Showing posts with label VIJAY JALAN. Show all posts
Showing posts with label VIJAY JALAN. Show all posts

Sunday, August 19, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर इलेक्ट भरत पांड्या खुद को टॉर्चबियरर कहने के बावजूद इंदौर में अगले वर्ष होने वाली अपनी इंस्टीट्यूट के लिए तय किए गए चेयरमैन व सेक्रेटरी के नामों पर रोशनी डालने से आखिर बच क्यों रहे हैं ?

मुंबई । इंटरनेशनल डायरेक्टर इलेक्ट भरत पांड्या ने रोटरी इंस्टीट्यूट 2019 के इंदौर में होने की घोषणा तो कर दी है, लेकिन इंस्टीट्यूट के चेयरमैन व सेक्रेटरी पद को लेकर सस्पेंस बनाए हुए हैं । कोचीन में अभी हाल ही में संपन्न हुई डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स इलेक्ट मीटिंग में भरत पांड्या ने अपने डायरेक्टर-वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के साथ अन्य कई मुद्दों के साथ-साथ 'अपनी' इंस्टीट्यूट को लेकर भी गंभीर चर्चा तो की, लेकिन इंस्टीट्यूट के चेयरमैन व सेक्रेटरी पद पर कौन रहेगा - इसे लेकर चुप्पी साध गए । कुछेक वरिष्ठ रोटेरियंस का हालाँकि दावा है कि भरत पांड्या ने अपने ही डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर टीएन उर्फ राजु सुब्रमणियन को चेयरमैन तथा डिस्ट्रिक्ट 3070 के पूर्व गवर्नर गुरजीत सिंह को सेक्रेटरी नियुक्त कर लिया है । लोगों को हैरानी है कि खुद को टॉर्चबियरर कहने वाले भरत पांड्या अपनी इंस्टीट्यूट के मुख्य पदाधिकारियों के नाम पर रोशनी डालने से बच/छिप क्यों रहे हैं ? कोचीन में हुई मीटिंग से लौटे जिन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स इलेक्ट से इन पंक्तियों के लेखक की बात हो सकी है, उन सभी ने बताया कि भरत पांड्या ने वहाँ यह तो बताया कि वर्ष 2019 की इंस्टीट्यूट दिसंबर में इंदौर में होगी, लेकिन चेयरमैन और सेक्रेटरी के बारे में वहाँ कोई घोषणा नहीं की । इंदौर इंस्टीट्यूट की घोषणा होते ही इंस्टीट्यूट के चेयरमैन या सेक्रेटरी पद पाने की हसरत पाले नेताओं ने तुरंत से सक्रियता दिखाई, ताकि कोई एक पद वह हासिल कर सकें - लेकिन जल्दी ही उनके चेहरे लटके दिखाई दिए, क्योंकि उन्हें पता चला कि दोनों प्रमुख पदों पर तो भरत पांड्या ने पहले ही नियुक्ति कर ली है । यह जानकारी मिलने से चौंके लोगों को हैरानी लेकिन इस बात की है कि भरत पांड्या दोनों महत्त्वपूर्ण पदों पर की गई नियुक्तियों को छिपाने का प्रयास क्यों कर रहे हैं ? भरत पांड्या के इस 'प्रयास' के कारण कुछेक लोगों को उम्मीद बंधी है कि उनकी दाल शायद अभी भी गल सकती है ।
भरत पांड्या के नजदीकियों का कहना/बताना है कि दोनों पदों को लेकर भरत पांड्या पर दरअसल कई लोगों की तरफ से सिफारिशों का भारी दबाव रहा; कई लोग इंटरनेशनल डायरेक्टर के चुनाव में की गई उनकी मदद की 'कीमत' के रूप में उक्त पद हथियाने की कोशिश में थे । जिन लोगों को भविष्य में इंटरनेशनल डायरेक्टर पद का चुनाव लड़ना है, उनकी तो खास निगाह इन पदों पर थी । रोटरी की चुनावी राजनीति में इंस्टीट्यूट का चेयरमैन बनना इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव के संदर्भ में अच्छा संकेत माना जाता है । इसीलिए भरत पांड्या के डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर विजय जालान की इंस्टीट्यूट के चेयरमैन पद पर खास निगाह थी; विजय जालान के लिए बदकिस्मती की बात लेकिन यह रही कि डिस्ट्रिक्ट के ही कई लोग विजय जालान को चेयरमैन बनाये जाने का विरोध भी कर रहे थे । भरत पांड्या के डिस्ट्रिक्ट में गुलाम वहनवती को भी इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के भावी उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जाता है । पीछे हुए चुनाव में वह उम्मीदवार थे ही, रोटरी फाउंडेशन में ट्रस्टी बन जाने से लेकिन उन्होंने भरत पांड्या के लिए अंततः रास्ता साफ कर दिया । रोटरी फाउंडेशन में ट्रस्टी बन जाने से गुलाम वहनवती का कद बढ़ भी गया है, इसलिए वह और उनके साथी नहीं चाहते हैं कि डिस्ट्रिक्ट में कोई और उनके लिए चुनौती बने । इसी उठापटक में कोशिश की गई कि विजय जालान को इंस्टीट्यूट का चेयरमैन नहीं बनने दिया जाए । डिस्ट्रिक्ट 3012 के पूर्व गवर्नर रमेश अग्रवाल की भी कोशिश थी कि भरत पांड्या अपनी इंस्टीट्यूट का उन्हें चेयरमैन न सही, तो सेक्रेटरी ही बना दें । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करने वाले रमेश अग्रवाल को उम्मीद थी कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी में उन्होंने भरत पांड्या का जो समर्थन किया था, उसके ईनाम के रूप में भरत पांड्या उन्हें इंस्टीट्यूट का सेक्रेटरी तो बना ही देंगे । रमेश अग्रवाल के लिए बदकिस्मती की बात लेकिन यह रही कि वह तो नोमीनेटिंग कमेटी में भरत पांड्या की उम्मीदवारी का समर्थन करने का दावा करते रहे, लेकिन भरत पांड्या और उनके साथियों ने सुशील गुप्ता के साथ उनकी नजदीकी को देखते हुए उनके दावे पर भरोसा नहीं किया ।
इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करने वाले विनोद बंसल ज्यादा होशियार निकले । सुशील गुप्ता के नजदीकी के रूप में पहचाने जाने के कारण उन्होंने समझ लिया था कि भरत पांड्या इंस्टीट्यूट के चेयरमैन या सेक्रेटरी पद के लिए तो उनके नाम पर विचार नहीं ही करेंगे, सो उन्होंने कोई प्रयास भी नहीं किया; लेकिन दूसरे इंटरनेशनल डायरेक्टर इलेक्ट कमल सांघवी के साथ उनके अच्छे संबंधों को ध्यान में रखते हुए दूसरे - खासतौर से उनके प्रतिद्धंद्धी लोगों को यह डर जरूर रहा कि कहीं कमल सांघवी उन्हें 'फिट' न करवा दें । भरत पांड्या और कमल सांघवी के बीच एक एक इंस्टीट्यूट का जिम्मा लेने की जो सहमति बनी है - जिसके अनुसार वर्ष 2019 की इंस्टीट्यूट भरत पांड्या और 2020 की इंस्टीट्यूट कमल सांघवी करवायेंगे - उससे उक्त संभावना और लोगों का डर लेकिन स्वतः दूर हो गया । डिस्ट्रिक्ट 3054 के पूर्व गवर्नर अनिल अग्रवाल ने इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चैलेंजिंग उम्मीदवार अशोक गुप्ता के डिस्ट्रिक्ट में होते हुए भरत पांड्या की उम्मीदवारी का झंडा उठाया हुआ था, इस नाते वह भी उम्मीद में थे कि भरत पांड्या उनका 'ख्याल' रखेंगे ।  रोटरी की राजनीति तथा प्रशासनिक व्यवस्था में ऊँची छलाँग लगाने की इच्छा रखने वाले कुछेक और लोग भी भरत पांड्या से उम्मीद कर रहे थे कि वह उनकी छलाँग के लॉन्चिंग बेस बन जायेंगे । भरत पांड्या के नजदीकियों का कहना है कि तमाम लोगों से मिल रही सिफारिशों के दबाव के चलते ही भरत पांड्या ने राजु सुब्रमणियन को चेयरमैन तथा गुरजीत सिंह को सेक्रेटरी नियुक्त कर लेने के अपने फैसले को 'छिपाये' रखने का तरीका अपनाया है । इस तरह के फैसले लेकिन छिपते तो हैं नहीं, सो भरत पांड्या का यह फैसला भी लोगों के बीच चर्चा में आ ही गया है । भरत पांड्या ने यह देख कर राहत की साँस ली है कि लोगों को उनके फैसले की जानकारी भी मिल गई है और कोई बबाल भी नहीं हो रहा है । इंस्टीट्यूट के चेयरमैन व सेक्रेटरी पद पर निगाह लगाए कुछेक लोगों को हालाँकि अभी भी उम्मीद है, और इस उम्मीद में वह अभी भी प्रयासरत हैं कि भरत पांड्या चूँकि दोनों पदों के पदाधिकारियों की घोषणा स्वयं से नहीं कर रहे हैं, इसलिए हो सकता है कि विभिन्न दबावों में वह अपना फैसला शायद बदल भी लें ।

