Friday, November 14, 2014

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के दिसंबर 2015 में होने वाले चुनाव के लिए वेस्टर्न रीजन में सेंट्रल काउंसिल के लिए महेश मडखोलकर द्धारा उम्मीदवारी प्रस्तुत किए जाने की घोषणा ने मंगेश किनरे की उम्मीदवारी के लिए समस्या पैदा कर दी है

मुंबई । महेश मडखोलकर ने दिसंबर 2015 में होने वाले सेंट्रल काउंसिल के चुनाव के लिए अचानक से अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करके मंगेश किनरे के समर्थकों व शुभचिंतकों को चिंता में डाल दिया है । वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के पिछले वर्ष चेयरमैन रहे मंगेश किनरे भी उक्त चुनाव में अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की तैयारी में हैं । मंगेश किनरे के समर्थकों व शुभचिंतकों की चिंता यह है कि महेश मडखोलकर की उम्मीदवारी मंगेश किनरे की उम्मीदवारी की संभावनाओं पर प्रतिकूल असर डालेगी और मंगेश किनरे की उम्मीदवारी को नुकसान पहुँचाने का काम करेगी । दरअसल इन दोनों का समर्थन-आधार क्षेत्र एक ही है - दोनों ही ठाणे क्षेत्र में पहचान-परिचय रखते हैं, दोनों ही महाराष्ट्रियन हैं और दोनों ही दक्षिणपंथी राजनीति में सक्रिय हैं । दक्षिणपंथी राजनीति में दोनों की सक्रियता का यह अंतर जरूर है कि महेश मडखोलकर शिव सेना के नजदीक हैं, तो मंगेश किनरे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में पैठ रखते हैं । एक सा समर्थन-आधार रखने के कारण - दोनों के उम्मीदवार होने की स्थिति में दोनों के एक-दूसरे की उम्मीदवारी को नुकसान पहुँचाने का डर स्वाभाविक ही है ।
मंगेश किनरे के नजदीकी चूँकि महेश मडखोलकर की तुलना में मंगेश किनरे की स्थिति मजबूत मानते हैं, इसलिए उन्हें लगता है कि महेश मडखोलकर को अभी रीजनल काउंसिल में ही काम करना चाहिए तथा अपने समर्थन-आधार को और फैलाना चाहिए तथा फिर उसके बाद सेंट्रल काउंसिल के लिए आना चाहिए । महेश किनरे के नजदीकियों की इस बात में दम भी है । पिछली बार, वर्ष 2012 में हुए रीजनल काउंसिल के चुनाव में मंगेश किनरे को महेश मडखोलकर की तुलना में अच्छा समर्थन मिला था । उस चुनाव में मंगेश किनरे को फर्स्ट प्रिफरेंस में 1290 वोट मिले थे, जो फाइनल में 1397 तक पहुँच गए थे और मंगेश किनरे चौथे नंबर पर रहे थे । उनके मुकाबले, महेश मडखोलकर का प्रदर्शन काफी पिछड़ा हुआ था । महेश मडखोलकर को उस चुनाव में फर्स्ट प्रिफरेंस में कुल 682 वोट मिले थे, जो फाइनल तक पहुँचते हुए 1063 हो गए थे; और महेश मडखोलकर 22वें - यानि अंतिम नंबर पर रहे थे । उससे पिछले चुनाव में, यानि वर्ष 2009 में महेश मडखोलकर ने सेंट्रल काउंसिल का चुनाव लड़ा था और उसमें उन्हें इतना कम समर्थन मिला था कि अगली बार उन्होंने सेंट्रल काउंसिल का चुनाव न लड़ने में ही अपनी भलाई देखी । इसी ट्रेक रिकॉर्ड को देखते हुए महेश मडखोलकर के कुछेक नजदीकियों ने भी उन्हें सलाह दी है कि उन्हें अभी रीजनल काउंसिल में ही सक्रिय रहना चाहिए तथा यहाँ सक्रिय रहते हुए अपने प्रभाव क्षेत्र का दायरा बढ़ाना चाहिए ।
महेश मडखोलकर लेकिन किसी की नहीं सुन/मान रहे हैं और अगली बार सेंट्रल काउंसिल के लिए ही उम्मीदवारी प्रस्तुत करने पर जोर दे रहे हैं । दरअसल उन्होंने पाया है कि रीजनल काउंसिल में करने के लिए कुछ खास है ही नहीं और रीजनल काउंसिल में रहना समय बर्बाद करना है । उनके समर्थकों व शुभचिंतकों का कहना है कि पिछले चुनावों में उनकी उम्मीदवारी का प्रदर्शन भले ही कमजोर रहा हो, लेकिन उन्होंने अपनी स्थिति को और मजबूत किया है तथा अपने समर्थन-आधार को और फैलाया है । उनका दावा है कि महेश मडखोलकर ने मारवाड़ी व गुजराती चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच अच्छी पैठ बनाई है और महाराष्ट्र व गुजरात की ब्रांचेज में अपने लिए समर्थन बनाया है - जिसका फायदा उन्हें आगामी चुनाव में निश्चित ही मिलेगा । महेश मडखोलकर के कुछेक समर्थकों को यह भी लगता है और वह कहते भी हैं कि वेस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन के रूप में मंगेश किनरे ने अपने वोटरों को बुरी तरह से निराश किया है, जिस कारण उनके समर्थन-आधार में कमी आई है; और इसलिए महेश मडखोलकर के लिए अच्छा मौका बना है ।
मंगेश किनरे और महेश मडखोलकर के समर्थकों व शुभचिंतकों के दावे-प्रतिदावे चाहें जो हों - सेंट्रल काउंसिल में वर्षों बाद दो महाराष्ट्रियन सदस्य देखने के इच्छुक लोगों को मंगेश किनरे तथा महेश मडखोलकर की एकसाथ प्रस्तुत होने वाली उम्मीदवारी से झटका लगा है । उल्लेखनीय है कि इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के अभी तक के इतिहास में सिर्फ 12 वर्ष ऐसे रहे हैं, जबकि मुकुंद चितले तथा वाईएम काले के रूप में दो महाराष्ट्रियन सेंट्रल काउंसिल में एक साथ रहे हैं । महाराष्ट्रियन लॉबी के प्रतिनिधि के रूप में अभी श्रीनिवास जोशी को देखा जाता है । अगले चुनाव में भी उनकी उम्मीदवारी और जीत को पक्का ही माना जा रहा है । महाराष्ट्रियन लॉबी के लोगों को लगता है कि मंगेश किनरे और महेश मडखोलकर में से यदि कोई एक उम्मीदवार होता है तो इंस्टीट्यूट की तेईसवीं काउंसिल में दो महाराष्ट्रियन हो सकते हैं, अन्यथा मुकुंद चितले और वाईएम काले का रिकॉर्ड अभी बना रह सकता है ।  

