Monday, November 19, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करते समय जयपुर के चारों उम्मीदवारों में सबसे पीछे देखी जा रही रोहित अग्रवाल की उम्मीदवारी में आई ऊँची उछाल ने चुनावी मुकाबले को टक्कर का बनाया

जयपुर । इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत रोहित अग्रवाल की उम्मीदवारी ने जिस तेजी और अप्रत्याशित तरीके से चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच अपनी पैठ बनाई है, उसके कारण जयपुर/राजस्थान में सेंट्रल काउंसिल चुनाव का पूरा नजारा बदलता हुआ नजर आ रहा है और चुनावी परिदृश्य खासा दिलचस्प हो उठा है । इस बदलते नजारे का ही परिणाम है कि सेंट्रल काउंसिल के लिए रोहित अग्रवाल की उम्मीदवारी के सामने आने पर जो लोग उनकी उम्मीदवारी को जरा भी गंभीरता से नहीं ले रहे थे, वही लोग अब रोहित अग्रवाल को न सिर्फ मुकाबले में देख रहे हैं - बल्कि कई कई मामलों में वह उन्हें जयपुर के बाकी तीनों उम्मीदवारों से बेहतर स्थिति में भी पा रहे हैं । मजे की बात यह देखने में आ रही है कि रोहित अग्रवाल को युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच तो अच्छा समर्थन मिल ही रहा है, वरिष्ठ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स भी उनकी उम्मीदवारी के प्रति दिलचस्पी दिखा रहे हैं और उनमें संभावनाएँ देख रहे हैं । सक्रियता के लिहाज से जयपुर/राजस्थान के चारों उम्मीदवारों में चूँकि रोहित अग्रवाल का ही पलड़ा भारी देखा/पहचाना जा रहा है, इसलिए भी उनकी उम्मीदवारी लोगों के बीच महत्त्वपूर्ण हो उठी है । जयपुर ही नहीं, राजस्थान के दूसरे शहरों के लोगों का भी मानना और कहना है कि जयपुर/राजस्थान के चारों उम्मीदवारों में एक अकेले रोहित अग्रवाल ही चुनाव को चुनाव की तरह गंभीरता से 'लड़ते' दिख रहे हैं; एक अकेले वही हैं जिनके पास ऐसे समर्थकों/शुभचिंतकों की टीम है जो वास्तव में चुनावी मैदान में सक्रिय है - और इसी का उन्हें फायदा मिलता दिख रहा है । चुनावी राजनीति की बारीकियों को समझने वाले लोगों का कहना हालाँकि यह भी है कि अपनी उम्मीदवारी के प्रति लोगों के बीच बढ़ते दिख रहे उत्साह को वोट में बदलने की चुनौती रोहित अग्रवाल के सामने अभी बाकी है ।
जयपुर में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में शामिल और सक्रिय रहे अनुभवी लोगों का मानना और बताना है कि ऑरा (आभामंडल) के लिहाज से रोहित अग्रवाल बाकी तीनों उम्मीदवारों से कमजोर पड़ते हैं; उनकी सबसे बड़ी समस्या उनका युवा होना है । युवा होने के कारण उनकी उम्मीदवारी को लोग आसानी से तवज्जो देते हुए नहीं दिखते हैं । रोहित अग्रवाल की यही कमजोरी लेकिन उनके लिए वरदान बनती नजर आ रही है । इसमें काफी योगदान हालाँकि परिस्थितियों का भी है । परिस्थितियों ने दो तरह से रोहित अग्रवाल की 'मदद' की है । राजस्थान विधानसभा चुनाव में तमाम वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी के बावजूद जिस तरह सचिन पायलट का पलड़ा भारी नजर आ रहा है, उसके चलते चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच भी यह भावना जोर मार रही है कि एक युवा नेता को यदि प्रदेश की बागडोर सौंपी जा सकती है, तो इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल की एक सीट क्यों नहीं दी जा सकती है ? इसके अलावा, सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करने वाले बाकी तीन उम्मीदवार 'बड़े' तो हैं, लेकिन वह उस कहावत को चरितार्थ करते हैं जिसमें कहा गया है - 'बड़ा हुआ तो क्या हुआ, जैसे पेड़ खुजूर ...।' इसका फायदा रोहित अग्रवाल को मिलता बताया जा रहा है । उल्लेखनीय है कि बाकी तीन उम्मीदवारों में सतीश गुप्ता दो बार पहले सेंट्रल काउंसिल का चुनाव लड़ चुके हैं, और पिछली व तीसरी बार पीछे हट चुके हैं । उनके बड़े होने पर उनका यह 'रिकॉर्ड' भारी है और इस बार भी वह कोई चमत्कार करते हुए नहीं दिख रहे हैं । प्रमोद बूब पिछली बार उम्मीदवार के रूप में कोई सक्रियता दिखाये बिना सबसे ज्यादा वोटों से रीजनल काउंसिल का चुनाव जीते थे; इस बार सेंट्रल काउंसिल के उम्मीदवार के रूप में भी वह उसी ढर्रे पर हैं - इस बीच लेकिन लोगों के बीच यह स्पष्ट हो गया है कि वह बड़े तो हैं, लेकिन हैं 'पेड़ खुजूर' । रीजनल काउंसिल में उनकी कोई सकारात्मक भूमिका नहीं दिखी; कुछेक मुद्दों पर सेंट्रल काउंसिल सदस्य प्रकाश शर्मा के साथ उनकी जो 'मुठभेड़े' हुईं भी, वह निजी लड़ाई/खुन्नस के रूप में ज्यादा नजर आईं - और व्यापक सरोकार से जुड़ती हुई नहीं दिखीं । उम्मीदवार के रूप में वह लोगों से जुड़ते हुए और अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने हेतु लोगों तक अपनी पहुँच बनाते हुए नहीं दिख रहे हैं, इसलिए उनकी उम्मीदवारी को लेकर जयपुर में ही कोई खास उत्साह नहीं देखा/पहचाना जा रहा है ।  
