Thursday, April 10, 2014

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन में अवतार कृष्ण की उम्मीदवारी के समर्थन में मुरादाबाद में हुई मीटिंग की जोरदार सफलता ने मुजफ्फरनगर खेमे को मुकेश गोयल पर हमला बोलने का मौका दिया और उसने शिव कुमार चौधरी को मुकेश गोयल से सावधान रहने की नसीहत दी

मुरादाबाद । अवतार कृष्ण की उम्मीदवारी के समर्थन में मुरादाबाद में हुई मीटिंग को जो जोरदार सफलता मिली है, उसकी खबर ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के दूसरे उम्मीदवार शिव कुमार चौधरी के समर्थकों के बीच निराशा और खलबली तो पैदा की ही है, उनके बीच परस्पर आरोपों और प्रत्यारोपों का पिटारा भी खोल दिया है । शिव कुमार चौधरी की उम्मीदवारी के समर्थक मुजफ्फरनगर खेमे के लोगों ने आरोप लगाया है कि मुकेश गोयल के प्रभाव क्षेत्र में अवतार कृष्ण को जिस तरह का समर्थन मिलता दिख रहा है, उससे लगता है कि मुकेश गोयल ने शिव कुमार चौधरी को जितवाने का नहीं, बल्कि हरवाने का इंतजाम किया हुआ है । उल्लेखनीय है कि मुरादाबाद क्षेत्र को मुकेश गोयल के प्रभाव वाले क्षेत्र के रूप में देखा/पहचाना जाता है; ऐसे में प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार यहाँ मीटिंग न सिर्फ कर ले, बल्कि मीटिंग में क्षेत्र के तमाम लोगों को जुटा भी ले - तो विरोधियों के लिए मुकेश गोयल की राजनीतिक सामर्थ्य और नीयत पर शक होना स्वाभाविक ही है । मुकेश गोयल की राजनीतिक सामर्थ्य और नीयत पर शक करने का विरोधियों का मौका तब और जेनुइन लगने लगता है जब प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार की मीटिंग में मुकेश गोयल के नजदीकी और खास समझे जाने वाले लोगों ने बढ़चढ़ कर न सिर्फ हिस्सा लिया हो, बल्कि मुकेश गोयल के खिलाफ बयानबाजी भी की हो । मुरादाबाद में आयोजित हुई अवतार कृष्ण की मीटिंग का उल्लेखनीय पक्ष दरअसल यह रहा कि उसमें मुकेश गोयल की ताकत समझे जाने वाले लोगों की न सिर्फ शिरकत रही बल्कि उन्होंने शिब कुमार चौधरी की उम्मीदवारी का समर्थन करने के मुकेश गोयल के फैसले के प्रति खुली नाराजगी भी प्रकट की ।
असल में, इसी कारण से शिव कुमार चौधरी के समर्थक मुजफ्फरनगर खेमे के लोगों ने मुकेश गोयल की राजनीतिक सामर्थ्य और नीयत पर सवाल उठाया है । शिव कुमार चौधरी की उम्मीदवारी के समर्थक मुजफ्फरनगर खेमे के लोगों को मुकेश गोयल की उस बात ने और भड़काया है जिसमें मुकेश गोयल ने दावा किया कि मुरादाबाद में आयोजित हुई अवतार कृष्ण की मीटिंग में उनके जो लोग गए वह उनसे पूछ कर और उनकी अनुमति मिलने के बाद ही उक्त मीटिंग में गए थे । मुकेश गोयल की यह बात शिव कुमार चौधरी के दूसरे समर्थकों को बिलकुल भी समझ में नहीं आ रही है । उनका कहना है कि यदि सचमुच किन्हीं लोगों ने उनसे अवतार कृष्ण की मीटिंग में जाने या न जाने को लेकर पूछा था तो उन्होंने जाने की अनुमति क्यों दी ? उनका कहना है कि अपने लोगों को अवतार कृष्ण की मीटिंग में जाने की अनुमति देकर मुकेश गोयल ने एक तरह से अवतार कृष्ण की उम्मीदवारी की हवा बनाने में ही मदद की है और इससे शिव कुमार चौधरी की उम्मीदवारी के लिए चुनौती बढ़ी है । शिव कुमार चौधरी की उम्मीदवारी के दूसरे समर्थकों के बीच इसी से शक और सवाल पैदा हुआ है कि मुकेश गोयल का वास्तविक खेल आखिर है क्या ?
इसी शक और सवाल के साथ शिव कुमार चौधरी के समर्थक मुजफ्फरनगर खेमे के लोगों ने कहना शुरू कर दिया है कि शिव कुमार चौधरी को मुकेश गोयल पर भरोसा नहीं करना चाहिए । दरअसल इस शक और सवाल ने शिव कुमार चौधरी के समर्थक मुजफ्फरनगर खेमे के लोगों को मौका दिया है कि वह शिव कुमार चौधरी को मुकेश गोयल से अलग कर लें, और वह अपनी इस कोशिश को संभव बनाने में जुट गए हैं । असल में, मुजफ्फरनगर खेमे के लोगों को शिव कुमार चौधरी का मुकेश गोयल का समर्थन लेना कभी भी पसंद नहीं आया । चुनावी जीत का समीकरण बनाने की मजबूरी में उन्होंने शिव कुमार चौधरी का मुकेश गोयल के पास जाना स्वीकार तो कर लिया था, लेकिन मुकेश गोयल को किसी भी तरह से तवज्जो देना उन्हें पसंद नहीं आया है । मुकेश गोयल ने जबसे शिव कुमार चौधरी से मुरादाबाद, गाजियाबाद, हापुड़ और मेरठ की मीटिंग का आयोजन करवाया है, तबसे तो मुजफ्फरनगर खेमे के लोगों के तन-बदन में आग लगी हुई है । उन्हें लग रहा है कि शिव कुमार चौधरी आखिर मुकेश गोयल की इतनी बात क्यों मान रहे हैं ? मुजफ्फरनगर खेमे के लोगों को लगता है कि शिव कुमार चौधरी को जब डिस्ट्रिक्ट के अधिकतर नेताओं का समर्थन मिल रहा है, और मुकेश गोयल के समर्थन के बिना भी वह सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का चुनाव जीत सकते हैं तो फिर मुकेश गोयल को ढोने की भला क्या जरूरत है ?
मुरादाबाद में आयोजित हुई अवतार कृष्ण की मीटिंग में मुकेश गोयल के नजदीकियों के रूप में पहचाने जाने वाले लोगों के पहुँचने से मुजफ्फरनगर खेमे के लोगों को मुकेश गोयल पर हमला करने का अच्छा मौका मिल गया है । उनका कहना है कि मुकेश गोयल के समर्थकों के बीच अवतार कृष्ण की उम्मीदवारी के प्रति बढ़ते दिखते समर्थन में मुकेश गोयल की कोई चाल छिपी है, जो शिव कुमार चौधरी की उम्मीदवारी को नुकसान पहुँचाएगी । मुकेश गोयल के यह कहने से तो मामला और भी गंभीर हो जाता है कि मुरादाबाद में आयोजित हुई अवतार कृष्ण की मीटिंग में उनके जो लोग पहुँचे, वह उनसे पूछ कर और उनकी अनुमति लेकर ही पहुँचे थे । मुजफ्फरनगर खेमे के लोगों का पूछना है कि अवतार कृष्ण की उम्मीदवारी के समर्थन में होने वाली मीटिंग को सफल बना/बनवा कर मुकेश गोयल आखिर हासिल क्या करना चाहते हैं ? मुरादाबाद में अवतार कृष्ण की उम्मीदवारी के समर्थन में हुई मीटिंग के अप्रत्याशित रूप से सफल होने के कारण शिव कुमार चौधरी के समर्थकों के बीच यूँ भी खलबली थी; इस सफलता के चलते शिव कुमार चौधरी के समर्थक मुजफ्फरनगर खेमे के लोगों द्धारा मुकेश गोयल को निशाने पर ले लेने से शिव कुमार चौधरी की उम्मीदवारी के संदर्भ में मामला और भी पेजीदा हो गया है ।

