Friday, July 3, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया में विजय गुप्ता और अतुल गुप्ता के खिलाफ हो रही शिकायतों पर प्रेसीडेंट मनोज फडनिस जिस तरह से चुप की कुंडली मारे बैठे हैं, उससे लोगों को शक हो रहा है कि वह इनके हाथों कहीं किसी बात पर ब्लैकमेल तो नहीं हो रहे हैं ?

नई दिल्ली । विजय गुप्ता और अतुल गुप्ता ने अपने अपने चुनाव अभियान में इंस्टीट्यूट के पैसों की बर्बादी भरा जैसा जो मनमाना इस्तेमाल जारी रखा हुआ है, उसे लेकर चार्टर्ड एकाउंटेंट इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट मनोज फडनिस खासी मुसीबत में फँस गए हैं । दरअसल इन दोनों की कारस्तानियों को लेकर इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट की कुर्सी पर बैठे मनोज फडनिस को तमाम शिकायतें मिलीं हैं - मनोज फडनिस लेकिन उन तमाम शिकायतों पर कुंडली मार कर चुपचाप बैठे हुए हैं । मनोज फडनिस न तो यह कह रहे हैं कि विजय गुप्ता और अतुल गुप्ता जो कर रहे हैं वह बिलकुल ठीक है और उनके किए-धरे को लेकर की जा रही शिकायतें फिजूल हैं; और न ही वह शिकायतों पर किसी भी तरह की कोई कार्रवाई करते हुए ही नजर आ रहे हैं । मनोज फडनिस की इस चुप्पी ने प्रोफेशन के लोगों को हैरान किया हुआ है, और उनके बीच अब यह सवाल उठने लगे हैं कि प्रोफेशन के लोगों के बीच गंभीर चर्चा का विषय बन चुके इस मुद्दे पर पूरी तरह खामोशी बरतने के पीछे मनोज फडनिस की मजबूरी आखिर क्या है ? इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट होने के नाते मनोज फडनिस से उम्मीद की जाती है कि वह इंस्टीट्यूट व प्रोफेशन के साथ होने वाली किसी भी तरह की 'बेईमानी' के खिलाफ कार्रवाई करेंगे; और ऐसा कुछ नहीं होने देंगे, जिससे प्रोफेशन व इंस्टीट्यूट की प्रतिष्ठा पर दाग लगता हो और उसके 'खजाने पर डाका' पड़ता हो । प्रोफेशन व इंस्टीट्यूट की प्रतिष्ठा व खजाने के 'लुटने' संबंधी शिकायतों पर मनोज फडनिस की चुप्पी को प्रोफेशन व इंस्टीट्यूट के साथ उनकी बेवफाई के रूप में देखा जा रहा है, और एक बहुत मशहूर शेर को बार बार दोहराया जा रहा है : 'कुछ तो मजबूरियाँ रही होंगी, यूँ ही कोई बेवफा नहीं होता ।'
विजय गुप्ता और अतुल गुप्ता पर आरोप है कि अपनी अपनी कमेटियों के लिए उन्हें जो रकम अलॉट हुई है, उसे वह सेंट्रल काउंसिल का चुनाव फिर से जीतने के उद्देश्य से चलाये जा रहे अपने चुनाव अभियान की रणनीति के हिसाब से खर्च कर रहे हैं - और बहुत मनमाने तरीके से खर्च कर रहे हैं । कार्यक्रमों के नाम पर यह कार्यक्रम में आने वाले लोगों को फाइव स्टार मौज-मजा करवा रहे हैं । इन्हें विश्वास है कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को फाइव स्टार मौज-मजा करवा कर यह अपने लिए वोट जुटा लेंगे । आरोप सिर्फ इंस्टीट्यूट के पैसों पर फाइव स्टार आयोजन करने और पैसों को अनाप-शनाप तरीके से खर्च करने का ही नहीं है; बल्कि उससे भी ज्यादा बड़ा और गंभीर आरोप यह है कि अपनी अपनी कमेटियों के कार्यक्रम वह उन जगहों पर ज्यादा कर रहे हैं, जहाँ उन्हें अपने लिए वोट मिलने की उम्मीद है । उनकी कमेटियों के कार्यक्रम पाँचों रीजन में होने चाहिए, किंतु वह अपनी अपनी कमेटियों के अधिकतर कार्यक्रम अपने रीजन में ही कर रहे हैं; और यहाँ भी अपने कार्यक्रमों में रीजनल काउंसिल के तथा ब्रांचेज के पदाधिकारियों को शामिल नहीं कर रहे हैं । विजय गुप्ता ने पिछले दिनों नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के नाम पर कार्यक्रम किए, किंतु रीजनल काउंसिल के पदाधिकारियों को उन कार्यक्रमों की जानकारी उनके होने के बाद मिली ।सवाल यही उठाया जा रहा है कि इंस्टीट्यूट की कमेटियों के पदाधिकारियों को यदि अपने ही तरीके से कार्यक्रम करने हैं, और उनमें रीजनल काउंसिल व ब्राँच के पदाधिकारियों को शामिल ही नहीं करना है - तो फिर रीजनल काउंसिल तथा ब्रांचेज हैं ही क्यों ? उन्हें बंद करो, और सारा काम इंस्टीट्यूट की कमेटियों के पदाधिकारियों को ही करने दो ।
विजय गुप्ता और अतुल गुप्ता की कारस्तानियों की जो शिकायतें हुई हैं, उनमें किसी ने तो इन्हें कमेटियों के चेयरमैन पद से हटाने की माँग की है; तो किन्हीं किन्हीं ने मनोज फडनिस से माँग की है कि वह कमेटियों के कार्यक्रमों के आयोजित होने की जो प्रक्रिया है, उसका पालन सुनिश्चित कराएँ । मनोज फडनिस को एक व्यावहारिक सुझाव यह दिया गया है कि प्रेसीडेंट के नाते वह यह सुनिश्चित करें कि सेंट्रल कमेटी जो भी कार्यक्रम करें, उसे संबंधित रीजनल काउंसिल व संबंधित ब्रांच के पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करके करें, और तीनों 'पार्टियों' की सहमति से करें - ताकि कमेटी के चेयरमैन को अपनी मनमानी करने का मौका न मिले । विजय गुप्ता और अतुल गुप्ता की कारस्तानियों को लेकर लोगों को जो शिकायतें हैं, उनमें इंस्टीट्यूट के पैसों की बर्बादी वाला जो पक्ष है, उसमें तो कार्रवाई होने की किसी को भी उम्मीद नहीं है - क्योंकि कॉन्फ्रेंस, सेमिनार, मीटिंग्स, टूर आदि के आयोजन करने तथा इनमें शामिल होने के लिए बसूले जाने वाले टीए-डीए के रूप में मोटी मोटी रकमें हड़पने के मामले में सेंट्रल काउंसिल के अधिकतर सदस्य 'रंगे-हाथ' पकड़े गए हैं; और इसलिए ऐसे मामलों में तो सेंट्रल काउंसिल सदस्यों के बीच 'मौसेरे भाईयों' वाला रिश्ता बन जाता है । खुद मनोज फडनिस ही वाइस प्रेसीडेंट के रूप में पिछले वर्ष की गई ऑस्ट्रेलिया की यात्रा के जरिए तीन लाख रुपये से ज्यादा की चपत इंस्टीट्यूट को लगा चुके है - ऐसे में खर्चों पर लगाम लगाने को लेकर उनसे भला क्या उम्मीद की जाए ? 