Sunday, March 4, 2018

रोटरी इंटरनेशनल के रिसोर्स ग्रुप में तमाम कोशिशों के बाद भी मुकेश अरनेजा के एआरआरएफसी पद पाने में असफल रह जाने से रोटरी इंटरनेशनल पदाधिकारियों के बीच उनके 'ब्लैक लिस्ट' हो जाने की चर्चाओं को और बल मिला है

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा ने एआरआरएफसी (असिस्टेंट रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर) पद से विनोद बंसल की छुट्टी करवा कर खुद उस पद को हासिल करने की जो घोषणा की हुई थी, वह अंततः झूठी और उनके बड़बोलेपन का एक और सुबूत साबित हुई । इंटरनेशनल डायरेक्टर बासकर चॉकलिंगम तथा फाउंडेशन ट्रस्टी गुलाम वहनवती ने उक्त पद पर डॉक्टर सुब्रमणियन की नियुक्ति करके मुकेश अरनेजा को सीधा झटका दिया है । मुकेश अरनेजा हालाँकि विनोद बंसल की छुट्टी करवा देने के अपने दावे पर चाहें तो गर्व कर सकते हैं । यद्यपि विनोद बंसल का कहना है कि एआरआरएफसी के पद पर लगातार तीसरे वर्ष रहने को लेकर उन्होंने अपनी अनिच्छा प्रकट कर दी थी, और लगातार तीसरे वर्ष उक्त पद पर बने रहने में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं बची थी । दरअसल विनोद बंसल की इस अनिच्छा को जान कर ही मुकेश अरनेजा ने उक्त पद के लिए लॉबिंग शुरू की थी । बासकर चॉकलिंगम तथा गुलाम वहनवती से नजदीकी बनाने की कोशिश करते हुए मुकेश अरनेजा ने डीआरएफसी (डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन) के रूप में अपने कामकाज का ब्यौरा उन्हें दिया । मुकेश अरनेजा ने दावा किया कि डीआरएफसी के रूप में उनकी परफॉर्मेंस को देख/जान कर दोनों ने खुशी ही प्रकट की । लगता है कि दोनों के द्वारा प्रकट खुशी के झाँसे में मुकेश अरनेजा आ गए और दावा करने लगे कि बस अब यह दोनों एआरआरएफसी के पद पर उन्हीं की नियुक्ति करेंगे । लेकिन उक्त पर डॉक्टर सुब्रमणियन की नियुक्ति होने से मुकेश अरनेजा की उम्मीदों पर पानी फिर गया ।
उल्लेखनीय है कि उक्त पद पर अन्य कुछेक लोगों की भी निगाह थी और डॉक्टर सुब्रमणियन की नियुक्ति से उन्हें भी नाउम्मीद होना पड़ा है । अपने आप में यह कोई बड़ी बात नहीं है । किसी भी पद के लिए एक से अधिक दावेदार होते हैं, लेकिन पद एक को ही मिलता है - बाकी लोग लॉबिंग में कमी रह जाने का तर्क देकर और या किस्मत को जिम्मेदार ठहरा कर चुप लगा जाते है । किसी के लिए भी यह बात कोई बड़ा मुद्दा नहीं बनती है । लेकिन मुकेश अरनेजा के लिए एआरआरएफसी का पद - 'इस समय' की एक बड़ी जरूरत थी । वास्तव में मुकेश अरनेजा इस पद को लेकर 'इस समय' जो लॉबिंग कर रहे थे, वह सिर्फ एक पद के लिए उनकी 'भूख' नहीं थी, बल्कि अपने बारे में फैली हुई एक धारणा को झूठा साबित करने की तैयारी थी । असल में, मुकेश अरनेजा को लेकर रोटरी जगत में बड़ी चर्चा है कि उनकी तरह तरह की हरकतों को लेकर रोटरी इंटरनेशनल में उनकी फाइल तैयार हो गई है, और किसी भी मौके पर उन्हें 'झटका' मिल सकता है । डीआरएफसी के रूप में उनके कारनामों की शिकायतों का पुलिंदा रोटरी इंटरनेशनल में उनकी स्थिति को बुरी तरह से खराब कर चुका है । आरोप है कि क्लब्स के प्रोजेक्ट्स के लिए ग्रांट्स क्लियर करने के ऐवज में मुकेश अरनेजा पैसे माँगते हैं, और जिन क्लब्स के पदाधिकारी उन्हें पैसे देने के लिए तैयार नहीं होते हैं - मुकेश अरनेजा उनकी ग्रांट्स क्लियर ही नहीं करते हैं । चर्चा है कि इस तरह के आरोपों को रोटरी इंटरनेशनल के पदाधिकारियों ने गंभीरता से लिया है और मुकेश अरनेजा को 'ब्लैक लिस्ट' रोटेरियंस के रूप में चिन्हित किया हुआ है । इन चर्चाओं के बीच मुकेश अरनेजा के सामने यह गंभीर चुनौती बनी हुई है कि कैसे वह इन चर्चाओं को झूठा साबित करें । इसके लिए उन्हें एआरआरएफसी के पद की 'जरूरत' थी । उनका मानना/सोचना था कि उक्त पद यदि उन्हें मिल जाता है, तो उनके बारे में हो रही चर्चाएँ अपने आप ही झूठी दिख जायेंगी और इन चर्चाओं को हवा देने वालों के मुँह बंद हो जायेंगे ।
मुकेश अरनेजा ने इसीलिए उक्त पद को पाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया और बासकर चॉकलिंगम व गुलाम वहनवती को तरह तरह से खुश करने का प्रयास किया । विनोद बंसल की अनिच्छा के चलते मुकेश अरनेजा को एआरआरएफसी पद खाली होने का आभास तो था, लेकिन उन्हें यह डर भी था कि अनिच्छा की बात कहीं विनोद बंसल का ड्रामा तो नहीं है; इसलिए उक्त पद सचमुच खाली करवाने के लिए उन्होंने विनोद बंसल के खिलाफ जमकर बातें कीं । कमल सांघवी के इस्तीफे से खाली हुए आरआरएफसी (रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर) के पद पर विनोद बंसल की भी निगाह थी - इस बात/तथ्य का वास्ता देकर मुकेश अरनेजा ने गुलाम वहनवती के कान भरे कि उक्त पद लेकिन विजय जालान को मिल जाने पर उनके खिलाफ प्रोपेगैंडा करने/चलाने में विनोद बंसल का हाथ था । मुकेश अरनेजा का कहना रहा कि विनोद बंसल को उम्मीद थी कि रोटरी फाउंडेशन के ट्रस्टी सुशील गुप्ता के समर्थन के कारण आरआरएफसी का पद उन्हें ही मिल जायेगा, लेकिन उक्त पद जब विजय जालान को मिल गया तो विनोद बंसल ने उसका ठीकरा नए घोषित हुए ट्रस्टी गुलाम वहनवती के सिर फोड़ा । मुकेश अरनेजा को भरोसा रहा कि इस तरह की बातों से गुलाम वहनवती और बासकर चॉकलिंगम खुश होंगे और एआरआरएफसी का पद उन्हें ही सौंप देंगे । उक्त पद लेकिन डॉक्टर सुब्रमणियन को मिल जाने के कारण मुकेश अरनेजा की उम्मीदों पर पानी फिर गया है । इससे उनके 'ब्लैक लिस्ट' रोटेरियन के रूप में चिन्हित होने की चर्चाओं को और बल भी मिला है ।