Tuesday, April 8, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में जीतते दिख रहे सीओएल के चुनाव को बीके त्रिखा, रोटरी क्लब मेरठ कैंट, संजीव रस्तोगी और राकेश रस्तोगी के रवैये से हाथ से निकलने के डर के कारण योगेश मोहन गुप्ता बुरी तरह बौखला गए है

मेरठ । योगेश मोहन गुप्ता को सीओएल के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के बाद करीब चौथे महीने में ध्यान आया है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल ने सीओएल के चुनाव को लेकर जो टाइम टेबल बनाया, उसके पीछे उनकी सीओएल पद के दूसरे उम्मीदवार को फायदा पहुँचाने की बदनीयत काम रही है । चूँकि हमारे यहाँ कहा गया है कि जब जागो तब सवेरा - इसलिए उनके देर से जागने की बात को यदि जाने भी दें; तो भी लगता है कि अभी भी उनकी नींद पूरी तरह से खुली नहीं है । क्योंकि सीओएल के चुनाव के टाइम टेबल को लेकर उन्होंने रोटरी साउथ एशिया कार्यालय को जो शिकायत की है, और जिसकी कॉपी उन्होंने इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर तथा पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर शेखर मेहता को भेजी है, उसमें विस्तार से टाइम टेबल की तारीखों का विवरण देने के बावजूद उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह आखिर चाहते क्या हैं ? डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने सीओएल के चुनाव के टाइम टेबल में चूँकि नियम-कानूनों का पालन नहीं किया है, इस आधार पर चुनाव को रद्द करने की और चुनावी प्रक्रिया को दोबारा से शुरू करने की ही माँग बनती है - योगेश मोहन गुप्ता ने लेकिन ऐसी कोई माँग नहीं की है । जाहिर है कि उन्होंने जो शिकायत की ही, उसमें नियम-कानूनों को लागू कराने पर जोर कम है - रोना-धोना ज्यादा है । योगेश मोहन गुप्ता जो यह संदेश देना चाहते हैं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में राकेश सिंघल ने निहायत मनमाने तरीके से काम किया है और रोटरी के नियम-कानूनों की तथा आदर्शों की हर तरह से ऐसी-तैसी की है, उससे सभी सहमत हैं; लेकिन लोगों का यह भी पूछना है कि राकेश सिंघल की कारस्तानियों को योगेश मोहन गुप्ता चुपचाप बैठे देखते क्यों रहे और अब जबकि राकेश सिंघल सारा कबाड़ा कर चुके हैं, तो राकेश सिंघल के किए-धरे को लेकर अब रोना-धोना क्यों मचाये हैं ? योगेश मोहन गुप्ता का यह व्यवहार दरअसल हार की आशंका से पैदा हुई उनकी बदहवासी को प्रकट करता है । 
योगेश मोहन गुप्ता की यह बदहवासी सिर्फ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल को लेकर ही नहीं है; उनकी बदहवासी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट संजीव रस्तोगी को लेकर, संजीव रस्तोगी के क्लब - रोटरी क्लब मेरठ कैंट के अध्यक्ष पूरन चंद चौधरी और रोटरी क्लब मेरठ सम्राट के वरिष्ठ सदस्य राकेश रस्तोगी को लेकर भी है । राकेश रस्तोगी के खिलाफ तो योगेश मोहन गुप्ता का गुस्सा सातवें आसमान पर है । यहाँ यह जानना दिलचस्प होगा कि अभी कुछ समय पहले तक राकेश रस्तोगी उनके इतने खास हुआ करते थे कि सीओएल के चुनाव को लेकर बनी ऑब्जर्वर्स की टीम के लिए योगेश मोहन गुप्ता ने अपनी तरफ से राकेश रस्तोगी का नाम दिया था । सीओएल के चुनाव को लेकर कल तक मेरठ के एकतरफा समर्थन का दावा कर रहे योगेश मोहन गुप्ता अब अचानक से मेरठ के लोगों - और मेरठ के 'अपने' लोगों के ही इतना खिलाफ आखिर क्यों हो गए हैं ? दरअसल योगेश मोहन गुप्ता कल तक सीओएल के चुनाव में अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त थे, लेकिन जैसे ही चुनाव का समय आया तो उन्हें अपनी हार सामने दिखने लगी । हार की आशंका ने योगेश मोहन गुप्ता को बदहवास कर दिया है; और इस बदहवासी में उन्हें हर वह व्यक्ति और क्लब 'बिका' हुआ दिख रहा है जो उनके साथ नहीं है । योगेश मोहन गुप्ता लोगों को बता रहे हैं कि रोटरी क्लब मेरठ कैंट के अध्यक्ष पूरन चंद चौधरी ने सीओएल के दूसरे उम्मीदवार ललित मोहन गुप्ता से डेढ़ लाख रुपये लेकर क्लब के वोट उन्हें 'बेच' दिए हैं । रोटरी क्लब मेरठ कैंट चूँकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट संजीव रस्तोगी का भी क्लब है, इसलिए क्लब के वोट 'बेचने' की इस कार्रवाई में योगेश मोहन गुप्ता को संजीव रस्तोगी की मिलीभगत भी नजर आती है ।
रोटरी क्लब मेरठ कैंट के लोग लेकिन एक दूसरी बात बताते हैं । क्लब की जिस बोर्ड मीटिंग में सीओएल के लिए वोट तय हुआ, उस बोर्ड मीटिंग में मौजूद क्लब के एक वरिष्ठ सदस्य ने इन पंक्तियों के लेखक को बताया कि मीटिंग शुरू होते ही क्लब के सेक्रेटरी बीके त्रिखा ने साफ कह दिया कि क्लब ने यदि योगेश मोहन गुप्ता को वोट देने का फैसला किया तो वह क्लब छोड़ देंगे । बीके त्रिखा का योगेश मोहन गुप्ता के साथ बहनोई का रिश्ता माना/ बताया जाता है, इसलिए उनसे यह सुनकर मीटिंग में मौजूद लोग हैरान हो गए । बीके त्रिखा ने लेकिन लोगों को ज्यादा देर हैरान नहीं रहने दिया; उन्होंने योगेश मोहन गुप्ता के प्रति अपने इस खुले विरोध का कारण बताया कि कुछ समय पहले वह अपनी नातिन के एडमिशन के लिए योगेश मोहन गुप्ता से मिले थे । अपने संस्थान में एडमिशन के लिए योगेश मोहन गुप्ता ने उन्हें डोनेशन का रेट बता दिया । उन्होंने योगेश मोहन गुप्ता से कहा भी कि सुनते हैं कि डायन भी अपनी जन-पहचान वालों के घर छोड़ देती है, तुम मुझसे भी डोनेशन लोगे । योगेश मोहन गुप्ता ने उन्हें दो-टूक बता दिया कि रिश्तेदारी की बात अपनी जगह है, लेकिन डोनेशन तो देना ही पड़ेगा । यह किस्सा सुनाते हुए बीके त्रिखा ने क्लब के लोगों से कहा कि अपने इस अनुभव के बाद अपने होते हुए वह योगेश मोहन गुप्ता के पक्ष में फैसला नहीं होने देंगे । बीके त्रिखा की इस बात को मानने में कोई समस्या इसलिए भी पैदा नहीं हुई क्योंकि रोटरी क्लब मेरठ कैंट का पहले से ही योगेश मोहन गुप्ता के साथ विरोध का रिश्ता बना हुआ है । कुछेक वर्ष पहले क्लब में योगेश मोहन गुप्ता का बायकाट करने का फैसला हुआ था, जिसे बदलवाने या ख़त्म करवाने के लिए न तो योगेश मोहन गुप्ता ने कभी कोई प्रयास किया और न क्लब के हर वर्ष आने वाले पदाधिकारियों ने ही उस फैसले को बदलने या ख़त्म करने की जरूरत समझी । ऐसे में, सीओएल के लिए ललित मोहन गुप्ता के पक्ष में फैसला करने में क्लब के पदाधिकारियों को जरा भी देर नहीं लगी ।
