Thursday, February 6, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में उदय उप्रेती को अपने गवर्नर-काल में असिस्टेंट गवर्नर बनाने का लालच देकर रमेश अग्रवाल के लिए कॉन्करेंस जुटाने की डीजीएन जेके गौड़ की कार्रवाई ने रोटरी क्लब सोनीपत सिटी में फूट डलवाई

सोनीपत । सीओएल (काउंसिल ऑन लेजिसलेशन) के लिए नोमीनेटिंग कमेटी द्धारा चुने गए अधिकृत उम्मीदवार आशीष घोष की उम्मीदवारी को चेलैंज करने वाले उम्मीदवार रमेश अग्रवाल के लिए कॉन्करेंस जुटाने के लिए रमेश अग्रवाल और उनके 'गुर्गों' ने जिस तरह की तिकड़में चली हुईं हैं, उसके चलते रोटरी क्लब सोनीपत सिटी में विभाजन हो गया है । क्लब ट्रेनर दीपक गुप्ता और अध्यक्ष उदय उप्रेती ने रमेश अग्रवाल के समर्थन में कॉन्करेंस देने का फैसला जिस षड्यंत्रपूर्ण तरीके से करना चाहा, उसके विरोध में क्लब के नौ वरिष्ठ पदाधिकारियों व सदस्यों ने क्लब से इस्तीफ़ा दे दिया है । क्लब से इस्तीफा देने वालों में क्लब के सचिव अमित जैन, निवृत्तमान अध्यक्ष आलोक अरोड़ा और अगले रोटरी वर्ष के लिए घोषित किये गए असिस्टेंट गवर्नर विकास अग्रवाल भी हैं । क्लब से इस्तीफा देने वालों में इनके अलावा, क्लब के मौजूदा वर्ष के बोर्ड के तीन सदस्य भी हैं । क्लब से इस्तीफ़ा देने वाले इन वरिष्ठ पदाधिकारियों व सदस्यों का आरोप है कि क्लब के ट्रेनर दीपक गुप्ता और क्लब के अध्यक्ष उदय उप्रेती ने रमेश अग्रवाल के समर्थन में कॉन्करेंस देने का फैसला पहले ही कर लिया था, अपने फैसले पर क्लब के बाकी पदाधिकारियों की मोहर लगवाने के लिए उन्होंने नियमों को ताक पर रखकर मीटिंग बुलाई, जिसमें उनके द्धारा किये जा रहे षड्यंत्र का भारी विरोध हुआ ।
दीपक गुप्ता और उदय उप्रेती ने विरोध को दरकिनार कर फर्जी तरीके से कॉन्करेंस से संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेज तैयार कर लिए । क्लब के पदाधिकारियों का कहना है कि कॉन्करेंस से संबंधित जो रिकॉर्ड और दस्तावेज तैयार किये गए हैं, उनका प्रारूप पहले से ही दीपक गुप्ता और उदय उप्रेती के पास मौजूद था । समझा जाता है कि रमेश अग्रवाल चूँकि कागजी कार्रवाई में खासे उस्ताद हैं, इसलिए उन्हें जिन क्लब्स के कॉन्करेंस जुगाड़ने हैं उनके पदाधिकारियों को वह कॉन्करेंस से संबंधित प्रारूप दे देते हैं । रमेश अग्रवाल का कागजी काम तो पक्का है, लेकिन क्लब्स में कागजी काम को संभव करने का जो तरीका अपनाया जाता है वह फर्जीवाड़े की सारी पोल खोल देता है । रोटरी क्लब सोनीपत सिटी में यही हुआ । रमेश अग्रवाल और उनके गुर्गों ने फर्जी तरीके से इस क्लब से कॉन्करेंस जुटाने की जो तैयारी की, उसमें क्लब के कुछेक आत्मसम्मानी और खुद्दार किस्म के वरिष्ठ पदाधिकारियों व सदस्यों ने पलीता लगा दिया । स्थिति को संभालने की कोशिश में दीपक गुप्ता और उदय उप्रेती ने आनन-फानन में जो कार्रवाई की, उससे कॉन्करेंस के फर्जी होने का सुबूत और पक्का हो गया है ।
दीपक गुप्ता और उदय उप्रेती ने कॉन्करेंस पर क्लब के पदाधिकारियों को सहमत करने की जो कोशिश की, उसमें झगड़ा पड़ जाने और क्लब के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों के इस्तीफ़ा दे देने के बाद दीपक गुप्ता और उदय उप्रेती ने जल्दीबाजी दिखाते हुए तुरंत से इस्तीफे स्वीकार कर लिए और नए पदाधिकारी बना लिए और फिर नए सिरे से कॉन्करेंस 'लेने' की प्रक्रिया अपनाई । ऐसा करते हुए, क्लब के अधिकृत और मान्य पदाधिकारियों द्धारा दिए गए इस्तीफों को स्वीकार करने तथा नए पदाधिकारी चुनने के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रिया को अनदेखा किया गया और आवश्यक नियम-कानूनों को उठा कर ताक पर रख दिया गया । सवाल यही है कि आनन-फानन में, मनमाने तरीके से कार्रवाई करते हुए पहले तो क्लब के अधिकृत और मान्य पदाधिकारियों को इस्तीफ़ा देने पर मजबूर किये जाने, उनके इस्तीफे स्वीकार करने और नए पदाधिकारी चुनने के साथ लिए गए कॉन्करेंस के फैसले को कैसे एक स्वाभाविक और निष्पक्ष फैसले के रूप में देखा जा सकता है ? और यदि यह एक स्वाभाविक तथा निष्पक्ष फैसला नहीं है तो क्या रोटरी क्लब सोनीपत सिटी की कॉन्करेंस फर्जी नहीं है ?
रोटरी क्लब सोनीपत सिटी में जो लोग रमेश अग्रवाल को कॉन्करेंस दिए जाने के खिलाफ रहे, उनका तर्क यही रहा कि सोनीपत में जब हर क्लब अधिकृत उम्मीदवार आशीष घोष के साथ रहने की घोषणा कर रहा है तब एक अकेले इस क्लब को अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ नहीं जाना चाहिए । क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारियों तथा सदस्यों का यही कहना रहा कि बात आशीष घोष या रमेश अग्रवाल की नहीं है - बात अधिकृत उम्मीदवार के साथ होने की है । लेकिन क्लब के चार्टर प्रेसीडेंट और ट्रेनर दीपक गुप्ता ने किसी की नहीं सुनी और वह रमेश अग्रवाल के पक्ष में कॉन्करेंस देने की जिद पर अड़े रहे । दीपक गुप्ता को अरनेजा गिरोह के एक सक्रिय सदस्य के रूप में पहचाना जाता है । अरनेजा गिरोह के सदस्यों की एक विशेष खूबी अपनी मनमानी करने और अपनी ही चलाने की कोशिश करने की होती है । जाहिर है कि दीपक गुप्ता में भी यह खूबी रही है । दीपक गुप्ता चार-पाँच वर्ष पहले तक रोटरी क्लब सोनीपत अपटाउन में होते थे, लेकिन वहाँ अपनी मनमानीपूर्ण कारस्तानियों के कारण अलग-थलग कर दिए गए थे । वहाँ से निकल कर दीपक गुप्ता ने रोटरी क्लब सोनीपत सिटी बनाया । यहाँ भी दीपक गुप्ता की मनमानियाँ जारी रहीं, जिसके कारण चार-पाँच वर्ष पूर्व ही बने इस क्लब के कई चार्टर सदस्य क्लब छोड़ चुके हैं ।
क्लब के अध्यक्ष उदय उप्रेती के रवैये पर क्लब के कई सदस्यों को हालाँकि हैरानी है । उन्हें हैरानी इसलिए है क्योंकि वह जानते हैं कि उदय उप्रेती भी दीपक गुप्ता के रवैये से परेशान रहे हैं और दीपक गुप्ता की हरकतों को लेकर शिकायत करते रहे हैं । ऐसे में, क्लब के सदस्यों के लिए यह समझना मुश्किल हुआ कि फर्जी तरीके से रमेश अग्रवाल के लिए कॉन्करेंस जुटाने के खेल में उदय उप्रेती आखिर कैसे फँस गए ? पता चला है कि उन्हें फँसाने में जेके गौड़ की मदद ली गई । जेके गौड़ ने उदय उप्रेती को अपने गवर्नर-काल में असिस्टेंट गवर्नर बनाने का लालच दिया तो फिर उदय उप्रेती भी फर्जी और अनैतिक तरीके से रमेश अग्रवाल के लिए कॉन्करेंस देने के खेल में शामिल हो गए । क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारियों व सदस्यों के सीधे और खुले विरोध के कारण यह खेल हालाँकि उन्हें उल्टा पड़ गया है ।  

