Thursday, June 18, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में रंजन ढींगरा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाये जाने के सुझाव को अनसुना करने के कारण डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की तरफ बढ़ रहे डॉक्टर सुब्रमणियन के खिलाफ उनके अपने क्लब के लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी है

नई दिल्ली । रंजन ढींगरा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाये जाने के अपने ही क्लब के लोगों के सुझाव को अनसुना करने के कारण डॉक्टर सुब्रमणियन अपने ही क्लब के लोगों की नाराजगी का शिकार होने लगे हैं । उनके प्रति यह नाराजगी इसलिए भी बढ़ रही है, क्योंकि क्लब के लोग देख/पा रहे हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में अपनी टीम बनाने तथा काम करने के संदर्भ में वह अपने क्लब के लोगों से न तो कोई विचार-विमर्श कर रहे हैं, और न ही उन्हें कुछ बता/पूछ रहे हैं । क्लब के कुछेक सदस्यों ने समय समय पर डॉक्टर सुब्रमणियन से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उनके द्वारा बनाई जा रही योजनाओं को जानने तथा उन योजनाओं से जुड़ने के प्रति दिलचस्पी दिखाई भी है, लेकिन डॉक्टर सुब्रमणियन ने उनमें से किसी को कोई तवज्जो ही नहीं दी । डॉक्टर सुब्रमणियन के इस रवैये से क्लब के वह सदस्य तो अपने आप को ठगा हुआ पा रहे हैं, जिन्होंने उनके चुनाव में कंधे से कंधा मिला कर और खूब बढ़चढ़ कर काम किया था । यह देख कर उनकी निराशा और नाराजगी खासी बढ़ी है कि डॉक्टर सुब्रमणियन के लिए जैसे जैसे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद-भार सँभालने का मौका नजदीक आ रहा है, वैसे वैसे वह अपने मददगारों को भूलते और छोड़ते जा रहे हैं । हालाँकि डॉक्टर सुब्रमणियन के नजदीकियों का कहना है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की तैयारियों को लेकर डॉक्टर सुब्रमणियन का खुद का रवैया चूँकि 'कूल' सा है, इसलिए ऐसा लग रहा है कि वह किसी को तवज्जो नहीं दे रहे हैं - जब जरूरत होगी, तब वह अवश्य ही लोगों के साथ शेयर करेंगे । इन्हीं नजदीकियों में से कुछ का कहना यद्यपि यह भी है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की तरफ बढ़ रहे डॉक्टर सुब्रमणियन को इस सच्चाई को भी समझना होगा कि वह जिस 'स्थिति' में हैं, उसमें लोगों को उनसे कुछ अलग तरह की उम्मीदें व अपेक्षाएँ होंगी - जिन्हें पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है; अन्यथा लोगों को उनके खिलाफ होने में देर नहीं लगेगी । 
डॉक्टर सुब्रमणियन के नजदीकी क्लब के लोगों के निराश और नाराज होने के लिए उनके 'कूल' से रवैये की आड़ लेने की भले ही कोशिश कर रहे हों - लेकिन रंजन ढींगरा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाये जाने की क्लब के लोगों की माँग को तवज्जो न देने के कारण डॉक्टर सुब्रमणियन क्लब के लोगों के निशाने पर हैं । डॉक्टर सुब्रमणियन के क्लब - रोटरी क्लब दिल्ली सेंट्रल के कई सदस्यों को लगता है कि डॉक्टर सुब्रमणियन पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक तलवार व सुशील खुराना के 'कब्जे' में हैं और उन्हीं के दिशा-निर्देशों का पालन कर रहे हैं - तथा इसलिए ही क्लब के लोगों की बातों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं; और रंजन ढींगरा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाये जाने के सुझाव को अनसुना ही किए जा रहे हैं । क्लब के लोगों को लगने लगा है कि डॉक्टर सुब्रमणियन ने अपने गवर्नर-काल के डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के रूप में दीपक तलवार या सुशील खुराना का चुनाव कर लिया है - और इसीलिए वह डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद के लिए रंजन ढींगरा के नाम पर रिएक्शन तक देने से बच रहे हैं । रंजन ढींगरा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाये जाने की वकालत करने वाले लोगों का कहना है कि रंजन ढींगरा को चूँकि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी का अभियान चलाना है, जिसमें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर का पद उनके अभियान का 'वजन' बढ़ायेगा - इसलिए डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर उन्हें ही बनाया जाना चाहिए । इस सुझाव के साथ साथ डॉक्टर सुब्रमणियन को याद दिलाया जा रहा है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार के रूप में जब वह समर्थन जुटाने के लिए लोगों के बीच निकलने की तैयारी कर रहे थे, तब अकेले उनके क्लब के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रंजन ढींगरा ही उनकी मदद के लिए आगे बढ़े थे । उस समय जब कोई भी यह विश्वास करने को तैयार नहीं हो रहा था कि अपनी व्यस्तता और अपने 'स्वभाव' के कारण डॉक्टर सुब्रमणियन एक उम्मीदवार के रूप में सचमुच सक्रिय हो भी पायेंगे, तब अकेले रंजन ढींगरा ने ही उनपर विश्वास किया था और उनके चुनावी अभियान की शुरुआत करवाई थी । 