Thursday, November 13, 2014

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 बी वन में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी की चुनौती से निपटने के लिए संदीप सहगल की उम्मीदवारी की बागडोर के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर केएस लूथरा के हाथों में जा पहुँचने से उनके कुछेक समर्थक ही बिदक गए हैं

लखनऊ । संदीप सहगल की सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की उम्मीदवारी की बागडोर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर केएस लूथरा के हाथों में जाती देख कर संदीप सहगल की उम्मीदवारी के कुछेक समर्थकों में बेचैनी फल/बढ़ रही है । संदीप सहगल की उम्मीदवारी के ऐसे समर्थक यह तो चाहते हैं कि केएस लूथरा अपनी पूरी ताकत के साथ संदीप सहगल की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने का काम करें, लेकिन वह यह नहीं चाहते हैं कि संदीप सहगल की उम्मीदवारी की बागडोर केएस लूथरा के हाथों में दिखाई दे । संदीप सहगल की उम्मीदवारी के साथ मजेदार सीन यह बना है कि उनकी उम्मीदवारी जब प्रस्तुत हुई थी तब उन्हें पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एचएस सच्चर के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना गया था । उनकी उम्मीदवारी के प्रचार अभियान ने गति पकड़ी तो उनकी उम्मीदवारी के साथ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नीरज बोरा को तथा पर्दे के पीछे फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शिव कुमार गुप्ता को देखा/पहचाना जाने लगा । संदीप सहगल की उम्मीदवारी के सक्रिय समर्थकों की सूची में केएस लूथरा का नाम बहुत देर बाद जुड़ा - लेकिन जब जुड़ा तो जल्दी ही ऐसा लगने लगा जैसे संदीप सहगल की उम्मीदवारी की बागडोर उन्हीं के हाथों में आ गई हो; और संदीप सहगल को केएस लूथरा के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जाने लगा ।
ऐसा दरअसल इसलिए भी हुआ क्योंकि नीरज बोरा तो बहुत सक्रिय नहीं हैं; शिव कुमार गुप्ता फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने के नाते खुल कर ज्यादा कुछ नहीं कर सकते हैं; एचएस सच्चर अवश्य ही संदीप सहगल के साथ खूब सक्रिय हैं - लेकिन उनकी सारी सक्रियता सिर्फ उपस्थित रहने तक है और संदीप सहगल की उम्मीदवारी को बड़ा दिखाने का काम भर करती है । संदीप सहगल की उम्मीदवारी को लोगों के बीच स्वीकार्यता दिलाने का काम वास्तव में केएस लूथरा ने ही किया है और इसीलिए संदीप सहगल को केएस लूथरा के उम्मीदवार के रूप में ही देखा/पहचाना जाने लगा है । माना/समझा भी जाता है कि चुनावी लड़ाई को साधने वाले तरीके और हथकंडे केएस लूथरा को ही पता हैं और उन तरीकों को वही क्रियान्वित भी सकते हैं - इसीलिए संदीप सहगल की उम्मीदवारी के साथ जब से वह जुड़े हैं तभी से संदीप सहगल की उम्मीदवारी को लोगों ने गंभीरता से लेना शुरू किया है ।
उल्लेखनीय है कि पिछले से पिछले लायन वर्ष में विशाल सिन्हा पर शिव कुमार गुप्ता को जो जीत मिली थी उसे केएस लूथरा के चुनावी मैनेजमेंट के नतीजे के रूप में ही देखा/पहचाना गया था । पिछले लायन वर्ष में एके सिंह की स्थिति विशाल सिन्हा की तुलना में बहुत ही मजबूत थी; यूँ भी पिछली हार के कारण विशाल सिन्हा की 'कमर पूरी तरह टूटी हुई' थी - लेकिन एके सिंह की उम्मीदवारी के पक्ष में चुनावी मैनेजमेंट सँभालने वाला कोई नहीं था; सिर्फ इस कारण से एके सिंह जीतती हुई बाजी विशाल सिन्हा को दान करने के लिए मजबूर हो गए थे । पिछले लायन वर्ष में केएस लूथरा चूँकि कुछ तो अपनी निजी व्यस्तताओं के कारण और कुछ एके सिंह के प्रति निजी खुन्नस के कारण एके सिंह की उम्मीदवारी के साथ नहीं जुड़ सके थे, जिसका गुरनाम सिंह और विशाल सिन्हा ने पूरा फायदा उठाया । इन दोनों ने केएस लूथरा की भारी खुशामद कर कर के उन्हें अपनी तरफ मिला लिया - क्योंकि उन्होंने समझ लिया था कि केएस लूथरा को यदि उन्होंने एके सिंह की उम्मीदवारी से दूर रखने में सफलता प्राप्त कर ली तो फिर वह एके सिंह को भी साध लेंगे । और यही हुआ भी ।
