Showing posts with label Mukesh Singhal. Show all posts
Showing posts with label Mukesh Singhal. Show all posts

Tuesday, September 8, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 में पदों का लालच देकर अपने उम्मीदवार को नोमीनेटिंग कमेटी का चुनाव जितवाने के अभियान में लगे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट मुकेश सिंघल अपने जोन के रोटेरियंस के साथ दोहरा विश्वासघात करने के आरोप में फँसे

अलीगढ़ । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट मुकेश सिंघल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई में 'अपनी' पराजय को सुनिश्चित देख/जान कर जोन जीतने पर ध्यान केंद्रित किया है, और इसके लिए अपने जोन - अलीगढ़ के क्लब्स के साथ ही विश्वासघात करने पर उतर आए हैं । अभी हाल ही में अलीगढ़ के क्लब्स के पदाधिकारियों तथा नेताओं के बीच बनी सहमति में मुकेश सिंघल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के लिए अपने उम्मीदवार अंबरीश गर्ग की उम्मीदवारी को वापस लेने का भरोसा दिया/दिलाया था, लेकिन गिरगिट की तरह रंग बदल कर अब वह अंबरीश गर्ग के लिए समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं - और इस चक्कर में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद की मर्यादा व गरिमा भी भूल बैठे हैं । इंटरनेशनल प्रेसीडेंट इलेक्ट शेखर मेहता कभी अप्रत्यक्ष तो कभी प्रत्यक्ष रूप से मुकेश सिंघल को कई मौकों पर नसीहत दे चुके हैं कि उन्हें नेतागिरी छोड़कर रोटरी तथा डिस्ट्रिक्ट के काम पर ध्यान देते हुए सभी को साथ लेकर चलना चाहिए, मुकेश सिंघल ने लेकिन शेखर मेहता की बात को भी एक कान से सुनकर दूसरे कान से बाहर निकालने का जुगाड़ अपना लिया है ।
मुकेश सिंघल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के लिए अपने उम्मीदवार अंबरीश गर्ग को किसी भी तरह जितवाने को अपना उद्देश्य बना लिया है, और इसके लिए मुकेश सिंघल अलीगढ़ के रोटेरियंस के साथ दोहरा विश्वासघात करने तक पर उतर आए हैं । उल्लेखनीय है कि दो वर्ष पहले, जब मुकेश सिंघल खुद डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार थे, मुकेश सिंघल ने ही अलीगढ़ जोन में यह फार्मूला सुझाया था कि नोमीनेटिंग कमेटी में क्लब की वरिष्ठता के क्रम से प्रतिनिधित्व होना चाहिए । सभी को यह फार्मूला अच्छा लगा, और माना गया कि इससे आपस में व्यर्थ के विवाद व मनमुटाव नहीं होंगे तथा क्लब्स के बीच आपसी सौहार्द बना रहेगा । पिछले दो वर्ष उसी फार्मूले के अनुसार, नोमीनेटिंग कमेटी में अलीगढ़ जोन का प्रतिनिधित्व हुआ । इस वर्ष उक्त फार्मूले के हिसाब से वरिष्ठता क्रम में रोटरी क्लब अलीगढ़ मानसी को प्रतिनिधित्व का मौका मिलना था, और क्लब के पदाधिकारियों ने क्लब की सक्रिय व वरिष्ठ सदस्य शशि पवार को उम्मीदवार बनाया । शशि पवार का उम्मीदवार बनना मुकेश सिंघल को पसंद नहीं आया । मुकेश सिंघल के नजदीकियों का ही कहना/बताना है कि मुकेश सिंघल को शशि पवार के उम्मीदवार बनने से समस्या नहीं है - उनकी समस्या यह है कि रोटरी क्लब अलीगढ़ मानसी ने उनसे सलाह किए बिना शशि पवार को नोमीनेटिंग कमेटी के लिए उम्मीदवार क्यों और कैसे बना दिया ?
अलीगढ़ के क्लब्स पर यह दबाव बनाने के लिए कि वह जो भी फैसले करें, उनसे पूछ कर करें - मुकेश सिंघल ने अपने क्लब के अंबरीश गर्ग को नोमीनेटिंग कमेटी के लिए उम्मीदवार बना/बनवा दिया । मुकेश सिंघल को दो वर्ष से चले आ रहे फार्मूले के विरोध में उतरते देख, दो और क्लब्स ने अपने अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए । इस पर बबाल हुआ और अलीगढ़ के क्लब्स के नेताओं की बातचीत हुई; अधिकतर लोगों ने मुकेश सिंघल को इस बात के लिए कोसा कि वह अलीगढ़ में बने सौहार्द को नष्ट करने का काम कर रहे हैं । मुकेश सिंघल ने अपने खिलाफ ऊँची होती आवाजों को सुना, तो चुपचाप सरेंडर करने में ही अपनी भलाई देखी - और एक बार फिर अलीगढ़ के रोटेरियंस के बीच सहमति बनी कि पिछले दो वर्ष से अपनाए जा रहे फार्मूले के अनुसार, इस वर्ष रोटरी क्लब अलीगढ़ मानसी की शशि पवार नोमीनेटिंग कमेटी में अलीगढ़ जोन का प्रतिनिधित्व करेंगी । लेकिन जैसे जैसे चुनाव का समय नजदीक आता गया, लोगों को यह देख कर हैरानी हुई कि मुकेश सिंघल अपने उम्मीदवार अंबरीश गर्ग के लिए समर्थन जुटाने के अभियान में जुट गए हैं और क्लब्स के पदाधिकारियों व नेताओं को अगले वर्ष की अपनी गवर्नर टीम में पद देने का प्रलोभन देकर वोट पक्के करने में लगे हुए हैं । मुकेश सिंघल को विश्वास है कि पदों के लालच में क्लब्स के पदाधिकारी उनके उम्मीदवार को वोट दे देंगे, और इस तरह वह अपने उम्मीदवार को आसानी से नोमीनेटिंग कमेटी का चुनाव जितवा लेंगे । चुनाव का नतीजा क्या निकलेगा, यह तो बाद में पता चलेगा - अभी लेकिन लोगों के बीच यह सवाल जरूर चर्चा में है कि अपने पद की गरिमा व मर्यादा को भूल कर अपने जोन के रोटेरियंस के साथ दोहरा विश्वासघात करने वाले मुकेश सिंघल के नेतृत्व में डिस्ट्रिक्ट व रोटरी की कैसी पहचान बनेगी ? 

Monday, August 24, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 में पिछले कुछ समय से अपने आप को अलीगढ़ के क्लब्स के नेता के रुप में प्रोजेक्ट करने की कोशिश कर रहे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट मुकेश सिंघल, नोमीनेटिंग कमेटी के लिए उम्मीदवार चुनने के मामले में लगे झटके के लिए शैलेन्द्र कुमार राजु को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं

