Wednesday, November 28, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में अशोक अग्रवाल के खिलाफ आचारसंहिता के उल्लंघन का आरोप लगाने में जल्दबाजी करके अमित गुप्ता के क्लब के पदाधिकारियों ने अशोक अग्रवाल के समर्थकों को हमलावर होने तथा चुनावी दौड़ में अपनी बढ़त जताने/बताने का मौका दे दिया है क्या ?

गाजियाबाद । अमित गुप्ता की तरफ से अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी को बाँधने तथा दौड़ से बाहर करने की तैयारी तो पक्की की गई थी, लेकिन अशोक अग्रवाल की तरफ से बचाव में की गई घेराबंदी ने उनकी तैयारी को उलझा दिया है । अशोक अग्रवाल की तरफ से दिखाए गए तेवर ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुभाष जैन को भी असमंजस में फँसा दिया है, जिस कारण उन्होंने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया है । उल्लेखनीय है कि 4 नवंबर को रोटरी क्लब शिप्रा सनसिटी के एक आयोजन में अशोक अग्रवाल के शामिल होने और मंच पर बैठने को चुनावी आचारसंहिता का उल्लंघन करना मानते हुए अमित गुप्ता के क्लब - रोटरी क्लब गाजियाबाद सेंट्रल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को शिकायत की और जरूरी कार्रवाई करने की माँग की । शिकायत की बात सार्वजनिक होते ही अशोक अग्रवाल और उनके समर्थक सक्रिय हुए, जिनका कहना रहा कि 4 नवंबर को न तो अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी आधिकारिक रूप से प्रस्तुत हुई थी, और न ही उनके क्लब ने उनकी उम्मीदवारी को अधिकृत रूप से मंजूरी ही दी थी - इसलिए अशोक अग्रवाल उस समय चुनावी आचारसंहिता के घेरे में थे नहीं; दूसरी बात यह कि रोटरी क्लब शिप्रा सनसिटी के उस आयोजन में अशोक अग्रवाल को किसी भी रूप में प्रमोट नहीं किया गया था; मंच पर उन्हें यदि बैठाया गया था तो सिर्फ इसलिए क्योंकि यह एक नया क्लब है, जो अपने आयोजन में उपस्थित डिस्ट्रिक्ट के वरिष्ठ रोटेरियंस को सम्मानित करना चाहता था । मंच से न तो खुद अशोक अग्रवाल ने और न अन्य किसी ने अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी को प्रमोट करने का काम किया । इन तर्कों के साथ, अशोक अग्रवाल के समर्थकों ने दावा किया कि अशोक अग्रवाल की तरफ से चुनावी आचारसंहिता का उल्लंघन करने का कोई मामला नहीं बनता है; और यदि जबर्दस्ती मामला बनाने का प्रयास किया गया तो आधिकारिक रूप से उसका जबाव दिया जायेगा और मुकाबला किया जायेगा । अशोक अग्रवाल के समर्थकों ने यह दावा करके अमित गुप्ता और उनके समर्थकों को दबाव में और ला दिया है कि वह जब अपने आपको अशोक अग्रवाल के साथ चुनावी मुकाबले में पिछड़ता हुआ पा रहे हैं, तो झूठे मुद्दे उठा कर अशोक अग्रवाल को चुनावी दौड़ से बाहर करने की योजना बनाने लगे हैं ।  
मजे की बात यह रही कि जिस आयोजन में अशोक अग्रवाल द्वारा चुनावी आचारसंहिता का उल्लंघन करने की शिकायत की गई है, उसमें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुभाष जैन खुद मौजूद थे । इस तथ्य को इस्तेमाल करते हुए अशोक अग्रवाल के समर्थक दावा कर रहे हैं कि उक्त आयोजन में चुनावी आचारसंहिता का उल्लंघन यदि हो रहा होता, तो सुभाष जैन खुद उसका संज्ञान लेते और आवश्यक कार्रवाई करते; लेकिन सुभाष जैन का कोई कार्रवाई न करना साबित करता है कि उक्त आयोजन में कुछ भी गलत नहीं हो रहा था । अमित गुप्ता की तरफ से हुई शिकायत में बताया गया है कि 31 अक्टूबर को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कार्यालय से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए नामांकन माँगे जाने की ईमेल आने के बाद अशोक अग्रवाल ने 2 नवंबर को सभी प्रेसीडेंट्स को ईमेल लिख कर सूचित किया कि चूँकि उनका क्लब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए उनका नाम प्रस्तावित करना चाहता है, इसलिए वह डिस्ट्रिक्ट के सभी पदों से इस्तीफा दे रहे हैं । इसके बाद भी, वह 4 नवंबर को एक क्लब के अधिकृत आयोजन में शामिल हुए और इसतरह उन्होंने चुनावी आचारसंहिता का उल्लंघन किया । अशोक अग्रवाल के समर्थकों का कहना है कि अमित गुप्ता के क्लब के पदाधिकारियों ने उतावलेपन के जोश में जल्दबाजी दिखाई और तथ्यों को जाँचे बिना शिकायत ठोक दी । 2 नवंबर को ईमेल के जरिये अशोक अग्रवाल ने सभी प्रेसीडेंट्स को डिस्ट्रिक्ट के सभी पदों से इस्तीफा देने की बात इसलिए बताई थी, ताकि कोई प्रेसीडेंट अपने क्लब के किसी आयोजन में उन्हें पदाधिकारी के रूप में आमंत्रित न करे । शिकायत करने वाले पदाधिकारी यह तो पता कर लेते कि 4 नवंबर को अशोक अग्रवाल क्या सचमुच अपने पदों से इस्तीफा दे चुके थे और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुभाष जैन उनका इस्तीफा कर चुके थे क्या ? अशोक अग्रवाल के समर्थकों का कहना है कि इसके अलावा सौ बात की एक बात, शिकायत करने वालों ने डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन गाइडलाइंस का जो हवाला दिया है, वह सभी गाइडलाइंस 'उम्मीदवार' पर लागू होती हैं - और 4 नवंबर को अशोक अग्रवाल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए आधिकारिक रूप से 'उम्मीदवार' नहीं थे ।
अमित गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थक भी समझ/मान रहे हैं कि अमित गुप्ता के क्लब के पदाधिकारियों ने शिकायत करने में जल्दबाजी करके अशोक अग्रवाल और उनके समर्थकों को एक तरफ तो सावधान कर दिया, और दूसरी तरफ अशोक अग्रवाल के समर्थकों को हमलावर होने का मौका दे दिया । अशोक अग्रवाल के समर्थक जोर-शोर से इस बात को प्रचारित करने में लगे हैं कि अमित गुप्ता के समर्थकों ने लगता है कि अशोक अग्रवाल की जीत को भाँप लिया है, और इसलिए ही वह अशोक अग्रवाल से चुनावी मुकाबले में भिड़ने की बजाए झूठे आरोप लगा कर अशोक अग्रवाल को चुनावी दौड़ से बाहर करने की कोशिशों में जुट गए हैं । इस मामले में दिलचस्प नजारा यह रहा कि अशोक अग्रवाल के खिलाफ हुई शिकायत को शुरु में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल का समर्थन मिलता दिखा था, लेकिन जैसे जैसे यह स्पष्ट होता गया कि उक्त शिकायत में दम नहीं है - रमेश अग्रवाल ने भी अपने पैर पीछे लौटा लिए हैं । दरअसल, अशोक अग्रवाल के खिलाफ 18 नवंबर को शिकायत दर्ज होते ही जिस तरह से