Thursday, June 25, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत हुई दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी ने - राजीव सिंघल की उम्मीदवारी की आड़ में सुनील गुप्ता द्वारा अपने गवर्नर-काल की 'जरूरतों' को पूरा करने के बैठाए हिसाब को बिगाड़ा

मेरठ । दिवाकर अग्रवाल द्वारा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत की गई उम्मीदवारी ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद संभालने की तैयारी कर रहे सुनील गुप्ता को भारी मुसीबत में फँसा दिया है । दरअसल सुनील गुप्ता ने अभी पिछले दिनों ही रोटरी क्लब मेरठ साकेत के राजीव सिंघल को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए उम्मीदवार 'बनवा' कर अपना गवर्नर-काल 'सुधारने' का जो पक्का इंतजाम किया था - दिवाकर अग्रवाल की प्रस्तुत हुई उम्मीदवारी ने लेकिन उनके उस 'इंतजाम' को तो धक्का पहुँचाया ही है, साथ ही उनके सामने अपने गवर्नर-काल को ठीक से चलाने की चुनौती भी पैदा कर दी है । राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के जरिए सुनील गुप्ता ने जो कुछ भी 'पाने' के सपने देखे थे, दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी प्रस्तुत होने से उनके वह सारे सपने चकनाचूर हो गए हैं । सुनील गुप्ता के लिए समस्या सिर्फ यही नहीं है, उनके सामने असल समस्या यह आ खड़ी हुई है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उन्हें अपने आपको राजीव सिंघल व दिवाकर अग्रवाल के समर्थकों के बीच पिसने से बचाना है ।  
सुनील गुप्ता के लिए यह स्थिति इसलिए बनी है क्योंकि एक तरफ तो वह राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के बृजभूषण व योगेश मोहन गुप्ता जैसे घनघोर समर्थकों की 'गिरफ्त' में हैं, और दूसरी तरफ अपने गवर्नर-काल के तमाम कामकाजों को कराने के लिए वह दिवाकर अग्रवाल के नजदीकियों व समर्थकों पर निर्भर हैं । सुनील गुप्ता ने अपने गवर्नर-काल की प्रिंटिंग का सारा काम मुरादाबाद में करवाना तय किया हुआ है, जिसकी जिम्मेदारी उन लोगों के पास है - जिन्हें दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी के रणनीतिकारों से लेकर सक्रिय कार्यकर्ताओं के रूप में देखा/पहचाना जाता है । सुनील गुप्ता को दरअसल मेरठ में काम करने के लिए कोई मिला ही नहीं, और इसलिए उन्हें अपना काम करवाने के लिए मुरादाबाद के लोगों का सहारा लेना पड़ा है । अपने गवर्नर-काल के कई कामों के लिए वह मुरादाबाद के लोगों पर निर्भर हैं । सुनील गुप्ता के लिए बदकिस्मती की बात यह रही कि उनका गवर्नर-काल शुरू होते होते डिस्ट्रिक्ट में चुनावी बिसात बिछ गई है, और डिस्ट्रिक्ट एक रोमांचक चुनावी घमासान की तरफ बढ़ता दिख रहा है । जो लोग सुनील गुप्ता की क्षमताओं को जानते हैं, वह मानते और कहते हैं कि चुनावी राजनीति के चक्कर में डिस्ट्रिक्ट में जो खेमेबाजी बन रही है, उससे निपटना और उसमें अपनी गवर्नरी चलाना सुनील गुप्ता के लिए टेढ़ी खीर होगा । 
उल्लेखनीय है कि चुनावी राजनीति का चक्कर मौजूदा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव रस्तोगी के लिए भी कोई कम चुनौतीपूर्ण नहीं था; उनके लिए बल्कि ज्यादा 'काम' था - क्योंकि उन्हें पिछले वर्ष के चुनावी नतीजों से भी निपटना था और अपने कार्यकाल की स्थितियों का भी सामना करना था । जो लोग संजीव रस्तोगी और सुनील गुप्ता, दोनों को जानते हैं - उनका कहना है कि संजीव रस्तोगी में निर्णय लेने की जो क्षमता है तथा अपनी जिम्मेदारियों को खुद उठाने/निभाने की जो सामर्थ्य है, उसके चलते उन्होंने धाकड़ तरीके से अपना गवर्नर-काल चलाया और चुनावी राजनीति की लगाम को अपने ही नियंत्रण में रखा । सुनील गुप्ता के लिए ऐसा कर पाना मुश्किल ही होगा - क्योंकि उनमें न तो निर्णय लेने की क्षमता है और अपनी जिम्मेदारियों को भी वह हमेशा दूसरों के कंधों पर डालने की फिराक में रहते हैं । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि सुनील गुप्ता ने बृजभूषण और योगेश मोहन गुप्ता के प्रति पहले तो विरोधी तेवर दिखाए, लेकिन इन्होंने जब घुड़की दी तो सुनील गुप्ता ने इनके सामने समर्पण करने में भी देर नहीं लगाई । राजीव सिंघल की उम्मीदवारी को सुनील गुप्ता ने प्रोत्साहित ही इसलिए किया, ताकि राजीव सिंघल उनके गवर्नर-काल की 'जरूरतों' को पूरा करते रहें । संजीव रस्तोगी का प्रयास था कि उनके गवर्नर-काल में चुनाव न हो; सुनील गुप्ता ने पहली चिंता ही यह की कि उनके गवर्नर-काल में चुनाव की स्थितियाँ कैसे बनें ? मंजु गुप्ता और दीपा खन्ना के बीच चुनाव की जो स्थितियाँ बन रही थीं, उसमें सुनील गुप्ता को अपना 'काम' बनता हुआ नहीं दिख रहा था, इसलिए वह लगातार एक ऐसे उम्मीदवार की तलाश में थे जो उनके 'काम' भी बनाए । उनकी यह तलाश राजीव सिंघल पर जाकर खत्म हुई । 
