Thursday, June 7, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में रवि चौधरी के हुए हाल-बेहाल को देख/जान कर लोगों का कहना है कि विनय भाटिया ने यदि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की जिम्मेदारियों और पद की गरिमा को गंभीरता से नहीं लिया/समझा और रोटरी को लूट-खसोट तथा मौज-मजा व मनमानियों का अड्डा/जरिया ही समझा, तो उनका हाल भी रवि चौधरी जैसा होना ही तय है

नई दिल्ली । काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की कल शाम हुई मीटिंग में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि चौधरी के साथ आखिरकार ठीक वैसा ही हुआ, जैसा कि 'रचनात्मक संकल्प' ने 4 जून की अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से बताया था । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स की जुबानी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि चौधरी की ऐसी जमकर 'धुलाई' हुई, कि ऐसा लगा जैसे रवि चौधरी को पूरे गवर्नर-वर्ष में अपने किए धरे का ब्याज सहित रिटर्न मिल रहा हो । इससे पहले किसी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का अपने ही द्वारा बुलाई गई मीटिंग में ऐसा हाल-बेहाल हुआ हो, पुराने पूर्व गवर्नर्स को भी इसका पता या ध्यान नहीं है । मजे की बात यह रही कि यह मीटिंग रवि चौधरी ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट विनय भाटिया और उनके डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर विनोद बंसल को सबक सिखाने/सिखवाने के लिए बुलाई थी, लेकिन मीटिंग में उल्टा ही हो गया । रवि चौधरी की उम्मीद के विपरीत, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स ने विनय भाटिया और विनोद बंसल से तो कुछ नहीं कहा - सभी उलटे रवि चौधरी पर ही पिल पड़े । रवि चौधरी ने विनय भाटिया के डिस्ट्रिक्ट असेम्बली कार्यक्रम में प्रोटोकॉल के हुए उल्लंघन पर विचार के लिए काउंसिल और गवर्नर्स की मीटिंग बुलाई थी; उनकी शिकायत थी कि प्रोटोकॉल के उल्लंघन के चलते डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उनका अपमान हुआ । रोचक नजारा यह रहा कि यही शिकायत रवि चौधरी को भारी पड़ गई ।  
अलग अलग उदाहरणों के जरिये पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स का पूछने के अंदाज में कहना रहा कि अपने पूरे गवर्नर वर्ष में रवि चौधरी ने कभी प्रोटोकॉल का पालन किया क्या, और अपनी हरकतों के जरिये दूसरों का - यहाँ तक कि पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता तक का उन्होंने अपमान नहीं किया क्या ? और रही बात विनय भाटिया के डिस्ट्रिक्ट असेम्बली कार्यक्रम में प्रोटोकॉल के उल्लंघन होने की - पूर्व गवर्नर्स का पूछना/कहना रहा कि प्रोटोकॉल के पालन की जिम्मेदारी क्या अकेले विनय भाटिया की ही थी, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं थी क्या ? कार्यक्रम में उन्होंने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट विनय भाटिया और पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल के साथ जिस तरह की बदतमीजी की, उसमें प्रोटोकॉल का वह कौन सा पालन कर रहे थे ?
पूर्व गवर्नर्स की इस तरह की बातों ने जताया/दिखाया कि जैसे हर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि चौधरी से बदला लेने की ताक में था, और मौका मिलने पर फिर वह 'लात जमाने' से चूका नहीं । रवि चौधरी के लिए बदकिस्मती की बात यह रही कि जिन दमनजीत सिंह को उन्होंने अपना डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया और जिन अशोक घोष व राजेश बत्रा के कहने पर उन्होंने संजीव राय मेहरा को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव जितवाने के लिए हर संभव बेईमानी की, उन्होंने भी उनकी 'पिटाई' में मजे लिए और चुपचाप बैठे तमाशा देखते रहे; विनय अग्रवाल ने जरूर कुछेक मौकों पर रवि चौधरी का बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन अधिकतर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के तीखे तेवर देखते हुए किसी भी मौके पर उनकी चली नहीं । काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में विनय भाटिया और विनोद बंसल को जिस तरह का समर्थन मिला, वह उनके लिए भी अचरज की बात रही । मीटिंग से पहले विनय भाटिया और विनोद बंसल खासे परेशान थे । कई पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को अलग अलग कारणों से इनके खिलाफ देखा/समझा जाता है; कुछ दिन पहले तक विनय भाटिया को रवि चौधरी के थैले के ही चट्टे-बट्टे के रूप में देखा/पहचाना जाता था; लिहाजा इन्हें डर था कि मीटिंग में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स इन्हें भी निशाने पर लेंगे । लेकिन पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स जिस तरह रवि चौधरी को ही 'पीटने' में लगे रहे, उससे विनय भाटिया और विनोद बंसल ने राहत की गहरी साँस ली । काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में रवि चौधरी की हुई जोरदार पिटाई का विवरण देते हुए एक पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का कहना रहा कि रवि चौधरी का यह हाल पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के कारण नहीं हुआ, बल्कि उनकी खुद की मूर्खता व उनके अहंकार के कारण हुआ । अधिकतर लोगों का यही मानना और कहना है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में रवि चौधरी ने पूरे वर्ष जो बोया, वही उन्हें काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में वापस मिला है ।
काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में रवि चौधरी के साथ जो हुआ, उसे विनय भाटिया के लिए भी एक सबक के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । लोगों को लग रहा है कि विनय भाटिया अभी तो बच गए हैं, लेकिन उनकी रवि चौधरी जैसी जो हरकतें रही हैं वह यदि जारी रहीं तो उनका हाल भी रवि चौधरी जैसा ही बन जा सकता है । लोगों का कहना है कि व्यवहार में विनय भाटिया हालाँकि रवि चौधरी जैसे बदतमीज तो नहीं हैं; लेकिन बाकी (दु)र्गुणों के मामले में वह रवि चौधरी के 'मौसेरे' भाई ही हैं । यही कारण है कि अभी कुछ दिन पहले तक रवि चौधरी के साथ उनकी खूब बनती/छनती थी; और यह भी उनके रवि चौधरी जैसे होने का ही सुबूत है कि उनकी हरकतों का पहला शिकार उनका अपना समझा जाने वाला रवि चौधरी ही हो गया है । लोगों का मानना और कहना है कि विनय भाटिया की हरकतों का शिकार बनने से जब रवि चौधरी ही नहीं बच सका, तो फिर कौन बच पायेगा ? रवि चौधरी ने हालाँकि उनके साथ जो हुआ, उसके लिए विनोद बंसल को जिम्मेदार ठहराया है । विनोद बंसल की मामले में कोई भूमिका रही हो या न रही हो, विनय भाटिया को तो लेकिन क्लीन चिट नहीं ही दी जा सकती है । लोगों का कहना है कि विनय भाटिया ने यदि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की जिम्मेदारियों और पद की गरिमा को गंभीरता से नहीं लिया/समझा और रोटरी को लूट-खसोट तथा मौज-मजा व मनमानियों का अड्डा/जरिया ही समझे रहे, तो उनका हाल भी रवि चौधरी जैसा होना ही तय है ।