प्रकाश शर्मा तक के लिए सेंट्रल काउंसिल की अपनी सीट को बचाना मुश्किल हो रहा है । आमतौर पर माना/समझा जाता है कि काउंसिल सदस्य तो अपनी सीट आसानी से निकाल ही लेता है; लेकिन पिछली बार वेस्टर्न और ईस्टर्न रीजन में एक एक सेंट्रल काउंसिल सदस्य को अपनी अपनी सीट गँवानी पड़ी थी, और सेंट्रल रीजन में भी 'स्टार' उम्मीदवार समझे जाने वाले अनुज गोयल अपने भाई जितेंद्र गोयल को चुनाव जितवाने में असफल रहे थे । इन उदाहरणों से स्पष्ट है कि काउंसिल सदस्य होना चुनावी जीत की कोई गारंटी नहीं है । प्रकाश शर्मा तो पिछला चुनाव ही जैसे-तैसे मुश्किल से जीते थे । सेंट्रल काउंसिल सदस्य के रूप में उन्होंने दिखाया/जताया है कि चार्टर्ड एकाउंटेंट वह भले ही 'बड़े' हैं, लेकिन सोच व व्यवहार के मामले में वह बहुत 'छोटे' हैं । अपने व्यवहार और रवैये से प्रकाश शर्मा ने जो नकारात्मक पहचान बनाई है, उसके कारण उनके नजदीकियों व समर्थकों को ही उनकी जीत को लेकर आशंका है । मजे की बात है कि जयपुर और राजस्थान में इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति के अच्छे अच्छे जानकर भी विजेता हो सकने वाले उम्मीदवारों के बारे में अनुमान लगा पाने में गच्चा खा रहे हैं । वह यह तो मान रहे हैं कि जयपुर/राजस्थान की जो वोटिंग 'ताकत' है, उसके चलते जयपुर के दो उम्मीदवार तो सेंट्रल काउंसिल में पहुँच ही जायेंगे - लेकिन वह दो उम्मीदवार कौन से होंगे, इस सवाल पर उनकी बोलती बंद हो जाती है । विजेता हो सकने वाले उम्मीदवारों को लेकर बनी इस असमंजसता के चलते भी रोहित अग्रवाल के लिए तेजी से मुकाबले में आना आसान हुआ है । नामांकन होने के समय उन्हें चारों उम्मीदवारों में सबसे पीछे देखा/पहचाना जा रहा था, लेकिन परिस्थितिवश मिले अवसर को अपनी सक्रियता से इस्तेमाल करके रोहित अग्रवाल ने अपनी उम्मीदवारी को जो ऊँची उछाल दी है, उससे उनकी उम्मीदवारी टक्कर में आ गई है - और इस तथ्य ने बाकी तीनों उम्मीदवारों तथा उनके समर्थकों को मुसीबत में डाल दिया है ।

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के सेंट्रल काउंसिल चुनाव अभियान में फरीदाबाद में आयोजित हुए सुधीर अग्रवाल के आयोजन को फेल करने की कोशिश में राजेश शर्मा खुद ही फजीहत का शिकार हो गए

फरीदाबाद । सुधीर अग्रवाल की उम्मीदवारी के लिए समर्थन दिखाने/जुटाने के उद्देश्य से फरीदाबाद में आयोजित होने वाले आयोजन में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को जाने से रोकने के इरादे से राजेश शर्मा ने चाल तो अच्छी चली थी, लेकिन उनकी चाल उन्हें ही उल्टी पड़ गई और उनकी ही फजीहत करा बैठी । उल्लेखनीय है कि सुधीर अग्रवाल की अध्यक्षता वाली नॉर्दर्न इंडिया सीए फेडरेशन ने अभी हाल ही में फरीदाबाद के जिमखाना क्लब में एक प्रोफेशनल मीटिंग का आयोजन किया, जिसमें इंस्टीट्यूट के पूर्व प्रेसीडेंट वेद जैन तथा फरीदाबाद के वरिष्ठ चार्टर्ड एकाउंटेंट केके गुप्ता को चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के साथ बातचीत की । कहने के लिए तो बातचीत इनकम टैक्स नियमों में हुए संशोधनों पर हुई, लेकिन लोगों के बीच यह कोई दबी/छिपी बात नहीं थी कि इस मीटिंग का वास्तविक उद्देश्य सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत सुधीर अग्रवाल की उम्मीदवारी को फरीदाबाद के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच समर्थन जुटाने के लिए प्रमोट करना था । मीटिंग के बाद डिनर के आयोजन की बात तो निमंत्रण पत्र में दर्ज थी ही, निमंत्रण पाने वाले लोगों का कहना था कि 'ड्रिंक' की बात मुँहजबानी बताई गई थी । सुधीर अग्रवाल और उनके समर्थकों ने इस मीटिंग में फरीदाबाद के ज्यादा से ज्यादा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को इकट्ठा करने की तैयारी की थी । उनकी तैयारी को देख कर सेंट्रल काउंसिल की अपनी सीट बचाने के लिए प्रयास कर रहे राजेश शर्मा को फरीदाबाद में अपना समर्थन-आधार खिसकता और घटता हुआ नजर आया, जिसे बचाने के लिए उन्होंने सुधीर अग्रवाल के इस आयोजन को फेल करने की योजना बनाई ।
राजेश शर्मा को अपनी योजना को सफल बनाने में फरीदाबाद ब्रांच के पदाधिकारी अमित पुनिआनी व जितेंद्र चावला का समर्थन भी मिल गया । सुधीर अग्रवाल की उम्मीदवारी को प्रमोट करने के उद्देश्य से होने वाली मीटिंग को फेल करने के लिए इन्होंने आनन-फानन में उसी दिन और उसी समय ब्रांच में एक सेमीनार के आयोजन की तैयारी कर ली । राजेश शर्मा, अमित पुनिआनी, जितेंद्र चावला की तिकड़ी ने सोचा था कि सुधीर अग्रवाल की मीटिंग के समय पर ब्रांच में सेमीनार होगा, तो चार्टर्ड एकाउंटेंट्स उसमें शामिल होंगे और सुधीर अग्रवाल की मीटिंग कम उपस्थिति का शिकार होकर फेल हो जायेगी । राजेश शर्मा, अमित पुनिआनी, जितेंद्र चावला की तिकड़ी अपनी उक्त सोच को सफल बनाने में तो कामयाब हो गई - और सुधीर अग्रवाल की मीटिंग में उतने लोग नहीं जुट सके, जितने लोगों को उनकी तरफ से जुटाने की तैयारी की गई थी । लेकिन तिकड़ी की हरकत की हुई आलोचना ने उनके किए-धरे पर पानी फेर दिया । फरीदाबाद में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच राजेश शर्मा की इस बात के लिए जोरदार आलोचना हो रही है कि चुनावी मुकाबले में वह इतना नीचे गिर कर व्यवहार कर रहे हैं, और इंस्टीट्यूट के चुनाव को वह अपनी ओछी हरकतों से सड़कछाप स्तर का बना दे रहे हैं । पिछले वर्ष सीए डे पर दिल्ली में हुए आयोजन में राजेश शर्मा द्वारा की गईं हरकतों को याद करते हुए कई लोगों ने आश्चर्य व्यक्त किया कि उन हरकतों के कारण हुई बदनामी व फजीहत से राजेश शर्मा ने कोई सबक आखिर क्यों नहीं लिया ? कुछेक लोगों ने तो कहा भी कि जैसे कुत्ते की पूँछ लाख कोशिशों के बाद भी सीधी नहीं की जा सकती है, वैसे ही लाख लानत-मलानत के बाद भी राजेश शर्मा अपनी हरकतों से बाज नहीं आ सकते हैं । 