डॉक्टर सुब्रमणियन लेकिन रंजन ढींगरा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाये जाने की वकालत करने वालों की किसी भी बात का नोटिस लेते हुए नहीं दिख रहे हैं । क्लब के कई एक लोगों ने बताया कि इस बारे में डॉक्टर सुब्रमणियन से जब भी कोई बात करने की कोशिश करो, तो वह यह कह कर बात को टाल जाते हैं कि - बैठते हैं, बात करते हैं । डॉक्टर सुब्रमणियन पिछले करीब दो महीने से इसी फार्मूले को अपनाते हुए बात करने से बच रहे हैं । शुरू में तो लोगों को लगा कि डॉक्टर सुब्रमणियन बैठेंगे, बात करेंगे; लेकिन जैसे जैसे समय बीतता जा रहा है - लोगों को लगने लगा है कि वह सिर्फ बहानेबाजी कर रहे हैं और समय बिता रहे हैं । हाल-फिलहाल में दीपक तलवार और सुशील खुराना ने जिस तरह की सक्रियता दिखाई है, उसमें लोगों को संकेत यह मिला है जैसे कि डॉक्टर सुब्रमणियन के गवर्नर-काल की बागडोर पूरी तरह से उनके ही हाथ में रहेगी । दीपक तलवार और सुशील खुराना की इस सक्रियता से ही डॉक्टर सुब्रमणियन के क्लब के सदस्यों को खटका हुआ है, और उन्हें लगा है कि डॉक्टर सुब्रमणियन अपने 'कूल' रवैये की आड़ में उन्हें इग्नोर कर रहे हैं ।डॉक्टर सुब्रमणियन के रवैये से उनके अपने क्लब के लोगों का धैर्य अब टूटने लगा है और क्लब के लोगों में डॉक्टर सुब्रमणियन के खिलाफ नाराजगी बढ़ने लगी है । मुकेश अरनेजा अपने रवैये के चलते जिस तरह से अपने क्लब से निकाले गए हैं, उसकी चर्चा की गर्मी के बीच डॉक्टर सुब्रमणियन के प्रति उनके अपने क्लब में बढ़ती नाराजगी की खबरों से संकेत मिलता है कि गवर्नरों के दिन आजकल कुछ ठीक नहीं चल रहे हैं । 

Wednesday, June 17, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में मुकेश अरनेजा को क्लब से निकाले जाने में उनसे डीआरएफसी का पद छीनने का रमेश अग्रवाल ने मौका देखा है, लेकिन मुकेश अरनेजा का दावा है कि जब इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई ही उनसे असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर का पद वापस नहीं ले पा रहे हैं, तो जेके गौड़ की क्या औकात है कि उन्हें डीआरएफसी के पद से हटा दे


नई दिल्ली । जेके गौड़ द्वारा मुकेश अरनेजा को डीआरएफसी पद से हटाने की चर्चा ने मुकेश अरनेजा के नजदीकियों के बीच खलबली मचा दी है । मुकेश अरनेजा ने अपने नजदीकियों को हालाँकि आश्वस्त किया है कि जेके गौड़ गवर्नर भले ही बन रहा हो, लेकिन उसकी इतनी औकात नहीं है कि वह उन्हें डीआरएफसी पद से हटा दे । मुकेश अरनेजा ने यह आशंका तो व्यक्त की है कि उन्हें क्लब से निकाले जाने से बने मौके का फायदा उठाते हुए रमेश अग्रवाल तो जेके गौड़ पर उनसे डीआरएफसी पद वापस लेने के लिए दबाव बना सकते हैं; किंतु उन्हें विश्वास है कि पूरी तरह से रमेश अग्रवाल की गिरफ्त में होने के बावजूद जेके गौड़ दबाव में यह बात नहीं मानेगा । इस बात को चर्चा दरअसल तब मिली जब जेके गौड़ की परछाईं बने हुए अशोक अग्रवाल ने कुछेक लोगों के बीच कहा/बताया कि रमेश अग्रवाल ने जेके गौड़ को सुझाव दिया है कि मुकेश अरनेजा को क्लब से निकाले जाने का मामला जब तक हल नहीं हो जाता है, तब तक उन्हें मुकेश अरनेजा को डीआरएफसी पद से हटा देना चाहिए । रमेश अग्रवाल ने तर्क दिया है कि मुकेश अरनेजा इस समय चूँकि किसी भी क्लब के सदस्य नहीं हैं - और इस कारण से रोटेरियन नहीं हैं; इसलिए रोटरी में वह किसी पद पर नहीं बने रह सकते हैं । अशोक अग्रवाल के अनुसार, रमेश अग्रवाल ने यहाँ तक कहा कि रोटरी के नियमों व आदर्शों का पालन करते हुए मुकेश अरनेजा को खुद ही रोटरी के पदों को छोड़ देना चाहिए; मुकेश अरनेजा की जगह कोई शर्म महसूस करने वाला व्यक्ति होता तो खुद ही रोटरी के पद छोड़ चुका होता - लेकिन मुकेश अरनेजा को पदों पर बने रहने में न तो कोई शर्म है और न ही उन्हें नियम-कानूनों से कोई मतलब है ।
अरनेजा और रमेश अग्रवाल के बीच बनती/बढ़ती दूरियों के बारे में डिस्ट्रिक्ट में चूँकि हर कोई जानता है, इसलिए अशोक अग्रवाल के जरिए सामने आई मुकेश अरनेजा को ठिकाने लगाने की रमेश अग्रवाल की कोशिशों की बात को सच माना गया और इन बातों ने फिर मुकेश अरनेजा के नजदीकियों के बीच खलबली मचा दी । यह खलबली इसलिए भी मची क्योंकि डिस्ट्रिक्ट में हर कोई यह भी अच्छी तरह जानता है कि जेके गौड़ तो पूरी तरह रमेश अग्रवाल की कठपुतली हैं और वही करते हैं जो रमेश अग्रवाल चाहते/कहते हैं । इन्हीं बातों के चलते डीआरएफसी पद से मुकेश अरनेजा की छुट्टी होने के कयास लगाये जाने लगे ।
मुकेश अरनेजा ने लेकिन अपने नजदीकियों को आश्वस्त किया है कि उन्हें चिंता करने की और परेशान होने की जरूरत नहीं है; जेके गौड़ भले ही रमेश अग्रवाल की कठपुतली बना हुआ हो, किंतु उनके खिलाफ कोई कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं करेगा । मुकेश अरनेजा ने तर्क दिया कि अपनी करतूतों और कारस्तानियों के कारण क्लब से निकाले जाने के बाद भी उनसे जब मनोज देसाई ने असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर का पद वापस नहीं लिया है, तो जेके गौड़ की क्या औकात है कि उन्हें डीआरएफसी के पद हटा दे ? उन्होंने अपने नजदीकियों को बताया है कि उन्हें क्लब से निकाले जाने का वास्ता देकर कई लोगों ने मनोज देसाई से कहा है कि वह मुझसे असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर का पद वापस ले लें - किंतु मनोज देसाई ने किसी की बात पर ध्यान नहीं दिया है । मुकेश अरनेजा का कहना है कि मनोज देसाई को इंटरनेशनल डायरेक्टर चुनवाने/बनवाने में उन्होंने जो मदद की थी - एक तो उसे याद रखते हुए मनोज देसाई उन्हें असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर के पद से नहीं हटा रहे हैं; दूसरे, रोटरी इंटरनेशनल के नियमों तथा उसकी व्यवस्थाओं के कारण भी उन्हें रोटरी के किन्हीं भी पदों से नहीं हटाया जा सकता है ।
