैदा हुई थी कि मुकेश अरनेजा ने कहीं दीपक गुप्ता का साथ छोड़ तो नहीं दिया है । दीपक गुप्ता के रवैये से मुकेश अरनेजा खिन्न तो थे, पर खिन्नता में बेचारे करते भी क्या ? जेके गौड़ अपने चुनाव प्रचार से मुकेश अरनेजा को छिपा कर नहीं सके, और देखिये - किस गति को प्राप्त हुए । आशीष मखीजा के नाम पर मुकेश अरनेजा यदि आलोक गुप्ता के साथ धोखाधड़ी नहीं करते, तो हो सकता है कि आलोक गुप्ता के लिए उनसे दूरी बनाना/रखना संभव नहीं होता; मुकेश अरनेजा की धोखाधड़ी के कारण उनके और आलोक गुप्ता के बीच जो खाई बनी है, उसके जल्दी से भर पाने की उम्मीद तो नहीं ही है - और मुकेश अरनेजा के इस खाई को भरने की कोशिशों के बावजूद खाई के बने रहने की स्थिति आलोक गुप्ता को अपनी उम्मीदवारी के संदर्भ में दोहरा फायदा उठाने का मौका देती है ।
मुकेश अरनेजा के संग-साथ के कारण जेके गौड़ का जो चुनावी हाल हुआ है, उसमें आलोक गुप्ता को एक फायदा सतीश सिंघल की तरफ से भी हुआ है । आशीष मखीजा को लेकर मुकेश अरनेजा ने जिस नाटक पर से पर्दा हटाया था, उस नाटक में बाद में सतीश सिंघल के भी जुड़ने का अनुमान लगाया गया था । लेकिन आशीष मखीजा के ढीले पड़ने तथा जेके गौड़ का बुरा हाल होने ने सतीश सिंघल को सावधान किया है - और उन्होंने अपने आप को मुकेश अरनेजा के साथ आगे बढ़ने से रोका है । इस पूरी प्रक्रिया में सतीश सिंघल की आलोक गुप्ता पर निर्भरता और बढ़ी है, जिसका नजारा हाल ही में संपन्न हुई डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में ही लोगों को देखने को मिला । डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में कई मौकों पर ऐसे 'फ्रेम' बने जबकि गवर्नर्स के साथ - एक अकेले आलोक गुप्ता ही खड़े दिखे, जो अभी गवर्नर वाली कैटेगरी में नहीं हैं । (इस रिपोर्ट के साथ प्रकाशित तस्वीर पर गौर करें !) वास्तव में, डिस्ट्रिक्ट असेम्बली के हर मौके और हर कोने में आलोक गुप्ता या उनकी छाप को पहचाना गया । लोगों के बीच चर्चा भी रही कि आलोक गुप्ता का सहयोग न मिला होता, तो सतीश सिंघल तो यह असेम्बली कर ही न पाते । आलोक गुप्ता ने भी मौके का पूरा पूरा फायदा उठाया, और डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में आए/पहुँचे हर रोटेरियन को अपनी उपस्थिति और महत्ता का गहरा अहसास कराने का हर संभव प्रयास किया । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी की सदस्यता के चुनाव में मुकेश अरनेजा के समर्थन के बावजूद जेके गौड़ का जो बुरा हाल हुआ है, उसके कारण सतीश सिंघल अकेले से और पड़ गए हैं - जिसके चलते आलोक गुप्ता पर उनकी निर्भरता और बढ़ेगी; यह स्थिति आलोक गुप्ता के लिए चुनौतीपूर्ण तो होगी, पर इस स्थिति में उनके लिए फायदे उठाने के मौके भी बहुत होंगे ।

लायंस इंटरनेशनल की तरफ से ऑब्जर्बर के रूप में डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन की डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में आ रहे पूर्व डायरेक्टर राजू मनवानी सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शिव कुमार चौधरी की मनमानियों को सचमुच रोक सकेंगे क्या ?

नई दिल्ली । पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर राजू मनवानी डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन की डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में ऑब्जर्बर बन कर क्या आ रहे हैं, डिस्ट्रिक्ट 321 वन के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शिव कुमार चौधरी से मल्टीपल ड्यूज और लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन तथा एमजेएफ के पैसे बसूलने की जिम्मेदारी उन पर थोपने की कोशिशें और शुरू हो गईं हैं । मजे की बात यह है कि डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन के ही अधिष्ठापन कार्यक्रम में जब वह मुख्य अतिथि बन कर आए थे, तब भी डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन में शिव कुमार चौधरी की ठगी के शिकार लायंस सदस्यों ने अपने अपने पैसे शिव कुमार चौधरी से वापस दिलवाने के लिए उनसे गुजारिश की थी । उस समय मामला व्यक्तियों का था, इसलिए राजू मनवानी पचड़े में फँसने से बच गए थे, इस बार लेकिन मामला लायनिज्म का है; इस बार शिव कुमार चौधरी द्वारा व्यक्तियों को नहीं - बल्कि मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट और लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन को ही ठग लेने का मामला है । शिव कुमार चौधरी को मल्टीपल और लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन के करीब 19 लाख रुपए देने हैं, जबकि डिस्ट्रिक्ट अकाउंट में कुल करीब सवा लाख रुपए ही बचे हुए हैं । डिस्ट्रिक्ट अकाउंट में करीब 55 लाख रुपए जमा हुए थे, जिसमें से करीब 54 लाख रुपए शिव कुमार चौधरी ठिकाने लगा चुके हैं । मल्टीपल ड्यूज और लायंस इंटनेशनल फाउंडेशन का जो पैसा डिस्ट्रिक्ट अकाउंट में जमा हुआ, वह खर्च हो चुका है - लेकिन वहाँ नहीं पहुँचा, जहाँ उसे पहुँचना चाहिए था । डिस्ट्रिक्ट अकाउंट से जबकि किसी विशाल चौधरी को तथा एक वस्त्र भंडार को लाखों रुपए दिए गए हैं । राजू मनवानी के लिए मजेदार सीन बना है - जब वह डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन के अधिष्ठापन समारोह में आए थे, तब शिव कुमार चौधरी की ठगी के शिकार लायन सदस्यों को उनसे उम्मीद बनी थी; और अब जब वह डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में आ रहे हैं, तब लायंस इंटरनेशनल उनसे अपने ड्यूज बसूलवाने की उम्मीद कर रहा है ।
उल्लेखनीय है कि मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट और लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने जब जब अपने अपने बकाए माँगे - तब तब शिव कुमार चौधरी तरह तरह की बहानेबाजी करते हुए उन्हें 'गोली' देते रहे । हद की बात तो यह हुई कि जिन भी लोगों ने शिव कुमार चौधरी को उक्त बकाए चुकाने का सुझाव दिया, वह शिव कुमार चौधरी की बदतमीजी का शिकार हुआ । पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर विनोद खन्ना के साथ तो शिव कुमार चौधरी ने सार्वजनिक रूप से रिकॉर्डेड बदतमीजी की । 'गोली' और 'गाली' के जरिए शिव कुमार चौधरी अभी तक भी मल्टीपल और लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन का बकाया देने/चुकाने से बचे हुए हैं । शिव कुमार चौधरी से अपने अपने ड्यूज और बकाया बसूलने के लिए मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट और लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन के पदाधिकारियों की उम्मीद अब राजू मनवानी पर आ टिकी है । उन्हें लगता है कि ऑब्जर्बर की अपनी भूमिका को निभाते हुए राजू मनवानी उनके ड्यूज शिव कुमार चौधरी से बसूलवा सकते हैं । उन्हें शायद यह पता नहीं है कि पैसों की ठगी के मामले में शिव कुमार चौधरी की कुख्याति ऐसी है कि उनसे अपने पैसे वापस ले पाना रेत से तेल निकालने जैसा मामला है । यह जरूर है कि उनकी कुख्याति के बावजूद यह शायद ही किसी ने सोचा होगा कि व्यक्तियों को ठगते ठगते शिव कुमार चौधरी लायंस इंटरनेशनल को भी ठग लेंगे ।