रोटरी क्लब मेरठ कैंट चूँकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट संजीव रस्तोगी का क्लब है, जिस कारण इसका महत्व कुछ बढ़ जाता है; इसलिए इसका ललित मोहन गुप्ता के पक्ष में जाने का फैसला डिस्ट्रिक्ट के दूसरे क्लब्स को भावनात्मक स्तर पर प्रभावित कर सकता है - इस संभावना को भाँप कर योगेश मोहन गुप्ता ने पैसे लेकर फैसला करने का आरोप लगा कर क्लब को बदनाम करना शुरू कर दिया । योगेश मोहन गुप्ता ने इस लपेटे में संजीव रस्तोगी को भी ले लिया । संजीव रस्तोगी से यूँ तो उनके संबंध ख़राब ही रहे हैं, लेकिन अभी पिछले दिनों रोटरी के एक कार्यक्रम के सिलसिले में वह और संजीव रस्तोगी साथ-साथ हैदराबाद गए थे और वहाँ एक ही कमरे में रहे थे और इस दौरान उनकी संजीव रस्तोगी के साथ चूँकि मीठी-मीठी बातें ही हुईं थीं, इसलिए उन्होंने मान लिया था कि संजीव रस्तोगी पुराने बैर को भूल गए हैं । लेकिन उनके क्लब के फैसले के ललित मोहन गुप्ता के पक्ष में आने से योगेश मोहन गुप्ता को दिन में तारे नजर आ गए । यह ठीक है कि क्लब की उस बोर्ड मीटिंग में संजीव रस्तोगी उपस्थित नहीं थे, लेकिन योगेश मोहन गुप्ता को विश्वास है कि संजीव रस्तोगी यदि दिलचस्पी लेते तो उनके क्लब का फैसला ललित मोहन गुप्ता के पक्ष में नहीं होता । इसी विश्वास के चलते योगेश मोहन गुप्ता को रोटरी क्लब मेरठ कैंट के ललित मोहन गुप्ता के पक्ष में जाने के फैसले में संजीव रस्तोगी की मिलीभगत दिखती है । इस मिलीभगत में योगेश मोहन गुप्ता अपने लिए बड़ा खतरा देख रहे हैं । उनका ऐसा देखना मौजूँ भी है - आने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के ललित मोहन गुप्ता के समर्थन में होने के संकेत मिलें, तो प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार के रूप में योगश मोहन गुप्ता के लिए खतरे की बात तो है । योगेश मोहन गुप्ता ने इस खतरे को दूर करने के लिए संजीव रस्तोगी के बारे में भी विरोध के खुले तेवर अपना लिए हैं ।
योगेश मोहन गुप्ता को लेकिन सबसे तगड़ा झटका राकेश रस्तोगी से लगा है और इस झटके का किस्सा तो बहुत ही मजेदार है । बीके त्रिखा ने, रोटरी क्लब मेरठ कैंट ने और संजीव रस्तोगी ने जो किया उसे तो फिर भी इस तर्क से देखा जा सकता है कि इनका योगेश मोहन गुप्ता के साथ पहले से ही विरोध का संबंध रहा है और इसलिए इन्होँने यदि योगेश मोहन गुप्ता के विरोध में खड़े होने का फैसला किया तो यह बहुत स्वाभाविक ही है । लेकिन राकेश रस्तोगी ? योगेश मोहन गुप्ता को सपने में भी शक नहीं था कि राकेश रस्तोगी ऐसा करेंगे ? मजे की बात यह है कि राकेश रस्तोगी ने जो कुछ किया है उसमें ऐसा कुछ भी नहीं है, जिसे लेकर योगेश मोहन गुप्ता को भड़कने की जरूरत पड़े । राकेश रस्तोगी ने दो काम किए : पहला काम उन्होंने यह किया कि सीओएल के चुनाव के संदर्भ में बनी ऑब्जर्वर्स कमेटी की पहली मीटिंग शुरू होने से कुछ ही पहले उन्होंने योगेश मोहन गुप्ता को ईमेल किया जिसमें उन्होंने योगेश मोहन गुप्ता के गवर्नर काल की क्लोजिंग सेरेमनी के आयोजन में खर्च हुए अपने करीब 27 हजार रुपयों के भुगतान की मांग की । यह रकम करीब पाँच वर्ष पहले खर्च हुई थी । राकेश रस्तोगी का कहना है कि यह रकम उन्होंने योगेश मोहन गुप्ता से मिले इस आश्वासन के चलते ही खर्च की थी कि इसका भुगतान उन्हें मिल जायेगा; लेकिन पिछले पाँच वर्षों में कई बार याद दिलाने के बावजूद योगेश मोहन गुप्ता ने इस रकम का भुगतान उन्हें नहीं किया और वह यह मान बैठे थे कि यह रकम तो उनकी डूब ही गई है । किंतु डूबी हुई यह रकम उन्हें अबकी बार के प्रयास में तुरंत मिल गई । योगेश मोहन गुप्ता ने दरअसल मौके की नजाकत को पहचाना, और जो रकम वह तरह तरह की बहानेबाजी करते हुए देने से बचते आ रहे थे - उसे उन्होंने राकेश रस्तोगी का ईमेल मिलते ही दे देने में अपनी भलाई समझी ।
राकेश रस्तोगी से मिले इस झटके को तो योगेश मोहन गुप्ता ने झेल लिया, लेकिन राकेश रस्तोगी से उन्हें जो दूसरा झटका मिला उसने उनके होश उड़ा दिए । दरअसल, योगेश मोहन गुप्ता को पता चला कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने दो क्लब्स को डुप्लीकेट बैलेट दे दिए हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने इसके पीछे कारण बताया कि एक क्लब का बैलेट कपड़ों के साथ धूल गया था, और दूसरे के बैलेट पर स्याही गिर गई थी । इस पर सवाल लेकिन यह पैदा हुआ कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पास अतिरिक्त बैलेट आये कहाँ से ? तब पता चला कि ऑब्जर्वर्स ने कुछेक अतिरिक्त बैलेट पर हस्ताक्षर करके डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को दिए हुए हैं । इस बात से योगेश मोहन गुप्ता के होश इसलिए उड़े कि यह बात राकेश रस्तोगी ने उन्हें पहले से क्यों नहीं बताई । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि राकेश रस्तोगी ऑब्जर्वर्स कमेटी में योगेश मोहन गुप्ता के प्रतिनिधि के तौर पर ही हैं; और उनका नाम देते/भेजते हुए योगेश मोहन गुप्ता ने उम्मीद की थी कि उन्हें अंदर की ख़बरें मिलती रहेंगी । राकेश रस्तोगी से लेकिन यह अंदर की खबर उन्हें नहीं मिली - इस बात को योगेश मोहन गुप्ता ने राकेश रस्तोगी द्धारा उनसे पैसे बसूलने के तरीके से जोड़ कर देखा और यह नतीजा निकाला कि राकेश रस्तोगी 'बिक' गए हैं । राकेश रस्तोगी को चूँकि संजीव रस्तोगी के निकट देखा/पहचाना जाता है इसलिए योगेश मोहन गुप्ता को अपना शक सच्चाई में बदलता हुआ भी लगा । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश रस्तोगी ने हालाँकि यह स्पष्ट किया है कि अतिरिक्त बैलेट का रिकॉर्ड बना हुआ है और उनका दुरूपयोग होने की कोई संभावना नहीं है, लेकिन योगेश मोहन गुप्ता अतिरिक्त बैलेट को अपने खिलाफ एक षड्यंत्र के रूप में व्याख्यायित करते हुए भारी रोना-धोना मचाये हुए हैं ।
योगेश मोहन गुप्ता ने इस षड्यंत्र में सहभागी होने को लेकर राकेश रस्तोगी के खिलाफ पूरा मोर्चा खोला हुआ है । कुछेक लोगों को हालाँकि लगता है कि राकेश रस्तोगी ने अपने पैसे बसूलने के लिए जो तरीका अपनाया, वह मौके का फायदा उठाने की बदनीयती का सुबूत है; लेकिन कई अन्य लोग इस बिना पर राकेश रस्तोगी के तरीके को ठीक मान रहे हैं कि जब सीधी ऊँगली से घी न निकले तो ऊँगली टेढ़ी करनी ही पड़ती है । इनका कहना है कि योगेश मोहन गुप्ता की जब तक चल रही थी, वह राकेश रस्तोगी का पैसा देने से बच रहे थे; इसलिए जब राकेश रस्तोगी को मौका मिला तो उन्होंने अपनी चला ली और अपना पैसा बसूल कर लिया - इसमें गलत क्या किया ? इस तरह की बातें होने से योगेश मोहन गुप्ता की मुश्किलें इसलिए बढ़ गईं हैं क्योंकि उनके दुर्व्यवहार तथा पैसों संबंधी शिकायतों के शिकार लोग अब खुल कर बोलने लगे हैं और इन बातों से उन्हें अपने चुनाव पर प्रतिकूल असर पड़ता दिख रहा है । योगेश मोहन गुप्ता को डर हुआ है कि इस तरह की बातें यदि बढ़ीं तो वह जीतता दिख रहा चुनाव कहीं हार न जाएँ । हार की इस आशंका के चलते ही योगेश मोहन गुप्ता बुरी तरह बौखला गए हैं और इस बौखलाहट में वह अपने विरोधियों को आरोपों के घेरे में लेने की रणनीति पर काम कर रहे हैं ।