Saturday, December 16, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी लड़ाई में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट शशि शर्मा के प्री-पेट्स कार्यक्रम को इस्तेमाल करने की भरत पांड्या और उनके समर्थकों की योजना गुलाम वहनवती व विजय जालान से मिले धोखे तथा अशोक गुप्ता की निगरानी-व्यवस्था के चलते फेल हुई

मुंबई/जयपुर । भरत पांड्या और उनके समर्थक नेताओं ने इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में राजनीतिक फायदा उठाने के उद्देश्य से अपने डिस्ट्रिक्ट की प्री-पेट्स जयपुर में करवा कर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट शशि शर्मा के लिए तो दोहरी मुसीबत खड़ी कर ही दी - साथ ही वह राजनीतिक फायदा भी नहीं उठा सके, जिसके लिए उन्होंने यह तिकड़म की थी । भरत पांड्या और उनके समर्थकों ने अपनी तिकड़म के असफल हो जाने के लिए गुलाम वहनवती और विजय जालान को जिम्मेदार ठहराया है । उधर प्री-पेट्स जयपुर में करने को लेकर शशि शर्मा से एक तरफ तो प्रेसीडेंट्स इलेक्ट्स तथा प्री-पेट्स के अन्य आमंत्रित जयपुर की सर्दी में फँसा देने के लिए नाराज हैं, और दूसरी तरफ रोटरी इंटरनेशनल के बड़े नेता प्री-पेट्स जैसे महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम को राजनीति का जरिया बना देने को लेकर खिलाफ हुए हैं । प्री-पेट्स में शामिल होने के लिए मुंबई से जयपुर पहुँचे डिस्ट्रिक्ट 3141 के रोटेरियंस का जयपुर की सर्दी ने जिस तरह 'स्वागत' किया, उससे कई रोटेरियंस के जयपुर घूमने के प्रोग्राम चौपट हो गए - और तब उन्होंने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट शशि शर्मा को जयपुर में प्री-पेट्स का आयोजन करने के लिए कोसा । लोगों के लिए यह समझना मुश्किल रहा कि जब सभी को यह पता है कि मध्य दिसंबर में जयपुर में कड़ाके की ठंड पड़ रही होती है, तब प्री-पेट्स का आयोजन यहाँ करने की क्या जरूरत थी ? लोगों का कहना है कि यदि किसी ठंडी जगह पर ही कार्यक्रम करना था तब फिर किसी पर्वतीय स्थान को चुनना चाहिए था ! उल्लेखनीय है कि पिछले वर्षों में डिस्ट्रिक्ट के प्री-पेट्स कार्यक्रम प्रायः महाराष्ट्र के दर्शनीय और या पर्वतीय शहरों में होते रहे हैं । पिछले रोटरी वर्ष में यह महाराष्ट्र के पर्वतीय शहर महाबालेश्वर में हुआ था । इसलिए आम रोटेरियंस के लिए जयपुर में प्री-पेट्स आयोजित करने का कारण समझना मुश्किल रहा । रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3141 के खास लोगों के लिए हालाँकि इसके पीछे की राजनीतिक चालबाजी पूरी तरह स्पष्ट थी । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट शशि शर्मा के प्री-पेट्स के आयोजन के जरिए दरअसल भरत पांड्या और उनके समर्थक नेताओं ने इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी लड़ाई के संदर्भ में प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार अशोक गुप्ता के गढ़ और घर पर धावा बोला है ।
भरत पांड्या और उनके समर्थक नेताओं की इस हरकत पर रोटरी इंटरनेशनल के बड़े नेताओं और जोन 4 के डिस्ट्रिक्ट्स के नेताओं के बीच तीखी प्रतिक्रिया हुई है । बड़े नेताओं ने हालाँकि सार्वजनिक रूप से कुछ कहा तो नहीं है, लेकिन कुछेक लोगों के साथ निजी बातचीत में इस बात पर नाराजगी दिखाई है कि भरत पांड्या और उनके समर्थक अशोक गुप्ता के कहीं के भी कार्यक्रमों में शामिल होने पर आपत्ति व शिकायत करते रहते हैं, लेकिन खुद कार्यक्रम करने के नाम पर अशोक गुप्ता के 'घर' में ही आ पहुँचे हैं । मजे की बात यह रही कि जयपुर में हो रहे अपने कार्यक्रम में सौजन्यतावश भी जयपुर में रह रहे किसी (पूर्व) गवर्नर्स को - एक अकेले अनिल अग्रवाल को छोड़ कर - आमंत्रित नहीं किया गया, जबकि ऐसा करना रोटरी में आम प्रथा है । अगले रोटरी वर्ष में शशि शर्मा के साथ गवर्नर होने वाले नीरज सोगानी तक को शशि शर्मा ने 'अपने' कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया । अनिल अग्रवाल को चूँकि रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3054 की राजनीति और व्यवस्था में अशोक गुप्ता के खिलाफ देखा/पहचाना जाता है, इसलिए उनसे फायदा उठाने की नीयत से उन्हें भरत पांड्या और उनके समर्थक नेताओं की तरफ से डिस्ट्रिक्ट 3141 के जयपुर में हो रहे प्री-पेट्स कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया और अनिल अग्रवाल कार्यक्रम में कुछ समय के लिए देखे भी गए - इस बात ने डिस्ट्रिक्ट 3141 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट शशि शर्मा के प्री-पेट्स कार्यक्रम को जयपुर में करने के पीछे छिपे राजनीतिक एजेंडा को और स्पष्ट कर दिया ।