Wednesday, February 5, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार चुनने के लिए होने वाली नोमीनेटिंग कमेटी की बैठक को स्थगित करने की दीपक बाबू की माँग को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल मानेंगे क्या ?

मुरादाबाद । दीपक बाबू ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुने जाने का एक बड़ा आसान-सा तरीका अपनाया है - उनका तरीका है कि डिस्ट्रिक्ट में लोगों से मिलने-जुलने जाने में समय, एनर्जी और पैसा खर्च करने की कोई जरूरत नहीं है; उनका तरीका है कि प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार की रोटरी इंटरनेशनल में आधिकारिक शिकायत करो और फिर रोटरी इंटरनेशनल का फैसला आये बिना लोगों को फोन कर कर के यह बताओ कि रोटरी इंटरनेशनल प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार की उम्मीदवारी को स्वीकार ही नहीं करेगा और इसलिए उसे जितवाने का कोई फायदा नहीं होगा - इसलिए मुझे विजयी बनाओ । दीपक बाबू ने इसी तरीके को अपना कर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव जीतने की तैयारी की है । मजे की बात है कि मौजूदा रोटरी वर्ष में दीपक बाबू ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में कोई संपर्क अभियान नहीं चलाया; लोगों से मिलने जाना तो दूर की बात, उन्होंने फोन पर भी लोगों से बात करने की जरूरत नहीं समझी । यहाँ तक की जिन कुछेक डिस्ट्रिक्ट आयोजनों में वह उपस्थित भी हुए, वहाँ भी अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने हेतु लोगों से मिलने/बात करने की उन्होंने जरूरत नहीं समझी । दीपक बाबू के इसी व्यवहार को देख कर कई लोगों ने निष्कर्ष निकाला और कहा भी कि दीपक बाबू तो अपने आप को गवर्नर मान रहे हैं ।
दीपक बाबू आखिर किस भरोसे अपने आप को गवर्नर मान बैठे हैं ? उन्हें यह विश्वास क्यों है कि डिस्ट्रिक्ट के लोग उन दिवाकर अग्रवाल को वोट नहीं करेंगे, जो दिवाकर अग्रवाल पिछले कई महीनों से लोगों से लगातार मिलजुल रहे हैं और लोगों के बीच अपनी साख और पैठ बनाने की कोशिश करते रहे हैं । पिछले दिनों दिवाकर अग्रवाल के करीब नब्बे वर्षीय पिता को जब तबीयत ख़राब होने के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था - तब भी, उनकी उचित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ दिवाकर अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट के लोगों के साथ भी संपर्क बनाये रखने के प्रयत्न किये थे । एक उम्मीदवार को जो कुछ भी करना होता है - दिवाकर अग्रवाल ने वह सब करने का हर संभव प्रयास किया है । लेकिन दीपक बाबू ने एक उम्मीदवार के रूप में कुछ भी - सचमुच, कुछ भी नहीं किया । इसके बावजूद दीपक बाबू को विश्वास है कि डिस्ट्रिक्ट के लोग - नोमीनेटिंग कमेटी के सदस्य - दिवाकर अग्रवाल की बजाये उन्हें वोट करेंगे । यह विश्वास उन्हें क्यों है ?
दीपक बाबू इसका बड़ा मजेदार-सा कारण लोगों को बता रहे हैं । अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने वास्ते लोगों से संपर्क करने से लगातार बचते रहे दीपक बाबू अब लोगों को
फोन कर कर के बता रहे हैं कि उन्होंने रोटरी इंटरनेशनल में दिवाकर अग्रवाल की शिकायत कर दी है और अब यदि दिवाकर अग्रवाल जीत भी जाते हैं तो रोटरी इंटरनेशनल उन्हें गवर्नर नहीं मानेगा । दीपक बाबू के पास हालाँकि इस बात का कोई जबाव नहीं है कि उन्हें यह कैसे पता है कि रोटरी इंटरनेशनल दिवाकर अग्रवाल को गवर्नर नहीं मानेगा । इसीलिए यह पूछे जाने पर वह दायें'-बायें की बातें करने लगते हैं । दीपक बाबू के पास इस बात का भी कोई जबाव नहीं है कि दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को निरस्त कराने के लिए उन्होंने जिस बात को आधार बनाया है, उस आधार को रोटरी इंटरनेशनल के अधिकारी चूँकि पहले ही ख़ारिज कर चुके हैं, इसलिए इसमें नई बात क्या है ? उल्लेखनीय है कि दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को ख़ारिज करने के लिए दीपक बाबू ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को जो शिकायत की थी, उसे लेकर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल पहले ही रोटरी इंटरनेशनल के प्रायः सभी बड़े अधिकारीयों के साथ बात कर चुके हैं; और चूँकि किसी ने भी उक्त आधार को पर्याप्त नहीं माना, इसलिए राकेश सिंघल ने दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को स्वीकार करने की घोषणा की । जाहिर है कि दीपक बाबू लोगों को सिर्फ बहका रहे हैं ।
दीपक बाबू ने यह दावा करके हालाँकि डिस्ट्रिक्ट के चुनावी माहौल में गर्मी जरूर पैदा कर दी है कि रोटरी इंटरनेशनल में उनके द्धारा की गई शिकायत के आधार पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के अधिकृत उम्मीदवार का चुनाव करने के लिए होने वाली नोमीनेटिंग कमेटी की बैठक को स्थगित कर देंगे । रोटरी के नियम-कानून की जानकारी रखने वाले लोगों का कहना यद्यपि यह है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को ऐसा कुछ करने का अधिकार ही नहीं है और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को पहले से ही तय कार्यक्रम के अनुसार नोमीनेटिंग कमेटी की बैठक होने देनी है और उस बैठक में अधिकृत उम्मीदवार का फैसला होने देना है । दीपक बाबू लेकिन फिर भी लगातार दावा किये जा रहे हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वही करेंगे, जैसा वह कह रहे हैं । दीपक बाबू ने इस बारे में एक तर्क भी दिया है । उन्होंने बताया है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल के एक नजदीकी रिश्तेदार इनकम टैक्स विभाग की जाँच-पड़ताल में फँसे हुए हैं, चार्टर्ड एकाउंटेंट होने के नाते दीपक बाबू अपने संपर्कों से उस मामले में राकेश सिंघल की मदद कर रहे हैं, इसलिए उस मदद के बदले में राकेश सिंघल रोटरी में उनकी मदद करेंगे । यह अब अगले तीन-चार दिन में पता चलेगा कि दीपक बाबू के इस दावे में कितना दम है ।
दीपक बाबू को लेकिन अपने दावों को लेकर शायद खुद भी ज्यादा भरोसा नहीं है । इसीलिये तमाम झूठों और तिकड़मों के बावजूद वह यह भी कहते/बताते जा रहे हैं कि उन्हें भी यह पता है कि चुनाव में वह जीतेंगे तो नहीं ही; ऐसे में वह तो सिर्फ दिवाकर अग्रवाल की जीत को मुश्किल बनाने पर ही ध्यान दे रहे हैं । दीपक बाबू ने अपने नजदीकियों से कहा है कि उन्हें भी पता है कि जीतेगा तो दिवाकर ही, लेकिन वह दिवाकर अग्रवाल और उनके समर्थकों के सामने तरह-तरह की परेशानी तो खड़ी कर ही सकते हैं - और वह यही कर भी रहे हैं । इससे लेकिन रोटरी का और डिस्ट्रिक्ट का जो नाम ख़राब हो रहा है - दीपक बाबू को लगता है कि उसकी लेकिन कोई परवाह नहीं है । दीपक बाबू की इस नकारात्मक सोच और कार्रवाई पर डिस्ट्रिक्ट के आम और खास लोग किस तरह की प्रतिक्रिया देते हैं - यह देखने की बात होगी ।