Sunday, April 6, 2014

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में लायनिज्म के लिए और डिस्ट्रिक्ट के लिए कभी भी कुछ भी करने में दिलचस्पी न लेने वाले नरेश गुप्ता ने शान ट्रेवल्स से लाभ लेने के लिए लोगों को टोरंटो चलने के लिए प्रेरित करने के काम में जी-जान लगाया हुआ है क्या ?

नई दिल्ली । नरेश गुप्ता ने 'चलो टोरंटो' 'चलो टोरंटो' 'चलो टोरंटो' का जो नारा लगाया हुआ है, उसने डिस्ट्रिक्ट के लोगों को हैरान और शान ट्रेवल्स वालों को बुरी तरह परेशान किया हुआ है । डिस्ट्रिक्ट के लोगों के लिए हैरानी का कारण यह है कि जिन नरेश गुप्ता ने लायनिज्म के काम में और डिस्ट्रिक्ट के काम में कभी कोई दिलचस्पी नहीं ली, वह अचानक से टोरंटो में हो रही इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस को लेकर इतने उत्साहित कैसे और क्यों हो गए कि लोगों को टोरंटो चलने के लिए प्रेरित करने के काम में जोर शोर से जुट गए हैं । डिस्ट्रिक्ट के लोगों की इस हैरानी का जबाव लेकिन शान ट्रेवल्स की परेशानी में छिपा है । शान ट्रेवल्स के लोगों ने इधर-उधर नरेश गुप्ता के रवैये को लेकर जिस तरह का रोना रोया है, उससे पता चलता है कि नरेश गुप्ता ने टोरंटो के लिए ज्यादा से ज्यादा फ्री टिकट के लिए शान ट्रेवल्स पर दबाव बनाया हुआ है, और नरेश गुप्ता की लगातार बढ़ती हुई माँग ने शान ट्रेवल्स वालों को परेशान कर दिया है । उल्लेखनीय है कि शान ट्रेवल्स टोरंटो के लिए अधिकृत ट्रेवल एजेंट है और टिकट बुक कराने से लेकर टोरंटो में रहने/घूमने की व्यवस्था कराने का काम उसी को दिया गया है । नरेश गुप्ता ने 'टोरंटो चलो' के अपने अभियान में भी शान ट्रेवल्स का नाम लिया है ।
यह एक जानी/पहचानी बात है कि कोई भी ट्रेवल एजेंसी ग्रुप बुकिंग में बुकिंग के 'नेता' को कई तरह की 'सुविधाएँ' देती हैं । शान ट्रेवल्स भी इस 'रिवाज' का पालन करती है । इस रिवाज का पालन करते हुए भी कई बार उसे लायन लीडर्स के कई अनुचित दबावों को भी झेलना पड़ता है और इसके चलते कई बार मल्टीपल के डिस्ट्रिक्ट्स के नेताओं के खुले विरोध का भी उसे सामना करना पड़ा है । अच्छे-बुरे अनुभवों के बीच शान ट्रेवल्स के कर्ता-धर्ता लेकिन लायन लीडर्स को झेलते रहे हैं और नाराजगी 'दिखाने' वाले नेताओं को मनाने में सफल होते रहे हैं । लेकिन शान ट्रेवल्स के लोग आजकल इधर-उधर जो रोना मचाये हुए हैं उससे लग रहा है कि नरेश गुप्ता उनके लिए खासे टफ साबित हो रहे हैं । शान ट्रेवल्स के लोग इस बात से ज्यादा परेशान हैं कि नरेश गुप्ता की माँगे रोज बढ़ती ही जा रही है । शान ट्रेवल्स के लोगों को पहला झटका तब लगा जब 'रिवाज' के अनुसार मिलने वाली सुविधाएँ लेने के बाद नरेश गुप्ता ने 'नरेश अग्रवाल कैम्पेन' के लिए मोटी रकम देने की माँग की । नरेश गुप्ता ने उनसे साफ कहा कि मल्टीपल काउंसिल की मीटिंग में जब गवर्नर्स  से 'नरेश अग्रवाल कैम्पेन' के लिए फंड जुटाने में सहयोग करने की बात कही गई थी और सभी गवर्नर्स उसमें अपनी तरफ से रकम देने की घोषणा कर रहे थे, तब उन्होंने भी लाख/डेढ़ लाख रुपये उस फंड में देने की घोषणा कर दी थी, जिसकी व्यवस्था शान ट्रेवल्स को करनी ही होगी । शान ट्रेवल्स के लोगों ने पहले तो नरेश गुप्ता की इन अनपेक्षित डिमांड से बचने की कोशिश की, लेकिन जल्दी ही उन्हें समझ में आ गया कि इससे बचना आसान नहीं होगा, सो उन्होंने नरेश गुप्ता की इस डिमांड को मान लिया ।
शान ट्रेवल्स के लिए लेकिन नरेश गुप्ता की इस माँग को मान लेने के बाद मुसीबत कम होने की बजाये बढ़ और गई । नरेश गुप्ता इसके बाद अपने समर्थक पूर्व गवर्नर्स के लिए मुफ्त टिकट/पैकेज की माँग करने लगे । नरेश गुप्ता का तर्क रहा कि उनके प्रयत्नों से शान ट्रेवल्स को डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में अच्छा बिजनेस मिल रहा है और इसलिए बिजनेस के 'अनुपात' में उन्हें मुफ्त टिकट/पैकेज मिलने चाहिए । शान ट्रेवल्स के लिए मुसीबत की बात यह हुई कि डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में उन्हें जो बिजनेस मिला है वह कुछेक दूसरे लोगों के कारण भी मिला है, और उसका 'लाभ' उन्हें उन दूसरे लोगों को देना पड़ रहा है । उल्लेखनीय है कि शान ट्रेवल्स के लोग लायन लोगों को टूर कराने के धंधे के पुराने खिलाड़ी हैं । उन्होंने बिजनेस जुटाने के अपने स्वतंत्र जुगाड़ कर लिए हैं और बिजनेस के लिए वह 'होने वाले' गवर्नर पर निर्भर नहीं करते हैं । नरेश गुप्ता का लेकिन कहना है कि अपने डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री के लोगों के बीच 'टोरंटो चलो' का उन्होंने जो अभियान छेड़ा हुआ है उसके कारण ही शान ट्रेवल्स को उनके डिस्ट्रिक्ट से बिजनेस मिल रहा है और इसलिए इस डिस्ट्रिक्ट से मिलने वाले बिजनेस का सारा 'लाभ' उन्हें ही मिलना चाहिए ।
नरेश गुप्ता का यह तर्क - और इस तर्क के सहारे की जा रही नरेश गुप्ता की हार्ड बारगेनिंग शान ट्रेवल्स वालों के लिए भारी मुसीबत बन गई है । शान ट्रेवल्स वालों के लिए मुसीबत की बात यह हुई है कि नरेश गुप्ता को आगे करके उनसे 'लाभ' लेने का यह काम डिस्ट्रिक्ट के कुछेक ऐसे पूर्व गवर्नर्स कर रहे हैं जिन्हें शान ट्रेवल्स वाले पिछले वर्षों में तरह-तरह से उपकृत करते रहे हैं । इस कारण से शान ट्रेवल्स वाले नरेश गुप्ता के समर्थक गवर्नर्स से कोई मदद भी नहीं ले सकते हैं, क्योंकि जिनसे वह मदद की उम्मीद कर सकते हैं, उन्हें ही नरेश गुप्ता की बढ़ती डिमांड से वह लाभान्वित होते हुए 'देख' रहे हैं । नरेश गुप्ता की ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने की कोशिशों का शान ट्रेवल्स वालों ने इधर-उधर जो रोना रोया, उससे डिस्ट्रिक्ट के लोगों को अपनी इस हैरानी का जबाव भी मिल गया है कि लायनिज्म के लिए और डिस्ट्रिक्ट के लिए कुछ भी करने में दिलचस्पी न लेने वाले नरेश गुप्ता आखिर लोगों को टोरंटो चलने के लिए प्रेरित करने के काम में जी-जान क्यों लगाये हुए हैं ?    


