Showing posts with label DISTRICT DIWALI MELA. Show all posts
Showing posts with label DISTRICT DIWALI MELA. Show all posts

Sunday, November 10, 2019

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता की तरफ से 'चोरी और सीनाजोरी' वाला रवैया देख कर डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में अपने साथ हुई बेईमानी के मामले में उनके और उनकी पत्नी रीना गुप्ता के खिलाफ डांस स्मिथ कंपनी ने कानूनी कार्रवाई शुरू की

गाजियाबाद । देश की एक प्रमुख डांस परफॉर्मेंस व प्रोडक्शन कंपनी डांस स्मिथ ने डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में ठगी का शिकार होने का आरोप लगाते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता तथा उनकी पत्नी रीना गुप्ता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है । डांस स्मिथ के पदाधिकारियों का आरोप है कि उन्हें सूचित किए बिना तथा उनसे कोई अनुमति लिए बिना डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के निमंत्रण पत्र में, प्रचार में और प्रस्तुति के दौरान कंपनी की प्रस्तुतियों के चित्र तथा उसके रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क लोगो का इस्तेमाल किया गया, जो इंटेक्चुयल प्रॉपर्टी राइट्स का आपराधिक उल्लंघन है । ऐसे समय में, जबकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता इंटरनेशनल प्रेसीडेंट नॉमिनी शेखर मेहता के स्वागत/सम्मान के कार्यक्रम को लेकर व्यस्त हैं, तब देश की एक नामी संस्था डांस स्मिथ के साथ की गई बेईमानी का मामला सामने आने से दीपक गुप्ता और डिस्ट्रिक्ट के लिए खासी फजीहत वाली स्थिति बनती नजर आ रही है । उल्लेखनीय है कि डांस स्मिथ के पदाधिकारियों ने पहले दीपक गुप्ता के साथ बातचीत करके अपनी शिकायत के निपटारे के लिए प्रयास किया था, लेकिन दीपक गुप्ता की तरफ से उन्हें जब 'चोरी और सीनाजोरी' वाला रवैया देखने को मिला, तब वह कानूनी कार्रवाई करने के लिए मजबूर हुए । दरअसल दीपक गुप्ता ने मामले का ठीकरा डिस्ट्रिक्ट इवेंट्स चेयरमैन सचिन वत्स के सिर फोड़ा । उनका कहना रहा कि डांस स्मिथ का नाम क्यों और कैसे इस्तेमाल हुआ, यह सचिन वत्स ही बता सकते हैं । सचिन वत्स लेकिन अपनी हरकत पर पर्दा डालने के लिए डांस स्मिथ के पदाधिकारियों के साथ बदतमीजी पर उतर आये और धमकी देने लगे कि उन्होंने यदि मामले को ज्यादा आगे बढ़ाया, तो रोटरी में डांस स्मिथ को काम मिलना मुश्किल हो जायेगा । इसके बाद, डांस स्मिथ के पदाधिकारियों के सामने कन्वेनर के रूप में दीपक गुप्ता और रीना गुप्ता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने के अलावा कोई चारा नहीं बचा ।
डांस स्मिथ के संस्थापक व मुख्य कर्ताधर्ता सुजित कयाल का कहना है कि रोटरी के प्रति उनके मन में बहुत सम्मान है और रोटरी के लिए हालाँकि उन्होंने कम ही कार्यक्रम किए हैं, लेकिन जिन भी रोटेरियंस के साथ उन्होंने कार्यक्रम किए हैं - उनके साथ उनके अनुभव बहुत ही अच्छे तथा प्रेरणापूर्ण रहे हैं । इसलिए दीपक गुप्ता और सचिन वत्स के व्यवहार से उन्हें गहरा सदमा लगा है । वह सोच भी नहीं सकते थे कि रोटरी में उनके साथ - और उनके साथ क्या, किसी के भी साथ - इस तरह की ठगी हो सकती है । वास्तव में, सुजित कयाल को क्या, किसी को भी यह उम्मीद नहीं रही कि दीपक गुप्ता व सचिन वत्स की जोड़ी को जब डांस स्मिथ से कोई परफॉर्मेंस करवाना ही नहीं था, और इसके लिए उन्होंने कोई प्रयास भी नहीं किया था - तब फिर डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के निमंत्रण में, उसके प्रचार में और प्रस्तुति में डांस स्मिथ के रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क लोगो को इस्तेमाल करने की उन्हें आखिर क्यों सूझी ? इस 'क्यों' के जबाव में कुछेक लोगों को एक बड़ी बेईमानी के संकेत छिपे दिखते हैं । उन्हें लगता है कि कार्यक्रम कम पैसे लेने वाले कलाकारों से करवा लिया गया है और डांस स्मिथ के नाम पर मोटी रकम जेब में डाल ली गई है; कुछेक लोगों को लगता है कि यह बेईमानी सचिन वत्स ने की है और उन्होंने दीपक गुप्ता को अँधेरे में रख कर अपनी जेब गर्म कर ली है, लेकिन अन्य कुछेक लोग इसमें सचिन वत्स और दीपक गुप्ता की मिलीभगत देखते हैं और दीपक गुप्ता को बराबर का हिस्सेदार मानते हैं ।
उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में दीपक गुप्ता और मेले के इंतजाम से जुड़े लोगों पर पैसे बनाने के गंभीर आरोप चर्चा में रहे हैं । लोगों का कहना रहा है कि पैसे बचाने/बनाने की जुगाड़बाजियों के चलते ही मेले की व्यवस्था से समझौते किए गए, और बेईमानियाँ की गईं - जिसके नतीजे में मेले की व्यवस्था का कबाड़ा हुआ और लोगों ने अपने आप को ठगा हुआ पाया । रोटेरियंस ने इस पर खुलकर अपनी नाराजगी और विरोध भी जताया है । 'रचनात्मक संकल्प' ने इस संबंध में 20 अक्टूबर को एक विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की थी । डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में बेईमानियाँ करके पैसे बनाने के आरोपों को लोगों ने हालाँकि टुच्ची हरकतों के रूप में ही देखा/पहचाना था; लेकिन डांस स्मिथ के साथ की गई बेईमानी की बात सामने आने से पोल खुली है कि दीपक गुप्ता और उनकी टीम के लोगों ने डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में बड़े ही सुनियोजित तरीके से पैसे बनाए हैं । डांस स्मिथ कोई छोटी-मोटी कंपनी नहीं है । देश के मनोरंजन उद्योग में उसे उसके प्रोफेशनल रवैये के कारण भी जाना/पहचाना जाता है और उसकी खासी पहचान व प्रतिष्ठा है; अभी तक के पिछले करीब सात वर्षों के अपने कार्यकाल में उसने तीन हजार से ज्यादा प्रस्तुतियाँ दी हैं, जिनके आधार पर उसे कई पुरुस्कार तथा प्रमुख सरकारी संस्थाओं से विशेष अनुबंध मिले हैं  । लोगों को लग रहा है कि दीपक गुप्ता और उनकी टीम के सदस्यों ने जब डांस स्मिथ जैसी कंपनी के नाम पर ठगी करने की हरकत कर ली है, तो समझा जा सकता है कि उन्होंने बेईमानी के कैसे कैसे तरीके इस्तेमाल किए होंगे ? डांस स्मिथ के साथ दीपक गुप्ता द्वारा की गई बेईमानी की चर्चा रोटरी के बड़े नेताओं के बीच भी है, जिससे लग रहा है कि उनकी यह बेईमानी उन्हें और डिस्ट्रिक्ट को भारी पड़ने वाली है ।