मजे की बात यह है कि ऑब्जर्बर के रूप में डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में राजू मनवानी के आने की खबर से खुद शिव कुमार चौधरी भी काफी खुश हैं । अपने नजदीकियों से उन्होंने कहा/बताया है कि राजू मनवानी तो उनका यार है, और ऑब्जर्बर के रूप में उनके आने से उन लोगों को झटका लगेगा - जिन्होंने ऑब्जर्बर की माँग की थी । शिव कुमार चौधरी लोगों को राजू मनवानी के साथ अपनी नजदीकियत के किस्से सुना सुना कर विश्वास दिला रहे हैं कि ऑब्जर्बर के रूप में राजू मनवानी के रहते/होते हुए उन्हें वह सब करने का पर्याप्त मौका मिलेगा, जो कुछ वह करना चाहते हैं । लोगों को लगता है कि शिव कुमार चौधरी तरह तरह की हरकतों और कार्रवाइयों से डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में होने वाले सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश करते हुए दोनों उम्मीदवारों से पैसे ऐंठने की जुगत में हैं । इसके लिए हालाँकि वह लायंस इंटरनेशनल के लीगल डिवीजन के पदाधिकारी से लताड़ भी खा चुके हैं, लेकिन फिर भी वह बाज नहीं आ रहे हैं । लायंस इंटरनेशनल के लीगल डिवीजन के पदाधिकारी ने उन्हें मेल लिख कर साफ साफ बता दिया है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में निष्पक्ष चुनाव करवाना उनकी जिम्मेदारी है, जिसमें उनके फेल हो जाने पर चुनाव को रद्द करने के साथ-साथ उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद से हटाया भी जा सकता है । लायंस इंटरनेशनल के लीगल अधिकारी के मेल-संदेश की पृष्ठभूमि में, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में शिव कुमार चौधरी के द्वारा बेईमानी करने की आशंका रखने वालों की पहली जीत इसी में देखी जा सकती है कि उनकी माँग पर लायंस इंटरनेशनल ने चुनाव की निगरानी के लिए ऑब्जर्बर की नियुक्ति कर दी है ।
इस तरह, ऑब्जर्बर के रूप में डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन की डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में आ रहे पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर राजू मनवानी के सामने अलग अलग लोगों की उम्मीदों से निपटने की गंभीर चुनौती आ खड़ी हुई है : मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट के पदाधिकारियों को उनसे उम्मीद है कि वह मल्टीपल ड्यूज और लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन का पैसा शिव कुमार चौधरी की गाँठ से निकलवाने का काम करवायेंगे; शिव कुमार चौधरी को उम्मीद है कि राजू मनवानी चूँकि उनके यार हैं, इसलिए उनकी हरकतों के प्रति अपनी आँखें बंद रखेंगे और उन्हें मनमानी करने देंगे; डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन के लोगों को उम्मीद है कि राजू मनवानी सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव को निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने का काम करेंगे, और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में शिव कुमार चौधरी को किसी भी स्तर पर किसी भी तरह की मनमानी नहीं करने देंगे । देखना दिलचस्प होगा कि राजू मनवानी आखिर किसकी उम्मीदों पर खरे उतरते हैं और उन्हें पूरा करते हैं ।
लायंस इंटरनेशनल के लीगल पदाधिकारी का शिव कुमार चौधरी को चेतावनी देता मेल-संदेश :

Tuesday, May 16, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080, यानि राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में सीओएल के चुनाव में पाँच उम्मीदवारों में चौथे नंबर पर रहने के नतीजे के जरिए बदनाम करने के लिए मधुकर मल्होत्रा ने जितेंद्र ढींगरा को निशाने पर लिया

चंडीगढ़ । सीओएल के चुनावी मुकाबले में मिली बहुत ही बुरी चुनावी हार का फ्रस्ट्रेशन निकालने के लिए मधुकर मल्होत्रा ने जितेंद्र ढींगरा को जिस तरह से निशाना बनाया है, उससे डिस्ट्रिक्ट में लोगों को महसूस हो रहा है कि इस वर्ष डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में जितेंद्र ढींगरा को मिली जीत को मधुकर मल्होत्रा अभी तक भी जैसे हजम नहीं कर पा रहे हैं । मधुकर मल्होत्रा का नया आरोप यह है कि सीओएल के चुनाव में पाँच उम्मीदवारों में उनके चौथे नंबर पर आने की बात डिस्ट्रिक्ट में फैला कर उन्हें बदनाम करने की कोशिशों के पीछे जितेंद्र ढींगरा हैं । उल्लेखनीय है कि सीओएल के चुनाव में पाँच उम्मीदवारों के बीच मधुकर मल्होत्रा के चौथे नंबर पर आने की बात का हवाला देते हुए डिस्ट्रिक्ट में मधुकर मल्होत्रा की भारी फजीहत हो रही है । मधुकर मल्होत्रा की यह फजीहत इसलिए हो रही है क्योंकि वह अपने आपको डिस्ट्रिक्ट के एक बड़े नेता के रूप में प्रोजेक्ट करते हैं, और जताते रहते हैं कि डिस्ट्रिक्ट में राजेंद्र उर्फ राजा साबू के बाद उन्हीं का ज्यादा प्रभाव है और उन्हीं की चलती है । कॉलिज ऑफ गवर्नर्स में भी वह अपने प्रभाव का बखान करते रहते हैं, और लोगों को बताते/जताते रहते हैं कि वह कॉलिज ऑफ गवर्नर्स में कोई फैसला करवाना चाहते हैं - तो आसानी से करवा लेते हैं । किंतु अभी पिछले सप्ताह ही सीओएल के लिए कॉलिज ऑफ गवर्नर्स में जो चुनाव हुआ, उसमें पोल खुली कि 'वहाँ' तो मधुकर मल्होत्रा को इक्का-दुक्का लोगों का ही समर्थन है - और उनसे ज्यादा समर्थन तो रंजीत भाटिया, जीके ठकराल और मनमोहन सिंह के पास है । सीओएल का चुनाव मनमोहन सिंह जीते हैं । चुनावी नतीजे के विस्तृत विवरण को लेकर लोगों को कोई आधिकारिक सूचना तो नहीं मिली है, लेकिन अपने अपने स्रोतों से मिली जानकारियों के हवाले से लोगों के बीच चर्चा है कि दूसरे नंबर पर जीके ठकराल तथा तीसरे नंबर पर रंजीत भाटिया रहे । मधुकर मल्होत्रा चौथे नंबर पर रहे । सीओएल के चुनावी नतीजे के इस विस्तृत विवरण के चलते लोगों के बीच मधुकर मल्होत्रा की भारी किरकिरी हो रही है । 