इस वर्ष भी गुरनाम सिंह ने केएस लूथरा को संदीप सहगल की उम्मीदवारी से दूर रखने की चाल तो खेली थी - जिसके तहत उन्होंने संदीप सहगल की उम्मीदवारी के समर्थकों को यह संदेश दिया था कि केएस लूथरा को यदि संदीप सहगल की उम्मीदवारी से दूर रखा जायेगा तो वह संदीप सहगल को निर्विरोध सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनवा देंगे । संदीप सहगल की उम्मीदवारी के कुछेक समर्थक गुरनाम सिंह की इस चाल में फँस भी गए थे और वह केएस लूथरा को दूर रखने की वकालत करने भी लगे थे - किंतु स्थितियाँ कुछ ऐसी बनीं कि गुरनाम सिंह की चाल की पोल भी खुल गई और संदीप सहगल के कुछेक समर्थकों के विरोध के बावजूद केएस लूथरा उनकी उम्मीदवारी के साथ जुड़ते भी चले गए ।
संदीप सहगल की उम्मीदवारी के जो नजदीकी रणनीतिकार हैं उन्हें दो बातें बहुत साफ समझ में आ रही हैं - एक तो यह कि चुनाव तो अवश्य ही होगा, क्योंकि इस बीच प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार अशोक अग्रवाल ने भी अच्छी सक्रियता दिखाई है और उनकी उम्मीदवारी के समर्थक नेता अपने अपने तरीके से उनकी उम्मीदवारी के पक्ष में माहौल बनाने और समर्थन जुटाने के काम में लगे हुए हैं; दूसरी बात यह कि संदीप सहगल की उम्मीदवारी का मैनेजमेंट केएस लूथरा ही सँभाल सकते हैं । संदीप सहगल की उम्मीदवारी के कुछेक समर्थकों को अशोक अग्रवाल के साथ होने वाला मुकाबला भले ही आसान दिख रहा हो; लेकिन उनके नजदीकी रणनीतिकार समझ रहे हैं कि अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी की चुनौती को कमजोर समझना आत्मघाती साबित हो सकता है और अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी की चुनौती से निपटने के लिए एक बहुत ही सघन अभियान चलाये जाने की जरूरत है - जिसे केएस लूथरा ही मैनेज कर सकते हैं । संदीप सहगल की उम्मीदवारी के नजदीकी रणनीतिकारों की इस समझ के फलस्वरूप ही संदीप सहगल की उम्मीदवारी की बागडोर केएस लूथरा के हाथों में जा पहुँची है ।
संदीप सहगल की उम्मीदवारी के कुछेक समर्थकों को यह बात पसंद नहीं आ रही है । उन्हें खतरा दरअसल यह हुआ है कि केएस लूथरा को अहमियत मिलने से उन्हें मिलने वाली अहमियत खत्म हो जा रही है । अपनी अहमियत बचाये रखने के लिए उन्हें जरूरी लग रहा है कि वह केएस लूथरा को मिलने वाली अहमियत को कम करवाएं और नियंत्रित करें । संदीप सहगल की उम्मीदवारी के समर्थकों के बीच अहमियत पाने और छीनने की इस लड़ाई को अशोक अग्रवाल की उम्मीदवारी के समर्थक खासी दिलचस्पी के साथ देख रहे हैं और इसमें अपने लिए मौका तलाश रहे हैं । कुछेक लोगों को यह भी लगता है कि संदीप सहगल की उम्मीदवारी के समर्थकों के बीच अहमियत पाने और छीनने की इस लड़ाई को गुरनाम सिंह भड़का रहे हैं और हवा दे रहे हैं । अब इस मामले में सच चाहें जो हो, इस लड़ाई को शांत करने की जिम्मेदारी तो संदीप सहगल की उम्मीदवारी के समर्थकों की ही है । इस लड़ाई ने लेकिन फिलहाल सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अशोक अग्रवाल और संदीप सहगल के बीच होते दिख रहे चुनावी मुकाबले को दिलचस्प जरूर बना दिया है ।

