Monday, August 10, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट अशोक अग्रवाल के चुनावी राजनीति के पचड़े में न पड़ने तथा अपनी गवर्नरी पर ध्यान देने के रवैये के चलते अजय सिन्हा और दीपक गुप्ता की उम्मीदों पर पानी फिरा, तथा प्रियतोष गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए रास्ता साफ हुआ

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने की कोशिशों का कोई फायदा न मिलता देख अजय सिन्हा के साथ जुड़े लोगों ने अब उनसे दूर हटना और 'दिखना' शुरू कर दिया है । इन पंक्तियों के लेखक से अजय सिन्हा की उम्मीदवारी को लेकर बेहद उत्साह के साथ बात करते रहने वाले लोगों ने सुर/स्वर बदलते हुए कहना/बताना शुरू किया है कि अजय सिन्हा ने हालाँकि पिछले दिनों अच्छा संपर्क अभियान चलाया, लेकिन वह लोगों के बीच अपनी उम्मीदवारी को लेकर कोई जोश पैदा करने में विफल रहे हैं - और कारण से उनका हौंसला भी टूटता हुआ लग रहा है । अजय सिन्हा को सबसे बड़ा झटका डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट अशोक अग्रवाल के रवैये से लगा है । अजय सिन्हा को उम्मीद थी कि डिस्ट्रिक्ट की राजनीति में जिस तरह का समीकरण बन रहा है, उसमें अशोक अग्रवाल का समर्थन उन्हें मिल जायेगा - और फिर अशोक अग्रवाल ही उन्हें कुछेक अन्य गवर्नर्स का समर्थन दिलवा देंगे । अजय सिन्हा को ऐसी उम्मीद इसलिए भी थी, क्योंकि उन्हें लगता था कि उन्होंने अशोक अग्रवाल के बहुत कुछ किया है - इसलिए अशोक अग्रवाल अवश्य ही उनका साथ देंगे । अजय सिन्हा को लेकिन यह देख कर खासा झटका लगा है कि उनकी उम्मीद के विपरीत अशोक अग्रवाल उनकी उम्मीदवारी में कोई दिलचस्पी ही नहीं ले रहे हैं ।
अशोक अग्रवाल के नजदीकियों का कहना/बताना है कि अशोक अग्रवाल का सारा ध्यान दरअसल अपनी गवर्नरी पर है, और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति के चक्कर में वह अपनी गवर्नरी खराब करने का खतरा नहीं उठाना चाहते हैं । कोरोना प्रकोप के चलते बने हालात के कारण अशोक अग्रवाल के लिए गवर्नरी 'करना' और गवर्नर पद की जिम्मेदारियाँ निभाना वैसे भी खासा चुनौतीपूर्ण हो गया है, और इस चुनौती से निपटने के लिए उन्हें डिस्ट्रिक्ट में हर किसी का सहयोग व समर्थन चाहिए होगा: अशोक अग्रवाल भी समझ रहे हैं कि ऐसे में वह यदि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति के चक्कर में पड़े - तो उन्हें अपनी गवर्नरी को ही दाँव पर लगाना होगा । अशोक अग्रवाल के नजदीकियों के ही अनुसार, अशोक अग्रवाल को यह भी 'दिख' रहा है तथा समझ में आ रहा है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी दौड़ में प्रियतोष गुप्ता चूँकि काफी आगे हैं, तथा बाकी अन्य उम्मीदवारों के लिए उनका मुकाबला कर पाना मुश्किल क्या - असंभव ही लग रहा है, इसलिए भी अशोक अग्रवाल ने अजय सिन्हा की उम्मीदवारी को तवज्जो देने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है । इस कारण से, अशोक अग्रवाल के समर्थन का दावा करके अजय सिन्हा ने अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में जो गुब्बारा फुलाने की तैयारी की थी, उसकी सारी हवा निकल गई है । 

मजे की बात यह सुनने/देखने में आ रही है कि अजय सिन्हा की उम्मीदवारी के गुब्बारे की हवा निकलते देख डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के तीसरे उम्मीदवार दीपक गुप्ता को सबसे ज्यादा निराशा हो रही है, और उन्हें अपना 'खेल' बिगड़ता नजर आ रहा है । दरअसल दीपक गुप्ता को अजय सिन्हा की उम्मीदवारी में अपना फायदा दिख रहा था; उनका सोचना था कि अशोक अग्रवाल के समर्थन के सहारे अजय सिन्हा गाजियाबाद में प्रियतोष गुप्ता के वोट काटेंगे - और उस स्थिति में उनका फायदा होगा । दिलचस्प बात यह हुई कि अजय सिन्हा के चुनावी मुकाबले में कूद पड़ने से पहले प्रियतोष गुप्ता के सामने दीपक गुप्ता जब अकेले थे, तब दीपक गुप्ता ने अपने आप को प्रियतोष गुप्ता का मुकाबला करने में असमर्थ पाया और वह चुनावी सीन से हटते हुए लगे थे - किंतु अचानक से प्रस्तुत हुई अजय सिन्हा की उम्मीदवारी दीपक गुप्ता को संजीवनी की तरह लगी और वह पुनः चुनावी ताल ठोकने लगे । लेकिन अशोक अग्रवाल के चुनावी राजनीति के पचड़े में न पड़ने तथा अपनी गवर्नरी पर ध्यान देने के चलते अजय सिन्हा की उम्मीदों पर पानी पड़ने से प्रियतोष गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए रास्ता जिस तरह से साफ हुआ है - उससे दीपक गुप्ता का 'फायदे का गणित' गड़बड़ा गया है और उनके लिए पहले वाली स्थिति ही बन गई है - जहाँ कि वह प्रियतोष गुप्ता का मुकाबला करने में अपने को असमर्थ पा रहे थे । 

Saturday, August 8, 2020

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए पंकज बिजल्वान का समर्थन करने वाले लोग उन्हें निष्क्रिय व सीन से गायब देख कर अब उनसे जिस तरह मुँह मोड़ते दिख रहे हैं, उससे लग रहा है कि इस वर्ष भी पंकज बिजल्वान की राह आसान नहीं होगी