राजीव सिंघल की उम्मीदवारी की आड़ में बृजभूषण व योगेश मोहन गुप्ता जैसे लोगों को इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई तक 'रास्ता' बनाने का मौका दिखा, तो सुनील गुप्ता को लगा कि उनकी तो जैसे लाटरी लग गई । उन्हें विश्वास हो गया कि बृजभूषण, योगेश मोहन गुप्ता और राजीव सिंघल की जो अपनी अपनी 'जरूरतें' हैं - वह चूँकि एक दूसरे पर निर्भर हैं इसलिए वह एक साथ रहेंगे और उनके गवर्नर-काल की जरूरतों को पूरा कर देंगे । दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी ने लेकिन उनके इस विश्वास का सब गुड़ गोबर कर दिया है । दिवाकर अग्रवाल और उनके समर्थकों के लिए इस बार का चुनाव खासी प्रतिष्ठा का चुनाव है; एक तरह से कह सकते हैं कि जीने-मरने का चुनाव है - इसलिए उनके लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में सुनील गुप्ता की किसी भी पक्षपातपूर्ण राजनीतिक चालबाजी को इग्नोर करना संभव नहीं होगा । सुनील गुप्ता को उनकी सतर्क व कठोर घेरेबंदी का सामना करना ही होगा । दिवाकर अग्रवाल के समर्थकों पर अपने कामकाज के लिए निर्भर न होते, तो सुनील गुप्ता इस घेरेबंदी से बेपरवाह भी बने रह सकते थे; किंतु सुनील गुप्ता की मुसीबत यह है कि वह इस तरह का चांस नहीं ले सकते हैं क्योंकि तब उनके कामकाज का ही कबाड़ा जायेगा । उनकी मुसीबत इस कारण से और बड़ी हो जाती है कि यदि उन्होंने बृजभूषण, योगेश मोहन गुप्ता व राजीव सिंघल के 'काम' नहीं किए - तो यह लोग उनका जीना मुहाल कर देंगे ।   
मजे की बात यह है कि सुनील गुप्ता इस जिस मुसीबत में फँसे हैं, वह उन्होंने खुद ही पैदा की है । राजीव सिंघल को उम्मीदवारी के लिए प्रोत्साहित करते हुए दिखाई तो उन्होंने होशियारी थी, किंतु उनकी यही होशियारी उनके लिए आफत बनती नजर आ रही है । अपने ही फैसलों से सुनील गुप्ता जिस तरह लोगों के बीच मजाक का विषय बनते जा रहे हैं और खुद के लिए मुसीबतों को आमंत्रित कर रहे हैं, उससे लग रहा है कि आगे और दिलचस्प नजारे देखने को मिलेंगे ।

Wednesday, June 24, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी को लेकर मनोज गुप्ता, नीलेश गुप्ता और अभय शर्मा के बीच लुकाछिपी का जो खेल चल रहा है, उसने इंदौर में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की चुनावी राजनीति के परिदृश्य को खासा दिलचस्प बना दिया है

इंदौर । मनोज गुप्ता की उम्मीदवारी के 'आने' के भय ने इंदौर में रीजनल काउंसिल के संभावित उम्मीदवारों को अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करने से जिस तरह रोका हुआ है, वह चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की चुनावी राजनीति में परस्पर अविश्वास तथा अनिश्चय के माहौल के होने का दिलचस्प नजारा प्रस्तुत करता है । मजे की बात यह है कि खुद मनोज गुप्ता कई मौकों पर यह घोषणा कर चुके हैं कि वह इस बार चुनावी झमेले से दूर ही रहेंगे, लेकिन फिर भी इंदौर में कई लोगों के लिए मनोज गुप्ता की इस घोषणा पर विश्वास करना मुश्किल बना हुआ है - उन्हें लगता है कि मनोज गुप्ता कभी भी अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर देंगे और सफाई दे देंगे कि वह तो उम्मीदवार नहीं होना चाहते थे, किंतु समर्थकों व शुभचिंतकों के दबाव के कारण उन्हें उम्मीदवार बनने के लिए मजबूर होना पड़ा है । लोगों को यदि ऐसा लगता है, तो इसका कारण खुद मनोज गुप्ता ही हैं; वह स्वयं लोगों को यह भी बताते/कहते हैं कि उम्मीदवार बनने से उनके स्पष्ट इंकार करने के बावजूद उनके कई समर्थक व शुभचिंतक उन्हें उम्मीदवार बनने के लिए प्रोत्साहित करते रहते हैं, और उन्हें समझाते हैं कि इस बार उनके लिए अच्छा मौका है, कि चुनावी राजनीति में उन्हें गैप नहीं छोड़ना चाहिए, कि बाद में फिर जरूरी नहीं है कि उनके लिए अभी जैसी ही अनुकूल स्थितियाँ बनी रहें, आदि-इत्यादि । मनोज गुप्ता चूँकि स्वयं ही इस तरह की बातें लोगों के बीच कहते हैं, इसलिए उम्मीदवार न होने की उनकी घोषणा शक के दायरे में आ जाती है । लोग दरअसल जानते हैं कि चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों के 'लिए' न और हाँ के बीच बहुत ही पतली लाइन होती है, जिसे पार करना उनके लिए जरा भी मुश्किल नहीं होता है । चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों के प्रति बनी इस धारणा के कारण ही मनोज गुप्ता की इस बार उम्मीदवार न बनने की घोषणा पर कई लोगों को भरोसा नहीं हो पा रहा है । 
मनोज गुप्ता की घोषणा पर भरोसा न हो पाने का एक कारण वास्तव में यह भी है कि पिछले से पिछले वर्ष, यानि त्रिवर्षीय सत्र के पहले वर्ष में इंदौर ब्रांच के चेयरमैन के रूप में उनका कामकाज बहुत ही सक्रियताभरा रहा था, जिसके लिए उनकी खासी प्रशंसा भी हुई और उन्हें अवार्ड भी मिले । उस समय उनकी सक्रियता और उनकी उपलब्धियों को देख कर लोगों को लग गया था कि ब्रांच में झंडे गाड़ने के बाद मनोज गुप्ता का अगला ठिकाना रीजनल काउंसिल होगा । मनोज गुप्ता ने इससे कभी इंकार भी नहीं किया । अभी भी वह सिर्फ यह कह रहे हैं कि वह इस बार उम्मीदवार नहीं होंगे - आगे कभी उम्मीदवार होने की संभावना से वह इंकार नहीं कर रहे हैं । उनका कहना है कि अभी वह अपने कामकाज पर ध्यान देना चाहते हैं और कामकाज सँभालने के बाद ही वह इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में आयेंगे । समस्या दरअसल इस कारण से है कि मनोज गुप्ता जो कह रहे हैं वह उनका व्यक्तिगत फैसला है, लेकिन चुनावी राजनीति में जो होता है वह प्रायः एक समूह से निर्देशित होता है और उसका 'व्यक्तिगत' आमतौर पर कमजोर साबित होता है; मनोज गुप्ता पर उनके 'समूह' की तरफ से तो उम्मीदवार होने का दबाव पड़ ही रहा है - उनका व्यक्तिगत अभी तक तो समूह के दबाव को नकार रहा है; शक यही है कि उनका यह नकार टिका रह पायेगा क्या ?