रमेश अग्रवाल सक्रिय हुए, उससे डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच यह संदेश गया कि इस शिकायत के पीछे रमेश अग्रवाल हैं । इससे मामला अमित गुप्ता के पक्ष में बनने की बजाये बिगड़ और गया । दरअसल रमेश अग्रवाल अपनी हरकतों के चलते इस समय पूरी तरह अलग-थलग बने/पड़े हुए हैं । रमेश अग्रवाल की न मौजूदा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुभाष जैन से बन रही हैं, और न आने वाले वर्षों में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पदभार संभालने वाले दीपक गुप्ता व आलोक गुप्ता से बन रही है । पिछले दिनों हालाँकि रमेश अग्रवाल ने दीपक गुप्ता व आलोक गुप्ता के साथ अपने संबंध सुधारने की कोशिश तो की, लेकिन वह चूँकि इन दोनों के बारे में इतनी बकवासबाजी कर चुके हैं कि यह दोनों अभी तो रमेश अग्रवाल को माफ करने के मूड में नहीं दिखते हैं । वास्तव में इसीलिए जैसे ही डिस्ट्रिक्ट में लोगों का आभास हुआ कि अशोक अग्रवाल के खिलाफ शिकायत करवा कर रमेश अग्रवाल डिस्ट्रिक्ट में अपनी वापसी की कोशिश कर रहे हैं, वैसे ही लोग रमेश अग्रवाल की कोशिश के खिलाफ सक्रिय हो गए । इस चक्कर में अशोक अग्रवाल को उन लोगों का भी समर्थन मिल गया है, जिन्हें उनके खिलाफ देखा/पहचाना जा रहा था । अशोक अग्रवाल के समर्थकों की सक्रियता के चलते अशोक अग्रवाल के खिलाफ हुई शिकायत का मामला अभी तो दबता हुआ दिख रहा है, लेकिन देखने की बात यह होगी कि उनके खिलाफ शिकायत करने वाले मामले को यहीं छोड़ देते हैं या आगे बढ़ाते हैं ।

Monday, November 26, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनय मित्तल और पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनील जैन ने जिस तरह से विनय मित्तल को फँसाने की मुकेश गोयल की चाल को फेल किया है, उसमें डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति को एक बड़ी करवट लेते देखा/पहचाना जा रहा है

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनय मित्तल को 'काबू' में करने के लिए मुकेश गोयल ने उन्हें पंकज बिजल्वान के जरिये पुलिस में फँसाने की जो कोशिश की है, उसने हर किसी को हैरान किया है । हर किसी का यही मानना/कहना है कि मुकेश गोयल से उन्हें यह उम्मीद नहीं थी कि डिस्ट्रिक्ट की व्यवस्था व राजनीति में अपनी प्रमुखता बनाए रखने के लिए वह इस हद तक जायेंगे । डिस्ट्रिक्ट की व्यवस्था व राजनीति तथा उसमें मुकेश गोयल की ऊपर/नीचे होती रही स्थिति से परिचित रहे लोगों का कहना/बताना है कि एक लायन नेता के रूप में मुकेश गोयल के सामने बहुत बड़ी बड़ी चुनौतियाँ आईं हैं, लेकिन मुकेश गोयल ने अपने राजनीतिक कौशल से ही उन चुनौतियों का सामना किया है । यह पहली बार देखने में आया है कि विनय मित्तल से मिल रही चुनौती से निपटने में उन्हें जैसे अपने राजनीतिक कौशल पर भरोसा नहीं रह गया है, और उन्हें विनय मित्तल को पुलिस केस में फँसा/फँसवा कर विनय मित्तल को 'काबू' में करने का हथकंडा अपनाना पड़ा । मजे की बात यह रही कि मुकेश गोयल ने विनय मित्तल को फँसवाने के लिए जिन पंकज बिजल्वान का इस्तेमाल किया, विनय मित्तल की प्रतिउत्तर में की जाने वाली पुलिस कार्रवाई की धमकी में वह पंकज बिजल्वान भी फँसते हुए नजर आए; और तब पंकज बिजल्वान ने हापुड़ की बजाये देहरादून में ही समझौता कर लेने में अपनी खैर समझी और मुकेश गोयल की योजना फेल हो गई । मुकेश गोयल के लिए झटके की बात यह भी रही कि मामले को ज्यादा बिगड़ने से बचाने तथा मुकेश गोयल की योजना को फेल करने का श्रेय पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनील जैन को मिल गया - जिन्होंने अपनी सूझबूझ व अपने प्रभाव से दोनों पक्षों को सम्मानजनक समझौते के लिए राजी कर लिया ।
मामला पंकज बिजल्वान का हस्तारक्षित एक कोरा कागज विनय मित्तल के पास होने से जुड़ा था । दरअसल डिस्ट्रिक्ट में बहुत दिनों से लोगों के बीच यह चर्चा चल ही रही थी कि विनय मित्तल, पंकज बिजल्वान को जोन चेयरमैन के पद से हटायेंगे । लोगों के बीच जारी चर्चा में कुछेक लोग पंकज बिजल्वान को जोन चेयरमैन पद से हटाने के कारण के रूप में पंकज बिजल्वान को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की उम्मीदवारी से रोकने की रणनीति के रूप में देख रहे थे; तो कुछेक लोग पंकज बिजल्वान की लोगों के साथ फोन पर होने वाली बातचीत को टेप करने तथा फिर उस रिकॉर्डेड बातचीत के आधार पर लोगों को बदनाम करने तथा उनसे राजनीतिक सौदेबाजी करने की शिकायतों पर की जाने वाली कार्रवाई के रूप में देख रहे थे । कई लोगों ने विनय मित्तल से शिकायत की हुई थी कि पंकज बिजल्वान उनसे डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति पर तथा डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख लोगों के बारे में बातेँ करते हैं, और उस बातचीत को उनकी जानकारी के बिना रिकॉर्ड कर लेते हैं - और फिर वह बातचीत मुकेश गोयल तथा शिव कुमार चौधरी को सुनाते/सुनवाते हैं । यह शिकायत करने वाले लोग विनय मित्तल से माँग कर रहे थे कि इस तरह की हरकतें करने तथा डिस्ट्रिक्ट में लोगों के बीच वैमनस्य व झगड़ा पैदा करने वाले पंकज बिजल्वान को वह जोन चेयरमैन के पद से हटाएँ । इस तरह की चर्चाओं के बीच पंकज बिजल्वान दीवाली मिलने के बहाने गाजियाबाद में विनय मित्तल से उनके ऑफिस में मिले, जहाँ फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीवा अग्रवाल संयोगवश पहले से मौजूद थे । विनय मित्तल ने उन्हें स्पष्ट कर दिया कि फोन पर बातचीत को रिकॉर्ड करने तथा फिर उसका दुरुपयोग करने को लेकर उन पर जो आरोप हैं, उनके कारण वह अपनी टीम में उन्हें बनाए नहीं रख पायेंगे । तब पंकज बिजल्वान ने उनसे अनुरोध किया कि वह उन्हें जोन चेयरमैन पद से हटाएँ न, क्योंकि तब लोगों के बीच उनकी फजीहत होगी और वह खुद ही अपने पद से इस्तीफा दे देंगे । विनय मित्तल से एक कोरा कागज लेकर और उस पर अपने हस्ताक्षर करके पंकज बिजल्वान ने वह कागज विनय मित्तल को यह कहते हुए दे दिया कि कोई सम्मानपूर्ण सा तर्क देकर वह इस्तीफे की इबारत इस पर लिख लें । कुछ अपनी प्रोफेशनल व्यस्तता और कुछ अपने सीधे स्वभाव के कारण विनय मित्तल ने इस्तीफे की इबारत लिखने पर उस समय जोर नहीं दिया और सीधे/सरल स्वभाव में पंकज बिजल्वान द्वारा हस्ताक्षरित कागज अपने पास रख लिया ।