अन्य कई लोगों का कहना लेकिन यह है कि हो सकता है कि रोटरी इंटरनेशनल के किसी नियम और/या व्यवस्था के अनुसार मुकेश अरनेजा को रोटरी के किसी पद से न हटाया जा सकता हो, किंतु नैतिकता और शर्म भी कोई चीज होती है न ? उनका तर्क है कि मुकेश अरनेजा जिन कारणों से अपने क्लब से निकाले गए हैं, उससे जाहिर और साबित हो गया है कि वह रोटरी में रहने/रखने लायक नहीं हैं - जो व्यक्ति अपने क्लब में रहने लायक नहीं समझा गया; उसे किसी भी बहाने/तरीके से रोटरी में बने रहने का अधिकार भला क्यों मिलना चाहिए ? उल्लेखनीय है कि मुकेश अरनेजा के किसी और क्लब की सदस्यता लेकर या एक नया क्लब बना कर रोटरी में बने रहने की तिकड़में लगाने की चर्चा है - इस पर कई लोगों का कहना है कि मुकेश अरनेजा अपनी करतूतों व कारस्तानियों के चलते जब अपने ही क्लब में नहीं बने रह सके, तो किसी दूसरे क्लब में और रोटरी में रह कर ही क्या करेंगे ? मुकेश अरनेजा पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हैं - इस नाते उनका क्लब से निकाला जाना रोटरी समुदाय में एक बड़ी घटना है; कई रोटेरियंस का मानना और कहना है कि क्लब से निकाले जाने की घटना पर शर्मसार होकर मुकेश अरनेजा को खुद ही रोटरी को अब अलविदा कह देना चाहिए; लेकिन मुकेश अरनेजा ने शर्मसार होना तो जाना ही नहीं है - इसलिए वह रोटरी में बने रहने की हर संभव कोशिश करेंगे ही ।
मुकेश अरनेजा रोटरी में बने रहने का जुगाड़ तो कर लेंगे, किंतु रमेश अग्रवाल ने जिस तरह उन्हें क्लब से निकाले जाने में उनसे डीआरएफसी का पद छीनने का मौका देखा है - उससे एक मजेदार स्थिति बनी है । यह देखना दिलचस्प होगा कि डिस्ट्रिक्ट 3012 के गवर्नर जेके गौड़ इस मामले में रमेश अग्रवाल की 'कोशिश' को सफल बनायेंगे और/या मुकेश अरनेजा के दावे को सच साबित करेंगे कि उनके खिलाफ कोई कदम उठाने का उनमें दम ही नहीं है ।

Saturday, June 13, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के प्रेसीडेंट मनोज फडनिस ने आखिर किस स्वार्थ और या किस मजबूरी में ऐसे लोगों को अपनाया हुआ है, जिनके कारण इंदौर ब्रांच में कामकाज की बदइंतजामी फैली हुई है और खुद मनोज फडनिस की साख व प्रतिष्ठा दाँव पर लग गई है

इंदौर । मनोज फडनिस की 'घरेलू' ब्रांच के सदस्यों को अभी जून माह में जब मार्च माह का न्यूजलेटर मिला, तो ब्रांच के कामकाज की पोल खुली और सवाल उठे कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष मनोज फडनिस की अपनी ब्रांच में कामकाज का इतना बुरा हाल क्यों है ? कामकाज के बुरे हाल का संदर्भ सिर्फ यही नहीं है कि मार्च माह का न्यूजलेटर लोगों को जून माह में मिला; संदर्भ यह भी है कि मार्च माह का न्यूजलेटर जब समय से प्रकाशित नहीं किया जा सका था, तब चार माह बाद उसे प्रकाशित करके पैसे की बर्बादी क्यों की गई । यानि कामकाज का बुरा हाल सिर्फ क्रियान्वन के स्तर पर ही नहीं, बल्कि सोच और नीति के स्तर पर भी है । इंस्टीट्यूट के मौजूदा अध्यक्ष मनोज फडनिस चूँकि इंदौर के हैं, इसलिए इंस्टीट्यूट की इंदौर ब्रांच को उनकी घरेलू ब्रांच के रूप में देखा/पहचाना जाता है और उम्मीद की जाती है कि इंदौर ब्रांच अपने कामकाज में गुणवत्ता को स्थापित करेगी । इंदौर ब्रांच अपने कामकाज में गुणवत्ता के मामले में लेकिन निकृष्ट दौर में दिखाई दे रही है । लोगों के बीच जो चर्चा है उसमें मतभेद सिर्फ इस बात को लेकर है कि इंदौर ब्रांच में कामकाज की बुरी दशा के लिए मनोज फडनिस को सिर्फ नैतिक आधार पर ही जिम्मेदार ठहराया जा सकता है; और या इंदौर ब्रांच में कामकाज की बदइंतजामी के लिए मनोज फडनिस सचमुच में सीधे जिम्मेदार भी ठहरते हैं ?
यह जानने/समझने के लिए कुछेक तथ्यों पर गौर करना उपयोगी होगा । 
इंदौर ब्रांच में कामकाज की बदइंतजामी के लिए ब्रांच के चेयरमैन सुनील खंडेलवाल ब्रांच के सचिव अभय शर्मा से अपेक्षित सहयोग न मिलने को जिम्मेदार ठहराते हैं । उन्होंने अलग अलग मौकों पर कई लोगों से कहा/बताया है कि अभय शर्मा ने सचिव पद की जिम्मेदारियों का निर्वाह यदि ठीक से किया होता, तो ब्रांच के न्यूजलेटर भी समय से निकलते और ब्रांच के दूसरे काम भी उचित समय पर और प्रभावी तरीके से संपन्न होते । ब्रांच के दूसरे पदाधिकारियों के अनुसार भी, अभय शर्मा की सचिव पद की जिम्मेदारियों को निभाने से ज्यादा रुचि अपनी राजनीति करने में दिखाई दे रही है । अभय शर्मा पर गंभीर आरोप है कि वह ब्रांच के स्वयंभू मीडिया प्रभारी बन गए हैं, और शहर के अखबारों में अपनी तथाकथित सक्रियता की खबरें प्रकाशित करवाते हैं - और इस सब के बाद उन्हें जो समय मिलता है उसमें वह विकास जैन की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने का काम करते हैं । इस तरह, अभय शर्मा काम तो बहुत करते हैं; बस ब्रांच के सचिव पद का काम करने में वह कोई दिलचस्पी नहीं लेते हैं - और इसका नतीजा यह है कि ब्रांच में ठीक ढंग से कोई काम नहीं हो पा रहा है; न्यूजलेटर तक चार महीने बाद लोगों को मिल रहा है । उल्लेखनीय तथ्य यह है कि यह अभय शर्मा इंदौर ब्रांच को मनोज फडनिस का ही गिफ्ट है । मनोज फडनिस ने पिछले वर्ष नियम-कायदों की अनदेखी करते हुए अपनी पूरी धमकीबाजी से जिस तरह अभय शर्मा को इंदौर ब्रांच की मैनेजिंग कमेटी का सदस्य बनवाया था, वह मनोज फडनिस के राजनीतिक जीवन का शायद सबसे शर्मनाक काम होगा । (इस किस्से को यहाँ क्लिक करके पढ़ा जा सकता है ।)
मनोज फडनिस ने पिछले वर्ष अभय शर्मा को इंदौर ब्रांच की मैनेजिंग कमेटी का सदस्य बनवाया था; और इस वर्ष उन्हें इंदौर ब्रांच का सचिव बनवाया । मजे की बात यह रही कि अभय शर्मा को सचिव बनवाने के लिए मनोज फडनिस को पिछले वर्ष बनाई गई अपनी ही व्यवस्था का उल्लंघन करना पड़ा । उल्लेखनीय है कि पिछले ही वर्ष मनोज फडनिस ने इंदौर ब्रांच के लिए पदाधिकारियों के चयन के लिए लैडर सिस्टम बनाया था, जिसके अनुसार इस वर्ष नीलेश गुप्ता को सचिव पद पर होना था । मनोज फडनिस ने लेकिन तिकड़म करके अभय शर्मा को सचिव बनवा दिया । अभय शर्मा को दरअसल विकास जैन के 'आदमी' के रूप में देखा/पहचाना जाता है; और विकास जैन को इस बार सेंट्रल काउंसिल के लिए चुनवाने का जिम्मा मनोज फडनिस ने लिया हुआ बताया जाता है । विकास जैन की उम्मीदवारी के अभियान में ब्रांच की मदद ली जा सके, इसके लिए ही मनोज फडनिस ने अपनी ही बनाई व्यवस्था को एक वर्ष में ही ध्वस्त करके अभय शर्मा को ब्रांच में सचिव बनवा दिया है । 