Wednesday, November 12, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3012 में शरत जैन की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं को समर्थन जुटाने वास्ते जेके गौड़ के गवर्नर-काल के पदों की सौदेबाजी को चलाते रहने के लिए असिस्टेंट गवर्नर्स के नाम घोषित करने से बचना ही ठीक लग रहा है

गाजियाबाद । जेके गौड़ के गवर्नर-काल में जिन रोटेरियंस को असिस्टेंट गवर्नर बनने के संकेत मिले हैं, उनके लिए यह समझना मुश्किल हो रहा है कि जेके गौड़ असिस्टेंट गवर्नर के रूप में उनके नाम सार्वजनिक रूप से घोषित क्यों नहीं कर रहे हैं ? जेके गौड़ जिस तरह से असिस्टेंट गवर्नर्स के नाम घोषित करने से बच रहे हैं उससे इस तरह की चर्चाओं को बल मिला है कि चुनावी फायदे के गणित से यदि अभी तय किए गए असिस्टेंट गवर्नर्स में से कुछेक के नाम काटने पड़े तो उन्हें काटने में और उनकी जगह दूसरों को असिस्टेंट गवर्नर बनाने का मौका बना रहेगा । आरोप यह है कि शरत जैन की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने के लिए जेके गौड़ के गवर्नर-काल के पदों का सौदा किया जा रहा है । रोटरी क्लब सोनीपत मिडटाउन के ज्ञानिंदर सचदेव को डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टर मीट और रोटरी क्लब सोनीपत सिटी के दीपक गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट ट्रेजरार घोषित करने से इस सौदेबाजी की पोल खुल गई है । दरअसल डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टर मीट पर दिल्ली के और डिस्ट्रिक्ट ट्रेजरार पद पर गाजियाबाद के कुछेक चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की निगाह थी - उनमें से जिनकी जेके गौड़ के साथ पिछले दिनों जैसी जो बातचीत हुई थी उससे उन्हें उम्मीद बँधी थी कि उक्त पद उन्हें मिलेंगे । लेकिन उक्त पदों पर हुई घोषणा से उन्होंने अपने आप को ठगा हुआ महसूस किया है ।
डिस्ट्रिक्ट ट्रेजरार पद को लेकर तो गाजियाबाद में बहुत ही तीखी प्रतिक्रिया हुई है । गाजियाबाद में कई लोगों ने खासी मुखरता के साथ इस बात को कहा है कि डिस्ट्रिक्ट ट्रेजरार का पद तो जेके गौड़ को गाजियाबाद में ही किसी को देना चाहिए था, जिससे कि उन्हें काम करने/लेने में सुविधा होती । गाजियाबाद में बहुत से रोटेरियन चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं - उनमें से कुछेक के जेके गौड़ के साथ अच्छे संबंध भी देखे/बताये जाते हैं; जेके गौड़ उनमें से ही किसी को डिस्ट्रिक्ट ट्रेजरार चुन सकते थे । पर चुनते तो तब जब उन्हें चुनने का 'अधिकार' होता । उनका अधिकार तो मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ने ले रखा है । डिस्ट्रिक्ट में हर किसी को लगता है और कई लोग कहते भी हैं कि जेके गौड़ गवर्नर की कुर्सी पर बैठेंगे जरूर, लेकिन गवर्नर के रूप में उनके फैसले मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ही कर रहे हैं - और इन दोनों ने शरत जैन की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने वास्ते जेके गौड़ के गवर्नर-काल को 'बेच' देने की तैयारी कर ली है । ज्ञानिंदर सचदेव और दीपक गुप्ता अपने अपने क्लब से नोमेनेटिंग कमेटी के लिए चुने गए हैं, इसलिए ही उन्हें उक्त पद दिए गए हैं ताकि नोमीनेटिंग कमेटी में वह शरत जैन की उम्मीदवारी का समर्थन करें ।
ज्ञानिंदर सचदेव और दीपक गुप्ता को पद देने पर डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच जो तीखी प्रतिक्रिया हुई है उससे शरत जैन की उम्मीदवारी के पीछे लगे अरनेजा गिरोह को चिंता हुई है और इसी चिंता में उन्होंने असिस्टेंट गवर्नर्स के नाम सार्वजनिक करने की कार्रवाई को रोक दिया है । उन्हें डर हुआ है कि असिस्टेंट गवर्नर्स के नाम पर भी यदि नाराजगियाँ फैली तो मामला उल्टा पड़ जायेगा । कुछ लोगों को यह भी लगता है कि असिस्टेंट गवर्नर्स बनाने का झाँसा ज्यादा लोगों को दे दिया गया है - नाम सार्वजनिक करने से इस झाँसे की पोल खुल जायेगी; इसलिए असिस्टेंट गवर्नर्स के नाम घोषित करने से बचने की रणनीति अपनाई गई है । पेम वन होने में मुश्किल से तीन दिन बचे हैं लेकिन उसमें शामिल होने वाले लोगों को अभी तक भी यह नहीं पता है कि उनके असिस्टेंट गवर्नर कौन कौन होंगे । पिछले वर्षों में पेम वन होने तक यह स्पष्ट हो जाता था - कभी-कभी उन्हें कहा कोऑर्डिनेटर जाता था, लेकिन उन्हें भी और दूसरों को भी यह पता होता था कि यही लोग असिस्टेंट गवर्नर होंगे । जेके गौड़ ने लेकिन कोऑर्डिनेटर भी घोषित नहीं किए हैं, जिस कारण उनके गवर्नर-काल के असिस्टेंट गवर्नर्स को लेकर असमंजस बना हुआ है । यह असमंजस इसलिए और गहरा रहा है क्योंकि जेके गौड़ की तरफ से कुछेक लोगों को असिस्टेंट गवर्नर बनने का संदेश दे दिया गया है । इसीलिए जिन लोगों को संदेश मिला है, उन्हें यह आशंका होने लगी है कि उन्हें असिस्टेंट गवर्नर का पद वास्तव में मिलेगा भी या उन्हें मिला संदेश सिर्फ झाँसा ही साबित होगा । 
शरत जैन की उम्मीदवारी के लिए समर्थन 'खरीदने' के चक्कर में जेके गौड़ के गवर्नर-काल का जैसा जो मजाक-सा बना दिया जा रहा है, उसे देखते/समझते हुए शरत जैन की उम्मीदवारी के समर्थकों व शुभचिंतकों के बीच भी कन्फ्यूजन बढ़ रहा है । शरत जैन की उम्मीदवारी के समर्थक नेता वैसे तो यह दावा करते हुए नहीं थकते हैं कि शरत जैन की उम्मीदवारी के प्रति लोगों के बीच अच्छा समर्थन है और लोग उन्हें ही चुनेंगे - लेकिन उनसे इस बात का कोई जबाव नहीं मिलता है कि शरत जैन की उम्मीदवारी की स्थिति सचमुच में यदि इतनी ही मजबूत है तो फिर उनके लिए समर्थन जुटाने वास्ते टुच्चई करने की और जेके गौड़ के गवर्नर-काल के पदों को 'बेचने' तक के स्तर पर उतरने की जरूरत क्यों पड़ रही है ? इसीलिए लोगों को लग रहा है कि शरत जैन की उम्मीदवारी के समर्थक नेता झूठे ही उनकी हवा बना रहे हैं - और मजे की बात यह है कि अपने द्धारा बनाई जा रही हवा पर उन्हें खुद ही भरोसा नहीं है और यही कारण है कि जेके गौड़ के गवर्नर-काल के पदों का ऑफर देकर वह शरत जैन के लिए वोटों को खरीदने की तिकड़मों में लगे हुए हैं । शरत जैन की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं की इन हरकतों ने शरत जैन की उम्मीदवारी के प्रति समर्थन का भाव रखने वाले लोगों को भी यह सोचने और कहने पर मजबूर कर दिया है कि समर्थन जुटाने के लिए की जा रही हरकतों से शरत जैन का नाम बदनाम ही हो रहा है और इससे उनकी उम्मीदवारी को मिल सकने वाला समर्थन घटेगा ही । इस तरह की बातें करने/कहने वाले लोगों के मुँह लेकिन शरत जैन की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं ने यह कहते हुए बंद किए हुए हैं कि शरत जैन को यदि जितवाना है तो वह जो कर रहे हैं, उन्हें करने दिया जाये । यानि जेके गौड़ के गवर्नर-काल के पदों की सौदेबाजी के नए नए रूप अभी और देखने को मिलेंगे ।