समझा जाता है कि इसी शक के कारण नीलेश गुप्ता अपनी उम्मीदवारी की घोषणा नहीं कर रहे हैं । नीलेश गुप्ता लोगों से तो हालाँकि यह कह रहे हैं कि चुनाव में अभी बहुत समय है, अभी से घोषणा करने की क्या जरूरत है, उचित समय पर ही घोषणा करना सही होगा, आदि-इत्यादि; लेकिन उनके नजदीकियों का कहना है कि वह मनोज गुप्ता की तरफ से पूरी तरह आश्वस्त हो लेना चाहते हैं, और मनोज गुप्ता का 'न आना' पक्का होने के बाद ही अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करेंगे । मनोज गुप्ता की उम्मीदवारी की उपस्थिति में नीलेश गुप्ता अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत नहीं करेंगे; और इसीलिए वह इंतजार कर रहे हैं कि मनोज गुप्ता की तरफ से स्थिति विश्वसनीय तरीके से साफ हो जाए ।
नीलेश गुप्ता को अभय शर्मा की तरफ से भी खतरा है । अभय शर्मा ने पिछले दो वर्षों में जिस तरह से ऊँची छलाँगें लगाई हैं, उससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उनकी निगाह रीजनल काउंसिल में विकास जैन द्वारा खाली की गई जगह पर है और वह उसे भरने के लिए उत्सुक हैं । अभय शर्मा हालाँकि अभी तक तो अपनी उम्मीदवारी से इंकार कर रहे हैं, लेकिन कुछेक लोगों का कहना है कि वह जिस तरह से इंकार कर रहे हैं उसमें दरअसल मौका देखने का भाव है । अभय शर्मा के कुछेक नजदीकियों तथा शुभचिंतकों का उनके लिए सुझाव हालाँकि यह है कि पहले उन्हें  इंदौर ब्रांच का चुनाव जीत कर लोगों को दिखाना चाहिए, फिर उसके बाद उन्हें रीजनल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करना चाहिए । उल्लेखनीय है कि अभय शर्मा आज भले ही इंदौर ब्रांच के सचिव बने हुए हैं, लेकिन लोगों को यह बात अच्छी तरह याद है कि इंदौर ब्रांच का पिछला चुनाव वह जीत नहीं पाए थे - और इस कारण से लोगों के बीच उनके प्रति एक नकारात्मक भाव है । कुछेक लोगों का यद्यपि यह भी कहना है कि लोग कल की नाकामयाबी की बजाए आज की सफलता को याद रखते हैं; इसलिए इस बात को भूल कर कि पिछली बार का इंदौर ब्रांच का चुनाव वह नहीं जीत पाए थे, अभय शर्मा को रीजनल काउंसिल का चुनाव लड़ ही लेना चाहिए । अभय शर्मा के कुछेक समर्थकों का तर्क भी है कि नीलेश गुप्ता अपनी उम्मीदवारी को लेकर जिस तरह कन्फ्यूज से दिख रहे हैं, उससे अभय शर्मा की उम्मीदवारी के लिए अच्छा मौका बन रहा है । 
अभय शर्मा लेकिन नीलेश गुप्ता की उम्मीदवारी के प्रति पूरी तरह आश्वस्त हो लेना चाहते हैं । अभी ऐसा लग/दिख रहा है कि नीलेश गुप्ता की उम्मीदवारी के साथ अभय शर्मा अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने से बचना चाहते हैं । उनके नजदीकियों का कहना है कि लेकिन नीलेश गुप्ता ने अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करने में देर की तो फिर अभय शर्मा अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर देंगे । रीजनल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी को लेकर नीलेश गुप्ता और अभय शर्मा के बीच लुकाछिपी का जो खेल चल रहा है, उसने इंदौर में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की चुनावी राजनीति के परिदृश्य को खासा दिलचस्प बना दिया है ।

Monday, June 22, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080, यानि राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए दोबारा शुरू हुई चुनावी प्रक्रिया पर 'कब्जा' करके यशपाल दास ने सुधीर चौधरी की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया

रुड़की । यशपाल दास ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कार्यालय पर जिस तरह से 'कब्जा' कर लिया है, उससे सुधीर चौधरी व उनके समर्थकों को खासा तगड़ा झटका लगा है । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद पर टीके रूबी के हुए चयन को मनमाने तरीके से निरस्त करके दोबारा चुनाव की जो प्रक्रिया शुरू हुई है, उसमें सुधीर चौधरी और उनके समर्थकों को अपनी जीत का पूरा भरोसा था । यह भरोसा उन्हें इसलिए था क्योंकि दोबारा हो रहे चुनाव के लिए उनके अलावा उम्मीदवार के रूप में जो चार नाम आए हैं - उनमें डीसी बंसल, राजीव सूद और सुभाष धीर की उम्मीदवारी नियम-कानून के तहत विवादास्पद ठहरती है; और टीके रूबी के नाम पर तो यह झमेला ही खड़ा हुआ तथा दोबारा चुनाव की नौबत आई है । डिस्ट्रिक्ट में अब हर कोई यह मान रहा है कि राजा साबू और उनके 'गिरोह' के लोग पिछली बार की तरह अबकी बार कोई लापरवाही नहीं बरतेंगे तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद पर अपने ही 'आदमी' की जीत को सुनिश्चित करेंगे । इसी मानने के चलते डीसी बंसल, राजीव सूद, सुभाष धीर और सुधीर चौधरी अपने अपने चुने जाने की उम्मीद कर रहे हैं - इन्हें विश्वास है कि राजा साबू और उनके 'गिरोह' के लोग कुछ भी करेंगे और टीके रूबी को तो रोकेंगे; तथा इन्हें अपना 'आदमी' मान कर जितवायेंगे/बनवायेंगे । सुधीर चौधरी और उनके समर्थकों का मानना और कहना रहा कि टीके रूबी की जीत को 'छीनने' के लिए डिस्ट्रिक्ट में जो हरकतें हुईं उससे डिस्ट्रिक्ट तथा राजेंद्र उर्फ राजा साबू की रोटरी समुदाय में भारी फजीहत हुई है; इससे सबक लेते हुए डीसी बंसल, राजीव सूद व सुभाष धीर को चुनवाने का खतरा नहीं उठाया जायेगा, क्योंकि इनमें से किसी को भी चुनवाने का अर्थ होगा - और बड़े विवाद को आमंत्रित करना । इसी कारण से सुधीर चौधरी को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अपना रास्ता साफ दिख रहा था । 
यशपाल दास की सक्रियता देख कर लेकिन सुधीर चौधरी और उनके समर्थकों को अपने इस साफ रास्ते पर रोड़े पड़ते दिख रहे हैं । सुधीर चौधरी और उनके समर्थक यह देख/जान कर हैरान भी हुए हैं और डर भी गए हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए दोबारा हो रहे चुनाव की सारी प्रक्रिया को यशपाल दास ने अपने नियंत्रण में ले लिया है, और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कार्यालय तथा चुनावी प्रक्रिया को अंजाम देने वाले पदाधिकारियों को वही दिशा-निर्देश दे रहे हैं । सुधीर चौधरी तथा उनके समर्थकों का पिछले कुछेक दिनों का अनुभव रहा है कि चुनाव संबंधी कोई भी बात डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक, डिस्ट्रिक्ट एडवाइजर प्रेम भल्ला, डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर शाजु पीटर से पूछो तो एक ही जबाव सुनने को मिलता है कि - इस बारे में कोई भी बात यशपाल दास से पूछो । सुधीर चौधरी के क्लब के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हेमंत अरोड़ा ने भी माजरे को जानने/समझने का प्रयास किया, तो उन्हें भी यही जानकारी मिली कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए दोबारा हो रहे चुनाव की 'देखरेख' का जिम्मा यशपाल दास ने ले लिया है और उन्हीं के निर्देशानुसार तथ्यों व सूचनाओं को बताया/छिपाया जा रहा है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए दोबारा से शुरू हुई चुनावी प्रक्रिया में यशपाल दास ने अचानक से जिस तरह दिलचस्पी लेना शुरू किया है, उससे सुधीर चौधरी तथा उनके समर्थकों के कान खड़े हुए हैं और उन्हें यशपाल दास की इस सक्रियता में अपना बनता दिख रहा 'काम' बिगड़ता नजर आ रहा है । 