मनोज फडनिस की तिकड़मबाजी से ब्रांच में सचिव का पद पाने वाले अभय शर्मा के कारण ब्रांच कामकाज की बदइंतजामी का शिकार यदि होती है, तो इसके लिए मनोज फडनिस भी स्वाभाविक रूप से सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहरते हैं । मनोज फडनिस इसलिए भी जिम्मेदार ठहरते हैं क्योंकि उनकी तरफ से इंदौर ब्रांच में कामकाज की गुणवत्ता स्थापित कराने की कोई कोशिश होती हुई नहीं दिखी है । कुछेक लोगों का तो यहाँ तक कहना है कि अभय शर्मा और उनके असली वाले 'गॉडफॉदर्स' ने मनोज फडनिस से अपने 'काम' तो करवा लिए हैं, लेकिन अब उनकी सुनते नहीं हैं - और मनोज फडनिस असहाय बन कर रह गए हैं । बात चाहें जो सच हो : इंदौर ब्रांच में कामकाज की बदइंतजामी को लेकर मनोज फडनिस चाहें सबकुछ जानते/बूझते हुए भी चुप बने हुए हों, या असहाय बनकर चुप हों - बदइंतजामी के लिए जिम्मेदार वही ठहराए जा रहे हैं । लोगों के बीच सवाल यही चर्चा में है कि मनोज फडनिस ने आखिर किस स्वार्थ में और या किस मजबूरी में ऐसे लोगों को अपनाया हुआ है जिन्हें ब्रांच व प्रोफेशन के काम में कोई दिलचस्पी ही नहीं है; और जिनके कारण ब्रांच में कामकाज की बदइंतजामी फैली हुई है । 
मनोज फडनिस के लिए इंदौर में एक और खतरा मंडरा रहा है । सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के बाद से सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल की पूर्व चेयरपरसन केमिशा सोनी के खिलाफ जिस तरह का नकारात्मक व अशालीन प्रचार अभियान शुरू किया गया है, उसके पीछे मनोज फडनिस के नजदीकियों को ही देखा/पहचाना जा रहा है । केमिशा सोनी की उम्मीदवारी को दरअसल विकास जैन की उम्मीदवारी के लिए सीधी चुनौती के रूप में रेखांकित किया गया है । केमिशा सोनी की उम्मीदवारी को विकास जैन की उम्मीदवारी के लिए खतरे के रूप में देख रहे विकास जैन के कुछेक समर्थकों ने केमिशा सोनी के खिलाफ अपमानजनक अभियान छेड़ दिया है । उनका मानना है कि उनके इस अभियान से डर कर केमिशा सोनी चुनावी मैदान छोड़ जायेंगी और तब विकास जैन के लिए मैदान एकदम से खाली हो जायेगा । केमिशा सोनी के खिलाफ अपमानजनक अभियान चलाने वालों को मनोज फडनिस के करीबियों के रूप में भी देखा/पहचाना जाता है, इसलिए कुछेक लोगों को लगता है कि उनके अभियान को मनोज फडनिस की भी शह है । मनोज फडनिस की साख और प्रतिष्ठा की परवाह करने वाले लोगों को इस बात की फिक्र है कि केमिशा सोनी के खिलाफ अभियान चलाने वाले लोग केमिशा सोनी को कोई नुकसान पहुँचा सकेंगे या नहीं - यह तो अभी नहीं पता है; किंतु मनोज फडनिस की साख व प्रतिष्ठा को वह अवश्य ही धूल-धूसरित कर देंगे । मनोज फडनिस के कुछेक समर्थकों व शुभचिंतकों को तो उनकी साख और प्रतिष्ठा की चिंता है, खुद मनोज फडनिस को यह चिंता है - इसके कोई संकेत उन्होंने अपने 'व्यवहार' से तो अभी तक नहीं दिए हैं । यह देखना दिलचस्प होगा कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष मनोज फडनिस अपने नजदीकियों की हरकतों को रोकने व नियंत्रित करने की कोई कोशिश करते हैं - और या अपने नजदीकियों को अपनी साख व प्रतिष्ठा के साथ खेलने देते हैं । 

Friday, June 12, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सेंट्रल काउंसिल पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए वोट जुटाने वास्ते फूल भेज कर लोगों को 'फूल' बनाने की विजय गुप्ता की कोशिश पर साहिल भाटिया के रिएक्शन ने विजय गुप्ता की भारी फजीहत तो की ही है, उनके सामने मुसीबत भी खड़ी कर दी है

फरीदाबाद । साहिल भाटिया को जन्मदिन पर फूल भेजने के चक्कर में विजय गुप्ता को उनसे जो लताड़ सुनने को मिली है उसने विजय गुप्ता के सामने एक अजीब संकट खड़ा कर दिया है । संकट दरअसल यह फैसला करने को लेकर है कि साहिल भाटिया के हाथों उनकी जो सार्वजनिक फजीहत हुई है उसके बाद भी वह चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को उनके जन्मदिन पर फूल भेज कर उन्हें 'फूल' बनाने की अपनी कार्रवाई को जारी रखें, या लोगों को फूल भेजने का काम बंद कर दें । विजय गुप्ता के नजदीकियों का कहना है कि उन्होंने दोनों ऑप्शन पर विचार किया है - और दोनों के फायदों व नुकसानों के बारे में पड़ताल की है; किंतु किसी नतीजे पर पहुँचना अभी उन्हें मुश्किल लग रहा है । विजय गुप्ता जान/समझ रहे हैं कि उनके फूल भेजने पर साहिल भाटिया ने जिस तरह से रिएक्ट किया है, उससे लोगों के बीच उनकी भारी फजीहत हुई है; लेकिन वह यह भी जानते हैं कि अपने जन्मदिन पर उनकी तरफ से भेजे गए फूल पाकर कई चार्टर्ड एकाउंटेंट्स खुश भी हुए हैं और अपनी खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने उन्हें थैंक्स भी कहा है । विजय गुप्ता अच्छी तरह से इस बात को जानते/समझते हैं कि चुनावी वर्ष में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को उनके जन्मदिन पर फूल भेजने की उनकी जो 'नौटंकी' है, उसके पीछे छिपे उद्देश्य को हर कोई जानता/पहचानता है - लेकिन फिर भी अधिकतर लोगों को उनकी यह 'नौटंकी' अच्छी लगती है और वह इससे प्रभावित होते हैं । 