पंकज बिजल्वान ने लेकिन दो-तीन दिन बाद ही रंग बदल लिया । उन्होंने विनय मित्तल पर आरोप लगाया कि विनय मित्तल ने उन्हें दबाव में लेकर एक कोरे कागज पर उनसे हस्ताक्षर करवा लिए हैं और उस कागज का पता नहीं वह क्या दुरुपयोग करेंगे । समझा जाता है और लोगों के बीच चर्चा है कि पंकज बिजल्वान के इस रंग बदलने में मुकेश गोयल का हाथ है । लोगों को लगता है कि पंकज बिजल्वान ने कोरे कागज पर हस्ताक्षर करके देने की बात मुकेश गोयल को बताई होगी, और उस बात में मुकेश गोयल को विनय मित्तल को दबोच लेने का मौका नजर आया । लोगों के बीच चर्चा है कि मुकेश गोयल की सलाहानुसार ही पंकज बिजल्वान पुलिस में गए । मुकेश गोयल को लगता था कि मामला पुलिस में जायेगा, तो विनय मित्तल दौड़े हुए उनकी शरण में आ जायेंगे । पुलिस ने मामले को सुना/जाना तो यह समझ लिया कि मामला किसी आपराधिक श्रेणी में नहीं आता है, इसलिए रिपोर्ट दर्ज किए बिना उसने दोनों पक्षों को सलाह दी कि आप लोग आपस में बातचीत करके मामले को हल कर लो । पुलिस भी जानती/समझती है कि सामाजिक/राजनीतिक संस्थाओं में होने वाली उठापटक में इस्तीफे लेने/देने और फिर उन्हें वापस लेने के 'नाटक' होते रहते हैं और यह किसी आपराधिक श्रेणी में नहीं आते हैं । आपस में बातचीत करके मामले को हल करने की बात आई, तो विनय मित्तल ने साफ कहा कि पंकज बिजल्वान जो कागज उन्हें दे गए थे, वह वैसा का वैसा ही उनके पास रखा है लेकिन उक्त कागज वापस मिलने की पावती पंकज बिजल्वान को लिख कर उन्हें देनी होगी । कागज वापस करने की प्रक्रिया को लेकर काफी नाटकबाजी तो हुई, लेकिन अंततः देहरादून के कुछेक प्रमुख लायन लीडर्स के बीच कागज वापस करने की प्रक्रिया को अंजाम देना तय हुआ । देहरादून के कुछेक प्रमुख लायन लीडर्स के बीच हो रही बातचीत के दौरान मामले में मुकेश गोयल की संलग्नता खुलकर सामने आई, क्योंकि मुकेश गोयल बार बार फोन करके पंकज बिजल्वान को निर्देश दे रहे थे, जिस कारण पंकज बिजल्वान बार बार अपनी ही बात से पलट रहे थे । एक मौके पर पंकज बिजल्वान ने यह कहते हुए उस मीटिंग को निरर्थक करने का प्रयास किया कि उक्त कागज वापस करने/लेने की प्रक्रिया हापुड़ में मुकेश गोयल के घर पर होगी । इस पर विनय मित्तल उखड़ गए और उन्होंने साफ कह दिया कि उक्त कागज वापस होने की प्रक्रिया यहीं होगी और अभी होगी, अभी यह यदि नहीं हुई तो वह गाजियाबाद लौट रहे हैं और वह वहाँ एफआईआर दर्ज करवायेंगे और फिर मामला पुलिस और अदालत में ही तय होगा । विनय मित्तल के यह तेवर देख कर पंकज बिजल्वान सकपका गए और फिर बड़े आराम से वहीं उक्त कागज के वापस होने की प्रक्रिया पूरी हुई और एक नाटकीय घटनाचक्र का पटापेक्ष हुआ ।
पंकज बिजल्वान को जोन चेयरमैन के पद से हटाने की तैयारी विनय मित्तल की थी, और विनय मित्तल ने उन्हें उक्त पद से हटा ही दिया है । इस्तीफा देकर पद छोड़ने की पेशकश पंकज बिजल्वान ने ही की थी, और अपनी ही पेशकश की उन्होंने भ्रूण हत्या कर दी । मुकेश गोयल ने पंकज बिजल्वान का इस्तेमाल करके विनय मित्तल को काबू करने की कोशिश की थी, लेकिन विनय मित्तल और सुनील जैन ने उनकी कोशिश को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया । इस किस्से के सामने आने के बाद डिस्ट्रिक्ट में हर कोई पंकज बिजल्वान और मुकेश गोयल को कोस रहा है कि पुलिस में झूठी शिकायत का भय दिखा कर यह लोग अब अपनी अपनी राजनीति के स्वार्थ पूरे करेंगे क्या ? इस किस्से से कुछेक लोगों की विनय मित्तल को वह अभिमन्यु बताने की बात भी सच साबित हो गई है जिसे चक्रव्यूह में घुसना भी आता है, और उससे निकलना भी । इस मामले में विनय मित्तल ने जिस तरह से मुकेश गोयल की रणनीति को फेल किया है, सुनील जैन को विनय मित्तल का संकट मोचक बनकर हीरो बनने का मौका मिला है, और मुकेश गोयल को इस मामले में जिस तरह से हर किसी की आलोचना सुनने को मिल रही है - उसमें डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति को बड़ी करवट लेते देखा/पहचाना जा रहा है ।

Sunday, November 25, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद के मामले में रवि चौधरी से पीछा छुड़ाने की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी संजीव राय मेहरा की कोशिशों से बिगड़ी स्थिति को सँभालने के लिए राजेश बत्रा के प्रयास सचमुच सफल हो सकेंगे क्या ?

नई दिल्ली । निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि चौधरी ने वर्ष 2020-21 में डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने के लिए उस वर्ष डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पदभार संभालने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी संजीव राय मेहरा को घेरना और उन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है । उल्लेखनीय है कि संजीव राय मेहरा के गवर्नर-वर्ष के डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद को लेकर रवि चौधरी पहले तो आश्वस्त थे, लेकिन इस वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनाव में अशोक कंतूर की हुई हार के चलते बदले हालात में रवि चौधरी को संजीव राय मेहरा के तेवर बदले बदले से नजर आ रहे हैं । दरअसल अशोक कंतूर की हार के लिए, खुद अशोक कंतूर के नजदीकी व समर्थक ही रवि चौधरी की हरकतों तथा उन हरकतों के चलते डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच घर कर बैठी उनकी बदनामी को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनय अग्रवाल का दावा था कि अशोक कंतूर को अस्सी प्रतिशत वोट मिलेंगे; पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल बताते थे कि उम्मीदवार के रूप में अशोक कंतूर जिस ऊँचाई पर हैं, वहाँ अनूप मित्तल उन्हें छू भी नहीं सकते हैं; रवि चौधरी ही नहीं, मौजूदा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनय भाटिया और उनकी कैबिनेट के पप्पूजीत सिंह सरना व अजीत जालान जैसे प्रमुख लोग भी अशोक कंतूर को वोट दिलवाने के लिए प्रेसीडेंट्स को फुसलाने, पटाने, डराने, धमकाने के काम में लगे थे, एक क्लब के प्रेसीडेंट का तो 'अपहरण' करके उसका वोट डलवाने का प्रयास किया गया । बड़े लोगों के खुले समर्थन और बड़ी घेराबंदी के बावजूद आशोक कंतूर के खाते में लेकिन जब पराजय दर्ज हुई, तब हर किसी ने रवि चौधरी को कोसा । अशोक कंतूर ने कई लोगों के सामने रोना रोया कि उन्होंने तो रवि चौधरी की 'छाया' से बचते हुए 'दिखने' की खूब कोशिश की, लेकिन पता नहीं कैसे वह उस छाया के प्रकोप से बच नहीं सके । इस तरह की बातों से संजीव राय मेहरा ने समझ लिया कि उन्होंने यदि रवि चौधरी को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया, तो रवि चौधरी की हरकतें व बदनामी उनका गवर्नर-वर्ष खराब कर देंगी और गवर्नर के रूप में उनका नाम खराब करेंगी ।