Sunday, October 20, 2019

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता के रवैये से लोगों ने डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में अपने आप को 'ठगा' हुआ पाया, और टिकट के साथ मिले कूपंस की होली जलाई; 'धोखा' देने के मामले में दीपक गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट आलोक गुप्ता को भी नहीं बख़्शा

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव पहले हो जाने के कारण डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के हालात बिगड़ने का अंदेशा तो सभी को था, लेकिन हालात इतने बिगड़ेंगे कि डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेला घटियापने का रिकॉर्ड बनायेगा और मेले में पहुँचे लोग नाराजगी व विरोध प्रदर्शित करने के लिए कूपंस की होली जलायेंगे - यह किसी ने नहीं सोचा था । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव संपन्न होते ही एक तरफ तो दीवाली मेले में डिस्ट्रिक्ट के रोटेरियंस को 'ठगा' और 'धोखा' दिया, तथा दूसरी तरफ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट आलोक गुप्ता के क्लब से निकले सदस्यों के नए क्लब को हरी झंडी दे कर उनके क्लब में पड़ी फूट को और चौड़ा करके आलोक गुप्ता के साथ विश्वासघात किया । डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के बदहाल रूप को देखते हुए लोगों ने पिछले रोटरी वर्ष में सुभाष जैन के गवर्नर-वर्ष में हुए दीवाली मेले की भव्यता तथा कुशल प्रबंधन को याद किया; कुछेक ने मजाक की टोन में 'शिकायत' की कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में सुभाष जैन ने पिछले वर्ष यदि बढ़िया, आकर्षक व प्रभावी आयोजन न किए होते तो हमें पता ही नहीं चलता कि कार्यक्रमों को अच्छे से भी आयोजित किया जा सकता है - और तब हमें दीपक गुप्ता के दीवाली मेले की बदहाली बुरी न लगती । डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की बदहाली और उस पर लोगों की नाराजगी को देख कर ललित खन्ना ने राहत की साँस ली और शुक्र मनाया कि अच्छा हुआ, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव पहले ही हो गया - अन्यथा दीपक गुप्ता की इस कारस्तानी का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ता ।
उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की तैयारी को लेकर दीपक गुप्ता लगातार आलोचना के शिकार हो रहे थे । जगह के चुनाव तथा टिकट की कीमत 1200 रुपए रखने के कारण डिस्ट्रिक्ट के लोग नाराज थे । दीपक गुप्ता तथा उनके नजदीकी लेकिन लगातार लोगों को आश्वस्त कर रहे थे कि दीवाली मेले की व्यवस्था तथा फैलोशिप देखेंगे तो लोग शिकायत व नाराजगी को भूल जायेंगे । उनके आश्वासन पर कुछेक लोग ही भरोसा कर रहे थे, और ज्यादातर लोग भरोसा नहीं कर रहे थे । इसका असर टिकटों की बिक्री पर पड़ा और दीपक गुप्ता को टिकट बेचने के लिए तरह तरह की तिकड़में करना पड़ीं । इनमें बड़ी तिकड़म यह रही कि दस दिन पहले उन्होंने प्रत्येक टिकट पर ड्रिंक्स के दो कूपन देने का ऑफर दिया । इसके बावजूद डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में मुश्किल से सात/आठ सौ लोग पहुँचे । पिछले वर्ष तीन हजार से ज्यादा लोग मेले में थे । मेले में जो लोग पहुँचे, उन्हें मेले का रंगरूप देख कर अफसोस हुआ । कई लोगों का कहना रहा कि इतनी घटिया व्यवस्था का उन्हें अनुमान नहीं था । उनका कहना है कि दीपक गुप्ता चूँकि बड़ी बड़ी बातें करते रहते हैं, इसलिए उन्हें उम्मीद रही कि इंतजाम पिछले वर्ष जैसा नहीं तो कम से कम 'ठीक ठाक' किस्म का तो रहेगा ही - लेकिन थर्ड क्लास व्यवस्था देख कर लोग उखड़ गए । लोगों का कहना रहा कि दीपक गुप्ता ने 1200 रुपए लेकर 200 रुपए प्लेट वाला इंतजाम करवाया । लोगों ने अपने आप को उस समय ठगा हुआ पाया जब उन्हें ड्रिंक्स का काउंटर ही बंद मिला; उनके लिए यह समझना मुश्किल हुआ कि डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के टिकट के साथ उन्हें ड्रिंक्स के जो दो कूपन मिले हैं, उनका वह क्या करें ?
इसके बाद फिर वह हुआ, जो इससे पहले किसी डिस्ट्रिक्ट के कार्यक्रम में शायद ही हुआ हो । लोगों ने अपनी नाराजगी जताते हुए टिकट के साथ मिले कूपंस की होली जलाई । लोगों का कहना रहा कि कूपंस के बदले जब ड्रिंक्स उपलब्ध नहीं करवाना थी, तब कूपंस दिए ही  क्यों गए ? इसे लोगों ने दीपक गुप्ता की 'धोखाधड़ी' बताया और अपने आप को 'ठगा' हुआ पाया । दीपक गुप्ता ने बदइंतजामी के जरिए लोगों को ही नहीं ठगा, बल्कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट आलोक गुप्ता के साथ भी 'धोखाधड़ी' की । उल्लेखनीय है कि आलोक गुप्ता के क्लब के कुछेक सदस्यों ने पिछले रोटरी वर्ष में क्लब से इस्तीफा देकर एक नए क्लब के लिए आवेदन दिया हुआ था । माना/समझा जा रहा है कि नया क्लब बनेगा, तो उसमें क्लब के कुछ और सदस्य ट्रांसफर ले लेंगे और इस तरह आलोक गुप्ता के क्लब में एक बड़ी फूट पड़ेगी । आलोक गुप्ता के अनुरोध पर पिछले रोटरी वर्ष में सुभाष जैन ने नए क्लब के लिए हरी झंडी नहीं दी थी । इस वर्ष, ललित खन्ना की उम्मीदवारी के लिए आलोक गुप्ता का समर्थन लेने के लिए दीपक गुप्ता ने उन्हें भरोसा दिया हुआ था कि वह भी उक्त नए क्लब को हरी झंडी नहीं देंगे । आलोक गुप्ता इसी भरोसे के चलते ललित खन्ना की उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए तैयार हुए थे, अन्यथा वह ललित खन्ना को समर्थन देने के लिए हरगिज तैयार नहीं थे । दरअसल दो वर्ष पहले आलोक गुप्ता से हारने के बाद से ललित खन्ना ने आलोक गुप्ता के प्रति बैर सा रखा हुआ था, और आलोक गुप्ता को बधाई देने का सामान्य-सा शिष्टाचार भी नहीं निभाया था - और इस बात से आलोक गुप्ता बुरी तरह भड़के हुए थे । आलोक गुप्ता के भड़के रवैये को दीपक गुप्ता ने 'सौदेबाजी' करके ठंडा कर दिया था; लेकिन चुनाव पूरा होते ही डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में आलोक गुप्ता यह देख/जान कर ठगे से रह गए कि दीपक गुप्ता ने काम निकलते ही उनका भरोसा तोड़ दिया है और नए क्लब को हरी झंडी देकर उनके क्लब में बड़ी फूट के लिए मौका बना दिया है ।
डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की बदहाली और उस पर लोगों द्वारा जताई/दिखाई गई नाराजगी को देख/जान पर ललित खन्ना ने खासी राहत महसूस की कि अच्छा हुआ कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव जल्दी हो गया, अन्यथा दीपक गुप्ता की हरकतें इस वर्ष भी उनकी लुटिया डुबा देतीं । इस वर्ष के डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की बदहाल व्यवस्था देख/सुन कर लोगों ने पिछले रोटरी वर्ष में सुभाष जैन के गवर्नर-वर्ष में हुए डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की भव्यता, रौनक तथा खानपान की जोरदार व्यवस्था को याद किया और अफसोस किया कि दीपक गुप्ता - सुभाष जैन से कुछ तो सीख लेते । 