अलीगढ़ । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट मुकेश सिंघल को अपने जोन में ही फजीहत भरी 'हार' का सामना करना पड़ा है, जिसके चलते नोमीनेटिंग कमेटी के लिए उम्मीदवार बनने की तैयारी कर रहे उनके 'आदमी' को उम्मीदवारी से पीछे हटने के लिए मजबूर होना पड़ा । मुकेश सिंघल की तरफ से इस हार के लिए पूर्व गवर्नर शैलेन्द्र कुमार राजु को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है । मुकेश सिंघल के नजदीकियों का कहना है कि शैलेन्द्र कुमार राजु ने अलीगढ़ के रोटेरियंस को उकसा/भड़का कर उनके खिलाफ माहौल बनाया और ऐसे हालात बनाये कि उनके उम्मीदवार को पीछे हटने के लिए मजबूर होना पड़ा । उल्लेखनीय है कि नोमीनेटिंग कमेटी लिए रोटरी क्लब अलीगढ़ से मधुप लहरी, रोटरी क्लब अलीगढ़ पर्ल से हरवंश सहाय तथा रोटरी क्लब अलीगढ़ मानसी से शशि पवार की उम्मीदवारी की तैयारी थी - लेकिन मुकेश सिंघल अपनी चौधराहट दिखाने/जताने के लिए अंबरीश गर्ग को उम्मीदवार बनाने की बात करने लगे । मुकेश सिंघल का तर्क रहा कि अन्य जो उम्मीदवार हैं, उन पर चूँकि राजनीतिक रूप से भरोसा नहीं किया जा सकता है इसलिए अंबरीश गर्ग उम्मीदवार होंगे । अंबरीश गर्ग उनके ही क्लब, रोटरी क्लब अलीगढ़ सिटी के सदस्य हैं । अंबरीश गर्ग की उम्मीदवारी को जोन पर जबर्दस्ती थोपने की मुकेश सिंघल की कोशिश पर जोन के क्लब्स में बबाल हो गया, और अलीगढ़ के क्लब्स के पदाधिकारियों ने साफ कह दिया कि मुकेश सिंघल की इस तरह की मनमानी तथा दादागिरी को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा ।
मुकेश सिंघल ने अपने कुछेक समर्थकों के जरिये इस बबाल के लिए पूर्व गवर्नर शैलेन्द्र कुमार राजु को जिम्मेदार बता/ठहरा कर बबाल को थामने तथा अपना काम बनाने की कोशिश की । उनकी तरफ से कहा गया कि अलीगढ़ क्षेत्र की राजनीति पर अपना कब्जा बनाए रखने के लिए शैलेन्द्र कुमार राजु तरह तरह से उन्हें कमजोर करने तथा 'दिखाने' का काम करते हैं, और इसीलिए वह अंबरीश गर्ग की उम्मीदवारी के खिलाफ अलीगढ़ के क्लब्स के पदाधिकारियों व नेताओं को उकसा/भड़का रहे हैं । मुकेश सिंघल को अपनी इस कोशिश का लेकिन कोई लाभ नहीं मिला - और अंततः उन्हें अंबरीश गर्ग की उम्मीदवारी वापस करवाने के लिए मजबूर होना पड़ा । जोन के क्लब्स के नेताओं की आपसी सहमति से शशि पवार अकेली उम्मीदवार बनी हैं । मजे की बात यह है कि मुकेश सिंघल ने नोमीनेटिंग कमेटी के लिए शशि पवार का रास्ता साफ हो जाने को विरोधी खेमे की जीत के रूप में व्याख्यायित किया है, और किसी का नाम लिए बिना कहा है कि खेमे के ही नेताओं के रवैये से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में 'हमें' नुकसान होता दिख रहा है । मुकेश सिंघल का कहना है कि शशि पवार का क्लब मुश्किल से आठ/दस सदस्यों का क्लब है, और इसलिए वह आसानी से सत्ता खेमे के साथ चला जायेगा । अन्य लोगों को भी लग रहा है कि अपने ही जोन में मुकेश सिंघल जब अपने 'आदमी' को नोमीनेटिंग कमेटी के लिए उम्मीदवार तक नहीं बना सके हैं, तो उनसे और कोई उम्मीद करना बेवकूफी ही होगी ।               
मुकेश सिंघल के लिए यह झटका दरअसल इसलिए और भी बड़ा है, क्योंकि पिछले कुछ समय से वह अपने आप को अलीगढ़ के क्लब्स के नेता के रुप में प्रोजेक्ट करने की कोशिश कर रहे थे, और यह दिखाने/जताने की कोशिश कर रहे थे कि अलीगढ़ के रोटेरियंस तो उनके इशारे पर काम करेंगे तथा अलीगढ़ में तो फैसले उनकी मर्जी से होंगे । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की लाइन में लगने के साथ ही, मुकेश सिंघल ने हालाँकि डिस्ट्रिक्ट का नेता बनने की कोशिश की थी - लेकिन जल्दी ही उनकी समझ में आ गया कि डिस्ट्रिक्ट के नेता की पदवी के लिए वह बहुत पीछे हैं, इसलिए उन्होंने अलीगढ़ के नेता 'होने' पर ध्यान लगाया । उन्हें उम्मीद रही कि इससे वह शैलेन्द्र कुमार राजु से बड़े नेता हो जायेंगे; शैलेन्द्र कुमार राजु अभी अलीगढ़ क्षेत्र के नेता होने के नाते डिस्ट्रिक्ट में एक बड़े नेता बने हुए हैं । अलीगढ़ में मुकेश सिंघल के राजनीतिक उद्देश्य को जो झटका लगा है, उसे लेकर लोगों के बीच यह मतभेद जरूर है कि इसके पीछे सचमुच शैलेन्द्र कुमार राजु की कोई भूमिका है, या मामले में मुकेश सिंघल से मिस-हैंडलिंग हो गई है । 

Monday, August 3, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 में जोन्स निर्धारण के मामले को मुद्दा बना कर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिनेश शुक्ला को दबाव में लेने की कोशिश में फजीहत का शिकार बनने से, आईएस तोमर खेमे के नेताओं ने वास्तव में अपनी ही कमजोरी को साबित किया है और अपनी मुश्किलों को बढ़ा लिया है

बरेली । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन/चुनाव करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के लिए जोन्स के निर्धारण को लेकर अपनी शिकायत इंटरनेशनल प्रेसीडेंट इलेक्ट शेखर मेहता तथा इंटरनेशनल डायरेक्टर कमल सांघवी तक पहुँचा कर आईएस तोमर खेमे के नेताओं ने अपनी अच्छी फजीहत करवा ली है - और इस तरह उक्त मामले में बबाल मचाना उनके लिए न सिर्फ निरर्थक साबित हुआ, बल्कि उनके गले की फाँस और बन गया है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिनेश शुक्ला ने त्वरित गति से काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग बुला कर तथा उस मीटिंग में कमल सांघवी को भी आमंत्रित करके आईएस तोमर खेमे की मुहिम का बीच रास्ते में ही जिस तरह से दम निकाल दिया, उससे आईएस तोमर खेमे को खासा तगड़ा झटका लगा है । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले लोगों का कहना है कि आईएस तोमर खेमे के लिए सारा मामला 'खाया-पिया कुछ नहीं, गिलास तोड़ा बारह आना' टाइप का रहा है । इस पूरे मामले से आईएस तोमर खेमे की बौखलाहट और हताशा का भी डिस्ट्रिक्ट के आम और खास लोगों को आभास मिला है, तथा डिस्ट्रिक्ट में उनके विरोधियों को कहने का मौका मिला है कि यह पूरा प्रसंग डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई में आईएस तोमर खेमे का अभी से अपनी हार स्वीकारने जैसा बन  गया है ।
उल्लेखनीय है कि अभी हाल ही में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिनेश शुक्ला ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन/चुनाव करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के लिए जोन्स निर्धारित किए । आईएस तोमर खेमे के नेता लोग तुरंत सक्रिय हुए और उन्होंने घोषित निर्धारण को डिस्ट्रिक्ट बायलॉज के नियमों का उल्लंघन बताते हुए बबाल मचाना शुरू कर दिया और धड़ाधड़ जहाँ/तहाँ ईमेल लिखना/भेजना शुरू कर दिया । मामले को बड़ा बनाने के उद्देश्य से उन्होंने शिकायती ईमेल की कॉपी शेखर मेहता और कमल सांघवी को भी भेज दी । उन्हें उम्मीद थी कि शिकायत मिलते ही शेखर मेहता और कमल सांघवी तुरंत से दिनेश शुक्ला के कान उमेठेंगे और उनके द्वारा घोषित किए गए निर्धारण को रद्द करवा देंगे । दिनेश शुक्ला लेकिन तुरंत एक्शन में आ गए, और उन्होंने काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की जूम मीटिंग बुला ली, और मीटिंग में कमल सांघवी को भी शामिल होने के लिए राजी कर लिया । कमल सांघवी ने सभी की बातें सुन कर अपना पक्ष दिया कि पूर्व गवर्नर्स का काम सुझाव/सलाह देना है, और फैसला डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को ही करना है - पूर्व गवर्नर्स अपनी कोई बात डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पर थोप नहीं सकते हैं । कमल सांघवी के यह कहने के साथ ही, आईएस तोमर खेमे की दिनेश शुक्ला को दबाव में लेने तथा जोन्स के निर्धारण की घोषणा को रद्द करवाने की सारी तैयारी की हवा निकल गई ।
इस मामले में दरअसल आईएस तोमर खेमे के नेताओं की बदनामी ने अहम् रोल निभाया । उल्लेखनीय है कि शेखर मेहता और कमल सांघवी कई मौकों पर डिस्ट्रिक्ट के नेताओं को 'सिर्फ और सिर्फ राजनीति करने के लिए' लताड़ चुके हैं । वास्तव में इसीलिए जोन्स के निर्धारण को लेकर आईएस तोमर खेमे के नेताओं की शिकायत को न शेखर मेहता ने कोई तवज्जो दी, और न कमल सांघवी ने उसे गंभीरता से लिया । आईएस तोमर खेमे के ही कुछेक वरिष्ठ सदस्यों का कहना है कि मामले में जिस तरह का उतावलापन तथा आक्रामकता दिखाई गई, उससे मामला बिगड़ गया - और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिनेश शुक्ला ने जिस तत्परता व होशियारी से मामले को अपने पक्ष में कर लिया, उससे लगता है कि उन्हें जोन्स निर्धारण के मामले में आईएस तोमर खेमे द्वारा बबाल करने का आभास था और उन्होंने उनके बबाल से निपटने के तरीके के बारे में पहले से सोचा हुआ था । पूरे प्रकरण से यह साबित हुआ कि आईएस तोमर खेमे के नेताओं के पास डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की राजनीति को लेकर कोई सुनियोजित योजना नहीं है, और वह सिर्फ शोरगुल मचा कर ही चुनाव जीतने की उम्मीद में हैं । मजे की बात यह है की कि खेमे के ही कुछेक नेताओं को लगता है कि इस वर्ष उनके लिए मौका अच्छा है - उनके उम्मीदवार के रूप में देवप्रिया उक्सा का पलड़ा सत्ता खेमे के उम्मीदवार विवेक गर्ग के मुकाबले भारी देखा/पहचाना जा रहा है, और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट  के रूप में मुकेश सिंघल अपने गवर्नर वर्ष के पद बाँट कर वोट जुटाने की स्थिति में भी हैं; लेकिन एक व्यवस्थित रणनीति के अभाव में आईएस तोमर खेमे के सक्रिय नेता अनुकूल स्थितियों का लाभ उठा पाने में सक्षम नहीं दिख रहे हैं । जोन्स निर्धारण के मामले में, अपने ही बिछाये जाल में खुद ही फँस कर खेमे के नेताओं ने अपनी जो फजीहत करवाई है, उससे वास्तव में उन्होंने अपनी ही कमजोरी को जाहिर किया है ।