भरत पांड्या और उनके समर्थक नेताओं के लिए हालाँकि बदकिस्मती की बात यह रही कि स्पष्ट राजनीतिक एजेंडा रखने और उस पर अमल करने की तैयारी के बावजूद उनके हाथ कुछ लगा नहीं - और उन्हें खाली हाथ लौटने के लिए ही मजबूर होना पड़ रह है । भरत पांड्या और उनके समर्थकों ने इस असफलता का ठीकरा गुलाम वहनवती और विजय जालान के सिर यह कहते/बताते हुए फोड़ा है कि ऐन मौके पर इन दोनों के धोखा देने के कारण पूरी योजना फेल हो गई । भरत पांड्या और उनके समर्थकों को दरअसल यह देख कर तगड़ा झटका लगा कि ऐन मौके पर रोटरी इंटरनेशनल के बड़े पदाधिकारियों की नाराजगी का वास्ता देकर गुलाम वहनवती और विजय जालान ने भरत पांड्या और उनके समर्थकों की राजनीति करने से बचने की ही कोशिश की । उल्लेखनीय है कि भरत पांड्या और उनके समर्थकों की कोशिश और तैयारी थी कि रोटरी में बड़े मुकाम पर पहुँचे इन पदाधिकारियों से वह जयपुर के कुछेक आम और खास रोटेरियंस को मिलवाएँ और जो उन्हें भरत पांड्या की उम्मीदवारी के समर्थन के लिए प्रेरित करें; लेकिन भरत पांड्या के नजदीकियों के अनुसार ही, इन दोनों ने यह कहते हुए इस खेल में शामिल होने से इंकार कर दिया कि रोटरी इंटरनेशनल में शिकायत होने पर उनके लिए शर्मिंदगी की स्थिति बनेगी - इनका यह भी कहना रहा कि रोटरी इंटरनेशनल के बड़े पदाधिकारियों ने जयपुर में हो रही प्री-पेट्स को अपनी निगरानी में लिया हुआ है और ऐसे में यहाँ कोई राजनीति करना अपने को मुसीबत में डालना हो सकता है । इसके अलावा, अशोक गुप्ता के समर्थकों ने भी भरत पांड्या और उनके समर्थकों की चालबाजी को फेल करने की पूरी तैयारी की हुई थी, और उनकी निगाह बराबर यह देखने पर थी कि जयपुर का कौन रोटेरियन भरत पांड्या और या उनके लोगों से मिलता है । इस कारण अनिल अग्रवाल के लिए भी कुछ कर पाना संभव नहीं हो सका और वह जयपुर में भरत पांड्या और उनके समर्थकों के मददगार की भूमिका नहीं निभा सके ।   
इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के उम्मीदवार अशोक गुप्ता के गढ़ और घर - जयपुर में अपने डिस्ट्रिक्ट की प्री-पेट्स करने की योजना बनाने और योजना के क्रियान्वयन में फेल हो जाने के लिए भरत पांड्या और उनके समर्थकों की खासी किरकिरी हुई है । राजनीति करने और समझने वाले लोगों का कहना है कि वास्तव में यह योजना ही बेबकूफीभरी है और यह कुलमिलाकर भरत पांड्या और उनके समर्थकों की निराशा, हताशा और बौखलाहट को प्रकट करती है; तिस पर इसके बुरी तरह से फेल होने पर यह और साबित हो गया कि भरत पांड्या और उनके समर्थक कोई काम ढंग से कर ही नहीं सकते हैं । अशोक गुप्ता के समर्थकों और शुभचिंतकों ने अपने 'घर' पर हुए राजनीतिक हमले को जिस होशियारी के साथ फेल किया है, उसके बारे में सुन/जान कर जोन 4 के डिस्ट्रिक्ट्स के पदाधिकारियों और नेताओं ने महसूस किया और जाना है कि अशोक गुप्ता के पास/साथ काम करने वाले प्रतिबद्ध लोगों की अच्छी टीम है । भरत पांड्या और उनके समर्थकों की योजना ने जिस तरह उनके अपने लोगों के बीच आरोपों/प्रत्यारोपों के साथ कलह और नाराजगी पैदा कर दी है और उनके जयपुर से खाली हाथ लौटने की स्थितियाँ बना दी हैं - वह इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव के संदर्भ में भरत पांड्या की उम्मीदवारी के लिए एक बड़े झटके की बात है ।

Monday, December 4, 2017

रोटरी इंटरनेशनल में गुलाम वहनवती और विजय जालान की बढ़ी हैसियत के कारण भरत पांड्या की इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की उम्मीदवारी के सामने गंभीर संकट आ खड़ा हुआ है, जिसके चलते उनके लिए चैलेंजिंग उम्मीदवार अशोक गुप्ता द्वारा प्रस्तुत की गई चुनौती और बड़ी तथा संकटपूर्ण हो गई है