असल में, मौजूदा समय ऐसा समय है जहाँ अधिकतर लोग भावनात्मक रूप से 'अकेले' रह रहे हैं; उन्हें कोई पूछता ही नहीं है; अपना 'होना' उन्हें निरर्थक जान पड़ता है - ऐसे में किसी की तरफ से उन्हें अपने जन्मदिन पर यदि फूलों के गुच्छे के साथ शुभकामनाओं के शब्द मिलते हैं; तो यह जानते हुए भी कि फूल भेजने वाला उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता है और इन फूलों को भेजने के पीछे उसका स्वार्थ है, उन्हें अच्छा लगता है । सब कुछ जानते/समझते हुए भी 'अच्छा लगने' की इस हकीकत में विजय गुप्ता को अपनी उम्मीदवारी के लिए रास्ता बनता दिखता है - और इसीलिए उन्होंने फूल भेजने की नौटंकी को अपना लिया । विजय गुप्ता को पता है कि कई लोग हैं जो फूल मिलने पर खुश नहीं होंगे, किंतु उन्होंने 'खुश न होने वालों' की बजाए 'खुश होने वालों' पर ध्यान दिया और फूल भेजने की नौटंकी तैयार की । खुश न होने वालों की परवाह विजय गुप्ता ने इसलिए भी नहीं की, क्योंकि उन्होंने पाया कि खुश न होने वाले चूँकि अपनी नाखुशी सार्वजनिक रूप से प्रकट नहीं करते हैं - इसलिए नाखुश लोग उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुँचाते हैं ।
साहिल भाटिया ने लेकिन इस 'व्यवस्था' को पलट देने वाला काम किया है । साहिल भाटिया के रिएक्शन ने बता/जता दिया है कि विजय गुप्ता की नौटंकी को पहचानने/समझने वाले नाखुश लोग अब चुप नहीं बैठेंगे और अपनी नाखुशी को सार्वजनिक रूप से अभिव्यक्त करेंगे । साहिल भाटिया ने नाखुश होने वाले चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को जैसे एक रास्ता दिखा दिया है । नाखुश लोगों के रवैये में आ रहे इस बदलाव ने विजय गुप्ता के सामने चुनौती खड़ी कर दी है । उनके सामने खतरा यह पैदा हो गया है कि साहिल भाटिया की तरह ही कुछेक अन्य लोगों ने भी इसी तरह उनकी सार्वजनिक फजीहत की तो फिर उनकी यह सारी नौटंकी ही फिजूल साबित हो जाएगी । समस्या यह है कि लोगों के जन्मदिन तो ऐन चुनाव के दिन तक आते रहेंगे - इसलिए विजय गुप्ता को कम-से-कम चुनाव के दिन तक तो लोगों को फूल भेजने होंगे: ऐसे में विजय गुप्ता के सामने ऐन चुनाव के दिन तक फजीहत का शिकार होने का खतरा है । अपने जन्मदिन पर विजय गुप्ता की तरफ से मिले फूलों पर साहिल भाटिया द्वारा व्यक्त की गई प्रतिक्रिया को चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच जिस तरह की चर्चा मिली है, उसने विजय गुप्ता को बता/जता दिया है कि फूल भेज कर वोट जुटाने का उनका फार्मूला उलटा असर भी कर सकता है और राजनीतिक फायदे के लिए उनके द्वारा अपनाया गया हथकंडा उन्हें नुकसान भी पहुँचा सकता है । 
विजय गुप्ता के सामने मुसीबत यह खड़ी हो गई है कि लोगों को फूल भेज कर वोट पक्का करने की अपनी तरकीब को उन्होंने यदि अभी तुरंत बंद कर दिया, तो लोगों के बीच मैसेज जायेगा कि साहिल भाटिया के हाथों उनकी जो फजीहत हुई है - उससे वह डर गए हैं; और तब साहिल भाटिया तथा उनके जैसे दूसरे नाखुश रहने वाले लोगों का उत्साह और बढ़ेगा तथा वह उनकी और आफत कर देंगे । विजय गुप्ता के कुछेक नजदीकियों ने हालाँकि उन्हें सलाह दी है कि साहिल भाटिया के हाथों हुईं फजीहत से डर कर उन्हें अभी तुरंत फूल भेजना बंद नहीं करना चाहिए और इंतजार करना तथा देखना चाहिए कि और लोग भी उनके 'दिखाए' रास्ते पर चलते हैं या नहीं - आगे जो स्थिति बने, उसके अनुरूप देखा जाए कि क्या करना सही होगा । उनके नजदीकियों का भी मानना/कहना है कि फूल पाने के बाद दिए गए साहिल भाटिया के रिएक्शन ने विजय गुप्ता की भारी फजीहत तो की ही है, उनके सामने मुसीबत भी खड़ी कर दी है ।

Thursday, June 11, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में गवर्नर बनने की दौड़ के संदर्भ में पप्पुजीत सिंह सरना के 'इरादों' से आशंकित विनय भाटिया के समर्थक विनय भाटिया को पप्पुजीत सिंह सरना से बच कर रहने की सलाह दे रहे हैं; किंतु अन्य कई लोगों का कहना है कि विनय भाटिया को उनसे 'डरने' की जरूरत नहीं है

फरीदाबाद । पप्पुजीत सिंह सरना की गवर्नर बनने की इच्छा के फिर से बलबती होने की खबरों ने विनय भाटिया की उम्मीदवारी के लिए बड़ा खतरा पैदा कर दिया है । उल्लेखनीय है कि हाल-फिलहाल के दिनों में पप्पुजीत सिंह सरना ने कई लोगों से कहा है कि रोटरी की चुनावी राजनीति में उनका जितना इन्वॉल्वमेंट हो गया है, उसमें उन्हें लग रहा है कि वह खुद गवर्नर पद के उम्मीदवार क्यों नहीं हो जाते हैं ? शुरू में तो उनकी इस बात का किसी ने नोटिस नहीं लिया; और उनके इस कहने को सामान्य बात के रूप में लिया गया - किंतु इस बात को उन्हें जब बार-बार दोहराते हुए देखा/सुना गया, तो लोगों के कान खड़े हुए । उनके नजदीकियों ने उनके इस बात को बार-बार कहने/दोहराने में गवर्नर बनने की उनकी इच्छा को फिर से अँगड़ाई लेने के रूप में देखा/पहचाना है । यह देखना/पहचानना इसलिए हुआ, क्योंकि कुछ समय पहले तक पप्पुजीत सिंह सरना को सचमुच में भावी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में देखा/पहचाना जाता था; दो-तीन वर्ष पहले फरीदाबाद में ही नहीं, पूरे डिस्ट्रिक्ट में उनके बारे में चर्चा थी कि अगले किसी वर्ष वह अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करेंगे । दो-तीन-चार वर्ष पहले उनकी सक्रियता को उम्मीदवार बनने की उनकी तैयारी के रूप में ही रेखांकित किया जाता था । किंतु फिर अचानक पप्पुजीत सिंह सरना पीछे हट गए ।