Saturday, August 1, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट मुकेश सिंघल की आगामी रोटरी वर्ष की गवर्नर-टीम के पदों के बदले वोट जुटाने तथा डीएन रायजादा को इंटरनेशनल डायरेक्टर पद का उम्मीदवार बना देने जैसे जुगाड़ों के भरोसे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव जीतने की तोमर खेमे की तैयारी सचमुच कामयाब हो सकेगी क्या ?

कानपुर । वरिष्ठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डीएन रायजादा को आईएस तोमर ग्रुप ने इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए उम्मीदवार तो 'बना' दिया है, लेकिन उनकी उम्मीदवारी को 'मजबूती' देने के लिए ग्रुप के लोग कोई प्रयास करते हुए नहीं दिख रहे हैं । यहाँ तक कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन/चुनाव करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के लिए वह अपने बीच से कोई उम्मीदवार तक तय नहीं कर पा रहे हैं । ग्रुप के लोगों के अनुसार, नोमीनेटिंग कमेटी के लिए हालाँकि पूर्व गवर्नर अरुण जैन का नाम लिया जा रहा है, लेकिन अरुण जैन उक्त उम्मीदवारी के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं । दरअसल अरुण जैन भी जान/समझ रहे हैं कि नोमीनेटिंग कमेटी के लिए होने वाले चुनाव में वह जीतेंगे तो नहीं ही, इसलिए फालतू में हार की फजीहत का सामना क्यों करना ? नोमीनेटिंग कमेटी के लिए रवि प्रकाश अग्रवाल खेमे की तरफ से शरत चंद्रा का नाम सुना जा रहा है, जो डिस्ट्रिक्ट मेंबरशिप चेयरमैन हैं । आईएस तोमर ग्रुप की राजनीति के अगुआ बने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट मुकेश सिंघल भी नहीं चाहते हैं कि अरुण जैन नोमीनेटिंग कमेटी की उम्मीदवारी के चक्कर में पड़े । मुकेश सिंघल दरअसल सारा ध्यान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव पर लगाना चाहते हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति में पिछले रोटरी वर्ष में आईएस तोमर ग्रुप की और ग्रुप के सक्रिय सदस्य बने मुकेश सिंघल की जैसी जो किरकिरी हुई थी, उसका वह इस वर्ष बदला लेना चाहते हैं - और इसलिए इस वर्ष वह सिर्फ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव को जीतने पर मेहनत करना चाहते हैं ।
मुकेश सिंघल के नजदीकियों का कहना/बताना है कि अगले रोटरी वर्ष में होने वाले इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव के लिए डीएन रायजादा को उम्मीदवार बनाने के पीछे भी वास्तविक कारण डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की तैयारी ही है । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट में जब तक आईएस तोमर की राजनीति चली, उन्होंने डीएन रायजादा को आगे नहीं बढ़ने दिया । डीएन रायजादा हालाँकि आईएस तोमर के नजदीकी रहे हैं, और उन्हीं के समर्थन से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बने थे - लेकिन आईएस तोमर को हमेशा यह डर रहा कि डीएन रायजादा को यदि मौका मिला, तो वह उनसे आगे निकल जायेंगे; और इसीलिए उन्होंने डीएन रायजादा की कमान खींच कर रखी और उन्हें अलग-थलग करते/रखते हुए डिस्ट्रिक्ट में तवज्जो नहीं लेने/मिलने दी । डीएन रायजादा ने भी आईएस तोमर द्वारा तय की गई नियति को स्वीकार कर लिया और किनारे लग लिए । लेकिन अब जब आईएस तोमर डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में वापसी करने के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं, तब उन्हें डीएन रायजादा की याद आई है । असल में, आईएस तोमर खेमे के लोग कानपुर में अपनी स्थिति को कमजोर पा रहे हैं, और कानपुर में उन्हें कोई ऐसा नेता नहीं मिल पा रहा है - जिसके कंधे पर पैर रख कर वह कानपुर में अपनी राजनीति जमा सकें । डीएन रायजादा को इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए उन्होंने उम्मीदवार दरअसल इसी उम्मीद में बनाया है कि इससे डीएन रायजादा में करंट पैदा होगा, और वह कानपुर में आईएस तोमर खेमे के लिए जगह बनाने का काम करेंगे । आईएस तोमर खेमे के लोगों को अच्छी तरह पता है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में डीएन रायजादा का कुछ होना/हवाना तो है नहीं, और उन्हें उनकी उम्मीदवारी के पक्ष में कुछ करना भी नहीं है - वह तो बस डीएन रायजादा को 'झाड़' पर चढ़ा कर अपना उल्लू सीधा करना चाहते हैं, और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में फायदा लेना चाहते हैं ।
आईएस तोमर खेमे की तरफ से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अभी तक रोटरी क्लब झाँसी रानी की पूर्व अध्यक्ष देवप्रिया उक्सा का नाम है, जबकि रवि प्रकाश अग्रवाल खेमे की तरफ से रोटरी क्लब कानपुर इंडस्ट्रियल के पूर्व अध्यक्ष विवेक गर्ग तैयारी करते देखे/सुने जा रहे हैं । सक्रियता के लिहाज से देवप्रिया उक्सा का पलड़ा भारी देखा/बताया जा रहा है; विवेक गर्ग को लेकर आरोप सुने जा रहे हैं कि उन्होंने तो अपने आप को जीता हुआ मान लिया है - और इसलिए वह सक्रिय होने की तथा लोगों से संपर्क करने की कोई जरूरत नहीं समझ रहे हैं । उम्मीदवार के रूप में विवेक गर्ग के प्रति बनने वाली नाराजगी का लेकिन देवप्रिया उक्सा राजनीतिक फायदा उठाने का कोई 'मैकेनिज्म' बनाती नहीं दिख रही हैं - और उनका चुनाव पूरी तरह आईएस तोमर खेमे के नेताओं, खासकर मुकेश सिंघल पर निर्भर नजर आ रहा है । मुकेश सिंघल को लग रहा है कि आगामी रोटरी वर्ष की अपनी गवर्नर-टीम के पदों का ऑफर देकर वह वोट जुटा लेंगे, लेकिन सिर्फ इसी जुगाड़ के भरोसे चुनाव जीतने की उनकी तैयारी उनके काम आती नहीं दिख रही है । असल में, पिछले रोटरी वर्ष में आईएस तोमर खेमे के नेताओं की तरह तरह की जुगाड़बाजियों को जिस तरह की मात मिली है, उसने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में उनकी हालत पतली की हुई है - जिससे उबरने के लिए वह योजनाएँ तो खूब बना रहे हैं, लेकिन उनकी योजनाएँ अभी तो काम करती नजर नहीं आ रही हैं ।

Saturday, April 18, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 में पूर्व गवर्नर आईएस तोमर को चीफ पेटर्न बनाने की घोषणा के जरिये डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल ने इस वर्ष हुई चुनावी हार का बदला लेने के लिए, अभी से चुनावी माहौल बनाना शुरू कर दिया है क्या ? 