मधुकर मल्होत्रा लोगों के बीच हो रही अपनी इस किरकिरी के लिए जितेंद्र ढींगरा को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं । उनका कहना है कि  कॉलिज ऑफ गवर्नर्स के बीच होने वाला सीओएल का चुनाव एक बहुत छोटा चुनाव होता है, जिसमें नतीजा सिर्फ यह सामने आता है कि जीता कौन - दूसरे और या चौथे और या आखिरी नंबर पर कौन रहा, इस बात का महत्त्व नहीं होता है । उनकी शिकायत है कि लेकिन इस बार जिस तरह से लोगों के बीच इस बात को प्रचारित किया जा रहा है कि दूसरे, तीसरे और या चौथे नंबर पर कौन रहा, उसके पीछे वास्तव में लोगों के बीच उन्हें बदनाम करने की साजिश है । मधुकर मल्होत्रा ने अपने नजदीकियों के बीच साजिशकर्ता के रूप में जितेंद्र ढींगरा का नाम लिया है । उनका कहना रहा है कि अभी तक कॉलिज ऑफ गवर्नर्स में हुई बातें लोगों के बीच नहीं आती थीं, और डिस्ट्रिक्ट में कॉलिज ऑफ गवर्नर्स की एक गरिमा व प्रतिष्ठा रही है - जिसे लेकिन अब धूल में मिलाने की कोशिश हो रही है । कहीं इशारों में तो कहीं सीधा नाम लेकर मधुकर मल्होत्रा ने इस कोशिश के पीछे जितेंद्र ढींगरा को चिन्हित किया है । मधुकर मल्होत्रा ने कुछेक लोगों के बीच यहाँ तक कहा/बताया कि जितेंद्र ढींगरा के 'इस' व्यवहार की आशंका के कारण ही पहले उन्हें सीओएल के लिए डिस्ट्रिक्ट के प्रतिनिधि का चुनाव करने वाली कॉलिज ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में नहीं बुलाया जा रहा था; मधुकर मल्होत्रा के ही अनुसार, कॉलिज ऑफ गवर्नर्स के सदस्य लेकिन अब महसूस कर रहे हैं कि जितेंद्र ढींगरा को उक्त मीटिंग में शामिल करने का फैसला गलत ही साबित हुआ है ।
मधुकर मल्होत्रा की इस तरह की बातों पर जितेंद्र ढींगरा के नजदीकियों की तरफ से भी तीखा जबाव सुनने को मिला है, जिसमें कहा/बताया जा रहा है कि उक्त मीटिंग में जितेंद्र ढींगरा को शामिल कर किसी ने भी उन पर कोई अहसान नहीं किया है - कॉलिज ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में शामिल होना जितेंद्र ढींगरा का अब अधिकार है । कहा/बताया जा रहा है कि रोटरी इंटरनेशनल की जिस व्यवस्था और उसके जिस नियम के अनुसार, मधुकर मल्होत्रा को कॉलिज ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में शामिल होने का अधिकार है, वही व्यवस्था और नियम जितेंद्र ढींगरा को भी कॉलिज ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में शामिल होने का अधिकार देता है - मधुकर मल्होत्रा जितनी जल्दी इस सच्चाई को 'स्वीकार' कर लेंगे, उतनी ही जल्दी वह टेंशन से मुक्त हो जायेंगे; अन्यथा वह फ्रस्ट्रेशन का ही शिकार रहेंगे । मजे की बात है कि मधुकर मल्होत्रा ने जितेंद्र ढींगरा को लेकर जो और जिस तरह की बातें की हैं, उन पर जितेंद्र ढींगरा ने तो चुप्पी बनाए रखी है - लेकिन उनके नजदीक के कुछेक लोग खासे मुखर हैं । इन्हीं लोगों की तरफ से कहा/पूछा जा रहा है कि उन्हें नहीं पता कि जितेंद्र ढींगरा के खिलाफ मधुकर मल्होत्रा के जो आरोप हैं, उनमें कितनी क्या सच्चाई है; मधुकर मल्होत्रा को लेकिन यह बताना चाहिए कि कॉलिज ऑफ गवर्नर्स में जो होता है, और या सीओएल के चुनाव में जो हुआ उसके बारे में डिस्ट्रिक्ट के लोगों को जानने का हक आखिर क्यों नहीं है ? मधुकर मल्होत्रा इन बातों को छिपा कर क्यों रखना चाहते हैं ? जितेंद्र ढींगरा के इन्हीं नजदीकियों का कहना है कि मधुकर मल्होत्रा की समस्या वास्तव में यह है कि उन्हें यह बात हजम नहीं हो पा रही है कि उनके न चाहने और उनके विरोध करने के बावजूद जितेंद्र ढींगरा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुन लिए गए हैं और दो वर्ष बाद वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होंगे ।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के दस दिन पहले तक मधुकर मल्होत्रा यह दावा कर रहे थे कि वह किसी भी कीमत पर जितेंद्र ढींगरा का चयन नहीं होने देंगे । चयन/चुनाव का दिन नजदीक आते आते मधुकर मल्होत्रा ने जब माहौल को भाँपा/पहचाना और यह समझ लिया कि वह चाहें जो कर लें - जितेंद्र ढींगरा को चयनित होने से नहीं रोक सकेंगे, रोकने की कोशिश करेंगे तो अपनी ही फजीहत करवायेंगे; लिहाजा मधुकर मल्होत्रा ने अपने आपको चुनावी प्रक्रिया से पीछे कर लिया । जितेंद्र ढींगरा के चयन/चुनाव को मधुकर मल्होत्रा रोक तो नहीं पाए, लेकिन जितेंद्र ढींगरा के चयन/चुनाव को स्वीकार कर पाना भी उनके लिए मुश्किल हुआ । पिछले दिनों कई एक मौकों पर उनका 'दर्द' छलकता हुआ दिखा भी । उनका दर्द कितना गहरा है, इसे इस बात से समझा/पहचाना जा सकता है कि चंडीगढ़ में जितेंद्र ढींगरा के स्वागत में जो समारोह हुआ, उसमें मधुकर मल्होत्रा शामिल तो हुए - लेकिन वहाँ उन्होंने जो कुछ कहा उसमें जितेंद्र ढींगरा के लिए कोई अच्छी बात कहने की बजाए अपनी पीड़ा और नाराजगी को ही जाहिर किया । उनकी बातें सुनकर वहाँ मौजूद लोगों ने कहा भी कि जितेंद्र ढींगरा की जीत से मधुकर मल्होत्रा को कुछ ज्यादा ही चोट लग गई लगती है । सीओएल के चुनाव में उम्मीदवारी प्रस्तुत करने वाले पाँच उम्मीदवारों में चौथे नंबर पर रहने के नतीजे ने मधुकर मल्होत्रा की 'उस' चोट को लगता है कि और गहरा कर दिया है - जिसकी पीड़ा में निकली आह में उन्होंने जितेंद्र ढींगरा को निशाना बना लिया है ।
मधुकर मल्होत्रा को पिछले कुछ दिनों में सिर्फ जितेंद्र ढींगरा की चुनावी सफलता से ही चोट नहीं लगी है, बल्कि उनके प्रति राजा साबू के रवैये में आए बदलाव से भी गहरा झटका लगा है । मधुकर मल्होत्रा अपने आप को राजा साबू के बड़े खासमखास बताते/जताते/दिखाते रहे हैं, लेकिन प्रवीन चंद्र गोयल के साथ डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने का जो मौका उन्हें राजा साबू के कारण ही नहीं मिला, उससे वह खुद भी बहुत चक्कर में पड़े - और उनके लिए डिस्ट्रिक्ट के लोगों को यह समझाना मुश्किल हुआ कि खासमखास होने के बावजूद राजा साबू ने उनके साथ ऐसा क्यों किया ? सीओएल के चुनाव के लिए भी राजा साबू का समर्थन मधुकर मल्होत्रा की बजाए रंजीत भाटिया के साथ सुना गया । मधुकर मल्होत्रा के लिए राहत की बात यह जरूर रही कि राजा साबू के समर्थन के बावजूद रंजीत भाटिया को भी कॉलिज ऑफ गवर्नर्स में कोई खास समर्थन नहीं मिला, और उनकी तीसरी पोजीशन रही - मधुकर मल्होत्रा के लिए लेकिन मुसीबत की बात यह हुई है कि डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच राजा साबू के साथ उनकी तथाकथित नजदीकियत की जो पोल खुली है, उससे अपनी स्थिति में सुधार करने/लाने की उनकी उम्मीदें और ध्वस्त हो गई हैं । इससे पैदा हुए फ्रस्ट्रेशन में जितेंद्र ढींगरा के प्रति गुस्से से भरे उनके डिब्बे का ढक्कन खुल गया है, और सीओएल के चुनावी नतीजे के डिटेल्स लोगों के बीच जाहिर करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने जितेंद्र ढींगरा पर उन्हें बदनाम करने का आरोप मढ़ना शुरू कर दिया है । हालाँकि उनकी तरफ से इस सवाल का जबाव सुनने को नहीं मिला है कि डिस्ट्रिक्ट के लोगों को यह बात आखिर क्यों नहीं जाननी चाहिए कि सीओएल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करने वाले उम्मीदवारों में कौन किस नंबर पर रहा ?