Thursday, November 6, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद सँभालने वाले काम शुरू कर चुके डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सुनील गुप्ता डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर का पद क्या क्लब से निकलवाने की बृज भूषण की धमकी के कारण किसी को नहीं दे पा रहे हैं

मेरठ । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सुनील गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर का नाम घोषित किए बिना जिस तरह प्री एजीटीएस का आयोजन कर लिया है, उससे पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बृज भूषण को तगड़ा झटका लगा है । बृज भूषण को उम्मीद थी कि प्री एजीटीएस के आयोजन में सुनील गुप्ता डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के रूप में उनका नाम घोषित करेंगे, लेकिन आयोजन के दौरान सुनील गुप्ता जब उन्हें कोई तवज्जो देते हुए नहीं दिखे, तो वह आयोजन के बीच से ही उठ कर चले गए । किन्हीं किन्हीं लोगों ने जाते जाते उन्हें यह कहते हुए भी सुना कि यहाँ मैं कोई ताली बजाने थोड़े ही आया हूँ । बृज भूषण का दावा है कि बहुत पहले अलेक्जेंडर क्लब में बीस-पच्चीस रोटेरियंस के बीच सुनील गुप्ता ने उन्हें अपने गवर्नर-काल के लिए डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाने की बात कही थी । बृज भूषण की शिकायत है कि लेकिन बाद में पता नहीं सुनील गुप्ता को किसने क्या भड़काया कि वह डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद को लेकर उनसे बात करने तक से बचने लगे । सुनील गुप्ता डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद को लेकर सिर्फ बृज भूषण से ही नहीं, बल्कि दूसरों से भी बात करने से बचते दिखे तो डिस्ट्रिक्ट में लोगों की समझ में आ गया कि डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद को लेकर सुनील गुप्ता भारी दबाव में हैं ।
सुनील गुप्ता के रवैये से एक बात तो लोगों को समझ में आ गई कि अलेक्जेंडर क्लब में बीस-पच्चीस रोटेरियंस के बीच उन्होंने भले ही बृज भूषण को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाने की बात कह दी होगी, लेकिन अब वह उन्हें तो डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर नहीं बनायेंगे । लोगों के बीच जैसे जैसे यह समझ बढ़ती गई वैसे वैसे बृज भूषण का सुनील गुप्ता पर उन्हें डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर घोषित करने के लिए दबाव बढ़ने लगा । लोगों के बीच यह तक चर्चा सुनी गई कि बृज भूषण ने सुनील गुप्ता को स्पष्ट शब्दों में बता दिया है कि उन्होंने उनकी बजाये यदि किसी और को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाया तो वह सुनील गुप्ता को क्लब से बाहर निकलवा देंगे । उल्लेखनीय है कि दोनों ही लोग : बृज भूषण भी और सुनील गुप्ता भी एक ही क्लब - रोटरी क्लब मेरठ सम्राट के सदस्य हैं । इस क्लब के बारे में एक मजेदार बात यह है कि वैसे तो इस क्लब में बृज भूषण और सुनील गुप्ता जैसे रोटरी के बारे में बड़ी बड़ी बातें करने वाले लोग हैं लेकिन इतने महान लोगों के क्लब में सदस्य सिर्फ आठ-नौ ही हैं । बृज भूषण को हर वर्ष डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनना है, बार-बार सीओएल में जाना है लेकिन अपने क्लब की सदस्य संख्या को सम्मानजनक स्थिति तक पहुँचाने के लिए कुछ नहीं करना है । डिस्ट्रिक्ट का बुरा हाल क्यों है, इसे बृज भूषण के इस 'व्यवहार' से भी समझा जा सकता है ।
बहरहाल, बात हम सुनील गुप्ता के गवर्नर-काल के डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर की कर रहे थे !
बृज भूषण की सुनील गुप्ता को क्लब से निकलवाने की धमकी ने लगता है कि असर किया और सुनील गुप्ता ने किसी और को भी डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर नहीं बनाया । इसीलिए अभी जब उन्होंने प्री एजीटीएस का आयोजन किया तो बृज भूषण को लगा कि सुनील गुप्ता आयोजन में उन्हें ही डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर घोषित कर देंगे । सुनील गुप्ता ने लेकिन ऐसा नहीं किया । कुछेक लोगों को लगता है कि बृज भूषण को तो सुनील गुप्ता डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर नहीं ही बनायेंगे - उन्हें बनाना होता, तो वह अभी तक बना देते; लेकिन बृज भूषण की धमकी को देखते हुए वह किसी और को भी डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर नहीं बनायेंगे । ऐसा मानने और कहने वाले लोगों का तर्क है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का कार्यभार सँभालने की प्रक्रिया में सबसे पहला काम डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाने का करता है - बाकी काम का नंबर उसके बाद आता है; सुनील गुप्ता ने लेकिन प्री एजीटीएस का आयोजन करके अपना काम तो शुरू कर दिया है, लेकिन डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद पर नियुक्ति को टाल दिया है । सुनील गुप्ता के नजदीकियों को भी लगता है कि सुनील गुप्ता डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर अब शायद ही किसी को बनाये; अब वह डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर के बिना ही काम करेंगे । ऐसा मानने और कहने वाले लोगों को यह भी लगता है कि कोई आत्मसम्मानी व्यक्ति अब डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनेगा भी नहीं ।
डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद को लेकर सुनील गुप्ता के अनिर्णय और अगंभीरता पर उनकी आलोचना भी शुरू हो गई है । लोगों का कहना है कि डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद को लेकर सुनील गुप्ता को जो भी फैसला करना है - किसे बनाना है या नहीं ही बनाना है - उसे करें और डिस्ट्रिक्ट के लोगों को बतायें । उनका रवैया देख कर लोगों को लगने लगा है कि सुनील गुप्ता कन्फ्यूज्ड हैं कि वह क्या फैसला तो करें और जो फैसला करें उसे लोगों को बतायें कैसे ? डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के अपने पहले ही काम में सुनील गुप्ता जिस तरह उलझ गए हैं और फैसला करने की अपनी क्षमता के प्रति लोगों को शंकाग्रस्त कर चुके हैं, उससे उनके गवर्नर-काल को लेकर लोगों के बीच सवाल उठने लगे हैं । सुनील गुप्ता से हमदर्दी रखने वाले लोगों का कहना है कि डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद को लेकर उनके ऊपर भारी दबाव है, जिसके कारण उनके लिए फैसला करना मुश्किल हुआ है । दूसरे लोगों का कहना है कि सुनील गुप्ता डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने जा रहे हैं - ऐसे में उन पर तरह तरह के मामलों में दबाव तो पड़ेंगे ही; उन्हें इन दबावों में ही फैसले करने होंगे; दबावों के चलते फैसलों को यदि वह टालेंगे तो आलोचनाओं का निशाना तो बनेंगे ही ।

Tuesday, November 4, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में रोटरी इंटरनेशनल द्धारा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की कुर्सी से उतारे जाने से मिले झटके से निराश व हताश दीपक बाबू और उनके समर्थकों ने दावा करना शुरू किया है कि वह दिवाकर अग्रवाल को भी वर्ष 2016-2017 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की दौड़ से बाहर करवायेंगे