अलीगढ़ । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल की पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आईएस तोमर को डिस्ट्रिक्ट चीफ पेटर्न बनाने की घोषणा तथा घोषणा की 'टाईमिंग' को अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई के 'शंखनाद' के रूप में देखा/सुना जा रहा है । माना/समझा जा रहा है कि आईएस तोमर को लेकर की गई उक्त घोषणा के जरिये मुकेश सिंघल ने डिस्ट्रिक्ट के लोगों को यह संकेत दे दिया है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई में इस वर्ष बुरी तरह मात खाने के बावजूद अभी उन्होंने 'हार' नहीं मानी है, और इस वर्ष की हार का बदला अगले रोटरी वर्ष में लेने के लिए उन्होंने अभी से कमर कसना शुरू कर दी है । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि पिछले दिनों इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता जब अलीगढ़ में आयोजित हुए कार्यक्रम में आये थे, तो उन्होंने इस बात के लिए बड़ी फटकार लगाई थी कि डिस्ट्रिक्ट में हमेशा राजनीतिक उठापटक ही चलती रहती है, और रोटरी के कामों की तरफ ध्यान नहीं दिया जाता है; उन्होंने सुझाव दिया था कि राजनीति कम करके रोटरी के कामों पर ध्यान देने की जरूरत है । मुकेश सिंघल ने लेकिन लगता है कि शेखर मेहता की फटकार और उनके सुझाव को एक कान से सुनकर दूसरे कान से निकाल दिया और राजनीति को ही रोटरी का मुख्य काम मान लिया है । यद्यपि यह सच है कि आईएस तोमर को अपने गवर्नर-वर्ष में डिस्ट्रिक्ट चीफ पेटर्न बनाने की घोषणा करके मुकेश सिंघल ने कोई नियमविरुद्ध काम नहीं किया है; हर (भावी) गवर्नर को यह अधिकार है कि वह अपनी पसंद के लोगों को अपनी टीम में पद दे - मुकेश सिंघल ने अपने इसी अधिकार का उपयोग करते हुए आईएस तोमर को डिस्ट्रिक्ट चीफ पेटर्न बनाया है । लेकिन जिस 'परिस्थिति' में मुकेश सिंघल ने यह फैसला किया है, और फैसला सुनाने/बताने की उनकी जो टाईमिंग है - उसमें डिस्ट्रिक्ट के लोगों को राजनीति 'दिखाई' दे रही है ।
उल्लेखनीय है कि पिछले 12/14 महीनों में डिस्ट्रिक्ट में पहले डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन और फिर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चयन/चुनाव को लेकर जो उठापटक और छीनाझपटी वाले कांड हुए, उनके केंद्र में आईएस तोमर रहे । आईएस तोमर और उनके लोग डिस्ट्रिक्ट पर कब्जे को बनाये रखना चाहते थे, और डिस्ट्रिक्ट के दूसरे कई लोग डिस्ट्रिक्ट को उनके कब्जे से छुड़ाना चाहते थे । इस चक्कर में डिस्ट्रिक्ट में भारी गंद मचा और अंततः आईएस तोमर खेमे को बुरी हार का सामना करना पड़ा । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी के रूप में मुकेश सिंघल, पराजित हुए आईएस तोमर खेमे के मुख्य सिपाही थे - इसलिए उम्मीद की गई थी कि बुरी हार से सबक लेकर मुकेश सिंघल अब अपनी गवर्नरी पर ध्यान देंगे और राजनीति के पचड़े से दूर रहेंगे । आईएस तोमर को चीफ पेटर्न बना कर मुकेश सिंघल ने लेकिन जता दिया है कि उनके सिर से राजनीति का भूत अभी उतरा नहीं है और डिस्ट्रिक्ट पर आईएस तोमर का कब्जा करवाना ही उनका मुख्य उद्देश्य है । इस फैसले को 'सुनाने' की टाईमिंग ने भी मुकेश सिंघल के इरादे की पोल खोलने का काम किया । उल्लेखनीय है कि रोटरी की 'व्यवस्था' में मौजूदा दिन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स इलेक्ट की सक्रियता के हैं; वह अपनी टीम पूरी कर रहे हैं, अपनी टीम के पदाधिकारियों की ट्रेनिंग करवा रहे हैं और अपने गवर्नर-वर्ष के कामकाज को पटरी पर लाने के प्रयासों में लगे हैं । रोटरी की व्यवस्था में, अभी का गवर्नर नॉमिनी जुलाई में गवर्नर इलेक्ट बनने के बाद अपनी टीम चुनने और घोषित करने का काम करता है । मुकेश सिंघल ने लेकिन गवर्नर नॉमिनी के रूप में अभी ही अपने पदाधिकारी घोषित करने शुरू कर दिए हैं । कई लोगों को कहना है कि इस तरह से मुकेश सिंघल, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट दिनेश शुक्ला के कामकाज को डिस्टर्ब करने तथा डिस्ट्रिक्ट में एक समानांतर सत्ता केंद्र 'बनाने' का प्रयास कर रहे हैं; और उनके इस प्रयास के पीछे अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के लिए 'फील्डिंग' सजाने का उद्देश्य है ।
तोमर खेमे की तरफ से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अभी रोटरी क्लब झांसी रानी की पूर्व अध्यक्ष देवप्रिया उक्सा के नाम की चर्चा है । उनका मुकाबला रोटरी क्लब कानपुर इंडस्ट्रियल के पूर्व अध्यक्ष विवेक गर्ग के साथ होने की संभावना देखी जा रही है । तोमर खेमे के कुछेक नेताओं का हालाँकि यह भी कहना है कि देवप्रिया उक्सा की स्थिति को विवेक गर्ग के मुकाबले कमजोर पहचाना/समझा जा रहा है, और खेमे के नेता कानपुर में ही कोई ऐसा उम्मीदवार खोज रहे हैं - जो विवेक गर्ग को सचमुच टक्कर दे सके । अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव जीतना तोमर खेमे के लिए बहुत ही जरूरी है, अन्यथा आईएस तोमर के डिस्ट्रिक्ट में पूरी तरह अलग-थलग पड़ जाने तथा तोमर खेमे के बिखर जाने का खतरा पैदा हो जायेगा । इस वर्ष हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में तोमर खेमे को जो झटका लगा है, उससे उनकी ताकत वैसे ही काफी कमजोर हो गई है । इस वर्ष लगे झटके के असर को तोमर खेमे के नेता हालाँकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर किशोर कातरू द्वारा की गई बेईमानी को तथा अपने उम्मीदवार सतीश जायसवाल के मैदान छोड़ देने को जिम्मेदार ठहराकर खत्म करने की कोशिश तो खूब कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोशिश सफल होती हुई नजर नहीं आ रही है । ऐसे में यदि अगले रोटरी वर्ष में वह फिर चुनाव हार गए, तब उनके पास कोई बहाना भी नहीं बचेगा । तोमर खेमे के नेताओं के लिए मुसीबत और विडंबना की बात यह है कि उन्होंने देवप्रिया उक्सा को उम्मीदवार तो बना/बनवा दिया है, लेकिन उन्हें यह भरोसा भी नहीं हो पा रहा है कि उनकी उम्मीदवारी के सहारे वह लड़ाई जीत ही लेंगे । समझा जाता है और लोगों के बीच चर्चा है कि अपनी कमजोरी को भाँपते/पहचानते हुए ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल ने आईएस तोमर को चीफ पेटर्न बनाने की घोषणा अभी से करके डिस्ट्रिक्ट में चुनावी माहौल बनाना शुरू कर दिया है ।

Wednesday, December 18, 2019

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 में होने वाले शेखर मेहता के सम्मान समारोह का डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल की हरकतों के चलते मजाक तो पहले से ही बना हुआ है; अलीगढ़ में हिंसा के कारण लगे कर्फ्यू ने समारोह के 'होने' या 'न होने' को लेकर आशंका और पैदा कर दी है