रोटरी में यूँ तो यह खूब देखने को मिलता है कि संभावित उम्मीदवार के रूप में जिन लोगों के नाम चर्चा में रहते हैं, वह वास्तव में कभी उम्मीदवार नहीं बनते - और उनके सचमुच में उम्मीदवार न बनने पर किसी को कोई हैरानी भी नहीं होती है; किंतु पप्पुजीत सिंह सरना का मामला बिलकुल अलग था, इसलिए हर किसी को हैरानी हुई कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की कुर्सी की तरफ बढ़ते-बढ़ते पप्पुजीत सिंह सरना ने अचानक से यू-टर्न क्यों ले लिया ? हर किसी को हैरानी दरअसल इसलिए ही हुई, क्योंकि पप्पुजीत सिंह सरना को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए बड़े दमदार उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा था । इस बात का जबाव भले ही किसी को नहीं मिल पाया कि उम्मीदवारी के प्रति दमदारी दिखाते-दिखाते पप्पुजीत सिंह सरना अचानक से पीछे क्यों हट गए - किंतु लोगों ने इस 'क्यों' का अपने अपने तरीके से जबाव खोजने का काम जरूर किया और इस संदर्भ में तरह-तरह की बातें हुईं । किसी का मानना/कहना रहा कि पप्पुजीत सिंह सरना उम्मीदवारी के खर्च से डर गए और पीछे हट गए; किसी ने दावा किया कि पप्पुजीत सिंह सरना ने उन्हें बताया है कि पहले उम्मीदवारी और फिर गवर्नरी में जो समय लगता है उतना समय वह नहीं दे पायेंगे, इसलिए उन्होंने अपना इरादा बदल लिया है; किसी ने कहा कि पप्पुजीत सिंह सरना को समझ में आ गया कि उम्मीदवारी की बातें करना जितना आसान है, सचमुच में उम्मीदवार बनना उतना ही मुश्किल है - और इसलिए उन्होंने समझ लिया कि खुद उम्मीदवार बनने की बजाए दूसरों को उम्मीदवार बनाने का 'ठेका' लेना आसान है । यह बात समझ में आते ही पप्पुजीत सिंह सरना ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए विनय भाटिया की उम्मीदवारी का 'ठेका' ले लिया । 
विनय भाटिया की उम्मीदवारी का जिम्मा निभाते हुए पप्पुजीत सिंह सरना को लगा कि समय तो उनका अब भी खूब लग रहा है । कई मौकों पर उन्होंने कहा भी कि उन्हें तो लगता है कि जैसे उम्मीदवार विनय भाटिया नहीं, बल्कि वह हैं । पप्पुजीत सिंह सरना को लग रहा है - और अपने इस लगने को उन्होंने कई बार कहा भी है कि विनय भाटिया तो ज्यादा कुछ किए बिना और ज्यादा कुछ 'हुए' बिना ही उम्मीदवार बन गए हैं । इसी तरह की बातों के बीच पप्पुजीत सिंह सरना ने कहना/बताना शुरू किया कि वह सोचते हैं कि वह खुद ही गवर्नर पद के उम्मीदवार क्यों नहीं हो जाते हैं ? इस बात को दावे के साथ तो कोई नहीं कह सकता कि पप्पुजीत सिंह सरना की इस तरह की बातें सिर्फ भावावेश में कहे गए उद्गार हैं, या अपनी उम्मीदवारी को लेकर वह सचमुच में किसी उथल-पुथल से गुजर रहे हैं; किंतु एक बात पर अधिकतर लोग सहमत हैं कि पप्पुजीत सिंह सरना की इस तरह की बातें विनय भाटिया की उम्मीदवारी के लिए खतरा जरूर हैं । लोगों को लग रहा है कि डॉक्टर सुब्रमणियन की राह आसान बनाने के लिए डॉक्टर सुब्रमणियन और उनके समर्थकों ने रवि भाटिया की उम्मीदवारी के साथ जैसा जो 'खेल' किया था, वैसा ही खेल पप्पुजीत सिंह सरना अब की बार विनय भाटिया की उम्मीदवारी के साथ कर सकते हैं । 
दरअसल यह हर कोई जान/समझ रहा है कि विनय भाटिया यदि इस वर्ष कामयाब हो गए, तो पप्पुजीत सिंह सरना को अपनी उम्मीदवारी के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ेगा - पप्पुजीत सिंह सरना को इंतजार न करना पड़े, इसके लिए विनय भाटिया की उम्मीदवारी की बलि लेना जरूरी होगा । इसी सोच और आशंका के चलते विनय भाटिया के समर्थक विनय भाटिया को पप्पुजीत सिंह सरना से बच कर रहने की सलाह दे रहे हैं । फरीदाबाद में लोगों ने पाया है कि विनय भाटिया पिछले कुछ समय से पप्पुजीत सिंह सरना से दूर-दूर रहने का प्रयास कर रहे हैं; इससे लग रहा है कि विनय भाटिया ने अपने समर्थकों की सलाह को मानना शुरू कर दिया है और उन्होंने पप्पुजीत सिंह सरना से बचना शुरू कर दिया है । हालाँकि कई एक लोगों का कहना यह भी है कि पप्पुजीत सिंह सरना बातें चाहें जो कर रहे हों, सचमुच में उम्मीदवार बनना उनके बस की बात नहीं है - और इसलिए विनय भाटिया को उनसे 'डरने' की जरूरत नहीं है । 
पप्पुजीत सिंह सरना की बातें और उन बातों से गवर्नर बनने की उनकी इच्छा के फिर से बलबती होने के संकेतों ने फरीदाबाद से गवर्नर होने के नारे के तहत लड़ी जा रही चुनावी लड़ाई को दिलचस्प तो बना ही दिया है, विनय भाटिया की उम्मीदवारी के लिए खासा बड़ा संकट भी पैदा कर दिया है । 

Tuesday, June 9, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में सुभाष जैन की चुनावी मीटिंग में उपस्थित हुए उनके अपने क्लब के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा लोगों के बीच की गईं बातों ने सुभाष जैन की उम्मीदवारी की संभावना को लेकर लोगों के बीच बने हुए संशय व अनिश्चय को वास्तव में और बढ़ा दिया है

गाजियाबाद । सुभाष जैन की गाजियाबाद में हुई चुनावी मीटिंग में उनके अपने क्लब के वरिष्ठ सदस्यों ने उनके चुनाव अभियान की हवा बिगाड़ दी - और इस तरह उनके अपने क्लब के वरिष्ठ सदस्य ही उनकी उम्मीदवारी के दुश्मन साबित हुए । सुभाष जैन के लिए मुसीबत की बात यह हुई कि अपनी चुनावी मीटिंग में अपने क्लब के वरिष्ठ सदस्यों की उपस्थिति को उन्होंने इस योजना के तहत संभव बनाया था ताकि वह डिस्ट्रिक्ट के लोगों को बता/दिखा सकें कि उनकी उम्मीदवारी को लेकर उनके अपने क्लब में चल रहा झगड़ा सुलट गया है, और उनके अपने क्लब में उनकी उम्मीदवारी को लेकर एक राय बन गई है । लेकिन उनके क्लब के वरिष्ठ सदस्यों ने मीटिंग में मौजूद दूसरे लोगों को जो बताया, उससे सुभाष जैन की योजना तो सफल नहीं ही हुई - बल्कि बात बिगड़ और गई । मीटिंग में लोगों के बीच जो बातें हुईं, उससे न सिर्फ पुराने घाव हरे और हो गए - बल्कि क्लब में सुभाष जैन की उम्मीदवारी का झगड़ा नए सिरे से गर्म और हो गया । सुभाष जैन के क्लब के ही लोगों ने मीटिंग में मौजूद दूसरे लोगों को बताया कि सुभाष जैन ने तो योगेश गर्ग को भी इस मीटिंग में बुलाया था और उनकी मौजूदगी को संभव करने के लिए काफी प्रयास किए थे - किंतु उनके प्रयास कामयाब नहीं हुए; और इसी से जाहिर है कि योगेश गर्ग ने अपनी उम्मीदवारी का दावा अभी छोड़ा नहीं है, तथा क्लब में उम्मीदवारी का झगड़ा अभी बदस्तूर जारी है । मीटिंग में सुभाष जैन के विरोधी और योगेश गर्ग के समर्थक के रूप में देखे/पहचाने जाने वाले सदस्यों की उपस्थिति ने हालाँकि मीटिंग के शुरू में दूसरे लोगों को आभास दिया कि सुभाष जैन ने क्लब को मैनेज कर लिया है तथा अपने विरोधियों को 'ठंडा' कर दिया है । लेकिन जल्दी ही उनके क्लब - रोटरी क्लब गाजियाबाद सेंट्रल में उम्मीदवारी के जारी झगड़े की असलियत सामने आ गई । 
