Monday, March 11, 2013

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की लड़ाई में विजय शिरोहा और राजिंदर बंसल के तेवरों को देख कर सुरेश जिंदल अपनी उम्मीदवारी को फ़िलहाल स्थगित करने पर मजबूर हुए


रोहतक/नई दिल्ली । विजय शिरोहा और राजिंदर बंसल ने मिलकर डिस्ट्रिक्ट के दिल्ली के नेताओं की राजनीति में ऐसा पंक्चर किया है कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद को लेकर होने वाली सारी राजनीति का तमाशा ही बन गया है । दिल्ली के नेताओं ने एकसाथ मिल कर जिन सुरेश जिंदल को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का उम्मीदवार घोषित किया था, विजय शिरोहा और राजिंदर बंसल के कारण उन सुरेश जिंदल के लिए अपनी उम्मीदवारी के समर्थन में अभियान चलाना तक मुश्किल हो गया है और इसीलिये उन्हें रोहतक में घोषित की गई अपनी उम्मीदवारी के समर्थन में होने वाली मीटिंग को स्थगित करने के लिए मजबूर होना पड़ा है । सिर्फ इतना ही नहीं, सुरेश जिंदल अपनी उम्मीदवारी के समर्थन को लेकर तैयार किये गए अपने दूसरे कार्यक्रमों को भी स्थगित करने के लिए मजबूर हुए हैं । इस तरह, सुरेश जिंदल की उम्मीदवारी ही संकट में पड़ गई है ।
दिल्ली के कुछेक नेताओं ने हालाँकि सुरेश जिंदल को आश्वस्त करने की कोशिश की है कि उन्हें विजय शिरोहा और राजिंदर बंसल की चिंता नहीं करना चाहिए तथा अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने का काम जारी रखना चाहिए, लेकिन सुरेश जिंदल ने लगता है कि तय कर लिया है कि उन्हें यदि विजय शिरोहा और राजिंदर बंसल का समर्थन नहीं मिला तो फिर वह उम्मीदवार नहीं बनेंगे । विजय शिरोहा और राजिंदर बंसल का सुरेश जिंदल की उम्मीदवारी से विरोध सिर्फ इस बात को लेकर है कि सुरेश जिंदल उन्हें विश्वास में लिए बिना ही उम्मीदवार बन गए हैं । सुरेश जिंदल की इस 'हरकत को इन्होंने बड़ी होशियारी से 'हरियाणा के लोगों के अपमान' के साथ जोड़ दिया है । उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले राजिंदर बंसल ने पहल करके रोहतक में हरियाणा के लोगों की एक मीटिंग आयोजित की थी, जिसका कुल लुब्बोलुबाब यह था कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के संदर्भ में हरियाणा की बारी के समय हरियाणा के लोगों को उम्मीदवार चुनने का मौका मिलना चाहिए । उक्त मीटिंग में विजय शिरोहा की उपस्थिति को सुनिश्चित करके राजिंदर बंसल ने एक बड़ी 'जीत' प्राप्त की थी, हालाँकि तब उनकी इस 'जीत' को दूसरे नेताओं ने इग्नोर ही किया था । दरअसल, उस समय इस बात को कोई समझ ही नहीं पाया कि उक्त मीटिंग से राजिंदर बंसल ने 'पाया' क्या ? इसीलिये किसी ने भी राजिंदर बंसल की 'चालों' को गंभीरता से नहीं लिया ।
यही कारण रहा कि दिल्ली के नेताओं ने सुरेश जिंदल की उम्मीदवारी को हरी झंडी देते समय इस बात का जरा भी ख्याल नहीं रखा कि राजिंदर बंसल इस हरी झंडी के बावजूद सुरेश जिंदल की उम्मीदवारी की ट्रेन को रोक लेंगे । दिल्ली के नेताओं ने चूँकि चंद्रशेखर मेहता को साध लिया था, इसलिए उन्होंने मान लिया था कि अब राजिंदर बंसल ही क्या कर लेंगे ? राजिंदर बंसल को इग्नोर करने के साथ-साथ दिल्ली के नेताओं ने विजय शिरोहा को भी अनदेखा करने का एक और दुस्साहस किया । बस यही दुस्साहस उन्हें भारी पड़ा । राजिंदर बंसल ने विजय शिरोहा के साथ मिल कर - जिसकी आधार-भूमि वह पहले ही तैयार कर चुके थे - हरियाणा से आने वाले उम्मीदवार का फैसला हरियाणा के लोगों द्धारा तय करने का नारा उछाला । इसके बाद सुरेश जिंदल के लिए अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाना मुश्किल ही नहीं, असंभव हो गया । सुरेश जिंदल ने अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने हेतु रोहतक में जो मीटिंग बुलाई उसमें रोहतक के अधिकतर लोगों के अनुपस्थित रहने का उन्हें जैसे ही आभास हुआ, उन्होंने उक्त मीटिंग स्थगित ही कर दी । सुरेश जिंदल के लिए बुरी बात यह हुई कि हरियाणा के जिन भी नेताओं से उन्होंने समर्थन को लेकर बात की, उनसे उन्हें यही ताना सुनने को मिला कि उम्मीदवार बनने के लिए तो हमसे सलाह करने की आपने जरूरत नहीं समझी, तो अब जिनकी सलाह से उम्मीदवार बने हो उनसे ही समर्थन मांगो ।
राजिंदर बंसल ने विजय शिरोहा के हाव-भाव देख/जान कर दरअसल बहुत पहले ही यह भाँप लिया था कि विजय शिरोहा जिन लोगों के साथ हैं, उन्हें बहुत दिनों तक झेल नहीं पाएंगे । राजिंदर बंसल ने जिस 'आधार' पर विजय शिरोहा को भाँपने/पहचानने में देर नहीं की, उस 'आधार' को समझने/पहचानने की लेकिन विजय शिरोहा के 'साथियों' ने कभी कोई जरूरत ही नहीं समझी और विजय शिरोहा की बातों को अव्यावहारिक बता कर उन्हें अनदेखा ही करते रहे । विजय शिरोहा के साथी नेताओं ने विजय शिरोहा को और उनके आदर्शों व लक्ष्यों को तो कोई तवज्जो नहीं ही दी, उनके राजनीतिक महत्व को भी कम करके आँका । विजय शिरोहा के प्रति विजय शिरोहा के साथी नेताओं की इसी लापरवाही को राजिंदर बंसल ने अपनी पूँजी बनाया और डिस्ट्रिक्ट के धुरंधर समझे जाने वाले नेताओं की साझी राजनीति के 'घोड़े' को न केवल थाम लिया, बल्कि उसे उल्टा लौटने पर भी मजबूर कर दिया । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति का अभी का सच यही है कि सुरेश जिंदल की उम्मीदवारी को डिस्ट्रिक्ट के सभी तुर्रमखां समझे जाने वाले नेताओं का समर्थन है, लेकिन फिर भी वह अपनी उम्मीदवारी को लेकर आगे नहीं बढ़ रहे हैं क्योंकि विजय शिरोहा और राजिंदर बंसल उनके समर्थन में नहीं हैं । अभी का नजारा यही है कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का उम्मीदवार होने की इच्छा रखने वाले सभी संभावित उम्मीदवार विजय शिरोहा और राजिंदर बंसल से हरी झंडी मिलने के बाद ही आगे बढ़ने को तैयार होने की बात कर रहे हैं ।
विजय शिरोहा के बारे में पता नहीं कितने लोगों को यह जानकारी है कि वह कवितायेँ भी लिखते हैं । अपने फेसबुक अकाउंट पर अभी हाल में उन्होंने अपनी जिस कविता को पोस्ट किया है, उसे पढ़ कर उनके इरादों और उनकी जिद की थाह ली जा सकती है । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के संदर्भ में हाल ही में घटी घटनाओं को याद करते हुए इस कविता को पढ़िए और यह समझने की कोशिश कीजिये कि विजय शिरोहा के मन में आखिर चल क्या रहा है ? 