Wednesday, June 6, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 में पूर्व प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन के मुख्य आतिथ्य में होने जा रही डिस्ट्रिक्ट असेम्बली से ठीक पहले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट प्रवीन गोयल पर अपने कार्यकाल के बजट प्रस्तावों पर लगे गंभीर आरोपों की फेहरिस्त को टीके रूबी का समर्थन मिलने से मामला गंभीर हुआ

चंडीगढ़ । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट प्रवीन गोयल अपने गवर्नर-काल के बजट प्रस्तावों को लेकर गंभीर आरोपों में घिर गए हैं, और डिस्ट्रिक्ट के अलग अलग 'क्षेत्रों' से उन पर मनमाने तरीके से पैसे इकट्ठे करने तथा हिसाब-किताब में 'धोखाधड़ी' के मौके बनाने के आरोप लगने लगे हैं । डिस्ट्रिक्ट ऑफिस के नाम पर रोटरी भवन के लिए खर्च लेने, जीएसटी के नाम पर पैसा लेने, वेबसाइट के नाम पर बढ़ा-चढ़ा कर पैसे लेने, डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी के लिए जुटाए विज्ञापनों के पैसों को छिपाने, आकस्मिक खर्चों तथा डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस की सब्सिडी के नाम पर मोटी रकम लेने के बाबत प्रवीन गोयल पर गंभीर आरोप लगे हैं । सबसे मजेदार किस्सा प्रवीन गोयल ने निवर्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को देने वाले पिन व गिफ्ट्स के मामले में किया है । इसके लिए प्रत्येक रोटेरियन से उन्होंने पंद्रह रुपए लेने का प्रस्ताव रखा है, जबकि निवर्तमान होने वाले मौजूदा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर टीके रूबी ने उन्हें स्पष्ट शब्दों में लिखा है कि उन्हें कोई पिन और गिफ्ट्स न दिए जाएँ, उनका स्वागत वह एक गुलाब का फूल देकर ही कर दें । आरोप है कि प्रवीन गोयल ने इसी तरह के बेतुके खर्चे दिखा कर अपने गवर्नर-काल के लिए बढ़ा-चढ़ा कर बजट बनाया है । डिस्ट्रिक्ट फाइनेंस कमेटी के एक पूर्व सदस्य एमपी गुप्ता ने प्रवीन गोयल के बजट प्रस्तावों पर जब गंभीर आपत्ति जताई, तो प्रवीन गोयल ने उन्हें बातचीत के लिए आमंत्रित किया; जिसमें एमपी गुप्ता और प्रवीन गोयल के अलावा डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर जेपीएस सिबिया और फाइनेंस कमेटी के सदस्य शाजु पीटर भी शामिल हुए । एमपी गुप्ता की कई आपत्तियों व सुझावों के प्रति प्रवीन गोयल तथा उनके दोनों साथियों ने सहमति भी व्यक्त की और बजट प्रस्ताव में संशोधन करने के लिए हामी भी भरी, लेकिन डिस्ट्रिक्ट के कई लोगों को विश्वास है नहीं कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट प्रवीन गोयल और उनके संगी-साथी अगले रोटरी वर्ष के प्रस्तावित बजट खर्चे में वास्तव में कोई कमी करेंगे भी ।
उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को अपने कामकाज को व्यवस्थित रूप से करने के लिए रोटरी इंटरनेशनल से करीब 12 लाख रुपये मिलते हैं; अधिकतर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अपने घर या ऑफिस से काम करते हैं और उसी में रोटरी इंटरनेशनल से मिली रकम को एडजस्ट कर लेते हैं - लेकिन प्रवीन गोयल का पेट रोटरी इंटरनेशनल से मिले पैसों से नहीं भर रहा है, और डिस्ट्रिक्ट ऑफिस के नाम पर रोटरी भवन की व्यवस्था के लिए उन्होंने बजट में करीब दो लाख रुपये लेने का जुगाड़ कर लिया है । रोटरी भवन का रोटरी और या डिस्ट्रिक्ट के कामकाज से वास्तव में कोई लेनादेना नहीं है, यह सिर्फ तीन लोगों मधुकर मल्होत्रा, शाजु पीटर व बीएल रामसिसरिया के गपशप के लिए बैठने का ठिकाना भर है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर टीके रूबी ने कई मौकों पर शिकायत की कि डिस्ट्रिक्ट के विभिन्न प्रोजेक्ट्स से जुड़े जो रिकॉर्ड्स रोटरी भवन में मौजूद होने के दावे किये जाते रहे हैं, वह उन्हें रोटरी भवन में कभी नहीं मिले/दिखे । ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि प्रवीन गोयल को जब रोटरी भवन से कामकाज करना नहीं है, और यदि करना भी है तो उसके लिए उन्हें रोटरी इंटरनेशनल से पैसे मिलेंगे - तब फिर वह डिस्ट्रिक्ट के लोगों पर करीब दो लाख रुपये का बोझ क्यों डाल रहे हैं ? कुछेक लोगों का तो सीधे सीधे पूछना है कि यह पैसा आखिर किसकी जेब में जायेगा ? डिस्ट्रिक्ट की वेबसाइट के लिए 32 हजार रुपये का खर्चा दिखाया गया है, जबकि बाजार में 12 हजार रुपये में वेबसाइट बन जा रही है । जीएसटी के नाम पर करीब पौने चार लाख का खर्चा तो दिखा दिया गया है, पर इस बात को छिपा लिया गया है कि इसका तो इनपुट मिलेगा और आमदनी में इसका कोई जिक्र नहीं किया । आकस्मिक खर्चे के नाम पर प्रत्येक सदस्य से वसूली जाने वाली रकम दस रुपये से बढ़ा कर 45 रुपये तो कर दी गई, लेकिन यह नहीं बताया कि ऐसे कौन से आकस्मिक मौके हैं जिनके लिए उन्हें एकदम से 350 प्रतिशत की वृद्धि करनी पड़ रही है ।
इस मामले को गंभीर बनाने का काम किया डिस्ट्रिक्ट गवर्नर टीके रूबी के हस्तक्षेप ने । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट प्रवीन गोयल के बजट प्रस्तावों की डिस्ट्रिक्ट के विभिन्न कोनों से आलोचना शुरू हुई, तो टीके रूबी ने भी मामले में हस्तक्षेप किया और प्रवीन गोयल को सुझाव देते हुए पत्र लिखा कि उन्हें डिस्ट्रिक्ट के लोगों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए और डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में बजट प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के लिए पर्याप्त समय देना चाहिए । टीके रूबी ने अपने पत्र में निवर्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उन्हें दिए जाने वाले पिन व गिफ्ट्स पर, आकस्मिक खर्चे पर, डिस्ट्रिक्ट कार्यालय के खर्चे पर तथा डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस की सब्सिडी पर भी अपनी आपत्ति दर्ज की है तथा इन्हें गैर जरूरी व रोटेरियंस पर अतिरिक्त बोझ डालने के रूप में रेखांकित किया है । टीके रूबी के लिखे पत्र ने प्रवीन गोयल के लिए मामले को खासा गंभीर बना दिया है । दरअसल टीके रूबी के हस्तक्षेप ने प्रवीन गोयल पर बजट प्रस्तावों की आड़ में अनाप-शनाप तरीके से वसूली बढ़ा देने की तैयारी को सवालों के घेरे में ला कर विश्वसनीय बना दिया है । आम रोटेरियन कहते रहते और आरोप लगाते रहते, तो प्रवीन गोयल आराम से उनकी अनसुनी कर सकते थे; लेकिन अब जब मामले में मौजूदा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में टीके रूबी खुद कूद पड़े हैं, तो प्रवीन गोयल के लिए मामला खासा गंभीर हो गया है । हालाँकि अधिकतर लोगों का मानना और कहना है कि टीके रूबी के हस्तक्षेप के बाद भी प्रवीन गोयल पर कोई असर पड़ेगा, और वह अनाप-शनाप रूप में की जाने वाली वसूली से पीछे हटेंगे - इसकी उम्मीद न के बराबर ही है । प्रवीन गोयल को जानने वाले लोगों का हालाँकि कहना है कि प्रवीन गोयल तो सीधे/शरीफ व्यक्ति हैं और रोटरी के नाम पर वह कोई बेईमानी करने के बारे में नहीं सोच सकते हैं, इसीलिए उनके बजट प्रस्तावों की तीखी आलोचना करने वाले डिस्ट्रिक्ट फाइनेंस कमेटी के पूर्व सदस्य एमपी गुप्ता से बात करने और मामले को समझने के लिए भी वह तैयार हुए - लेकिन वह जिस तरह के लोगों से घिरे हुए हैं उनकी जुबान ने रोटरी के पैसे का मजा चखा हुआ है, और वही लोग प्रवीन गोयल से उल्टा-पुल्टा काम करवा रहे हैं । ऐसा मानने और कहने वाले लोगों के लिए हालाँकि यह समझना मुश्किल हो रहा है कि डिस्ट्रिक्ट में बेईमानी के लिए बदनाम हो चुके नेताओं के हाथों प्रवीन गोयल आखिर मजबूर क्यों बने हुए हैं ?