अलीगढ़ । इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता का कल शाम अलीगढ़ में होने वाला सम्मान समारोह 'होने' या 'न होने' को लेकर असमंजस में फँस गया है । दरअसल नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भड़की हिंसा के चलते अलीगढ़ में कर्फ्यू लगा है तथा सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगी हुई है । प्रशासन का मानना है कि अराजक तत्त्व शहर में छिपे हुए हैं और वह सार्वजनिक कार्यक्रमों की आड़ में शहर में अशांति फैला कर अपने मंसूबे पूरे करने की ताक में है । ऐसे में, कई रोटेरियंस का सुझाव है कि 19 दिसंबर को होने वाला शेखर मेहता का सम्मान समारोह रद्द कर देना चाहिए । समारोह के कन्वेनर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल लेकिन समारोह करने की जिद पर अड़े हुए हैं; उनका कहना है कि उक्त समारोह एक होटल के अंदर होना है और इसकी वजह से शहर की शांति भंग होने का कोई खतरा नहीं है । समारोह रद्द करने का सुझाव देने वाले रोटेरियंस का कहना लेकिन यह है कि मुकेश सिंघल के तर्क अपनी जगह उचित हैं, लेकिन शहर में जिस तरह का माहौल है उसे देखते हुए किसी भी तरह की अनहोनी से निश्चिंत नहीं हुआ जा सकता है और यदि कुछ गड़बड़ हुई तो यह रोटरी के लिए बहुत ही बुरा अनुभव होगा - इसलिए किसी भी तरह का खतरा लेने की जरूरत नहीं है, तब तो बिलकुल भी नहीं जब शेखर मेहता भी कार्यक्रम से जुड़े हों; ऐसे में शहर व रोटरी की भलाई के लिए उक्त समारोह को रद्द ही कर देना चाहिए ।
मुकेश सिंघल के लिए मुसीबत की बात यह भी हुई है कि डिस्ट्रिक्ट के कुछेक रोटेरियंस ने शेखर मेहता से संपर्क कर उन्हें शहर की स्थिति से अवगत करवाया है और समारोह में आने को लेकर पुनर्विचार करने का सुझाव दिया है । यह सब सुन/जान कर मुकेश सिंघल ने आरोप लगाया है कि डिस्ट्रिक्ट के कुछेक बड़े पदाधिकारी व नेता 19 दिसंबर के कार्यक्रम को नहीं होने देना चाहते हैं और इसके लिए शहर में बने तनाव को बढ़ाचढ़ा कर बताते हुए रोटेरियंस के बीच डर पैदा कर रहे हैं । मुकेश सिंघल के लिए राहत की बात यही है कि शेखर मेहता ने 19 दिसंबर की सुबह दिल्ली पहुँचने का अपना कार्यक्रम रद्द नहीं किया है और अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह 19 दिसंबर की सुबह दिल्ली पहुँच रहे हैं । दिल्ली में कोई शेखर मेहता को भड़का कर अलीगढ़ आने से रोक न दे, इसलिए मुकेश सिंघल ने शेखर मेहता को दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही 'पकड़' लेने का कार्यक्रम बनाया है । मुकेश सिंघल के नजदीकियों के अनुसार, मुकेश सिंघल ने योजना बनाई है कि वह शेखर मेहता को दिल्ली में एक क्षण के लिए भी अकेला नहीं छोड़ेंगे, ताकि किसी को भी शेखर मेहता को बरगलाने व भड़काने का मौका न मिल सके और वह शेखर मेहता को अलीगढ़ ले आने में सफल हो जाएँ । मुकेश सिंघल की इस योजना को कई लोगों ने उनका बचकानापन भी कहा/बताया है । उनका कहना है कि शेखर मेहता देश में घट रही घटनाओं से और अलीगढ़ की स्थिति से क्या परिचित नहीं होंगे और अपने विवेक से फैसला करने में सक्षम नहीं होंगे क्या ? उनका कहना है कि मुकेश सिंघल एक जिम्मेदार नागरिक तथा जिम्मेदार रोटेरियन के रूप में शेखर मेहता को फैसला करने दें और समारोह को लेकर अपनी जिद थोपने की कोशिश न करें तथा समारोह को लेकर फालतू की नाटकबाजी न करें ।
मुकेश सिंघल के लिए परेशानी की बात यह भी है कि कई रोटेरियंस ने समारोह होने की स्थिति में शेखर मेहता से उनकी कारस्तानियों की शिकायत करने की तैयारी भी कर रखी है । दरअसल शेखर मेहता के सम्मान समारोह की तैयारी को लेकर मुकेश सिंघल ने जिस तरह की तमाशाबाजी की है, उसने डिस्ट्रिक्ट में खासा विवाद खड़ा किया हुआ है । मुकेश सिंघल ने पहले तो खुद को समारोह का कन्वेनर तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर किशोर कातरू को चेयरमैन बना कर प्रोटोकॉल का मजाक बनाया; फिर नवनिर्वाचित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पवन अग्रवाल का नाम निमंत्रण पर न छापने को लेकर तथा रजिस्ट्रेशन राशि को लेकर विवाद हुआ - खासी फजीहत करवाने के बाद मुकेश सिंघल रजिस्ट्रेशन राशि कम करने तथा पवन अग्रवाल का नाम निमंत्रण पत्र में छापने के लिए मजबूर हुए । नया तमाशा मुकेश सिंघल ने यह किया है कि समारोह के निमंत्रण पत्र में समारोह के आयोजक के रूप में 'अलीगढ़ के सभी रोटेरियंस' तथा 'डिस्ट्रिक्ट 3110' को बताया है; जिससे ऐसा लगता है जैसे कि वह 'अलीगढ़ के सभी रोटेरियंस' को डिस्ट्रिक्ट 3110 से अलग मानते/समझते हैं । मुकेश सिंघल की इस तरह की हरकतों ने शेखर मेहता के सम्मान में होने वाले समारोह का मजाक तो पहले से ही बनाया हुआ है; अलीगढ़ में हिंसा के कारण फैली अशांति ने समारोह के 'होने' या 'न होने' को लेकर आशंका और पैदा कर दी है ।

Thursday, November 28, 2019

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल ने शेखर मेहता के सम्मान समारोह के जरिये डिस्ट्रिक्ट में अपनी चौधराहट जमाने/बनाने की जो योजना तैयार की है, उसके कारण वह प्रोटोकॉल का मजाक बनाने के साथ -साथ पैसे बनाने के आरोपों में भी फँसते जा रहे हैं  