फरीदाबाद के कुछेक वरिष्ठ लोगों ने राजेश शर्मा की हरकत को फरीदाबाद के वरिष्ठ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स केके गुप्ता के अपमान से जोड़ कर भी देखने/दिखाने की कोशिश की है । केके गुप्ता चुनावी राजनीति में ज्यादा दिलचस्पी नहीं लेते हैं, इसलिए फरीदाबाद में अपनी वरिष्ठता के चलते वह हर किसी के लिए सम्मान के पात्र हैं । उनकी वरिष्ठता के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए फरीदाबाद के कुछेक चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का कहना है कि राजेश शर्मा ने अपनी ओछी राजनीति के चक्कर में फरीदाबाद के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को केके गुप्ता से मिलने और बात करने के अवसर से वंचित कर दिया - और इस तरह फरीदाबाद के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के साथ तो नाइंसाफी की ही, साथ ही केके गुप्ता को भी अपमानित करने का प्रयास किया है । राजेश शर्मा के प्रति नाराजगी दिखाते हुए लोगों का कहना है कि राजेश शर्मा यदि यह समझते हैं कि दूसरे उम्मीदवारों के आयोजनों को फेल करने के षड्यंत्रों के जरिये वह सेंट्रल काउंसिल की अपनी सीट बचा लेंगे, तो वह बड़े भ्रम में हैं और इसका खामियाजा उन्हें चुनाव में भुगतना पड़ेगा । इस किस्से में मजे की बात यह सुनी जा रही है कि सुधीर अग्रवाल की मीटिंग में लोगों को जाने से रोकने के लिए राजेश शर्मा की योजनानुसार सेमीनार आयोजित करने वाले अमित पुनिआनी व जितेंद्र चावला खुद सुधीर अग्रवाल की मीटिंग के अंत में होने वाले ड्रिंक व डिनर कार्यक्रम में जा पहुँचे थे, और इसके लिए उन्होंने ब्रांच में हो रहे सेमीनार के खत्म होने का भी इंतजार नहीं किया । कुछेक लोगों का अनुमान है कि वह वहाँ यह देखने पहुँचे थे कि लोगों को जाने से रोकने की उनकी तैयारी के बावजूद कौन और कितने लोग सुधीर अग्रवाल के आयोजन में पहुँचे हैं, तो कईयों का कहना रहा कि और लोगों को तो सुधीर अग्रवाल के आयोजन में जाने से रोकने के लिए उन्होंने सेमीनार का आयोजन कर दिया, लेकिन ड्रिंक व डिनर के लालच में वह खुद को वहाँ पहुँचने से नहीं रोक सके । लोगों का कहना है कि ऐसे लोगों के भरोसे/सहारे राजेश शर्मा सिर्फ इंस्टीट्यूट व प्रोफेशन को गंदा कर सकते हैं, लोगों का समर्थन व वोट नहीं पा सकेंगे - और इस तरह सुधीर अग्रवाल के आयोजन में अड़ंगा डाल कर राजेश शर्मा ने अपनी स्वयं की फजीहत करवा ली है ।

Sunday, November 18, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में अजीत जालान को विश्वास है कि अगले वर्ष उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनवाने के वायदे को पूरा करने के लिए विनोद बंसल कुछ भी तिकड़म लगा कर रवि गुगनानी की उम्मीदवारी को वापस करवा ही देंगे

नई दिल्ली । रवि गुगनानी की अगले रोटरी वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत उम्मीदवारी ने डिस्ट्रिक्ट के चुनावी परिदृश्य में तो हलचल मचा ही दी है, साथ ही साथ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल के लिए भी भारी संकट पैदा कर दिया है । विनोद बंसल ने अगले रोटरी वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अजीत जालान की उम्मीदवारी को प्रस्तुत करवाने की तैयारी की हुई है । अजीत जालान को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (नॉमिनी) बनवाने का विनोद बंसल का पुराना वायदा है, जिसे अगले वर्ष निभाने की उनकी तैयारी है । विनोद बंसल के लिए लेकिन समस्या की बात यह हुई है कि रवि गुगनानी के उम्मीदवार होने की स्थिति में उनके लिए अजीत जालान की उम्मीदवारी का झंडा उठाये रख पाना मुश्किल होगा, क्योंकि रवि गुगनानी के साथ भी उनके बहुत विश्वास और सहयोग के संबंध हैं । रोटरी में सक्रियता और कामकाज को लेकर अजीत जालान और रवि गुगनानी में जो बड़ा अंतर है, उसे देखते हुए विनोद बंसल के लिए अजीत जालान की खातिर रवि गुगनानी के साथ अपने संबंधों को दाँव पर लगाना घाटे का सौदा भी साबित हो सकता है । रवि गुगनानी के लिए अजीत जालान को 'छोड़' देने में तो उन्हें ज्यादा नुकसान नहीं होगा, लेकिन अजीत जालान के लिए रवि गुगनानी को छोड़ना उन्हें भारी पड़ सकता है । इस वर्ष हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में तो विनोद बंसल को तगड़ा झटका लगा ही है, लगातार दूसरे वर्ष डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में झटका खाने पर इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए की जा रही उनकी तैयारी पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है, इसलिए अगले वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए बिछाई जा रही राजनीतिक बिसात में उनके सामने अपनी भूमिका गंभीरता से चुनने और तय करने की चुनौती आ खड़ी हुई है ।