Tuesday, June 5, 2018

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की दो कमेटियों की तरफ से लुधियाना में आयोजित हो रही नेशनल कॉन्फ्रेंस के सहारे समर्थन जुटाने की राजेश शर्मा की कोशिशें, विशाल गर्ग और उनके समर्थकों के आक्रामक रवैये को देखते हुए अभी तो सफल होती नहीं नजर आ रही हैं

लुधियाना । चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट की कैपिटल मार्किट एंड इन्वेस्टर्स प्रोटेक्शन कमेटी द्वारा लुधियाना में आयोजित की जा रही दो दिवसीय नेशनल कॉन्फ्रेंस इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के दो संभावित उम्मीदवारों - राजेश शर्मा व विशाल गर्ग के बीच के चुनावी झगड़े में फँसती और विवादित होती नजर आ रही है । इंस्टीट्यूट की एक अन्य कमेटी - कैपेसिटी बिल्डिंग ऑफ मेंबर्स इन प्रैक्टिस के साथ मिलकर आयोजित की जा रही नेशनल कॉन्फ्रेंस की मुख्य आयोजक कमेटी के चेयरमैन चूँकि राजेश शर्मा हैं, इसलिए विशाल गर्ग और उनके समर्थकों का आरोप है कि लुधियाना में अपने लिए वोट जुटाने तथा विशाल गर्ग को नुकसान पहुँचाने के उद्देश्य से राजेश शर्मा नेशनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन लुधियाना में कर/करवा रहे हैं । दरअसल राजेश शर्मा के सामने इस बार के चुनाव में अपनी सीट बचाने की गंभीर चुनौती है । एक तरफ तो पिछले वर्ष हुए सीए डे के फंक्शन की बदइंतजामी को लेकर उनके माथे पर लगा कलंक हल्का पड़ने का नाम ही नहीं ले रहा है, और दूसरी तरफ चरनजोत सिंह नंदा की उम्मीदवारी ने उनके लिए मुसीबत खड़ी कर दी है । राजेश शर्मा सेंट्रल काउंसिल की अपनी सीट बचाने के लिए लुधियाना पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं; उनके नजदीकियों का कहना है कि उन्हें लग रहा है कि पंकज पेरिवाल के सहयोग से वह विशाल गर्ग को पीछे धकेल देंगे और लुधियाना में अपने लिए अच्छा समर्थन जुटा लेंगे । पिछली बार के चुनाव में हालाँकि पहली वरीयता के वोटों की गिनती में राजेश शर्मा को विशाल गर्ग से कम वोट मिले थे । पहली वरीयता के वोटों की गिनती में विशाल गर्ग 1412 वोटों के साथ छठे नंबर पर थे, जबकि 1361 वोटों के साथ राजेश शर्मा आठवें नंबर पर थे - दूसरी वरीयता के वोटों के सहारे राजेश शर्मा गिरते-पड़ते किसी तरह सातवें नंबर पर पहुँचने में हालाँकि सफल हो गए थे । पिछली बार जैसे-तैसे मिली सफलता को इस बार दोहरा पाना उनके लिए मुश्किल माना/समझा जा रहा है । पिछले वर्ष आयोजित हुए सीए डे से जुड़ी उनकी बदनामी के चलते पहली वरीयता के वोटों की गिनती में उनके पिछड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है ।
राजेश शर्मा ने पिछले कुछ दिनों में पिछले वर्ष के सीए डे से जुड़ी बदनामी के दागों को धोने की यह कहते/बताते हुए हालाँकि कोशिश तो बहुत की कि उन्होंने तो अपना काम बहुत जिम्मेदारी से किया था और बदइंतजामी के लिए उन्हें नाहक ही जिम्मेदार ठहराया गया - लेकिन उनकी यह कोशिश सफल होती दिख नहीं रही है । इसके लिए दरअसल राजेश शर्मा का व्यवहार भी जिम्मेदार है - चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के सामने वह डींगें तो बहुत मारते/दिखाते हैं कि उनकी तमाम मंत्रियों और नेताओं के साथ निकटता है और सरकारी विभागों में अच्छी पैठ है, लेकिन लोगों के काम करवाने में कोई दिलचस्पी नहीं लेते हैं; लोगों के अनुभव तो यहाँ तक हैं कि वह अक्सर फोन ही नहीं उठाते हैं, बाद में कभी मिलने या बात होने पर शिकायत करो तो उनसे रटा-रटाया यही जबाव सुनने को मिलता है कि अरे, उस समय मैं फलाँ मंत्री के साथ मीटिंग में था । इस तरह के रवैये से राजेश शर्मा ने लोगों को बुरी तरह से नाराज तो किया हुआ ही है, साथ ही पिछले वर्ष के सीए डे से जुड़ी बदनामी के दाग को भी और गहरा बनाया है । ऐसे में उनकी सारी उम्मीद लुधियाना पर टिकी हुई है । उन्हें उम्मीद है कि पंकज पेरिवाल को नॉर्दन इंडिया रीजनल काउंसिल का चेयरमैन बनवाने का श्रेय लेकर वह लुधियाना में अपने लिए अच्छा समर्थन जुटा सकते हैं । पंकज पेरिवाल के हालाँकि सेंट्रल काउंसिल के एक अन्य सदस्य विजय गुप्ता के साथ भी अच्छे और विश्वासपूर्ण संबंध हैं; और उनके नजदीकियों का मानना/कहना है कि पंकज पेरिवाल यदि राजेश शर्मा के ही भरोसे रहते तो राजेश शर्मा की बदनामी की चलते हरगिज चेयरमैन न बन पाते, वह तो विजय गुप्ता ने जुगाड़ बैठाये और तब पंकज पेरिवाल के लिए चेयरमैन बन पाना संभव हुआ । नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के सदस्यों का भी कहना/बताना है कि पंकज पेरिवाल के चेयरमैन-काल में राजेश शर्मा की उतनी मनमानी नहीं चल पा रही है, जितनी मनमानी राकेश मक्कड़ के चेयरमैन-काल में उन्होंने चला ली थी । इसका कारण यह भी माना/समझा जाता है कि पिछले वर्ष रीजनल काउंसिल में चेयरमैन रहे राकेश मक्कड़ चूँकि एक नाकारा और हद दर्जे के लालची/बेईमान व्यक्ति हैं, इसलिए राजेश शर्मा ने उनका जैसा मनमाना इस्तेमाल कर लिया, वैसा इस्तेमाल वह पंकज पेरिवाल का नहीं कर पा रहे हैं ।
जहाँ तक राजेश शर्मा के चेयरमैन वाली कमेटी द्वारा लुधियाना में नेशनल कॉन्फ्रेंस करने वाली बात है, तो पंकज पेरिवाल के नजदीकियों के अनुसार इसमें चूँकि पंकज पेरिवाल को भी अपना 'फायदा' नजर आ रहा है - इसलिए इस कॉन्फ्रेंस के लिए वह भी सहज रूप से इसे लुधियाना में आयोजित करने के लिए तैयार हो गए । पंकज पेरिवाल का विशाल गर्ग के साथ विरोध का संबंध है, यह बात भी पूरी तरह सच है - और विरोध के इसी संबंध का फायदा उठाने के लिए ही राजेश शर्मा ने अपने चेयरमैन वाली कमेटी द्वारा नेशनल कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के लिए लुधियाना को चुना है । विशाल गर्ग और उनके समर्थक भी राजेश शर्मा के इस खेल को समझ रहे हैं और कॉन्फ्रेंस के दौरान जुटे लोगों को राजेश शर्मा की कारस्तानियों से अवगत कराने के तरीकों पर विचार कर रहे हैं । नेशनल कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र में राजेश शर्मा का उपस्थित चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को संबोधित करने का प्रोग्राम है; सुना जा रहा है कि इसी सत्र में जुटे लोगों को राजेश शर्मा की कारगुजारियों से अवगत करवाया जायेगा । विशाल गर्ग और उनके समर्थकों ने पंकज पेरिवाल को भी निशाने पर लिया हुआ है; उनका गंभीर आरोप है कि रीजनल काउंसिल के चेयरमैन बनने के लिए की गई सौदेबाजी में वह लुधियाना में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स सदस्यों की एकजुटता को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं और बाहरी लोगों के प्यादे बने हुए हैं । विशाल गर्ग और उनके समर्थकों के आक्रामक रवैये को देखते हुए पंकज पेरिवाल के सहारे लुधियाना में समर्थन जुटाने की राजेश शर्मा की कोशिशें सफल होती हुई अभी तो नहीं नजर आ रही हैं ।