Sunday, May 14, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 में हो रहे इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव पर अवैध और मनमाने तरीके से होने का आरोप लगा और इसके पीछे नरेश अग्रवाल की मिलीभगत को देखा/पहचाना जा रहा है

नई दिल्ली । मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 में इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए होने वाला चुनाव क्या अवैध रूप से किया/करवाया जा रहा है - जो कि लायंस इंटरनेशनल के नियमों की खुल्लम-खुल्ला अवहेलना है ? यह सवाल मल्टीपल के कई पदाधिकारियों और नेताओं को मथ रहा है । इससे भी ज्यादा महत्त्व का सवाल यह खड़ा हुआ है कि इस मामले में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट होने जा रहे नरेश अग्रवाल की भी मिलीभगत है क्या ? क्योंकि कोई भी इस बात पर तो यकीन नहीं ही करेगा कि नरेश अग्रवाल को विश्वास में लिए बिना - और या उनकी अनुमति लिए बिना तो इतना बड़ा 'खेल' नहीं ही हो रहा होगा । उल्लेखनीय है कि मल्टीपल काउंसिल की 6 से 8 मार्च के बीच शिमला में हुई तीसरी कैबिनेट मीटिंग में पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील अग्रवाल ने मल्टीपल की रिऑर्गेनाइजेशन रिपोर्ट पेश करते हुए साफ शब्दों में बताया था कि नरेश अग्रवाल के जून 2019 तक इंटरनेशनल बोर्ड का सदस्य होने के कारण मल्टीपल में इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए एंडोर्समेंट नहीं दिया जा सकता है । यह बात उक्त मीटिंग के जारी किए गए मिनिट्स में भी दर्ज है । इसके बावजूद मल्टीपल की चौथी कैबिनेट मीटिंग के साथ ही होने वाली मल्टीपल कॉन्फ्रेंस में इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए एंडोर्समेंट देने की तैयारी की जा रही है । आरोप यह सुना जा रहा है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के दूसरे संभावित उम्मीदवारों को धोखे में रखकर उन्हें जेपी सिंह के 'सामने' से हटाने और इस तरह जेपी सिंह के लिए मुकाबले को आसान बनाने की खातिर यह 'खेल' रचा गया है । 'नोटिस ऑफ इन्टेंशन' तथा नोमीनेशन के नियमों का हवाला देते हुए जिस तरह से इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के दूसरे अधिकतर उम्मीदवारों के नामांकन रद्द कर दिए गए हैं, उससे भी जाहिर हो रहा है कि मनमाने तरीके से इंटरनेशनल डायरेक्टर का चुनाव करवाने के पीछे जेपी सिंह को फायदा पहुँचाने की नीयत काम कर रही है ।
मल्टीपल में इंटरनेशनल डायरेक्टर का चुनाव करवाने की तैयारी में लगे मल्टीपल काउंसिल के पदाधिकारी तथा दूसरे नेता इस तैयारी को जायज ठहराने के लिए लायंस इंटरनेशनल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 24 से 27 मार्च के बीच ग्रीक के एथेंस में हुई मीटिंग में लिए फैसले का हवाला दे रहे हैं । उनका कहना है कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने अपनी इस मीटिंग में नियमों में जो फेरबदल करने का फैसला लिया है, उसके चलते मल्टीपल में इंटरनेशनल डायरेक्टर का चुनाव करवाया जा सकता है । लेकिन एथेंस में हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग के जो तथ्य 'रचनात्मक संकल्प' को मिले हैं, वह एक अलग और विपरीत कहानी ही कहते हैं । उक्त मीटिंग में कॉन्स्टीट्यूशन व बाई-लॉज कमेटी के जिन दस मामलों में फैसला हुआ है, उसमें नौवें और दसवें नंबर पर इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव को लेकर होने वाले संशोधनों का जिक्र है - जिनमें 2017 की इंटरनेशनल कन्वेंशन में इंटरनेशनल बाई-लॉज के आर्टिकल II के सेक्शन 5 (C) और सेक्शन 4 में संशोधन करने के लिए प्रस्ताव रखने की बात स्वीकार की गई है । (स्नैपशॉट देखें) यानि नियमों में फेरबदल करने की बात इंटरनेशनल बोर्ड ने अभी सिद्धांततः स्वीकार की है, और इस फेरबदल को इंटरनेशनल कन्वेंशन में रखने की बात स्वीकार की है - इंटरनेशनल कन्वेंशन में यह फेरबदल स्वीकार होंगे, तब यह नियम/कानून का रूप बनेंगे, और उसके बाद से लागू होंगे । मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 की कॉन्फ्रेंस, जिसमें इंटरनेशनल डायरेक्टर का चुनाव होना है - शिकागो में होने वाली 2017 की इंटरनेशनल कन्वेंशन से करीब एक महीने पहले ही हो जाएगी । ऐसे में सवाल यही है कि 30 जून से 4 जुलाई के बीच होने वाली इंटरनेशनल कन्वेंशन में जो नियम 'बनेगा', उस नियम के अनुसार 26 से 28 मई के बीच होने वाली मल्टीपल कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई कैसे हो सकती है - 26 से 28 मई के बीच होने वाली मल्टीपल कॉन्फ्रेंस में तो लायंस इंटरनेशनल के मौजूदा नियमों के अनुसार ही कार्रवाई हो सकती है ।
मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 के पदाधिकारी और पर्दे के पीछे से उन्हें कठपुतली की तरह चलाने वाले नेताओं ने लेकिन यह कमाल कर दिखाने की तैयारी शुरू कर दी है कि - लायंस इंटरनेशनल में नियम बाद में बनेगा, उस पर अमल पहले ही कर लिया जाएगा । सामान्य स्थितियों में ऐसा हो सकना असंभव ही होता है, किंतु मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 के नेताओं और उनके कठपुतले पदाधिकारियों ने ऐसा करने की तैयारी शुरू कर दी है - तो माना जाना चाहिए कि उनका कॉन्फीडेंस लेबल काफी ऊँचा है । उनके इस ऊँचे और मनमाने कॉन्फीडेंस लेबल को नरेश अग्रवाल की 'ताकत' से खाद-पानी मिलता नजर आ रहा है । समझा जाता है कि 'सैयां भये कोतवाल, तो फिर डर काहे का' वाली तर्ज पर मल्टीपल में इंटरनेशनल डायरेक्टर पद का चुनाव करवाने वाले लोगों को पूरा पूरा भरोसा है कि अगले लायन वर्ष में चूँकि नरेश अग्रवाल ही इंटरनेशनल प्रेसीडेंट के पद पर होंगे, इसलिए वह उनकी नियम-विरुद्ध हुई मनमानी कार्रवाई पर लायंस इंटरनेशनल की मुहर लगवा कर उनकी अवैध कार्रवाई को वैध बनवा ही देंगे । 
लेकिन मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 317 में इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए एंडोर्समेंट लेने वाले डिस्ट्रिक्ट 317 बी के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वासुदेव वलवलकर का इंटरनेशनल बोर्ड द्वारा जो हाल हुआ है, वह एक सबक भी है कि नियम विरुद्ध मनमानियाँ फजीहत का कारण भी बन जाती हैं । दिलचस्प संयोग की और मजे की बात है कि वासुदेव वलवलकर के मामले में भी फैसला 24 से 27 मार्च के बीच एथेंस में हुई उसी बोर्ड मीटिंग में हुआ है, जिसके संदर्भित फैसलों की मनमानी व्याख्या करते हुए मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 में इंटरनेशनल डायरेक्टर का चुनाव कराने की तैयारी की जा रही है । इस दिलचस्प संयोग में कहीं यह संकेत तो नहीं छिपा है कि इंटरनेशनल बोर्ड का मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 317 के झंझट से पीछा छूटने के साथ साथ ही मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 के संभावित झंझट की नींव पड़ गई है - क्योंकि मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 में कुछेक लोगों ने कहना शुरू कर दिया है कि मल्टीपल में इस बार इंटरनेशनल डायरेक्टर का चुनाव सचमुच यदि हुआ, तो वह उसके खिलाफ इंटरनेशनल बोर्ड में अपील करेंगे और देखेंगे कि नरेश अग्रवाल के नाम पर कुछ लोग मल्टीपल में कैसे मनमानी करते हैं ?