अलीगढ़ । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल ने इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता के नाम पर डिस्ट्रिक्ट में अपनी चौधराहट जमाने की जो तैयारी की थी, वह उन्हें उल्टी पड़ गई है और उनके लिए फजीहत का कारण बन रही है । शेखर मेहता के सम्मान समारोह के लिए मुकेश सिंघल ने डिस्ट्रिक्ट के दूसरे पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ सदस्यों/नेताओं से विचार-विमर्श किए बिना 19 दिसंबर की तारीख तो तय कर ली है, लेकिन अब वह रोना रो रहे हैं कि डिस्ट्रिक्ट के दूसरे पदाधिकारी और नेता उक्त कार्यक्रम के लिए सहयोग नहीं कर रहे हैं । दरअसल मुकेश सिंघल ने शेखर मेहता के सम्मान समारोह के नाम पर जो भारी-भरकम रकम इकट्ठा करने की जो तैयारी दिखाई है, उसके कारण लोगों को शक हुआ है कि मुकेश सिंघल इस समारोह के सहारे सिर्फ राजनीति ही नहीं करना चाह रहे हैं, बल्कि पैसा बनाने की कोशिश में भी हैं - और इस कारण से दूसरे पदाधिकारियों तथा नेताओं ने कार्यक्रम से दूरी बना ली है । मुकेश सिंघल मुसीबत व फजीहत से बचने के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर किशोर कातरू के सामने समर्पण करने के लिए मजबूर तो हुए हैं, लेकिन खुद कन्वेनर बन कर किशोर कातरू को चेयरमैन बना कर प्रोटोकॉल का मजाक बनाने को लेकर विवाद में और गहरे धँस गए हैं । खुद उनके पक्ष के लोगों का कहना है कि मुकेश सिंघल को इतनी अक्ल तो होना ही चाहिए कि प्रोटोकॉल का ध्यान रखते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी होने के नाते उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के 'ऊपर' नहीं 'बैठना' चाहिए और अपने ही पक्ष के किसी पूर्व गवर्नर को कन्वेनर बनाना चाहिए था ।
मुकेश सिंघल के नजदीकियों का कहना है कि मुकेश सिंघल पहले पूर्व गवर्नर अरुण जैन को कन्वेनर बना रहे थे, लेकिन फिर अचानक से पता नहीं क्या हुआ कि उन्होंने अपना इरादा बदल लिया और खुद ही कन्वेनर बन गए । कुछ अन्य लोगों को लगता है और उनका कहना है कि मुकेश सिंघल को दरअसल डर हुआ कि वह यदि कन्वेनर और चेयरमैन में से कुछ भी नहीं बनेंगे, तो फिर कार्यक्रम में अपनी चौधराहट कैसे दिखा पायेंगे ? शेखर मेहता के सम्मान समारोह के बहाने मुकेश सिंघल असल में डिस्ट्रिक्ट के तथा बाहर के रोटेरियंस को दिखाना चाहते हैं कि डिस्ट्रिक्ट के नए चौधरी अब वह हैं - और इसीलिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी होने के बावजूद डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से ऊपर बैठ कर प्रोटोकॉल का मजाक बनाते हुए वह खुद ही कन्वेनर बन गए हैं । मुकेश सिंघल को लगता है कि इस तरह से उन्होंने कोलकाता में हुई अपनी उपेक्षा का 'बदला' ले लिया है । उल्लेखनीय है कि कोलकाता में हुए शेखर मेहता के सम्मान समारोह में देशभर के खास रोटेरियंस के बीच डिस्ट्रिक्ट गवर्नर किशोर कातरू को खासी तवज्जो मिली थी और मुकेश सिंघल की पूरी तरह से उपेक्षा हुई थी । अपने नजदीकियों के बीच मुकेश सिंघल ने इस स्थिति के लिए इंटरनेशनल डायरेक्टर कमल सांघवी को जिम्मेदार ठहराया था । कोलकाता में जो हुआ था, उसका बदला लेने के लिए ही मुकेश सिंघल ने शेखर मेहता का सम्मान समारोह अपने डिस्ट्रिक्ट में अपनी चौधराहट में करने की योजना बनाई; और डिस्ट्रिक्ट 3011 में हुए सम्मान समारोह में शेखर मेहता जब दिल्ली पहुँचे हुए थे, तब उन्होंने 19 दिसंबर की तारीख अपने डिस्ट्रिक्ट में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी के रूप में उनके सम्मान समारोह के लिए तय करवा ली ।
मुकेश सिंघल ने शेखर मेहता से तारीख तो ले ली और कार्यक्रम की तैयारी भी शुरू कर दी; लेकिन तैयारियाँ शुरू करने के साथ ही वह मुसीबत में फँसते जा रहे हैं । उनके नजदीकियों के अनुसार ही, पहले उन्होंने पूर्व गवर्नर आईएस तोमर के साथ मिलकर कार्यक्रम करने की योजना बनाई थी, और उन्हें कार्यक्रम का मुख्य संरक्षक बना लिया; किंतु जल्दी ही उन्हें समझ में आ गया कि आईएस तोमर को ज्यादा तवज्जो देने से डिस्ट्रिक्ट के दूसरे, खासकर सत्ताधारी पूर्व गवर्नर्स का सहयोग उन्हें नहीं मिलेगा । इसलिए, जैसा कि निमंत्रण पत्र में दिख रहा है, मुख्य संरक्षक होने के बावजूद आईएस तोमर का नाम उन्होंने फिलिसिटेशन कमेटी के सदस्यों की सूची में डाल दिया । मुकेश सिंघल को यह भी समझ में आया कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को इग्नोर करके उनके लिए कार्यक्रम कर पाना संभव नहीं होगा, और तब वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के सामने समर्पण करने तथा कार्यक्रम में उन्हें शामिल करने के लिए मजबूर हुए । दोनों ही मामलों में प्रोटोकॉल की ऐसीतैसी करने के लिए उन्हें अपनों और परायों की जोरदार आलोचना सुननी/सहनी पड़ रही है । मुकेश सिंघल की इससे भी बड़ी फजीहत तब हुई जब शेखर मेहता के सम्मान समारोह के लिए उन्होंने प्रत्येक क्लब से 50/50 हजार रुपए सहयोग राशि के रूप में माँगे । अलीगढ़ में आयोजित हुए रोटरी डिस्ट्रिक्ट फाउंडेशन सेमीनार में मुकेश सिंघल द्वारा की गई इस माँग पर लोगों के बीच तीखी प्रतिक्रिया हुई; और लोगों के बीच आवाजें सुनी गईं कि शेखर मेहता के सम्मान समारोह के बहाने मुकेश सिंघल ने क्या अपनी जेब भरने की भी तैयारी कर ली है ? कई क्लब्स के पदाधिकारी कहते सुने गए हैं कि शेखर मेहता के सम्मान समारोह के नाम पर मुकेश सिंघल जो कर रहे हैं, वह संदेहास्पद है और इसलिए वह तो 50 हजार रुपए नहीं देंगे । शेखर मेहता के सम्मान समारोह को लेकर मुकेश सिंघल जिस तरह से चौतरफा मुसीबतों में घिर गए हैं तथा फजीहत का शिकार हो रहे हैं, उसे देखते हुए उनके नजदीकियों को ही लग रहा है कि मुकेश सिंघल ने शेखर मेहता के सम्मान समारोह के जरिये डिस्ट्रिक्ट में अपनी चौधराहट जमाने/बनाने की जो योजना तैयार की थी, वह तो धूल में मिलती नजर आ रही है ।

Thursday, October 17, 2019

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर किशोर कातरू को कोलकाता में हुए शेखर मेहता के सम्मान समारोह में जो तवज्जो मिली और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल की जो उपेक्षा हुई, उसे डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में तोमर खेमे के लिए बड़े झटके/खतरे का संकेत माना/देखा जा रहा है

बरेली । इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी के रूप में शेखर मेहता के कोलकाता में हुए सम्मान समारोह में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर किशोर कातरू को जो और जैसी तवज्जो मिली, उसे डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में तोमर खेमे के लिए खतरे/झटके की घंटी के रूप में सुना/देखा जा रहा है । तोमर खेमे के नेताओं को भी समझ में आने लगा है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के बहाने जिस लड़ाई को वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर किशोर कातरू व डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर रवि प्रकाश अग्रवाल के खिलाफ समझ रहे हैं, उनकी वह लड़ाई वास्तव में इंटरनेशनल डायरेक्टर कमल सांघवी के साथ है । कोलकाता में हुए कार्यक्रम की तैयारी व उसके 'डिजाइन' के पीछे चूँकि कमल सांघवी ही थे; इसलिए किशोर कातरू को वहाँ जो और जैसी तवज्जो मिली, उसके पीछे कमल सांघवी की सोची-समझी रणनीति को ही देखा/पहचाना जा रहा है और माना जा रहा है कि इसके जरिये डिस्ट्रिक्ट के नेताओं को 'संदेश' दिया जा रहा है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल के लिए इस 'संदेश' को खासा महत्वपूर्ण समझा जा रहा है । दरअसल मुकेश सिंघल ही तोमर खेमे की तरफ से अत्यंत सक्रिय हैं; कई लोगों का कहना है कि मुकेश सिंघल को डिस्ट्रिक्ट की राजनीति में इस होशियारी के साथ काम करना सीखना चाहिए कि वह अपना काम भी कर लें, और बदनामी से भी बच जाएँ - अभी लेकिन उल्टा हो रहा है, वह कुछ कर भी नहीं पा रहे हैं और बदनाम ज्यादा हो रहे हैं । यह भी एक कारण रहा कि कोलकाता में हुए इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी के सम्मान समारोह में उन्हें कोई तवज्जो नहीं मिली ।
उल्लेखनीय है कि मुकेश सिंघल जिस वर्ष डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होंगे, शेखर मेहता उसी वर्ष इंटरनेशनल प्रेसीडेंट होंगे - तब तक कमल सांघवी इंटरनेशनल डायरेक्टर पद से तो भूतपूर्व तो हो चुके होंगे, लेकिन शेखर मेहता के सबसे ज्यादा विश्वासपात्र होने के कारण रोटरी में उनका जलवा इंटरनेशनल डायरेक्टर से ज्यादा ही होगा । ऐसे में, माना/समझा जा रहा है कि कोलकाता में मिले 'संदेशों' को पढ़ने/समझने में मुकेश सिंघल ने यदि कोई चूक की, तो अपने गवर्नर-वर्ष में उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले लोगों का मानना/कहना है कि मुकेश सिंघल को चुप करा कर दरअसल तोमर खेमे की राजनीति को कमजोर करने की चाल चली जा रही है । रोटरी की चुनावी राजनीति में चूँकि सत्ताधारियों की विशेष भूमिका होती है, इसलिए तोमर खेमे के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी के रूप में मुकेश सिंघल की सक्रियता की खासी अहमियत है; उनके बीच डर है कि चुनावी मोर्चेबंदी में मुकेश सिंघल यदि सक्रिय नहीं रहे तो उनकी स्थिति और कमजोर हो जाएगी । मुकेश सिंघल के नजदीकियों का कहना/बताना है कि मुकेश सिंघल खुद यह रोना रोते हैं कि वह डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के झंझट में ज्यादा नहीं पड़ना चाहते हैं, लेकिन तोमर खेमे के नेता उन्हें जबर्दस्ती खींच लेते हैं - वह फिर बच नहीं पाते हैं और फँस जाते हैं ।
नोमीनेटिंग कमेटी के चुनाव में जो हुआ, उससे यह बात साबित हो गई है कि तोमर खेमे के नेता जिन तरकीबों से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की लड़ाई जीतना चाहते हैं, उनसे तो वह नहीं जीत पायेंगे । नोमीनेटिंग कमेटी में जो हुआ, अपनी आपत्तियों/शिकायतों के अनसुना रहने के उनके जो आरोप रहे; और अब कोलकाता में जो हुआ - उसे देख कर तोमर खेमे के नेताओं को इस बात को साफ तौर पर समझ लेना चाहिए कि अभी तक दिखाए गए उनके तौर-तरीके कामयाबी दिलवाने के मामले में कमजोर ही साबित रहने हैं, और अब उन्हें ज्यादा व्यावहारिक व व्यवस्थित तरीके अपनाने पड़ेंगे । तोमर खेमे के नेताओं के सामने एक और समस्या यह आ पड़ी है कि नोमीनेटिंग कमेटी के चुनाव में जो हुआ, और अब कोलकाता में जो होने की खबरें सामने आ रही हैं, उनके चलते - डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उनके उम्मीदवार सतीश जायसवाल का हौंसला/भरोसा भी टूटता सुना जा रहा है । सतीश जायसवाल के कुछेक समर्थक व शुभचिंतक उन्हें समझाने लगे हैं कि पवन अग्रवाल के अधिकृत उम्मीदवार चुने जाने के बाद डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई का समीकरण अब बदल चुका है और उनके लिए अब ज्यादा मौका नहीं बचा है । ऐसे में तोमर खेमे के नेताओं को डर हो चला है कि इस तरह की बातों से सतीश जायसवाल का हौंसला व भरोसा यदि सचमुच ही टूट गया तो फिर वह तो बिना लड़े ही चुनावी मैदान से बाहर हो जायेंगे । ऐसे में, तोमर खेमे के नेताओं के सामने यह चुनौती भी पैदा हो गई है कि वह सतीश जायसवाल को भी तथा डिस्ट्रिक्ट के लोगों को भी यह भरोसा व हौंसला दें/दिलवाए कि नोमीनेटिंग कमेटी में तो बेईमानी के जरिये उन्हें हरा दिया गया है, लेकिन कोई जरूरी नहीं है कि सत्ता खेमे की बेईमानी आगे भी चल सके और कामयाबी पा सके । आगे क्या होगा, यह तो आगे पता चलेगा; अभी लेकिन नोमीनेटिंग कमेटी के चुनाव के बाद कोलकाता में किशोर कातरू को तवज्जो मिलने तथा मुकेश सिंघल की उपेक्षा होने के चलते बने परिदृश्य में डिस्ट्रिक्ट के चुनावी माहौल में तोमर खेमा दबाव में तो आ गया है ।