रवि चौधरी ने भी महसूस किया कि अशोक कंतूर की चुनावी हार के बाद बदले माहौल में संजीव राय मेहरा का उनके प्रति रवैया बदला बदला सा है । रवि चौधरी के नजदीकियों का ही बताना/कहना है कि संजीव राय मेहरा के बदले बदले से रवैये में रवि चौधरी को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर का पद 'छिनता' हुआ दिख रहा है । डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर का पद 'बचाने' के लिए रवि चौधरी ने संजीव राय मेहरा की घेराबंदी शुरू कर दी है; तथा कुछेक लोगों से संजीव राय मेहरा पर दबाव बनवाना शुरू किया है कि उन्हें ध्यान रखना चाहिए कि रवि चौधरी ने उन्हें गवर्नर नॉमिनी चुनवाने के लिए किस किस तरह की हरकतें व बेईमानियाँ कीं है, और इसलिए उन्हें रवि चौधरी को ही डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाना चाहिए । इस मामले में, रवि चौधरी के क्लब में चल रहे एक 'खेल' से भी थोड़ा ट्विस्ट आया है - रवि चौधरी जिसके सहारे डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद कब्जाने की तथा संजीव राय मेहरा जिसके पीछे 'छिपने' की कोशिश करते बताए/सुने जा रहे हैं । असल में, अशोक कंतूर के संगी/साथियों ने इस बात को अच्छी तरह समझ लिया है कि अशोक कंतूर की उम्मीदवारी को यदि रवि चौधरी की 'छाया' से 'सचमुच में' दूर नहीं किया गया, तो अगले रोटरी वर्ष में भी उनका चुनाव जीतना मुश्किल ही होगा । रवि चौधरी और अशोक कंतूर चूँकि एक ही क्लब के सदस्य हैं, इसलिए रवि चौधरी की छाया से अशोक कंतूर की अगले रोटरी वर्ष में प्रस्तुत होने वाली उम्मीदवारी को बचाने के लिए एक बड़ा फार्मूला सोचा गया है । क्लब के सदस्यों के अनुसार, अशोक कंतूर के रास्ते का काँटा दूर करने के लिए फार्मूला तैयार किया गया है कि रवि चौधरी मौजूदा क्लब की सदस्यता से इस्तीफा दे कर कोई दूसरा क्लब ज्वाइन करेंगे - और इस तरह से लोगों को 'दिखाया' जायेगा कि अशोक कंतूर, रवि चौधरी के 'आदमी' नहीं हैं और उनकी उम्मीदवारी से रवि चौधरी का कोई वास्ता नहीं है । क्लब के सदस्यों का कहना है कि रवि चौधरी इस फार्मूले पर अमल करने के लिए तैयार तो हो गए हैं, लेकिन इसके लिए उन्होंने शर्त रख दी है कि संजीव राय मेहरा से उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर घोषित करवाया जाए । संजीव राय मेहरा का मानना और कहना है कि अपने क्लब से इस्तीफा देने की स्थिति में डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच रवि चौधरी की बदनामी का दाग और गहरा होगा - और तब रवि चौधरी को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाना उनके लिए तथा उनके गवर्नर-वर्ष के लिए और भी फजीहत करवाने वाला फैसला होगा । 
अशोक कंतूर की उम्मीदवारी को फायदा पहुँचाने के उद्देश्य से तैयार किए गए फार्मूले ने जिस तरह से रवि चौधरी को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के पद से और दूर करने के हालात बनाए हैं, उससे रवि चौधरी और भड़क गए हैं । रवि चौधरी की भड़भड़ाहट को नियंत्रित करने के लिए वरिष्ठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजेश बत्रा को सामने आना पड़ा है । उल्लेखनीय है कि रवि चौधरी, संजीव राय मेहरा व अशोक कंतूर का कनेक्ट राजेश बत्रा से है और समझा जाता है कि राजेश बत्रा पर्दे के पीछे रहते हुए इनके हितों को बनाए रखने का प्रयास करते रहे हैं । तीनों के बीच लेकिन अब मामला जिस तरह से उलझ गया है, उसे सुलझाने के लिए राजेश बत्रा को अब पर्दे के पीछे से पर्दे के सामने आने के लिए मजबूर होना पड़ा है । संजीव राय मेहरा के नजदीकियों का कहना/बताना है कि राजेश बत्रा ने संजीव राय मेहरा को समझाने का प्रयास किया है कि अशोक कंतूर के फायदे के लिए उन्हें रवि चौधरी को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बना लेना चाहिए । संजीव राय मेहरा का कहना लेकिन यह है कि रवि चौधरी अपनी हरकतें तो छोड़ेंगे नहीं; अगले वर्ष, आने वाले वर्ष के डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के रूप में उन्हें चुनावी सक्रियता दिखाने का और मौका मिल जायेगा और तब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट के रूप में उनके लिए फजीहत की स्थिति बनेगी और अशोक कंतूर को भी कोई फायदा नहीं होगा । राजेश बत्रा को और भी कई लोगों ने सुझाव दिया है कि यदि संजीव राय मेहरा के गवर्नर-वर्ष को बदनामी व फजीहत से बचाना है तथा अशोक कंतूर को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनवाना है - तो रवि चौधरी को इनसे दूर रखना होगा । हालाँकि यह सुझाव देने वाले भी जानते हैं, और राजेश बत्रा भी समझते हैं कि रवि चौधरी को संजीव राय मेहरा व अशोक कंतूर से दूर रखना मुश्किल काम है । मजे की बात यह है कि रवि चौधरी के साथ के लोग ही कह रहे हैं कि रवि चौधरी को समझना चाहिए कि लोगों के बीच उनकी हरकतों को लेकर बेहद नाराजगी और बदनामी है, इसलिए उनकी भलाई इसमें हैं कि वह अपने व्यवहार को सुधारें और कुछ समय सीन से दूर रहे; लेकिन किसी को भी नहीं लगता है कि रवि चौधरी इस सच्चाई को स्वीकार करेंगे - फिलहाल तो वह किसी भी तरह से संजीव राय मेहरा के गवर्नर-वर्ष में डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने के जुगाड़ में लगे हैं । संजीव राय मेहरा भी लेकिन जिस तरह से उनसे बचने की कोशिश कर रहे हैं, उससे मामला खासा गंभीर और दिलचस्प हो गया है । 

Friday, November 23, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में वापसी की कोशिश कर रहे नितिन कँवर, राजिंदर अरोड़ा, सुमित गर्ग काउंसिल सदस्य के रूप में किए गए अपने ही कार्य/व्यवहार के कारण लोगों की नाराजगी का शिकार बन रहे हैं, और फरीदाबाद में प्रदीप कौशिक मुसीबत में फँसे हैं