Saturday, May 13, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 में इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में तेजपाल खिल्लन के फजीहत का शिकार बनने की स्थिति ने मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के चुनाव में अनिल तुलस्यान का पलड़ा भारी किया

नई दिल्ली । तेजपाल खिल्लन की राजनीतिक दादागिरी को उनके ही डिस्ट्रिक्ट के एक पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेसी वर्मा से ऐसी पटखनी मिलेगी कि तेजपाल खिल्लन के लिए मुँह छिपाना मुश्किल हो जायेगा - यह किसी ने नहीं सोचा था । जेसी वर्मा इस समय मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन हैं, जिन्होंने इंटरनेशनल डायरेक्टर के चुनाव के मामले में तेजपाल खिल्लन की राजनीति की हवा चुपके से ऐसी टाइट की है कि तेजपाल खिल्लन के लिए यह समझना मुश्किल हो रहा है कि फजीहत से वह बचें तो कैसे ? तेजपाल खिल्लन पिछले कुछ दिनों से वीएस कुकरेजा को इंटरनेशनल डायरेक्टर चुनवाने/बनवाने के अपने अभियान का गुब्बारा फुलाए हुए थे, लेकिन जेसी वर्मा ने सुई चुभा कर उनके गुब्बारे की सारी हवा निकाल दी है । दरअसल हुआ यह है वीएस कुकरेजा की तरफ से इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की उम्मीदवारी के लिए मल्टीपल को साठ दिन पहले नोटिस ऑफ इन्टेंशन नहीं मिला है, जिसके कारण इस वर्ष उनकी उम्मीदवारी मान्य नहीं रह जाती है । वीएस कुकरेजा वैसे तो अपने आप को बड़ा कानूनची समझते हैं, और मौकों पर यह जताने/बताने से भी नहीं चूकते हैं कि लायंस इंटरनेशनल के नियम उनसे ज्यादा कोई नहीं जानता है - पर अपने ही मामले में वह नियम का पालन न करने की बेवकूफी कर बैठे ।
कानूनची व्यक्ति के साथ एक दिक्कत और होती है, और वह यह कि वह अपनी बेवकूफी को स्वीकार नहीं करता है, और कानूनी दाँवपेंचों के सहारे अपनी बेवकूफी को सही साबित करने का प्रयास करता है । वीएस कुकरेजा ने भी यही किया । उन्होंने पाया कि मल्टीपल में जो नियम साठ दिन का है, वह  इंटरनेशनल में 45 दिन का है । इस नियम की आड़ में वीएस कुकरेजा ने अपनी बेवकूफी छिपाने की कोशिश करते हुए लायंस इंटरनेशनल में गुहार लगाई कि उनके द्वारा दिया गया 'नोटिस ऑफ इन्टेंशन' चूँकि 45 दिन वाली शर्त को पूरा करता है, इसलिए उनकी उम्मीदवारी मान्य की/करवाई जाए । लायंस इंटरनेशनल ने लेकिन उन्हें दो-टूक बता दिया है कि चुनाव इंटरनेशनल में नहीं होना है, मल्टीपल में होना है - इसलिए उनके मामले में मल्टीपल का नियम लागू होगा । दीपक तलवार की चेयरमैनी वाली नोमीनेटिंग कमेटी की चूँकि अभी तक मीटिंग नहीं हुई है, इसलिए वीएस कुकरेजा की उम्मीदवारी अभी रिजेक्ट तो नहीं हुई है - लेकिन 'नोटिस ऑफ इन्टेंशन' के मामले में नियम का पालन न होने के कारण वीएस कुकरेजा की उम्मीदवारी स्वीकार होने का कोई कारण नहीं दिख रहा है । वीएस कुकरेजा की उम्मीदवारी के पेपर ही रिजेक्ट हो जाने से होने वाली फजीहत से बचने के लिए तेजपाल खिल्लन सम्मानजनक ढंग से इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनावी पचड़े से बाहर निकलने के लिए कोई फार्मूला खोज रहे हैं, जिसके लिए दीपक तलवार भी उन्हें मौका दे रहे हैं - और इसीलिए नोमीनेटिंग कमेटी की मीटिंग को वह टालते जा रहे हैं ।
तेजपाल खिल्लन के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि इस फजीहत से उन्हें बचाने में उनके  डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर्स जेसी वर्मा और राजीव मित्तल उनकी मदद कर सकते हैं - लेकिन तेजपाल खिल्लन इन दोनों की ही डिस्ट्रिक्ट में जिस तरह से बेइज्जती करते रहे हैं, उसके कारण इन दोनों को भी मौका मिला है कि यह तेजपाल खिल्लन को मजा चखाएँ । मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के रूप में जेसी वर्मा चाहें तो वीएस कुकरेजा के 'नोटिस ऑफ इन्टेंशन' को साठ दिन पहले आया हुआ बता सकते हैं; लायन-राजनीति में इस तरह की 'बेईमानियाँ' आम बात है । नोमीनेटिंग कमेटी में को-चेयरमैन के रूप में राजीव मित्तल के पास भी मौका है कि वह वीएस कुकरेजा की उम्मीदवारी को मान्य करवा दें - खुद उनकी तरफ से लोगों के बीच कहा/सुना भी गया है कि इस वर्ष हो रहे इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में नियमों के मामले में लोचा ही लोचा है, इसलिए कई मामलों में नोमीनेटिंग कमेटी को नियमों की अनदेखी करनी ही पड़ेगी; ऐसे में, वीएस कुकरेजा के मामले में भी नियमों की अनदेखी की जा सकती है । किंतु वीएस कुकरेजा और तेजपाल खिल्लन ने अपने अपने रवैये और व्यवहार से जिस तरह लोगों को अपना विरोधी बनाया हुआ है, उसे देखते हुए उम्मीद कम ही है कि कोई भी उनके प्रति रियायत करना चाहेगा । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि अभी कुछ दिन पहले ही तेजपाल खिल्लन की ओछी किस्म की व्यूह-रचना के कारण ही ऐसी स्थिति बनी कि मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन होने के बावजूद जेसी वर्मा अपने ही डिस्ट्रिक्ट की डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में शामिल नहीं हो सके । जेसी वर्मा के नजदीकियों का कहना है कि जेसी वर्मा उस अपमान को भूले नहीं हैं, और अब जब उन्हें मौका मिला है तो वह तेजपाल खिल्लन की फजीहत करने का यह मौका छोड़ेंगे नहीं ।