मुरादाबाद । रोटरी इंटरनेशनल ने दीपक बाबू से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद न सिर्फ छीन लिया है, बल्कि इस पद के लिए उनके दोबारा उम्मीदवार हो सकने के मौके पर भी रोक लगा दी है । पिछले रोटरी वर्ष में संपन्न हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में दीपक बाबू द्धारा वोटों की खरीद के सहारे जीत प्राप्त करने का आरोप लगाते हुए रोटरी क्लब मुरादाबाद हैरिटेज द्धारा की गई शिकायत को सही ठहराते हुए रोटरी इंटरनेशनल की तीन सदस्यीय कमेटी ने उस चुनाव को निरस्त करते हुए उस चुनाव को दोबारा कराने का फैसला सुनाया है । दीपक बाबू के लिए इससे भी ज्यादा बुरी बात यह हुई है कि उक्त कमेटी ने दोबारा होने वाले चुनाव में दीपक बाबू के उम्मीदवार होने पर रोक लगा दी है ।
रोटरी इंटरनेशनल के इस फैसले के जरिये नियति ने दीपक बाबू के साथ बहुत ही क्रूर तरीके से बदला लिया है, और दीपक बाबू की करनी ही नहीं - उनकी कथनी का भी उन्हें करारा जबाव दिया है । जो स्थिति बनी है, उसे 'बनाने' का श्रेय खुद दीपक बाबू को ही है ।
उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में वोटों की खरीद-फ़रोख्त के आरोप पहले भी लगते रहे हैं - लेकिन दीपक बाबू पहले उम्मीदवार हैं जिन्होंने यह आरोप लगाने के लिए लोगों को बाकायदा 'मौका' दिया । दीपक बाबू ने कई बार लोगों के बीच 'वोटों की खरीद' को चुनाव जीतने की अपनी तरकीब के रूप में व्याख्यायित किया था । उन्होंने कई मौकों पर लोगों को बताया था कि चुनाव के समय, यानि वोट देने के समय वह क्लब-अध्यक्षों को मोटी मोटी रकम ऑफर करेंगे और बदले में उनसे वोट पा लेंगे और इस तरह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी बन जायेंगे । वही नहीं, उन्हें ऐन-केन-प्रकाणेन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनवाने पर आमादा रहे तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल भी इसी तरह के दावे किया करते थे । दीपक बाबू और तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल जब खुद ही इस तरह की बातें करते थे, तो दीपक बाबू के जीत जाने के बाद लोगों को यह कहने का मौका मिला ही कि उनकी जीत तो वोटों की खरीद के जरिये मिली जीत है । कुछेक क्लब्स के पदाधिकारियों ने हलफनामे देकर दीपक बाबू द्धारा की गई वोटों की खरीद-फ़रोख्त के सुबूत भी दे दिए, जिन्हें आधार बना कर दिवाकर अग्रवाल के क्लब - रोटरी क्लब मुरादाबाद हैरिटेज ने रोटरी इंटरनेशनल में दीपक बाबू की जीत को चेलैंज कर दिया ।
दीपक बाबू द्धारा की गई वोटों की खरीद-फ़रोख्त के जो किस्से लोगों के बीच चर्चा में रहे, उनसे पता चला कि दीपक बाबू ने वोटों को 'खरीदने' के लिए बड़ी हार्ड बारगेनिंग की । कुछेक क्लब के पदाधिकारियों को वोट के बदले साठ हजार रुपये के ऑफर से सौदा करना शुरू किया गया, जो फिर दस-दस हजार रुपये बढ़ता हुआ एक लाख रुपये और उससे भी अधिक तक पहुँचा । कुछेक क्लब के पदाधिकारियों ने मौके की नजाकत से फायदा उठाने की कोशिश करते हुए ज्यादा 'मुँह खोले', तो दीपक बाबू को फिर वह सौदे बीच में ही छोड़ने पड़े । जीत का नतीजा आने के बाद दीपक बाबू ने कुछेक लोगों के बीच बड़े घमंड के साथ कहा भी था कि कुछेक क्लब्स से बात बनते बनते 'रह गई', अन्यथा उनकी जीत का अंतर और बड़ा होता ।
दीपक बाबू की इसी तरह की बातें उन पर अब भारी पड़ गई हैं; और इसका नतीजा यह हुआ है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की कुर्सी से उतार दिए जाने के बाद दीपक बाबू के साथ किसी को हमदर्दी भी नहीं हो रही है । लोगों का यही कहना है कि दीपक बाबू ने जो किया, उन्हें उसी की 'कीमत' चुकानी पड़ रही है । दीपक बाबू का इसे बड़ा दुर्भाग्य ही माना/बताया जा रहा है कि बुरी खबर के साथ-साथ उन्हें एक 'अच्छी' खबर भी मिली है - लेकिन वह उस अच्छी खबर का कोई मजा ही नहीं ले पा रहे हैं । दीपक बाबू के क्लब - रोटरी क्लब मुरादाबाद मिडटाउन ने दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को मान्य करने को लेकर जो शिकायत की थी, उसे रोटरी इंटरनेशनल ने सही पाया और दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को अमान्य घोषित कर दिया । रोटरी क्लब मुरादाबाद हैरिटेज की शिकायत पर पिछले वर्ष हुए चुनाव को ही जब अमान्य घोषित कर दिया गया है, तो दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को अमान्य घोषित करने वाला फैसला निरर्थक ही साबित हुआ है और दीपक बाबू को मिल सकने वाली खुशी भी नसीब नहीं हो सकी है ।
रोटरी इंटरनेशनल से जो झटका मिला है उससे दीपक बाबू और उनके समर्थक व शुभचिंतक अभी तो निराश और हताश हैं, लेकिन उनमें से कुछेक यह कहने से नहीं चूक रहे हैं कि दिवाकर अग्रवाल और उनके समर्थकों व शुभचिंतकों को इस फैसले से ज्यादा खुश नहीं होना चाहिए क्योंकि वह कोशिश करेंगे कि जैसे दीपक बाबू को वर्ष 2016-2017 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की दौड़ से बाहर किया गया है, वैसे ही वह दिवाकर अग्रवाल को भी उस दौड़ से बाहर करवायेंगे । उनका कहना है कि वर्ष 2016-2017 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए होने वाले चुनाव के लिए दिवाकर अग्रवाल के नामांकन को रोटरी इंटरनेशनल ने अमान्य घोषित करने का जो फैसला किया है उसी का हवाला देते हुए वह अपील करेंगे कि वर्ष 2016-2017 के लिए दोबारा से होने वाले चुनाव में दिवाकर अग्रवाल के नामांकन को न स्वीकार किया जाए । दीपक बाबू के समर्थकों के इस तेवर को देख/जान कर लगता है कि दीपक बाबू और दिवाकर अग्रवाल के बीच चल रहा झगड़ा अभी भी शांत नहीं होने वाला है तथा अभी इसमें और आतिशवाजी देखने को मिलेगी । हालाँकि कई लोगों का कहना यह भी है कि दीपक बाबू और राकेश सिंघल ने अपनी हरकतों से डिस्ट्रिक्ट का नाम बहुत खराब कर लिया है और खुद उन्हें भी उससे कुछ हासिल नहीं हुआ है - इसलिए अभी तक जो कुछ भी हुआ है उससे सबक लेते हुए दीपक बाबू को अपनी नकारात्मक सोच को अब विराम दे देना चाहिए ।

Monday, November 3, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3011 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के लिए सुरेश भसीन की अचानक प्रकट हुई सक्रियता को, आशंका और डर के साथ देखते हुए डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी के लिए एक गंभीर चुनौती के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है