Thursday, October 10, 2019

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता की असफलता ने सुभाष जैन के गवर्नर-वर्ष की गतिविधियों व सक्रियताओं की याद दिला कर लोगों को नमन जैन को उम्मीदवार बनाने की माँग करने के लिए जिस तरह से प्रेरित किया है, वह डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में कोई बड़ा गुल सचमुच खिलायेगी क्या ?

नई दिल्ली । रोटरी क्लब दिल्ली मोनार्क के निवर्त्तमान प्रेसीडेंट (आईपीपी) नमन जैन को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए उम्मीदवार बनाने की लगातार बढ़ती माँग ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों को खासा असमंजस में डाल दिया है । नमन जैन चूँकि निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (आईपीडीजी) सुभाष जैन के सुपुत्र हैं; इसलिए डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों को लगता है कि नमन जैन यदि उम्मीदवारी के रास्ते से होते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बने, तो डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के सारे समीकरण बदल जायेंगे और तब दूसरे नेताओं के लिए बहुत ही सीमित मौके बचेंगे और सुभाष जैन पर उनकी निर्भरता बढ़ जाएगी । नमन जैन की तरफ से, और सुभाष जैन की तरफ से भी - हालाँकि अभी तक नमन जैन की उम्मीदवारी को लेकर कोई संकेत नहीं दिए गए हैं; लेकिन दूसरे लोगों को लगता है कि नमन जैन को उम्मीदवार बनाये जाने को लेकर यदि इसी तरह चर्चा चलती व बढ़ती रही तो नमन जैन की उम्मीदवारी आने में देर भी नहीं लगेगी । यूँ भी नमन जैन रोटरी तथा उसकी गतिविधियों में खासी दिलचस्पी लेते देखे गए हैं । पिछले रोटरी वर्ष में क्लब की तरफ से डिस्ट्रिक्ट की पहली मोबाइल मेमोग्राफी वैन तैयार करने व एक अस्पताल को देने में तथा मौजूदा रोटरी वर्ष में अपने क्लब द्वारा स्पॉन्सर रोट्रेक्ट क्लब के सदस्यों व पदाधिकारियों के साथ प्लानिंग करने में नमन जैन ने जिस तरह की पहलभरी सक्रियता दिखाई है, उसे देख/जान कर ही लोगों को लगा है कि रोटरी को लेकर उनमें उत्साह भी है और स्पष्ट नजरिया भी ।
मजे की बात यह है कि नमन जैन को उम्मीदवार बनाने की चर्चा शुरू तो सुभाष जैन के नजदीकियों ने की थी, लेकिन बढ़ते बढ़ते उक्त चर्चा में ऐसे लोग भी शामिल दिखने लगे हैं जो व्यक्तिविशेष की बजाए डिस्ट्रिक्ट व रोटरी के हितों को प्रमुखता देते हैं । ऐसे लोगों का मानना/कहना है कि नमन जैन ने पिछले कुछ समय में जिस तरह की सक्रियता दिखाई है, उससे लगता है कि नमन जैन अपने पिता से भी अच्छे व प्रभावी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर साबित होंगे । ऐसा मानने/कहने के पीछे उनका तर्क है कि नमन जैन को स्वाभाविक रूप से सुभाष जैन के अनुभवों का जो फायदा मिलेगा, उसे वह अपनी समझ व सामर्थ्य से और विस्तार दे सकेंगे - और इस तरह सुभाष जैन के गवर्नर-वर्ष में जो थोड़ी-बहुत कमी रह गई थी, उसे भी दूर कर लिया जायेगा तथा डिस्ट्रिक्ट के कामकाज को विविधता भी दी जा सकेगी । दरअसल मौजूदा रोटरी वर्ष में दीवाली मेले को लेकर जैसा नाटक चल रहा है, और टिकटों की बिक्री की स्थिति जिस तरह से ठंडी पड़ी हुई है - उसे देख/जान कर डिस्ट्रिक्ट के लोग पिछले रोटरी वर्ष के दीवाली मेले को याद कर रहे हैं । लोगों को याद है कि पिछले रोटरी वर्ष में सुभाष जैन के प्रयत्नों से लोगों के बीच दीवाली मेले को लेकर खासा जोश था, जिसके चलते करीब डेढ़ महीने पहले ही सभी टिकट बिक चुके थे । इस वर्ष डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता दीवाली मेले को लेकर लोगों के बीच जोश पैदा करने में बुरी तरह विफल रहे हैं और इसी का नतीजा है कि दीवाली मेले का दिन नजदीक आ रहा है, लेकिन दीपक गुप्ता को अभी उसके टिकट बेचने के लिए ही माथापच्ची करना पड़ रही है । डिस्ट्रिक्ट में लोग महसूस कर रहे हैं कि सुभाष जैन के गवर्नर-वर्ष में डिस्ट्रिक्ट में कार्यक्रमों की खासी गहमागहमी थी और सुभाष जैन ने क्लब्स के पदाधिकारियों व वरिष्ठ रोटेरियंस को प्रेरित व उत्साहित किया हुआ था, जिसके चलते डिस्ट्रिक्ट में एक अलग ही माहौल बना हुआ था ।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता की नीरसता व असफलता ने चार महीनों में ही सुभाष जैन के गवर्नर-वर्ष की गतिविधियों व सक्रियताओं की लोगों को जिस तरह से याद दिला दी है, उसके कारण ही वास्तव में नमन जैन को उम्मीदवार बनाने की माँग उठी है । लोगों को लगता है कि नमन जैन के गवर्नर-वर्ष में डिस्ट्रिक्ट एक बार फिर से वैसी ही रौनक व सक्रियता प्राप्त कर सकेगा, जैसी कि सुभाष जैन के गवर्नर-वर्ष में थी । यह कहने/बताने वाले लोगों की भी कमी नहीं है कि अगले रोटरी वर्ष में जो चुनावी हालात व समीकरण बनते दिख रहे हैं, उसमें नमन जैन के लिए चुनाव जीतना कोई मुश्किल भी नहीं होगा । उल्लेखनीय है कि शुरू में जब यह माँग उठने की आवाजें सुनाई दी थीं, तब डिस्ट्रिक्ट में किसी ने इस माँग को गंभीरता से नहीं लिया था । तब लोगों को लग रहा था कि सुभाष जैन के नजदीक रहने वाले लोग सुभाष जैन को खुश करने/रखने के लिए नमन जैन को उम्मीदवार बनाने की बात कर रहे हैं, और उनकी माँग में ज्यादा दम नहीं है । लेकिन अभी हाल ही में एक वरिष्ठ रोटेरियन के बेटे के विवाह से संबद्ध कार्यक्रम में पहुँचे ऐसे रोटेरियन भी जब नमन जैन को उम्मीदवार बनाये जाने की जरूरत रेखांकित करते देखे/सुने गए, जो रोटरी व डिस्ट्रिक्ट के हितों पर जोर देने की बातें करते रहे हैं - तब डिस्ट्रिक्ट की राजनीति के खिलाड़ियों के कान खड़े हुए और उन्हें भी लगा है कि नमन जैन को उम्मीदवार बनाये जाने की माँग जिस तरह जोर पकड़ती जा रही है, वह डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में जरूर कोई बड़ा गुल खिलायेगी ।

Friday, November 2, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में अपने साथियों व समर्थकों के साथ अशोक अग्रवाल द्वारा निभाई/दिखाई गई व्यापक सक्रियता के चलते डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी मुकाबले में अशोक अग्रवाल को अच्छी बढ़त मिलती हुई नजर आई