नई दिल्ली । रीजनल काउंसिल सदस्य और पदाधिकारी के रूप में की गईं नितिन कँवर, राजिंदर अरोड़ा और सुमित गर्ग की कार्रवाईयों ने नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में अपनी अपनी सीट बचाने की खुद उनके सामने कड़ी चुनौती प्रस्तुत की हुई है । रीजनल काउंसिल के चुनावी परिदृश्य पर नजर रखने वाले कई लोगों का तो मानना और कहना है ही, साथ ही इनके नजदीकियों व समर्थकों तक को भी आशंका है कि कहीं इनका हाल वैसा ही न हो, जैसा पिछली बार के चुनाव में हरित अग्रवाल का हुआ था । उल्लेखनीय है कि हरित अग्रवाल रीजनल काउंसिल में होने के बावजूद पिछली बार चुनाव हार गए थे । पिछली बार हरित अग्रवाल के साथ जो हुआ, वह इस बात का सुबूत है कि रीजनल काउंसिल का सदस्य होना चुनाव जीतने की गारंटी नहीं है । काउंसिल सदस्य के सामने बड़ी समस्या यह होती है कि काउंसिल सदस्य के रूप में लोग उसके कार्य/व्यवहार को भी देखते/परखते हैं । कार्य/व्यवहार के मामले में नितिन कँवर और राजिंदर अरोड़ा का काउंसिल में रिकॉर्ड बहुत ही खराब रहा है । नितिन कँवर के बदतमीजीपूर्ण व्यवहार ने काउंसिल की कई मीटिंग्स में बहुत ही शर्मशार करने वाली स्थितियाँ पैदा कीं । उनके गालीगलौच भरे उपद्रवी व्यवहार को लेकर काउंसिल के ही दूसरे सदस्यों ने कई बार इंस्टीट्यूट प्रशासन तक से शिकायत की और कुछेक बार तो पुलिस तक बुलाने के हालात बने । नितिन कँवर के बदतमीजीपूर्ण व्यवहार की कुख्याति आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स तक है, और अधिकतर लोग काउंसिल में उनकी उपस्थिति को एक कलंक की तरह देखते/समझते हैं । इस देखने/समझने के कारण नितिन कँवर को अपने चुनाव अभियान में कई मौकों पर अप्रिय स्थितियों का सामना करना पड़ रहा है और अपमानित होना पड़ रहा है । उनके नजदीकियों के बीच ही चर्चा है कि ऐसा कई जगह हुआ कि नितिन कँवर जिनसे मिलने गए, उन्होंने व्यस्तता का बहाना बना कर उनसे मिलने से इंकार कर दिया । नितिन कँवर ने जिन लोगों से सिफारिशें करवाईं, उनमें से कुछेक ने बताया कि उन्हें सुनने को मिला कि किस बदतमीज व्यक्ति की सिफारिश कर रहे हो । ऐसे चुनावी माहौल में नितिन कँवर के लिए नॉर्दन इंडिया रीजनल काउंसिल की अपनी सीट बचाना एक बड़ी चुनौती बन गया है ।
राजिंदर अरोड़ा का बदतमीजी के मामले में ग्राफ नितिन कँवर जितना ऊँचा तो नहीं है, लेकिन कई मौकों पर उन्हें नितिन कँवर के सहयोगी के रूप में जिस तरह से देखा गया है - उसके चलते कई लोगों का मानना/कहना है कि नितिन कँवर के साथ-साथ राजिंदर अरोड़ा ने भी काउंसिल, इंस्टीट्यूट व प्रोफेशन की पहचान व प्रतिष्ठा पर कालिख पोतने का काम किया है, और इनका काउंसिल में होना काउंसिल, इंस्टीट्यूट व प्रोफेशन के लिए बड़े दुर्भाग्य की बात है । राजिंदर अरोड़ा के लिए इसके अलावा मुसीबत की बात जगजीत सिंह की उम्मीदवारी को मिलते दिख रहे गुरद्वारा प्रबंधक कमेटियों से जुड़े लोगों के समर्थन की भी है । पिछली बार राजिंदर अरोड़ा की जीत में उक्त लोगों के समर्थन की बड़ी भूमिका थी । राजिंदर अरोड़ा के नजदीकियों का ही बताना/कहना है कि दिल्ली के साथ-साथ पंजाब तक के शहरों में जिस तरह से गुरद्वारा प्रबंधक कमेटियों से जुड़े लोग जगजीत सिंह की उम्मीदवारी का समर्थन कर रहे हैं, उसके कारण राजिंदर अरोड़ा की सीट खतरे में नजर आ रही है । सुमित गर्ग तीनों वर्ष नितिन कँवर व राजिंदर अरोड़ा के 'सहयोगी' बन कर तो रहे, लेकिन खुद उन पर बदतमीजी करने के आरोप नहीं लगे । उनकी सीट एक दूसरे कारण से मुश्किल में दिख रही है । पिछली बार सुमित गर्ग की उम्मीदवारी के एक बड़े समर्थक रीजनल काउंसिल के एक पूर्व चेयरमैन दुर्गादास अग्रवाल थे, किंतु जिन्होंने इस बार अपने बेटे शशांक अग्रवाल को उम्मीदवार बना दिया है । सुमित गर्ग के लिए समस्या की बात यह है कि काउंसिल में करीब ढाई वर्ष की अभी तक की अवधि में वह अपनी कोई स्वतंत्र पहचान नहीं बना सके हैं, और उन्हें राकेश मक्कड़-नितिन कँवर-राजिंदर अरोड़ा की बदनाम तिकड़ी के 'पिट्ठू' के रूप में ही देखा/पहचाना जाता है । इस कारण से वह अपने समर्थकों व शुभचिंतकों की संख्या में कोई वृद्धि नहीं कर सके हैं; और ऐसे में दुर्गादास अग्रवाल की तरफ से मिलने वाला झटका उनके लिए कुछ ज्यादा जोर का झटका ही है । यदि बात सिर्फ इतनी ही होती कि पिछली बार की तरह दुर्गादास अग्रवाल का समर्थन उन्हें इस बार न मिल रहा होता, तो बात ज्यादा गंभीर नहीं होती - लेकिन पिछली बार उनके पक्के वाले समर्थक रहे दुर्गादास अग्रवाल इस बार अपने बेटे को उम्मीदवार के रूप में ले आये हैं - यह सुमित गर्ग के लिए खतरे की ऊँची आवाज वाली घंटी बजने जैसी बात है ।
मौजूदा काउंसिल के सदस्य दीपक गर्ग की बदनामी उनके प्रोफेशनल पार्टनर प्रदीप कौशिक की उम्मीदवारी के लिए संकट बनी हुई है । दीपक गर्ग मौजूदा काउंसिल में पहले वर्ष चेयरमैन बने थे, और छह महीने में इस्तीफा दे चुके थे ।दीपक गर्ग इस मायने में खुशकिस्मत रहे कि जब तक राकेश मक्कड़-नितिन कँवर-राजिंदर अरोड़ा की तिकड़ी की कारस्तानियाँ जगजाहिर होतीं और लोगों के बीच बदनामी कमातीं, तब तक दीपक गर्ग चेयरमैनी करके और इस्तीफा देकर सत्ता की सीधी राजनीति से अलग हो चुके थे, जिस कारण सत्ता खेमे पर लगी बदनामी की कालिख से काफी हद तक वह बचे रह सके । लेकिन चेयरमैनी से छह महीने में इस्तीफा देने की उनकी कार्रवाई ने फरीदाबाद के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को बुरी तरह निराश व नाराज किया - और उन्हें 'भगौड़े' की संज्ञा दी । फरीदाबाद में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की निराशा व नाराजगी का कारण यह रहा कि रीजनल काउंसिल के अभी तक के इतिहास में फरीदाबाद को पहली बार चेयरमैन का पद मिला, लेकिन दीपक गर्ग ने पता नहीं किसकी और किस राजनीति की 'गुलामी' करते हुए छह महीने में उसे छोड़ दिया - और इस तरह फरीदाबाद की इच्छाओं व उम्मीदों के साथ-साथ उसकी पहचान के साथ भी विश्वासघात किया । अपने विश्वासघात की सजा पाने से दीपक गर्ग तो बच गए हैं, लेकिन उनके प्रोफेशनल पार्टनर प्रदीप कौशिक उनके किए-धरे की सजा भुगतने के लिए शिकार बन रहे हैं । फरीदाबाद में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच यह चर्चा आम है कि जिस तरह से दीपक गर्ग ने फरीदाबाद की इच्छाओं व उम्मीदों के साथ-साथ उसकी पहचान के विश्वासघात किया है, वैसा ही विश्वासघात प्रदीप कौशिक नहीं करेंगे  - और इसलिए उन्हें वोट क्यों दें ? काउंसिल सदस्यों की कारस्तानियाँ और उनके छूटते समर्थन ने जिस तरह उनकी (या उनके पार्टनर की) काउंसिल में पुनर्वापसी की राह को मुश्किल बना दिया है, उसके चलते नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल का चुनावी परिदृश्य खासा दिलचस्प हो गया है ।