तेजपाल खिल्लन को इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनावी मैदान में लड़ाई शुरू होने से पहले ही जो तगड़ा वाला झटका लगा है, उसे और विस्तार देने के लिए मल्टीपल के उनके विरोधी नेताओं ने मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के चुनाव में उन्हें पछाड़ने के लिए भी उनकी घेराबंदी शुरू कर दी है । तेजपाल खिल्लन के उम्मीदवार विनय गर्ग के मुकाबले मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के चुनाव में अनिल तुलस्यान के लिए समर्थन जुटाने के काम में मल्टीपल के कई नेता जिस तरह से सक्रिय हुए हैं, उसके कारण अनिल तुलस्यान का पलड़ा भारी होता हुआ नजर आ रहा है । दरअसल इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी लड़ाई में जेपी सिंह के एक पक्ष होने - और मजबूत व महत्त्वपूर्ण पक्ष होने के कारण मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के रूप में विनय गर्ग को एक बड़े खतरे के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है; इस कारण से विनय गर्ग के खिलाफ कई सेंटीमेंट्स इकट्ठा हो गए हैं : किन्हीं को शिकायत है कि विनय गर्ग बिलकुल भी सक्रिय नहीं रहते हैं और उन्हें उचित तवज्जो नहीं देते हैं; किन्हीं को इस बात से परेशानी है कि विनय गर्ग तो तेजपाल खिल्लन की कठपुतली बन कर ही रहेंगे; किन्हीं को डर है कि विनय गर्ग का तो एकमात्र एजेंडा जेपी सिंह और उनके समर्थकों के साथ बदला लेने का रहेगा; विनय गर्ग के प्रति यह सारी शिकायतें, परेशानियाँ और डर अनिल तुलस्यान के लिए जैसे वरदान बन कर आईं हैं । मजे की बात यह हुई है कि अलग अलग कारणों से लीडरशिप के लोग भी और लीडरशिप के विरोधी रहे लोग भी अनिल तुलस्यान की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के अभियान में लगे नजर आ रहे हैं । दरअसल अलग अलग कारणों से तेजपाल खिल्लन के विरोधियों को लग रहा है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव के मामले में तेजपाल खिल्लन जिस फजीहत का शिकार हो रहे हैं, उसे और विस्तार देने तथा पुख्ता करने के लिए मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के चुनाव में भी उन्हें पछाड़ना जरूरी है - और इसी बात ने मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के चुनाव में पलड़े को अनिल तुलस्यान की तरफ भारी बनाते हुए झुका दिया है ।

Friday, May 12, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में ज्यादा से ज्यादा रजिस्ट्रेशन करवाने की सतीश सिंघल की जबर्दस्ती के कारण प्रेसीडेंट्स इलेक्ट के बीच पैदा हुई नाराजगी आलोक गुप्ता के लिए चुनौती और ललित खन्ना के लिया फायदे का जरिया बनी

नोएडा । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सतीश सिंघल द्वारा डिस्ट्रिक्ट असेम्बली के लिए ज्यादा से ज्यादा रजिस्ट्रेशंस लाने/करवाने के लिए असिस्टेंट गवर्नर्स पर तथा कई एक प्रेसीडेंट्स पर दबाव बनाने की कार्रवाई ने लोगों - खासतौर से प्रेसीडेंट्स इलेक्ट को नाराज करने का ही काम किया है । प्रेसीडेंट्स इलेक्ट की तरफ से सतीश सिंघल के रवैये पर तीखी प्रतिक्रिया देखने/सुनने को मिली है । इस मामले में चूँकि प्रेसीडेंट्स इलेक्ट पर तीन तरफा दबाव पड़ा, इसलिए उनके बीच नाराजगी ने सघन और तीखा रूप लिया । दरअसल रजिस्ट्रेशंस की कम संख्या देख कर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सतीश सिंघल का माथा ठनका और फिर उन्होंने अपने असिस्टेंट गवर्नर्स पर ज्यादा से ज्यादा रजिस्ट्रेशंस करवाने के लिए दबाव बनाया, असिस्टेंट गवर्नर्स ने यह दबाव प्रेसीडेंट्स इलेक्ट पर ट्रांसफर कर दिया; सतीश सिंघल ने अपनी तरफ से भी कई एक प्रेसीडेंट्स इलेक्ट से ज्यादा से ज्यादा रजिस्ट्रेशंस करवाने के लिए हड़काने/धमकाने वाली भाषा में बात की । प्रेसीडेंट्स इलेक्ट ने उन्हें बताया भी कि जितने जो सदस्य डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में आना चाहते हैं, उन्होंने रजिस्ट्रेशन करवा लिया है; सतीश सिंघल ने लेकिन उनसे कहा कि जो सदस्य नहीं भी आना चाहते हैं उनके भी रजिस्ट्रेशन करवाओ - प्रेसीडेंट्स इलेक्ट के सामने समस्या खड़ी हुई कि ऐसे सदस्यों के रजिस्ट्रेशन के पैसे कौन देगा ? सतीश सिंघल ने एक कमाल और किया - और वह यह कि उन्होंने कई क्लब्स में प्रेसीडेंट इलेक्ट के साथ-साथ मौजूदा प्रेसीडेंट से भी रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए कहा; मौजूदा प्रेसीडेंट ने इस बात को अपने क्लब में इस तरह से प्रस्तुत किया, जैसे सतीश सिंघल को 'अपने' प्रेसीडेंट पर भरोसा ही नहीं है । सतीश सिंघल की इस हरकत के चलते कुछेक क्लब्स में तो विवाद और झगड़े जैसी स्थिति भी पैदा हो गई है, और कई प्रेसीडेंट्स इलेक्ट सतीश सिंघल के बारे में नाराजगीभरी नकारात्मक किस्म की बातें करने/कहने लगे हैं ।
सतीश सिंघल के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि डिस्ट्रिक्ट असेम्बली की तैयारी और रजिस्ट्रेशन में उन्हें किसी और का सहयोग बिलकुल भी नहीं मिल पा रहा है - यहाँ तक कि उनके डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर मुकेश अरनेजा ने भी उन्हें अकेला छोड़ दिया है । डिस्ट्रिक्ट के दूसरे प्रमुख लोगों के साथ-साथ मुकेश अरनेजा का भी हालाँकि कहना यह है कि सतीश सिंघल ने उनसे कुछ करने के लिए कहा ही नहीं, जितना कहा - उतना उन्होंने कर दिया । मुकेश अरनेजा की इस बात पर सतीश सिंघल की प्रतिक्रिया क्या रही, यह तो नहीं पता - लेकिन उनके नजदीकियों से सुनने को मिला कि मुकेश अरनेजा कार्यक्रम में तो खामखाँ ही इधर से उधर भागते फिरेंगे और अपने आपको बहुत व्यस्त और जिम्मेदार दिखाने का नाटक करेंगे - तथा हर जगह घुसने और आगे रहने का प्रयास करेंगे, लेकिन काम करने के मामले में बहानेबाजी करेंगे कि उनसे तो कहा ही नहीं गया ! सतीश सिंघल के एक नजदीकी ने गुस्से से कहा कि कार्यक्रम में हर जगह वह चमगादड़ की तरह 'लटकने' की जो कोशिश करते हैं, उसके लिए उनसे कौन कहता है ?