Saturday, April 5, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संदर्भ में राजीव वशिष्ट को अपनी चुनावी तैयारी में शामिल करने की दीपक गुप्ता की कोशिश से जेके गौड़ बुरी तरह भड़के हैं

गाजियाबाद । दीपक गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उम्मीदवारी के संदर्भ में राजीव वशिष्ट के साथ डिस्ट्रिक्ट के कुछेक बड़े नेताओं के यहाँ जाने पर जेके गौड़ की खीज और आलोचना का शिकार होना पड़ा है । जेके गौड़ ने कुछेक लोगों के बीच उलाहना दिया कि दीपक गुप्ता अब राजीव वशिष्ट के भरोसे अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटायेंगे क्या ? जिन लोगों के बीच जेके गौड़ ने अपनी यह खीज निकाली, उनके लिए यह समझना हालाँकि मुश्किल हुआ कि जेके गौड़ इस संदर्भ में ज्यादा नाराज दीपक गुप्ता से हैं या राजीव वशिष्ट से - और या दोनों से ? मोटे तौर पर यही समझा गया कि कुल मिलाकर वह दोनों से ही नाराज हैं । जेके गौड़ के नजदीकियों के अनुसार, जेके गौड़ को दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी से इसलिए नाराजगी है क्योंकि दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के कारण उनके पास ज्यादा राजनीति करने का मौका ही नहीं बचेगा - और न उन्हें 'अपने' बॉस लोगों की 'राजनीतिक सेवा' करने का अवसर मिलेगा । दीपक गुप्ता ने अपनी चुनावी तैयारी में राजीव वशिष्ट की मदद लेकर जेके गौड़ के इस आकलन और डर को सच भी साबित कर दिया है । दरअसल, इसीलिए राजीव वशिष्ट को अपनी चुनावी तैयारी में शामिल करने की दीपक गुप्ता की कोशिश से जेके गौड़ बुरी तरह भड़के हुए हैं ।
जेके गौड़ ने जिन लोगों को अपना यह भड़कना दिखाया, उनका कहना है कि जेके गौड़ अपनी उम्मीदवारी के दिनों को लगता है कि भूल गए हैं - जब मुकेश अरनेजा व रमेश अग्रवाल जैसे लोग उन्हें हतोत्साहित तथा लगभग अपमानित करते थे; और जब वह अपनी उम्मीदवारी की मदद के लिए राजीव वशिष्ट तथा उनके जैसे ही दूसरे लोगों की मदद पर निर्भर करते थे । जीतने के बाद जेके गौड़ को मुकेश अरनेजा व रमेश अग्रवाल अपने लगने लगे और राजीव वशिष्ट जैसे लोग उनके लिए पराये जैसे हो गए हैं - तो यह जेके गौड़ का शुद्ध अवसरवाद ही है । जेके गौड़ ने अपनी उम्मीदवारी के दिनों में जब राजीव वशिष्ट की कई कई मौकों पर मदद ली थी, तो अब वह इस बात पर क्यों भड़क रहे हैं कि उन्हीं राजीव वशिष्ट की मदद अब दीपक गुप्ता ले रहे हैं ?
जेके गौड़ का यह भड़कना शायद इसलिए हो कि उन्हें लगता है कि उनके होते हुए दीपक गुप्ता को राजीव वशिष्ट की मदद लेने की भला क्या जरूरत है ? उल्लेखनीय है कि जेके गौड़ ने सार्वजानिक रूप से दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन में रहने की घोषणा की हुई है । दूसरे लोगों को भले ही लगता हो कि जेके गौड़ अपने 'राजनीतिक-बॉस' लोगों की 'नौकरी' ही करेंगे, लेकिन जेके गौड़ का खुद का कहना है कि वह गाजियाबाद/उत्तर प्रदेश के लोगों के साथ रहेंगे और इस नाते से दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थन में रहेंगे । जेके गौड़ के इतना साफ साफ कहने के बाद भी कई लोगों को उनकी बातों पर विश्वास नहीं है । डिस्ट्रिक्ट में पिछले दिनों सीओएल के चुनाव में जेके गौड़ ने जिस तरह से अपना दोगला चरित्र दिखाया, उसके बाद उनकी कही हुई बात पर विश्वास करना लोगों के लिए मुश्किल हुआ है । उल्लेखनीय है कि सीओएल के चुनाव में जेके गौड़ ने दावा तो किया था कि वह किसी के पक्ष में नहीं हैं; उमेश चोपड़ा के साथ तो उन्होंने यहाँ तक ऐलान कर दिया था कि यदि कोई कह दे कि उन्होंने रमेश अग्रवाल के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश की है तो वह रोटरी छोड़ देंगे । लेकिन लगातार यह सूचनाएँ भी मिलती रही थीं कि जेके गौड़ कैसे क्लब के लोगों पर दबाव बना कर रमेश अग्रवाल के पक्ष में कॉन्करेंस जुटाने की मुहिम में लगे रहे और कैसे उन्होंने अपने स्टॉफ के लोगों को भेज भेज कर कॉन्करेंस इकठ्ठा की हैं । जेके गौड़ की इस धोखाधड़ी वाली भूमिका ने उनकी ऐसी कुख्याति बना दी है कि उनकी बातों पर लोगों के लिए विश्वास करना आसान नहीं रह गया है ।
इसीलिए दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को उनके समर्थन देने/करने की घोषणा को भी संदेह के साथ देखा/पहचाना जा रहा है । 'चोर की दाढ़ी में तिनका' वाली कहावत को चरितार्थ करते हुए जेके गौड़ ने खुद ही, राजीव वशिष्ट पर दीपक गुप्ता की निर्भरता को अपने प्रति अविश्वास के रूप में ही देखा/पहचाना हो शायद; और इसीलिए वह राजीव वशिष्ट को लेकर अभियान पर निकलने की दीपक गुप्ता की कार्रवाई से भड़के हैं । दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के प्रति समर्थन का भाव रखने वाले लोगों को लगता भी है कि दीपक गुप्ता को जेके गौड़ के प्रति सावधान रहने की जरूरत है - उन्हें जेके गौड़ का समर्थन लेने का भी प्रयास करना चाहिए और उन पर पूरी तरह भरोसा करने से भी बचना चाहिए । यह हालाँकि एक सामान्य-सी 'समझ' ही है और इसमें जेके गौड़ के लिए कोई नकारात्मक भाव नहीं है; लेकिन जैसा कि कहा/माना जाता है कि व्यक्ति किसी के कहने या न कहने से नहीं, बल्कि अपने ही अपराधबोध से ज्यादा पीड़ित होता है । जेके गौड़ की कारस्तानियाँ क्या रही हैं, यह दूसरे लोग तो कम जानते होंगे - खुद जेके गौड़ ज्यादा जानते होंगे; व्यक्ति दूसरों से तो झूठ बोल सकता है, लेकिन अपने आप से नहीं बोल सकता । इसीलिए माना/समझा जा सकता है कि राजीव वशिष्ट से दीपक गुप्ता के मदद लेने पर जेके गौड़ के बौखलाने के पीछे उनका अपराधबोध ही कारण रहा होगा, अन्यथा इस बात पर बौखलाने का तो कोई कारण नहीं बनता/दिखता है ।
जो भी हो, जेके गौड़ की इस बौखलाहट ने दीपक गुप्ता के सामने अपने समर्थकों तथा संभावित समर्थकों के बीच सामंजस्य और तालमेल बैठाने की चुनौती तो पैदा कर ही दी है ।