"चक्रव्यूह से निकलने की कोशिश में लगा मन,
मकसद की पतवार लेकर
भंवर से भरे झील में
चलाता रहा नाव
प्यास से अनजान
प्यास से विमुख
हर रात सोया झील में......
चाँद हंसा शरद पूर्णिमा का
अमृत की बूंद गिरी....
मन ने अलसाई आँखों को खोला
पतवार की पकड़ मजबूत हुई
रास्ते का ज्ञान मिला..................

मकसदों की रास थामे ज़िन्दगी यूँ मिलेगी
कब सोचा था !
मन मचला , बलखाया, इतराया
अमावस्या की आहट से बेखबर
मंजिल की ओर बढा...
घना अँधेरा जब छाया
मन अकुलाया , घबराया
उजाले का इंतज़ार किया...
हँसा मन बिलख कर -
चक्रव्यूह के घेरे में मकसद की पतवार लेकर
न थी कहीं कोई ज़िन्दगी,
न कोई हल...
चलना था, बस चलना था...

मन को थी एक आस
एक छोटा-सा विश्वास
गर परिवर्तन जीवन का नियम है
तो इतना तो तय है
अमावस्या को भी जाना है
चाँद को फिर आना है..."


Thursday, March 7, 2013

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में चेयरमैन के चुनाव में चरनजोत सिंह नंदा के लोगों ने राजिंदर नारंग को तोड़ने पर सारा जोर लगाया