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में अशोक  अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए जैसे जो प्रयास किए, उनके चलते लोगों के बीच वह अपना प्रभाव और बनाने/जमाने में सफल होते हुए दिखे, तथा लोगों को वह दूसरे उम्मीदवारों से काफी आगे बढ़े हुए नजर आए । डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की जोरदार कामयाबी तथा उसमें लोगों की बड़ी संख्या में हुई भागीदारी ने अशोक अग्रवाल के काम और उनके 'लक्ष्य' पाने के प्रयासों को और आसान कर दिया । यहाँ दरअसल अशोक अग्रवाल का अनुभव काम आया । पिछले कई वर्षों से वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की भूमिका देख भी रहे हैं, और किसी न किसी उम्मीदवार के लिए उस भूमिका का लाभ उठाने के प्रयासों में शामिल भी रहे हैं । दरअसल डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में डिस्ट्रिक्ट के सभी आम और खास लोगों की अलग अलग भूमिका होती है; और इससे कई लोगों की पहचान और प्रतिष्ठा जुड़ी होती है । सबसे पहले तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के लिए ही यह मेला प्रतिष्ठा का विषय होता है । प्रत्येक डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की इच्छा होती है और वह अपनी सामर्थ्यानुसार प्रयास करता है कि उसके गवर्नर-काल का डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेला पिछले वर्षों के मेलों की तुलना में ज्यादा भीड़भाड़ वाला हो तथा ज्यादा भव्य व आकर्षक हो । इसके बाद डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के आयोजन की जिम्मेदारी लेने वाले डिस्ट्रिक्ट पदाधिकारी और आयोजक/मेजबान क्लब के पदाधिकारियों का सम्मान इससे जुड़ जाता है; उनकी भी इच्छा होती है और वह इसके लिए अपनी समझ के अनुसार अथक प्रयास भी करते हैं कि मेला बढ़िया हो और इसके लिए सभी से उन्हें प्रशंसा के शब्द सुनने को मिलें । आयोजन से जुड़े प्रमुख लोगों की यह इच्छा/चाहत डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवारों को इनकी 'गुड बुक' में शामिल होने का एक मौका देती है । 
अशोक अग्रवाल ने अपने अनुभव से इस मौके को पहचाना और इसका फायदा उठाने के लिए पहले से तैयारी की । दरअसल पहले से की गई तैयारी के कारण ही डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में दूसरे उम्मीदवारों की तुलना में अशोक अग्रवाल का पलड़ा भारी नजर आया । असल में, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति में डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की महत्ता तो सभी उम्मीदवार समझते हैं, और वह उसका फायदा उठाने का प्रयास भी करते हैं - लेकिन प्रायः सीमित अर्थों में ही । डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में अशोक अग्रवाल का पलड़ा भारी इसलिए नजर आया क्योंकि उन्होंने इसका बड़ी बारीकी से तथा व्यापक रूप में फायदा उठाने का पहले से इंतजाम किया हुआ था । इंतजाम करने से भी पहले, अपनी निरंतर बनाई गई सक्रियता व संलग्नता से प्राप्त अपने अनुभव से मिली सीख से उन्होंने डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में फायदा उठाने के बारीक व व्यापक मौकों को पहचाना व रेखांकित किया । दरअसल आमतौर पर उम्मीदवार फायदा उठाने के लिए दीवाली मेले को अपनी तरफ से स्पॉन्सर करने तक सीमित मान लेते हैं, और स्पॉन्सर के नाम पर पैसे देकर संतुष्ट हो जाते हैं । इससे ज्यादा और इसके अलावा क्या और कैसे फायदा उठाया जा सकता है, इसकी समझ अनुभव से मिलती है । अपने अनुभव से यही फायदा उठाते हुए अशोक अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के आयोजन से जुड़ी 'व्यवस्था' में अपनी पैठ बनाई और लोगों के बीच अपनी पहुँच को व्यापक व असरदार बनाते हुए डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले का भरपूर फायदा उठाया । 
अशोक अग्रवाल यह फायदा इसलिए भी उठा सके, क्योंकि उन्हें एक टीम के रूप में अपने साथियों व समर्थकों का पूरा पूरा सहयोग प्राप्त था । यहाँ फिर कहना/दोहराना पड़ेगा कि अपने साथियों व समर्थकों का सहयोग उन्हें इसलिए प्राप्त था - क्योंकि उन्होंने इस बात को समझा हुआ था कि अपने साथियों व समर्थकों का उन्हें कहाँ और किस तरह से सहयोग चाहिए होगा, और इसके लिए उन्होंने पहले से ही 'फील्डिंग' सजाई हुई थी । साथी और समर्थक दूसरे उम्मीदवारों के पास भी हैं, लेकिन उनसे काम/फायदा लेने की योजना या रणनीति के अभाव में वह उनका बेहतर तरीके से प्रभावी उपयोग ही नहीं कर पाए ।अशोक अग्रवाल ने एक तरफ तो डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के आयोजन से जुड़ी व्यवस्था में भूमिका निभाते हुए अपने लिए अवसर बनाया, और दूसरी तरफ अपने साथियों व समर्थकों के जरिये आम लोगों के बीच अपनी सक्रियता व भागीदारी दिखाई । भीड़भाड़ व भव्यता के मामले में इस वर्ष का दीवाली मेला चूँकि लोगों के बीच चर्चा और तारीफ का विषय बना, तो सक्रियता व भागीदारी के चलते उक्त चर्चा व तारीफ में खुद ब खुद अशोक अग्रवाल का नाम भी आ ही गया । साथियों और समर्थकों की लोगों के बीच ली गई 'पोजीशंस' व अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के लिए 'काम' करने की उनकी दिलचस्पी व तत्परता ने अशोक अग्रवाल का काम आसान भी किया, और उसके असर को कई गुना बढ़ाया भी । डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में चूँकि डिस्ट्रिक्ट के प्रायः सभी आम और खास लोग उपस्थित थे; डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में महत्त्वपूर्ण भूमिका रखने तथा निभाने वाले प्रायः सभी लोग इस मेले में थे - इसलिए लोगों के बीच अपने साथियों व समर्थकों के साथ अशोक अग्रवाल की सक्रियता ने सभी का ध्यान खींचा; और इसके चलते डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी मुकाबले में उन्हें अच्छी बढ़त मिलती हुई नजर आई ।

Friday, September 19, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में जवाहर गुप्ता के रवैये से झटका खाए शरत जैन की उम्मीदवारी का झंडा थामे अरनेजा गिरोह के नेताओं ने जवाहर गुप्ता को यह कहते हुए बदनाम करना शुरू किया है कि डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के आयोजन के जरिये उन्होंने वास्तव में अपनी उम्मीदवारी की तैयारी शुरू की है

नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के आयोजन की तैयारी में जुटे रोटरी क्लब दिल्ली विकास के अध्यक्ष जवाहर गुप्ता को 'पटाने' में विफल रहने के बाद अरनेजा गिरोह के लोगों ने उन्हें अपने निशाने पर ले लिया है । क्लब के भीतर और क्लब के बाहर अरनेजा गिरोह के जो लोग हैं वह इस बात को प्रचारित करने में लगे हैं कि जवाहर गुप्ता दीवाली मेले के आयोजन की जिम्मेदारी निभाने की आड़ में दरअसल अगले वर्षों में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए प्रस्तुत की जाने वाली अपनी उम्मीदवारी की तैयारी कर रहे हैं । जवाहर गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के आयोजन की जिम्मेदारी लेने के लिए जो 'प्रयत्न' किए, उसमें कई लोगों को रोटरी में आगे बढ़ने की उनकी महत्वाकांक्षा के संकेत तो छिपे दिखे थे - लेकिन इन संकेतों के सहारे/भरोसे 'उद्देश्य' घोषित करने का काम उनके क्लब के लोगों ने ही किया । दरअसल डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के आयोजन की जिम्मेदारी जवाहर गुप्ता को मिलने से कई लोग खुश नहीं हैं । खुश न होने वाले लोगों में उनके अपने क्लब के लोग भी हैं और उनके अपने जोन के लोग भी हैं । क्लब के कई बड़े लोग तो इसलिए खुश नहीं हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि दीवाली मेले के आयोजन से जवाहर गुप्ता की डिस्ट्रिक्ट में पहचान और साख बढ़ेगी; जोन के लोग इसलिए खफा हैं क्योंकि दीवाली मेले की आड़ में राजनीति करने का मौका उनसे छिन गया ।
जवाहर गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के आयोजन की जिम्मेदारी मिलने के साथ लेकिन अरनेजा गिरोह के नेता 'काम' पर लग गए और उन्होंने जवाहर गुप्ता को इस बात के फिलर्स भेजना शुरू कर दिया कि वह दीवाली मेले की तैयारी में उनकी हर तरह से मदद करने के लिए तैयार हैं । जवाहर गुप्ता को पटाने के लिए उन्हें सीधा-सीधा ऑफर भी दे दिया गया कि उन्हें शरत जैन से स्पॉन्सरशिप भी दिलवा दी जाएगी । जवाहर गुप्ता ने लेकिन उनके जब किसी भी फिलर्स के प्रति उत्साह नहीं दिखाया और स्पॉन्सरशिप के ऑफर को यह कहकर ठुकरा दिया कि दीवाली मेले की तैयारी में वह उम्मीदवारों को किसी भी रूप में शामिल नहीं करेंगे - तो अरनेजा गिरोह के लोगों ने जवाहर गुप्ता को बदनाम करने की चाल चली । इस चाल को चलाने में उन्हें जवाहर गुप्ता के क्लब के कुछेक ऐसे प्रमुख लोगों की मदद भी मिल गई, जो पहले से ही जले-भुने बैठे थे । रोटरी क्लब दिल्ली विकास के कुछेक लोग इस बात के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय खन्ना की भी बुराई करने से परहेज नहीं कर रहे हैं कि दीवाली मेले जैसे डिस्ट्रिक्ट फंक्शन के आयोजन की जिम्मेदारी एक क्लब को देने की बजाए जोन को देना चाहिए था । दीवाली मेला क्लब को देने के फैसले से नाराज इन लोगों का असली दुःख वास्तव में यह है कि इन्हें डर हुआ है कि इससे डिस्ट्रिक्ट में जवाहर गुप्ता का 'कद' बढ़ेगा - और जवाहर गुप्ता का कद यदि बढ़ेगा, तो स्वाभाविक रूप से 'इनका' कद घटेगा ।
रोटरी क्लब दिल्ली विकास के इन्हीं लोगों ने कहना शुरू किया कि डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की तैयारी से जवाहर गुप्ता ने अपनी उम्मीदवारी की तैयारी शुरू कर दी है । उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब दिल्ली विकास में दरअसल कई लोग हैं जो अपने आप को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए पूरी तरह परफेक्ट समझते हैं । उन्हें समस्या बस इस बात में लगती है कि डिस्ट्रक्ट गवर्नर बनने के लिए पहले उम्मीदवार बनना पड़ता है - उनसे