मुकेश अरनेजा के डिस्ट्रिक्ट असेम्बली की तैयारी तथा रजिस्ट्रेशन करवाने के काम से दूर रहने के पीछे एक प्रमुख वजह रोटरी क्लब दादरी के वरिष्ठ सदस्य कुलदीप गर्ग का मामला बताया/सुना जा रहा है । कुलदीप गर्ग ने मुकेश अरनेजा पर अपनी क्लब प्रेसीडेंट पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया हुआ है । मुकेश अरनेजा किसी के साथ भी बदतमीजी करने के मामले में खासे कुख्यात हैं; अभी तक उनकी खुशकिस्मती रही है कि उनकी बदतमीजी का शिकार होने वाले लोग अपमान का घूँट पीकर चुप बने रहे - पहली बार यह हुआ है कि उनकी बदतमीजी के शिकार ने 'लोगों की अदालत' में उनके अभद्र व्यवहार की शिकायत की है और न्याय की माँग की है । कुलदीप गर्ग की माँग भी सिर्फ इतनी सी है कि मुकेश अरनेजा अपने अभद्र व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से ईमानदारी से माफी माँगे - उनकी माफी से जाहिर हो कि अपने किए पर उन्हें सचमुच पश्चाताप है, जिससे दूसरे लोग आश्वस्त हो सकें कि अब और कोई उनके अभद्र व्यवहार का शिकार नहीं बनेगा । कुलदीप गर्ग का कहना है कि घटना के तुरंत बाद मुकेश अरनेजा को जब वहाँ उपस्थित लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा, तब मुकेश अरनेजा ने शरत जैन व सतीश सिंघल की उपस्थिति में कहा था कि 'अब छोड़ो भी, मुझे क्या फाँसी चढ़ाओगे' - और इसे ही वह माफी माँगना कह रहे हैं । कुलदीप गर्ग का कहना है कि मुकेश अरनेजा ने जो हरकत की है, उसके लिए उन्हें उचित रूप में माफी माँगनी पड़ेगी, और जब तक मुकेश अरनेजा उचित रूप में माफी नहीं मागेंगे - वह रोटेरियंस के बीच अपनी माँग उठाते रहेंगे । कुलदीप गर्ग के इस तेवर को देखते हुए मुकेश अरनेजा ने प्रयास किया कि सतीश सिंघल उन्हें डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में आने से रोकें, सतीश सिंघल ने इसमें कोई दिलचस्पी नहीं ली - जिसके चलते मुकेश अरनेजा उनसे खफा हुए और उन्होंने डिस्ट्रिक्ट असेम्बली की तैयारी से अपने आपको दूर रखा । मुकेश अरनेजा को ही भय नहीं है, बल्कि दूसरों को भी लगता है कि डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में कुलदीप गर्ग अपने मामले को लेकर सक्रिय होंगे ही, और उनकी सक्रियता लोगों के बीच मुकेश अरनेजा की फजीहत करने का ही काम करेगी । इसी से मुकेश अरनेजा ने चाहा कि कुलदीप गर्ग को सतीश सिंघल डिस्ट्रिक्ट असेम्बली से दूर रखें, जिस पर लेकिन सतीश सिंघल ने कोई ध्यान नहीं दिया । इससे मुकेश अरनेजा को यह भी शक हुआ है कि कहीं सतीश सिंघल भी तो नहीं चाहते हैं कि डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में लोगों के बीच कुलदीप गर्ग के जरिए उनकी फजीहत हो ?
सतीश सिंघल और मुकेश अरनेजा के प्रति अलग अलग कारणों से लोगों - खासकर प्रेसीडेंट्स इलेक्ट के बीच बन रही छवि और नाराजगी अगले रोटरी वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संदर्भ में भी महत्त्वपूर्ण हो उठी है; और आलोक गुप्ता तथा ललित खन्ना ने अपने अपने तरीके से इस स्थिति को हैंडल करने की तैयारी दिखाई है । डिस्ट्रिक्ट असेम्बली की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी आलोक गुप्ता के क्लब के पास है, और सतीश सिंघल की कोर टीम के प्रमुख सदस्य होने के कारण भी वह असेम्बली की कार्रवाई में आगे-आगे दिख रहे हैं तथा उम्मीद है कि कार्यक्रम के दौरान भी वह आगे आगे ही दिखेंगे; इस तरह आलोक गुप्ता को सत्ता में 'होने' का लाभ मिल रहा है, तो ललित खन्ना सत्ताधारी नेताओं के खिलाफ बन रही नाराजगी में अपने लिए अवसर बनाने में लगे हैं । ललित खन्ना और उनके समर्थक यह देख/जान कर उत्साहित हैं कि डिस्ट्रिक्ट में लोगों - खासकर प्रेसिडेंट्स इलेक्ट के बीच सतीश सिंघल और मुकेश अरनेजा की हरकतों के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है और यह नाराजगी मुखर भी हो रही है । आलोक गुप्ता की उम्मीदवारी के प्रति मुकेश अरनेजा का 'कभी गर्म, कभी सर्द' रहने का जो नाटक चल रहा है, उससे निपटना भी आलोक गुप्ता के लिए एक बड़ा काम है । सतीश सिंघल के खास और नजदीक होने का आलोक गुप्ता को यदि फायदा है, तो नोएडा ब्लड बैंक से जुड़े आरोपों तथा अन्य कार्रवाइयों के कारण होने वाली सतीश सिंघल की बदनामी का आलोक गुप्ता को नुकसान भी है - ऐसे में, फायदे और नुकसान के बीच तालमेल बनाना आलोक गुप्ता के लिए सबसे बड़ी चुनौती है । क्योंकि अभी सतीश सिंघल और मुकेश अरनेजा की बदनामियों और निरंतर जारी हरकतों के कारण डिस्ट्रिक्ट में लोगों के - खासतौर से प्रेसीडेंट इलेक्ट के बीच जो सेंटीमेंट्स बन रहे हैं, उसका फायदा ललित खन्ना को मिलता दिख रहा है । इस फायदे को लगातार बनाए रखने की चुनौती ललित खन्ना के सामने है ।

Thursday, May 11, 2017

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 में इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में लीडरशिप के अन्य नेताओं के साथ-साथ नरेश अग्रवाल का भी बेगाना-सा व्यवहार जेपी सिंह के लिए मुश्किलों को बढ़ाने वाला है

नई दिल्ली । जेपी सिंह को इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडॉर्सी पद के चुनावी संग्राम में लीडरशिप ने - खासकर नरेश अग्रवाल ने जिस तरह अकेला छोड़ दिया लगता है, उसके चलते मल्टीपल की चुनावी राजनीति खासी रोमांचक हो गयी है । गौरतलब है कि जेपी सिंह को लीडरशिप के 'आदमी' के रूप में देखा/पहचाना जाता है और लोगों के बीच माना जाता है कि नरेश अग्रवाल की आँखों में बसने वालों में विनोद खन्ना के बाद जेपी सिंह का ही नंबर आता है । लायन-व्यवस्था में जेपी सिंह की चमत्कारी सफलता में लीडरशिप के साथ उनकी नजदीकी को ही कारण के रूप में देखा/पहचाना जाता है । लीडरशिप के साथ नजदीकी के चलते ही लायन-व्यवस्था में जेपी सिंह की पहुँच और हैसियत कई एक पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर्स से भी ज्यादा मानी/समझी और पहचानी जाती है । लेकिन लायन राजनीति में सारी 'पहुँचें' और 'हैसियतें' चकरघिन्नी बन जाती हैं - और शायद यही कारण है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडॉर्सी पद के चुनाव में लीडरशिप के बड़े से लेकर छोटे नेता तक जेपी सिंह की मदद करने की बजाए उनसे अपने अपने पिछले हिसाब चुकता करने की तैयारी में देखे जा रहे हैं । लीडरशिप के नेताओं के इस रवैये ने जेपी सिंह के लिए आसान समझे जा रहे इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव को खासा मुश्किल और चुनौतीपूर्ण बना दिया है ।