नई दिल्ली । इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में चेयरमैन के चुनाव में चरनजोत सिंह नंदा खेमे के लोगों के लिए अपनी पहचान और साख खोने का खतरा पैदा हो गया है । इस खेमे के नेताओं के सामने समस्या यह पैदा हो गई है कि चेयरमैन के चुनाव का जो परिदृश्य अभी तक बना हुआ है उसमें इनके पास करने को कुछ है ही नहीं । खेमे से जुड़े नेता यूँ तो अपने आप को बड़ा नेता मानते/समझते हैं, लेकिन नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन के चुनाव में वह खाली बैठे हुए हैं और एक-दूसरे का तथा दूसरों का मुँह ताकने के अलावा उनके पास कोई काम ही नहीं है । इस खेमे के एसबी सिंह, सुधीर कत्याल, सुनील मग्गू, राजेश शर्मा आदि नेताओं ने अपने-अपने तरीके से अपने आप को चुनावी परिदृश्य में लाने की कोशिशें तो बहुत की हैं लेकिन उनकी दाल गली नहीं है । मजे की बात यह है कि नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सबसे ज्यादा सदस्य इसी खेमे के पास हैं, लेकिन फिर भी इनके लिए करने को कुछ बचा नहीं है ।
उल्लेखनीय है कि नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में चुने गए सदस्यों में मनोज बंसल, हरित अग्रवाल और राज चावला को इसी खेमे का माना/देखा जाता है । इन तीन में से एक - राज चावला उस आठ सदस्यीय ग्रुप का हिस्सा हो गए हैं, जिसने चेयरमैन पद की राजनीति की संभावना के विकल्पों को सीमित कर दिया है । बाकी दो - मनोज बंसल और हरित अग्रवाल उन लोगों में रह गए जिन्हें सिर्फ दर्शक की भूमिका निभानी पड़ सकती है । चरनजोत सिंह नंदा खेमे के लोगों को विश्वास था कि उनके पास चूँकि तीन सदस्य हैं, इसलिए चेयरमैन चुनने की चाबी उनके पास ही रहेगी । उनका यह विश्वास तब भी बना रहा जब आठ सदस्यों ने एक ग्रुप बना लिया । यह विश्वास बने रहने का कारण यह उम्मीद बनी कि आठ सदस्यों का ग्रुप बन जरूर गया है, लेकिन यह ग्रुप चलेगा नहीं । आठ सदस्यों का ग्रुप लेकिन जब चलता हुआ दिखा तो इन्होंने ग्रुप को तोड़ने की कोशिशें शुरू कीं - इनकी कोशिशों से झटका लेकिन ग्रुप को नहीं, इन्हें ही लगा । पहला झटका राज चावला ने ही इन्हें दिया । सुधीर कत्याल का दावा था कि उन्होंने राज चावला को चुनाव जितवाने के लिए दिन-रात एक किया था, लिहाजा अब वह जैसे जहाँ बैठने को कहेंगे राज चावला वहीं बैठेंगे । राज चावला ने लेकिन उन्हें और उनकी राजनीति को कोई तवज्जो नहीं दी । राज चावला ने उन्हें साफ बता दिया कि उनके चक्कर में वह अपनी संभावना को धूमिल नहीं करेंगे ।
चरनजोत सिंह नंदा खेमे के नेताओं को दूसरा झटका राजिंदर नारंग और योगिता आनंद से मिला । आठ सदस्यीय खेमे को तोड़ने में लगे नेताओं ने दरअसल इन्हीं दोनों को खेमे की कमजोर कड़ियों के रूप में देखा/पहचाना था । आठ सदस्यीय खेमे के बाकी छह सदस्यों को चूँकि 'इस' या 'उस' नेता के साथ जोड़ा जाता है, इसलिए उनके टूटने की संभावना कम देखी गई - और इस कारण आठ सदस्यीय खेमे को तोड़ने में लगे लोगों ने सारा जोर राजिंदर नारंग और योगिता आनंद को तोड़ने पर लगाया । योगिता आनंद को चुनाव के दौरान चूँकि चरनजोत सिंह नंदा के समर्थक राजेश शर्मा ने तरह-तरह से बहुत परेशान किया था, इसलिए उनके ग्रुप से आसानी से अलग होने की ज्यादा उम्मीद नहीं थी - लिहाजा सारा जोर राजिंदर नारंग पर लगाया गया । राजिंदर नारंग को चूँकि आठ सदस्यीय ग्रुप के पीछे की मुख्य चालक शक्ति के रूप में देखा/पहचाना गया इसलिए भी उन्हें घेरने/तोड़ने की कोशिशों पर ज्यादा जोर दिया गया ।
राजिंदर नारंग को ऑफर दिया गया कि वह यदि 'उनके' साथ आ जायें तो चेयरमैन बन सकते हैं । उल्लेखनीय है कि आठ सदस्यीय ग्रुप बनाने और उसे सँभाले रखने का काम तो राजिंदर नारंग कर रहे हैं, लेकिन चेयरमैन पद के लिए उनका खुद का नाम ही नहीं है - लिहाजा उन्हें घेरने/तोड़ने की कोशिशों में लगे लोगों को लगा कि उनकी महत्वाकांक्षा को भड़का कर वह अपना काम बना सकते हैं । राजिंदर नारंग को यह पहचानने/समझने में कोई देर नहीं लगी कि जो लोग उन्हें चेयरमैन का पद ऑफर कर रहे हैं, वह सिर्फ उन्हें झाँसा दे रहे हैं, क्योंकि उनके पास ऐसा कुछ है ही नहीं जिसके भरोसे वह किसी को चेयरमैन बनवा सकें । आठ सदस्यीय ग्रुप के बाहर जो पाँच सदस्य हैं उनमें एक गोपाल कुमार केडिया चेयरमैन बनने के लिए ताल ठोंके बैठे हैं । बाकी चार सदस्यों में एक मनोज बंसल भी 'मौके' की ताक में हैं । जाहिर है कि राजिंदर नारंग और योगिता आनंद को तोड़ने की कोशिश करने वाले चरनजोत सिंह नंदा खेमे के लोगों के पास कुछ है नहीं - वह तो दरअसल अपने आप को परिदृश्य में बनाये रखने के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं ।
चरनजोत सिंह नंदा खेमे के नेताओं को अभी तक कामयाबी मिली नहीं है - लेकिन उन्होंने अभी तक हार भी नहीं मानी है । वह अभी भी तोड़-फोड़ की अपनी कोशिशों में लगे हुए हैं । वह सिर्फ यह दिखाना चाहते हैं कि नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में जो कुछ भी हो रहा है, वह उनके किये से हो रहा है - हो चाहे जो भी । उनके निशाने पर अभी भी राजिंदर नारंग ही हैं । उनका खेल यह है कि राजिंदर नारंग के टूटने से या उनकी भूमिका के संदिग्ध होने से आठ सदस्यीय ग्रुप अपने आप ही बिखर जायेगा । ऐसे में, यह देखना दिलचस्प होगा कि वह राजिंदर नारंग पर भारी पड़ते हैं या राजिंदर नारंग उन पर भारी पड़ते हैं ।

Wednesday, March 6, 2013

अशोक अग्रवाल और दीपक गुप्ता के दबाव में जेके गौड़ गाजियाबाद सेंट्रल के किसी सदस्य को डिस्ट्रिक्ट होली मिलन समारोह का चेयरमैन नहीं बना सके क्या ?