देहरादून । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार के रूप में पंकज बिजल्वान का अभी तीन/चार महीने पहले समर्थन करने वाले लोगों को अब अचानक से सुर/स्वर बदलते हुए सुना/देखा जा रहा है, और इससे पंकज बिजल्वान का रास्ता मुश्किल होता हुआ लग रहा है । उल्लेखनीय है कि तीन-चार महीने पहले सत्ता खेमे से जुड़े कई आम और खास लोगों ने पंकज बिजल्वान के लिए सहानुभूति और समर्थन दिखाना शुरू किया था, जिससे लगा था कि पंकज बिजल्वान ने सत्ता खेमे में अपनी पैठ बना ली है - और सत्ता खेमे के नेताओं का समर्थन भी वह अंततः प्राप्त कर लेंगे । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति पर निगाह रखने वाले नेताओं का मानना और कहना था कि पंकज बिजल्वान ने होशियारी दिखाते हुए सत्ता खेमे के नेताओं के नजदीकियों को अपने पक्ष में किया, और उनके जरिये नेताओं पर दबाव बनाने की कोशिश की । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में जितेंद्र चौहान का समर्थन करने के जरिये भी उन्होंने डिस्ट्रिक्ट के सत्ताधारियों तक पहुँचने की पगडंडी बनाई । पंकज बिजल्वान की कोशिशों को 'स्मार्ट राजनीतिक मूव' के रूप में देखा/पहचाना गया, और उनके विरोधियों को भी मानते तथा कहते हुआ सुना गया कि पंकज बिजल्वान को राजनीति करना आता है । हालाँकि कई लोगों का कहना यह भी है कि पंकज बिजल्वान को यदि सचमुच राजनीति करना आता, तो वह सेकेंड वाइस गवर्नर बनने के लिए अभी भी भटक नहीं रहे होते ! मानने को तो कोई भी यह नहीं मानेगा कि गौरव गर्ग तथा रजनीश गोयल में पंकज बिजल्वान से ज्यादा राजनीतिक कुशलता है और वह ज्यादा दाँवपेंच कर सकते हैं - लेकिन सच्चाई यह है कि यह दोनों डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की कुर्सी तक पहुँचने की लाइन में लग गए हैं, और पंकज बिजल्वान बेचारे उक्त लाइन में लगने के लिए अभी भी जुगाड़ खोज रहे हैं ।  
पंकज बिजल्वान को जानने व 'समझने' का दावा करने वालों का कहना है कि पंकज बिजल्वान को राजनीतिक दाँवपेंच तो आते हैं, लेकिन उन दाँवपेंचों में निरंतरता बनाये रखने तथा उन्हें उचित तरीके से क्रियान्वित करने का हुनर उनमें नहीं है - वास्तव में अपनी खूबियों को बढ़ाते और अपनी कमजोरियों को छिपाते हुए रास्ता बनाने की कला उन्हें नहीं आती है, और इसीलिए तमाम अनुकूलताओं के बावजूद वह अभी भी घाटे में हैं । उनकी तुलना में गौरव गर्ग और रजनीश गोयल ने अपनी अपनी खूबियों और कमजोरियों के बीच तालमेल बनाते हुए अपने अपने 'काम' आसानी से बना लिए । पंकज बिजल्वान जल्दी से संबंध तो बना लेते हैं, लेकिन संबंध में विश्वास नहीं बनाये रख पाते हैं - जिस कारण  संबंधों का फायदा नहीं ले पाते हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अश्वनी काम्बोज के साथ तीन वर्ष पहले, अश्वनी काम्बोज जब उम्मीदवार थे, उनके कैसे संबंध थे - और अब कैसे हैं, यह डिस्ट्रिक्ट में किसी से छिपी हुई बात नहीं है । यह बात भी हर किसी को पता व याद है कि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर तथा पूर्व मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन विनय मित्तल पर पहले तो पंकज बिजल्वान ने इतना विश्वास दिखाया कि कोरे कागज पर अपने हस्ताक्षर करके कागज उन्हें दे दिया, लेकिन फिर जल्दी ही उस कागज के आधार पर ही उन्होंने विनय मित्तल को फँसाने की कोशिश की । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीवा अग्रवाल से पहले तो उन्होंने अच्छे संबंध बनाये, और फिर उनसे हुई एक बातचीत को टेप करके उसे सार्वजनिक करके उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश की । पंकज बिजल्वान ने वरिष्ठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मुकेश गोयल को पहले तो अपनी उम्मीदवारी का झंडा थमाया, और फिर उम्मीदवार के रूप में उन्हें कोई तवज्जो भी नहीं दी और उन पर पैसों में घपले करने तक के आरोप लगाए ।
अलग-अलग 'तरह' के लोगों से जुड़े इन कुछेक प्रसंगों से जाहिर है कि पंकज बिजल्वान ने विश्वास किसी पर नहीं किया, और हर किसी को सिर्फ इस्तेमाल ही करने की कोशिश की । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में भी, डिस्ट्रिक्ट की राजनीति के अपने 'साथियों' को छोड़ कर पंकज बिजल्वान ने जितेंद्र चौहान का समर्थन किया । माना/समझा गया था कि जितेंद्र चौहान के मार्फत वह वास्तव में डिस्ट्रिक्ट के सत्ताधारियों के नजदीक आने का तानाबाना बुन रहे हैं । जितेंद्र चौहान के लिए वोट जुटाने के बहाने से उन्होंने डिस्ट्रिक्ट के सत्ताधारियों के नजदीक आने के कुछेक मौके बनाये भी थे, लेकिन उन मौकों को लेकर वह निरंतरता नहीं बनाये रख सके । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति की चाबी रखने वाले सत्ता खेमे के नेताओं के नजदीकियों के बीच पैठ बना कर भी पंकज बिजल्वान ने अच्छी चाल चली थी; सत्ता खेमे के नेताओं के कुछेक नजदीकियों ने जिस तरह से पंकज बिजल्वान की तरफदारी करना शुरू किया था - उससे लगा था कि पंकज बिजल्वान अब की बार अन्य किसी के लिए कोई मौका जैसे नहीं छोड़ेंगे । लेकिन वही नजदीकी अब पंकज बिजल्वान को सीन से गायब देख कर कहते सुने जा रहे हैं कि पंकज बिजल्वान विश्वास करने योग्य व्यक्ति नहीं हैं । उधर पंकज बिजल्वान के नजदीकियों का कहना है कि अभी चूँकि डिस्ट्रिक्ट में कहीं कुछ हो ही नहीं रहा है, इसलिए पंकज बिजल्वान भी क्या करें - सो, वह भी चुप बैठे हैं । लोगों का कहना किंतु यह है कि डिस्ट्रिक्ट में अन्य किसी को कुछ पाना नहीं है, इसलिए वह यदि कुछ नहीं करते नजर आ रहे हैं तो उन्हें कोई नुकसान नहीं है - पंकज बिजल्वान को तो लेकिन सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनना है, इसलिए उनका सक्रिय न होना उन्हें चोट पहुँचा सकता है । 
पंकज बिजल्वान दरअसल इसलिए भी निश्चिंत हैं, क्योंकि अभी सत्ता खेमे के नेता भी किसी को आगे बढ़ाते नहीं दिख रहे हैं । पंकज बिजल्वान के कुछेक शुभचिंतकों को इसमें हालाँकि सत्ता खेमे के नेताओं की चाल भी दिखती है; उन्हें लगता है कि सत्ता खेमे के नेता जानबूझ कर अभी किसी को आगे नहीं बढ़ा रहे हैं - क्योंकि वह देख रहे हैं कि इसके चलते पंकज बिजल्वान भी कुछ करने की जरूरत नहीं समझ रहे हैं । सत्ता खेमे के नेताओं को लगता होगा कि पंकज बिजल्वान कुछ समय लोगों के बीच से गायब रहे, तो फिर अपने लिए हमदर्दी खो देंगे और चुनावी मुकाबले में टिक नहीं पायेंगे । अभी तीन/चार महीने पहले तक पंकज बिजल्वान का समर्थन करने वाले लोग अब जिस तरह से उनसे मुँह मोड़ते दिख रहे हैं, उससे लग रहा है कि पंकज बिजल्वान अपने खुद के दुश्मन बने हुए हैं, और वह खुद ही अपनी संभावनाओं को नष्ट कर रहे हैं ।