Saturday, February 1, 2014

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का चुनाव विक्रम शर्मा तो नहीं जीते, लेकिन उन्हें जितवाने का झाँसा देने वाले नेता अपने अपने फर्जी किस्म के क्लब्स के ड्यूज जुटाने की तिकड़म जरूर जीत गए हैं

नई दिल्ली । आरके शाह पिछले कई वर्षों से हाँ-ना की उथल-पथल से गुजरते हुए अंततः डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की कुर्सी के समीप पहुँचने में सफल हो गए हैं तो इसका वास्तविक श्रेय राकेश त्रेहन और विक्रम शर्मा को है । डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस होने से करीब बीस दिन पहले जब सत्ता खेमा अपने उम्मीदवार के रूप में विक्रम शर्मा का नाम क्लियर करने ही जा रहा था, तब विक्रम शर्मा का राकेश त्रेहन के साथ डिनर करना आरके शाह के लिए 'विंडफॉल गेन' (windfall gain : an unexpected gain, piece of good fortune) साबित हुआ । बिल्ली के रास्ता काटने के कारण बनता काम बिगड़ जाने वाली मान्यता को याद करते हुए कहा जा सकता है कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की तरफ बढ़ते हुए विक्रम शर्मा का रास्ता राकेश त्रेहन काट गए !
इसे विक्रम शर्मा की बदकिस्मती ही कहा जायेगा कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद उनके हाथ में आते आते निकल गया । विक्रम शर्मा की बदकिस्मती आरके शाह की खुशकिस्मती साबित हुई ।
तो क्या आरके शाह को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नरी सिर्फ किस्मत से मिली है ? ऊपर ऊपर से देखेंगे तो यही सच लगेगा, लेकिन तथ्यों को विस्तार और गहराई से देखेंगे तो पायेंगे कि आरके शाह ने अपने नेता और अपने खेमे के साथ लगातार बने रहने की जो प्रतिबद्धता दिखाई है उसके परिणाम के रूप में ही उन्होंने इस सफलता को प्राप्त किया है । मजे की बात यह रही है कि अपने नेता और अपने खेमे के साथ बने रहने के कारण लिए गए जिन 'फैसलों' के लिए आरके शाह को कई एक लोगों की मजाक उड़ाती आलोचना का शिकार होना पड़ा है, उन्हीं 'फैसलों' ने आरके शाह के नंबर बनाये और उन्हीं नंबरों ने उन्हें सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर तक पहुँचाया । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि आरके शाह ने पिछले वर्षों में कई बार अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की तैयारी की, लेकिन हर बार अपने नेता और अपने खेमे के प्रति प्रतिबद्धता बनाये रखते हुए अपनी तैयारी को बीच में छोड़ते रहे हैं । अपनी तैयारी को छोड़ते रहने के कारण आरके शाह को लोगों के बीच अपनी विश्वसनीयता तक को दाँव पर लगाना पड़ा और लोगों की निर्मम आलोचना तक का शिकार तक होना पड़ा ।
इस बार भी सत्ता खेमे के 'स्वाभाविक' उम्मीदवार होने के दावे के बावजूद जब सत्ता खेमे से विक्रम शर्मा की उम्मीदवारी को हरी झंडी मिलने की संभावना जोड़ पकड़ रही थी, तब भी आरके शाह से अपनी उम्मीदवारी को त्यागने की उम्मीद की जा रही थी । आरके शाह के सामने उस समय संकट यह था कि यदि इस बार भी वह अपनी उम्मीदवारी को छोड़ते तो फिर भविष्य में वह कभी अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत न कर पाते ! इसके बाद भी, डिस्ट्रिक्ट में हर किसी को विश्वास यही था कि आरके शाह अपने नेता और अपने खेमे का साथ नहीं छोड़ेंगे । डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच अपने आप को 'बदनाम' करवा कर भी और अपने लिए संभावनाएँ ख़त्म करवा कर भी - आरके शाह ने अपने नेता और अपने खेमे के साथ बने रहने का जो हौंसला दिखाया, लगता है कि नियति ने उन्हें उसी का फल दिया है । जो हुआ, वह सचमुच जैसे नियति का ही चमत्कार है । 'स्टेज', विक्रम शर्मा की उम्मीदवारी की घोषणा के लिए पूरी तरह तैयार था - किन्तु एक शाम हालात ने लगभग चुपचाप ऐसा पलटा खाया कि जो 'फल' विक्रम शर्मा को मिलना था, वह आरके शाह को मिल गया ।
आरके शाह के विपरीत, विक्रम शर्मा ने अपनी प्रतिबद्धता को लगातार बदला - उन्होंने न दूसरों पर भरोसा किया और शायद इसी कारण वह न दूसरों का भरोसा पा सके । विक्रम शर्मा पहले विरोधी खेमे के नेताओं के साथ थे, फिर अचानक से वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विजय शिरोहा के साथ दिखने लगे । पाला बदल की इस स्थिति में भी उनका कन्फ्यूजन दिखा - वह विजय शिरोहा के साथ तो दिखे, लेकिन सत्ता खेमे के दूसरे नेताओं को इग्नोर और अपमानित करने की हद तक गए । इसका नतीजा यह हुआ कि विजय शिरोहा के चाहने के बावजूद सत्ता खेमे में उनकी उम्मीदवारी पर सहमति बनने में देर हुई । इस दौरान भी वह इधर से उधर होने की अपनी आदत पर काबू नहीं रख सके । उन्हें पता था कि सत्ता खेमे में एक विजय शिरोहा ही उनके प्रबल समर्थक हो सकते हैं और उन विजय शिरोहा का राकेश त्रेहन के साथ छत्तीस का रिश्ता है - इसके बाद भी वह राकेश त्रेहन के साथ डिनर करने पहुँच गए । मजे की बात यह रही कि विक्रम शर्मा अंततः जिन नेताओं के भरोसे उम्मीदवार बने, उन नेताओं पर उन्हें कतई भरोसा नहीं था - अगर होता तो वह उन्हें छोड़ कर विजय शिरोहा के साथ भला क्यों जुड़ते ? जिन नेताओं ने उन्हें अंततः उम्मीदवार स्वीकार किया, उन्हें उन पर भरोसा नहीं था - अगर होता तो वह कभी ओंकार सिंह को, कभी पीएस राठी को और कभी योगेश भसीन को उम्मीदवार बनाने का प्रयास क्यों करते ? एक दूसरे पर परस्पर अविश्वास करते हुए भी विक्रम शर्मा और विरोधी खेमे के नेता अंततः एक साथ खड़े हुए नजर आये तो सिर्फ इसलिए कि विरोधी खेमे के नेता विक्रम शर्मा को जीत दिलवाने का झाँसा देने में कामयाब रहे । विरोधी खेमे के नेताओं के सामने अपने अपने फर्जी किस्म के क्लब्स के ड्यूज जुटाने की गंभीर चुनौती थी और इसके लिए उन्हें किसी को 'उल्लू' बनाना जरूरी था । विक्रम शर्मा बन गए, उन्हें अपने अपने क्लब्स के ड्यूज मिल गए ।
विक्रम शर्मा को जीतना तो नहीं ही था, और वह नहीं ही जीते !
विक्रम शर्मा की हार और आरके शाह की जीत के नतीजे का एक सबक यह भी है कि पाने के लालच में कन्फ्यूज रहने और कुछ इधर से तो कुछ उधर से पा लेने की तिकड़म लगाने वालों को कुछ नहीं मिलता; जबकि अपनों के प्रति ईमानदार बने रहने के लिए खोने को तैयार रहने वालों की नियति भी मदद करती है ।