लोगों का कहना लेकिन यह है कि मनोज फडनिस खर्चों पर लगाम भले ही न लगाना चाहें, किंतु खर्चों को नियमानुसार खर्च करने की व्यवस्था तो करा सकते हैं - वह यह व्यवस्था तो कर/करा सकते हैं कि इंस्टीट्यूट का पैसा इक्के-दुक्के लोगों की मनमानी से खर्च न हो । मनोज फडनिस लेकिन इस बारे में भी कुछ करते हुए नहीं दिख रहे हैं । इसीलिए लोगों को लग रहा है कि मनोज फडनिस भले ही इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट हैं, लेकिन विजय गुप्ता और अतुल गुप्ता के हाथों पूरी तरह मजबूर बने हुए हैं और इसी मजबूरी में वह इनके खिलाफ मिल रही शिकायतों पर कोई कार्रवाई करते हुए नहीं दिख रहे हैं । लोगों का कहना है कि मनोज फडनिस को यदि लग रहा है कि विजय गुप्ता और अतुल गुप्ता के खिलाफ मिल रही शिकायतों में कोई दम नहीं है, और यह दोनों जो कुछ भी कर रहे हैं तथा जैसे भी कर रहे हैं ठीक कर रहे हैं - तो यहीं कहें, जिससे कि शिकायत करने वाले चुप हों । मनोज फडनिस लेकिन यह भी नहीं कर रहे हैं । इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट मनोज फडनिस जिस तरह से विजय गुप्ता और अतुल गुप्ता के खिलाफ हो रही शिकायतों पर चुप की कुंडली मारे बैठे हैं, उससे लोगों को शक हो रहा है कि मनोज फडनिस इनके हाथों कहीं किसी बात पर ब्लैकमेल तो नहीं हो रहे हैं ? 

Wednesday, July 1, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के सुभाष जैन ने रोटरी ऑर्च क्लम्प सोसायटी का सदस्य बनकर रोटरी के बड़े नेताओं के बीच तो अपनी पहचान/पैठ बनाई ही है, साथ ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी के संदर्भ में भी लोगों के बीच भरोसा पैदा किया है

गाजियाबाद । सुभाष जैन ने रोटरी फाउंडेशन की ऑर्च क्लम्प सोसायटी की सदस्यता के लिए अपनी स्वीकार्यता देकर इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई का दिल जीतने का काम तो किया ही है, साथ ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत अपनी उम्मीदवारी के लिए हवा बनाने के संदर्भ में भी ऊँची छलाँग लगाई है । सुभाष जैन का यह कदम मास्टर स्ट्रोक के रूप में देखा गया है; और जो लोग उनके एक उम्मीदवार की 'भूमिका' निभा लेने के प्रति सशंकित थे, उन्होंने भी माना और कहा है कि सुभाष जैन ने अपने इस मास्टर स्ट्रोक से अपनी उम्मीदवारी के संदर्भ में लोगों के बीच गहरी पैठ बनाने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है । दरअसल किसी भी दूसरी राजनीति की तरह, रोटरी की चुनावी राजनीति में भी परसेप्शन का बड़ा रोल होता है । राजनीति में महत्त्व इस बात का नहीं होता कि वास्तव में आप क्या हैं; महत्त्व इस बात का होता है कि आप लोगों के बीच किस रूप में देखे/पहचाने जाते हैं । डिस्ट्रिक्ट 3012 के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पधारे इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई हो सकता है कि रोटरी क्लब गाजियाबाद सेंट्रल के सुभाष जैन को जानते/पहचानते भी न हों; हो सकता है कि वह सुभाष जैन को जानते/पहचानते हों, किन्तु सिर्फ उतना ही जितना कि वह और बहुत से रोटेरियंस को जानते/पहचानते हैं; उद्घाटन अवसर पर मौजूद रोटेरियंस में कई ऐसे लोग थे, जिनकी मनोज देसाई से पुरानी और नजदीक की पहचान रही है - लेकिन मंच पर मनोज देसाई से सम्मानित होने का मौका सुभाष जैन को मिला । और सिर्फ यही नहीं, मनोज देसाई ने अपनी फेसबुक टाइमलाइन पर डिस्ट्रिक्ट 3012 के उद्घाटन अवसर का जिक्र करते हुए जो छोटी सी टिप्पणी की है और जो तस्वीरें लगाई हैं, उनमें भी सुभाष जैन को प्रमुखता से स्थान मिला है । सुभाष जैन को यह 'स्थान' रोटरी फाउंडेशन की ऑर्च क्लम्प सोसायटी की सदस्यता लेने की घोषणा करने के कारण ही मिला है; और उनकी इसी घोषणा ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उनकी उम्मीदवारी को लोगों के बीच एकदम से एक ठोस आधार दे दिया है । 
उल्लेखनीय है कि सुभाष जैन शायद पहले ऐसे रोटेरियन हैं जो ऑर्च क्लम्प सोसायटी की सदस्यता के लिए उस समय अपनी पात्रता बना रहे हैं, जबकि वह अभी गवर्नर वाली सूची में नहीं हैं । ऑर्च क्लम्प सोसायटी दरअसल रोटरी फाउंडेशन की एक बड़ी खास व क्लॉसी सोसायटी है, और इस नाते इसकी सदस्यता वास्तव में एक ऊँचा मामला है । इस बात को इस तथ्य से समझा जा सकता है कि पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता अभी पिछले वर्ष ही इस सोसायटी के सदस्य बने हैं, और पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट राजेंद्र उर्फ राजा साबू ने अभी करीब चार महीने पहले, 18 मार्च को इस सोसायटी की सदस्यता ली है । जिस सोसायटी की सदस्यता लेने में सुशील गुप्ता व राजा साबू जैसे महारथियों को जहाँ इतना समय लग गया, वहाँ सुभाष जैन ने यदि अभी ही इस सोसायटी की सदस्यता ले ली है, तो यह रोटरी के इतिहास की बड़ी बात तो है ही । यहाँ इस तथ्य को याद करना भी प्रासंगिक होगा कि दिल्ली से ऑर्च क्लम्प सोसायटी का पहला सदस्य बनने का श्रेय पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल के नाम है । सिर्फ दिल्ली ही नहीं, उत्तर और पूर्व के पास-पड़ोस के 12/15 रोटरी डिस्ट्रिक्ट्स में विनोद बंसल ऑर्च क्लम्प सोसायटी के सदस्य बनने वाले पहले रोटेरियन हैं । हालाँकि वह भी इस सोसायटी सदस्य तब बने, जब वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर थे । 
रोटरी फाउंडेशन के रचयिता और संस्थापक ऑर्च सी क्लम्प के नाम पर स्थापित ऑर्च क्लम्प सोसायटी की सदस्यता रोटरी फाउंडेशन में ढाई लाख अमेरिकी डॉलर देने वाले व्यक्ति को मिलती है । इस सोसायटी के सदस्य बनने वाले रोटेरियन का उसके जीवन साथी के साथ रोटरी इंटरनेशनल के अमेरिका स्थित मुख्यालय में आयोजित होने वाले इंडक्शन समारोह में सम्मान किया जाता है; और उसके परिचय के साथ उसकी तथा उसके जीवन साथी की तस्वीर उसी मुख्यालय की अठारहवीं मंजिल पर स्थापित इंटरएक्टिव गैलरी में लगाई जाती है । ऑर्च सी क्लम्प रोटरी इंटरनेशनल के छठे प्रेसीडेंट थे, और उन्होंने ही वर्ष 1917 में रोटरी फाउंडेशन की स्थापना की थी । इस सोसायटी के अभी करीब दो सौ सदस्य हैं । रोटरी फाउंडेशन की इस बहुत खास और क्लॉसी सोसायटी का सदस्य बनकर सुभाष जैन ने रोटरी के बड़े नेताओं के बीच तो अपनी पहचान बनाई ही है, साथ ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी के संदर्भ में भी लोगों के बीच भरोसा पैदा किया है । 