सुभाष जैन के क्लब के मीटिंग में मौजूद कुछेक सदस्यों ने तो लोगों के बीच यह तक स्वीकार किया और बताया कि इस मीटिंग में उनकी मौजूदगी की बात योगेश गर्ग को पता है, तथा वह योगेश गर्ग से बात करके ही इस मीटिंग में आए हैं । मजा यह हुआ कि उन्होंने तो लोगों को यह कहा/बताया कि इस मीटिंग में उपस्थित होने/न होने को लेकर उन्होंने योगेश गर्ग से बात की तो योगेश गर्ग ने उनसे यही कहा कि वह अपनी समझ और अपने विवेक से फैसला करें - दूसरे लोगों ने लेकिन यह समझा कि यह लोग मीटिंग में आये ही यह सोच कर थे कि वह दूसरे लोगों को क्लब की स्थिति की सच्चाई बतायेंगे । उनके सच्चाई बताने के चक्कर में लेकिन सुभाष जैन की मीटिंग के उद्देश्य का कबाड़ा हो गया ।
सुभाष जैन के लिए मुसीबत की बात यह हो रही है कि अपने ही क्लब में उन्हें अपनी उम्मीदवारी को लेकर जिस भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है, उसके कारण उनके लिए डिस्ट्रिक्ट में समर्थन जुटाना तो दूर की बात, अपनी उम्मीदवारी के प्रति लोगों को आश्वस्त तक कर पाना मुश्किल हो रहा है । सुभाष जैन ने पीछे एक बड़ा दाँव चला और दावा किया कि जैनी भाई होने के चलते पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रूपक जैन ने उन्हें समर्थन दे दिया है । उनकी चुनावी मीटिंग में शामिल हुए उनके ही क्लब के लोगों ने लेकिन उनके इस दावे को झूठा बताया । उनका कहना रहा कि रूपक जैन ने योगेश गर्ग को फोन करके बताया है कि सुभाष जैन उनके पास समर्थन माँगने आए थे, लेकिन उन्होंने सुभाष जैन को साफ बता दिया है कि उनका समर्थन तो योगेश गर्ग के लिए होगा - या उसके लिए होगा, जिसका समर्थन योगेश गर्ग करेंगे । रूपक जैन ने सुभाष जैन को इस बात के लिए उलाहना भी दिया कि तुमने तो हमारी इतनी इज्जत भी नहीं रखी कि उम्मीदवारी प्रस्तुत करने से पहले विचार-विमर्श कर लेते; समर्थन माँगने अब आए हो, जब तीन सौ लोगों से समर्थन माँग चुके हो; समर्थन माँगने वाले लोगों की सूची में तीन सौ एक नंबर तो उसका होता है, जिसे तुम कुछ समझ ही नहीं रहे हो - अब जब हमें कुछ समझ ही नहीं रहे हो, तो हमारे समर्थन की चिंता क्यों कर रहे हो ? आदि-इत्यादि । इस तरह की जली-कटी सुनाने के साथ-साथ रूपक जैन ने सुभाष जैन को कुछ अच्छे सुझाव भी दिए - जिनमें प्रमुख यही था कि अपनी उम्मीदवारी के लिए दूसरों से समर्थन माँगने से पहले उन्हें अपने क्लब में समर्थन हासिल करने का प्रयास करना चाहिए । इन सब बातों को बताने के साथ ही सुभाष जैन के क्लब के वरिष्ठ सदस्यों ने अनुमान व्यक्त किया कि शायद रूपक जैन के सुझाव पर ही सुभाष जैन अंततः योगेश गर्ग के घर जाने और उनसे बात करने के लिए मजबूर हुए । 
डिस्ट्रिक्ट में रूपक जैन और योगेश गर्ग की नजदीकियत को हर कोई जानता/पहचानता है । इसके बावजूद सुभाष जैन ने योगेश गर्ग को दरकिनार कर रूपक जैन से तार जोड़ने की कोशिश यह सोच कर की होगी कि जैन होने के कारण रूपक जैन बिना किसी ना-नुकुर के उनके समर्थन के लिए राजी हो जायेंगे । जैन होने के कारण हर जैन उनका सगा होगा, सुभाष जैन यदि अपने पिछले अनुभव को याद रखते तो ऐसा न सोचते । उल्लेखनीय है कि मुकेश अरनेजा के साथ हुए अपने पिछले चुनाव में मिली पराजय के बाद खुद उन्होंने ही लोगों के बीच रोना रोया था कि रिश्ते के एक साले ने ही उन्हें धोखा दिया । यानि जिससे धोखा खाने की शिकायत वह कर रहे थे वह रिश्ते में उनका साला भी था और जैन भी था । इस अनुभव के बावजूद जैन होने के कारण उन्होंने रूपक जैन से समर्थन मिलने की उम्मीद की, और बदले में रूपक जैन से जली-कटी सुनी । रूपक जैन से जली-कटी सुनने के बाद हो सकता है कि सुभाष जैन को समझ में आ गया हो कि योगेश गर्ग को वह जितने हलके में ले रहे हैं, उससे उनकी मुश्किलें बढ़ ही रही हैं और इसलिए ही वह योगेश गर्ग के घर जाने और उन्हें मनाने के लिए प्रयास करने के लिए मजबूर हुए । 
सुभाष जैन की उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए जो लोग तैयार हैं, उनका भी मानना और कहना है कि योगेश गर्ग को मनाने तथा अपने क्लब का पूरा व एकतरफा समर्थन पाने का प्रयास उन्हें सबसे पहले करना चाहिए था । इस काम में देर करके और इसे तवज्जो न देने से सुभाष जैन ने अपना बड़ा नुकसान कर लिया है । इसका सबसे बड़ा नुकसान यही है कि अपनी उम्मीदवारी लिए समर्थन का माहौल बनाने का उनका हर प्रयास फेल हो जा रहा है । अपनी सक्रियता से वह दो कदम आगे बढ़ते हैं, लेकिन क्लब का विवाद उन्हें चार कदम पीछे कर देता है । उल्लेखनीय है कि अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए जिन भी उम्मीदवारों का नाम चर्चा में है, उनमें अभी एक अकेले सुभाष जैन ही लोगों के बीच सक्रिय हैं - इस हिसाब से सुभाष जैन की उम्मीदवारी को दूसरे संभावित उम्मीदवारों से बहुत बहुत आगे दिखना चाहिए था; हकीकत और विडंबना की बात किंतु यह है कि डिस्ट्रिक्ट में लोग अभी उनकी उम्मीदवारी को लेकर ही आश्वस्त नहीं हो पा रहे हैं - और डिस्ट्रिक्ट में लोगों के बीच अभी उनकी उम्मीदवारी को लेकर ही अनिश्चय व संशय बना हुआ है । गाजियाबाद में आयोजित की गई चुनावी मीटिंग में उनके ही क्लब के वरिष्ठ सदस्यों से दूसरे लोगों को जो जो बातें सुनने को मिलीं, उससे उनकी उम्मीदवारी की संभावना को लेकर बना हुआ उक्त अनिश्चय व संशय वास्तव में और बढ़ गया है । 