सुधीर चौधरी और उनके समर्थकों को लग रहा है कि चुनावी प्रक्रिया में यशपाल दास की पैदा हुई दिलचस्पी के पीछे सुभाष धीर को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनवाने की मंशा काम कर रही है । ऐसा लगने के पीछे एक कारण यह भी है कि टीके रूबी की जीत में मट्ठा डालने के काम की शुरुआत यशपाल दास के क्लब की तरफ से ही हुई थी । टीके रूबी की जीत को निरस्त कराने की 'जिम्मेदारी' हालाँकि बाद में डीसी बंसल ने सँभाल ली थी, किंतु सुधीर चौधरी तथा उनके समर्थकों को लग रहा है कि यशपाल दास ने उस समय बड़ी होशियारी से डीसी बंसल का इस्तेमाल कर लिया था । यशपाल दास ने समझ लिया था कि टीके रूबी की जीत को निरस्त करवाने में यदि उनकी सीधी भागीदारी नजर आई, तो उनकी बदनामी होगी - इसलिए टीके रूबी की जीत को निरस्त करवाने का रास्ता 'दिखा' कर, उस रास्ते पर आगे बढ़ने का जिम्मा उन्होंने डीसी बंसल को सौंप दिया । डीसी बंसल को लगा कि यशपाल दास द्वारा सौंपी गई 'जिम्मेदारी' को पूरा करके वह यशपाल दास ही नहीं, बल्कि राजा साबू की निगाह में भी चढ़ जायेंगे और तब टीके रूबी को हटा कर जो जगह खाली होगी, वह उन्हें मिल जायेगी । डीसी बंसल बेचारे इसी उम्मीद में अपने चुने जाने का सपना देख रहे हैं । सुधीर चौधरी तथा उनके नजदीकियों को लग रहा है कि यशपाल दास ने अपना 'काम' बना/बनवा लेने के बाद डीसी बंसल को तो बीच मँझदार में छोड़ ही दिया है, साथ ही सुधीर चौधरी की राह को रोकने की तैयारी भी कर ली है । जैसा कि पहले कहा/बताया जा चुका है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए आए पाँच उम्मीदवारों में 'पाकसाफ' उम्मीदवार के रूप में टीके रूबी तथा सुधीर चौधरी को ही देखा/पहचाना जा रहा है; सुधीर चौधरी तथा उनके समर्थकों का मानना और कहना रहा है कि राजा साबू तथा उनके 'गिरोह' के लोग टीके रूबी को तो बनने नहीं देंगे, इसलिए सुधीर चौधरी ही उनकी च्वाइस बचते हैं । किंतु यशपाल दास की सक्रियता से उन्हें लगने लगा है कि यशपाल दास ने सुभाष धीर को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनवाने का बीड़ा उठा लिया है । उनका यह डर, सुभाष धीर के 'उत्साह' को देख कर, दूसरे लोगों को भी सच होता हुआ नजर आ रहा है ।  
कुछेक लोगों को हालाँकि लग रहा है कि टीके रूबी के साथ हुए 'खेल' के चलते डिस्ट्रिक्ट व राजा साबू की रोटरी समुदाय में जो फजीहत हुई है, उससे सबक लेते हुए यशपाल दास अब ऐसा कोई काम नहीं करेंगे - जिससे फजीहत में और इजाफा हो । लेकिन अन्य कुछेक लोगों को लगता है कि राजा साबू और उनके 'गिरोह' के लोग अपनी मनमानियाँ करने से बाज नहीं आयेंगे । टीके रूबी के मामले में जरूर उनके अनुमान व विश्वास गलत साबित हो गए हैं और उन्हें चौतरफा रूप से बदनामी का सामना करना पड़ा है; किंतु उनका अनुमान व विश्वास है कि बाकी जो लोग हैं उनमें से कोई भी वैसा साहस नहीं दिखा पायेगा, जैसा साहस टीके रूबी ने दिखाया है - और इसलिए वह अपनी मनमानी चलाते रह सकते हैं । सुभाष धीर की उम्मीदवारी को मान्य मानने/कराने में अड़चन पैदा हो सकने का मौका तो बनेगा, लेकिन यशपाल दास को भरोसा है कि अड़चन पैदा करने का साहस कोई करेगा नहीं । डीसी बंसल भले ही अपने को ठगा हुआ महसूस करें, और सुधीर चौधरी भले ही दुखी हों कि उनके जैसे 'पाकसाफ' उम्मीदवार के होते हुए नियमों/कानूनों पर खरे न उतरते एक दूसरे उम्मीदवार को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनवा दिया गया - लेकिन यह दोनों 'फैसले' को चुपचाप स्वीकार कर लेंगे और टीके रूबी जैसा आत्मसम्मान नहीं दिखा सकेंगे । लोगों को यह भी लगता है कि यशपाल दास मान रहे होंगे कि टीके रूबी के साथ जो हुआ उससे रोटरी समुदाय में डिस्ट्रिक्ट की और राजा साबू की बदनामी तो हुई है किंतु उससे क्या फर्क पड़ा ? रोटरी में 'सिकंदर' तो राजा साबू ही साबित हुए हैं ! इन्हीं बातों के बीच, सुधीर चौधरी और उनके समर्थकों को भी लगने लगा है कि यशपाल दास ने अपनी मनमानी करने के उद्देश्य से ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए दोबारा शुरू हुई चुनावी प्रक्रिया पर अपना कब्जा कर लिया है तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक, डिस्ट्रिक्ट एडवाइजर प्रेम भल्ला व डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर शाजु पीटर को किनारे कर दिया है ।

Thursday, June 18, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में रंजन ढींगरा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाये जाने के सुझाव को अनसुना करने के कारण डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की तरफ बढ़ रहे डॉक्टर सुब्रमणियन के खिलाफ उनके अपने क्लब के लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी है

नई दिल्ली । रंजन ढींगरा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाये जाने के अपने ही क्लब के लोगों के सुझाव को अनसुना करने के कारण डॉक्टर सुब्रमणियन अपने ही क्लब के लोगों की नाराजगी का शिकार होने लगे हैं । उनके प्रति यह नाराजगी इसलिए भी बढ़ रही है, क्योंकि क्लब के लोग देख/पा रहे हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में अपनी टीम बनाने तथा काम करने के संदर्भ में वह अपने क्लब के लोगों से न तो कोई विचार-विमर्श कर रहे हैं, और न ही उन्हें कुछ बता/पूछ रहे हैं । क्लब के कुछेक सदस्यों ने समय समय पर डॉक्टर सुब्रमणियन से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उनके द्वारा बनाई जा रही योजनाओं को जानने तथा उन योजनाओं से जुड़ने के प्रति दिलचस्पी दिखाई भी है, लेकिन डॉक्टर सुब्रमणियन ने उनमें से किसी को कोई तवज्जो ही नहीं दी । डॉक्टर सुब्रमणियन के इस रवैये से क्लब के वह सदस्य तो अपने आप को ठगा हुआ पा रहे हैं, जिन्होंने उनके चुनाव में कंधे से कंधा मिला कर और खूब बढ़चढ़ कर काम किया था । यह देख कर उनकी निराशा और नाराजगी खासी बढ़ी है कि डॉक्टर सुब्रमणियन के लिए जैसे जैसे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद-भार सँभालने का मौका नजदीक आ रहा है, वैसे वैसे वह अपने मददगारों को भूलते और छोड़ते जा रहे हैं । हालाँकि डॉक्टर सुब्रमणियन के नजदीकियों का कहना है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की तैयारियों को लेकर डॉक्टर सुब्रमणियन का खुद का रवैया चूँकि 'कूल' सा है, इसलिए ऐसा लग रहा है कि वह किसी को तवज्जो नहीं दे रहे हैं - जब जरूरत होगी, तब वह अवश्य ही लोगों के साथ शेयर करेंगे । इन्हीं नजदीकियों में से कुछ का कहना यद्यपि यह भी है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की तरफ बढ़ रहे डॉक्टर सुब्रमणियन को इस सच्चाई को भी समझना होगा कि वह जिस 'स्थिति' में हैं, उसमें लोगों को उनसे कुछ अलग तरह की उम्मीदें व अपेक्षाएँ होंगी - जिन्हें पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है; अन्यथा लोगों को उनके खिलाफ होने में देर नहीं लगेगी । 
डॉक्टर सुब्रमणियन के नजदीकी क्लब के लोगों के निराश और नाराज होने के लिए उनके 'कूल' से रवैये की आड़ लेने की भले ही कोशिश कर रहे हों - लेकिन रंजन ढींगरा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाये जाने की क्लब के लोगों की माँग को तवज्जो न देने के कारण डॉक्टर सुब्रमणियन क्लब के लोगों के निशाने पर हैं । डॉक्टर सुब्रमणियन के क्लब - रोटरी क्लब दिल्ली सेंट्रल के कई सदस्यों को लगता है कि डॉक्टर सुब्रमणियन पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक तलवार व सुशील खुराना के 'कब्जे' में हैं और उन्हीं के दिशा-निर्देशों का पालन कर रहे हैं - तथा इसलिए ही क्लब के लोगों की बातों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं; और रंजन ढींगरा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाये जाने के सुझाव को अनसुना ही किए जा रहे हैं । क्लब के लोगों को लगने लगा है कि डॉक्टर सुब्रमणियन ने अपने गवर्नर-काल के डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के रूप में दीपक तलवार या सुशील खुराना का चुनाव कर लिया है - और इसीलिए वह डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद के लिए रंजन ढींगरा के नाम पर रिएक्शन तक देने से बच रहे हैं । रंजन ढींगरा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाये जाने की वकालत करने वाले लोगों का कहना है कि रंजन ढींगरा को चूँकि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी का अभियान चलाना है, जिसमें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर का पद उनके अभियान का 'वजन' बढ़ायेगा - इसलिए डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर उन्हें ही बनाया जाना चाहिए । इस सुझाव के साथ साथ डॉक्टर सुब्रमणियन को याद दिलाया जा रहा है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार के रूप में जब वह समर्थन जुटाने के लिए लोगों के बीच निकलने की तैयारी कर रहे थे, तब अकेले उनके क्लब के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रंजन ढींगरा ही उनकी मदद के लिए आगे बढ़े थे । उस समय जब कोई भी यह विश्वास करने को तैयार नहीं हो रहा था कि अपनी व्यस्तता और अपने 'स्वभाव' के कारण डॉक्टर सुब्रमणियन एक उम्मीदवार के रूप में सचमुच सक्रिय हो भी पायेंगे, तब अकेले रंजन ढींगरा ने ही उनपर विश्वास किया था और उनके चुनावी अभियान की शुरुआत करवाई थी । 
डॉक्टर सुब्रमणियन लेकिन रंजन ढींगरा को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाये जाने की वकालत करने वालों की किसी भी बात का नोटिस लेते हुए नहीं दिख रहे हैं । क्लब के कई एक लोगों ने बताया कि इस बारे में डॉक्टर सुब्रमणियन से जब भी कोई बात करने की कोशिश करो, तो वह यह कह कर बात को टाल जाते हैं कि - बैठते हैं, बात करते हैं । डॉक्टर सुब्रमणियन पिछले करीब दो महीने से इसी फार्मूले को अपनाते हुए बात करने से बच रहे हैं । शुरू में तो लोगों को लगा कि डॉक्टर सुब्रमणियन बैठेंगे, बात करेंगे; लेकिन जैसे जैसे समय बीतता जा रहा है - लोगों को लगने लगा है कि वह सिर्फ बहानेबाजी कर रहे हैं और समय बिता रहे हैं । हाल-फिलहाल में दीपक तलवार और सुशील खुराना ने जिस तरह की सक्रियता दिखाई है, उसमें लोगों को संकेत यह मिला है जैसे कि डॉक्टर सुब्रमणियन के गवर्नर-काल की बागडोर पूरी तरह से उनके ही हाथ में रहेगी । दीपक तलवार और सुशील खुराना की इस सक्रियता से ही डॉक्टर सुब्रमणियन के क्लब के सदस्यों को खटका हुआ है, और उन्हें लगा है कि डॉक्टर सुब्रमणियन अपने 'कूल' रवैये की आड़ में उन्हें इग्नोर कर रहे हैं ।डॉक्टर सुब्रमणियन के रवैये से उनके अपने क्लब के लोगों का धैर्य अब टूटने लगा है और क्लब के लोगों में डॉक्टर सुब्रमणियन के खिलाफ नाराजगी बढ़ने लगी है । मुकेश अरनेजा अपने रवैये के चलते जिस तरह से अपने क्लब से निकाले गए हैं, उसकी चर्चा की गर्मी के बीच डॉक्टर सुब्रमणियन के प्रति उनके अपने क्लब में बढ़ती नाराजगी की खबरों से संकेत मिलता है कि गवर्नरों के दिन आजकल कुछ ठीक नहीं चल रहे हैं । 

Wednesday, June 17, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में मुकेश अरनेजा को क्लब से निकाले जाने में उनसे डीआरएफसी का पद छीनने का रमेश अग्रवाल ने मौका देखा है, लेकिन मुकेश अरनेजा का दावा है कि जब इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई ही उनसे असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर का पद वापस नहीं ले पा रहे हैं, तो जेके गौड़ की क्या औकात है कि उन्हें डीआरएफसी के पद से हटा दे