लोगों के बीच उनकी उम्मीदवारी को लेकर इस तरह का भरोसा बने, सुभाष जैन को इसकी बहुत जरूरत भी थी । सुभाष जैन ने ऑर्च क्लम्प सोसायटी की सदस्यता के जरिए जो मास्टर स्ट्रोक खेला है, उसे देख कर लोगों ने भी मान लिया है कि सुभाष जैन अब एक उम्मीदवार के 'तेवर' में आ गए हैं और उनके सामने जो चुनौतियाँ हैं भी, उन्हें वह सचमुच में हल करने की दिशा में बढ़ चले हैं । सुभाष जैन के इस 'तेवर' ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव को खासा दिलचस्प बना दिया है । 

Tuesday, June 30, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080, यानि राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में राजा साबू व उनके 'गिरोह' के गवर्नर्स ने डीसी बंसल पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए चुनाव लड़ने की तैयारी करने के साथ साथ रोटरी इंटरनेशनल में तीन हजार डॉलर फीस वाली शिकायत दर्ज कराने के लिए भी दबाव बनाया

चंडीगढ़ । राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद पर टीके रूबी के अधिकृत उम्मीदवार चुने जाने पर रोटरी इंटरनेशनल की मुहर लग जाने के बाद उम्मीद की गई थी कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद को लेकर चल रहा झगड़ा शांत पड़ जायेगा, लेकिन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की कुर्सी से उतरते उतरते दिलीप पटनायक ने जो कारनामा किया है - उसे देख कर लग रहा है कि राजा साबू के नेतृत्व वाली डिस्ट्रिक्ट की लीडरशिप झगड़े को शांत करने/करवाने की बजाये उसे और भड़काने की तैयारी कर रही है । टीके रूबी के क्लब की तरफ से की गई चुनावी शिकायत पर आये रोटरी इंटरनेशनल के फैसले पर कार्रवाई करते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक ने कॉन्करेंस जुटाने/देने के लिए 33 दिन का समय निर्धारित किया है । रोटरी इंटरनेशनल के नियमों के अनुसार, अधिकृत उम्मीदवार को चेलैंज करने वाले उम्मीदवार को कॉन्करेंस जुटाने/देने के लिए 21 दिन का समय निर्धारित है । खुद इन्हीं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक ने 16 मार्च की अपनी ईमेल के जरिए 22 फरवरी को चुने गए और 24 फरवरी को घोषित किए गए अधिकृत उम्मीदवार टीके रूबी को चेलैंज करने वाले उम्मीदवार डीसी बंसल को 6 अप्रैल तक कॉन्करेंस जुटाने/देने के लिए कहा था - यानि कॉन्करेंस जुटाने/देने के लिए 21 दिन का समय निर्धारित किया था । उन्होंने 26 मार्च को इस चुनावी प्रक्रिया को स्थगित किया था - यानि कॉन्करेंस जुटाने/देने के लिए जो 21  समय दिया गया था, उसमें दस दिन बीत चुके थे । रोटरी इंटरनेशनल ने टीके रूबी की तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत पर फैसला देते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को 'चुनावी प्रक्रिया को जहाँ स्थगित किया गया था, वहाँ से उसे शुरू करने और आगे बढ़ाने' का जिम्मा दिया है । इस हिसाब से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक को कॉन्करेंस जुटाने/देने के लिए बाकी बचे कुल ग्यारह दिन निर्धारित करने थे - लेकिन उन्होंने इसके लिए 33 दिन निर्धारित कर दिए ।   
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक का यह फैसला इसलिए कोई बड़ा मामला नहीं बनाता कि उन्होंने दिनों के मामले में कोई हेरफेर कर लिया है । यह तो बहुत छोटी बात है । जो बात छोटी नहीं है, वह यह कि पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट राजेंद्र उर्फ राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट का गवर्नर रोटरी इंटरनेशनल के नियमों के साथ खिलवाड़ कैसे और क्यों कर रहा है, और राजा साबू आँखों पर पट्टी बाँध कर धृतराष्ट्र क्यों बने हुए हैं ? राजा साबू दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स में भाषण देने खड़े होते हैं तो रोटरी के नियमों और आदर्शों की बड़ी ऊँची ऊँची बातें करते हैं; लेकिन उनके अपने डिस्ट्रिक्ट में रोटरी इंटरनेशनल के नियमों व आदर्शों की धज्जियाँ उड़ रही हैं, और वह चुपचाप तमाशा देख रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट में लोगों का हालाँकि कहना है कि राजा साबू तमाशा देख नहीं रहे हैं, बल्कि इस तमाशे को संचालित कर रहे हैं । कोई भी यह नहीं मानेगा कि राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट का गवर्नर बिना उनकी सहमति के रोटरी इंटरनेशनल के नियमों को अनदेखा कर सकता है तथा मनमाने तरीके से फैसले ले सकता है । इसलिए ही, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक ने कॉन्करेंस जुटाने/देने में दिनों का जो घपला किया है, उसमें राजा साबू की सहमति और चालबाजी को देखा/पहचाना जा रहा है । दरअसल, टीके रूबी के अधिकृत उम्मीदवार चुने जाने और घोषित होने के बाद से ही डिस्ट्रिक्ट में जो 'फिल्म' दिखना शुरू हुई है, उसके निर्माता, निर्देशक व स्क्रिप्ट लेखक के रूप में राजा साबू का नाम ही लोगों की जुबान पर है । जिस तरह निर्माता, निर्देशक व स्क्रिप्ट लेखक हीरो के सामने तरह तरह की मुश्किलें खड़ी करके और तरह तरह के सस्पेंस पैदा करके फिल्म को आगे बढ़ाते हैं, वैसे ही राजा साबू 'डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वही जो राजा साबू मन भाए' शीर्षक से डिस्ट्रिक्ट में चल रही फिल्म को आगे बढ़ा रहे हैं । 
राजा साबू के नजदीकियों का कहना है कि टीके रूबी को 'परास्त' करने के लिए राजा साबू ने दोहरी रणनीति अपनाई है - एक तरफ तो टीके रूबी को चुनावी दलदल में फँसाने की तैयारी है, और दूसरी तरफ रोटरी इंटरनेशनल की तीन सदस्यीय कमेटी के फैसले को तीन हजार डॉलर फीस के साथ रोटरी इंटरनेशनल की और बड़ी अदालत में चेलैंज करवाने की योजना है । समस्या अभी सिर्फ इन दोनों योजनाओं के क्रियान्वन के लिए डीसी बंसल को राजी करने की है । इन दोनों योजनाओं के क्रियान्वन का 'भार' चूँकि एक अकेले डीसी बंसल को ही 'उठाना' होगा, इसलिए उनका राजी होना बहुत जरूरी है । डीसी बंसल को चुनाव वाले विकल्प के लिए तो राजी माना जा रहा है, लेकिन रोटरी इंटरनेशनल की और बड़ी अदालत में मामले को ले जाने को लेकर वह अभी संशय में बताये जा रहे हैं । जिन लोगों को डीसी बंसल के नजदीकियों व समर्थकों के रूप में देखा/पहचाना जाता है, उनका कहना है कि रोटरी इंटरनेशनल में राजा साबू जब अभी अपना मनचाहा फैसला नहीं करवा सके, तो आगे की क्या गारंटी है और इस चक्कर में डीसी बंसल के तीन हजार डॉलर नाहक ही खर्च करवा देंगे । इनका यह भी कहना है कि राजा साबू को अब पर्दादारी छोड़ कर खुल कर सामने आ जाना चाहिए - उन्हें इस सच्चाई को स्वीकार कर लेना चाहिए कि पर्दा अब बचा नहीं रह गया है, वह अब पूरी तरह हट चुका है; और पर्दा जब हट ही चुका है तो उसके भ्रम में क्या और क्यों रहना ? इनका कहना है कि राजा साबू और उनके साथी गवर्नर्स यदि खुल कर चुनाव में उत्तर आएँ, तो मनचाहा नतीजा पा सकते हैं । इनकी शिकायत है कि राजा साबू और उनके साथी गवर्नर्स आधे-अधूरे तरीके से और छिप/बच/डर कर काम करते हैं - जिस कारण 'पकड़े' भी जाते हैं और बदनाम भी होते हैं, लेकिन काम भी नहीं बनता । 