Monday, June 4, 2018

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में छह जून को हो रही काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग के रूप में रवि चौधरी ने विनय भाटिया व विनोद बंसल के लिए जो गड्ढा खोदा है, उसमें उल्टे खुद वही गिरते नजर आ रहे हैं

नई दिल्ली । छह जून को हो रही काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में अपने अपमान के 'मुद्दे' के पक्ष में समर्थन जुटाने की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि चौधरी की कोशिशों का जिस तरह उल्टा ही असर होता हुआ दिख रहा है, उसके कारण लग रहा है कि रवि चौधरी को मीटिंग में खुद ही फजीहत का ही शिकार होना पड़ेगा । उल्लेखनीय है कि छह जून को हो रही काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनय अग्रवाल की माँग पर बुलाई जा रही है, जिसमें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट विनय भाटिया के डिस्ट्रिक्ट असेम्बली कार्यक्रम में रवि चौधरी के हुए अपमान को मुख्य विषय/मुद्दे के रूप में तय किया गया है । समझा जाता है कि विनय अग्रवाल ने यह 'माँग' रवि चौधरी के कहने पर ही की है, ताकि उन्हें काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में विनय भाटिया और उनके गवर्नर-काल के डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर विनोद बंसल की किरकिरी करवाने का मौका मिले । दरअसल रवि चौधरी ने पाया और महसूस किया कि डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में विनय भाटिया और विनोद बंसल की जोड़ी ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उनके साथ जो और जैसा व्यवहार किया, उसे अधिकतर पूर्व गवर्नर्स ने उचित नहीं माना और इसके लिए विनय भाटिया और विनोद बंसल की आलोचना ही की । यह देख कर रवि चौधरी खासे उत्साहित हुए और उन्हें लगा कि इस मुद्दे पर वह विनय भाटिया और विनोद बंसल की किरकिरी करवा सकते हैं । कई पूर्व गवर्नर्स अलग अलग कारणों से विनय भाटिया और विनोद बंसल से चूँकि खफा भी हैं, लिहाजा उन्हें यदि 'मौका' मिलेगा, तो वह उनके प्रति अपनी नाराजगी का नजला उतारने से चूकेंगे नहीं । इस तरह, रवि चौधरी को विनय भाटिया और विनोद बंसल से हिसाब 'बराबर' करने का अच्छा मौका जान पड़ा, और उन्होंने पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनय अग्रवाल के जरिये कुछेक और शिकायतों को मुद्दा बनाते हुए काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग बुलाने की माँग करवा दी - काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग बुलाने से अभी तक बचते रहने वाले रवि चौधरी ने आश्चर्यजनक रूप से तुरंत ही विनय अग्रवाल की माँग 'स्वीकार' भी कर ली ।
रवि चौधरी लेकिन यह देख कर सकते में हैं कि जिस मीटिंग को उन्होंने विनय भाटिया और विनोद बंसल की किरकिरी करने/करवाने के लिए बुलाया/बुलवाया है, उसमें उल्टे उन्हीं की फजीहत होने के हालात बन रहे हैं । दरअसल अधिकतर पूर्व गवर्नर्स विनय भाटिया और विनोद बंसल के कार्यकलापों से नाखुश हैं, तो वह रवि चौधरी की कारस्तानियों से तो और भी ज्यादा खफा हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में रवि चौधरी के कार्यकलापों से तो पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स नाराज हैं ही, डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में अपने तथाकथित अपमान को लेकर उन्होंने जो तमाशा किया, उसे भी अधिकतर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स ने बेहूदेपन और लफंगेपन के सुबूत के रूप में देखा/पहचाना है । अधिकतर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स का मानना और कहना है कि विनय भाटिया और विनोद बंसल की जोड़ी ने जो किया है, वह तो आपत्तिजनक है ही; लेकिन उसकी प्रतिक्रिया में रवि चौधरी ने जो उत्पात मचाया और गाली-गलौच भरी भाषा का जैसा जो इस्तेमाल किया, वह तो और भी ज्यादा शर्मनाक है । रवि चौधरी को आभास हो चला है कि कॉलिज ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में विनय भाटिया की डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में हुई 'घटना' को लेकर विनय भाटिया और विनोद बंसल के रवैये की आलोचना होगी, तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उनके व्यवहार को भी पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स की आलोचना का शिकार होना पड़ेगा । इस तरह रवि चौधरी को डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में हुई घटना में विनय भाटिया और विनोद बंसल की किरकिरी करने/करवाने का आपने दाँव उल्टा ही पड़ता नजर आ रहा है ।
उल्लेखनीय है कि विनय भाटिया के डिस्ट्रिक्ट असेम्बली के अधिकृत कार्यक्रम से पिछली शाम/रात हुए टॉक-शो व रात्रि-भोज के आयोजन में रवि चौधरी इस बात पर बुरी तरह भड़के, कि कार्यक्रम में प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उन्हें रिकॉग्नाइज तक नहीं किया गया । पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन के मुख्य आतिथ्य में हुए इस आयोजन में सिर्फ केआर रवींद्रन तथा पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता को ही रिकॉग्नाइज किया गया और उन्हें ही बुके देकर सम्मानित किया गया । यह नजारा देख कर रवि चौधरी के तो तन-बदन में आग ही लग गई; केआर रवींद्रन जब तक कार्यक्रम में मौजूद रहे, तब तक तो रवि चौधरी ने किसी तरह तन-बदन में लगी आग की जलन पर जैसे-तैसे काबू रखा - लेकिन केआर रवींद्रन के कार्यक्रम-स्थल से जाते ही रवि चौधरी अपनी असली 'औकात' पर आ गए और फिर उन्होंने विनय भाटिया और विनोद बंसल के साथ जमकर तू-तड़ाक किया । अपने अपमान के लिए रवि चौधरी ने विनोद बंसल को जिम्मेदार ठहराया । विनोद बंसल ने सफाई देने की भी कोशिश की कि यह कोई डिस्ट्रिक्ट असेम्बली का अधिकृत कार्यक्रम नहीं था, और केआर रवींद्रन ने ज्यादा औपचारिकता निभाने से मना किया हुआ था - इसलिए प्रोटोकॉल न अपनाए जाने का आरोप इसमें नहीं बनता है । इस तरह की बातें और तर्क सुन कर रवि चौधरी और भड़क गए तथा फिर वह गाली-गलौच भरी भाषा का और भी ज्यादा इस्तेमाल करने लगे । मामले को ज्यादा बढ़ता और बिगड़ता देख विनोद बंसल ने रवि चौधरी से माफी माँगने की भी कोशिश की, लेकिन रवि चौधरी अपनी 'असलियत' दिखाने से बाज ही नहीं आए और तमाशा करते रहे ।
बाद में रवि चौधरी को यह देख/जान कर और उत्साह मिला कि कई लोगों ने, खासकर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स ने रवि चौधरी की 'शिकायत' को उचित ही माना/बताया और संदर्भित कार्यक्रम में प्रोटोकॉल का पालन न होने के लिए विनय भाटिया और विनोद बंसल की आलोचना की । इससे रवि चौधरी को आईडिया आया - या किसी ने उन्हें यह आईडिया दिया - कि मामले में काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग बुलवा कर वह विनय भाटिया और विनोद बंसल की लानत-मलानत कर/करवा सकते हैं । सो, रवि चौधरी ने पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनय अग्रवाल को काम पर लगाया और विनय अग्रवाल की माँग पर छह जून को काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग हो रही है । रवि चौधरी लेकिन यह देख/सुन/जान कर परेशान हो उठे हैं कि डिस्ट्रिक्ट असेम्बली से जुड़े एक कार्यक्रम में प्रोटोकॉल का पालन न करने के लिए यदि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट विनय भाटिया और उनके डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर विनोद बंसल की आलोचना होगी, तो काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स रवि चौधरी के व्यवहार को लेकर भी आपत्ति दर्ज करेंगे । दरअसल अधिकतर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को एक तरफ यदि विनय भाटिया व विनोद बंसल के रवैये पर ऐतराज है, तो दूसरी तरफ रवि चौधरी के व्यवहार को भी वह शर्मनाक और आपत्तिजनक मानते हैं । जाहिर है कि काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग के रूप में रवि चौधरी ने विनय भाटिया व विनोद बंसल के लिए जो गड्ढा खोदा है, उसमें उल्टे खुद वही गिरते नजर आ रहे हैं ।

Saturday, June 2, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 के चेयरमैन के चुनाव में पहले तो पारस अग्रवाल ने तेजपाल खिल्लन को पटखनी दी, और फिर रवि मेहरा ने उनसे दूरी बनाई - तो तेजपाल खिल्लन हैदराबाद में पूरी तरह अलग थलग पड़ गए