Thursday, November 22, 2018

चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट के सेंट्रल काउंसिल चुनाव में गाजियाबाद के एक बैंक लोन डिफॉल्टर चार्टर्ड एकाउंटेंट संजय गुप्ता को राहत दिलवाने का भरोसा देकर अनुज गोयल ने अपना समर्थक बनाया, और मुकेश कुशवाह के लिए मुसीबत खड़ी की

गाजियाबाद । एक बैंक लोन डिफॉल्टर चार्टर्ड एकाउंटेंट संजय गुप्ता की चुनावी सक्रियता ने इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत अपनी अपनी उम्मीदवारी के लिए वोट जुटाने की मुकेश कुशवाह व अनुज गोयल की कोशिशों ने चुनावी परिदृश्य को एक मजेदार रंग दे दिया है । संजय गुप्ता पहले मुकेश कुशवाह के समर्थक के रूप में देखे/पहचाने जाते थे; लेकिन स्टेट बैंक से लिए गए लोन्स को न चुकाने के मामले में वरिष्ठ चार्टर्ड एकाउंटेंट व स्टेट बैंक के डायरेक्टर गिरीश आहुजा की मदद दिलवा पाने में असफल रहने के कारण वह मुकेश कुशवाह के खिलाफ हो गए हैं, और उन्होंने अनुज गोयल की उम्मीदवारी का झंडा उठा लिया है । संजय गुप्ता इससे पहले इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में किसी न किसी के समर्थक तो रहे हैं, लेकिन ज्यादा सक्रिय नहीं रहे; किंतु इस बार वह अनुज गोयल की उम्मीदवारी के पक्ष में घर घर जा कर जमकर प्रचार कर रहे हैं । उनके प्रचार में ज्यादातर मुकेश कुशवाह के प्रति जहरभरी बातें उगलना होता है, इसलिए उनकी सक्रियता ने गाजियाबाद में जोरों की तथा सेंट्रल रीजन के दूसरे हिस्सों में फुसफुसाहटभरी गर्मी पैदा की हुई है । इस मामले में गिरीश आहुजा जैसी बड़ी शख्सियत का नाम शामिल होने से बात और गंभीर भी हो गई है । संजय गुप्ता का मुकेश कुशवाह पर तो सीधा सीधा आरोप है ही कि उनके मामले में मुकेश कुशवाह को चूँकि पैसे मिलने की उम्मीद नहीं थी, इसलिए उन्होंने उनके मामले में दिलचस्पी नहीं ली; कहीं कहीं संजय गुप्ता ने इस आरोप के लपेटे में गिरीश आहुजा को भी ले लिया है । 
उल्लेखनीय है कि संजय गुप्ता ने कई वर्ष पहले ज्वैलरी का बिजनेस किया था, जिसके लिए उन्होंने स्टेट बैंक से भारी लोन लिया था । स्टेट बैंक से ही उनके नाम एक हाऊसिंग लोन भी रहा । बिजनेस उनका चला नहीं, फलस्वरूप लोन वह चुका नहीं सके । समय से लोन चुकाने की कोशिश करने की बजाये संजय गुप्ता तरह तरह के आरोप लगाते हुए बैंक पदाधिकारियों से उलझते और रहे, जिसके कारण उनका मामला गंभीर होता गया । संजय गुप्ता ने बैंक पदाधिकारियों पर जो जो आरोप लगाये, उनमें झूठ/सच चाहें जो हो; मामले में बुनियादी बात लोन चुकाने की जो थी - उसे पूरा करने में संजय गुप्ता असफल ही रहे, जिस कारण उनकी गर्दन फँसती गई । पिछले दिनों बैंक की तरफ से संजय गुप्ता को ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) का ऑफर मिला । इस ऑफर को निपटाने के बावजूद संजय गुप्ता को मुसीबत से छुटकारा लेकिन नहीं मिला । बैंक ने लोन बसूलने के लिए सख्ती दिखाई और उनकी संपत्ति को 'कब्जे' में ले लिया । इस मुसीबत से छुटकारा पाने के लिए उन्होंने एक बड़ी सिफारिश खोजी, जो उन्हें स्टेट बैंक में डायरेक्टर गिरीश आहुजा के रूप में नजर आई । गिरीश आहुजा तक पहुँच बनाने में संजय गुप्ता ने मुकेश कुशवाह की मदद ली । गिरीश आहुजा ने लेकिन जब संजय गुप्ता के मामले को देखा/जाना और उसे बुरी तरह उलझा हुआ पाया तो उन्होंने कुछ करने से साफ इंकार कर दिया । चर्चा है कि गिरीश आहुजा ने संजय गुप्ता को इस बात के लिए लताड़ भी लगाई कि बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों से उलझने की बजाये उन्होंने यदि लोन चुकाने में दिलचस्पी ली होती, तो नौबत यहाँ तक न आती । गिरीश आहुजा की इस लताड़ को सुन तथा उनके रवैये को देख कर मुकेश कुशवाह ने संजय गुप्ता की मदद करने के मामले से हाथ खींच लिया । इससे संजय गुप्ता बुरी तरह भड़क गए ।
मुकेश कुशवाह के लिए कोढ़ में खाज वाली बात यह हुई कि चुनावी राजनीति के नाजुक मौके पर अनुज गोयल ने संजय गुप्ता को 'पकड़' लिया और उन्हें आश्वस्त किया कि उनके झंझट से वह उन्हें राहत दिलवायेंगे । संजय गुप्ता को अभी तक कोई राहत नहीं मिली है - और जो लोग उनके मामले से परिचित हैं, उनका कहना है कि संजय गुप्ता को वैसी कोई राहत मिल भी नहीं पायेगी जैसी राहत वह चाहते हैं - लेकिन अनुज गोयल ने कुछेक प्रभावी लोगों से उनकी बात चूँकि करवा दी है या करवा देने का भरोसा दिया है, इसलिए संजय गुप्ता फिलहाल अनुज गोयल के बड़े समर्थक बन गए हैं । वर्षों अनुज गोयल के घोर विरोधी रहे संजय गुप्ता फिलहाल अनुज गोयल के चुनाव प्रचार में जोरशोर से लगे हैं, और अपने लोन को चुकाने की चिंता करने की बजाये अनुज गोयल को वोट दिलवाने के अभियान में सक्रिय दिलचस्पी ले रहे हैं - जिसके तहत वह अनुज गोयल के साथ जा जा कर न सिर्फ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स से मिल रहे हैं, बल्कि फोन से तथा वाट्स-ऐप में मुकेश कुशवाह के खिलाफ तरह तरह के आरोप लगाते हुए बातें बताने व पोस्ट्स लिखने का काम कर रहे हैं । संजय गुप्ता की तरफ से गंभीर आरोप यह सुना गया है कि मुकेश कुशवाह उनका काम करवाने के बदले में पैसे चाहते थे, और जब मुकेश कुशवाह को लगा कि उनसे उन्हें पैसे नहीं मिल पायेंगे, तो वह उनकी मदद करने से पीछे हट गए । इस तरह के आरोप के लपेटे में कहीं कहीं संजय गुप्ता ने गिरीश आहुजा को भी ले लिया है । संजय गुप्ता की इस तरह की बातें मुकेश कुशवाह की उम्मीदवारी को कितना नुकसान और अनुज गोयल की उम्मीदवारी को कितना फायदा पहुँचायेंगी, यह तो बाद में पता चलेगा - अभी लेकिन उनकी बातों ने खास तौर से गाजियाबाद में तथा आम तौर से सेंट्रल रीजन में चुनावी माहौल में गर्मी जरूर पैदा कर दी है । 