Friday, April 4, 2014

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अवतार कृष्ण की उम्मीदवारी को मजबूती और बढ़त पाता देख शिव कुमार चौधरी को अपनी उम्मीदवारी की कमान मुकेश गोयल को सौंपने के लिए मजबूर होना पड़ा है

गाजियाबाद/देहरादून । अवतार कृष्ण ने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए प्रस्तुत अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने हेतु अपनी जिस तरह की सक्रियता दिखाई है, उसने विरोधी खेमे में तो खासी हलचल मचा ही दी है - साथ ही अपने समर्थकों व शुभचिंतकों को भी चकित किया है । यह दरअसल इसलिए हुआ क्योंकि किसी को भी उम्मीद नहीं थी कि अवतार कृष्ण अपनी उम्मीदवारी को लेकर इतनी और इस तरह की सक्रियता दिखा पायेंगे । पिछले वर्षों में जब-जब, और इस वर्ष भी जब उनकी उम्मीदवारी की बात चली तो किसी ने भी उनकी उम्मीदवारी को गंभीरता से नहीं लिया । दरअसल हर किसी का यही मानना रहा कि अवतार कृष्ण के लिए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार के रूप में काम कर पाना संभव ही नहीं होगा और इसलिए उनकी उम्मीदवारी की बात चाहें जितनी चले, वह सचमुच में उम्मीदवार हो नहीं पायेंगे और यदि हो गये तो एक उम्मीदवार के रूप में काम नहीं कर पायेंगे । अवतार कृष्ण ने लेकिन इन सारी अवधारणाओं को गलत साबित कर दिया है । सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार के रूप में अवतार कृष्ण ने जिस रणनीति के साथ अपना अभियान संयोजित किया है, उसने सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के दूसरे उम्मीदवार शिव कुमार चौधरी के लिए मुकाबले को खासा मुश्किल बना दिया है ।
मुश्किल बने मुकाबले में बने रहने के लिए शिव कुमार चौधरी को अपनी रणनीति में बड़े फेरबदल करने के लिए मजबूर होना पड़ा है । इस मजबूरी में ही उन्हें गाजियाबाद और मेरठ में स्नेह मिलन करने पड़ रहे हैं । उल्लेखनीय है कि गाजियाबाद में पार्टी करने को लेकर शिव कुमार चौधरी पर एक तरफ कुंजबिहारी अग्रवाल का दबाव था तो दूसरी तरफ से मुकेश गोयल का दावा था - इस दबाव और दावे से बचने के लिए ही उन्हें दो बार पूरी तैयारी कर लेने के बावजूद मीटिंग को पहले स्थगित और फिर रद्द करना पड़ा था । इस दबाव और दावे से बचने के लिए ही शिव कुमार चौधरी की तरफ से फार्मूला यह निकाला गया कि वह गाजियाबाद में मीटिंग करेंगे ही नहीं । उनकी तरफ से तर्क दिया गया कि चूँकि गाजियाबाद में डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस हो ही रही है, इसलिए गाजियाबाद के लोगों को एंटरटेन करने का काम वह डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस के दौरान ही कर लेंगे । कुंजबिहारी अग्रवाल और मुकेश गोयल की तरफ से बने दबाव से बचने का फार्मूला तो शिव कुमार चौधरी ने निकाल और अपना लिया; लेकिन अवतार कृष्ण की सक्रियता के कारण जो दबाव बना उससे बचने के लिए उन्हें गाजियाबाद में पार्टी करने का फैसला करने के लिए मजबूर होना ही पड़ा है । सिर्फ इतना ही नहीं, यह अवतार कृष्ण की सक्रियता के कारण बने दबाव का ही परिणाम है कि शिव कुमार चौधरी को मेरठ में दोबारा पार्टी करने का फैसला लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है । उल्लेखनीय है कि मेरठ में उन्होंने अभी हाल ही में पार्टी की थी, लेकिन फिर भी वह एक बार और मेरठ में पार्टी करने का फैसला करने के लिए मजबूर हुए हैं ।
यह सब दरअसल इसलिए हो रहा है क्योंकि इस बीच अवतार कृष्ण ने अपनी सक्रियता से लोगों के बीच अच्छी पैठ बना ली और शिव कुमार चौधरी के लिए आसान दिख रहा चुनाव खासा मुश्किल हो गया । असल में, शिव कुमार चौधरी अभी तक कुंजबिहारी अग्रवाल के कहने में ज्यादा थे, और मुकेश गोयल को लगातार इग्नोर कर रहे थे । इग्नोर किये जाने के कारण मुकेश गोयल भी चुपचाप बैठे थे और शिव कुमार चौधरी की उम्मीदवारी के पक्ष में होने के बावजूद उनके लिए कुछ करते हुए नहीं दिख रहे थे । इससे मुकेश गोयल के समर्थकों के बीच शिव कुमार चौधरी की उम्मीदवारी के प्रति शंका और आशंका का भाव पैदा हुआ । अवतार कृष्ण और उनकी उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं ने इसी स्थिति का लाभ उठाया और मुकेश गोयल के समर्थकों के बीच अपनी पैठ बनाना शुरू की । इस काम में उन्हें आशातीत सफलता मिली । इस सफलता ने अवतार कृष्ण की उम्मीदवारी को मजबूती भी दी और बढ़त भी दी । शिव कुमार चौधरी ने अवतार कृष्ण की इस सफलता और बढ़त को पहचानने में देर नहीं की और तुरंत ही मुकेश गोयल को शरणागत हुए । मुकेश गोयल जैसे इसी का इंतजार कर रहे थे । उन्होंने आनन-फानन में मुरादाबाद, गाजियाबाद, हापुर, मेरठ आदि में स्नेह मिलन करने की तैयारी करने के आदेश दे दिए । शिव कुमार चौधरी ने भी अभी तो मुकेश गोयल के इस आदेश का पालन करने में अपनी भलाई देखी है । उन्हें लग रहा है कि इसी तरीके से वह अवतार कृष्ण द्धारा प्रस्तुत की गई चुनौती से निपट सकते हैं ।
अवतार कृष्ण द्धारा प्रस्तुत की गई चुनौती से इस तरीके से शिव कुमार चौधरी सचमुच निपट सकेंगे या नहीं, यह हालाँकि अभी देखने की बात होगी । देखने की बात दरअसल यह होगी कि मुकेश गोयल के दिशा-निर्देशन में होने वाले मुरादाबाद, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ के स्नेह मिलनों के प्रति कुंजबिहारी एंड टीम का क्या रवैया रहता है । एक संभावना यह देखी जा रही है कि डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस से ठीक पहले हो रहे इन स्नेह मिलनों के आयोजन से शिव कुमार चौधरी की उम्मीदवारी की बागडोर मुकेश गोयल के हाथ में जाने का जो संकेत लोगों के बीच जा रहा है, उससे कुंजबिहारी अग्रवाल एंड टीम बिदकेगी ही - और तब देखने की बात यह होगी कि शिव कुमार चौधरी उन्हें खुश करने के लिए क्या करते हैं ? देखने की यह बात इसलिए और भी ज्यादा महत्वपूर्ण है क्योंकि अवतार कृष्ण और उनकी उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं ने हर स्थिति का लाभ उठाने की तैयारी की हुई है ।

Thursday, April 3, 2014

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट के लिए लोगों के न मिलने की बात को छिपाने के लिए ही नरेश गुप्ता ने यह शगूफा छोड़ा है कि वह अपनी कैबिनेट अभी नहीं बनायेंगे, बाद में विक्रम शर्मा को जितवाने के लिए पक्के वाले समर्थकों को लेकर बनायेंगे