नई दिल्ली । हैदराबाद में आयोजित हुई ऑल इंडिया स्कूलिंग से लौटे तेजपाल खिल्लन ने डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू के कुछेक लोगों से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट रवि मेहरा की शिकायत की है कि रवि मेहरा ने हैदराबाद में उन्हें कोई तवज्जो नहीं दी, जिसके चलते वह लोगों के बीच अलग-थलग पड़ गए । दरअसल हैदराबाद में जुटे जमघट में तेजपाल खिल्लन पहुँचे तो इस उम्मीद में थे कि वहाँ वह अपनी 'राजनीति' और अपने समर्थन का जलवा दिखायेंगे, लेकिन वहाँ उन्हें अपने लोगों ने ही तवज्जो नहीं दी - और पहले ही दिन माहौल भाँप कर तेजपाल खिल्लन ने भी अपने आप को पीछे कर लिया । तेजपाल खिल्लन हैदराबाद के आयोजन में हालाँकि शामिल तो हुए थे डिस्ट्रिक्ट 321 ए वन के गवर्नर इलेक्ट के रूप में, लेकिन वह वहाँ 'पहुँचे' थे मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 की काउंसिल के एडवाइजर की ठसक के साथ । मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 में यह पद उनके लिए ही 'बनाया' गया था और उन्हें ही मल्टीपल काउंसिल के 'सुपर चेयरमैन' के रूप में देखा/पहचाना जाता रहा है । मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट में एक खेमे को तेजपाल खिल्लन खेमे के नाम से जाना/पहचाना जाता है । मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के चुनाव में पारस अग्रवाल को लीडरशिप का उम्मीदवार बताते हुए तेजपाल खिल्लन अपने उम्मीदवार को लाने तथा जितवाने की तैयारी कर रहे थे । जाहिर है कि मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 में उनकी एक बड़ी उपस्थिति और भूमिका रही है । इस पृष्ठभूमि में तेजपाल खिल्लन हैदराबाद में यदि एक बड़ी भूमिका निभाने और या 'दिखाने' की सोच कर पहुँचे थे, तो यह बहुत स्वाभाविक ही है । लेकिन हैदराबाद में मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 के विभिन्न डिस्ट्रिक्ट्स के पदाधिकारी जिस तरह तेजपाल खिल्लन से दूर दूर रहे, उससे तेजपाल खिल्लन का हैदराबाद में अपना जलवा 'दिखाने' का सारा प्रोग्राम चौपट ही हो गया ।
तेजपाल खिल्लन ने इसका ठीकरा रवि मेहरा के सिर फोड़ा । तेजपाल खिल्लन का कहना है कि रवि मेहरा ने हैदराबाद में उनके साथ परायों जैसा व्यवहार किया, जिसके चलते वहाँ उनके लिए अलग-थलग पड़ने जैसा माहौल बना । हैदराबाद में रवि मेहरा का व्यवहार तेजपाल खिल्लन के लिए भी चकित करने वाला रहा । दरअसल तेजपाल खिल्लन को डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में पिछले एक-डेढ़ वर्ष में खास तवज्जो मिलती रही है, जिस कारण वह अपने आप को डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू का भी 'मालिक' समझने लगे हैं । इसी नाते उन्हें उम्मीद थी कि अगले लायन वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने जा रहे रवि मेहरा भी उन्हें वैसी ही तवज्जो देंगे, जैसी तवज्जो उन्हें विनय गर्ग व इंद्रजीत सिंह से मिलती रही है । रवि मेहरा भी चूँकि उसी खेमे के सदस्य हैं, जिस खेमे में विनय गर्ग और इंद्रजीत सिंह हैं - इसलिए रवि मेहरा से तवज्जो पाने की तेजपाल खिल्लन की उम्मीद जायज ही मानी/समझी जाएगी । लेकिन रवि मेहरा ने उनकी उम्मीद पर पानी फेर दिया । तेजपाल खिल्लन का पानी हालाँकि डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू के गवर्नर पारस अग्रवाल पहले ही निकाल चुके थे । मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 में काउंसिल चेयरमैन पद की उम्मीदवारी के लिए पारस अग्रवाल ने जिस तरह अपने समर्थकों की मदद से मल्टीपल के दस डिस्ट्रिक्ट्स में से आठ डिस्ट्रिक्ट्स का अपने लिए समर्थन जुटा लिया, उससे मल्टीपल की चुनावी राजनीति में तेजपाल खिल्लन के लिए करने को कुछ बचा ही नहीं था ।
मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में तेजपाल खिल्लन का जो कबाड़ा हुआ, दरअसल उसी ने हैदराबाद में उनके लिए हालात मुश्किल बना दिए । तेजपाल खिल्लन को यह आशंका तो थी कि हैदराबाद में अपने ही मल्टीपल के डिस्ट्रिक्ट्स के पदाधिकरियों के बीच उन्हें ज्यादा तवज्जो नहीं मिलेगी - लेकिन उन्हें यह उम्मीद नहीं थी कि वहाँ उनकी खासी बुरी गत बनेगी । उन्हें उम्मीद थी कि डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू के गवर्नर इलेक्ट रवि मेहरा का संग-साथ उन्हें मिलेगा, तो फिर वह अपने लिए मौका और माहौल किसी तरह बना ही लेंगे और अपने आप को अलग-थलग नहीं पड़ने देंगे । लेकिन रवि मेहरा भी दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स के पदाधिकारियों की तरह उनसे दूर दूर ही रहे और जिसके चलते तेजपाल खिल्लन हैदराबाद में पूरी तरह अकेले पड़ गए । तेजपाल खिल्लन के लिए मुसीबत की बात यह रही कि रवि मेहरा के रूप में उनके अपने समझे जाने वाले लोगों ने भी उनसे किनारा कर लिया है । दिल्ली लौट कर तेजपाल खिल्लन ने रवि मेहरा के रवैये की शिकायत उनके डिस्ट्रिक्ट के कुछेक बड़े नेताओं से की है । लेकिन इस मामले में वह बड़े नेता भी अपने आपको असहाय पा रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट रवि मेहरा ने अगले वर्ष के अपने गवर्नर-काल में पदाधिकारी बनने/बनाये जाने वाले लोगों से ली जाने वाली रकम में जो इजाफा किया है, उनके डिस्ट्रिक्ट और उनके खेमे के बड़े नेता उससे ही परेशान हैं । डिस्ट्रिक्ट 321 ए टू में मजे की बात यह हुई है कि गुरचरण सिंह भोला और रमन गुप्ता ने तो अपने अपने कार्यकाल में क्रमशः पाँच हजार और ढाई हजार रुपए लेने की घोषणा की हुई है, लेकिन रवि मेहरा इक्कीस इक्कीस हजार रुपए तक ले रहे हैं । इससे डिस्ट्रिक्ट के लोगों में नाराजगी है, और वह बड़े नेताओं से शिकायत कर रहे हैं - लेकिन बड़े नेताओं को यह समझ ही नहीं आ रहा है कि वह करें तो क्या करें । सत्ता खेमे के नेता रवि मेहरा के पदों के बदले ज्यादा बढ़ा कर पैसे लिए जाने के मामले से ही परेशान थे, और अब तेजपाल खिल्लन की शिकायत ने उन्हें रवि मेहरा की तरफ से और भी सशंकित कर दिया है ।

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में जबर्दस्ती गवर्नरी 'करने' की सतीश सिंघल की कोशिशों पर जतिंदर सिंह द्वारा लगी रोक ने प्रेसीडेंट्स को तो उल्लू बनने से बचा ही लिया है, साथ ही अशोक अग्रवाल के चुनावी अभियान को भी बड़ी राहत पहुँचाई है