नई दिल्ली । जेके गौड़ द्वारा मुकेश अरनेजा को डीआरएफसी पद से हटाने की चर्चा ने मुकेश अरनेजा के नजदीकियों के बीच खलबली मचा दी है । मुकेश अरनेजा ने अपने नजदीकियों को हालाँकि आश्वस्त किया है कि जेके गौड़ गवर्नर भले ही बन रहा हो, लेकिन उसकी इतनी औकात नहीं है कि वह उन्हें डीआरएफसी पद से हटा दे । मुकेश अरनेजा ने यह आशंका तो व्यक्त की है कि उन्हें क्लब से निकाले जाने से बने मौके का फायदा उठाते हुए रमेश अग्रवाल तो जेके गौड़ पर उनसे डीआरएफसी पद वापस लेने के लिए दबाव बना सकते हैं; किंतु उन्हें विश्वास है कि पूरी तरह से रमेश अग्रवाल की गिरफ्त में होने के बावजूद जेके गौड़ दबाव में यह बात नहीं मानेगा । इस बात को चर्चा दरअसल तब मिली जब जेके गौड़ की परछाईं बने हुए अशोक अग्रवाल ने कुछेक लोगों के बीच कहा/बताया कि रमेश अग्रवाल ने जेके गौड़ को सुझाव दिया है कि मुकेश अरनेजा को क्लब से निकाले जाने का मामला जब तक हल नहीं हो जाता है, तब तक उन्हें मुकेश अरनेजा को डीआरएफसी पद से हटा देना चाहिए । रमेश अग्रवाल ने तर्क दिया है कि मुकेश अरनेजा इस समय चूँकि किसी भी क्लब के सदस्य नहीं हैं - और इस कारण से रोटेरियन नहीं हैं; इसलिए रोटरी में वह किसी पद पर नहीं बने रह सकते हैं । अशोक अग्रवाल के अनुसार, रमेश अग्रवाल ने यहाँ तक कहा कि रोटरी के नियमों व आदर्शों का पालन करते हुए मुकेश अरनेजा को खुद ही रोटरी के पदों को छोड़ देना चाहिए; मुकेश अरनेजा की जगह कोई शर्म महसूस करने वाला व्यक्ति होता तो खुद ही रोटरी के पद छोड़ चुका होता - लेकिन मुकेश अरनेजा को पदों पर बने रहने में न तो कोई शर्म है और न ही उन्हें नियम-कानूनों से कोई मतलब है ।
अरनेजा और रमेश अग्रवाल के बीच बनती/बढ़ती दूरियों के बारे में डिस्ट्रिक्ट में चूँकि हर कोई जानता है, इसलिए अशोक अग्रवाल के जरिए सामने आई मुकेश अरनेजा को ठिकाने लगाने की रमेश अग्रवाल की कोशिशों की बात को सच माना गया और इन बातों ने फिर मुकेश अरनेजा के नजदीकियों के बीच खलबली मचा दी । यह खलबली इसलिए भी मची क्योंकि डिस्ट्रिक्ट में हर कोई यह भी अच्छी तरह जानता है कि जेके गौड़ तो पूरी तरह रमेश अग्रवाल की कठपुतली हैं और वही करते हैं जो रमेश अग्रवाल चाहते/कहते हैं । इन्हीं बातों के चलते डीआरएफसी पद से मुकेश अरनेजा की छुट्टी होने के कयास लगाये जाने लगे ।
मुकेश अरनेजा ने लेकिन अपने नजदीकियों को आश्वस्त किया है कि उन्हें चिंता करने की और परेशान होने की जरूरत नहीं है; जेके गौड़ भले ही रमेश अग्रवाल की कठपुतली बना हुआ हो, किंतु उनके खिलाफ कोई कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं करेगा । मुकेश अरनेजा ने तर्क दिया कि अपनी करतूतों और कारस्तानियों के कारण क्लब से निकाले जाने के बाद भी उनसे जब मनोज देसाई ने असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर का पद वापस नहीं लिया है, तो जेके गौड़ की क्या औकात है कि उन्हें डीआरएफसी के पद हटा दे ? उन्होंने अपने नजदीकियों को बताया है कि उन्हें क्लब से निकाले जाने का वास्ता देकर कई लोगों ने मनोज देसाई से कहा है कि वह मुझसे असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर का पद वापस ले लें - किंतु मनोज देसाई ने किसी की बात पर ध्यान नहीं दिया है । मुकेश अरनेजा का कहना है कि मनोज देसाई को इंटरनेशनल डायरेक्टर चुनवाने/बनवाने में उन्होंने जो मदद की थी - एक तो उसे याद रखते हुए मनोज देसाई उन्हें असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर के पद से नहीं हटा रहे हैं; दूसरे, रोटरी इंटरनेशनल के नियमों तथा उसकी व्यवस्थाओं के कारण भी उन्हें रोटरी के किन्हीं भी पदों से नहीं हटाया जा सकता है ।
अन्य कई लोगों का कहना लेकिन यह है कि हो सकता है कि रोटरी इंटरनेशनल के किसी नियम और/या व्यवस्था के अनुसार मुकेश अरनेजा को रोटरी के किसी पद से न हटाया जा सकता हो, किंतु नैतिकता और शर्म भी कोई चीज होती है न ? उनका तर्क है कि मुकेश अरनेजा जिन कारणों से अपने क्लब से निकाले गए हैं, उससे जाहिर और साबित हो गया है कि वह रोटरी में रहने/रखने लायक नहीं हैं - जो व्यक्ति अपने क्लब में रहने लायक नहीं समझा गया; उसे किसी भी बहाने/तरीके से रोटरी में बने रहने का अधिकार भला क्यों मिलना चाहिए ? उल्लेखनीय है कि मुकेश अरनेजा के किसी और क्लब की सदस्यता लेकर या एक नया क्लब बना कर रोटरी में बने रहने की तिकड़में लगाने की चर्चा है - इस पर कई लोगों का कहना है कि मुकेश अरनेजा अपनी करतूतों व कारस्तानियों के चलते जब अपने ही क्लब में नहीं बने रह सके, तो किसी दूसरे क्लब में और रोटरी में रह कर ही क्या करेंगे ? मुकेश अरनेजा पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हैं - इस नाते उनका क्लब से निकाला जाना रोटरी समुदाय में एक बड़ी घटना है; कई रोटेरियंस का मानना और कहना है कि क्लब से निकाले जाने की घटना पर शर्मसार होकर मुकेश अरनेजा को खुद ही रोटरी को अब अलविदा कह देना चाहिए; लेकिन मुकेश अरनेजा ने शर्मसार होना तो जाना ही नहीं है - इसलिए वह रोटरी में बने रहने की हर संभव कोशिश करेंगे ही ।
मुकेश अरनेजा रोटरी में बने रहने का जुगाड़ तो कर लेंगे, किंतु रमेश अग्रवाल ने जिस तरह उन्हें क्लब से निकाले जाने में उनसे डीआरएफसी का पद छीनने का मौका देखा है - उससे एक मजेदार स्थिति बनी है । यह देखना दिलचस्प होगा कि डिस्ट्रिक्ट 3012 के गवर्नर जेके गौड़ इस मामले में रमेश अग्रवाल की 'कोशिश' को सफल बनायेंगे और/या मुकेश अरनेजा के दावे को सच साबित करेंगे कि उनके खिलाफ कोई कदम उठाने का उनमें दम ही नहीं है ।

Saturday, June 13, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के प्रेसीडेंट मनोज फडनिस ने आखिर किस स्वार्थ और या किस मजबूरी में ऐसे लोगों को अपनाया हुआ है, जिनके कारण इंदौर ब्रांच में कामकाज की बदइंतजामी फैली हुई है और खुद मनोज फडनिस की साख व प्रतिष्ठा दाँव पर लग गई है

इंदौर । मनोज फडनिस की 'घरेलू' ब्रांच के सदस्यों को अभी जून माह में जब मार्च माह का न्यूजलेटर मिला, तो ब्रांच के कामकाज की पोल खुली और सवाल उठे कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष मनोज फडनिस की अपनी ब्रांच में कामकाज का इतना बुरा हाल क्यों है ? कामकाज के बुरे हाल का संदर्भ सिर्फ यही नहीं है कि मार्च माह का न्यूजलेटर लोगों को जून माह में मिला; संदर्भ यह भी है कि मार्च माह का न्यूजलेटर जब समय से प्रकाशित नहीं किया जा सका था, तब चार माह बाद उसे प्रकाशित करके पैसे की बर्बादी क्यों की गई । यानि कामकाज का बुरा हाल सिर्फ क्रियान्वन के स्तर पर ही नहीं, बल्कि सोच और नीति के स्तर पर भी है । इंस्टीट्यूट के मौजूदा अध्यक्ष मनोज फडनिस चूँकि इंदौर के हैं, इसलिए इंस्टीट्यूट की इंदौर ब्रांच को उनकी घरेलू ब्रांच के रूप में देखा/पहचाना जाता है और उम्मीद की जाती है कि इंदौर ब्रांच अपने कामकाज में गुणवत्ता को स्थापित करेगी । इंदौर ब्रांच अपने कामकाज में गुणवत्ता के मामले में लेकिन निकृष्ट दौर में दिखाई दे रही है । लोगों के बीच जो चर्चा है उसमें मतभेद सिर्फ इस बात को लेकर है कि इंदौर ब्रांच में कामकाज की बुरी दशा के लिए मनोज फडनिस को सिर्फ नैतिक आधार पर ही जिम्मेदार ठहराया जा सकता है; और या इंदौर ब्रांच में कामकाज की बदइंतजामी के लिए मनोज फडनिस सचमुच में सीधे जिम्मेदार भी ठहरते हैं ?