Friday, June 5, 2015

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए एके सिंह के खिलाफ पीएस जग्गी को तैयार करने में विशाल सिन्हा और उनके संगी-साथियों द्वारा की जा रही कोशिशों ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों में गर्मी पैदा कर दी है

लखनऊ । एके सिंह के खिलाफ सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए पीएस जग्गी को उम्मीदवार बनाए जाने की कोशिशों की सुगबुगाहटों के चलते अगले लायन वर्ष की चुनावी राजनीति को लेकर डिस्ट्रिक्ट में गर्मी पैदा हो गई है । उल्लेखनीय है कि पीएस जग्गी ने अपनी उम्मीदवारी को लेकर अभी तक किसी भी तरह की दिलचस्पी नहीं 'दिखाई' है; और उनके नजदीकियों का भी कहना है कि पीएस जग्गी ने उम्मीदवार बनने के अभी तक कोई संकेत उन्हें तो नहीं दिए हैं । इसके बावजूद, पीएस जग्गी की उम्मीदवारी की संभावना की चर्चा लोगों के बीच है - तो इसका कारण यह है कि पीएस जग्गी की उम्मीदवारी को विशाल सिन्हा और उनके संगी-साथियों की तरफ से हवा दी जा रही है । चर्चा यही है कि विशाल सिन्हा और उनके संगी-साथी लगातार मिलती जा रही पराजयों से बुरी तरह हताश हैं और जीत के लिए खासे लालायित हैं । उन्हें लगता है कि एके सिंह की राह में केएस लूथरा भी रोड़ा बनना चाहेंगे और इसलिए एके सिंह के खिलाफ उम्मीदवार उतार कर वह पराजयों के निरंतर चलते आ रहे सिलसिले की दिशा बदल सकेंगे । विशाल सिन्हा और उनके संगी-साथियों का सोचना-मानना चाहें जो हो, अभी का सच यही है कि अपनी सोच और अपनी योजना के लिए उन्हें डिस्ट्रिक्ट में कोई खास समर्थन मिलता हुआ अभी तो नहीं ही दिख रहा है । 
विशाल सिन्हा और उनके संगी-साथियों को हालाँकि सबसे तगड़ा झटका अपने गॉडफादर गुरनाम सिंह से लग रहा है; गुरनाम सिंह अभी एके सिंह की उम्मीदवारी के साथ और समर्थन में ही रहने के संकेत दे रहे हैं । मजे की बात यह है कि एके सिंह और उनके समर्थक भी विश्वास कर रहे हैं कि गुरनाम सिंह ने विशाल सिन्हा की उम्मीदवारी को सुरक्षित बनाने के लिए 'अगली' बार सहयोग/समर्थन का जो वायदा करके पिछले लायन वर्ष में एके सिंह की उम्मीदवारी को वापस करवाया था, वह अपने उस वायदे को अवश्य ही याद रखेंगे और निभायेंगे । विशाल सिन्हा और उनके संगी-साथियों को गुरनाम सिंह की तरफ से तगड़ा झटका भले ही लग रहा है, लेकिन गुरनाम सिंह को लेकर उन्हें ज्यादा चिंता नहीं है; उनका मानना/समझना है कि गुरनाम सिंह को तो वह कभी भी 'समझा' लेंगे - उन्हें विश्वास है कि गुरनाम सिंह के कारण उनकी 'उम्मीदें' नहीं टूटेंगी । उनकी 'उम्मीदें' अब सिर्फ गुरनाम सिंह की 'जगह' लेने को तैयार हो रहे केएस लूथरा के रवैये पर टिकी हैं ।
केएस लूथरा से उम्मीद रखने के दो कारण हैं : एक तो यह कि उन्हें लगता है कि केएस लूथरा को अपने गवर्नर-काल में एके सिंह से जो 'घाव' लगा था, वह अभी तक नहीं भरा है और उसके लिए केएस लूथरा ने अभी तक एके सिंह को माफ नहीं किया है । दूसरा यह कि एके सिंह का अभी भी ज्यादा झुकाव गुरनाम सिंह की तरफ 'दिखता' है, और राजनीतिक शब्दावली में जो बात की जाती है उसके अनुसार एके सिंह को गुरनाम सिंह का 'आदमी' माना जाता है । ऐसे में, केएस लूथरा के लिए यह फैसला करना आसान नहीं होगा कि वह गुरनाम सिंह के 'आदमी' के लिए अपना समर्थन घोषित करें ? संदीप सहगल की जीत के साथ केएस लूथरा को जो राजनीतिक ऊँचाई मिली है, उसके बाद उनके लिए जो राह खुली है - उसे वह एके सिंह के यहाँ 'बंद' करने को तैयार होंगे क्या; यह बड़ा सवाल है । शिव कुमार गुप्ता की जीत को संयोग व किस्मत से मिली जीत के रूप में देखा/पहचाना गया था, लेकिन इस वर्ष हुए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में संदीप सहगल की जीत के जरिए केएस लूथरा ने अपनी राजनीतिक ठसक का जो ठोस सुबूत दिया है, उसने उन्हें गुरनाम सिंह का विकल्प बनने का सुनहरा मौका दिया है - उनके इसी मौके में उनके एके सिंह के खिलाफ जाने का अनुमान लगाया जा रहा है । 
इस अनुमान के पूरा होने में अड़चन सिर्फ यह है कि इसके लिए केएस लूथरा को विशाल सिन्हा से हाथ मिलाना पड़ेगा - जिसे हर कोई आज की तारीख में असंभव ही मान रहा है । यह 'असंभव' ही एके सिंह की ताकत है । एके सिंह की उम्मीदवारी पर यूँ तो अलग-अलग कारणों से कई लोगों की तिरछी नजर है - लेकिन एके सिंह की खुशकिस्मती यह है कि उनके तमाम विरोधियों के बीच इतने लफड़े/झगड़े हैं कि वह कभी एकसाथ नहीं खड़े हो सकते हैं - और यही चीज एके सिंह की उम्मीदवारी को सुरक्षित बनाती है । इसके बावजूद, विशाल सिन्हा और उनके संगी-साथियों ने उम्मीद नहीं छोड़ी है - उन्हें विश्वास है कि शिव कुमार गुप्ता की गवर्नरी में और एके सिंह के चुनावी अभियान में अवश्य ही कुछ ऐसी गलतियाँ होंगी, जिनसे चुनावी समीकरण प्रभावित होंगे और वह बदलेंगे - चुनावी समीकरणों में होने वाला वही बदलाव एके सिंह की उम्मीदवारी को चुनौती देने के काम आयेगा । इसी उम्मीद के सहारे विशाल सिन्हा और उनके संगी-साथी पीएस जग्गी में हवा भरने की कोशिश कर रहे हैं । पीएस जग्गी लेकिन उनकी उम्मीद पर अभी कोई भरोसा करते हुए नहीं दिख रहे हैं । इससे एके सिंह की उम्मीदवारी के लिए अभी तो कोई चुनौती पैदा होती हुई नहीं लग रही है, किंतु विशाल सिन्हा और उनके संगी-साथियों की सक्रियता ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों में गर्मी जरूर पैदा कर दी है ।