नोएडा । अदालती फैसले की झूठी व्याख्या करके डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद से बर्खास्त सतीश सिंघल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद पर अपनी प्रतिनियुक्ति को लेकर क्लब्स के प्रेसीडेंट्स को पटाने की जो कोशिश की, उसे रोटरी इंटरनेशनल के दिल्ली स्थित साऊथ एशिया ऑफिस के पदाधिकारी जतिंदर सिंह ने तुरंत फुरत कार्रवाई करके फेल कर दिया है । सतीश सिंघल के साथ हमदर्दी रखने वाले लोगों का भी कहना और पूछना है कि सतीश सिंघल पता नहीं क्यों अपनी फजीहत पर फजीहत करवाए जा रहे हैं, और खुद को बदनामी के दलदल में और गहरे धँसाते जा रहे हैं । ताजा प्रकरण में सतीश सिंघल ने अदालत के साथ-साथ रोटरी इंटरनेशनल के साथ भी धोखाधड़ी करने का प्रयास किया है, लेकिन जो तुरंत ही पकड़ी गई है । अदालत ने 28 मई की सुनवाई में यथास्थिति बनाए रखने का जो आदेश दिया, सतीश सिंघल ने उसकी झूठी व्याख्या करते हुए क्लब्स के प्रेसीडेंट्स को लिख भेजा कि अदालत ने उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद पर बहाल कर दिया है और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में वह जीओवी तथा थैंक्स-गिविंग कार्यक्रम करेंगे तथा अवॉर्ड बाटेंगे । सतीश सिंघल ने रोटरी फाउंडेशन के नाम पर क्लब्स के प्रेसीडेंट्स से पैसे बसूलने के लिए भी दबाव बनाया । कुछेक प्रेसीडेंट्स को सतीश सिंघल के 'व्यवहार' पर शक हुआ और उन्हें लगा कि सतीश सिंघल धोखेबाजी कर रहे हैं, सो अपना शक दूर करने के लिए उन्होंने इंटरनेशनल डायरेक्टर बासकर चॉकलिंगम तथा रोटरी इंटरनेशनल के दिल्ली स्थित साऊथ एशिया ऑफिस से संपर्क किया । रोटरी इंटरनेशनल के दिल्ली स्थित साऊथ एशिया ऑफिस में क्लब व डिस्ट्रिक्ट मामलों के मुखिया जतिंदर सिंह के जबाव ने सतीश सिंघल की धोखाधड़ी की पोल खोल दी । मामले में संगीन पहलू यह है कि रोटरी इंटरनेशनल के अधिकृत पदाधिकारी जतिंदर सिंह द्वारा पोल खोले जाने के बाद भी सतीश सिंघल अपने गवर्नर होने का दावा यह कहते हुए कर रहे हैं कि जतिंदर सिंह कौन होता है यह कहने वाला कि वह गवर्नर नहीं हैं ?
गौर करने की बात यह है कि सतीश सिंघल के दावे को झूठा बताते हुए, रोटरी इंटरनेशनल के दिल्ली स्थित साऊथ एशिया ऑफिस में क्लब व डिस्ट्रिक्ट मामलों के मुखिया जतिंदर सिंह ने जो कहा/बताया है - वह उन्होंने अपनी तरफ से नहीं कहा है, बल्कि इंटरनेशनल डायरेक्टर बासकर चॉकलिंगम के हवाले से कहा है । डिस्ट्रिक्ट 3012 के क्लब्स के प्रेसीडेंट्स से सतीश सिंघल के दावों को लेकर मिली शिकायतों पर जतिंदर सिंह ने बासकर चॉकलिंगम से बात की, और उनसे मिले जबाव से क्लब्स के प्रेसीडेंट्स को अवगत कराया । गनीमत है कि सतीश सिंघल ने अभी तक यह नहीं कहा है कि बासकर चॉकलिंगम कौन होता है उन्हें गवर्नर पद की जिम्मेदारी निभाने से रोकने वाला ! बासकर चॉकलिंगम के हवाले से जतिंदर सिंह ने साफ लिखा/बताया है कि रोटरी इंटरनेशनल ने सतीश सिंघल को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद से हटाने का जो फैसला किया हुआ है, उसमें अदालती फैसले के चलते कोई बदलाव नहीं हुआ है और सतीश सिंघल को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में किसी भी तरह का काम करने का कोई हक नहीं मिला है । सतीश सिंघल के जले पर नमक छिड़कने जैसा काम जतिंदर सिंह ने प्रेसीडेंट्स को यह बता कर और कर दिया कि उन्हें यदि कोई जानकारी चाहिए हो तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सुभाष जैन से संपर्क करें । जतिंदर सिंह के इस कहे के अनुसार, रोटरी इंटरनेशनल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में सतीश सिंघल द्वारा कुछ भी करने/धरने के दावे को पूरी तरह झूठा घोषित कर दिया है ।
जतिंदर सिंह के प्रेसीडेंट्स को लिखे इस पत्र ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संदर्भ में अशोक अग्रवाल को बड़ी राहत दी है । दरअसल सतीश सिंघल ने जब क्लब्स के प्रेसीडेंट्स से संपर्क करना शुरू किया और गवर्नर पद पर अपने बहाल होने का दावा करना शुरू किया, तो डिस्ट्रिक्ट में राजनीतिक सरगर्मी एकदम से बढ़ गई । सतीश सिंघल के मूवमेंट के पीछे मुकेश अरनेजा को देखा/पहचाना गया है । असल में, सतीश सिंघल के गवर्नर पद से बर्खास्त होने के बाद वास्तव में तगड़ा झटका मुकेश अरनेजा को ही लगा है, और डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के समीकरण में वह पूरी तरह अलग-थलग पड़ गए हैं । मुकेश अरनेजा और सतीश सिंघल के नजदीकियों के ही अनुसार, सतीश सिंघल के जरिये अदालती फैसले की झूठी व्याख्या करवा कर मुकेश अरनेजा ने क्लब्स के पदाधिकारियों के बीच अपनी पहुँच/पैठ बनाने की कोशिश की थी, ताकि वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति में अपनी भूमिका निभा सकें । मुकेश अरनेजा और सतीश सिंघल के इस 'खेल' को अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के लिए चुनौती और मुसीबत के रूप में देखा/पहचाना जा रहा था । इसलिए जैसे ही उनके खेल की हवा निकली, अशोक अग्रवाल और उनके समर्थकों व शुभचिंतकों ने राहत की साँस ली । सतीश सिंघल के रोटरी इंटरनेशनल व अदालती फैसले को ठेंगा दिखाते हुए जबर्दस्ती गवर्नरी 'करने' की कोशिशों पर जतिंदर सिंह के पत्र ने जो रोक लगाई है, उसने क्लब्स के प्रेसीडेंट्स को तो उल्लू बनने से बचा ही लिया है, साथ ही अशोक अग्रवाल के चुनावी अभियान को भी बड़ी राहत पहुँचाई है ।

Friday, June 1, 2018

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 की फजीहत के लिए नरेश अग्रवाल गैंग के साथ-साथ तेजपाल खिल्लन की टकरावपूर्ण राजनीति को भी जिम्मेदार माना/ठहराया जा रहा है