Wednesday, August 5, 2020

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए दोबारा होने वाले चुनाव में पूर्व गवर्नर्स एचएस सच्चर, प्रमोद सेठ तथा संजय चोपड़ा की तरफ से जगदीश अग्रवाल को 'धोखा' मिलने का डर क्यों है ?

लखनऊ । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स एचएस सच्चर, प्रमोद सेठ तथा संजय चोपड़ा के लिए जगदीश अग्रवाल के नजदीकियों व शुभचिंतकों को यह विश्वास दिलाना मुश्किल हो रहा है कि फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए दोबारा होने वाले चुनाव में वह सचमुच जगदीश अग्रवाल का सहयोग/समर्थन करेंगे - और ऐन मौके तक उनका साथ देंगे । मजे की, और इन तीनों के लिए मुसीबत की बात यह बनी हुई है कि जगदीश अग्रवाल के समर्थन की स्पष्ट घोषणा करने के बावजूद जगदीश अग्रवाल और उनके नजदीकी व शुभचिंतक लगातार इनके प्रति संदेह बनाये हुए हैं, और वह अलग अलग तरह के बहानों से इनके मन व असली इरादे को पढ़ने तथा जाँचने/परखने की कोशिश करते रहे हैं । ऐसा दरअसल इसलिए है क्योंकि जगदीश अग्रवाल तथा उनके नजदीकी व शुभचिंतक इन तीनों पर यह भरोसा नहीं कर पा रहे हैं, कि अभी उनके समर्थन की बात करने वाले यह पूर्व गवर्नर्स वोटिंग तक उनके समर्थन में बने रहेंगे और पलट नहीं जायेंगे । इन तीनों के प्रति अविश्वास का कारण यह है कि पिछले मौकों पर यह तीनों जगदीश अग्रवाल की उम्मीदवारी के विरोध में रह चुके हैं ।
उल्लेखनीय है कि पिछले से पिछले लायन वर्ष में जगदीश अग्रवाल और बीएम श्रीवास्तव के बीच हुए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में एचएस सच्चर ने बीएम श्रीवास्तव का समर्थन किया था; और पिछले लायन वर्ष में हुए चुनाव में प्रमोद सेठ व संजय चोपड़ा ने जगदीश अग्रवाल के खिलाफ नेगेटिव वोट करवाने में सक्रिय भूमिका निभाई थी । बात हालाँकि सिर्फ इतनी ही नहीं है - क्योंकि चुनावी राजनीति में समर्थक और विरोधी अदलते/बदलते रहते हैं, और यह किसी को भी हैरान नहीं करता है; असली बात वह तरीका है जो इन्होंने अपनाया । एचएस सच्चर जब बीएम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी के समर्थन में थे, तब उन्होंने अपने क्लब के तीन वोट बीएम श्रीवास्तव के पक्ष में डलवाने में कोई दिलचस्पी नहीं ली थी - और जिसका नतीजा यह रहा कि बीएम श्रीवास्तव एक वोट से चुनाव हार गए थे । इस तरह, बीएम श्रीवास्तव की हार का प्रमुख कारण ऐन मौके पर एचएस सच्चर से गच्चा मिलना रहा । प्रमोद सेठ और संजय चोपड़ा का किस्सा तो और भी गंभीर है । पिछले वर्ष हुए चुनाव में उन्होंने अपने अपने समर्थक क्लब्स के वोट जगदीश अग्रवाल के खिलाफ डलवाये और यह जानकारी उन्होंने तुरंत ही गुरनाम सिंह तथा अन्य कुछेक प्रमुख पदाधिकारियों को दी भी - और बाद में नाटक करते हुए कहते रहे कि जगदीश अग्रवाल के साथ बहुत बुरा हुआ । प्रमोद सेठ व संजय चोपड़ा का रवैया कई मौकों पर 'कहना कुछ और करना कुछ' जैसा रहा है । इसी कारण से, जगदीश अग्रवाल और उनके नजदीकी व शुभचिंतक इन पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं ।
भरोसा नहीं कर पाने का एक कारण और है - तथा वह यह कि तमाम कोशिशों के बावजूद जगदीश अग्रवाल के पक्ष में जीतने लायन समर्थन नहीं जुट पा रहा है । जगदीश अग्रवाल तथा उनके नजदीकियों को डर है कि ऐसे में, उनके समर्थक यह सोच सकते हैं कि जगदीश अग्रवाल को जब जीतना नहीं है - तो उनके समर्थन में रहने का क्या फायदा ? जगदीश अग्रवाल के लिए समर्थन दरअसल इसलिए भी नहीं जुट पा रहा है क्योंकि - फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए दोबारा होने वाले चुनाव में जगदीश अग्रवाल वास्तव में जीतने के लिए नहीं, बल्कि गुरनाम सिंह को 'हराने' के लिए उम्मीदवार बन रहे हैं । उन्होंने और उनके नजदीकियों ने कहा है कि वह दिखाना चाहते हैं कि गुरनाम सिंह के समर्थन के बिना - और उनके विरोध के बावजूद डिस्ट्रिक्ट में चुनाव जीता जा सकता है । डिस्ट्रिक्ट में अधिकतर लोग अलग अलग कारणों से लेकिन गुरनाम सिंह के साथ तथा उनके नजदीक रहना चाहते हैं, इसलिए गुरनाम सिंह को 'हराने' की जगदीश अग्रवाल की कोशिशों को समर्थन नहीं मिल पा रहा है । हालाँकि जगदीश अग्रवाल का समर्थन कर रहे प्रमोद सेठ व संजय चोपड़ा ने लोगों को फार्मूला सुझाया है कि वह गुरनाम सिंह को तो बताएँ/दिखाएँ कि वह जगदीश अग्रवाल के साथ नहीं हैं, और गुपचुप रूप से वोट जगदीश अग्रवाल को दे दें । इस पर लोगों से उन्हें सुनने को मिला है कि इस तरह से धोखा देने का काम वह कर लेते हैं, लेकिन हर कोई नहीं कर सकता है । मजे की बात यह हो रही है कि फार्मूला सुझा कर प्रमोद सेठ और संजय चोपड़ा ने जगदीश अग्रवाल तथा उनके नजदीकियों व शुभचिंतकों के बीच शक/संदेह को और मजबूत कर दिया है । दरअसल, पिछले व्यवहार तथा रवैये के चलते एचएस सच्चर, प्रमोद सेठ व संजय चोपड़ा को लेकर जगदीश अग्रवाल तथा उनके नजदीकियों व शुभचिंतकों के बीच जो शक है, उसने इन तीनों पूर्व गवर्नर्स की स्थिति को विडंबनापूर्ण बना दिया है । 