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में विनोद बंसल ने शुरू में तो खुलकर अशोक कंतूर की उम्मीदवारी का झंडा उठाया हुआ था, और वह अनूप मित्तल को दो-तीन वर्ष डिस्ट्रिक्ट में और काम करने की सलाह देते हुए चुनावी दौड़ से बाहर होने/रहने के लिए प्रेरित कर रहे थे; लेकिन बाद में अपने नजदीकियों को अशोक कंतूर के लिए काम करने में लगाकर खुद पर्दे के पीछे चले गए थे और अपने आप को चुनाव से दूर 'दिखाने' लगे थे । विनोद बंसल ने 'व्यवस्था' तो अच्छी की थी, लेकिन अनूप मित्तल की चुनावी जीत ने उनकी व्यवस्था पर पानी फेर दिया और उनके लिए मुश्किलें बढ़ाने वाला काम किया है । विनोद बंसल ने सोचा तो यह था कि इस वर्ष वह अशोक कंतूर को चुनाव जितवा देंगे, और अगले वर्ष अजीत जालान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी बन जायेंगे । अनूप मित्तल की जीत से लेकिन विनोद बंसल की सारी योजना गड़बड़ा गई है । चुनाव में हार का सामना करने के बाद अशोक कंतूर ने जिस तरह से अगले वर्ष के लिए फिर से अपनी उम्मीदवारी की ताल ठोकना शुरू कर दिया है, उसके कारण अजीत जालान की उम्मीदवारी को लेकर विनोद बंसल मुसीबत में तो पड़े - लेकिन वह मुसीबत इतनी बड़ी नहीं थी, जितनी बड़ी मुसीबत रवि गुगनानी की उम्मीदवारी के आने से उनके सामने आ खड़ी हुई है । रवि गुगनानी के राजनीतिक तार चूँकि अनूप मित्तल की उम्मीदवारी का समर्थन करने वाले लोगों के साथ भी जुड़े हुए हैं, इसलिए रवि गुगनानी की विनोद बंसल पर वैसी निर्भरता नहीं है, जैसी कि अजीत जालान की है । इस कारण से भी विनोद बंसल पर रवि गुगनानी का समर्थन करने के लिए भारी दबाव है ।
विडंबना की बात यह है कि ऐसे नाजुक समय में भी अजीत जालान को 'मजाक' सूझ रहा है । उनकी तरफ से कहा/सुना जा रहा है कि विनोद बंसल किसी भी तरह से रवि गुगनानी को उम्मीदवारी वापस लेने के लिए राजी कर लेंगे । उनका तर्क है कि विनोद बंसल ने रवि गुगनानी को डिस्ट्रिक्ट में आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई है, और इस बात का ख्याल रखते हुए रवि गुगनानी उम्मीदवारी से पीछे हटने की उनकी सलाह को टाल नहीं पायेंगे । अजीत जालान का यह भी कहना/बताना है कि विनोद बंसल ने ही इस वर्ष रवि गुगनानी की भाभी प्रीति गुगनानी को इनरव्हील का डिस्ट्रिक्ट चेयरपरसन बनवाया है; ऐसे में हर वर्ष महत्त्वपूर्ण पद गुगनानी परिवार के लिए रिजर्व थोड़े ही रहेंगे । इस तरह की बातों के जरिये अजीत जालान आश्वस्त हैं कि रवि गुगनानी के चक्कर में विनोद बंसल उनकी उम्मीदवारी की बलि नहीं चढ़ायेंगे, और इस वर्ष उन्हें जो झटका लगा है - उससे सबक लेते हुए विनोद बंसल उनकी उम्मीदवारी के साथ वैसा 'प्रयोग' नहीं करेंगे, जैसा उन्होंने अशोक कंतूर की उम्मीदवारी के साथ किया है । अजीत जालान की तरफ से एक बड़े पते की बात भी कही/सुनी जा रही है, जिसमें बताया जा रहा है कि विनोद बंसल को इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की अपनी उम्मीदवारी को सचमुच में आगे बढ़ाने के लिए डिस्ट्रिक्ट में अपने 'आदमी' को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनवा का दिखाना होगा - इस वर्ष तो वह यह 'दिखाने' में चूक गए हैं; अगले वर्ष वह यह काम अजीत जालान को जितवा कर ही कर सकते हैं; इसलिए कुछ भी तिकड़म लगा कर विनोद बंसल को रवि गुगनानी की उम्मीदवारी वापस करवाना ही होगी । अजीत जालान को विश्वास है कि विनोद बंसल किसी भी तरह से रवि गुगनानी की उम्मीदवारी वापस करवा कर उनकी जीत के लिए रास्ता साफ कर/करवा ही देंगे । 

Saturday, November 17, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के सेंट्रल काउंसिल चुनाव में पंजाब के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच राजेश शर्मा और चरनजोत सिंह नंदा को मिलती दिख रही दुत्कार संजय वासुदेवा, विजय गुप्ता, अतुल गुप्ता और हंसराज चुग के लिए वरदान साबित होती नजर आ रही है

चंडीगढ़ । इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल में प्रवेश करने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों ने इस बार पंजाब के छोटे/बड़े शहरों को चुनावी युद्ध का मैदान बना दिया है - जिसका फायदा संजय वासुदेवा, विजय गुप्ता, अतुल गुप्ता और हंसराज चुग को होता हुआ दिख रहा है । यूँ तो इंस्टीट्यूट के चुनावों में हर बार ही पंजाब के शहरों में गहमागहमी रहती रही है, लेकिन  इस बार एक एक वोट पाने/छीनने के प्रयासों का जो नजारा देखा/सुना जा रहा है, वैसा इससे पहले कभी देखा/सुना नहीं गया है । इस नजारे का श्रेय चरनजोत सिंह नंदा और राजेश शर्मा के बीच एक दूसरे को मात देने के लिए छिड़ी लड़ाई को दिया जा रहा है । चरनजोत सिंह नंदा का प्रयास है कि सेंट्रल काउंसिल की जो सीट पिछली बार उन्होंने राजेश शर्मा को 'गिफ्ट' की थी, वह उन्हें वापस मिल जाये; लेकिन राजेश शर्मा का जताना है कि गिफ्ट भी कोई वापस करता है क्या ? मजे की बात यह नजर आ रही है कि दोनों के बीच छिड़ी इस लड़ाई ने अधिकतर चार्टर्ड एकाउंटेंट्स - खासकर युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को बुरी तरह से निराश किया है और वह इन दोनों को ही सबक सिखाना चाहते हैं । युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के इस मूड को भाँप कर उन्हें लुभाने के उद्देश्य से बाकी उम्मीदवारों ने पंजाब के शहरों पर जैसे धावा सा बोल दिया है । सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करने वाले उम्मीदवारों में शायद ही कोई होगा, जिसने पंजाब से वोट जुटाने के लिए आक्रामक रवैया न दिखाया हो । अधिकतर उम्मीदवारों ने अपनी अपनी पसंद और/या प्रभाव वाले कुछेक शहरों पर ही ध्यान केंद्रित किया है - लेकिन संजय वासुदेवा, विजय गुप्ता, अतुल गुप्ता और हंसराज चुग ने चूँकि पंजाब के कोने कोने तक दस्तक दी है, इसलिए पंजाब के अलग अलग शहरों में वोटों के लिए छिड़ी लड़ाई में इन्हीं चारों को सबसे ज्यादा फायदा होते हुए देखा/सुना जा रहा है ।