मजे की बात यह है कि राजा साबू व उनके 'गिरोह' के गवर्नर्स तथा डीसी बंसल के समर्थकों के बीच अगली कार्रवाई को लेकर मतभेद हैं - राजा साबू व उनके 'गिरोह' के गवर्नर्स का मानना है कि टीके रूबी से चुनाव जीतना डीसी बंसल के लिए मुश्किल ही नहीं, बल्कि असंभव होगा; और इसलिए डीसी बंसल को रोटरी इंटरनेशनल में तीन हजार डॉलर फीस वाली शिकायत वाला रूट 'पकड़ना' चाहिए । लेकिन डीसी बंसल के नजदीकियों व समर्थकों को लगता है कि रोटरी इंटरनेशनल में शिकायत करके कोई फायदा नहीं होगा, क्योंकि इस समय वहाँ राजा साबू के विरोधियों का पलड़ा भारी है; टीके रूबी की शिकायत पर उनके पक्ष में आए फैसले से यह साबित भी हो गया है; इसलिए चुनाव वाला 'रास्ता' ज्यादा मौजूँ है । डीसी बंसल के नजदीकियों व समर्थकों का मानना और कहना है कि राजा साबू व दूसरे गवर्नर्स यदि पूरे मन से तथा खुल कर साथ दें तो डीसी बंसल निश्चित रूप से चुनाव जीत जायेंगे । डीसी बंसल के नजदीकी व समर्थक एक गंभीर तर्क यह भी दे रहे हैं कि राजा साबू व दूसरे गवर्नर्स को यदि डीसी बंसल की जीत का भरोसा नहीं है, तो फिर वह उन्हें चुनावी रास्ते पर धकेल क्यों रहे हैं ? और क्यों नहीं अपना सारा ध्यान व एनर्जी रोटरी इंटरनेशनल में शिकायत करने/करवाने वाले विकल्प पर लगाते हैं ? राजा साबू और उनके 'साथी' गवर्नर्स किंतु जिस तरह डीसी बंसल पर दोनों 'रास्तों' पर चलने के लिए दबाव बना रहे हैं, इससे डीसी बंसल के प्रति हमदर्दी रखने वाले लोगों को लग रहा है कि यह नेता लोग सिर्फ अपना उल्लू सीधा कर रहे हैं, डिस्ट्रिक्ट में अपनी अहमियत दिखाने/जताने के लिए वह 'फ्लॉप' साबित हो चुकी फिल्म को जबरदस्ती चलाते/दिखाने का प्रयास कर रहे हैं और इसके लिए डीसी बंसल को इस्तेमाल कर रहे हैं । राजा साबू व उनके 'गिरोह' के पूर्व गवर्नर्स तथा डीसी बंसल के समर्थकों के बीच किस तरह की रजामंदी होती है, इस पर आगे का घटना क्रम निर्भर करेगा । 

Monday, June 29, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में डिस्ट्रिक्ट थैंक्सगिविंग कार्यक्रम में अपने क्लब के सदस्यों की अनुपस्थिति से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए विनय भाटिया की उम्मीदवारी के अभियान को जो तगड़ा झटका लगा है, उसके चलते व्यक्तित्व तथा लीडरशिप क्वालिटी के मामले में दूसरे उम्मीदवार रवि दयाल को उनपर बढ़त बनाते देखा जाने लगा है

नई दिल्ली । विनय भाटिया को डिस्ट्रिक्ट 3010 के थैंक्सगिविंग कार्यक्रम में लोगों के बीच उस समय बड़ी किरकिरी का सामना करना पड़ा, जब किन्हीं किन्हीं लोगों ने उनसे पूछा कि - क्या बात है, यहाँ आपके क्लब का कोई और सदस्य नहीं दिख रहा है ? विनय भाटिया के लिए तब और मुसीबत खड़ी हुई जब फरीदाबाद के लोगों ने भी उनसे यह सवाल किया । फरीदाबाद के लोगों के यह पूछने में ऐसा लग रहा था, जैसे कि वह विनय भाटिया की फिरकी ले रहे हैं । विनय भाटिया के लिए लोगों के इस सवाल का जबाव देना मुश्किल तो हुआ ही, इस सवाल से बचने के लिए उन्हें लोगों से मुँह तक चुराना पड़ा । विनय भाटिया की तरफ से तो उक्त सवाल का कोई जबाव किसी को सुनने को नहीं मिला, किंतु क्लब के सदस्यों से बाद में कुछेक लोगों की जो बात हुई तो किसी ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय खन्ना पर दोष मढ़ा कि उन्होंने 'ठीक' से निमंत्रित ही नहीं किया; किसी ने क्लब के अध्यक्ष अनिल शर्मा को जिम्मेदार ठहराया कि उन्होंने न तो खुद कार्यक्रम में जाने में दिलचस्पी दिखाई और न दूसरों को ही प्रेरित किया; कई सदस्यों ने लेकिन इस स्थिति के लिए विनय भाटिया को दोष दिया - उनका कहना रहा कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार होने के नाते विनय भाटिया की यह 'जरूरत' बनती है कि रोटेरियंस के बीच उनके क्लब के सदस्यों की सक्रियता व संलग्नता 'नजर' आये, और इसके लिए उन्हें ही प्रयास करने होंगे । इस कहने के पक्ष में उनका तर्क रहा कि डिस्ट्रिक्ट के एक बड़े फंक्शन में क्लब के लोगों की अनुपस्थिति के कारण लोगों के 'निशाने' पर तो वह आये न ? किसी ने भी संजय खन्ना से तो नहीं ही पूछा कि विनय भाटिया के क्लब के सदस्य यहाँ क्यों नहीं दिख रहे हैं; या अनिल शर्मा का तो कुछ नहीं गया । लोगों के सवालों के सामने शर्मिंदगी तो डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार होने के नाते विनय भाटिया को ही उठानी पड़ी ।
विनय भाटिया को यह शर्मिंदगी इसलिए भी उठानी पड़ी, क्योंकि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के एक दूसरे उम्मीदवार रवि दयाल के क्लब के सदस्यों की कार्यक्रम में अच्छी भागीदारी और संलग्नता दिखाई दे रही थी । वैसे इस बात पर शायद ही कोई ध्यान देता - किसी भी कार्यक्रम में किसी को क्या पड़ी है कि वह इस बात का हिसाब लगाता फिरे कि किस क्लब से कौन आया है और कितने लोग आये हैं; लेकिन चूँकि विनय भाटिया के क्लब के सदस्यों की अनुपस्थिति लोगों की 'पकड़' में आ गई और वह चर्चा का विषय बन गई, तो फिर रवि दयाल के क्लब के लोगों को भी 'खोजा' जाने लगा और नोट किया गया कि रवि दयाल के क्लब के सदस्यों ने कार्यक्रम में अच्छी दिलचस्पी ली हुई है । फिर लोगों के बीच की चर्चाओं में डिस्ट्रिक्ट के हाल-फिलहाल के कुछेक कार्यक्रमों को भी याद किया गया और तुलनात्मक रूप से विनय भाटिया के क्लब की तुलना में रवि दयाल के क्लब के सदस्यों को ज्यादा सक्रिय, उत्साहित और संलग्न पाया गया । इससे तुरत-फुरत यह निष्कर्ष निकाला गया कि रवि दयाल लीडरशिप क्वालिटी के मामले में विनय भाटिया पर बहुत भारी पड़ते हैं । मजे की बात यह है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव अभियान में शोर ज्यादा विनय भाटिया का सुना जा रहा है; और उनके अभियान को रवि दयाल के अभियान के मुकाबले ज्यादा बढ़त लिए देखा जाता रहा है । लेकिन डिस्ट्रिक्ट थैंक्सगिविंग कार्यक्रम में विनय भाटिया के क्लब के सदस्यों की अनुपस्थिति ने उनके अभियान को लेकर बन रहे सकारात्मक परसेप्शन को तगड़ा झटका दिया है, और लोग बात करने लगे हैं कि विनय भाटिया के अभियान में शोर सिर्फ शोर भर है, और उसके पीछे ठोस कुछ नहीं है । विनय भाटिया की उम्मीदवारी के समर्थकों व शुभचिंतकों को भी लग रहा है कि विनय भाटिया कुछ 'सीख' नहीं रहे हैं और 'जरूरतों' को समझ नहीं रहे हैं - और इसलिए 'व्यक्तित्व' तथा लीडरशिप क्वालिटी के मामले में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के एक दूसरे उम्मीदवार रवि दयाल से पिछड़ते जा रहे हैं ।