मुंबई । कुआलालुम्पुर में आयोजित हुए रोटरी इंस्टीट्यूट में अन्य बातों के साथ-साथ जोन 4 में हो रहे इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव को लेकर जिस तरह की बातें और सक्रियता सुनने/देखने को मिली हैं, उसने भरत पांड्या के लिए मुश्किलों को बढ़ाने का काम किया है । भरत पांड्या के नजदीकियों और शुभचिंतकों को यह देख कर खासी हैरानी हुई कि विभिन्न डिस्ट्रिक्ट्स के जिन प्रमुख लोगों को भरत पांड्या के समर्थक के रूप में देखा/पहचाना जाता है, वह कुआलालुम्पुर में भरत पांड्या को अधिकृत उम्मीदवार चुनने के लिए नोमीनेटिंग कमेटी में अपनाई गई प्रक्रिया की आलोचना कर रहे थे, और इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए उपयुक्तता तथा उपयोगिता के लिहाज से अशोक गुप्ता को भरत पांड्या से बेहतर आँक रहे थे । भरत पांड्या के ही एक नजदीकी का कहना रहा कि कुआलालुम्पुर में चूँकि सभी लोग एक-दूसरे की नज़रों के सामने थे और यह देख/जान सकते थे कि कौन क्या कर रहा है, इसलिए यह बात सामने आई कि सीधे होने वाले चुनाव में भरत पांड्या के लिए मुकाबला आसान नहीं होगा - और उनके लिए सबसे पहली जरूरत तो अपने समर्थकों को ही राजनीतिक रूप से ट्रेंड करने और राजनीतिक रूप से ईमानदार 'बनाने' की जरूरत है । कुआलालुम्पुर जैसा नजारा ही यदि बना रहा, जहाँ कि दूसरे लोगों के साथ-साथ भरत पांड्या के समर्थक और शुभचिंतक भी भरत पांड्या की बजाए अशोक गुप्ता के रोटरी जीवन की तथा उनके कामों का बखान करते देखे/सुने गए - तो इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव के संदर्भ में भरत पांड्या के लिए वास्तव में मुसीबत की बात होगी । 
भरत पांड्या के समर्थकों का कहना है कि हाल ही के दिनों में गुलाम वहनवती की रोटरी फाउंडेशन ट्रस्टी पद पर तथा विजय जालान की रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर पद पर जो नियुक्तियाँ हुईं हैं, उसने जोन के राजनीतिक समीकरण को पूरी तरह उलट-पलट दिया है - और इस स्थिति ने भरत पांड्या के लिए दो तरफा संकट पैदा किया है । इन नियुक्तियों ने एक तरफ तो ऐसे कई लोगों को नाराज किया है, जो इन पदों के दावेदार थे और भरत पांड्या के समर्थक के रूप में देखे पहचाने जाते हैं, और दूसरी तरफ उनके अपने डिस्ट्रिक्ट में उनके विरोधी के रूप में देखे/पहचाने जाने वाले गुलाम वहनवती और विजय जालान का रोटरी में 'कद' बढ़ा । पहली वाली स्थिति को समझने के लिए एक उदाहरण देना काफी होगा - डिस्ट्रिक्ट 3080 में यशपाल दास रोटरी फाउंडेशन ट्रस्टी पद के लिए तथा मधुकर मल्होत्रा रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर पद के लिए उम्मीदवार थे, और यह दोनों भरत पांड्या के समर्थक के रूप में देखे/पहचाने जाते हैं; लेकिन यह दोनों ही जिस तरह से भरत पांड्या के डिस्ट्रिक्ट के गुलाम वहनवती और विजय जालान से 'हार' गए, उसके कारण अब यह भरत पांड्या की उम्मीदवारी को समर्थन दिलवाने के लिए ज्यादा उत्साहित नजर नहीं आ रहे हैं । जोन 4 के दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स में भी इसी तरह के नज़ारे हैं । सिर्फ यही नहीं, रोटरी के बड़े नेताओं पर भी इन नियुक्तियों का बहुत ही प्रतिकूल असर पड़ा है । इसका एक दिलचस्प उदाहरण पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर शेखर मेहता हैं । शेखर मेहता खुद फाउंडेशन ट्रस्टी पद के उम्मीदवार थे, पर पद पाने में असफल रहे; उसके बाद उन्होंने अपने डिस्ट्रिक्ट के देवाशीष मित्रा को रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर का पद दिलवाने का प्रयास किया, लेकिन उसमें भी वह असफल रहे - अपनी इन दोहरी असफलतताओं से पैदा हुई नाराजगी का ठीकरा वह भरत पांड्या की उम्मीदवारी पर फोड़ते नजर आ रहे हैं ।
रोटरी फाउंडेशन ट्रस्टी पद पर गुलाम वहनवती तथा रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर पद पर विजय जालान की नियुक्ति ने जिन जिन लोगों को नाराज किया है, वह सब अपनी अपनी नाराजगी भरत पांड्या की उम्मीदवारी के साथ दिखाने में लग गए हैं - और इस नज़ारे में भरत पांड्या के समर्थकों व विरोधियों का फर्क मिट सा गया है । भरत पांड्या पर दोहरी चोट यह पड़ी है कि रोटरी फाउंडेशन ट्रस्टी पद और रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर पद मिलने से उनके विरोधी के रूप में देखे/पहचाने जाने वाले गुलाम वहनवती और विजय जालान काफी मजबूत हो गए हैं, और इनकी मजबूती भरत पांड्या के लिए सिर दर्द बन गई है । उल्लेखनीय है कि गुलाम वहनवती ने तो एक ही डिस्ट्रिक्ट में होने के बावजूद भरत पांड्या के साथ ही इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत की थी, और नोमीनेटिंग कमेटी में वह थोड़े से अंतर से ही भरत पांड्या से पिछड़े थे । उम्मीद की जा रही थी कि वह चेलैंज करेंगे और यदि वह अपने चेलैंज को मान्य नहीं करवा सके, तो चैलेंजिंग उम्मीदवार की मदद तो जरूर ही करेंगे । इस 'उम्मीद' को देखते/समझते हुए भरत पांड्या ने गुलाम वहनवती को कंट्रोल में करने की व्यवस्था हालाँकि कर ली थी - किंतु उनकी बदकिस्मती रही कि गुलाम वहनवती ट्रस्टी बन गए । गुलाम वहनवती यदि सिर्फ एक पूर्व गवर्नर ही रहते तो इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में कोई खास भूमिका नहीं निभा पाते, लेकिन ट्रस्टी बनने से रोटरी में उनका कद खासा बड़ा हो गया है और अब वह बड़ी भूमिका निभा सकने की हैसियत में हो गए हैं । भरत पांड्या के ही नजदीकियों को लगता है कि जोन के डिस्ट्रिक्ट्स में हर कोई जानता है कि गुलाम वहनवती का भरत पांड्या के साथ विरोध का संबंध है; रोटरी फाउंडेशन में ट्रस्टी होने के बाद गुलाम वहनवती को हर कोई खुश करने की कोशिश भी करेगा - और इस कोशिश में वह गुलाम वहनवती के कुछ कहे बिना ही भरत पांड्या के खिलाफ रहेगा और काम करेगा । इस तरह गुलाम वहनवती के ट्रस्टी बनने से भरत पांड्या के लिए बैठे-बिठाए मुसीबत गले आ पड़ी है ।
इसी तरह का मामला विजय जालान के मामले में भी हुआ है । विजय जालान जब तक सिर्फ पूर्व गवर्नर थे, तब तक वह भरत पांड्या के लिए कोई समस्या नहीं थे - और इसीलिए भरत पांड्या ने भी उनके विरोध की  परवाह नहीं की हुई थी । विजय जालान के विरोध का कारण दरअसल यह रहा है कि विजय जालान को भी अगली बार इंटरनेशनल डायरेक्टर बनना है । वह जान/समझ रहे हैं कि यह तभी संभव होगा जब कि भरत पांड्या इस बार इंटरनेशनल डायरेक्टर न बनें; भरत पांड्या यदि इस बार बनेंगे, तो अगली बार विजय जालान के लिए तो मौका ख़त्म ही हो जायेगा । अपना मौका बनाए रखने के लिए विजय जालान के लिए जरूरी है कि वह किसी भी तरह भरत पांड्या को इस बार इंटरनेशनल डायरेक्टर बनने से रोकें । विजय जालान जब तक सिर्फ पूर्व गवर्नर थे, तब तक इस संबंध में कुछ कर सकना उनके लिए मुश्किल था; किंतु अब रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर बनने के बाद उनकी रोटरी हैसियत में जो बड़ा उछाल आया है - उससे भरत पांड्या और उनके समर्थक सकते में हैं । भरत पांड्या और उनके समर्थक अभी तक विजय जालान को जरा भी गंभीरता से नहीं ले रहे थे, लेकिन बदली परिस्थिति में उनके लिए अब विजय जालान को गंभीरता से लेने की जरूरत आ पड़ी है । गुलाम वहनवती और विजय जालान की बढ़ी रोटरी हैसियत के कारण भरत पांड्या की उम्मीदवारी के सामने जो दोतरफा गंभीर संकट आ खड़ा हुआ है, उसके परिणामस्वरूप भरत पांड्या के लिए अपने डिस्ट्रिक्ट और अपने क्षेत्र के डिस्ट्रिक्ट्स में ही अपने समर्थन-आधार को बचाए रखना मुश्किल हो गया है; और इस मुश्किल के चलते उनके लिए इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चैलेंजिंग उम्मीदवार अशोक गुप्ता द्वारा प्रस्तुत की गई चुनौती और बड़ी तथा संकटपूर्ण हो गई है ।