पंजाब के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के वोट इस बार के चुनाव में कितने महत्त्वपूर्ण बन गए हैं, इसका सुबूत इस एक तथ्य में देखा/पहचाना जा सकता है कि बठिंडा जैसी छोटी ब्रांच तक में न सिर्फ नई बनी अधूरी बिल्डिंग के उद्घाटन को लेकर भारी खींचातानी हुई, बल्कि गिरीश आहुजा जैसे वरिष्ठ व सम्मानित व्यक्ति तक वहाँ चुनावी चक्कर में धक्के खाते देखे गए हैं । दरअसल चरनजोत सिंह नंदा और राजेश शर्मा को पंजाब के शहरों में जो झटके लगते देखे/सुने गए, उसने दूसरे उम्मीदवारों को उम्मीद से भर दिया है । उल्लेखनीय है कि पिछले कई चुनावों से पंजाब चरनजोत सिंह नंदा के लिए वोटों की दुधारू गाय बना रहा है, पिछली बार चरनजोत सिंह नंदा ने यह 'गाय' राजेश शर्मा को सौंप दी थी - इसके चलते दूसरे उम्मीदवारों ने अभी तक यहाँ ज्यादा प्रयास नहीं किए थे । राजेश शर्मा लेकिन अपनी हरकतों के चलते, खासकर पिछले वर्ष चार्टर्ड एकाउंटेंट्स डे के फंक्शन में की गई अपनी हरकत के कारण चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच बुरी तरह बदनाम हो गए हैं । राजेश शर्मा हालाँकि सोच रहे थे कि उनके उस कांड को लोग भूल चुके होंगे, लेकिन कई मौकों पर देखने को मिला कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स राजेश शर्मा के उस कांड को तो नहीं ही भूले हैं, साथ ही उनकी कई और कारस्तानियों को भी याद किए हुए हैं और बता/जता चुके हैं कि 7 और 8 दिसंबर को वह राजेश शर्मा को सबक सिखायेंगे । राजेश शर्मा की बदनामी का फायदा उठाने के लिए चरनजोत सिंह नंदा ने कमर कसी, लेकिन लोगों ने उन्हें कोई तवज्जो नहीं दी । वास्तव में किसी को यह बात हजम नहीं हो पा रही है कि तमाम तमाम वर्ष सेंट्रल काउंसिल में रह चुके चरनजोत सिंह नंदा ने प्रोफेशन के लिए आखिर किया क्या है, जिसके कारण उन्हें फिर से सेंट्रल काउंसिल में लाया जाना चाहिए ? 
राजेश शर्मा और चरनजोत सिंह नंदा को पंजाब के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच दुत्कार मिलती दिखी, तो दूसरे उम्मीदवारों को पंजाब में वोटों का भंडार नजर आया और वह पंजाब की तरफ दौड़ पड़े । उन्हें इस बात से भी उम्मीद बंधी कि विशाल गर्ग लुधियाना के होने के बावजूद पंजाब के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच कोई पैठ नहीं बना सके हैं । असल में, विशाल गर्ग उम्मीदवार तो बन गए हैं, लेकिन चूँकि वह चुनावी दौड़ में बहुत पीछे 'दिख' रहे हैं, इसलिए पंजाब के दूसरे शहरों के साथ-साथ लुधियाना तक के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को लग रहा है कि विशाल गर्ग को वोट देने का मतलब अपने वोट को व्यर्थ में नष्ट कर देने जैसा है । इस सोच व समझ के चलते वह ऐसे उम्मीदवारों के साथ जुड़ने की जरूरत महसूस कर रहे हैं, जो जीतते हुए नजर आ रहे हैं । पंजाब के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की इस सोच व समझ का फायदा संजय वासुदेवा, विजय गुप्ता, अतुल गुप्ता और हंसराज चुग को होता हुआ दिख रहा है । इनमें पहले तीन को सेंट्रल काउंसिल सदस्य होने का फायदा मिल रहा है । सेंट्रल काउंसिल में होने के कारण इनकी प्रत्येक ब्रांच तक प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष पहुँच है; और अलग अलग कारणों से किसी को कहीं तो किसी को कहीं अच्छा समर्थन मिल रहा है । इनके अलावा हंसराज चुग ही हैं, जिन्होंने पंजाब के शहरों में अपने समर्थकों व शुभचिंतकों की अच्छी व प्रभावी टीम खड़ी की है और जिसके सहारे/भरोसे पंजाब के कोने कोने तक अपनी पहुँच बनाई है । पंजाब के शहरों में दूसरे उम्मीदवारों ने भी अपने अपने तरीकों से 'धावा' बोला है और बहुत बहुत समय लगाया है, लेकिन चूँकि एक तो वह कुछ ही शहरों तक अपनी सक्रियता रख पाए हैं और अपनी पहुँच को व्यापक नहीं बना सके हैं, और दूसरे वह यहाँ अपनी कोई टीम नहीं बना सके हैं, इसलिए वह यहाँ अपने अपने लिए वैसा समर्थन बनाते हुए नहीं दिख रहे हैं, जैसा समर्थन संजय वासुदेवा, विजय गुप्ता, अतुल गुप्ता और हंसराज चुग बना सके हैं ।

Friday, November 16, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3054 में बीना देसाई की गवर्नरी से मिली ताकत के भरोसे आशीष देसाई ने अशोक मंगल को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनवाने का बीड़ा उठाया

अहमदाबाद । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आशीष देसाई के अशोक मंगल को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनवाने के लिए प्रयासरत रहने के चलते 18 नवंबर को जयपुर में होने वाली नोमीनेटिंग कमेटी की मीटिंग को महज खानापूर्ति के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है - क्योंकि सभी ने मान लिया हुआ है कि उक्त मीटिंग में अशोक मंगल को ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुना जाना है । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए यूँ तो कई उम्मीदवार हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला रोटरी क्लब पालनपुर के अशोक मंगल और रोटरी क्लब अहमदाबाद वेस्ट के पवन चपलोत के बीच ही देखा/पहचाना जा रहा है । अशोक मंगल ने दूसरी बार और पवन चपलोत ने तीसरी बार अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की है । सक्रियता के लिहाज से यूँ तो दोनों ही उम्मीदवारों का अच्छा रोटरी-रिकॉर्ड है, लेकिन अहमदाबाद में होने के कारण पवन चपलोत 'दिखाई' ज्यादा देते रहे हैं - जिस कारण से लोगों के बीच अशोक मंगल के मुकाबले उनकी ज्यादा पहचान है । पालनपुर में होने के कारण अशोक मंगल के लिए क्लब्स व डिस्ट्रिक्ट के आयोजनों में ज्यादा आना-जाना संभव नहीं हो पाता है, और इसलिए डिस्ट्रिक्ट में काफी लोग उन्हें नहीं पहचानते हैं - तथा वह भी कई लोगों को सिर्फ नाम से पहचानते हैं । इस कारण अधिकतर लोगों का मानना/कहना है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की जिम्मेदारी सँभालना पवन चपलोत के लिए ज्यादा आसान होगा, और वह प्रभावी तरीके से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के कर्तव्यों का निर्वाह कर सकेंगे । लेकिन जैसा कि एक पुरानी मशहूर फिल्म में दो भाईयों के बीच होने वाली बहस में एक भाई कहता है कि उसके पास यह है, यह है, यह है; तुम्हारे पास क्या है - तो दूसरा भाई कहता है कि मेरे पास माँ है, और पलड़ा उसकी तरफ झुक जाता है; ठीक उसी तर्ज पर अशोक मंगल के पास चूँकि आशीष देसाई हैं - इसलिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की इस वर्ष की चुनावी होड़ में पलड़ा उनकी तरफ झुक जाता है ।
आशीष देसाई की तरफ से अशोक मंगल की तरफदारी करने के लिए तर्क दिया गया है कि छोटे शहरों के लोगों को भी गवर्नर बनने का मौका मिलना चाहिए, जिससे कि छोटे शहरों के लोगों के बीच भी रोटरी के लिए उत्साह पैदा हो और सभी को डिस्ट्रिक्ट का नेतृत्व करने का मौका मिले । आशीष देसाई का यह तर्क सचमुच में एक वाजिब तर्क है, और इसलिए ही उनके तर्क को डिस्ट्रिक्ट की लीडरशिप में व्यापक समर्थन मिला है । हालाँकि कुछेक लोगों का कहना है कि आशीष देसाई को यह समर्थन उनके तर्क के कारण नहीं, बल्कि उनकी पत्नी बीना देसाई के अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने के कारण मिला है । डिस्ट्रिक्ट में गुजरात के लोगों के बीच आशीष देसाई का यद्यपि विरोध रहा है, लेकिन अधिकतर लोग चूँकि सत्ता के नजदीक रहना चाहते हैं - इसलिए बीना देसाई की डिस्ट्रिक्ट गवर्नरी को देखते हुए आशीष देसाई के विरोधी रहे लोग अभी उनके समर्थक बन गए हैं । आशीष देसाई के लिए खुशकिस्मती की बात यह भी रही कि राजस्थान के नेताओं ने इस वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी पचड़े से अपने आपको दूर कर लिया हुआ है । उनका कहना है कि इस वर्ष डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद पर चूँकि गुजरात का नंबर है, इसलिए गुजरात के लोग ही फैसला करें । राजस्थान के नेताओं के इस रवैये से आशीष देसाई को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी का चुनाव करने के लिए और बल मिला - तथा इससे अशोक मंगल के लिए रास्ता और आसान हुआ ।
अशोक मंगल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुने जाने पर लोगों के ऐतराज का कोई बड़ा कारण वैसे है भी नहीं ।लोगों का ऐतराज सिर्फ इसलिए है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के चुनाव में क्षेत्रीय आधार पर 'आरक्षण व्यवस्था' बना देने से कई बार ऐसे लोग गवर्नर बन जाते हैं, जो गवर्नर पद केसाथ न्याय नहीं कर पाते हैं - और इस कारण से रोटरी व डिस्ट्रिक्ट को पिछड़ जाना पड़ता है । इसी वर्ष का उदाहरण देते हुए कहा जा रहा है कि आरक्षण व्यवस्था के चलते नीरज सोगानी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर तो बन गए, लेकिन कुछ उनकी बीमारी और कुछ उनके ढीलेढाले रवैये के चलते उनके लिए गवर्नर पद की जिम्मेदारियों का निर्वाह कर पाना मुश्किल बना हुआ है, और बहुत से काम समय से नहीं हो पा रहे हैं । लोगों का कहना है कि इस तरह के अनुभवों से सबक लिया जाना चाहिए और कम से कम इतना तो किया ही जाना चाहिए कि क्षेत्रीय आरक्षण के चलते जिन लोगों को गवर्नर बनना/बनाना है, उन्हें नेतृत्व के लिए तैयार करने के वास्ते उचित ट्रेनिंग भी दी जाए । लोगों का कहना है कि आशीष देसाई जिस भावना के साथ अशोक मंगल को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनवाना/बनवाना चाहते हैं, वह अपने आप में बहुत ही अच्छी बात है - लेकिन आशीष देसाई को साथ ही साथ अशोक मंगल को नेतृत्व के लिए तैयार व प्रेरित करने का काम भी करना चाहिए । कुछेक लोगों का यह भी कहना है कि आशीष देसाई ने जब यह तय कर दिया है कि 18 नवंबर की मीटिंग में नोमीनेटिंग कमेटी को अशोक मंगल को ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनना है, तो फिर मीटिंग करने की जरूरत ही क्या है ? किंतु जो भी हो, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव भले ही नाटक लग रहा हो - नाटक में दिलचस्पी सभी की बनी हुई है, और सभी को 18 नवंबर की नोमीनेटिंग कमेटी की मीटिंग और उसके फैसले का इंतजार है ।

Thursday, November 15, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के सेंट्रल काउंसिल चुनाव में बिग फोर फर्म्स का समर्थन प्राप्त करने के लिए संजीव सिंघल ने पैंतरा बदल कर संजीव चौधरी से सीधे भिड़ने की तैयारी की