Thursday, September 26, 2019

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 में आईएस तोमर की चौधराहट को बचाने के लिए शैलेंद्र कुमार राजु तथा अरुण जैन की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर किशोर कातरू के खिलाफ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल को इस्तेमाल करने की रणनीति के चलते डिस्ट्रिक्ट में खासी घमासान वाली स्थिति बन गई है

अलीगढ़ । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन/चुनाव करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी में अपने अपने सदस्यों को 'भेजने' के लिए दोनों खेमों के नेताओं की जोरआजमाइश ने क्लब्स में 'जूता-लात' चलने जैसे माहौल बना दिए हैं । नोमीनेटिंग कमेटी के लिए होने वाले चुनाव के चक्कर में कई क्लब्स में झगड़े हो गए हैं, और वह टूटने के कगार पर पहुँच गए हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए चुनाव तो पवन अग्रवाल तथा सतीश जायसवाल के बीच होना है; लेकिन वास्तव में यह चुनाव पूर्व गवर्नर्स रवि अग्रवाल व आईएस तोमर के बीच प्रतिष्ठा व चौधराहट की लड़ाई बन गई है - कोढ़ में खाज वाली बात यह हुई है कि पवन अग्रवाल/रवि अग्रवाल की तरफ से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर किशोर कातरू तथा सतीश जायसवाल/आईएस तोमर की तरफ से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल ने मोर्चा संभाला हुआ है । यानि चुनाव पवन अग्रवाल व सतीश जायसवाल के बीच है, लेकिन मुकाबला रवि अग्रवाल व आईएस तोमर का है - और जो किशोर कातरू व मुकेश सिंघल की लड़ाई बन गया है । मुकेश सिंघल को निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अरुण जैन व पूर्व गवर्नर शैलेंद्र कुमार राजु का समर्थन है । चर्चा और आरोप है कि रोटरी क्लब बरेली मैग्नेट सिटी में धोखे व फर्जी तरीके से प्रेसीडेंट की ईमेल आईडी इस्तेमाल करके डिस्ट्रिक्ट गवर्नर किशोर कातरू व पूर्व गवर्नर रवि अग्रवाल को बदनाम करने की जो कोशिश हुई थी, उसके पीछे वास्तव में मुकेश सिंघल, अरुण जैन व शैलेंद्र कुमार राजु का ही हाथ था । 
डिस्ट्रिक्ट में चर्चा और आरोप हैं कि डिस्ट्रिक्ट में आईएस तोमर की चौधराहट को बचाने की जिम्मेदारी इन्हीं तीनों - मुकेश सिंघल, अरुण जैन व शैलेंद्र कुमार राजु ने ले ली है । मजे की बात यह है कि इससे पहले डिस्ट्रिक्ट में आईएस तोमर की चौधराहट को बनाने तथा बनाये रखने की जिम्मेदारी रवि अग्रवाल ने ले रखी थी; उन्हीं रवि अग्रवाल ने - जो अब आईएस तोमर के लिए चुनौती बने हुए हैं । रवि अग्रवाल को कई लोगों ने बार बार समझाया था कि आईएस तोमर उन्हें खिलौने की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं, और उन्हें एक खिलौने से ज्यादा कुछ नहीं समझते हैं, इसलिए उनके चक्कर में ज्यादा न पड़ो/रहो - लेकिन रवि अग्रवाल को तब किसी की बात समझ में नहीं आती थी । बाद में लेकिन उन्होंने महसूस किया और पाया कि लोग उनसे ठीक ही कहते थे, उन्होंने ही आईएस तोमर को समझने व पहचानने में देर कर दी । यही कहानी अब मुकेश सिंघल, अरुण जैन व शैलेंद्र कुमार राजु के साथ घट रही है । इन तीनों में भी मुकेश सिंघल की स्थिति ज्यादा पेचीदा है । डिस्ट्रिक्ट में कई लोगों का कहना है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी होने के नाते मुकेश सिंघल को इतना खुल कर एक पक्ष नहीं बनना चाहिए; इससे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उन्हें परेशानी उठाना पड़ेगी और फजीहत का शिकार होना पड़ेगा । लेकिन मुकेश सिंघल पर अभी इस समझाइस का असर पड़ता नहीं दिख रहा है ।
डिस्ट्रिक्ट में लोगों को लग रहा है और वह कह रहे हैं कि मुकेश सिंघल तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति में ज्यादा नहीं पड़ना/फँसना चाहते हैं, लेकिन शैलेंद्र कुमार राजु तथा अरुण जैन ने मुकेश सिंघल को जबरन फाँसा हुआ है - और वह इनके दबाव में मजबूर बने हुए हैं । शैलेंद्र कुमार राजु तथा अरुण जैन ने मुकेश सिंघल को जबरन इसलिए फाँसा/फँसाया हुआ है क्योंकि वह जान/समझ रहे हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर किशोर कातरू के क्लब्स पदाधिकारियों के बीच बने प्रभाव से निपटने के लिए उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल की मदद की जरूरत होगी ही; मुकेश सिंघल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की धौंस देकर ही वह क्लब्स के लोगों को प्रभावित कर सकते हैं तथा उन्हें अपने साथ आने के लिए लालायित कर सकते हैं । मुकेश सिंघल के गवर्नर वर्ष में पद देने का लालच देकर ही यह तिकड़ी क्लब्स के लोगों को बहला/फुसला/भड़का रही है, जिस कारण से क्लब्स में झगड़े पैदा हो रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के जरिये डिस्ट्रिक्ट में आईएस तोमर की चौधराहट को बचाने व बनाये रखने के लिए शैलेंद्र कुमार राजु तथा अरुण जैन की मुकेश सिंघल को इस्तेमाल करने की रणनीति के चलते डिस्ट्रिक्ट गवर्नर किशोर कातरू तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल के बीच जो टकराव खड़ा हो गया है, उसके चलते डिस्ट्रिक्ट में खासी घमासान वाली स्थिति बन गई है ।

Wednesday, August 28, 2019

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल के जरिये राजनीतिक प्रभुत्व जमाने की पूर्व गवर्नर आईएस तोमर की तैयारी ने डिस्ट्रिक्ट में जो उथल-पुथल मचाई है, उसमें सतीश जायसवाल की उम्मीदवारी उनके लिए बड़ी चुनौती बनी; कमल सांघवी की बढ़ी राजनीतिक हैसियत ने भी उनकी मुश्किलों को बढ़ाया