नई दिल्ली । लायंस क्लब्स इंटरनेशनल के प्रेसीडेंट नरेश अग्रवाल और उनकी गैंग के सदस्य मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 के चेयरमैन विनय गर्ग से लड़ते लड़ते मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 से ही लड़ बैठे हैं, और मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 की कार्रवाईयों पर अदालती रोक लगवाने को अपनी जीत मान रहे हैं । मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 के लिए मौजूदा लायन वर्ष में गर्व करने की बात यह है कि इस वर्ष लायंस इंटरनेशनल बोर्ड में उसके दो सदस्य हैं - प्रेसीडेंट के रूप में नरेश अग्रवाल और डायरेक्टर नॉमिनी के रूप में विनोद खन्ना । गर्व की लेकिन यही बात मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 के लिए शर्म की बात भी हो गई है - क्योंकि इसके इतिहास में पहली बार मल्टीपल कॉन्फ्रेंस नहीं हो पाएगी, और इसके लिए नरेश अग्रवाल और विनोद खन्ना ही जिम्मेदार हैं । बेशर्मी की निर्लज्जता की बात यह है कि इस स्थिति को यह अपनी जीत मान रहे हैं । मजे की बात हालाँकि यह है कि नरेश अग्रवाल और उनके गैंग को वास्तव में मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन विनय गर्ग से 'लड़ना' था; विनय गर्ग के खिलाफ उन्होंने कार्रवाई शुरू भी कर दी थी - लेकिन विनय गर्ग ने अपने आप को 'बचा' लिया । नरेश अग्रवाल और उनका गैंग जब विनय गर्ग का कुछ नहीं कर पाया, तब उन्होंने मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट को ही निशाने पर ले लिया । यह कुछ कुछ ऐसा ही मामला हुआ कि कोई अपने घर के चूहों को भगाने व सबक सिखाने के लिए अपने ही घर में आग लगा ले, और फिर इस बात पर खुशी मनाएँ कि देखा, मैंने चूहों को कैसे भगाया । मूर्खता व निर्लज्जता की पट्टी के पीछे छिपी आँखों से वह बेचारा यह देख ही नहीं पाता है कि चूहे तो जले हुए घर के आसपास ही मंडरा रहे हैं । मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट के अधिकतर लायन सदस्यों और पदाधिकारियों का मानना और कहना है कि विनय गर्ग से लड़ाई में 'पिटने' की खुन्नस नरेश अग्रवाल और उनकी गैंग के नेता लोगों को मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट व मल्टीपल कॉन्फ्रेंस के साथ नहीं निकालना चाहिए थी, क्योंकि इससे खुद उनकी भूमिका ही कलंकित हुई है ।
नरेश अग्रवाल और उनकी गैंग के सदस्यों की शिकायत रही है कि मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के रूप में विनय गर्ग नियमानुसार काम नहीं कर रहे थे । तो क्या लायंस इंटरनेशनल की अंदरूनी व्यवस्था इतनी लचर है कि नियमानुसार काम न करने वाले एक पदाधिकारी से वह न निपट सके, और उसके चक्कर में संगठन की एक ईकाई को ही ध्वस्त कर देना पड़े ? सौ वर्षों से अधिक समय से दुनिया भर के तमाम देशों में सक्रिय लायंस इंटरनेशनल की अंदरूनी व्यवस्था यदि सचमुच लचर होती, तो लायंस इंटरनेशनल कब का 'बैठ' गया होता । नरेश अग्रवाल और उनके गैंग को विनय गर्ग के साथ निपटने में बार-बार जो 'मार' खाना पड़ी, उससे साबित है कि चेयरमैन के रूप में विनय गर्ग ने यदि सचमुच कुछ गड़बड़ियाँ की हुई होंगी भी, तो नरेश अग्रवाल और उनके गैंग के लोग भी कोई दूध से नहाये हुए नहीं होंगे । अधिकतर लोगों को लगता है कि विनय गर्ग चूँकि नरेश अग्रवाल गैंग के इशारों पर नहीं चले और उनकी लूट-खसोट में हिस्सेदार नहीं बने, इसलिए नरेश अग्रवाल गैंग ने तरह तरह की बहानेबाजी से विनय गर्ग को पहले परेशान करने और फिर उन्हें रास्ते से हटाने के लिए अभियान छेड़ा - जिसमें लेकिन वह असफल रहे । नरेश अग्रवाल गैंग ने विनय गर्ग के खिलाफ जिस तरह का 'युद्ध' छेड़ा, उसमें जबावी कार्रवाई करते हुए विनय गर्ग की तरफ से भी नियमों संबंधी कुछ ऊंच-नीच हुई, जिसका फायदा उठाते हुए नरेश अग्रवाल और उनकी गैंग के नेताओं ने विनय गर्ग के मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के रूप में काम करने पर अदालती रोक लगवा दी है ।
मल्टीपल कॉन्फ्रेंस के आयोजन-स्थल व तारीखों में की गई फेरबदल को लेकर विनय गर्ग को घेरने की जो कोशिश की गई, और जिसके परिणामस्वरूप अंततः मल्टीपल कॉन्फ्रेंस हो सकने का मौका ही छिन गया है - वह कोई ऐसा मुद्दा नहीं था जिसे हल न किया जा सकता हो । कल आए अदालती फैसले से करीब 25 दिन पहले मल्टीपल के वरिष्ठ लायन व डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू के पूर्व गवर्नर जगदीश मेहरा ने विनय गर्ग को ईमेल पत्र लिख कर मल्टीपल कॉन्फ्रेंस के आयोजन-स्थल व तारीख में किए गए फेरबदल को लेकर आपत्ति की थी, जिस पर न तो विनय गर्ग ने कोई ध्यान दिया और न ही नरेश अग्रवाल गैंग ने जिसकी परवाह की । जगदीश मेहरा द्वारा उठाई गई आपत्तियों पर नरेश अग्रवाल गैंग ध्यान देता तो वह विनय गर्ग पर दबाव बना कर कॉन्फ्रेंस को नियमानुसार करवा सकता था; दूसरी तरफ विनय गर्ग और उनके साथियों ने जगदीश मेहरा की आपत्तियों पर ध्यान न देकर अपने लिए मुसीबतों का रास्ता खोले रखने का ही काम किया । अब माना/समझा जा रहा है कि विनय गर्ग और उनके साथियों ने जगदीश मेहरा के पाँच मई के ईमेल पत्र को यदि गंभीरता से लिया होता, तो हो सकता है कि नरेश अग्रवाल गैंग की तरफ से उन पर जो हमला हुआ है, उसकी चोट उन पर - और मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट पर न पड़ी होती । मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट में ऐसा मानने वालों की भी कमी नहीं है, जो मौजूदा स्थिति के लिए तेजपाल खिल्लन को मुख्य रूप से जिम्मेदार मानते/ठहराते हैं । उनके अनुसार, तेजपाल खिल्लन ने अपनी राजनीति और अपने धंधे के स्वार्थ में विनय गर्ग का इस्तेमाल किया; और विनय गर्ग का कुसूर सिर्फ इतना रहा कि उन्होंने बुरे/भले की चिंता किए बिना अपना इस्तेमाल होने दिया । कई लोगों का कहना है कि विनय गर्ग द्वारा लिए गए कई फैसले वास्तव में विनय गर्ग के फैसले नहीं हैं, बल्कि तेजपाल खिल्लन के फैसले हैं - जिनके चलते माहौल बिगड़ता चला गया और हालात हर किसी की पकड़ से बाहर हो गए हैं । दोनों पक्षों की लड़ाई में नुकसान अंततः मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 का ही हुआ है ।