Tuesday, August 4, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में निवर्त्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक गुप्ता द्वारा अपने अकाउंट से दी गई डिस्ट्रिक्ट ग्रांट्स की रकम के फँसने के मामले में शरत जैन के कूद पड़ने से, इस चर्चा को हवा मिली है कि डिस्ट्रिक्ट ग्रांट्स कहीं शरत जैन को सीओएल का चुनाव जितवाने में तो इस्तेमाल नहीं हुई है ? 

नई दिल्ली । बैंक में अटकी/फँसी पड़ी डिस्ट्रिक्ट ग्रांट की रकम को लेकर लंबी-चौड़ी सफाई देती ईमेल लिख/भेज कर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शरत जैन रोटेरियंस के बीच न सिर्फ मजाक का विषय बन गए हैं, बल्कि खासी फजीहत के शिकार हो बैठे हैं । एक तरफ लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि शरत जैन को दीपक गुप्ता के 'फटे में अपना पैर घुसाने' की जरूरत आखिर क्यों पड़ी, तो दूसरी तरफ उनके नजदीकियों का कहना/बताना है कि शरत जैन ने उक्त ईमेल इसलिए लिखी है ताकि दीपक गुप्ता अपनी जेब से खर्च की गई डिस्ट्रिक्ट ग्रांट की रकम उनसे लेने पर जोर न दें । शरत जैन के नजदीकियों का कहना है कि अपनी जेब से खर्च की गई रकम को डूबता देख कर दीपक गुप्ता ने शरत जैन से तकादा करना शुरू किया है कि डिस्ट्रिक्ट ग्रांट को चूँकि उन्हें सीओएल का चुनाव जितवाने के लिए 'खर्च' किया गया था, इसलिए वह रकम उन्हें चुकाना चाहिए । दीपक गुप्ता ने यहाँ तक ऑफर दिया है कि पूरी न सही, तो कम से कम आधी रकम तो शरत जैन को देना ही चाहिए । दीपक गुप्ता का तर्क है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव जीतने के लिए जिस तरह से ललित खन्ना ने मोटी रकम खर्च की है, वैसे ही शरत जैन को भी सीओएल प्रतिनिधि बनने की कुछ तो कीमत चुकाना ही चाहिए । दीपक गुप्ता ने भी कुछेक लोगों के बीच रोना रोया है कि शरत जैन के लिए वोट पक्के करने के लिए ही उन्हें डिस्ट्रिक्ट ग्रांट की रकम अपने अकाउंट से देने की जरूरत पड़ी थी, अन्यथा उन्हें क्या जरूरत थी कि वह डिस्ट्रिक्ट ग्रांट की रकम अपने अकाउंट से देते ?
दीपक गुप्ता की तरफ से होने वाली इस तरह की बातों ने शरत जैन को डरा दिया कि कहीं दीपक गुप्ता उनसे रकम बसूलने पर जोर न देने लगें - इसलिए वह दीपक गुप्ता की मदद करने के नाम पर बीच में कूद पड़े हैं । शरत जैन के नजदीकियों के अनुसार, शरत जैन ने देखा/जाना है कि दीपक गुप्ता ने ललित खन्ना से किस किस तरह से पैसे लिए/बसूले थे । हर काम के लिए पैसों का बोझ दीपक गुप्ता जिस तरह से ललित खन्ना के सिर पर डाल दिया करते थे, उसके कारण ललित खन्ना के नजदीकियों को कुछेक मौकों पर कहते हुए सुना गया था कि दीपक गुप्ता की डिमांड्स के चक्कर में ललित खन्ना को कहीं अपनी फैक्ट्री न बेचनी पड़ जाए ! दीपक गुप्ता को बड़ा अफसोस रहा कि शरत जैन को सीओएल का चुनाव जितवाने के ऐवज में वह शरत जैन से पैसे नहीं ले पाए । अब जब, दीपक गुप्ता को अपनी जेब से दिए गए डिस्ट्रिक्ट ग्रांट के पैसे डूबते हुए दिख रहे हैं तो उन्हें यह जरूर लग रहा है कि उक्त पैसे शरत जैन को देने चाहिए । मजे की बात यह है कि शरत जैन के कुछेक नजदीकियों को दीपक गुप्ता की 'मांग' उचित भी लगती है; उनका कहना है कि डिस्ट्रिक्ट में 105 क्लब हैं, लेकिन शरत जैन के लिए वोट जुटाने के उद्देश्य से दीपक गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट ग्रांट की रकम कुल 18 क्लब्स में ही बाँट/निपटा दी - डिस्ट्रिक्ट ग्रांट का करीब 70 लाख रुपया भी दीपक गुप्ता ने अपनी जेब से दिया । शरत जैन के नजदीकियों का भी मानना और कहना है कि दीपक गुप्ता अब यदि यह चाहते हैं कि उक्त रकम पूरी न सही, कम से कम आधी तो शरत जैन दे हीं - तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है ।