Wednesday, November 29, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3141 के विजय जालान को रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर का पद मिलने से इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए भरत पांड्या की उम्मीदवारी पर संकट मँडराया, और अशोक गुप्ता के पक्ष में मनोवैज्ञानिक माहौल बना

मुंबई/जयपुर । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए प्रस्तुत किए गए चेलैंज को मान्य करवाने के लिए अशोक गुप्ता को अपने डिस्ट्रिक्ट में मिले जोरदार समर्थन, रंजन ढींगरा के चेलैंज के वापस होने तथा रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर (आरआरएफसी) पद पर विजय जालान की नियुक्ति ने इंटरनेशनल डायरेक्टर पद पर भरत पांड्या के दावे पर गंभीर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने का काम किया है - जिसके चलते इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए जो लड़ाई उन्हें अभी तक आसान लग रही थी, वह उनके लिए मुश्किलोंभरी हो गई लग रही है । विजय जालान के आरआरएफसी बनने पर भरत पांड्या तथा उनके समर्थकों को अपने ही लोगों से सुनने को मिल रहा है कि रोटरी में सभी पद क्या एक ही डिस्ट्रिक्ट के लोगों को मिलेंगे ? उल्लेखनीय है कि अभी पिछले दिनों ही गुलाम वहनवती की रोटरी फाउंडेशन में ट्रस्टी पद पर नियुक्ति हुई है, और अब उनके ही डिस्ट्रिक्ट के विजय जालान आरआरएफसी नियुक्त हो गए हैं । भरत पांड्या भी इन्हीं के डिस्ट्रिक्ट के हैं । ऐसे में, इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में भूमिका निभाने वाले आम और खास रोटेरियंस के बीच यह सवाल उठने लगा है कि रोटरी में सभी बड़े और महत्त्वपूर्ण पद किसी एक ही डिस्ट्रिक्ट के लोगों को ही क्यों मिलने चाहिए ? यह सवाल भरत पांड्या के समर्थन-आधार को डिस्टर्ब करने के साथ घटाने का काम भी करता दिख रहा है । भरत पांड्या के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि उनके डिस्ट्रिक्ट के 'जुड़वाँ भाई' जैसे डिस्ट्रिक्ट 3142 और उनके अपने डिस्ट्रिक्ट में उनके जो विरोधी इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव के संदर्भ में अभी तक नैतिक व मनोवैज्ञानिक कारणों से चुप लगाए बैठे थे, वह अचानक से मुखर होने लगे हैं और 'एक ही डिस्ट्रिक्ट में सभी पद क्यों' जैसे सवाल को हवा दे कर इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की चुनावी दौड़ में भरत पांड्या के सामने मुश्किलें खड़ी करने के अभियान में लग गए हैं ।
इसी के साथ-साथ भरत पांड्या और उनके चुनावी रणनीतिकारों को यह देख/जान कर तगड़ा झटका लगा है कि अशोक गुप्ता को अपने डिस्ट्रिक्ट में जोरदार समर्थन मिला है । भरत पांड्या और उनके नजदीकियों को हालाँकि यह विश्वास तो था ही कि अशोक गुप्ता के चेलैंज को अपने डिस्ट्रिक्ट में पर्याप्त समर्थन मिल जाएगा - लेकिन इतना जोरदार समर्थन मिलने की उन्हें उम्मीद नहीं थी । डिस्ट्रिक्ट के करीब 125 क्लब्स में से 110/112 क्लब्स की तरफ से अशोक गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन में कॉन्करेंस मिली हैं । कॉन्करेंस देने के मामले में जो क्लब्स बचे रह गए हैं, वह भी इसलिए बचे रह गए क्योंकि उनमें से अधिकतर की कॉन्करेंस उचित समय पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कार्यालय में पहुँच नहीं सकी, और बाकी कुछ क्लब्स कॉन्करेंस को अधिकृत करवाने की प्रक्रिया को पूरा नहीं कर सके । इस स्थिति ने जता/दिखा दिया है कि डिस्ट्रिक्ट के मामलों में लोगों की राय और पक्ष भले ही अलग अलग रहते रहे हों, लेकिन अशोक गुप्ता की इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की उम्मीदवारी के मामले में पूरा डिस्ट्रिक्ट उनके समर्थन में है । यह परिदृश्य भरत पांड्या की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं के लिए चिंता का विषय इसलिए है, क्योंकि पहली बात तो यह कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि अशोक गुप्ता को अपने डिस्ट्रिक्ट में इतना व्यापक समर्थन प्राप्त है, और दूसरी बात यह कि अशोक गुप्ता के डिस्ट्रिक्ट में अशोक गुप्ता विरोधी जिन नेताओं पर वह भरोसा कर रहे थे - वह नेता निष्प्रभावी साबित हुए हैं और उनके भरोसे पर खरे नहीं उतरे हैं । इससे भरत पांड्या की उम्मीदवारी के समर्थक नेता यह सोचने के लिए मजबूर हुए हैं कि वह कहीं अशोक गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन-आधार की पहुँच को कम आँकने की गलती तो नहीं कर रहे हैं, और अशोक गुप्ता के साथ निजी खुन्नस रखने वाले विरोधियों पर जरूरत से ज्यादा भरोसा तो नहीं कर रहे हैं ?