गाजियाबाद । रोटरी डिस्ट्रिक्ट होली मिलन समारोह पदों की बंदरबांट के आरोपों में फँस गया है । क्लब्स के अध्यक्षों तथा अन्य प्रमुख रोटेरियंस को अँधेरे में रख कर अशोक अग्रवाल और दीपक गुप्ता ने जिस षड्यंत्रपूर्ण तरीके से चेयरमैन के पद हथिया लिए हैं, उसके कारण लोगों के बीच भारी नाराजगी है । मजे की बात यह है कि डिस्ट्रिक्ट होली मिलन समारोह की तैयारी के लिए मीटिंग्स तो की जा रही हैं, लेकिन सारी चीजें/बातें पहले से ही तय हो जा रही हैं और मीटिंग्स में तो बस फैसले सुनाये जाते हैं । पिछली मीटिंग में लोग जब मिले तो यह जान कर हैरान रह गए कि समारोह की आयोजन कमेटी के चेयरमैन अशोक अग्रवाल और दीपक गुप्ता बना दिए गए हैं । लोगों के बीच यह सहज सवाल पैदा हुआ और कुछेक ने यह पूछा भी कि इन्हें चेयरमैन किसने और कब बना दिया ? कुछेक लोगों ने यह भी कहा कि यदि इसी मनमाने तरीके से फैसले करने हैं तो फिर मीटिंग्स का नाटक करने की जरूरत भला क्या है ? इससे पिछली मीटिंग में समारोह स्थल को लेकर रोटरी क्लब नॉर्थ के अध्यक्ष सुधीर गोयल ने काफी हंगामा किया था ।
सुधीर गोयल इस बात से बुरी तरह खफा हुए कि रेड कारपेट में समारोह करने के नाम पर ज्यादा पैसा क्यों खर्च किया जा रहा है, जबकि उससे कम पैसे में उससे अच्छी, बड़ी और सुविधापूर्ण जगह में समारोह किया जा सकता है । सुधीर गोयल यह बताये जाने पर और भड़के कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल चाहते हैं कि समारोह रेड कारपेट में ही हो । यह सुन कर सुधीर गोयल ने कहा कि तो फिर रमेश अग्रवाल ही समारोह कर ले । सुधीर गोयल का कहना रहा कि होली मिलन समारोह के आयोजन की जिम्मेदारी जब गाजियाबाद के क्लब्स को दी गई है तो फिर उन्हीं को फैसला करने देना चाहिए और फैसले उन पर थोपे नहीं जाने चाहिए । लेकिन सुधीर गोयल की एक नहीं सुनी गई । लोगों के बीच चर्चा यह भी सुनी गई कि रेड कारपेट में ही समारोह आयोजित करने की जिद के पीछे मुख्य कारण रेड कारपेट में फँसे किसी के पैसे निकलवाना है । यानि होली मिलन समारोह के पीछे कई दूसरे दूसरे खेल भी चल रहे हैं । रेड कारपेट में ही समारोह करने की मनमानी के बाद अशोक अग्रवाल और दीपक गुप्ता को षड़यंत्र तरीके से चुपचाप चेयरमैन बना दिए जाने से लोग और भड़क गए हैं ।
बताया जाता है कि अशोक अग्रवाल और दीपक गुप्ता ने जेके गौड़ पर दबाव बना कर समारोह की तैयारी से जुड़े लोगों को अँधेरे में रख कर चेयरमैन का पद हथिया लिया है । इन दोनों ने रोटरी क्लब गाजियाबाद सेंट्रल के किसी सदस्य को चेयरमैन बनाने की जेके गौड़ की कोशिश को भी कामयाब नहीं होने दिया । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार के रूप में जेके गौड़ को रोटरी क्लब गाजियाबाद सेंट्रल की जिस तरह से खुली मदद मिली थी, जिसके लिए वह कुछेक अवसरों पर उसके प्रमुख सदस्यों का सार्वजनिक रूप से खुल कर आभार भी व्यक्त कर चुके हैं - उसके बदले में वह गाजियाबाद सेंट्रल के योगेश गर्ग, सुभाष जैन, अतुल जैन और अतुल गोयल में से किसी एक को चेयरमैन बनाना चाहते थे, लेकिन अशोक अग्रवाल और दीपक गुप्ता ने उसमें अड़ंगा डाल दिया । अशोक अग्रवाल का विरोध तो स्वाभाविक था क्योंकि उनकी तो गाजियाबाद सेंट्रल के इन नेताओं से कभी भी बनी नहीं; दीपक गुप्ता ने इसलिए विरोध किया क्योंकि उन्हें लगा कि गाजियाबाद सेंट्रल से किसी के चेयरमैन होने से उन्हें मनमानी करने का मौका नहीं मिलेगा । जेके गौड़ के रवैये पर भी लोगों को हैरानी हुई कि जो दीपक गुप्ता उम्मीदवार के रूप में हमेशा ही उनकी खिल्ली उड़ाते रहे, उन्हें उपेक्षित और लोगों के बीच अपमानित करने की कोशिश करते रहे उन दीपक गुप्ता को तो जेके गौड़ ने चेयरमैन बना दिया; लेकिन उनकी उम्मीदवारी का खुला समर्थन करने वाले गाजियाबाद सेंट्रल के लोगों में से किसी को चेयरमैन बनाने के मुद्दे पर वह अशोक अग्रवाल और दीपक गुप्ता के दबाव में आ गए ?
लोगों को लगता है कि जेके गौड़ तो सभी को साथ लेकर चलना चाहते हैं और इसीलिये वह अब इस बात को याद नहीं रखना चाहते हैं कि दीपक गुप्ता ने उनकी उम्मीदवारी में किस किस तरीके से रोड़े अटकाने और व्यक्तिगत रूप से उनकी खिल्ली उड़ाने का काम किया था - लेकिन अशोक अग्रवाल की मनमानियों के चलते वह असहाय से बने हुए हैं । दीपक गुप्ता के साथ आ जुड़ने से स्थिति और विकट हो गई है । लोगों का कहना है कि दीपक गुप्ता गाजियाबाद में होने वाले रोटरी के आयोजनों में उपस्थित होने के लिए भले ही समय न रखते हों लेकिन होली/दीवाली जैसे आयोजनों में मुखिया बनने के लिए तिकड़म लगाने और फिर उसकी तैयारी में मनमानी करने के लिए उनके पास समय की कोई कमी नहीं होती । इस वर्ष होने जा रहे होली मिलन समारोह की तैयारी में अशोक अग्रवाल और दीपक गुप्ता द्धारा षड्यंत्रपूर्ण तरीके से चेयरमैन के पद हथिया लेने से और मनमानी करने से जेके गौड़ की उम्मीदवारी के समर्थन में गाजियाबाद में जो एका बना था, उसके छिन्न-भिन्न होने का खतरा पैदा हो गया है ।

Wednesday, February 27, 2013

विनोद बंसल को सुशील गुप्ता की नाराजगी के कारण शेखर मेहता के 'दरबार' से बाहर होना पड़ा है क्या ?