शरत जैन ने लेकिन रकम देने से बचने के लिए दीपक गुप्ता के प्रति हमदर्दी दिखाती हुई ईमेल लिखने व तमाम लोगों को भेजने का 'रास्ता' पकड़ा है । शरत जैन की ईमेल ने दीपक गुप्ता की बेवकूफी के चलते गंभीर होते गए एक सामान्य से मामले को और भी ज्यादा गंभीर बना दिया है, जिसके लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आलोक गुप्ता से भी उन्हें लताड़ सुनने को मिली है । मामले की क्रोनोलॉजी बड़ी सामान्य सी है, जो शरत जैन ने भी अपनी ईमेल में बताई है - पिछले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दीपक गुप्ता ने कुछेक क्लब्स के लिए डिस्ट्रिक्ट ग्रांट्स के प्रस्ताव स्वीकार किए, जिन्हें रोटरी फाउंडेशन ने भी मंजूर कर लिया और ग्रांट्स का पैसा डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट में आ गया; डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट से पैसे क्लब्स को दिए जाने थे, लेकिन दीपक गुप्ता ने चूँकि डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट में अपने हस्ताक्षर मान्य नहीं करवाए थे और न उक्त अकाउंट की केवाईसी प्रक्रिया पूरी करवाई थी - इसलिए डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट से पैसे ट्रांसफर नहीं हो सकते थे । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में इसे दीपक गुप्ता के निकम्मेपन की हद ही कहा जायेगा कि 365 दिन के अपने गवर्नर-काल में वह डिस्ट्रिक्ट ग्रांट अकाउंट में अपना नाम नहीं डलवा सके । विडंबना यह है कि जब यह बात सामने आई, तब भी दीपक गुप्ता ने बैंक अकाउंट में अपने हस्ताक्षर मान्य करवाने में दिलचस्पी नहीं ली । दरअसल उस समय वह शरत जैन की सीओएल की उम्मीदवारी के पक्ष में वोटों की सौदेबाजी करने में व्यस्त थे । रोटरी इंटरनेशनल कार्यालय के पदाधिकारियों को झूठे ही 'अर्जेन्टली रिक्वायर्ड' का वास्ता देकर दीपक गुप्ता ने पैसों के ऐडजस्टमेंट का आश्वासन ले लिया था । लेकिन अब पोल खुल रही है कि उनके लिए 'अर्जेन्टली रिक्वायर्ड' दरअसल सीओएल के चुनाव के लिए वोटों का सौदा करना था, और वह बैंक अकाउंट को नियमानुसार लाने/बनाने में समय बर्बाद नहीं कर सकते थे । मामले में शरत जैन द्वारा गैरजरूरी रूप से दखल देने से लोगों को यह और 'नजर' आ रहा है कि डिस्ट्रिक्ट ग्रांट का पैसा उनके चुनाव में ही 'इस्तेमाल' हुआ है ।         

Monday, August 3, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 में जोन्स निर्धारण के मामले को मुद्दा बना कर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिनेश शुक्ला को दबाव में लेने की कोशिश में फजीहत का शिकार बनने से, आईएस तोमर खेमे के नेताओं ने वास्तव में अपनी ही कमजोरी को साबित किया है और अपनी मुश्किलों को बढ़ा लिया है