नई दिल्ली । इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल में संजीव चौधरी की जगह लेने के प्रयास में जुटे संजीव सिंघल ने अपनी चुनावी मुश्किलों के लिए संजीव चौधरी को जिम्मेदार ठहराने/बताने की बातें शुरू करके उन चर्चाओं को सार्वजनिक कर दिया है, जो अभी तक पर्दे के पीछे फुसफुसाहटों के रूप में चल रही थीं । संजीव सिंघल इस बात से काफी निराश रहे हैं कि बिग फोर की तरफ से उन्हें वैसा एकजुट समर्थन नहीं मिल पा रहा है, जैसा कि बिग फोर के उम्मीदवार के रूप में उन्हें मिलना ही चाहिए । बिग फोर की तरफ से मिले झटके से होने वाले नुकसान की भरपाई करने के लिए उन्हें आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच स्टडी सर्किल्स तथा ब्रांचेज में भटकना पड़ा । संजीव सिंघल के लिए खुशकिस्मती की बात यह रही कि उनकी उम्मीदवारी को गिरीश आहुजा तथा अमरजीत चोपड़ा जैसे प्रोफेशन के बड़े लोगों का खुल्ला समर्थन मिला । इनके समर्थन के बावजूद हालाँकि संजीव सिंघल को अपनी उम्मीदवारी की नाव किनारे पहुँचती नहीं दिखी, तो उन्हें बिग फोर के समर्थन की तरफ लौटने की जरूरत महसूस हुई । दरअसल गिरीश आहुजा और अमरजीत चोपड़ा के सक्रिय समर्थन के बावजूद, माथे पर लगी बिग फोर के उम्मीदवार की पट्टी के कारण संजीव सिंघल आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच अपने लिए स्वीकार्यता नहीं बना सके हैं । इसलिए उन्हें लगा कि उन्हें वापस अपने 'घर/परिवार' में ही लौट चलना चाहिए और घर/परिवार के सदस्यों के बीच ही अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाना चाहिए । संजीव सिंघल ने अपने घर/परिवार में समर्थन जुटाने के लिए की गई इस नई और दूसरी कोशिश में संजीव चौधरी को निशाने पर लेने की रणनीति अपनाई ।
संजीव सिंघल के नजदीकियों के अनुसार, बिग फोर में संजीव सिंघल की उम्मीदवारी के खिलाफ माहौल बनाने का काम वास्तव में संजीव चौधरी ने ही किया हुआ था । संजीव चौधरी ने अपनी उम्मीदवारी का भ्रम बनाए रखते हुए पहले तो संजीव सिंघल की उम्मीदवारी के पक्ष में बिग फोर फर्म्स को एकजुट नहीं होने दिया, और फिर तरह तरह से यह दिखाने/जताने का प्रयास किया कि संजीव सिंघल को गंभीर उम्मीदवार के रूप में नहीं देखा/पहचाना जा रहा है, इसलिए उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करके बिग फोर अपने लिए ही फजीहत व मुसीबत पैदा करेंगे । संजीव सिंघल के रवैये ने संजीव चौधरी के 'अभियान' को और आसान कर दिया । दरअसल संजीव सिंघल यह समझने में असफल रहे कि संजीव चौधरी के अभियान से वह कैसे निपटें ? संजीव चौधरी के अभियान से निपटने में समय/समझ/एनर्जी लगाने की बजाये संजीव सिंघल ने सेंट्रल काउंसिल में पहुँचने के लिए दूसरे वैकल्पिक रास्तों की तलाश की । दरअसल संजीव चौधरी से सीधे भिड़ने से बचने के लिए संजीव सिंघल ने यह उपाय सोचा और अपनाया । उन्हें लगा कि स्टडी सर्किल्स व ब्रांचेज के पदाधिकारियों को 'पटा' कर उनके सेमिनार्स में वक्ता बन कर वह आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स तक सीधी पहुँच बना लेंगे - और संजीव चौधरी के 'अभियान' को फेल कर देंगे । लेकिन कई सेमिनार्स में वक्ता बनने के बावजूद, आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटा पाने में उन्हें सफलता मिलती नहीं दिखी । संजीव सिंघल की उम्मीदवारी का समर्थन करने के चक्कर में गिरीश आहुजा और अमरजीत चोपड़ा को आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच जिस तरह से फजीहत झेलना पड़ी, उसे देख कर संजीव सिंघल तथा उनके समर्थकों को समझ में आ गया कि आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच समर्थन प्राप्त कर पाना उनके लिए मुश्किल ही नहीं - बल्कि असंभव ही होगा । 
इस नजारे को देख कर संजीव सिंघल को समझ में आ गया कि उन्हें आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की बजाये बिग फोर के लोगों पर ही भरोसा करना होगा, और उनके बीच ही अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन तलाश करना व बनाना होगा । संजीव सिंघल के नजदीकियों के अनुसार, इसके साथ ही संजीव सिंघल को यह भी समझ में आ गया कि इसके लिए उन्हें संजीव चौधरी से सीधे सीधे भिड़ना ही पड़ेगा - जिससे कि वह अभी तक बचने की कोशिश कर रहे थे । संजीव सिंघल के नजदीकियों से बातचीत में इन पँक्तियों के लेखक को पता चला है कि पिछले एक सप्ताह में संजीव सिंघल ने बिग फोर की अलग अलग फर्म्स के लोगों से अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन को लेकर बात की है, और संजीव चौधरी के रवैये की शिकायत करते हुए उनके व्यवहार का रोना रोया है । नजदीकियों के अनुसार, संजीव सिंघल ने पूछने वाले अंदाज में कहा/बताया है कि संजीव चौधरी पता नहीं क्यों उनके साथ निजी खुन्नस रखते हैं व दिखा रहे हैं; और आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच उनकी नकारात्मक छवि/पहचान बनाते रहे हैं । संजीव सिंघल लोगों को बता रहे हैं कि संजीव चौधरी अभी तक भी लोगों के बीच यह प्रचार कर रहे हैं कि बिग फोर ने उम्मीदवार चुनने में गलती कर दी है, और एक कमजोर व्यक्तित्व को उम्मीदवार बना दिया है । संजीव सिंघल यह तर्क देते हुए बिग फोर फर्म्स के लोगों को अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में सक्रिय करने का प्रयास कर रहे हैं कि उनकी उम्मीदवारी बिग फोर फर्म्स का प्रतिनिधित्व कर रही है, और उनकी हार सिर्फ उनकी हार नहीं होगी - बल्कि बिग फोर फर्म्स की हार होगी; इसलिए बिग फोर के लोगों को उनकी उम्मीदवारी को गंभीरता से लेना चाहिए तथा संजीव चौधरी के दुष्प्रचार में नहीं फँसना चाहिए । अभी तक संजीव चौधरी से सीधे भिड़ने से बचने की कोशिश करते रहे संजीव सिंघल के इस पैंतरे ने बिग फोर के लोगों के बीच कुछ हलचल तो मचाई है, लेकिन यह अभी देखने/समझने की बात होगी कि इस पैंतरे से संजीव सिंघल को वास्तव में कोई फायदा होगा या नहीं ?