डिस्ट्रिक्ट थैंक्सगिविंग कार्यक्रम में विनय भाटिया के क्लब के सदस्यों की अनुपस्थिति ने विनय भाटिया की उम्मीदवारी के अभियान को जो चोट पहुँचाई है, उसके लिए विनय भाटिया को ही जिम्मेदार माना/ठहराया जा रहा है । क्लब के, फरीदाबाद के और डिस्ट्रिक्ट के लोगों का कहना है कि विनय भाटिया यदि थोड़ी सी भी दिलचस्पी लेते, तो डिस्ट्रिक्ट थैंक्सगिविंग कार्यक्रम में उन्हें लोगों के बीच शर्मिंदा न होना पड़ता । उल्लेखनीय है कि उनका क्लब एक अच्छे क्लब के रूप में पहचाना जाता है । पिछले रोटरी वर्ष में संदीप गोयल की अध्यक्षता में क्लब को इलीट क्लब अवार्ड मिला था; इस वर्ष अनिल शर्मा की अध्यक्षता में प्लेटिनम क्लब अवार्ड मिला है । पिछले रोटरी वर्ष में तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल से अवार्ड लेने के लिए संदीप गोयल के नेतृत्व में क्लब के कई लोग कार्यक्रम में पहुँचे थे; इस वर्ष लेकिन पिछले वर्ष जैसा माहौल नहीं बन पाया । हर किसी का मानना और कहना है कि पिछले वर्ष जैसे माहौल की इस वर्ष ज्यादा 'जरूरत' थी, लेकिन यह जरूरत जिन विनय भाटिया को थी - उन विनय भाटिया ने डिस्ट्रिक्ट थैंक्सगिविंग कार्यक्रम में पिछले वर्ष जैसा माहौल बनाने की कोई कोशिश ही नहीं की । इससे भी ज्यादा गंभीर बात यह है कि क्लब के कुछेक लोगों ने विभिन्न मौकों पर विनय भाटिया की उम्मीदवारी के अभियान से जुड़ने को लेकर जब उत्सुकता दिखाई, तो विनय भाटिया की तरफ से उन्हें कोई उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया नहीं मिली । इस बात को डिस्ट्रिक्ट थैंक्सगिविंग कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों की अनुपस्थिति से जोड़ कर देखें तो लगता है कि - और यह बात उनके क्लब के कुछेक लोग कहने भी लगे हैं कि - अपने चुनाव अभियान में विनय भाटिया को शायद अपने क्लब के सदस्यों की मदद चाहिए ही नहीं; और वह बस पप्पुजीत सिंह सरना, सुशील खुराना और दीपक तलवार की मदद से ही गवर्नर बन जाना चाहते हैं ।
विनय भाटिया को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव अभियान में अपने क्लब के सदस्यों की मदद चाहिए या नहीं, यह तो वही जानें - लेकिन उनकी क्लब के सदस्यों के साथ बढ़ती 'दिखती' दूरी और डिस्ट्रिक्ट के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में उनके क्लब के सदस्यों की अनुपस्थिति से उनके बारे में जो नकारात्मक परसेप्शन बन रहा है - उसे, उनकी उम्मीदवारी के समर्थक व शुभचिंतक भी उनकी उम्मीदवारी के लिए घातक मान रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट थैंक्सगिविंग कार्यक्रम में अपने क्लब के सदस्यों की अनुपस्थिति के चलते विनय भाटिया की उम्मीदवारी के अभियान को जो तगड़ा झटका लगा है, उसे सँभालने के लिए विनय भाटिया आगे क्या कदम उठाते हैं - उठाते भी हैं या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा । 

Sunday, June 28, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में गाजियाबाद के वरिष्ठ रोटेरियंस योगेश गर्ग तक के साथ धोखा और चालबाजी करने वाले जेके गौड़ का रवैया यदि अशोक गर्ग के प्रति भी बदला बदला सा है, तो इसमें आश्चर्य की भला क्या बात है ?

नई दिल्ली । जेके गौड़ के बदले-बदले से रवैये ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार अशोक गर्ग को खासा हैरान भी किया है, और बुरी तरह परेशान भी । अशोक गर्ग के नजदीकियों के अनुसार, अशोक गर्ग उन दिनों को याद करके अपनी हैरानी व परेशानी को और बढ़ाते हुए भी दिखते हैं, जब जेके गौड़ खुद उम्मीदवार थे । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत अपनी उम्मीदवारी को कामयाब बनाने के लिए जेके गौड़ उनकी कैसे कैसे और कैसी कैसी खुशामद किया करते थे, उसे याद करते हुए - और जेके गौड़ के अब के व्यवहार के साथ उसकी तुलना करते हुए अशोक गर्ग अचंभा करते हैं कि कोई व्यक्ति इतना भी बदल सकता है क्या ? पिछले रोटरी वर्ष में भी जेके गौड़ के साथ अशोक गर्ग के इतने घनिष्ट संबंध थे कि जेके गौड़ के कहने पर अशोक गर्ग ने अपने क्लब के वरिष्ठ सदस्य संजीव रस्तोगी को क्लब से ही निकाल/निकलवा दिया था । नजदीकियों के अनुसार, अशोक गर्ग को अब लगता है कि जेके गौड़ ने पिछले वर्षों में उन्हें तरह-तरह से इस्तेमाल किया, और अब जब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार के रूप में उन्हें जेके गौड़ से मदद की उम्मीद है, तो जेके गौड़ उनके साथ ऐसे पेश आते हैं कि जैसे उन्हें पहचानते ही नहीं हैं । अशोक गर्ग को चूँकि दूसरे रोटेरियंस से भी यह सुनने को मिलता है कि जेके गौड़ बहुत बदल गए हैं, अब वह पहले जैसे नहीं रह गए हैं और घमंडी व बदतमीज तक हो गए हैं, तो अशोक गर्ग को थोड़ी सांत्वना तो मिलती है किंतु उनका अचंभा खत्म नहीं होता है । गाजियाबाद के वरिष्ठ रोटेरियंस तक से की जा रही जेके गौड़ की बदतमीजियों की खबरें दरअसल अशोक गर्ग के अचंभे को खत्म नहीं होने दे रही हैं । 
गाजियाबाद के वरिष्ठ रोटेरियंस को जेके गौड़ की ताजा बदतमीजी का शिकार उस समय होना पड़ा, जब 30 जून को आयोजित हो रहे अपने 'संभव - टू मेक पॉसिबल' कार्यक्रम की तैयारियों के सिलसिले में उन्होंने अपनी तथाकथित कोर टीम की मीटिंग बुलाई । इस मीटिंग में उपस्थित लोगों से विचार-विमर्श करने व सलाह लेने की बजाए जेके गौड़ ने अपने फरमान सुनाने पर ही ज्यादा ध्यान दिया । हद तब हुई जब जेके गौड़ ने ऐलान किया कि 30 जून के उक्त कार्यक्रम के लिए वह 25 जून तक ही रजिस्ट्रेशन स्वीकार करेंगे । मीटिंग में मौजूद गाजियाबाद के वरिष्ठ रोटेरियंस राजीव वशिष्ठ, उमेश चोपड़ा, विनोद चावला आदि ने जेके गौड़ को समझाने का प्रयास किया कि अपने डिस्ट्रिक्ट की रोटरी में लोग ऐन कार्यक्रम के दिन तक रजिस्ट्रेशन करवाते हैं, इसलिए इस तरह का फैसला व्यवहारिक नहीं होगा - और यह फैसला लागू नहीं किया जाना चाहिए । जेके गौड़ ने लेकिन इनकी एक न सुनी और 25 जून तक रजिस्ट्रेशन करवाने के फैसले को लागू करने पर अड़े रहे । मीटिंग में मौजूद किसी भी व्यक्ति ने उनके इस फैसले पर सहमति व्यक्त नहीं की, लेकिन जेके गौड़ फिर भी 'अपने' फैसले को लागू करने की जिद पूरी करके ही माने । मीटिंग में मौजूद लोगों के बीच नाराजगी भरे स्वर भी उभरे कि जेके गौड़ को जब किसी की सुननी/माननी ही नहीं है, तो फिर मीटिंग बुलाने का नाटक क्यों करता है ? इस किस्से में मजे की बात यह रही कि मीटिंग में जेके गौड़ को जो बात समझ में नहीं आ रही थी, और जिसे मानने के लिए वह हरगिज तैयार नहीं हुए - वह बात जेके गौड़ को तीन दिन बाद लेकिन समझ में आ गई; जब उन्होंने उक्त कार्यक्रम के लिए 25 जून तक रजिस्ट्रेशन कराने की शर्त को हटा लिया । इस पर कुछेक लोगों ने चुटकी भी ली कि जेके गौड़ की अक्ल का ताला धीरे-धीरे खुलता है क्या, जो उन्हें बात देर से समझ में आती है । 