भरत पांड्या की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं की रणनीति दरअसल नकारात्मक तिकड़मों पर ही आधारित रही है । अशोक गुप्ता को घेर लेने, उन्हें अपने ही डिस्ट्रिक्ट में 'कमजोर' करने/दिखाने तथा उनके समर्थन-आधार में विभाजन करने पर ही भरत पांड्या की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं का जोर रहा है । इसके तहत अशोक गुप्ता पर रोटरी रिसोर्स ग्रुप के पदाधिकारी के रूप में काम करने पर रोक लगा दी गई, जिसके चलते डिस्ट्रिक्ट 3080 में आयोजित हुए इंटरसिटी सेमीनार में मुख्य अतिथि के रूप में मिले निमंत्रण को स्वीकार करने के बाद उन्हें वापस करने के लिए मजबूर होना पड़ा । अशोक गुप्ता के डिस्ट्रिक्ट में कोशिश की गई कि उन्हें अपनी उम्मीदवारी के समर्थन में ज्यादा कॉन्करेंस न मिल सकें; भरत पांड्या की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं ने यह तो मान लिया था कि अशोक गुप्ता अपनी उम्मीदवारी को मान्य करवाने के लिए जरूरी कॉन्करेंस तो जुटा ही लेंगे, लेकिन उनकी घेरेबंदी के जरिए कोशिश की गई थी कि उन्हें ज्यादा कॉन्करेंस न मिलें - ताकि जोन के दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स के लोगों के बीच यह प्रचारित किया जा सके कि अशोक गुप्ता को तो अपने ही डिस्ट्रिक्ट में समर्थन नहीं है, और उन्होंने तो बस जैसे-तैसे जरूरी कॉन्करेंस जुटाई हैं । अशोक गुप्ता की उम्मीदवारी के पक्ष में दर्ज हुईं 90 प्रतिशत से अधिक क्लब्स की कॉन्करेंस ने लेकिन भरत पांड्या की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं की चाल को फेल कर दिया है । भरत पांड्या की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं ने अशोक गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन-आधार में विभाजन करने के लिए रंजन ढींगरा की उम्मीदवारी के जरिए बड़ी चाल चली थी, लेकिन रंजन ढींगरा की उम्मीदवारी के वापस हो जाने से उनकी उस चाल ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया है ।
मजे की बात यह देखने में आई है कि अशोक गुप्ता की उम्मीदवारी के खिलाफ चली गईं नकारात्मक चालें स्वतः ही फेल होती गईं हैं; उन्हें फेल करने के लिए अशोक गुप्ता और या उनके समर्थक नेताओं को कुछ करना नहीं पड़ा है । अशोक गुप्ता और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप बल्कि यही है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव को उन्हें जिस गंभीरता से लेना चाहिए, उतनी गंभीरता से वह ले नहीं रहे हैं - यदि ले रहे हैं, तो लेते हुए 'दिख' नहीं रहे हैं । संभवतः यह भरत पांड्या के समर्थक नेताओं के द्वारा की गई उनकी घेराबंदी का नतीजा भी हो । इसलिए अशोक गुप्ता और उनके समर्थकों द्वारा बिना कुछ किए ही भरत पांड्या के समर्थक नेताओं की चालबाजियों के फेल होने को किस्मत की बात के रूप में भी देखा/पहचाना जा रहा है । लोगों को लग रहा है कि अशोक गुप्ता और उनके समर्थकों की तुलना में तो उनकी किस्मत ज्यादा तेज चल रही है । इससे लोगों को यह उम्मीद भी बँधी है कि इसे एक सकारात्मक संदेश के रूप में लेते/देखते हुए अशोक गुप्ता और उनके समर्थक/साथी अब ज्यादा जोश और तैयारी के साथ जुटेंगे । भरत पांड्या के समर्थक नेताओं के लिए मुसीबत और चिंता की बात वास्तव में यही है कि हाल-फिलहाल की घटनाओं से अशोक गुप्ता की उम्मीदवारी के पक्ष में जो एक वातावरण बना है, उससे उनके समर्थक नेताओं में खासा जोश पैदा हुआ है और उन्हें लगने लगा है कि माहौल उनके पक्ष में है - उन्हें जरूरत सिर्फ उसे संयोजित व संगठित करने की है । समय ने भरत पांड्या और उनके समर्थक नेताओं के सामने दोहरी मुसीबत खड़ी कर दी है - एक तरफ तो अशोक गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए चुनौती बनती स्थितियाँ खुद-ब-खुद सुलझती जा रही हैं और उनके रास्ते की बाधाएँ अपने आप से दूर हो रही हैं; और दूसरी तरफ विजय जालान को आरआरएफसी का पद मिलने से उनके लिए लोगों को यह समझाना मुश्किल हुआ है कि रोटरी के सभी बड़े और महत्त्वपूर्ण पद एक ही डिस्ट्रिक्ट के लोगों को क्यों मिलने चाहिए ? इसलिए विजय जालान के रीजनल रोटरी फाउंडेशन कोऑर्डीनेटर बनने ने भरत पांड्या की इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की उम्मीदवारी के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है ।