Wednesday, November 21, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत हंसराज चुग की उम्मीदवारी के समर्थन के लिए आज दोपहर करनाल में हुई मीटिंग में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के उत्साह की खबर से लग रहा है कि इंस्टीट्यूट के चुनाव में इस बार हरियाणा के छोटे शहर भी खास भूमिका निभाने जा रहे हैं

सिरसा । इंस्टीट्यूट के सेंट्रल काउंसिल चुनाव में सिरसा को - और सिरसा के बहाने हरियाणा के छोटे छोटे शहरों तक को इस बार जो राजनीतिक महत्ता मिल रही है, वह इंस्टीट्यूट के चुनावी परिदृश्य के संगीन हो उठने के तथ्य का नजारा प्रस्तुत करता है, जिसमें एक एक वोट और दूसरी/तीसरी वरीयता के वोट भी 'कीमती' हो गए हैं । इंस्टीट्यूट के चुनाव में नॉर्दर्न रीजन में शायद पहली बार ऐसा हुआ है कि कई उम्मीदवारों को 'क्लोज-फाइट' में देखा/पहचाना जा रहा है । नॉर्दर्न रीजन में छह लोगों को सेंट्रल काउंसिल के लिए चुना जाना है, जिनमें संजय वासुदेवा, अतुल गुप्ता व विजय गुप्ता के चुने जाने को लेकर तो सभी आश्वस्त हैं; लेकिन बाकी तीन सीटों के लिए सात/आठ उम्मीदवारों का बड़ा समूह और चार/पाँच उम्मीदवारों का छोटा समूह मुकाबले में नजर आ रहा है । इनके बीच जो आपसी होड़ है, वह तो है ही - इनकी मुश्किलें बढ़ाने का काम लेकिन तीन/चार ऐसे उम्मीदवार भी कर रहे हैं, जिनकी सफलता को लेकर तो शक है लेकिन जिन्होंने वोट जुटाने के लिए जी-जान लगा रखा है । इस कारण से जो उम्मीदवार अपने आप को क्लोज-फाइट में पा रहे हैं, उन्होंने अपने अपने तरीके से एक एक वोट के लिए तथा दूसरी/तीसरी वरीयता के वोटों के लिए भी अपने आप को झोंका हुआ है । यही कारण है कि इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में अभी तक उपेक्षित रहे शहर भी इस बार महत्त्वपूर्ण हो उठे हैं, जिसके चलते हरियाणा के हिसार और पानीपत व सोनीपत व करनाल जैसे शहर भी उम्मीदवारों की भागदौड़ में शामिल हो गए हैं । आज दोपहर करनाल में हंसराज चुग की उम्मीदवारी के समर्थन के लिए हुई मीटिंग में स्थानीय चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का जो उत्साह सुनने को मिला, उससे लग रहा है कि इंस्टीट्यूट के चुनाव में  इस बार हरियाणा के छोटे छोटे शहर भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहे हैं ।  
सिरसा की दूरी दिल्ली से करीब तीन सौ किलोमीटर पड़ती है, और यहाँ कुल सौ वोट पड़ने की संभावना है । यानि मेहनत/खर्चा ज्यादा, और प्राप्ति कम । इस कारण सिरसा उम्मीदवारों को कभी आकर्षित नहीं कर पाया । इस बार लेकिन नजारा बदला हुआ है । नजारे को बदलने की शुरुआत चरनजोत सिंह नंदा की तरफ से हुई । सेंट्रल काउंसिल में वापसी करने की मुश्किल चुनावी लड़ाई में एक एक वोट जुटाने की कोशिशों में फँसे चरनजोत सिंह नंदा ने सिरसा में इस उम्मीद में दस्तक दी, कि यहाँ से उन्हें जो थोड़े बहुत वोट मिल जायेंगे शायद वही उनके लिए लाभदायक साबित हों । चरनजोत सिंह नंदा की बदकिस्मती लेकिन यह रही कि उनके द्वारा सिरसा में हुई मीटिंग के बाद तो सिरसा में जैसे उम्मीदवारों की दौड़ शुरू हो गई, और खुद को सेंट्रल काउंसिल में जाने योग्य समझने वाला शायद ही कोई उम्मीदवार होगा जिसने सिरसा में अपने कदम न डाले हों । राजेश शर्मा को मीटिंग करवाने के लिए यहाँ सहयोगी नहीं मिले, तो उन्होंने एक चार्टर्ड एकाउंटेंट के ऑफिस में ही कुछेक लोगों को जुटा कर उनकी पार्टी कर दी । सिरसा में उम्मीदवारों की भागदौड़ का शोर मचा तो अतुल गुप्ता व विजय गुप्ता ने भी सिरसा को अपने अपने तरीके से खटखटाया । हंसराज चुग को सिरसा में अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन दिखाने/जुटाने के अभियान में जो कामयाबी मिली, उससे उत्साहित होकर उन्होंने हरियाणा के दूसरे शहरों से अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के लिए नए सिरे से रणनीति बनाई और उस पर अमल किया ।
सिरसा में कई उम्मीदवारों ने अपने अपने तरीकों से सक्रियता तो दिखाई, लेकिन अधिकतर उम्मीदवारों की सक्रियता रस्मअदायगी की तरह ही नजर आई ।  इसका नतीजा यह रहा कि किसी भी उम्मीदवार को अपनी उम्मीदवारी के लिए सिरसा में कोई फायदा होता हुआ नजर नहीं आया, और फिर उन्हें सिरसा व हरियाणा में समय लगाना समय बर्बाद करने जैसा लगा । फरीदाबाद व गुड़गाँव को छोड़ कर दिल्ली व पंजाब के बीच पड़ने वाले हरियाणा के शहर भौगोलिक कारणों से बिखरे हुए से हैं, और यहाँ कोई ज्यादा वोट भी नहीं हैं - इस क्षेत्र में कुल करीब पाँच हजार वोट हैं, जिनमें से करीब तीन हजार के पड़ने की उम्मीद की जा रही है । इसलिए अधिकतर उम्मीदवारों की हरियाणा के शहरों में ज्यादा दिलचस्पी नहीं बनी । संजीव सिंघल ने दो एक शहरों में पार्टी की भी, लेकिन उनके यहाँ लोगों की उपस्थिति इतनी कम रही कि फिर उनका - और उनका हश्र देख कर दूसरों का हरियाणा में कुछ करने के लिए हौंसला ही नहीं बचा । हरियाणा में अधिकतर उम्मीदवारों की 'आए, और चले गए' जैसी सक्रियता रहने के कारण राजनीतिक शून्य जैसी स्थिति बनी, जिसमें हंसराज चुग ने अपने लिए मौका देखा/पाया । यह बात तो हंसराज चुग और उनके साथी/समर्थक जानते होंगे कि 'टाइमिंग' के लिहाज से हरियाणा में उनकी सक्रियता उचित समय पर संयोगवश हुई दिखी है या उनकी सोची/विचारी योजना के अनुरूप हुई है; दरअसल संजीव सिंघल व दूसरे उम्मीदवारों ने हरियाणा में जब अपनी सक्रियता दिखाई और मीटिंग्स कीं, तब चुनावी माहौल में गर्मी नहीं आई थी और चार्टर्ड एकाउंटेंट्स कामकाज में व्यस्त थे, जिसके चलते उन्हें अच्छे से रिस्पॉन्स नहीं मिला - जबकि हंसराज चुग ने अभी हाल ही के दिनों में सिरसा, सोनीपत, पानीपत व करनाल में जब अपने आयोजन किए हैं, तब तक माहौल में चुनावी गर्मी भी आ चुकी है और आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स भी चुनावी रंग में रंगना शुरू हो गए हैं । इस कारण उनके आयोजनों को यहाँ अच्छा रिस्पॉन्स मिला है । हंसराज चुग के लिए होने वाले आयोजनों को मिले अच्छे रिस्पॉन्स ने दूसरे उम्मीदवारों के बीच हलचल तो पैदा की है, लेकिन वह अभी असमंजस में हैं कि हरियाणा के शहरों में एक बार अपना समय बर्बाद कर चुकने के बाद दोबारा यहाँ समय लगाएँ - या छोड़ें ?