नई दिल्ली । नरेश गुप्ता ने लगता है कि अपना, डिस्ट्रिक्ट का और लायनिज्म का नाम ख़राब करने का दृढ़ निश्चय और पक्का इरादा कर लिया है; और इसीलिए पहले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विजय शिरोहा को निशाने पर लेने के बाद उन्होंने अब अभी हाल ही में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का चुनाव जीते आरके शाह को निशाने पर ले लिया है । फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस के आयोजन को लेकर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विजय शिरोहा के खिलाफ लायंस इंटरनेशनल में हुई शिकायत के पक्ष में उनके हलफनामा देने से पैदा हुआ विवाद अभी थमा भी नहीं है कि उन्होंने आरके शाह को हराने का संकल्प व्यक्त कर दिया है ।
कहाँ हराने का ?
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की कुर्सी सँभालने की तैयारी कर रहे नरेश गुप्ता का कहना है कि इस बार हुई डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस के खिलाफ लायंस इंटरनेशनल में जो शिकायत हुई है, उसके चलते डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस और उसमें हुए सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव को अमान्य घोषित होना ही है; और इस तरह से आरके शाह और विक्रम शर्मा के बीच दोबारा चुनाव होगा । नरेश गुप्ता की खुली घोषणा है कि दोबारा होने वाले चुनाव में वह ऐसी व्यूह रचना करेंगे कि जीत विक्रम शर्मा को ही मिलेगी । नरेश गुप्ता अपनी इस घोषणा को लेकर इतने उत्साहित हैं कि विक्रम शर्मा को जितवाने वाली अपनी व्यूह रचना का भी उन्होंने खुलासा कर दिया है । नरेश गुप्ता ने ऐलान किया है कि वह अपनी कैबिनेट अभी नहीं बनायेंगे; डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस और उसमें हुए चुनाव के निरस्त किये जाने के लायंस इंटरनेशनल के फैसले के आने के बाद बनायेंगे, और तब अपनी कैबिनेट में वह ऐसे लोगों को लेंगे जो उनके कहने के अनुसार विक्रम शर्मा को वोट देने को राजी होंगे । नरेश गुप्ता का मानना और कहना है कि आरके शाह और विक्रम शर्मा के बीच जब दोबारा चुनाव की नौबत आयेगी, तब वोट देने का अधिकार अधिकृत कैबिनेट सदस्यों को ही होगा; इसलिए अपने पक्के समर्थकों वाले लोगों की कैबिनेट बना कर वह विक्रम शर्मा के लिए वोट इकट्ठे कर लेंगे ।
नरेश गुप्ता लगता है कि आजकल टेलीविजन पर रोज प्रसारित हो रहे 'महाभारत' सीरियल को देख रहे हैं और उसमें मामा शकुनि के तीन-तिकड़म वाले व्यवहार से बड़े प्रभावित हो रहे हैं; और या उन्हें मामा शकुनि टाइप का कोई सलाहकार मिल गया है, जो उन्हें तरह-तरह की योजनाएँ बताता/सिखाता रहता है । अब नरेश गुप्ता से कोई पूछे कि जब उन्हें विश्वास है कि लायंस इंटरनेशनल से फैसला डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस और उसमें हुए चुनाव के खिलाफ ही आयेगा, चुनाव दोबारा होगा, उनकी कैबिनेट के सदस्यों के द्धारा होगा, और जिसे अपनी कैबिनेट में पक्के वाले अपने समर्थकों को रख कर वह जीत लेंगे - तो फिर अपने पक्के वाले समर्थकों को लेकर अपनी कैबिनेट का गठन वह अभी ही क्यों नहीं कर ले रहे हैं, और क्यों अपनी कैबिनेट के गठन को वह टाल रहे हैं ?
जाहिर है कि उद्देश्य वह नहीं है, जो वह बता रहे हैं - उद्देश्य कुछ और है ! समझा जा रहा है कि उनके मामा शकुनि टाइप के सलाहकारों ने उन्हें पट्टी पढ़ाई है कि इस हथकंडे से वह तीन लाभ एक साथ उठा सकते हैं : पहला लाभ यह कि इस 'बात' से वह विक्रम शर्मा को भरमाये रख सकते हैं और उनसे कुछ और पैसे ऐंठ सकते हैं; दूसरा लाभ यह कि इस 'बात' से आरके शाह डरेंगे और डरे हुए आरके शाह की जेब भी ढीली करवाई जा सकती है; तीसरा लाभ यह होगा कि कैबिनेट में आने/रहने की इच्छा रखने वाले लोगों को लगेगा कि उनका नंबर पता नहीं आयेगा या नहीं, और इस आशंका के चलते वह कैबिनेट में अपनी जगह पक्की करने के लिए नरेश गुप्ता के चक्कर लगायेंगे और कैबिनेट में जगह पाने के लिए मुँह-माँगी कीमत देने को तैयार हो जायेंगे । नरेश गुप्ता के नजदीकियों का कहना है कि नरेश गुप्ता को अपने गवर्नर-काल के लिए ऐसे लोग मिल ही नहीं रहे हैं जो पद पाने की ऐवज में उन्हें मोटी रकम देने को तैयार हों । नरेश गुप्ता के सामने समस्या दरअसल यह है कि मौजूदा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विजय शिरोहा ने कैबिनेट सदस्यों से पैसे न लेकर एक ऐसी मिसाल कायम कर दी है कि उनके लिए अपनी कैबिनेट के भावी सदस्यों से पैसे लेना मुश्किल हो गया है । विजय शिरोहा से पहले गवर्नर रहे राकेश त्रेहन ने कैबिनेट सदस्यों से मोटी रकम ली थी, जिसके चलते राकेश त्रेहन को लोगों के बीच भारी बदनामी झेलनी पड़ी है । ऐसे में नरेश गुप्ता के लिए यह तय कर पाना मुश्किल हो रहा है कि वह किसे फॉलो करें - राकेश त्रेहन को या विजय शिरोहा को ?
नरेश गुप्ता के सामने समस्या लेकिन यह भी नहीं है; क्योंकि फॉलो तो उन्हें राकेश त्रेहन को ही करना है । उनकी समस्या वास्तव में यह है कि उन्हें कैबिनेट के लिए ऐसे लोग मिलें कैसे जो उन्हें कैबिनेट में जगह पाने के बदले में पैसे देने को तैयार हों । नरेश गुप्ता जिन लोगों के साथ हैं उनमें से अधिकतर तो ऐसे हैं जिनके लिए ऐसे लोगों की व्यवस्था कर पाना मुश्किल क्या, असंभव ही होगा । नरेश गुप्ता ने अपनी हरकतों और अपने व्यवहार से दूसरे खेमे के लोगों को अपने इतना खिलाफ कर लिया है कि वह इस मामले में उनकी मदद करेंगे नहीं । लिहाजा नरेश गुप्ता के लिए अपनी कैबिनेट के लिए लोगों के मिल सकने के लाले पड़ गए हैं । यह पोल खुल न जाये, इसलिए नरेश गुप्ता ने यह शगूफा छोड़ दिया है कि वह अपनी कैबिनेट अभी बनायेंगे ही नहीं, बाद में विक्रम शर्मा को जितवाने के लिए बनायेंगे । यहाँ फिर दोहराते हैं कि यदि सचमुच में उद्देश्य विक्रम शर्मा को जितवाने वाली कैबिनेट बनाने का है, तो वह कैबिनेट तो अभी भी बनाई जा सकती है । या अभी नरेश गुप्ता को यह समझ में नहीं आ रहा है कि उनके पक्के वाले समर्थक कौन कौन हैं ?
नरेश गुप्ता से ज्यादा अच्छी तरह इस बात को भला और कौन जान/समझ सकता है कि पक्के वाले समर्थकों की कैबिनेट बना कर भी किसी को गवर्नर नहीं चुनवाया/बनवाया जा सकता है । यदि ऐसा हो सकता होता तो अभी कैबिनेट बनाने की तैयारी नरेश गुप्ता की बजाये ओंकार सिंह रेनु कर रहे होते । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होते हुए राकेश त्रेहन ने सुभाष गुप्ता के निधन से खाली हुई जगह पर ओंकार सिंह रेनु को बैठाने की योजना बनाई थी; और इसके लिए उनकी कैबिनेट में उनके पक्के वाले समर्थक भी थे, और जो नहीं भी थे उन्हें अल्पमत में लाने के लिए नए कैबिनेट सदस्य बना लेने की उनकी पूरी तैयारी थी - लेकिन फिर भी वह ओंकार सिंह रेनु के लिए कुछ नहीं कर सके और नरेश गुप्ता को सुभाष गुप्ता के निधन से खाली हुई जगह मिली । जो काम राकेश त्रेहन नहीं कर सके, वह नरेश गुप्ता कर लेंगे - इस पर कौन विश्वास कर सकता है भला ? राकेश त्रेहन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होते हुए भी न ओंकार सिंह रेनु के लिए कुछ कर पाये और न सुरेश जिंदल के काम आ सके । इसीलिए सभी को लगता है कि विक्रम शर्मा को जितवाने के लिए बाद में कैबिनेट बनाने की नरेश गुप्ता की बात सिर्फ एक बहाना है और इसके जरिये वह दरअसल एक तरफ विक्रम शर्मा से, दूसरी तरफ आरके शाह से और तीसरी तरफ किसी भी कीमत पर कैबिनेट में जगह पाने की इच्छा रखने वाले लोगों से पैसे ऐंठने की तैयारी कर रहे हैं ।