यह जानने/समझने के लिए कुछेक तथ्यों पर गौर करना उपयोगी होगा । 
इंदौर ब्रांच में कामकाज की बदइंतजामी के लिए ब्रांच के चेयरमैन सुनील खंडेलवाल ब्रांच के सचिव अभय शर्मा से अपेक्षित सहयोग न मिलने को जिम्मेदार ठहराते हैं । उन्होंने अलग अलग मौकों पर कई लोगों से कहा/बताया है कि अभय शर्मा ने सचिव पद की जिम्मेदारियों का निर्वाह यदि ठीक से किया होता, तो ब्रांच के न्यूजलेटर भी समय से निकलते और ब्रांच के दूसरे काम भी उचित समय पर और प्रभावी तरीके से संपन्न होते । ब्रांच के दूसरे पदाधिकारियों के अनुसार भी, अभय शर्मा की सचिव पद की जिम्मेदारियों को निभाने से ज्यादा रुचि अपनी राजनीति करने में दिखाई दे रही है । अभय शर्मा पर गंभीर आरोप है कि वह ब्रांच के स्वयंभू मीडिया प्रभारी बन गए हैं, और शहर के अखबारों में अपनी तथाकथित सक्रियता की खबरें प्रकाशित करवाते हैं - और इस सब के बाद उन्हें जो समय मिलता है उसमें वह विकास जैन की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने का काम करते हैं । इस तरह, अभय शर्मा काम तो बहुत करते हैं; बस ब्रांच के सचिव पद का काम करने में वह कोई दिलचस्पी नहीं लेते हैं - और इसका नतीजा यह है कि ब्रांच में ठीक ढंग से कोई काम नहीं हो पा रहा है; न्यूजलेटर तक चार महीने बाद लोगों को मिल रहा है । उल्लेखनीय तथ्य यह है कि यह अभय शर्मा इंदौर ब्रांच को मनोज फडनिस का ही गिफ्ट है । मनोज फडनिस ने पिछले वर्ष नियम-कायदों की अनदेखी करते हुए अपनी पूरी धमकीबाजी से जिस तरह अभय शर्मा को इंदौर ब्रांच की मैनेजिंग कमेटी का सदस्य बनवाया था, वह मनोज फडनिस के राजनीतिक जीवन का शायद सबसे शर्मनाक काम होगा । (इस किस्से को यहाँ क्लिक करके पढ़ा जा सकता है ।)
मनोज फडनिस ने पिछले वर्ष अभय शर्मा को इंदौर ब्रांच की मैनेजिंग कमेटी का सदस्य बनवाया था; और इस वर्ष उन्हें इंदौर ब्रांच का सचिव बनवाया । मजे की बात यह रही कि अभय शर्मा को सचिव बनवाने के लिए मनोज फडनिस को पिछले वर्ष बनाई गई अपनी ही व्यवस्था का उल्लंघन करना पड़ा । उल्लेखनीय है कि पिछले ही वर्ष मनोज फडनिस ने इंदौर ब्रांच के लिए पदाधिकारियों के चयन के लिए लैडर सिस्टम बनाया था, जिसके अनुसार इस वर्ष नीलेश गुप्ता को सचिव पद पर होना था । मनोज फडनिस ने लेकिन तिकड़म करके अभय शर्मा को सचिव बनवा दिया । अभय शर्मा को दरअसल विकास जैन के 'आदमी' के रूप में देखा/पहचाना जाता है; और विकास जैन को इस बार सेंट्रल काउंसिल के लिए चुनवाने का जिम्मा मनोज फडनिस ने लिया हुआ बताया जाता है । विकास जैन की उम्मीदवारी के अभियान में ब्रांच की मदद ली जा सके, इसके लिए ही मनोज फडनिस ने अपनी ही बनाई व्यवस्था को एक वर्ष में ही ध्वस्त करके अभय शर्मा को ब्रांच में सचिव बनवा दिया है । 
मनोज फडनिस की तिकड़मबाजी से ब्रांच में सचिव का पद पाने वाले अभय शर्मा के कारण ब्रांच कामकाज की बदइंतजामी का शिकार यदि होती है, तो इसके लिए मनोज फडनिस भी स्वाभाविक रूप से सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहरते हैं । मनोज फडनिस इसलिए भी जिम्मेदार ठहरते हैं क्योंकि उनकी तरफ से इंदौर ब्रांच में कामकाज की गुणवत्ता स्थापित कराने की कोई कोशिश होती हुई नहीं दिखी है । कुछेक लोगों का तो यहाँ तक कहना है कि अभय शर्मा और उनके असली वाले 'गॉडफॉदर्स' ने मनोज फडनिस से अपने 'काम' तो करवा लिए हैं, लेकिन अब उनकी सुनते नहीं हैं - और मनोज फडनिस असहाय बन कर रह गए हैं । बात चाहें जो सच हो : इंदौर ब्रांच में कामकाज की बदइंतजामी को लेकर मनोज फडनिस चाहें सबकुछ जानते/बूझते हुए भी चुप बने हुए हों, या असहाय बनकर चुप हों - बदइंतजामी के लिए जिम्मेदार वही ठहराए जा रहे हैं । लोगों के बीच सवाल यही चर्चा में है कि मनोज फडनिस ने आखिर किस स्वार्थ में और या किस मजबूरी में ऐसे लोगों को अपनाया हुआ है जिन्हें ब्रांच व प्रोफेशन के काम में कोई दिलचस्पी ही नहीं है; और जिनके कारण ब्रांच में कामकाज की बदइंतजामी फैली हुई है । 
मनोज फडनिस के लिए इंदौर में एक और खतरा मंडरा रहा है । सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के बाद से सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल की पूर्व चेयरपरसन केमिशा सोनी के खिलाफ जिस तरह का नकारात्मक व अशालीन प्रचार अभियान शुरू किया गया है, उसके पीछे मनोज फडनिस के नजदीकियों को ही देखा/पहचाना जा रहा है । केमिशा सोनी की उम्मीदवारी को दरअसल विकास जैन की उम्मीदवारी के लिए सीधी चुनौती के रूप में रेखांकित किया गया है । केमिशा सोनी की उम्मीदवारी को विकास जैन की उम्मीदवारी के लिए खतरे के रूप में देख रहे विकास जैन के कुछेक समर्थकों ने केमिशा सोनी के खिलाफ अपमानजनक अभियान छेड़ दिया है । उनका मानना है कि उनके इस अभियान से डर कर केमिशा सोनी चुनावी मैदान छोड़ जायेंगी और तब विकास जैन के लिए मैदान एकदम से खाली हो जायेगा । केमिशा सोनी के खिलाफ अपमानजनक अभियान चलाने वालों को मनोज फडनिस के करीबियों के रूप में भी देखा/पहचाना जाता है, इसलिए कुछेक लोगों को लगता है कि उनके अभियान को मनोज फडनिस की भी शह है । मनोज फडनिस की साख और प्रतिष्ठा की परवाह करने वाले लोगों को इस बात की फिक्र है कि केमिशा सोनी के खिलाफ अभियान चलाने वाले लोग केमिशा सोनी को कोई नुकसान पहुँचा सकेंगे या नहीं - यह तो अभी नहीं पता है; किंतु मनोज फडनिस की साख व प्रतिष्ठा को वह अवश्य ही धूल-धूसरित कर देंगे । मनोज फडनिस के कुछेक समर्थकों व शुभचिंतकों को तो उनकी साख और प्रतिष्ठा की चिंता है, खुद मनोज फडनिस को यह चिंता है - इसके कोई संकेत उन्होंने अपने 'व्यवहार' से तो अभी तक नहीं दिए हैं । यह देखना दिलचस्प होगा कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष मनोज फडनिस अपने नजदीकियों की हरकतों को रोकने व नियंत्रित करने की कोई कोशिश करते हैं - और या अपने नजदीकियों को अपनी साख व प्रतिष्ठा के साथ खेलने देते हैं । 