Tuesday, November 20, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 में टीके रूबी के अगले तीन वर्षों के लिए डीआरएफसी बनने के डर में फँसे राजा साबू खेमे के नेताओं को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अजय मदान की चुनावी तैयारियों का भी कोई विकल्प लेकिन नहीं मिल पा रहा है

कुरुक्षेत्र । अजय मदान ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के उद्देश्य से अपनी सक्रियता बढ़ा कर डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के परिदृश्य में हलचल मचाने के साथ-साथ राजा साबू खेमे के नेताओं की बेचैनी भी बढ़ा दी है । राजा साबू और उनके खेमे के नेताओं को दरअसल यह डर सता रहा है कि इस वर्ष भी यदि उनका 'आदमी' गवर्नर नॉमिनी नहीं चुना गया, तो निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर टीके रूबी डीआरएफसी (डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन) बन जायेंगे । टीके रूबी को डीआरएफसी बनने से रोकने के लिए राजा साबू और उनके खेमे के नेताओं को इस वर्ष 'अपना' डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनवाना जरूरी लग रहा है; लेकिन उनके बीच अभी तक इस वर्ष के अपने उम्मीदवार को लेकर भारी असमंजस बना हुआ है । डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच हालाँकि कपिल गुप्ता को उनके उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जाता है; लेकिन राजा साबू खेमे के नेता कपिल गुप्ता की उम्मीदवारी को लेकर आश्वस्त नहीं हैं । इसके लिए खुद कपिल गुप्ता ही जिम्मेदार हैं । दरअसल कपिल गुप्ता अपनी उम्मीदवारी को लेकर कभी एक कदम आगे बढ़ते हुए दिखते हैं, तो उसके तुरंत बाद ही वह दो कदम पीछे हटते नजर आते हैं । उनके क्लब के लोगों तथा उनके नजदीकियों का कहना/बताना है कि कपिल गुप्ता अपनी उम्मीदवारी को लेकर काफी कन्फ्यूज लगते हैं; कभी उन्हें लगता है कि यह वर्ष उनकी उम्मीदवारी के लिए बहुत ही अनुकूल है, तो कभी उन्हें महसूस होता है कि इस वर्ष उनकी उम्मीदवारी की दाल गलना मुश्किल ही है । कपिल गुप्ता के नजदीकियों के अनुसार, कपिल गुप्ता हारने के लिए उम्मीदवार नहीं बनना चाहते हैं । हालाँकि हारने के लिए तो कोई भी उम्मीदवार नहीं बनता है; जो भी उम्मीदवार बनता है - 'कुछ' उसके पास होता है, और बाकी 'कुछ' के लिए उसे विश्वास होता है कि अपनी मेहनत से वह उसे पा लेगा । कपिल गुप्ता के नजदीकियों के अनुसार, उम्मीदवार बनने के लिए कपिल गुप्ता के पास कुछ तो है, और वह 'कुछ' अच्छा खासा है - लेकिन बाकी 'कुछ' पाने के लिए जो विश्वास चाहिए होता है, वह उनके पास नहीं है; इसीलिए वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अपनी उम्मीदवारी को लेकर जितना दूर आगे बढ़ते हैं, उससे दुगना दूर पीछे हट जाते हैं ।
मजे की बात यह है कि यही समस्या बहुत हद तक अजय मदान के साथ भी थी । शुरू में अपनी उम्मीदवारी को लेकर उन्होंने भी बहुत नाटक किए थे । कभी बच्चों/परिवार की जिम्मेदारी, तो कभी कामकाज की व्यस्तता का वास्ता देकर वह उम्मीदवार बनने से बचने की कोशिश करते सुने/देखे जा रहे थे । कपिल गुप्ता की तुलना में अजय मदान लेकिन भाग्यशाली इसलिए रहे, क्योंकि उन्हें अपने नजदीकियों व समर्थकों से सकारात्मक प्रेरणा व सहयोग/समर्थन का आश्वासन मिलता रहा - इसके कारण अजय मदान इंकार करते करते अंततः उम्मीदवार बनने के लिए राजी हो गए । कपिल गुप्ता के साथ बदकिस्मती की बात यह रही कि नजदीकियों व समर्थकों के नाम पर उन्हें जो लोग मिले, वह उनकी मदद करने की बजाये उनसे फायदा उठाने की कोशिश करने की तिकड़म में ज्यादा दिखे । इस वजह से कपिल गुप्ता अपनी उम्मीदवारी को लेकर अपना मन ही स्थिर और निश्चित नहीं कर सके हैं, जिसका नतीजा यह देखने में आ रहा है कि अपनी उम्मीदवारी को लेकर कभी तो वह बहुत उत्साहित नजर आते हैं, तो कभी ऐसा लगता है कि जैसे उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उम्मीदवारी में कोई दिलचस्पी ही नहीं है । उल्लेखनीय है कि राजा साबू खेमे की तरफ से सुरेश सबलोक और पूनम सिंह की भी उम्मीदवारी की चर्चा जब तब सुनाई दे जाती है; लेकिन लगता है कि राजा साबू खेमे के नेताओं को इन दोनों पर भरोसा नहीं है - उन्हें लगता है कि अजय मदान की उम्मीदवारी को टक्कर देने की सामर्थ्य कपिल गुप्ता में ही है । विडंबना की बात यही है कि कपिल गुप्ता उम्मीदवार बनने को तैयार हैं, और राजा साबू खेमे के नेता उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए राजी हैं -  लेकिन समन्वय तथा आपसी विश्वास की कमी के चलते बात आगे नहीं बढ़ पा रही है । 
अजय मदान ने इस स्थिति का फायदा उठाते हुए अपनी उम्मीदवारी को और मजबूती देने के लिए तैयारी की है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रवीन गोयल ने हालाँकि अभी तक चुनावी प्रक्रिया शुरू नहीं की है, और अभी तक डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए नामांकन भी नहीं माँगे हैं - इसके बावजूद अजय मदान अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के उद्देश्य से एक बार डिस्ट्रिक्ट के सभी क्लब्स का चक्कर काट चुके हैं, और अभी हाल ही में वह दूसरी बार लोगों से मिलने-जुलने के अभियान पर निकले हैं । अपने इस अभियान में पिछले वर्ष डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट सेक्रेटरी होना अजय मदान के खूब काम आ रहा है, और उनके अभियान को आसान बना रहा है । पिछले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट में अच्छी-खासी सक्रियता रही थी, जिस कारण डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट सेक्रेटरी होने के नाते अजय मदान को भी लोगों के बीच खूब आना/जाना पड़ा था और डिस्ट्रिक्ट के आम व खास लोगों के साथ उनके नजदीकी संबंध बने थे । पिछले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट के आम व खास लोगों के साथ बने नजदीकी संबंध इस वर्ष डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उम्मीदवारी के उनके अभियान को आसान तथा प्रभावी बनाने में काम आ रहे हैं । सबसे बड़ी बात यह देखने में आ रही है कि अजय मदान उम्मीदवार के रूप में मिल सकने वाली चुनौतियों को खासी गंभीरता से ले रहे हैं, और अपनी तरफ से कहीं कोई कमी नहीं रहने दे रहे हैं । अजय मदान और उनके नजदीकी व समर्थक समझ रहे हैं कि राजा साबू खेमे के नेता इस वर्ष होने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव की महत्ता को ध्यान में रखते हुए अपने उम्मीदवार को चुनाव जितवाने के लिए कुछ भी करेंगे, इसलिए उनकी तरफ से होने वाली छोटी सी चूक और/या लापरवाही का राजा साबू खेमे के नेता फायदा उठाने का प्रयास करेंगे । टीके रूबी के अगले तीन वर्षों के लिए डीआरएफसी बनने का डर राजा साबू खेमे के नेताओं के बीच इस कदर बैठा हुआ है, कि इस वर्ष अपने 'आदमी' को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनवाने के लिए वह किसी भी हद तक चले जाने को तैयार हो जायेंगे । हालाँकि उनके बीच फैले/पसरे असमंजस को देखते हुए लग यही रहा है कि अजय मदान को 'रोकने' के लिए राजा साबू खेमे के नेताओं के पास ज्यादा अवसर या विकल्प हैं नहीं । उम्मीदवार के रूप में अजय मदान की सक्रियता चुनावी परिदृश्य को एकतरफा बनाये दे रही है ।