Wednesday, November 14, 2018

चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट की डिसिप्लिनरी कमेटी में दर्ज शिकायत से जुड़ी बातों पर चर्चाओं के चलते सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत श्रुति शाह की उम्मीदवारी को लेकर नकारात्मक माहौल बनता दिख रहा है, और उनकी उम्मीदवारी मुसीबत में फँसी दिखने लगी है

मुंबई/दिल्ली । डिसिप्लिनरी कमेटी में शिकायत के कारण सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत श्रुति शाह की उम्मीदवारी विवाद में घिर गई है, और इसके चलते अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने का उनका प्रचार अभियान भी मुसीबत में घिर गया है । कई लोगों का मानना/कहना है कि नैतिकता के उच्च आदर्शों का पालन करते हुए डिसिप्लिनरी कमेटी में दर्ज शिकायत को मद्देनजर रखते हुए श्रुति शाह को खुद ही सेंट्रल काउंसिल के लिए अपनी उम्मीदवारी को प्रस्तुत नहीं करना चाहिए था; किंतु उन्होंने ऐसा नहीं किया है - और इस तरह अपने रवैये से उन्होंने अपने आप को इंस्टीट्यूट की पूरी व्यवस्था को मजाक बना देने वाले लोगों में शामिल कर लिया है । श्रुति शाह यदि सेंट्रल काउंसिल में चुन ली जाती हैं, तो उनके खिलाफ दर्ज शिकायत की जाँच का क्या हश्र होगा, इसे सहज ही समझा जा सकता है । श्रुति शाह लेकिन अपनी उम्मीदवारी को उचित ठहराती हैं । इन पंक्तियों के लेखक से बात करते हुए उन्होंने तर्क दिया कि डिसिप्लिनरी कमेटी में शिकायत के कारण यदि उम्मीदवार अयोग्य माने जाने लगे, तब तो फिर कोई भी उम्मीदवार नहीं हो पायेगा - क्योंकि जो भी उम्मीदवार बनने की तैयारी करता नजर आयेगा, उसके विरोधी उसके खिलाफ शिकायत कर देंगे । उन्होंने दावा किया कि उनकी उम्मीदवारी पूरी तरह से न्यायोचित है, और उम्मीदवारी प्रस्तुत करके उन्होंने इंस्टीट्यूट के किसी भी नियम और या कानून का उल्लंघन नहीं किया है । श्रुति शाह का कहना रहा कि डिसिप्लिनरी कमेटी में दर्ज शिकायत में उनके खिलाफ फैसला अभी नहीं हुआ है, और इसलिए इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के लिए उनका उम्मीदवारी प्रस्तुत करना पूरी तरह जायज है । 
श्रुति शाह का यह कहना वास्तव में उचित ही है कि नियम-कानून के अनुसार, उनकी उम्मीदवारी पूरी तरह जायज ही है; किंतु लोगों का कहना है कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहने वाले लोगों से उच्च नैतिक आदर्शों के पालन की उम्मीद की जाती है - जिसमें श्रुति शाह फेल होती हुई नजर आ रही हैं । अपने बचाव में श्रुति शाह जो तर्क दे रही हैं, उसे बहुत ही बचकाना और राजनीतिक तिकड़म से भरपूर रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । गौर करने वाली बात यह है कि पाँचों रीजंस में सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करने वाले 83 उम्मीदवारों में एक अकेली श्रुति शाह हैं, जिनके खिलाफ डिसिप्लिनरी कमेटी में शिकायत दर्ज है । इससे भी ज्यादा गंभीर बात यह है कि उनके खिलाफ दर्ज शिकायत को प्राथमिक जाँच पड़ताल में गंभीर माना/पाया गया है । डिसिप्लिनरी कमेटी के कामकाज से परिचित लोगों का कहना है कि कमेटी में प्राथमिक जाँच पड़ताल में शिकायत की गंभीरता को जाँचा/परखा जाता है, और जिन शिकायतों को गंभीर नहीं माना/पाया जाता उन्हें प्राथमिक जाँच पड़ताल में ही निरस्त कर दिया जाता है । श्रुति शाह के मामले में शिकायत को चूँकि प्राथमिक जाँच पड़ताल में गंभीर माना/पाया गया है, इसलिए माना/समझा जा सकता है कि उनके खिलाफ शिकायत उतनी हल्की नहीं है - जितना कि वह दिखाने/जताने का प्रयास कर रही हैं । इंस्टीट्यूट में डिसिप्लिनरी कमेटी में प्रभावी लोगों के खिलाफ दर्ज शिकायतों को किस तरह लटकाये रखा जाता है, और किस तरह उन्हें 'अपने आप मरने' दिया जाता है - यह कोई दबी/छिपी बात नहीं है । दरअसल इसी तरह के गड़बड़झालों के आरोपों के चलते नफरा (एनएफआरए - नेशनल फाइनेंशियल रिपोर्टिंग अथॉरिटी) के लिए रास्ता बना है ।
इंस्टीट्यूट के दिल्ली स्थित मुख्यालय में कुछेक लोगों का आरोप है कि श्रुति शाह के मामले में भी जाँच-पड़ताल के काम को लेटलतीफी का शिकार बनाया गया है, जिसके चलते फैसला होने में देर हुई है । श्रुति शाह वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में नौ वर्षों से हैं, और पिछले से पिछले वर्ष वह वहाँ चेयरपरसन के पद पर थीं; इसके अलावा वह सेंट्रल काउंसिल में नौ वर्षों से लगातार सदस्य बने हुए दीनल शाह की नजदीकी रिश्तेदार हैं - ऐसे में डिसिप्लिनरी कमेटी में जाँच को लटकवाना उनके लिए कोई मुश्किल काम नहीं माना जा सकता है । दरअसल इसी तरह की बातों/चर्चाओं के चलते सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत श्रुति शाह की उम्मीदवारी को लेकर नकारात्मक माहौल बनता दिख रहा है, और उनकी उम्मीदवारी मुसीबत में फँसी दिखने लगी है । डिसिप्लिनरी कमेटी में दर्ज शिकायत को अपने राजनीतिक विरोधियों का कारनामा बताते हुए श्रुति शाह अपनी उम्मीदवारी के प्रति लोगों की सहानुभूति जुटाने का प्रयास भी हालाँकि कर रही हैं, पर उनका प्रयास ज्यादा सफल होता हुआ दिख नहीं रहा है । सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत उनकी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के लिए दीनल शाह भी प्रयास करते सुने गए हैं, लेकिन डिसिप्लिनरी कमेटी में दर्ज शिकायत के उजागर होने से दीनल शाह के सामने भी नैतिक संकट खड़ा हो गया है । दीनल शाह की प्रोफेशन के लोगों के बीच अच्छी साख है, और उन्हें जानने वाले लोगों को लगता है कि डिसिप्लिनरी कमेटी में दर्ज शिकायत के 'स्टेटस' के सामने आने के बाद श्रुति शाह की उम्मीदवारी को लेकर जिस तरह की नकारात्मक चर्चा चल रही है, उसके कारण दीनल शाह के लिए श्रुति शाह की उम्मीदवारी की वकालत और सक्रिय समर्थन कर पाना मुश्किल ही होगा । इस तरह से देखने में आ रहा है कि डिसिप्लिनरी कमेटी में दर्ज शिकायत श्रुति शाह की उम्मीदवारी के लिए बहुआयामी मुसीबत बन गई है ।