बरेली । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति को पिछले कई वर्षों से अपने नियंत्रण में रखे पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आईएस तोमर अपने नियंत्रण को बनाए रखने के लिए अब उन्हीं लोगों को पुचकारने/मनाने में लगे हैं, जिन्हें खुद उन्होंने खुड्डे-लाइन लगा दिया था । पवन अग्रवाल को गच्चा देकर आईएस तोमर ने सतीश जायसवाल को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अपना उम्मीदवार तो बना लिया है, लेकिन सतीश जायसवाल की चुनावी नाव कहीं बीच मँझधार में ही न डूब जाए - आईएस तोमर को इसकी चिंता सताने लगी है । दरअसल हाल-फिलहाल के वर्षों में डिस्ट्रिक्ट में सक्रिय हुए तथा प्रभावी बने रोटेरियंस के बीच आईएस तोमर का या तो 'परिचय' नहीं है और परिचय है तो पैठ नहीं है; कई रोटेरियंस तो बल्कि अलग अलग कारणों से आईएस तोमर को सबक सिखाने के चक्कर में हैं । कई लोगों को आईएस तोमर ने अपने व्यवहार व रवैये से अपना 'दुश्मन' बना लिया है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल के जरिये डीआरएफसी (डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन) पद को लेकर आईएस तोमर ने जो राजनीति की, उसमें भी उन्हें बदनामी के अलावा और कुछ नहीं मिला है । आईएस तोमर को यह भी लगता है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर कमल सांघवी उनके डिस्ट्रिक्ट में लोगों को उनके खिलाफ भड़काने का काम कर रहे हैं, और शेखर मेहता के इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी चुने जाने से कमल सांघवी की 'ताकत' व हैसियत और बढ़ गई है । उल्लेखनीय है कि मुकेश सिंघल उसी वर्ष डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होंगे, जिस वर्ष शेखर मेहता इंटरनेशनल प्रेसीडेंट होंगे - ऐसे में आईएस तोमर के साथ मिलकर डीआरएफसी पद को लेकर किए गए उनके तमाशे की उन्हें 'भारी' कीमत चुकानी पड़ सकती है । इन्हीं सब स्थितियों के चलते आईएस तोमर के लिए डिस्ट्रिक्ट में अपनी चौधराहट को बचाये/बनाये रखना तथा मनमानी करते रहना एक बड़ी चुनौती है ।
यह चुनौती इसलिए भी है, क्योंकि आईएस तोमर को पिछले कुछ समय से लगातार झटके पर झटके लग रहे हैं । उल्लेखनीय है कि आईएस तोमर पहले तो बरेली के मेयर के चुनाव में बड़े अंतर से पराजित हुए । फिर रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में उन्हें कमल सांघवी से बड़ी हार मिली । यहाँ यदि सिर्फ हार मिलती तो भी कोई बड़ी बात नहीं होती - रोटरी की राजनीति में एक बार की हार को अगली बार की जीत में बदलने में देर नहीं लगती है; लेकिन आईएस तोमर ने जिस तरह से चुनाव को थोपा और चुनावी मुकाबले को वह जिस निम्न-स्तर पर ले गए, उससे उनकी साख व पहचान को खासी चोट पहुँची । इसके बाद, और ज्यादा बुरी स्थिति उनकी अपने डिस्ट्रिक्ट में डीआरएफसी पद को लेकर बनी, जहाँ उनकी 'होशियारी' ही उन पर भारी पड़ी - डीआरएफसी पद को लेकर की गई उनकी राजनीति ने ही उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की राजनीति में फँसा दिया है । डीआरएफसी पद के मामले में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर किशोर कातरू के रवैये से आईएस तोमर को जोर का जो झटका लगा है, उसकी उन्होंने वास्तव में कल्पना भी नहीं की थी । किशोर कातरू के साथ उनके वर्षों के संबंध हैं; वह दावा करते हैं और बहुत से लोग उनके दावे को सही भी मानते हैं कि उन्होंने ही किशोर कातरू को रोटरी में आगे बढ़ाया है तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनाया/बनवाया है । 12 वर्षों तक डीआरएफसी रहे आईएस तोमर को उम्मीद थी कि अगले डीआरएफसी को तय करते समय किशोर कातरू उनसे सलाह करेंगे और या तो उन्हें ही पद पर बने रहने के लिए राजी करने का प्रयास करेंगे और या उनसे पूछ कर डीआरएफसी चुनेंगे । किशोर कातरू ने इस मामले में लेकिन उन्हें कोई तवज्जो ही नहीं दी और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट दिनेश शुक्ला व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी मुकेश सिंघल के साथ मिल कर पूर्व गवर्नर शरत चंद्रा को डीआरएफसी चुन लिया । डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच चर्चा है कि आईएस तोमर को डीआरएफसी पद के संदर्भ में लिया/किया गया यह फैसला और फैसला करने का 'तरीका' पसंद नहीं आया, और उन्होंने मुकेश सिंघल के जरिये शरत चंद्रा को डीआरएफसी पद से - बैठने से पहले ही 'उतरवा' दिया ।
मजे की और बिडंवना की बात यह है कि पूर्व गवर्नर देवेंद्र अग्रवाल का डीआरएफसी बनना भी आईएस तोमर को पसंद नहीं है, लेकिन पसंद का डीआरएफसी बनाने/बनवाने का खेल उनके हाथ से निकल चुका है - इसलिए मन-मार कर उन्हें यह फैसला मंजूर करना ही पड़ा । डिस्ट्रिक्ट में लोगों को लगता है कि देवेंद्र अग्रवाल से 'बदला' लेने के लिए ही आईएस तोमर ने पवन अग्रवाल की उम्मीदवारी का साथ छोड़ा है । आईएस तोमर ने पहले पवन अग्रवाल की उम्मीदवारी का समर्थन करने की घोषणा की थी, लेकिन फिर उन्हें लगा कि पवन अग्रवाल तो देवेंद्र अग्रवाल के ज्यादा नजदीक हैं - इसलिए उन्होंने पवन अग्रवाल का साथ छोड़ कर सतीश जायसवाल को जबर्दस्ती उम्मीदवार बना/बनवा दिया । उम्मीदवार बनते ही सतीश जायसवाल ने हालाँकि मेहनत तो काफी की है, और लोगों के बीच तेजी से संपर्क-अभियान चलाया है; लेकिन उनके समर्थकों को भी लग रहा है कि पवन अग्रवाल की डिस्ट्रिक्ट में पहले से जो एक अच्छी व सकारात्मक पहचान है, उन्हें रोटरी के लिए काम करने वाले रोटेरियन के रूप में देखा/पहचाना जाता रहा है - उसके कारण पवन अग्रवाल से मुकाबला करना सतीश जायसवाल के लिए खासा चुनौतीपूर्ण होगा । असल में सतीश जायसवाल जिस तरह अचानक से उम्मीदवार बने हैं, उसके चलते लोगों के बीच उनकी उम्मीदवारी को लेकर एक नकारात्मक सोच बनी है । लोगों को लग रहा है कि आईएस तोमर ने अपनी खुन्नस व अपनी राजनीति के चक्कर में सतीश जायसवाल की उम्मीदवारी को डिस्ट्रिक्ट पर जबर्दस्ती थोप दिया है । आईएस तोमर को भी लगता है कि आभास हो रहा है कि उन्होंने सतीश जायसवाल को उम्मीदवार तो बना/बनवा दिया है, लेकिन उनकी उम्मीदवारी को समर्थन दिलवाना मुश्किल तो होगा ही । मुश्किल को दूर करने के लिए ही आईएस तोमर ने अब उन लोगों को फोन खड़खड़ाना शुरू किया है, जो पहले उनके साथ होते थे, लेकिन जो कई वर्षों से गुम हुए पड़े हैं । खास बात यह है कि अधिकतर लोग ऐसे ही हैं, जिन्हें खुद आईएस तोमर ने ही 'बेकार' समझ/मान कर अपने से दूर छिटक दिया था । दरअसल डिस्ट्रिक्ट में कई लोगों की पहचान आईएस तोमर के भरोसे/सहारे ही थी; आईएस तोमर ने जब तक उन्हें उपयोगी समझा/पाया, उन्हें अपने साथ रखा और फिर छोड़ दिया; वह भी गुमनामी में जा पड़े - लेकिन अब आईएस तोमर को लगता है कि वह गुमनामी के अँधेरे में पड़े उन लोगों की मदद से सतीश जायसवाल की चुनावी नाव को पार लगवा देंगे । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में इस समय बदलाव को लेकर जो उथल-पुथल चल रही है, उससे लगता है कि आगे अभी और दिलचस्प नजारे देखने को मिलेंगे ।