नई दिल्ली । शेखर मेहता ने हैदराबाद में आयोजित हो रही रोटरी साउथ एशिया समिट 2013 की तैयारियों से विनोद बंसल को जिस तरह दूर रखा है, उसे देख कर विनोद बंसल और उनके शुभचिंतकों को गहरा धक्का लगा है । धक्का लगने का कारण यह है कि अभी पिछले रोटरी वर्ष में ही कोलकाता में आयोजित हुए रोटरी इंस्टीट्यूट में शेखर मेहता ने विनोद बंसल को काफी तवज्जो दी थी । विनोद बंसल के लिए भी और दूसरे लोगों के लिए भी हैरानी की बात यही है कि करीब डेढ़ वर्ष की अवधि में ऐसा क्या हो गया जो इंटरनेशनल डायरेक्टर शेखर मेहता ने विनोद बंसल को अपनी 'कोटरी' से बाहर कर दिया है । विनोद बंसल के लिए ज्यादा तगड़े झटके की बात यह है कि शेखर मेहता ने इस बार मुकेश अरनेजा को अपेक्षाकृत ज्यादा तवज्जो दी है । मुकेश अरनेजा के पास समिट के प्रमोशन की जिम्मेदारी है । विनोद बंसल की शेखर मेहता द्धारा की गई उपेक्षा को देख/जान कर ही मुकेश अरनेजा ने समिट के प्रमोशन से विनोद बंसल को अलग-थलग रखा हुआ है और सिर्फ रमेश अग्रवाल और जेके गौड़ को आगे करके ही समिट को प्रमोट करने का काम कर रहे हैं ।
विनोद बंसल आने वाले वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद पर होंगे और इस नाते से समिट के प्रमोशन में उनकी अपील ज्यादा कारगर होगी - लेकिन मुकेश अरनेजा ने उन्हें पूरी तरह अलग-थलग रखा हुआ है । किन्हीं-किन्हीं लोगों ने उनसे इस बारे में पूछा भी तो उन्होंने यह कहते हुए कि विनोद बंसल डीटीटीएस की तैयारी में व्यस्त होने के कारण समिट के प्रमोशन के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं, ठीकरा विनोद बंसल के सिर पर ही फोड़ दिया है । विनोद बंसल और शेखर मेहता के बीच की नजदीकियों की जिन भी लोगों को जानकारी हैं, उनके लिए यह समझना सचमुच मुश्किल हो रहा है कि आखिर क्यों शेखर मेहता ने खुद तो विनोद बंसल को किनारे लगाया ही है, साथ ही नए-नए बने अपने खुशामदिये मुकेश अरनेजा से भी विनोद बंसल को अपमानित करवा रहे हैं ? डिस्ट्रिक्ट में ही नहीं, डिस्ट्रिक्ट से बाहर के भी कई लोग जानते हैं कि विनोद बंसल ने खुद से आगे बढ़-बढ़ कर शेखर मेहता की मदद की है - पिछले रोटरी वर्ष में शेखर मेहता की देख-रेख में कोलकाता में हुए रोटरी इंस्टीट्यूट के लिए शेखर मेहता को विनोद बंसल ने स्पोंसरशिप के जरिये बड़ी रकम तो दिलवाई ही थी, शेखर मेहता के हर दिल्ली दौरे पर वह उनकी सेवा में भी हाजिर रहते रहे हैं । इंटरनेशनल डायरेक्टर के रूप में शेखर मेहता ने भी प्रायः हमेशा ही विनोद बंसल को सेवा के बदले 'मेवा' उपलब्ध करवाई है । लेकिन अब अचानक से लोगों ने शेखर मेहता को विनोद बंसल से दूरी बनाते/रखते देखा है ।
शेखर मेहता ने पिछले रोटरी वर्ष में कोलकाता में आयोजित हुए रोटरी इंस्टीट्यूट में विनोद बंसल को जो अतिरिक्त तवज्जो दी थी, उसके चलते उन्होंने डीजीएन होने के बावजूद विनोद बंसल को एक कमेटी में लिया था । अलग-अलग कमेटियों के सदस्यों में पीडीजी स्तर के लोग ही थे, एक अकेले विनोद बंसल ही थे तो पीडीजी नहीं थे, लेकिन फिर भी वह एक कमेटी में थे । कमेटी में तो शेखर मेहता ने उन्हें इस बार भी रखा है, लेकिन उनका परिचय तक गलत दिया गया है - समिट की साइट पर उन्हें पीडीजी बताया गया है, जबकि पीडीजी होने में उन्हें अभी सोलह महीने हैं; अभी तो वह डीजी भी नहीं बने हैं । शेखर मेहता ने अभी भी विनोद बंसल को फंड जुटाने की ही जिम्मेदारी दी है । विनोद बंसल और उनके नजदीकियों को इसी बात का अफ़सोस है कि शेखर मेहता ने उन्हें बस एटीएम मशीन भर माना हुआ है ।
शेखर मेहता की 'कोटरी' से विनोद बंसल के बाहर होने के कारणों की पड़ताल करने वाले लोगों ने जाना/समझा है कि इस स्थिति के लिए खुद विनोद बंसल भी जिम्मेदार हैं । विनोद बंसल ने अपनी महत्वाकांक्षा में सिर्फ शेखर मेहता के साथ ही नजदीकी नहीं बनाई, बल्कि हर 'बड़े' आदमी के नजदीक होने की कोशिश की । उनकी इस कोशिश को देख/जान कर शेखर मेहता ने समझ लिया कि विनोद बंसल पर विश्वास नहीं किया जा सकता और उन्हें अपनी 'कोटरी' का सदस्य नहीं बनाया जा सकता । इस तरह, हर किसी के नजदीक होने की विनोद बंसल की कोशिश ने उन्हें शेखर मेहता से दूर कर दिया है । कुछेक बड़े नेताओं का कहना है कि शेखर मेहता की 'कोटरी' से पत्ता कटवाने का काम पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता ने किया है । सुशील गुप्ता को विनोद बंसल का राजेश बत्रा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाना दरअसल पसंद नहीं आया । सुशील गुप्ता को हर वर्ष डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से कुछ फेबर लेने होते हैं - विनोद बंसल को राजेश बत्रा के नजदीक देख कर सुशील गुप्ता ने समझ लिया कि उन्हें विनोद बंसल के गवर्नर-काल में उक्त फेबर नहीं मिल पाएंगे; लिहाजा उन्होंने शेखर मेहता के दरबार से विनोद बंसल की छुट्टी करवा दी । शेखर मेहता चूँकि सुशील गुप्ता के 'आदमी' माने जाते हैं, इसलिए सुशील गुप्ता का आदेश मान लेने में शेखर मेहता ने कोई देर नहीं की ।

Tuesday, February 26, 2013

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में शिव कुमार गुप्ता ने अपनी उम्मीदवारी की शक्ति को प्रदर्शित किया और दिखाया कि उन्हें हल्के में नहीं लिया जा सकता