Friday, January 31, 2014

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में एके सिंह के घोषित और संभावित समर्थकों के अपने साथ आ जाने का दावा करने के बाद भी गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की एके सिंह की उम्मीदवारी से डर रहे हैं

लखनऊ । विशाल सिन्हा और उन्हें सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए चुनवाने की जिम्मेदारी लिए बैठे गुरनाम सिंह के लिए यह समझना बड़ा मुश्किल हो रहा है कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए एके सिंह की उम्मीदवारी को खाद-पानी आखिर कहाँ से मिल रहा है, जिसके भरोसे एके सिंह अपनी उम्मीदवारी को लगातार बनाये हुए हैं । विशाल सिन्हा और गुरनाम सिंह ने एके सिंह की उम्मीदवारी को कमजोर करने के लिए सारे दाँव चल लिए हैं - केएस लूथरा को उन्होंने अपनी तरफ मिला लेने का दावा किया है; अपने इस दावे के प्रति लोगों में विश्वास पैदा करने के लिए उन्होंने केएस लूथरा से लोगों को फोन भी करवायें हैं; नीरज बोरा और शिव कुमार गुप्ता को भी उन्होंने अपने पक्ष में कर लेने के दावे किये है । अपने इन दावों की महत्ता बताते हुए विशाल सिन्हा और गुरनाम सिंह ने एक और बड़ा दावा यह किया कि 'इन उपलब्धियों' के जरिये उन्होंने एके सिंह को अकेला और निहत्था कर दिया है । एके सिंह के घोषित और संभावित समर्थकों को अपनी तरफ मिला लेने के दावे कर लेने के बाद गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा ने उम्मीद की थी कि अब एके सिंह के पास अपनी उम्मीदवारी को वापस लेने के अलावा और कोई चारा नहीं बचेगा । वह लेकिन यह देख और जान कर हैरान और परेशान हैं कि एके सिंह अभी भी अपनी उम्मीदवारी को बनाये हुए हैं तथा उसे वापस लेने के कोई संकेत नहीं दे रहे हैं । गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा के लिए हैरान और परेशान होने का कारण यही है कि एके सिंह को अब जब किसी भी नेता का समर्थन नहीं रह गया है, तब फिर वह किसके भरोसे उम्मीदवार बने हुए हैं ?
एके सिंह की उम्मीदवारी के बने रहने से गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा को परेशानी में पड़ा देख कर लेकिन दूसरे लोगों को हैरानी हो रही है । दूसरे लोगों के लिए यह समझना मुश्किल हो रहा है कि गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा जब पूरी तरह आश्वस्त हैं कि उन्होंने एके सिंह के सभी घोषित व संभावित समर्थकों को अपनी तरफ मिला लिया है और ऐसा करके उन्होंने एके सिंह को अकेला और निहत्था कर दिया है - तो फिर एके सिंह की उम्मीदवारी के बने रहने से परेशान क्यों हो रहे हो ? उन्हें इस बात का विश्वास आखिर क्यों नहीं हो रहा है कि जब एके सिंह की उम्मीदवारी को किसी का समर्थन मिलेगा ही नहीं, तो एके सिंह की उम्मीदवारी विशाल सिन्हा की उम्मीदवारी को भला क्या और कैसे नुकसान पहुँचा सकेगी ? हर कोई इस बात पर आश्चर्य कर रहा है कि जो गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा एक तरफ तो दावा कर रहे हैं कि एके सिंह की उम्मीदवारी को किसी का समर्थन नहीं है, और एके सिंह की उम्मीदवारी के जो भी घोषित और/या संभावित समर्थक थे उन्हें विशाल सिन्हा की उम्मीदवारी के समर्थन में कर लिया गया है - लेकिन वही गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा दूसरी तरफ एके सिंह की उम्मीदवारी के बने रहने से डर भी रहे हैं ।
गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा के इस दोहरे रवैये में दूसरों को भले ही हैरानी और/या आश्चर्य हो रहा हो, लेकिन गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा पिछले वर्ष के अपने अनुभव से सबक लेकर इस बार कोई खतरा चूँकि नहीं उठाना चाहते हैं इसलिए वह इस बात से आश्वस्त नहीं हो रहे हैं कि हर कोई एके सिंह की बजाये विशाल सिन्हा के साथ 'दिख' रहा है; आश्वस्त होने के लिए वह एके सिंह की उम्मीदवारी को किसी भी तरह से वापस कराना चाहते हैं । उल्लेखनीय है कि पिछले लायन वर्ष में गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा को बहुत ही धोखा हुआ था । पिछले वर्ष की बातों और गतिविधियों को याद करें तो पायेंगे कि जब तक चुनाव का नतीजा नहीं आया था, तब तक डिस्ट्रिक्ट में हर कोई विशाल सिन्हा की उम्मीदवारी के समर्थन में ही 'दिखता' था; विशाल सिन्हा की उम्मीदवारी के समर्थन में होने वाली मीटिंग्स में नेताओं की और लोगों की भारी भीड़ जुटती थी, जबकि शिव कुमार गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन में होने वाली मीटिंग्स में गिनती के लोग पहुँचते थे । गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा ही लोगों को