Friday, June 12, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सेंट्रल काउंसिल पद की अपनी उम्मीदवारी के लिए वोट जुटाने वास्ते फूल भेज कर लोगों को 'फूल' बनाने की विजय गुप्ता की कोशिश पर साहिल भाटिया के रिएक्शन ने विजय गुप्ता की भारी फजीहत तो की ही है, उनके सामने मुसीबत भी खड़ी कर दी है

फरीदाबाद । साहिल भाटिया को जन्मदिन पर फूल भेजने के चक्कर में विजय गुप्ता को उनसे जो लताड़ सुनने को मिली है उसने विजय गुप्ता के सामने एक अजीब संकट खड़ा कर दिया है । संकट दरअसल यह फैसला करने को लेकर है कि साहिल भाटिया के हाथों उनकी जो सार्वजनिक फजीहत हुई है उसके बाद भी वह चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को उनके जन्मदिन पर फूल भेज कर उन्हें 'फूल' बनाने की अपनी कार्रवाई को जारी रखें, या लोगों को फूल भेजने का काम बंद कर दें । विजय गुप्ता के नजदीकियों का कहना है कि उन्होंने दोनों ऑप्शन पर विचार किया है - और दोनों के फायदों व नुकसानों के बारे में पड़ताल की है; किंतु किसी नतीजे पर पहुँचना अभी उन्हें मुश्किल लग रहा है । विजय गुप्ता जान/समझ रहे हैं कि उनके फूल भेजने पर साहिल भाटिया ने जिस तरह से रिएक्ट किया है, उससे लोगों के बीच उनकी भारी फजीहत हुई है; लेकिन वह यह भी जानते हैं कि अपने जन्मदिन पर उनकी तरफ से भेजे गए फूल पाकर कई चार्टर्ड एकाउंटेंट्स खुश भी हुए हैं और अपनी खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने उन्हें थैंक्स भी कहा है । विजय गुप्ता अच्छी तरह से इस बात को जानते/समझते हैं कि चुनावी वर्ष में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को उनके जन्मदिन पर फूल भेजने की उनकी जो 'नौटंकी' है, उसके पीछे छिपे उद्देश्य को हर कोई जानता/पहचानता है - लेकिन फिर भी अधिकतर लोगों को उनकी यह 'नौटंकी' अच्छी लगती है और वह इससे प्रभावित होते हैं । 
असल में, मौजूदा समय ऐसा समय है जहाँ अधिकतर लोग भावनात्मक रूप से 'अकेले' रह रहे हैं; उन्हें कोई पूछता ही नहीं है; अपना 'होना' उन्हें निरर्थक जान पड़ता है - ऐसे में किसी की तरफ से उन्हें अपने जन्मदिन पर यदि फूलों के गुच्छे के साथ शुभकामनाओं के शब्द मिलते हैं; तो यह जानते हुए भी कि फूल भेजने वाला उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता है और इन फूलों को भेजने के पीछे उसका स्वार्थ है, उन्हें अच्छा लगता है । सब कुछ जानते/समझते हुए भी 'अच्छा लगने' की इस हकीकत में विजय गुप्ता को अपनी उम्मीदवारी के लिए रास्ता बनता दिखता है - और इसीलिए उन्होंने फूल भेजने की नौटंकी को अपना लिया । विजय गुप्ता को पता है कि कई लोग हैं जो फूल मिलने पर खुश नहीं होंगे, किंतु उन्होंने 'खुश न होने वालों' की बजाए 'खुश होने वालों' पर ध्यान दिया और फूल भेजने की नौटंकी तैयार की । खुश न होने वालों की परवाह विजय गुप्ता ने इसलिए भी नहीं की, क्योंकि उन्होंने पाया कि खुश न होने वाले चूँकि अपनी नाखुशी सार्वजनिक रूप से प्रकट नहीं करते हैं - इसलिए नाखुश लोग उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुँचाते हैं ।
साहिल भाटिया ने लेकिन इस 'व्यवस्था' को पलट देने वाला काम किया है । साहिल भाटिया के रिएक्शन ने बता/जता दिया है कि विजय गुप्ता की नौटंकी को पहचानने/समझने वाले नाखुश लोग अब चुप नहीं बैठेंगे और अपनी नाखुशी को सार्वजनिक रूप से अभिव्यक्त करेंगे । साहिल भाटिया ने नाखुश होने वाले चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को जैसे एक रास्ता दिखा दिया है । नाखुश लोगों के रवैये में आ रहे इस बदलाव ने विजय गुप्ता के सामने चुनौती खड़ी कर दी है । उनके सामने खतरा यह पैदा हो गया है कि साहिल भाटिया की तरह ही कुछेक अन्य लोगों ने भी इसी तरह उनकी सार्वजनिक फजीहत की तो फिर उनकी यह सारी नौटंकी ही फिजूल साबित हो जाएगी । समस्या यह है कि लोगों के जन्मदिन तो ऐन चुनाव के दिन तक आते रहेंगे - इसलिए विजय गुप्ता को कम-से-कम चुनाव के दिन तक तो लोगों को फूल भेजने होंगे: ऐसे में विजय गुप्ता के सामने ऐन चुनाव के दिन तक फजीहत का शिकार होने का खतरा है । अपने जन्मदिन पर विजय गुप्ता की तरफ से मिले फूलों पर साहिल भाटिया द्वारा व्यक्त की गई प्रतिक्रिया को चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच जिस तरह की चर्चा मिली है, उसने विजय गुप्ता को बता/जता दिया है कि फूल भेज कर वोट जुटाने का उनका फार्मूला उलटा असर भी कर सकता है और राजनीतिक फायदे के लिए उनके द्वारा अपनाया गया हथकंडा उन्हें नुकसान भी पहुँचा सकता है । 
विजय गुप्ता के सामने मुसीबत यह खड़ी हो गई है कि लोगों को फूल भेज कर वोट पक्का करने की अपनी तरकीब को उन्होंने यदि अभी तुरंत बंद कर दिया, तो लोगों के बीच मैसेज जायेगा कि साहिल भाटिया के हाथों उनकी जो फजीहत हुई है - उससे वह डर गए हैं; और तब साहिल भाटिया तथा उनके जैसे दूसरे नाखुश रहने वाले लोगों का उत्साह और बढ़ेगा तथा वह उनकी और आफत कर देंगे । विजय गुप्ता के कुछेक नजदीकियों ने हालाँकि उन्हें सलाह दी है कि साहिल भाटिया के हाथों हुईं फजीहत से डर कर उन्हें अभी तुरंत फूल भेजना बंद नहीं करना चाहिए और इंतजार करना तथा देखना चाहिए कि और लोग भी उनके 'दिखाए' रास्ते पर चलते हैं या नहीं - आगे जो स्थिति बने, उसके अनुरूप देखा जाए कि क्या करना सही होगा । उनके नजदीकियों का भी मानना/कहना है कि फूल पाने के बाद दिए गए साहिल भाटिया के रिएक्शन ने विजय गुप्ता की भारी फजीहत तो की ही है, उनके सामने मुसीबत भी खड़ी कर दी है ।