इस मीटिंग की आड़ में जेके गौड़ ने गाजियाबाद के एक अन्य वरिष्ठ रोटेरियन योगेश गर्ग के साथ एक दूसरी किस्म की चाल खेली । इस मीटिंग में जेके गौड़ ने योगेश गर्ग को भी आमंत्रित किया । योगेश गर्ग ने मीटिंग में आने के लिए हामी भी भर दी - लेकिन ऐन मौके पर उन्हें पता चला कि जेके गौड़ ने इस मीटिंग में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के दूसरे किसी संभावित उम्मीदवार को तो आमंत्रित किया ही नहीं है; संभावित उम्मीदवारों में एक अकेले उन्हीं को जेके गौड़ ने आमंत्रित किया है । यह जानकारी देने वाले ने योगेश गर्ग को यह जानकारी और दी कि उक्त मीटिंग में उनकी उपस्थिति को बना/दिखा कर जेके गौड़ ने उनकी संभावित उम्मीदवारी की राह के लिए रोड़ा तैयार करने की चाल चली है । समय रहते जेके गौड़ द्वारा रची गई साजिश की पोल खुल जाने से योगेश गर्ग ने उक्त मीटिंग में जाना तो स्थगित कर दिया, किंतु योगेश गर्ग को यह जानकर तगड़ा झटका लगा कि जेके गौड़ उनके साथ भी इस तरह की धोखाधड़ी कर सकता है ? जेके गौड़ की इस चालबाजी से सावधान होकर ही योगेश गर्ग ने जेके गौड़ का कामकाज देख रहे अशोक अग्रवाल को फोन करके एक बार फिर याद दिलाया कि डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी में उनका नाम किसी भी रूप में नहीं छपना चाहिए । योगेश गर्ग हालाँकि यह बात जेके गौड़ व अशोक अग्रवाल को पहले बता चुके थे; किंतु जेके गौड़ द्वारा रची गई चालबाजी के बेनकाब होने के बाद बाद योगेश गर्ग को डर हुआ कि जेके गौड़ डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी में नाम छापने की हरकत कर सकता है, इसलिए उन्हें अशोक अग्रवाल को वह बात दोबारा से याद दिलाना जरूरी लगा ।
जेके गौड़ ने योगेश गर्ग के साथ जो चालबाजी खेली, उसके बारे में जानकर अशोक गर्ग की अपने प्रति जेके गौड़ के बदले रवैये से पैदा हुई निराशा शायद कुछ कम हुई होगी । उन्हें लगा होगा कि जेके गौड़ जब गाजियाबाद के योगेश गर्ग जैसे वरिष्ठ रोटेरियन को धोखा देने का काम कर सकते हैं और उनके साथ चालबाजी खेल सकते हैं, तो फिर उनके साथ अपना रवैया क्यों नहीं बदल सकते ? अशोक गर्ग के प्रति जेके गौड़ के बदले रवैये के पीछे हालाँकि मुकेश अरनेजा वाले ऐंगल को भी देखा/पहचाना जा रहा है । उल्लेखनीय है कि अशोक गर्ग को मुकेश अरनेजा के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । अशोक गर्ग के समर्थकों व शुभचिंतकों का कहना है कि जेके गौड़ ने आजकल अपना 'आका' चूँकि रमेश अग्रवाल को बनाया हुआ है, और रमेश अग्रवाल तथा मुकेश अरनेजा के बीच छत्तीस का संबंध बना हुआ है - इसलिए जेके गौड़ को भी मुकेश अरनेजा से दूरी बनानी/दिखानी पड़ रही है; और इस चक्कर में अशोक गर्ग को 'पिसना' पड़ रहा है । कुछेक अन्य लोगों का कहना लेकिन यह भी है कि खेमेबाजी के कारण अशोक गर्ग को जेके गौड़ से जो चोट पड़ेगी, वह इतनी बुरी नहीं लगती; जितनी चोट अशोक गर्ग को जेके गौड़ के बदलते व्यवहार और उनके घमंडी हो जाने के कारण लग रही है । अशोक गर्ग के समर्थकों का कहना है कि जेके गौड़ यदि मुकेश अरनेजा के उम्मीदवार होने के नाते भी अशोक गर्ग के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं, तो यह बात भी तो जेके गौड़ के अवसरवादी होने का सुबूत ही है - जेके गौड़ को क्या यह बात याद नहीं है कि रोटरी में आज वह जहाँ हैं, वहाँ तक उन्हें पहुँचाने में मुकेश अरनेजा का कितना और कैसा सहयोग रहा है ? अशोक गर्ग ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अपनी उम्मीदवारी का अभियान जब शुरू किया था, तब उन्हें बड़ा भरोसा था कि मुकेश अरनेजा के उम्मीदवार होने का जो लाभ उन्हें मिलेगा, उसके साथ-साथ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में जेके गौड़ की भी मदद उन्हें मिलेगी । यह भरोसा उन्हें इसलिए भी था, क्योंकि जेके गौड़ की उम्मीदवारी के समय उन्होंने जेके गौड़ की हर तरह से मदद की थी । अशोक गर्ग को यह देख/जान कर लेकिन खासा झटका लगा है कि जेके गौड़ पूरी तरह अहसानफरामोश निकले । जेके गौड़ की इस अहसानफ़रामोशी ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार के रूप में अशोक गर्ग की चुनौती को बढ़ा दिया है ।

Saturday, June 27, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में क्लब से निकाले गए पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मुकेश अरनेजा ने क्लब में अपनी पुनर्वापसी के लिए अपने द्वारा प्रवर्तित कंपनी से अपने ही भाई-भतीजों द्वारा बेइज्जत तरीके से निकाले जाने का रोना रोकर मौका बनाया

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा ने क्लब से अपने को निकाले जाने के फैसले को बदलवाने के लिए अपनी ही कंपनी से अपने को निकाले जाने के फैसले का जैसा इस्तेमाल किया है, वह अपनी तरह का एक अनोखा उदाहरण तो है ही - साथ ही मुकेश अरनेजा की घटिया सोच व व्यवहार का एक और वाकया भी सामने लाता है । उल्लेखनीय है कि मुकेश अरनेजा पिछले दिनों जब अपने क्लब से निकाले जाने की फजीहत झेल रहे थे, लगभग उन्हीं दिनों वह अपनी कंपनी से अपने निष्कासन का रोना भी रो रहे थे - और इसके लिए अपने रोटेरियन दोस्तों की सहानुभूति जुटाने का प्रयास कर रहे थे । इस प्रयास के तहत उन्होंने अपने रोटेरियन दोस्तों को दो पृष्ठों की एक चिट्ठी लिखी थी । हालाँकि जिन रोटेरियंस को उनकी यह चिट्ठी मिली, उन्हें आश्चर्य भी हुआ कि अपनी कंपनी के झगड़े और कंपनी से अपने निकाले जाने के मामले को वह रोटरी में क्यों ला रहे हैं - किंतु फिर उन्हें ध्यान आया कि मुकेश अरनेजा तो कुछ भी कर गुजरने की 'खूबी' रखते हैं, इसलिए इस बात पर उन्होंने ज्यादा माथापच्ची नहीं की । इंफेक्ट मुकेश अरनेजा की उस चिट्ठी पर रोटेरियंस के बीच कोई खास सुगबुगाहट नहीं सुनी/देखी गई । कुछेक रोटेरियंस ने उक्त चिट्ठी 'रचनात्मक संकल्प' के पते पर भेजने का काम जरूर किया । अपनी चिट्ठी में मुकेश अरनेजा ने अपने को कंपनी से निकाले जाने की बात को 'पूरी तरह झूठी और निराधार' बताया; उन्होंने इस बात को भी 'झूठी और निराधार' बताया कि कंपनी के डायरेक्टर्स ने उन्हें चेतावनी दी है कि वह कहीं भी अपने परिचय में अपने आप को कंपनी से किसी भी प्रकार संबद्ध नहीं बतायेंगे/दिखायेंगे । अपनी चिट्ठी में मुकेश अरनेजा ने दावा किया कि कंपनी का प्रमोटर व शेयरहोल्डर होने के नाते कंपनी से उनके संबंध को न तो कोई खत्म कर सकता है, न उसके प्रबंधन से उन्हें कोई हटा सकता है, और न कंपनी के फैसलों को प्रभावित करने से रोक सकता है ।