बताते थे कि शिव कुमार गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन में प्रस्तावित कुछेक मीटिंग्स तो इसलिए ही नहीं हो पा रही हैं क्योंकि उनमें आने के लिए लोग तैयार नहीं हैं । शिव कुमार गुप्ता का चुनाव अभियान भी बड़ा फीका-फीका और 'सूखा' 'सूखा' सा था । गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा को एक सिर्फ केएस लूथरा से खतरा था, लिहाजा उन्होंने केएस लूथरा को चारों तरफ से ऐसा घेरा हुआ था कि उन्हें विश्वास था कि केएस लूथरा चाहेंगे भी तो कुछ नहीं कर पायेंगे । पिछले वर्ष, चुनाव का नतीजा आने से पहले तक माहौल पूरी तरह विशाल सिन्हा के पक्ष में 'दिख' रहा था और किसी को यह आभास तक नहीं था कि विशाल सिन्हा चुनाव हार जायेंगे । अनुपम बंसल तो विशाल सिन्हा के साठ से अधिक वोटों से जीतने का दावा कर रहे थे ।
चुनाव का नतीजा लेकिन हर किसी के लिए अप्रत्याशित था ।
चुनाव का नतीजा आने के बाद तरह-तरह की नई नई कहानियाँ सुनी/सुनाई गईं लेकिन इस बात का साफ जबाव अभी तक भी नहीं मिला है कि भीड़ शिव कुमार गुप्ता की बजाये विशाल सिन्हा के यहाँ जुटती थी; नेता और लोग समर्थन की कसमें शिव कुमार गुप्ता की बजाये विशाल सिन्हा के लिए खाते थे; शिव कुमार गुप्ता के लिए डिस्ट्रिक्ट में कोई समर्थन दिखता नहीं था और शिव कुमार गुप्ता ने अपना चुनाव अभियान प्रभावी तरीके से चलाया भी नहीं - फिर भी ज्यादा लोगों के वोट विशाल सिन्हा की बजाये शिव कुमार गुप्ता को क्यों मिले ? इस बात का साफ जबाव भले ही न मिला हो, लेकिन एक अनुमान यह जरूर लगा है कि डिस्ट्रिक्ट में लोग गुरनाम सिंह और उनके उम्मीदवार विशाल सिन्हा के खिलाफ भी हैं और खिलाफत का तरीका भी सीख गए हैं । डिस्ट्रिक्ट में लोगों को समझ में आ गया है कि गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा से खुल कर नहीं लड़ा जा सकता है, बल्कि उनसे 'छिप' कर ही लड़ा जा सकता है । नेता और लोग अपनी इसी 'होशियारी' के चलते पिछले वर्ष 'दिखे' तो विशाल सिन्हा के साथ थे, लेकिन वोट उन्होंने शिव कुमार गुप्ता को दिया ।
पिछले वर्ष के इसी अनुभव के कारण गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा इस वर्ष सावधान हैं । वह सिर्फ इस बात से संतुष्ट नहीं हैं कि एके सिंह के घोषित और संभावित समर्थक उनके समर्थन की बात करने लगे हैं । समर्थन की बात पर संतुष्ट होने के कारण उन्होंने पिछले वर्ष धोखा खा लिया है । गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा चाहते हैं कि एके सिंह के समर्थक रहे जो नेता अब उनका समर्थन करने की बात कर रहे हैं, वह ही एके सिंह की उम्मीदवारी को वापस करवाएँ । गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा को डर है कि एके सिंह की उम्मीदवारी यदि बनी रही तो उनके साथ वैसा ही खेल हो सकता है, जैसा कि पिछले वर्ष हुआ था । इस वर्ष तो स्थिति विशाल सिन्हा के लिए और भी मुश्किल है । पिछले वर्ष कोई यह विश्वास नहीं करता था कि गुरनाम सिंह के उम्मीदवार को हराया भी जा सकता है, इस वर्ष लोगों के बीच यह विश्वास है; पिछले वर्ष उम्मीदवार के रूप में शिव कुमार गुप्ता की चुनाव लड़ने की क्षमता को कम करके आँका जा रहा था, उनकी तुलना में एके सिंह बेहतर स्थिति में हैं । विशाल सिन्हा को उम्मीद है कि इस वर्ष उन्हें सहानुभूति का लाभ मिलेगा, लेकिन कई लोग उनकी इस उम्मीद से सहमत नहीं हैं । सहमत न होने वालों का तर्क है कि पिछले वर्ष विशाल सिन्हा को हरवाने में भूमिका निभाने वाले लोगों ने सोच-विचार कर और एक सुनियोजित रणनीति के तहत उन्हें हराया था, ऐसे लोगों को उनसे भला सहानुभूति क्यों कर होगी ? एक वरिष्ठ लायन ने तर्क दिया कि आपको यदि किसी और ने चोट पहुँचाई है और या मुझसे अनजाने में चोट पहुँची है तब तो मुझे आपसे सहानुभूति हो सकती है; लेकिन मैंने यदि आपको सोच-विचार करके चोट पहुँचाई है तब फिर मुझे आपसे सहानुभूति भला क्यों होगी ?
गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा समझ रहे हैं कि एके सिंह यदि उम्मीदवार बने रहते हैं तो उनके लिए चुनाव जीतना आसान नहीं होगा; इसीलिए एके सिंह के घोषित और संभावित समर्थकों को अपने साथ कर लेने के बाद भी वह आश्वस्त नहीं हो रहे हैं । एके सिंह के साथ किसी का समर्थन न 'दिखने' के बावजूद एके सिंह अपनी उम्मीदवारी को बनाये हुए हैं, इससे भी गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा के हौंसले पस्त हुए पड़े हैं ।

Wednesday, January 29, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में उमेश चोपड़ा के साथ हुई अपनी बातचीत को तत्परता के साथ मुकेश अरनेजा तक पहुँचा कर जेके गौड़ ने अपनी 'ड्यूटी' निभाई

गाजियाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी जेके गौड़ दूसरे लोगों को यह भरोसा दिलाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं कि सीओएल (काउंसिल ऑन लेजिसलेशन) के चुनाव को लेकर वह मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल के एजेंट के रूप में काम नहीं कर रहे हैं, लेकिन उमेश चोपड़ा के साथ हुई अपनी बातचीत को उन्होंने जिस तत्परता के साथ मुकेश अरनेजा तक पहुँचाया - उससे साफ हुआ है कि जेके गौड़ मुकेश अरनेजा के लिए डाकिये का काम कर रहे हैं । मजे की बात यह हुई है कि खुद मुकेश अरनेजा ने ही कई लोगों के बीच यह दावा किया है कि जेके गौड़ से उन्हें पल पल की खबर मिलती रहती है । मुकेश अरनेजा ने ही लोगों को बताया कि उमेश चोपड़ा को भी यह जान कर आश्चर्य हुआ कि उनके (यानि उमेश चोपड़ा के) और जेके गौड़ के बीच हुई बातचीत का ब्यौरा इतनी जल्दी उनतक (यानि मुकेश अरनेजा तक) कैसे पहुँच गया ? मुकेश अरनेजा ने उमेश चोपड़ा का आश्चर्य ख़त्म करते हुए उन्हें बताया कि जेके गौड़ आखिर उनका पक्का चेला है ।
मुकेश अरनेजा यूँ तो झूठ बोलने में बहुत एक्सपर्ट हैं, लेकिन जेके गौड़ को अपना पक्का चेला उन्होंने जिस घटनाक्रम के साथ बताया है, उससे उनका यह दावा सच लगता है । जेके गौड़ ने जो किया, दरअसल वह एक पक्का चेला ही कर सकता है ।
उल्लेखनीय है कि उमेश चोपड़ा ने सीओएल (काउंसिल ऑन लेजिसलेशन) के चुनाव में गाजियाबाद की भूमिका को लेकर जेके गौड़ से बात की । उमेश चोपड़ा ने जेके गौड़ के साथ हुई इस बातचीत में दो-तीन मुद्दे उठाये : एक मुद्दा था कि दिल्ली के नेता गाजियाबाद के लोगों को इस्तेमाल करते हैं, जिससे गाजियाबाद के लोगों को बचना चाहिए; दूसरा मुद्दा था कि जेके गौड़ को गाजियाबाद के लोगों के साथ बातचीत करके गाजियाबाद का स्टैंड तय करना चाहिए; तीसरा मुद्दा यह था कि जेके गौड़ को किसी नेता या ग्रुप का सदस्य घोषित होने से बचना चाहिए; आदि-इत्यादि । जेके गौड़ ने उमेश चोपड़ा की बातों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया और अपनी सहमति ही व्यक्त की । जेके गौड़ ने उमेश चोपड़ा को आश्वस्त किया कि वह हर मुद्दे पर गाजियाबाद के लोगों के साथ ही हैं और रहेंगे । जेके गौड़ ने दावा किया कि सीओएल (काउंसिल ऑन लेजिसलेशन) के चुनाव को लेकर उनके द्धारा रमेश अग्रवाल के लिए कॉन्करेंस और समर्थन जुटाने की कोशिशें करने की जो बातें कही जा रही हैं, वह झूठ हैं । जेके गौड़ ने साफ घोषणा की कि यदि कोई यह कह दे कि उन्होंने उससे या किसी से रमेश अग्रवाल को कॉन्करेंस देने या समर्थन देने की बात की है, तो वह रोटरी छोड़ देंगे ।
इस तरह की बातों, दावों और घोषणाओं को जो भी सुनेगा - निश्चित ही प्रभावित होगा । उमेश चोपड़ा भी हुए । उमेश चोपड़ा को लगा कि लोग नाहक ही बेचारे जेके गौड़ को बदनाम कर रहे हैं । यानि जेके गौड़ ने उमेश चोपड़ा के सामने जो नाटक दिखाया, वह हिट साबित हुआ ।
लेकिन मुकेश अरनेजा ने जेके गौड़ के इस नाटक की जल्दी ही पोल खोल दी । जेके गौड़ से उमेश चोपड़ा की हुई बातचीत को थोड़ा समय ही बीता था कि उमेश चोपड़ा को मुकेश अरनेजा का फोन आ पहुँचा, जिसमें यह शिकायत थी कि उमेश चोपड़ा बहुत राजनीति कर रहे हैं । मुकेश अरनेजा ने उन्हें बताया कि उन्होंने (यानि उमेश चोपड़ा ने) जेके गौड़ से जो कुछ भी कहा है, वह जेके गौड़ ने उन्हें (यानि मुकेश अरनेजा को) बता दिया है । यह सुन/जान कर उमेश चोपड़ा हतप्रभ रह गए । उनकी जेके गौड़ के साथ जो भी बात हुई थी, उसमें ऐसा कुछ था ही नहीं जिसे जेक गौड़ के लिए तुरंत मुकेश अरनेजा तक पहुँचाना जरूरी हो । उमेश चोपड़ा के लिए यह समझना मुश्किल हुआ कि उनसे हुई बातचीत को तुरंत से मुकेश अरनेजा तक पहुँचाना जेके गौड़ के लिए आखिर जरूरी क्यों हुआ ?
उमेश चोपड़ा के लिए यह समझना भले ही मुश्किल हुआ हो, लेकिन मुकेश अरनेजा ने इसे समझाने में कोई देर नहीं की । मुकेश अरनेजा को जेके गौड़ से जैसे ही उमेश चोपड़ा से हुई बातचीत का ब्यौरा मिला, वैसे ही मुकेश अरनेजा ने पहले तो उमेश चोपड़ा से शिकायती बात की और फिर अन्य कई लोगों को बताया कि कैसे उन्होंने उमेश चोपड़ा को 'हड़काया' । मुकेश अरनेजा ने शिकायत के साथ लोगों को बताया कि जेके गौड़ से बात करते समय उमेश चोपड़ा यह कैसे भूल गए कि जेके गौड़ उनके जासूस हैं और उन्हें हर बात की खबर देते हैं ।
मुकेश अरनेजा ने क्या कहा, इसे अगर जाने भी दें - तो भी जेके गौड़ ने खुद जो किया; उमेश चोपड़ा के साथ हुई अपनी बातचीत को जिस तत्परता के साथ मुकेश अरनेजा तक पहुँचाया उससे उन्होंने यही दिखाया/बताया/जताया है कि वह किसकी 'ड्यूटी' पर हैं और किसके हाथों का खिलौना हैं ।  

Monday, January 27, 2014

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में सत्ता खेमे में फूट करवाने के उद्देश्य से चली चाल में अजय बुद्धराज ने सत्ता खेमे के दिल्ली के नेताओं को फाँसने की कोशिश की है क्या ?