लंबी-लंबी 'छुड़वा' तो लो, पर उम्मीदवार बनने की बात आती है तो उनका दम निकलने लगता है । इसलिए अपना दम उन्होंने उसका दम निकालने के लिए बचा कर रखा है, जो उन्हें क्लब में सिर उठाता हुआ दिखता है । उनका रवैया बिलकुल ऐसा है : हम तो गवर्नर बन न सकेंगे, तुम्हें भी न बनने देंगे । डिस्ट्रिक्ट में यह चर्चा प्रायः सुनने को मिल जाती है कि रोटरी क्लब दिल्ली विकास एक बड़ा क्लब है, अच्छा क्लब है, बहुत सक्रिय क्लब है, बहुत काम करने वाला क्लब है - लेकिन डिस्ट्रिक्ट को लीडरशिप प्रदान करने के मामले में पिछड़ा रहता है । तमाम चर्चा में कारण यही निकलता है कि क्लब में जो लोग प्रमुख बने हुए हैं, वह न तो खुद आगे आते हैं - और जो कोई आगे आता हुआ दिखता है उसका दम पहले ही निकाल देते हैं । जवाहर गुप्ता के साथ भी यही सुलूक किया जा रहा है । जवाहर गुप्ता चूँकि खासे सक्रिय हैं और बिलकुल नए नए काम कर रहे हैं, इसलिए उनके ही क्लब के कुछेक लोगों ने यह कहते हुए उन्हें बदनाम करने का अभियान छेड़ दिया है कि वह तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की तैयारी में यह सब कर रहे हैं ।
अरनेजा गिरोह के नेताओं ने इस बात को 'लपक' कर और जोर-शोर से कहना शुरू कर दिया है । अरनेजा गिरोह के नेताओं को लगता है कि इस तरह से दबाव बना कर वह जवाहर गुप्ता को अपनी छतरी के नीचे ले आयेंगे । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में रमेश अग्रवाल ने रोटरी क्लब दिल्ली विकास के कुछेक सदस्यों के साथ जिस तरह की 'धोखाधड़ी' की, उसके चलते दिल्ली विकास के सदस्यों के बीच रमेश अग्रवाल के खिलाफ गहरी नाराजगी और विरोध है । रमेश अग्रवाल के खिलाफ दिल्ली विकास के लोगों की इस नाराजगी और विरोध को शरत जैन की उम्मीदवारी के लिए खतरे के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । रमेश अग्रवाल हालाँकि दावा करते रहे हैं कि दिल्ली विकास में उनके कुछ एजेंट हैं जो हालात को सँभाल लेंगे - और अपने उन्हीं एजेंटों के भरोसे रमेश अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में अपनी और/या शरत जैन की भूमिका/भागीदारी बनाने की तिकड़म लगाई थी - जवाहर गुप्ता ने लेकिन उनकी तिकड़म को अभी तक तो कामयाब नहीं होने दिया है ।
रमेश अग्रवाल और अरनेजा गिरोह के दूसरे नेताओं की समस्या और चिंता दरअसल यह है कि वह शरत जैन की उम्मीदवारी को दिल्ली के क्लब्स में अच्छे समर्थन के दावे तो बहुत करते हैं, लेकिन अपने दावे को सच बनाने/बताने वाले तथ्य नहीं जुटा पा रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेला रोटरी क्लब दिल्ली विकास को मिला तो उन्हें अपने दावे को सच बनाने/बताने का मौका हाथ लगता हुआ दिखा । उन्हें लगा कि वह जवाहर गुप्ता को मदद का, स्पॉन्सरशिप का ऑफर पहुँचायेंगे तो जवाहर गुप्ता उनके पास दौड़े चले आयेंगे - और तब वह लोगों को बता/दिखा सकेंगे कि जब दिल्ली का सबसे बड़ा क्लब उनके साथ है तो छोटे-मोटे क्लब्स तो उनके साथ हो ही जायेंगे । जवाहर गुप्ता ने लेकिन उनकी सारी 'योजना' पर पानी फेर दिया । शरत जैन की उम्मीदवारी का झंडा उठाए अरनेजा गिरोह को इससे जो तगड़ा झटका लगा है, उससे उबरने की कोशिश में ही अरनेजा गिरोह के नेताओं ने तथा दूसरे लोगों ने जवाहर गुप्ता को यह कहते हुए बदनाम करना शुरू किया है कि डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के आयोजन के जरिये जवाहर गुप्ता ने वास्तव में अगले वर्षों में प्रस्तुत की जाने वाली अपनी उम्मीदवारी की तैयारी शुरू की है ।
हालाँकि इस बात का उनके पास कोई जबाव नहीं है कि यदि यह सच भी है तो इसमें आरोप वाली बात भला क्या है ?  