बरेली । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन/चुनाव करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के लिए जोन्स के निर्धारण को लेकर अपनी शिकायत इंटरनेशनल प्रेसीडेंट इलेक्ट शेखर मेहता तथा इंटरनेशनल डायरेक्टर कमल सांघवी तक पहुँचा कर आईएस तोमर खेमे के नेताओं ने अपनी अच्छी फजीहत करवा ली है - और इस तरह उक्त मामले में बबाल मचाना उनके लिए न सिर्फ निरर्थक साबित हुआ, बल्कि उनके गले की फाँस और बन गया है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिनेश शुक्ला ने त्वरित गति से काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग बुला कर तथा उस मीटिंग में कमल सांघवी को भी आमंत्रित करके आईएस तोमर खेमे की मुहिम का बीच रास्ते में ही जिस तरह से दम निकाल दिया, उससे आईएस तोमर खेमे को खासा तगड़ा झटका लगा है । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले लोगों का कहना है कि आईएस तोमर खेमे के लिए सारा मामला 'खाया-पिया कुछ नहीं, गिलास तोड़ा बारह आना' टाइप का रहा है । इस पूरे मामले से आईएस तोमर खेमे की बौखलाहट और हताशा का भी डिस्ट्रिक्ट के आम और खास लोगों को आभास मिला है, तथा डिस्ट्रिक्ट में उनके विरोधियों को कहने का मौका मिला है कि यह पूरा प्रसंग डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई में आईएस तोमर खेमे का अभी से अपनी हार स्वीकारने जैसा बन  गया है ।
उल्लेखनीय है कि अभी हाल ही में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिनेश शुक्ला ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन/चुनाव करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के लिए जोन्स निर्धारित किए । आईएस तोमर खेमे के नेता लोग तुरंत सक्रिय हुए और उन्होंने घोषित निर्धारण को डिस्ट्रिक्ट बायलॉज के नियमों का उल्लंघन बताते हुए बबाल मचाना शुरू कर दिया और धड़ाधड़ जहाँ/तहाँ ईमेल लिखना/भेजना शुरू कर दिया । मामले को बड़ा बनाने के उद्देश्य से उन्होंने शिकायती ईमेल की कॉपी शेखर मेहता और कमल सांघवी को भी भेज दी । उन्हें उम्मीद थी कि शिकायत मिलते ही शेखर मेहता और कमल सांघवी तुरंत से दिनेश शुक्ला के कान उमेठेंगे और उनके द्वारा घोषित किए गए निर्धारण को रद्द करवा देंगे । दिनेश शुक्ला लेकिन तुरंत एक्शन में आ गए, और उन्होंने काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की जूम मीटिंग बुला ली, और मीटिंग में कमल सांघवी को भी शामिल होने के लिए राजी कर लिया । कमल सांघवी ने सभी की बातें सुन कर अपना पक्ष दिया कि पूर्व गवर्नर्स का काम सुझाव/सलाह देना है, और फैसला डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को ही करना है - पूर्व गवर्नर्स अपनी कोई बात डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पर थोप नहीं सकते हैं । कमल सांघवी के यह कहने के साथ ही, आईएस तोमर खेमे की दिनेश शुक्ला को दबाव में लेने तथा जोन्स के निर्धारण की घोषणा को रद्द करवाने की सारी तैयारी की हवा निकल गई ।
इस मामले में दरअसल आईएस तोमर खेमे के नेताओं की बदनामी ने अहम् रोल निभाया । उल्लेखनीय है कि शेखर मेहता और कमल सांघवी कई मौकों पर डिस्ट्रिक्ट के नेताओं को 'सिर्फ और सिर्फ राजनीति करने के लिए' लताड़ चुके हैं । वास्तव में इसीलिए जोन्स के निर्धारण को लेकर आईएस तोमर खेमे के नेताओं की शिकायत को न शेखर मेहता ने कोई तवज्जो दी, और न कमल सांघवी ने उसे गंभीरता से लिया । आईएस तोमर खेमे के ही कुछेक वरिष्ठ सदस्यों का कहना है कि मामले में जिस तरह का उतावलापन तथा आक्रामकता दिखाई गई, उससे मामला बिगड़ गया - और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिनेश शुक्ला ने जिस तत्परता व होशियारी से मामले को अपने पक्ष में कर लिया, उससे लगता है कि उन्हें जोन्स निर्धारण के मामले में आईएस तोमर खेमे द्वारा बबाल करने का आभास था और उन्होंने उनके बबाल से निपटने के तरीके के बारे में पहले से सोचा हुआ था । पूरे प्रकरण से यह साबित हुआ कि आईएस तोमर खेमे के नेताओं के पास डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की राजनीति को लेकर कोई सुनियोजित योजना नहीं है, और वह सिर्फ शोरगुल मचा कर ही चुनाव जीतने की उम्मीद में हैं । मजे की बात यह है की कि खेमे के ही कुछेक नेताओं को लगता है कि इस वर्ष उनके लिए मौका अच्छा है - उनके उम्मीदवार के रूप में देवप्रिया उक्सा का पलड़ा सत्ता खेमे के उम्मीदवार विवेक गर्ग के मुकाबले भारी देखा/पहचाना जा रहा है, और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट  के रूप में मुकेश सिंघल अपने गवर्नर वर्ष के पद बाँट कर वोट जुटाने की स्थिति में भी हैं; लेकिन एक व्यवस्थित रणनीति के अभाव में आईएस तोमर खेमे के सक्रिय नेता अनुकूल स्थितियों का लाभ उठा पाने में सक्षम नहीं दिख रहे हैं । जोन्स निर्धारण के मामले में, अपने ही बिछाये जाल में खुद ही फँस कर खेमे के नेताओं ने अपनी जो फजीहत करवाई है, उससे वास्तव में उन्होंने अपनी ही कमजोरी को जाहिर किया है ।

Sunday, August 2, 2020

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में बहुमत वोटर्स का विश्वास खो चुके तथा उनके द्वारा नकार दिए गए जगदीश अग्रवाल की फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद वापस पाने तथा गुरनाम सिंह से बदला लेने की तैयारी ने डिस्ट्रिक्ट के चुनावी नजारे को खासा दिलचस्प बनाया