नई दिल्ली । सुरेश भसीन की अचानक से 'दिखने' लगी सक्रियता ने डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी के समर्थकों को चिंता में डाल दिया है और इसके चलते उन्होंने यह समझने का प्रयास करना शुरू किया है कि सुरेश भसीन को सहयोग और समर्थन आखिर मिल कहाँ से रहा है, जिसके भरोसे अपनी उम्मीदवारी के लिए उन्होंने अभियान लगातार चलाया हुआ है । डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी के समर्थकों व शुभचिंतकों का निरंतर यह दावा बना हुआ है कि डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी को डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3011 में हर किसी का एकतरफा समर्थन मिला हुआ है । प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3011 में जो भी पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हैं, उन सभी का समर्थन डॉक्टर सुब्रमणियन को मिलने का दावा भी लगातार किया जा रहा है । पिछले दिनों चूँकि सुरेश भसीन कहीं ज्यादा 'दिख' भी नहीं रहे थे, इसलिए डॉक्टर सुब्रमणियन के समर्थकों व शुभचिंतकों द्धारा किए जा रहे इन दावों को लोगों के बीच सच भी मान लिया जा रहा था । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के खिलाड़ियों ने लगभग स्वीकार कर लिया था और वह कहने लगे थे कि प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3011 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के लिए डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी के लिए कहीं कोई चुनौती नहीं है ।
लेकिन सुरेश भसीन की अचानक से 'दिखने' लगी सक्रियता ने डॉक्टर सुब्रमणियन की उम्मीदवारी के लिए कहीं कोई चुनौती न देखने वाले उनके समर्थकों व शुभचिंतकों को हैरान और परेशान कर दिया है । उनकी हैरानी का कारण यह कि जब पूरा डिस्ट्रिक्ट डॉक्टर सुब्रमणियन के समर्थन में है तो फिर सुरेश भसीन किस उम्मीद में और किसके भरोसे उम्मीदवार बने हुए हैं ? उनकी परेशानी का कारण यह है कि सुरेश भसीन की सक्रियता देख कर उन्हें आशंका हुई है कि डॉक्टर सुब्रमणियन की स्थिति को लेकर उनकी आश्वस्ति कहीं धोखा तो नहीं है और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के उम्मीदवार के रूप में डॉक्टर सुब्रमणियन की स्थिति उतनी मजबूत नहीं है जितनी मजबूत वह समझ रहे हैं और इसीलिए सुरेश भसीन को अपने लिए मौका दिख रहा है । डॉक्टर सुब्रमणियन के समर्थकों व शुभचिंतकों को डर यह भी हुआ है कि सुरेश भसीन को कहीं किसी या किन्हीं लोगों से समर्थन का ठोस भरोसा तो नहीं मिला है, जिससे उत्साहित होकर एक उम्मीदवार के रूप में उन्होंने अपनी सक्रियता को बढ़ाया भी है और उसे 'दिखाना' भी शुरू किया है ।
डॉक्टर सुब्रमणियन के समर्थकों व शुभचिंतकों को डर दरअसल यह जानकर भी लगा है कि पिछले दिनों सुरेश भसीन जब ज्यादा कहीं 'दिख' नहीं रहे थे, तब वह वास्तव में रोटेरियंस से वन-टू-वन लगातार मिल रहे थे । अपनी इन वन-टू-वन मुलाकातों को सुरेश भसीन चूँकि प्रचारित नहीं कर रहे थे इसलिए दूसरों ने - खासकर डॉक्टर सुब्रमणियन के समर्थकों व शुभचिंतकों ने मान लिया था कि सुरेश भसीन तो कुछ कर ही नहीं रहे हैं और इस तरह वह चुनावी मुकाबले से खुद ही बाहर हो गए हैं । यह जानकारी पा कर डॉक्टर सुब्रमणियन के समर्थकों व शुभचिंतकों को लगने लगा है कि चुपचाप से वन-टू-वन मुलाकात करना सुरेश भसीन की कहीं कोई चाल तो नहीं थी - जिसका उद्देश्य डॉक्टर सुब्रमणियन को धोखे में रखना था । दरअसल हर कोई यह मान रहा है कि सुरेश भसीन को चुनावी मुकाबले से बाहर मान कर डॉक्टर सुब्रमणियन भी शांत बैठ गए और एक उम्मीदवार के रूप में अपनी सक्रियता को उन्होंने स्थगित कर दिया । डॉक्टर सुब्रमणियन के घनघोर समर्थकों का भी मानना और कहना है कि डॉक्टर सुब्रमणियन ने जिस तरह से अपने आप को लोगों से मिलने-जुलने से अलग कर लिया है, उससे लोगों के बीच उनके प्रति एक नकारात्मक प्रतिक्रिया तो बनी ही है - और सुरेश भसीन ने इसी का फायदा उठाने के लिए अब अपनी सक्रियता को खुले तौर पर दिखाना शुरू कर दिया है । डॉक्टर सुब्रमणियन के नजदीकियों को भी लग रहा है कि सुरेश भसीन को मुकाबले से बाहर मानकर डॉक्टर सुब्रमणियन ने एक उम्मीदवार के रूप में अपनी सक्रियता को थाम कर सचमुच में आत्मघाती काम किया है ।
डॉक्टर सुब्रमणियन के समर्थकों व शुभचिंतकों को लगता है कि जो हुआ, वह यदि यूँ ही हुआ है तब तो कोई ज्यादा गंभीर बात नहीं है और जो कोई नुकसान हुआ होगा उसकी भरपाई कर ली जाएगी; लेकिन जो हुआ वह यदि सुरेश भसीन की सुनियोजित योजना के तहत हुआ है तब मामला गंभीर है और इसे गंभीरता से लिए जाने की जरूरत है । उन्हें दरअसल इस बात का पता है कि सुरेश भसीन को एक कुशल रणनीतिकार के रूप में देखा/पहचाना जाता है; और प्रतिकूल स्थितियों में भी अपने लिए मौके बनाने का हुनर उन्हें खूब आता है । डिस्ट्रिक्ट के चुनावी खिलाड़ियों को भी लगता है कि पहले चुपचाप से वन-टू-वन मुलाकात के जरिये संपर्क अभियान चलाने और अब अपनी सक्रियता को 'दिखाने' का जो खेल सुरेश भसीन ने किया है, वह उनकी सोची-विचारी रणनीति का ही हिस्सा होगी । सुरेश भसीन की इस रणनीति ने उनके प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार डॉक्टर सुब्रमणियन को पहले गलती करने के लिए 'प्रेरित' किया और अब उन्हें तथा उनके समर्थकों व शुभचिंतकों को हक्का-बक्का कर दिया है । डिस्ट्रिक्ट के नेताओं के समर्थन-आधार पर देखें तो अभी भी डॉक्टर सुब्रमणियन का ही पलड़ा भारी दिखेगा; लेकिन चुनावी लड़ाई सिर्फ समर्थन-आधार के भरोसे नहीं जीती जाती - उसके लिए एक कुशल रणनीति अपनाने की भी जरूरत होती है । कुशल रणनीति अपनाने के मामले में सुरेश भसीन ने अपने आपको डॉक्टर सुब्रमणियन से इक्कीस ही साबित किया है । कुशल रणनीति के कारण ही सुरेश भसीन ने अपने आपको एक ऐसे मुकाबले में मजबूती के साथ बनाये रखा हुआ है, जिस मुकाबले में माना जा रहा है कि उनके पास कुछ है ही नहीं ।
प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3011 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट पद के चुनाव में स्थितियाँ ऊपर ऊपर से पूरी तरह डॉक्टर सुब्रमणियन के अनुकूल लग रही हैं, लेकिन फिर भी सुरेश भसीन की सक्रियता को देख कर उनके समर्थकों व शुभचिंतकों के बीच आशंका और डर पैदा हुआ है, तो इसका अर्थ यही है कि सुरेश भसीन की उम्मीदवारी को डॉक्टर सुब्रमणियन के लिए एक गंभीर चुनौती के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है ।


Saturday, November 1, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के प्रस्तावित विभाजित डिस्ट्रिक्ट 3011 में आशीष घोष के लगातार दूसरी बार डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने का संकेत मिलने से निराश और परेशान हुए रमेश अग्रवाल और मुकेश अरनेजा ने सुधीर मंगला पर किसी और को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाने के लिए दबाव डालना शुरू किया