लखनऊ । शिव कुमार गुप्ता ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में समर्थन जुटाने और दिखाने के उद्देश्य से लखनऊ में जो आयोजन किया, उसे विशाल सिन्हा द्धारा किये गए पिकनिक कार्यक्रम के जबाव के रूप में ही देखा/पहचाना जा रहा है । विशाल सिन्हा के पिकनिक कार्यक्रम ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए विशाल सिन्हा की उम्मीदवारी को जो 'बढ़त' दिखाई थी, उसे 'रोकने' के लिए शिव कुमार गुप्ता पर कुछ करने का भारी दबाव था । राजनीति के खिलाड़ी अच्छी तरह जानते हैं कि चुनाव तथ्यों के भरोसे नहीं, अवधारणा और दिखावे के सहारे लड़े जाते हैं । विशाल सिन्हा और उनके समर्थक भी जानते थे - तथा शिव कुमार गुप्ता और उनके समर्थक भी जानते थे - कि यह बिलकुल जरूरी नहीं है कि विशाल सिन्हा की पिकनिक पार्टी में शामिल होने वाले सभी लोगों का वोट विशाल सिन्हा को ही मिलेगा । लेकिन इसके बावजूद पिकनिक पार्टी में जुटे लोगों की भीड़ ने विशाल सिन्हा की उम्मीदवारी को 'बढ़त' देने का काम किया ही था ।
विशाल सिन्हा और उनके समर्थकों ने भी पिकनिक पार्टी में जुटे लोगों की भीड़ का विवरण दे दे कर लोगों के बीच यह प्रचरित किया और यह माहौल बनाने कि कोशिश की की उन्हें लखनऊ में एकतरफा समर्थन है । इस प्रदर्शन और प्रचार के बाद शिव कुमार गुप्ता के लिए कुछ करना जरूरी हो गया था । यह इसलिए भी जरूरी हो गया था ताकि लोगों को ऐसा न लगे कि शिव कुमार गुप्ता तो कुछ कर ही नहीं रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच यह इंप्रेशन अभी भी बना हुआ है - यह सच है कि इसे बनाये रखने में उनके विरोधियों ने बहुत होशियारी से मेहनत भी की है - कि शिव कुमार गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर केएस लूथरा ने जबरदस्ती उम्मीदवार बनाया हुआ है और वह उम्मीदवार के 'कर्तव्यों' का कोई पालन नहीं करेंगे । इस इंप्रेशन के कारण भी शिव कुमार गुप्ता के लिए कुछ करना सचमुच जरूरी हो गया था । उनके समर्थक जानते हैं कि उनकी लड़ाई आसान नहीं है । शिव कुमार गुप्ता के एक समर्थक कहते भी हैं कि विशाल सिन्हा की उम्मीदवारी के पीछे जो लोग हैं, उनकी क्षमताएँ जाहिर हैं और उनके दावे सच साबित होते रहे हैं, जबकि शिव कुमार गुप्ता के पीछे जो लोग हैं उन्हें अपनी क्षमताएँ अभी दिखानी हैं और अपने दावों को सच करके अभी दिखाना है । इसलिए भी शिव कुमार गुप्ता के लिए कुछ करना जरूरी था ।
शिव कुमार गुप्ता ने जो करके दिखाया है, उसके जरिये उन्होंने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों को आश्वस्त करने का और डिस्ट्रिक्ट के लोगों को यह संदेश देने का काम किया है कि वह पूरी गंभीरता के साथ अपनी उम्मीदवारी को ले रहे हैं और उम्मीदवार के 'कर्तव्यों' का सक्रियता के साथ निर्वाह करने को तैयार हैं । शिव कुमार गुप्ता और उनके समर्थकों को उम्मीद है कि इस आयोजन से डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच उनकी उम्मीदवारी के प्रति विश्वास बनेगा/बढ़ेगा । हालाँकि जो बात विशाल सिन्हा की पिकनिक पार्टी के बारे में सच थी, वही बात शिव कुमार गुप्ता के इस आयोजन के बारे में भी सच है कि उपस्थित लोगों को उनके समर्थक और वोटर के रूप में नहीं देखा/माना जा सकता है । दोनों ही कार्यक्रमों में विरोधी उम्मीदवार के समर्थक और वोटर उपस्थित थे । लेकिन इस आयोजन के जरिये शिव कुमार गुप्ता ने अपनी उम्मीदवारी को विश्वसनीय बनाने का जो प्रयास किया है, उसके चलते सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का चुनावी मुकाबला दिलचस्प जरूर हो गया है ।
शिव कुमार गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन में हुए आयोजन की कुछ झलकियाँ : 









Sunday, February 24, 2013

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में चेयरमैन के चुनाव में गोपाल कुमार केडिया को प्रेसीडेंट सुबोध कुमार अग्रवाल की मदद सचमुच मिल पायेगी क्या