मुकेश अरनेजा की इस चिट्ठी का किसी ने भी कोई खास संज्ञान नहीं लिया, क्योंकि रोटेरियंस को यह चिट्ठी लिखने/भेजने का मुकेश अरनेजा का मकसद किसी को भी समझ में नहीं आया । क्लब से निकाले जाने के बाद मुकेश अरनेजा ने क्लब में पुनर्वापसी के लिए जो जो प्रयास किए, उनमें अपनी ही कंपनी से अपने को निकाले जाने के मामले का उन्होंने जिस तरह सहारा लिया - तब लोगों को उस चिट्ठी का मामला समझ में आया । लोगों को खुद से यह समझ में नहीं आया - मुकेश अरनेजा ने उन्हें समझाया, तब उन्हें समझ में आया । दरअसल क्लब से निकाले जाने के फैसले को निरस्त कराने के लिए मुकेश अरनेजा ने माफी माँगने वाला अपना पुराना फार्मूला इस्तेमाल किया । डिस्ट्रिक्ट व क्लब के कुछेक प्रमुख लोगों के सामने उन्होंने अपना दुखड़ा रोया - दुखड़ा रोने के लिए इस बार उनके सामने कंपनी से निकाले जाने का मामला भी था । कंपनी से निकाले जाने की जो चिट्ठी उन्हें कंपनी की तरफ से मिली थी, उसे लोगों को दिखा दिखा कर उन्होंने लोगों की सहानुभूति जुटाई और उनके निष्कासन वाले क्लब के फैसले को वापस कराने के लिए माहौल बनाया । लोगों के बीच उन्होंने रोना रोया कि कंपनी से तो मैं निकाल ही दिया गया हूँ, अब यदि रोटरी से भी निकाल दिया गया तो फिर मैं करूँगा क्या ? जिन लोगों को मुकेश अरनेजा ने दोनों चिट्ठियाँ उपलब्ध करवाईं, उनमें से कुछेक ने उनसे पूछा भी कि कंपनी से निकाले जाने की बात जब सच है, तो कंपनी से निकाले जाने की बात को 'झूठी और निराधार' बताने वाली चिट्ठी उन्होंने क्यों लिखी और भेजी ? मुकेश अरनेजा का इस पर कहना रहा कि उस चिट्ठी के जरिये उन्होंने दरअसल क्लब के लोगों पर दबाव बनाने का प्रयास किया था, जिससे की क्लब से उन्हें निकाले जाने के फैसले को वह टलवा सकें । किंतु उसमें असफल होने के बाद, क्लब में पुनर्वापसी के लिए उन्हें कंपनी से निकाले जाने वाली चिट्ठी को सामने लाने के लिए मजबूर होना पड़ा है । 
मजे की बात यह रही कि कंपनी से अपने को निकाले जाने की जिस चिट्ठी की बदौलत मुकेश अरनेजा ने क्लब में अपनी वापसी का मौका बनाया, उसकी लैंग्वेज ने उन्हें बुरी तरह व्यथित किया हुआ था और उन्होंने अपने नजदीकियों को बताया था कि उससे उन्होंने अपने आप को बहुत ही अपमानित महसूस किया था । कंपनी से मिली चिट्ठी में उन्हें कंपनी के सभी पेपर्स, डॉक्युमेंट्स तथा अन्य संबंधित चीजें सौंपने को कहा गया है; और हिदायत दी गई है कि वह किसी के भी सामने खुद को कंपनी के डायरेक्टर के रूप में प्रस्तुत न करें और कंपनी के प्रबंधन से जुड़े होने का वास्ता न दें । मुकेश अरनेजा को स्पष्ट शब्दों में बता दिया गया कि यदि वह कंपनी का नाम, लोगो व डॉक्युमेंट्स इस्तेमाल करते हुए पाए गए तो कंपनी उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी । मुकेश अरनेजा के नजदीकियों का कहना है कि इस लैंग्वेज के साथ कंपनी से निकाले जाने की सूचना ने मुकेश अरनेजा को खासा परेशान और निराश किया था । कंपनी से इस बेइज्जत तरीके से निकाले जाने की कार्रवाई ने साबित किया कि मुकेश अरनेजा अपने कामकाज और अपने परिवार में भी पूरी तरह अलग-थलग पड़ गए हैं । उल्लेखनीय है कि मुकेश अरनेजा जिस कंपनी समूह के प्रवर्तक रहे हैं, उसमें मोटे तौर पर उनके भाई-भतीजों की ही संलग्नता रही है; लेकिन मुकेश अरनेजा ने अपनी हरकतों व कारस्तानियों से उन्हें तथा कंपनी के दूसरे डायरेक्टर्स को इतना पकाया कि उन्होंने मुकेश अरनेजा को कंपनी से निकाल देने में ही अपनी खैरियत समझी/पहचानी । 
अपनी हरकतों व कारस्तानियों के कारण खुद अपने ही द्वारा प्रवर्तित कंपनी से बाहर कर दिए गए मुकेश अरनेजा के लिए यह बहुत ही शर्म की और निराश करने वाली बात होनी चाहिए थी । उनके नजदीकियों के अनुसार, उनके लिए यह शर्म की और निराश करने वाली बात थी भी - ऐसा मुकेश अरनेजा ने खुद ही उन्हें बताया था । लेकिन जैसे ही मुकेश अरनेजा को लगा कि कंपनी से निकाले जाने के मामले का वह क्लब से निकाले जाने वाले मामले में फायदा उठा सकते हैं, अपनी शर्म और निराशा भूल कर उन्होंने कंपनी से निष्कासन की मिली चिट्ठी को सार्वजनिक कर दिया । रोटरी में मुकेश अरनेजा की जो फजीहत है, उसे तो रोटरी के लोग जानते ही हैं - मुकेश अरनेजा ने लेकिन खुद से ही लोगों को यह भी बता दिया है कि उनकी अपने परिवार और अपनी कंपनी में भी रोटरी जैसी ही स्थिति है; और वहाँ भी लोग उनकी हरकतों व कारस्तानियों से तंग आकर उनसे छुटकारा पाने का फैसला करते हैं । मुकेश अरनेजा ने कंपनी से निकाले जाने के फैसले को जिस तरह से क्लब से निकाले जाने के फैसले को बदलवाने में इस्तेमाल किया है, उससे उनकी घटिया सोच व व्यवहार का एक और उदाहरण ही देखने को मिला है । 

Friday, June 26, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080, यानि राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में हर किसी को हैरान करते हुए रोटरी इंटरनेशनल ने टीके रूबी द्वारा की गई चुनावी शिकायत को सही पाया और टीके रूबी को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के अधिकृत उम्मीदवार का दर्जा देने का फैसला सुनाया

चंडीगढ़ । राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए चुने गए अधिकृत उम्मीदवार टीके रूबी को षड्यंत्रपूर्वक हटाने की कोशिश को रोटरी इंटरनेशनल ने तगड़ा झटका दिया और टीके रूबी को अधिकृत उम्मीदवार मानते हुए आगे की चुनावी प्रक्रिया को पूरा करने का फैसला सुनाया है । जिन लोगों को उक्त षड्यंत्र से जुड़े तथ्यों की पूरी जानकारी है, उन्हें तो इस फैसले पर कोई आश्चर्य नहीं हुआ है; लेकिन जो लोग इस मामले को 'राजनीतिक' चश्मे से देख रहे थे, उन्हें इस फैसले ने चौंकाया है । दरअसल हर कोई मान रहा था कि टीके रूबी के साथ जो षड्यंत्र हुआ, उसके वास्तविक सूत्रधार राजेंद्र उर्फ राजा साबू हैं; और चूँकि राजा साबू नहीं चाहते हैं कि टीके रूबी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनें - इसलिए रोटरी में तो टीके रूबी को किसी भी कीमत पर 'न्याय' नहीं ही मिलेगा । हर किसी को विश्वास था कि टीके रूबी की तरफ से रोटरी इंटरनेशनल में की गई शिकायत को रोटरी में खासी धमक रखने वाले राजा साबू निरस्त करवा देंगे । किंतु आज सुबह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कार्यालय को रोटरी इंटरनेशनल से जो चिट्ठी मिली तो चिट्ठी के मजमून ने जैसे सभी के होश उड़ा दिए । जो लोग यह मानते भी थे कि टीके रूबी का पक्ष बहुत मजबूत है, और जो तथ्य हैं उन्हें देखते हुए टीके रूबी के पक्ष में ही फैसला होना चाहिए - उन्हें भी यह जानकर हैरानी हुई कि उनका मानना सच साबित हुआ है । 