नई दिल्ली । आशीष घोष के लगातार दूसरी बार डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने की आहट ने मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल की नींद उड़ा दी है और उन्होंने सुधीर मंगला पर आशीष घोष को अपने गवर्नर-काल के लिए डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर न बनाने के लिए दबाव डालना तेज कर दिया है । सुधीर मंगला पर दबाव बनाने के लिए मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ने उन्हें उलाहना दिया है और याद दिलाया है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी का चुनाव जीतने के लिए तो वह उनकी मदद लेने आये थे और अब उनकी बात नहीं मान रहे हैं । यह दोनों हालाँकि अभी कुछ दिन पहले तक लोगों के बीच यह दावा करते हुए नहीं थकते थे कि 'इधर' जेके गौड़ के जरिये और 'उधर' सुधीर मंगला के जरिये - वह दोनों तरफ अपना ही राज चलायेंगे । पर अब जो सीन दिख रहा है उसमें 'इधर' भले ही जेके गौड़ उनका राज चलाने का जरिया बने हुए हों, लेकिन 'उधर' के मामले में लगता है कि राज चलाने का मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल का सपना सुधीर मंगला ने ध्वस्त कर दिया है । मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल के लिए बड़ी चिंता इस बात की नहीं है कि 'उधर' वाले डिस्ट्रिक्ट में उनका सपना पूरा होने नहीं जा रहा है, उनकी बड़ी चिंता इस बात को लेकर है कि अभी कल तक वह जिन लोगों के सामने डींगे मार रहे थे, उन्हें वह अब कैसे मुँह दिखायेंगे ? अपनी इस हालत के लिए वह अब सुधीर मंगला को कोस रहे हैं ।
मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ने हालाँकि अभी भी उम्मीद नहीं छोड़ी है - उन्हें अभी भी लगता है कि वह सुधीर मंगला को इस बात के लिए राजी कर लेंगे कि वह आशीष घोष को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर घोषित न करें; तथा किसी और को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बना लें । उल्लेखनीय है कि इन दोनों की आशीष घोष से पुरानी खुंदक है । इसी खुंदक के चलते पिछले रोटरी वर्ष में सीओएल के चुनाव में आशीष घोष को हराने के लिए इन्होंने हर तरह का हथकंडा अपनाया था । गौर करने की बात यह है कि सीओएल के लिए आशीष घोष के अधिकृत उम्मीदवार चुने जाने के बाद तमाम लोगों ने रमेश अग्रवाल को समझाया था कि अधिकृत उम्मीदवार को चेलैंज करने का काम उन्हें नहीं करना चाहिए; लेकिन आशीष घोष के प्रति खुंदक रखने के चलते रमेश अग्रवाल ने किसी की नहीं सुनी/मानी । रमेश अग्रवाल ने इस सच्चाई से मुँह चुराया कि सिर्फ खुंदक रखने से जीत प्राप्त नहीं की जा सकती और नतीजा रहा कि सीओएल के लिए हुए सीधे चुनाव में भी वह आशीष घोष से हार गए । उस हार से रमेश अग्रवाल को जो घाव मिला था, सुधीर मंगला ने आशीष घोष को डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाने का संकेत देकर उस घाव को और कुरेद दिया है । इसीलिए रमेश अग्रवाल - और खुद को रमेश अग्रवाल का गुरु समझने वाले - मुकेश अरनेजा ने सुधीर मंगला को इस बात के लिए राजी करने के लिए सारे घोड़े खोले हुए हैं कि वह किसी को भी डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बना लें, लेकिन आशीष घोष को न बनाएँ ।
सुधीर मंगला यदि मुकेश अरनेजा व रमेश अग्रवाल के दबाव में नहीं आते हैं और आशीष घोष को ही डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर घोषित करते हैं तो यह रोटरी के इतिहास में लगातार दो वर्ष डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने का आशीष घोष के नाम अनोखा रिकॉर्ड होगा । यह अनोखा रिकॉर्ड एक और अनोखापन प्रस्तुत करेगा और वह यह कि आशीष घोष रोटरी के सौ से अधिक वर्षों के इतिहास में संभवतः पहले और अकेले डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर होंगे जो एक डिस्ट्रिक्ट - डिस्ट्रिक्ट 3010 के अंतिम; तथा एक अन्य डिस्ट्रिक्ट - डिस्ट्रिक्ट 3011 के पहले डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर होंगे । उल्लेखनीय है कि सुधीर मंगला के गवर्नर-काल में डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने के लिए नाम हालाँकि रमेश चंद्र और अमित जैन का चल रहा था । मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ने वीरेंद्र 'बॉबी' जैन और दीपक तलवार का नाम आगे बढ़ाया हुआ था । इन चारों में अमित जैन के नंबर ज्यादा माने/देखे जा रहे थे ।
डिस्ट्रिक्ट विभाजन के समय-निर्धारण को लेकर चूँकि अनिश्चय बना हुआ था; और उसके कारण यह निश्चित नहीं हो पा रहा था कि सुधीर मंगला आखिर कब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद संभा सँभालेंगे - इसलिए उनकी तैयारियाँ भी ढीली चल रही थीं । सुधीर मंगला के नजदीकियों के अनुसार, लेकिन यह तय कर लिया गया था कि उन्हें यदि अगले रोटरी वर्ष में ही गवर्नर पद की जिम्मेदारी सँभालने का मौका मिलेगा तो डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर वह आशीष घोष को चुनेंगे । इसके पीछे सोच और समझ यह रही कि आशीष घोष चूँकि अभी डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद की जिम्मेदारी सँभाल ही रहे हैं इसलिए उनके ताजा ताजा अनुभवों का फायदा लिया जा सकेगा । डिस्ट्रिक्ट विभाजन के झमेले में सुधीर मंगला को चूँकि काम करने के लिए कम समय मिला है इसलिए डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद के लिए आशीष घोष को ही उपयुक्त माना/समझा गया । सुधीर मंगला के गवर्नर-काल में डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर पद के लिए जिन अमित जैन का नाम सबसे आगे चल रहा था, उन्होंने भी बदली परिस्थितियों में चूँकि आशीष घोष को ही डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनाने का समर्थन किया, तो फिर सुधीर मंगला के लिए आशीष घोष का नाम तय करना और आसान गया ।
रोटरी इंटरनेशनल के निदेशक मंडल द्धारा अगले रोटरी वर्ष से विभाजित डिस्ट्रिक्ट्स के गठन को हरी झंडी मिलने के साथ जैसे ही यह तय हो गया कि सुधीर मंगला को अगले रोटरी वर्ष में ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद संभालना है, तो आशीष घोष के लगातार दूसरे वर्ष डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने की संभावना बलवती हो गई है । सुधीर मंगला के नजदीकियों का कहना है कि इस बारे में फैसला लिया जा चुका है और किसी भी क्षण इस फैसले की औपचारिक घोषणा की जा सकती है । मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल ने भी लेकिन अपनी कोशिशें नहीं छोड़ी हैं और वह सुधीर मंगला पर तरह-तरह से दबाव बनाये हुए हैं कि वह आशीष घोष को छोड़कर और चाहें जिसे डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बना लें ।