लखनऊ । नेगेटिव वोटिंग के कारण फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने से वंचित रह गए जगदीश अग्रवाल ने वरिष्ठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर गुरनाम सिंह से बदला लेने तथा फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद वापस पाने के लिए पुनः कमर कस ली है, और इस कारण डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति का पारा अचानक से खासा गर्म हो उठा है । पारा दरअसल इसलिए भी गर्म हो उठा है, क्योंकि इस काम में जगदीश अग्रवाल को गुरनाम सिंह के नजदीकियों और सहयोगियों का ही सहयोग/समर्थन मिल रहा है; और इस तरह डिस्ट्रिक्ट के लोगों को - गुरनाम सिंह को अपने ही नजदीकी व सहयोगी रहे पूर्व गवर्नर्स की राजनीति का निशाना व शिकार बनते देखने का मौका मिल रहा है । अभी तक तो जगदीश अग्रवाल को विशाल सिन्हा व अनुपम बंसल का ही सहयोग/समर्थन मिलता दिख रहा था, लेकिन अब प्रमोद सेठ व संजय चोपड़ा को भी जगदीश अग्रवाल के समर्थन में देखा/पहचाना जा रहा है । प्रमोद सेठ व संजय चोपड़ा असल में इस वर्ष सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए लायंस क्लब शाहजहाँपुर विशाल के वरिष्ठ सदस्य तेजेंद्रपाल सिंह की उम्मीदवारी को समर्थन देने के कारण गुरनाम सिंह से नाराज हुए हैं; उन्होंने बहुत कोशिश की कि तेजेंद्रपाल सिंह की सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की उम्मीदवारी को गुरनाम सिंह का समर्थन न मिल सके - लेकिन अपनी कोशिशों को असफल होता देख प्रमोद सेठ व संजय चोपड़ा ने गुरनाम सिंह से बदला लेने की तैयारी कर रहे जगदीश अग्रवाल का सहयोग/समर्थन करने का फैसला कर लिया है ।
विशाल सिन्हा, अनुपम बंसल, प्रमोद सेठ, संजय चोपड़ा का खुल्ला समर्थन मिलने से उत्साहित जगदीश अग्रवाल ने अपने नजदीकियों को कहा/बताया है कि उन्होंने अन्य कुछेक पूर्व गवर्नर्स का भी समर्थन हासिल कर लिया है, जो खाली पड़े फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद को भरने के लिए 16 अगस्त को होने वाली विशेष मीटिंग में उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करेंगे - और इस तरह वह न सिर्फ फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद पा लेंगे, बल्कि गुरनाम सिंह से अपना बदला भी ले लेंगे । उल्लेखनीय है कि जगदीश अग्रवाल अपने खिलाफ हुई नेगेटिव वोटिंग के लिए गुरनाम सिंह को ही दोषी ठहराते हैं । नेगेटिव वोटिंग के कारण फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद गवाँ देने के बाद जगदीश अग्रवाल ने हालाँकि गुरनाम सिंह को मनाने के लिए खूब प्रयास किए, लेकिन अपने प्रयासों में असफल रहने के बाद उन्होंने घोषणा की कि वह गुरनाम सिंह के समर्थन के बिना ही फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद वापस लेंगे । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कमल शेखर गुप्ता ने खाली पड़े फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद को भरने के लिए 16 अगस्त को मीटिंग तथा वोटिंग कराने की घोषणा की है, जिसमें गवर्नर्स भाग लेंगे । जगदीश अग्रवाल ने अपने नजदीकियों को आश्वस्त किया है कि उक्त मीटिंग में उनके समर्थक गवर्नर्स उनकी उम्मीदवारी प्रस्तावित करेंगे तथा उनकी उम्मीदवारी के पक्ष में वोट करेंगे - जिसके बाद वह पुनः मालाएँ पहनेंगे ।
जगदीश अग्रवाल के फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद पर वापसी करने के दावे ने डिस्ट्रिक्ट में खासी हलचल मचा दी है, और लोगों के बीच यह चर्चा गर्म हो उठी है कि डिस्ट्रिक्ट के बहुमत वोटर्स का विश्वास खो चुके तथा उनके द्वारा नकार दिए गए जगदीश अग्रवाल को फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में डिस्ट्रिक्ट पर थोपने का काम पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स सचमुच करेंगे क्या - और इस तरह डिस्ट्रिक्ट के वोटर्स का अपमान करेंगे क्या ? लोगों का कहना है कि जगदीश अग्रवाल ने वोटर्स का विश्वास खो दिया है, जिसके कारण उनके खिलाफ नेगेटिव वोटिंग हुई और उनकी दावेदारी को नकार दिया गया; लायंस इंटरनेशनल के पदाधिकारियों ने भी डिस्ट्रिक्ट के वोटर्स के फैसले पर मोहर लगाई और साफ फैसला दिया कि वोटर्स का विश्वास खो चुके जगदीश अग्रवाल को फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने का अधिकार नहीं है - इसके बाद भी यदि कोई पूर्व गवर्नर्स 16 अगस्त की मीटिंग व वोटिंग में जगदीश अग्रवाल को फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनवाते/चुनवाते हैं, तो यह डिस्ट्रिक्ट के वोटर्स के साथ-साथ लायंस इंटरनेशनल के पदाधिकारियों का भी अपमान होगा । लोगों का कहना है कि जगदीश अग्रवाल के समर्थक पूर्व गवर्नर्स को डिस्ट्रिक्ट के वोटर्स व लायंस इंटरनेशनल के पदाधिकारियों के फैसले का सम्मान करते हुए, अगले वर्षों में जगदीश अग्रवाल को वोटर्स के बीच ले जाने की तैयारी करना चाहिए और वोटर्स के समर्थन के साथ उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की लाइन में लगवाना चाहिए । 
जगदीश अग्रवाल और उनके समर्थकों ने लेकिन जिस तरह से गुरनाम सिंह, डिस्ट्रिक्ट के वोटर्स तथा लायंस इंटरनेशनल के पदाधिकारियों को एक साथ नीचा दिखाने की तैयारी की है - उससे डिस्ट्रिक्ट का चुनावी नजारा खासा दिलचस्प हो उठा है ।

Saturday, August 1, 2020

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट मुकेश सिंघल की आगामी रोटरी वर्ष की गवर्नर-टीम के पदों के बदले वोट जुटाने तथा डीएन रायजादा को इंटरनेशनल डायरेक्टर पद का उम्मीदवार बना देने जैसे जुगाड़ों के भरोसे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव जीतने की तोमर खेमे की तैयारी सचमुच कामयाब हो सकेगी क्या ?