नई दिल्ली । अजय बुद्धराज ने आरके शाह को 'सर्वसम्मति' से सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 'चुनवाने' के लिए फार्मूले खोजने का जो अभियान छेड़ा है, उसे कुछ लोग उनके समर्पण के रूप में देख रहे हैं तो अन्य कुछेक लोगों को इसमें उनकी 'चाल' नजर आ रही है । जो लोग उनके अभियान को उनके समर्पण के रूप में देख रहे हैं, उनका मानना और कहना है कि अजय बुद्धराज ने चूँकि समझ लिया है कि उनके उम्मीदवार विक्रम शर्मा के लिए जीतने की कहीं कोई संभावना नहीं है, इसलिए वह अपनी इज्जत बचाने के लिए आरके शाह के समर्थन में आने का कोई सम्मानजनक मौका खोज रहे हैं । नेता लोग हारने वाले उम्मीदवार के साथ नहीं खड़े दिखना चाहते हैं, इसलिए अजय बुद्धराज का ऐसा सोचना/करना स्वाभाविक ही है । लेकिन जो लोग अजय बुद्धराज के अभियान को उनकी चाल के रूप में देख रहे हैं, उनका मानना और कहना है कि अजय बुद्धराज ने अपने अभियान को जिस अंदाज में प्रस्तुत किया है उसमें चालाकी वाले तत्व छिपे पहचाने जा सकते हैं और ऐसा लगता है जैसे अपने इस अभियान के जरिये वह सत्ता खेमे में फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं । अजय बुद्धराज द्धारा अचानक शुरू किये गए अभियान को उनका समर्पण इसलिए नहीं माना जा सकता, क्योंकि समर्पण भी एक तरह से पराजय वाला ही संकेत देगा ।
गौर करने की बात यह है कि अजय बुद्धराज ने अपना अभियान अचानक से ऐसे समय शुरू किया जबकि विक्रम शर्मा की उम्मीदवारी को लेकर परस्पर विरोधी ख़बरें लोगों को मिल रही हैं । एक तरफ तो सुनने को मिल रहा है कि विक्रम शर्मा ने अपने समर्थक नेताओं को बता दिया है कि चुनाव की जरूरतें पूरी करने के लिए उनके पास पैसे नहीं हैं; और कि विक्रम शर्मा ने बाजार से पैसे लेने की जो कोशिश की उसमें वह सफल नहीं हो सके हैं; और कि विक्रम शर्मा ने अपनी उम्मीदवारी को वापस लेने का फैसला कर लिया है; आदि-इत्यादि । दूसरी तरफ लेकिन लोगों को यह भी सुनने को मिल रहा है कि विक्रम शर्मा ने एक बड़े होटल में लोगों के ठहरने के लिए कमरे बुक किये हैं तथा वह अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में समर्थन जुटाने वास्ते लगातार लोगों से मिलजुल भी रहे हैं । जिन लोगों को इस बात का पक्का भरोसा है कि विक्रम शर्मा के लिए किसी भी तरह से कहीं कोई उम्मीद नहीं है, उनके लिए हैरानी की बात यही है कि विक्रम शर्मा आखिर किस भरोसे अभी भी अपना समय, अपनी एनर्जी और अपना पैसा खर्च कर रहे हैं ? जिन लोगों के पास यह सवाल है, उनके पास इसका जबाव भी है और वह यह कि विक्रम शर्मा के समर्थक नेता तरह-तरह से झाँसा देकर उनकी उम्मीद बनाये हुए हैं और विक्रम शर्मा को विश्वास दिलाये हुए हैं कि लगे रहोगे तो चमत्कार हो जायेगा ।
अजय बुद्धराज के अभियान में कुछेक लोगों को वही चमत्कार घटित करने/कराने का षड्यंत्र महसूस हो रहा है । अजय बुद्धराज के नजदीकी एक बड़े नेता का इन पँक्तियों के लेखक से साफ कहना है कि अजय बुद्धराज को उम्मीद है कि वह सत्ता खेमे के दिल्ली के नेताओं और हरियाणा के नेताओं - खास तौर से विजय शिरोहा के बीच फूट डलवा/करवा देंगे । उक्त बड़े नेता के अनुसार, अजय बुद्धराज ने महसूस किया है कि आरके शाह की उम्मीदवारी के तय होने तथा आरके शाह की उम्मीदवारी को बढ़त मिलने का श्रेय जिस तरह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विजय शिरोहा को मिल रहा है और डिस्ट्रिक्ट में विजय शिरोहा की जिस तरह की राजनीतिक धाक बनी है - वह सब सत्ता खेमे के दिल्ली के नेताओं को हजम नहीं हो रहा है । अजय बुद्धराज अपने नजदीकियों को बता रहे हैं कि सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए उम्मीदवार चुनने को लेकर पर्दे के पीछे जो राजनीति हुई उसमें सत्ता खेमे के दिल्ली के नेता अपने आप को उपेक्षित और पृष्ठभूमि में पा रहे हैं और महसूस कर रहे हैं कि उनका इस्तेमाल हुआ है । जो हुआ उसका सारा फायदा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विजय शिरोहा को मिला और डिस्ट्रिक्ट के लोगों ने विजय शिरोहा के राजनीतिक कौशल को उसका श्रेय दिया । पक्ष-विपक्ष के दूसरे नेताओं को यह अच्छा न लगे - यह बहुत स्वाभाविक है ।
अजय बुद्धराज ने इसी स्वाभाविक-सी बात को इस्तेमाल करके चाल चली है - उन्हें पता है कि उनके अभियान को विजय शिरोहा स्वीकार नहीं करेंगे । विजय शिरोहा ने खुलेआम राकेश त्रेहन और हर्ष बंसल को लेकर अपने रिजर्वेशन घोषित किये हुए हैं । अजय बुद्धराज के नजदीकी बड़े नेता के अनुसार अजय बुद्धराज को इस बात का भी आभास है कि सत्ता खेमे के दिल्ली के नेता उनके अभियान के प्रति दो कारणों से तुरंत सहमति व्यक्त कर देंगे - एक कारण तो यह कि अजय बुद्धराज का अभियान दिल्ली में उनकी स्थिति को सुढृढ़ करेगा तथा हरियाणा के नेताओं पर उनकी निर्भरता को कम करेगा; दूसरा कारण यह कि अजय बुद्धराज का अभियान डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में बनी विजय शिरोहा की एकछत्र स्थिति को कमजोर करेगा । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के प्रमुख खिलाड़ियों के आपसी संबंधों तथा उनके 'लक्ष्यों' को समझने वाले लोगों का मानना और कहना है कि अजय बुद्धराज का सत्ता खेमे के दिल्ली के नेताओं के बारे में आकलन और महसूसना चाहें जितना भी सच हो, इस बात की उम्मीद कम ही है कि सत्ता खेमे के दिल्ली के नेता अजय बुद्धराज के झाँसे में जल्दी से आयेंगे । सत्ता खेमे के दिल्ली के नेताओं में अत्यंत सक्रिय दीपक टुटेजा संभवतः इस बात को भूले नहीं होंगे कि पिछले लायन वर्ष में भारी उठा-पटक के बीच जो रीग्रुपिंग हुई थी, उसके पीछे असल उद्देश्य अजय बुद्धराज का दीपक टुटेजा को ठिकाने लगाने का था । यह सच है कि लायन राजनीति में दोस्ती और दुश्मनी ज्यादा दिन नहीं चलती है - लेकिन फिर भी अभी जो हालात हैं उनमें यह संभावना कम है कि अजय बुद्धराज की चाल से एक बार अलग-थलग पड़ने की कगार पर पहुँचे लोग दोबारा जल्दी से अजय बुद्धराज की चाल में फँसेंगे । इस तरह, अजय बुद्धराज की चाल के सफल होने की संभावना भले ही न के बराबर हो - लेकिन उनकी चाल ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों के बीच गर्मी तो पैदा कर ही दी है ।

Sunday, January 26, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में डीजीएन जेके गौड़ की मदद से आईपीडीजी रमेश अग्रवाल ने पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर्स सुदर्शन अग्रवाल और सुशील गुप्ता की फजीहत करने की तैयारी की