Wednesday, April 2, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में जीओवी के निमंत्रण के जरिये रोटरी क्लब दिल्ली सेंट्रल के डॉक्टर सुब्रमणियन ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि अबकी बार डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी को लेकर वह गंभीर हैं और पिछली बार वाली गलतियाँ नहीं दोहरायेंगे

नई दिल्ली । रोटरी क्लब दिल्ली सेंट्रल की तरफ से लोगों को 'डिस्ट्रिक्ट लीडर्स' के संबोधन के साथ जीओवी का जो निमंत्रण मिल रहा है, उसमें डॉक्टर सुब्रमणियन की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उम्मीदवारी के प्रमोशन की महक लोगों को महसूस हो रही है । निमंत्रण पाये कुछेक लोगों ने इन पँक्तियों के लेखक से कहा भी कि रोटरी क्लब दिल्ली सेंट्रल से उन्हें कभी कोई निमंत्रण नहीं मिला और न ही उनका रोटरी क्लब दिल्ली सेंट्रल के लोगों से किसी भी तरह का कोई संबंध ही रहा है, लेकिन फिर भी उन्हें क्लब की जीओवी का निमंत्रण मिला है - जिससे वह यही समझ रहे हैं कि क्लब के पदाधिकारियों ने डॉक्टर सुब्रमणियन की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने हेतु काम करना शुरू कर दिया है । उल्लेखनीय है कि पिछले रोटरी वर्ष में जब डॉक्टर सुब्रमणियन की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत हुई थी, तब क्लब के पदाधिकारियों तथा दूसरे सदस्यों पर एक गंभीर आरोप यही लगा था कि उन्होंने डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी के पक्ष में कोई खास सक्रियता नहीं दिखाई थी । लगता है कि उसी आलोचना से सबक लेकर क्लब के लोगों ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अगले रोटरी वर्ष में प्रस्तुत होने वाली डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी के संदर्भ में अभी से कमर कसना शुरू कर दिया है ।
जीओवी में 'डिस्ट्रिक्ट लीडर्स' के संबोधन के साथ लोगों को आमंत्रित करने की योजना के साथ लगता है कि क्लब के लोगों ने डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी के पक्ष में माहौल बनाने का काम शुरू कर दिया है । उल्लेखनीय है कि परसेप्शन के स्तर पर डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी को लेकर लोगों के बीच खासा नकारात्मक प्रभाव है । अधिकतर लोगों को शक है कि डॉक्टर सुब्रमणियन के पास एक उम्मीदवार की 'जिम्मेदारियों' का निर्वाह करने का समय पता नहीं होगा या नहीं; और एक उम्मीदवार के 'रूप में' व्यवहार कर सकना उनके बस की बात होगी भी या नहीं ? डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी को लेकर खासे उत्साहित दिख रहे क्लब के एक वरिष्ठ सदस्य मुनीश गौड़ ने समय की समस्या की बात का हालाँकि जोरदार तरीके से खंडन किया है । उनका तर्क है कि डॉक्टर सुब्रमणियन कोई ऐसे डॉक्टर नहीं हैं जिन्हें सुबह-शाम दुकान खोलनी पड़ती है; वह सर्जन हैं और उनका काम सुबह आठ/नौ बजे तक पूरा हो जाता है - उसके बाद उनके पास समय ही समय है । मुनीश गौड़ ने दावा किया कि समय की समस्या दूसरे उम्मीदवारों को हो तो हो, डॉक्टर सुब्रमणियन को बिलकुल नहीं है । मुनीश गौड़ ने भी लेकिन यह स्वीकार किया कि एक उम्मीदवार के 'रूप में' ढलने को लेकर डॉक्टर सुब्रमणियन के साथ समस्या है; और पिछली बार इसी वजह से डॉक्टर सुब्रमणियन को मात खानी पड़ी थी । मुनीश गौड़ ने दावा तो किया है कि इस बार लेकिन इस समस्या को सुलझा लिया जायेगा, लेकिन डिस्ट्रिक्ट के कई लोगों को लगता है कि इस समस्या को हल करना डॉक्टर सुब्रमणियन के लिए एक बड़ी चुनौती होगी ।
डॉक्टर सुब्रमणियन को इस बार एक बड़ा फायदा यह मिलता दिख रहा है कि उनकी उम्मीदवारी को लेकर डिस्ट्रिक्ट के कई प्रमुख लोगों के बीच समर्थन की सहमति बन रही है । इस सहमति के चलते ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल ने उन्हें अपने बड़े आयोजनों में महत्व की स्थितियों में जगह दी; जिन जगहों पर 'दिखने' के जरिये डॉक्टर सुब्रमणियन ने यह संदेश देने की कोशिश की कि एक जिम्मेदार रोटेरियंस के रूप में डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख लोगों के बीच उनकी स्वीकार्यता है । हालाँकि डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी के समर्थन में बताये जा रहे कई प्रमुख लोग दीपक गुप्ता को उनसे ज्यादा व्यवहारिक उम्मीदवार के रूप में देखते हैं और दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी के प्रति समर्थन भी व्यक्त कर चुके हैं । लेकिन डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं का कहना है कि वह दीपक गुप्ता को इस बार अपनी उम्मीदवारी न प्रस्तुत करने के लिए राजी कर लेंगे । मजे की बात यह है कि डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी को जिन शरत जैन की उम्मीदवारी के खिलाफ तैयार किया जा रहा है, उन शरत जैन के समर्थक नेता भी दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को वापस करा देने/लेने के दावे कर रहे हैं । शरत जैन की उम्मीदवारी के पीछे जिस अरनेजा गिरोह को देखा/पहचाना जा रहा है, उस अरनेजा गिरोह के उत्तर प्रदेश के 'सेनापति' जेके गौड़ ने कुछेक लोगों को कहा/बताया है कि उन्होंने दीपक गुप्ता को अगले रोटरी वर्ष की बजाये उससे अगले रोटरी वर्ष में, यानि अपने गवर्नर-काल में उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के लिए राजी कर लिया है । जेके गौड़ ने इस बारे में विश्वास दिलाने के लिए तर्क भी दिया है कि - इसीलिए तो दीपक गुप्ता अपनी उम्मीदवारी के पक्ष में अब कुछ करते हुए नहीं दिख रहे हैं, जबकि कुछ दिन पहले तक वह काफी सक्रिय थे । दीपक गुप्ता ने हालाँकि अपनी उम्मीदवारी से पीछे हटने की बात अभी नहीं कही है । अभी तक वह यही कहते सुने गए हैं कि संजय खन्ना के गवर्नर-काल में वह तो उम्मीदवार होंगे ही ।
इस तरह के दावों/प्रतिदावों के बीच जो माहौल बन रहा है, उसमें गर्मी लाने का काम लेकिन रोटरी क्लब दिल्ली सेंट्रल की तरफ से जीओवी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भेजे/मिले निमंत्रण ने किया है । इस निमंत्रण के जरिये क्लब के लोगों ने और - जाहिर है कि डॉक्टर सुब्रमणियन ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि अबकी बार अपनी उम्मीदवारी को लेकर वह गंभीर हैं और पिछली बार वाली गलतियाँ नहीं दोहरायेंगे । देखना दिलचस्प होगा कि ऐसा वह कह ही रहे हैं, या सचमुच में कर भी सकते हैं ?