कानपुर । वरिष्ठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डीएन रायजादा को आईएस तोमर ग्रुप ने इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए उम्मीदवार तो 'बना' दिया है, लेकिन उनकी उम्मीदवारी को 'मजबूती' देने के लिए ग्रुप के लोग कोई प्रयास करते हुए नहीं दिख रहे हैं । यहाँ तक कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन/चुनाव करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के लिए वह अपने बीच से कोई उम्मीदवार तक तय नहीं कर पा रहे हैं । ग्रुप के लोगों के अनुसार, नोमीनेटिंग कमेटी के लिए हालाँकि पूर्व गवर्नर अरुण जैन का नाम लिया जा रहा है, लेकिन अरुण जैन उक्त उम्मीदवारी के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं । दरअसल अरुण जैन भी जान/समझ रहे हैं कि नोमीनेटिंग कमेटी के लिए होने वाले चुनाव में वह जीतेंगे तो नहीं ही, इसलिए फालतू में हार की फजीहत का सामना क्यों करना ? नोमीनेटिंग कमेटी के लिए रवि प्रकाश अग्रवाल खेमे की तरफ से शरत चंद्रा का नाम सुना जा रहा है, जो डिस्ट्रिक्ट मेंबरशिप चेयरमैन हैं । आईएस तोमर ग्रुप की राजनीति के अगुआ बने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट मुकेश सिंघल भी नहीं चाहते हैं कि अरुण जैन नोमीनेटिंग कमेटी की उम्मीदवारी के चक्कर में पड़े । मुकेश सिंघल दरअसल सारा ध्यान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव पर लगाना चाहते हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति में पिछले रोटरी वर्ष में आईएस तोमर ग्रुप की और ग्रुप के सक्रिय सदस्य बने मुकेश सिंघल की जैसी जो किरकिरी हुई थी, उसका वह इस वर्ष बदला लेना चाहते हैं - और इसलिए इस वर्ष वह सिर्फ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव को जीतने पर मेहनत करना चाहते हैं ।
मुकेश सिंघल के नजदीकियों का कहना/बताना है कि अगले रोटरी वर्ष में होने वाले इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव के लिए डीएन रायजादा को उम्मीदवार बनाने के पीछे भी वास्तविक कारण डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की तैयारी ही है । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट में जब तक आईएस तोमर की राजनीति चली, उन्होंने डीएन रायजादा को आगे नहीं बढ़ने दिया । डीएन रायजादा हालाँकि आईएस तोमर के नजदीकी रहे हैं, और उन्हीं के समर्थन से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बने थे - लेकिन आईएस तोमर को हमेशा यह डर रहा कि डीएन रायजादा को यदि मौका मिला, तो वह उनसे आगे निकल जायेंगे; और इसीलिए उन्होंने डीएन रायजादा की कमान खींच कर रखी और उन्हें अलग-थलग करते/रखते हुए डिस्ट्रिक्ट में तवज्जो नहीं लेने/मिलने दी । डीएन रायजादा ने भी आईएस तोमर द्वारा तय की गई नियति को स्वीकार कर लिया और किनारे लग लिए । लेकिन अब जब आईएस तोमर डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में वापसी करने के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं, तब उन्हें डीएन रायजादा की याद आई है । असल में, आईएस तोमर खेमे के लोग कानपुर में अपनी स्थिति को कमजोर पा रहे हैं, और कानपुर में उन्हें कोई ऐसा नेता नहीं मिल पा रहा है - जिसके कंधे पर पैर रख कर वह कानपुर में अपनी राजनीति जमा सकें । डीएन रायजादा को इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए उन्होंने उम्मीदवार दरअसल इसी उम्मीद में बनाया है कि इससे डीएन रायजादा में करंट पैदा होगा, और वह कानपुर में आईएस तोमर खेमे के लिए जगह बनाने का काम करेंगे । आईएस तोमर खेमे के लोगों को अच्छी तरह पता है कि इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चुनाव में डीएन रायजादा का कुछ होना/हवाना तो है नहीं, और उन्हें उनकी उम्मीदवारी के पक्ष में कुछ करना भी नहीं है - वह तो बस डीएन रायजादा को 'झाड़' पर चढ़ा कर अपना उल्लू सीधा करना चाहते हैं, और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में फायदा लेना चाहते हैं ।
आईएस तोमर खेमे की तरफ से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अभी तक रोटरी क्लब झाँसी रानी की पूर्व अध्यक्ष देवप्रिया उक्सा का नाम है, जबकि रवि प्रकाश अग्रवाल खेमे की तरफ से रोटरी क्लब कानपुर इंडस्ट्रियल के पूर्व अध्यक्ष विवेक गर्ग तैयारी करते देखे/सुने जा रहे हैं । सक्रियता के लिहाज से देवप्रिया उक्सा का पलड़ा भारी देखा/बताया जा रहा है; विवेक गर्ग को लेकर आरोप सुने जा रहे हैं कि उन्होंने तो अपने आप को जीता हुआ मान लिया है - और इसलिए वह सक्रिय होने की तथा लोगों से संपर्क करने की कोई जरूरत नहीं समझ रहे हैं । उम्मीदवार के रूप में विवेक गर्ग के प्रति बनने वाली नाराजगी का लेकिन देवप्रिया उक्सा राजनीतिक फायदा उठाने का कोई 'मैकेनिज्म' बनाती नहीं दिख रही हैं - और उनका चुनाव पूरी तरह आईएस तोमर खेमे के नेताओं, खासकर मुकेश सिंघल पर निर्भर नजर आ रहा है । मुकेश सिंघल को लग रहा है कि आगामी रोटरी वर्ष की अपनी गवर्नर-टीम के पदों का ऑफर देकर वह वोट जुटा लेंगे, लेकिन सिर्फ इसी जुगाड़ के भरोसे चुनाव जीतने की उनकी तैयारी उनके काम आती नहीं दिख रही है । असल में, पिछले रोटरी वर्ष में आईएस तोमर खेमे के नेताओं की तरह तरह की जुगाड़बाजियों को जिस तरह की मात मिली है, उसने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में उनकी हालत पतली की हुई है - जिससे उबरने के लिए वह योजनाएँ तो खूब बना रहे हैं, लेकिन उनकी योजनाएँ अभी तो काम करती नजर नहीं आ रही हैं ।