नई दिल्ली । रमेश अग्रवाल सीओएल (काउंसिल ऑन लेजिसलेशन) के लिए जिस तरह की चुनावी तैयारी करते हुए देखे/सुने जा रहे हैं, उसे रोटरी के बड़े नेता बिलकुल भी पसंद नहीं कर रहे हैं । रोटरी के बड़े नेताओं का मानना और कहना है कि सीओएल को लेकर रमेश अग्रवाल की जो और जिस तरह की हरकते हैं उनसे रोटरी की इमेज ख़राब हो रही है - और रमेश अग्रवाल यह तब  कर रहे हैं जबकि वह रोटरी रिसोर्स ग्रुप्स में जोन 4 व 6 ए के असिस्टेंट रोटरी पब्लिक इमेज कोआर्डीनेटर के पद पर हैं । रोटरी के बड़े नेताओं को यह देख/जान कर बड़ा अफ़सोस भी हो रहा है कि रमेश अग्रवाल जिस पद पर हैं उस पद की गरिमा का उन्हें जरा भी ख्याल नहीं है । इस प्रकरण से यह भी साबित हो रहा है कि रमेश अग्रवाल को सिर्फ पद चाहिए होता है, उस पद के अनुरूप काम और/या व्यवहार कर सकना उनके बस की बात नहीं है ।
उल्लेखनीय है कि रोटरी में बड़े नेताओं के बीच आम समझ यह है कि सीओएल में प्रतिनिधित्व के लिए काउंसिल ऑफ गवर्नर्स में ही फैसला हो जाना चाहिए और सभी को उस फैसले का सम्मान करना चाहिए और किसी को भी उस फैसले को आम रोटेरियंस के बीच विवाद बनाने जैसा घटिया काम नहीं करना चाहिए । विभिन्न डिस्ट्रिक्ट्स में प्रायः इस सोच और भावना को स्वीकार किया ही जाता है । लेकिन रमेश अग्रवाल इस सोच और भावना को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं दिखते हैं । काउंसिल ऑफ गवर्नर्स में आशीष घोष से हुए मुकाबले में उन्हें जिस पराजय का सामना करना पड़ा है, उसका बदला लेने के लिए वह हर तरह का घटियापन दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं । रमेश अग्रवाल की यह तैयारी रोटरी में ज्यादा बड़ा मुद्दा नहीं बनती - यदि उनकी तैयारी एक सामान्य चुनाव के बाबत होती । किंतु आशीष घोष की जीत में जिस स्तर के लोगों की भूमिका रही है, उसके कारण रमेश अग्रवाल की तैयारी रोटरी में एक बड़ा मुद्दा बन गया है । दरअसल डिस्ट्रिक्ट 3010 से सीओएल में रमेश अग्रवाल की बजाये आशीष घोष को प्रतिनिधित्व देने का जो फैसला हुआ है, उसे पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर्स सुदर्शन अग्रवाल और सुशील गुप्ता का समर्थन प्राप्त है । इस फैसले को स्वीकार करने से इंकार करके रमेश अग्रवाल एक तरह से सुदर्शन अग्रवाल और सुशील गुप्ता की तौहीन कर रहे हैं ।
रोटरी रिसोर्स ग्रुप्स में जोन 4 व 6 ए के असिस्टेंट रोटरी पब्लिक इमेज कोआर्डीनेटर जैसे महत्वपूर्ण पद पर होते हुए रमेश अग्रवाल जिस तरह से पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर्स सुदर्शन अग्रवाल और सुशील गुप्ता की फजीहत करने की तैयारी में हैं - उसे देख/जान कर रोटरी के बड़े नेता हैरान हैं । रमेश अग्रवाल के घटियापने की कई ख़बरें उन तक भी पहुँचीं हैं, लेकिन रमेश अग्रवाल इस स्तर तक उतर सकते हैं - इसका उन्हें आभास नहीं हो पाया था । रोटरी के बड़े नेताओं को यह देख/जान कर भी आश्चर्य हुआ है कि इस हरकत में रमेश अग्रवाल को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट जेके गौड़ और सुधीर मंगला का भी सहयोग व समर्थन मिल रहा है । रोटरी के बड़े नेताओं में चिंता इस बात को लेकर है कि जेके गौड़ और सुधीर मंगला जैसे लोगों के कारण रोटरी की पहचान और साख कैसे बनी/बची रह पायेगी ।
जेके गौड़ को इस बात का पूरा आभास है कि डिस्ट्रिक्ट में और डिस्ट्रिक्ट के बाहर उनकी पहचान रमेश अग्रवाल के पिट्ठू की बनती जा रही है; इसीलिये वह दूसरे लोगों को यह भरोसा दिलाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं कि काउंसिल ऑफ गवर्नर्स में हुए चुनाव में वोट उन्होंने भले ही रमेश अग्रवाल को दिया था, लेकिन अब वह रमेश अग्रवाल के लिए कुछ नहीं कर रहे हैं । बेचारे जेके गौड़ के लिए समस्या लेकिन यह है कि रमेश अग्रवाल उन्हें अपने पिट्ठू से ज्यादा कुछ समझते नहीं हैं और उन्हें लगातार हड़काये रखते हैं - जिसके चलते जेके गौड़ को रमेश अग्रवाल की जीहुजूरी में भी लगे रहना पड़ता है । जेके गौड़ 'दोनों' तरफ रहने/दिखने की कोशिश में एक तरफ तो यह दावा करते हैं कि रमेश अग्रवाल को वह गाजियाबाद के क्लब्स से कॉन्करेंस भी दिलवाएंगे और फिर वोट भी दिलवाएंगे; लेकिन साथ ही दूसरी तरफ वह यह सफाई देते हुए भी सुने जाते हैं कि वह तो रमेश अग्रवाल के लिए कुछ कर ही नहीं रहे हैं । जेके गौड़ के लिए एक और समस्या है - गाजियाबाद और आसपास के जो सक्रिय क्लब्स हैं उनके प्रमुख लोग आशीष घोष के समर्थन में हैं और इस मत में हैं कि रमेश अग्रवाल को एक पद के लालच में रोटरी की सच्ची भावना और डिस्ट्रिक्ट व डिस्ट्रिक्ट के बड़े नेताओं की शान पर धब्बा लगाने वाला काम नहीं करना चाहिए; जेके गौड़ को लेकिन रमेश अग्रवाल की 'सेवा में' रहना है और इसके चलते उन्हें गाजियाबाद और आसपास के क्लब्स के प्रमुख लोगों से निपटना पड़ेगा । जेके गौड़ को रमेश अग्रवाल के सामने साबित करना है कि गाजियाबाद के दूसरे प्रमुख लोग भले ही रमेश अग्रवाल के साथ न हों, लेकिन यहाँ रमेश अग्रवाल को समर्थन वह दिलवाएंगे ।
सुधीर मंगला के मामले में आशीष घोष और उनके मंजीत साहनी व अमित जैन जैसे समर्थकों को जिस तरह का झटका लगा है, उसने भी एक दिलचस्प नजारा पेश किया है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में सुधीर मंगला की उम्मीदवारी का समर्थन करने वाले आशीष घोष, मंजीत साहनी और अमित जैन को कई लोगों ने समझाया था कि सुधीर मंगला भरोसा करने लायक व्यक्ति नहीं हैं और सुधीर मंगला उन्हें कभी भी धोखा दे देंगे - लेकिन इन्होंने किसी की नहीं सुनी । सीओएल के चुनाव में सुधीर मंगला ने आशीष घोष की बजाये रमेश अग्रवाल का समर्थन करके जब अपना असली रंग दिखाया तब इन्हें समझ में आया है कि एक छोटी सोच वाला व्यक्ति छोटी सोच वालों के साथ में ही अपने आपको 'खड़ा' करता है ।
मजे की बात यह हुई है कि काउंसिल ऑफ गवर्नर्स में रमेश अग्रवाल को प्रायः उन लोगों का समर्थन मिला जो डिस्ट्रिक्ट में अपनी बदजुबानी के लिए, तिकड़मी राजनीति के लिए और या 'कुछ न करने' के लिए जाने जाते हैं; जबकि आशीष घोष को ऐसे लोगों का समर्थन मिला जिनकी कामकाज के मामले में रोटरी इंटरनेशनल में खासी साख है जिसके चलते उन्हें रोटरी इंटरनेशनल में जिम्मेदारी के काम और पद मिलते हैं । दरअसल इसीलिए रोटरी के बड़े नेताओं को सीओएल में प्रतिनिधित्व के लिए रमेश अग्रवाल द्धारा की जा रही घटिया स्तर की राजनीति पसंद नहीं आ रही है ।