नई दिल्ली । इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में चेयरमैन के चुनाव में गोपाल कुमार केडिया द्धारा इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट सुबोध कुमार अग्रवाल की मदद जुटाने की कोशिशों ने खासी गर्मी पैदा कर दी है । गोपाल कुमार केडिया दरअसल इस वर्ष चेयरमैन बनने के लिए अपने आप को पूरी तरह उपर्युक्त मान रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या यह है कि जिन लोगों को चेयरमैन चुनना है, उनके बीच उनके पक्ष में पर्याप्त समर्थन दिख नहीं रहा है । गोपाल कुमार केडिया रीजनल काउंसिल में अभी वाइस चेयरमैन के पद पर हैं और अभी हाल ही में हुए चुनाव में नॉर्दर्न रीजन में उन्हें सबसे ज्यादा वोट मिले हैं - जिसे वह इस बात के सुबूत के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं कि उन्हें अनुभव भी है और लोगों का समर्थन भी उनके साथ है; और इसलिए चेयरमैन बनने के लिए वह सर्वथा उपर्युक्त हैं । लेकिन उनकी मुसीबत यह है कि जिन बातों को वह अपनी 'उपलब्धियों' के रूप में देख/बता रहे हैं, उनकी वही उपलब्धियाँ उनकी राह का रोड़ा बनी हुईं हैं ।
रीजनल काउंसिल में वाइस चेयरमैन होने को गोपाल कुमार केडिया भले ही अपनी उपलब्धि के रूप में देख/बता रहे हों, लेकिन दूसरे लोगों का कहना है कि उनके वाइस चेयरमैन होने के बावजूद रीजनल काउंसिल का यह वर्ष सबसे ख़राब वर्ष रहा है - क्या इससे यह साबित नहीं होता कि प्रतिकूल स्थितियों से निपटने की उनमें जरा भी काबिलियत नहीं है ? यह ठीक है कि रीजनल काउंसिल में इस वर्ष जो भी गड़बड़ियाँ रहीं, गोपाल कुमार केडिया उनके लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं रहे हैं; लेकिन उन्होंने हालात को सँभालने की भी तो कोई कोशिश नहीं की, और यदि की तो सँभाल नहीं सके - और इस कारण से वाइस चेयरमैन होने के कारण चेयरमैन बनने के उनके तर्क का दम निकल जाता है । रीजन में ज्यादा वोट पाना भी गोपाल कुमार केडिया के लिए मुसीबत बन गया है । अगली बार सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवार होने के लिए तैयारी कर रहे लोगों को गोपाल कुमार केडिया में एक दमदार प्रतिद्धन्द्धी दिख रहा है । उन्हें डर हो रहा है कि चेयरमैन होने के बाद गोपाल कुमार केडिया सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करेंगे और तब उनके लिए मुश्किलें खड़ी करेंगे - इसलिए उन्हें गोपाल कुमार केडिया को खींचे रखने में ही अपनी भलाई दिख रही है । गोपाल कुमार केडिया ऐसे लोगों को हालाँकि यह विश्वास दिलाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि सेंट्रल काउंसिल में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है, लेकिन कोई भी उनकी बात का भरोसा ही नहीं कर रहा है ।
गोपाल कुमार केडिया अपनी खूबियों के कमजोरियाँ बन जाने के कारण रीजनल काउंसिल के नए सदस्यों के बीच पूरी तरह अकेले और अलग-थलग पड़ गए नजर आ रहे हैं । इसके बावजूद खेल अभी भी उनके लिए पूरी तरह ख़त्म नहीं हुआ है । प्रतिकूल स्थितियों में भी गोपाल कुमार केडिया के लिए अपने पक्ष में मौका बनाने का अवसर छिपा हुआ है । गोपाल कुमार केडिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती आठ सदस्यों वाला जो ग्रुप बना हुआ है, उसमें चेयरमैन पद के कई उम्मीदवारों के होने में गोपाल कुमार केडिया की उम्मीद बनी हुई है । उल्लेखनीय है कि नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के अगले सत्र के लिए चुने गए तेरह सदस्यों में से आठ सदस्यों का जो ग्रुप बना है, वह ऊपर से देखने पर तो बाकी बचे पाँच सदस्यों - जिनमें एक गोपाल कुमार केडिया भी हैं - को सत्ता से बाहर रखने का आभास देता है; लेकिन कई लोगों को लगता है कि ग्रुप बना चुके लोगों में चूँकि चेयरमैन पद के कई उम्मीदवार हैं इसलिए इस ग्रुप के एक बने रहने को लेकर संदेह है । आठ लोगों के ग्रुप में हंसराज चुग, विशाल गर्ग, राधे श्याम बंसल और राज चावला को चेयरमैन पद के घोषित उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है - और कई लोगों को लगता है कि जिस दिन चेयरमैन पद के लिए उम्मीदवार तय करने का मौका आएगा, उस दिन यह ग्रुप टूट जायेगा । ग्रुप के कर्ता-धर्ताओं को भी शायद इस बात का अंदेशा है, इसीलिये वह अभी तक चेयरमैन पद की उम्मीदवारी पर आपस में बात करने से बच रहे हैं ।
आठ सदस्यों के ग्रुप में टूट की यही आशंका गोपाल कुमार केडिया की उम्मीद को बनाये हुए है । गोपाल कुमार केडिया को ग्रुप से बाहर रह गए बाकी चार सदस्यों के समर्थन की भी उम्मीद है । यूँ तो 'यह' चारों अलग-अलग 'मिजाज' और खेमों के लोग हैं, लेकिन मजबूरी में यह एक हो सकते हैं - गोपाल कुमार केडिया के सामने चुनौती सिर्फ इस बात की है कि वह इन्हें अपने पक्ष में 'एक' कैसे करें ? यहीं इन्हें इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट सुबोध कुमार अग्रवाल की मदद की जरूरत नजर आती है । गोपाल कुमार केडिया को लगता है कि सुबोध कुमार अग्रवाल के दिलचस्पी लेने पर ग्रुप से बाहर रह गए चारों सदस्यों को उनके पक्ष में किया जा सकता है और फिर उसके बाद आठ सदस्यीय ग्रुप में तोड़-फोड़ करवा कर से उसके दो-तीन सदस्यों को अपनी तरफ कर लेने में भी कोई मुश्किल नहीं होंगी; और इस तरह वह चेयरमैन बन जायेंगे । किंतु सवाल यह है कि सुबोध कुमार अग्रवाल आखिर क्यों गोपाल कुमार केडिया की मदद करेंगे ? गोपाल कुमार केडिया को इसका भरोसा इस कारण से क्योंकि सुबोध कुमार अग्रवाल से उनका नजदीकी रिश्ता है । गोपाल कुमार केडिया कई मौकों पर सुबोध कुमार अग्रवाल को अपना साढु भाई बता चुके हैं । अब साढु भाई वाले रिश्ते में सुबोध कुमार अग्रवाल से गोपाल कुमार केडिया इतनी मदद की उम्मीद तो कर ही सकते हैं । सुबोध कुमार अग्रवाल भी चूँकि चुनावी राजनीति की तिकड़मों के ऊँचे खिलाड़ी हैं, इसलिए गोपाल कुमार केडिया की उनसे जो उम्मीद है वह संभव और प्रासंगिक दिखती है । इस संभावना को सच बनाने को लेकर गोपाल कुमार केडिया की जो सक्रियता है, उसके चलते नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में चेयरमैन पद का चुनाव खासा दिलचस्प हो गया है - और रोज नये-नये तमाशे देखने को मिल सकते हैं ।           

Tuesday, February 19, 2013

डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन में मुकेश गोयल ने सुनील निगम की कमजोर नस को पकड़ कर चुनावी राजनीति का सारा सीन ही बदल दिया है