Wednesday, November 7, 2012

अनूप मित्तल की चेयरमैनी में होने वाला डिस्ट्रिक्ट 3010 का दीवाली मेला झगड़ों और विवादों के कारण ज्यादा चर्चा में है

नई दिल्ली | रोटरी क्लब दिल्ली विकास के दीवाली मेले ने डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की तैयारी में जुटे लोगों की फूट को सामने ला दिया है | उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब दिल्ली विकास डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की आयोजन समिति का एक प्रमुख सदस्य है; और प्रमुख सदस्य होने के नाते इस क्लब के अध्यक्ष शिव शंकर अग्रवाल डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की आयोजन समिति में को-चेयरमैन के पद पर हैं | इस कारण से उम्मीद की जाती थी कि वह अपना समय, अपनी एनर्जी और अपने साधन डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में लगायेंगे - लेकिन शिव शंकर अग्रवाल डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की तैयारी में जुटने की बजाये अपने क्लब के दीवाली मेले को आयोजित करने में जुटे नज़र आये | इस बाबत, उनकी तरफ से लोगों को सफाई सुनने को मिली कि उनका क्लब बड़ा क्लब है, उनके क्लब के सदस्य डिस्ट्रिक्ट के कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाते हैं, उनके क्लब के लोग अपने ही कार्यक्रम करने पर जोर देते हैं, आदि-इत्यादि | लोगों को शिव शंकर अग्रवाल के यह तर्क हजम नहीं हुए हैं | हालाँकि एक तरह से देखें तो यह तर्क सही दीखते हैं; लेकिन लोगों का कहना है कि शिव शंकर अग्रवाल ने जब डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की आयोजन समिति का हिस्सा होना स्वीकार कर लिया था, तो उन्हें उसी की तैयारी में जुटना चाहिए था | अध्यक्ष होने के नाते वह क्लब के लीडर हुए और एक लीडर होने के नाते उन्हें अपने क्लब के लोगों को डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में शामिल होने के लिए ही प्रेरित करना चाहिए था | लोगों का कहना है कि इसके आलावा, उन्हें यदि अपने क्लब में दीवाली के नाम पर कुछ करना ही था, तो ऐसा कुछ करते या ऐसे समय करते जिससे कि डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की तैयारी डिस्टर्ब न होती और उसकी तैयारी में उनकी पूरी सामर्थ्य लगती |
शिव शंकर अग्रवाल ने ऐसा कुछ नहीं किया, इससे लोगों को लगा कि बात दरअसल कुछ और है | डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की तैयारी में चूँकि शुरू से ही खटपट देखी/सुनी जा रही थीं - इसलिए लोगों को और भी विश्वास हुआ कि शिव शंकर अग्रवाल का अपने क्लब का अलग से दीवाली मेला आयोजित करने के फैसले का उसी खटपट से संबंध है | बात निकलना शुरू हुई तो फिर निकलती ही चली गई और पता चला कि डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले की तैयारी को लेकर शुरू से ही झगड़े थे | पहली बार यह झगड़ा तब सामने आया जब रोटरी क्लब दिल्ली मयूर विहार के अध्यक्ष अनूप मित्तल को चेयरमैन चुन लिया गया | कुछेक अध्यक्षों ने आरोप लगाया कि अनूप मित्तल ने उन्हें धोखे में रखकर षड़यंत्रपूर्वक अपने आप को चेयरमैन चुनवा लिया और इस तरह दीवाली मेले को हाईजैक कर लिया | जबावी कार्रवाई  में, इस आरोप के पीछे शिव शंकर अग्रवाल को बताया गया और कहा गया कि वह चूंकि खुद चेयरमैन नहीं बन सके इसलिए इस तरह की बातें फैला रहे हैं | शिव शंकर अग्रवाल ने इसका जबाव यह कर दिया कि अनूप मित्तल चेयरमैन बने हैं, इस पर उन्हें आपत्ति नहीं है; उनकी आपत्ति लेकिन चेयरमैन चुने जाने के तरीके को लेकर है | शिव शंकर अग्रवाल की नाराजगी को दूर करने के लिए उन्हें को-चेयरमैन बना दिया गया | झगड़े लेकिन तब भी दूर नहीं हुए | एक बड़ा झगड़ा मेले के आयोजन स्थल को लेकर हुआ | शिव शंकर अग्रवाल और अन्य कुछेक लोगों की शिकायत रही कि मेला जहाँ हो रहा है, वहाँ तक पहुँचना आसान नहीं होगा, इसलिए मेला किसी ऐसी जगह पर होना चाहिए जहाँ लोग आसानी से पहुँच सकें | अनूप मित्तल का आरोप रहा कि मेला स्थल का चयन जब सभी लोगों की रजामंदी लेकर ही किया गया था, तब फिर उसका विरोध करने की जरूरत क्यों आ पड़ी - इससे ही समझा जा सकता है कि कुछेक लोगों का काम सिर्फ विरोध करना ही है | अनूप मित्तल ने यह आरोप भी लगाया है कि उन्हें सिर्फ दो-चार अध्यक्षों से ही मदद मिल रही है और बाकी लोग झगड़े पैदा करने की ही कोशिशों में ही लगे हुए हैं |