Thursday, July 23, 2015

रोटरी कोऑर्डिनेटर विजय जालान के रवैये से निराश और नाराज होने के बाद मुकेश अरनेजा ने असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर के रूप में निमंत्रण और मान-सम्मान पाने के लिए इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई से मदद की जो गुहार लगाई है, उसने मनोज देसाई को मुसीबत में डाला

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा की एक गुहार ने इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई को अजीब से संकट में फँसा दिया है । मुकेश अरनेजा ने मनोज देसाई से उन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को डांट लगाने की गुहार लगाई है, जो उन्हें असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर के उनके पद के अनुरूप काम और सम्मान नहीं दे रहे हैं । मनोज देसाई से की गई अपनी शिकायत में मुकेश अरनेजा ने अपने इमीडियेट बॉस - रोटरी कोऑर्डिनेटर विजय जालान को भी लपेट लिया है । मुकेश अरनेजा की शिकायत है कि असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर के रूप में उन्हें जिन डिस्ट्रिक्ट्स का चार्ज मिला है, उनके डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अपने अपने डिस्ट्रिक्ट में उन्हें बुला ही नहीं रहे हैं; बुलाए जाने के लिए उन्होंने खुद अपनी तरफ से पहल भी की, किंतु अलग अलग तरह की बहानेबाजी करके डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स ने उन्हें टाल दिया है । मुकेश अरनेजा का कहना है कि इस बारे में पहले उन्होंने विजय जालान से शिकायत की थी, विजय जालान ने लेकिन इस बारे में आवश्यक कार्रवाई करना तो दूर - उलटे उन्हें ही बदनाम करना शुरू कर दिया है । मुकेश अरनेजा के अनुसार, विजय जालान जहाँ-तहाँ लोगों को बताते फिर रहे हैं कि मुकेश अरनेजा की रोटरी में इतनी बदनामी है कि कोई गवर्नर उन्हें अपने यहाँ आमंत्रित ही नहीं करना चाहता है । जोन 4 तथा जोन 6ए के रोटरी कोऑर्डिनेटर विजय जालान के रवैये से निराश और नाराज होने के बाद मुकेश अरनेजा ने अब मनोज देसाई से गुहार लगाई है कि वह उन्हें संदर्भित डिस्ट्रिक्ट्स में असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर के रूप में निमंत्रण दिलवाएँ ।
मनोज देसाई की समस्या यह है कि मुकेश अरनेजा को असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर का पद देने के कारण वह पहले से ही रोटेरियंस की आलोचना के निशाने पर हैं । मुकेश अरनेजा जैसे बदनाम व्यक्ति को इतना महत्वपूर्ण पद देकर मनोज देसाई ने अपनी समझदारी और अपने विवेक को सवालों के घेरे में तो ला ही दिया है - रही/सही कसर मुकेश अरनेजा ने लोगों को बार बार यह बता कर पूरी कर दी कि मनोज देसाई को इंटरनेशनल डायरेक्टर चुनवाने में नोमीनेटिंग कमेटी के सदस्य के रूप में उन्होंने जो मदद की थी, उसके धन्यवाद के रूप में मनोज देसाई ने उन्हें यह पद दिया है । दरअसल पिछले दिनों मुकेश अरनेजा की हरकतों के कारण उन्हें जब उनके क्लब से निकाल दिया गया था, तब यह सवाल उठा था कि इस बिना पर क्या मनोज देसाई उनसे असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर का पद वापस ले लेंगे ? इस सवाल के जबाव में ही मुकेश अरनेजा ने लोगों के बीच दावा किया था कि उन्होंने ही मनोज देसाई को इंटरनेशनल डायरेक्टर चुनवाया था, और इसी बात को याद रखते हुए मनोज देसाई ने उन्हें यह पद दिया है - इसलिए यह पद वापस लेने के बारे में मनोज देसाई सोच भी नहीं पायेंगे । मुकेश अरनेजा को हर बात का - खासतौर से हर किसी को चुनाव जितवाने का श्रेय लेने का बहुत शौक है; उनके अपने डिस्ट्रिक्ट में उनका एक जुमला बड़ा मशहूर है कि 'मैं चाहूँ तो सड़क से एक रिक्शेवाले को पकड़ कर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनवा दूँ'; लेकिन मनोज देसाई के बारे में किए गए उनके इस तरह के दावे ने मनोज देसाई के लिए असहज स्थिति पैदा की । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की जिम्मेदारी सँभाल रहे मनोज देसाई इस स्थिति को तो किसी तरह झेल रहे थे, लेकिन मुकेश अरनेजा की नई गुहार ने उनके लिए एक अजीब तरह की समस्या खड़ी कर दी है । 
मनोज देसाई के लिए समस्या की बात यह है कि उनके द्वारा नियुक्त एक असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर को यदि संदर्भित डिस्ट्रिक्ट्स में आमंत्रित करने लायक नहीं समझा जा रहा है, तो यह उनके 'फैसले' पर भी एक कठोर टिप्पणी है - मुकेश अरनेजा दरअसल इसी तर्क का सहारा लेकर मनोज देसाई को उकसा रहे हैं, और उन्हें संदर्भित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए तैयार करने का प्रयास कर रहे हैं । मनोज देसाई के लिए किंतु समस्या यह है कि वह क्या कार्रवाई करें और किस आधार पर करें ? वह यदि कोई कार्रवाई करते भी हैं तो अपनी ही फजीहत करवायेंगे । रोटरी कोऑर्डिनेटर विजय जालान के अनुभव ने उनके लिए यह संभावना और बढ़ा भी दी है । मुकेश अरनेजा की शिकायत पर विजय जालान ने अपने तरीके से मामले को हल करने का प्रयास किया तो था, किंतु संदर्भित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स ने जब उन्हें साफ बता दिया कि मुकेश अरनेजा जैसे बदनाम व्यक्ति को तवज्जो देने के लिए उनके डिस्ट्रिक्ट में कोई भी राजी नहीं है, तब फिर वह कैसे उन्हें अपने यहाँ आमंत्रित कर सकते हैं ? संदर्भित डिस्ट्रिक्ट्स में मुकेश अरनेजा के प्रति बने इस माहौल में असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर मुकेश अरनेजा के लिए कुछ करने में मनोज देसाई को खतरा ही खतरा नजर आ रहा है । 
मनोज देसाई इसीलिए चाहते हैं कि इस मामले को मुकेश अरनेजा खुद ही हल करें । मुकेश अरनेजा लेकिन रमेश अग्रवाल के साथ हुए 'हादसे' से डरे हुए हैं । उल्लेखनीय है कि अभी कुछ ही दिन पहले रमेश अग्रवाल को डिस्ट्रिक्ट 3011 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुधीर मंगला से अपने यहाँ के कार्यक्रमों में आमंत्रित न करने की शिकायत करने पर कई प्रमुख लोगों की उपस्थिति में भारी फटकार सुनने को मिली थी । रमेश अग्रवाल रोटरी इंडिया विन्स कमेटी के जोनल कोऑर्डिनेटर हैं और इस बात से बड़े परेशान रहते हैं कि उनके पास जो पद है, उसके अनुरूप उन्हें निमंत्रण और सम्मान नहीं मिलता । मुकेश अरनेजा के पहले चेले रहे और फिर साथी बने किंतु अब मुकाबलेबाज बने रमेश अग्रवाल के रंग-ढंग मुकेश अरनेजा जैसे ही हैं; और बदनामी 'कमाने' में भी उनके साथ होड़ में रहते हैं । तीन-तिकड़म से यह दोनों अपने लिए पदों का जुगाड़ तो कर लेते हैं, लेकिन पद के साथ जो मान-सम्मान मिलना चाहिए - उसके न मिलने पर परेशान रहते हैं । ये यह समझने में विफल रहे हैं कि पद तो तीन-तिकड़म से और जुगाड़ से मिल जाते हैं; किंतु मान-सम्मान तो व्यवहार और आचरण से ही मिलता है । इस बात को भूल कर एक कार्यक्रम में रमेश अग्रवाल ने जब डिस्ट्रिक्ट 3011 के गवर्नर सुधीर मंगला से शिकायत की, तो सुधीर मंगला ने उन्हें तबीयत से ऐसी झाड़ पिलाई कि उनके लिए बचना मुश्किल हो गया । मौके पर मौजूद पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता ने किसी तरह सुधीर मंगला को शांत करके रमेश अग्रवाल को बचाया । रमेश अग्रवाल के साथ यह जो बीती, उससे सबक लेते हुए मुकेश अरनेजा ने आमंत्रण न मिलने को लेकर संदर्भित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स से बात करने का साहस नहीं किया और पहले विजय जालान से मदद की गुहार लगाई, और अब मनोज देसाई से शिकायत की है । उन्हें उम्मीद है कि मनोज देसाई अवश्य ही उनकी मदद करेंगे । यह देखना दिलचस्प होगा कि मुकेश अरनेजा को संदर्भित डिस्ट्रिक्ट्स से निमंत्रण और वहाँ मान-सम्मान दिलवाने के लिए इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई क्या करते हैं ?