यह हैरानी दरअसल इसलिए ही हुई क्योंकि हर कोई मान रहा था कि राजा साबू कुछ भी करेंगे और टीके रूबी के पक्ष में फैसला होने ही नहीं देंगे । लेकिन अब जब टीके रूबी के पक्ष में फैसला आ गया है, तो लोग दो खेमों में बँटे नजर आ रहे हैं - कुछेक लोगों को लगता है कि राजा साबू की चली नहीं और रोटरी इंटरनेशनल में उनके विरोधियों ने उन्हें नीचा दिखाने के लिए टीके रूबी की शिकायत को निरस्त करने/करवाने की उनकी सिफारिश को सफल नहीं होने दिया; जबकि अन्य कई एक लोगों को लगता है कि राजा साबू ने इस मामले में कोई हस्तक्षेप किया ही नहीं, और जो होता हो उसे हो जाने दिया । राजा साबू के नजदीकियों का कहना है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव को लेकर इस वर्ष जो राजनीति हुई, राजा साबू उससे बहुत दुखी और परेशान थे; तथा चाहते थे कि जल्दी से जल्दी इस मामले का पटापेक्ष हो । असल में, टीके रूबी के अधिकृत उम्मीदवार चुने जाने को निरस्त करने को लेकर जो तमाशा हो रहा था, उसमें - राजा साबू की कोई भूमिका थी या नहीं - फजीहत लेकिन राजा साबू की ही हो रही थी । राजा साबू ने वर्षों की अपनी सक्रियता और संलग्नता से रोटरी में अपनी जो साख व प्रतिष्ठा बनाई थी, वह इस मामले के चलते धूल-धूसरित हो रही थी । राजा साबू का डिस्ट्रिक्ट रोटरी के दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स के बीच एक आदर्श व उदाहरण बना हुआ था, और इसके चलते पायलट प्रोजेक्ट से बाहर बना हुआ था तथा एक विशेष हैसियत पाया हुआ था - लेकिन इस मामले के चलते पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट की उक्त विशेष हैसियत छिन गई थी और वह पायलट प्रोजेक्ट में आ गया था । 
इन स्थितियों ने राजा साबू को खिन्न किया हुआ था और वह अपने डिस्ट्रिक्ट के उन पूर्व गवर्नर्स से नाराज बताये जा रहे थे, जिनके कारण बात यहाँ तक आ पहुँची थी । राजा साबू के नजदीकियों का कहना है कि स्थितियों ने जो टर्न लिया था, उसमें राजा साबू खिन्न और नाराज जरूर थे - लेकिन असहाय भी थे । उन्होंने भी समझ लिया था कि टीके रूबी के खिलाफ षड्यंत्र करने वाले पूर्व गवर्नर्स पर उन्होंने यदि शुरू में ही नकेल कसी होती, तो बात इतनी नहीं बिगड़ती । बुरी बात यह हुई कि टीके रूबी के खिलाफ षड्यंत्र करने वाले पूर्व गवर्नर्स ने मामले को अपने पक्ष में करने के लिए जो भी चालें चलीं, वह सब उलटी पड़ीं तथा मामला बद से बदतर ही होता गया । षड्यंत्रकारी पूर्व गवर्नर्स डिस्ट्रिक्ट में लोगों के बीच पूरी तरह अलग-थलग पड़ गए । हालात इस कदर बिगड़ गए कि राजा साबू को मसूरी में आयोजित हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट डेविड हिल्टन के डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग असेम्बली कार्यक्रम में लोगों के सवालों का सामना करने से बचने के लिए अपना जाना ही स्थगित करना पड़ा । लोगों के बीच चर्चा थी ही कि राजा साबू ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए टीके रूबी की शिकायत को निरस्त करवा भी दिया, तो टीके रूबी तीन हजार डॉलर फीस वाली शिकायत दर्ज करवायेंगे । इस तरह की बातों से साफ हो गया कि टीके रूबी मामले को आसानी से खत्म नहीं होने देंगे । ऐसे में, जैसा कि राजा साबू के नजदीकियों का कहना है कि राजा साबू को समझ में आ गया कि अपने प्रभाव का इस्तेमाल करके वह टीके रूबी की शिकायत को निरस्त भले ही करवा दें, लेकिन 'पराजित' उन्हें ही होना है । वह यदि 'जीत' भी गए, तो भी जीतने के बावजूद उनके हिस्से में 'हार' ही आएगी । हिन्दी लेखक सुदर्शन की मशहूर कहानी 'जीत की हार' राजा साबू ने पढ़ी है या नहीं - यह तो नहीं पता, लेकिन जिसने भी पढ़ी होगी, वह समझ रहा होगा कि वर्षों पहले लिखी गई उक्त कहानी राजा साबू की मौजूदा स्थिति पर पूरी तरह फिर बैठती है । 
नजदीकियों के अनुसार, राजा साबू ने समझ लिया कि टीके रूबी से जीती हुई बाजी छीनने के चलते रोटरी में उनकी जो फजीहत हुई है, उसे नियंत्रित करने तथा और आगे न बढ़ने देने का एक ही तरीका है कि वह अपने आप को इस मामले से अलग कर लें और टीके रूबी को न्याय मिलने की राह का अब और रोड़ा न बनें । हालाँकि कुछेक लोग अभी भी टीके रूबी का रास्ता रोकने का जुगाड़ लगाने के फेर में हैं और इसके लिए रोटरी इंटरनेशनल से आई चिट्ठी की लैंग्वेज की अपने तरीके से व्याख्या कर रहे हैं । उन्हें लगता है कि इस चिट्ठी में गोलमोल तरीके से जो लिखा गया है, उसका फायदा उठाते हुए टीके रूबी को जीत से दूर रखा जा सकता है । उल्लेखनीय है कि रोटरी इंटरनेशनल से आई चिट्ठी में लिखा गया है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव की प्रक्रिया जहाँ तक पूरी हो चुकी है, वह सही है और अब उसके आगे की प्रक्रिया पूरी की जाए । इसका अर्थ हर किसी ने यही निकाला है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक ने 24 फरवरी को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए टीके रूबी को अधिकृत उम्मीदवार घोषित करते हुए जो परिपत्र निकाला था, उसे मान्य करते हुए रोटरी इंटरनेशनल ने उसके आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया है । कुछेक लोग लेकिन चिट्ठी की लैंग्वेज में ऐसा कुछ पढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे कि टीके रूबी को उनका हक न मिल सके । राजा साबू ने कल चंडीगढ़ में कुछेक पूर्व गवर्नर्स की मीटिंग बुलाई है, जिसमें रोटरी इंटरनेशनल से आए इस फैसले के आधार पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव की प्रक्रिया को पूरी करने संबंधी प्रक्रिया पर विचार किया जायेगा । टीके रूबी ने एक बड़ी लड़ाई जीत ली है; उम्मीद की जाती है कि उनकी इस जीत की औपचारिक घोषणा जल्दी ही कर दी जाएगी । 
रोटरी इंटरनेशनल के फैसले को कई लोग टीके रूबी की जीत या राजा साबू - और(या) उनके नजदीकी होने का दावा करने वाले पूर्व गवर्नर्स की हार के रूप में देखने की बजाये रोटरी की जीत के रूप में देख रहे हैं । उन्हें लगता है कि अंत भला तो सब भला ।