अनूप मित्तल से नाराज लोगों का कहना लेकिन यह रहा है कि अनूप मित्तल की कार्यशैली ने ही झगड़े पैदा करने के मौके बनाये हैं | मेले के आयोजन की तैयारी के लिए जब कमेटी बनी हुई है तो उन्हें सभी फैसले कमेटी के सदस्यों के साथ विचार-विमर्श करके ही करने चाहिए - लेकिन वह मनमाने तरीके से फैसले कर लेते हैं और अपने फैसलों से वह बस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल को खुश करने का प्रयास करते हैं | एक सीधा आरोप यह लगा है कि अनूप मित्तल ने दीवाली मेले को अपने लिए 'बेस्ट प्रेसीडेंट' का अवार्ड लेने का जरिया मान/बना लिया है | इसी कारण से मेले की तैयारी में रमेश अग्रवाल का हस्तक्षेप बढ़ गया और झगड़े पैदा हुए | मेले की आयोजन समिति के लेटर पेड और मेले के निमंत्रण पत्र में किसके नाम छपेंगे या नहीं छपेंगे जैसी बातों पर झगड़ा रमेश अग्रवाल के हस्तक्षेप के कारण ही हुआ | समिति के सदस्यों का ही आरोप रहा कि चेयरमैन के रूप में अनूप मित्तल ने समिति के लोगों से बात न करके, रमेश अग्रवाल से बात की और रमेश अग्रवाल ने उन्हें लेटर पेड पर विनोद बंसल और संजय खन्ना के नाम न प्रकाशित करने की हिदायत दी | कुछेक अध्यक्षों ने इस पर बबाल मचा दिया | उनका कहना रहा कि पहली बात तो यह कि रमेश अग्रवाल होता कौन है यह तय करने वाला कि लेटर पेड पर किसका नाम छपेगा या नहीं छपेगा; और दूसरी बात यह कि अनूप मित्तल ने रमेश अग्रवाल से इस बारे में पूछा ही क्यों ? रमेश अग्रवाल और अनूप मित्तल ने पहले तो इस बबाल की अनदेखी करने और अपनी मनमानी करने की कोशिश की, लेकिन जब विरोध करने वाले अध्यक्षों ने खुली धमकी दी कि लेटर पेड पर विनोद बंसल और संजय खन्ना के नाम नहीं छपे तो वह दीवाली मेले के आयोजन से अलग हो जायेंगे, तब रमेश अग्रवाल का दिमाग ढीला हुआ और उन्होंने अनूप मित्तल को अनुमति दी कि वह वैसा कर लें जैसा दूसरे अध्यक्ष कह रहे हैं | इस झमेले में लेटर पेड छपने में काफी देर हो गई | मेले के निमंत्रण पत्र को लेकर तो रमेश अग्रवाल ने और तमाशा खड़ा कर दिया - मेले की तैयारी से जुड़े अध्यक्षों के यह देख/जान कर और बुरा लगा कि अनूप मित्तल भी उनकी हाँ में हाँ मिला रहे हैं | रमेश अग्रवाल ने फ़रमान जारी किया कि निमंत्रण पत्र पर सिर्फ उनका ही नाम होगा और आयोजन समिति के सदस्यों - यानि अध्यक्षों का नाम नहीं होगा | अध्यक्षों ने इस पर साफ कह दिया कि यदि ऐसा होगा तो फिर मेले का आयोजन रमेश अग्रवाल खुद ही कर लें | रमेश अग्रवाल को एक बार फिर वह करना पड़ा - मुहावरे की भाषा में जिसे 'थूक कर चाटना' कहते हैं |
इससे पहले रमेश अग्रवाल लेकिन दीवाली मेले की तैयारी में जुटे लोगों - यानि अध्यक्षों के बीच झगड़ा बढ़ा चुके थे | अधिकतर अध्यक्षों को विश्वास हो चला कि अनूप मित्तल दीवाली मेले को अपने प्रमोशन के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं; और इसी विश्वास के चलते वह मेले की तैयारी में दिलचस्पी लेने से बचने लगे | शिव शंकर अग्रवाल ने अपने क्लब का अलग से दीवाली मेला आयोजित करने का फैसला किया तो यह साफ हो गया कि डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले में अब उनकी ज्यादा दिलचस्पी नहीं रह गई | ऐसे में डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के आयोजन की जिम्मेदारी पूरी तरह अनूप मित्तल पर आ पड़ी | अनूप मित्तल ने मेले के आयोजन की जिम्मेदारी तो जैसी कि लोगों के बीच चर्चा है कि अच्छे से संभाली और निभाई है, लेकिन आयोजन समिति के लोगों को साथ रखने में वह जिस तरह से विफल रहे - उससे डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेले के आयोजन में 'रोटरी' वाला जो तत्व होता है, वह गायब हो गया है | कहा/माना जा रहा है कि वह इवेंट तो मैनेज कर सकते हैं, लेकिन साथियों को साथ बनाये रखने का हुनर उन्हें अभी सीखना है | इस हुनर के अभाव के चलते ही, अनूप मित्तल की चेयरमैनी में होने वाला डिस्ट्रिक्ट दीवाली मेला झगड़ों और विवादों के कारण ज्यादा चर्चा में है |