जेपी सिंह के लिए मुसीबतों का पिटारा एक तो इस बात से खुला है कि मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 में इस वर्ष कई मुद्दे एक साथ ले आए जा रहे हैं - इस वर्ष मल्टीपल के विभाजन का मुद्दा भी महत्त्वपूर्ण बना दिया गया है, और साथ ही मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट पदाधिकारियों को और ज्यादा अधिकार देने/दिलाने के कई प्रस्ताव रखे जा रहे हैं । मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के चुनाव को लेकर इस वर्ष जो समीकरण बन रहा है, वह भी जेपी सिंह के लिए मुसीबत बढ़ाने वाला साबित हो रहा है । जेपी सिंह के लिए मुसीबत की बात यह हो रही है कि इन मामलों में जिस तरह के राजनीतिक समीकरण बन रहे हैं, वह जेपी सिंह की इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी राजनीति के लिए सीधा खतरा बन रही है । मल्टीपल के विभाजन और मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट पदाधिकारियों के अधिकार बढ़ाने के मुद्दे पर डिस्ट्रिक्ट्स में लीडरशिप को निशाना बनाया जा रहा है; अधिकतर डिस्ट्रिक्ट्स में मल्टीपल के विभाजन को लेकर विरोध है और उन्होंने अपने विरोध को मुखर रूप में प्रकट भी कर दिया है । मल्टीपल पदाधिकारियों के अधिकार बढ़ाने के मुद्दे पर मुकेश गोयल की तरफ से जिस तरह का तीखा विरोध आया है, और उनके विरोध को मल्टीपल में जिस तरह का समर्थन मिलता दिख रहा है - उसने मल्टीपल में लीडरशिप विरोधी हवा बनाने का काम किया है । जेपी सिंह को चूँकि लीडरशिप के 'आदमी' के रूप में देखा/पहचाना जाता है, इसलिए लीडरशिप के खिलाफ फूटने वाले गुस्से में उनके ही 'निशाना' बनने की स्थिति बनती है । इस स्थिति से निपटना जेपी सिंह के लिए बड़ी चुनौती है ।
मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के चुनाव ने जेपी सिंह के लिए और भी बड़ा खतरा खड़ा किया हुआ है । इस मामले में तेजपाल खिल्लन ने जेपी सिंह को उनके अपने ही 'घर' में जिस तरह से घेर लिया है, उससे जेपी सिंह के लिए काफी विकट स्थिति बन गई है । मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के लिए विनय गर्ग और अनिल तुलस्यान के बीच मुकाबला सज रहा है । विनय गर्ग की उम्मीदवारी का झंडा तेजपाल खिल्लन ने उठाया हुआ है; विनय गर्ग, जेपी सिंह के डिस्ट्रिक्ट के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हैं - और दोनों के बीच छत्तीस का संबंध है । तेजपाल खिल्लन ने इसी बात का फायदा उठाया हुआ है । खतरे को पहचानते हुए जेपी सिंह की तरफ से विनय गर्ग के साथ संबंधों की खटास को कम करने की हालाँकि कोशिशें तो हुईं - लेकिन एक तो चूँकि खटास बहुत ज्यादा है, और दूसरे जेपी सिंह की तरफ से कोशिशें भी ढीली-ढाली सी ही रहीं : इसलिए बात बन नहीं पाई । इस मामले में कई लोगों को लगता है कि लीडरशिप यदि चाहे और कोशिश करे, तो अनिल तुलस्यान के लिए समर्थन जुटाने का काम करके विनय गर्ग को - और उनके बहाने वास्तव में तेजपाल खिल्लन को दबाव में लाने का काम कर सकती है, और इस तरह जेपी सिंह की मदद सकती है; लेकिन लीडरशिप की तरफ से ऐसी कोई कोशिश चूँकि होती हुई नहीं दिख रही है, इसलिए लोगों को यह भी लग रहा है कि लीडरशिप शायद जेपी सिंह की मदद करना ही नहीं चाहती है । लोगों के बीच बन रही यह सोच और भावना जेपी सिंह के लिए बड़ा और दोहरा खतरा खड़ी कर रही है । मजे की बात यह है कि खुद जेपी सिंह भी यह नहीं समझ पा रहे हैं कि मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के चुनाव में वह अपनी क्या भूमिका रखें और कैसे हस्तक्षेप करें ? वह शायद तटस्थ होने और 'दिखने' की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इस कोशिश में वह उन लोगों का भी समर्थन खोते नजर आ रहे हैं, जो विनय गर्ग और तेजपाल खिल्लन के विरोध में हैं । मल्टीपल काउंसिल का इस वर्ष का चुनाव सिर्फ मल्टीपल के पदाधिकारियों का ही चुनाव नहीं करेगा, बल्कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए भी चुनावी समीकरण तय करेगा - इसीलिए इस चुनाव में जेपी सिंह की महत्त्वपूर्ण भूमिका होनी चाहिए थी, जो नहीं है; और यह बात इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के एक उम्मीदवार के रूप में जेपी सिंह की कमजोरी को दिखाती है ।
इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए जेपी सिंह की उम्मीदवारी के संबंध में नरेश अग्रवाल का रवैया भी संदेहास्पद लग रहा है । जानकारों का मानना और कहना है कि नरेश अग्रवाल जिस क्षण चाहेंगे - उस क्षण वीएस कुकरेजा और तेजपाल खिल्लन इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी लड़ाई से अपना बोरिया-बिस्तर समेट लेंगे । जानकारों का ही कहना है कि नरेश अग्रवाल को इनसे कुछ कहना भी नहीं पड़ेगा, उनका सिर्फ इशारा ही काफी होगा । किंतु वीएस कुकरेजा की उम्मीदवारी को लेकर तेजपाल खिल्लन जिस तरह से आगे बढ़ रहे हैं, उससे लग रहा है कि उन्हें आगे बढ़ने से रोकने में नरेश अग्रवाल की भी कोई दिलचस्पी नहीं है । जेपी सिंह के साथ नरेश अग्रवाल के संबंधों का जिन लोगों को पता है, उन्हें नरेश अग्रवाल का यह रवैया खासा हैरानी भरा लग रहा है । जेपी सिंह के प्रति नरेश अग्रवाल का यह बेगाना-सा व्यवहार इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के उम्मीदवार के रूप में भी जेपी सिंह के लिए मुश्किलों को बढ़ाने वाला है ।