गाजियाबाद । मुकेश गोयल के एक मास्टर स्ट्रोक ने कुंजबिहारी अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, एलएम जखवाल, सुधीर जनमेजा जैसे खुद को धुरंधर समझ रहे नेताओं को ऐसा 'अकेला' कर दिया कि उनके लिए यह समझना मुश्किल हो गया है कि वह करें तो क्या करें ? मजे की बात यह हुई है कि अपना मास्टर स्ट्रोक चलने के लिए मुकेश गोयल ने 'छड़ी' भी इनकी ही इस्तेमाल की है । उल्लेखनीय है कि सुनील निगम की उम्मीदवारी के भरोसे इन लोगों ने अपने-अपने उल्लू सीधे किये हुए थे और मुकेश गोयल को किनारे किया हुआ था । मुकेश गोयल प्रतिकूल परिस्थितियों में कुछ ऐसे फँसे हुए थे कि उन्हें अपने लायन राजनीतिक जीवन में सबसे बुरे दिनों का सामना करना पड़ रहा था । उनके पास कोई उम्मीदवार नहीं था और सुनील निगम के रूप में डिस्ट्रिक्ट में जो एक अकेला उम्मीदवार था, वह उन्हें खुलेआम लताड़ रहा था । मुकेश गोयल को धूल में मिलाने की पहले भी कई बार कोशिशें हुईं हैं और कुछेक बार ऐसा लगा भी कि मुकेश गोयल का खेल बस अब ख़त्म हो गया है - लेकिन मुकेश गोयल ने हर बार उसी धूल में अपने लिए ताकत बटोरी और फिर से खड़े हो गए । इस बार नजारा लेकिन कुछ संगीन था । हालाँकि कुछेक लोग यह देखने/जानने को जरूर उत्सुक थे कि मुकेश गोयल अब की बार कैसे उबरते हैं ? इस 'उत्सुकता' में हालाँकि मजा लेने का भाव ज्यादा था ।
यह इसलिए था क्योंकि मुकेश गोयल के लिए उम्मीद की किरण कहीं नहीं दिख रही थी । मौजूदा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एलएम जखवाल और आने वाले वर्ष के गवर्नर सुधीर जनमेजा ने सुनील निगम को सिर पर बैठाया हुआ था, तो कुंजबिहारी अग्रवाल तथा सुशील अग्रवाल बार-बार सुनील निगम को आशीर्वाद दे रहे थे और इस कारण से सुनील निगम आपे से बाहर हुए जा रहे थे और मुकेश गोयल के खिलाफ जो कुछ भी कह सकते थे, वह कह रहे थे । इस स्थिति से निपटने के लिए जरूरी था कि मुकेश गोयल कोई दमदार उम्मीदवार लायें । जब तक विनय मित्तल के उम्मीदवार बनने की चर्चा/संभावना थी, तब तक तो सुनील निगम थोड़ा डरे हुए से थे; लेकिन स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों और प्रोफेशन संबंधी व्यस्तताओं के कारण जब विनय मित्तल की उम्मीदवारी की संभावना ख़त्म हो गई, तब सुनील निगम बिलकुल बेफिकर और बेलगाम हो गए । इसके साथ ही मुकेश गोयल के सीन में बने रहने की उम्मीदें भी ध्वस्त हो गईं ।
मुकेश गोयल ने लेकिन फिर ऐसा मास्टर स्ट्रोक खेला कि सारा सीन ही बदल गया । लोग यह देख कर आश्चर्य में पड़ गए कि जो सुनील निगम लगातर मुकेश गोयल को गलिया रहे थे, अब वह उनकी आरती गाने लगे । हर किसी के सामने यह सवाल आ खड़ा हुआ कि मुकेश गोयल ने सुनील निगम पर आखिर ऐसा क्या जादू किया ? जादू-वादू कुछ नहीं, मुकेश गोयल ने सुनील निगम की कमजोर नस को पकड़ लिया था : मुकेश गोयल ने सुनील निगम को बहुत व्यावहारिक तरीके से बताया कि वह उन्हें कैसे मुफ्त में गवर्नर बनवा सकते हैं । सुनील निगम ने यह जानते/समझते ही सुर और अपने 'देवता' तुरंत बदल लिए । उनकी लताड़ के निशाने पर अब कुंज बिहारी अग्रवाल, सुशील अग्रवाल और एलएम जखवाल आ गए । सुनील निगम ने इन लोगों की इस बात के लिए तीखी आलोचना की कि इन लोगों ने उनसे खूब-खूब पैसे खर्च करवाने का इंतजाम किया हुआ है । सुनील निगम की बातों को एलएम जखवाल ने सुना तो उनके तो हाथों के तोते उड़ गए । उन्हें अपनी डिस्ट्रिक्ट कोंफ्रेंस तबाह होती हुई दिखी । डिस्ट्रिक्ट कोंफ्रेंस के कई आयोजन उन्होंने सुनील निगम के भरोसे संपन्न करने की योजना बनाई हुई थी, वह आयोजन उन्हें डूबते हुए नजर आये । एलएम जखवाल ने बीच-बचाव के लिए सुधीर जनमेजा से गुहार लगाई; सुधीर जनमेजा ने सुनील निगम को समझाने की कोशिश की कि कुछेक खर्चे तो उन्हें करने ही पड़ेंगे; सुनील निगम ने लेकिन उन्हें भी ऐसी खरी-खोटी सुनाई कि सुधीर जनमेजा को चुप रहने में ही अपनी भलाई दिखी ।
मुकेश गोयल ने सिर्फ सुनील निगम को ही अपने पाले में नहीं किया, मलकीत सिंह जस्सर को सुधीर जनमेजा के गवर्नर-काल में इंस्टालेशन चेयरपरसन 'बनवा' कर उन्हें भी अपना मुरीद बना लिया । कुंज बिहारी अग्रवाल ने यह जाना तो मलकीत सिंह जस्सर से नाराजगी व्यक्त की - इसका असर यह हुआ कि मलकीत सिंह जस्सर ने मुकेश गोयल से नजदीकी और बना ली । सुधीर जनमेजा कहने को तो अभी भी सुशील अग्रवाल के खासमखास हैं, लेकिन मल्टीपल काउंसिल चेयरपरसन की अपनी भविष्य की राजनीति के लिए सुनील जैन को साधने के लिए उन्होंने भी मुकेश गोयल के साथ जुड़ने में ही अपनी भलाई देखी/पहचानी । पिछले लायन वर्ष में अचानक से सुनील जैन को उम्मीदवार बना और जितवा कर मुकेश अरनेजा ने जिन सुनील निगम को अपने से दूर कर लिया था; और जिन सुनील निगम को छड़ी बना कर मुकेश गोयल को पीटने की तैयारी की गई थी उन्हीं सुनील निगम को अपने पाले में ला कर मुकेश गोयल ने अपनी खोई हुई जमीन को फिर से पाने का जो उद्द्यम किया है, उसे देख/जान कर उनके विरोधी अभी तो भौंचक हैं और मुकेश गोयल के इस वार से निपटने की तरकीबें सोचने में लगे हैं । यानि आगे आने वाले दिन दिलचस्प होंगे ।